मध्य प्रदेश
प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शाखा प्रबंधक उत्कृष्ट कार्य करें
15 Oct, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : अन्तर्राष्ट्रीय सहकारी वर्ष, 2025 के दौरान अपेक्स बैंक के प्रदेश के शाखा प्रबंधकों की बैठक बुधवार को अपेक्स बैंक समन्वय भवन स्थित सभागार में हुई। इस अवसर पर बैंक के प्रबंध संचालक मनोज गुप्ता ने शाखाओं द्वारा की गई अमानत संग्रहण, ऋण वितरण, वसूली एवं बीमा योजनाओं की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया कि प्रतिस्पर्धा के दौर में अपने आप को बेहतर साबित करने की दिशा में सभी अधिकारी पूरी ईमानदारी एवं लगन से अपने उत्तरदायित्वों का निवर्हन करें। उन्होंने 22 अक्टूबर तक चलने वाले बचत माह के दौरान व्यक्तिगत हितग्राहियों को विभिन्न प्रयोजनों यथा - आवास एवं अचल सम्पत्ति के बंधक पर ऋण पर 8.00 प्रतिशत, वाहन ऋण 8.50 प्रतिशत एवं आवास ऋण 9.00 प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध कराने के प्रयास करें।
गुप्ता ने बैंक की शाखाओं के माध्यम से माईक्रो एटीएम एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना की अधिक से अधिक जानकारी अपने ग्राहकों एवं आमजन तक पहुँचाकर लोगों को अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिये प्रेरित करने तथा एन.पी.ए. प्रकरणों के निराकरण करने और केन्द्र सरकार की ’’स्वच्छता पखवाड़ा’’ योजना का सतत् आयोजन करने के निर्देश भी दिये।
अपने कार्यों से दूसरों की जिंदगी को बेहतर बनाने में ही सफलता : राज्यपाल पटेल
15 Oct, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि अपने कार्यों से दूसरों की जिंदगी को बेहतर बनाने में ही कार्य की सफलता है। उन्होंने सफाई मित्रों का दृष्टांत देते हुए कहा कि वह सुबह सवेरे सबसे पहले उठकर हमारे आस-पास का वातावरण स्वच्छ बनाते है ताकि हम सबको दिनभर स्वच्छ और सुखद वातावरण मिले।
राज्यपाल पटेल बुधवार को राजभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित दीपावली शुभकामना समारोह को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने समारोह में भोपाल, पचमढ़ी राजभवन के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ राजभवन में स्थित डाक घर, बैंक एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों को उपहार भेंट किये। कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव भी मंचासीन थे।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि मानव का जीवन एक बार ही मिलता है। कर्मों का फल इसी जीवन में मिलता है। प्रकृति से अच्छी और बुरी दोनों वृत्तियां मानव को मिलती है। उन्होंने कहा कि जीवन में स्थायी आनंद और सच्चा सुख संतोष मेहनत और योग्यता से ही मिलता है। व्यक्ति के नसीब में जो है वह उसको मिलता ही है। दूसरों की उन्नति से ईष्या के भाव से जीवन के सारे सुख और संतोष का आनंद खत्म हो जाता है इसलिए व्यक्ति को स्वयं ही अपनी गलत प्रवृत्तियों को नियंत्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अक्टूबर का महीना उत्सवों का और आत्म शुद्धि का प्रसंग है। पहले नवरात्र उसके बाद विजयादशमी का पर्व हमें अपने अंदर के दुर्गणों का अंत करने का अवसर देता है। दीपावली का पर्व भी नये उत्साह और ऊर्जा के साथ जीवन के नव आरम्भ का प्रसंग है। यह दूसरों की गलतियों और कमियों को भूलकर प्रेम और पारस्परिक सदभाव को बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने सभी को दीपावली की बधाई और सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी। ईश्वर से प्रार्थना की है कि हर दिन सबके जीवन में खुशिया लाएं। कार्यक्रम का संचालन नियंत्रक हाउस होल्ड शिल्पी दिवाकर ने किया।
आंबेडकर प्रतिमा विवाद पर ग्वालियर बना छावनी, चार हजार जवान तैनात
15 Oct, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर। ग्वालियर (Gwalior) में चल रहे आंबेडकर प्रतिमा विवाद (Ambedkar Statue Controversy) के बाद बढ़े तनाव के बीच 15 अक्तूबर यानी आज के दिन आंबेडकर समर्थकों (Supporters) ने एक बड़े आंदोलन (Major Protests) चेतावनी दी थी, जिसको देखते हुए बुधवार को पुलिस ने भी कमर कस ली है चप्पे-चप्पे और हर आने जाने वाले पर पुलिस की नजर है। इन हालातों के बीच आंदोलन करने वाले कुछ संगठन बैकफुट पर चले गए हैं, लेकिन पुलिस अब भी दो अप्रैल के दंगों को लेकर एहतियाद बरत रही है। पूरा ग्वालियर पुलिस ने छावनी में बदल दिया।
ग्वालियर में 6 महीने पहले एक विवाद शुरू हुआ था, ये विवाद ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को था। वकीलों का एक पक्ष चाहता था कि उच्च न्यायालय परिसर में प्रतिमा लगायी जाये लेकिन वहीं बार काउंसिल अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष समेत वकीलों का एक धड़ा इसके विरोध में था। नतीजा हाई कोर्ट परसर में हंगामा हुआ और प्रतिमा विवाद बढ़ गया।
इस विवाद की आग यहां ख़त्म नहीं बल्कि इसमें राजनैतिक और सामाजिक संगठनों की एंट्री हो गई। प्रतिमा लगाने के पक्षकार और विरोधी दोनों ही पक्षों में टिप्पणियां और शिकायतों का दौर शुरू हो गया। इसी बीच बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एड अनिल मिश्रा ने डॉ. भीमराव आंबेडकरके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिसने आग में घी का काम किया और आंबेडकर समर्थकों और आजाद समाज पार्टी भीम आर्मी समते संगठनों ने 15 अक्तूबर को एक बड़े प्रदर्शन का ऐलान कर दिया। जिसके चलते आज पूरा ग्वालियर छावनी में तब्दील है।
किसानों के साथ जीतू पहुंचे शिवराज के बंगले, पुलिस ने रोका तो PCC से पैदल गए पटवारी
15 Oct, 2025 08:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल में बुधवार को प्रदेश की सियासत उस समय गरमा गई जब कांग्रेस (Congress) के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी (Jitu Patwari) किसानों के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) के सरकारी आवास पर अचानक पहुंच गए। किसानों की फसलों (Farmers’ Crops) के उचित दाम न मिलने और भावांतर योजना की जगह सीधा समर्थन मूल्य देने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया गया। खास बाद यह है कि जब पुलिस ने कांग्रेसियों को रोकने की कोशिश की तो पटवारी पीसीसी से पैदल बंगले तक गए। और इस दौरान अनाज को बोरियां भी साथ में लिए हुए थे।
इससे पहले किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में करीब डेढ़ दर्जन किसान कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और जीतू पटवारी से मुलाकात की। इसके बाद सभी ने मिलकर शिवराज सिंह से मिलने का फैसला लिया। जैसे ही यह जत्था रेड क्रॉस चौराहे की ओर बढ़ा, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश की। कई बार वाहन और अवरोधक लगाकर कांग्रेसियों को रोका गया, लेकिन जीतू पटवारी पुलिस को चकमा देते हुए लगातार आगे बढ़ते रहे।
प्रदर्शनकारियों ने शिवराज के बंगले के सामने सड़क पर गेहूं की बोरियां खाली कर दीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि सरकार किसानों को ठग रही है, और बार-बार सिर्फ वादे किए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर राहत नहीं मिल रही।
आखिरकार जब प्रदर्शनकारी शिवराज सिंह चौहान के आवास तक पहुंच गए, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। एक बोरी फटने से अनाज सड़क पर फैल गया, और कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं बैठकर नारे लगाने लगे। इस बीच केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह खुद बाहर आए और जीतू पटवारी समेत कुछ नेताओं को बातचीत के लिए भीतर बुलाया। दोनों पक्षों के बीच कुछ देर चर्चा चली, लेकिन बाहर मौजूद कार्यकर्ता बंगले के अंदर जाने की ज़िद करते रहे, जिससे मौके पर पुलिस और कार्यकर्ताओं में हल्की झड़प भी हुई।
Bhopal : सनातनी दिवाली मनाने की मुहिम तेज, हिंदुओं से ही खरीदारी की अपील, पोस्टर लेकर पहुंचे हिंदू संगठन
15 Oct, 2025 07:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के तत्वावधान में राजधानी में सनातनी दिवाली मनाने की अपील की जा रही है। बुधवार को इस मुहिम के तहत समिति के पदाधिकारी और संत न्यू मार्केट पहुंचे और दुकानों के बाहर पोस्टर लेकर लोगों से "सनातन मूल्यों के अनुसार व्यवहार और त्योहार" मनाने की अपील की। भोपाल में दिवाली के मौके पर एक नई सामाजिक और धार्मिक पहल चर्चा में है। हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के तत्वावधान में राजधानी में सनातनी दिवाली मनाने की अपील की जा रही है। बुधवार को इस मुहिम के तहत समिति के पदाधिकारी और संत न्यू मार्केट पहुंचे और दुकानों के बाहर पोस्टर लेकर लोगों से "सनातन मूल्यों के अनुसार व्यवहार और त्योहार" मनाने की अपील की।
हिंदू व्यापारियों से ही खरीदारी करें
समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी और उनके साथ आए संतों ने दुकानदारों और ग्राहकों से आग्रह किया कि वे दीपावली की खरीदारी केवल हिंदू व्यापारियों से करें। उनका कहना है कि कुछ ऐसे समुदाय हैं जो न केवल हिंदू त्योहारों का विरोध करते हैं, बल्कि हिंदुओं के खिलाफ फतवे भी जारी करते हैं। इसलिए, त्योहार के दौरान ऐसा कोई लेन-देन न किया जाए जो सनातन संस्कृति के विरुद्ध हो।
बाजारों में बढ़ेगी गतिविधि
समिति ने बताया कि यह केवल एक दिन की पहल नहीं है, बल्कि अगले कुछ दिनों में भोपाल के सभी प्रमुख बाजारों में जाकर लोगों से सीधे संवाद किया जाएगा। समिति का कहना है कि यह अभियान आने वाले समय में प्रदेश के अन्य शहरों में भी चलाया जाएगा।
धार्मिक और सामाजिक रंग लेता त्योहार
दिवाली जैसे बड़े पर्व को लेकर यह अपील अब केवल एक धार्मिक चेतना का विषय नहीं रह गया है, बल्कि यह सामाजिक और सांस्कृतिक विमर्श का हिस्सा बनता जा रहा है। एक ओर जहां यह मुहिम सनातनी पहचान को मजबूत करने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर बाजारों में इसकी प्रतिक्रिया को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।
ओरछा बनेगा विश्व प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी 332 करोड़ की सौगात
15 Oct, 2025 05:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 15 अक्टूबर को ओरछा में श्रीराम राजा लोक के द्वितीय चरण का शिलान्यास और विकास कार्यों का लोकार्पण किया. उन्होंने ओरछा में श्रीराम राजा लोक के मॉडल और प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया. इस मौके पर मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन बोर्ड ने डालमिया भारत कंपनी को लेटर ऑफ अवॉर्ड प्रदान किया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई घोषणाएं भी की. अब धार्मिक पर्यटन स्थल ओरछा को पर्यटन बोर्ड की हेलिकॉप्टर योजना से जोड़ा जाएगा. दूसरी ओर, निवाड़ी जिले में 3500 करोड़ के स्टील प्लांट का लोकार्पण भी होगा.
सीएम मोहन यादव ने कहा कि ओरछा में 500 वर्ष पुराना श्रीराजा राम का वैभव एक बार फिर जीवंत हो रहा है. यहां प्रभु श्रीराम के महल के दर्शन का आनंद अलग ही है. राज्य सरकार ओरछा को धार्मिक पर्यटन में अग्रणी बनाने के लिए हर संभव विकास कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ है. बेतवा नदी के किनारे स्थित प्रभु श्रीराम का ओरछा धाम भी जगमगा रहा है.
भगवान के लीला स्थल बन रहे तीर्थ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने ओरछा धाम, चित्रकूट धाम सहित श्रीराम वन गमन पथ विकसित करने के लिए 2200 करोड़ रुपये की योजना का शुभारंभ किया है. इसके साथ ही उज्जैन, जानापाव जैसे भगवान श्रीकृष्ण के लीला स्थलों को भी तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है. भगवान राम और कृष्ण ने भारत के चारों कोनों में यात्राएं कीं हैं. आज ओरछा को 332 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात मिली है. इसमें श्रीराम राजा लोक का 132 करोड़ की लागत से बनने वाला द्वितीय चरण का भूमिपूजन भी शामिल है.
जनता के कल्याण के लिए सबकुछ
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहनों को राशि भेजकर उन्हें सशक्त बना रही है. किसानों के खाते में पैसे डाले जा रहे हैं. बच्चों की स्कूल फीस, किताबें, ड्रेस और लैपटॉप दिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि भविष्य में बुंदेलखंड को केन-बेतवा लिंक नदी जोड़ो परियोजना का लाभ भी मिलेगा. यहां से पलायन की समस्या अब दूर हो रही है. निवाड़ी जिले में कुछ महीने बाद 3500 करोड़ के स्टील प्लांट का लोकार्पण किया जाएगा.
सीएम ने की ये महत्वपूर्ण घोषणाएं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नेगुआ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन होगा. निवाड़ी में नई सड़क बनेगी. निवाड़ी को नगर पालिका का दर्जा देने के लिए सर्वे भी कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन स्थल ओरछा को पर्यटन बोर्ड की हेलीकॉप्ट योजना से जोड़ा जाएगा.
MP में बिग बॉस फेम तान्या मित्तल के खिलाफ शिकायत, सैंकड़ों झूठ बोलने का लगाया आरोप
15 Oct, 2025 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के ग्वालियर (Gwalior) की रहने वाली बिग बॉस फेम तान्या मित्तल (Bigg Boss fame Tanya Mittal) के खिलाफ शिकायत की गई है। SSP ऑफिस ग्वालियर में यह शिकायत मुंबई से आये सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी ने की है। फैजान ने तान्या मित्तल पर लोगो को रुपयों के लिए धोखा देने का आरोप लगाया है।
बिग बॉस शो में परिवार और व्यक्तिगत जिंदगी से जुड़े सैंकड़ों झूठ बोलने का आरोप भी लगाया है। फैजान ने लिखित शिकायत में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर बलराज को तान्या का बॉयफ्रेंड बताया है। उसका कहना है कि तान्या ने बलराज को भी झूठे मामलों में फंसा कर जेल पहुंचाया है।
फैजान ने शिकायत के जरिये तान्या मित्तल पर FIR करने के साथ गिरफ्तारी की मांग की है। आपको बता दे कि फैजान अंसारी इससे पहले पूनम पांडे,राखी सावंत, उर्फी जावेद,बिग बॉस बिनर एल्विष यादव,आशिफ़ मिरियाज सहित अन्य फेमस सेलेब्रिटीज़ की शिकायत भी कर चुके है। पूनम पांडे के कैंसर वाले झूठे पोस्ट पर भी कानपुर में फैजान ने ही पुलिस में शिकायत की थी।
बदले की आग में जल रहे बड़े भाई ने छोटे की उड़ा दी गर्दन, भाभी को भगा ले गया था देवर
15 Oct, 2025 12:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर: मालथौन थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. प्रेम प्रसंग में भाभी को भगा ले जाने वाले देवर की गर्दन उड़ाकर जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. सुरक्षा व्यवस्था के चलते गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. इधर इस घटना के बाद गांव में तनाव के साथ सनसनी फैल गई.
चचेरे भाई को उतारा मौत के घाट
यह सनसनीखेज मामला मालथौन थाना क्षेत्र की चौकी नोनिया के नीमखेड़ा में सामने आया है. यहां मंगलवार की देर रात को शुभम दांगी उम्र 28 साल को उसके चचेरे भाई सुरेंद्र सिंह दांगी ने ही पारिवारिक विवाद के चलते बका मारकर हत्या कर दी. जिसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं मृतक का भाई रणवीर सिंह इस हत्याकांड के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया है. जिसका इलाज मालथौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.
पत्नी को भगाकर ले जाने के शक में की हत्या
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुभम दांगी अगस्त के महीने में अपनी भाभी यानी चचेरे बड़े भाई की पत्नी को भगाकर ले गया था. शुभम बीच-बीच में अपने घर आता-जाता रहता था, लेकिन इन दोनों परिवारों के बीच में बुराई हो गई थी. मंगलवार की रात शुभम को अकेला पाते ही मौका देखकर सुरेंद्र और उसके परिवार के लोगों ने पीछे से हमला किया और फिर उसकी गर्दन काटकर मौत के घाट उतार दिया. बताया जा रहा है गर्दन पर हमला करने से पहले सुरेन्द्र ने युवक पर बंदूक से भी हमला किया था. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और आरोपी फरार हो गया.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही खुरई एसडीओपी सचिन परते, मालथौन थाना प्रभारी अशोक यादव, बरोदिया कला चौकी प्रभारी धनेंद्र यादव सहित आसपास के थानों का अमला मौके पर पहुंचा. पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है. बुधवार को सागर से एफएसएल और फिंगर प्रिंट की टीम पहुंचकर जांच करेगी. फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है.
मध्य प्रदेश के 7 शहरों को मिला स्वच्छता सम्मान, मोहन यादव ने खोल दिया 5,364 करोड़ का पिटारा
15 Oct, 2025 11:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: हमारे देश की सबसे स्वच्छ राजधानी में से एक मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल है. आज भारत बदल रहा है और मध्य प्रदेश में एक के बाद एक विकास के काम हो रहे हैं. एमपी में आज हमारे शहर अपने आप नगर निगम से मेट्रोपॉलिटन शहर की तरफ बढ़ रहे हैं. इसकी कभी कोई कल्पना नहीं कर सकता था कि मध्य प्रदेश में इतनी तेजी से बदलाव आ सकते हैं. प्रदेश के सभी नगरीय निकाय कचरा प्रबंधन को लेकर सकारात्मक सोच के साथ काम करते रहेंगे. ये बातें मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने पांचवें राज्य स्तरीय स्वच्छता सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही.
स्वच्छता समग्र कार्यशाला का आयोजन
इस समारोह के साथ-साथ 'स्वच्छता समग्र' कार्यशाला का भी आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेश की वायु गुणवत्ता, शहरी स्वच्छता और लीगेसी वेस्ट जैसी जटिल समस्याओं पर विशेषज्ञों ने चर्चा की. कार्यशाला में आयुक्त संकेत भोंडवे ने राज्य में स्वच्छता की वर्तमान स्थिति और आगे की रणनीतियों पर विस्तार से जानकारी दी.
उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल, जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह, पर्यटन निगम के एमडी इलैया राजा और जिम्मेदार पर्यटन मिशन के डायरेक्टर डीपी सिंह ने नर्मदा घाटी और धार्मिक स्थलों की सफाई संबंधी समस्याओं पर अपने विचार साझा किए.
सीएम ने कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकर्पण किया
मोहन यादव ने अमृत योजना के अंतर्गत 5,364 करोड़ रुपए की लागत से संचालित होने वाली जल प्रदाय, सीवरेज, हरित क्षेत्र और अधोसंरचना विकास से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. इसके अलावा जबलपुर, इंदौर, भोपाल, उज्जैन, देवास नगर निगमों समेत शाहगंज नगर परिषद और बुधनी नगर पालिका को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया.
अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेषज्ञों के सुझाव
कार्यशाला में इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहाके, ग्वालियर महापौर शोभा सिकरवार, और संबंधित नगर निगम आयुक्तों ने लीगेसी वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर सुझाव प्रस्तुत किए. समानांतर सत्र में भोपाल महापौर मालती राय, उज्जैन आयुक्त अभिलाष मिश्रा, भोपाल आयुक्त संस्कृति जैन और सागर आयुक्त राजकुमार खत्री ने शहरी सफाई, सौंदर्यीकरण और छोटे शहरों के विकास की संभावनाओं पर चर्चा की.
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 का डिजिटल पोस्टर लांच
कार्यक्रम के समापन पर सफाई मित्रों के साथ संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें उनकी सुरक्षा, कौशल विकास और कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर विचार-विमर्श हुआ. इस दौरान स्वच्छता पखवाड़े पर आधारित एक विशेष फिल्म प्रदर्शित की गई और स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 का डिजिटल पोस्टर भी लॉन्च किया गया. कार्यक्रम के समापन पर सफाई मित्रों के साथ संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें उनकी सुरक्षा, कौशल विकास और कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर विचार-विमर्श हुआ
महाकाल लोक की तरह बनेगा ओरछा का रामराजा लोक, मोहन यादव करेंगे फेज-2 का भूमिपूजन
15 Oct, 2025 10:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
निवाड़ी: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बुधवार को भगवान रामराजा की नगरी ओरछा पहुंचेंगे. जहां श्री रामराजा लोक का भूमिपूजन करेंगे. मुख्यमंत्री के दौरे और श्री रामराजा लोक के भूमिपूजन की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है. ओरछा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करीब 257 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत के कार्यों का भूमिपूजन और 74 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत के कार्यों का लोकार्पण करेंगे.
332 करोड़ के कामों का भूमिपूजन और लोकार्पण
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बुधवार 15 अक्टूबर को निवाड़ी जिले के ओरछा तहसील मुख्यालय के दौरे पर रहेंगे. अपने ओरछा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव श्री रामराजा लोक के दूसरे चरण में होने वाले निर्माण कार्यों की आधारशिला रखेंगे. ओरछा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करीब 257 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत के कार्यों का भूमिपूजन और 74 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत के कार्यों का लोकार्पण करेंगे. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण भी किया जाएगा.
करीब ढाई घंटे ओरछा में बिताएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह करीब 11 बजे ओरछा पहुंचेंगे. जहां वह श्रीरामराजा सरकार के दर्शन कर प्रदेश की सुख समृद्धि और प्रगति का आशीर्वाद लेंगे. इसके साथ ही श्री रामराजा लोक के फेस 2 का भूमि पूजन भी करेंगे. इसके अलावा निवाड़ी जिले को करीब 100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगातें देंगे. निवाड़ी प्रशासन और पुलिस ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
वृद्धाश्रम में भोजन करेंगे सीएम
एसपी रायसिंह नरवारिया ने बताया कि, ''मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे हैलीकॉप्टर से ओरछा पहुंचेंगे. जहां से मुख्यमंत्री सीधे श्री रामराजा मंदिर पहुंचेंगे. जहां श्री रामराजा के दर्शन के बाद श्री रामराजा लोक फेस -2 का भूमिपूजन करेंगे. फिर मुख्यमंत्री एक आमसभा को संबोधित करेंगे. सभा के बाद वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों के साथ भोजन करेंगे. प्रदेश के मुखिया के ओरछा आगमन पर ओरछा नगर बासियो में खूब जोश और उत्साह दिखाई दे रहा है.
रामराजा सरकार की नगरी ओरछा को उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित करने के लिए रामराजा लोक का निर्माण किया जा रहा है. इसके अलावा टूरिज्म को मद्देनजर रखते हुए ओरछा को हैरिटेज लुक दिया जा रहा है. सरकार द्वारा ओरछा को वर्ल्ड हेरिटेज सिटी में शामिल करने के लिए कवायद की जा रही है. क्योंकि ओरछा के धार्मिक नगरी होने के चलते यहां हजारों की संख्या में रोजाना लोग आते हैं. लेकिन अब इसे टूरिज्म का भी हब बनाया जाएगा.
4 से 5 लोग काम करते, बाकी…MP बीजेपी अध्यक्ष की नेताओं को नसीहत
15 Oct, 2025 08:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल (State President Hemant Khandelwal) ने बीजेपी नेताओं को नसीहत दी है। यूनिटी मार्च कार्यशाला में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि- प्रदेश के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिलों की टोली को मजबूत बनाएं। ’कार्यक्रम प्रभावशाली बने’। कहा कि-‘4 से 5 लोग काम करते हैं, बाकी पेपर में रह जाते’ ‘ऐसा नहीं होना चाहिए’। ‘टीम में सभी समाजों का समावेश हो जाए’।
खंडेलवाल ने कहा जो टीम मजबूत रहेगी, वो ही चुनाव में सामना कर पाएगी। जनता तक योजना पहुंचेगी तभी उसका राजनीतिक लाभ मिलेगा। ‘किसानों को पता चलना चाहिए कि सरकार उसके लिए काम कर रही है। सरदार वल्लभ भाई की जयंती को लेकर प्रदेश में यूनिटी मार्च, कार्यशाला, सम्मेलन समेत कई कार्यक्रम होंगे।
आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान भारत को स्वालंबी बनाने का अभियान है। आजादी के बाद जो काम देश को सशक्त करने के लिए होना चाहिए था वो नहीं हुआ। लेकिन 2014 में केंद्र में बीजेपी सरकार बनने के बाद से पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज गति से हर क्षेत्र में स्वालंबी बनने की दिशा में काम कर रहा है। अब इम्पोर्ट कम हो रहा है एक्सपोर्ट ज्यादा हो रहा है इसी पर हमारी सरकार का फोकस हैं। हमें स्वदेश में बनी चीजों को उपयोग करना है। हम घर घर जाकर लोगों को जागरुक करेंगे, जिससें ना सिर्फ हमारे लोगों क रोजगार मिलेगा बल्कि हमारी देश की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का लक्ष्य प्राप्त करने राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
14 Oct, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत मिशन के माध्यम से विश्व में एक महत्वपूर्ण विनिर्माण केंद्र के रूप में उभर रहा है। अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पाद अपनाकर और भारतीय उद्यमियों और कारीगरों का समर्थन कर हम एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को समन्वय भवन भोपाल में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से भारत में व्यापार व्यवसाय समृद्ध रहा है। अनुशासित जीवन पद्धति जियो और जीने दो के विचार का अनुसरण करने के परिणाम स्वरूप भारतीय समाज सदैव पुष्पित पल्लवति होता रहा है। समाज में विद्यमान धर्मादा की परम्परा से शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जनकल्याण गतिविधियों का संचालन होता था। पिछली सरकारों की लाइसेंस, कोटा, परमिट जैसी नीतियों से देश की मुद्रा का अवमूल्यन हुआ और समाज द्वारा संचालित व्यवस्थाओं में भी शासकीय हस्तक्षेप के दुष्परिणाम सामने आने लगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपई ने अपने अतीत को गौरव के साथ देखने की दृष्टि दी और संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी में भाषण देकर भारतीय बौद्धिक सामर्थ्य को विश्व में स्थापित किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और पहल से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख और आर्थिक सामर्थय स्थापित हुई है। प्रधानमंत्री मोदी किसानों के हितैषी होने के साथ ही मजदूरों, व्यापारियों सहित सभी वर्गों के हित चिंतक हैं। उनके मार्गदर्शन में व्यापार-व्यवसाय और कर व्यवस्था में लागू सरल और पारदर्शी नीतियों ने आम आदमी के जीवन को सुगम बनाया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश में उद्योग तथा निवेश गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए जारी गतिविधियों से स्वदेशी को बल मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी दिनों में आ रहे त्यौहारों में स्वदेशी सामग्री का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए उपस्थित जनसमुदाय को प्रेरित किया।
इस अवसर पर आत्मनिर्भर भारत की लक्ष्य प्राप्ति के लिए स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई गई। इसमें नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में अधिकतम भारतीय उत्पादों का उपयोग करने, आयातित वस्तुओं की जगह देसी विकल्प अपनाने, घर,काम और समाज में भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और गांव, किसान तथा कारीगरों का समर्थन कर स्थानीय उद्योग को बढ़ावा देने के लिए उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई। युवाओं और बच्चों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए नई पीढ़ी को पारिवारिक और सामाजिक जीवन में भारतीय भाषाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पर्यावरण के प्रति सजग रहकर स्वदेशी और प्रकृति-अनुकूल उत्पादों का प्रयोग करने तथा देश के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देने का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम को सांसद व राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी ने भी संबोधित किया।
पीएम-कुसुम योजना के द्वितीय चरण में 500 मेगावाट क्षमता के निष्पादित पीपीए का हितग्राहियों में वितरण प्रारंभ
14 Oct, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं नवीन व नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने आज एमपी पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के भोपाल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा एवं उत्थान महाअभियान (पीएम-कुसुम) योजना के घटक ‘ए’ के अंतर्गत योजना के द्वितीय चरण में 500 मेगावाट क्षमता हेतु निष्पादित पॉवर परचेस एग्रीमेंट (पीपीए) को हितग्राहियों में वितरित करने का कार्यक्रम प्रारंभ किया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नीरज मंडलोई, एमपी पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक अविनाश लवानिया, मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल, मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध संचालक अमनवीर सिंह बैंस, पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक कॉमर्शियल गैर पारम्परिक राकेश ठुकराल, अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक गुरदीप सिंह खनूजा, महाप्रबंधक रजनीश रेजा सहित अन्य वरिष्ठ अभियंता उपस्थित थे।
समयबद्ध व शीघ्र निष्पादन के लिए पीएमसी की सराहना
ऊर्जा मंत्री तोमर ने द्वितीय चरण में 500 मेगावाट क्षमता के पीपीए का समयबद्ध व शीघ्रतापूर्वक निष्पादन करने के लिए पॉवर मैनेजमेंट कंपनी व कॉमर्शियल गैर पारम्परिक कार्यालय की सराहना की। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पीएम-कुसुम योजना से किसानों की आय दोगुनी होगी और वहीं पर्यावरण संरक्षण में सहायता मिलेगी। मंत्री तोमर ने कहा कि इस योजना की नियमित मॉनीटरिंग की जाए और किसानों की योजना संबंधी कठिनाईयों का निराकरण करने के हर संभव प्रयास किए जाएं।
पीएम कुसुम योजना में 1790 मेगावाट क्षमता के होंगे ऊर्जा संयंत्र
मध्यप्रदेश में किसानों की आय में वृद्धि एवं ऊर्जा सुरक्षा के लिये प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा व उत्थान महाअभियान योजना के घटक ‘ए’ में भारत सरकार के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा मध्यप्रदेश में 1790 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिये प्रदान की गई।
योजना के प्रथम चरण में 500 मेगावाट के पीपीए निष्पादित
प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा एवं उत्थान महाअभियान योजना के घटक ‘ए’ के अंतर्गत योजना के प्रथम चरण में 500 मेगावाट क्षमता के पीपीए निष्पादित कर हितग्राहियों को वितरित किए जा चुके हैं।
योजना के द्वितीय चरण के पीपीए वितरण कार्य प्रक्रियाधीन
योजना के द्वितीय चरण में 500 मेगावाट क्षमता के पीपीए निष्पादित कर हितग्राहियों को वितरित करने का कार्य किया जा रहा है।
नल-जल योजनाओं को समयावधि में पूर्ण करें, क्रियान्वित योजनाओं का विधिवत संचालन एवं संधारण करें: उप मुख्यमंत्री शुक्ल
14 Oct, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय, भोपाल में रीवा ज़िले की नल-जल प्रदाय योजनाओं की वृहद समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन नल-जल योजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा क्रियान्वित योजनाओं के विधिवत संचालन एवं संधारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास दीपाली रस्तोगी, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी पी. नरहरि, एमडी मध्यप्रदेश जल निगम के. वी.एस. चौधरी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कदैला समूह जल प्रदाय योजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने टमस एवं बाणसागर समूह जल प्रदाय योजनाओं की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी और निर्देश दिए कि इनटेक वेल, डब्ल्यूटीपी, एमबीआर तथा जेडएमबीआर से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्वच्छ जल का सीधा संबंध स्वास्थ्य से है। सुरक्षित और प्रदूषण रहित जल से जलजनित रोगों, जैसे पेचिश, हैजा और टाइफाइड जैसी बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से निर्देश दिए कि जल शुद्धिकरण प्रक्रियाओं और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि हर ग्रामवासी को स्वास्थ्य लाभ हो और स्वच्छ जल उपलब्ध हो। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि "योजनाएं केवल निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि इनका दीर्घकालीन संचालन एवं रखरखाव ग्राम पंचायतों की भागीदारी से सतत् रूप से चलता रहे, यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि भारत सरकार द्वारा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत पेयजल योजनाओं के लिए प्रावधानित राशि का उपयोग आरईएस के एसओआर दर का प्रावधान न होने के कारण रुका हुआ था। इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर योजनाओं के प्राक्कलन एवं क्रियान्वयन में तेजी लाई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की वित्तीय बाधा न रहे। साथ ही, ग्राम पंचायत की निधि से पंपमैन एवं वाल्वमैन के मानदेय का प्रावधान करने पर भी सहमति बनी। यह व्यवस्था जल प्रदाय योजनाओं के निरंतर संचालन और रखरखाव को स्थायित्व प्रदान करेगी। साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अधिसूचना अनुसार संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत एकल जल प्रदाय योजना एवं समूह जल प्रदाय योजना के संचालन और संधारण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। अपर मुख्य सचिव रस्तोगी ने कहा कि सीईओ जनपद स्तर पर इस दायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और आवश्यक समीक्षा तंत्र स्थापित किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों के अनुमोदन का कार्य सीईओ जनपद द्वारा प्राथमिकता से किया जाए।
कोदो-कुटकी का पहली बार उपार्जन किये जाने का निर्णय
14 Oct, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में सम्पन्न हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा प्रमुख कोदो-कुटकी उत्पादक जिलों के कृषकों से पहली बार कोदो-कुटकी उपार्जन का किये जाने का निर्णय लिया, जिससे अधिक से अधिक जनजातीय कृषकों को फायदा होगा। इस के लिए रानी दुर्गावती अन्न प्रोत्साहन योजना अंतर्गत प्रमुख कोदो-कुटकी उत्पादक जिलों जबलपुर, कटनी, मण्डला, डिंडोरी, छिंदवाडा, शहडोल, अनुपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी एवं सिंगरौली के कृषकों से कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जायेगा। साथ ही अन्य जिलों से मांग आने पर उन जिले के कृषकों से भी उपार्जन किये जाने पर विचार किया जायेगा।
अन्न उत्पादक जिलों के कृषकों से अन्न कंसोर्टियम ऑफ फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (अन्न फेडरेशन) द्वारा कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जायेगा। खरीफ 2025 में उत्पादित अन्न कुटकी 3500 रूपये प्रति क्विंटल एवं कोदो 2500 रुपये प्रति क्विंटल के मान से लगभग 30 हजार मेट्रिक टन का उपार्जन किया जायेगा। इसके लिए अन्न फेडरेशन को 80 करोड़ रूपये का ब्याज मुक्त ऋण शासन के मूल्य स्थिरीकरण कोष से प्रदाय किया जायेगा। इसके अतिरिक्त कृषको को प्रोत्साहन राशि के रूप में 1000 रुपये प्रति क्विंटल के मान से संबंधित कृषकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रदाय किये जायेंगे।
सोयाबीन किसानों के लिए भावांतर योजना की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा खरीफ वर्ष 2025 में प्रदेश के सोयाबीन के किसानों को लाभांवित किये जाने के लिए भारत सरकार की प्राईज डिफिसिट पेमेन्ट स्कीम लागू की गयी है, जो प्रदेश में भावांतर योजना कहलायेगी। प्रदेश में सोयाबीन भावांतर योजनांतर्गत 24 अक्टूबर, 2025 से 15 जनवरी, 2026 तक सोयाबीन का विक्रय, राज्य की अधिसूचित मंडियों में किया जायेगा। प्रदेश की मंडियों में 14 दिवस के सोयाबीन के विक्रय मूल्य के Weighted औसत के आधार पर सोयाबीन के मॉडल रेट की गणना की जायेगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य से विक्रय दर/मॉडल रेट अंतर की राशि पंजीकृत कृषकों के पोर्टल पर दर्ज बैंक खाते में डी.बी.टी. के माध्यम से अंतरित की जायेगी। एम.एस.पी 5328 रूपये है।
'रेशम समृद्धि योजना'' के क्रियान्वयन की सैद्धांतिक स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा भारत सरकार की सिल्क समग्र-2 योजना को 25% राज्यांश के साथ, राज्य में रेशम समृद्धि योजना के रूप में क्रियान्वयन की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई।
योजना अंतर्गत हितग्राहियों को रेशम उत्पादन संबंधी 23 गतिविधियों में सहायता प्राप्त होगी, जिसमें सामान्य वर्ग के हितग्राही को इकाई लागत की 75 प्रतिशत और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 90 प्रतिशत आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी। इसमें क्रमशः 25 प्रतिशत एवं 10 प्रतिशत हितग्राही अंश रहेगा। योजना के क्रियान्वयन से मलबरी, वन्या और पोस्ट ककून क्षेत्रों में हितग्राहियों की सतत् रोजगार उपलब्ध होने के साथ उनकी आय में वृद्धि होगी।
वर्तमान में कुल लागत इकाई राशि रूपये 3.65 लाख होती थी जिसमें 2.0875 लाख राज्य शासन से राज्य सहायता प्राप्त होती थी। रेशम समृद्धि योजना में इकाई की कुल लागत राशि रूपये 5 लाख होगी। उसमें से सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को केन्द्रांश राशि रूपये 2.50 लाख, राज्यांश राशि रूपये 1.25 लाख एवं हितग्राही का अंश राशि रुपये 1.25 लाख तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को केन्द्रांश राशि रूपये 3.25 लाख, राज्यांश राशि रूपये 1.25 लाख एवं हितग्राही का अंश राशि रूपये 0.50 लाख होगा। यह योजना रेशम किसानों के लिए बहुत लाभदायक सिद्ध होगी।
प्रदेश में (RAMP)" योजना को सैद्धांतिक स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा भारत सरकार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, नई दिल्ली की "Raising and Accelerating MSME Performance" योजना को प्रदेश में सैद्धांतिक रूप से लागू किये जाने की स्वीकृति दी गयी हैं। योजनान्तर्गत प्रदेश के लिए स्वीकृत बजट 105 करोड़ 36 लाख रूपये अन्तर्गत राज्यांश की 30 प्रतिशत राशि 31 करोड़ 60 लाख रूपये की स्वीकृति दी गयी है।
पेंशनर और परिवार पेंशनर को देय मंहगाई राहत की दर में वृद्धि
मंत्रि-परिषद द्वारा राज्य के शासकीय पेंशनरों परिवार पेंशनरों को देय मंहगाई राहत की दर में वृद्धि किये जाने का निर्णय लिया गया हैं। राज्य के पेंशनरों / परिवार पेंशनरों को वर्तमान में देय मंहगाई राहत सातवें वेतनमान अंतर्गत 53 प्रतिशत एवं छठवें वेतनमान अंतर्गत 246 प्रतिशत में 1 सितम्बर 2025 (भुगतान माह अक्टूबर, 2025) से वृद्धि की जाकर कुल मंहगाई राहत सातवें वेतनमान अंतर्गत 55 प्रतिशत एवं छठवें वेतनमान अंतर्गत 252 प्रतिशत किये जाने का निर्णय लिया गया हैं। शासकीय पेंशनरों / परिवार पेंशनरों को मंहगाई राहत में वृद्धि करने पर राज्य के कोष पर इस वितीय वर्ष में लगभग 170 करोड़ रूपये का अतिरिक्त व्यय भार आयेगा। छत्तीसगढ़ शासन के पत्र 25 अगस्त 2025 के अनुक्रम में सहमति प्रदान किये जाने के लिए निर्णय लिया गया है।
''सरदार पटेल कोचिंग प्रशिक्षण योजना 2021 में नए प्रावधान सम्मिलित करने की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद् द्वारा प्रदेश के "सरदार पटेल कोचिंग प्रशिक्षण योजना वर्ष 2021" के विद्यमान प्रावधानों के साथ अन्य प्रावधानों को सम्मिलित किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना अंतर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के 5 हजार युवाओं को विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रतियोगी परीक्षाओं का निःशुल्क परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
अन्य निर्णय
मंत्रि-परिषद् द्वारा आरक्षक (विसबल) 620 अरुण सिंह भदौरिया, 15वीं वाहिनी विसबल, इंदौर को प्रधान आरक्षक (विसबल) के पद पर क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान किये जाने का निर्णय लिया गया हैं।
ध्रुव योग का खास संयोग: इस साल मोहिनी एकादशी पर बन रहे हैं कई मंगलकारी मुहूर्त
बेड के सामने न रखें शीशा: वास्तु के अनुसार नकारात्मक ऊर्जा बढ़ा सकती हैं ये चीजें
दुर्लभ दर्शन: यहाँ विराजते हैं मूंछों वाले प्रभु श्रीराम, 'कर्ज मुक्ति' के लिए प्रसिद्ध है यह धाम
अक्षय तृतीया पर बन रहा खास संयोग, आज करें ये शुभ कार्य और पाएं अक्षय फल
विश्व धरोहर दिवस पर रायपुर में सजी विरासत की अनोखी झलक, संरक्षण पर विशेषज्ञों का मंथन
बंदूक से विकास की ओर: सुकमा के तुंगल इको-पर्यटन केंद्र की प्रेरक कहानी
उमरिया जिले की पूजा सिंह ने रची आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी
हमने सीवर सफाई के काम को चुनौती के रुप में स्वीकार किया है और हम बदलाव लाकर दिखाएंगे : ऊर्जा मंत्री तोमर
