मध्य प्रदेश
पिताजी के संस्कार और आशीर्वाद के साथ जनमानस का स्नेह करता है सेवा कार्य के लिये प्रेरित : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
3 Oct, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि पिताजी द्वारा प्रदत्त संस्कार, उनका आशीर्वाद और जनमानस के स्नेह सदैव सेवा कार्य करने के लिए प्रेरित करने के साथ ही ऊर्जा प्रदान करता है। पिताजी में निष्काम कर्मयोगी की तरह अंतिम समय तक काम करने की आदत थी। उप मुख्यमंत्री शुक्ल मानस भवन में पं. भैयालाल शुक्ल व्याख्यान माला में निष्काम कर्मयोग एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिताजी के नाम के प्रभाव से ही मैं राजनीति में आया। स्व. सुंदरलाल पटवा ने कुशाभाऊ ठाकरे से मेरा परिचय कराते हुए कहा था कि यह पं. भैयालाल शुक्ल के सुपुत्र हैं और उन्होंने मुझे राजनीति में प्रवेश कराया।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि लोगों की पैनी नजर हमेशा हमारे कार्यों पर रहती है। पिताजी ने भी हमेशा निष्काम कर्मयोगी की तरह कार्य करते हुए अपनी प्रतिष्ठा बनाई। उन्होंने मानस मण्डल द्वारा स्तुति समारोह आयोजन के लिए आयोजकों को साधुवाद दिया और आश्वस्त किया कि मानस भवन को और भव्यता मिलेगी।
कार्यक्रम में जगदगुरू रामललाचार्य ने कहा कि निष्काम कर्म में किसी भी प्रकार की आकांक्षा नहीं होती। पं. भैयालाल शुक्ल निष्काम कर्मयोगी थे। उन्होंने कहा कि स्व. शुक्ल के सत्कर्मों से ही उप मुख्यमंत्री अनथक कार्य कर रहे हैं। उनकी सौम्यता व कार्य करने की ललक ने ही रीवा और विन्ध्य को विकास की नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया है। उन्होंने विन्ध्य में अनेक विकास के साथ संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना कराई। जगदगुरू ने अपेक्षा की कि इस प्रकार के आयोजन मानस भवन में होते रहें जिससे महान विभूतियों का पुण्य स्मरण हो और आने वाली पीढ़ी को भी संदेश मिले।
सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि पं. भैयालाल शुक्ल ने ईमानदारी व कर्मठता से लोगों की बिना किसी आकांक्षा के मदद की जिससे उन्हें प्रसिद्धि व विश्वसनीयता मिली। कार्यक्रम में विदुषी ज्ञानवती अवस्थी, वरिष्ठ अधिवक्ता घनश्याम सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के प्रो. जयराम शुक्ल और पूर्व न्यायाधीश अरूण सिंह ने पं. भैयालाल शुक्ल को स्मरण करते हुए उनके उदार भाव की चर्चा की। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों का शॉल, श्रीफल व प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।
श्रीराम पथ गमन, परिक्रमा पथ और श्रीराम राजा लोक का निर्माण भव्यता के साथ करें पूरा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
3 Oct, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के बाद पर्यटकों और श्रद्धालुओं का सारा फोकस चित्रकूट पर है। श्रीराम पथ गमन और श्रीराम राजा लोक के निर्माण कार्य भव्यता के साथ किये जाएं। साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता में रखें। सभी विभाग आपसी समन्वय और तालमेल के साथ प्रभावी कार्यवाही करें। समयबद्ध योजना के अनुसार आवंटित राशि का समुचित उपयोग करें और प्रबंधन कर सभी निर्माणाधीन कार्य समय-सीमा में पूरे करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम पथ गमन निर्माण से पहले परिक्रमा पथ तैयार किया जाए, इससे देश-विदेश के पर्यटकों के बीच चित्रकूट का व्यापक प्रचार होगा। उन्होंने कहा कि चित्रकूट के घाटों पर पर्यटकों को आध्यात्मिक अनुभव होना चाहिए और हमारे सभी प्रयास इसी दिशा में आगे बढ़ने चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में श्रीराम पथ गमन कार्य योजना की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट में धार्मिक के साथ मेडिकल पर्यटन की भी सभी संभावनाएं विकसित करने के लिए ठोस कार्यवाही की जाए। चित्रकूट में उच्च कोटि का हेल्थ वेलनेस सेंटर बनाया जाए। इससे चित्रकूट आने वाले पर्यटकों को सामान्य सहित आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने निवाड़ी जिले के ओरछा में भगवान रामराजा लोक निर्माण की अद्यतन प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ल, प्रमुख सचिव लोक निर्माण सुखवीर सिंह, आयुक्त जनसम्पर्क दीपक सक्सेना, मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चित्रकूट के समग्र विकास के लिए सेवा के कामों से जुड़ी धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को भी जोड़ा जाए। बड़ी कम्पनियों के सीएसआर फंड से भी चित्रकूट में सेवा गतिविधियां विकसित की जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चित्रकूट में परिक्रमा पथ जल्द से जल्द तैयार किया जाए। यहां सोमवती अमावस्या पर उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की भारी तादाद के चलते भीड़ प्रबंधन की माइक्रो प्लानिंग की जाए। उन्होंने अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास को निर्देश दिए कि चित्रकूट नगर परिषद हैं, इसलिए वहां नगरीय विकास से जुड़े सभी काम प्राथमिकता से किए जाएं। चित्रकूट नगर का सौन्दर्यीकरण इस तरह से हो कि वह और भी अधिक सुंदर, नियोजित और व्यवस्थित हो जाए।
अपर मुख्य सचिव संस्कृति एवं पर्यटन शुक्ल ने बताया कि चित्रकूट में स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत 27.21 करोड़ रूपए, कामदगिरि परिक्रमा पथ के विकास के लिए 36.84 करोड़ रूपए और स्मारक यज्ञ देवी सहित अन्य विकास कार्यों के लिए 72 लाख रूपए के निर्माण कार्य वर्तमान में संचालित हैं। इसी प्रकार ओरछा में श्रीराम राजा लोक निर्माण दोनों चरण सहित 7 विभिन्न प्रकार की परियोजनाओं पर कुल 239.87 करोड़ रूपए से अधिक की लागत के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा मंत्रि-परिषद के निर्णय के अनुरूप श्रीराम पथ गमन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए श्रीराम पथ गमन न्यास का गठन किया गया है। इस न्यास में 33 सदस्य हैं, जिसमें 28 पदेन न्यासी एवं 5 अशासकीय न्यासी सदस्य की नियुक्ति 3 वर्ष के लिए की गई है। ये अशासकीय सदस्य श्रीराम के जीवनकाल संबंधी शोध से जुड़े विद्वत सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि इस न्यास में 5 विशेषज्ञों की भी नियुक्ति की जाएगी।
अपर मुख्य सचिव संस्कृति ने बताया कि चित्रकूट में घाटों के विस्तार एवं जीर्णोद्धार तथा सौन्दर्यीकरण के लिए आसपास की निजी भूमि सहित अन्य आवश्यक भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग द्वारा चित्रकूट के समग्र विकास के लिए तैयार प्रस्ताव पर कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। पर्यटन स्थल विकास के लिए मझगवां में वन विभाग से भूमि हस्तांतरण की कार्यवाही सहित अमरकंटक में निजी और शासकीय भूमियों के चिन्हांकन की कार्यवाही भी शीघ्र पूर्ण की जाएगी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में श्रीराम पथ गमन क्षेत्र अंतर्गत आरंभिक रूप से मध्यप्रदेश में 9 जिलों के अंतर्गत 23 स्थान चिन्हित किये गये हैं। कार्ययोजना में इन चिन्हित 23 स्थलों की विकास कार्य योजना प्रारूप, कॉन्सेप्ट मास्टर प्लान, वास्तुविद डिजाइन, ड्रॉइंग्स इत्यादि के निर्धारण हेतु म.प्र. पर्यटन विकास निगम द्वारा निविदा प्रक्रियाधीन है। उन्होंने बताया कि कामदगिरि परिक्रमा मार्ग विकास कार्ययोजना के अंतर्गत 36.84 करोड़ के कार्य और बृहस्पति कुंड, जिला पन्ना में 7.96 करोड़ की लागत से विकास कार्य एवं कैंटिलीवर ग्लास ब्रिज का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। शरभंग आश्रम, सतना में 92.78 लाख की लागत से संरक्षण एवं विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं और अगस्त्य मुनि आश्रम, जिला पन्ना में 3.95 करोड़ की लागत से विकास कार्य भी पूरे हो चुके हैं।
अपर मुख्य सचिव शुक्ला ने बताया कि नगर परिषद चित्रकूट एवं म.प्र. अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा पिछले 10 वर्षों में 25.46 करोड़ रूपये के विकास कार्य पूर्ण कराए गए है। नगर परिषद चित्रकूट में 80.33 करोड़ के विकास कार्य प्रगतिरत हैं एवं 34.21 करोड़ के विकास कार्य अभी प्रस्तावित हैं। उन्होंने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा 'श्रीराम पथ गमन' स्थल की प्लान कनेक्टिविटी के मुताबिक लोक निर्माण विभाग एवं आरआरडीए द्वारा सड़कों का निर्माण और उन्नयन सुनिश्चित किया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन शुक्ला ने बताया कि अमरकंटक में भारत सरकार की प्रसाद योजना के तहत चल रहे कार्य पूर्ण किये जा रहे हैं। इन पूर्ण कार्यों को स्थानीय निकाय/ट्रस्ट समिति द्वारा संचालन के लिए आवश्यक कार्यवाही भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अमरकंटक में 50 करोड़ रुपये की लागत के कार्य पूरे हो चुके हैं।
प्रमुख सचिव लोक निर्माण सुखवीर सिंह ने बताया कि वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा 34.30 कि.मी. सड़कों के निर्माण पर 117.79 करोड़ के प्रस्ताव है। इनमें से राम पथ गमन के 7.5 कि.मी. मार्गों की प्रशासकीय स्वीकृति लेकर निविदा आमंत्रित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 14 कि.मी. लंबाई के मार्ग की प्रशासकीय स्वीकृति के लिए वित्तीय व्यय समिति की बैठक हो चुकी है।
धनकुबेर सौरभ शर्मा और 'RTO स्क्वॉड' युक्ति: दावों के मुताबिक पुलिस की वर्दी पहनकर की जा रही वसूली — स्थानीयों में रोष
3 Oct, 2025 07:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: MP में फर्जी आरटीओ पुलिस गैंग को असली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें नकली टीआई, आरक्षक सहित कुल चार लोग पुलिस की वर्दी में गिरफ्तार किए गए हैं। इन्होंने आरटीओ में फर्जी तरीके से भर्ती का लालच देकर लोगों से रुपए भी ऐंठे और नकली नियुक्तिपत्र भी दिया। सागर जिले के रहने वाले आरोपियों को ग्वालियर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी आरटीओ विभाग के सौरभ शर्मा की कमाई देखकर लालच में आए और यह फर्जीवाड़ा कर रहे थे।
ग्वालियर क्राइम ब्रांच पुलिस ने एक बड़े फर्जी पुलिस गैंग का भंडाफोड़ किया है। यह गैंग आरटीओ ( RTO ) का स्क्वॉड बनकर हाईवे पर अवैध वसूली की योजना बना रहा था। क्राइम ब्रांच ने गैंग के एक फर्जी टीआई, दो नकली कॉन्स्टेबल और एक वाहन चालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक लग्जरी कार, फर्जी नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र भारी मात्रा में बरामद किए गए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि यह गैंग बेरोजगार युवकों को पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उनसे पैसे भी ऐंठता था।
फर्जी RTO पुलिस गैंग का ऐसे हुआ पर्दाफाश
फर्जी आरटीओ पुलिस गैंग का खुलासा एक ऑनलाइन शॉप संचालक वैभव पाल की सूचना पर हुआ। वैभव ने पुलिस को बताया कि उसकी ऑनलाइन दुकान में शिवम चतुर्वेदी नाम का युवक खुद को एसपी ऑफिस में पदस्थ टीआई बताकर उन्हें धमका रहा था। शिवम ने जबरन उससे दो फर्जी नियुक्ति पत्र भी बनवाए हैं। बाद में तीन और नियुक्ति पत्र बनवाने के लिए फोन किया था। जब वैभव ने मना किया, तो शिवम धमकाने लगा। इसकी सूचना उसने अपने चाचा के साथ पुलिस अधिकारी के कार्यालय पहुंचकर दी थी। जिसके तत्काल बाद डीएसपी क्राइम ब्रांच नागेन्द्र सिंह सिकरवार, साइबर सेल प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह कुशवाह और एसआई धर्मेन्द्र शर्मा को दी गई।
फर्जी नियुक्ति पत्र बनवाने के चक्कर में पकड़े गए
ऑनलाइन दुकान संचालक वैभव की सूचना के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने प्लानिंग कर नकली पुलिस को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। जैसे ही फर्जी टीआई शिवम चतुर्वेदी अपने साथियों के साथ कार से नियुक्ति पत्र लेने पहुंचा तो क्राइम ब्रांच ने उन्हें मौके पर ही धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम चतुर्वेदी (फर्जी टीआई), पवन यादव, नीरज यादव (फर्जी कॉन्स्टेबल), और रविन्द्र यादव (ड्राइवर) के रूप में हुई है। ये चारों करीब दो महीने पहले सागर जिले से ग्वालियर आए थे। ग्वालियर में किराए का फ्लैट लेकर रह रहे थे। शिवम सागर जिले के गढ़ाकोटा के झुल्ला गांव एवं पवन, ओमकार, नीरज और रविंद्र तीनों गढ़ौला गांव के रहने वाले हैं।
बेरोजगारों को ठगी का झांसा
नकली पुलिस बनकर हाईवे पर अवैध वसूली की प्लानिंग और भर्ती के लिए ठगी करने वाले आरोपियों ने क्राइम ब्रांच की पूछताछ में बताया कि गैंग के सदस्य शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमते थे और बेरोजगार युवकों को पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उन्हें ठगते थे और पैसे वसूलते थे। ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस गैंग ने पहले भी इस तरह की वारदातें की हैं या नहीं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और ठगी का शिकार हुए अन्य पीड़ितों की तलाश कर रही है।
मंत्री गोविंद राजपूत का करारा हमला, पूर्व गृहमंत्री पर साधा निशाना, पेट में चूहे काटने लगे वाले बयान के साथ नसीहत
3 Oct, 2025 06:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर: मध्य प्रदेश सरकार में वरिष्ठ मंत्री और सिंधिया के खास सिपहसालार गोविंद सिंह राजपूत और पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह के बीच 'तकरार' का एक और मामला सामने आया है। मंत्री राजपूत ने अपनी विधानसभा में हस्तक्षेप करने पर उनका नाम लिए बगैर तगड़ा कटाक्ष किया है। राजपूत ने बगैर नाम लिए यहां तक कह दिया कि, मुझसे पहले 10 साल विधायक रहे और एक पुलिया तक नहीं बनवा पाए। वे अपना घर और अपनी विधानसभा देखें, जो करना है वहां करें, सुरखी में हस्तक्षेप न करें।
प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद राजपूत ने पूर्व गृहमंत्री व खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह को खुले मंच से बगैर उनका नाम लिए खूब खरी-खोटी सुनाई है। उन्होंने कहा कि वे मुझसे पहले सुरखी से 10 साल विधायक रहे, लेकिन एक पुलिया तक नहीं बनवा पाये। किसी टूटी पुलिया पर उनका नाम लिखा हो तो बता दें। अभी 'जैसीनगर' का नाम बदलकर 'जयशिव नगर' करने का प्रस्ताव गया भी नहीं और 'उनके पेट में चूहा काटने लगे'। विरोध करने अपने लोग, भतीजों और कांग्रेस के चार-पांच लोगों को भेज दिया ज्ञापन देने। बोल रहे हैं कि जयशिव नगर बन गया है, जैसीनगर जयशिव नगर बन गया तो 'हमारे राजाओं का अपमान' हो रहा है।
साफ संदेश मेरी 'सुरखी' में हस्ताक्षेप न करें, अपनी विधानसभा देखें
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत यहीं नहीं रुके उन्होंने ठेट बुंदेली अंदाज में मंच से भूपेंद्र सिंह का नाम लिए बगैर नसीहत दे डाली कि 'भैया अपनो घर देखो, हमाए जैसीनगर पर पथरा ने फेंको'। तुम्हें जो बनाने सो जाओ तुम्हाओ घर है, तुम्हाई विधानसभा है सो उते करो...' जैसीनगर के लोग अब दूसरों की बातों में आने वाले नहीं है। ये जैसीनगर हमारा परिवार है। इस परिवार को हमने अपने खून से सींचा है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने क्या? शब्दश: पढ़ें
'अकेला शिव नगर नहीं बल्कि 'जयशिवनगर' बना रहे थे। अगर 'राजा जयसिंह' के नाम पर अगर हमारे जैसीनगर का नाम पड़ा होगा तो नाम नहीं बदला...जयशिव नगर! मुख्यमंत्री जी ने कहा था आप प्रस्ताव भेजो हम घोषणा कर देंगे। अभी प्रस्ताव भी नहीं गया और पेट में चूहा काटन लगे। और कौन के पेट में काट रहे, हम नाम नहीं ले रहे। जो 10 साल विधायक रहे कबउं, जिनके विधायक रहते एक पुलिया नहीं बनी। अगर किसी टूटी पुलिया पर उनका नाम लिखा हो तो हमें बता दो। घर के लोग भेज दए, भतीजे भेज दए, कांग्रेस के चार-पांच भेज दए कि जाए रे ज्ञापन दे आओ...कि जयशिव नगर बन गया, जैसीनगर जयशिव बन गया। हमाए राजाओं का अपमान किया गया।
राजा जयसिंह की 'मूर्ति' को लेकर भी बुंदेलखंडी में दिया तगड़ा जवाब
अरे तुम्हाए राजा आएं कि हमाए राजा आएं। हमाए जैसीनगर के राजा आएं। अरे जब 500 करोड़ की घोषणा हो सकती है तो, तुम्हाई मूर्ति की घोषणा क्यों नहीं हो सकती। अरे तुम क्या बनाओगे? राजा जयसिंह की मूर्ति जैसीनगर के लोग कहेंगे तो तुम्हारा विधायक आपका जनसेवक गोविंद सिंह बनवाए। ऐसी भव्य और सुंदर मूर्ति बनवाएंगे कि लोग देखते रह जाएंगे। एक समाज के नहीं हम सारे समाजों का सम्मान करते हैं, जैसा सारे समाजों ने हमारा सम्मान किया।
जैसीनगर का नाम बदलने से जुड़ा है पूरा मामला
दरअसल पिछले दिनों मुख्यमंत्री मोहन यादव गोंविद राजपूत की 'सुरखी विधानसभा के जैसीनगर' में एक सरकारी कार्यक्रम में आए थे। मंच पर उनसे 'जैसीनगर' का नाम बदलकर जयशिव नगर करने की मांग रखी गई थी। उन्होंने कहा था कि आप प्रस्ताव भेजिये हम 'जयशिव नगर' कर देंगे। इसके ठीक दो दिन बाद भूपेंद्र सिंह गुट के माने जाने वाले कुछ क्षत्रिये समाज के पदाधिकारी जो भूपेंद्र सिंह ग्रुप के माने जाते हैं उन्होंने सागर कलेक्टोरेट में पहुंचकर विरोध में ज्ञापन दिया था। उन्होंने कहा था कि यह राजा जयसिंह का अपमान है, जिनके नाम पर जैसीनगर का नाम है। हालांकि प्रदर्शन करने वालों में सभी भूपेंद्र सिंह ग्रुप से जुड़े माने जाने लोग ही शामिल थे।
छतरपुर में ED का बड़ा ऑपरेशन, शिवहरे परिवार के ठिकानों पर छापेमारी से इलाके में सनसनी और चर्चा
3 Oct, 2025 06:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुरः मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में शुक्रवार की सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जिले के बगोता इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवहरे परिवार के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। मोहल्लेवासियों के मुताबिक, ईडी की टीमें सुबह करीब 6 बजे कई गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची। टीम ने सीधे शिवहरे परिवार से जुड़े मकानों और व्यवसायिक ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान इलाके में पुलिस बल की तैनाती भी की गई ताकि किसी तरह की भीड़ या अव्यवस्था न हो। मिली ईडी अधिकारी घर और ऑफिस के दस्तावेज खंगाल रहे हैं। साथ ही कई अहम फाइलों और कंप्यूटर को खंगालने की प्रक्रिया जारी है।
क्यों हो रही है छापेमारी?
अभी तक ईडी अधिकारियों ने इस छापेमारी की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन की संदिग्ध खरीद फरोख्त से जुड़ी जांच के सिलसिले में हो सकती है।
इलाके में हलचल
अचानक हुई इस छापेमारी ने पूरे बगोता इलाके में सनसनी फैला दी है। आसपास के लोग सुबह से ही घरों की छतों और गलियों से इस कार्रवाई को देखने जुटे हैं। पूरे मोहल्ले में चर्चाओं का दौर चल रहा है लोग अलग-अलग वजहें बताते नजर आ रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रॉपर्टी और ठेकेदारी से जुड़ा परिवार
ईडी की टीम जिन लोगों के खिलाफ जांच कर रही है वह शिवहरे परिवार है। यह परिवार ठेकेदारी के साथ जमीन खरीदने-बेचने के बिजनेस में जुड़ा है। जांच एजेंसी को शक है कि कुछ ट्रांजेक्शन संदिग्ध है। इसी को लेकर डॉक्यूमेंट खंगाले जा रहे हैं। जांच के केंद्र में अनंतराम शिवहरे और मुकेश शिवहरे शामिल हैं। अनंतराम पहले नल फिटिंग के ठेकेदार रहे हैं। वहीं, मुकेश शिवहरे पन्ना में सब इंजीनियर के पद पर रह चुके हैं।
MP में स्नेक बाइट के केस तीन गुना बढ़े, लेकिन एंटी वेनम दवा नहीं, मरीजों का भगवान ही मालिक
3 Oct, 2025 06:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून के आखिरी दौर में सांप काटने के मामलों में तेजी आई है। राज्य में एंटी-स्नेक वेनमकी उपलब्धता और वितरण में गंभीर कमियां सामने आई हैं। खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में इसकी भारी कमी है। IHIP और IDSP के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2022 से दिसंबर 2024 के बीच 3,334 सांप काटने के मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें 12 लोगों की मौत हुई है। यह स्थिति राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों पर सवाल उठाती है।
तीन साल से लगातार बढ़ रहीं घटनाएं
पिछले तीन सालों में सांप काटने की घटनाएं चिंताजनक रूप से बढ़ी हैं। IHIP/IDSP डेटा बताता है कि 2022 में 1,208 मामले थे। यह संख्या 2024 में बढ़कर 3,334 हो गई है। यह लगभग तीन गुना वृद्धि है। हालांकि कुल मौतें कम रहीं, लेकिन 2023 और 2024 में हर साल 12 मौतें हुईं। यह दिखाता है कि बेहतर और तुरंत इलाज की कितनी जरूरत है।
1660 सेंटरों पर एक भी एएसवी नहीं
मध्य प्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कॉर्पोरेशन के आंकड़ों से एंटी-स्नेक वेनम के वितरण में बड़ी असमानता दिखती है। राज्य के जिला ड्रग सेंटरों (DDCs) में एंटी-स्नेक वेनम की कमी है। कुल 1,727 सेंटरों में से 1,660 में एंटी-स्नेक वेनम का स्टॉक शून्य है। सिर्फ 67 सेंटरों पर कुल 617 यूनिट एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध है। 20 या उससे ज्यादा यूनिट का उच्च स्टॉक केवल 6 जिलों के 8 सेंटरों पर ही है। उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्रों में एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता बहुत कम है।
कई जिलों में एक भी एंटी वेनम नहीं
संजीवनी क्लिनिकों में भी एंटी-स्नेक वेनम की कमी है। कुल 604 क्लिनिकों में से सिर्फ 71 के पास एंटी-स्नेक वेनम स्टॉक है। 533 क्लिनिकों में एंटी-स्नेक वेनम बिल्कुल नहीं है। भोपाल में 84 यूनिट, इंदौर में 54 और देवास में 41 यूनिट हैं। लेकिन इंदौर के 97, भोपाल के 63 और जबलपुर के 61 क्लिनिकों में स्टॉक शून्य है। सिविल सर्जन कार्यालयों में कुल 6,280 एंटी-स्नेक वेनम यूनिट हैं। इनमें से 19 कार्यालयों में 5,300 से ज्यादा यूनिट हैं। वहीं, 32 कार्यालयों में 1,000 से कम यूनिट हैं। दमोह, कटनी, मंडला और सतना जैसे कमजोर जिलों में या तो एक यूनिट है या बिल्कुल नहीं है।
सीएचसी और पीएचसी में भी यही हाल
52 जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHOs) के पास कुल 4,679 एंटी-स्नेक वेनम यूनिट हैं। 17 जिलों में 100 से ज्यादा यूनिट हैं। लेकिन 10 जिलों में 10 या उससे कम यूनिट हैं। अशोकनगर जिले में एंटी-स्नेक वेनम का कोई स्टॉक नहीं है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCs) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHCs) में भी यही हाल है। 342 CHCs में से 20 में एंटी-स्नेक वेनम नहीं है। 1,227 PHCs में से 587 में स्टॉक शून्य है। केवल 334 PHCs में 10 से 99 यूनिट हैं। बड़वानी, धार और अलीराजपुर जैसे जिलों के 6 PHCs में ही 1,000 से ज्यादा यूनिट हैं।
सब हेल्थ सेंटरों की भी हालत गंभीर
ग्रामीण इलाकों में लोगों तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण सब हेल्थ सेंटरों में एंटी-स्नेक वेनम की भारी कमी है। कुल 12,438 सेंटरों में से सिर्फ 17 के पास एंटी-स्नेक वेनम है, जिनकी कुल संख्या 57 यूनिट है। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHCs) की स्थिति थोड़ी बेहतर है। 223 UPHCs में से 66 के पास कुल 213 यूनिट एंटी-स्नेक वेनम है।
एम्स भोपाल का ब्लड बैंक झटका: कर्मचारी चोरी कर ले जा रहा था प्लाज्मा, CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
3 Oct, 2025 06:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपालः मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में एम्स हॉस्पिटल कीर्तिमान गढ़ रहा है। वहीं, अब ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं जिसने सबको चौंका दिया। भोपाल एम्स के ब्लड बैंक से प्लाज्मा चोरी का मामला सामने आया। इस अपराध को ब्लड बैंक में कार्यरत एक आउटसोर्स तकनीशियन ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया। इससे अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। दरअसल, भोपाल एम्स के ब्लड बैंक से कई यूनिट खून और प्लाज्मा चोरी हो गए हैं। इस मामले की थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तुरंत दो आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं।
एम्स प्रबंधन ने दर्ज कराई शिकायत
पुलिस के अनुसार, एम्स के एक प्रभारी सुरक्षा अधिकारी ने बागसेवनिया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया है कि ब्लड बैंक से रक्त और प्लाज्मा यूनिट गायब होने की लगातार खबरें आ रही थीं। मामले की जांच के लिए प्लाज्मा रखने वाले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए।
प्लाज्मा चुराने वाले सीसीटीवी में दिखे
शिकायत में आगे कहा गया है कि 28 सितंबर को ब्लड बैंक यूनिट में अंकित नाम के तकनीशियन दिखा। वह एम्स में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में काम करता है। सीसीटीवी में बैंक से आरोपी दो प्लाज्मा यूनिट लेते और उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति को सौंपते हुए देखा गया था। जब प्रबंधन ने घटना के बारे में उससे पूछताछ की, तो अंकित परिसर से भाग गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद भोपाल एम्स में कितने समय से प्लाज्मा चोरी हो रही है। इसकी तहकीकात करने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार है। अधिकारी इस मामले में मामले में सक्रियता से सुराग तलाश रहे हैं। इस घटना ने अस्पताल के ब्लड बैंक में सुरक्षा और नियंत्रण उपायों को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
जहरीले करैत ने 24 घंटे में एक ही मोहल्ले के दो घरों में मचाया आतंक, गुस्साए ग्रामीणों ने सांप को पकड़ कर बेरहमी से मारा
3 Oct, 2025 05:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पन्ना: जिले के एक गांव में सांप के काटने से 24 घंटे के भीतर दो पड़ोसियों की मौत हो गई है। इस घटना से पूरे गांव में डर और सदमे का माहौल है। तिलंगवा के माजरा खंडिया इलाके के 39 वर्षीय बदन आदिवासी और 35 वर्षीय गीता आदिवासी की सांप के जहर से मौत हुई। स्थानीय पुलिस के अनुसार, दोनों की मौत अलग-अलग घटनाओं में हुई। दोनों परिवारों ने पहले झाड़-फूंक का सहारा लिया, जिससे अस्पताल पहुंचने में देरी हुई। बाद में ग्रामीणों ने उस सांप को मार डाला।
रात को सोते में कमर में काटा
पहली दुखद घटना 30 सितंबर की रात को हुई। रात करीब 11 बजे बदन आदिवासी अपने घर में सो रहे थे, तभी सांप ने उनकी कमर पर काट लिया। उनके परिवार ने तुरंत डॉक्टर के पास जाने के बजाय, उन्हें एक स्थानीय ओझा के पास ले जाकर झाड़-फूंक करवाई। दुर्भाग्य से, जब बदन की हालत बिगड़ी, तो अगले दिन उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
24 घंटे में दूसरा शिकार
अगले दिन, 1 अक्टूबर की शाम को बदन की पड़ोसी गीता आदिवासी को भी उसी सांप ने काट लिया। वह सो रही थीं, तभी सांप ने उनकी गर्दन पर काटा। उनके परिवार ने भी पहले अहिरगांवा में झाड़-फूंक का इलाज करवाया। इससे अस्पताल पहुंचने में बहुत देर हो गई। जब तक वह जिला अस्पताल पहुंचीं, तब तक जहर उनके पूरे शरीर में फैल चुका था। डॉक्टरों की टीम उनकी जान नहीं बचा पाई।
गीता के घर में ही छुपा था सांप
इन लगातार मौतों से ग्रामीण बहुत परेशान हो गए। उन्होंने गीता के घर के अंदर छिपे उस घातक सांप को ढूंढ निकाला। ग्रामीणों ने लाठियों से मारकर उस सांप को मार डाला, जिसकी लंबाई 3 से 4 फीट बताई गई। कई स्थानीय लोगों ने पुष्टि की कि यह वही सांप था जिसने दोनों को काटा था। बताया जा रहा है कि वह जहरीला सांप करैत रहा होगा।
झाड़-फूंक के चक्कर में गई जान
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने दोनों मामलों में इलाज में हुई देरी पर दुख जताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर समय पर इलाज मिल जाता तो इन जिंदगियों को बचाया जा सकता था। डॉक्टरों ने बताया कि झाड़-फूंक पर शुरुआती निर्भरता ने दोनों पीड़ितों के बचने की संभावना को बहुत कम कर दिया। इस दोहरी त्रासदी ने पन्ना जिले के ग्रामीण इलाकों में सांप के काटने की घटनाओं से जुड़ी जागरूकता और इमरजेंसी रिएक्शन प्लानिंग पर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
MP के किसानों के लिए बड़ी खबर, कल से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन, खाते में आएगा पैसा
3 Oct, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में सोयाबीन की फसल (soybean crop) खरीदी के लिए भावांतर भुगतान योजना के लिए 3 अक्टूबर से रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे. रजिस्ट्रेशन 17 अक्टूबर तक चलेंगे. भोपाल में इस स्कीम के बारे में किसानों को जानकारी हो, इसलिए अफसर उनके बीच में जाएंगे. 24 अक्टूबर से फसल की खरीदी शुरू होगी जो 15 जनवरी तक चलेगी. किसान अपनी सोयाबीन मंडियों में जाकर बेच सकेंगे.
मंडियों में सोयाबीन की फसल सामान्य प्रक्रिया के तहत ही बेची जा सकेगी, लेकिन सत्यापन मंडी के दस्तावेजों के आधार पर होगा. हर दिन मंडियों में विक्रित सोयाबीन के अनुसार, एफएक्यू मानक गुणवत्ता वाली सोयाबीन का मॉडल मूल्य घोषित किया जाएगा. इस साल सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य सरकार ने 5328 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है. अगर किसानों को इससे कम मूल्य मंडियों में मिलता है तो अंतर वाली राशि सीधे किसान के खाते में भेजी जाएगी.
योजना के संबंध में भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कृषि विभाग के अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं. इसके अनुसार, यह योजना किसानों को बाजार की अनिश्चितता से बचाने के लिए लागू की जा रही है. मंडी में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, इसे लेकर व्यवस्था बनाई जा रही है.
भोपाल की करोंद मंडी में 17 सितंबर को नए सोयाबीन की आवक हुई. मुहुर्त में 20 क्विंटल सोयाबीन 4672 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदा गया था. इसके बाद भी सोयाबीन की आवक जारी है. प्रदेश की लगभग सभी मंडियों में सोयाबीन 5 हजार से कम भाव ही बिक रहा है. वहीं किसान सोयाबीन का रेट 6 हजार रुपए करने की मांग कर रहे हैं.
योजना का होगा प्रचार-प्रसार
3 अक्टूबर को प्रदेश की सभी कृषि उपज मंडियों में होर्डिंग्स और बैनरों के जरिए जानकारी दी जाएगी.
किसानों और व्यापारियों को वॉट्सएप ग्रुप और SMS से पंजीयन और अंतिम तिथि की सूचना भेजी जाएगी.
3 से 5 अक्टूबर तक प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में जिला स्तर पर कलेक्टर, सांसद, विधायक और किसान प्रतिनिधियों की बैठकें होंगी.
योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ट्रैक्टर और मोटर साइकिल रैली का भी आयोजन होगा.
15 अक्टूबर तक सभी मंडियों में भावांतर सहायता डेस्क स्थापित होंगी.
17 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन होंगे.
नाबालिग प्रेमी युगल ने कुएं में कूदकर की आत्महत्या, प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
3 Oct, 2025 11:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उमरिया। उमरिया (Umaria) जिले के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम चांदपुर में बुधवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां नाबालिग प्रेमी युगल (loving couple) ने कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। अचानक घटी इस वारदात से गांव में सन्नाटा छा गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच लड़की घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसने अपने प्रेमी को मिलने के लिए बुलाया।
दोनों आपस में बातचीत कर ही रहे थे कि तभी लड़की का पिता अचानक घर लौट आया। पिता को आते देख लड़की घबरा गई और घर के पीछे स्थित बाड़ी में बने कुएं की ओर भागी। घबराहट में उसने कुएं में छलांग लगा दी। यह दृश्य देखकर प्रेमी भी विचलित हो गया और उसने भी बिना सोचे-समझे कुएं में कूदकर जान दे दी।
घटना की जानकारी मिलते ही घुनघुटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। देर रात पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिए गए।
प्रथम दृष्टया यह पूरा घटनाक्रम प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि किशोर-किशोरी लंबे समय से एक-दूसरे के करीब थे और परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से दोनों ने यह खौफनाक कदम उठाया। पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। एक लड़का और एक लड़की कुएं में डूबने से मृत मिले हैं। मर्ग कायम कर आगे की विवेचना की जा रही है। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना के बाद से पूरे गांव में शोक व्याप्त है। दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना जल्दबाजी और डर की वजह से हुई। यदि उस समय समझदारी से काम लिया जाता तो शायद दोनों की जान बच सकती थी। वहीं कुछ लोग इसे किशोरावस्था की गलत सोच और भावनात्मक आवेग का नतीजा बता रहे हैं।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।
हिंदू युवती के साथ होटल में पकड़ाया मुस्लिम जिम ट्रेनर, हिंदू संगठनों ने जमकर की पिटाई
3 Oct, 2025 10:03 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी भोपाल (Bhopal) के हबीबगंज थाना क्षेत्र (Habibganj police station area) में गुरुवार को एक बार फिर लव जिहाद का मामला सुर्खियों में आ गया। स्थानीय हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक होटल से एक मुस्लिम जिम ट्रेनर और हिंदू युवती को कथित तौर पर अवैध संबंधों के संदेह में पकड़ लिया। घटना के बाद संगठनों के सदस्यों ने आरोपी जिम ट्रेनर की जमकर पिटाई की और थाने में हंगामा मचाया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि युवती को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक हबीबगंज इलाके में स्थित एक निजी होटल में युवती अपने कथित प्रेमी के साथ रूम बुक कर रुकी हुई थी। बताया जा रहा है कि युवती एक स्थानीय जिम में ट्रेनिंग लेती थी, जहां आरोपी जिम ट्रेनर के रूप में काम करता था। दोनों के बीच जिम में ही परिचय हुआ था, और आरोपी ने कथित तौर पर अपनी असली पहचान छिपाकर युवती को प्रेम जाल में फंसाया।
हिंदू संगठनों को इसकी सूचना मिलते ही कार्यकर्ता होटल पहुंचे। होटल पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने दोनों को होटल से बाहर निकाल लिया। युवती के परिजनों को भी मौके पर बुला लिया गया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने जिम ट्रेनर पर लव जिहाद फैलाने का आरोप लगाते हुए उसकी जमकर धुलाई की।
पिटाई के दौरान आरोपी को चोटें आईं, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने उसे हबीबगंज थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। युवती को उसके परिवार के सदस्यों ने संभाला और घर ले गए। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर जोरदार नारेबाजी की और लव जिहाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रशासन से जिमों और होटलों में सतर्कता बरतने तथा इस तरह के मामलों में तत्काल जांच के निर्देश देने की अपील की।
सुबह ही कर दिया लंकापति का दहन! चुपके से आए, रावण के पुतले को आग लगाकर भागे
3 Oct, 2025 09:02 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) में दशहरा (Dussehra) पर शाम को रावण दहन (Ravana Dahan) होना था. रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाद के पुतले ग्राउंड पर तैयार रखे थे. मगर कुछ शरारती तत्वों ने शाम होने से पहले ही रावण के पुतले को आग लगा दी. फिर सभी वहां से भाग गए. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.
वीडियो में एक चश्मदीद बता रहा है कि लाल रंग की कार में कुछ युवक-युवतियां यहां आए थे. वो नशे की हालत में थे. देखते ही देखते उन्होंने रावण के पुतले में आग लगा दी. बुधवार रात को दशहरा उत्सव समिति द्वारा रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के भव्य पुतले खड़े किए गए थे. आज यानी गुरुवार शाम को रावण दहन कार्यक्रम होना था. लेकिन कार्यक्रम से पहले ही पुतले में आग लगाए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं. दोषियों की पहचान कर जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी. हर साल बाद मुगलिया ग्राउंड पर दशहरा उत्सव कार्यक्रम आयोजित होता है जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं. लेकिन दशहरे से पहले ही रावण दहन की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और दशहरा समिति के सदस्यों में काफी नाराजगी है. उन्होंने आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है.
पुलिस ने बताया- हमें सूचना मिली थी क सुबह 6 बजे कुछ शरारती तत्वों ने रावण के पुतले को आग लगाई फिर वहां से भाग निकले. चश्मदीदों ने बताया कि नशे की हालत में आए युवक-युवतियों ने ये हरकत की. उनका पता लगाने की कोशिश की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को ढूंढ निकाला जाएगा. मामले में जांच जारी है.
इंदौर स्वच्छता के साथ अन्य क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़े : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
2 Oct, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर जो भी करता है, वह सबसे अलग और अनूठा होता है। इंदौर स्वच्छता के साथ अन्य क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़े और इंदौर का परचम देश-दुनिया में मजबूती के साथ फैलाये। इंदौर मेट्रोपोलिटन सिटी में भी आगे बढ़ने के साथ अब वह मेट्रो सिटी बन चुका है। इंदौर अब स्वच्छता का महागुरू बनकर, अब वह अन्य शहरों को भी साफ-सफाई और स्वच्छता की प्रेरणा का संदेश दे रहा है। इंदौर ने इस बार देपालपुर नगर को भी स्वच्छ करने का संकल्प लिया है, जिसमें इंदौर को निश्चित ही सफलता मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को नेहरू पार्क में स्वच्छ भारत दिवस पर कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्म जयंति है। साथ ही आज विश्व के सबसे बडे़ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे हो चुके है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी को विजयादशमी की बधाई देते हुए उपस्थित नागरिकों से भारत माता की जय और महात्मा गांधी की जय के उद्घोष लगवाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदृष्टिता के कारण पूरा देश स्वच्छता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ता जा रहा है। मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि गत 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री मोदी ने अपना जन्म दिवस बदनावर में पीएम मित्र पार्क का शुभारंभ करके मनाया। इस पार्क के बन जाने के बाद कपास उत्पादकों का जीवन बेहतर होगा और लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री मोदी का जन्म दिवस से सेवा पखवाड़े की शुरूआत हुई थी, जिसका समापन इंदौर में गांधी-शास्त्री जयंती पर सफलतापूर्वक हुआ। सेवा पखवाड़े के तहत इंदौर नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम किये। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आकाश में रंगीन गुब्बारे छोड़े। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा लगाई गई स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी से अपने लिए खादी के दो टॉवेल खरीदे और नागरिकों से भी स्वदेशी उत्पाद खरीदने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगर निगम इंदौर की स्व-सहायता समूह की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वदेशी उत्पादों की अधिक से अधिक खरीदी कर राष्ट्र को विकसित बनाने में अपना सहयोग दें।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रेरणा से इंदौर नहर निगम स्वच्छता की दिशा विविध प्रकार के कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा, निगमायुक्त दिलीप कुमार यादव, स्मार्ट सिटी सीईओ अर्थ जैन, जन-प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर में गोबर से स्वदेशी दीये बनाये जाने के नवाचार की सराहना की
2 Oct, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर प्रवास के दौरान नेहरू पार्क में राष्ट्रीय स्वच्छता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में लगाई गई प्रदर्शनी में इंदौर में नवाचार के तहत गोबर से स्वदेशी दीये बनाने की मशीन का अवलोकन किया। उन्होंने दीये बनाये जाने के संबंध में जानकारी ली और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के इंदौर के नवाचार की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि सेवा पखवाड़े के तहत स्वदेशी से खुशहाली लाने के लिये स्वदेशी अभियान को नई दिशा देते हुए इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा ने विशेष पहल की है। दीपावली और अन्य त्यौहारों के लिये इंदौर में पवित्र गाय के गोबर से दीये बनाये जाने का प्रकल्प शुरू किया गया है। इसके लिए नगर निगम की हातोद क्षेत्र स्थित गौशाला में दो मशीनें स्थापित की गई हैं, वहीं अगले कुछ दिनों में और मशीनें लगाई जाएंगी ताकि लाखों की संख्या में दीये समय पर तैयार हो सकें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा के अनुसार स्वदेशी अभियान को इस पहल से नई गति मिलेगी।
इन दीयों की पैकिंग कर बाजार में भी उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर वर्मा स्वयं इस अभियान की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को इस कार्य से जोड़ा है तथा पशुपालन विभाग, नगर निगम और जिला आपूर्ति नियंत्रक को प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
राज्यपाल पटेल ने महात्मा गांधी और शास्त्री जी की जयंती पर किया नमन
2 Oct, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल राजभवन में आयोजित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती कार्यकम में शामिल हुए। राज्यपाल पटेल ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर श्रृद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया।
राजभवन के बैंक्वेट हाँल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, अपर सचिव उमाशंकर भार्गव एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
चाय की दुकान पर लेते ही पकड़ा गया घूस, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग की साजिश फेल, दिल्ली-NCR से दो संदिग्ध पकड़े गए
डिटॉक्स वाटर पीने से पहले जान लें इसके साइड इफेक्ट
राजनीति पर पप्पू यादव का विवादित बयान, महिलाओं को लेकर कही बड़ी बात
दीपिका पादुकोण फिर बनने वाली हैं मां? मैटरनिटी लुक्स ने बढ़ाई हलचल
पहलगाम बरसी से पहले गरजी इंडियन आर्मी, पाकिस्तान को सख्त संदेश
BRTS हटने के बाद भी नहीं सुधरी इंदौर की ट्रैफिक व्यवस्था, हाई कोर्ट नाराज
