मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश का कहर. शिवपुरी में स्कूली बच्चों को 30 घंटे बाद आर्मी ने बोट से पार कराई सिंध नदी.
31 Jul, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी: मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में नदियां उफान पर हैं वहीं कई जगह बाढ़ के हालात हैं. इसी के चलते सिंध नदी में उफान ने शिवपुरी जिले के कई क्षेत्रों में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. शिवपुरी में भी सिंध नदी में उफान के चलते 27 बच्चे अपने घर नहीं पहुंच सके. 30 घंटे तक बच्चे गांव के सरपंच के यहां रुके रहे. इसके बाद आर्मी की मदद से बच्चों को उनके घर पहुंचाया गया.
आर्मी ने बोट से बच्चों को पार कराई नदी
मंगलवार को शिवपुरी के बदरवास के राइजिंग सोल्स स्कूल के 27 बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद बस से अपने घर लौट रहे थे, लेकिन सिंध नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण ये बच्चे रास्ते में पड़ने वाले पचावली गांव में फंस गए. इसके आगे बस नहीं जा सकी. नदी का जलस्तर कम नहीं होने पर आर्मी पहुंची और फिर सभी बच्चों को बोट से सिंध नदी पार कराई गई.
30 घंटे बाद बच्चे पहुंचे अपने घर
सिंध नदी में पानी कम होने का नाम नहीं ले रहा था ऐसी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को सेना की मदद ली गई. रेस्क्यू ऑपरेशन में आर्मी की टीम ने बोट की सहायता से सभी बच्चों को सकुशल दूसरे छोर पर पहुंचाया. करीब 30 घंटे तक बच्चे नदी में बाढ़ के चलते गांव में ही फंसे रहे. आर्मी, प्रशासन और स्थानीय सहयोग से बच्चों को घर पहुंचाया गया
सरपंच ने बच्चों को रुकवाया अपने घर
बदरवास के राइजिंग सोल्स स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे कुंडयाई, बिजरौनी सहित आस-पास के गांवों के रहने वाले हैं. सिंध नदी के पुल पर तेज बहाव होने के चलते बस को आगे नहीं ले जाया जा सका. इस स्थिति में पचावली गांव के सरपंच ने मानवीयता दिखाते हुए सभी बच्चों को अपने घर पर रातभर के लिए रुकवाया और उनके खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की
परिजनों ने ली राहत की सांस
इस दौरान कोलारस विधायक महेन्द्र यादव भी मौके पर मौजूद रहे. उन्होंने पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की. सुरक्षित निकाले जाने के बाद परिजन और मौके पर मौजूद लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए बेहद खुश नजर आए. स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली और सेना और प्रशासन की तत्परता की सराहना की.
गुना जिले में मूसलाधार बारिश से हालात हुए बेकाबू, शहर की कॉलोनियों से लेकर गांव तक पानी में डूबे. सेना को संभालना पड़ा मोर्चा.
31 Jul, 2025 08:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुना: जिले में मंगलवार सुबह से जारी मूसलाधार बारिश बंद होने का नाम नहीं ले रही है. जिससे पूरा क्षेत्र आपदा की स्थिति में पहुंच गया है. मंगलवार सुबह 8:30 बजे से लेकर लगातार बारिश ने जनजीवन को परेशानी में डाल दिया है. जिले के अधिकांश क्षेत्रों में पानी भर गया है. स्कूलों में पानी घुस चुका है, कई निचली बस्तियां जलमग्न हैं और अनेक गांवों का गुना मुख्यालय से संपर्क टूट गया है. हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि प्रशासन को स्कूलों में तीन दिन की छुट्टी घोषित करनी पड़ी है. तेज बहाब से कलोरा बांध की वेस्ट बीयर टूट गई, जिसके बाद सेना को मोर्चा संभालना पड़ा. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान भी जिले भर में तैनात हैं.
बारिश से कुड़का नदी का पुल बहा
तेज बारिश की वजह से जिले की प्रमुख नदियां और नाले उफान पर हैं. बमोरी विधानसभा में कुड़का नदी का पुल पूरी तरह बह गया है, जिससे फतेहगढ़ और पाड़ोन के बीच सीधा संपर्क टूट गया है. झागर और भौंरा नदियां भी उफान पर हैं और पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिसके कारण राजस्थान की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग बंद कर दिए गए हैं. पुलियों को तोड़कर पानी ने अपनी निकासी खुद ही बना ली है.
प्रशासन ने इन मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी है और लोगों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है. चौपेट नदी का पुल भी बह चुका है, जिससे विजयपुर स्थित नेशनल फर्टिलाइजर प्लांट तक पहुंचने में कर्मचारियों को भारी कठिनाई हो रही है. अब उन्हें 15 किमी लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है. इसके अलावा लहरघाट सिंध नदी का पानी पुल के ऊपर बहने लगा. जिसके चलते सिंध नदी खतरे के निशान से बहने लगी.
गुना शहर पूरी तरह हुआ जलमग्न, ग्रामीण क्षेत्र भी डूबे
बारिश ने गुना शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जबर्दस्त तबाही मचाई है. जिसमें शहर के कई मकान डूब गए हैं. रिलायंस पेट्रोल पंप से लेकर भगत सिंह कॉलोनी की सड़कों पर कई-कई फीट तक पानी भरने से एबी रोड़ पर वाहनों सहित आवागमन बाधित रहा. गुना शहर के कैंट क्षेत्र में नाले के पास बने कई मकानों में पानी भर गया है, जिसके कारण लोग छतों पर शरण लेने के मजबूर हो गए.
शहर की न्यू सिटी कॉलोनी में तो हालत इतने बदतर हुए कि यहां रेस्क्यू टीम ने पहुंचकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. कुछ ऐसे ही हाल न्यूसिटी कॉलोनी में बने. यहां लगभग एक मंजिल तक घर पूरी तरह डूब गए. कैंट क्षेत्र में एक मकान पूरी तरह डूब गया है और मकान मालिक छत पर फंसे हुए थे जिन्हें रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया. वार्ड नंबर 24 गणेश गार्डन के पीछे स्थित भूल्लनपुरा में भी घरों में पानी भरने से हालात नियंत्रण से बाहर हो गए थे.
शहर का जिला अस्पताल बना स्विमिंग पूल
गुना शहर में स्थित जिला अस्पताल स्विमिंग पूल में परिवर्तित हो चुका था जिससे अस्पताल के प्रसूता वार्ड में पानी भर गया. जिससे वहां भर्ती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. वार्ड में पानी भर जाने से नर्सिंग स्टाफ को भी उपचार में कठिनाई हुई. मरीज के परिजनों ने व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए हैं.
बारिश से फतेहगढ़ में कलोरा तालाब की वॉटर वेयर टूटी
बीते 24 घंटों से बमोरी के फतेहगढ़ क्षेत्र में अतिवर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है. लगातार हो रही तेज बारिश से फतेहगढ़ , कुड़का, बंदा मामला, भिंडरा, कलोरा के कई घरों में पानी अंदर घुस गया. क्षेत्र में हो रही लगातार अतिवर्षा से स्टेट हाइवे के कई पुल जमीदोज हो गए हैं. बरसाती, कुड़का, कोहन मंगरोडा नदी पर बने पुल टूटने से गुना कोटा मार्ग भी बंद है. प्रशासन ने भौंरा नदी पर बैरियर लगाकर फिलहाल हाइवे को बंद किया है जिससे कोई हादसा न हो. पूर्व से जन हानि बचाव के लिए जिला प्रशासन लगातार टूटे पुल और नदी क्षेत्र की बसाहट का सर्वे कर रहा है.
70 साल पुराने कलोरा तालाब में दरार
फतेहगढ़ इलाके के पास बने कलोरा तालाब की वॉटर वेयर टूटने से तालाब क्षेत्र के पास बसाहट वाले गांवों में अफरातफरी का माहौल है. वॉटर वेयर टूटने से ग्रामीणों को गांव में पानी भरने का डर सता रहा है. जिला प्रशासन फिलहाल वॉटर वेयर को ठीक करने का रास्ता खोज रहा है. लेकिन लगातार हो रही बारिश के बीच कार्य करना संभव नहीं हो पा रहा है.
सांसद ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन
केंद्रीय मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधया ने गुना के हालातों पर जिला कलेक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों से गुना जिले के हालातों के बारे में जानकारी लेते हुए एक वीडियो जारी कर गुना जिले की जनता को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है. बारिश के चलते जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई और वहां फंसे हुए लोगों का रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. साथ ही उन्हें रहने खाने की व्यवस्था भी की गई. फिलहाल अभी जनहानि के संबंध में किसी भी प्रकार की आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है.
राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं रेस्क्यू टीमें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
30 Jul, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में जारी भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्य कर रही है। संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है। बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत और बचाव के कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राहत कार्यों को गति देने के लिए राज्य सरकार ने केंद्रीय रक्षा मंत्रालय से सेना के हेलीकॉप्टरों की मांग की है। अशोकनगर जिले में लखनऊ से भेजा गया एक हेलीकॉप्टर राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय रूप से लगा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को भोपाल स्थित राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष (स्टेट कमांड सेंटर) से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का लाइव निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मीडिया को दिए संदेश में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि अब तक मुरैना, गुना, शिवपुरी, रीवा, रायसेन, दमोह और अशोकनगर जैसे जिलों से करीब 2,900 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर राहत शिविरों तक पहुंचाया गया है। इन शिविरों में पीड़ितों को भोजन, कपड़े, दवाएं और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रेस्क्यू टीमों को पूरी क्षमता और संसाधनों के साथ मैदान में लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिसे देखते हुए सभी जिलों में प्रशासन को हाई अलर्ट पर मुस्तैद और आल टाईम रेडी रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे सतर्कता बरतें, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें, करंट और जर्जर मकानों से सावधानी बरतें, और किसी भी आपदा की स्थिति में अपनी तहसील या जिले के बाढ़ नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) को तुरंत सूचना दें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर नागरिक की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति या बाढ़ आदि में फंसे लोग बिलकुल न घबराएं, सरकार सबकी सुरक्षा में हर समय तत्पर है।
अतिवर्षा की स्थिति पर नजर रखें और जान-माल के बचाव को दें प्राथमिकता : मख्यमंत्री डॉ. यादव
30 Jul, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सभी जिलों में अतिवर्षा की स्थिति पर नजर रखी जाए। कलेक्टर एवं प्रशासनिक तथा पुलिस अमला अधिक वर्षा की स्थिति में आपदा की हालत उत्पन्न होने के पूर्व नागरिकों के बचाव के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें। संवेदनशील और सजग होकर प्रभावित नागरिकों की सहायता की जाए। पशु हानि और मकानों की क्षति पर भी प्रावधानुसार अविलम्ब मदद पहुंचाएं। इन कार्यों को सभी कलेक्टर्स प्राथमिकता दें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार की शाम समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को निर्देशित कर रहे थे।
श्रावण मास और त्यौहारों पर करें अग्रिम व्यवस्थाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रावण मास में मंदिर परिसर भी सुविधायुक्त बनाएं, जिससे श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। आगामी 9 अगस्त को रक्षाबंधन, 14 अगस्त को बलराम जयंती, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और 16 अगस्त को कृष्ण जन्माष्टमी पर होने वाले महत्वपूर्ण पर्वों के लिये आवश्यक व्यवस्थाएं अग्रिम रूप से की जाएं।
दुर्घटनाग्रस्त लोगों के उपचार और सहायता के प्रति रहें सजग
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, एयर एम्बुलेंस सेवा के समुचित उपयोग और आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को उपचार उपलब्ध करवाने के लिए पंजीकृत अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटनाओं की स्थिति में गंभीर घायल व्यक्ति के गोल्डनअवर में उपचार को सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर अस्पतालों के निर्धारण से जुड़ी प्रक्रिया भी पूरी की जाए। राहवीर योजना में सड़क दुर्घटना के शिकार व्यक्ति को तत्परता से अस्पताल ले जाने वाले सहयोगी नागरिक को 25 हजार रुपए की राशि दिए जाने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि योजना क्रियान्वयन के प्रति भी जिला कलेक्टर सजग रहें।
जनप्रतिनिधियों से संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर विकास समितियां बनाने के संबंध में प्रभारी मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद कर कार्यवाही पूर्ण की जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंस में यह भी निर्देश दिए गए कि 15 अगस्त पर होने वाली ग्राम सभा और वन समितियों के निर्वाचन से संबंधित कार्य पूर्ण किए जाएं। वित्त आयोग की राशि की उपलब्धता के दृष्टिगत आवश्यक कार्यों को भी पूर्ण किया जाए।
एनसीटीई पाठयक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय अतिरिक्त चरण
30 Jul, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिये एनसीटीई पाठयक्रम संचालित करने वाले शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए द्वितीय अतिरिक्त चरण की समय सारणी जारी की है।
जारी समय सारणी के अनुसार, एनसीटीई पाठयक्रमों में प्रवेश में लिए विद्यार्थी 31 जुलाई से 4 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीयन/आवेदन कर सकेंगे। पंजीकृत आवेदनों के दस्तावेजों का सत्यापन 31 जुलाई से 6 अगस्त तक होगा। मेरिट सूची का प्रकाशन 7 अगस्त को होगा। विद्यार्थियों के लिए 8 अगस्त को सीट आवंटन जारी किया जाएगा। आवंटित हेल्प सेंटर पर मूल दस्तावेजों, टीसी माइग्रेशन के साथ भौतिक सत्यापन के लिए विद्यार्थियों को उपस्थित होकर 8 से 13 अगस्त तक लिंक इनिशिएट कराना होगा। विद्यार्थियों को आवंटित महाविद्यालय में प्रवेश शुल्क का भुगतान 8 से 14 अगस्त तक करना होगा। आवंटित महाविद्यालय में शुल्क के भुगतान की अंतिम तिथि 14 अगस्त है। प्रवेश शुल्क का भुगतान किए गए आवेदकों का ही प्रवेश मान्य होगा। यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थियों के लिए प्रवेश के लिए यह अन्तिम चरण होगा।
सजग रहें, एहतिहात बरतें, वर्षा प्रभावितों के भोजन-पानी, रहवास और दवा सबकी व्यवस्था करें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
30 Jul, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है। जलमग्न क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में जिला एवं पुलिस प्रशासन सहित होमगार्ड, आपदा प्रबंधन दल सब मिल जुलकर पूरी सजगता और सतर्कता से कार्य करें। राहत एवं बचाव दल पूरी तैयारी से रहें और जरूरमंदों तक तत्काल सभी प्रकार की मदद पहुंचाई जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को होमगार्ड मुख्यालय स्थित आपदा प्रबंधन कक्ष (स्टेट कमांड सेंटर) पहुंचकर प्रदेश के कई जिलों में भारी वर्षा के चलते उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली और जन सुरक्षा प्रबंधन के संबंध में अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव गृह जे.एन. कंसोटिया, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, डीजी होमगार्ड सुप्रज्ञा श्रीवास्तव, एडीजी ए. सांई मनोहर, सचिव एवं आयुक्त जनसम्पर्क डॉ. सुदाम खाड़े सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बताया गया कि प्रदेश में बीते तीन दिनों से भारी वर्षा हो रही है। भारी वर्षा के चलते प्रदेश के कुछ जिलों में गांव और घरों में पानी भर जाने जैसी उत्पन्न परिस्थितियों में अब तक 2900 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। प्रदेश में जहां-जहां अतिवर्षा की सूचना और लोगों के बाढ़ के पानी फंस जाने की जानकारी मिली है, वहां पूरी क्षमता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आपदा नियंत्रण कक्ष से जिलों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का लाइव ऑपरेशन का अवलोकन किया। उन्होंने आपदा बचाव दल में तैनात अधिकारियों से बात की और राहत एवं बचाव कार्यों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बचाव दल के अधिकारियों से पूछा कि बाढ़ से बचाव में किसी प्रकार के संसाधन की कमी तो नहीं है? अधिकारियों ने बताया कि सभी संसाधन उपलब्ध हैं और प्रशासन के साथ-साथ ग्रामीणों और सिविल सोसाइटी से भी मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री ने जलमग्न इलाकों से सुरक्षित निकाले गए पीड़ितों से रू-ब-रू चर्चा की। मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से कहा कि चिंता करने की कोई बात नहीं है, सरकार हर कदम पर आपके साथ है। पीड़ितों के घर, सामान, फसल, पशु जिसकी भी हानि हुई है, सरकार उसकी समुचित भरपाई करेगी।
जीवन बचाने में मददगारों को पुरस्कृत किया जायेगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि वे सभी तरह का ऐहतियात बरतें। आपदा नियंत्रण के सभी इंतजाम तैयार रखें। बाढ़ आने की स्थिति में तत्काल लोगों का रेस्क्यू करें। उन्होंने कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि बाढ़ का पानी कम होते ही जल्द से जल्द नुकसान का सर्वे करा लें और अतिवर्षा तथा बाढ़ से जो भी नुकसान हुआ है, उन्हें समुचित मुआवजा देने के लिए विधिवत् प्रस्ताव तैयार कर लें। सरकार हर बाढ़ पीड़ित की भरपूर मदद करेगी। कलेक्टर्स ने बताया कि लोगों को बाढ़ प्रभावितों क्षेत्रों से सुरक्षित निकालने में सामाजिक संगठनों ने भी मदद की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावितों को सुरक्षित निकालकर उनका जीवन बचाने में मदद करने वाले लोगों की सूची तैयार कर लें, सरकार ऐसे साहसी, परोपकारी और मददगार लोगों को आगामी 15 अगस्त और अन्य अवसरों पर भी सम्मानित करेगी। इन्हें पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर संभाग के गुना, शिवपुरी, दतिया और अशोकनगर, सागर संभाग के सागर, दमोह, छतरपुर, भोपाल संभाग के विदिशा एवं रायसेन जिले में बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तार से जानकारी ली और यहां चल रहे रेस्क्यू कार्यों का लाइव अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने बचाव दल के अधिकारियों से लाइव चर्चा करते हुए कहा कि किसी की जान बचाना सेवा का काम है। इसी भाव और पूरे समर्पण से अपना कार्य करें। सरकार के स्तर से जिस प्रकार की मदद की आवश्यकता है वह बताएं, सरकार समुचित व्यवस्थाएं करेगी। उन्होंने कहा कि यदि नाव से किसी बाढ़ प्रभावित को सुरक्षित निकालना या बचा पाना संभव न हो, तो ऐसी स्थिति में सरकार हेलीकाप्टर के जरिए प्रभावितों को एयरलिफ्ट करायेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और अति वर्षा से नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आपदा प्रबंधन कक्ष से जिलों में मौजूद व्यवस्थाओं, अलर्ट सिस्टम्, निगरानी तंत्र और अब तक किए गए सभी प्रकार के रेस्क्यू ऑपरेशन्स का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिलों में बाढ़ आपदा कंट्रोल रूम निरंतर सक्रिय रहें और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें।
तेज बहाव वाले किसी भी पुल-पुलिया से आवागमन न करें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे वर्षा थमने तक बेहद सतर्क रहें, सजग रहें। बाढ़ प्रभावितों को बचाने में मदद भी करें। उन्होंने कहा कि नागरिक बाढ़ वाले नदी-नाले में उतरने से बचें और तेज बहाव वाले किसी भी पुल-पुलिया से आवागमन कतई न करें। उन्होंने कहा कि बारिश में करंट फैलने की आशंका के चलते बिजली के तार खुले न छोड़े जाएं। उन्होंने कहा कि कच्चे मकान में रहने वाले सावधानी बरतें, क्योंकि अति वर्षा से इनके क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर्स से कहा कि जिन लोगों का रेस्क्यू किया गया है, उनके सुरक्षित निवास, भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवा, कपड़े और अन्य जरूरतों की भी समुचित व्यवस्था कर सभी पीड़ितों को उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि बाढ़ आपदा की स्थिति में सरकार हर पीड़ित के साथ है, किसी को भी असहाय नहीं रहने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिलों में बचाव दल के अधिकारियों और कलेक्टर्स से चर्चा कर उनके क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति, रेसक्यू ऑपरेशन्स की अपडेट सहित पीड़ितों को प्रशासन द्वारा मुहैया कराई जा रही राहत के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। लोगों को बचाने में सरकार प्रशासन, सेना, आपदा प्रबंधन दल सब साथ हैं। बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित निकालने में कोई भी कमी न रखें। यदि उनके जिले में अतिवर्षा का अलर्ट आया है, तो आवश्यकता के अनुरूप स्कूली बच्चों की छुट्टी आदि भी घोषित कर दें, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी की आशंका ही न रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मौसम विभाग की चेतावनी का जिक्र करते हुए कहा कि सभी जिलों के कलेक्टर्स हाई अलर्ट पर रहें और किसी भी क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित होने की जानकारी मिलते ही राहत एवं बचाव दल को तत्परतापूर्वक वहां पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कलेक्टर्स अपने अलर्ट सिस्टम और निगरानी तंत्र को और मजबूत बना लें, क्योंकि बाढ़ की सूचनाएं जितनी जल्दी मिलेंगी, राहत और बचाव दल उतनी ही शीघ्रता से पहुंच पायेंगे।
उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग द्वारा अगले 24 घंटों में प्रदेश के नर्मदापुरम्, हरदा, गुना, शिवपुरी और रायसेन जिले में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, भोपाल खंडवा, देवास, शाजापुर, नरसिंहपुर, श्योपुर, आगर-मालवा, नीमच, अशोकनगर, पांढुरना और छिंदवाड़ा जिले अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा और खरगोन, अलीराजपुर, धार, इन्दौर, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, जबलपुर,सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीमकगढ़ और निवाड़ी जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है। राज्यस्तरीय स्टेट कमांड सेंटर और जिलों में स्थापित बाढ़ नियंत्रण कक्षों द्वारा सरकार, सेना और मौसम विभाग के सतत् संपर्क में रहकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
स्मार्ट मीटर की भ्रांतियां दूर करने इटारसी में शुक्रवार को होगी आम सभा
30 Jul, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आम उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर से होने वाले लाभ और स्मार्ट मीटर को लेकर जनसामान्य में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए इटारसी में एक आम सभा का आयोजन शुक्रवार आगामी 1 अगस्त को सुबह 11 बजे से इटारसी में होगा।
कंपनी के अभियंता ने बताया है कि इस आम सभा में सभी गणमान्य व्यक्ति व उपभोक्त्ता शामिल होकर स्मार्ट मीटर की गणना एवं स्मार्ट मीटर लगने से होने वाले लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। आमसभा में स्मार्ट मीटर से संबंधित विभिन्न प्रकार की भ्रांतियों को बिजली कंपनी के अधिकारियों द्वारा दूर किया जाएगा।
केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री यादव ने प्रदेश के वनकर्मियों को किया सम्मानित
30 Jul, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर दिल्ली में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मध्यप्रदेश टाइगर रिजर्व के वनकर्मियों को सम्मानित किया। इनमें सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के फॉरेस्ट गार्ड राजेश पटेल, कान्हा टाइगर रिजर्व के स्थायी कर्मी सुखमान कुशरे एवं फॉरेस्ट गार्ड बसंत लाल मरावी एवं पेंच टाइगर रिजर्व की फॉरेस्ट वॉचर झुन्नी बाई शामिल हैं।
तकनीकी शिक्षा मंत्री परमार ने की विभागीय समीक्षा बैठक
30 Jul, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने मंत्रालय स्थित प्रतिकक्ष में तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। मंत्री परमार ने आईआईटी की तर्ज पर एमपीआईटी की स्थापना के सम्बन्ध में व्यापक चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंत्री परमार ने अनुदान प्राप्त संस्थानों के समय पर ऑडिट किए जाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कोडिंग लैब्स, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, डिजिटल यूनिवर्सिटी एवं राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। भर्तियां, पदपूर्ति एवं पदोन्नति के सम्बन्ध में भी विमर्श हुआ। परमार ने पॉलीटेक्निक एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयों में एडमिशन की अद्यतन जानकारी भी प्राप्त की।
बैठक में प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा विवेक पोरवाल एवं आयुक्त तकनीकी शिक्षा अवधेश शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बीएसएल ग्लोबल आउटरीच समिट- 2025 में करेंगे सहभागिता
30 Jul, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार 31 जुलाई को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम बीएसएल ग्लोबल आउटरीच समिट-2025 में सहभागिता करेंगे। यह टेक्सटाइल और अपैरल उद्योगों का एक महत्वपूर्ण दो दिवसीय वैश्विक आयोजन है। ये समिट भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करेगी। इस समिट में वैश्विक उद्योग जगत के निवेशक सहभागिता करेंगे। यह समिट वैश्विक सोर्सिंग और खरीद समुदाय की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप, सप्लाई चेन के प्रमुख हितधारकों को एक मंच प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव भारत मंडप में स्थापित मध्यप्रदेश राज्य पवेलियन का भ्रमण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव वैश्विक टेक्सटाइल ब्रांड्स के प्रमुखों के साथ राउंडटेबल चर्चा में भाग लेंगे, जिसमें उद्योगों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया जायेगा। समिट में मुख्यमंत्री डॉ. यादव वैश्विक कंपनियों जैसे वॉलमार्ट, एच एण्ड एम, ली एण्ड फंग, वाइल्डक्राफ्ट, ब्लैकबेरी जैसी अग्रणी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-ऑन-वन बैठकें करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समिट को राज्य की औद्योगिक क्षमता, निवेश संभावनाओं एवं टेक्सटाइल नीति पर संबोधित करेंगे। इस अवसर पर बीएसएल एक्सीलेंस अवॉर्ड्स- 2025 का वितरण भी किया जायेगा।
समिट का मुख्य उद्देश्य वैश्विक टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग के दो प्रमुख स्तंभों अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों (जैसे वॉलमार्ट, एच एण्ड एम, ली एण्ड फंग) और स्थापित विनिर्माण कंपनियों को नेटवर्किंग, सहयोग और निवेश को प्रोत्साहित करना है। इसके अंतर्गत बीएसएल एक्सीलेंस अवॉर्ड्स- 2025 के माध्यम से लाइफस्टाइल, टेक्सटाइल और अपैरल उद्योगों में श्रेष्ठता प्राप्त करने वाले ब्रांड्स और सोर्सिंग नेतृत्व को सम्मानित किया जाएगा। मध्यप्रदेश के लिए यह समिट विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। यह राज्य को वैश्विक ब्रांड्स के लिए एक पसंदीदा सोर्सिंग गंतव्य के रूप में स्थापित करने, टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने और 'मेड इन एमपी' उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचाने का एक प्रभावी मंच साबित होगी।
कोलारस-बदरवास में बाढ़ से हालात गंभीर, 250 लोगों का रेस्क्यू
30 Jul, 2025 04:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी में बाढ़ से तबाही, सिंधिया बोले- सेना ने संभाला मोर्चा, हर हालात पर पैनी नजर
शिवपुरी/गुना। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में भारी बारिश के चलते कोलारस और बदरवास क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सिंध नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात बिगड़ते देख सेना को राहत व बचाव कार्यों में लगाया गया है। अब तक 250 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 100 से अधिक लोग अब भी फंसे हुए हैं।
केंद्रीय मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने वायुसेना की मदद से हेलीकॉप्टर द्वारा एयरलिफ्ट कर बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की जानकारी दी। सिंधिया ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एयर वाइस मार्शल विक्रम गौड़ और एओसी मनीष शर्मा से चर्चा कर राहत कार्यों का समन्वय कराया।
सिंधिया ने सोशल मीडिया पर कहा—
"हर नागरिक की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। मैं ज़िला प्रशासन, एनडीआरएफ, वायुसेना और राज्य सरकार से लगातार संपर्क में हूं।" कोलारस में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र हैं, जहां सेना के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरकर हेलीकॉप्टर कोलारस में राहत कार्य में जुट गए हैं। साथ ही बरेली से भी एक हेलीकॉप्टर रवाना होने की सूचना है।
वर्चुअल समीक्षा बैठक में सिंधिया ने दिए निर्देश:
सिंधिया ने शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिलों के कलेक्टरों से वर्चुअल बैठक की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांवों में भोजन, पानी, चिकित्सा, नाव और हेलीकॉप्टर जैसी राहत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सिंधिया ने जनता से अपील की कि घबराएं नहीं, प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केन्द्र सरकार राज्य के साथ खड़ी है।
मछली परिवार पर FIR दर्ज करने से पुलिस का इनकार, शिकायतकर्ता नाराज़
30 Jul, 2025 03:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: भोपाल के मोहम्मद अनीस, जो मछली परिवार पर आतंकी गतिविधियों से जुड़े होने का गंभीर आरोप लगा चुके हैं, को एक बार फिर निराशा का सामना करना पड़ा है। बिलखिरिया थाना प्रभारी ने FIR दर्ज करने से साफ इनकार कर दिया — और वह भी एक शर्त के साथ।
शिकायतकर्ता : मोहम्मद अनीस, जिन्होंने मछली परिवार के कुछ सदस्यों पर आतंकवाद से संबंध होने का दावा किया है।
पहली शिकायत : अनीस ने यह जानकारी क्राइम ब्रांच को दी थी, जिसने इसे गंभीर मानते हुए जांच के लिए बिलखिरिया थाने को रिपोर्ट अग्रेषित की।
दूसरी कोशिश : कल अनीस खुद थाने पहुँचे ताकि रिपोर्ट के आधार पर FIR दर्ज कराई जा सके।
थाना प्रभारी की प्रतिक्रिया : FIR से इनकार : बिलखिरिया थाना प्रभारी ने FIR लेने से मना कर दिया।
शर्त रखी : शिकायत से शेरू, शरीक और अन्य मछली परिवार के नाम हटाने को कहा गया।
कथन : अनीस के अनुसार, थाना प्रभारी ने साफ कहा — “ नाम हटाओ, तभी रिपोर्ट लिखूंगा। ”
बड़े सवाल जो उठते हैं:
किस दबाव में लिया गया यह फैसला?
नेपाल भागने की फिराक में था पार्षद, पुलिस ने NSA के तहत दबोचा
30 Jul, 2025 02:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि लव जिहाद मामले में फंडिंग के आरोपी कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी को पुलिस ने जम्मू कश्मीर से गिरफ्तार कर लिया है। अभी तक पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है. इससे पहले अनवर कादरी की बेटी आयशा को 28 जुलाई को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था।
कांग्रेस विधायकों ने फूल-पत्ती लेकर प्रदर्शन किया, उमंग सिंघार का आरोप: सरकार आदिवासियों को लगातार कर रही है परेशान
30 Jul, 2025 01:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन विपक्ष के प्रदर्शन के साथ शुरू हुआ। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में वन अधिकार और पेसा एक्ट को लेकर प्रदर्शन किया। परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास इकट्ठा होकर और फूल-पत्ती लेकर प्रदर्शन किया।
पेसा एक्ट का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं
इस प्रदर्शन को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार आदिवासियों को परेशान कर रही है। वन विभाग उन्हें वन क्षेत्र से बेदखल करने में जुटा है। प्रदेश में पेसा एक्ट सही ढ़ंग से क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आदिवासियों पर अत्याचार किए जा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने दिया जवाब
कांग्रेस के प्रदर्शन पर पंचायत ग्रामीण मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि जिन्हें जीवन में कुछ नहीं किया, उनको तो मूल्यांकन का भी अधिकार नहीं है। पेसा के मामले में बेहतरीन ढंग से राज्यपाल और सीएम की अध्यक्षता में काम हुआ है। दो कमेटी बनाई गई हैं जिसका नोडल विभाग ग्रामीण विकास मंत्रालय है। उन्होंने आगे कहा कि जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं, पेसा का काम जिस स्तर से चल रहा है, वह बेहतरीन है। अगर लोग कुछ कहते है तो सदन के भीतर उसका हमारे पास जवाब है।
सल्फास खाकर दो बच्चों की मौत, माता-पिता गंभीर
30 Jul, 2025 11:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र से बहुत दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए रखी गई सल्फास की गोलियों की गैस के चपेट में एक परिवार आ गया. जहां हादसे में परिवार के चार सदस्यों की हालत बिगड़ गई. दो बच्चों की मौत हो गई. जबकि माता-पिता की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है.
परिवार के 4 सदस्यों की अचानक बिगड़ी तबीयत
शिवपुरी जिले के पोहरी थाना स्थित मामबर्वे गांव में गिर्राज धाकड़ ने अपने घर में करीब दो दिन पहले गेहूं की बोरियों में सल्फास की गोलियां रखी थी. जिससे उनका गेहूं सुरक्षित रहे. जिस कमरे में गेहूं की यह बोरियां रखी थीं, उसी कमरे में गिर्राज व उसका परिवार रोजाना सो रहा था. सोमवार-मंगलवार की दरमयानी रात 30 वर्षीय गिर्राज धाकड़ उसकी पत्नी पूनम उम्र 28 साल, बेटी मानवी उम्र 5 साल व बेटे अधिक उम्र 3 साल की अचानक तबीयत बिगड़ गई.
दो बच्चों की मौत, माता-पिता भर्ती
चारों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां डाक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया. जबकि पति-पत्नी को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है. जिला अस्पताल में परिजनों ने गिर्राज व पूनम से बात नहीं करने दी.
सल्फास की गोली की गैस से हुई मौत
वहीं मामले में एसडीओपी पोहरी ने बताया कि शुरूआती जांच में मामला गेहूं में रखी सल्फास की गोली की गैस कमरे में भरने का प्रतीत हो रहा है. इसके अलावा बच्चों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो सामने आएगा. उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल बच्चों के माता-पिता से बात नहीं हो पाई है. दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है. उनके बयान भी लिए जाएंगे.
सुभेंदु सरकार की पहली प्रतिक्रिया: ‘हम पर हमला हुआ, कार तोड़ी गई’
पूर्व सेवा गणना पर बड़ा फैसला, हाई कोर्ट की डबल बेंच ने दिया झटका
मतदान के बीच बंगाल में बवाल: मुर्शिदाबाद से सिलीगुड़ी तक झड़प, तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें
BJP सांसद का हमला: मल्लिकार्जुन खरगे का ‘दिमागी संतुलन बिगड़ा’
नहर किनारे वीडियो शूटिंग के दौरान हादसा, इलाके में मातम
कर्मचारियों के कल्याण पर जोर, अमेजन इंडिया लगाएगी 2800 करोड़
यूपी बोर्ड के नतीजे आए: हाईस्कूल 90.42% और इंटर 80.38% पास
जबलपुर स्टेशन पर मानवता की मिसाल, स्काउट्स-गाइड्स की पहल
