मध्य प्रदेश
भोपाल मंडल में 3300 चेन पुलिंग, कई यात्रियों को भुगतनी पड़ी जेल की हवा
13 Aug, 2025 12:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल रेल मंडल ने पिछले 7 महीने में 3300 मामले सामने आए हैं. इनमें से 2981 यात्रियों को पकड़कर का रेलवे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने इन लोगों पर जुर्माना लगाया है। वहीं 402 मामलों के संबंध में जांच जारी है। अब तक 12 से अधिक यात्रियों को कारावास की सजा सुनाई है।
एक बार चेन पुलिंग से 5 मिनट लेट होती है ट्रेन
बिना ट्रेन की चेन पुलिंग करने पर हर बार ट्रेन 5 मिनट देर होती है। यात्री टिकट चेकिंग से बचने के लिए ट्रेन की चेन पुलिंग रेलवे स्टेशन के आउटर में करते हैं। इसके अलावा देरी से स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन में बैठा साथी चेन पुलिंग कर देता है, नींद में डेस्टिनेशन छूटना या गलत ट्रेन में चढ़ना जैसे कारण शामिल हैं।
रेल यातायात में पड़ता है असर
ट्रेन में चेन पुलिंग बार-बार होने से ट्रेन यातायात पर इसका असर देखने को मिलता है। ट्रेन देरी से चलती हैं यात्री देरी से अपने डेस्टिनेशन स्टेशन पर पहुंचते हैं। इसका असर पूरे रेल सिस्टम पर पड़ता है भोपाल रेल मंडल में RPF ने रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत 100 प्रतिशत मामलों में यात्रियों को पकड़ा और उन पर जुर्माना लगाया और सजा दी थी।
एक साल की कैद हो सकती है
ट्रेन की हर बोगी में एक चेन लगी होती है, जिसे पुल या खींचने पर ट्रेन रुक जाती है। इसके साथ ही एक मैसेज लिखा होता है कि गाड़ी खड़ी करने के लिए जंजीर खींचिए। उचित और पर्याप्त कारण के बिना जंजीर खींचने की सजा 1000 रुपये तक जुर्माना और एक साल की कैद है।
अमित शाह से मुलाकात के बाद चर्चा गर्म, CM मोहन यादव के दौरे के क्या हैं मायने?
13 Aug, 2025 12:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
CM Mohan Yadav- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को दिल्ली पहुंचे। सुबह करीब 10 बजे उन्होंने भोपाल से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। दिल्ली पहुंचकर वे एक कार्यक्रम में शामिल हुए। बाद में सीएम मोहन यादव देश के गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पहुंचे और विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। शाह से सीएम की इस मुलाकात से प्रदेश में सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। एमपी में निगम, मंडलों में नियुक्तियों की कवायद के बीच सीएम मोहन यादव की अमित शाह से भेंट की खबर से कई बीजेपी नेताओं की धड़कनें बढ़ गई हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली में सीएम मोहन यादव अनेक केंद्रीय मंत्रियों से मिलेंगे। इस दौरान वे राज्य के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव एक बार फिर दिल्ली के दौरे पर हैं। बीजेपी संगठन और प्रशासनिक हलकों में उनके इस दौरे पर गहरी नजर है। सूत्रों के अनुसार सीएम मोहन यादव की दिल्ली में कुछ केंद्रीय मंत्रियों के साथ भेंट प्रस्तावित हैं। वे मंत्रियों से एमपी के विकास प्रोजेक्ट्स और केंद्रीय योजनाओं को लेकर बातचीत करेंगे।
गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे
दिल्ली पहुंचकर मुख्यमंत्री मोहन यादव एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद वे सीधे गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे। यहां संगठन सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए की जा रही कोशिशों से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री का कुछ अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात का शेड्यूल है। उनके देर रात तक भोपाल लौटने की सूचना है।
गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात पर ट्वीट किया
नई दिल्ली में सीएम मोहन यादव मीडिया से भी रूबरू हुए। गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात पर उन्होंने ट्वीट भी किया। सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा-
आज नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर दूध उत्पादन में वृद्धि, नए कानूनों के क्रियान्वयन, सहकारिता सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। मध्यप्रदेश सुशासन के नए-नए कीर्तिमान रचे तथा देश की डेयरी राजधानी बने; इस दिशा में हम निरंतर प्रयासरत हैं।
मछली परिवार के घर में छुपा हथियारों का खजाना, PFI से तार जोड़ने में जुटी पुलिस
13 Aug, 2025 12:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मछली परिवार के लव जिहाद, ड्रग्स जिहाद, हथियारों की तस्करी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मछली परिवार के घर से सेना और अर्धसैनिक बल का एम्यूनेशन बॉक्स मिलने की खबर है। बक्से पर सरकारी सील भी मिली है. बताया जा रहा है कि बॉक्स में हैंड ग्रेनेड और गोला-बारूद भी मिला है। इसके अलावा एक अवैध राइफल भी बरामद की गई है। ये बॉक्स भोपाल के कोकता बाइपास वाले घर से मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
एम्यूनेशन बॉक्स में रखे जाते हैं गोला-बारूद
भोपाल के कोकता इलाके से पुलिस को तलाशी के दौरान मछली परिवार के घर से सेना का एम्यूनेशन बॉक्स मिला। बताया जा रहा है कि सेना इसका उपयोग गोला-बारूद रखने के लिए करती है। एम्यूनेशन बॉक्स को निजी तौर पर रखना राष्ट्रीय संपत्ति से खिलवाड़ है। भोपाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
PFI से कनेक्शन आया सामने
मछली परिवार का आतंकी संगठन PFI से कनेक्शन सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक इंदौर में लव जिहाद के लिए फंडिंग का आरोपी अनवर कादरी से कनेक्शन भी मिला है। बताया जा रहा है कि मछली परिवार लव जिहाद के लिए फंडिंग करता है। इस बारे में क्राइम ब्रांच जल्द कोई बड़ा खुलासा कर सकती है।
एक और पीड़ित आया सामने
एक पीड़ित ने ड्रग्स जिहाद मामले में आरोपी शारिक अहमद पर अपहरण केस दर्ज करवाया है। पीड़ित ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसे फार्म हाउस में ले जाया गया। जहां उसके साथ मारपीट की गई। झूठा केस दर्ज करवाया गया। धारा 307 लगवाकर जेल पहुंचाया गया। एक डॉक्टर की गवाही के बाद वह निर्दोष साबित हुआ।
मछली परिवार के पास 200 करोड़ का साम्राज्य
एक अनुमान के मुताबिक मछली परिवार के पास अवैध तरीके से जुटाई गई 200 करोड़ रुपये की संपत्ति है। प्रशासन ड्रग्स और लव जिहाद के आरोपियों यासीन अहमद और उसके चाचा शाहवर मछली के परिवार की संपत्तियों को खंगाल रहा है। प्रॉपर्टी कहां-कहां है और किस साल में खरीदी गई, साथ ही सरकारी प्रॉपर्टी पर निर्माण और कहां है, यह भी खसरों के आधार पर जांच की जा रही है।
इमरजेंसी कॉल! दिल्ली से फोन आते ही कैबिनेट मीटिंग छोड़ी, रवाना हुए CM मोहन यादव
13 Aug, 2025 09:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP News: दिल्ली से आए एक फोन के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव(CM Mohan Yadav) दिल्ली के लिए रवाना हो गए। मंगलवार को उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद भवन में मुलाकात की। इस मुलाकात के लिए सीएम को मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक टालनी पड़ी। इसके साथ ही सीएम को पूर्व से तय अन्य कार्यक्रम भी टालने पड़े।
बता दें कि, सीएम डॉ. मोहन यादव(CM Mohan Yadav) और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात तब हुई, जब निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियां को लेकर खूब चर्चा हो रही है। दरअसल आने वाले समय में प्रदेश में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियां जल्द हो सकती हैं तो प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव के आसार हैं। इसे अगले तीन वर्षों के भीतर की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। मंगलवार को हुए मुलाकात के बाद सरकार की ओर से बताया गया कि शाह को सीएम ने नए कानून लागू करने और नवाचारों से अवगत कराया। दुग्ध उत्पादन क्षेत्र में नवाचारों की भी जानकारी दी।
रायशुमारी पूरी, आदेश जल्द होंगे जारी
सूत्रों के मुताबिक निगम-मंडलों में नियुक्ति को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से तीन दौर की चर्चा हो चुकी है। संभवत: बिहार चुनाव से पहले आदेश जारी हो जाएंगे। कई की तो चुनाव में ड्यूटी भी लगेगी।
दूध का उत्पादन 25 प्रतिशत करेंगे
शाह को सीएम(CM Mohan Yadav) ने भरोसा दिलाया कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ मिलकर मध्यप्रदेश दूध के उत्पादन को 25 फीसदी तक लेकर जाएगा। अभी प्रदेश में कुल राष्ट्रीय उत्पादन का 9 फीसदी दूध होता है।
'आतंकियों की बहन' कहने पर बवाल: कर्नल सोफिया केस में सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच
13 Aug, 2025 08:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Controversial Statement Case : कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा विवादित टिप्पणी करने के मामले में एसआईटी की ओर से आज सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट पेश की जाएगी। पिछली बार कोर्ट ने मंत्री विजय शाह की माफी को निष्ठाहीन बताते हुए नाराजगी जताते हुए तल्ख टिप्पणी की थी।
आपको बता दें कि, मंत्री विजय शाह ने एक सभा के दौरान मंच से भाषण देते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन बता दिया था। मंत्री विजय शाह के इस विवादित बयान से जुड़े मामले पर आगामी 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है।
आज पेश होगी रिपोर्ट
बता दें कि मंत्री शाह के बयान पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जाहिर करते हुए मामला दर्ज करने के निर्देश दिए थे। पिछले महीने 28 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान एसआईटी से आज केस की जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा था।
विश्व धरोहर भोजपुर मंदिर से दिया देशभक्ति और स्वच्छता का संदेश
12 Aug, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर, स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान उत्साहपूर्वक जारी है। इस वर्ष की थीम “स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग” के अंतर्गत मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर भी विभिन्न जन जागरूकता और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड ने सोमवार को यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल की अस्थायी सूची में शामिल भोजपुर मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान का सफल आयोजन किया। मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन प्रमुख सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति तथा प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड शिवशेखर शुक्ला के निर्देशन में किया गया। इस अभियान में भोपाल के विभिन्न कॉलेजों के 100 से अधिक विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
प्रतिभागियों ने मंदिर परिसर और उसके आसपास फैले निर्माल्य एवं अन्य कचरे का वैज्ञानिक और पर्यावरण-अनुकूल प्रबंधन किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी को गीता के कर्मयोग का संदेश दिया गया, जिससे यह अभियान केवल सफाई तक सीमित न रहकर सामाजिक व आध्यात्मिक जागरूकता का माध्यम भी बना।
कार्यक्रम का आयोजन जंगल ट्रेक ग्रुप के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर डॉ. मनोज कुर्मी, सुप्रिटेंडेंट आर्कियोलॉजिस्ट, भोपाल सर्किल, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) तथा के. के. सिंह, सलाहकार, साहसिक पर्यटन, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड, उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों से स्वच्छता और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के महत्व पर प्रेरणादायक विचार साझा किए।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने शासकीय आवास पर फहराया तिरंगा
12 Aug, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंगलवार को हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत भोपाल स्थित उनके शासकीय आवास पर तिरंगा फहराया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने घर, कार्यालय और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रप्रेम की भावना को और सशक्त करें। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। यह प्रत्येक नागरिक के हृदय में देशभक्ति का संचार करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता की अपील की है।
बहनों ने रंगोली बनाकर दिया "हर घर तिरंगा" अभियान का संदेश
12 Aug, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : हर घर तिरंगा अभियान में प्रदेश के सभी जिलों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और समर्पण के लिये जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बुरहानपुर जिले की शाहपुर नगर परिषद कार्यालय के प्रांगण में महिला बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा आकर्षक रंगोली बनाकर राष्ट्रध्वज के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
प्रदेश के सभी जिलों में "हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग" अभियान को पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह अभियान न केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा दे रहा है। साथ ही स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों को जोड़ रहा है।
"हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता" अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान लोगों में देशभक्ति की भावना को जागृत करने के साथ-साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देगा।
बावड़िया कलां से आशिमा मॉल तक जल्द बनेगा आरओबी: राज्यमंत्री गौर
12 Aug, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने बावड़िया कलां चौराहा से आशिमा मॉल तक रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए भू-अर्जन कार्रवाई जल्द पूर्ण कर ब्रिज निर्माण की बाधा को दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित यातायात और जन सुविधा के लिए इसका निर्माण जल्द शुरू करें। राज्यमंत्री गौर ने मंत्रालय में गोविंदपुरा क्षेत्र के अंतर्गत स्वीकृत, निर्मित और निर्माणाधीन सेतु कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को ये निर्देश दिए।
राज्यमंत्री गौर ने कहा कि स्वीकृत ड्राइंग पर रोटरी बनाकर चारों कोनों के लेफ्ट टर्न क्लियर किये जायें, जिससे यातायात व्यवस्थित हो। गौर ने बताया कि पूर्व निर्मित बाबूलाल गौर रेलवे ओवर ब्रिज पर सुरक्षा के लिए रोड सेफ्टी फर्नीचर लगाए जाएंगे। नर्मदापुरम की तरफ मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। यह सभी कार्य लगभग 1 करोड़ 50 लाख की लागत से किए जाएंगे। उन्होंने बावड़िया कलां चौराहा से आशिमा मॉल तक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य 15 अक्टूबर तक शुरू करने के निर्देश दिए। यह ब्रिज लगभग 2 वर्ष में बनकर तैयार हो जाएगा। बैठक में लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत हुई "तिरंगा यात्रा-वॉकाथॉन"
12 Aug, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा मंगलवार को भोपाल में तिरंगा यात्रा–वॉकाथॉन का भव्य आयोजन किया गया। इस यात्रा की शुरुआत सुबह 7 बजे बोट क्लब से हुई, जिसका शुभारंभ मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के ज्वाइंट डायरेक्टर (एडवेंचर) एस. के. श्रीवास्तव ने किया।
यह उत्साहपूर्ण यात्रा मुख्यमंत्री निवास से होकर पुनः बोट क्लब पर समाप्त हुई। यात्रा में पारंपरिक भारतीय परिधान में सजे लगभग 9 कॉलेजों के विद्यार्थियों सहित 300 से अधिक प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा थामकर भाग लिया और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग से सराबोर कर दिया। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद् भोपाल तथा जंगल ट्रैकर संस्था सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने देशभक्ति गीतों की धुन पर जुंबा और योगा के माध्यम से “फिट इंडिया” का संदेश दिया गया।
देशभक्ति का संदेश देंगे बाइकर्स
"हर घर तिरंगा अभियान" के अंतर्गत मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा बुधवार, 13 अगस्त को सुबह 7 बजे कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर से बाइकर्स तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इसमें 100 से अधिक महिला और पुरुष बाइकर्स, पारंपरिक भारतीय परिधान में, हाथों में तिरंगा लिए राजधानी की सड़कों पर देशभक्ति का संदेश देंगे। यह रैली जेल रोड, शौर्य स्मारक, लिंक रोड, न्यू मार्केट, गौहर महल, रवीन्द्र भवन, राजभवन होते हुए पुनः कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर पहुंचेगी। इस अवसर पर सुपर बाइक्स भी आकर्षण का केंद्र होंगी।
मंडल रेल प्रबंधक ने किया रानी कमलापति–बीना खंड का निरीक्षण
12 Aug, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सांची, विदिशा, गंजबासोदा, मंडीबमौरा और बीना स्टेशनों सहित मेमू शेड, लॉबी एवं रनिंग रूम की संरक्षा और सुविधाओं की गहन समीक्षा
भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी द्वारा आज दिनांक 12 अगस्त को रानी कमलापति से बीना के मध्य रेलखंड का निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य संपूर्ण खंड में संरक्षा मानकों, परिचालन व्यवस्था, आधारभूत संरचना एवं यात्री सुविधाओं की स्थिति का प्रत्यक्ष मूल्यांकन करना था।
निरीक्षण यात्रा की शुरुआत रानी कमलापति स्टेशन से हुई, जहाँ से मंडल रेल प्रबंधक निरीक्षण विशेष ट्रेन में सवार होकर खंड में स्थित रेलवे पटरियों, समपार फाटकों, सिग्नलिंग प्रणाली, जल निकासी व्यवस्था एवं ट्रैक अनुरक्षण से जुड़ी प्रक्रियाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले सांची स्टेशन का निरीक्षण किया गया। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रगति पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म स्तर तथा स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विदिशा स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने यार्ड की संरचना, ट्रैक प्वाइंट्स की स्थिति, संरक्षा लॉगबुक, सिग्नलिंग प्रणाली एवं सर्कुलेटिंग एरिया का गहन परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने हेतु सुविधाओं को और अधिक समृद्ध एवं सुव्यवस्थित करने पर जोर दिया।
गंजबासोदा स्टेशन पर स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म की स्थिति, स्वच्छता प्रबंधन एवं जनसुविधाओं का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संवाद करते हुए अमृत भारत योजना के प्रस्तावित कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली एवं तत्परता से योजनाओं के क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
मंडीबमौरा स्टेशन के निरीक्षण के दौरान पैनल रूम, बुकिंग काउंटर, प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था एवं शौचालय सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर कार्यरत स्टाफ से संवाद कर उनकी कार्य स्थितियों, संसाधनों एवं आवश्यकताओं को समझते हुए समन्वयात्मक कार्यप्रणाली की आवश्यकता पर बल दिया।
निरीक्षण के अंतिम चरण में मंडल रेल प्रबंधक बीना स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन यार्ड, प्लेटफॉर्म सुविधाएं, सर्कुलेटिंग एरिया, संकेत एवं नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया। इसके पश्चात बीना स्थित मेमू शेड का निरीक्षण किया गया, जिसमें लोकोमोटिव की मरम्मत प्रक्रिया, दैनिक अनुरक्षण मानक, सफाई व्यवस्था एवं कार्यकुशलता की समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त बीना रनिंग रूम का निरीक्षण करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने लोको पायलट एवं गार्ड्स के लिए उपलब्ध विश्राम सुविधाएं, भोजन व्यवस्था तथा सुविधाओं की जांच की। उन्होंने रनिंग स्टाफ से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों की शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने रेलवे अस्पताल, बीना का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने रोगियों के उपचार, स्वच्छता, उपकरणों की उपलब्धता तथा चिकित्सा स्टाफ की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारी एवं उच्च यातायात वाले सीजन को ध्यान में रखते हुए संरक्षा, परिचालन दक्षता एवं यात्री सुविधा के हर पहलू में विशेष सजगता और तत्परता सुनिश्चित की जाए।
इस निरीक्षण यात्रा के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अभिराम खरे, मुख्य परियोजना प्रबंधक श्री अनुपम अवस्थी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रोहित मालवीय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में की सौजन्य भेंट
12 Aug, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को संसद भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री शाह को प्रदेश में नए आपराधिक कानून लागू करने और सहकारिता के क्षेत्र में किए गए नवाचारों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश की राजधानी बने। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश में प्रदेश की हिस्सेदारी, जो अभी 9 प्रतिशत है, उसको बढ़ाकर 25% करने का लक्ष्य रखा गया है। नए कानून लागू करने में मध्य प्रदेश अग्रणी राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में चल रहे नवाचारों के माध्यम से सुशासन के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री शाह से मिल रहे मार्गदर्शन और सहयोग के लिये आभार माना।
जनता की सेवा पवित्र भाव से करें : राज्यपाल मंगुभाई पटेल
12 Aug, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि वे सभी सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें प्रदेश की जनता की सेवा का अवसर मिला है। जनता की सेवा हमेशा पवित्र भाव से करें। समाज के ग़रीब, वंचित और जरूरतमंदों की पूरी निष्ठा के साथ मदद करें। उन्हें न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास करें। राज्यपाल पटेल ने प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित सेवा में सफलता के लिए प्रशिक्षु उप जिलाध्यक्षों को बधाई दी।
राज्यपाल पटेल मंगलवार को मध्यप्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग की 2020 और 2021 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रशासनिक सेवा, केवल एक नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का महान अवसर है। आप सभी अमृत काल की उस पीढ़ी के प्रतिनिधि हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत के सपनों को साकार करने का महान लक्ष्य मिला है। प्रदेश के विकास और कल्याण में भागीदारी का सुअवसर मिला है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि लोक सेवक सुशासन के आधार होते हैं। उनके विवेकपूर्ण, न्यायसंगत और लोक हितकारी व्यवहार से जनता का प्रशासन पर विश्वास बढ़ता है। एक सफल अधिकारी अच्छा टीम लीडर होता है। आपकी सफलता आपके सहकर्मियों के साथ सामंजस्य, सहयोग और पारदर्शिता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि हमेशा सीखते रहें। उम्र के हर पड़ाव पर सीखें। अपने सहकर्मियों से आत्मीय रहें, उनके अनुभवों का लाभ ले। अपनी सीख का प्रदेश की जनता के जीवन को बेहतर करने में उपयोग करें।
राज्यपाल पटेल का प्रशासनिक अकादमी भोपाल के संचालक मुजीबुर रहमान खान ने पौधा भेंट कर स्वागत, अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। संचालक रहमान ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षु अधिकारियों की ओर से अक्षय डिगरसे और सुअंकिता पाटकर ने प्रशिक्षण के अपने अनुभवों को बताया। आभार प्रशासनिक अकादमी की सह-प्रशिक्षण संचालक श्रीमती रूचि जैन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव और प्रशिक्षु अधिकारी मौजूद रहें।
उद्योगों की मांग अनुसार कौशल विकास पाठ्यक्रम डिजाइन करें : राज्यपाल पटेल
12 Aug, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि क्रिस्प प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के उद्योगों में रोजगार की मांग का आकलन कर उसके अनुसार कौशल विकास के कार्यक्रम डिजाइन करे। स्थानीय उद्योगों की मांग के अनुरूप स्थानीय विद्यार्थियों का कौशल विकास करें, जिससे उन्हें अपने क्षेत्र में ही रोज़गार प्राप्त हो सकें।
राज्यपाल पटेल कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में सेंटर फॉर रिसर्च एण्ड इंडस्ट्रियल स्टॉफ़ परफॉर्मेंस (क्रिस्प) के 29वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने क्रिस्प के 29 वें स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थितजनों को बधाई दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का क्रिस्प स्थापना दिवस बधाई वीडियो संदेश प्रदर्शित किया गया। उच्च शिक्षा, आयुष और तकनीकी शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार भी उपस्थित रहे।
राज्यपाल पटेल ने कार्यक्रम में सक्षम योजना के तहत महिला प्रशिक्षार्थियों और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षणार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार की गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना भी की। राज्यपाल पटेल ने कहा कि संस्थान ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत कौशल विकास के कार्यक्रमों से युवाओं को आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाई है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प की दिशा में सराहनीय प्रयास है।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश, कौशल भारत और कुशल भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उनकी विजनरी लीडरशिप में भारत आर्थिक महाशक्ति बन रहा है। भारत अब विश्व का तीसरा बड़ा स्टार्ट-अप ईको सिस्टम वाला देश है। प्रदेश सरकार भी युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार के कार्यक्रमों ने विशेष कर बेटियों को भी आगे बढ़ने के अवसर दिए हैं। इसी का सुखद परिणाम है कि अब आई.आई.टी., एन.आई.टी., ट्रिपल आई.टी. जैसे संस्थानों के दाखिलों में बेटियों की भागीदारी बढ़ने लगी है।
रोज़गार अवसरों की वृद्धि में 'फ़ोरलेन मॉडल' कारगर उपाय
राज्यपाल पटेल ने कहा कि भारत में रोज़गार अवसरों को बढ़ाने के लिए 'फोरलेन मॉडल' कारगर भूमिका निभा सकता है। इसमें विकेंद्रीकरण, स्वदेशी, उद्यमिता और सहकारिता शामिल हैं। ऐसा देखा गया है जब देश में सहकारिता आधारित उद्योग सक्रिय होते हैं तो देश में सामाजिक समरसता को भी गतिशीलता मिलती है। राज्यपाल पटेल ने कहा कि आज भी भारत के युवाओं को सर्वाधिक रोज़गार देने वाला क्षेत्र कृषि है। लगभग 35 प्रतिशत युवा कृषि पर ही निर्भर है। भारत में लगभग 11 करोड़ लोगों ने लघु और कुटीर उद्योगों के माध्यम से स्वरोजगार को अपनाया है, जो रोज़गार के लगभग 20% से अधिक है। उन्होंने कहा कि संस्थान, प्रशिक्षण प्रयासों में स्किल डेवलपमेंट के साथ स्किल अपडेशन के नए कार्यक्रमों का आयोजन करें।
उज्जैन में स्थापित होगा क्रिस्प का पहला संभागीय केन्द्र : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्रिस्प के 29वें स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए जारी वीडियो संदेश में कहा कि सेंटर फॉर रिसर्च एंड इंडस्ट्रियल स्टाफ परफॉर्मेंस (क्रिस्प) के केन्द्रों का विस्तार संभाग स्तर तक किया जाएगा। प्रदेश में औद्योगिक और निवेश गतिविधियों के विस्तार के परिणाम स्वरूप कुशल श्रमिकों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसके दृष्टिगत प्रदेश में कौशल उन्नयन के लिए आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्रिस्प के केन्द्रों की संभाग स्तर पर स्थापना से प्रदेश के युवाओं को लाभ होगा। यह पहल प्रदेश के युवाओं को रोजगारपरक कार्यों से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और देश-प्रदेश की प्रगति में सहायक होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी "पीएम मित्र पार्क" के भूमि-पूजन के लिए 25 अगस्त को बदनावर-धार आ रहे हैं। भविष्य में इस क्षेत्र में कुशल श्रमिकों की मांग बढ़ेगी। अत: संभाग स्तर पर क्रिस्प के केन्द्र स्थापित करने की शुरुआत उज्जैन से की जाएगी।
क्रिस्प कौशल विकास का प्रतिष्ठित केन्द्र : मंत्री परमार
उच्च शिक्षा, आयुष और तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि क्रिस्प कौशल विकास का प्रतिष्ठित केन्द्र है। बदलते समय के साथ संस्थान को नई जरूरतों के अनुरूप नए पाठ्यक्रम चलाना चाहिए।
कार्यक्रम में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल, क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय खरगौन और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के साथ क्रिस्प के सहकार्यता अनुबंध (एम.ओ.यू.) का आदान-प्रदान किया गया। राज्यपाल पटेल का क्रिस्प के प्रबंध संचालक डॉ. श्रीकांत पाटिल ने पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। डॉ. पाटिल ने संस्थान के कार्यों, उद्देश्यों और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। आभार क्रिस्प के संचालक अमोोल वैद्य ने माना। कार्यक्रम में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलगुरू सुरेश कुमार जैन, आर.जी.पी.वी. विश्वविद्यालय के कुलगुरू राजीव त्रिपाठी, क्रिस्प के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।
क्रिस्प ने बड़ी संख्या में विद्यार्थी, प्रशिक्षकों और अधिकारी-कर्मचारियों को किया प्रशिक्षित
प्रदेश में 1997 में भारत-जर्मन तकनीकी सहयोग समझौते के तहत स्थापित तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की स्वशासी संस्था क्रिस्प प्रदेश की अग्रणी संस्थाओं में से एक है। विगत 28 वर्षों से यह संस्था कौशल विकास, औद्योगिक प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में गतिविधियां संचालित कर रही है। क्रिस्प ने प्रदेश के लगभग एक लाख 50 हजार विद्यार्थियों, 1500 प्रशिक्षकों और राज्य शासन के 10 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया है।
अलार्म चेन का दुरुपयोग: भोपाल मंडल में 3,300 से अधिक मामले दर्ज, रेल प्रशासन ने अपनाया सख्त रुख
12 Aug, 2025 08:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता के उद्देश्य से भारतीय रेल प्रत्येक यात्री कोच में इमरजेंसी अलार्म चेन की सुविधा प्रदान करती है। यह सुविधा केवल गंभीर एवं वास्तविक आपात स्थिति में ट्रेन को रोककर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए है। किंतु हाल के दिनों में इस सुविधा के अनुचित उपयोग के मामले चिंताजनक रूप से बढ़ गए हैं, जिससे न केवल ट्रेनों का समयबद्ध संचालन प्रभावित हो रहा है, बल्कि अन्य यात्रियों को भी अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक के मार्गदर्शन में भोपाल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा विशेष जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान यात्रियों को नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ अलार्म चेन के अनुचित उपयोग पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है।
जुलाई 2025 तक के आँकड़ों के अनुसार भोपाल मंडल के रानी कमलापति, भोपाल, इटारसी, हरदा, विदिशा, बीना, गुना, शिवपुरी सहित अन्य स्टेशनों और आउटर क्षेत्रों में अलार्म चेन के दुरुपयोग के कुल 3,383 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 2,981 मामलों में रेलवे अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि शेष 402 मामलों की जाँच जारी है। कई मामलों में दोषियों को जेल भी जाना पड़ा है।
रेल अधिनियम की धारा 141 के अनुसार, बिना उचित कारण अलार्म चेन खींचने पर एक वर्ष तक का कारावास, 1,000 रुपये तक का जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है—"रेल की चेन कोई खिलौना नहीं, जिम्मेदारी से करें सफर"। यात्रियों से अपील है कि यात्रा के दौरान इमरजेंसी अलार्म चेन का उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें, ताकि सभी की यात्रा सुरक्षित, समयबद्ध और सुगम बनी रहे।
रायपुर में ट्रैफिक का कड़ा पहरा, नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं
धार्मिक पहचान पर विवाद, BJP ने कांग्रेस सरकार को घेरा
UP में जयंती पर कार्यक्रम, बहुगुणा को दी गई श्रद्धांजलि
मिडिल ईस्ट में हलचल: खामेनेई के बेटे को लेकर फैली खबरों का सच
पुलिस भर्ती पर सवाल: क्यों नहीं टिक पा रहे युवा ट्रेनिंग में?
