मध्य प्रदेश
एम.पी. ट्रांसको देवास में हुआ सी.पी.आर. प्रशिक्षण सत्र
31 Jul, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) द्वारा देवास व आसपास के सब-स्टेशनों में तैनात आउटसोर्स कर्मियों सहित अन्य कार्मिकों के लिए सी.पी.आर. (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) और आपातकालीन चिकित्सा तकनीकों पर केंद्रित एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन सिविल हॉस्पिटल देवास में किया गया। डॉ. बी.आर. शुक्ला (मेडिसिन विशेषज्ञ) और डॉ. कुलदीप एवं उनकी टीम द्वारा कर्मचारियों को जीवन रक्षक प्राथमिक चिकित्सा के व्यावहारिक गुर सिखाए गए।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा सी.पी.आर. की तकनीकी जानकारी और उसका लाइव प्रदर्शन दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि हृदयगति रुकने की स्थिति में शुरुआती तीन मिनट के भीतर दी गई सी.पी.आर. सहायता से मरीज के जीवित बचने की संभावना तीन गुना तक बढ़ जाती है। डॉ. शुक्ला ने कहा कि “हर व्यक्ति को जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी होनी चाहिए, सी.पी.आर. जैसी सरल विधि भी किसी की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकती है। बिजली व्यवस्था से जुड़े स्टाफ अगर यह ज्ञान रखते हैं तो वे केवल अपने परिवार ही नहीं, समाज के लिए भी मददगार बन सकते हैं।
स्वास्थ्य शिविर में देवास, चापड़ा, सोनकच्छ, शंकरगढ़, बरोठा, मक्सी, किशनगढ़ सहित 9 सबस्टेशनों के आउटसोर्स कर्मियों सहित लगभग 40 कर्मियों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित केन्द्रीय मंत्रियों से भेंट की
31 Jul, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह सहित अनेक केंद्रीय मंत्रियों से भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरूवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया और मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था और दुग्ध-सहकारिता गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण से भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर प्रदेश में ऊर्जा, नगरीय विकास क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट कर नई शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन सहित पाठ्यक्रमों में राष्ट्रभक्तों और महापुरूषों की जीवनियों के शामिल किए जाने संबंधी प्रगति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से सौजन्य भेंट कर 'एक पेड़ मां के नाम', 'एक बगिया मां के नाम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों और जल गंगा संवर्धन अभियान के परिणामों से भी अवगत करवाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय मंत्रीगण को प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति की जानकारी प्रदान की गई।
सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, लोगों की जान बचाने का आव्हान
31 Jul, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : सर्वोच्च न्यायालय सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष जस्टिस अभय मनोहर सप्रे ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आव्हान किया है। उन्होंने मुख्य सचिव अनुराग जैन के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक की। जस्टिस सप्रे ने बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों से आम आदमी के जीवन को सुरक्षित रखने का दायित्व निभाने की अपील भी की। उन्होंने सड़क सुरक्षा की गंभीरता के दृष्टिगत अधिकारियों को सलाह और मार्गदर्शन भी दिया। उन्होंने कहा कि स्वीडन में सड़क सुरक्षा को लेकर बहुत अच्छा काम हुआ है। वैसा काम हमारे देश में और मध्यप्रदेश में हम भी कर सकते हैं। सड़क दुर्घटना से प्रतिवर्ष लगभग डेढ़ लाख लोगों की मृत्यु होती है। उनके जीवन को बचाने के लिए मिशन की शुरूआत मध्यप्रदेश से की है। उन्होंने बताया कि रोड सेफ्टी की मैदानी स्थिति जानने के लिए वे सड़क से ही अपनी यात्रा कर रहे है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के लिए दीर्घकालीन एवं तात्कालिक नीति तैयार की जाकर क्रियान्वयन किया जाये। अच्छे काम करने वालों को प्रोत्साहित किया जाये तथा खराब सड़क बनाने वालों को ब्लैक लिस्ट करें। सड़कों पर इतनी सुरक्षा होनी चाहिये कि एक भी व्यक्ति की जान नहीं जाये। जस्टिस सप्रे ने अधिकारियों से कहा कि लोगों की जान बचाने की आपको जिम्मेदारी दी गयी है और इस कार्य पर सुप्रीम कोर्ट पूरे समय ध्यान दे रहा है।
जस्टिस सप्रे ने कहा कि जैसे मध्यप्रदेश के इंदौर ने स्वच्छता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, वैसे ही प्रदेश के शहर सड़क सुरक्षा में अपना स्थान बनायेंगे। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की है कि प्रदेश के अधिकारी लोगों की जान बचाने के लिए अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करेंगे।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि भारत सरकार की ही तरह तात्कालिक एवं दीर्घकालीन उपाय प्रदेश के सभी 55 जिलों में लागू किये जायेंगे। प्रदेश के 9 जिलों में सड़क सुरक्षा के लिए आई.आई.टी. मद्रास की मदद ली जायेगी और बाद में 6 और जिलों में यह किया जायेगा। सड़क सुरक्षा के लिए सभी एजेंसियों में समन्वय स्थापित किया जायेगा। पुलिस, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की टीम बनायी गयी है। इंजीनियरों को केपिसिटी बिल्डिंग के लिए प्रशिक्षण दिया जायेगा तथा सड़कों एवं ब्रिज की मरम्मत की जायेगी। मुख्य सचिव ने कहा कि हर जिले मे आटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन शुरू किया जायेगा। ड्राइविंग इंस्टीट्यूट की संख्या बढ़ायी जायेगी। यातायात नियमों का पालन कराया जायेगा। लोगों को हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित किया जायेगा। सभी वाहनों का इंश्योरेंस किया जायेगा। चालान जनरेशन एवं पेमेण्ट सिस्टम दुरूस्त किया जायेगा। सड़क दुर्घटना में गोल्डन ऑवर में जान बचाने के प्रयास किये जायेंगे। एम्बुलेंस की व्यवस्थाएं सुधारी जायेंगी। इमरजेंसी रिस्पांस टाइम को बेहतर किया जायेगा। यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा की जागरूकता के लिए स्कूलों में बताया जायेगा। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकें नियमित तौर पर आयोजित की जायेंगी। सड़क सुरक्षा कोष का उपयोग किया जायेगा। राहवीर योजना का भी व्यापक प्रचार-प्रसार करने की भी जानकारी दी गई।
मुख्य सचिव जैन ने जस्टिस अभय मनोहर सप्रे को आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश के अधिकारी उनके निर्देश और मार्गदर्शन से बेहतर कार्य करेंगे। एक्शन प्लान से सड़क दुर्घटनाओं में तथा मृत्यु में कमी लाने के प्रयास सफल हो सकेंगे। नोडल अधिकारी एवं परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा ने राज्य के एक्शन प्लान का प्रस्तुतीकरण किया।
बैठक में प्रमुख सचिव संदीप यादव, परिवहन सचिव मनीष सिंह, गृह सचिव श्रीमती कृष्णा वेणी-देशावतु, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास, स्कूल शिक्षा, लोक निर्माण, मध्यप्रदेश सड़क निगम विकास निगम, एवं रेल्वे के अधिकारी उपस्थित रहे।
समिति करेगी जिलों का भ्रमण
सर्वोच्च न्यायालय सड़क सुरक्षा समिति भोपाल, नर्मदापुरम एवं नरसिंहपुर जिलों का भ्रमण कर जिला सड़क सुरक्षा समिति के साथ बैठक करेगी। इसके पूर्व समिति ने इंदौर जिले का भ्रमण कर बैठक की थी।
भोपाल को बनाया जाए सड़क सुरक्षा और यातायात सुधार का आदर्श शहर : न्यायमूर्ति सप्रे
31 Jul, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे ने कहा है कि भोपाल में सड़क सुरक्षा और यातायात सुधार के क्षेत्र में संगठित प्रयासों के माध्यम से और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम सहित सभी संबंधित विभागों को गंभीरता, लगन और समर्पण भाव से कार्य करना होगा। उन्होंने समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर आगामी 3 माह में सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा संबंधी समिति भोपाल को इस दिशा में हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मृत्यु की संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
न्यायमूर्ति सप्रे की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय भोपाल में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायण, सीईओ स्मार्ट सिटी अंजू अरुण कुमार, सीईओ जिला पंचायत ईला तिवारी एवं एडीएम अंकुर मेश्राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
न्यायमूर्ति सप्रे ने कहा कि हेलमेट पहनने की आदत को बढ़ावा दिया जाए, सीट बेल्ट उपयोग के प्रति जागरूकता लाई जाए, शराब पीकर वाहन चलाने वालों एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोक परिवहन को बढ़ावा दिया जाए ताकि सड़कों पर छोटे वाहनों का दबाव कम हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस विभाग सहित सभी शासकीय कर्मचारी वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट/हेलमेट का उपयोग करें। स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया जाए। उन्होंने मीडिया से जन-जागरूकता अभियान को गति देने में सहयोग का भी आग्रह किया।
न्यायमूर्ति सप्रे ने भोपाल जिले के अंतर्गत विगत 5 वर्षों में हुई सड़क दुर्घटनाओं, ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन एवं उनके सुधार कार्यों, चालानी कार्रवाई, जन-जागरूकता अभियानों और अन्य नवाचारों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का जीवन अमूल्य है और किसी की गलती से निर्दोष की जान न जाए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। न्यायमूर्ति सप्रे ने निर्देश दिए कि वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच की जाए, ड्राइविंग टेस्ट में सख्ती बरती जाए, बीमा और लाइसेंस की अनिवार्यता सुनिश्चित की जाए तथा ओवरलोडिंग पर रोक के लिए विशेष कार्रवाई की जाए। सड़कों पर मानक गति सीमा का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के लिए राहवीर योजना और कैशलेस ट्रीटमेंट योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
सप्र ने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस बड़ी संस्थाओं से अपील करे कि वे अपने कर्मचारियों के लिए परिवहन सुविधाएं, जैसे बसें आदि, उपलब्ध कराएं जिससे सड़कों से वाहनो का अत्यधिक दबाब कम हो। उन्होंने जिले के नागरिकों से भी आग्रह किया कि बच्चों को बचपन से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि भोपाल जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें नवाचार और जन-जागरूकता अभियान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र ने कहा कि पुलिस विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर और अधिक सक्रियता से कार्य करेगा तथा जागरूकता अभियान को गति देकर उसे प्रभावी बनाया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई दिल्ली में की सौजन्य भेंट
31 Jul, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को पार्लियामेंट हाउस नई दिल्ली में सौजन्य भेंट की और पुष्प-गुच्छ भेंट कर अभिवादन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को मध्यप्रदेश की उपलब्धियों एवं नवाचार पर केंद्रित पुस्तिका “विरासत से विकास की राह” भेंट की। पुस्तिका में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास, गरीबी उन्मूलन, जनजाति कल्याण, किसान कल्याण, नारी शक्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुशासन, शहरी विकास, अधोसंरचना विकास, पर्यटन एवं संस्कृति संरक्षण और पर्यावरण संबंधी गतिविधियों एवं उपलब्धियों का ब्यौरा शामिल है।
दुबई-स्पेन की निवेश यात्रा से कराया अवगत
प्रधानमंत्री मोदी को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हाल ही में मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के लिए की गई दुबई एवं स्पेन की यात्रा में मिली सफलता की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के चहुँमुखी विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ आबादी को हमेशा मिलता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में प्रधानमंत्री मोदी के आशीर्वाद से विकसित भारत @ 2047 के विजन में मध्यप्रदेश भी अपना पूरा योगदान देगा।
MP: बाढ़ में बह गए चाचा-भतीजा, खेत में एक-दूसरे से लिपटी मिलीं लाशें, गांव में मातम
31 Jul, 2025 08:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस समय बारिश का तांडव देखने को मिल रहा है। लगातार भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। बारिश के कारण पार्वती नदी में भी उफान है। नदी का पानी आसपास के खेतों में भर रहा है। इस बीच एक ऐसा दृश्य सामने आया है, जो लोगों को दंग कर रहा है। दरअसल, नदी में बढ़े जलस्तर के कारण आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ आ गई। इस बाढ़ में 10 वर्षीय शिवम यादव,राजू यादव बह गए। नदी का पानी जब कम हुआ है, उस समय उनकी लाश मिली है। बता दें कि चाचा भतीजे की एक दूसरे से लिपटी हुई लाश खेत में पड़ी हुई नजर आई।
एक दूसरे से लिपटी मिली चाचा भतीजे की लाश
जानकारी दें कि पार्वती नदी का पानी उतरा तो आमलदा से एक मार्मिक तस्वीर सामने आई। बता दें कि 10 वर्षीय शिवम यादव,राजू यादव के पार्वती नदी में आई बाढ़ में बह जाने से मृत्यु हो गई। दोनों कल खेत में डले हुए पाइपों को हटाने गए थे। बताया जाता है कि पार्वती नदी का पानी खेतों में आ गया था, पाइपों के बहने का खतरा था। इसी दौरान हादसे का शिकार तो गए। कल शाम को पुलिस को भी सूचना दी गई, देर शाम तक खोज भी हुई थी।
आज सुबह मिली लाश
तमाम खोजबीन के बाद आज सुबह के करीब 6-7 बजे जब पार्वती नदी का जलस्तर कम हुआ तो उसी खेत में एक दूसरे से लिपटे हुए शव मिले, जिस खेत से पाइप हटाने गए थे।
अशोकनगर में बारिश ने मचाई तबाही, खेतों में भरा पानी, किसानों की फसलें नष्ट
31 Jul, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अशोकनगर: मध्य प्रदेश में मानसूनी बारिश ने चारों तरफ आफत मचाई हुई है. ज्यादातर जिलों में हालात खराब हैं. नदी-नाले उफान पर हैं. सड़क, खेतों से लेकर घरों में पानी भर रहा है. कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है. वहीं अशोकनगर में भी मूसलाधार बारिश से आम जनजीवन के साथ किसानों को भी नुकसान पहुंचाया है. बाढ़ से नष्ट हुई फसलों को लेकर किसानों ने लोकगीत गाकर शासन-प्रशासन से अपील की है.
बारिश से जनजीवन हुआ प्रभावित
अशोकनगर जिले के मुंगावली विधानसभा में बेतवा नदी उफान पर है. जिससे इस क्षेत्र में आने वाले निटर गांव में पानी भर गया है. लगातार बारिश के चलते लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. इस दौरान प्रदेश भर के नदी, तालाब और नाले उफान पर चल रहे हैं. वहीं अगर किसानों की बात की जाए तो, अब उनकी फसल भी पूरी तरह से नष्ट हो गई है.
जिसको लेकर किसान अपने दर्द को कई तरह से बयां करते नजर आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला अशोकनगर जिले से भी सामने आया है. जहां लोकगीत के माध्यम से किसानों ने अपनी नष्ट हुई फसल की पीड़ा को बयां किया है.
घर डूबे, अब किसान की फसल भी नष्ट
बेतवा नदी के पास मुंगावली क्षेत्र में आने वाले कई ग्रामीण इलाकों में पानी भर गया है. जिससे किसानों की फसल भी पूरी तरह से नष्ट हो गई है. इसके बाद किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है, लेकिन कोई भी प्रशासनिक स्तर पर पहल शुरू नहीं होते देख, किसानों का दर्द अब साफ तौर पर झलकने लगा है. जिसके किसके बाद किसानों ने अपने-अपने तरीके से अपनी फसलों में हुए नुकसान को लेकर कई तरीके अपनाए हैं. जिसमें लोकगीत के माध्यम से किसानों ने अपने दर्द को बताया है.
विधायक,मुख्यमंत्री को लोकगीत के माध्यम से सुनाई पीड़ा
लगातार बेतवा नदी का जल स्तर बढ़ने के कारण मुंगावली विधानसभा में आने वाले निटर गांव की फसले और गांव पूरी तरह से डूब क्षेत्र में आ गया है. गांव के ही किसान राजेंद्र सिंह चौहान और खुमान आदिवासी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात और फसल को हुए नुकसान की पीड़ा व्यक्ति की है. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय विधायक बृजेंद्र सिंह यादव को अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया, कि किसानों की जो परेशानी है, वह स्थानीय विधायक मुख्यमंत्री को बताइए कि किस तरह से हमारी फसलों को नुकसान हुआ है. अब हमारा जनजीवन पूरी तरह से तहस नहस हो गया है.
सोशल मीडिया पर जमकर टोल हुआ लोकगीत
मुंगावली विधानसभा के निटर गांव के किसानों द्वारा लोकगीत का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस लोकगीत के माध्यम से इन किसानों ने शासन-प्रशासन से अपने नुकसान की भरपाई करने की बात कही है.
दमोह: शराब के नशे में पुल पर नहाने गया युवक बाढ़ में बहा, अब तक लापता
31 Jul, 2025 06:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दमोह। दमोह जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। गुरुवार दोपहर जबेरा थाना क्षेत्र के विजय सागर के नाले में शराब के नशे में नहा रहा 25 वर्षीय युवक निलेश पिता कल्याण सिंह पानी में बह गया। उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई। बताया जा रहा है युवक शराब के नशे में बाढ़ ग्रस्त पुल पर नहा रहा था, जबकि पानी का बहाव काफी तेज था। शराब के नशे में नहाते समय जब तेज बहाव में संतुलन बिगड़ गया तो वह बह गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जबेरा थाना प्रभारी जबेरा विकास सिंह चौहान पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से निलेश की तलाश की गई, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि युवक कहीं दिखाई नहीं दिया। SDRF की टीम को सूचना दी गई टीम ने नाव के सहारे काफी दूर तक युवक की खोज की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बता दें विजय सागर गांव को जबेरा जनपद मुख्यालय की मुख्य सड़क से जोड़ने वाले मार्ग पर डाउन लेबिल की पुलिया बनी हुई है। जिसकी ऊंचाई बढ़ाने की मांग स्थानीय लोगों द्वारा काफी समय से की जा रही है, लेकिन प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया। हल्की बारिश में यह पुल बाढ़ ग्रस्त हो जाता है और जनपद मुख्यालय तक पहुंचने के लिए यही एकमात्र रास्ता है। बुधवार से यह पुल पानी में डूबा है जहां से आवागमन पूर्ण रूप से बंद है। ग्रामीणों नेप्रशासन से पुल की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है।
जबेरा तहसीलदार सोनम पांडे ने बताया विजय सागर गांव में निलेश पिता कल्याण सिंह 25 बाढ़ग्रस्त नाले में नहाने आया था और बह गया। युवक तैरना जानता था, लेकिन शराब की नशे में होने की वजह से नाले के तेज बहाव में बह गया। एसडीआरएफ की टीम युवक की खोज करने में लगी हुई है, लेकिन पता नहीं चला। लोगों से अपील की गई है तेज बारिश का दौरा चल रहा है नदी नाले उफान पर हैं। इसलिए नदी नालों के आसपास न जाएं और सुरक्षित रहें। जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान का कहना है विजय सागर में दोपहर करीब दो बजे एक युवक बाढ़ग्रस्त नाले में नहाते वक्त बह गया है। सूचना मिलते ही पुलिस स्टाफ एवं स्थानीय लोगों की मदद से तलाश की जा रही है। दमोह से एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई रेस्क्यू अभियान जारी है, लेकिन अभी तक युवक का कुछ पता नहीं चला है।
दमोह की बेटी चाहत पांडे बॉलीवुड में सफलता के कदम बढ़ा रही
31 Jul, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दमोह : दमोह की रहने वाली चाहत पांडे अभिनय के क्षेत्र में बॉलीवुड में तेजी से उभर रही हैं. छोटे पर्दे की सिने स्टार चाहत मणि पांडे को यंगेस्ट सक्सेजफुल एक्टर इन टेलीविजन लीड एक्टर अवार्ड से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान उन्हें दुबई में आयोजित कार्यक्रम में दिया गया. दमोह जिले के ग्राम चंडी चौपरा से निकलकर मायानगरी में अपनी अलग पहचान बनाने वाली सिने स्टार चाहत मणि पांडे को अवार्ड मिलने से पूरे बुंदेलखंड का नाम ऊंचा हुआ है.
दादा साहेब फाल्के आईकॉन अवार्ड कार्यक्रम
चाहत पांडे को दुबई में 29 जुलाई को संपन्न हुए दादा साहेब फाल्के आईकॉन फिल्म इंटरनेशनल अवार्ड कार्यक्रम में 'यंगेस्ट सक्सेजफुल एक्टर इन टेलीविजन लीड एक्टर' के आवर्ड से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शेख मालिद ने उन्हें ट्रॉफी सौंपी. अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद वर्ष 2015 में चाहत चंडी चौपरा से अपने सपनों को समेटे वह मायानगरी मुंबई चली गई. वहां पर उन्हें पहला ब्रेक पवित्र रिश्ता सीरियल से मिला. उनके इस कार्यक्रम में दिखाए गए रोल को बहुत सराहना मिली.
कई टीवी सीरियल में अभिनय का लोहा मनवाया
अभिनय के क्षेत्र में चाहत पांडे लगातार आगे बढ़ती गई. स्टार भारत पर प्रसारित मां दुर्गा, सावधान इंडिया तथा हाल ही में बिग बॉस में वह पहुंची. जहां पर उन्हें सुपरस्टार सलमान खान के साथ काम करने का मौका मिला. अवार्ड मिलने पर एक्ट्रेस चाहत पांडे ने कहा "वह अपनी मां की सपोर्ट और उनके विश्वास की वजह से यहां तक पहुंची हैं. यदि उनकी मां नहीं होती तो शायद यहां तक नहीं पहुंच पाती. आज वह जो कुछ भी है अपनी मां की बदौलत हैं."
एक्ट्रेस चाहत पांडे ने कहा "मध्य प्रदेश का एक छोटा सा जिला है दमोह. वहां से निकालकर इस मुकाम तक लेकर मुझे मेरी मां आई हैं. आज उन्हीं के आशीर्वाद से मैं दुबई के इस मंच पर खड़ी हूं." इस अवार्ड के लिए चाहत ने फिल्म फेयर अवार्ड की पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए अंत में जय हिंद जय बुंदेलखंड बोलकर अपनी खुशी जाहिर की.
बता दें कि चाहत पांडे ने सिर्फ बॉलीवुड में ही अपनी जगह नहीं बनाई है, उनका अपनी जन्मभूमि और दमोह जिले से गहरा नाता है. वह 2023 में विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं. वह आम आदमी पार्टी की ओर से प्रत्याशी बनाई गई थी.
18 महीने का विकास रिपोर्ट लेकर पहुंचे दिल्ली, पीएम मोदी से मिले सीएम यादव
31 Jul, 2025 05:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: सीएम मोहन यादव दिल्ली दौरे पर हैं। दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की है। मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने 18 महीने के कार्यकाल का हिसाब दिया है। साथ ही उनसे मार्गदर्शन का प्राप्त किया है।
सहयोग का किया है अनुरोध
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भविष्य के लिए प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन और सहयोग का अनुरोध किया है। सीएम ने उनसे पार्लियामेंट हाउस में मुलाकात की है। मोहन यादव ने नवाचार पर केंद्रित पुस्तक विरासत से विकास की राह भेंट की है। पुस्तिका में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के चौमुखी विकास की गाथा है।
18 महीने के कार्यकाल का है हिसाब
इसके साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास, गरीबी उन्मूलन, जनजाति कल्याण, नारी शक्ति स्वास्थ्य,शिक्षा, सुशासन , शहरी विकास, अधो संरचना विकास, पर्यटन एवं संस्कृति, को संरक्षण और पर्यावरण का लेखा-जोखा है।
औद्योगिक निवेश के बारे में दी जानकारी
वहीं, सीएम मोहन यादव ने हाल ही में संपन्न सफल औद्योगिक निवेश की दुबई और स्पेन यात्रा के बारे में भी प्रधानमंत्री को विस्तार से बताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन और सहयोग प्रदेश के चहुमुखी विकास के लिए मिलता रहेगा।
विजन 2047 में रहेगा एमपी का योगदान
इसके साथ ही यादव ने आशा की कि प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से भारत 2047 का विजन जो प्रधानमंत्री ने देखा है। उसको पूरा करने में मध्यप्रदेश अपना पूरा योगदान देगा। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावे अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मोहन यादव ने मुलाकात की है। मुलाकात के दौरान एमपी से संबंधित परियोजनाओं के बारे में चर्चा की है। सीएम देर रात दिल्ली से भोपाल लौट आएंगे।
मध्य प्रदेश विधानसभा में भारतीय स्टांप (मध्यप्रदेश संशोधन) विधेयक 2025 को सर्वसम्मति से पास
31 Jul, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : यदि आप किसी मकान या प्लॉट की रजिस्ट्री कराने जा रहे हैं तो इससे पहले दस्तावेज को बारीकी से जरूर पढ़ लें, क्योंकि यदि रजिस्ट्री के बाद इसमें संशोधन कराया तो अब 5 गुना ज्यादा शुल्क का भुगतान करना होगा. राज्य सरकार ने स्टांप शुल्क में बढोत्तरी कर दी है. मध्यप्रदेश विधानसभा में भारतीय स्टांप (मध्यप्रदेश संशोधन) विधेयक 2025 को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया. इसके साथ ही प्रदेश में शपथ पत्र बनवाना, एंग्रीमेंट और पॉवर ऑफ अटॉर्नी के लिए लोगों को ज्यादा पैसा चुकाना होगा.
किस मद में कितना शुल्क बढ़ा
यदि भूमि या भवन की रजिस्ट्री कराते समय कुछ गलती हो गई हो तो अब उसमें सुधार के लिए 5 गुना अधिक राशि देनी होगी. अभी तक रजिस्ट्री में सुधार के लिए 1 हजार रुपए की राशि देनी होती थी, लेकिन यदि अब इसमें संशोधन के लिए 5 हजार रुपए का स्टांप शुल्क देना होगा. यदि आप कोई शपथ पत्र बनवाने जा रहे हैं तो अब भूल जाएं कि यह 50 रुपए के स्टांप पर भी बन सकता है. अब 50 रुपए के स्टांप के स्थान पर 200 रुपए का स्टांप ही मान्य किया जाएगा.
अचल संपत्ति खरीदने की एग्रीमेट फीस 5 हजार
अचल संपत्ति खरीदने के पहले उसका एग्रीमेट कराने के लिए अभी तक 1 हजार रुपए के स्टांप पर एग्रीमेंट मान्य होता था, लेकिन अब इसके स्थान पर 5 हजार रुपए के स्टांप पर ही एग्रीमेंट कराना होगा. यह ऐसे मामलों में मान्य होगा जिसमें अचल संपत्ति का कब्जा नहीं दिया जा रहा हो. विकास, निर्माण या प्रतिभूति बांड से हटकर कोई एग्रीमेंट किया जा रहा हो, जिसका संविदा मूल्य 50 लाख रुपए तक है तो ऐसे मामलों में 500 रुपए के एग्रीमेंट के स्थान पर 1 हजार रुपए के स्टांप पर एग्रीमेंट करना होगा.
इसके अलावा यदि संविदा मूल्य 50 लाख रुपए से ऊपर है तो ऐसे मामलों में संपत्ति मूल्य के 0.2 मूल्य का स्टांप शुल्क देना होगा. इसी तरह कंसेंट डीड का भी स्टांप शुल्क बढ़ा दिया गया है. अब इसे 1 हजार रुपए से बढ़ाकर 5 हजार रुपए कर दिया गया है. खनन लीज के लिए अब कुल देय रकम का 2 फीसदी स्टांप शुल्क देना होगा.
पॉवर ऑफ अटॉनी कराना भी महंगा
मध्य प्रदेश में पॉवर ऑफ अटॉनी कराना भी महंगी पड़ेगी. जब इसके जरिए एक या अधिक व्यक्तियों को सिंगल ट्रांजेक्शन में की जाएगी तो इसके लिए 1 हजार के स्थान पर 2 हजार रुपए का स्टांप शुल्क देना होगा. यदि यह संख्या अधिक होगी तो इसके लिए 5 हजार रुपए का स्टांप शुल्क देना होगा. इसी तरह ट्रस्ट की संपत्ति के मामले में स्टांप शुल्क को भी 5 हजार रुपए कर दिया गया है. पहले यह 1 हजार रुपए था.
पिस्टल, बंदूक की फीस बढाई
मध्यप्रदेश में पिस्टल, बंदूक का लाइसेंस बनवाने या इसका लाइसेंस रिन्यू करवाना भी अब महंगा हो गया है. पिस्टल या बंदूक का लाइसेंस बनवाने के लिए अब 10 हजार रुपए का शुल्क देना होगा. पहले यह 5 हजार रुपए थी. इसी तरह इसका लाइसेंस का नवीनीकरण कराया जाता है तो इसके लिए 5 हजार रुपए की राशि देनी होगी. पहले यह राशि 2 हजार रुपए थी.
मालेगांव बम विस्फोट मामले में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर सहित सभी सातों आरोपी बरी
31 Jul, 2025 04:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: चर्चित मालेगांव ब्लास्ट मामले में पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा आरोप मुक्त हो गई. पिछले 17 सालों से वह इस दिन का इंतजार कर रही थी. अदालत का फैसला सुनाए जाने पर उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक आए.
मुंबई एनआईए विशेष अदालत के फैसले पर खुशी व्यक्त करते हुए साध्वी प्रज्ञा ने कहा, 'भगवा और हिंदुत्व की जीत हुई है. विस्फोटों में असली दोषियों को सजा मिलेगी. फैसले के बाद रोते हुए प्रज्ञा ने कहा, 'भगवा को उन्होंने साजिश के तहत बदनाम किया, आज भगवा की जीत हुई है और हिंदुत्व की जीत हुई है और जो लोग दोषी हैं उन्हें भगवान सजा देंगे. लेकिन जिन्होंने भारत और भगवा दोनों को बदनाम किया, वे आपके द्वारा गलत साबित नहीं हुए हैं. मैं आपको (न्यायाधीश अभय लोहाटी को) धन्यवाद देती हूं.'
2008 के मालेगांव विस्फोट मामले को 2011 में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) से एनआईए को सौंप दिया गया था. 17 साल के लंबे इंतजार और सैकड़ों गवाहों की सुनवाई के बाद एनआईए की विशेष अदालत ने आज गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और अन्य सभी आरोपों के तहत सभी सात आरोपियों को बरी कर दिया.
जांच के दौरान उन्हें किस तरह 'प्रताड़ित' किया गया, इसका विवरण देते हुए पूर्व सांसद ने वही बात दोहराई जो उन्होंने पहले कही थी कि आरोपियों को फंसाने के लिए जांच पर दबाव डाला गया था. उन्होंने कहा, 'मैंने शुरू से ही कहा है कि जिन्हें भी जांच के लिए बुलाया जाता है, उनके पीछे कोई आधार होना चाहिए.'
उन्होंने आगे कहा,'मुझे जांच के लिए बुलाया गया और गिरफ्तार कर लिया गया तथा प्रताड़ित किया गया. इससे मेरा पूरा जीवन बर्बाद हो गया. मैं एक साधु का जीवन जी रही थी, लेकिन मुझ पर आरोप लगा दिए गए और कोई भी हमारे साथ खड़ा नहीं हुआ. मैं जीवित हूं क्योंकि मैं एक संन्यासी हूं, मैं हर दिन मरते हुए अपना जीवन जी रही हूं.'
अदालत में पूर्व सांसद को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के कारण आरोपी के बजाय गवाह के कटघरे में बैठने की अनुमति दी गई. एक अन्य बरी किए गए मेजर (सेवानिवृत्त) रमेश उपाध्याय ने फैसले पर राहत व्यक्त की और शारीरिक, मानसिक और वित्तीय यातना का भी आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, 'हमें शारीरिक, मानसिक और आर्थिक यातनाओं समेत हर तरह की यातना सहनी पड़ी. हमने स्वेच्छा से नार्को टेस्ट कराया, लेकिन उस पर भरोसा नहीं किया गया क्योंकि यह अभियोजन पक्ष के मामले के अनुकूल नहीं था. मुझे खुशी है कि अदालत ने हमें राहत दी. मैं आभारी हूं कि यह कलंक हमारे जीवन से मिट जाएगा.' लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित ने भी न्याय प्रणाली में उनका विश्वास बहाल करने के लिए अदालत का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा, 'मैं व्यवस्था में आम आदमी का विश्वास फिर से बहाल करने के लिए आपका धन्यवाद करता हूं.
फार्महाउस से फाइव स्टार होटल तक 'मछली' ने कैसे बिछाई भ्रष्टाचार की बिसात?
31 Jul, 2025 02:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्यप्रदेश में वर्ष 2003 से अब तक भाजपा की सरकार रही है, 2018-19 को छोड़कर। इस दौरान उमा भारती, बाबू लाल गौर, शिवराज सिंह चौहान के अलावा कमलनाथ भी मुख्यमंत्री रहे। इस बीच एक 'मछली' ने कैसे अपने रुतबे का इस्तेमाल करके सरकारी भूमि पर मनमाने तरीके से कब्जा कर लिया। लोगों के मन में यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर 'मछली' पर किस 'मगरमच्छ' का हाथ था कि वह 100 करोड़ रुपये की सरकारी भूमि पर कब्जा कर बैठा।
कई रसूखदार लोगों के साथ वायरल हुईं फोटो
अब जबकि 'मछली' के बेटे आपराधिक केस में फंसे और उनकी एक मंत्री और कई रसूखदार अफसरों के साथ फोटो वायरल हुईं तो मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भृकुटी तन गईं। इसी के साथ तत्काल एक्शन शुरु हो गया।
100 करोड़ की संपत्ति पर चला बुलडोजर
बुधवार रात तक शारिक मछली के कुनबे की लगभग 100 करोड़ रुपये की संपत्ति पर बुलडोजर चला दिया। राजस्व विभाग के अफसरों ने बताया कि अतिक्रमणकर्ता ने सरकारी भूमि में फार्महाउस, मकान बना लिया था। इसके अलावा कहीं शादी हॉल बनाया तो कहीं बाउंड्रीवॉल बना ली थी। इसके अलावा होटल बनाकर धंधा भी संचालित किया जा रहा था।
कहां किसकी संपत्ति पर चला बुलडोजर
1. शकील अहमद पिता शरीफ अहमद का फार्म हाउस, कीमत 55 करोड़।
2. शारिक पिता शरीफ अहमद का वेयर हाउस, कीमत 10 करोड़।
3. शकील अहमद पिता शरीफ अहमद का सुमन फार्म, कीमत 5 करोड़।
4. इरशाद अहमद पिता सरफराज मोहम्मद खान का कारखाना, कीमत 10 करोड़।
5. अता उल रहमान पिता मुफ्ती रईस अहमद खान अवैध मदरसा एवं अवैध दुकान, कीमत 5 करोड़।
6. शरीक पिता शरीफ अहमद द्वारा अवैध बकरा और मुर्गी फार्म, कीमत 8 करोड़।
7. शारिक अहमद उर्फ मछली, सोहेल अहमद, शफीक अहमद तीनों के पिता शरीफ अहमद तीन मंजिल कोठी को अधिपत्य में लिया, कीमत 10 करोड़।
अधिकारियों के अनुसार उक्त सभी अतिक्रमण शासकीय भूमि पर बिना अनुमति बनाए गए थे, जिन्हें नगर निगम द्वारा हटाने का नोटिस दिया गया। अतिक्रमण ना हटाने पर कार्रवाई की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 100 करोड़ आंकी गई।
क्यों शुरू हुई कार्रवाई
आपको बता दें कि पिछले दिनों ड्रग्स जिहाद और लव जिहाद के आरोप शारिक मछली पर लगे थे। शारिक और उसके चाचा पर दुष्कर्म और धमकाने के आरोप में FIR दर्ज हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
इंजेक्शन और नशे की पुड़िया लेकर पहुंचे विधायक, सदन में अनोखा प्रदर्शन
31 Jul, 2025 02:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन विपक्ष ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास इकट्ठा होकर कांग्रेस विधायकों ने प्रतीकात्मक इंजेक्जशन और ‘नशे की पुड़िया’ लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायकों ने नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई कांग्रेस विधायक शामिल हुए।
मुख्यमंत्री जी बताओ, एमपी में नशा कैसे छाया?
विधायकों ने तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। एक कांग्रेस विधायक की तख्ती में लिखा हुआ था कि जो सरकार रोजगार नहीं दे सकती, वो ड्रग्स माफिया को संरक्षण दे रही है। इसके साथ ही एक अन्य विधायक ने तख्ती को लेकर प्रदर्शन किया जिसमें लिखा हुआ था मुख्यमंत्री जी बताओ, एमपी में नशा कैसे छाया? इसके साथ ही एक तख्ती में लिखा हुआ था कि भोपाल की एमडी ड्रग्स किसकी थी।बीजेपी पर आरोप लगाते हुए एक तख्ती पर लिखा कि नशे से लाचार प्रदेश, भाजपा का यही संदेश।
भैंस-बीन और ‘गिरगिट से प्रदर्शन
विधानसभा की कार्यवाही के पहले दिन कांग्रेस विधायक प्रतीकात्मक गिरगिट लेकर पहुंचे थे। वहीं दूसरी दिन विधानसभा परिसर में प्रतीकात्मक भैंस के सामने बीन बजाकर प्रदर्शन किया। वहीं राज्य में पेसा एक्ट का सही से क्रियान्वयन ना होने के कारण फूल-पत्ती लेकर सत्र के तीसरे दिन प्रदर्शन किया था।
8 अगस्त तक चलेगा मानसून सत्र
मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 8 अगस्त तक चेलगा. 12 दिवसीय सत्र के दौरान कुल 10 बैठकें होगी, जबकि 2 और 3 अगस्त(शनिवार और रविवार) को अवकाश रहेगा। इस सत्र के लिए कुल 3 हजार 377 सवालों में से 2076 सवाल ऑनलाइन आए थे, जबकि 1301 सवाल ऑफलाइन पूछे गए हैं।
रीवा में साले ने कार के अंदर जीजा को जलाने की कोशिश की, असफल होने पर पैर में मारी गोली.
31 Jul, 2025 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रीवा: जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र से एक सनसनी खेज वारदात सामने आई है. आरोप है कि, बुधवार रात जीजा साले की लड़ाई ने इतना भयंकर रूप ले लिया की पहले तो साले ने जीजा को कार के अंदर जिंदा जलाने का प्रयास किया, जब वह इसमें असफल हुआ तो जीजा पर पिस्टल से फायरिंग कर दी. साले की पिस्टल से निकली गोली सीधा जीजा के पैर में जा धसी. वहीं घटना में साले की कार धू धूकर जल गई. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जीजा को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया. घटना के बाद से साला और उसके साथी फरार हैं.
जीजा ने साले पर लगाया जिंदा जलाने का आरोप
दरअसल, यह घटना सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड़ा गांव की है. यहां पर रहने वाले सलीम खान का साला उत्तर प्रदेश स्थित राजापुर निवासी इमरान खान अपने अन्य साथियों के साथ जीजा सलीम खान से मिलने के लिए सेमरिया स्थित गोड़ा गांव आया था. आरोप है की यहां पर स्थित एक पहाड़ी क्षेत्र में सभी ने मिलकर पहले शराब पार्टी की. फिर जीजा सलीम खान पर हमला करते हुए जबरन उसे कार में बैठाया.
बचकर भागा तो मार दी गोली
जीजा का आरोप है कि, साले और उसके साथियों ने कार में पेट्रोल डालकर आग लगाई जिसके बाद वह कार से कूदकर भागने लगा लेकिन तभी साले ने पिस्टल निकाल कर उसपर फायरिंग कर दी. पिस्टल से निकली गोली सीधे जीजा सलीम खान के पैर में जा लगी. उधर आग के हवाले हुई कार धू धू कर जल गई.
घर जमाई बनाकर रखना चाहते थे ससुराल वाले
पुलिस के मुताबिक, जीजा साले के बीच कार को लेकर कुछ विवाद था. लेकिन पीड़ित सलीम खान के मुताबिक, उसके ससुराल वाले उसे घर जमाई बनाकर उत्तर प्रदेश स्थित अपने घर पर रखना चाहते थे. मगर जीजा सलीम को यह सब मंजूर नहीं था. उसके मना करने के बाद साला नाराज हो गया जिसके बाद साला इमरान अपने साथियों साथ जीजा के यहां गोड़ा गांव पहुंचा योजना बद्ध तरीके से साला इमरान अपने साथियों के साथ मिलकर जीजा को शराब पिलाने के बहाने सुनसान इलाके में ले गया. जीजा के साथ मारपीट करते हुए कार के अंदर ही जिंदा जलाने का प्रयास किया. जब वह इसमें असफल हुआ तो उसने पिस्टल से फायरिंग कर दी.
7 महीने ससुराल में रहा, तालमेल नहीं बना तो लौटा वापस
अस्पताल में भर्ती जीजा सलीम खान ने बताया कि, ''वह पिछले सात महीनों से अपने ससुराल मे ही था. लेकिन जब तालमेल नहीं बना तो वह वापस लौट आया. बीते दिनों पत्नी के परिवार वाले आए और उसे अपने साथ लेकर चले गए. ससुराल वालों का कहना था की मैं भी उनके साथ ससुराल में ही रहूं. मगर मैंने इनकार कर दिया. इसी बात से गुस्साए साले और उसके साथियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया.''
घटना की जांच में जुटी पुलिसः एसपी
पूरे मामले पर एसपी विवेक सिंह का कहना है कि, ''जीजा साले के बीच कार को लेकर कुछ विवाद था. सेमरिया में बुधवार को दोनों के बीच विवाद हुआ था जिसमें साले के अन्य साथी भी उपस्थित थे. इस दौरान कार को आग के हवाले कर दिया गया. युवक सलीम खान के पैर में गोली लगी थी. घायल के मुताबिक उसके सालों ने उस पर हमला किया था. घटना की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य निकल कर सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी.''
रेल चिकित्सालय में स्वास्थ्य शिविर, पोषण पर विशेष फोकस
सुभेंदु सरकार की पहली प्रतिक्रिया: ‘हम पर हमला हुआ, कार तोड़ी गई’
पूर्व सेवा गणना पर बड़ा फैसला, हाई कोर्ट की डबल बेंच ने दिया झटका
मतदान के बीच बंगाल में बवाल: मुर्शिदाबाद से सिलीगुड़ी तक झड़प, तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें
BJP सांसद का हमला: मल्लिकार्जुन खरगे का ‘दिमागी संतुलन बिगड़ा’
नहर किनारे वीडियो शूटिंग के दौरान हादसा, इलाके में मातम
कर्मचारियों के कल्याण पर जोर, अमेजन इंडिया लगाएगी 2800 करोड़
यूपी बोर्ड के नतीजे आए: हाईस्कूल 90.42% और इंटर 80.38% पास
