मध्य प्रदेश
बागेश्वर धाम में आस्था का महोत्सव, हजारों भक्तों को मिला गुरु मंत्र
10 Jul, 2025 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर: देश के जाने माने कथा वाचक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री गुरु पूर्णिमा का उत्सव धूमधाम से मना रहे हैं. देश दुनिया भर से बाबा के चेले धाम पर पहले से ही जमा हो गए थे. बुधवार को धाम पर बाबा का आशीर्वाद लेने भक्तों की भीड़ लगातार उमड़ती रही. वहीं, बाबा धीरेन्द्र शास्त्री ने 10 राज्यों के 4 हजार नए चेलों के कानों में गुरु मंत्र फूंककर उनको गुरु दीक्षा दी है. धाम पर भीड़ को नियंत्रण करने के लिए छतरपुर SP ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम कर 500 से ज्यादा पुलिस जवानों को तैनात कर दिया है.
4 हजार भक्तों को गुरु मंत्र देकर बनाया शिष्य
बुंदेलखंड के बागेश्वर धाम के नाम से प्रसिद्ध धाम पर 2 जुलाई से 11 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन चल रहा है. इस महोत्सव में देश दुनिया भर से बाबा बागेश्वर के भक्त पहुंचे हैं. गुरु पूर्णिमा के पहले बाबा धीरेन्द्र शास्त्री ने 10 राज्यों से आये 4 हजार शिष्यों को गुरु मंत्र देकर नया चेला बनाया है. गुरु पूर्णिमा पर धाम पर भक्तों के लिए विशेष आयोजन किया जा रहा है. धीरेन्द्र शास्त्री अपने चेलों को आर्शीवाद देंगे और वह अपनी मनोकामना के लिए बाबा बागेश्वर से कामना करेंगे.
पादुका पूजन और गुरुदेव दर्शन का कार्यक्रम
दरअसल, इस आयोजन में 9 जुलाई से गुरु पूर्णिमा महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम पादुका पूजन और गुरुदेव दर्शन का कार्यक्रम रखा गया है. बुधवार से गुरु पूर्णिमा का आयोजन शुरु हुआ. बागेश्वर धाम में गुरु दीक्षा महोत्सव के पहले दिन महाराज धीरेन्द्र शास्त्री ने दोपहर करीब 3 बजे कथा पंडाल में पहुंचकर दीक्षा लेने वाले सभी लोगों को दीक्षा के नियम बताए.
दीक्षा लेने 10 राज्यों से आए भक्त
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि, ''नियम और संयम से रहने वाले ही गुरु मंत्र लें, जीवन भर सनातन के लिए कार्य करने और सनातन का झंडा उठाये रहने का आह्वान किया.'' इस आयोजन में मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, राजस्थान समेत 10 राज्यों से अधिक के लोग महाराज धीरेन्द्र शास्त्री से दीक्षा लेने आये थे, जिनको बाबा ने दीक्षा दी है.
शाही सवारी के साथ सन्यासी बाबा की चरण पादुकाएं पहुंची पंडाल
वहीं, बागेश्वर धाम पर चल रहे गुरु पूर्णिमा के तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव में सन्यासी बाबा की पादुकाओं के पूजन के साथ आयोजन शुरू हो गया है. शाही सवारी सहित सन्यासी बाबा की पादुकाएं धूमधाम गाजे बाजे के साथ पंडाल में स्थापित की गईं. महाराज धीरेन्द्र शास्त्री ने बागेश्वर धाम आए लाखों श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि, ''हम भले ही कार्य करते दिखाई दे रहे हैं लेकिन यह सभी काम हमारे गुरु सन्यासी बाबा कराते हैं.''
बस ऑपरेटरों की अचानक हड़ताल से गुरुपूर्णिमा समारोह प्रभावित
10 Jul, 2025 11:43 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा। शहर में गुरुवार से बसों का पहिया थम गया है। बुधवार शाम शहर के बस ऑपरेटरों ने सामूहिक हड़ताल का एलान कर दिया। वजह बनी शहर में बस स्टॉप तय न होने के बावजूद ट्रैफिक और परिवहन विभाग द्वारा लगातार लगाए जा रहे जुर्माने हैं। बस ऑपरेटरों का कहना है कि प्रशासनिक असमंजस का खामियाजा उन्हें और यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। बस ऑपरेटरों और प्रशासन के बीच बुधवार को एसडीएम सुधीर जैन की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। उम्मीद थी कि कोई समाधान निकलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बात नहीं बनी तो बस ऑपरेटरों ने 10 जुलाई से बसें बंद करने का एलान कर दिया।
बस स्टॉप नहीं, फिर भी चालान
शहर में अभी तक कोई अधिकृत बस स्टॉप नहीं है। ऐसे में बसें सड़कों पर यात्रियों के इशारे पर रुकती थीं, लेकिन हाल ही में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में तय हुआ कि रैंडम स्टॉपिंग पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस ने बस ऑपरेटरों पर चालान करना शुरू कर दिया। इससे बस ऑपरेटरों में नाराजगी है। उनका साफ कहना है कि जब तक अधिकृत बस स्टॉप तय नहीं होते, तब तक चालान करना अन्यायपूर्ण है। यह सिर्फ ऑपरेटरों के लिए नहीं, यात्रियों के लिए भी परेशानी का कारण है।
गुरुपूर्णिमा पर सबसे ज्यादा असर
गुरुवार को ही गुरुपूर्णिमा का पर्व है। जिलेभर से श्रद्धालु सौसर के जामसावरी मंदिर, सिमरिया हनुमान मंदिर और रामेश्वरम धाम जाने की तैयारी में हैं। हर साल इन स्थानों पर हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन बसों की हड़ताल ने उनकी यात्रा पर संकट खड़ा कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों से शहर और धार्मिक स्थलों की ओर जाने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ेगी।
ऑपरेटरों की तीन बड़ी मांगें
1. शहर में तत्काल एक या अधिक अधिकृत बस स्टॉप तय किए जाएं।
2. जब तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बनती, तब तक चालान की कार्रवाई रोकी जाए।
3. जनहित में प्रशासन निर्णय ले, अन्यथा हड़ताल जारी रहेगी।
मांगें पूरी नहीं होने तक रहेगी हड़ताल
बस एसोसिएशन के संरक्षक सेवक यादव, राजेश मिगलानी, अजीत पटेल, अमरीश शुक्ला और विमल शर्मा ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, बस संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
आवारा पशुओं की वजह से अब नहीं होंगे एक्सीडेंट, स्टेट हाईवे से लेकर नेशनल हाईवे तक सख्ती
10 Jul, 2025 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर : बुंदेलखंड में चाहे नेशनल हाइवे हो, स्टेट हाइवे या फिर जिला सड़कें, इन सड़कों पर गौवंश का कब्जा आम बात हो गई है. इन हालातों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती है और कई बार पशुहानि और जनहानि भी हो जाती है. ऐसे में सागर कलेक्टर संदीप जीआर ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिले से गुजरने वाली चार मुख्य सड़कों को पालतू व आवारा पशुओं से मुक्त कराने पहल की है.
इन सड़कों पर सबसे पहले होगी कार्रवाई
इनके लिए अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी तय की गई है. इस प्रोजेक्ट के तहत पशु मालिक पर जुर्माने की कार्रवाई होगी. आवारा पशुओं को शासकीय गौ शालाओं में भेजा जाएगा. इन चार सड़कों में सागर-भोपाल रोड में सागर से बागरौद चौराहा तक, नेशनल 44 में महाराजपुर से मालथौन तक की फोरलेन, सागर से छतरपुर रोड और सागर से जबलपुर रोड शामिल हैं.
कैसी रहेगी व्यवस्था
पायलट प्रोजेक्ट के तहत चार सड़कों के चयन के बाद संबंधित एसडीएम, जनपद सीईओ, नगरीय निकाय के सीएमओ और एनएचएआई, पीडब्लूडी और अन्य विभागों को काम करने कहा गया है. इस प्रोजेक्ट के तहत सड़कों से लगी ग्राम पंचायतें, कोटवार, सचिव, सहायक सचिव, पटवारी, संबंधित अधिकारी आवारा पशु सड़क पर न आएं, इसकी मॉनीटरिग करके कार्रवाई करेंगे.
आवारा पशुओं के लिए क्या होंगे नियम?
- पशुओं को मुख्य सड़कों से पकड़कर निजी व शासकीय गौशालाओं में भेजा जाएगा.
- निजी पशु होने पर पशु मालिकों पर प्रत्येक पशु के हिसाब से जुर्माने की कार्रवाई होगी.
- जुर्माने के बाद पशु फिर सड़क पर आते है, तो संबंधित पशु मालिक पर कार्रवाई होगी.
- रेडियम लगी जैकेट में गौ सेवकों की सड़कों पर तैनाती की जाएगी.
- सभी सड़कों पर 24 घंटे गौसेवक और कैटर कैचर मौजूद रहेंगे.
पहले लोगों को किया जाएगा जागरूक
पायलट प्रोजेक्ट के तहत ली गई चार सड़कों को गौवंश मुक्त करने के फैसले के बाद कलेक्टर संदीप जीआर ने मंगलवार शाम सागर, भोपाल मार्ग पर पहुंचकर सीहोरा, बेरखेड़ी, बिचपुरी गांव के लोगों से चर्चा की और उन्हें समझाइश दी कि सड़क पर गोवंश को न आने दें और अपने गोवंश को घर पर ही रखें.
मध्य प्रदेश में और कितने 90 डिग्री वाले ब्रिज, मंत्री ने प्रदेश भर से बुलाई रिपोर्ट
10 Jul, 2025 07:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: राजधानी भोपाल और इंदौर में ब्रिज की डिजाइन पर सवाल खड़े होने के बाद लोक निर्माण विभाग प्रदेश भर में बन रहे ब्रिज की रिपोर्ट बुलाएगा. विभाग के मंत्री राकेश सिंह के मुताबिक प्रदेश भर में जितने भी निर्माणाधीन ब्रिज हैं, उनकी रिपोर्ट बुलाई जा रही है. इसके साथ ही एक एक्सपर्ट कमेटी भी गठित की जा रही है.
मध्य प्रदेश में 20 दिन की बारिश में ही प्रदेश की कई सड़कों की सेहत बिगड़ने पर पीडब्ल्यूडी मंत्री ने बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि जब तक सड़कें रहेंगी, तब तक गढ्ढे होते रहेंगे. बारिश में सड़कों पर गढ्ढे कब और किस राज्य में नहीं हुए. सड़कों की गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए ताकि उसमें गढ्ढे होने ही नहीं चाहिए.
पत्रकारों से रूबरू हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने बारिश में सड़कों पर गढ्ढे होने के सवाल पर कहा कि "जब तक सड़कें रहेंगी, तब तक गढ्ढे होते रहेंगे. इसका मतलब यह है कि किसी सड़क को बने हुए 4 साल हों और उसकी समय सीमा 5 साल थी, तो हो सकता है कि 4 साल बाद गढ्ढे हो जाएं. लेकिन यदि सड़क ऐसी है कि जिसको 4 साल तक खराब नहीं होना चाहिए था लेकिन उसमें 6 माह में गढ्ढे हो गए तो यह गलत है. ऐसे मामले में कार्रवाई होनी चाहिए."
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि "दुनिया में कोई ऐसी सड़क नहीं है, जिसमें गढ्ढे होते ही नहीं हैं. ऐसी तकनीक विभाग के संज्ञान में नहीं आई है. जो सड़कें समय सीमा के पहले खराब हुई हैं, उनकी मरम्मत भी करेंगे और कार्रवाई भी करेंगे. तकनीक की दृष्टि से जिन राज्य को बेहतर माना जाता है, क्या वहां गढ्ढे नहीं हैं. सड़कों की गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए ताकि उसमें गढ्ढे होने ही नहीं चाहिए. कई बार क्वालिटी इतनी अच्छी नहीं होती, यदि होती तो गढ्ढे नहीं होते. इसलिए कई तरह के प्रयास किए जा रहे हैं."
'90 डिग्री नहीं, 114 डिग्री वाला ब्रिज'
मंत्री राकेश सिंह ने भोपाल के ऐशबाग ब्रिज को लेकर कहा कि "वह 90 डिग्री नहीं, बल्कि 114 डिग्री का है. इसमें सभी जरूरी सेफ्टी मेजर्स मौजूद हैं, जो एक अच्छे ब्रिज में होने चाहिए. इसमें 15 मीटर का टर्निंग रेडियस होना चाहिए जबकि इसमें 20 मीटर है. इसके बाद प्रदेश के सभी निर्माणाधीन ब्रिज की रिपोर्ट बुला रहे हैं. उसके साथ ही एक एक्सपर्ट कमेटी भी गठित की जा रही है ताकि भविष्य में कहीं भी कोई ऐसी बात आए तो उसका परीक्षण करा सकें."
लीला साहू वीडियो पर बोले मंत्री, बजट नहीं
सीधी में लीला साहू के वायरल हो रहे वीडियो पर मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि "ऐसे कई मामले हैं जहां सड़क की डिमांड है. पीडब्ल्यूडी या किसी भी विभाग के पास इतना बजट नहीं होता कि किसी की एक पोस्ट पर हम सीमेंट कंक्रीट लेकर सड़क बनाने पहुंच जाएं. कौन सी सड़क कौन बनाएगा इसकी व्यवस्था तय है. विभाग की अपनी सीमाएं होती हैं. पहले की तुलना में बजट में कमी नहीं हुई है, सड़क की लंबाई भी पहले से ज्यादा बढ़ी हैं. हम व्यवस्था को बेहतर करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं."
'जबलपुर फ्लाईओवर का लोकार्पण होगा जल्द'
जबलपुर में बन रहे फ्लाईओवर के ब्रिज को लेकर मंत्री राकेश सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि "कांग्रेस के कहने से न तो सरकार चलती है और न विकास कार्य होते हैं. जबलपुर में प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर बन रहा है और बेहतर तकनीक के साथ बन रहा है. इसमें ऐसी तकनीक अपनाई गई है, जिसको देखने के लिए दूसरे राज्यों से इंजीनियर आ रहे हैं. कांग्रेस के कहने पर उसका समय से पहले लोकार्पण नहीं किया जा सकता. सड़क को 15 दिन के लिए बंद किया गया है क्योंकि वहां निर्माण चल रहा है. अभी लाइटिंग का काम ही नहीं हुआ. लोकार्पण बहुत नजदीक है, लेकिन अभी समय बताना ठीक नहीं."
नाबालिग के साथ हैवानियत: शादी का झांसा देकर बेचा, फिर बंधक बनाकर किया शोषण
9 Jul, 2025 08:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र से इस साल 2 फरवरी को घर से नाराज होकर निकली नाबालिग लड़की मानव तस्करी गिरोह के चंगुल में फंस गई थी। मानव तस्करी करने वाले गिरोह ने नाबालिग बच्ची को 2.75 लाख रुपये में राजस्थान के सीकर जिले में एक व्यक्ति को बेच दिया था। नाबालिग को खरीदने वाला व्यक्ति शादी के नाम पर बच्ची को बंधक बनाकर उसका शारीरिक शोषण करता था। गत दिनों पीड़िता ने परिजनों को फोन कर मदद मांगते हुए अपना पता बताया था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और हबीबगंज पुलिस ने परिजनों के साथ सीकर पहुंचकर पीड़ित नाबालिग लड़की को बरामद कर एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया। चार से अधिक आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
डीसीपी जोन-1 शशांक ने बताया कि हबीबगंज थाना क्षेत्र स्थित एक मल्टी में रहने वाली नाबालिग लड़की कोचिंग नहीं गई तो उसे मां ने डांट दिया। मां की डांट से नाराज होकर नाबालिग इस साल दो फरवरी को कोचिंग के लिए घर से निकली और घर नहीं लौटी। मां ने 6 फरवरी को थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कराया था। डीसीपी ने बताया कि पीड़िता ने गत दिनों परिजनों से संपर्ककर अपने संबंध में जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सहेली अंकिता के साथ राजस्थान के झालावाड़ गई थी
डीसीपी ने बताया कि नाबालिग के कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए हैं, जिसमें उसने बताया है कि वह अपनी सहेली अंकिता के पास राजस्थान के झालावाड़ गई थी। भोपाल से अंकिता को सूचना दी गई कि नाबालिग का अपहरण करने वाले को पुलिस तलाश कर रही है। अंकिता पीड़िता की मल्टी के पास 12 नंबर के करीब ही रहती है। अंकिता ने अपनी ननद दुर्गा कसवे को फोन कर अपहृत नाबालिग के अपने पास होने की जानकारी दी। इसके बाद उसने ननद से नाबालिग को पुलिस के हवाले करने को कहा।
दुर्गा कसवे ने पुलिस के बजाय तस्कर गिरोह को बेच दिया
डीसीपी ने बताया कि दुर्गा कसवे ने नाबालिग को पुलिस को सौंपने की बजाय अपनी परिचित कुसुम विश्वकर्मा को सौंप दिया। कुसुम ने पीड़िता को बजरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने घर में अप्रैल से जून पहले सप्ताह तक रखा। 9 जून को कुसुम ने अपनी दोस्त रोशनी और राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर निवासी नरेंद्र कुमार को बेच दिया। लड़की बेचने का सौदा 2.75 लाख में हुआ और नरेंद्र को लड़की गुना जिले के आरोन में सौंपी गई। कुसुम और लड़का पक्ष नरेंद्र के बीच सुनील नाम का युवक मध्यस्थता कर रहा था। लड़की को बेचे जाने के दौरान वह भी आरोन में मौजूद था। इसके बाद नरेंद्र नाबालिग को एक कागज बनाकर अपनी पत्नी बताने लगा।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मानव तस्करी गिरोह की कुसुम विश्वकर्मा पति उमाशंकर विश्वकर्मा (47) विंध्याचल वैली व मालती अपार्टमेंट राजेंद्र नगर स्टेशन बजरिया और लड़की को पत्नी बताते हुए बंधक बनाकर दरिंदगी करने वाले नरेंद्र कुमार डारा उर्फ मोदी पिता रामलाल डारा (25) को गिरफ्तार कर लिया है। कुसुम विश्वकर्मा के खिलाफ बजरिया, छोला, कमला नगर, जहांगीराबाद और हबीबगंज में पहले से विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस नरेंद्र का क्राइम रिकॉर्ड राजस्थान पुलिस से मांगा है। मानव तस्करी के इस गिरोह में आरोपी बनाए गए दुर्गा, रोशनी, प्रदीप जैन, सुनील व अन्य की तलाश की जा रही है।
सरकारी विभागों में 49 हजार से अधिक पदों को मिली मंजूरी
9 Jul, 2025 03:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के किसानों, महिलाओं, युवाओं और आदिवासी समुदाय के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक के बाद डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने मीडिया को बैठक की जानकारी दी। डिप्टी सीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 जुलाई से 19 जुलाई तक विदेश यात्रा पर रहेंगे। सीएम दुबई और स्पेन की यात्रा पर जाएंगे। यात्रा के दौरान वे निवेशकों से मुलाकात कर राज्य में निवेश के अवसरों को बढ़ावा देंगे। लुधियाना से करीब 15 हजार करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ है। इससे 20 हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
35 लाख किसानों को सीधा फायदा
कैबिनेट ने कृषि सिंचाई जल कर में किसानों को बड़ी राहत देते हुए समझौता लाभ के तहत 35 लाख किसानों की 84.17 करोड़ रुपए की दंड राशि माफ करने का निर्णय लिया है। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि कई किसान ऐसे हैं जिन्होंने जल कर की राशि नहीं भरी है या नहीं भर पाए हैंं। ऐसे किसानों की जल कर दंड राशि सरकार माफ करेगी। यह योजना मार्च 2026 तक लागू रहेगी। किसानों को केवल मूलधन देना होगा, लेकिन ब्याज पर लगाया गया दंड माफ किया जाएगा।
49,263 नवीन पदों की स्वीकृति
सरकार ने बिजली विभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुल 49,263 नवीन पदों की स्वीकृति दी है। बिजली वितरण कंपनियों में नए पद सृजित किए गए हैं। डिस्ट्रीब्यूशन की तीनों कंपनियों में मैन पावर की कमी को दूर किया जाएगा। लाडली बहना योजना के तहत 12 जुलाई को रक्षाबंधन के अवसर पर 1 करोड़ 27 लाख महिलाओं को 250 रुपये की राशि उनके खातों में अंतरित की जाएगी।
गुरु पूर्णिमा पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम
कैबिनेट ने निषादराज जयंती के अवसर पर विशेष घोषणाएं करने का निर्णय लिया है। वहीं 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डिप्टी सीएम ने बताया कि जबलपुर विश्वविद्यालय की तर्ज पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय ने भी कुलगुरु प्रणाली को अपनाया है। प्रदेश को CAMPA फंड के तहत 1478.38 करोड़ रुपए की राशि केंद्र से प्राप्त हुई है, जिसका उपयोग ग्रामीण और वन क्षेत्रों के विकास में किया जाएगा।
66 से ज्यादा नवीन आंगनवाड़ी केंद्रों में पदों की स्वीकृति
धरती आवा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 66 से ज्यादा नवीन आंगनवाड़ी केंद्रों में पदों की स्वीकृति दी गई है। इसके लिए वर्ष 2025-26 तक 19.1 करोड़ रुपये की लागत का प्रावधान किया गया है, जिसमें केंद्र और राज्य दोनों की भागीदारी रहेगी। प्राइस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत मूंग की खरीदी पर 3.51 लाख मीट्रिक टन को मंजूरी दी गई है, जबकि 8 लाख मीट्रिक टन के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।
212 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व
शहरी विकास के तहत कैबिनेट को यह जानकारी दी गई कि बीआरटीएस कॉरिडोर हटाने के बाद दुर्घटनाओं में 51 प्रतिशत और मौतों में 17 प्रतिशत की कमी आई है। लेक व्यू का रिडेवलपमेंट प्रस्ताव भी प्राप्त हुआ है, जिस पर कार्य किया जाएगा। राजस्व वृद्धि के तहत भारतीय स्टाम्प अधिनियम में संशोधन विधेयक को मंजूरी दी गई है, जिससे राज्य को 212 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों का विजन डॉक्युमेंट तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगामी बजट में इन सुझावों के आधार पर योजनाएं बनाई जा सकें।
बैंक यूनियनों का ऐलान—मांगें नहीं मानीं तो बढ़ेगा आंदोलन का दायरा
9 Jul, 2025 02:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्यप्रदेश के लगभग 40 हजार बैंककर्मी आज 17 सूत्रीय मांगों के समर्थन में हड़ताल पर हैं, जिससे प्रदेश की करीब साढ़े 8 हजार शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। ऑल इंडिया बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन एवं बैंक एम्पलाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया ने केंद्रीय श्रमिक संगठनों की मांगों का समर्थन करते हुए अखिल भारतीय बैंक हड़ताल का आह्वान किया है।
8500 शाखाओं में प्रभावित होगा काम
यह हड़ताल जन एवं श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ और बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों की मांगों को लेकर है। बैंक यूनियनों ने 9 जुलाई को हड़ताल का आह्वान किया है। प्रदेश के करीब 40 हजार बैंककर्मी बुधवार को हड़ताल पर रहेंगे। इस हड़ताल से प्रदेश की करीब साढ़े 8 हजार शाखाओं में कामकाज पर असर पड़ेगा। ऑल इंडिया बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन एवं बैंक एम्पलाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया ने केंद्रीय श्रमिक संगठनों की मांगों का समर्थन किया है।
17 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन
यह हड़ताल बैंकिंग उद्योग एवं बैंककर्मियों की मांगों को लेकर है। यह हड़ताल जन एवं श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ है। बैंक यूनियनों ने 9 जुलाई को हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल करने के पीछे कई मांगे हैं। केंद्रीय श्रमिक संगठनों की मांगों का निराकरण करने की मांग के अलावा सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और बीमा कंपनियों को मजबूत करने की मांग की गई है। बैंकों और एलआईसी में निजीकरण और विनिवेश रोकने की मांग की गई है। बीमा क्षेत्र में 100% एफडीआई बढ़ोतरी रोकने की मांग और सार्वजनिक क्षेत्र की सामान्य बीमा कंपनियों को एक इकाई के रूप में विलय करने की मांग भी की गई है।
इसके अलावा निम्न मांगे भी की गई हैं
पर्याप्त भर्तियां सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
आउटसोर्सिंग और अनुबंध नौकरियों को रोकने की मांग की गई है।
एनपीएस को खत्म करने और ओपीएस को बहाल करने की मांग की गई है।
कॉर्पोरेट्स से खराब ऋण वसूलने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की गई है।
आम ग्राहकों के लिए बैंकों में सेवा शुल्क कम करने की मांग की गई है।
जीवन और स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम पर जीएसटी वापस लेने की मांग की गई है।
प्रतिगामी श्रम संहिताओं को लागू न करने की मांग की गई है।
ट्रेड यूनियन अधिकारों का उल्लंघन न करने की मांग की गई है।
बैंक कर्मियों की लंबित मांगों का निराकरण शीघ्र करने की मांग की गई है।
400 शाखाओं के 5 हजार बैंककर्मी होंगे शामिल
भोपाल में 400 शाखाएं हैं, जहां 5 हजार बैंककर्मी राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल में शामिल होंगे। इस हड़ताल से बैंकों का कामकाज ठप रहेगा। ट्रेड यूनियन संयुक्त मोर्चा के प्रवक्ता वीके शर्मा ने इस हड़ताल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 'केंद्रीय श्रमिक संगठनों और स्वतंत्र ट्रेड यूनियंस ने केंद्र सरकार की जन एवं श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ, अपनी 17 सूत्रीय मांगों के निराकरण के लिए यह राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल का आह्वान किया है।'
मंगलवार को भी किया था प्रदर्शन
संगठनों की स्थानीय इकाई ने एक दिन पहले मंगलवार को प्रदर्शन भी किया था। राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल में सार्वजनिक, निजी, विदेशी, सहकारी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के 40 हजार से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे।
सीएम मोहन यादव के साथ दिल्ली पहुंचे खंडेलवाल, राजनाथ सिंह से भी मुलाकात
9 Jul, 2025 01:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के बाद अब नई टीम के गठन की अटकलें लगाई जा रही हैं। भाजपा के संगठन पर्व के तहत अलग-अलग पदाधिकारियों के निर्वाचन का कार्य चल रहा है। पहले बूथ अध्यक्ष, फिर मंडल अध्यक्ष इसके बाद जिला अध्यक्षों का निर्वाचन किया गया। हेमंत खंडेलवाल को राज्य बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्ति किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष के चयन के बाद अब प्रदेश की कार्यकारिणी में बदलाव की सुगबुहाटें शुरू हो गई हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल मंगलवार रात को दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में दोनों नेताओं ने केंद्रीय नेतृत्व के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने केन्द्रीय उपभोक्ता मामलों और नवकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी, सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन, केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है।
जल्द हो सकता है नई टीम का गठन
भाजपा के सूत्रों का कहना है कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जल्द ही अपनी नई टीम का गठन करने वाले हैं। दिल्ली दौरे के समय प्रदेश कार्यकारिणी, मोर्चों और विभागों के पुर्नगठन को लेकर चर्चा हो सकती है। आपको बता दें कि निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा द्वारा बनाई गई टीम को 5 साल का वक्त हो चुका है। वीडी शर्मा कोरोना संकट के दौरान 15 फरवरी 2020 को प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे। इसके बाद सितंबर में उन्होंने सिर्फ 5 प्रदेश महामंत्रियों की नियुक्ति की। इसके बाद जनवरी 2021 में प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया था।
अमित शाह के साथ हुई मीटिंग
मंगलवार को मुख्यमंत्री यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने उनके निवास पहुंचे। यहां तीनों नेताओं की मुलाकात करीब दस मिनट तक बैठक हुई। माना जा रहा है कि इस बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर चर्चा की गई है। शीर्ष नेतृत्व से सहमति मिलने के बाद ही नई टीम का गठन होगा। माना जा रहा है कि टीम में सीनियर और जूनियर नेताओं को शामिल किया जा सकता है। इसके साथ ही यह भी दावा किया जा रहा है कि पार्टी में उन नेताओं को भी जिम्मेदारी मिल सकती है जिनके पास लंबे समय से कोई बड़ा पद नहीं है। इसके साथ ही संघ से जुड़े लोगों को भी टीम में मौका मिलने की संभावना है।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहला दिल्ली दौरा
मध्य प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के लिए यह दौरान बेहद खास है क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा है। बताया जा रहा है कि इस दौरान में खंडेलवाल ने केंद्रीय नेतृत्व से संगठन और सरकार के बीच समन्वय को और बेहतर बनाने पर विचार विमर्श किया है।
चमड़ी काट’ बयान से राजनीति गरमाई, सियासी हलकों में तेज प्रतिक्रिया
9 Jul, 2025 01:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अशोकनगर: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पर हुई FIR के विरोध में जिले में आयोजित न्याय सत्याग्रह कार्यक्रम में पूरे प्रदेश भर के नेता पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस विधायकों के बिगड़े बोल एवं आपत्तिजनक टिप्पणी भी मंच से की गई। कांग्रेस के विधायकों ने जहां कलेक्टर, एसपी को निशाना बनाते हुए अपशब्द बोले।
चमड़ी काट के भूसा भरने की धमकी
कांग्रेस के विधायकों ने सरकार आने पर उनकी चमड़ी काट के भूसा भरने की धमकी दे डाली तो वहीं एक और कांग्रेस विधायक ने संघ में जाने वालों को हिजड़ा कह दिया। मंगलवार को शहर में आयोजित न्याय सत्याग्रह कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रदेश भर के नेता शामिल हुए। इस बीच कांग्रेस के दो विधायकों द्वारा सभा में ऐसी टिप्पणी कर दी कि पूरे प्रदेश में बवाल मच गया।
फूल सिंह बरैया की फिसली जुबान
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा कि पहले बीजेपी सरकार संविधान को खत्म करने पर तुली थी लेकिन अब कलेक्टर और एसपी भी ऐसा कर रहे हैं। मैं कहना चाहता हूं कि जीतू पटवारी पर जो FIR हुई, उस मामले में कांग्रेस अगर कोर्ट में गई तो कलेक्टर-एसपी जेल जाएंगे। वहीं उन्होंने कहा कि हमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर एफआईआर का बदला लेना है तो हमें लाठी, डंडों और पत्थर से नहीं, कांग्रेस का बटन दबाकर कांग्रेस की सरकार लानी होगी। वह यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि अगर सरकार आ गई तो जीतू भाई की भी जरूरत नहीं है। मैं ही इनकी चमड़ी काट कर भूसा भर दूंगा और ऐसा नहीं किया तो मेरा नाम फूल सिंह बरैया नहीं।
संघ पर आपत्तिजनक टिप्पणी
वहीं ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा के विधायक साहिब सिंह गुर्जर का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह कहते नजर आ रहे हैं कि जो मर्द थे वे जंग में आए, जो हिजड़े थे वे संघ में गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
खाद का अकाल, कालाबाजारी मालामाल
9 Jul, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मप्र में शासन-प्रशासन के लाख दावों के बाद भी खाद की किल्लत दूर नहीं हो रही है। खाद के लिए किसानों को लंबी लाइनें लगानी पड़ रही हैं। खाद के लिए महिलाएं भी लाइन में खड़ी होती हैं। यूरिया, डीएपी खाद की भारी कमी से प्रदेश के किसान जूझ रहा है। वहीं, प्रशासन बार-बार दावे कर रहा है कि खाद की कोई कमी नहीं है। वहीं सोसाइटी में खाद के लिए किसान सुबह से ही लाइन में लग जाते हैं। इसके अलावा खाद न मिलने की दशा में देर रात तक लाइन पर लगे रहते हैं। किसानों के लिए सरकारी खाद का अकाल हैं, लेकिन कालाबाजारी बढ़ी हुई कीमतों पर खाद बेचकर मालामाल हो रहे हैं।
प्रदेश में जहां किसान खाद को लेकर खाद वितरण केन्द्रों पर लंबी कतार लगा रहे हैं और घंटों परेशान हो रहे हैं वहीं कई दुकानदार खाद की कालाबाजारी करने में लगे हैं। प्रदेश का कोई भी ऐसा जिला नहीं है, जहां के किसान खाद के लिए परेशान न हो रहे हों। किसानों ने जैसे-तैसे खरीफ फसलों की बुवाई तो कर दी है, लेकिन अब उनकी बढ़ोतरी के लिए यूरिया खाद नहीं मिल रहा है।
50 से 70 किलोमीटर दूर से आ रहे खाद लेने
बड़वानी जिला मुख्यालय से 7 किमी दूर तलून के नकदी खाद केंद्र में मंगलवार को सैकड़ों किसान भडक़ गए। उनका कहना था कि हम 4-5 दिन से लाइन में लगे हैं, लेकिन कुछ महिलाएं अभी कुछ देर पहले आईं। उन्हें खाद दे दी गई। स्थिति को कंट्रोल करने के लिए तहसीलदार ने नायब तहसीलदार सोनू गोयल को मौके पर भेजा। उन्होंने खाद के सुचारु वितरण के निर्देश दिए। किसान संदीप जाट के अनुसार, इस केंद्र पर पाटी, सिलावद और महाराष्ट्र सीमा से लगे तोरणमाल तक के किसान खाद लेने आ रहे हैं। प्रशासन पर्याप्त खाद की उपलब्धता का दावा कर रहा है, लेकिन वास्तव में किसानों को कई दिनों तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। किसान घरेलू कामकाज छोडक़र 50 से 70 किलोमीटर की दूरी तय कर खाद लेने आ रहे हैं। सुस्तीखेड़ा के मेहता सिंह शुक्रवार से केंद्र में खड़े हैं। शनिवार-रविवार को अवकाश था। सोमवार को भी उन्हें खाद नहीं मिली। पिछोड़ी के किसान शोभाराम सोमवार सुबह से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अभी तक खाद का वितरण नहीं हुआ।
लाडकुई में चक्का जाम
सीहोर जिले में यूरिया खाद की कमी को लेकर किसानों में नाराजगी है। मंगलवार को भैरूंदा तहसील के ग्राम लाडकुई में किसानों ने भैरूंदा-सीहोर रोड पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि गांव का एक व्यापारी यूरिया की बोरी 266 की जगह 350 रुपए में बेच रहा है। गांव में यूरिया की किल्लत से परेशान किसानों ने सडक़ पर उतरकर विरोध जताया। उनका कहना था कि सरकारी दर पर खाद नहीं मिल रही और निजी दुकानदार मनमाने दाम वसूल रहे हैं। कई किसानों को खाद के लिए रोजाना लाइन लगानी पड़ रही है। कृषि विभाग के उप संचालक अशोक कुमार उपाध्याय ने बताया कि जिले की 108 सेवा सहकारी समितियों को आरओ और डीडी के माध्यम से खाद का वितरण किया जा रहा है। भैरूंदा भंडारण केंद्र पर जरूरत के अनुसार उर्वरक की आपूर्ति की जाएगी।
शिकायत करने पर सिर्फ आश्वासन
बुरहानपुर में मंगलवार को जन सुनवाई में किसानों ने खाद की कमी की समस्या उठाई। मराठा सेवा संघ कृषि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चौधरी ने बताया कि जिले में किसानों ने फसलों की बुवाई कर दी है। पिछले 25 दिनों से सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध नहीं है। निजी दुकानों पर भी खाद नहीं मिल रही है। किसानों ने केला फसल के बीमा का मुद्दा भी उठाया। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित केला फसल का मुआवजा अभी तक नहीं मिला है। हसीनाबाद के किसान धांडु राठौर ने बताया कि उन्हें 2022 से पीएम और सीएम किसान निधि का लाभ नहीं मिला है। तहसील में शिकायत करने पर सिर्फ आश्वासन मिलता है। जन सुनवाई में कुछ लोगों ने अवैध कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई और बिजली बिल ज्यादा आने की शिकायतें भी की। कलेक्टर हर्ष सिंह ने सभी समस्याओं को संबंधित विभागों को भेजा। कुछ समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस दौरान एडीएम वीर सिंह चौहान, जिला पंचायत सीईओ लता शरणागत और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बारिश में यूरिया लेने लाइन में खड़े रहे किसान
हरदा में मक्का की बढ़ती खेती के कारण किसानों को यूरिया की जरूरत है। मंगलवार सुबह 4 बजे से किसान जिला मुख्यालय के डीएमओ और एमपी एग्रो के गोदाम पर पहुंचे। बारिश में भी छाता और बरसाती लगाकर लाइन में खड़े रहे। रविवार को यूरिया की रैक आई थी। सोमवार को पोर्टल की समस्या के कारण खाद का वितरण नहीं हो पाया। मंगलवार को सुबह 11 बजे तक न तो गोदाम खुला और न ही अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोदाम पर किसानों के लिए न तो बारिश से बचने की व्यवस्था है और न ही बैरिकेड्स लगाए गए हैं। तीन पुलिस कर्मी किसानों को लाइन में व्यवस्थित करने का प्रयास कर रहे हैं। जब इस अव्यवस्था के बारे में नायब तहसीलदार बीडी तमखाने से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम है, पानी तो आएगा। किसान शेड में खड़े हैं।
जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाए
किसानों का कहना है कि मक्का की बुवाई करना जैसे गलती हो गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाए। जिले में 1500 मीट्रिक टन यूरिया आया है, जो मांग से काफी कम है। जिम्मेदार अधिकारी बंद कमरों में बैठे हैं, लेकिन किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
खंडवा में खाद के लिए किसानों की लाइनें
खंडवा जिले में किसानों ने खरीफ की फसल के लिए बोवनी कर ली है। कई जगहों पर बोवनी हो रही है। अब किसान खाद के लिए भटक रहे हैं। खंडवा जिले के खाद वितरण केंद्र पर किसानों की लाइनें लग रही हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक इंतजार करने के बाद भी खाद नहीं मिल पा रहा है। हालत ये है कि कई जगहों पर किसान रात में लाइन में अपनी बारी लगाने के लिए थैला या अन्य वस्तु रख देते हैं और वहीं सो जाते हैं। तडक़े से किसानों की लाइनें लग जाती हैं। किसानों ने अधिकारियों पर अनावश्यक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि खरीफ फसल की बुआई में तेजी आने के बाद डीएपी और यूरिया की मांग बढ़ गई है, लेकिन जिला सहकारी विपणन संघ कार्यालय पर खाद नहीं मिल रहा है। सुबह से लेकर देर शाम तक किसानों की भीड़ लग रही है। खंडवा के खाद वितरण केंद्र पर केवल दो काउंटर होने से किसानों को अपनी बारी का घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
सतपुड़ा के 7, बान सुजारा डैम के 12 गेट खोले गए
9 Jul, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मप्र में लगातार तेज बारिश की वजह से नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मंडला, डिंडौरी, श्योपुर, शहडोल, उमरिया समेत कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। सोमवार को 30 से ज्यादा जिलों में बारिश का दौर चला। वहीं, मंगलवार को 7 जिलों में बाढ़ का खतरा है। मौसम विभाग ने अति भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। टीकमगढ़ जिले में धसान नदी पर बने बान सुजारा बांध के 5 गेट और खोल दिए गए हैं। सुबह 7 गेट खोले थे। दमोह में सतधरू और साजली बांध के तीन-तीन गेट खोले गए हैं। नरसिंहपुर के कौडिय़ां गांव में बाढ़ आ गई है। रहवासियों का कहना है कि घर में बैठने तक की जगह नहीं है। बैतूल जिले के सारणी में सतपुड़ा डैम के 7 गेट 5-5 फीट तक खोल दिए गए हैं। वहीं छतरपुर और टीकमगढ़ के बान सुजारा बांध के 5 और गेट खोल दिए गए हैं। सुबह 7 गेट खोले गए हैं। अब कुल 12 गेट पानी छोड़ा जा रहा है। लगातार हो रही बारिश से पुल के दोनों छोर पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तैनात हैं। आसपास के गांवों में प्रशासन ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।
नर्मदापुरम में जिला शिक्षा अधिकारी ने बारिश को देखते हुए मंगलवार को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। मंडला में नर्मदा नदी 438.10 मीटर पर बह रही है। ये खतरे के निशान 437.8 से ऊपर है। सोमवार रात मंडला में उफनती नदी पार करने के दौरान बाइक सवार बह गए। दो युवक बाहर निकल आए, जबकि एक लापता है। नरसिंहपुर में नर्मदा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। यहां बरमान का पुराना पुल से लगकर पानी बह रहा है। यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता गया तो लगभग 7 फीट ऊंचाई के बाद पुल डूब जाएगा। रेतघाट का पुल डूब चुका है।
देवरी में कार, स्कूटी और ठेला बहे
रायसेन जिले के देवरी में 20 इंच बारिश हो चुकी है। इस दौरान सडक़ पर खड़ी कार एक एक्टिवा और ठेला भी तेज बहाव में बह गए। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। बेगमगंज भारी बारिश के चलते दो मंजिला मकान की छत भरभराकर गिर गई। घटना सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे की है। जिस समय हादसा हुआ उस समय मकान में कोई भी मौजूद नहीं था। मकान मालिक बाबू कुरैशी अपने परिवार के साथ पास में ही बने दूसरे मकान में थे।
छिंदवाड़ा में पुल पर से बह रहा नदी का पानी
छिंदवाड़ा के हर्रई में 48 घंटे से लगातार बारिश जारी है। नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। करीब 10 गांवों का संपर्क टूट गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने बैरिकेड लगा दिए हैं।
युवक सींगरी नदी में बहा
नरसिंहपुर के किसानी वार्ड का रहने वाला जाकिर खान नाम का युवक सींगरी नदी में बह गया है। गणेश मंदिर से कचहरी मार्ग को जोडऩे वाले पुल को पार करने के दौरान ये हादसा हुआ। युवक की तलाश की जा रही है। नरसिंहपुर के साईखेड़ा में कोली पुल के ऊपर नर्मदा का पानी आ गया है। नरसिंहपुर जिले का रायसेन जिले से संपर्क टूट गया है। आवागमन पूरी तरह बंद है। एहतियातन पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। नरसिंहपुर जिले के बरमान में नर्मदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान पर है।
“सड़क बनी मौत का मैदान: भोपाल में तेज रफ्तार थार ने बुजुर्ग को रौंदा, फिर मचाई तबाही”
9 Jul, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सुभाष नगर इलाके में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार थार ने तांडव मचा दिया. थार चालक ने नशे में एक बुजुर्ग रिक्शा चालक की जान ले ली. हादसे में एक बाइक और ऑटो भी चपेट में आ गए. इस हृदयविदारक घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक तेज रफ्तार थार को नशे की हालत में चला रहा था. पहले उसने एक बाइक को टक्कर मारी, फिर एक ऑटो को ठोकर मारी और अंत में एक बैटरी रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह पलट गया. रिक्शा चला रहे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
रिक्शा चालक के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की उम्र 62 वर्ष बताई जा रही है, जो दिन में एक निजी स्कूल में गार्ड की नौकरी करते थे और रात को परिवार की आजीविका चलाने के लिए रिक्शा चलाते थे. हादसे ने उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है. वहीं, हादसे में बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है. थार चालक को भी चोटें आईं हैं. दुर्घटना के बाद आरोपी युवक घटनास्थल से भागने की कोशिश कर रहा था. वह पास खड़ी एक ऑटो में बैठकर भागना चाह रहा था, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया. पुलिस को सौंपने से पहले उसे अस्पताल भिजवाया.
युवक पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने थार को जब्त कर लिया है. चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. शराब की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच कराई जा रही है. मौके पर पकड़ा गया थार चालक भी खून से लथपथ दिखा, जिसका इलाज कराया जा रहा है. वहीं, रिक्शा चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है. अन्य घायलों का इलाज कराया जा रहा है.
“धर्मशाला की दीवार गिरी, बागेश्वर धाम यात्रियों पर भारी पड़ी — एक की जान गई, 11 जख्मी”
9 Jul, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. बागेश्वर धाम में दर्शन करने आए श्रद्धालु एक ढाबे पर रुके हुए थे. रात में जोर की बारिश हुई. तेज बारिश के चलते ढाबे की जर्जर दीवार भरभराकर गिर पड़ी, जिसमें एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
मृत महिला और सभी घायल श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी बताए जा रहे हैं. सभी लोग दर्शन कर लौटने के दौरान ढाबे पर रुके थे. हादसे की सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां सभी का समुचित इलाज जारी है. वहीं, चार घायलों को डॉक्टरों ने ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया है.
घायलों का इलाज जारी
छतरपुर जिला अस्पताल के सीएमएचओ डॉ. आरपी गुप्ता ने बताया कि “सभी घायल श्रद्धालुओं का इलाज किया जा रहा है. जिनकी स्थिति गंभीर है, उनको रेफर भी किया जा रहा है. मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.”
बस चार इंच की दीवार थी..
नारायणपुर मिर्जापुर निवासी घायल अरविंद कुमार ने बताया कि करीब 10-12 लोग एक ढाबे में सो रहे थे. रात को अचानक तेज बारिश हुई. इसी दौरान दीवार गिर गई. दीवार 4 इंच ईट की थी. लेकिन, मिट्टी का दबाव ऐसा था कि मलबा दीवार तोड़कर ढाबे में घुस गया. लोग उसमें दब गए. चीख पुकार मच गई. आसपास के लोग बचाने को दौड़े. राहत कार्य शुरू हुआ, तब तक हम लोग मलबे में दबे ही थे.
मेरी मम्मी का कुछ पता नहीं…
घायलों में एक बिटिया भी है, जो रो-रोकर मम्मी को ढूंढ रही है. उसने बताया कि दीवार गिरने के बाद उसको कुछ होश नहीं था. उसकी आंख अस्पताल में खुली. अब उसकी मम्मी नहीं मिल रही है. वह बिटिया भी मिर्जापुर की रहने वाली है.
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय में साइबर और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस पर केंद्रित पाठ्यक्रम आरंभ किए जाएं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
8 Jul, 2025 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में वर्तमान आवश्यकताओं के अनुसार साइबर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर केंद्रित पाठ्यक्रम आरंभ किए जाएं साथ ही विश्वविद्यालय, मीडिया के क्षेत्र में एडवांस्ड रिसर्च इंस्टीट्यूट के रूप में अपनी पहचान बनाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के संप्रेषण और उनकी प्रभावशीलता के सर्वेक्षण संबंधी गतिविधियां भी विश्वविद्यालय में आरंभ करने की आवश्यकता बताई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में विश्वविद्यालय की महापरिषद की बैठक में यह निर्देश दिए। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार, इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी, विश्वविद्यालय के कुलगुरू श्री विजय मनोहर तिवारी, अपर मुख्य सचिव वित्त श्री मनीष रस्तोगी, सचिव एवं आयुक्त जनसम्पर्क डॉ. सुदाम खाड़े सहित महापरिषद के सदस्यगण उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वविद्यालय के रीवा और खंडवा परिसरों में रोजगार परक पाठ्यक्रम संचालित करने संबंधी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम आरंभ करने को स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृति के बाद एम.ए. (जर्नलिज्म एंड क्रिएटिव एंड राइटिंग), एम.ए. (मास कम्युनिकेशन), एम.ए.( एडवरटाइजिंग एंड पब्लिक रिलेशंस), एम.एससी (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) और एम.एसी.ए. के एक वर्षीय पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय द्वारा संचालित किए जाएंगे। बैठक में विश्वविद्यालय के पी.एचडी. अधिनियम को यू.जी.सी. पीएचडी अधिनियम 2022 के अनुसार अद्यतन कर इस आधार पर पी. एचडी पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया आरंभ करने की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रीवा परिसर के सभागार का नाम लाल बलदेव सिंह सभागार रखने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। महापरिषद ने वित्त विभाग के 14 अगस्त 2023 के आदेश अनुसार चतुर्थ समयमान उच्चतर वेतन मान को विश्वविद्यालय में लागू करने के प्रस्ताव को स्वीकृत किया। विश्वविद्यालय में फेस डिटेक्शन मशीन के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था पर भी सहमति प्रदान की गई। विश्वविद्यालय के नवीन मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग विषय का व्यवसायिक प्रशिक्षण देने के लिए प्रिंटिंग प्रेस व लैब तथा पैकेजिंग लैब की स्थापना का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ। बैठक में अन्य कार्यालयीन तथा प्रबंधकीय विषयों पर भी निर्णय लिए गए।
उज्जैन में शीघ्र प्रारंभ होगा आकाशवाणी केंद्र : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
8 Jul, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उज्जैन में आकाशवाणी केंद्र प्रारंभ किए जाने की सैद्धांतिक सहमति हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल मुरूगन से भेंट में सिंहस्थ 2028 के दृष्टिगत उज्जैन में शीघ्र आकाशवाणी केंद्र प्रारंभ करवाने का अनुरोध किया। केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. मुरूगन ने इसकी सहमति एवं आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ करवाने के लिए आश्वस्त किया। आकाशवाणी स्टूडियो का निर्माण होने तक उज्जैन केंद्र के प्रसारण की व्यवस्था आकाशवाणी केन्द्र इंदौर के माध्यम से किए जाने के प्रयास भी किए जाएंगे।
रायसेन में अत्याधुनिक रेल कोच संयंत्र
केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह को शिलान्यास के लिए किया आमंत्रित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में मंत्रीगण से भेंट के बाद मीडिया प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि भारत सरकार के उपक्रम बंगलौर के बीईएमएल लिमिटेड के अत्याधुनिक रेल कोच विनिर्माण संयंत्र का शिलान्यास प्रदेश के रायसेन जिले में शीघ्र किया जाएगा। इसके लिए लगभग 1800 करोड़ रूपए का निवेश किया जा रहा है। संयंत्र में मध्यप्रदेश सरकार, रेल मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय की भागीदारी रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से इस संयंत्र के शिलान्यास का अनुरोध किया गया है। साथ ही संयंत्र के महत्व पर विस्तार से चर्चा हुई है। केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह को जानकारी दी गई कि मध्यप्रदेश शासन ने रायसेन जिले में इस संयंत्र की स्थापना के लिए लगभग 60 हेक्टयर भूमि का आवंटन कर दिया है। यह संयंत्र लगभग डेढ़ हजार लोगों को रोजगार दिलवाने में भी सहायक होगा साथ ही देश के रेल कोच संयंत्रों के मानचित्र में विशेष स्थान बनाएगा।
केन्द्रीय नवकरणीय ऊर्जा मंत्री से की भेंट
नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में नई पहल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की भावना के अनुरूप नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ा काम किया जा रहा है। सभी प्रकार की नवकरणीय ऊर्जा जैसे सौर, पवन और पंप स्टोरेज सभी पर काम कर रहे हैं। पूरे देश में मध्यप्रदेश ही ऐसा राज्य है जो सबसे सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध करवा रहा है, जिससे नई दिल्ली में मेट्रो ट्रेन चल रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य के 32 लाख किसानों के लिए सोलर पैनल लगाकर देंगे जिससे भविष्य में किसान स्वयं की बिजली उत्पन्न कर सकें। इससे लगभग 18 हजार करोड़ की सब्सिडी के भार से राज्य सरकार मुक्त हो सकेगी। प्रधानमंत्री कुसुमश्री योजना में ए-बी-सी- तीनों श्रेणियों में मध्यप्रदेश सरकार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन्द्रीय नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी से चर्चा हुई और उम्मीद है कि नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में और अच्छी प्रगति होने वाली है। भविष्य में स्थापित होने वाले सोलर पार्क, जो लगभग 4200 मेगावाट क्षमता के होंगे, नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि बनेंगे। इसके अलावा उत्तरप्रदेश के साथ 2 हजार मेगावाट से सोलर एनर्जी के स्रोत विकसित होंगे जिससे दोनों राज्य 6-6 महीने आपस में बिजली का बंटवारा भी करेंगे।
वनाधिकार पट्टा और पीएम आवास से मुरिया परिवार को मिला नया जीवन
वर्मी कंपोस्ट उत्पादन बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
राज्यपाल पटेल से भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मिले
मध्यप्रदेश को सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिये करें समन्वित प्रयास : मंत्री कुशवाह
लेमनग्रास -किसानों के लिए कम पानी में ज्यादा कमाई का साधन
चेकडैम बना ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार, जल संरक्षण से बदली खेती की तस्वीर
कौशल और सामाजिक उद्यमिता से होगा भारत विकसित : राज्यपाल पटेल
द्वारका नगरी योजना से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से बदली तस्वीर
