मध्य प्रदेश
भोपाल में आज टैक्सी‑ऑटो सेवाएं पूर्णतः ठप, यूनियनों ने की हड़ताल की घोषणा
14 Jul, 2025 11:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सभी यूनियन हड़ताल पर, यात्रियों को हो सकती है परेशानी
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपालवासी, यात्री और पर्यटकगण के लिए यह खबर जरूरी है। राजधानी में कल टैक्सी और ऑटो सेवाएं पूरी तरह ठप रहेंगी। टैक्सी यूनियन कल्याण समिति के आह्वान पर सभी यूनियन कल हड़ताल पर रहेगी। अपनी मांगों को लेकर सुबह 11 से शाम 5 बजे तक अंबेडकर पार्क में प्रदर्शन करेंगे। ओला, उबर और रैपिडो जैसी निजी सेवा प्रदाता कंपनियों से जुड़े 2500 से अधिक टैक्सी चालक और 2000 से ज्यादा ऑटो चालक विरोध में शामिल होंगे। हड़ताल से शहर में टैक्सी और ऑटो के माध्यम से सफर करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इस आंदोलन का असर भोपाल रेलवे स्टेशन, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, संत हिरदाराम नगर स्टेशन, हबीबगंज क्षेत्र, बस स्टैंड, और राजा भोज एयरपोर्ट सहित शहर के तमाम प्रमुख यातायात केंद्रों पर पड़ेगा। शहर में टैक्सी और ऑटो के माध्यम से सफर करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यूनियन के राष्ट्रीय सचिव नफीसउद्दीन ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन राजधानी सहित प्रदेशभर के टैक्सी चालकों की उपेक्षा और शोषण के खिलाफ है। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा और पुलिस प्रशासन से इसकी विधिवत अनुमति भी ली जा चुकी है।
ये हैं उनकी मांगे
यूनियन की प्रमुख मांगों में रेलवे स्टेशन पर अवैध वसूली तत्काल बंद हो। एयरपोर्ट और अन्य पब्लिक पिकनिक पॉइंट्स पर उचित पार्किंग सुविधा दी जाए। एयरपोर्ट पर प्राइवेट टैक्सियों का अतिक्रमण रोका जाए। बैटरी ऑटो का क्षेत्र निर्धारण किया जाए। अवैध प्राइवेट और टू व्हीलर टैक्सी सेवाएं तत्काल बंद की जाए। निजी टैक्सी कंपनियों पर सरकारी दरें लागू की जाएं। यूनियन ने मांग की है कि ओला-उबर जैसी कंपनियों पर भी वही कलेक्टर दरें लागू की जाएं जो परंपरागत टैक्सी चालकों पर लागू होती हैं। वर्तमान में कंपनियां आपसी प्रतिस्पर्धा में मनमाने रेट तय करती हैं, जिससे चालकों को नुकसान होता है। फिटनेस मशीनों की तकनीकी गड़बडिय़ों में सुधार किया जाए। पुलिस की अवैध वसूली बंद की जाए। पैनिक बटन के नाम पर सरकारी अवैध वसूली बंद हो। टेक्सी वाहनों में लगाए जा रहे पैनिक बटन की कीमत बाजार में 4000 रुपये है लेकिन उससे 13,000 रुपये तक की वसूली की जा रही है। इसके अलावा अधिकतर मामलों में पैनिक बटन ठीक से काम भी नहीं कर रहा। सभी यूनियन के लिए स्थाई कार्यालय की व्यवस्था सरकार करें आदि मांग है। यूनियन ने बताया कि परिवहन विभाग की फिटनेस मशीनें सही तरीके से काम नहीं कर रहीं। थोड़ी सी भी तकनीकी चूक पर वाहन फिटनेस से बाहर कर दिया जाता है, जिससे चालकों को आर्थिक नुकसान होता है।
भोपाल में आज देश के 7 राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों की स्पीकर कॉन्फ्रेंस
14 Jul, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विधानसभा समितियों की कार्यप्रणाली की होगी समीक्षा
भोपाल। मप्र विधानसभा के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक माना जा रहा है। राजधानी भोपाल में देश के सात राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों की एक अहम बैठक आयोजित होने जा रही है। यह बैठक विधानसभा की समितियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा और सुधार के उद्देश्य से हो रही है। इस अवसर पर मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर खुद तैयारियों का जायजा लेने विधानसभा भवन पहुंचे।
अध्यक्ष तोमर ने बताया कि देश के सात राज्यों उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान समेत अन्य राज्यों के स्पीकर बैठक में भाग लेंगे। विधानसभा अध्यक्षों की एक समिति पहले से गठित है, जो समय-समय पर समितियों की कार्यप्रणाली पर विचार-विमर्श करती है। इस बार यह बैठक मप्र विधानसभा भवन में आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह समीक्षा न केवल समितियों की कार्यदक्षता बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि जनहित के मुद्दों के समाधान की दिशा में भी प्रभावी होगी। इस बैठक की खास बात यह भी है कि मप्र को पहली बार लोकसभा की नई कमेटी की स्पीकर कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता का अवसर मिला है। इसमें विधानसभा समितियों को और मजबूत बनाने पर सुझाव, मंथन और रणनीति निर्माण की जाएगी।
ई-विधानसभा की दिशा में भी कार्य जारी
स्पीकर तोमर ने बताया कि राज्य विधानसभा का मानसून सत्र 28 जुलाई से 8 अगस्त के बीच प्रस्तावित है, जिसमें कई महत्वपूर्ण विषयों और विधेयकों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में ई-विधानसभा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे कार्यवाही को और अधिक डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा सके।
छतरपुर-टीकमगढ़ में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, एक की मौत, घर-स्कूलों में घुसा पानी
14 Jul, 2025 09:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सडक़ों पर बह रही नदियां, गांवों का टूटा संपर्क
भोपाल। मप्र में सक्रिय मानसून सिस्टम ने तबाही के हालात पैदा कर दिए हैं। बीते कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने राज्य के कई हिस्सों को बाढ़ जैसी स्थिति में धकेल दिया है। कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है, वहीं नदियां उफान पर हैं। रीवा, सतना, मैहर और छतरपुर के कई गांवों से लोगों का रेस्क्यू किया गया है। शनिवार को छतरपुर जिले में सबसे ज्यादा बारिश हुई। खजुराहो में 9 घंटे में ही 6.3 इंच पानी गिरा। वहीं, नौगांव में 3.4 इंच पानी गिर गया। टीकमगढ़ में डेढ़ इंच, दतिया-नरसिंहपुर में पौन इंच, जबलपुर, दमोह-मंडला में आधा इंच बारिश दर्ज की गई।
छतरपुर में धसान नदी में पिकअप वाहन बह गया। इसमें सवार दो लोग शीशा तोडक़र बाहर निकल आए। एक की मौके पर ही मौत हो गई। छतरपुर के खजुराहो में रनगुवां बांध के 15 गेट खोल दिए गए हैं। बमीठा थाना इलाके में आने वाला रनगुवां डैम 1957 में बना था। इससे बन्ने समेत आसपास की छोटी नदियों में पानी जाता है। शिवपुरी में उफनते नाले को पार करते वक्त तीन युवक बाइक समेत बह गए। पेड़ों की डालियों को पकडऩे पर उनकी जान बच गई। ग्रामीणों ने मशक्कत कर उनको बाहर निकाला।
खजुराहो में पुल टूटने से मार्ग बंद
छतरपुर के खजुराहो में पुल टूटने से देवगांव-देवरा मार्ग बंद हो गया है। छतरपुर-पन्ना जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई है। बिजली के 6 खंभे बह जाने से कई गांवों की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है। टीकमगढ़ में पुरानी टिहरी रोड पर बने पुल के बगल की दीवार और पेड़ गिर गया। हनुमान सागर तालाब ओवरफ्लो हो गया है। वार्ड नंबर 20 की शिव शक्ति कॉलोनी में घरों में करीब 3 फीट तक पानी भरा है। अशोकनगर में आरोन रोड पर सब्जी मंडी परिसर में करीब 4 फीट तक पानी भर गया है। दुकानों में रखी सब्जी बह गई। किसान परेशान हो रहे हैं। कुंडेश्वर में नवोदय विद्यालय की कैंटीन सहित क्लास रूम में 3 फीट तक पानी भर गया है। बच्चों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। जमडार नदी के उफान पर होने से टीकमगढ़-ललितपुर रोड बंद हो गया है।
नाला पार करते वक्त बहे तीन युवक
शिवपुरी में पिछोर-कछौआ रोड पर उफनते नाले को पार करते वक्त तीन युवक बाइक समेत बह गए। मनका गांव के रहने वाले सुरदीप यादव, राजदीप यादव और एक अन्य युवक एक ही बाइक पर सवार होकर पिछोर की ओर जा रहे थे। रास्ते में पडऩे वाले रपटे पर तेज बहाव में पानी बह रहा था। तीनों ने नाले को पार करने की कोशिश की लेकिन बाइक पानी के तेज बहाव में बहने लगी। नाले किनारे पेड़ों की डालियों को पकडऩे की वजह से उनकी जान बच गई। बाद में ग्रामीणों ने मशक्कत कर उनको बाहर निकाला।
कालीसिंध नदी में कार गिरी, 2 की मौत
इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर कालीसिंध नदी पर बनी पुलिया से एक अर्टिगा कार नदी में गिर गई। हादसे में कार सवार चार में से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो को ग्रामीणों ने गाड़ी के ग्लास तोडक़र बचा लिया। एक की हालत गंभीर है। हादसा रविवार सुबह 11 बजे कमलापुर थाना क्षेत्र के चापड़ा गांव के पास हुआ है। मदुरई से इंदौर की ओर जा रही कार पुरानी संकरी पुलिया पर पहुंची। सामने से आ रहे ट्रक को देखकर ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और कार सीधे नदी में जा गिरी। 11 मीटर लंबी और 12 फीट ऊंची यह पुलिया करीब 100 साल पुरानी है, जिसकी रेलिंग टूट चुकी है। यहां पिछले 2 महीने में यह चौथा हादसा है। ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उतरकर रेस्क्यू किया। बताया गया कि कार में चार लोग सवार थे। आगे बैठे दो लोगों ने सीट बेल्ट लगाई थी, जिससे वे बाहर नहीं निकल सके और डूब गए। पीछे बैठे दो लोगों को कांच तोडक़र सुरक्षित बाहर निकाला गया। मदुरई के रहने वाले ये सभी देश में अलग-अलग जगहों पर स्थित रेस्टोरेट्स में साउथ इंडियन डिशेज बनाने का काम करते थे।
व्यापारिक मिशन पर दुबई पहुंचे सीएम मोहन यादव, हुआ स्वागत समारोह
14 Jul, 2025 08:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
15 तक उद्योगपतियों से मिलेंगे, बुधवार को स्पेन जाएंगे
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार से 7 दिन की विदेश यात्रा पर हैं। वे पहले दिन रविवार को दुबई पहुंचे। यहां दुबई के काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया सतीश कुमार सिवन ने उनका स्वागत किया है। सीएम 15 जुलाई तक दुबई में उद्योगपतियों से मिलेंगे। इंडियन बिजनेस एंड प्रोफेशनल काउंसिल और लूलू, लैंडमार्क, नकील जैसे बड़े समूहों से निवेश, लॉजिस्टिक्स, रिटेल व वेयरहाउसिंग पर चर्चा करेंगे।
दुबई के होटल अटलांटिस में ‘ब्रांड मध्यप्रदेश’ कार्यक्रम में प्रदेश की उपलब्धियों, निवेश अवसरों और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाली प्रेरणादायक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश की विविधता और क्षमताओं को दर्शाने वाली थीम प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। साथ ही प्रवासी समुदाय को मध्यप्रदेश की बदलती तस्वीर से अवगत कराएंगे।
और प्रवासी भारतीयों से करेंगे संवाद
दुबई में रह रहे मध्यप्रदेश मूल के प्रवासी भारतीयों और फ्रेंड्स ऑफ एमपी के साथ मुख्यमंत्री संवाद करेंगे। इस संवाद में वे उन्हें प्रदेश के निवेश अवसरों, अधोसंरचना, जन-कल्याणकारी योजनाओं और वैश्विक भागीदारी के लिए तैयार नई व्यवस्था से अवगत कराएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रवासी प्रतिभाओं को राज्य के विकास से जोडऩे के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी देंगे।
भारतीय मूल के उद्योगपतियों से करेंगे मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दुबई में सक्रिय भारतीय मूल के प्रमुख उद्योगपतियों और कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों से भेंट करेंगे। इस दौरान वे ईएसडीएम, फार्मा, टेक्सटाइल, ग्रीन हाइड्रोजन और अन्य संभावित क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे। मध्यप्रदेश में उद्योगों को पारदर्शी नीति, आवश्यक अधोसंरचना और सरकार की सक्रिय भागीदारी के साथ मजबूत समर्थन से अवगत कराया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिखेगी मध्यप्रदेश की विरासत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश की लोक-संस्कृति से जुड़े विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस आयोजन में लोकनृत्य, गीत, बटिक प्रिंट और अन्य पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाया जाएगा। मुख्यमंत्री इस अवसर पर प्रवासी भारतीयों को राज्य की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जुडऩे का संदेश भी देंगे।
उद्योग प्रतिनिधियों के साथ होगा निवेश संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दुबई के उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश संवाद में शामिल होंगे। संवाद के दौरान मध्यप्रदेश में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क, लॉजिस्टिक्स हब, ग्रीन एनर्जी जोन और ‘एक जिला-एक उत्पाद’ जैसी पहल की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रदेश में उद्योगों के लिए स्थायित्व, पारदर्शिता और स्पष्ट नीति से भी अवगत कराया जाएगा।
सीएम द्वारा आयोजित डिनर में शामिल होंगे उद्योगपति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की ओर से आयोजित डिनर में दुबई के प्रमुख उद्योगपति, प्रवासी भारतीय और प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं और सामाजिक सहभागिता पर चर्चा भी करेंगे।
इंदौर ने आठवीं बार स्वच्छता रैंकिंग में प्राप्त किया शीर्ष स्थान
13 Jul, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वच्छता सर्वेक्षण पुरस्कार में मध्यप्रदेश एक बार फिर से गौरवान्वित होगा। उन्होंने बताया कि आगामी 17 जुलाई को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा मध्यप्रदेश के आठ शहरों को स्वच्छता की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि पर सभी स्वच्छता कर्मी, नगरीय निकायों के महापौर, अध्यक्ष, पार्षद, अधिकारी और कर्मचारियों सहित नागरिकों को बधाई दी है।
सुपर स्वच्छ लीग श्रेणी में इंदौर आठवीं बार होगा सम्मानित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इंदौर शहर को स्वच्छता के लिए सुपर स्वच्छ श्रेणी लीग में आठवीं बार सम्मानित किया जाएगा। इंदौर पूर्व में सात बार देश के स्वच्छतम शहर का पुरस्कार प्राप्त कर चुका है। विगत वर्षों में श्रेष्ठ प्रदर्शन और भविष्य की संभावनाओं के आधार पर स्वच्छ लीग पुरस्कार इस वर्ष इंदौर को दिया जाएगा। उज्जैन को 3 से 10 लाख जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में स्वच्छ लीग पुरस्कार प्राप्त होगा, जो गर्व का विषय है। इसी प्रकार 20 हजार से कम आबादी वाले नगरों की श्रेणी में बुधनी नगर को भी सम्मानित किया जाएगा।
देश की सर्वश्रेष्ठ राजधानी के रूप में सम्मानित होगा भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजधानी भोपाल प्राकृतिक सुंदरता के अलावा स्वच्छता के क्षेत्र में भी आदर्श बना है और इस आधार पर देश की सर्वश्रेष्ठ राजधानी के रूप में सम्मानित होगा। विभिन्न श्रेणियों में ग्वालियर, देवास, शाहगंज और जबलपुर भी पुरस्कृत किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता का जो संकल्प लिया है, उसमें मध्यप्रदेश कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के इस मापदंड के आधार पर अपने घर, मोहल्ले, कॉलोनी और नगर को स्वच्छ रखें और इस आदर्श जीवन शैली को दुनिया के बीच प्रदर्शित करने का प्रयास करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को नई दिल्ली से दुबई रवाना होने से पहले यह संदेश प्रदेशवासियों के नाम जारी किया।
मध्यप्रदेश में चल रहा है निवेशकों का यज्ञ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
13 Jul, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में निवेशकों का यज्ञ चल रहा है, जिसमें बड़े पैमाने पर निवेशकों से समर्थन मिल रहा है। प्रदेश सरकार आकर्षक औद्योगिक और निवेश नीतियों के माध्यम से निवेश आकर्षित करने का निरंतर प्रयास कर रही है। विगत एक वर्ष में प्रदेश के संभागों में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव और देश के प्रमुख औद्योगिक नगरों में रोड-शो आयोजित किए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को नई दिल्ली से दुबई रवाना होने से पहले अपने संदेश में यह बात कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में फरवरी माह में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया था, जिसमें 30 लाख करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ था। निवेश आकर्षित करने का यह सिलसिला लगातार जारी है। हाल ही में सूरत, लुधियाना और जोधपुर में भी सफल रोड-शो का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से 13 से 19 जुलाई के बीच दुबई और स्पेन की यात्रा की जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की समृद्धि बढ़ाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह दौरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के पहले वे प्रदेशवासियों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि मध्यप्रदेश सरकार सभी वर्गों महिला, युवा, किसान और गरीब के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में इसी प्रकार से काम करती रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि दुबई और स्पेन की यात्रा के माध्यम से विदेशी निवेशकों को प्रदेश में निवेश संभावनाओं और आकर्षक निवेश नीतियों से अवगत कराया जाएगा। इस यात्रा के दौरान दुबई और स्पेन के निवेशकों के बीच राज्य की औद्योगिक निवेश के संबंध में ब्रांडिंग की जाएगी, जिससे मध्यप्रदेश विदेशी निवेश में शीर्ष राज्य बने। प्रदेश में सभी प्रकार के उद्योग, भारी उद्योग, मध्यम, लघु और सूक्ष्म उद्यम, आईटी सहित पर्यटन, वन, खनन, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। साथ ही प्रदेश के विभिन्न अंचलों जैसे चंबल, महाकौशल, विंध्य, मालवा और बुंदेलखंड अंचल की विशेषताओं के आधार पर अनुकूल प्लानिंग के साथ विदेशी सरकारों के सौजन्य से विदेशी निवेशकों से चर्चा की जाएगी।
बैठक में गुस्सा हुए शिवराज सिंह चौहान, अधिकारियों की लगाई क्लास..
13 Jul, 2025 11:21 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Shivraj Singh Chouhan: केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के विदिशा में दिशा की बैठक के दौरान अधिकारियों पर नाराज हो गए। अधिकारियों के द्वारा संतोषजनकर जवाब न मिलने पर शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब अधिकारियों को ही कुछ नहीं पता तो भला किसानों की मदद कैसे होगी? इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने जनप्रतिनिधियों से भी कहा कि सरकारी की विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन ठीक ढंग से हो रहा है कि नहीं इस पर नजर रखें।
बीज वितरण की जानकारी न मिलने पर हुए नाराज
विदिशा में दिशा की बैठक के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने गंजबासौदा में घटिया सोयाबीन बीज की शिकायत पर गंभीर चिंता जताई और कहा कि यह स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने भंडारण प्रणाली और किसानों द्वारा बीज खरीद की प्रक्रिया पर पूरी रिपोर्ट अधिकारियों से मांगी तो अधिकारी बगले झांकने लगे और कोई ही जवाब नहीं दे पाए। अधिकारियों के इस रवैये पर शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताई और भड़क गए। इतना ही नहीं बैठक के दौरान जब शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों से बीज आदि का डाटा मांगा तो वो भी अधिकारी नहीं दे पाए और न ही शिवराज सिंह के सवालों का कोई जवाब दे पाए। इस पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब अधिकारी ही जवाब नहीं दे पाएंगे तो किसानों की मदद कैसे होगी।
शिवराज सिंह ने दिए दिशा निर्देश
बैठक के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्दश देते हुए कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही शिवराज सिंह चौहान ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से ये भी कहा है कि सरकार की जो भी योजनाएं चल रही हैं उन पर आप सभी को नजर रखनी चाहिए। जो काम किया जा रहा है उसकी गुणवत्ता आपको जांचनी परखनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों को हर योजना के कामों की मॉनिटरिंग करनी है।
नए संगठन के लिए सिंधिया से भी सलाह, खंडेलवाल की मुलाकात ने बढ़ाई हलचल
13 Jul, 2025 11:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP BJP- मध्यप्रदेश में बीजेपी का कप्तान बदल चुका है और अब संगठन को नया रूप देने की कवायद चल रही है। नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के साथ ही पार्टी के अलग अलग मोर्चा, प्रकोष्ठों में भी बदलाव किया जाना है। इसके लिए प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से भेंट की थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से वे पहले ही मुलाकात कर चुके हैं। शनिवार को प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल दिल्ली में फिर प्रमुख नेताओं से मिले। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी भेंट कर संगठन के संबंध में बातचीत की जिससे प्रदेश बीजेपी में हलचल बढ़ गई।
बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व मध्यप्रदेश में संगठन में बड़े बदलाव का मन बना चुका है। पार्टी सूत्रों के अनुसार अब प्रदेश कार्यकारिणी में जमीनी नेताओं को ही जगह मिलेगी। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पर पूरा भरोसा जताते हुए कुछेक निर्देशों के मुताबिक उन्हें अपनी टीम बनाने को कह दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष इसके लिए पहले ही दिन से जुट भी गए हैं और लगातार दौरे कर कार्यकर्ताओं से लेकर पार्टी के शीर्ष केंद्रीय नेताओं से मुलाकातें कर रहे हैं।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह से भेंट
शनिवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह से भेंट की। वे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आवास पर भी पहुंचे और सिंधिया से मिले। दोनों नेताओं ने प्रदेश संगठन के संबंध में चर्चा की। खास बात यह है कि इस मुलाकात की तस्वीर ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ ही एमपी बीजेपी ने भी अपने एक्स हेंडल पर पोस्ट की। सिंधिया ने तो अपने ट्वीट में खासतौर पर इस बात का उल्लेख किया कि प्रदेशाध्यक्ष से संगठन से जुड़े विषयों पर आत्मीय बातचीत हुई।
9 माह पूर्व बने रीवा एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाल धड़ाम, इंजीनियरिंग में गड़बडी या कुछ और
13 Jul, 2025 11:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रीवा: बीते दिनों रीवा जिले में हुई मूसलाधार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हुआ है. बारिश की वजह से नदिया उफान पर आई और बाढ़ के पानी ने शहरी क्षेत्रों से होते हुए निचली बस्तियों को अपनी चपेट में ले लिया. जिससे कई घर और उसमें रहने वाले लोग प्रभावित हुए. तेज पानी के बहाव ने रीवा एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाल के बड़े हिस्से को भी चारों खाने चित कर दिया. तेज पानी के बहाव से एयरपोर्ट के बाउंड्रीवाल की 200 फीट लम्बी दीवार टूटकर बिखर गई. जिसके बाद समाजसेवियों ने बाउंड्रीवाल के निर्माण की गुणवता पर कई सवाल खड़े किए.
9 महीने पूर्व पीएम ने किया था रीवा एयरपोर्ट का वर्चुअली लोकार्पण
बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अब से ठीक 9 माह पूर्व 20 अक्टूबर 2024 को विंध्य के रीवा को हवाई पट्टी की जगह नवीन एयरपोर्ट की सौगात दी थी. तकरीबन 500 करोड़ की लागत से बने इस एयरपोर्ट की सुरक्षा दीवार कही जाने वाली बाउंड्रीवाल के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शुरू से ही सवाल खड़े हुए हैं. क्योंकि लोकार्पण से ठीक दो माह पूर्व ही एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाल का एक बड़ा हिस्सा पानी की तेज बहाव की वजह से टूटकर धराशायी हुआ था. उस समय टूटी बाउंड्रीवाल को टीन शेड से ढककर बाद में बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराई गई थी. मगर एक साल बाद अब एक बार फिर बाउंड्रीवाल का बड़ा हिस्सा पानी के तेज बहाव से टूटकर बिखर गया.
इस वर्ष भी बारिश के कारण टूटी बाउंड्रीवाल
रीवा एयरपोर्ट के जिम्मेदार अधिकारियों ने बताया कि, ''पिछली बार की तरह इस बार भी शुक्रवार को तेज बारिश हुई. देर रात हुई बारिश का पानी तेज बहाव के साथ एयरपोर्ट के अंदर की तरफ आया और लगभग 5 फीट तक पानी भर गया. पानी के वेग ने एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाल को तोड़ दिया.'' बताया गया की पानी का बहाव इतना तेज था की बाउंड्रीवाल के अंदर खड़ी कार कुछ दूर तक बह गई और कुछ बाइक भी बाढ़ की पानी में तैरने लगीं. सूचना मिलते ही एयरपोर्ट के सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी के माध्यम से मलवा हटवाया गया.
तेज बहाव रोकने के लिए नहीं होती बाउंड्रीवाल
रीवा एयरपोर्ट के सीनियर मैनेजर नवनीत चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि, ''एयरपोर्ट के बाउंड्रीवाल का यह हिस्सा सबसे नीचे का हिस्सा है. उमरी गांव से लेकर एयरपोर्ट तक स्लोव बाउंड्रीवाल की तरफ है. बीते दिन हुई तेज बारिश के चलते देर रात एयरपोर्ट और उमरी गांव का पानी बहकर तेजी के साथ आया और बाउंड्री वाल को गिरा दिया. बाउंड्रीवाल का डिजाइन व निर्माण हवाओं के साथ सेल्फ वेट के लिए होता है न की पानी के तेज बहाव को रोकने के लिए होता है. एयरपोर्ट के लगभग साढे 8 किलोमीटर लंबे बाउंड्रीवाल में से 200 फीट बाउंड्रीवाल का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है.''
ग्रिल लगाकर समस्या को किया जाएगा खत्म
एयरपोर्ट के मैंनेजर ने कहा कि, ''हम निर्माण कार्य का दोष नहीं दें सकते. अगर गांव की तरफ से आने वाले बारिश के तेज बहाव वाले पानी की जानकारी हमें पहले से होती तो हाफ वाल तक की ग्रिल लगा दी जाती. बाउंड्रीवाल का पुनः निर्माण करके उसमें ग्रिल लगाई जाएगी. जिसके बाद बाउंड्रीवाल की टूटने की समस्या समाप्त हो जाएगी. बहुत ज्यादा बरिश होने के चलते बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हुआ है. ग्रिल के लगने से दीवार में पानी का लोड नहीं पड़ेगा और बारिश का पानी बहकर निकल जाएगा. पिछले वर्ष हुई बारिश और पानी के तेज बहाव के कारण बाउंड्रीवाल का एक हिस्सा टूटा था जिसे ग्रिल लगाकर ठीक किया गया था.''
एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाल के निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप
समाजसेवी बीके माला ने एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि, ''शहर में बने राष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट का विकास महज कुछ घंटों की बारिश में ही देखने को मिल गया. तकनीकी स्वीकृति और किस प्लानिंग के तहत एयरपोर्ट की बाउंड्री बनाई गई यह समझ से परे है. आखिर क्यों बाउंड्रीवाल धाराशायी हुई. मानक और मापदंडों को ताक पर रखकर गुणवत्ता विहीन बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य किया गया था. जो कई करोड़ के व्यापक भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है. इसका जीता जागता सबूत एयरपोर्ट की टूटी हुई बाउंड्रीवाल जनता के सामने है.''
मुख्यमंत्री की दुबई यात्रा का पहला दिन
13 Jul, 2025 10:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ब्रांड एमपी, प्रवासी भारतीयों से संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में होंगे शामिल
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को दुबई यात्रा के पहले दिन मध्यप्रदेश की आर्थिक, सांस्कृतिक और वैश्विक पहचान को मजबूत करने वाले कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। प्रवासी भारतीयों, उद्योगपतियों और फ्रेंड्स ऑफ एमपी के साथ संवाद की श्रृंखला शुरू होगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के नवाचार, निवेश और संस्कृति से जुड़े विविध पहलुओं को सामने रखेंगे।
ब्रांड मध्यप्रदेश कार्यक्रम से होगी शुरुआत
दिन की शुरुआत दुबई के होटल अटलांटिस में ‘ब्रांड मध्यप्रदेश’ कार्यक्रम से होगी। प्रदेश की उपलब्धियों, निवेश अवसरों और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाली प्रेरणादायक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश की विविधता और क्षमताओं को दर्शाने वाली थीम प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। साथ ही प्रवासी समुदाय को मध्यप्रदेश की बदलती तस्वीर से अवगत कराएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव फ्रेंड्स ऑफ एमपी’ और प्रवासी भारतीयों से करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दुबई में रह रहे मध्यप्रदेश मूल के प्रवासी भारतीयों और फ्रेंड्स ऑफ एमपी के साथ संवाद करेंगे। इस संवाद में वे उन्हें प्रदेश के निवेश अवसरों, अधोसंरचना, जन-कल्याणकारी योजनाओं और वैश्विक भागीदारी के लिए तैयार नई व्यवस्था से अवगत कराएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रवासी प्रतिभाओं को राज्य के विकास से जोड़ने के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी देंगे।
दुबई के भारतीय मूल के उद्योगपतियों से करेंगे मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दुबई में सक्रिय भारतीय मूल के प्रमुख उद्योगपतियों और कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों से भेंट करेंगे। इस दौरान वे ईएसडीएम, फार्मा, टेक्सटाइल, ग्रीन हाइड्रोजन और अन्य संभावित क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे। मध्यप्रदेश में उद्योगों को पारदर्शी नीति, आवश्यक अधोसंरचना और सरकार की सक्रिय भागीदारी के साथ मजबूत समर्थन से अवगत कराया जायेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिखेगी मध्यप्रदेश की विरासत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश की लोक-संस्कृति से जुड़े विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस आयोजन में लोकनृत्य, गीत, बटिक प्रिंट और अन्य पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाया जाएगा। मुख्यमंत्री इस अवसर पर प्रवासी भारतीयों को राज्य की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जुड़ने का संदेश भी देंगे।
उद्योग प्रतिनिधियों के साथ होगा निवेश संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दुबई के उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश संवाद में शामिल होंगे। संवाद के दौरान मध्यप्रदेश में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क, लॉजिस्टिक्स हब, ग्रीन एनर्जी ज़ोन और ‘एक जिला-एक उत्पाद’ जैसी पहलों की जानकारी दी जायेगी। साथ ही प्रदेश में उद्योगों के लिए स्थायित्व, पारदर्शिता और स्पष्ट नीति से भी अवगत कराया जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा आयोजित रात्रि भोज मे शामिल होंगे उद्योगपति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रात्रि भोज में दुबई के प्रमुख उद्योगपति, प्रवासी भारतीय और प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं और सामाजिक सहभागिता पर चर्चा भी करेंगे।
मध्य प्रदेश में 17 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट, आज 41 जिलों में भारी बारिश, मंडला में 7 की मौत
13 Jul, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मानसून के स्ट्रांग सिस्टम की वजह से मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. केंद्रीय मौसम विभाग ने अगले 17 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी है. वहीं, अगले 24 घंटों में प्रदेश के 33 शहरों में अचानक बाढ़ का खतरा भी बताया है. बात दें कि, शनिवार को रायसेन, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और शिवपुरी समेत अन्य जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहा. रविवार को भी मौसम विभाग ने प्रदेश के 41 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
दतिया में 3 बच्चियों की मौत, छतरपुर में 5 लोग फंसे
बीते एक सप्ताह से ग्वालियर-चंबल संभाग में जारी बारिश के कारण ग्वालियर, दतिया और शिवपुरी समेत अन्य जिलों में बाढ़ के हालात बन गए हैं. शनिवार को दतिया के इंदरगढ़ में निर्माणाधीन तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की मौत हो गई. ये तीनों नाबालिग थीं. जबकि शहडोल जिले में एक कच्चा मकान गिरने से उसमें सो रहे 80 वर्षीय पुजारी की मृत्यु हो गई. वहीं छतरपुर की बन्ने नदी में अचानक जल बढ़ने से एक ही परिवार के 5 लोग 8 घंटे से खेत में फंसे हुए हैं. रात में जब वो सो रहे थे, तो अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया. इस दौरान इस नदी में एक व्यक्ति बह भी गया था, लेकिन उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया.
मंडला में 7 लोगों की मृत्यु, 312 का रेस्क्यू
इस बार प्रदेश में बारिश के कारण सबसे अधिक नुकसान मंडला जिले में हुआ है. यहां बाढ़ के हालात बने हुए हैं. भारी बारिश के कारण मंडला में 300 मकान समेत कई सड़क और पुलिया क्षतिग्रस्त हो गए हैं. अब तक मंडला में बारिश के कारण 7 लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि दो लोग अभी भी लापता हैं. वहीं 312 लोगों का रेस्क्यू कर उनको राहत कैंपों में भेजा गया है.
मैहर-सतना मार्ग बंद, भाजपा विधायक के घर भरा पानी
शुक्रवार को सतना और रीवा में भारी बारिश के कारण आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ के हालात बन गए हैं. मैहर से सतना जाने वाले मार्ग में ग्राम कोवर के पास सड़क में तीन फीट से अधिक पानी भरा हुआ है, जिससे यह मार्ग बंद हो गया है. इसके साथ ही रायसेन में सिलवानी के पास स्टेट हाईवे 44 में 8 फीट तक पानी बह रहा है, जिससे यह रास्ता रोक दिया है. चित्रकूट, विदिशा, टीकमगढ़ में भी बाढ़ की हालात है. रीवा में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद गुढ़ से भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह के घर पर पानी घुस गया. जबकि चित्रकूट में एमपी टूरिज्म की होटल में भी 4 से 5 फीट पानी घुस आया.
ग्वालियर-शिवपुरी के 20 गांवों में बाढ़ कर खतरा
शहडोल के व्यवहारी में बीते 24 घंटे में करीब 10 इंच से पानी गिरा है, जिससे बाणसागर डैम के 7 गेट खोल दिए गए हैं. शनिवार को बरगी डैम के भी पांच गेट खोले गए हैं. वहीं उमरिया के संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम के दो गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है. जबकि खजुराहो के रनगुवां बांध के 14 गेट खोले गए हैं. इसके साथ ही शिवपुरी और ग्वालियर सीमा पर बना हरसी बांध भी लबालब भर गया है. इसका पानी ओवर फ्लो होकर बह रहा है. जिससे ग्वालियर-शिवपुरी के 20 गांवों में पानी भरने का खतरा बना हुआ है.
आज कई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी
विदिशा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, कटनी, जबलपुर, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. जबकि रायसेन, नर्मदापुरम, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, मैहर और पांढुर्णा जिले में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है.
13 जुलाई को भोपाल समेत 22 जिलों में भारी बारिश
बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगौन, झाबुआ, धार, रतलाम, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, दतिया, भिंड, सतना, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पन्ना, सागर और पांढुर्णा में भारी बारिश की चेतावनी है.
14 जुलाई को इन जिलों में गिर सकता है 8 इंच पानी
अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम और उज्जैन में अति भारी बारिश का का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में 8 इंच से अधिक बारिश हो सकती है. वहीं सिहोर, राजगढ़, खरगौन, बड़वानी, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, सीधी और मऊगंज में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है.
अगले 24 घंटों में प्रदेश के 33 जिलों में बाढ़ का खतरा
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा प्रदेश के 33 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान निम्न से मध्यम स्तर का फ्लैश फ्लड यानि अचानक बाढ़ का खतरा होने की संभावना जताई गई है. इनमें पूर्वी मध्य प्रदेश के अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, छतरपुर, दमोह, डिंडोरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, नरसिंगपुर, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी और उमरिया जिले शामिल हैं. जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश के आगर-मालवा, अशोकनगर, बैतूल, भोपाल, देवास, धार, गुना, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन, विदिशा, मंदसौर, नीमच और होशंगाबाद जिले में बाढ़ का खतरा है.
तीन दिन तक मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर
एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन मध्य प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से के उपर 5.8 किलोमीटर की उंचाई पर स्थित है. जबकि एक वेस्टर्न डिस्टर्वेंस 5.8 किलोमीटर की उंचाई पर 75 डिग्री पूर्वी देशांतर से 30 डिग्री उत्तरी अक्षांस के उत्तर में स्थित है. वहीं एक ट्रफ लाइन ग्वालियर और सिवनी जिलों से होकर पश्चिम बंगाल के उत्तर-पश्चिमी सीमा की ओर अग्रसर है. एक अन्य ट्रफ लाइन उत्तरी हरियाणा से दक्षिण उत्तरप्रदेश, पूर्वाेत्तर मध्य प्रदेश और निकटवर्ती क्षेत्रों में बने साइक्लोन सर्कुलेशन से होकर पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी तक 0.9 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है. ऐसे में आने वाले 3 दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा.
शुक्रवार को शहडोल में रिकार्ड 9.8 इंच बारिश
मध्य प्रदेश में शुक्रवार को रीवा, सतना और शहडोल जिले में अत्याधिक बारिश हुई. जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश के 9 स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है. वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश के 4 जिलों में अत्याधिक बारिश, 16 स्थानों पर अति भारी बारिश और 33 जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है. इनमें शुक्रवार को शहडोल के ब्यौहारी में सबसे अधिक 9.8 इंच बारिश दर्ज की गई. जबकि सतना के मझगांव में 9.3 इंच, रीवा के गुढ़ में 8.6 इंच, रीवा के हुजूर में 8.07 इंच और रीवा शहर में 8.01 इंच बारिश दर्ज की गई है.
पटवारी का आरोप: इंदौर और ग्वालियर वोटर लिस्ट में भारी गड़बड़ियां
12 Jul, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश में फर्जी वोटर लिस्ट को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस और बीजेपी दोनों पार्टियों के बीच वार-पलटवार शुरू हो गया है। प्रदेश में वोटर लिस्ट को लेकर बहस छिड़ गई है क्योंकि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कराए जा रहे। सॉफ्टवेयर वेरिफिकेशन में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें एक पते पर 50 से ज्यादा वोटर्स रजिस्टर्ड हैं।
बीजेपी-कांग्रेस में वार-पलटवार
इस मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का कहना है कि पिछले चुनाव में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की शिकायत उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग से की थी और कोर्ट में की थी। ये पूरा मामला जांच का विषय है. जब बिहार में वेरिफिकेशन हो रहा है तो मध्य प्रदेश में भी वेरिफिकेशन किया जाना चाहिए।मध्य प्रदेश शासन में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती रही है। उन्होंने आगे कहा कि ‘नाच ना जाने आंगन टेढ़ा’, जनता के बीच काम नहीं करते फिर हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ देते हैं।
क्या है पूरा मामला?
मध्य प्रदेश में वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़ा सामने आया है। जहां एक ही पते पर कई वोटर्स रजिस्टर्ड है। राज्य निर्वाचन आयोग की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि प्रदेश में 1696 पते ऐसे हैं जहां 100-100 वोटर रजिस्टर्ड हैं। इनमें से कई पते ऐसे भी हैं जहां 50 से ज्यादा वोटर रजिस्टर्ड हैं। इनमें से 917 पते ऐसे हैं जो निकाय क्षेत्र में रजिस्टर्ड हैं, बाकी बचे हुए पते पंचायत क्षेत्रों में दर्ज हैं।
कैसे हुआ खुलासा?
मध्य प्रदेश में उपचुनाव होने वासे हैं। इसके लिए राज्य चुनाव आयोग मतदाता सूची तैयार कर रही है और अपडेटेशन कर रही है। इस दौरान आयोग को वोटर लिस्ट में गड़बड़ी दिखाई। एमपी स्टेट इलेक्ट्रॉनिक डेवलपमेंट कार्पोरेशन (MPSEDC) के सॉफ्टवेयर से जब मतदाता सूचियों का मिलान किया गया तो हजारों की संख्या में संदिग्ध पते सामने आए।
स्वच्छ भारत मिशन 2024: भोपाल को राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने की उम्मीद
12 Jul, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल आठ साल बाद फिर टॉप-2 की दौड़ में, स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 की घोषणा 17 जुलाई को
भोपाल:
आठ वर्षों के लंबे इंतजार के बाद भोपाल एक बार फिर देश के सबसे स्वच्छ शहरों की शीर्ष सूची में शामिल होने को तैयार है। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 की राष्ट्रीय रैंकिंग की घोषणा 17 जुलाई को दिल्ली में की जाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस अवसर पर पुरस्कार प्रदान करेंगी।
भोपाल नगर निगम (बीएमसी) आयुक्त हरेंद्र नारायण और महापौर मालती राय को दिल्ली में आयोजित इस सम्मान समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रण मिल चुका है। इस बीच राजधानी दिल्ली की एक टीम ने भोपाल के दर्शनीय स्थलों और स्वच्छता अभियानों की फिल्म रिकॉर्डिंग भी शुरू कर दी है, जिसे आयोजन के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा।
2016-17 में मिला था दूसरा स्थान
भोपाल ने वर्ष 2016-17 में दूसरा स्थान हासिल किया था, लेकिन बाद में प्रदर्शन में गिरावट आई। बीते वर्ष शहर ने शानदार सुधार करते हुए टॉप-5 में वापसी की थी। इस वर्ष भी ‘वाटर प्लस’ कैटेगरी में शहर के नंबर-1 आने की उम्मीद है। हालांकि, आदमपुर लैंडफिल में आग की घटना ने स्कोर को कुछ हद तक प्रभावित किया है।
GIS और जनभागीदारी से मिली रफ्तार
अधिकारियों का मानना है कि भोपाल के बेहतर प्रदर्शन के पीछे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) और जनता की भागीदारी की बड़ी भूमिका रही है। भोपाल नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने भरोसा जताया कि इस बार भोपाल 'वाटर प्लस' में अव्वल रहेगा।
अन्य आमंत्रित शहर
भोपाल के साथ इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, देवास, बुधनी और शाहगंज जैसे शहरों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है। हर शहर से 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचेगा। स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक डॉ. परीक्षित झाड़े समारोह की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
उज्जैन में भव्य निषाद राज सम्मेलन, सीएम मोहन यादव ने योजनाओं का किया भूमि पूजन
12 Jul, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उज्जैन। उज्जैन में कालिदास अकादमी परिसर में शनिवार को निषाद राज सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में प्रदेश भर से आए मछुआ समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर करोड़ों रुपये की विभिन्न योजनाओं का भूमि पूजन कर समाज को बड़ी सौगात दी।
CM मोहन यादव को राजनीतिक कयास
उज्जैन में निषाद राज सम्मेलन में इस बार सीएम मोहन यादव उनकी मौजूदगी को लेकर कई सारे राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ समय बाद बिहार में चुनाव होने वाले हैं उसमें बीजेपी को इस आयोजन के तहत फायदा मिल सकता है, शायद इसीलिए मध्य प्रदेश की उज्जैनी में निषाद राज स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें पूरे प्रदेश से मत्स्य और छुआ पालन करने वाले लोग बड़ी संख्या में सभा में मौजूद रहे।
2 बजे कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर लगभग 2:00 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को दोपहिया वाहन की चाबी भेंट की। इन वाहनों के साथ प्रदेश सरकार द्वारा हितग्राहियों को आइस बॉक्स भी प्रदान किया गया है। इस योजना का लाभ प्रदेश भर के कुल 430 हितग्राहियों को मिलेगा।
कांग्रेस ने जनता के लिए कुछ नहीं किया
कार्यक्रम के दौरान अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा देने का कार्य किया है, जबकि कांग्रेस की कभी मंशा नहीं रही कि वह जनता के लिए कुछ करे। 2003 तक की स्थिति आज भी मुझे याद है, जब प्रदेश में केवल 5 लाख हेक्टेयर भूमि पर ही सिंचाई होती थी, लेकिन आज यह आंकड़ा 50 लाख हेक्टेयर से अधिक हो चुका है। जैसी जिसकी नियत होती है, वैसे ही उसकी बरकत होती है।
22 करोड़ फिश पार्लर का किया भूमि पूजन
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 22 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 463 फिश पार्लर का भूमि पूजन किया। इसके अलावा 40 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश में बनने वाले एक्वा पार्क और अंडरवाटर टनल का भूमि पूजन भी किया गया। इसी के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 90 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इंदिरा सागर जलाशय में शुरू होने जा रही 3060 केज परियोजना का भी भूमि पूजन किया।
IPS सोनाली मिश्रा बनीं रेलवे सुरक्षा बल की पहली महिला प्रमुख
12 Jul, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। एक ऐतिहासिक फैसले में, भाजपा सरकार ने 1993 बैच की मध्य प्रदेश कैडर की आईपीएस अधिकारी सोनाली मिश्रा को आरपीएफ की पहली महिला महानिदेशक नियुक्त किया गया है। मिश्रा, मनोज यादव का स्थान लेंगी, जो 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इस प्रतिष्ठित आईपीएस अधिकारी ने सीबीआई और बीएसएफ जैसे विभिन्न सुरक्षा संगठनों में उत्कृष्ट सेवा प्रदान की है और वर्तमान में मध्य प्रदेश में विशेष पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात हैं। मिश्रा के पास देश को 30 वर्षों से अधिक की विशिष्ट सेवा का अनुभव है। पद संभालने के बाद 31 अक्टूबर 2026 तक वे RPF के महानिदेशक के पद पर रहेंगी। RPF में DG बनने वाली वे पहली महिला IPS होंगी।
1993 बैच की IPS हैं सोनाली मिश्रा
सोनाली मिश्रा मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की अधिकारी हैं। वे अब तक लॉ एंड ऑर्डर, इंटेलिजेंस, नक्सल ऑपरेशन समेत कई अन्य अहम विभागों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। वे BSF में ADG पद पर भी रह चुकी हैं। उन्हें तेज तर्रार अधिकारी के तौर पर जाना जाता है। सोनाली मिश्रा वर्तमान में मध्य प्रदेश पुलिस में विशेष महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं।
RPF में पहली बार DG का पद महिला अधिकारी संभालेंगी
ऐसा पहली बार है जब RPF में DG के पद पर कोई महिला IPS कार्यभार ग्रहण करेंगी। इसके पहले पुरुष IPS ही इस पद को संभालते रहे हैं। हालांकि CRPF, BSF, CISF में कई महिला IPS को महत्वपूर्ण पद मिल चुके हैं। लेकिन मोदी सरकार में पहली बार किसी महिला अधिकारी को RPF में इस पर नियुक्ति दी है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग(DoPT) के जारी आदेश के मुताबिक मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने वेतन मैट्रिक्स के स्तर 16 पर उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
वनाधिकार पट्टा और पीएम आवास से मुरिया परिवार को मिला नया जीवन
वर्मी कंपोस्ट उत्पादन बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
राज्यपाल पटेल से भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मिले
मध्यप्रदेश को सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिये करें समन्वित प्रयास : मंत्री कुशवाह
लेमनग्रास -किसानों के लिए कम पानी में ज्यादा कमाई का साधन
चेकडैम बना ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार, जल संरक्षण से बदली खेती की तस्वीर
कौशल और सामाजिक उद्यमिता से होगा भारत विकसित : राज्यपाल पटेल
द्वारका नगरी योजना से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से बदली तस्वीर
