मध्य प्रदेश
निरंतर सीखने और सेवा भाव के साथ कार्य करने का किया प्रयास : राज्यपाल पटेल
8 Jul, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि निरंतर सीखने और सेवा भाव के साथ कार्य करने का प्रयास विगत चार वर्षों में किया है। आगे भी इसी भाव और लक्ष्य के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि अपने सामर्थ्य अनुसार राष्ट्र की चुनौतियों को दूर करने के प्रयासों में ही जीवन की सार्थकता है। समाज में व्याप्त गरीबी, अशिक्षा, अज्ञानता आदि की चुनौतियों को दूर करने के लिए अधिक से अधिक योगदान का प्रयास प्रत्येक व्यक्ति को करना चाहिए।
राज्यपाल श्री पटेल ने यह बात राजभवन में उनके चार वर्षों के कार्यकाल की पूर्णता पर आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम का आयोजन राजभवन के ऑडिटोरियम सांदीपनि में किया गया था। इस अवसर पर जनजातीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री दीपक खांडेकर, अपर मुख्य सचिव श्री के.सी. गुप्ता, अपर सचिव श्री उमाशंकर भार्गव, सचिव जनजातीय प्रकोष्ठ श्रीमती जमुना भिड़े सहित राजभवन के समस्त अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कार्यक्रम में “राजभवन पचमढ़ी” पुस्तक लोकार्पित की। जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार लघु फिल्म “संकल्प सिद्ध कर्म सिद्ध राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल” का प्रदर्शन भी किया गया।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि सृष्टि की कृतियों में एकमात्र मानव ही ऐसी रचना है जिसको वाणी, बुद्धि सहित समस्त शक्तियां मिली है। किसी और को यह सब एक साथ नहीं मिली है। यह सभी शक्तियां मानव की सेवा के लिए है। उन्होंने कहा कि स्वार्थी जीवन निरर्थक है। उन्होंने एक भव्य भवन वाले विश्वविद्यालय के भ्रमण प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में सर्वत्र, समृद्धता दिखाई दे रही थी। पार्किंग में दोपहिया वाहनों से कहीं अधिक फोर व्हीलर खड़े थे। इस शान-औ-शौकत में निकट ही गरीबों की बस्ती थी, जो अलग-थलग दिख रही थी। श्री पटेल ने कहा कि वह समृद्धता निरर्थक है, जो वंचितों, गरीबों की अनदेखी करे।
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि उनके परिश्रम का एकमात्र लक्ष्य जरूरतमंद, वंचितों की मदद करना है। उनके प्रयासों से जब उनकी मदद होती है वह उनमें नया उत्साह और अथक परिश्रम की उर्जा प्रदान करती है। उन्होंने विकसित भारत यात्रा के प्रथम कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि कार्यक्रम में उन्हें दिखा कि आगे आने वाले ही लाभ लेने पहुंच रहे हैं जबकि योजना की मंशा लाभ से वंचितों को लाभान्वित करना था। प्रशासन के समक्ष वस्तुस्थिति को बताकर लाभ से छूट गए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं के लाभ देने में प्राथमिकता सुनिश्चित की। इसी लिए शेष जिलों में 43 दिनों में 21 जिलों की यात्रा की थी। उन्होंने इस प्रसंग के संदर्भ में बताया कि योजना के पात्र वंचितों को लाभान्वित कराने की मंशा से ही व्यापक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान वंचितों लाभार्थियों के चेहरे पर लाभान्वित होने की खुशी को देखना ही उनके परिश्रम की उर्जा का स्त्रोत है।
राज्यपाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण बाधाओं चुनौतियों को पार कर कुछ कर गुजरने का जज्बा है। उन्होंने पचमढ़ी राजभवन के कर्मचारी की पत्नी श्रीमती शीला कुमारी कुम्हरे द्वारा अशिक्षित होते हुए पचमढ़ी के पर्यटकों को टेलीस्कोप से अंतरिक्ष से रू-ब-रू कराने को सशक्तिकरण का वास्तविक स्वरूप बताया। राज्यपाल के समक्ष कार्यक्रम में राजभवन से जुड़ी महिलाओं ने अपने संघर्षों, सफलताओं और राज्यपाल श्री पटेल के द्वारा महिला सशक्तिकरण प्रयासों के संबंध में जानकारी दी।
राजभवन भोपाल में बागवानी कार्य में संलग्न श्रीमती गोमती, कर्मचारी सफाई जमादार श्रीमती रुमा, सचिवालय में पदस्थ भृत्य श्रीमती निशा कौल, सहायक ग्रेड तीन श्रीमती कल्पना अतुलकर, नर्सिग ऑफीसर श्रीमती राधामणि, पी.एस.ओ. श्रीमती भारती चौबे जनजातीय प्रकोष्ठ की विषय विशेषज्ञ श्रीमती दीपमाला रावत ने अपने जीवन के संघर्षों और उन पर सफलता प्राप्त करने के बारे में बताया। कार्यक्रम में प्रस्तुतिकरण के माध्यम से राज्यपाल की कार्यशैली की संवेदनशीलता के प्रसंगों का जिक्र किया। सभी महिला वक्ताओं ने राज्यपाल द्वारा उनकी बिना बोले कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने एवं कार्य दशाओं को बेहतर बनाने के कार्यों और उनकी व्यक्तिगत आत्मीयता, उदारता के प्रसंगों का उल्लेख किया।
राजभवन सचिवालय की महिला अधिकारियों-कर्मचारियों ने समवेत स्वर में “जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा” और “सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्ता हमारा” की प्रस्तुति दी। आभार प्रदर्शन जनजातीय प्रकोष्ठ की सचिव श्रीमती जमुना भिड़े ने किया। संचालन कंट्रोलर हॉऊस होल्ड श्रीमती शिल्पी दिवाकर ने किया।
बगेश्वरधाम: महिला की मौत के बाद प्रशासन जागा, एक होमस्टे सील, अन्य पर तोड़फोड़
8 Jul, 2025 08:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर। छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़ा बगेश्वरधाम में बने होमस्टे के हादसे से प्रशासन और पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है। मंगलवार को कलेक्टर एवं एसपी ने मौके पर जाकर अन्य अधिकारियों के माध्यम से निरीक्षण कराया और गैर कानूनी ढंग से बने होमस्टे को गिराने के निर्देश दिए। एक होमस्टे सील कर दिया गया है। निरीक्षण में तीन घरेलू गैस सिलिंडर भी जब्त किए गए हैं। मानकों को दरकिनार कर बने होमस्टे गिराए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक भारी बारिश और आसपास कहीं बिजली के गिरने की धमक से एक ढाबे की दीवार गिर गई, जिससे उसमें करीब एक दर्जन लोग दब गए। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई। अन्य लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद कलेक्टर पार्थ जायसवाल और एसपी अगम जैन गढ़ा पहुंचे, जहां उन्होंने होम स्टे की जांच करवाई। जांच के दौरान कई होम स्टे मानकों के अनुरूप नहीं मिले, जिन्हें गिराने के आदेश दिए गए। देर शाम प्रशासन की जेसीबी ने होमस्टे गिराने शुरू कर दिए।
निरीक्षण के दौरान राजेंद्र सिंह घोष के होम स्टे को राधेश्याम चौरसिया किराए पर संचालित कर रहे थे। इसमें कमी पाए जाने पर सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान राजनगर एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, खजुराहो एसडीओ की नवीन दुबे, नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम, जनपद सीईओ राकेश शुक्ला, तहसीलदार धीरज गौतम, एमपीईबी, खाद्य विभाग के अधिकारियों के अलावा ग्राम पंचायत के सचिव और पटवारी उपस्थित रहे।
छात्रों की मांग – यूनिवर्सिटी बंद करने का फैसला तुरंत वापस ले सरकार
8 Jul, 2025 07:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश की एकमात्र मेडिकल यूनिवर्सिटी बंद करने की तैयारी चल रही है। नर्सिंग व पैरामेडिकल कालेजों को क्षेत्रीय यूनिवर्सिटीज में भेजने का आदेश जारी कर दिया है। अब छात्र संगठन लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। मंगलवार को एनएसओ छात्र संगठन के सैकड़ो लोग राजधानी भोपाल स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यालय पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। छात्र संगठन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एनएचएम में ज्ञापन भी दिया।
सभी राज्यों में मेडिकल के सभी कोर्स मेडिकल यूनिवर्सिटी से
संगठन के अध्यक्ष गोपाल पाराशर ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर के होते हुए भी नर्सिंग व पैरामेडिकल कालेजों को क्षेत्रीय यूनिवर्सिटीज में भेजने का आदेश जारी कर दिया है और अखबारों में प्रकाशित खबरों के अनुसार मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर को को बंद करने का प्लान किया जा रहा है, एनएसओ छात्र संगठन इसका पुरजोर विरोध करता है, क्योंकि देश के हर राज्य में मेडिकल के सभी कोर्स मेडिकल यूनिवर्सिटी से ही जुड़े हुए हैं, क्योंकि मेडिकल यूनिवर्सिटी से प्राप्त डिग्री की वैल्यू बहुत होती है। साथ ही मेडिकल कोर्सेस की गुणवत्ता भी बढ़ती है। लेकिन मध्यप्रदेश सरकार मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर को बंद करने और मेडिकल शिक्षा को बर्बाद करने में लगी हुई है, और जबलपुर के विकास को रोक रही है। जबलपुर के साथ भेदभाव कर रही है।
यूनिवर्सिटी में 90% खाली पदों को भरने की मांग
पराशर ने बताया कि हमने इसके साथ ही मेडिकल यूनिवर्सिटी में स्थाई अधिकारियों व कर्मचारियों के 90 प्रतिशत खाली पदों को भरने की मांग भी की गई है। इसके साथ ही 2 साल पूर्व निकली सीएचओ भर्तियों की परीक्षा पास किए हुए अभ्यर्थियों को अभी तक जॉइनिंग नहीं दी गई है। इनको भी जल्द से जल्द नियुक्ति दी जाए, साथ ही मध्यप्रदेश में नर्सिंग कालेजों की 2025-26 की मान्यता प्रक्रिया नर्सिंग काउंसिल भोपाल द्वारा तय किए गए समय पर ही पूरी की जाए। और इंडियन नर्सिंग काउंसिल नई दिल्ली के नियमों की पालना की जाए। समय पर मान्यता नहीं मिल पाने के कारण हजारों नर्सिंग कोर्स करने के इच्छुक विद्यार्थियों को एडमिशन नहीं मिल पाता है। और कालेजों में एडमिशन ना होने के कारण सैकड़ों नर्सिंग स्टाफ की नौकरी छिन चुकी है। पूर्व में किए गए नर्सिंग कॉलेज के भ्रष्टाचार के दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज करवाने की मांग की गई।
विधानसभा सत्र के दौरान आंदोलन की चेतावनी
संगठन के उपाध्यक्ष दीपक सिंह व प्रदेश महासचिव सचिन खींची एवं राघवेन्द्र लोधी के अनुसार अगर संगठन की मांगो पर जल्द एवं उचित कार्यवाही नहीं की गई तो संगठन द्वारा आगामी विधानसभा सत्र के दौरान भोपाल में और अन्य आगामी संसद सत्र के दौरान जंतर मंतर दिल्ली पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन में प्रमुख रूप से संगठन के मीडिया प्रभारी पप्पू कुमार, ज्योति, अमर, कुसुम जितेन्द्र, प्रीतम, भुवनेश, प्रेम कुमारी, रजनी सहित कई सैकड़ा कैंडिडेट उपस्थित रहे।
जीतू पटवारी पर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का सड़कों पर संघर्ष
8 Jul, 2025 07:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अशोकनगर। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को अशोकनगर में न्याय सत्याग्रह किया। प्रदेशभर से नेता और कार्यकर्ता यहां पार्टी अध्यक्ष जीतू पटवारी पर दर्ज FIR के विरोध में गिरफ्तारी देने पहुंचे। इसी बीच ग्वालियर ग्रामीण कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर ने मंच से विवादास्पद बयान दे दिया। कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर ने कहा कि जो मर्द थे वे जंग में आए, जो हिजड़े थे, वे संघ में गए। समझ गए न, इशारा ही काफी है।
बता दें कार्यक्रम में आ रहे विधायकों और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के काफिले को पुलिस ने जगह-जगह चेकिंग के लिए रोका। वहीं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमें रोकने के लिए 8 जिलों की पुलिस बुलाई गई। PCC चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि कार्यकर्ता का जहां पसीना गिरेगा, वहां मेरा, कांग्रेस के नेताओं के खून की अंतिम बूंद गिरेगी। कार्यक्रम के अंत में एसडीओपी विवेक शर्मा ने अशोक नगर में मंच से जीतू पटवारी सहित न्याय सत्याग्रह में उपस्थित सभी लोगों को गिरफ्तार करने की घोषणा की। तत्काल ही अशोकनगर एसडीएम बृज बिहारी लाल श्रीवास्तव ने सभी को रिहा करने की घोषणा कर दी।
इससे पहले पटवारी ट्रैक्टर से पुरानी कृषि उपज मंडी स्थित सभास्थल तक पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार 100 गाड़ियों के काफिले के साथ आए। तराना विधायक महेश परमार की गाड़ी पुलिस ने चेकिंग के लिए रोकी तो वे भड़क गए। उन्होंने कहा विधायकों की गाड़ी की भी चेकिंग कर रहे हो। मुझे गोली मार दो और बीजेपी का बिल्ला लगा लो। जौरा विधायक पंकज उपाध्याय और पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह को भी पुलिस ने रोक लिया। इस पर कुशवाह एसआई से बोले मैडम हमारी भी सरकार बनेगी।
दरअसल अशोकनगर निवासी गजराज लोधी ने बीजेपी कार्यकर्ता पर मारपीट करने और मैला खिलाने का आरोप लगाया था। 25 जून को जीतू पटवारी ओरछा दौरे पर थे, तब युवक ने उनसे मिलकर इस मामले की शिकायत की थी। बाद में गजराज ने पटवारी पर बहकाकर बीजेपी कार्यकर्ता के खिलाफ शिकायत कराने का आरोप लगाया था। इसके बाद मुंगावली पुलिस ने पीसीसी चीफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। इसका विरोध करते हुए पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा था कि सात जुलाई तक एफआईआर वापस नहीं ली जाती है तो 8 जुलाई को कांग्रेस मुंगावली थाने जाकर गिरफ्तारी देगी।
भोपाल रेलवे अस्पताल में भावपूर्ण आयोजन, मरीजों के लिए मिली दो नई व्हीलचेयर
8 Jul, 2025 06:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मंडल रेल चिकित्सालय, भोपाल में आज दिनांक 08 जुलाई 2025 को एक भावपूर्ण आयोजन के अंतर्गत स्व. बिसना बाई (पूर्व प्रधान रसोइया) की स्मृति में उनकी सुपुत्री श्रीमती कमला अमरजीत सिंह द्वारा दो व्हीलचेयर मरीजों के उपयोग हेतु भेंट की गईं। यह आयोजन स्व. बिसना बाई के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किया गया।यह पहल न केवल सेवा भावना का प्रतीक है, बल्कि स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कार्मिकों के प्रति सम्मान की भावनाओं को भी दर्शाती है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय डोगरा, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रशासन) डॉ. रचना श्रीवास्तव सहित चिकित्सालय का समस्त स्टाफ एवं स्व. बिसना बाई के परिजन उपस्थित रहे। मंडल रेल चिकित्सालय भोपाल में यह योगदान मरीजों की सुविधा के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा और सेवा के क्षेत्र में एक प्रेरणास्पद उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
मंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना – कहा अफसरों को राजनीतिक हथियार बनाया जा रहा है
8 Jul, 2025 04:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें गैरजिम्मेदार, फूहड़ और संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने वाला नेता करार दिया। अशोकनगर के मुंगावली थाने में एक व्यक्ति को गलतबयानी उकसाने के लिए पटवारी पर मामला दर्ज किया गया है। सारंग ने कहा कि पटवारी ने राजनीतिक लाभ के लिए एक स्क्रिप्टेड ड्रामा रचा और प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमा को ठेस पहुंचाई। मंत्री सारंग ने कहा कि जीतू पटवारी द्वारा स्पीकरफोन पर कलेक्टर से की गई बातचीत पूरी तरह से एक सोची-समझी रणनीति थी, जिसका उद्देश्य मीडिया में सनसनी फैलाना और स्वयं को चर्चा में लाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारी ने गजराज नाम के युवक के मामले को तूल देकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और अफसरशाही को अपमानित करने की कोशिश की। उनको आज का प्रदर्शन टांय टांय फिश हो चुका हैं।
पटवारी मांफी मांगें, अफसरों की गरिमा को ठेस पहुंचाई
प्रेस वार्ता में विश्वास सारंग ने मांग की कि जीतू पटवारी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि उन्होंने एक प्रशासनिक अधिकारी की पद की गरिमा और व्यक्तिगत मान को ठेस पहुंचाई है। मंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार कानून के अनुसार काम करेगी और इस तरह की “चमकाईस वाली राजनीति” बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
"कांग्रेस की ये स्क्रिप्टेड राजनीति नहीं चलेगी"
विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्क्रिप्टेड और सेंसेशनल राजनीति के जरिये प्रदेश में अस्थिरता फैलाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक को मोटरसाइकिल का लालच देकर झूठा बयान दिलवाया गया, जिसके बाद युवक ने खुद एफिडेविट देकर सच्चाई सामने रख दी है। ऐसे में जीतू पटवारी पर FIR के बाद गिरफ्तारी बनती थी, लेकिन वे अधिकारियों को डराने और धमकाने की राजनीति कर रहे हैं।
"संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कांग्रेस की परंपरा"
मंत्री सारंग ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की संवैधानिक संस्थाओं के अपमान करने की परंपरार रही है। सारंग ने कहा कि इंदिरा गांधी ने भय का वातावरण बनाकर नसबंदी कराई, राजीव गांधी ने कोर्ट की अवमानना की, राहुल गांधी ने संसद और कानून का अपमान किया और अब जीतू पटवारी प्रशासन को धमकाकर वही परंपरा दोहरा रहे हैं।
कांग्रेस की गुटबाजी उजागर
सारंग ने दावा किया कि अशोक नगर की घटना पर कांग्रेस के किसी बड़े नेता ने जीतू पटवारी का समर्थन नहीं किया। पटवारी खुद फोन लगाकर नेताओं को बुला रहे थे, लेकिन कांग्रेस की गुटबाजी और अंदरूनी खींचतान के कारण कोई नेता मौके पर नहीं पहुंचा। किसी नेता को अशोकनगर जाने से नहीं रोका गया। उन्होंने कहा कि यही हाल रहा तो कांग्रेस अगले चुनाव में 10 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।
लाडली बहना योजना के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, बढ़ी हुई राशि का झांसा देकर मांग रहे जानकारी
8 Jul, 2025 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिंड: मध्य प्रदेश में तीन लोगों के एक गिरोह को गिरफ्तार किया गया है। इन पर आरोप है कि ये 'लाडली बहना योजना' के नाम पर महिलाओं को ठग रहे थे। यह योजना मध्य प्रदेश सरकार महिलाओं के लिए चलाती है। ये लोग महिलाओं को योजना में मिलने वाली किश्त की राशि बढ़ाने का लालच देते थे। भिंड की उमरी पुलिस और साइबर टीम ने मिलकर यह कार्रवाई की। अजय नरवरिया नाम के एक व्यक्ति की शिकायत के बाद यह मामला सामने आया।
तीन लोग पहुंचे शिकायतकर्ता के घर
अजय नरवरिया ने पुलिस को बताया कि तीन आदमी उनके घर आए। उन्होंने कहा कि वे मध्य प्रदेश सरकार के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि वे उनके परिवार की किसी भी महिला के लिए योजना की किश्त को ₹1,250 से बढ़ाकर ₹3,000 कर सकते हैं। लेकिन इसके लिए उन्हें ₹5,000 और महिला का आधार कार्ड और बैंक पासबुक चाहिए। ठगों ने पैसे और दस्तावेज तो लिए ही, साथ ही अजय का मोबाइल फोन भी चुरा लिया।
दूसरे ग्रामीणों से भी मांग रहे थे आधार कार्ड
इस बीच, पाण्डरी गांव के लोगों को शक हुआ। क्योंकि वही आदमी दूसरे ग्रामीणों से भी आधार और बैंक डिटेल मांग रहे थे। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। उमरी पुलिस के प्रभारी शिव प्रताप सिंह और उनकी टीम ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने आरोपियों को बजहाई गांव से पकड़ लिया। आरोपियों ने बताया कि वे ग्वालियर के रहने वाले हैं।
तीनों कबूल किया जुर्म
पूछताछ के दौरान तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने माना कि उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का वादा करके भोले-भाले ग्रामीणों को ठगा है। उन्होंने आधार कार्ड, बैंक पासबुक, ATM कार्ड, चेक बुक और सिम कार्ड जमा किए। फिर उन्होंने इनका इस्तेमाल करके कई बैंक खाते खोले। इन खातों को बाद में बिहार, झारखंड और हरियाणा के साइबर अपराधियों को ₹15,000 - ₹20,000 में बेच दिया गया।
अपनी मर्जी से दिए खाते
कुछ लोगों ने ₹2,000 - ₹5,000 के लिए अपनी मर्जी से अपने खाते दिए। इन खातों को भी बेच दिया गया। पुलिस ने उनके पास से कई ATM कार्ड, पासबुक, चेक बुक और सिम कार्ड बरामद किए हैं। आगे की जांच चल रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन लोगों ने और कितने लोगों को ठगा है। साइबर टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन लोगों ने जो बैंक खाते खोले थे, उनका इस्तेमाल किन-किन कामों के लिए किया गया।
लोकतंत्र सेनानी नेमीचंद जैन के नेत्रों का हुआ दान, राजकीय सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार
8 Jul, 2025 02:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विदिशा। गांधी चौक गंजबासौदा निवासी लोकतंत्र सेनानी मीसाबंदी, पूर्व आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर गांधी चौक के अध्यक्ष 84 वर्षीय एडवोकेट नेमीचंद जैन का 7 जुलाई को सुबह निधन हो गया। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए परिवारजनों ने विकास पचौरी फाउंडेशन का सहयोग लेकर नेमीचंद जी का नेत्रदान कराया। वहीं राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
विकास पचौरी फाउंडेशन द्वारा पूर्व में गंजबासौदा में नेत्रदान, देहदान एवं अंगदान की जागृति हेतु एक शिविर लगाया गया था। जहां नेमीचंद जी ने 12 फरवरी 2021 को नेत्रदान का संकल्प पत्र भरा था। 7 जुलाई को सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए परिवारजनों ने विकास पचौरी फाउंडेशन से संपर्क किया और विकास पचौरी फाउंडेशन द्वारा विदिशा के अटल बिहारी मेडिकल कॉलेज के आई बैंक में संपर्क किया। जहां से डॉक्टरों की टीम ने तत्परता दिखाते हुए विदिशा से बासौदा जाकर नेत्रदान संपन्न कराया। मेडिकल कालेज के डीन डॉ. मनीष निगम के नेतृत्व में प्राध्यापक डॉ. एससीएल चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में डॉ. निखिला यादव सहायक प्राध्यापक, डॉ. प्रहर श्रीवास्तव सीनियर रेजिडेंट, डॉ. निकिता श्रीवास्तव सीनियर रेजिडेंट, डॉ. शेरन आहुजा पीजी रेजिडेंट, पुष्पलता मरावी नर्सिंग ऑफिसर, रेणुका लेवी नर्सिंग ऑफिसर, डॉ. प्रहर श्रीवास्तव (एसआर), डॉ. एन श्रीवास्तव (एसआर), डॉ. शरन (पीजी 1), पुष्पा मरावी ( एनओ), रेणुका लेवी (एनओ) द्वारा नेत्रदान की प्रक्रिया पूर्ण की गई। अब नेमीचंद जी के दोनों नेत्रों का प्रत्यारोपण किन्हीं दो अलग-अलग नेत्रहीनों को हो सकेगा और वह इस दुनिया को देख सकेंगे। वह अपने पीछे पुत्र एडवोकेट संजय कुमार जैन, एडवोकेट सिद्धार्थ कुमार जैन सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
राजकीय सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार
मीसाबंदी एडवोकेट नेमीचंद जैन का अंतिम संस्कार पाराशरी विश्राम घाट गंजबासौदा पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। पुलिस के सशस्त्र बल द्वारा सलामी दी गई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वे 1951 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और 84 वर्ष की उम्र में भी पार्टी के कार्यों में सक्रिय रहे। वे एक अच्छे वक्ता माने जाते थे।
मंत्री का रिश्तेदार बनकर उड़ाए लाखों, शातिर ठग मोहित शेखावत गिरफ्तार
8 Jul, 2025 02:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: जनकगंज पुलिस ने मनोज श्रीवास उर्फ मोहित शेखावत नाम के शख्स को हाल ही में पकड़ा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि वह CBI अफसर और केंद्रीय मंत्री का भतीजा बताकर ठगी करता था। वह मेट्रोमोनियल साइट से लड़कियों के नंबर निकालकर शादी का झांसा देता था। फिर उनसे पैसे ठग लेता था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के आगरा और भिंड में भी मामले सामने आए हैं।
ऐसे खुला था मामला
अमित सिंह की बहन की शादी के लिए मोहित शेखावत नाम के युवक से संपर्क हुआ था। मोहित खुद को गृह मंत्रालय में अधिकारी बताता था। कभी CBI का अफसर तो कभी केंद्रीय मंत्री का भतीजा बताता था। उसने अमित को फूड इंस्पेक्टर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए 9 लाख रुपए लिए और फर्जी नियुक्ति पत्र दिया। उसने अमित की बहन से शादी का झांसा देकर 15 लाख की कार भी फाइनेंस करवा ली। शक होने पर अमित ने 4 जुलाई 2025 को पुलिस में शिकायत की।
पुलिस ने बरामद किए फर्जी आईकार्ड
पुलिस ने उसे लग्जरी कार के साथ पकड़ा। उसने बताया कि वह गोहद, भिंड का रहने वाला है। उसने अपनी कार पर 'मानव अधिकार आयोग प्रदेश अध्यक्ष' का बोर्ड लगा रखा था। उसके पास से फर्जी CBI आईकार्ड और अन्य आई कार्ड मिले। वह ऑनलाइन आई कार्ड सर्च करके अपना फोटो लगा लेता था। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
आगरा के परिवार ने भी किया संपर्क
रिमांड के दौरान आगरा के एक परिवार ने भी उससे संपर्क किया। मोहित ने वहां भी CBI अफसर बनकर शादी का झांसा दिया था और 4 लाख रुपए ठगे थे। भिंड के गोहद में भी उसके खिलाफ मंत्री बनने का मामला दर्ज है। वहां उसने मंत्री बनने के होर्डिंग भी लगवाए थे।
रुतबा दिखाकर करता था ठगी
मोहित मेट्रोमोनियल साइट पर फर्जी आईडी बनाता था। वह लड़कियों के परिजनों से संपर्क करता था। फिर लग्जरी कार से उनके घर जाता था और अपना रुतबा दिखाता था। अफसर का कार्ड और मंत्री का रिश्तेदार बताने से लोग उसके झांसे में आ जाते थे। पुलिस ने उसकी कार जब्त कर ली है। उससे पूछताछ जारी है।
लाडली बहना के नाम पर महिलाओं को किया कंगाल, अब सलाखों के पीछे आरोपी
8 Jul, 2025 02:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिंड। लाडली बहना योजना की किस्त बढ़ाने के नाम पर सायबर ठगी करने वाली गैंग के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल ऊमरी थाना पुलिस और सायबर टीम ने सयुक्त रूप से कार्रवाई करके साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गौरतलब है कि फरियादी अजय नरवरिया ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि तीन व्यक्ति मेरे घर आए और बोले कि मैं मप्र शासन की ओर से लाडली बहना योजना का काम देख रहा हूं। आपके घर में किसी महिला को यदि लाडली बहना योजना का लाभ मिलता हो तो मैं उसके 1250 रुपये की जगह 3000 रुपये करा दूंगा। इसके लिए मुझे 5000 रुपये व लाभार्थी का आधार कार्ड व बैंक पासुबक देना पड़ेगी।
आरोपियों ने योजना के पैसे बढ़ाने के नाम पर 5000 रुपये ठग लिए व मेरी पत्नी का आधार कार्ड, बैंक पासबुक व कुर्सी पर रखा मेरा मोबाइल चोरी कर ले गए। तभी पाण्डरी गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि तीन लड़के गांव में आकर लाडली बहना योजना की किस्त बढ़ाने के नाम पर बैंक पासबुक व आधार कार्ड मांग रहे हैं, जो संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। इसके बाद ऊमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह द्वारा आरोपियों का पीछा एवं सर्चिंग की गई। ग्राम बझाई से तीनो को गिरफ्तार कर लिया। जिन्होंने खुद को ग्वालियर का होना बताया।
पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की आरोपीगणों ने जुर्म कबूल करते हुए पूरी सच्चाई पुलिस के सामने उगल कर रख दी। बताया कि हम लोग भोले-भाले लोगों को धोखा देकर लाडली बहना योजना एवं अन्य शासकीय योजनाओं के पैसे दिलवाने के नाम पर उनसे बैंक पासबुक, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, चैकबुक, सिम कार्ड ठग लेते हैं तथा इन सबके माध्यम से हम इन लोगों के कई अकाउंट खोलकर सायबर ठगों को बिहार, झारखंड, हरियाणा में 15 से 20 हजार रुपये में बेच देते हैं। कई बार बहुत सारे लोग लालच में अपने अकाउंट हमें 2 से 5 हजार रुपये में अपने आप भी दे देते हैं। पुलिस ने तलाशी लेने के बाद आरोपियों के कब्जे से एटीएम कार्ड, कई पासबुक, चैकबुक तथा कई सिमें बरामद कर लीं।
सोयाबीन बीजों पर असर नहीं दिखा फफूंदनाशक, 1500 एकड़ फसल हुई बर्बाद
8 Jul, 2025 01:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आष्टा। आष्टा के कन्नोद रोड स्थित कीटनाशक दवा विक्रेता मेसर्स अंबिका पाटीदार ट्रेडर्स को अमानक फफूंदनाशक दवा बेचने पर सील कर दिया गया है। इसे लेकर आष्टा विकासखंड के लगभग 115 से 120 किसानों ने सोयाबीन बीज के उपचार के लिए सुपर 709 नामक फफूंदनाशक दवा मेसर्स अम्बिका पाटीदार ट्रेडर्स से खरीदी थी। इस दवा की निर्माता कम्पनी यूनीवर्सल एग्रो केमिकल इंडस्ट्रीज नागपुर है। इस दवा के उपयोग के बाद फसल में अंकुरण आया, लेकिन पौधों में वृद्धि नहीं हो पाई थी।
आष्टा विकासखंड के आधा दर्जन से अधिक गांवों के किसानों की बोवनी के समय बीज में खराब बीजोपचार पाउडर मिलाने से अंकुरण नहीं हुआ है। इससे नाराज किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कृषि विभाग, प्रशासन को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर अफसर हरकत में आए और नगर की जिस दुकान से पाउडर खरीदा था। वहां से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इधर, किसानों ने कलेक्ट्रेट में जाकर कार्रवाई के लिए ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि आष्टा के गांवउर्ली, अरोलिया, परोलिया, गोपालपुर, खेमपुर गुलरिया, धुराड़ा सहित अन्य गांव के किसानों ने आष्टा के कन्नौद रोड स्थित अंबिका पाटीदार ट्रेडर्स से बीजोपचार पाउडर खरीदा था। इसे मिलाने के बाद किसानों ने बोवनी की तो सोयाबीन बीज का खेत में अंकुरण नहीं हुआ है। कई जगह पर पौधों की ग्रोथ नहीं हो सकी। किसानों का आरोप है कि दुकानदार ने उनको पैसे लेकर खराब और अमानक पाउडर बेचा, जिससे ऐसी स्थिति बनी है। फसल खराब होने से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई थी।
किसानों से समन्वय स्थापित कर तीन दिन में दे जवाब
बताया जाता है कि क्षेत्र की लगभग 1500 एकड़ की सोयाबीन फसल नष्ट हो गई हैं। इस शिकायत की जांच के लिए कृषि विभाग ने सहायक संचालक के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। जांच में टीम द्वारा शिकायत सही पाई गई। शिकायत सही पाए जाने पर दवा विक्रेता की दुकान मेसर्स अम्बिका पाटीदार ट्रेडर्स को सील कर दिया गया है। इसके साथ ही कृषि विभाग द्वारा संबंधित विक्रेता और निर्माता कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि जिन किसानों का नुकसान हुआ हैं, उन किसानों से समन्वय स्थापित कर समस्या का निराकरण करें और तीन दिनों में विभाग को अवगत कराएं। निराकरण न करने की स्थिति में विक्रेता और निर्माता कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लाइसेंस निरस्त होगा
इस संबंध में कृषि विभाग के एसडीओ बीएस मेवाड़ा ने बताया कि अंबिका पाटीदार ट्रेडर्स पर दवाई के सैंपल की कार्रवाई के बाद नोटिस जारी किया गया था। जिसका संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके चलते दुकान सील की गई है। साथ ही दुकान का लाइसेंस निरस्त कर संचालक पर एफआईआर हो सकती है।
रेल मंत्रालय के आदेश पर पश्चिम मध्य रेल (भोपाल मंडल) का निर्णय
8 Jul, 2025 01:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। रेल मंत्रालय द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेल से गुजरने वाली 18 रेलगाड़ियों का भोपाल मंडल के अशोक नगर, मुंगावली, बदरवास एवं खिरकिया स्टेशनों पर प्रायोगिक तौर पर दोनों दिशाओं में ठहराव प्रदान किया गया था, जिसे अब अगले आदेश तक विस्तारित कर दिया गया है।
इसकी जानकारी इस प्रकार है:
अशोक नगर स्टेशन पर आगमन/प्रस्थान समय-सारणी:
1. गाड़ी संख्या 18573 विशाखपट्टणम जंक्शन–भगत की कोठी एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय भोर 04:28/04:30 बजे रहेगा।
2. गाड़ी संख्या 18574 भगत की कोठी–विशाखपट्टणम जंक्शन एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय सुबह 09:46/09:48 बजे रहेगा।
मुंगावली स्टेशन पर आगमन/प्रस्थान समय-सारणी:
1. गाड़ी संख्या 19053 सूरत–मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय रात्रि 22:18/22:20 बजे रहेगा।
2. गाड़ी संख्या 19054 मुजफ्फरपुर–सूरत एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय मध्य रात्रि 00:25/00:27 बजे रहेगा।
3. गाड़ी संख्या 20971 उदयपुर सिटी–शालीमार एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय सुबह 10:43/10:45 बजे रहेगा।
4. गाड़ी संख्या 20972 शालीमार–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय सायं 18:10/18:12 बजे रहेगा।
5. गाड़ी संख्या 18207 दुर्ग–अजमेर एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय प्रातः 05:23/05:25 बजे रहेगा।
6. गाड़ी संख्या 18208 अजमेर–दुर्ग एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय प्रातः 06:12/06:14 बजे रहेगा।
7. गाड़ी संख्या 20482 तिरुच्चिराप्पल्लि जंक्शन–भगत की कोठी हमसफ़र एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय सायं 16:18/16:20 बजे रहेगा।
बदरवास स्टेशन पर आगमन/प्रस्थान समय-सारणी:
1. गाड़ी संख्या 20961 उधना जंक्शन–बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय रात्रि 21:04/21:06 बजे रहेगा।
2. गाड़ी संख्या 20962 बनारस–उधना सुपरफास्ट एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय सुबह 06:35/06:37 बजे रहेगा।
3. गाड़ी संख्या 22193 दौण्ड जंक्शन–ग्वालियर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय रात्रि 21:04/21:06 बजे रहेगा।
4. गाड़ी संख्या 22194 ग्वालियर–दौण्ड जंक्शन सुपरफास्ट एक्सप्रेस का आगमन/प्रस्थान समय रात 19:18/19:20 बजे रहेगा।
खिरकिया स्टेशन पर गाड़ियों का प्रायोगिक ठहराव:
1. गाड़ी संख्या 12149 पुणे–दानापुर एक्सप्रेस खिरकिया स्टेशन पर 08:00 बजे पहुँचकर, 08:02 बजे गन्तव्य के लिए प्रस्थान करेगी।
2. गाड़ी संख्या 12150 दानापुर–पुणे एक्सप्रेस खिरकिया स्टेशन पर 15:15 बजे पहुँचकर, 15:17 बजे गन्तव्य के लिए प्रस्थान करेगी।
3. गाड़ी संख्या 17020 हैदराबाद–हिसार एक्सप्रेस खिरकिया स्टेशन पर 10:26 बजे पहुँचकर, 10:28 बजे गन्तव्य के लिए प्रस्थान करेगी।
4. गाड़ी संख्या 19483 अहमदाबाद–बरौनी एक्सप्रेस खिरकिया स्टेशन पर 14:35 बजे पहुँचकर, 14:37 बजे गन्तव्य के लिए प्रस्थान करेगी।
5. गाड़ी संख्या 19484 बरौनी–अहमदाबाद एक्सप्रेस खिरकिया स्टेशन पर 23:05 बजे पहुँचकर, 23:07 बजे गन्तव्य के लिए प्रस्थान करेगी।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अनुरोध है कि वे इन ठहरावों का अधिकतम उपयोग करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। यात्रीगण कृपया रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से भी गाड़ी की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बारिश बना रही कहर: बागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं पर टूटी मुसीबत
8 Jul, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में एक बार फिर भारी बारिश के कारण हादसा हुआ है. यहां एक निजी ढाबे की दीवार गिरने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई है जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
छतरपुर सीएमएचओ आरपी गुप्ता ने बताया, "आज सुबह भारी बारिश के कारण एक ढाबे पर दीवार ढह जाने से कुछ श्रद्धालु घायल हुए हैं, उन्हें अस्पताल लाया गया है. उपचार चल रहा है. 10 लोग घायल हैं, एक व्यक्ति की मौत हुई है. 1-2 लोगों को ज्यादा चोट आई हैं"
ढाबे में बैठे श्रद्धालु हादसे की चपेट में आए
सीएचएमओ आरके गुप्ता ने बताया, "आज सुबह भारी बारिश के कारण शर्मा ढाबे की दीवार ढह गई. वहां बैठे कुछ श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया और उनका इलाज जारी है. हमारे डॉक्टर्स की टीम यहां उपस्थित है और सभी लोगों की जांच कर के प्राथमिक उपचार किया गया है. जितने लोग गंभीर रूप से घायल हैं, उनकी और जांच की जा रही है. जितना भी संभव इलाज है, वह डॉक्टर्स दे रहे हैं. अगर किसी को दूसरे अस्पताल में रेफर करने की जरूरत होगी, तो वह भी किया जाएगा."
एक-दो लोग गंभीर घायल
उन्होंने बताया कि 10 घायलों को अस्पताल लाया गया है. एक डेड बॉडी भी आई है. मलबे के नीचे से सभी लोगों को निकाल लिया गया है. घटनास्थल पर एंबुलेंस पहुंचाई गई है और अस्पताल में डॉक्टर्स ड्यूटी पर लगे हैं. कुछ लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं. एक-दो गंभीर हैं.
इससे पहले भी हुआ था बड़ा हादसा
कुछ दिन पहले भी (3 जुलाई को) बागेश्वर धाम परिसर में भारी बारिश के बीच एक टेंट गिर गया था, जिसके नीचे सो रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. इसको लेकर बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि टेंट पुरानी जगह पर लगा था, जहां अब कोई नहीं जाता. केवल बारिश से बचने के लिए वहां कुछ लोग खड़े थे. उनमें से एक व्यक्ति जो लेटा हुआ था, उसपर रॉड गिरने से वह गंभीर घायल हो गया था जिससे उसकी मौत हो गई.
मध्य प्रदेश में इंजीनियरों का एग्जाम अलर्ट! किताबों से दोबारा दोस्ती, 46 दिन की तैयारी
8 Jul, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: राजधानी में इंजीनियरिंग का अदभुत नमूना बना 90 डिग्री वाले ब्रिज के मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग की जमकर किरकिरी हुई है. इस मामले के बाद लोक निर्माण विभाग अब अपनी सभी इंजीनियरों का किताबी ज्ञान जांचने जा रहा है. इसके लिए लोक निर्माण विभाग के सभी एक्जीक्यूटिव इंजीनियर और उससे नीचे के इंजीनियरों का एग्जाम कराने की तैयारी की जा रही है. यह परीक्षा ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड में हो सकती है. विभाग ने सभी इंजीनियरों को तैयारी के लिए 15 अगस्त तक का समय दिया है. परीक्षा के जरिए इंजीनियरों के तकनीकी ज्ञान की क्षमताओं को आंका जाएगा.
इंजीनियरों को फिर पलटनी होंगी किताबें
पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रमुख सचिव बनाए गए सुखवीर सिंह ने विभाग द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए कसावट शुरू कर दी है. विभाग द्वारा कराए जा रहे भवन, सड़क और ब्रिज निर्माण के कामों को मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए सभी मानकों का पालन कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं. साथ ही निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग करने वाले तमाम इंजीनियरों के तकनीकी कौशल की परीक्षा भी लेने के निर्देश दिए हैं. इस संबंध में उन्होंने एमपी आरडीसी और मध्य प्रदेश भवन विकास निगम को दिशा निर्देश जारी किए हैं.
निर्देश में कहा गया है कि विभाग में कार्यरत सभी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर से लेकर नीचे तक के सभी इंजीनियर 15 अगस्त तक निर्माण कार्यों में काम आने वाले कोड्स का अध्ययन कर लें और निर्माण कार्यों में इसका उपयोग करें. इसके बाद एक मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की जाएगी. यह ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड पर हो सकती है. परीक्षा के लिए इंजीनियरों को भारतीय सड़क कांग्रेस, नेशनल बिल्डिंग कोड और दूसरे संबंधित मानकों का अध्ययन करना होगा. इन्हीं कोड्स के आधार पर सभी तरह के निर्माण कार्य किए जाते हैं.
इंजीनियरों को दिया जाएगा स्टडी मटेरियल
विभाग इसके लिए सभी इंजीनियरों को निर्माण कार्यों में जरूरी कोड्स की सूची विभाग के पोर्टल पर जल्द ही उपलब्ध कराएगा. निर्देश दिया गया है कि विभाग के मुख्य अभियंता और अधीक्षण यंत्री भी अपने क्षेत्र से संबंधित सभी महत्वपूर्ण कोड्स का अध्ययन कर लें. ताकि निर्माण की गुणवत्ता में किसी तरह की कमी न रह जाए. मध्य प्रदेश में अभी हजारों करोड़ के निर्माण कार्य चल रहे हैं, जिनकी गुणवत्तापूर्ण निर्माण की पूरी जिम्मेदारी इंजीनियरों की ही होती है.
घटिया निर्माण के कई मामले आ चुके सामने
पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियरों की लापरवाही मामले लगातार सामने आते रहे हैं. ताजा मामला भोपाल के 90 डिग्री वाले रोड ओवर ब्रिज का है. इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर 8 अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है. इसके पहले भोपाल के जीजी फ्लाईओवर की सड़क उसके उद्घाटन के एक हफ्ते के अंदर ही उखड़ने लगी थी. इस मामले में भी इंजीनियरों को सस्पेंड किया गया था.
सेंट्रल नारकोटिक्स की बड़ी कार्रवाई: ग्वालियर में करोड़ों की अफीम जब्त, उड़ता पंजाब का नेटवर्क बेनकाब
8 Jul, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: अफीम के नशे के लिए पंजाब देश भर में बदनाम हो चुका है और अब मध्य प्रदेश से पंजाब तक करोड़ों की अफीम की खेप पहुंचाने के मनसूबों को सेंट्रल नारकोटिक्स की टीम ने ग्वालियर में हवा कर दिया. अफीम के साथ 5 तस्करों को नारकोटिक्स टीम ने गिरफ्तार किया है.
बढ़ रही मध्य प्रदेश में अफीम की तस्करी
आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर पनिहार टोल प्लाजा पर सेंट्रल नारकोटिक्स की टीम ने एक कार को रोक कर 5 लोगों को हिरासत में लिया है. ये लोग कार में करोड़ों की अफीम छिपाकर ले जा रहे थे. ग्वालियर स्थित सेंट्रल नारकोटिक्स हेडक्वार्टर में पदस्थ डिप्टी कमिश्नर बृजेन्द्र चौधरी ने बताया कि "मध्य प्रदेश में अफीम की तस्करी की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय कर मॉनिटरिंग की जा रही है."
5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
डिप्टी कमिश्नर बृजेन्द्र चौधरी के मुताबिक "उन्हें सूचना मिली थी कि एक कार से अफीम की तस्करी की जाने वाली है. इस सूचना के आधार पर एक टीम को पनिहार टोल प्लाजा के पास भेजा गया था. जैसे ही मुखबिर की जानकारी के आधार से मिलती कार यहां पहुंची तो टीम ने उसकी तलाशी ली. कार में 5 लोग सवार थे, उन्हें रोक कर जब जांच की गई तो कार के पिछले हिस्से में करीब 5 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद हुई. इसके बाद सभी 5 लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही अफीम को जब्त कर लिया गया."
पंजाब से जुड़े तस्करी के तार
डिप्टी कमिश्नर बृजेन्द्र चौधरी ने बताया कि "भारतीय बाजार में अफीम की अनुमानित कीमत करीब 15-20 लाख रुपए प्रति किलो है. अब तक की पूछताछ में कार सवारों से इतना पता चला है कि, ये लोग इस अफीम को मध्य प्रदेश के गुना क्षेत्र से लेकर निकले थे और पंजाब में इसकी डिलीवरी करने जा रहे थे. हालांकि वे इसे किससे लेकर आए और किसे डिलीवर करने वाले थे, इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी."
करोड़ों में है अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत
बता दें कि, शुरुआती तौर पर अफीम की कीमत सोर्स के अनुसार अलग-अलग होती है लेकिन बाजार में पहुंचने पर इसकी कीमत बढ़ जाती है. अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस अफीम की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है.
वनाधिकार पट्टा और पीएम आवास से मुरिया परिवार को मिला नया जीवन
वर्मी कंपोस्ट उत्पादन बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
राज्यपाल पटेल से भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मिले
मध्यप्रदेश को सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिये करें समन्वित प्रयास : मंत्री कुशवाह
लेमनग्रास -किसानों के लिए कम पानी में ज्यादा कमाई का साधन
चेकडैम बना ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार, जल संरक्षण से बदली खेती की तस्वीर
कौशल और सामाजिक उद्यमिता से होगा भारत विकसित : राज्यपाल पटेल
द्वारका नगरी योजना से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से बदली तस्वीर
