मध्य प्रदेश
सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत; चार घायल
2 Jan, 2024 12:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक सड़क हादसा सामने आया है। दो बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए हैं।
सड़क हादसे में तीन लोगों की हुई मौत
यह हादसा सोमवार रात करीब आठ बजे जिला मुख्यालय से महज 50 किलोमीटर दूर स्थित राघौगढ़ इलाके में हुआ। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। इसमें तीन की मौत हो गई।
दो बाइकों पर सवार थे सात लोग
राघौगढ़ पुलिस थाना प्रभारी जुबैर खान ने कहा कि एक मोटरसाइकिल पर चार लोग और दूसरी मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। तभी दोनों बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में कराया भर्ती
फिलहाल पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए गुना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
मंत्रालय में हुआ राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन
1 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : वर्ष 2024 के जनवरी माह के प्रथम शासकीय कार्य दिवस पर आज सुबह मंत्रालय स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन हुआ। इस अवसर पर पुलिस बैंड ने देशभक्ति से ओतप्रोत सुमधुर धुनें प्रस्तुत की।
सामूहिक गायन में उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा शामिल हुए। देवड़ा ने प्रदेश के समस्त लोकसेवकों एवं नागरिकों को नववर्ष 2024 की शुभकामनाएँ दी। इस अवसर पर मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव विनोद कुमार, जे एन कंसोटिया, मो. सुलेमान, अजीत केसरी, के सी गुप्ता, मनु श्रीवास्तव एवं प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला, संजीव झा सहित मंत्रालय, सतपुड़ा और विंध्याचल भवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
मप्र में नमो एप डाउनलोड करने वाले कहलाएंगे नमो मित्र
1 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । विधानसभा चुनाव की तरह की लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही भाजपा का चेहरा होंगे। मोदी की योजनाएं लेकर पार्टी कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में वोट मांगेंगे। मध्य प्रदेश में शीर्ष नेतृत्व की रणनीति के अनुरूप नमो मित्र व नमो वैरियर्स बनाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। इसके लिए सातों मोर्चा और अन्य अनुषांगिक संगठनों की जिम्मेदारी तय की गई है। नमो मित्र और नमो वौरियर्स बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जुटेंगे। मोर्चा द्वारा नव मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा और प्रधानमंत्री के सबका विकास, सबका साथ और सबका विश्वास के मंत्र को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी।
योजना के लाभार्थी कहलाएंगे नमो मित्र
केंद्र सरकार की योजना के लाभार्थियों को भाजपा ने नमो मित्र नाम दिया है। इनके मोबाइल में नमो एप डाउनलोड कराया जाएगा। एप खुलते ही प्रोफाइल भरने का विकल्प आएगा, प्रोफाइल भरने के बाद ओटीपी आएगा और ओटीपी डालते ही एप पर पंजीयन के बाद नमो मित्र बन जाएंगे।
यह नमो मित्र अन्य 10 लोगों को जोड़ेंगे, जिन्हें वैरियर्स का नाम दिया गया है। नमो वैरियर्स विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं से वंचित लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाएंगे और भाजपा की जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का काम करेंगे। इनमें मोर्चा पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। इसी तरह मोर्चा पदाधिकारी अभियान चलाकर विकसित भारत एंबेसडर बनाने के लिए लोगों को नमो एप से जोड़ेंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे मोदी, शाह, नड्डा
लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक बहुमत के साथ विजय हासिल करने के लक्ष्य को लेकर चल रही भाजपा ने अपने सातों मोर्चों की जिम्मेदारी तय की है। प्रत्येक मोर्चा के 25-25 हजार कार्यकर्ताओं के दो बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने चिंतामन गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की
1 Jan, 2024 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज सीहोर के चिंतामन गणेश मंदिर पहुंच कर भगवान गणेश के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश के नागरिकों की सुख-समृद्धि की कामना की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ ही मध्यप्रदेश भी तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश और प्रदेश में सभी आवश्यक संसाधनों एवं उपचार सुविधाओं का विस्तार हुआ है और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नेशनल हेल्थ मिशन के माध्यम से पूरे देश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं। इसी कड़ी को मध्यप्रदेश में आगे बढ़ायेंगे। स्वस्थ समाज के लिए जरूरी सभी आवश्यक सुविधाओं का विकास और विस्तार करेगें। उन्होंने विंध्य क्षेत्र के संबंध में कहा कि विन्ध्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं। विकास के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। भविष्य में विन्ध्य क्षेत्र एक विकसित क्षेत्र के रूप में दिखाई देगा।
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने मंत्रालय में किया कार्यभार गृहण
1 Jan, 2024 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने आज मंत्रालय बल्लभ भवन एनेक्सी 3 के कक्ष क्रमांक 216 ई, में कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी, आयुक्त लोक शिक्षण अनुभा श्रीवास्तव, संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र धनराजू एस और अन्य वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शुरु की गई ई-सेवा पुस्तिका पोर्टल
1 Jan, 2024 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा समूचे कंपनी कार्यक्षेत्र के अंतर्गत मानव संसाधन प्रबंधन द्वारा नियमित कार्मिकों के लिए ईसेवा पुस्तिका पोर्टल शुरु किया गया है। गौरतलब है कि कंपनी द्वारा बनाए गए इस ई-सेवा पुस्तिका में लगभग 4 हजार 870 कार्मिकों की पारंपरिक मुद्रित पुस्तिकाओं को ई-पुस्तिका के रुप में पोर्टल पर अपलोड कर संधारित किया गया है एवं भविष्य की प्रविष्टियां ईसेवा पुस्तिका में ऑनलाइन दर्ज की जायेगी।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बताया है कि पारंपरिक मुद्रित पुस्तिकाओं की तुलना में ई-पुस्तिका पोर्टल की पहुंच अत्यधिक है और इस कारण अब सभी कर्मचारी कहीं से भी अपनी सुविधा अनुसार ई-सर्विस पोर्टल में ऑनलाइन लॉग-इन कर भविष्य में अपनी सेवा पुस्तिका में की गयी प्रविष्टियां देख सकेंगे। पोर्टल का लाभ सभी अधिकारियों /कर्मचारियों को मिलेगा।
जनकल्याण और विकास की सभी योजनाएं जारी रहेंगी - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
1 Jan, 2024 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरगोन के नवग्रह मेला ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में 182 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत इंदौर संभाग के 167 करोड़ रुपए लागत के 41 विकास कार्यों, नानकोडी बैराज, 7.54 करोड़ लागत की झिरन्या और करही बैराज भगवानपुर, भिकनगांव झिरनिया मार्ग पर 5.88 करोड़ लागत के नवीन पुल निर्माण, कायाकल्प योजना 2.0 अंतर्गत खरगोन जिले में 2 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण कार्यों का बटन दबाकर शिलान्यास और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 132वें वर्ष में प्रवेश कर रहे नवग्रह मेले का पूजन-अर्चन कर शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए।
रोड शो में बड़ी संख्या में शामिल हुईं महिलाएं, युवा और बुजुर्ग
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रोड शो में सम्मिलित होते हुए नवग्रह मेला ग्राउंड पहुंचे। खरगोनवासियों ने रोड शो में उत्साह के साथ ढोल-ढमाके, जनजातीय नृत्य और पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। रोड शो में महिला, युवा, बुजुर्ग बड़ी संख्या में सहभागी थे।विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी संघों एवं संस्थाओं ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया। रोड शो के बीच एक बालिका ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का तिलक किया, डॉ. यादव ने बालिका का पुष्प माला भेंट कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोड शो में शामिल हुए जनसमुदाय पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नवग्रह मेला ग्राउंड पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने विशाल पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया एवं तीर-कमान भेंटकर उनका आत्मीय अभिवादन किया गया।
निमाड़ क्षेत्र के विकास के लिए राज्य शासन प्रतिबद्ध है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में चल रही जनकल्याण और विकास की सभी योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन निरंतर जारी रहेगा, कोई भी योजना बंद नहीं होगी। आवश्यक धनराशि का प्रबंध कर सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। मध्यप्रदेश के विकास में समूचे निमाड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इस क्षेत्र के विकास के लिए राज्य शासन प्रतिबद्ध है। दक्षिण से आने वाले रेल मार्ग को निमाड़ क्षेत्र से ले जाने के लिए नया ट्रेक विकसित करने के प्रस्ताव पर रेल मंत्री से चर्चा हुई है। इस क्षेत्र में विकसित हो रहे फोर लेन से विकास के द्वार खुलेंगे। निमाड़ क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के सृजन के लिए भी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नवग्रह मेला क्षेत्र के विकास के लिए 25 करोड़ रूपए उपलब्ध कराए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है, 21वीं सदी के भारत में अपार संभावनाएं छुपी हुई हैं। प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से देश ही नहीं, अपितु सम्पूर्ण विश्व परिचित है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की पाँचवी अर्थव्यवस्था बना है। हम उनके नेतत्व में मध्यप्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने लार्ड मेकाले द्वारा लागू की गई शिक्षा नीति में आमूल-चूल परिवर्तन किया है। प्रदेश में नई शिक्षा नीति के अंतर्गत हर जिले में एक-एक ऐसा कॉलेज खोला जाएगा, जहां विद्यार्थियों केलिए सभी कोर्स उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि विकास गतिविधियों और जनकल्याण कार्यक्रमों का मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए उनकी समीक्षा संभाग स्तर पर की जाएगी। इसी क्रम में इंदौर संभाग की समीक्षा खरगोन में रखी गई है। विकास-जनकल्याण, कानून व्यवस्था और जनसुविधा से संबंधित गतिविधियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
प्रदेश से अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत-वंदन किया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र की लड़ाई में मालवा-निमाड़ के क्रांतिकारियों का अमूल्य योगदान रहा है। टंट्या मामा और चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों के बलिदान से ही स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त हुआ। लोकतांत्रिक व्यवस्था ने गरीब परिस्थिति के प्रतिभावान व्यक्तियों को देश की बागडोर संभालने का अवसर प्रदान किया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री सड़क योजना देकर देश के विकास को गति प्रदान की। अब देश नई व्यवस्था से जुड़ने जा रहा है। राजा के रूप में जनसेवक और आदर्श पुत्र के प्रतिमान भगवान श्रीराम 22 जनवरी को अयोध्या में विराजेंगे, इस अद्भुत और अविस्मरणीय पल का सम्पूर्ण विश्व साक्षी होगा। मध्यप्रदेश से जिन-जिन मार्गों से श्रद्धालु अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगे, उन सभी मार्गों पर फूल बिछाकर श्रद्धालुओं का स्वागत-वंदन किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, वन, पर्यावरण एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, क्षेत्रीय सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, ज्ञानेश्वर पाटिल, शंकर लालवानी, छतर सिंह दरबार, राज्य सभा सांसद कविता पाटीदार, पूर्व मंत्री तथा विधायक अर्चना चिटनीस सहित क्षेत्र के विधायकगण, जनप्रतिनिधि, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही एवं विशाल जनसमुदाय उपस्थित था।
पिकअप, बाइक की भिंडत में युवक की मौत
1 Jan, 2024 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। परवलिया थाना इलाके में बाइक सवार युवक की सामने से आ रही पिकअप से जोरदार भिंडत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक को घातक चोंटे आई थी, जिसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती करया गया था जहॉ कुछ घंटे चले इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूल रुप से ग्राम बिछिया थाना दोहारा जिला सीहोर का रहने वाला 32 वर्षीय भारतसिंह अहिरवार परवलिया थानां इलाके के ग्राम रातीबड़ स्थित विजेन्द्र मण्डलोई के खेत पर काम करता था। भारत रोजाना गॉव से बाइक लेकर खेत आता और काम के बाद शाम के समय वापस लौट जाता था। बीती सुबह भी वह खेत पर काम करने के बाद करीब नो बजे बाइक से वापस जा रहा था। इसी दौरान परवलिया से रातीबड़ की तरफ आ रही पिकअप वाहन से उसकी बाइक की आमने सामने भिंडत हो गई। गंभीर रूप से घायल भारतसिंह को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां उसकी हालत लगातार नाजूक होती गई आखिरकार तीन घंटे बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मर्ग कायम कर पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। शव को पीएम के बाद परिवार वालो को सौंपते हुए पुलिस आगे की जॉच कर रही है।
सुराप्रैमियो से हुई नये साल के अपराध दर्ज होने की शुरुआत
1 Jan, 2024 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। नये साल की पहली एफआईआर शाहपुरा थाने में रात तीन बजे और दूसरी एफआईआर अयोध्या नगर थाने में सुबह तड़के 4 बजकर 19 मिनट पर दर्ज की गई है। दोनो मामले सुरा प्रैमियो के है, जो नये साल का जश्न मनाते हुए आम स्थान पर शराब पी रहे थे। दोनो मामलो में पॉच आरोपियो के खिलाफ कार्यवाही की गई है। जानकारी के अनुसार शाहपुरा पुलिस ने आरोपी नूरजमा कुरैशी को शराब पीते हुए पकड़ा जिसके खिलाफ रात 3 बजे 36 बी आबकारी एक्ट का मामला कायम किया गया वहीं अयोध्या नगर थाना पुलिस ने नये साल की पार्टी मनाते हुए खुले स्थान पर शराब पार्टी करते हुए आरोपी अशोक रैकवार, जीतेन्द्र परमार, निकिन जैन और आकाश माहेश्वरी को पकड़ा था, इस मामले में अल सुबह 4 बजकर 19 मिनट पर 36 बी आबकारी एक्ट की धाराओ में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुस्तकालयों में पाठकों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं-महापौर श्रीमती राय
1 Jan, 2024 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । महापौर मालती राय ने निर्देशित किया है कि निगम द्वारा संचालित पुस्तकालयों में पाठकों को और अधिक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं। महापौर राय ने यह निर्देश पं. शीतल प्रसाद तिवारी पुस्तकालय का निरीक्षण करते हुए दिए। महापौर ने पुस्तकालय में उच्चस्तरीय सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही पानी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद योगेन्द्र सिंह चौहान ’गुड्डू‘ सहित गणमान्य नागरिक व पाठकगण मौजूद थे।
महापौर मालती राय ने सोमवार को 05 नंबर स्टाप स्थित पं. शीतल प्रसाद तिवारी वाचनालय एवं पुस्तकालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राय ने पाठकों एवं पुस्तकालय के कर्मचारियों से चर्चा की और पुस्तकालय, वाचनालय में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। महापौर राय ने निर्देशित किया कि पुस्तकालयों में पाठकों के लिए बेहतर से बेहतर सुविधाएं तथा स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराएं। राय ने पं. शीतल प्रसाद तिवारी पुस्तकालय एवं पुस्तकालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने, पानी की समुचित व्यवस्था तत्काल कराने तथा पाठकों के बैठने के लिए और बेहतर एवं सुविधापूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। महापौर श्रीमती राय ने रानी कमलापति राजा भोज व्याख्यान केन्द्र का भी निरीक्षण किया।
डीजीपी ने भारतीय पुलिस सेवा के पदोन्नत अधिकारियों को लगाई रैंक
1 Jan, 2024 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल ।मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों को पदोन्नत किया गया है। इसी अनुक्रम में सोमवार को पुलिस मुख्यालय, भोपाल में डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना ने पदोन्नत अधिकारियों को रैंक लगाई। इस दौरान डीजीपी सक्सेना ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामना देते हुए कहा कि यह पदोन्नति आपकी समर्पित और निष्ठापूर्ण सेवा का प्रतिफल है। प्रदेश में कानून एवं शांति व्यवस्था बरकरार रखने में आपने उत्कृष्ट कार्य किया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में भी आप प्रदेश की प्रगति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय देंगे। आप अपनी कार्यप्रणाली को ऐसा रखें कि वह अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बने। उन्होंने कहा कि समय पर पदोन्नति प्रदान की जाना सदैव सरकार की प्राथमिकता रही है, इसका परिपालन करते हुए मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारियों को पदोन्नत किया गया है।
डीजीपी ने पुलिस मुख्यालय में इन्हें लगाई रैंक :-
डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना ने पुलिस मुख्यालय में एडीजी श्रीमती दीपिका सूरी, आईजी श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र, आईजी श्रीमती हिमानी खन्ना, आईजी विनीत खन्ना, आईजी अनुराग शर्मा, डीआईजी तुषारकांत विद्यार्थी, डीआईजी सत्येन्द्र कुमार शुक्ला, डीआईजी प्रशांत खरे, डीआईजी अतुल सिंह, डीआईजी डॉ. विनीत कपूर और डीआईजी हेमंत सिंह चौहान को रैंक लगाई।
इन अधिकारियों को किया गया पदोन्नत :-
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन गृह विभाग द्वारा 29 दिसंबर 2023 को जारी आदेशानुसार 1 जनवरी 2024 से भारतीय पुलिस सेवा (मध्यप्रदेश कैडर) के 33 अधिकारियों को पदोन्नत किया गया है। इनमें राकेश गुप्ता और श्रीमती दीपिका सूरी को आईजी से एडीजी पद पर पदोन्नत किया गया है। श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र, चंद्रशेखर सोलंकी, चैत्रा एन., अनिल सिंह कुशवाहा, आर.आर. एस. परिहार, आर. के. हिंगणकर, अंशुमन सिंह, मनीष कपूरिया, अरविंद कुमार सक्सेना, विनीत खन्ना, श्रीमती हिमानी खन्ना, मिथिलेश शुक्ला और अनुराग शर्मा को डीआईजी से आईजी के पद पर पदोन्नत किया गया है। इसी प्रकार साकेत प्रसाद पाण्डे, अमित सांघी, तुषारकांत विद्यार्थी, सत्येन्द्र कुमार शुक्ला, बीरेंद्र कुमार सिंह, प्रशांत खरे, अतुल सिंह, मनीष कुमार अग्रवाल, आबिद खान, आशुतोष प्रताप सिंह, मोहम्मद यूसुफ कुरैशी, निमिष अग्रवाल, सिद्धार्थ बहुगुणा, पंकज श्रीवास्तव, राजेश कुमार सिंह, डॉ. विनीत कपूर, धर्मेंद्र सिंह भदौरिया और हेमंत चौहान डीआईजी के पद पर पदोन्नत किए गए हैं।
अनफिट बसें गायब, डाटा नहीं निकाल पाया विभाग
1 Jan, 2024 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । गुना में हुए भीषण बस हादसे के सडक़ों पर उतरे परिवहन और पुलिस विभाग को अब अनफिट बसें नहीं मिल रहीं है। रोज-रोज होने वाली चेकिंग में कुछ बसें मिलीं, लेकिन अब गायब ही हो गईं। जिन रूटों पर परिवहन विभाग और पुलिस की चेकिंग चल रही है, हकीकत में वहां से अनफिट बसें निकल ही नहीं रहीं। वहीं हादसे के बाद सक्रिय होने का दावा करने वाला परिवहन विभाग खुद तीन दिन बाद तक यह डाटा नहीं निकाल सका कि कितनी बसें अनफिट, कितनी बिना बीमा व बिना टैक्स के चल रहीं हैं।
यह स्थिति तब है जब प्रदेश में परिवहन विभाग के पास वाहन-4 पोर्टल पर पूरा डाटा मौजूद है जो एक क्लिक से निकल सकता है। बता दें कि गुना बस हादसे के बाद से परिवहन और पुलिस विभाग की ओर से रोजाना कार्रवाई की जा रही हैं, जिसमें सबसे ज्यादा फोकस फिटनेस, बीमा व टैक्स को लेकर है। शासन की ओर से हादसे के बाद सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नियमों को तोडक़र चलने वाली बसों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और जो अधिकारी इसको लेकर बेपरवाह हैं उन पर भी कार्रवाई की जाए। परिवहन विभाग ने हादसे के तत्काल बाद ही दावा किया था कि प्रदेश के सभी आरटीओ को निर्देशित किया गया है कि अपने अपने जिलों में पोर्टल से अनफिट, गैर बीमा ऐसी बसों का डाटा निकाल तत्काल कार्रवाई करें। यह निर्देश जरूर जारी हुए लेकिन इसके बाद परिवहन अमला हरकत में नहीं आया, अभी तक डाटा नहीं निकाला गया है।
आपरेटरों का मुखबिर तंत्र भी सक्रिय
बस आपरेटरों का मुखबिर तंत्र भी सक्रिय है, खासकर गुना हादसे के बाद किस रूट पर परिवहन विभाग व पुलिस की चेकिंग चल रही है यह खबर पहले ही पहुंच जाती है। आपरेटर यह जानकारी मिलते ही ऐसी बसें जो अनफिट हैं या जिनका बीमा नहीं हैं, उन्हें समय से नहीं निकालते हैं। यहां सडक़ पर चेकिंग खत्म होने का इंतजार किया जाता है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने चिंतामन गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
1 Jan, 2024 06:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर । सोमवार को नए वर्ष के पहले दिन मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्राचीन गणेश मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नए साल पर मंदिर में पूजा करता हूं। प्रार्थना की है मप्र विकास की ऊंचाइयों पर पहुंचे। भगवान गणेश अपनी कृपा बरसाए। उप मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश में ड्राइवरों की हड़ताल और प्रदर्शन को लेकर कहा कि बातचीत करके इसका हल निकाला जाएगा। चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ ही मध्यप्रदेश भी तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश और प्रदेश सभी आवश्यक संसाधनों का विस्तार हुआ है और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने विंध्य क्षेत्र के विकास के संबंध में कहा कि विन्ध्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं। विकास के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। आने वाले समय में विन्ध्य क्षेत्र एक विकसित क्षेत्र के रूप में दिखाई देगा। इस अवसर पर कलेक्टर प्रवीण सिंह एवं एसपी मयंक अवस्थी उपस्थित थे।
नए साल पर गणेश मंदिर व सलकनपुर धाम पहुंचे लोग
नए साल के पहले दिन सोमवार को गणेशजी का आकर्षक श्रंगार किया गया था। दोपहर 12 बजे महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर में लोगों की कतार लगी हुई थी। लोगों ने यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना कर नए साल पर स्वास्तिक बनाकर मनोकामनाएं मांगी।
सलकनपुर पहुंचकर किए दर्शन
मां विजयासन धाम सलकनपुर में नए साल के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चना के साथ दर्शन किए। वहीं प्रसिद्ध तीर्थ स्थल आंवलीघाट पर नर्मदा स्नान दान करने वाले लोगों की भीड़ रही।
प्रदेश में विभाग आवंटन के बाद सभी मंत्री लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपनी कार्ययोजना बनाएंगे
1 Jan, 2024 06:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश में विभाग आवंटन के बाद सभी मंत्री लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपनी कार्ययोजना बनाएंगे। इसमें उन कार्यों को प्राथमिकता में लिया जाएगा, जिनमें अतिरिक्त वित्तीय संसाधन नहीं लगने हैं और फरवरी तक प्रारंभ किए जा सकते हैं। विभागों ने इसकी प्रारंभिक तैयारी कर ली है, जिसे मुख्यमंत्री के साथ अगले सप्ताह प्रस्तावित मंत्रियों की बैठक में अंतिम रूप दिया जा सकता है। विभागीय बैठकों का सिलसिला अगले सप्ताह से प्रारंभ हो जाएगा।
अप्रैल से जुलाई 2024 तक के लिए बजट
बता दें कि मुख्यमंत्री ने काम संभालने के बाद अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की थी। इसमें सभी को संकल्प पत्र की प्रति सौंपकर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए थे। विभाग आवंटन के बाद मंत्रियों की पहली प्राथमिकता द्वितीय अनुपूरक बजट और लेखानुदान में विभागीय योजनाओं के लिए राशि आवंटित कराने की होगी। लोकसभा चुनाव के कारण सरकार ने वर्ष 2024-25 के बजट के स्थान पर लेखानुदान लाने का निर्णय किया है, जो एक लाख करोड़ रुपये से कम का होगा। इसमें अप्रैल से जुलाई 2024 तक के लिए विभागों को बजट आवंटित किया जाएगा।
सभी मुख्यमंत्रियों के पास शुरुआती दौर में रहा गृह विभाग
प्रदेश में उमा भारती हों या फिर शिवराज सिंह चौहान, सभी ने शुरुआती दौर में गृह विभाग अपने पास ही रखा, मगर कुछ माह के बाद इस विभाग को उन्होंने दूसरे मंत्री को आवंटित कर दिया। 2003 में मुख्यमंत्री बनी उमा भारती ने गृह सहित नौ विभाग अपने पास रखे थे। जुलाई 2004 में बाबूलाल गौर को गृह मंत्री बना दिया गया। जून 2005 में बतौर मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर और दिसंबर 2005 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी गृह अपने पास रखा, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उन्होंने गृह विभाग नागेंद्र सिंह को दे दिया। अब मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने गृह विभाग अपने पास रखा है।
सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, फिर से बढ़ेगा डीए, मिलेगी बढ़ी हुई सैलरी
1 Jan, 2024 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश के बाशिंदों के लिए नया साल मनमोहनी होने वाला है। नए वर्ष 2024 में सूबे के अवाम को कई सौगातें मिलेगीं। कर्मचारियों की पगार बढ़ेगी, वहीं सरकारी विभागों में खाली एक लाख पदों को भरने की कवायद होगी। किसान, महिलाओं और उद्यमियों का ध्यान रखने के साथ गरीबों को आवास देने की योजना परवान चढ़ेगी। डीए को लेकर राज्य कर्मचारियों की मांग पुरानी है कि केंद्र के समान डीए मिले। केंद्रीय कर्मचारियों को 46 प्रतिशत डीए मिल रहा है, जबकि राज्य कर्मियों को 42 प्रतिशत ही मिल रहा है। राज्य कर्मचारियों को 4 प्रतिशत डीए मिलेगा। इससे उन्हें केंद्र की तरह ही 46 प्रतिशत डीए हो जाएगा। इसका सीधा लाभ 4.50 लाख कर्मचारियों को मिलेगा।