मध्य प्रदेश
प्रधानमंत्री मोदी से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई दिल्ली में की सौजन्य भेंट
31 Jul, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को पार्लियामेंट हाउस नई दिल्ली में सौजन्य भेंट की और पुष्प-गुच्छ भेंट कर अभिवादन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को मध्यप्रदेश की उपलब्धियों एवं नवाचार पर केंद्रित पुस्तिका “विरासत से विकास की राह” भेंट की। पुस्तिका में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास, गरीबी उन्मूलन, जनजाति कल्याण, किसान कल्याण, नारी शक्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुशासन, शहरी विकास, अधोसंरचना विकास, पर्यटन एवं संस्कृति संरक्षण और पर्यावरण संबंधी गतिविधियों एवं उपलब्धियों का ब्यौरा शामिल है।
दुबई-स्पेन की निवेश यात्रा से कराया अवगत
प्रधानमंत्री मोदी को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हाल ही में मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के लिए की गई दुबई एवं स्पेन की यात्रा में मिली सफलता की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के चहुँमुखी विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ आबादी को हमेशा मिलता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में प्रधानमंत्री मोदी के आशीर्वाद से विकसित भारत @ 2047 के विजन में मध्यप्रदेश भी अपना पूरा योगदान देगा।
MP: बाढ़ में बह गए चाचा-भतीजा, खेत में एक-दूसरे से लिपटी मिलीं लाशें, गांव में मातम
31 Jul, 2025 08:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस समय बारिश का तांडव देखने को मिल रहा है। लगातार भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। बारिश के कारण पार्वती नदी में भी उफान है। नदी का पानी आसपास के खेतों में भर रहा है। इस बीच एक ऐसा दृश्य सामने आया है, जो लोगों को दंग कर रहा है। दरअसल, नदी में बढ़े जलस्तर के कारण आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ आ गई। इस बाढ़ में 10 वर्षीय शिवम यादव,राजू यादव बह गए। नदी का पानी जब कम हुआ है, उस समय उनकी लाश मिली है। बता दें कि चाचा भतीजे की एक दूसरे से लिपटी हुई लाश खेत में पड़ी हुई नजर आई।
एक दूसरे से लिपटी मिली चाचा भतीजे की लाश
जानकारी दें कि पार्वती नदी का पानी उतरा तो आमलदा से एक मार्मिक तस्वीर सामने आई। बता दें कि 10 वर्षीय शिवम यादव,राजू यादव के पार्वती नदी में आई बाढ़ में बह जाने से मृत्यु हो गई। दोनों कल खेत में डले हुए पाइपों को हटाने गए थे। बताया जाता है कि पार्वती नदी का पानी खेतों में आ गया था, पाइपों के बहने का खतरा था। इसी दौरान हादसे का शिकार तो गए। कल शाम को पुलिस को भी सूचना दी गई, देर शाम तक खोज भी हुई थी।
आज सुबह मिली लाश
तमाम खोजबीन के बाद आज सुबह के करीब 6-7 बजे जब पार्वती नदी का जलस्तर कम हुआ तो उसी खेत में एक दूसरे से लिपटे हुए शव मिले, जिस खेत से पाइप हटाने गए थे।
अशोकनगर में बारिश ने मचाई तबाही, खेतों में भरा पानी, किसानों की फसलें नष्ट
31 Jul, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अशोकनगर: मध्य प्रदेश में मानसूनी बारिश ने चारों तरफ आफत मचाई हुई है. ज्यादातर जिलों में हालात खराब हैं. नदी-नाले उफान पर हैं. सड़क, खेतों से लेकर घरों में पानी भर रहा है. कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है. वहीं अशोकनगर में भी मूसलाधार बारिश से आम जनजीवन के साथ किसानों को भी नुकसान पहुंचाया है. बाढ़ से नष्ट हुई फसलों को लेकर किसानों ने लोकगीत गाकर शासन-प्रशासन से अपील की है.
बारिश से जनजीवन हुआ प्रभावित
अशोकनगर जिले के मुंगावली विधानसभा में बेतवा नदी उफान पर है. जिससे इस क्षेत्र में आने वाले निटर गांव में पानी भर गया है. लगातार बारिश के चलते लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. इस दौरान प्रदेश भर के नदी, तालाब और नाले उफान पर चल रहे हैं. वहीं अगर किसानों की बात की जाए तो, अब उनकी फसल भी पूरी तरह से नष्ट हो गई है.
जिसको लेकर किसान अपने दर्द को कई तरह से बयां करते नजर आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला अशोकनगर जिले से भी सामने आया है. जहां लोकगीत के माध्यम से किसानों ने अपनी नष्ट हुई फसल की पीड़ा को बयां किया है.
घर डूबे, अब किसान की फसल भी नष्ट
बेतवा नदी के पास मुंगावली क्षेत्र में आने वाले कई ग्रामीण इलाकों में पानी भर गया है. जिससे किसानों की फसल भी पूरी तरह से नष्ट हो गई है. इसके बाद किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है, लेकिन कोई भी प्रशासनिक स्तर पर पहल शुरू नहीं होते देख, किसानों का दर्द अब साफ तौर पर झलकने लगा है. जिसके किसके बाद किसानों ने अपने-अपने तरीके से अपनी फसलों में हुए नुकसान को लेकर कई तरीके अपनाए हैं. जिसमें लोकगीत के माध्यम से किसानों ने अपने दर्द को बताया है.
विधायक,मुख्यमंत्री को लोकगीत के माध्यम से सुनाई पीड़ा
लगातार बेतवा नदी का जल स्तर बढ़ने के कारण मुंगावली विधानसभा में आने वाले निटर गांव की फसले और गांव पूरी तरह से डूब क्षेत्र में आ गया है. गांव के ही किसान राजेंद्र सिंह चौहान और खुमान आदिवासी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात और फसल को हुए नुकसान की पीड़ा व्यक्ति की है. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय विधायक बृजेंद्र सिंह यादव को अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया, कि किसानों की जो परेशानी है, वह स्थानीय विधायक मुख्यमंत्री को बताइए कि किस तरह से हमारी फसलों को नुकसान हुआ है. अब हमारा जनजीवन पूरी तरह से तहस नहस हो गया है.
सोशल मीडिया पर जमकर टोल हुआ लोकगीत
मुंगावली विधानसभा के निटर गांव के किसानों द्वारा लोकगीत का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस लोकगीत के माध्यम से इन किसानों ने शासन-प्रशासन से अपने नुकसान की भरपाई करने की बात कही है.
दमोह: शराब के नशे में पुल पर नहाने गया युवक बाढ़ में बहा, अब तक लापता
31 Jul, 2025 06:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दमोह। दमोह जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। गुरुवार दोपहर जबेरा थाना क्षेत्र के विजय सागर के नाले में शराब के नशे में नहा रहा 25 वर्षीय युवक निलेश पिता कल्याण सिंह पानी में बह गया। उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई। बताया जा रहा है युवक शराब के नशे में बाढ़ ग्रस्त पुल पर नहा रहा था, जबकि पानी का बहाव काफी तेज था। शराब के नशे में नहाते समय जब तेज बहाव में संतुलन बिगड़ गया तो वह बह गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जबेरा थाना प्रभारी जबेरा विकास सिंह चौहान पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से निलेश की तलाश की गई, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि युवक कहीं दिखाई नहीं दिया। SDRF की टीम को सूचना दी गई टीम ने नाव के सहारे काफी दूर तक युवक की खोज की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बता दें विजय सागर गांव को जबेरा जनपद मुख्यालय की मुख्य सड़क से जोड़ने वाले मार्ग पर डाउन लेबिल की पुलिया बनी हुई है। जिसकी ऊंचाई बढ़ाने की मांग स्थानीय लोगों द्वारा काफी समय से की जा रही है, लेकिन प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया। हल्की बारिश में यह पुल बाढ़ ग्रस्त हो जाता है और जनपद मुख्यालय तक पहुंचने के लिए यही एकमात्र रास्ता है। बुधवार से यह पुल पानी में डूबा है जहां से आवागमन पूर्ण रूप से बंद है। ग्रामीणों नेप्रशासन से पुल की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है।
जबेरा तहसीलदार सोनम पांडे ने बताया विजय सागर गांव में निलेश पिता कल्याण सिंह 25 बाढ़ग्रस्त नाले में नहाने आया था और बह गया। युवक तैरना जानता था, लेकिन शराब की नशे में होने की वजह से नाले के तेज बहाव में बह गया। एसडीआरएफ की टीम युवक की खोज करने में लगी हुई है, लेकिन पता नहीं चला। लोगों से अपील की गई है तेज बारिश का दौरा चल रहा है नदी नाले उफान पर हैं। इसलिए नदी नालों के आसपास न जाएं और सुरक्षित रहें। जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान का कहना है विजय सागर में दोपहर करीब दो बजे एक युवक बाढ़ग्रस्त नाले में नहाते वक्त बह गया है। सूचना मिलते ही पुलिस स्टाफ एवं स्थानीय लोगों की मदद से तलाश की जा रही है। दमोह से एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई रेस्क्यू अभियान जारी है, लेकिन अभी तक युवक का कुछ पता नहीं चला है।
दमोह की बेटी चाहत पांडे बॉलीवुड में सफलता के कदम बढ़ा रही
31 Jul, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दमोह : दमोह की रहने वाली चाहत पांडे अभिनय के क्षेत्र में बॉलीवुड में तेजी से उभर रही हैं. छोटे पर्दे की सिने स्टार चाहत मणि पांडे को यंगेस्ट सक्सेजफुल एक्टर इन टेलीविजन लीड एक्टर अवार्ड से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान उन्हें दुबई में आयोजित कार्यक्रम में दिया गया. दमोह जिले के ग्राम चंडी चौपरा से निकलकर मायानगरी में अपनी अलग पहचान बनाने वाली सिने स्टार चाहत मणि पांडे को अवार्ड मिलने से पूरे बुंदेलखंड का नाम ऊंचा हुआ है.
दादा साहेब फाल्के आईकॉन अवार्ड कार्यक्रम
चाहत पांडे को दुबई में 29 जुलाई को संपन्न हुए दादा साहेब फाल्के आईकॉन फिल्म इंटरनेशनल अवार्ड कार्यक्रम में 'यंगेस्ट सक्सेजफुल एक्टर इन टेलीविजन लीड एक्टर' के आवर्ड से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शेख मालिद ने उन्हें ट्रॉफी सौंपी. अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद वर्ष 2015 में चाहत चंडी चौपरा से अपने सपनों को समेटे वह मायानगरी मुंबई चली गई. वहां पर उन्हें पहला ब्रेक पवित्र रिश्ता सीरियल से मिला. उनके इस कार्यक्रम में दिखाए गए रोल को बहुत सराहना मिली.
कई टीवी सीरियल में अभिनय का लोहा मनवाया
अभिनय के क्षेत्र में चाहत पांडे लगातार आगे बढ़ती गई. स्टार भारत पर प्रसारित मां दुर्गा, सावधान इंडिया तथा हाल ही में बिग बॉस में वह पहुंची. जहां पर उन्हें सुपरस्टार सलमान खान के साथ काम करने का मौका मिला. अवार्ड मिलने पर एक्ट्रेस चाहत पांडे ने कहा "वह अपनी मां की सपोर्ट और उनके विश्वास की वजह से यहां तक पहुंची हैं. यदि उनकी मां नहीं होती तो शायद यहां तक नहीं पहुंच पाती. आज वह जो कुछ भी है अपनी मां की बदौलत हैं."
एक्ट्रेस चाहत पांडे ने कहा "मध्य प्रदेश का एक छोटा सा जिला है दमोह. वहां से निकालकर इस मुकाम तक लेकर मुझे मेरी मां आई हैं. आज उन्हीं के आशीर्वाद से मैं दुबई के इस मंच पर खड़ी हूं." इस अवार्ड के लिए चाहत ने फिल्म फेयर अवार्ड की पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए अंत में जय हिंद जय बुंदेलखंड बोलकर अपनी खुशी जाहिर की.
बता दें कि चाहत पांडे ने सिर्फ बॉलीवुड में ही अपनी जगह नहीं बनाई है, उनका अपनी जन्मभूमि और दमोह जिले से गहरा नाता है. वह 2023 में विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं. वह आम आदमी पार्टी की ओर से प्रत्याशी बनाई गई थी.
18 महीने का विकास रिपोर्ट लेकर पहुंचे दिल्ली, पीएम मोदी से मिले सीएम यादव
31 Jul, 2025 05:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: सीएम मोहन यादव दिल्ली दौरे पर हैं। दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की है। मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने 18 महीने के कार्यकाल का हिसाब दिया है। साथ ही उनसे मार्गदर्शन का प्राप्त किया है।
सहयोग का किया है अनुरोध
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भविष्य के लिए प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन और सहयोग का अनुरोध किया है। सीएम ने उनसे पार्लियामेंट हाउस में मुलाकात की है। मोहन यादव ने नवाचार पर केंद्रित पुस्तक विरासत से विकास की राह भेंट की है। पुस्तिका में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के चौमुखी विकास की गाथा है।
18 महीने के कार्यकाल का है हिसाब
इसके साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास, गरीबी उन्मूलन, जनजाति कल्याण, नारी शक्ति स्वास्थ्य,शिक्षा, सुशासन , शहरी विकास, अधो संरचना विकास, पर्यटन एवं संस्कृति, को संरक्षण और पर्यावरण का लेखा-जोखा है।
औद्योगिक निवेश के बारे में दी जानकारी
वहीं, सीएम मोहन यादव ने हाल ही में संपन्न सफल औद्योगिक निवेश की दुबई और स्पेन यात्रा के बारे में भी प्रधानमंत्री को विस्तार से बताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन और सहयोग प्रदेश के चहुमुखी विकास के लिए मिलता रहेगा।
विजन 2047 में रहेगा एमपी का योगदान
इसके साथ ही यादव ने आशा की कि प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से भारत 2047 का विजन जो प्रधानमंत्री ने देखा है। उसको पूरा करने में मध्यप्रदेश अपना पूरा योगदान देगा। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावे अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मोहन यादव ने मुलाकात की है। मुलाकात के दौरान एमपी से संबंधित परियोजनाओं के बारे में चर्चा की है। सीएम देर रात दिल्ली से भोपाल लौट आएंगे।
मध्य प्रदेश विधानसभा में भारतीय स्टांप (मध्यप्रदेश संशोधन) विधेयक 2025 को सर्वसम्मति से पास
31 Jul, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : यदि आप किसी मकान या प्लॉट की रजिस्ट्री कराने जा रहे हैं तो इससे पहले दस्तावेज को बारीकी से जरूर पढ़ लें, क्योंकि यदि रजिस्ट्री के बाद इसमें संशोधन कराया तो अब 5 गुना ज्यादा शुल्क का भुगतान करना होगा. राज्य सरकार ने स्टांप शुल्क में बढोत्तरी कर दी है. मध्यप्रदेश विधानसभा में भारतीय स्टांप (मध्यप्रदेश संशोधन) विधेयक 2025 को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया. इसके साथ ही प्रदेश में शपथ पत्र बनवाना, एंग्रीमेंट और पॉवर ऑफ अटॉर्नी के लिए लोगों को ज्यादा पैसा चुकाना होगा.
किस मद में कितना शुल्क बढ़ा
यदि भूमि या भवन की रजिस्ट्री कराते समय कुछ गलती हो गई हो तो अब उसमें सुधार के लिए 5 गुना अधिक राशि देनी होगी. अभी तक रजिस्ट्री में सुधार के लिए 1 हजार रुपए की राशि देनी होती थी, लेकिन यदि अब इसमें संशोधन के लिए 5 हजार रुपए का स्टांप शुल्क देना होगा. यदि आप कोई शपथ पत्र बनवाने जा रहे हैं तो अब भूल जाएं कि यह 50 रुपए के स्टांप पर भी बन सकता है. अब 50 रुपए के स्टांप के स्थान पर 200 रुपए का स्टांप ही मान्य किया जाएगा.
अचल संपत्ति खरीदने की एग्रीमेट फीस 5 हजार
अचल संपत्ति खरीदने के पहले उसका एग्रीमेट कराने के लिए अभी तक 1 हजार रुपए के स्टांप पर एग्रीमेंट मान्य होता था, लेकिन अब इसके स्थान पर 5 हजार रुपए के स्टांप पर ही एग्रीमेंट कराना होगा. यह ऐसे मामलों में मान्य होगा जिसमें अचल संपत्ति का कब्जा नहीं दिया जा रहा हो. विकास, निर्माण या प्रतिभूति बांड से हटकर कोई एग्रीमेंट किया जा रहा हो, जिसका संविदा मूल्य 50 लाख रुपए तक है तो ऐसे मामलों में 500 रुपए के एग्रीमेंट के स्थान पर 1 हजार रुपए के स्टांप पर एग्रीमेंट करना होगा.
इसके अलावा यदि संविदा मूल्य 50 लाख रुपए से ऊपर है तो ऐसे मामलों में संपत्ति मूल्य के 0.2 मूल्य का स्टांप शुल्क देना होगा. इसी तरह कंसेंट डीड का भी स्टांप शुल्क बढ़ा दिया गया है. अब इसे 1 हजार रुपए से बढ़ाकर 5 हजार रुपए कर दिया गया है. खनन लीज के लिए अब कुल देय रकम का 2 फीसदी स्टांप शुल्क देना होगा.
पॉवर ऑफ अटॉनी कराना भी महंगा
मध्य प्रदेश में पॉवर ऑफ अटॉनी कराना भी महंगी पड़ेगी. जब इसके जरिए एक या अधिक व्यक्तियों को सिंगल ट्रांजेक्शन में की जाएगी तो इसके लिए 1 हजार के स्थान पर 2 हजार रुपए का स्टांप शुल्क देना होगा. यदि यह संख्या अधिक होगी तो इसके लिए 5 हजार रुपए का स्टांप शुल्क देना होगा. इसी तरह ट्रस्ट की संपत्ति के मामले में स्टांप शुल्क को भी 5 हजार रुपए कर दिया गया है. पहले यह 1 हजार रुपए था.
पिस्टल, बंदूक की फीस बढाई
मध्यप्रदेश में पिस्टल, बंदूक का लाइसेंस बनवाने या इसका लाइसेंस रिन्यू करवाना भी अब महंगा हो गया है. पिस्टल या बंदूक का लाइसेंस बनवाने के लिए अब 10 हजार रुपए का शुल्क देना होगा. पहले यह 5 हजार रुपए थी. इसी तरह इसका लाइसेंस का नवीनीकरण कराया जाता है तो इसके लिए 5 हजार रुपए की राशि देनी होगी. पहले यह राशि 2 हजार रुपए थी.
मालेगांव बम विस्फोट मामले में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर सहित सभी सातों आरोपी बरी
31 Jul, 2025 04:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: चर्चित मालेगांव ब्लास्ट मामले में पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा आरोप मुक्त हो गई. पिछले 17 सालों से वह इस दिन का इंतजार कर रही थी. अदालत का फैसला सुनाए जाने पर उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक आए.
मुंबई एनआईए विशेष अदालत के फैसले पर खुशी व्यक्त करते हुए साध्वी प्रज्ञा ने कहा, 'भगवा और हिंदुत्व की जीत हुई है. विस्फोटों में असली दोषियों को सजा मिलेगी. फैसले के बाद रोते हुए प्रज्ञा ने कहा, 'भगवा को उन्होंने साजिश के तहत बदनाम किया, आज भगवा की जीत हुई है और हिंदुत्व की जीत हुई है और जो लोग दोषी हैं उन्हें भगवान सजा देंगे. लेकिन जिन्होंने भारत और भगवा दोनों को बदनाम किया, वे आपके द्वारा गलत साबित नहीं हुए हैं. मैं आपको (न्यायाधीश अभय लोहाटी को) धन्यवाद देती हूं.'
2008 के मालेगांव विस्फोट मामले को 2011 में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) से एनआईए को सौंप दिया गया था. 17 साल के लंबे इंतजार और सैकड़ों गवाहों की सुनवाई के बाद एनआईए की विशेष अदालत ने आज गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और अन्य सभी आरोपों के तहत सभी सात आरोपियों को बरी कर दिया.
जांच के दौरान उन्हें किस तरह 'प्रताड़ित' किया गया, इसका विवरण देते हुए पूर्व सांसद ने वही बात दोहराई जो उन्होंने पहले कही थी कि आरोपियों को फंसाने के लिए जांच पर दबाव डाला गया था. उन्होंने कहा, 'मैंने शुरू से ही कहा है कि जिन्हें भी जांच के लिए बुलाया जाता है, उनके पीछे कोई आधार होना चाहिए.'
उन्होंने आगे कहा,'मुझे जांच के लिए बुलाया गया और गिरफ्तार कर लिया गया तथा प्रताड़ित किया गया. इससे मेरा पूरा जीवन बर्बाद हो गया. मैं एक साधु का जीवन जी रही थी, लेकिन मुझ पर आरोप लगा दिए गए और कोई भी हमारे साथ खड़ा नहीं हुआ. मैं जीवित हूं क्योंकि मैं एक संन्यासी हूं, मैं हर दिन मरते हुए अपना जीवन जी रही हूं.'
अदालत में पूर्व सांसद को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के कारण आरोपी के बजाय गवाह के कटघरे में बैठने की अनुमति दी गई. एक अन्य बरी किए गए मेजर (सेवानिवृत्त) रमेश उपाध्याय ने फैसले पर राहत व्यक्त की और शारीरिक, मानसिक और वित्तीय यातना का भी आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, 'हमें शारीरिक, मानसिक और आर्थिक यातनाओं समेत हर तरह की यातना सहनी पड़ी. हमने स्वेच्छा से नार्को टेस्ट कराया, लेकिन उस पर भरोसा नहीं किया गया क्योंकि यह अभियोजन पक्ष के मामले के अनुकूल नहीं था. मुझे खुशी है कि अदालत ने हमें राहत दी. मैं आभारी हूं कि यह कलंक हमारे जीवन से मिट जाएगा.' लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित ने भी न्याय प्रणाली में उनका विश्वास बहाल करने के लिए अदालत का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा, 'मैं व्यवस्था में आम आदमी का विश्वास फिर से बहाल करने के लिए आपका धन्यवाद करता हूं.
फार्महाउस से फाइव स्टार होटल तक 'मछली' ने कैसे बिछाई भ्रष्टाचार की बिसात?
31 Jul, 2025 02:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्यप्रदेश में वर्ष 2003 से अब तक भाजपा की सरकार रही है, 2018-19 को छोड़कर। इस दौरान उमा भारती, बाबू लाल गौर, शिवराज सिंह चौहान के अलावा कमलनाथ भी मुख्यमंत्री रहे। इस बीच एक 'मछली' ने कैसे अपने रुतबे का इस्तेमाल करके सरकारी भूमि पर मनमाने तरीके से कब्जा कर लिया। लोगों के मन में यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर 'मछली' पर किस 'मगरमच्छ' का हाथ था कि वह 100 करोड़ रुपये की सरकारी भूमि पर कब्जा कर बैठा।
कई रसूखदार लोगों के साथ वायरल हुईं फोटो
अब जबकि 'मछली' के बेटे आपराधिक केस में फंसे और उनकी एक मंत्री और कई रसूखदार अफसरों के साथ फोटो वायरल हुईं तो मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भृकुटी तन गईं। इसी के साथ तत्काल एक्शन शुरु हो गया।
100 करोड़ की संपत्ति पर चला बुलडोजर
बुधवार रात तक शारिक मछली के कुनबे की लगभग 100 करोड़ रुपये की संपत्ति पर बुलडोजर चला दिया। राजस्व विभाग के अफसरों ने बताया कि अतिक्रमणकर्ता ने सरकारी भूमि में फार्महाउस, मकान बना लिया था। इसके अलावा कहीं शादी हॉल बनाया तो कहीं बाउंड्रीवॉल बना ली थी। इसके अलावा होटल बनाकर धंधा भी संचालित किया जा रहा था।
कहां किसकी संपत्ति पर चला बुलडोजर
1. शकील अहमद पिता शरीफ अहमद का फार्म हाउस, कीमत 55 करोड़।
2. शारिक पिता शरीफ अहमद का वेयर हाउस, कीमत 10 करोड़।
3. शकील अहमद पिता शरीफ अहमद का सुमन फार्म, कीमत 5 करोड़।
4. इरशाद अहमद पिता सरफराज मोहम्मद खान का कारखाना, कीमत 10 करोड़।
5. अता उल रहमान पिता मुफ्ती रईस अहमद खान अवैध मदरसा एवं अवैध दुकान, कीमत 5 करोड़।
6. शरीक पिता शरीफ अहमद द्वारा अवैध बकरा और मुर्गी फार्म, कीमत 8 करोड़।
7. शारिक अहमद उर्फ मछली, सोहेल अहमद, शफीक अहमद तीनों के पिता शरीफ अहमद तीन मंजिल कोठी को अधिपत्य में लिया, कीमत 10 करोड़।
अधिकारियों के अनुसार उक्त सभी अतिक्रमण शासकीय भूमि पर बिना अनुमति बनाए गए थे, जिन्हें नगर निगम द्वारा हटाने का नोटिस दिया गया। अतिक्रमण ना हटाने पर कार्रवाई की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 100 करोड़ आंकी गई।
क्यों शुरू हुई कार्रवाई
आपको बता दें कि पिछले दिनों ड्रग्स जिहाद और लव जिहाद के आरोप शारिक मछली पर लगे थे। शारिक और उसके चाचा पर दुष्कर्म और धमकाने के आरोप में FIR दर्ज हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
इंजेक्शन और नशे की पुड़िया लेकर पहुंचे विधायक, सदन में अनोखा प्रदर्शन
31 Jul, 2025 02:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन विपक्ष ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास इकट्ठा होकर कांग्रेस विधायकों ने प्रतीकात्मक इंजेक्जशन और ‘नशे की पुड़िया’ लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायकों ने नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई कांग्रेस विधायक शामिल हुए।
मुख्यमंत्री जी बताओ, एमपी में नशा कैसे छाया?
विधायकों ने तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। एक कांग्रेस विधायक की तख्ती में लिखा हुआ था कि जो सरकार रोजगार नहीं दे सकती, वो ड्रग्स माफिया को संरक्षण दे रही है। इसके साथ ही एक अन्य विधायक ने तख्ती को लेकर प्रदर्शन किया जिसमें लिखा हुआ था मुख्यमंत्री जी बताओ, एमपी में नशा कैसे छाया? इसके साथ ही एक तख्ती में लिखा हुआ था कि भोपाल की एमडी ड्रग्स किसकी थी।बीजेपी पर आरोप लगाते हुए एक तख्ती पर लिखा कि नशे से लाचार प्रदेश, भाजपा का यही संदेश।
भैंस-बीन और ‘गिरगिट से प्रदर्शन
विधानसभा की कार्यवाही के पहले दिन कांग्रेस विधायक प्रतीकात्मक गिरगिट लेकर पहुंचे थे। वहीं दूसरी दिन विधानसभा परिसर में प्रतीकात्मक भैंस के सामने बीन बजाकर प्रदर्शन किया। वहीं राज्य में पेसा एक्ट का सही से क्रियान्वयन ना होने के कारण फूल-पत्ती लेकर सत्र के तीसरे दिन प्रदर्शन किया था।
8 अगस्त तक चलेगा मानसून सत्र
मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 8 अगस्त तक चेलगा. 12 दिवसीय सत्र के दौरान कुल 10 बैठकें होगी, जबकि 2 और 3 अगस्त(शनिवार और रविवार) को अवकाश रहेगा। इस सत्र के लिए कुल 3 हजार 377 सवालों में से 2076 सवाल ऑनलाइन आए थे, जबकि 1301 सवाल ऑफलाइन पूछे गए हैं।
रीवा में साले ने कार के अंदर जीजा को जलाने की कोशिश की, असफल होने पर पैर में मारी गोली.
31 Jul, 2025 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रीवा: जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र से एक सनसनी खेज वारदात सामने आई है. आरोप है कि, बुधवार रात जीजा साले की लड़ाई ने इतना भयंकर रूप ले लिया की पहले तो साले ने जीजा को कार के अंदर जिंदा जलाने का प्रयास किया, जब वह इसमें असफल हुआ तो जीजा पर पिस्टल से फायरिंग कर दी. साले की पिस्टल से निकली गोली सीधा जीजा के पैर में जा धसी. वहीं घटना में साले की कार धू धूकर जल गई. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जीजा को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया. घटना के बाद से साला और उसके साथी फरार हैं.
जीजा ने साले पर लगाया जिंदा जलाने का आरोप
दरअसल, यह घटना सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड़ा गांव की है. यहां पर रहने वाले सलीम खान का साला उत्तर प्रदेश स्थित राजापुर निवासी इमरान खान अपने अन्य साथियों के साथ जीजा सलीम खान से मिलने के लिए सेमरिया स्थित गोड़ा गांव आया था. आरोप है की यहां पर स्थित एक पहाड़ी क्षेत्र में सभी ने मिलकर पहले शराब पार्टी की. फिर जीजा सलीम खान पर हमला करते हुए जबरन उसे कार में बैठाया.
बचकर भागा तो मार दी गोली
जीजा का आरोप है कि, साले और उसके साथियों ने कार में पेट्रोल डालकर आग लगाई जिसके बाद वह कार से कूदकर भागने लगा लेकिन तभी साले ने पिस्टल निकाल कर उसपर फायरिंग कर दी. पिस्टल से निकली गोली सीधे जीजा सलीम खान के पैर में जा लगी. उधर आग के हवाले हुई कार धू धू कर जल गई.
घर जमाई बनाकर रखना चाहते थे ससुराल वाले
पुलिस के मुताबिक, जीजा साले के बीच कार को लेकर कुछ विवाद था. लेकिन पीड़ित सलीम खान के मुताबिक, उसके ससुराल वाले उसे घर जमाई बनाकर उत्तर प्रदेश स्थित अपने घर पर रखना चाहते थे. मगर जीजा सलीम को यह सब मंजूर नहीं था. उसके मना करने के बाद साला नाराज हो गया जिसके बाद साला इमरान अपने साथियों साथ जीजा के यहां गोड़ा गांव पहुंचा योजना बद्ध तरीके से साला इमरान अपने साथियों के साथ मिलकर जीजा को शराब पिलाने के बहाने सुनसान इलाके में ले गया. जीजा के साथ मारपीट करते हुए कार के अंदर ही जिंदा जलाने का प्रयास किया. जब वह इसमें असफल हुआ तो उसने पिस्टल से फायरिंग कर दी.
7 महीने ससुराल में रहा, तालमेल नहीं बना तो लौटा वापस
अस्पताल में भर्ती जीजा सलीम खान ने बताया कि, ''वह पिछले सात महीनों से अपने ससुराल मे ही था. लेकिन जब तालमेल नहीं बना तो वह वापस लौट आया. बीते दिनों पत्नी के परिवार वाले आए और उसे अपने साथ लेकर चले गए. ससुराल वालों का कहना था की मैं भी उनके साथ ससुराल में ही रहूं. मगर मैंने इनकार कर दिया. इसी बात से गुस्साए साले और उसके साथियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया.''
घटना की जांच में जुटी पुलिसः एसपी
पूरे मामले पर एसपी विवेक सिंह का कहना है कि, ''जीजा साले के बीच कार को लेकर कुछ विवाद था. सेमरिया में बुधवार को दोनों के बीच विवाद हुआ था जिसमें साले के अन्य साथी भी उपस्थित थे. इस दौरान कार को आग के हवाले कर दिया गया. युवक सलीम खान के पैर में गोली लगी थी. घायल के मुताबिक उसके सालों ने उस पर हमला किया था. घटना की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य निकल कर सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी.''
कोरोना काल में मृत हुए संविदा कर्मचारियों के परिजनों को मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति
31 Jul, 2025 10:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: कोरोना काल के दौरान जान गंवाने वाले संविदा कर्मचारियों के आश्रितों को सरकार अनुकंपा नियुक्ति देने पर विचार कर रही है. इसकी जानकारी विधानसभा में एक सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ला ने दी है. उधर विधानसभा में परिवहन विभाग की बड़ी गड़बड़ी सामने आई है. एक सवाल के जवाब में सरकार ने बताया है कि प्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर संभागों में दौड़ रहे यात्री वाहन और माल वाहनों पर मासिक और त्रैमासिक मोटरयान कर का 2474 करोड़ रुपए बकाया है.
मृतकों के परिजनों को मिलेगा फायदा
प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक चौधरी सुजीत सिंह ने कोरोना काल में मृत कर्मचारियों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने का मुद्दा उठाया था. उधर सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि "इस मामले में विचार किया जाएगा, लेकिन जिन्हें 50 लाख रुपए इंश्योरेंस के रूप में मिल चुके हैं. उन्हें अनुकंपा नियुक्ति देना है या नहीं देना है, इस पर विचार किया जाएगा."
करोड़ों का बकाया, 34 हजार केस अटके
उधर विधानसभा में एक सवाल के जवाब में परिवहन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही समाने आई है. कांग्रेस विधायक बाला बच्चन के सवाल के जवाब में सरकार ने विधानसभा में जो जबाव दिया. उससे करोड़ों की लेनदारी सामने आई है. सरकार ने बताया कि मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर संभागों में चल रहे वाहनों पर टैक्स के रूप में 2474 करोड़ रुपए की लेनदारी बाकी है.
इसके अलावा इनमें से 34 हजार 523 ऐसे भी प्रकरण हैं. जिनमे 6 माह से ज्यादा समय से टैक्स की वसूली की जानी है. मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि "यात्री वाहनों से मासिक मोटरयान की 425 करोड़ 16 लाख 43 हजार रुपए की राशि की वसूली इन चारों संभागों में की जानी है. मंत्री ने बताया कि वसूली के लिए वाहन संचालकों को नोटिस दिए जाते हैं और वाहनों से बकाया राशि की वसूली की जाती है.
मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश का कहर. शिवपुरी में स्कूली बच्चों को 30 घंटे बाद आर्मी ने बोट से पार कराई सिंध नदी.
31 Jul, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी: मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में नदियां उफान पर हैं वहीं कई जगह बाढ़ के हालात हैं. इसी के चलते सिंध नदी में उफान ने शिवपुरी जिले के कई क्षेत्रों में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. शिवपुरी में भी सिंध नदी में उफान के चलते 27 बच्चे अपने घर नहीं पहुंच सके. 30 घंटे तक बच्चे गांव के सरपंच के यहां रुके रहे. इसके बाद आर्मी की मदद से बच्चों को उनके घर पहुंचाया गया.
आर्मी ने बोट से बच्चों को पार कराई नदी
मंगलवार को शिवपुरी के बदरवास के राइजिंग सोल्स स्कूल के 27 बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद बस से अपने घर लौट रहे थे, लेकिन सिंध नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण ये बच्चे रास्ते में पड़ने वाले पचावली गांव में फंस गए. इसके आगे बस नहीं जा सकी. नदी का जलस्तर कम नहीं होने पर आर्मी पहुंची और फिर सभी बच्चों को बोट से सिंध नदी पार कराई गई.
30 घंटे बाद बच्चे पहुंचे अपने घर
सिंध नदी में पानी कम होने का नाम नहीं ले रहा था ऐसी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को सेना की मदद ली गई. रेस्क्यू ऑपरेशन में आर्मी की टीम ने बोट की सहायता से सभी बच्चों को सकुशल दूसरे छोर पर पहुंचाया. करीब 30 घंटे तक बच्चे नदी में बाढ़ के चलते गांव में ही फंसे रहे. आर्मी, प्रशासन और स्थानीय सहयोग से बच्चों को घर पहुंचाया गया
सरपंच ने बच्चों को रुकवाया अपने घर
बदरवास के राइजिंग सोल्स स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे कुंडयाई, बिजरौनी सहित आस-पास के गांवों के रहने वाले हैं. सिंध नदी के पुल पर तेज बहाव होने के चलते बस को आगे नहीं ले जाया जा सका. इस स्थिति में पचावली गांव के सरपंच ने मानवीयता दिखाते हुए सभी बच्चों को अपने घर पर रातभर के लिए रुकवाया और उनके खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की
परिजनों ने ली राहत की सांस
इस दौरान कोलारस विधायक महेन्द्र यादव भी मौके पर मौजूद रहे. उन्होंने पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की. सुरक्षित निकाले जाने के बाद परिजन और मौके पर मौजूद लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए बेहद खुश नजर आए. स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली और सेना और प्रशासन की तत्परता की सराहना की.
गुना जिले में मूसलाधार बारिश से हालात हुए बेकाबू, शहर की कॉलोनियों से लेकर गांव तक पानी में डूबे. सेना को संभालना पड़ा मोर्चा.
31 Jul, 2025 08:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुना: जिले में मंगलवार सुबह से जारी मूसलाधार बारिश बंद होने का नाम नहीं ले रही है. जिससे पूरा क्षेत्र आपदा की स्थिति में पहुंच गया है. मंगलवार सुबह 8:30 बजे से लेकर लगातार बारिश ने जनजीवन को परेशानी में डाल दिया है. जिले के अधिकांश क्षेत्रों में पानी भर गया है. स्कूलों में पानी घुस चुका है, कई निचली बस्तियां जलमग्न हैं और अनेक गांवों का गुना मुख्यालय से संपर्क टूट गया है. हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि प्रशासन को स्कूलों में तीन दिन की छुट्टी घोषित करनी पड़ी है. तेज बहाब से कलोरा बांध की वेस्ट बीयर टूट गई, जिसके बाद सेना को मोर्चा संभालना पड़ा. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान भी जिले भर में तैनात हैं.
बारिश से कुड़का नदी का पुल बहा
तेज बारिश की वजह से जिले की प्रमुख नदियां और नाले उफान पर हैं. बमोरी विधानसभा में कुड़का नदी का पुल पूरी तरह बह गया है, जिससे फतेहगढ़ और पाड़ोन के बीच सीधा संपर्क टूट गया है. झागर और भौंरा नदियां भी उफान पर हैं और पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिसके कारण राजस्थान की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग बंद कर दिए गए हैं. पुलियों को तोड़कर पानी ने अपनी निकासी खुद ही बना ली है.
प्रशासन ने इन मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी है और लोगों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है. चौपेट नदी का पुल भी बह चुका है, जिससे विजयपुर स्थित नेशनल फर्टिलाइजर प्लांट तक पहुंचने में कर्मचारियों को भारी कठिनाई हो रही है. अब उन्हें 15 किमी लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है. इसके अलावा लहरघाट सिंध नदी का पानी पुल के ऊपर बहने लगा. जिसके चलते सिंध नदी खतरे के निशान से बहने लगी.
गुना शहर पूरी तरह हुआ जलमग्न, ग्रामीण क्षेत्र भी डूबे
बारिश ने गुना शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जबर्दस्त तबाही मचाई है. जिसमें शहर के कई मकान डूब गए हैं. रिलायंस पेट्रोल पंप से लेकर भगत सिंह कॉलोनी की सड़कों पर कई-कई फीट तक पानी भरने से एबी रोड़ पर वाहनों सहित आवागमन बाधित रहा. गुना शहर के कैंट क्षेत्र में नाले के पास बने कई मकानों में पानी भर गया है, जिसके कारण लोग छतों पर शरण लेने के मजबूर हो गए.
शहर की न्यू सिटी कॉलोनी में तो हालत इतने बदतर हुए कि यहां रेस्क्यू टीम ने पहुंचकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. कुछ ऐसे ही हाल न्यूसिटी कॉलोनी में बने. यहां लगभग एक मंजिल तक घर पूरी तरह डूब गए. कैंट क्षेत्र में एक मकान पूरी तरह डूब गया है और मकान मालिक छत पर फंसे हुए थे जिन्हें रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया. वार्ड नंबर 24 गणेश गार्डन के पीछे स्थित भूल्लनपुरा में भी घरों में पानी भरने से हालात नियंत्रण से बाहर हो गए थे.
शहर का जिला अस्पताल बना स्विमिंग पूल
गुना शहर में स्थित जिला अस्पताल स्विमिंग पूल में परिवर्तित हो चुका था जिससे अस्पताल के प्रसूता वार्ड में पानी भर गया. जिससे वहां भर्ती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. वार्ड में पानी भर जाने से नर्सिंग स्टाफ को भी उपचार में कठिनाई हुई. मरीज के परिजनों ने व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए हैं.
बारिश से फतेहगढ़ में कलोरा तालाब की वॉटर वेयर टूटी
बीते 24 घंटों से बमोरी के फतेहगढ़ क्षेत्र में अतिवर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है. लगातार हो रही तेज बारिश से फतेहगढ़ , कुड़का, बंदा मामला, भिंडरा, कलोरा के कई घरों में पानी अंदर घुस गया. क्षेत्र में हो रही लगातार अतिवर्षा से स्टेट हाइवे के कई पुल जमीदोज हो गए हैं. बरसाती, कुड़का, कोहन मंगरोडा नदी पर बने पुल टूटने से गुना कोटा मार्ग भी बंद है. प्रशासन ने भौंरा नदी पर बैरियर लगाकर फिलहाल हाइवे को बंद किया है जिससे कोई हादसा न हो. पूर्व से जन हानि बचाव के लिए जिला प्रशासन लगातार टूटे पुल और नदी क्षेत्र की बसाहट का सर्वे कर रहा है.
70 साल पुराने कलोरा तालाब में दरार
फतेहगढ़ इलाके के पास बने कलोरा तालाब की वॉटर वेयर टूटने से तालाब क्षेत्र के पास बसाहट वाले गांवों में अफरातफरी का माहौल है. वॉटर वेयर टूटने से ग्रामीणों को गांव में पानी भरने का डर सता रहा है. जिला प्रशासन फिलहाल वॉटर वेयर को ठीक करने का रास्ता खोज रहा है. लेकिन लगातार हो रही बारिश के बीच कार्य करना संभव नहीं हो पा रहा है.
सांसद ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन
केंद्रीय मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधया ने गुना के हालातों पर जिला कलेक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों से गुना जिले के हालातों के बारे में जानकारी लेते हुए एक वीडियो जारी कर गुना जिले की जनता को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है. बारिश के चलते जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई और वहां फंसे हुए लोगों का रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. साथ ही उन्हें रहने खाने की व्यवस्था भी की गई. फिलहाल अभी जनहानि के संबंध में किसी भी प्रकार की आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है.
राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं रेस्क्यू टीमें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
30 Jul, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में जारी भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्य कर रही है। संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है। बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत और बचाव के कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राहत कार्यों को गति देने के लिए राज्य सरकार ने केंद्रीय रक्षा मंत्रालय से सेना के हेलीकॉप्टरों की मांग की है। अशोकनगर जिले में लखनऊ से भेजा गया एक हेलीकॉप्टर राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय रूप से लगा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को भोपाल स्थित राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष (स्टेट कमांड सेंटर) से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का लाइव निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मीडिया को दिए संदेश में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि अब तक मुरैना, गुना, शिवपुरी, रीवा, रायसेन, दमोह और अशोकनगर जैसे जिलों से करीब 2,900 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर राहत शिविरों तक पहुंचाया गया है। इन शिविरों में पीड़ितों को भोजन, कपड़े, दवाएं और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रेस्क्यू टीमों को पूरी क्षमता और संसाधनों के साथ मैदान में लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिसे देखते हुए सभी जिलों में प्रशासन को हाई अलर्ट पर मुस्तैद और आल टाईम रेडी रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे सतर्कता बरतें, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें, करंट और जर्जर मकानों से सावधानी बरतें, और किसी भी आपदा की स्थिति में अपनी तहसील या जिले के बाढ़ नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) को तुरंत सूचना दें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर नागरिक की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति या बाढ़ आदि में फंसे लोग बिलकुल न घबराएं, सरकार सबकी सुरक्षा में हर समय तत्पर है।
धार्मिक पहचान पर विवाद, BJP ने कांग्रेस सरकार को घेरा
UP में जयंती पर कार्यक्रम, बहुगुणा को दी गई श्रद्धांजलि
मिडिल ईस्ट में हलचल: खामेनेई के बेटे को लेकर फैली खबरों का सच
पुलिस भर्ती पर सवाल: क्यों नहीं टिक पा रहे युवा ट्रेनिंग में?
Instagram फॉलोइंग पर विवादित बयान, फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा तेज
‘आशिकी 2’ का जादू बरकरार, श्रद्धा का पुराना बयान बना हेडलाइन
