मध्य प्रदेश
चार्टिंग में पारदर्शिता लाने रेलवे का कदम, 8 घंटे पहले जारी होगा पहला चार्ट
14 Jul, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। यात्री सुविधा और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए रेलवे बोर्ड द्वारा आरक्षण चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया में बड़े बदलाव लागू किए गए हैं। भोपाल मंडल में यह नई व्यवस्था दिनांक 15/16 जुलाई 2025 की मध्य रात्रि से लागू होगी, जिसके तहत ट्रेनों का प्रथम आरक्षण चार्ट अब उनके प्रस्थान समय से 08 घंटे पूर्व तैयार किया जाएगा | तदनुसार इमरजेंसी कोटे के आवेदन एक दिन पूर्व स्वीकार किये जायेंगे |
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि पूर्व में यह चार्टिंग प्रक्रिया ट्रेन प्रस्थान से 04 घंटे पूर्व तैयार की जाती थी जो कि अब 08 घंटे पूर्व तैयार किया जाएगा जिससे प्रतीक्षा सूची और आरएसी यात्रियों को अपनी बर्थ की स्थिति 08 घंटे पहले मालूम चल सकेगी |
चार्टिंग की नई समय-सारणी इस प्रकार होगी –
1. जिन ट्रेनों का प्रस्थान सुबह 05:00 बजे से दोपहर 14:00 बजे के बीच है, उनका पहला चार्ट पूर्ववर्ती दिन रात्रि 21:00 बजे तक तैयार किया जाएगा।
2. जिन ट्रेनों का प्रस्थान दोपहर 14:00 बजे से रात्रि 23:59 बजे के बीच या मध्यरात्रि 00:00 बजे से सुबह 05:00 बजे के बीच है, उनका पहला चार्ट अब 08 घंटे पूर्व तैयार किया जाएगा।
3. दूसरे आरक्षण चार्ट तैयार करने के संबंध में मौजूदा प्रावधानों में कोई बदलाव नहीं होगा।
4. यह नई व्यवस्था रिमोट लोकेशन (दूरस्थ स्टेशनों) पर चार्टिंग प्रक्रिया के लिए भी अनिवार्य रूप से लागू होगी।
श्री कटारिया ने आगे बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य यात्रा की योजना में सुधार लाना है ताकि यात्री टिकट कन्फर्मेशन की स्थिति समय रहते जान सकें | यह नवाचार यात्रियों की संतुष्टि में वृद्धि करेगा।
भोपाल मंडल की छापेमारी में कुशीनगर एक्सप्रेस से अनधिकृत पानी जब्त, कैटरिंग नियमों का उल्लंघन
14 Jul, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाणिज्य विभाग द्वारा कार्यवाही में कुशीनगर एक्सप्रेस से जब्त की गई 18 क्रेट अनअप्रूव्ड पानी की बोतलें
भोपाल: भोपाल मंडल में खानपान सेवाओं की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के अंतर्गत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग सतत रूप से खानपान स्टालों, ट्रेनों एवं स्टेशनों पर निगरानी रख रहा है।
इसी क्रम में वाणिज्य विभाग को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कुशीनगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22538) में अनअप्रूव्ड ब्रांड की पानी की बोतलें बड़ी मात्रा में लाकर यात्रियों को बेची जा रही हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसमें स्टेशन मास्टर कॉमर्शियल श्री एक के खरे,मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक श्री सुनील वर्गीस, मंडल वाणिज्य निरीक्षक श्री विनोद वर्मा तथा कैटरिंग इंस्पेक्टर/भोपाल श्रीमती मेघा नागदेव को शामिल किया गया।
निर्धारित योजना के अनुसार जब कुशीनगर एक्सप्रेस भोपाल स्टेशन पर पहुँची, तो टीम ने अचानक ट्रेन में चढ़कर छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान पैंट्री क्षेत्र के समीप एवं वेंडिंग पॉइंट्स के आसपास तलाशी ली गई, जिसमें कुल 18 क्रेट अनअप्रूव्ड ब्रांड की पानी की बोतलें बरामद की गईं। यह पानी रेलवे द्वारा स्वीकृत सूची में शामिल नहीं था और न ही विक्रेताओं के पास कोई वैध अनुमति अथवा बिल उपलब्ध था।
यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण रही क्योंकि अनअप्रूव्ड पानी न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, बल्कि यह रेलवे की खानपान नीतियों का घोर उल्लंघन भी है। बरामद की गई सभी पानी की बोतलों को तत्काल जप्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई हेतु भेज दिया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने इस संबंध में कहा, “हमारा उद्देश्य केवल अनुबंध शर्तों का पालन सुनिश्चित करना नहीं है, बल्कि यात्रियों के स्वास्थ्य और विश्वास की रक्षा करना भी है। इस तरह की अनियमितताओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है और यह विशेष अभियान पूरी सख्ती से आगे भी जारी रहेगा।”
ज्ञात हो कि मंडल में 09 जुलाई से शुरू इस विशेष अभियान के तहत पहले ही अनियमितताओं पर कार्यवाही प्रारंभ की जा चुकी है और कई स्टालों को अनुशासनहीनता के चलते अस्थायी रूप से बंद भी किया गया है। इस तरह की सतर्कता व निष्पक्ष कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि भोपाल मंडल प्रशासन यात्रियों की सेवा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।
पानी-पानी हुआ श्योपुर, उफान पर क्वारी नदी, राजस्थान से कटा संपर्क
14 Jul, 2025 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्योपुर: मध्य प्रदेश में मानसून के चलते बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालत बनने लगे हैं. ग्वालियर चंबल-अंचल में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है. श्योपुर, शिवपुरी और ग्वालियर समेत सभी जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. श्योपुर में तो क्वारी नदी ने तांडव दिखाना भी शुरू कर दिया है. एक और जहां जिले के बड़ौदा नगर में घरों और दुकानों में पानी भर गया है, तो वहीं विजयपुर में भी मंडी क्षेत्र में क्वारी नदी का पानी भर गया है.
जिले में कई जगह बाढ़ जैसे हालात
लगातार बारिश की वजह से श्योपुर जिले के कई इलाके प्रभावित हो गए हैं. श्योपुर के रास्ते राजस्थान को जोड़ने वाली सड़क तेज बारिश के बाद बंद हो चुकी है. जहां कराहल क्षेत्र में पानी पुल से ऊपर बह रहा है. जिसकी वजह से बड़ौदा के साथ राजस्थान का रास्ता भी कट गया है. वीरपुर में भी ऐसे ही हालात बने हुए हैं. यहां भी रविवार से मुरैना जिले को जोड़ने वाला रास्ता नाले के ऊफान से बंद हो गया है.
हालातों का जायजा लेने ट्रैक्टर पर पहुंची तहसीलदार
तेज बारिश से हालात यह हैं कि, श्योपुर के बड़ौदा नगर में रहवासी कॉलोनियो में लोग घरों में कैद हो गए हैं. सड़कें पानी से लबालब हैं. बड़ौदा नगर के खटीक मोहल्ला के रहवासियों का कहना है की, "तेज बारिश के बाद पूरे इलाके में पानी भर गया है. पूरा बड़ौदा जलमग्न है, वार्ड 4 और 6 में घुटनों तक पानी है. घर-दुकानों में पानी घुस गया है.
शासन प्रशासन भी हालातों की मॉनिटरिंग में जुटा हुआ है. सोमवार को तहसीलदार मनीष मिश्रा ने इलाके का निरीक्षण ट्रैक्टर से किया. इसके साथ ही विजयपुर में भी क्वारी नदी में बाढ़ से मंडी इलाके में पानी भर गया है. अगरा थाना इलाके में भी क्वारी नदी के पुल के ऊपर से दो फीट पानी बह रहा है.
अगले 24 घंटे भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग की और स्व जारी रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में श्योपुर के बड़ौदा में प्रदेश में सर्वाधिक वर्षा 174 मिमी दर्ज हुई है. वहीं जिले के विजयपुर में 101 मिमी और कराहल में 93 मिमी बारिश हुई, श्योपुर शहर में 69.2 मिमी और बीरपुर में 67 मिमी बरसात हुई. वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
एमपी के कई जिलों में बारिश से हालात खराब
मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश से हालात बेकाबू हैं. छतरपुर जिले में लगातार 40 घंटे से बारिश हो रही है. चारों तरफ बस पानी ही पानी नजर आ रहा है. लगातार हो रही बारिश ने 40 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है. वहीं मुरैना में बारिश का पानी घरों में घुस रहा है. सड़कों पर 1 फीट तक पानी भरा है. जबकि सबलगढ़ कस्बे के हालात बिगड़ गए हैं. वहीं अशोकनगर में भी भारी बारिश के बाद राजघाट डैम के 8 गेट खोल दिए गए हैं.
MP में SEIAA ऑफिस सीलिंग ड्रामा, चेयरमैन ने कहा– भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी
14 Jul, 2025 08:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी में सोमवार को राज्य पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन प्राधिकरण (SEIAA) के चेयरमैन शिवनारायण सिंह चौहान का कार्यालय अचानक सील कर दिया गया। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी के निर्देश पर की गई थी। हालांकि दोपहर 3:30 बजे वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद कार्यालय का ताला खोल दिया गया। वहीं, एप्को के प्रशासनिक अधिकारी की तरफ से बताय ागय ाकि विद्युत फॉल्ट आने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों के कक्ष बंद किए गए थे।
चेयरमैन चौहान ने कहा कि उन्होंने पर्यावरणीय स्वीकृतियों में भ्रष्टाचार उजागर किया था, जिससे बौखलाकर यह कदम उठाया गया। उनका आरोप है कि प्रमुख सचिव और एप्को की सदस्य सचिव आर. उमा माहेश्वरी ने नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना SEIAA की बैठक के ही चुनिंदा 237 परियोजनाओं को स्वीकृति दे दी, जबकि 450 से अधिक फाइलें लंबित थीं। उन्होंने बताया कि 65 दिनों से SEIAA की बैठक नहीं हुई और जब वे कार्यालय पहुंचे तो ताला लगा मिला। जब उन्होंने कारण पूछा तो बताया गया कि निर्देश है कि वे ऑफिस में न बैठें। इस पर उन्होंने मुख्य सचिव अनुराग जैन को पत्र लिखकर पूरे मामले की शिकायत की।
चौहान का कहना है कि बिना अधिकृत समिति की मंजूरी के दी गई पर्यावरणीय स्वीकृतियां गैरकानूनी हैं और इसमें पांच साल तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दोषियों पर FIR की मांग की है। बता दें इस विवाद की शुरुआत 23 मई को हुई थी, जब एप्को के प्रभारी सदस्य सचिव श्रीमन शुक्ला ने प्रमुख सचिव के अनुमोदन से 450 मामलों में डीम्ड पर्यावरणीय मंजूरी जारी कर दी। इनमें से 200 से अधिक मामले खनिज विभाग से जुड़े हैं। चौहान ने इस पर आपत्ति जताते हुए केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय को शिकायत भेज दी थी।
एप्को कार्यालय में विद्युत फॉल्ट के कारण बंद किये गये थे कक्ष
एप्को के प्रशासनिक अधिकारी मनोहर पाटिल ने बताया कि पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) कार्यालय भवन में रविवार 13 जुलाई के दिन विद्युत फॉल्ट आने के कारण सिया अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारियों के कक्ष बंद किये गये थे। प्रारंभिक सुधार के बाद सोमवार 14 जुलाई को कुछ समय बाद कक्ष पुन: खोल दिये गये।
पेंच टाइगर रिजर्व में दिखी 8 आंखों वाली मकड़ी, जाल में नहीं जंप करके करती है शिकार
14 Jul, 2025 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा: जंगलों में अगर उछल कूद करने वाले जानवरों की चर्चा होती है तो सबसे पहले बंदर की याद आती है. लेकिन इसके अलावा भी एक ऐसी मकड़ी है जो उछल कूद करने में माहिर होती है. ये जंप करके ही अपना शिकार भी करती है. सबसे अनोखी बात है कि इस मकड़ी की 8 आंखें होती हैं. लेकिन बहुत कम ही लोग इसके बारे में जानते हैं. पेंच टाइगर रिजर्व में काम करने वाले एक कर्मचारी ने इस मकड़ी को शिकार करते हुए कैमरे में कैद किया है.
पेंच टाईगर रिजर्व में दिखी साल्टिसिडे मकड़ी
पेंच टाइगर रिजर्व के नाकेदार शरद कुमार सारठिया ने अपने कैमरे में एक ऐसी मकड़ी कैद की है जिसे कूदने वाली मकड़ी कहा जाता है. वैज्ञानिक रूप से यह मकड़ी साल्टिसिडे परिवार से संबंधित है. यह अपनी उत्कृष्ट नजरें, छलांग लगाने की क्षमता और शिकार करने के तरीके के लिए जानी जाती है. ये मकड़ियां बिना जाल बनाए अपने शिकार पर झपट्टा मारती हैं. ये अपनी तेज छलांगों और फुर्तीलापन के लिए जानी जाती हैं.
मक्खी का शिकार करते हुए कैमरे में कैद हुई मकड़ी
पेंच टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट एरिया में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए एक प्रतियोगिता आयोजित करता है, जो हर दिन अलग-अलग तरह की तस्वीर अपने कैमरे में कैद करते हैं. इसी के तहत नाकेदार शरद कुमार सराठिया ने कूदने वाली मकड़ी को मक्खी का शिकार करते हुए कैमरे में कैद किया है.
बिना जाल बनाए छलांग लगाकर करती है शिकार
वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट डॉ. अंकित मेश्राम ने बताया कि "ये मकड़ियां अपने मजबूत पिछले पैरों का उपयोग करके अपने शरीर की लंबाई से कई गुना लंबी छलांग लगा सकती हैं. कूदने वाली मकड़ियां तेज शिकारी होती हैं, जो बिना जाले के शिकार का पीछा करती हैं और फिर उन पर झपट्टा मारकर उन्हें पकड़ लेती हैं."
8 आंखों वाली होती है ये मकड़ी
वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट डॉ. अंकित मेश्राम ने बताया कि "कूदने वाली मकड़ियों की 8 आंखें होती हैं, जिनमें से 2 मुख्य आंखें बहुत बड़ी होती हैं और स्टीरियोस्कोपिक दृष्टि प्रदान करती हैं. जिससे वे दूरी का सही अनुमान लगाकर अपना शिकार कर लेती हैं."
संदिग्ध हालात में बुजुर्ग की मौत, पोते पर हत्या की आशंका से सनसनी
14 Jul, 2025 07:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। गोविंदपुरा इलाके के गौतम नगर इलाके में बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम किया है, जबकि संदेह है कि पोते ने पीट-पीटकर बुजुर्ग दादी की हत्या कर दी। इधर संदेही ने अपने बयान में बताया है कि दो दिन पहले दादी नाले में गिर गई थी। डॉक्टर को बुलाकर उसने दादी का इलाज भी कराया था। रविवार को भी डॉक्टर दादी का इलाज करने के लिए आया था। फिलहाल वह हत्या करने की बात से इंकार कर रहा है। अब पुलिस का कहना है कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर यह पता चल सकेगा कि बुजुर्ग महिला की मौत नाली में गिरने से आई चोटों के कारण हुई है अथवा पोते द्वारा की गई मारपीट से मौत हो गई।
गोविंदपुरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गौतम नगर स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला इतवारी बाई अपने पोते कार्तिक के साथ करीब एक महीने से रह रही थीं। बुजुर्ग महिला का बेटा इस समय पैतृक शहर गोरखपुर गया हुआ है। रविवार को सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। महिला के शरीर पर चोट के निशान थे। आसपास के लोगों ने मृतिका के पोते कार्तिक पर शंका जाहिर की तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। महिला को आई चोटों के संबंध में निर्माणाधीन भवन में काम करने वाले मजदूरों और आसपास के लोगों से पूछताछ का साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन पहले दादी नाली में गिरकर घायल हो गई थी
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि महिला का पोता कार्तिक इसी बिल्डिंग में चौकीदारी का काम करता है। करीब एक महीने पहले वह अपनी दादी को देखरेख के लिए भोपाल लेकर आया था। पुलिस पूछताछ में कार्तिक ने बताया कि दो दिन पहले दादी नाली में गिरकर घायल हो गई थी, जिसका उसने एक डॉक्टर से इलाज करवाया था। रविवार की सुबह करीब ग्यारह बजे भी उसने डॉक्टर को घर बुलाकर इलाज कराया था। शाम को दादी की अचानक मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद महिला की मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
कार्तिक पर क्यों गहराया शक
जानकारी के अनुसार कार्तिक गुस्सैल स्वभाव का है तथा वह पूर्व में अपनी दादी के साथ मारपीट कर चुका है। कार्तिक का अपने पत्नी से झगड़ा हो गया था जिसके बाद पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। पत्नी के जाने की वजह कार्तिक दादी को ही मानता है। इस वजह से वह दादी से गुस्सा रहता है। रविवार को जब अचानक दादी की मौत की खबर सामने आई तथा कार्तिक किसी को कुछ भी बताए बगैर दादी को जलाने की कोशिश करने लगा तो शंका जताई जा रही है कि उसी ने दादी की हत्या की है।
वर्षों पुराना तालाब टूटा, डोंगरी गांव के ग्रामीणों के खेत बने जलमग्न
14 Jul, 2025 06:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुना। गुना जिले के डोंगरी गांव में स्थित वर्षों पुराना विशाल तालाब रविवार की रात को हुई वर्षा में अचानक फूट गया। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। करीब 80 बीघा भूमि में फैला यह तालाब लंबे समय से सिंचाई और पशुओं के पानी का मुख्य स्रोत था। सुबह जब पानी तेज बहाव के साथ चारों ओर फैलने लगा तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई। देखते ही देखते तालाब का पानी आसपास के खेतों, रास्तों और कुछ कच्चे मकानों में जा घुसा।
तालाब के किनारे बसे कुछ किसानों की फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। सोयाबीन, मक्का की बोवनी हाल ही में की गई थी, जो पानी भरने से खराब होने की आशंका है। किसानों ने बताया कि तालाब की पाल कई वर्षों से कमजोर थी। तहसीलदार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पाल की मिट्टी कमजोर हो चुकी थी और जलस्तर बढ़ने से दबाव नहीं झेल सकी।
गोपीकृष्ण सागर डैम के चार गेट खोले गए, कलेक्टर ने किया निरीक्षण
जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते गोपीकृष्ण सागर डैम में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को डैम में बढ़ती जल आवक को देखते हुए चार फ्लड गेट खोल दिए गए हैं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल स्वयं मौके पर पहुंचे और डैम का गहन निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डेम के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण पानी की आवक बनी हुई है। जलस्तर को संतुलित बनाए रखने के लिए डैम के गेट क्रमांक 02, 03, 04 और 05 को 4.00 मीटर तक खोला गया है, जिससे लगभग 407 क्यूमेक्स जल का बहाव किया जा रहा है। हालांकि फिलहाल डैम का जलस्तर पूर्ण जल स्तर (Full Reservoir Level) से लगभग एक मीटर कम है, फिर भी प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरतते हुए समय रहते सभी आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
अफसरों को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कन्याल ने डैम की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी निगरानी और आमजन की सुरक्षा को लेकर कई निर्देश जारी किए। राघौगढ़ एसडीएम विकास कुमार आनंद को निर्देशित किया गया कि वे पुलिस विभाग के सहयोग से डैम क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाएं, ताकि डैम के पास मौजूद लोगों को समय पर सूचना दी जा सके। शाम 6:30 बजे के बाद डैम क्षेत्र में आमजन के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। डैम से जल प्रवाह के संभावित प्रभाव वाले गांवों को पूर्व में ही अलर्ट किया जाए और स्थिति बिगड़ने पर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की योजना तैयार रहे। साथ ही गोताखोरों की टीम की व्यवस्था भी की जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में रेस्क्यू कार्यों को अंजाम दिया जा सके।
कलेक्टर ने बताया कि डैम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जल संसाधन विभाग, पुलिस, एसडीएम कार्यालय तथा आपदा प्रबंधन की टीमें चौबीसों घंटे सक्रिय हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें, डैम क्षेत्र में अनावश्यक न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। डैम की स्थिति भले ही नियंत्रण में है, लेकिन यदि बारिश का दौर ऐसे ही जारी रहा तो अगले कुछ दिनों में स्थिति अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है। ऐसे में प्रशासन ने प्रोएक्टिव रणनीति अपनाते हुए पहले ही सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करना शुरू कर दिया है।
कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा में 150 से ज्यादा महिलाओं का तांडव, पुलिस को दर्ज करनी पड़ी FIR
14 Jul, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर : मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा में रविवार रात महिलाओं ने जमकर बवाल किया. दरअसल, महिलाएं यहां रहवासी क्षेत्रों के पास खुल रही नई शराब दुकानों का विरोध करने आईं थीं, जिसने उग्र रूप ले लिया. देखते-देखते 150 से ज्यादा महिलाओं और कुछ पुरुषों ने शराब दुकानों में जमकर तोड़फोड़ मचा दी. पूरा मामला इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र का है.
1 साल से हो रहा था शराब दुकान का विरोध
दरअसल, बाणगंगा थाना क्षेत्र के नंदबाग में पिछले 1 साल से रहवासू नई शराब दुकानें खुलने का विरोध कर रहे है. लंबे समय से रहवासी अलग-अलग तरह से शराब दुकान का विरोध कर रहे हैं लेकिन बीती रात इस विरोध ने उग्र रूप धारण कर लिया. यहां कई महिलाओं ने लाठी डंडे व पत्थरों से शराब दुकान में तोड़फोड़ कर दी, जिससे मौके पर ट्रैफिक जाम भी हो गया. वहीं, घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
लाठी डंडों से महिलाओं ने की तोड़फोड़
तोड़फोड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. वहीं सीसीटीवी फुटेज में तकरीबन डेढ़ सौ से अधिक लोग तोड़फोड़ करते हुए नजर आ रहे हैं, जिनमें से ज्यादातर महिलाएं बताई जा रही है. क्षेत्रीय रहवासियों ने हंगामा करते हुए कहा कि शराब दुकान को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए बार-बार कहा जा चुका है पर दुकान शिफ्ट नहीं हुई. वहीं कुछ रहवासियों ने इस मामले में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात की भी बात कही है.
इस वजह से उग्र हुआ आंदोलन
दरअसल, इस मामले को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि व रहवासी मुकेश धारकर ने कहा, '' यूं तो विरोध 1 साल से चल रहा है पर पिछले एक दो महीने से शराब दुकान का काफी विरोध बढ़ गया. अबतक यहां की महिलाएं शांतिपूर्ण रूप से विरोध कर रही थीं पर हाल ही में शराब दुकान के पास ही अहाता भी खोल दिया गया, जिसके बाद लोगों में गुस्सा भड़क गया.''
नशे को लेकर एक्शन लें विजयवर्गीय
स्थानीय लोगों ने कहा कि यह क्षेत्र मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का विधानसभा क्षेत्र है और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी कई बार सार्वजनिक मंचों से नशे के विरुद्ध हिदायतें देते हुए नजर आते हैं. लेकि उन्हीं की विधानसभा में रहवासियों के विरोध के बावजूद नई शराब दुकान खुल रही है. इसे ही दूर शिफ्ट करने की मांग लंबे समय से की जा रही है.
वहीं इस मामले को लेकर इंदौर के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडौतिया ने कहा, '' बाणगंगा क्षेत्र में देर रात 150 से अधिक लोगों द्वारा तोड़फोड़ की घटना सामने आई है, इसमें से 11 लोगों पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. वहीं, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाकी सभी की पहचान कर मामला दर्ज किया जाएगा.''
अचानक तपने लगा रिटायर्ड अधिकारी के घर का फर्श, पास रखे फूल मुरझाए, टीम ने लिए सैंपल
14 Jul, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. जवाहर नगर में रविवार सुबह रिटायर्ड बीमा अधिकारी के मकान के कुछ हिस्सा का तापमान अचानक बढ़ गया. टेंपरेचर बढ़ता देख रिटार्यड अधिकारी ने मामले की जानकारी तुरंत प्रदूषण विभाग को दी. जिसके बाद अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची. जहां फर्श की खुदाई की गई और उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया.
अचानक बढ़ा मकान के पोर्च का तापमान
सतना जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नगर के गली नंबर 3 में रिटायर्ड बीमा अधिकारी बीमा शिवकुमार अंबेश रहते हैं. रविवार सुबह उनके मकान के अंदर बना पोर्च अचानक गर्म हो गया. भूखंड की नमी के बाद टेंपरेचर बढ़ गया. शिवकुमार अंबेश ने बताया कि "उनकी पत्नी सुबह घर में साफ-सफाई कर रही थीं. इसी दौरान झाड़ू लगाते वक्त उन्हें फर्श में तापमान महसूस हुआ. जैसे ही उनके पैर में जलन हुई, तो उन्होंने मुझे बताया.
प्रदूषण विभाग को दी जानकारी
इसके बाद हम दोनों पति-पत्नी जब पोर्च में गए, जहां फर्श का टेंपरेचर चेक किया, तो उसका तापमान बढ़ चुका था. उन्होंने देखा कि तापमान की वजह से पोर्च में रखे गमले के पौधे और फूल मुरझा गए हैं. घंटों बीत जाने के बाद जब उसका तापमान कम नहीं हुआ. तब शिवकुमार अंबेश ने अपने मित्र को फोन लगाकर इसकी जानकारी दी. उनके मित्र ने मामले की जानकारी प्रदूषण विभाग एवं भूगर्भ शास्त्री को दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने पोर्च के फर्श को खुदाई करके उसमें पानी डलवाया.
खुदाई के बाद जांच के लिए भेजा सैंपल
खुदाई के बाद जांच के लिए सैंपल लिया. फर्श गर्म होने की वजह अभी सामने तो नहीं आ पाई है, जांच के बाद जो भी चीज सामने आएगा, उसके बाद क्लियर होगा कि आखिर यह फर्श क्यों गर्म हो रहा था." इस बारे में उनके मित्र शिवानंद गौतम जो की शासकीय कॉलेज मझगवा में पदस्थ हैं और भूगोल विषय के प्राध्यापक भी हैं. उन्होंने कहा कि "हमारे मित्र शिव कुमार ने फोन पर जानकारी दी थी कि हमारे घर का फर्श गर्म हो रहा है. जब यहां आकर देखा तो वाकई इसका टेंपरेचर बहुत ज्यादा था. जिसे एक सेकंड से ज्यादा भी उसे कोई छू नहीं सकता था.
लाइमस्टोन एरिया के चलते हो सकता है गर्म
इतना ही नहीं फर्श के बगल से लगी करीब 2 फीट ऊंची दीवाल का भी टेंपरेचर बढ़ चुका था. हमने इसकी सूचना प्रदूषण विभाग एवं भूगर्भ विभाग को दी. जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच के लिए इसका सैंपल लिया है." वहीं शाम होने के बाद भी दीवार का टेंपरेचर इसी तरह बना रहा, जिससे ऐसी संभावना है कि यह लाइमस्टोन का एरिया है. ऐसे में कई बार ऐसी चीज देखने को मिलती हैं, लेकिन यह तब स्पष्ट हो पाएगा की जांच में क्या निकलकर सामने आता है.
दूसरे दिन दुबई में सीएम यादव की JITO के साथ रणनीतिक बैठक, MP को मिल सकता है बड़ा लाभ
14 Jul, 2025 02:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई यात्रा के दूसरे दिन को जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य जीसीसी क्षेत्र में, विशेष रूप से जैन व्यावसायिक समुदाय के साथ संभावित सहयोग और व्यापारिक अवसरों की खोज करना, दुबई में जेआईटीओ की प्रमुख पहलों और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को समझना था। इसके अलावा इस बैठक का उद्देश्य यह भी पहचानना था कि मध्यप्रदेश की औद्योगिक इकाइयां जेआईटीओ के आर्थिक सशक्तिकरण, शिक्षा और सेवा जैसे मिशनों में किस प्रकार योगदान दे सकती हैं।
इस अहम बैठक में मध्यप्रदेश और जेआईटीओ के बीच साझेदारी के प्रस्तावित बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में प्रस्ताव दिया गया कि एमपी-जेआईटीओ निवेश फोरम की स्थापना की जाए। प्रस्तावना में कहा गया कि दुबई में एक वार्षिक संयुक्त व्यापार फोरम आयोजित करें। इसमें मध्यप्रदेश की प्रमुख परियोजनाओं जैसे, लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक पार्क, इलेक्ट्रिक वाहन, फूड प्रोसेसिंग, सेमीकंडक्टर को प्रदर्शित किया जा सके। यह मंच द्विपक्षीय संवाद और एमओयू के लिए एक आधार बनेगा।
जैन प्रवासी समुदाय से जुड़ाव और वैश्विक बाजारों तक पहुंच
प्रस्तावना में कहा गया कि मध्यप्रदेश की नवीन लॉजिस्टिक्स नीति न केवल निर्यातकों के लिए समर्थन देती है, बल्कि अधोसंरचना डेवलपर्स को भी प्रोत्साहन प्रदान करती है। दुबई स्थित कौशल विकास संस्थानों और मध्यप्रदेश के ग्लोबल स्किल पार्क के बीच प्रशिक्षण साझेदारियों की स्थापना हो सकती है। दालों, तिलहन, प्रोसेस्ड फूड जैसे वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट कृषि उत्पादों का राज्य के व्यापार प्रतिनिधि मंडलों के माध्यम से प्रचारित कर जैन प्रवासी समुदाय से जुड़ाव और वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाई जा सकती है।
पायलट प्रोजेक्ट-कॉर्पोरेट सहयोग पर जोर
बैठक में दिए प्रस्ताव के अनुसार जैन कॉर्ड, भीलवाड़ा एनर्जी ग्रुप जैसी कंपनियों के साथ ग्रीनफील्ड टेक्सटाइल मिलों की स्थापना की जा सकती है। बसई, उज्जैन और मंदसौर में फूड पार्कों के लिए दुबई स्थित जेआईटीओ से जुड़े टेक्सटाइल कॉरपोरेट्स के साथ सहयोग किया जा सकता है। दुबई की क्लीनटेक कंपनियों को राज्य की नवीकरणीय ऊर्जा नीति के अंतर्गत पायलट प्रोजेक्ट्स हेतु आमंत्रित भी किया जा सकता है।
शासन की रणनीतिक भागीदारी-सहयोग
बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि मध्यप्रदेश शासन और जेआईटीओ के बीच किस तरह रणनीतिक भागीदारी और सहयोग हो सकता है। बैठक में प्रस्तावित किया गया कि मध्यप्रदेश शासन उच्चस्तरीय गणमान्य व्यक्तियों जैसे शेख नहयान बिन मुबारक अल नहयान (यूएई मंत्री), सुंजय सुधीर (भारतीय राजदूत), और डीपी वर्ल्ड के वरिष्ठ अधिकारियों को आमंत्रित कर सकता है। यूएई-केंद्रित व्यापार रणनीति और अफ्रीका-आधारित व्यापार अवसरों पर आधारित सत्रों की पहल कर सकता है।
मध्यप्रदेश के लिए जेआईटीओ दुबई का महत्व
यह साझेदारी मध्यप्रदेश के अधिकारियों को ऐसे निवेशकों से जोड़ता है जो बड़े अधोसंरचना और औद्योगिक परियोजनाओं में निवेश करना चाहते हैं। प्रवासी जैन उद्यमियों और पेशेवरों के माध्यम से राज्य-विशेष निवेश और जानारियों साझा हो सकती हैं। जेआईटीओ के माध्यम से मध्यप्रदेश प्रतिनिधिमंडत लॉजिस्टिक्स, कृषि-व्यवसाय, पर्यटन और एमएसएमई क्षेत्रों में लक्षित समझौते हो सकते हैं। यूएई में मध्यप्रदेश को एक निवेश-मैत्रीपूर्ण और वैश्विक रूप से जुड़ा हुआ राज्य प्रदर्शित किया जा सकता है।
शिवभक्ति में लीन भोपाल, भोजपुर मंदिर में भक्तों का उमड़ा जनसागर
14 Jul, 2025 02:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। आज सावन के पहले सोमवार पर हर-हर महादेव के जयकारों से राजधानी भोपाल गुंज रही हैं। शहर के मंदिरों में पूजा अर्चना करने भक्त पहुंच रहे हैं। भोपाल से 30 किलोमीटर दूर भोजपुर मंदिर में भक्तों की सुबह से ही भीड़ देखी जा रही है। भोजपुर में विराजमान महादेव की एक अलग ही प्रसिद्धी है कहा जाता है पांडवों द्वारा इस मंदिर का निर्माण कराया गया था। वही मंदिर को लेकर एक कथा यह भी है कि एक ही रात्रि में इस मंदिर का निर्माण किया गया था।
दर्शन करने के लिए दूर-दूर से आते हैं भक्त
सावन के महीने में भोजपुर में भगवान महादेव के दर्शन करने के लिए दूर-दूर से भक्त आते हैं। काफी संख्या में भीड़ यहां भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने आती है तो वही आज सावन के पहले सोमवार को भोजपुर में काफी संख्या में भक्तों का आना-जाना रहा सुबह 4 बजे से ही भक्तों का भोजपुर आना-जाना शुरू हो गया तो वहीं बम-बम के नारों से भोजपुर का शिवालय गूंज उठा लोग बेलपत्र और शिव पूजा में लगने वाली अनेकों प्रकार की सामग्री लेकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने भोजपुर पहुंच रहे हैं और भगवान भोलेनाथ से अपनी मनोकामना पूर्ण करने की अर्जी लगा रहे हैं।
सावन के सोमवार की पूजन विधि
प्रातः काल स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करें। घर पर ही शिवलिंग स्थापित कर सकते हैं, या नजदीकी शिव मंदिर जाएं। शिवलिंग का अभिषेक जल, दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से करें। शिवलिंग पर बेलपत्र, आक-धतूरा, सफेद फूल अर्पित करें। कम से कम 108 बार “ऊं नमः शिवाय” मंत्र का जाप करें। व्रतधारी दिनभर फलाहार कर सकते हैं और शाम को शिव आरती करें। सायंकाल भगवान के मंत्रों का फिर जाप करें, तथा उनकी आरती करें। अगले दिन पहले अन्न वस्त्र का दान करें तब जाकर व्रत का पारायण करें।
सावन सोमवार पूजा का धार्मिक महत्व
भगवान शिव की पूजा खासतौर से सोमवार को की जाती है। मान्यता है कि वैवाहिक जीवन के लिए शिव जी की पूजा सोमवार को करने से परेशानियां दूर होती हैं। कुंवारी कन्याएं इस व्रत को विशेष श्रद्धा से करती हैं ताकि उन्हें मनचाहा वर प्राप्त हो। यह व्रत नकारात्मक ऊर्जा, रोग और दरिद्रता को दूर करने में सहायक माना जाता है।इसके अलावा स्वास्थ्य, संतान और आर्थिक समस्याएं भी दूर होती हैं। सावन के सोमवार को शिव जी की पूजा सर्वोत्तम होती है. इसमें मुख्य रूप से शिव लिंग की पूजा होती है और उस पर जल तथा बेल पत्र अर्पित किया जाता है।
अशोका गार्डन पुलिस की तत्परता से बड़ा अपराधी गिरफ्तार, शहर में कानून व्यवस्था को मिली मजबूती
14 Jul, 2025 01:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : भोपाल शहर में गम्भीर अपराधो एवं अपराधियो पर नियंत्रण रखने तथा पंजीबद्ध मामलो मे त्वरित कार्यवाही करने के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर दिए गए दिशा निर्देशो के पालन में एवं पुलिस उपायुक्त जोन - 01 भोपाल श्रीमति शशांक सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्रीमती रश्मि अग्रवाल दुबे , तथा सहायक पुलिस आयुक्त श्रीमान उमेश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी थाना अशोका गार्डन श्री अनुरागलाल द्वारा निर्देशानुसार टीम गठित कर एक साल से फरार ईनामी आरोपी सानिब अनम को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस कार्यवाही का विवरण- थाना ऐशबाग के अप. क्र.434/24 धारा 64,333,351(2) बी.एन.एस. मे फरार ईनामी आरोपी सानिब अनम एकतापुरी ग्राउंड के पास खडा होने की सूचना प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना की तस्दीक हेतु रवाना होकर एकतापुरी ग्राउंड पहुचे जहाँ सूचना के मुताबिक एक लडका पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा जिसे हमराह स्टाफ की मदद से घेराबंदी कर पकडा नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम सानिब अनम पिता मो. साबिर उर्फ गुड्डू उम्र 19 साल निवासी म.न.44 गली नं. 04 ई सेक्टर बाग उमरावदूल्हा थाना ऐशबाग का होना बताया जिसे कार्यालय पुलिस उपायुक्त जोन-01 महोदय भोपाल के कार्यालय से जारी आदेश क्र.पु.उपा./भो(जोन-01)/रीडर /उद/73/2024 दिनांक 11.11.2024 मे 7000 रूपये की ईनामी राशि की उद्घोषणा की गई है। इस संबंध मेआरोपी को अवगत कराया । बाद आरोपी को अभिरक्षा मे लेकर थाना आया । आरोपी के संबंध मे संबंधित थाना ऐशबाग को सम्पर्क कर सूचना दी गई।
गिरफ्तार निगरानी आरोपी का विवरणः-
1. सानिब अनम पिता मो. साबिर उर्फ गुड्डू उम्र 19 साल निवासी म.न.44 गली नं. 04 ई सेक्टर बाग उमरावदूल्हा थाना ऐशबाग , जिसके विरूद्ध थाना ऐशबाग , कोतवाली , जहाँगीराबाद , तलैया , हनुमानगंज , मंगलवारा स्टेशन बजरिया मे कुल 17 प्रकरण पंजीबद्ध है ।
सराहनीय भूमिका-
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री अनुराग लाल ,उनि विजय भामरे , प्रआर 2897 संतोष मंदरे प्रआर 971 अजय शर्मा , प्रआर 1241 कमलेश असवारे आर 2709 रामवली परमार आर.3573 नंदकिशोर जाटव की सराहनीय भूमिका रही है।
सरपंच बनाम उपसरपंच: पंचायत में सरपंची को लेकर जोरदार खींचतान
14 Jul, 2025 01:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाईकोर्ट पहुंचा मामला, सुप्रीम कोर्ट जाने की भी तैयारी
भोपाल। मप्र में पंचायतों में रिक्त पड़े पदों के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया कई जिलों में चल रही है। रतलाम जिले में भी करीब एक दर्जन से अधिक ग्राम पंचायत में चुनाव होने हैं, लेकिन यहां की एक ग्राम पंचायत में सरपंच और उपसरपंच की कानूनी रस्साकशी में उपचुनाव स्थगित हो गया है। मामला हाईकोर्ट में पहुंच जाने की वजह से अब यहां चुनाव फिलहाल टाल दिए गए है।
ग्राम पंचायत जामथुन के सरपंच को धारा 40 के तहत कर्तव्य में लापरवाही बरतने की वजह से पद से हटा दिया गया था, लेकिन सरपंच को हाईकोर्ट से स्टे मिल गया। इसके बाद पंचायत के उपसरपंच ने भी हाईकोर्ट में अपील कर स्टे पर रोक लगवा दी। अब इस मामले की सुनवाई 22 जुलाई को होना है।
दोनों पहुंचे हाईकोर्ट
मशहूर वेब सीरीज पंचायत में गांव के प्रधान या सरपंच का पद कितना महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठा से भरा होता है, यह बखूबी दिखाया गया है। जिसे हासिल करने के लिए किस किस तरह के दांव-पेंच उम्मीदवार लगाते हैं। वास्तविकता में भी इसका ताजा उदाहरण देखने को मिला है। रतलाम जिले की जामथून ग्राम पंचायत में जहां की सरपंची हासिल करने के लिए दोनों दावेदार हाईकोर्ट तक पहुंच गए हैं। 2022 में हुए पंचायत चुनाव में जामथुन ग्राम पंचायत के सरपंच पद पर कचरू डाबी चुनाव जीतकर काबिज हुए थे। इसके बाद कर्तव्य पालन में अनियमितता की शिकायत पर जिला पंचायत सीईओ ने जांच के बाद धारा 40 के अंतर्गत कचरू डाबी को सरपंच पद से हटाने का आदेश जारी कर दिया। इसके बाद उप सरपंच रविराज डोडियार पंचायत के सभी कार्यों का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान रिक्त पदों वाली पंचायतों के उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। पद से हटाए गए सरपंच कचरू डाबी ने इसके लिए हाईकोर्ट की शरण ली और अपदस्थ किए जाने के आदेश पर स्थगन हासिल किया, लेकिन उप सरपंच रविराज डोडियार ने भी हाईकोर्ट एडवोकेट की डबल बेंच में अपील कर सरपंच द्वारा लिए स्थगन पर रोक का आदेश हासिल किया है।
ऐसा क्या है सरपंची में
वैसे तो ग्राम पंचायत के सरपंच को 4250 प्रति माह का नाममात्र का ही मानदेय मिलता है, लेकिन इस पद का वजन और रसूख ऐसा है कि सरपंची कोई छोडऩा नहीं चाहता है। इस मामले में सरपंच कचरू डाबी और उपसरपंच रविराज डोडियार का कहना है कि न्याय पाने के लिए वह सुप्रीम कोर्ट तक भी जाने को तैयार है। बहरहाल गांव के सरपंच और उपसरपंच के बीच चल रही इस कानूनी रस्साकशी की वजह से कहीं ना कहीं ग्राम पंचायत का विकास प्रभावित हो रहा है। इस मामले में जिला पंचायत के सीईओ श्रृंगार श्रीवास्तव का कहना है कि क्योंकि यह मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए वर्तमान में यहां उपचुनाव स्थगित किए गए हैं।
विज्ञान भवन में षष्ठम कालिदास राष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन में वास्तुविद् देवेन्द्र साबले हुए सम्मानित
14 Jul, 2025 01:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। विज्ञान भवन, भोपाल में 12 एवं 13 जुलाई 2025 को आयोजित षष्ठम कालिदास राष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन में प्रख्यात वास्तुशास्त्री देवेन्द्र एम् साबले को उनके वास्तु एवं आयुर्वेद विषयों पर गहन शोध तथा प्रभावशाली व्याख्यान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम ज्योतिष मठ संस्थान, भोपाल द्वारा आयोजित किया गया था, जिसकी संकल्पना और आयोजन ज्योतिषाचार्य पंडित विनोद गौतम जी के नेतृत्व में किया गया। सम्मेलन में देशभर से पधारे ज्योतिष, वास्तु, आयुर्वेद और अन्य भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लिया।
देवेन्द्र एम् साबले ने अपने व्याख्यान में वास्तु शास्त्र को आयुर्वेद के साथ जोड़ते हुए जीवनशैली, स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन पर उसके प्रभाव को विस्तार से समझाया। उनके शोध और प्रस्तुति को उपस्थित विद्वतजनों एवं श्रोताओं द्वारा अत्यंत सराहा गया।
सम्मेलन के अंत में आयोजकों द्वारा उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि भारतीय पारंपरिक ज्ञान विज्ञान को नए स्वरूप में जनमानस तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
दुबई में सीएम मोहन यादव की डिप्लोमैटिक डीलिंग, निवेश को लेकर बड़े फैसले संभव
14 Jul, 2025 01:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दुबई यात्रा के दूसरे दिन मध्यप्रदेश में निवेश के व्यापक अवसरों को लेकर उद्योग जगत, वैश्विक कंपनियों और नीति निर्माताओं के साथ संवाद करेंगे। उद्योग, तकनीक, टेक्सटाइल, ग्रीन एनर्जी और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. यादव कई महत्वपूर्ण बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भारतीय कोंसुल जनरल से शिष्टाचार भेंट होगी, जहां वे यूएई में भारत के व्यापारिक हितों और सहयोग की दिशा में चर्चा करेंगे। इसके बाद वे द इंडस एंटरप्रेन्योर्स के चेयरमैन पी.के. गुलाटी से मुलाकात कर स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में संभावनाओं पर संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एमिरेट्स एयरलाइंस के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित बैठक में एयर कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने पर विचार करेंगे। मुख्यमंत्री बाद में ग्रू एनर्जी जैसी अग्रणी ग्रीन एनर्जी कंपनी तथा जैन अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संगठन (JITO) प्रतिनिधियों से मिलेंगे और सतत विकास से जुड़े विषयों पर मध्यप्रदेश की प्राथमिकताएं साझा करेंगे।
दोपहर बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव यूएई के विदेश व्यापार मामलों के मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ियोदी से मुलाकात करेंगे। यह बैठक भारत-यूएई के बीच द्विपक्षीय व्यापार सहयोग को नई दिशा देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव टेक्समस एसोसिएशन परिसर का दौरा करेंगे और दुबई टेक्सटाइल सिटी में टेक्सटाइल उत्पादन व निर्यात गतिविधियों का अवलोकन करेंगे। इस दौरान वे एक इंटरेक्टिव सत्र और नेटवर्किंग लंच में हिस्सा लेंगे, जहां मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर की क्षमताएं और पीएम मित्रा पार्क जैसी योजनाएं प्रस्तुत की जाएंगी।
लुलु ग्रुप, सराफ डीजी, ईसा एआई से मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव लुलु ग्रुप, सराफ डीजी, ईसा एआई अल गुरैर ग्रुप, गल्फ इस्लामिक इन्वेस्टमेंट्स, जी42 इण्डिया और टाटा संस मिडिल ईस्ट जैसी बड़ी कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से मिलेंगे और प्रदेश में निवेश के क्षेत्र तय करेंगे। गल्फ महाराष्ट्र बिजनेस फोरम और एमआईडीसी के साथ होने वाली चर्चा में आपसी सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा होगी। समापन इन्वेस्ट मध्यप्रदेश दुबई बिजनेस फोरम एंड नेटवर्किंग डिनर के साथ होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवेशकों को संबोधित करेंगे और उन्हें मध्यप्रदेश के उद्योग परिदृश्य के साथ जुड़ने के लिए आमंत्रित करेंगे। इस कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र में निवेश को केंद्र में रखकर एक विशेष राउंडटेबल मीटिंग भी आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता प्रमुख सचिव पर्यटन करेंगे।
वनाधिकार पट्टा और पीएम आवास से मुरिया परिवार को मिला नया जीवन
वर्मी कंपोस्ट उत्पादन बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
राज्यपाल पटेल से भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मिले
मध्यप्रदेश को सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिये करें समन्वित प्रयास : मंत्री कुशवाह
लेमनग्रास -किसानों के लिए कम पानी में ज्यादा कमाई का साधन
चेकडैम बना ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार, जल संरक्षण से बदली खेती की तस्वीर
कौशल और सामाजिक उद्यमिता से होगा भारत विकसित : राज्यपाल पटेल
द्वारका नगरी योजना से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से बदली तस्वीर
