मध्य प्रदेश
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री शुक्ला की उपस्थिति में हुआ एमओयू
14 Oct, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के क्लीन एण्ड ग्रीन ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के स्वप्न को साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है। यह बात नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने तकनीकी सहायता से ऊर्जा लक्ष्यों की प्राप्ति के लिये ऊर्जा विकास निगम और अन्य कम्पनियों के बीच हुए एमओयू हस्ताक्षर करने के दौरान कही। उन्होंने कहा कि निसंदेह इससे लक्ष्य प्राप्ति में सहायता मिलेगी।
मंत्री शुक्ला ने कहा कि ऊर्जा विकास निगम ने मेसर्स सीएलएएसपी, मेसर्स एईईई और मेसर्स सीएसआईएस के साथ ऊर्जा दक्षता के लक्ष्यों को हासिल करने के लिये समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं। उन्होंने बताया कि मेसर्स सीएलएएसपी एक गैर-लाभकारी संगठन है। इसके 90 से अधिक देशों में प्रोजेक्ट संचालित हैं। इसका मुख्यालय वाशिंगटन के साथ ही हमारे देश की राजधानी नई दिल्ली में भी है। मेसर्स सीएलएएसपी नीति निर्माताओं, उद्योग संघों और सिविल सोसायटी के साथ सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा देता है।
ऊर्जा विकास निगम द्वारा किये गये एमओयू से उपकरण ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में बढ़ावा मिलेगा इससे संस्थागत ढाँचे के साथ ही वित्तीय स्वायत्तता को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। एमओयू से औद्योगिक और लघु एवं मध्यम उद्यम इकाइयों की ऊर्जा दक्षता को भी बढ़ावा मिल सकेगा। इससे मध्यप्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में कार्य करने वाली अन्य संस्थाओं के लिये भी आगे कार्य करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
स्वच्छता के लिए बने वातावरण से अब शहरों और प्रदेशों में साफ-सफाई के लिए बढ़ी प्रतिस्पर्धा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
14 Oct, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से स्वच्छता को अपनी महत्वपूर्ण प्राथमिकता बनाया। उनकी इस पहल से स्वच्छता के क्षेत्र में न केवल देश का माहौल बदला अपितु विश्व के कई देशों ने उनकी इस पहल को अनुकरणीय बताया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक रूप से सशक्त देश के रूप में स्थापित हुआ है। अब हमारी पहचान स्वच्छ देश के रूप में होने लगी है। स्वच्छता को दी गई प्राथमिकता से राज्यों के साथ शहरों में भी स्वच्छता के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। राज्य सरकार और प्रदेशवासियों के लिए यह उपलब्धि और गर्व का विषय है कि मध्यप्रदेश देश के प्रमुख स्वच्छतम राज्यों में शामिल है। यह प्रधानमंत्री मोदी का ही नेतृत्व और मार्गदर्शन है जिसके परिणामस्वरूप हमारे नगर-निगम अब मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने की ओर अग्रसर हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को रवीन्द्र भवन में 5वें राज्य स्तरीय स्वच्छता सम्मान एवं कार्यशाला “स्वच्छता समग्र समारोह” को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा सफाई मित्रों का सम्मान किया। इस अवसर पर स्वच्छता अभियान पर केंद्रित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक से प्रदेश के नगरीय निकायों को रुपए 7 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश को ग्रीन और क्लीन सिटी वाला प्रदेश बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। स्वच्छता में इंदौर ने नित नए कीर्तिमान गढ़े हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश के उज्जैन, भोपाल और जबलपुर सहित 8 शहरों को स्वच्छता पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। स्वच्छता में मंडला, टीकमगढ़ जैसे 6 छोटे जिलों ने भी स्थान बनाया है। राज्य सरकार का संकल्प है कि हम आने वाले समय में शहरों से लिगेसी वेस्ट को समाप्त करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में स्थान प्राप्त करने पर जबलपुर, उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर, देवास, इंदौर नगर निगम, शाहगंज नगर परिषद, बुदनी नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों एवं सफाई मित्रों को पुरस्कार प्रदान किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है आज स्वच्छता की विभिन्न कैटेगरी में 64 पुरस्कार प्रदान किए गए हैं। प्रदेश को दीपावली से पहले ही साढ़े 22 हजार करोड़ रुपए की सौगात मिल रही है। आज 10 हजार करोड़ रुपए की नमामि नर्मदे योजना प्रारंभ की जा रही है। अमृत 2 योजना के अंतर्गत 7 हजार करोड़ रुपए की सौगात मिल रही है। मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना की भी शुरुआत हो रही है जो 5 हजार करोड़ रुपए लागत की है। आगामी 3 वर्षों में लगभग 20 हजार करोड़ रुपए की योजनाएं मूर्तरूप लेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ: 2028 उज्जैन का ही नहीं, विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक मेला है। इसके लिए विशाल स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। पृथ्वी पर जल से ही जीवन की उत्पत्ति हुई है इसीलिए सिंहस्थ जैसे आयोजनों में पवित्र नदियों में जल को नमन करते हुए स्नान का महत्व है। सिंहस्थ-2028 का आयोजन विश्व के लिए उदाहरण बनेगा।
हमें स्वच्छता को संस्कार में लाना होगा : राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी
नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि हमें आसपास स्वच्छता के साथ मानसिक स्वच्छता को भी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। हमें स्वच्छता को संस्कार में लाना होगा और अपने विचार और संस्कार से ही व्यक्ति अपने आसपास की स्वच्छता के लिए सक्रिय होता है। हमें वार्डवार कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करते हुए कचरा संग्रहण के लिए सक्रिय होना होगा, तभी शहरों को सुंदर बनाया जा सकेगा। सड़कों और गलियों के साथ-साथ जल संरचनाओं की स्वच्छता को भी प्राथमिकता देनी होगी।
अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास संजय दुबे ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश निरंतर 8 वर्षों से नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार ने स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल पर ही सफाई मित्रों के स्वागत और सम्मान का यह कार्यक्रम रखा गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विचार था कि दीपावली पर्व पर सफाई का बहुत महत्व है और हमारे घर-द्वार तथा इलाके की सफाई में सफाई मित्रों का विशेष महत्व रहता है। स्वच्छता मित्रों का सम्मान दीपावली से पहले किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इस प्रतिबद्धता के परिणाम स्वरूप ही यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि इस वर्ष बारिश से पहले प्रदेश के लगभग 40 नगरीय निकायों में वर्षों से जमा कचरे को हटा दिया जाएगा। प्रदेश में डोर टू डोर कचरा संकलन गतिविधि का विस्तार किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर भोपाल मालती राय, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप सरोठिया, आयुक्त नगरीय विकास संकेत भोंडवे सहित प्रदेश से आए महापौर, पार्षदगण एवं सफाई मित्र उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया सफाई मित्रों का सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वच्छता सम्मान समारोह में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नगरीय निकायों को पुरस्कृत किया। साथ ही उल्लेखनीय कार्य करने वाले सफाई मित्र लक्ष्मी, गुड्डी बाई, पुष्पा, कालीचरण और जीवन को सम्मानित कर पुरस्कार किया।
पुरस्कृत स्थानीय निकाय
सफाई मित्र सुरक्षित श्रेणी में जबलपुर नगर निगम, सुपर स्वच्छ लीग में उज्जैन नगर निगम, स्वच्छ शहर श्रेणी में जनसंख्या के अनुसार भोपाल, ग्वालियर, देवास नगर निगम को सम्मानित किया गया है। वायु सर्वेक्षण में देवास, स्वच्छ शहर में सीहोर जिले के शाहगंज और बुदनी नगरीय निकायों को पुरस्कृत किया गया। इन नगरीय निकायों ने राष्ट्रीय स्तर पर भी पुरस्कार प्राप्त किये हैं। समारोह में पीएम आवास योजना में इंदौर, बैरसिया और निवाली बुजुर्ग को, पीएम स्वनिधि योजना में रतलाम, सारणी, शाडोरा नगरीय निकाय को पुरस्कृत किया गया। मिशन कर्मयोगी में श्रेष्ठ कार्य करने वाले कर्मी सुनिलोफर, अशोक राय, सत्यप्रकाश सिंह को पुरस्कृत किया गया। प्रदेश की फास्टेस्ट मूवर्स सिटीज की श्रेणी में 15 नगरीय निकायों को आबादी की श्रेणी के आधार पर पुरस्कृत किया गया। तरल और ठोस अपशिष्ट के बेहतर निष्पादन के लिये 11 निकायों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यशाला
5वें राज्य स्तरीय स्वच्छता सम्मान समारोह में कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में आयुक्त नगरीय प्रशासन संकेत भोंडवे ने नगरीय निकायों से कहा कि कचरे के सुरक्षित निष्पादन के लिये टेक्नोलॉजी को अंतिम पायदान तक लाना जरूरी है। उन्होंने नगरीय निकायों से कर वसूली कार्य को प्राथमिकता के साथ 31 दिसम्बर तक करने का अनुरोध किया है। क्लिनवेल्ड पीट मारविक गोएर्डेलर (केपीएमजी) के संचालक प्रबल भारद्वाज ने बताया कि स्वच्छता अभियान में लगातार बदलाव को रहे हैं। प्रदेश के जो शहर स्वच्छता लीग में आ गये हैं, उनके सामने और भी चुनौती बढ़ गयी है। मध्यप्रदेश ने स्वच्छता के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना ली है। स्वच्छता के मामले में नागरिकों को लगातार जागरूक किये जाने की जरूरत है। कार्यशाला में स्वच्छता और कचरा निष्पादन के मामले में बेस्ट प्रेक्टिस करने वाले नगरीय निकायों ने प्रेजेन्टेशन के माध्यम से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को ओरछा में करेंगे रामराजा लोक का भूमिपूजन
14 Oct, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को निवाड़ी जिले के ओरछा में रामराजा लोक के द्वितीय चरण के निर्माण की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 257 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत के कार्यों का भूमिपूजन और 74 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत के कार्यों का लोकार्पण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रामराजा सरकार के दर्शन करेंगे और जुझार सिंह महल का भ्रमण कर रामराजा लोक फेस-1 के निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन करेंगे। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रामराजा वृद्धाश्रम में भोजन करेंगे।
इन कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रामराजा लोक के प्रथम चरण में 103 दुकानों एवं प्लाजा निर्माण, राय प्रवीण महल गार्डन का संरक्षण, विकास एवं इल्यूमिनेशन कार्य, स्टेट प्रोटेक्टेड मोन्यूमेंट लक्ष्मी मंदिर ओरछा में बाउंड्री वाल का निर्माण कार्य, लक्ष्मी मंदिर तता राजा महल का इल्यूमिनेशन तथा कटीला दरवाजा से जहांगीर महल तक पाथ-वे, स्ट्रीट लाइट हेरिटेज पोल कार्य और लक्ष्मी मंदिर एवं जहांगीर मंदिर के लेंडस्केपिंग कार्य का लोकार्पण करेंगे। साथ सांदीपनि विद्यालय स्कूल असाटी, शासकीय उ.मा. विद्यालय गोराखास, चचावली पठाराम मार्ग लंबाई 6 किमी. असाटी देवेन्द्रपुरा मार्ग लंबाई 4.20 किमी, लगी बरिया चिकटा से चौमों मार्ग लंबाई 3.40 किमी, सिमरा जेरौन मुख्य मार्ग से बोडेरा कटरयाना पिरयनवारा खिरक होते हुये मिलावन खिरक तक मार्ग लंबाई 3 किमी, देवेन्द्रपुरा से गिदखिनी मार्ग लंबाई 2.10 किमी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस कंट्रोल रूम, 50 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास भवन शक्तिभैरो और उप तहसील (टप्पा) तरीचरकलां जिला निवाड़ी का लोकार्पण होगा। इन सभी कार्यों की लागत 74 करोड़ 90 लाख रूपये है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव लोक निर्माण, पर्यटन, उच्च शिक्षा और पंचायत एवं ग्रामीण विभाग के 257 करोड़ 95 लाख लागत के 5 कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे।
21 लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
14 Oct, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में स्वदेशी को अपनाते हुए भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर है और शीघ्र ही दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्था बनेगा। प्रधानमंत्री मोदी अंत्योदय के स्वप्न को साकार कर पं. दीनदयाल उपाध्याय के गरीब कल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। मध्यप्रदेश में डबल इंजन की सरकार है और राज्य सरकार गरीब से गरीब के जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों को हर महीने वित्तीय सहायता दी जा रही है। प्रदेश की लाड़ली बहनें सरकार से मिलने वाली राशि से अपना घर संवार रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को देवास जिले के बागली में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
देवास को मिलीं सांदीपनि विद्यालय भवन सहित अनेक सौगातें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास जिले के ग्रामीण क्षेत्र के लिए 237 करोड़ लागत की नेमावर समूह जलप्रदाय योजना का लोकार्पण किया। साथ ही बागली में 34 करोड़ लागत के नवनिर्मित सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण कर बच्चों को बेहतर भविष्य की सौगात दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं को रोजगार सहायता प्रदान करने के लिए स्थानीय देवास जॉब पोर्टल का शुभारंभ किया एवं युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लगभग 87 करोड़ लागत के 62 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 18 विकास कार्यों का वर्चुअली भूमिपूजन भी किया।
प्रदेश के 21 लाख युवा अशासकीय नौकरी व रोजगार से जोड़े गए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास दो देवियों का जिला है। कृषि की दृष्टि से भविष्य में यह पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों को पीछे छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि देवास के लिए विकास का नया द्वार खुल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद लगभग 1 लाख सरकारी पदों की भर्ती के लिए विज्ञापन निकाले जा चुके हैं और भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा प्रदेश के 21 लाख युवाओं को अशासकीय नौकरी और अन्य प्रकार के रोजगार से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि सोनकच्छ क्षेत्र में 50 हजार क्षमता की गौशाला की शुरुआत की जा रही है। राज्य सरकार बड़ी गौशाला खोलने पर 10 लाख रुपए का अनुदान भी प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदा किनारे फतेहगढ़ घाट निर्माण, बागली से जटाशंकर 17 किमी सड़क निर्माण, 2 जनजातीय बालक छात्रावास निर्माण की घोषणा भी की।
सोयाबीन किसानों के घाटे की भरपाई के लिए संकल्पित है सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पीला मोजेक से सोयाबीन फसलों के प्रभावित किसानों को घाटे की भरपाई के लिए सहायता राशि दी जा रही है। सोयाबीन उत्पादक किसानों को उपज का उचित दाम मिले इसके लिए सरकार ने भावांतर योजना लागू की है। सोयाबीन का 5328 रुपए प्रति क्विंटल मूल्य दिलवाने के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास जिले के 50 हजार से अधिक किसानों को सोयाबीन क्षति के लिए 24 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से खातों में अंतरित किए।
दीपावली पर्व पर स्वदेशी उत्पाद खरीदने का लें संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ: 2028 दुनिया का सबसे बड़ा आयोजन होगा, जिसकी भव्यता दुनिया को चकित करेगी। उज्जैन में भव्य-दिव्य सिंहस्थ के लिए राज्य सरकार हर स्तर पर तैयारियां कर रही है। आने वाले कुछ दिनों में दीपावाली का पर्व आ रहा है। हम सभी संकल्प लें कि सिर्फ स्वदेशी ही खरीदेंगे। स्वदेशी दिये जलाएं और दूसरों के साथ खुशियां बांटें। सच्चे अर्थों में रामराज्य तभी आता है, जब छोटे से छोटे व्यक्ति को गले लगाएं और उसके घर में भी उजाला हो। राज्य सरकार भगवान श्रीराम के बताए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए सनातन संस्कृति के सभी पर्व त्यौहार धूमधाम से मना रही है। हमें अपनी विरासत पर गर्व करना चाहिए। भेदभाव मिटाते हुए सबको साथ चलने का मंत्र ही सच्चे अर्थों में सुशासन है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बागली आगमन पर भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोड शो के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश जोशी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रोड शो सांदीपनि विद्यालय पर संपन्न हुआ। इस दौरान रोड शो के प्रारंभ स्थल से सभा स्थल तक जगह-जगह मंच बनाकर विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक संगठनों और नागरिकों ने भव्य स्वागत किया।
34 करोड़ 49 लाख रुपये लागत के सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का बागली आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। देवास जिले के बागली में 34 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि उच्चतर माधायमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का अवलोकन कर इस नई उपलब्धि के लिए बागलीवासियों को बधाई भी दी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एवं देवास जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा, सासंद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक बागली मुरली भंवरा, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर, हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, रायसिंह सेंधव सहित अन्य जनप्रतिनिधि सहित अधिकारी उपस्थित थे।
अच्छे आचरण वाले कैदियों को रिहाई का तोहफा, बिरसा मुंडा जयंती पर पहल
14 Oct, 2025 06:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश सरकार जनजातीय गौरव दिवस पर अच्छे आचरण वाले 29 कैदियों को रिहा करेगी. ताकि उनके सुधार और समाज में पुनर्वास को बढ़ावा मिले.
मध्य प्रदेश सरकार ने 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जेलों में बंद अच्छे आचरण वाले करीब 29 कैदियों को रिहा करने का फैसला किया है. एक अधिकारी ने सोमवार को इस फैसले की जानकारी दी और बताया कि यह कदम राज्य की जेल सुधार नीति और सुधारात्मक पहल का हिस्सा है, ताकि अच्छे व्यवहार वाले कैदी समाज में लौटकर बेहतर तरीके से अपने जीवन को आगे बढ़ा सकें.
जनजातीय गौरव दिवस पर रिहाई
अधिकारियों ने दावा किया कि जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने वाले बिरसा मुंडा की जयंती पर जेल की सजा काट रहे कैदियों को अच्छे आचरण के आधार पर रिहा करना मध्यप्रदेश को देश का पहला राज्य बनाता है. इस साल यह पांचवां मौका है जब सरकार ऐसे कैदियों को रिहा कर रही है.एक सरकारी विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि चालू वर्ष में अब तक चार मौकों पर अच्छे आचरण वाले कैदियों को रिहा किया जा चुका है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार सुधार और पुनर्वास पर विशेष ध्यान दे रही है.
राज्यपाल की सिफारिश और पिछले रिहाई रिकॉर्ड
राजभवन के एक अधिकारी ने बताया कि यह ताजा कदम राज्यपाल मंगूभाई पटेल की सिफारिश पर उठाया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि अच्छे आचरण वाले कैदियों को माफी देने की यह पहल पिछले वर्षों के रिहाई रिकॉर्ड के अनुरूप है. 2025 के दौरान गणतंत्र दिवस, आंबेडकर जयंती, स्वतंत्रता दिवस और गांधी जयंती के अवसर पर कुल 523 कैदियों को रिहा किया गया था. यह आंकड़ा सरकार की जेल सुधार प्रक्रिया और अच्छे आचरण को बढ़ावा देने वाली नीतियों को रेखांकित करता है.
प्रदेश की आदिवासी आबादी और रिहाई का महत्व
विज्ञप्ति में बताया गया है कि आदिवासी गौरव दिवस के अवसर पर सरकार करीब 29 और कैदियों को रिहा करेगी. इनमें आठ अनुसूचित जनजाति समुदायों के सदस्य शामिल हैं. मध्यप्रदेश में 2011 की जनगणना के अनुसार 1.53 करोड़ से अधिक की आदिवासी आबादी थी, जो कुल 7.26 करोड़ की आबादी का 21.08 प्रतिशत है. यह कदम आदिवासी गौरव दिवस की महत्ता को उजागर करता है और राज्य सरकार की पहल को स्पष्ट रूप से दर्शाता है.
दीपावली से पहले पेंशनर्स को मोहन सरकार ने दी सौगात, कर्मचारियों को अभी और इंतजार
14 Oct, 2025 05:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: दीपावली के पहले मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने प्रदेश के साढ़े चार लाख पेंशनर्स को महंगाई राहत की बड़ी सौगात दी है. मंत्रालय में हुई कैबिनेट की बैठक में सरकार ने छठे और सातवें वेतनमान का लाभ दिए जाने का फैसला लिया है. यह वृद्धि अक्टूबर माह से लागू की जाएगी. पेंशनर्स को महंगाई राहत का लाभ देने के लिए प्रदेश सरकार से पहले ही सहमति मिल चुकी है. इसके बाद वित्त विभाग ने महंगाई राहत में 2 फीसदी बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव रखा गया, जिसे कैबिनेट ने मंजूरी दे दी.
पेंशनर्स लंबे समय से कर रहे थे मांग
मध्य प्रदेश के पेंशनर्स लंबे समय से कर्मचारियों की तरह महंगाई राहत में बढ़ोत्तरी की मांग कर रहे थे. अपनी मांग को लेकर पेंशनर्स एसोसिएशन ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी पत्र लिखा था. पेंशनर्स को अभी मार्च से 53 फीसदी की दर से महंगाई राहत मिल रही थी, जबकि प्रदेश के कर्मचारियों को 55 फीसदी की दर से महंगाई दर का लाभ दिया जा रहा है. कर्मचारियों के समान महंगाई राहत दिए जाने की मांग को लेकर ऑल प्रगतिशील वेलफेयर एसोसिएशन ने सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी थी.
अब सरकार ने किया फैसला
मंत्रालय में हुई कैबिनेट की बैठक में सरकार ने प्रदेश के पेंशनर्स के संबंध में भी महत्वपूर्ण फैसला किया है. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि कैबिनेट की बैठक में निर्णय लिया गया है कि अब राज्य के पेंशनर्स को छठे और सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाएगा. इससे सरकार को 170 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च करना होगा. राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीबन साढ़े 4 लाख पेंशनर्स को फायदा होगा.
कर्मचारियों को नहीं मिली राहत
हालांकि राज्य सरकार ने कर्मचारी, अधिकारियों के महंगाई भत्ते को लेकर कोई फैसला नहीं किया है. केन्द्र सरकार द्वारा केन्द्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने के बाद से प्रदेश के कर्मचारियों को उम्मीद थी कि सरकार कैबिनेट में कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी 3 फीसदी की बढ़ोत्तरी कर सकती है. कर्मचारी संगठन महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने की मांग कर रहे थे. इसके अलावा कर्मचारी संगठन फेस्टिवल एडवांस को भी 10 हजार रुपए किए जाने की मांग कर रहे थे, लेकिन सरकार ने इस पर अभी तक विचार नहीं किया है.
भोपाल में बड़ा हादसा टला, इंदौर-सागर मार्ग पर धंसी सड़क
14 Oct, 2025 09:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी भोपाल (Bhopal) के बिलखिरिया क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंडीदीप से ईंटखेड़ी की ओर जाने वाली सड़क का करीब 100 मीटर हिस्सा अचानक धंस गया, जिसके चलते प्रशासन ने ऐहतियातन एक लेन का ट्रैफिक रोक दिया है। गौरतलब है कि 3 महीने पहले भोपाल के सबसे व्यस्त इलाके एमपी नगर में सड़क धंस गई थी। घटना पर एमपीआरडीसी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच दल गठित किया है, जिसमें मुख्य अभियंता बीएस मीणा, जीएम मनोज गुप्ता तथा जीएम आरएस चंदेल सम्मिलित हैं। यह दल आर-ई वॉल के धंसने के कारणों की तकनीकी जांच कर शीघ्र अपनी रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत करेगा, जिसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सौभाग्य से घटना के वक्त सड़क पर कोई वाहन नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक यह घटना दोपहर 12 से 1 बजे के बीच हुई। यह सड़क मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPRDC) के अधीन आती है और इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर, जयपुर, मंडला और सागर जैसे शहरों को जोड़ती है।ब्रिज के पास रिटेनिंग वॉल ढहने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहले पत्थर सरकते दिखाई देते हैं और फिर वॉल का एक हिस्सा गिर जाता है। एमपीआरडीसी अधिकारियों के अनुसार, यह सड़क वर्ष 2013 में मेसर्स ट्रॉन्सट्राय प्रा. लि. द्वारा बीओटी (Build–Operate–Transfer) मॉडल के तहत निर्मित की गई थी। कंपनी द्वारा अनुबंध की शर्तों का पालन न करने पर वर्ष 2020 में अनुबंध निरस्त कर दिया गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एमपीआरडीसी के प्रबंध संचालक भरत यादव ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित जिम्मेदार के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) के अधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल स्थल पर पहुंच गए। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षतिग्रस्त क्षेत्र को बैरिकेड कर दिया गया है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। फिलहाल, सड़क धंसने के कारणों की जांच के साथ ही मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
सूखी सेवनिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने जानकारी दी कि सड़क धंसने के बाद ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है और मौके पर पुलिस बल तैनात है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। जिस खेत के पास यह सड़क धंसी है, किसान आशीष यादव ने बताया कि इस हिस्से में हर साल मेंटेनेंस का काम होता है, लेकिन वह सिर्फ दिखावे तक सीमित रहता है। उनका कहना है, अगर समय रहते सही मरम्मत होती, तो आज यह सड़क न धंसती।
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला मौके पर पहुंचे और उन्होंने सरकार विरोधी नारे लगाए। शुक्ला ने कहा जिन सड़कों के नाम पर 2003 में भारतीय जानता पार्टी सरकार में आई थी, वही भारतीय जानता पार्टी की सरकार सड़को के नाम पर भारी भ्रष्टाचार कर रही है। भोपाल ऐशबाग का 90 डिग्री हो या एम पी नगर का मुख्य मार्ग हो और अब ये भोपाल विदिशा हाईवे पर मंडीदीप से ईंटखेड़ी की ओर जाने वाला ब्रिज के पास का हिस्सा करीब 100 मीटर धंस गया है।
गनीमत रही की इस दौरान वहां से कोई नहीं गुजर रहा था। मध्य प्रदेश में खराब सड़कों के निर्माण और सड़कों के गड्ढ़ों को लेकर पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने तीन महीने पहले कहा था कि अभी ऐसी कोई तकनीक नहीं आई है, जिसके आधार पर कह सकें कि ऐसी सड़क बनाएंगे जिस पर कभी गड्ढा होगा ही नहीं। जब तक सड़कें रहेंगी तब तक गड्ढे होते रहेंगे। इसी भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री रहते हुए शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया था कि मप्र की सड़कें अमेरिका से भी अच्छी हैं, और अब एक एक करके उनकी हकीकत राजधानी में ही सामने आ रही है। शेष प्रदेश में क्या हाल होंगे इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
एम.पी. ट्रांसको में व्हाट्सएप की जगह अब ‘अराताई’
13 Oct, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : “आत्मनिर्भर भारत” की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) ने भारत में निर्मित स्वदेशी मैसेजिंग ऐप अराताई का प्रयोग शुरू कर दिया है। ज़ोहो कॉर्प द्वारा विकसित यह ऐप विदेशी प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप का सुरक्षित और मजबूत विकल्प माना जा रहा है।
एम.पी. ट्रांसको में सबसे पहले शहडोल डिवीजन के कार्यपालन अभियंता चंद्रभान कुशवाहा ने कार्यालयीन संवाद और फाइल शेयरिंग के लिए स्वदेशी अराताई का उपयोग प्रारंभ किया है। उन्होंने बताया कि “अराताई पूरी तरह भारत में विकसित सुरक्षित और विश्वसनीय प्लेटफॉर्म है, जिससे विभागीय संवाद को स्वदेशी तकनीक के माध्यम से सशक्त बनाया जा सकेगा।”
ऐप में उच्च स्तरीय डेटा सुरक्षा, ग्रुप मैसेजिंग, मल्टी-डिवाइस सपोर्ट और तेज़ फ़ाइल शेयरिंग जैसी सुविधाएं हैं। इसका डेटा भारत के सर्वरों पर सुरक्षित रहता है।
कुशवाहा की पहल से शहडोल डिवीजन का संपूर्ण आंतरिक संचार अब अराताई के माध्यम से हो रहा है। एम.पी. ट्रांसको की यह पहल डिजिटल आत्मनिर्भरता और स्वदेशी तकनीकी समाधानों को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय कदम है।
राज्य स्तरीय स्वच्छता समग्र समारोह 14 अक्टूबर को होगा भोपाल में
13 Oct, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा 14 अक्टूबर मंगलवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन हंसध्वनि सभागार में 5वां राज्य स्तरीय स्वच्छता सम्मान समारोह एवं कार्यशाला “स्वच्छता समग्र” का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 1 बजे समारोह में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नगरीय निकायों को स्वच्छता सम्मान प्रदान करेंगे। समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी भी मौजूद रहेंगी।
आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास संकेत भोंडवे ने बताया कि कार्यक्रम में स्वच्छता पखवाड़ा पर आधारित विशेष फिल्म एवं स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 के डिजिटल पोस्टर का लोकार्पण भी किया जायेगा। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, स्वच्छ भारत मिशन एवं प्रदेश के शहरी विकास के रोडमेप की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे।
कार्यशाला के विषय
कार्यशाला में सुबह 9 बजे से समानान्तर सत्र के रूप में चर्चा होगी। आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास भोंडवे का प्रारंभिक उद्धबोधन प्रदेश में लीगेसी वेस्ट वायु गुणवत्ता और शहरी स्वच्छता की चुनौतियां विषय पर होगा। कार्यशाला में समानान्तर सत्र होंगे। इनमें प्रमुख रूप से नर्मदा बेसिन, धार्मिक और पर्यटन महत्व के शहरों में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की चुनौतियां विषय रहेगा। इस सत्र में महापौर उज्जैन मुकेश टटवाल, जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह, एमडी पर्यटन विकास निगम इलैया राजा और डारेक्टर रेंस्पांसिबल ट्यूरिज्म मिशन डीपी सिंह शामिल होंगे। एक अन्य सत्र में शहरों में लीगेसी अपशिष्ट की वर्तमान स्थिति एवं चुनौती विषय पर इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, छिंदवाड़ा महापौर विक्रम सिंह अहाके, ग्वालियर महापौर शोभा सिकरवार, आयुक्त नगर निगम इंदौर दिलीप कुमार यादव, आयुक्त ग्वालियर संघ प्रिय और सचिव मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड विचार व्यक्त करेंगे।
समानान्तर सत्र में ही शहरों की कार्य योजना का प्रस्तुतिकरण, शहरों की सफाई, सौंदर्यीकरण और छोटे शहरों में विकास की संभावनाएं विषय पर महापौर भोपाल मालती राय, आयुक्त उज्जैन अभिलाष मिश्रा, आयुक्त भोपाल संस्कृति जैन, आयुक्त सागर राजकुमार खत्री अपने विचार व्यक्त करेंगे।
सफाई मित्रों से संवाद
नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई मित्रों की कुशलता वृद्धि के संबंध में नगर निगम महापौर, आयुक्तों और संबंधित विषय-विशेषज्ञों के बीच संवाद होगा। इस सत्र में सफाई मित्रों को राज्य शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर चर्चा होगी।
लोक अनुष्ठान और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुसार मनाया जाए गोवर्धन पर्व : मुख्यमंत्री डॉ.यादव
13 Oct, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में 21 अक्टूबर को गोवर्धन पर्व लोक अनुष्ठान और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुसार मनाया जाए। आयोजन में गौशालाओं तथा पशुपालकों को विशेष रूप से सहभागी बनाया जाए। साथ ही गोवर्धन पर्व पर पशुपालन तथा दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में विशेष उपलब्धियां दर्ज करने और नवाचार करने वाले उद्यमियों को सम्मानित भी किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ.यादव गोवर्धन पर्व आयोजन के संबंध में सोमवार को मंत्रालय में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश की गौ-शालाओं में गोवर्धन पर्व का सामुदायिक आयोजन होगा। गोवर्धन पर्व का मुख्य आयोजन रवीन्द्र भवन भोपाल में किया जाएगा, जिसमें गोवर्धन पूजन, परिक्रमा, अन्नकूट भोग मुख्य होगा। इस अवसर पर पशुचारक समुदायों की कला, बरेदी और ठाट्या नृत्य आदि का प्रस्तुतीकरण होगा। कार्यक्रम में जैविक उत्पादक, दुग्ध उत्पाद, गोबर आधारित शिल्प के स्टॉल लगाए जाएंगे, साथ ही पशुपालन, कृषि, सहकारिता विभाग की योजनाओं की जानकारी देने के लिए विशेष व्यवस्था होगी। इसके साथ ही ग्रामीण आजीविका के लिए दुग्ध उत्पादन और वृंदावन ग्राम योजना के विस्तार के लिए भी गतिविधियों का संचालन होगा। गोवर्धन पर्व पर सभी जिलों में गतिविधियां संचालित की जाएंगी। आंगनवाड़ी केंद्रों में पंचगव्य उत्पाद जैसे घी, दूध, पनीर और दही से बनी सामग्री का वितरण किया जाएगा।
सिंहस्थ के कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें एम.पी. ट्रांसको : मंत्री तोमर
13 Oct, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मुख्यालय जबलपुर में मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) द्वारा सिंहस्थ-2028 के लिये किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा में ऊर्जा मंत्री तोमर को एम.पी. ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने वर्तमान कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। मंत्री तोमर ने निर्देश दिये कि सिंहस्थ-2028 प्रदेश सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है, सिंहस्थ के कार्यों की नियमित निगरानी रखी जायें और तय समय सीमा व उच्च गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूरे किये जाये।
एम.पी. ट्रांसको उज्जैन में कर रही है यह कार्य
मंत्री तोमर ने सिंहस्थ-2028 में उज्जैन में निर्वाध विद्युत आपूर्ति के लिये पहले चरण में निर्माणधीन 132 के.व्ही. सब स्टेशन चिंतामन एवं 132 के.व्ही. सब स्टेशन त्रिवेणी बिहार के निर्माण कार्यों की प्रगति जानी। इसके अलावा एम.पी. ट्रांसकों 220 के.व्ही. सब स्टेशन शंकरपुरा में वर्तमान 20 एम.व्ही.ए. क्षमता के अपग्रेड कर 50 एम.व्ही.ए. क्षमता का तथा अपने 400 के.व्ही. सब स्टेशन ताजपुर में 50 एम.व्ही.ए. क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर रही है। जिनकी कार्य प्रगति के बारे मे भी ऊर्जा मंत्री ने जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिये।
भावांतर योजना से किसानों को मिले अधिकतम लाभ
13 Oct, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकता वाली भावांतर भुगतान योजना की प्रगति की समीक्षा आज महिला एवं बाल विकास मंत्री और मंदसौर-नीमच जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। बैठक में मंदसौर और नीमच जिलों के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
भूरिया नेवीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को योजना का लाभ सुचारु रूप से और समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त करना है और सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र किसान इससे वंचित न रहे। उन्होंने मंडियों एवं उपमंडियों में हेल्प डेस्क स्थापित करने, पर्याप्त मात्रा में पंजीयन केंद्र संचालित करने और प्रचार-प्रसार के माध्यम से योजना की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि मंदसौर जिले में अब तक 16,385 किसानों का पंजीयन हो चुका है और 256 पंजीयन केंद्रों के माध्यम से यह प्रक्रिया लगातार जारी है। इनमें से 68 केंद्र सहकारी समितियों में संचालित हैं। जिला प्रशासन ने खरीदी प्रक्रिया के लिए मंडियों में पेयजल, छांव, तकनीकी सहायता, रियल टाइम स्टॉक मॉनिटरिंग और मॉडल रेट निगरानी की प्रभावी व्यवस्था की है। पंजीयन कार्य 3 से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि खरीदी प्रक्रिया 24 अक्टूबर से 15 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित है।
नीमच जिले में भी योजना के अंतर्गत पंजीयन कार्य तेज़ी से चल रहा है। अब तक 7,000 से अधिक किसानों का पंजीयन हो चुका है और जिले में 71 पंजीयन केंद्र कार्यरत हैं। इनमें से 68 सहकारी समितियों में एवं 3 मार्केटिंग सोसायटी में संचालित हैं। मंडियों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और प्रचार के लिए पोस्टर, बैनर, पंपलेट के साथ कृषि गोष्ठियों का भी आयोजन किया जा रहा है।
मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। भावांतर योजना के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाकर उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे प्रत्येक स्तर पर यह सुनिश्चित करें कि किसानों को कोई परेशानी न हो और योजना का लाभ उन्हें पारदर्शी एवं सरल प्रक्रिया के तहत प्राप्त हो।
DGP कैलाश मकवाणा ने किया ‘यादों का सिलसिला’ किताब का विमोचन, कहा- पुलिस अधिकारियों को जरूर पढ़ना चाहिए
13 Oct, 2025 09:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। आज पुलिस ऑफिसर्स मेस भोपाल में पूर्व डीजी एनके त्रिपाठी की पुस्तक ‘यादों का सिलसिला’ का विमोचन पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘यादों का सिलसिला’ किताब की लेखनी सटीक, जीवंत, सहज और आत्मीय है। इसमें कई संस्मरण में संवेदनाएं भी समाहित हैं। न्याय और प्रक्रिया का द्वंद भी देखने को मिलता है, पुलिस अधिकारियों को इसे अवश्य पढ़ना चाहिए। इसे पढ़ते हुए मकवाणा को अपने 37 साल के सर्विस करियर की यादें स्मरण होकर ताजा हो गईं।
MCU के कुलगुरु ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता माखन लाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने की और विशिष्ट अतिथि मनोज श्रीवास्तव थे। इस अवसर पर अनेक पूर्व और वर्तमान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में चीफ इलेक्शन कमिश्नर एवं वरिष्ठ चिंतक मनोज श्रीवास्तव ने पुस्तक पर टिप्प्णी करते हुए कहा कि यादों का सिलसिला पुस्तक यादों के प्रभाव को कम नहीं करती। इसमें जीवन भर की यादें ऑटो बायोग्राफी के रूप में हैं, इसमें प्रदेश का बदलता परिदृश्य भी समाहित किया गया है। माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि यादों का सिलसिला पुस्तक बड़े रोचक विवरण से भरी हुई है। इतनी अच्छी प्रस्तुति करना हर किसी के बस की बात नहीं. त्रिपाठी जी की तरह सभी अधिकारियों को अपने अनुभव को पुस्तक के रूप में संग्रहित करना चाहिए जो आने वाले लोगों को नसीहत बने।
सुरेश तिवारी ने पुस्तक के बार में जानकारी दी
मीडियावाला के प्रधान संपादक सुरेश तिवारी ने इस अवसर पर यादों का सिलसिला पुस्तक में समाहित साहित्य के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन रामजी श्रीवास्तव, आभार प्रदर्शन महेंद्र जोशी एवं स्वागत अजय श्रीवास्तव नीलू ने किया।
उद्योग और रोजगार वर्ष की थीम पर मनाया जाए प्रदेश का स्थापना दिवस : मुख्यमंत्री डॉ.यादव
13 Oct, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि 1 नवंबर मध्यप्रदेश स्थापना दिवस उद्योग एवं रोजगार वर्ष की थीम पर मनाया जाए। आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश को लेकर हुए नवाचारों और विशेष गतिविधियों का प्रभावी रूप से प्रस्तुतीकरण किया जाए। 'रोजगार के मंदिर हैं उद्योग' की थीम के साथ कौशल उन्नयन, तकनीकी शिक्षा, उद्यमशीलता के विकास सहित युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने वाली सभी गतिविधियों का स्थापना दिवस संबंधी कार्यक्रमों में प्रभावी और आकर्षक प्रस्तुतीकरण किया जाए। साथ ही प्रदेश में धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों से अर्थव्यवस्था में आई गतिशीलता पर भी प्रस्तुतीकरण हों। स्थापना दिवस पर बीते दो वर्षों में हुए नवाचारों को भी प्रदर्शित किया जाए। स्थापना दिवस को राज्य उत्सव के रूप में मनाया जाए। भोपाल में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ सभी जिला और संभागीय मुख्यालयों पर भी भव्य कार्यक्रम आयोजित हों। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1 नवंबर मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के संबंध में मंत्रालय में सोमवार को हुई बैठक में यह निर्देश दिए।
प्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल एक नवम्बर को देंगे प्रस्तुति
बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर को भोपाल में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल प्रस्तुति देंगे। लाल परेड ग्राउंड में होने वाले इस कार्यक्रम में श्रीकृष्ण के भक्ति पदों की प्रस्तुति के साथ ही विरासत से विकास की थीम पर ड्रोन-शो होगा। साथ ही आतिशबाजी भी होगी। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर दो और तीन नवंबर को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाल परेड ग्राउंड पर महानाट्य -सम्राट विक्रमादित्य की प्रस्तुति होगी। साथ ही दो एवं तीन नवम्बर को सुगम संगीत की प्रस्तुतियां भी होंगी।
औद्योगिक विकास और अर्थव्यवस्था की उपलब्धियां भी होंगी प्रदर्शित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्थापना दिवस समारोह की गतिविधियों में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के हितग्राहियों को भी शामिल किया जाए। उनके सम्मेलन और रैलियां आयोजित हों। साथ ही जिलों में प्रमुख उद्योगपतियों और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में योगदान देने वाले व्यक्तियों और समूहों की उपलब्धियों को भी शामिल किया जाए। प्रदेश के सभी अंचलों में समान रूप से गतिविधियां हों, हर जिला अपनी प्रगति और उपलब्धियों जिला स्तर पर प्रस्तुत करे। साथ ही स्व-सहायता समूह और आईटीआई, पॉलिटेक्निक सहित अन्य संस्थाओं द्वारा युवाओं, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रयासों, कृषक संगठनों द्वारा किसान कल्याण के लिए संचालित गतिविधियों के प्रदर्शन को भी समारोह का हिस्सा बनाया जाए।
विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनियों के साथ लगेगा देशज व्यंजनों का मेला
बैठक में बताया गया कि स्थापना दिवस पर जननायकों के जीवन और अवदान पर भोपाल और जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके साथ 'एक जिला-एक उत्पाद', सम्राट विक्रमादित्य और अयोध्या, सम्राट विक्रमादित्य के सील और सिक्के, मंदिर स्थापत्य तथा भारतीय ऋषि परम्परा पर प्रदर्शनियों को आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में एक से 3 नवम्बर तक वन मेला, ड्रोन टैक वर्कशॉप और एक्सपो, मध्यप्रदेश की पारंपरिक कला प्रदर्शनी, प्रदेश में विरासत से विकास, प्रदेश की बावड़ियों, भोज और भोपाल आदि विषय पर प्रदर्शनी और देशज व्यंजनों का मेला भी आयोजित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, नीरज मंडलोई, संजय शुक्ला, शिवशेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी उपस्थित थे।
‘हम सोने की चिड़िया नहीं, सोने का बाज बनने जा रहे’, MSME सम्मेलन 2025 में CM मोहन यादव ने इकाईयों को 200 करोड़ ट्रांसफर किए
13 Oct, 2025 08:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। सोमवार को राजधानी भोपाल के होटल ताज फ्रंट में MSME सम्मेलन 2025 में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 700 एमएसएमई यूनिट को 200 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक में ट्रांसफर की और 237 उद्यमियों को भूखंड आवंटन पत्र दिया। सीएम डॉ मोहन यादव ने बताया, ‘5084 युवाओं को 347 करोड़ से अधिक राशि के ऋण दिये जा रहे हैं।’
‘सोने की चिड़िया नहीं, सोने का बाज बनने जा रहे’
सीएम डॉ मोहन यादव ने आगे कहा, ‘जैसे सीमा पर जवान देश की रक्षा करता है, किसान देश के लिए अन्न पैदा करता है, उसी तरह प्रत्येक उद्योगपति कई घरों का पेट पालता है। अब हम सोने की चिड़िया नहीं सोने का बाज बनने जा रहे हैं, स्वावलंबन के बल बूते हम देश और प्रदेश को आगे बढ़ायेंगे। अकेले मध्यप्रदेश में रेल का डेढ़ लाख करोड़ का बजट है।’
‘5084 युवाओं को 347 करोड़ से ज्यादा का लोन’
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया, ‘हम 63 स्टार्टअप को सहायता दे रहे हैं। 237 उद्यमियों को भूखंड आवंटन पत्र दिया है. 5084 युवाओं को 347 करोड़ से अधिक राशि के ऋण दिये जा रहे हैं। देश की जीडीपी में 30 प्रतिशत योगदान MSME से आता है। कुल निर्यात में 45 प्रतिशत हिस्सेदारी MSME से आता है। शुरूआत कहीं से भी की जा सकती है, 4 लाख से अधिक विनिर्माण इकाईयां हमारे यहां रजिस्टर हैं. सूक्ष्म,लघु और मध्यम उद्योगों का परिचय दिया है।’
अफगानिस्तान में आया 5.0 तीव्रता का भूकंप, कश्मीर में भी लगे झटके
ध्रुव योग का खास संयोग: इस साल मोहिनी एकादशी पर बन रहे हैं कई मंगलकारी मुहूर्त
बेड के सामने न रखें शीशा: वास्तु के अनुसार नकारात्मक ऊर्जा बढ़ा सकती हैं ये चीजें
दुर्लभ दर्शन: यहाँ विराजते हैं मूंछों वाले प्रभु श्रीराम, 'कर्ज मुक्ति' के लिए प्रसिद्ध है यह धाम
अक्षय तृतीया पर बन रहा खास संयोग, आज करें ये शुभ कार्य और पाएं अक्षय फल
विश्व धरोहर दिवस पर रायपुर में सजी विरासत की अनोखी झलक, संरक्षण पर विशेषज्ञों का मंथन
बंदूक से विकास की ओर: सुकमा के तुंगल इको-पर्यटन केंद्र की प्रेरक कहानी
उमरिया जिले की पूजा सिंह ने रची आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी
