मध्य प्रदेश
गोवर्धन और गौवंश पूजा हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक : मंत्री वर्मा
22 Oct, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि गोवर्धन और गौवंश की पूजा हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। गौ-संरक्षण संस्कृति, आस्था और अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है और इसके लिए पशुपालन और जन-भागीदारी आवश्यक है। किसानों की आय दोगुनी करने में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका है। राजस्व मंत्री वर्मा सीहोर जिले के ग्राम लसूड़िया कांगर में आयोजित गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए और विधि-विधान से गोवर्धन की पूजा कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की।
मंत्री वर्मा ने कहा कि गोवर्धन पूजा के आयोजन ने न केवल धार्मिक परंपरा को सहेजने का कार्य किया है बल्कि समाज में पर्यावरण एवं पशुधन संरक्षण की दिशा में जन चेतना का भी सशक्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा फसल कटने और नई फसल की शुरूआत का समय है। इस घड़ी को उत्साह और उल्लास के साथ मनाने से समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है।
राज्यमंत्री गौर ने की गोवर्धन पूजा
22 Oct, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने बुधवार को महामृत्युंजय गौशाला में गोवर्धन पूजा की। उन्होंने कहा कि पर्व अपनी संस्कृति को सहेजने का संदेश देते हैं और गौ-वंश का संरक्षण हमारा परम कर्तव्य है। राज्यमंत्री गौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा संचालित महामृत्युंजय गौशाला में 800 गायों की सेवा की जाती है। हम सब सौभाग्यशाली है कि श्रद्धा से भरपूर इस कार्यक्रम के साक्षी बनने का अवसर मिला है।
राज्यमंत्री गौर ने क्षेत्र के रहवासियों की सुख समृद्धि की प्रार्थना भी की। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में गौ माता के संरक्षण को सर्वोपरि रखा गया है। हमारी महान संस्कृति है, जो आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखने का मार्ग भी प्रशस्त करती है।
इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि छाया ठाकुर, उर्मिला मौर्य, शगुन लोधी, संतोष ग्वाला, अशोक गुप्ता, सुरेंद्र वाडिका सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
गोवर्धन पूजा प्रकृति से जुड़े रहने की देती है सीख- उप मुख्यमंत्री शुक्ल
22 Oct, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि किसानों और गौवंश की उन्नति से ही प्रदेश व देश समृद्धशाली होगा। गोवर्धन पूजा व गौपूजन हमारी सनातन संस्कृति है जो प्रकृति से जुड़े रहने की सीख देती है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल लक्ष्मणबाग गौशाला व बसामन मामा गौवंश वन्य विहार रीवा में आयोजित गोवर्धन पूजा व गौपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि गौवंश के संरक्षण से किसान समृद्धशाली होंगे। भगवान श्रीकृष्ण ने भी गोकुल व गौ की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत धारण किया था। हमारा देश किसानों व गौवंश का देश है। इनकी समृद्धि से ही वास्तविक समृद्धि आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दुग्ध उत्पादन को दोगुने करने के संकल्प को पूरा करने के लिए गौवंश संरक्षण व गौपालकों को अतिरिक्त अनुदान राशि दी जा रही है। गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास जारी हैं। गौवंश के उत्पाद से बनने वाली वस्तुओं को बाजार उपलब्धता के कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि गोवर्धन व गौपूजन से हमारे संस्कृति व संस्कारों से आने वाली पीढ़ी पूरी तरह से त्यौहारों के आयोजन में प्रशासन की भागीदारी से आने वाली पीढ़ी जागरूक होगी और हम अपनी संस्कृति को अक्षुण्य रखने में सफल होंगे। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने गौपूजन कर गायों को भोजन खिलाया। उन्होंने गौ-सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों, कर्मचारियों, नागरिकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. मुरुगन ने की सौजन्य भेंट
22 Oct, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर केंद्रीय मंत्री मुरुगन का स्वागत किया। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. मुरुगन ने पुष्प-गुच्छ, तिरूपति बालाजी मंदिर का प्रसाद देकर और शॉल ओढ़ाकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिनन्दन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ मुरुगन ने मध्यप्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
गौ-शालाओं को विकसित करेंगे गौ-मंदिर के रूप में : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
22 Oct, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि समाज और सरकार के सहयोग से प्रदेश की गौ-शालाओं को गौ-मंदिर के रूप में विकसित किया जायेगा। गौ-शालाओं में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेंगी। गौ-शालाओं के विकास और उनके स्वावलंबन के लिये हर संभव मदद दी जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को भी प्रोत्साहित किया जायेगा। प्राकृतिक रूप से तैयार उपज पर किसानों को समर्थन मूल्य के साथ ही अतिरिक्त राशि भी प्रदान की जायेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि प्रदेश में गौ-शालाओं का संचालन नगरीय निकायों द्वारा सुव्यवस्थित रूप से किया जायेगा। प्रदेश में खुले में विचरण करने वाली निराश्रित गायों को पिंजरे में नहीं बल्कि गौ-शालाओं में सुरक्षित रूप से रखने के प्रबंध कर उनकी बेहतर देखभाल की जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को इंदौर जिले के हातोद तहसील के खजूरिया में नगर निगम इंदौर द्वारा स्थापित रेशम केन्द्र गौशाला में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पूजन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गाय का दूध अमृत है। उसमें सबसे अधिक पोषक तत्व होते हैं। गाय के दूध के सेवन से बीमारियां दूर होती हैं और व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ और आनंदित पाता है। गौ-माता दोहरा पोषण करती है। वह अपने बछड़े के पालन के साथ-साथ मानव जाति का भी पोषण करती हैं हर युग में हर आश्रम में गौ-माता पाली जाती थी और जगह-जगह गौ-पालन होता था। परम्परागत रूप से घरों में पहली रोटी गाय के लिये बनाई जाती है।
बालिका महक को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम स्थल पर निर्मित किये गए गोवर्धन पर्वत की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने गोवर्धन पर्वत की साज-सज्जा कर आकर्षक स्वरूप देने वाली बालिका महक शर्मा को सम्मानित किया। सम्मान स्वरूप उसे 5 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि दी। साथ ही उन्होंने बालिका को 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
गौ-शाला के अखाड़े का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौ-शाला में बने अखाड़े का अवलोकन किया। उन्होंने अखाड़े में कुश्ती देखी और पहलवानों का हौसला बढ़ाया और उनके साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अखाड़ों से हमारे पहलवान कृष्ण और बलराम जैसे बनेंगे। आधुनिक दौर में मेट पर कुश्तियां भी हो रही हैं, इस अखाड़े में भी मेट की व्यवस्था की जायेगी।
नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि गौ-शालाओं के विकास के लिये सभी जनप्रतिनिधि भी आर्थिक सहयोग दें। उन्होंने कहा कि गौ-माता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है। गौ-माता की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। हम अपने बच्चों का जन्मदिन केक काटने की बजाय गौ-शालाओं की सेवा करके मनायें। उन्होंने कहा कि गोबर और गोमूत्र से गौ-शालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किये जाने की जरूरत है।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि राज्य शासन द्वारा पहले प्रति गाय के पोषण के लिये जो राशि प्रदान की जाती थी अब उसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है। इससे गौ-पालन और गौ-संवर्धन दोनों बढ़ेंगे। उन्होंने आगे कहा कि गौ-माता हमारी संस्कृति का प्रतीक है। रेशम केन्द्र की गौशाला को आदर्श गौशाला के रूप में स्थापित किया जायेगा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नगर निगम गौ-शाला को बढ़ाने के लिये सतत प्रयासरत है। पहले यहां पर मात्र 630 गाय थी जो आज बढ़कर 2300 से अधिक हो गई है। इस सेवा कार्य में जनता की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि गौ-शाला में नवनिर्मित हॉस्पिटल में आईसीयू सेंटर बनाया गया है, जहां बीमार गाय का ठीक से उपचार किया जाता है।
स्वामी अच्युतानंद जी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गौवंश के प्रति बढ़ते प्रेम की वजह से आज प्रदेश में उज्जैन सहित ग्वालियर, भोपाल, जबलपुर आदि गौ-शालाओं में जनभागीदारी के माध्यम से हजारों गायों का पालन हो रहा है। रेशम केन्द्र गौ-शाला में बाहरी प्रदेशों से आई गायों का बेहतर तरीके से पोषण किया जा रहा है। गौ-शाला में गोवंश से प्रतिदिन सौ से ड़ेढ सौ लीटर दूध उत्पादित हो रहा है।
गोबर से निर्मित स्वदेशी दीयों के प्रकल्प की सराहना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम स्थल पर गोबर से स्वदेशी दीये बनाने के स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस प्रकल्प की सराहना की। उल्लेखनीय है कि गाय के गोबर से बने स्वदेशी दीयों को दीपावली पर्व पर इंदौरवासियों का व्यापक समर्थन मिला। इस पहल के अंतर्गत लगभग दो लाख दीयों का विक्रय किया गया, जिससे स्थानीय स्वावलंबन को प्रोत्साहन मिला है।
इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी और सुकविता पाटीदार, विधायक मधु वर्मा, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, चिंटू वर्मा, श्रवण चावड़ा, सुमित मिश्र, स्वामी अच्युतानंद जी महाराज आदि मौजूद थे।
राजगढ़ में पति ने सरे बाजार काटे पत्नी के दोनों हाथ
22 Oct, 2025 08:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजगढ़. मध्य प्रदेश (MP) के राजगढ़ (Rajgarh) जिले के ब्यावरा नगर में सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. एक नशेड़ी पति (Husband ) ने शराब के नशे में दिनदहाड़े सरे बाजार अपनी पत्नी (wife) पर हंसिए से हमला कर उसके दोनों हाथ काट दिए. यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
ब्यावरा शहर के कोली मोहल्ला निवासी सविता शाक्यवार ने बताया कि वह काम से घर लौट रही थी, तभी ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के पास उसके पति ने हंसिए से हमला कर उसके दोनों हाथ काट दिए. इस दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, तो पति ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की.
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल महिला को ब्यावरा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया.
ब्यावरा एएसआई राकेश शर्मा ने बताया कि सुबह 8:50 बजे डायल 100 पर सूचना मिली थी कि एक महिला पर उसके पति ने हमला किया है. मौके पर पहुंचने पर महिला गंभीर रूप से घायल थी, जिसे डायल 112 की मदद से तुरंत सिविल अस्पताल ब्यावरा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
सूचना मिलने पर तहसीलदार और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और महिला के बयान दर्ज किए.
घायल महिला सविता बाई ने बताया कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में उससे झगड़ा करता था. दस दिन पहले भी पति ने महिला और बच्चों को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद से वे एक मंदिर में सो रहे थे.
महिला ने बताया कि पति बार-बार उसके दोनों हाथ काटने की धमकी देता था और आज उसने हंसिए से हमला कर दिया. महिला ने कहा कि उसने कई बार पुलिस में पति की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की.
राजगढ़ में खौफनाक वारदात: बाजार में पत्नी पर किया जानलेवा हमला
22 Oct, 2025 07:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा से एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है. शराब के नशे में एक पति ने अपनी ही पत्नी पर दिनदहाड़े बाजार में हंसिये से हमला कर उसके दोनों हाथ काट दिए. पूरी घटना पास के CCTV कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है.
जानकारी के मुताबिक, ब्यावरा शहर के कोली मोहल्ला निवासी सविता शाक्यवार रोजाना की तरह मंगलवार सुबह काम पर गई थी. जब वह ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के पास पहुंचीं, तभी उनके पति ने अचानक उन पर हंसिये से हमला कर दिया. आरोपी ने कई बार वार किए और महिला के दोनों हाथ काट दिए. सविता चीखती-चिल्लाती सड़क पर गिर पड़ीं, लेकिन आरोपी तब तक वार करता रहा जब तक लोग जुट नहीं गए.
बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर किया हमला
बाजार में मौजूद लोगों ने जब महिला को बचाने की कोशिश की तो आरोपी पति ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की. किसी तरह लोगों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की और डायल 112 को सूचना दी. थोड़ी ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सविता को सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया.
गंभीर हालत में अस्पताल में कराया भर्ती
सिविल अस्पताल के एएसआई राकेश शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 8:50 बजे सूचना मिली कि एक महिला पर उसके पति ने हमला किया है. मौके पर पहुंचने पर महिला लहूलुहान हालत में मिली. उसे तुरंत अस्पताल लाकर भर्ती किया गया. महिला की हालत गंभीर बनी हुई है. तहसीलदार और थाना प्रभारी ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान दर्ज किए हैं.
आए दिन महिला से मारपीट करता था आरोपी
घायल सविता ने बताया कि उसका पति आए दिन शराब के नशे में मारपीट करता था. 10 दिन पहले उसने उसे और बच्चों को घर से निकाल दिया था. तब से वह अपने बच्चों के साथ एक मंदिर में रह रही थी. उसने बताया कि पति बार-बार धमकी देता था कि “तेरे हाथ काट दूंगा” और सोमवार को उसने वही कर दिया.
पुलिस से कई बार की थी शिकायत
महिला ने बताया कि उसने पति की हिंसा को लेकर कई बार थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. अगर पुलिस ने पहले ही सख्त कदम उठाया होता, तो यह खौफनाक घटना शायद टल सकती थी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है.
लाड़ली बहन योजना: इस महीने फिर होगी राशि ट्रांसफर, जानिए कब आएंगे पैसे
22 Oct, 2025 01:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में लाड़ली बहनों को डबल तोहफा देने जा रही है मोहन सरकार. अक्टूबर महीने की 1250 की मासिक किश्त लाड़ली बहनों के खाते में पहुंच चुकी है. अब दीपावली के बाद भाई दूज पर कौन सी खास सौगात लाड़ली बहनों को देने की तैयारी कर चुकी है मोहन सरकार. और किस तरह से अक्टूबर की इस किश्त के साथ साथ लाड़ली बहनों को बड़ा फायदा देने की तैयारी हो रही है. प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख बहनों को भाई दूज पर कैसे होने वाला है बंपर लाभ, जानें सब कुछ.
नोट कर लें तारीख, खाते में फिर आएगा पैसा
मध्य प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख लाड़ली बहनों के खाते में अक्टूबर और नवम्बर का महीना बेहद खास रहने वाला है. भाई दूज पर प्रदेश भर की लाड़ली बहनों के खाते में दूज का शुभ शगुन आएगा. लेकिन अक्टूबर महीने की तरह ही नवम्बर महीना भी लाड़ली बहनों के लिए खास रहने वाला है. 23 अक्टूबर को भाई दूज के दिन इस योजना की हितग्राही महिलाओं के खाते में 250 रुपए की अतिरिक्त राशि डाली जाएगी.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की थी कि इस बार भाई दूज पर लाड़ली बहनों के खाते में 250 रुपए की अतिरिक्त राशि भेजी जाएगी. लाड़ली बहनों के खाते में 1250 की राशि पहले ही अकाउंट में आ चुकी है. अब जबकि 250 रुपए और डाले जाएंगे तो कुल मिलाकर इस महीने लाड़ली बहना योजना में बहनों की राशि बढ़कर 1500 रुपए हो जाएगी.
नवबंर महीने की किस्त में होगा ये फायदा
सीएम डॉ. मोहन यादव ने ये एलान किया था कि अक्टूबर महीने से दीपावली के बाद लाड़ली बहनों की मासिक किस्त 1250 से बढ़ाकर 1500 कर दी जाएगी. इस बार की किस्त में 1250 रुपए तो लाड़ली बहना योजना की लाभार्थियों के अकाउंट में पहले ही भेजे जा चुके हैं. अब बाकी की 250 रुपए की किस्त भाई दूज पर भेज दी जाएगी. लेकिन नवम्बर महीने की किस्त से लाड़ली बहनों को बड़ा फायदा होने वाला है. अक्टूबर से बढ़ाई गई धनराशि नवबंर महीने में एक मुश्त मिलेगी. नवम्बर महीने से लाड़लियों के खाते में 1250 के बजाए 1500 रुपए की मासिक किस्त सरकार की ओर से दी जाएगी.
बीजेपी प्रवक्ता अजय सिंह यादव का कहना है कि "मध्य प्रदेश में मोहन सरकार ने जिस तरह से लाड़ली बहनों से वादा किया था उसी के हिसाब से धनराशि बढ़ाई गई है. लाड़ली बहनें आर्थिक रूप से मजबूत हो सके, त्योहार मना सकें, इसलिए उनसे जुड़े हर बड़े त्योहार पर पहले भी उनकी मासिक किस्त में वृद्धि की गई है.
1500 रुपए की मासिक किस्त से बढ़ेगा इतना भार
प्रदेश भर की 1 करोड़ 27 लाख बहनों के खाते में इस योजना की मासिक किस्त जाती है. अभी तक ये राशि 1250 रुपए है. लेकिन अक्टूबर महीने की 250 रुपए की भाई दूज की अतिरिक्त राशि और नवम्बर में 1500 रुपए की मासिक किस्त से हर महीने औसत 3810 करोड़ का ज्यादा खर्च करेगी सरकार. ये धनराशि मध्य प्रदेश सरकार के कुल बजट की पांच फीसदी धनराशि है. पूरे साल का औसत देखें तो 1500 रुपए की मासिक किस्त के साथ सरकार के 22,425 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
एमपी में फिर बरसेगा आसमान, ला-नीना तोड़ सकता है ठंड का 15 साल पुराना रिकॉर्ड
22 Oct, 2025 11:27 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई हो गई है, लेकिन अभी बारिश का दौर खत्म नहीं हुआ है. हालांकि, प्रदेश में हल्की बारिश के साथ गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य प्रदेश में नवंबर से ठंड की शुरूआत होगी. इसके पहले 26 अक्टूबर तक मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है. इसके बाद प्रदेश का तापमान तेजी से कम होगा और ठंड का असर बढ़ने लगेगा.
ला-नीना से उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड
मौसम वैज्ञानिक दिव्या ई सुरेंद्रन ने बताया कि "साल के अंत में प्रशांत महासागर में ला-नीना के सक्रिय होने की प्रबल संभावना जताई जा रही हैं. हालांकि, अभी यह निश्चित नहीं है कि इसका ठंड पर कितना असर होगा, लेकिन यदि पूरी तरह सक्रिय हुआ तो उत्तर भारत में नवंबर से दिसंबर के बीच सामान्य से अधिक ठंड पड़ने की संभावना है. प्रदेश में ला-नीना के प्रभाव से कड़ाके की ठंड के साथ बारिश होने के आसार भी हैं. वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में अधिक बर्फबारी के कारण जनवरी और फरवरी महीने में भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी."
अगले 5 दिनों तक बारिश की चेतावनी
दिव्या ई सुरेंद्रन ने बताया कि "भले ही मध्य प्रदेश से मानसून की वापसी हो गई है, लेकिन अभी ठंड शुरू नहीं हुई है. नवंबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में अच्छी ठंड की शुरूआत होगी. बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो प्रेशर सिस्टम की वजह से अगले 5 दिनों तक मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में आइसोलेटेड बारिश की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है."
इसलिए मौसम में आ रहा बदलाव
मौसम वैज्ञानिक सुरेंद्रन ने बताया कि "पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक अपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसके कारण एमपी में तेज हवा के साथ आसमान में बादल छा रहे हैं. इसके साथ ही एक लो प्रेशर सिस्टम अरब सागर के ऊपर सक्रिय है, जो अगले 24 घंटे में डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके साथ ही एक लो प्रेशर सिस्टम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है.
आने वाले दिनों में यह उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ेगा, जिससे आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं सेंट्रल मध्य प्रदेश में बादल छाए रह सकते हैं, जबकि पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहेगा."
हिल स्टेशन से भी ठंडा रहा पचमढ़ी
सोमवार को मध्य प्रदेश में सबसे अधिक तापमान खजुराहो में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि सतना में 33 डिग्री सेल्सियस और ग्वालियर में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसी प्रकार प्रदेश में सोमवार को न्यूनतम तापमान राजगढ़ में 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यहां प्रदेश के एकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी अधिक ठंड रही. पचमढ़ी में बीती रात 18.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
2010 के बाद सबसे अधिक ठंड
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मध्य प्रदेश में नवंबर से जनवरी तक कड़ाके की ठंड का दौर रहता है, लेकिन इस बार फरवरी तक ठंड का असर रहने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार साल 2010 के बाद सबसे अधिक ठंड का एहसास हो सकता है. ला-नीना के प्रकोप से ठंड के साथ बारिश भी देखने को मिल सकती है. हालांकि, अक्टूबर के बाद ही ला-नीना के प्रभाव के बारे में पता चलेगा.
भोपाल मेट्रो को पीएम मोदी अगले महीने दिखा सकते हैं हरी झंडी, CMRS का आखिरी चरण बाकी
22 Oct, 2025 09:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में जल्द ही एक और शहर में यात्रियों को मेट्रो की सौगात मिलने वाली है. इसको अगले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे. इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री से 2 बार मिलकर शुभारंभ के लिए समय मांग चुके हैं. लेकिन प्रधानमंत्री कार्यालय से समय नहीं मिलने के कारण शुभारंभ की तारीख का निर्धारण नहीं किया गया. मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के अधिकारियों के अनुसार सीएमआरएस की रिपोर्ट आते ही प्रदेश को एक और शहर को मेट्रो का उपहार मिलेगा.
इस हफ्ते आखिरी बार आएगी सीएमआरएस की टीम
रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन यानी आरडीएसओ की टीम सुभाष नगर डिपो से एम्स साकेत नगर तक मेट्रो ट्रैक का निरीक्षण कर चुकी है. इसकी रिपोर्ट भी आ चुकी है. इसके बाद बीते 24 और 25 सितंबर को सीएमआरएस की टीम ने भी मेट्रो ट्रैक और रैक की बारीकियों को परख चुकी है. इसके बाद दूसरे चरण में सीएमआरएस की टीम को एम्स से सुभाष नगर के बीच 8 मेट्रो स्टेशनों का निरीक्षण करना है. इसके लिए टीम अक्टूबर के पहले सप्ताह में आने वाली थी, लेकिन अब मेट्रो के अधिकारियों ने सीएमआरएस की टीम के अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में आने की उम्मीद जताई है.
एक बार में 900 सवारियां करेंगी सफर
भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट के पहले चरण में 27 ट्रेन प्रस्तावित हैं. इनमें से 9 ट्रेनों की डिलीवरी हो चुकी है. इनकी कमीशनिंग और ट्रायल का काम भी पूरा हो गया है. ये सभी मेट्रो 3 कोच वाली हैं. बाद में जरुरत के अनुसार इनमें कोच की संख्या बढ़ाई जा सकेगी. बतया गया कि शुरुआत में मेट्रो करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी. इसमें करीब 900 यात्री सफर कर सकेंगे. वहीं, 150 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी.
एक सप्ताह फ्री, 3 महीने तक छूट
मेट्रो रेल कारपोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि इंदौर की तरह भोपाल मेट्रो में भी यात्रियों को पहले छूट दी जाएगी. शुभारंभ के बाद अगले 1 सप्ताह तक भोपाल मेट्रो में यात्री निःशुल्क सवारी कर सकेंगे. इसके बाद दूसरे सप्ताह में भी 70 प्रतिशत की छूट टिकट में दी जाएगी. जबकि तीसरे सप्ताह में 50 प्रतिशत और चौथे सप्ताह से शुभारंभ के तीन महीने तक मेट्रो के टिकट में यात्रियों को 25 प्रतिशत की छूट मिलती रहेगी.
नवंबर में पीएम दिखाएंगे हरी झंडी
मध्य प्रदेश मेट्रो के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि सुभाष नगर से एम्स साकेत नगर तक कॉरिडोर का काम शत प्रतिशत पूरा हो गया है. इसमें मेट्रो का ट्रायल हो चुका है. इसी महीने सीएमआरएस की टीम मेट्रो ट्रैक और रैक की टेस्टिंग कर चुकी है. अब मेट्रो स्टेशन के निरीक्षण के बाद सीएमआरएस दोनों रिपोर्ट देगी. संभावना जताई जा रही है कि नवंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल मेट्रो का शुभारंभ कर सकते हैं.
कफ सिरप कांड: श्री सन फार्मा का मालिक रंगनाथन कोर्ट में पेश, नेता की तरह जेल में एंट्री
22 Oct, 2025 08:29 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा : छिंदवाड़ा जिले के परासिया में जिन 22 घरों के चिराग बुझ गए, उनके यहां दिवाली पर भी अंधेरा छाया रहा. जहरीले कफ सिरप बनाने के आरोपी श्री सन फार्मा के मालिक रंगनाथन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. लेकिन जिस तरह से आरोपी रंगनाथन जेल में दाखिल हुआ, उस दबंगई की तस्वीर चर्चा का विषय बन गई है. पुलिस रिमांड पूरी होने पर रंगनाथन को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे भेजा दिया गया. वह हाथ हिलाते हुए जेल में दाखिल हुआ.
रिमांड खत्म होने पर रंगनाथन को जेल भेजा
कोल्ड्रिफ् सिरप की वजह से छिंदवाड़ा जिले में 22 बच्चों की मौत होने के बाद इसके जख्म पीड़ित परिजनों को जिंदगीभर सताएंगे. पुलिस ने एसआईटी गठित करके इस दवा को लिखने वाले डॉ. प्रवीण सोनी और मालिक रंगनाथन सहित उसके ऑफिस के कर्मचारियों को भी गिरफ्तार किया है. 10 दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद सोमवार को आरोपी रंगनाथन को परासिया की सिविल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
हाथ हिलाकर किसे इशारे कर रहा था रंगनाथन
जैसे ही आरोपी रंगनाथन सिविल कोर्ट से बाहर निकल रहा था तो उसके चेहरे पर ना तो सिकन थी और ना किसी तरीके का अफसोस बल्कि चेहरे पर मुस्कुराहट थी. वह जब जेल जा रहा था तो जैसे कोई नेता हो इस तरह से लोगों का हाथ हिलाते हुए अभिवादन कर रहा था. अब चर्चा है कि आखिर रंगनाथन ये इशारे किसको कर रहा था. सोशल मीडिया पर रंगनाथन के हाथ हिलाने का वीडियो खूब वायरल हो रहा है.
फिलहाल रंगनाथन की ओर से कोई वकील नहीं
परासिया के एसडीओपी व SIT प्रभारी जितेंद्र सिंह जाट ने बताया "आरोपी रंगनाथन को 10 दिन की पूछताछ के लिए कोर्ट से डिमांड मांगी गई थी. रिमांड के दौरान आरोपी को तमिलनाडु भी पुलिस लेकर गई थी, वहां उन्होंने देखा कि कंपनी में शेड्यूल एल और शेड्यूल m1 के नियम के तहत काम नहीं हो रहा था. इसके अलावा और भी कई खामियां और सबूत पुलिस ने जुटाए हैं, जिन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा."
अभी तक रंगनाथन की तरफ से कोई भी वकील कोर्ट में पेश नहीं हुआ. आरोपी रंगनाथन ने अपनी पैरवी खुद की और कोर्ट में अपने को बेकसूर बताया.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाकाल लोक परिसर में वाटर स्क्रीन प्रोटेक्शन और फाउंटेन शो का किया लोकार्पण
21 Oct, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के अवसर पर सोमवार महाकाल लोक परिसर रुद्र सागर उज्जैन में वाटर स्क्रीन प्रोटेक्शन और फाउंटेन शो का लोकार्पण किया। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने 18 करोड़ 7 लाख रुपए से स्थापित लेजर एंड साउंड शो में भगवान महाकालेश्वर, मोक्षदायनी शिप्रा नदी और अवंतिका नगरी की कीर्ति गाथा को प्रदर्शित किया। लगभग 25 मिनट अवधि का लाइट एंड साउंड शो देखते ही बनता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाकालेश्वर मंदिर में अन्न लड्डू प्रसादम का शुभारंभ किया, जो मिलेट (श्रीअन्न) से निर्मित होगा। साथ महाकालेश्वर बैंड का भी शुभारंभ हुआ। महाकाल बैंड ने प्रस्तुति भी दी। इस अवसर पर महाकाल लोक परिसर में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित किए और दीपदान किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बाबा महाकाल के आशीर्वाद से राष्ट्र का तेजी से विकास हो रहा है। पूरे देश में उज्जैन अर्थात अवंतिका नगरी का विशेष स्थान है। उज्जैन का अपना गौरवमयी इतिहास है। रुद्र सागर महाकाल लोक परिसर में लाइट एंड साउंड शो से उज्जैन आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु उज्जैन की गौरव गाथा से परिचित होंगे। यह शो उनकी जिज्ञासाओं को भी शांत करेगा। डॉ. यादव ने महाकाल बैंड की प्रस्तुति की सराहना की। आगामी महाकाल सवारी तथा अन्य पर्वों पर नियोजित ढंग से बैंड प्रस्तुति होगी।
इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा उपस्थित थे।
गौ माता को पाले और करें सेवा : उप मुख्यमंत्री देवड़ा
21 Oct, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मंगलवार को मंदसौर में गुरूदेव कमलमुनि चिन्मयानंद गौशाला लामगरी-नगरी में गोवर्धन पूजा की। उन्होंने गौ माता को गुड़ एवं रोटी खिलाई और गाय-बछड़ों को दुलारा।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने सभी को दीपावली और गोवर्धन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी को गौमाता की सेवा और गौपालन करना चाहिए। हमारी सनातन संस्कृति हमें प्रकृति से जुड़ना सिखाती है। गौमाता अपने बछड़े के साथ हम सबका भी ध्यान रखती हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौशाला में बिजली की व्यवस्था शीघ्र कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि सोयाबीन के लिए भावांतर भुगतान योजना प्रारंभ की गई है, जो किसानों और व्यापारियों के बीच सेतु का कार्य करेगी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने गौशाला सेवादारों का सम्मान कर अन्नकूट प्रसाद ग्रहण किया।
देवड़ा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का मार्ग स्वदेशी से होकर जाता है। छोटे एवं कुटीर उद्योगों से निर्मित वस्तुएं खरीदें, हर घर स्वदेशी और घर-घर स्वदेशी का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, इसके लिए हमें स्वदेशी चीजों को अपनाना होगा।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना से चिरकाल तक प्रेरणा देते रहेंगे शहीद पुलिस जवान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
21 Oct, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीर पुलिस जवानों की शहादत को नमन करते हुए कहा कि यह दिवस प्रत्येक वर्दीधारी के लिए प्रेरणा का पुंज है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1959 की वह ठंडी सुबह आज भी हमारे मन में गहराई से अंकित है। लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में हमारे 10 वीर पुलिस जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनके बलिदान के उपरांत ही भारत में पुलिस स्मृति दिवस मनाने की परंपरा प्रारंभ हुई। हमारे वीर जवानों ने वर्ष 1959 में जिस अदम्य साहस के साथ चीन की हरकतों का सामना किया, वह 10 हजार जवानों के साहस के बराबर था। “हमारे लिए यह दिवस एक पर्व की तरह है, क्योंकि अपने कर्तव्य की बेदी पर प्राणों का उत्सर्ग, हमारे जवानों का सौभाग्य और हमारे लिए प्रेरणा है।” जो अपने कर्तव्य की वेदी पर प्राणों की आहुति देता है, वह वास्तव में अमर है।" यह शहादत हमें समर्पित भाव से ड्यूटी की प्रेरणा देती है और सरकार के दृष्टिकोण से यह गर्व का विषय है कि हमारे जवान कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण से सदैव अपने साथियों को प्रेरणा देते रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस परेड 2025 के अवसर पर लाल परेड ग्राउंड शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम का संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान ने हमारी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की है। वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना से वे सदैव हमारी स्मृतियों में रहेंगे। उन्होंने बाबा महाकाल से प्रदेश की समृद्धि और सुरक्षा की कामना करते हुए पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्य पथ पर समपर्ण और निष्ठा के भाव से निरंतर अग्रसर रहने का आहवान किया।
पुलिस के कारण ही अपराधियों के हौसले पस्त हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को शांति का टापू कहा जाता है। इसका श्रेय प्रदेश पुलिस की सतर्कता, अनुशासन और समर्पण को जाता है। हमारे पुलिस कर्मी प्रदेश में नक्सलवाद, माफिया, साइबर अपराध के नियंत्रण और महिला सुरक्षा, तकनीकी नवाचार तथा जन-जागरूकता अभियानों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। यह गर्व का विषय है कि पुलिस के कारण ही अपराधियों के हौसले पस्त हैं और हम सुशासन की ओर अग्रसर हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जीरो टॉलरेंस की नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्ष डेढ़ करोड़ के इनामी 10 नक्सलवादियों का खातमा, जयपुर सीरियल ब्लास्ट के आरोपियों की गिरफ्तारी और आतंकवादियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई पुलिस के पराक्रम के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2026 तक नक्सलवाद उन्मूलन के लक्ष्य को पुलिस की क्षमता-योग्यता के आधार पर ही प्राप्त करेंगे।
सृजन कार्यक्रम, सेफ क्लिक-सुरक्षित जीवन और नशे से दूरी है जरूरी अभियानों का समाज पर व्यापक प्रभाव रहा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बालाघाट जिले में पुलिस द्वारा शुरू किए गए एकल सुविधा केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि इससे जनसामान्य में सुरक्षा और विकास का माहौल सुदृढ़ हुआ है। उन्होंने अवैध हथियारों के निर्माण, संग्रहण और तस्करी के विरुद्ध पुलिस की सघन कार्रवाई की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘सृजन’ कार्यक्रम के तहत बाल संरक्षण, आत्मरक्षा और सशक्तिकरण को नई परिभाषा देने के लिए पुलिस का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस के साथी झुग्गियों में किशोर-किशोरियों को गुड टच-बैड टच, यौन हिंसा की रोकथाम, बाल अधिकार, पोषण, स्वास्थ्य और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर प्रशिक्षण देकर कम्युनिटी पुलिसिंग की मिसाल पेश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध बड़ी चुनौती है। राज्य की साइबर सेल, फॉरेंसिक, डाटा एनालिटिक्स और जीपीएस तकनीक से त्वरित कार्रवाई कर रही है। “सेफ क्लिक-सुरक्षित जीवन” अभियान ने घर-घर में जागरूकता बढ़ाई है, वहीं “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ा है।
नए आपराधिक कानूनों में शत-प्रतिशत सफलता के लिए प्रदेश पुलिस बधाई की पात्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि CCTNS सिस्टम के माध्यम से सभी थानों को ऑनलाइन जोड़ा गया है, जिससे इंटीग्रेटेड क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम के जरिए पुलिस, न्यायालय, अभियोजन और फॉरेंसिक विभाग डिजिटल रूप से एकीकृत हुए हैं। इससे जांच और सुनवाई की गति में पारदर्शिता और तेजी आई है। उन्होंने कहा कि मिशन कर्मयोगी के तहत पुलिस ने कौशल विकास, डिजिटल लर्निंग और नेतृत्व विकास में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। जुलाई-2024 से लागू नए आपराधिक कानूनों में शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त करने के लिए भी उन्होंने पुलिस को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने की इंदौर के पुलिस जवान के त्वरित एक्शन की सराहना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब कोई संकट आता है, जनता को सबसे पहले पुलिस याद आती है। चाहे डायल 100 हो या 112, पुलिस हर परिस्थिति में जनता का सहारा है। उन्होंने इंदौर में घटित एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां पुलिस जवान ने विधायक मधु वर्मा की जान बचाने में त्वरित रूप से सीपीआर देकर जिस संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय और एक्शन में आने का परिचय दिया, वह पूरे पुलिस बल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार सदैव पुलिसकर्मियों के साथ है। यदि हमारे बीच कोई शहीद होता है, तो सरकार उसके परिवार के साथ खड़ी दिखाई देती है, इस परंपरा को निभाते हुए शहीद पुलिसकर्मी के परिजनों को 1 करोड़ रूपए की आर्थिक सहायता देने की नीति लागू की गई है। यह राशि केवल सहायता नहीं, बल्कि हमारे जवानों के मनोबल को बढ़ाने का प्रतीक है।
व्यवस्था का आधुनिकीकरण और पुलिसकर्मियों का कल्याण राज्य सरकार का दायितव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस जवान ठंड, गर्मी, बरसात और त्यौहार सब भूलकर अपनी ड्यूटी करती हैं, ऐसे में सरकार का दायित्व है कि उनके कल्याण और आधुनिकरण पर पूरा ध्यान दें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पुलिस कर्मियों के लिए 5700 करोड़ रुपये की लागत से 25 हजार से अधिक मकान बनाए जा रहे हैं। पुलिस के कल्याण, आधुनिकीकरण और मनोबल वृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। रिक्त पदों की पूर्ति के लिए लगभग 7500 पदों की भर्ती हर वर्ष करते हुए 21 हजार पदों की भर्ती अगले तीन वर्ष में पूरी की जाएगी।
अमर शहीदों की निष्ठा और बलिदान हमारे लिए प्रेरणा : पुलिस महानिदेशक मकवाणा
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस श्रद्धा, स्मरण और संकल्प का दिन है। यह हमारे उन वीर साथियों की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने 'निष्ठा से सेवा' के अपने संकल्प को अपने रक्त से लिखा और देश व प्रदेश की शांति और सुरक्षा की खातिर अपने प्राणों की आहुति दी। आज का दिन हमें उनकी याद दिलाता है। उनका खालीपन हमें हमेशा महसूस होगा, लेकिन उनका साहस, उनकी निष्ठा और उनका बलिदान हमारे लिए एक ऐसी मशाल है जो हमारे पुलिस बल को हमेशा रास्ता दिखाती रहेगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मध्यप्रदेश पुलिस के 11 जवानों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है। शहीदकर्मियों में निरीक्षक स्व. संजय पाठक, निरीक्षक स्व. रमेश कुमार धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक स्व. रामचरण गौतम, सहायक उप निरीक्षक स्व. महेश कुमार कोरी, प्रधान आरक्षक स्व. संतोष कुशवाह, प्रधान आरक्षक स्व. प्रिंस गर्ग, प्रधान आरक्षक स्व. अभिषेक शिंदे, प्रधान आरक्षक स्व. गोविंद पटेल, आरक्षक स्व. अनुज सिंह, आरक्षक स्व. सुंदर सिंह बघेल एवं आरक्षक स्व. अनिल यादव शामिल हैं।
डीजीपी मकवाणा ने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 से 31 अगस्त 2025 तक मध्यप्रदेश के 1,009 जवान कर्तव्य की वेदी पर शहीद हो गए। सभी शहीदों के परिवार की रक्षा एवं कल्याण हमारा दायित्व है। हमारे शहीद साथियों ने अपनी जिम्मेदारी को सर्वोच्च बलिदान देकर निभाया। उन्होंने हमें पुन: यह स्मरण कराया है कि कर्तव्य सर्वोपरि होता है। उन्होंने पुलिस साथियों के साहस, धैर्य और समर्पण की सराहना की। डीजीपी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस पर हम सभी अपने शहीद साथियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके परिजनों को आश्वस्त किया कि वे हमारे पुलिस परिवार का हिस्सा हैं और सदैव बने रहेंगे। उनके परिवारों के हितों एवं कल्याण के प्रति विभाग पूर्णत: संवेदनशील रहेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों सहित सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने भी पुष्प चक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति की धुन पर सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। आरंभ में पाल-बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची को स्मारक कोष में स्थापित किया गया और शहीद स्मारक को सलामी दी गई। आयोजित परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी एसडीओपी सर्वप्रिय सिन्हा ने किया। परेड के टू-आई-सी राज्य पुलिस सेवा के प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक हेमंत पाण्डेय रहे। परेड में परेड में जिला बल एवं विशेष सशस्त्र बल की महिला प्लाटून, विशेष सशस्त्र बल की पुरूष प्लाटून, जिला पुलिस बल की पुरूष प्लाटून, होमगार्ड प्लाटून, पाल-बेयरर पार्टी, कलर पार्टी, रीथ पार्टी, पुलिस बैंड प्लाटून, अश्वरोही दल और श्वान दल की टुकड़ियाँ शामिल थी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम स्थल आगमन पर परेड द्वारा सलामी धुन के साथ सलामी शस्त्र प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सम्मुख पाल बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची का प्रस्तुतीकरण किया गया। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना द्वारा प्रदेश के वीरगति को प्राप्त पुलिस कर्मियों के प्रति श्रद्धांजलि उद्बोधन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पॉल बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची के स्मारक कोष में संस्थापन के बाद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीरगति को प्राप्त पुलिस कर्मियों के परिजन से भेंट कर संवेदनाएं साझा कीं। उन्होंने सभी परेड कमांडर व पाल बेयरर पार्टी से भेंट कर परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम में भोपाल महापौर मालती राय, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और शहीदों के परिजन उपस्थित थे।
गोसेवा, संस्कृति और जन-जागरूकता का संगम
21 Oct, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण को नया आयाम देते हुए प्रदेश में गोवर्धन पूजा का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और परंपरागत गरिमा के साथ मनाया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने झाबुआ जिले की शबरी गौशाला, भूरा डाबरा में गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में विधि-विधान से पूजन, आरती एवं परिक्रमा कर प्रदेशवासियों के लिए समृद्धि, स्वास्थ्य और पर्यावरण संतुलन की कामना की।
मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि गौसंरक्षण हमारी संस्कृति, आस्था और अर्थव्यवस्था से जुड़ा विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है, और इसके लिए वैज्ञानिक पशुपालन और जन-भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा की गोवर्धन पूजा के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक परंपरा को सहेजने का कार्य किया, बल्कि समाज में पर्यावरण एवं पशुधन संरक्षण की दिशा में जनचेतना का भी सशक्त संदेश दिया। मंत्री भूरिया ने गौसेवा में लगे सात गौसेवकों को शॉल और श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया।
कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि जिले में गौशालाओं के माध्यम से पशुपालकों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण देने की योजनाएँ तैयार की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन होगा, जिनमें पशुपालकों को सेक्स-सॉर्टेड सीमेन, अजोला, संतुलित आहार जैसी उन्नत तकनीकों से अवगत कराया।
विश्व धरोहर दिवस पर रायपुर में सजी विरासत की अनोखी झलक, संरक्षण पर विशेषज्ञों का मंथन
बंदूक से विकास की ओर: सुकमा के तुंगल इको-पर्यटन केंद्र की प्रेरक कहानी
उमरिया जिले की पूजा सिंह ने रची आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी
हमने सीवर सफाई के काम को चुनौती के रुप में स्वीकार किया है और हम बदलाव लाकर दिखाएंगे : ऊर्जा मंत्री तोमर
दिशा दर्शन भ्रमण आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर मिले दो प्रतिष्ठित पुरस्कार
राज्यमंत्री गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
महतारी वंदन योजना से संवर रही पहाड़ी कोरवा परिवारों की तकदीर
