मध्य प्रदेश
देसी कार्बाइड गन से हादसों की बाढ़, CM ने कहा—“किसी भी जिले में बिक्री नहीं होगी”
25 Oct, 2025 09:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। दिवाली के मौके पर देश में कार्बाइड गन बनाने और उसे बेचने का एक नया ट्रेंड शुरू हुआ है. इस देसी पटाखा और जुगाड़ वाली कार्बाइड गन से मध्य प्रदेश में अब तक 320 बच्चें घायल हो गए हैं, जिनमें 80 प्रतिशत लोग भोपाल से ही हैं . भोपाल के कई अलग-अलग अस्पतालों में 189 लोग इलाज के लिए पहुंचे हैं. जानकारी के अनुसार अब तक 43 मरीजों की एम्नियोटिक मेम्ब्रेन सर्जरी हो चुकी है. भोपाल एम्स में 9, हमीदिया में 5, सेवा सदन में 16, बीएमएचआरसी में 4 और निजी अस्पतालों में 9 लोगों की सर्जरी हुई है. डॉक्टरों का कहना है कि अगर इससे सुधार नहीं हुआ तो स्टेम सेल और कॉर्नियल ट्रांसप्लांट करना पड़ेगा.
सीएम मोहन यादव ने कार्बाइड गन की खरीदी-बिक्री पर रोक के दिए निर्देश
कल हमीदिया अस्पताल पहुंचकर सीएम मोहन यादव ने भी घायल बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की है. सीएम मोहन यादव ने परिजनों को आश्वासन दिया कि सभी को बेहतर इलाज मुहैया करवाया जा रहा है, कहीं भी कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अस्पताल के डॉक्टर्स और स्टाफ से भी मुलाकात की. उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बच्चों से मुलाकात के बाद सीएम यादव ने मध्य प्रदेश में कार्बाइड गन की खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं.
एमपी मे कार्बाइड गन पर लगा बैन
नए ट्रेंड के साथ बाजार में आई कार्बाईड गन पर भोपाल, ग्वालियर, और विदिशा में बैन कर दिया गया है. राजधानी भोपाल में इसके निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाकर अवैध रूप से इसे बेचने वालों पर बीएनएस की धारा 288 के तहत मामल दर्ज किया गया है.
हमीदिया अस्पताल में CM मोहन यादव का दौरा, कार्बाइड गन हादसे के घायलों से की मुलाकात
24 Oct, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शुक्रवार देर शाम भोपाल के हमीदिया अस्पताल पहुंचे. यहां वे कार्बाइड गन से घायल हुए लोगों से मिले और उनका हाल जाना. मुख्यमंत्री घायलों ने परिजनों भी बात की. सीएम मोहन यादव ने परिजनों को आश्वासन दिया कि सभी को बेहतर इलाज मुहैया करवाया जा रहा है, कहीं भी कोई कोताही नहीं बरती जाएगी.
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने हमीदिया अस्पताल में कार्बाइड गन से प्रभावित युवाओं एवं बच्चों का हाल जाना
24 Oct, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने हमीदिया चिकित्सालय भोपाल पहुँचकर कार्बाइड गन से दुर्घटनाग्रस्त युवाओं और बच्चों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और उनके उपचार की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। चिकित्सकों ने जानकारी दी कि दुर्घटना में घायल कुल 37 मरीजों में से 32 स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 5 मरीजों का उपचार अभी जारी है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि सभी मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निरंतर निगरानी रखी जाए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि अवैध रूप से पटाखा निर्माण या विस्फोटक सामग्री रखने वालों की सघन जांच की जा रही है। दोषियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गांधी मेडिकल कॉलेज, भोपाल की डीन डॉ. कविता सिंह, अधीक्षक डॉ. सुनीत टंडन सहित वरिष्ठ चिकित्सकगण उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश में ‘ग्रोथ हब’ पहल की शुरुआत
24 Oct, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा देने के उद्देश्य से गुरुवार को मंत्रालय में बैठक हुई। बैठक में ‘ग्रोथ हब (G-Hub)’ पहल का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह महत्वाकांक्षी पहल नीति आयोग और मध्य प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयास से इंदौर एवं भोपाल क्षेत्रों के लिए व्यापक और दीर्घकालिक आर्थिक विकास रणनीति तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस अवसर पर नीति आयोग के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रिंसिपल इकोनॉमिक एडवाइजर सुएना रॉय ने किया।
मुख्य सचिव जैन ने कहा कि सुविचारित आर्थिक योजना से न केवल इन क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था सशक्त होगी बल्कि अनियंत्रित शहरी विकास पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा। सुएना रॉय ने बताया कि इंदौर और भोपाल आर्थिक क्षेत्रों के लिए समग्र आर्थिक मास्टर प्लान अगले वित्त वर्ष के प्रारंभ तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है और नीति आयोग इस दिशा में राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग देगा।
‘ग्रोथ हब’ पहल के प्रथम चरण में इंदौर आर्थिक क्षेत्र (इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, खरगोन, रतलाम, शाजापुर, खंडवा) और भोपाल आर्थिक क्षेत्र (भोपाल, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम्) पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इन क्षेत्रों के लिए आर्थिक प्रोफाइल, प्राथमिक परियोजना सूची और क्रियान्वयन रोडमैप तैयार किया जाएगा। दूसरे चरण में जबलपुर, सतना-रीवा, सागर और ग्वालियर क्षेत्रों को भी शामिल किया जाएगा।
बैठक के दौरान नीति आयोग ने G-Hub पहल का संक्षिप्त प्रस्तुतिकरण किया। संबंधित जिलों ने अपनी आर्थिक प्रोफाइल, प्रमुख अवसर, बाधाएँ और 90-दिवसीय कार्ययोजना साझा की। बैठक में स्टियरिंग कमेटी व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा में त्वरित कार्यों पर सहमति बनी जिनमें कॉमन फैसिलिटी सेंटर्स (CFC), प्लग-एंड-प्ले अवसंरचना, एंटरप्राइज सपोर्ट सेंटर्स, लॉजिस्टिक्स-वेयरहाउसिंग, कौशल एवं अप्रेंटिसशिप, निवेश-प्रोत्साहन और एकीकृत मास्टर प्लानिंग जैसे बिंदु शामिल हैं।
यह पहल ‘विकसित मध्यप्रदेश’ के दृष्टिकोण से पूर्णतः संरेखित है जो नागरिकों को सुखद जीवन, संपन्न रोजगार अवसर और सांस्कृतिक गौरव प्रदान करने की दिशा में कार्यरत है। G-Hub कार्यक्रम के माध्यम से परियोजना-आधारित क्रियान्वयन, नीति सरलीकरण, भूमि आपूर्ति, एकीकृत अवसंरचना और निवेश प्रोत्साहन के जरिये राज्य में उच्च वृद्धि, गुणवत्तापूर्ण आजीविका और बेहतर ‘ईज़ ऑफ लिविंग’ सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी संजय कुमार शुक्ल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मध्यप्रदेश राज्य नीति आयोग ऋषि गर्ग और विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संबंधित जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
एम.पी. ट्रांसको के 54 साल पुराने व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर 132 के.व्ही. सबस्टेशन में रिमॉडलिंग कार्य पूर्ण
24 Oct, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) ने जबलपुर स्थित डिफेंस क्षेत्र के अपने 54 साल पुराने व्हीकल फैक्ट्री (वी.एफ.जे.) 132 के.व्ही. सबस्टेशन में रिमॉडलिंग का महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण कर लिया है। इससे जबलपुर के पारेषण नेटवर्क को सुदृढ़ता मिली है।
रिमॉडलिंग के फलस्वरूप जहां डिफेंस फैक्ट्रियों को विद्युत प्रदाय में फ्लेक्सिबिलिटी प्राप्त हुई है, वहीं 132 के.व्ही. विनोबा भावे सब-स्टेशन को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। भविष्य में व्हीकल फैक्ट्री सब-स्टेशन से विनोबा भावे सब-स्टेशन को 132 के.व्ही. सप्लाई उपलब्ध कराई जा सकेगी। इस दिशा में डबल सप्लाई व्यवस्था का पहला चरण पूरा हो चुका है।
सिंगल कंट्रोल सिस्टम से मल्टी कंट्रोल सिस्टम में अपग्रेडेशन
एम.पी. ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता आर सी शर्मा ने बताया कि 1971 में स्थापित 132 के.व्ही. व्हीकल फैक्ट्री सबस्टेशन में नियंत्रण के लिए पहले केवल एक ही सिस्टम उपलब्ध था। इसके कारण तकनीकी समस्या आने पर पावर ट्रांसफार्मर के साथ 132 के.व्ही. विनोबा भावे लाइन भी बाधित हो जाती थी। मरम्मत या सुधार कार्य के लिए शटडाउन प्राप्त करना कठिन हो जाता था।
अब रिमॉडलिंग (पुनर्निर्माण योजना) के अंतर्गत सबस्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। दोनों पावर ट्रांसफार्मर और 132 के.व्ही. फीडरों में पृथक-पृथक ब्रेकर लगाए गए हैं। साथ ही बस कप्लर-बे एवं ऑक्सिलरी बस का निर्माण कर ऊर्जीकृत किया गया है। इस व्यवस्था से अब किसी भी तकनीकी दिक्कत या मेंटेनेंस के समय वैकल्पिक बस कप्लर उपलब्ध रहेगा, जिससे विनोबा भावे सबस्टेशन एवं व्हीकल फैक्ट्री में विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनी रहेगी।
अधिक करेंट क्षमता वाले कंडक्टर लगाए गए
रिमॉडलिंग के अंतर्गत सबस्टेशन में पहले से लगे कम करेंट वहन क्षमता वाले पुराने ‘पैंथर’ कंडक्टरों को हटाकर अधिक करेंट क्षमता वाले ‘जेबरा’ कंडक्टर स्थापित किए गए हैं। 132 के.व्ही. की मुख्य बस (मेन बस) को भी डबल कंडक्टर व्यवस्था से सुदृढ़ किया गया है। 33 के.व्ही. यार्ड में भी फैक्ट्री प्रबंधन और विद्युत वितरण कंपनी के समन्वय से बिना विद्युत व्यवधान के रिमॉडलिंग कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
राज्य स्तरीय कला उत्सव में प्रदेश के लोक नृत्यों की रही धूम
24 Oct, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : स्कूल शिक्षा विभाग का 2 दिवसीय राज्य स्तरीय कला उत्सव शुक्रवार 24 अक्टूबर से भोपाल के कलियासोत कोलार रोड़ के मध्यप्रदेश भूमि एवं जल प्रबंधन संस्थान (वाल्मी) में शुरू हुआ। राज्य स्तरीय कला उत्सवपहले दिन गायन, वादन, नृत्य, नाटक, कहानी वाचन, मूर्तिकला, चित्रकला, स्थानीय शिल्प एवं खेल-खिलौना निर्माण की प्रतियोगिताएँ प्रारंभ हुईं। कार्यक्रम का आकर्षण प्रदेश की लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियां रहीं।
कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र में अपर परियोजना संचालक समग्र शिक्षा अभियान श्रीमती मनीषा सेतिया ने विद्यार्थियों से कहा कि कला उत्सव वास्तव में बच्चों का उत्सव है, जो उन्हें अपनी संस्कृति, परंपरा और मूल्यों से जोड़ता है। यह आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों को साकार करता है और भारत की समृद्ध कला परंपरा से विद्यार्थियों को परिचित कराता है। कला उत्सव के माध्यम से बच्चे पुस्तकों से बाहर निकलकर विभिन्न कलाओं में दक्ष बनते हैं। यह आयोजन भारतीय कला के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस दो दिवसीय राज्य स्तरीय कला उत्सव में मध्यप्रदेश के 9 संभागों से लगभग 250 विद्यार्थी सहभागिता कर रहे हैं। कुल 12 प्रतियोगिता श्रेणियों में विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। लोकनृत्य की श्रृंखला में सागर संभाग की बालिकाओं ने ‘बधाई नृत्य’ की मनमोहक प्रस्तुति दी, जो बुंदेलखंड क्षेत्र में विवाह एवं त्यौहारों के अवसर पर किया जाता है। जबलपुर संभाग की बालिकाओं ने ‘बरेदी नृत्य’ प्रस्तुत कर मध्य प्रदेश की देशज संस्कृति को सजीव कर दिया। शहडोल संभाग की बालिकाओं ने ‘गोंड जनजाति का गायकी लोकनृत्य’ प्रस्तुत किया, जो पशुपालकों द्वारा दीपावली पर किया जाता है। भोपाल संभाग की बालिकाओं ने ‘भगोरिया लोकनृत्य’ प्रस्तुत किया, जो भील जनजाति की विवाह परंपरा से जुड़ा नृत्य है और सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गया। सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में सागर संभाग की बालिकाओं ने बुंदेली कजरी प्रस्तुत की, जो श्रावण मास में गाई जाती है और ऋतु परंपरा का सुंदर प्रतीक है।
वादन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन
भोपाल के अंश पाटीदार ने बांसुरी पर राग मेघ प्रस्तुत किया। सागर के केशव ने शहनाई पर मनमोहक प्रस्तुति दी। जबलपुर के छात्र पराग ने वायलिन वादन किया। तालवाद्य में भोपाल के कुणाल ठाकुर ने तबले पर तीनताल की प्रस्तुति दी तथा उज्जैन के राजपाल राव ने राग मधुमती प्रस्तुत किया। नाटक, कहानी वाचन और थिएटर प्रतियोगिता में भोपाल संभाग की बालिकाओं ने रानी दुर्गावती के जीवन पर आधारित लघुनाटिका प्रस्तुत की। इंदौर संभाग की बालिकाओं ने देवी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन एवं उनके लोककल्याणकारी कार्यों पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की। जबलपुर संभाग के विद्यार्थियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की। कहानी वाचन में इंदौर और सागर के विद्यार्थियों ने वीर तेजाजी के जीवन पर आधारित कहानी वाचन किया। भोपाल संभाग की बालिकाओं ने मुगलकालीन दास्तानगोई शैली में प्रस्तुति दी, जबकि जबलपुर संभाग के विद्यार्थियों ने सरदार ऊधम सिंह के जीवन पर आधारित कहानी वाचन प्रस्तुत कर देशभक्ति का भाव जगाया।
शास्त्रीय नृत्य एवं दृश्य कला प्रदर्शन
शास्त्रीय नृत्य में कत्थक, भरतनाट्यम एवं ओडिसी की प्रस्तुतियाँ हुईं। उज्जैन संभाग के विद्यार्थियों ने सामूहिक वादन में ढोलक, टीमकी, मृदंग एवं पखावज के सुरों से मनमोहक तालमेल प्रस्तुत किया। दृश्य कला में विकसित भारत @ 2047 थीम पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। मूर्तिकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लालपुर की काली मिट्टी से भारत की विविध मूर्तिकला शैलियों को जीवंत रूप दिया। स्थानीय शिल्प एवं खेल-खिलौना निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लकड़ी व मिट्टी के खिलौनों के माध्यम से भारत की प्राचीन लोक परंपराओं को पुनर्जीवित किया।
कला उत्सव का उद्देश्य
वर्ष 2015 में शिक्षा मंत्रालय, केन्द्र सरकार द्वारा प्रारंभ किया गया कला उत्सव कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को भारतीय कलाओं से जोड़ने का माध्यम है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय कला, संस्कृति एवं शिल्प परंपराओं के प्रति समझ, संवेदना और सम्मान का विकास करना है।
समापन समारोह
राज्य स्तरीय कला उत्सव का समापन समारोह 25 अक्टूबर शनिवार को दोपहर 3 बजे होगा। जिसमें सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। आगामी राष्ट्रीय कला उत्सव का आयोजन शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 15 नवंबर से महाराष्ट्र के पुणे में किया जाएगा, जिसमें राज्य स्तर के विजेता प्रतिभागी मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
छात्राओं की शिक्षा को मिलेगी रफ्तार
24 Oct, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने शुक्रवार को झाबुआ जिले में छात्राओं को साइकिल वितरित कर शिक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का संदेश दिया। यह साइकिल वितरण कार्यक्रम बालक हायर सेकेंडरी स्कूल बरबेट, सांदीपनि विद्यालय पेटलावद और कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेटलावद में आयोजित किया गया।
मंत्री भूरिया ने कहा कि ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों की छात्राओं के लिए विद्यालय तक पहुँचने में आने वाली कठिनाइयों को दूर करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि “साइकिल वितरण योजना से छात्राओं को न केवल विद्यालय पहुँचने में सुविधा होगी, बल्कि यह उन्हें नियमित, आत्मनिर्भर और शिक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनाएगी।”
मंत्री भूरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण और सर्वसुलभ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि “बेटियों की शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की प्रगति की कुंजी है, और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी बच्ची दूरी या संसाधनों की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।”
बालक हायर सेकेंडरी स्कूल बरबेट में 107, सांदीपनि विद्यालय पेटलावद में 74 तथा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेटलावद में 78 साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरों पर खुशी झलक उठी। छात्राओं ने मंत्री भूरिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे और अधिक नियमित रूप से विद्यालय आ सकेंगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
पदभार ग्रहण न करने वाले चिकित्सकों के विरूद्ध करें कार्रवाई : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
24 Oct, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि जिला अस्पताल सहित प्रत्येक स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टॉफ नियमित रूप से उपस्थित रहें। आम जनता को बेहतर तरीके से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर मिले। टेलीमेडिसिन सुविधा का भी विकल्प के तौर पर व्यापक और बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने पन्ना प्रवास के दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में उक्ताशय के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि संचालनालय स्तर से नियुक्त बांड चिकित्सकों को अनिवार्य रूप से पदभार ग्रहण करने के संबंध में निर्देशित किया जाए। इसके बावजूद भी अनुपस्थित रहने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करें। उन्होंने विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों से स्वास्थ्य संस्थाओं में स्वीकृत और रिक्त पदों के संबंध में जानकारी ली। सार्थक एप के जरिए उपस्थिति दर्ज कराई जाए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि आशा कार्यकर्ता और एएनएम से स्वास्थ्य योजनाओं का घर-घर संपर्क कर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। हितग्राहीमूलक योजनाओं की राशि का भी समय पर भुगतान हो। समस्त बीएमओ भ्रमण कर मैदानी स्वास्थ्य कर्मचारियों के कार्यों की मॉनिटरिंग कर संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करें। इसके अलावा बीपी, शुगर और फैटी लीवर का शत प्रतिशत परीक्षण हो। मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए भी सार्थक प्रयास किया जाए।
सभी गर्भवती माताओं का हो पंजीयन
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि सभी गर्भवती माताओं का शत प्रतिशत पंजीयन एवं सभी आवश्यक जांच भी समय पर सुनिश्चित हो जिससे हाई रिस्क प्रेगनेंसी की समस्या से भी निजात मिलेगी। बैठक में पूर्व मंत्री एवं विधायक पन्ना बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं विधायक पवई प्रहलाद लोधी सहित जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव और अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिला चिकित्सालय पन्ना का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का किया अवलोकन
उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय पन्ना का भम्रण किया और मरीजों को प्रदत्त सुविधाओं का जायजा लिया। इस मौके पर जिला अस्पताल में मरीज और परिजनों को सभी सेवाएं समुचित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मूलभूत सुविधाओं और प्रबंध का अवलोकन भी किया।
उप मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। मरीज और आगंतुकों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री शुक्ल को अस्पताल की व्यवस्थाओं तथा प्रस्तावित कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
सीवर सफाई और कचरा संग्रहण के कार्य में लापरवाही न बरतें - ऊर्जा मंत्री तोमर
24 Oct, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार को उप नगर ग्वालियर के पाताली हनुमान मंदिर से स्टेट बैंक चौराहा (तानसेन नगर गेट) तक ई-स्कूटी से भ्रमण करते हुए विभिन्न गली-मोहल्लों में सीवर सफाई तथा कचरा संग्रहण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर सीवर सफाई व्यवस्था में खामियां देखकर नाराजगी व्यक्त की।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने जनसंपर्क के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और क्षेत्र में स्वच्छता एवं व्यवस्था सुचारू बनी रहे। उन्होंने आम नागरिकों को भरोसा दिलाया कि जनसेवा ही मेरा संकल्प है और स्वच्छ, सुरक्षित और सशक्त ग्वालियर के निर्माण की दिशा उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। ऊर्जा मंत्री तोमर के साथ जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, विद्युत वितरण कंपनी सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पहले ऊर्जा मंत्री तोमर ने कांच मील, न्यू कॉलोनी स्थित अपने निज निवास पर आमजन की समस्याओं को सुना और यथा संभव निराकरण करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के अथक प्रयासों से प्रदेश में निवेश का नया कीर्तिमान
24 Oct, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास अब केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य के हर जिले में निवेश को सक्रिय रूप से लाने का काम किया है। उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, नर्मदापुरम, शहडोल, सागर और रीवा में आयोजित क्षेत्रीय रीजनरल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव (RIC) उद्योग सम्मेलन ने स्थानीय उद्यमियों और उद्योगपतियों को सीधे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों के साथ जोड़ा। मुख्यमंत्री ने जर्मनी, स्पेन और जापान सहित प्रमुख देशों के दौरे किए, जहाँ उन्होंने मध्यप्रदेश के औद्योगिक अवसरों और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर पेश किया। देश के प्रमुख औद्योगिक शहरों में रोड शो के माध्यम से निवेशकों को प्रदेश की सरल सुगम औद्योगिक नीतियों, योजनाओं और अवसरों से सीधे परिचित किया। इन पहलों से न केवल निवेश बढ़ा बल्कि उद्यमियों के लिए औद्योगिक अवसर और युवाओं के लिए रोजगार भी सृजित हुए।
औद्योगिक अधोसंरचना और प्रमुख परियोजनाएँ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में औद्योगिक अधोसंरचना का विस्तार तेजी से हुआ है। राज्य के लगभग 85 प्रतिशत जिलों में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए गए हैं, जो प्रत्येक जिले की विशेषताओं और क्षमताओं के अनुरूप हैं। सितंबर 2025 तक 33 हजार 450 हेक्टेयर में 139 औद्योगिक पार्क तैयार हो चुके हैं जो 2023 की तुलना में दोगुने से अधिक हैं। नए औद्योगिक क्षेत्रों के लिए 4 हजार 861 हेक्टेयर में 5,700 करोड़ रुपए, मौजूदा क्षेत्रों के उन्नयन के लिए 761.77 करोड़ रुपए, और विशेष सहायता योजना के तहत 5 हजार 165.36 करोड़ रुपए मूल्य की 43 परियोजनाएँ स्वीकृत हुई हैं।
उज्जैन में विक्रम उद्योगपुरी एक स्मार्ट औद्योगिक टाउनशिप के रूप में विकसित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा हाल में शिलान्यास किए गए धार में पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क टेक्सटाइल मूल्य श्रृंखला का आधार बन रहा है। सितापुर-मुरैना में मेगा लेदर और फुटवियर पार्क 162.70 हेक्टेयर में फैला निर्यातोन्मुख केंद्र बन गया है। नर्मदापुरम के मोहासा-बाबई में नवकरणीय ऊर्जा उपकरण निर्माण क्षेत्र में 17 हजार 750 करोड़ रु. का निवेश हुआ है, 21,777 रोजगार सृजित हुए और 514.50 एकड़ भूमि 22 इकाइयों को आवंटित की गई। Phase-II में नौ अतिरिक्त इकाइयों के लिए 551 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जिससे 39,210 करोड़ रुपए का प्रस्तावित निवेश और 14 हजार 700 से अधिक रोजगार सृजित होंगे।
रतलाम में मेगा इंडस्ट्रियल पार्क, सीहोर में आष्टा क्लस्टर, जमोदी में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन राज्य में औद्योगिक विविधता और आधुनिक उत्पादन को मजबूत कर रहे हैं। इंदौर आर्थिक कॉरिडोर के माध्यम से भूमि पूलिंग और औद्योगिक विस्तार सुगम हुआ है।
तकनीक, नवाचार और क्षेत्रीय कौशल
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में स्थापित आईटी और डिजिटल उद्योग केंद्र राज्य को बहु-क्षेत्रीय औद्योगिक शक्ति केंद्र बना रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मानना है कि तकनीक और नवाचार को स्थानीय प्रतिभा के साथ जोड़कर ही औद्योगिक विकास की सार्थकता है। क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन और प्रशिक्षण पहलों के माध्यम से स्थानीय युवाओं और उद्यमियों को उद्योग की मांग के अनुसार कौशल प्रदान किया जा रहा है।
क्षेत्रीय औद्योगिक विकास के स्पष्ट परिणाम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों से जिलों में औद्योगिक विकास स्पष्ट रूप से दिख रहा है। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव ने निवेशकों को हर जिले की विशेष क्षमताओं और निवेश अवसरों जिससे निवेश सीधे धरातल पर आया। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से यह सुनिश्चित हुआ कि विकास सिर्फ शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि जिले और स्थानीय स्तर पर हर कोने में निवेश और उद्योगों का विस्तार हो।
निवेश से साकार हुई प्रगति
प्रदेश में निवेश परियोजनाएँ तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। विक्रम उद्योगपुरी, पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क और नर्मदापुरम के नवकरणीय ऊर्जा उपकरण निर्माण क्षेत्र जैसी परियोजनाओं ने औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को मजबूती दी है। निवेश बढ़ने के साथ ही रोजगार, स्थानीय व्यवसाय और नए उद्योग स्थापित हुए हैं। यह साबित करता है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निवेश प्रयास वास्तविक परिणाम में बदल रहे हैं और प्रदेश की औद्योगिक प्रगति को मजबूती दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का दृष्टिकोण स्पष्ट है कि औद्योगिकीकरण केवल निवेश तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्थानीय रोजगार, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना चाहिए। प्रदेश में निवेश आने से जिले और क्षेत्रों में उद्योग स्थापित हो रहे हैं, स्थानीय युवाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं और मध्यप्रदेश अब निवेशकों के लिए भरोसेमंद और सक्रिय औद्योगिक केंद्र बन गया है।
इन्दौर: भाजपा के प्रदेश इकाई के गठन के बाद IDA के समीकरण बदले
24 Oct, 2025 06:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इन्दौर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रदेश इकाई के गठन के बाद इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के अध्यक्ष (Chairman) पद पर नियुक्ति के समीकरण बदल गए हैं। अब नए समीकरण में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता (Sudarshan Gupta) और भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जीतू जिराती (Jeetu Jirati) मुख्य दावेदार के रूप में उभरकर सामने आए हैं।
जब तक भाजपा की प्रदेश इकाई का गठन नहीं हुआ था, उस समय तक यह माना जा रहा था कि इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर गौरव रणदिवे का रास्ता साफ है। भाजपा के नगर अध्यक्ष पद पर कार्यकाल पूरा करने के बाद से गौरव भी व्यवस्थापन का इंतजार कर रहे थे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर हेमंत खंडेलवाल की नियुक्ति के बाद जब वह पहली बार इंदौर आए, तब गौरव ने अपने दो साथियों एकलव्य सिंह गौड़ और सावन सोनकर के साथ मिलकर पूरे शहर को होर्डिंग, बैनर, पोस्टर से पाट दिया था।
इसका इनाम गौरव को कल प्रदेश इकाई के गठन में मिल गया। उन्हें प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है। अब इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद की दौड़ से गौरव के बाहर हो जाने के बाद इस पद के समीकरण भी बदल गए हैं। अब सीधे तौर पर पूर्व विधायक जीतू जिराती और सुदर्शन गुप्ता इस पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। इसके साथ ही वरिष्ठ नेताओं में से गोपीकृष्णा नेमा भी इस पद पर आने के लिए जोर लगाते हुए नजर आ रहे हैं। जिस तरह से प्रदेश इकाई का गठन हुआ है, उसे देखते हुए अब यह लगता है कि जल्द ही इंदौर सहित बचे हुए शहरों की इकाई भी घोषित कर दी जाएगी।
शिवराज समर्थकों को मिली तवज्जो
भाजपा की नई प्रदेश इकाई के गठन में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समर्थकों को तवज्जो मिली है। इंदौर से महामंत्री बनाए गए गौरव रणदिवे मुख्य रूप से शिवराज के ही समर्थक हैं। इसके साथ ही प्रदेश इकाई में लिए गए डॉ निशांत खरे भी शिवराज खेमे से ही आते हैं। पार्टी के प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष बनाए गए जयपाल सिंह चावड़ा को भी पार्टी के संगठन मंत्री के पद से निवृत्त होने के बाद शिवराज सिंह चौहान द्वारा ही इंदौर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया था।
इंदौर को मिला पर्याप्त प्रतिनिधित्व
भाजपा की प्रदेश इकाई में इंदौर को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिल गया है। प्रदेश इकाई का गठन के समय पर जितने नेताओं को प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद नहीं थी, उससे ज्यादा नेताओं को इस इकाई में स्थान मिल गया है।
महामंत्री पद पर किया बैलेंस
वैसे तो भाजपा की प्रदेश इकाई में हमेशा तीन ही महामंत्री होते हैं। पिछली बार की इकाई में इस संख्या को बढ़ा दिया गया था। इस बार चार महामंत्री बनाए गए हैं। इनमें से अनुसूचित जाति, आदिवासी, ओबीसी और सामान्य वर्ग से एक-एक महामंत्री बनाकर बैलेंस कर लिया गया है।
कार्बाइड गन विस्फोट में घायल बच्चों से मिलने पहुंचे राजेंद्र शुक्ल, बोले- हर संभव मदद मिलेगी
24 Oct, 2025 03:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। दिवाली के मौके पर देश में कार्बाइड गन बनाने और उसे बेचने का एक नया और खतरनाक ट्रेंड बन चुका है। इस देसी पटाखा और जुगाड़ वाली कार्बाइड गन से मध्य प्रदेश में अब तक 316 बच्चें घायल हो गए हैं। कार्बाइड गन का इस्तेमाल करने के बाद बच्चों की आंखों में जलन होने लगी जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हमीदिया अस्पताल में भर्ती बच्चों से आज डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मुलाकात कर उनका हाल जाना है।राजेंद्र शुक्ल ने गन निर्माण करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बच्चों का हाल जानने पहुंचे डिप्टी सीएम
आज डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल हमीदिया अस्पताल में कार्बाइड गन से घायल हुए बच्चों का हाल जानने पहुंचे हैं। उन्होंने घायल बच्चों से मुलाकात के बाद डॉक्टरों को निर्देश दिए कि सभी घायल बच्चों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि पूरे मामले पर निरंतर निगरानी रखी जाए और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से पटाखा निर्माण एवं विस्फोटक सामग्री रखने वालों पर कार्रवाई जारी है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी पहुंचे अस्पताल
कार्बाइड गन से घायल हुए बच्चों का हाल जानने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी हमीदिया अस्पताल पहुंचे। सिंघार ने अस्पताल में भर्ती घायल बच्चों के इलाज की व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने कहा कि सही तरीके से मरीजों का इलाज होना चाहिए। जब तक इलाज चले, सरकार को पूरी जिम्मेदारी के साथ इलाज कराना चाहिए। मुलाकात के बाद उमंग सिंघार ने सवाल उठाया कि जब केंद्र सरकार ने प्रतिबंध लगाया है तो यह पटाखा गन कहां से आ गई। उन्होंने कहा कि कार्बाइड गन की वजह से बच्चों की आंखों की रोशनी जाते-जाते बची है। बड़ी संख्या में बच्चे प्रदेशभर में घायल हुए हैं. सिंघार ने कहा कि आखिर प्रशासन कहां था और पुलिस क्या कर रही थी। इसको लेकर सरकार को जवाब देना चाहिएउन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को निगरानी करनी चाहिए, वरना सरकार को उनका इस्तीफा लेकर उन्हें रीवा भेज देना चाहिए।
कार्बाइड गन पर लगा बैन
खतरनाक कार्बाइड गन पर भोपाल, ग्वालियर और विदिशा में बैन लगा दिया गया है. राजधानी भोपाल में इसके निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। एक व्यक्ति के अवैध पटाखा विक्रय के आरोप में बीएनएस की धारा 288 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मजहब से ऊपर उठी इंसानियत! मुस्लिम समाज ने दरगाह पर मांगी संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य की दुआ
24 Oct, 2025 02:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बैतूल। धार्मिक एकता और भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए बैतूल जिले में मुस्लिम समाज के लोगों ने वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। गुरुवार को समाज के लोगों ने पहलवान बाबा की दरगाह पहुंचकर चादर और फूल अर्पित किए तथा महाराज के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की दुआ मांगी। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं ने कहा कि धर्म से ऊपर मानवता है, और जब किसी संत या समाजसेवी की तबीयत बिगड़ती है, तो सबको मिलकर उनके लिए दुआ करनी चाहिए। जानकारी के अनुसार, संत प्रेमानंद महाराज कुछ समय से पॉलीसिस्टिक किडनी डिजीज से पीड़ित हैं और नियमित रूप से डायलिसिस करवा रहे हैं। हाल ही में तबीयत बिगड़ने के बाद देशभर में उनके अनुयायी और भक्त उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। यह कदम बैतूल में आपसी सद्भाव और धार्मिक एकता की सुंदर मिसाल बन गया है। शेख सलीम ने बताया कि पहलवान बाबा की दरगाह पर चादर चढ़ाकर हमने प्रेमानंद महाराज के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की। शरीक खान ने कहा बैतूल के मुस्लिम समाज ने मिलकर प्रेमानंद महाराज के बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हुए चादर अर्पित की है।
कौन हैं प्रेमानंदजी महाराज
प्रेमानंद महाराज वृंदावन के एक प्रसिद्ध आध्यात्मिक संत हैं, जो राधा रानी और भगवान कृष्ण की भक्ति के लिए जाने जाते हैं। उनके प्रवचन और सरल जीवनशैली लाखों लोगों को प्रेरित करती है। वे राधा-वल्लभ संप्रदाय से संबंधित हैं और श्री हित हरिवंश महाप्रभु द्वारा शुरू किए गए "सहचरी भाव" का प्रतीक माने जाते हैं। उनके प्रवचन प्रेम, करुणा और भक्ति मार्ग पर केंद्रित होते हैं। वे भक्तों को नाम जप करने और ईश्वर के साथ सीधा संबंध स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं। उनका आश्रम वृंदावन में परिक्रमा मार्ग पर स्थित श्री हित राधा केली कुंज है, जहां भक्त उनके सत्संग में शामिल होने आते हैं।
वोटर लिस्ट से जुड़ा हर काम आज ही निपटाएं, कल से बंद होगा संशोधन पोर्टल
24 Oct, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल नगर निगम क्षेत्र में वोटर लिस्ट से जुड़े सभी कार्यों को पूरा कराने के लिए मतदाताओं को 24 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। जिन युवाओं की उम्र 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे नया नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही मृतकों के नाम कटवाना, पता बदलवाना या विधानसभा परिवर्तन जैसे काम भी वार्ड दफ्तरों में किए जा सकेंगे। इस अवधि में सभी वार्डों पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) मौजूद रहेंगे, जो सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक दस्तावेज लेकर मौके पर ही ऑनलाइन फीडिंग की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
वार्ड कार्यालय में होगी नामों की जांच
भोपाल नगर निगम के 85 वार्डों में कुल 17 लाख 90 हजार 905 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9 लाख 18 हजार 527 पुरुष, 8 लाख 72 हजार 914 महिलाएं और 164 अन्य मतदाता शामिल हैं, आम नागरिक वार्ड कार्यालय जाकर अपना नाम मतदाता सूची में जांच सकते हैं।
दफ्तरों में मौजूद होंगे बीएलओ
उपजिला निर्वाचन अधिकारी भुवन गुप्ता ने बताया कि बीएलओ को सभी वार्ड दफ्तरों में बैठने के निर्देश दिए गए हैं ताकि नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि नगर निगम, नगर पालिका और पंचायत क्षेत्रों में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दावे और आपत्तियां लेने का काम शुरू किया जाएगा. इस पूरी प्रक्रिया में एसआईआर प्रणाली लागू नहीं की गई है।
मध्य प्रदेश के सभी जिलों में बनेगा गीता भवन, सभी सुविधाओं से लैस होगी बिल्डिंग
24 Oct, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहर और कस्बाई क्षेत्रों में गीता भवन बनाने की घोषणा की है. इस दिशा में अब सरकार ने भी काम शुरू कर दिया है. प्रदेश का पहला गीता भवन बनाने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए राजधानी में स्थान भी चिन्हित कर लिया गया है. भोपाल में बनने वाला यह गीता भवन प्रदेश का पहला इस प्रकार का भवन होगा. इसके बाद प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों में गीता भवन बनाए जाएंगे.
कैबिनेट में मिल चुकी है मंजूरी
मध्य प्रदेश के पहले गीता भवन के लिए नगर निगम भोपाल ने अरेरा हिल्स पर जगह चिन्हित कर ली है. अब भूमि आवंटन के लिए नगर निगम एमपी शासन को प्रस्ताव भेजने जा रहा है. लगभग 3 एकड़ एरिया में बनने वाले इस भवन को कैबिनेट से मंजूरी मिली थी. निगम के अधिकारियों ने बताया कि यह भवन पीपीपी मोड पर बनेगा. ऐसे में निगम, इस्कॉन और दूसरे ट्रस्टों से संपर्क कर रहा है.
प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में बनेगा भवन
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि "प्रदेश की सभी 413 नगरीय निकाय में गीता भवन बनाए जाने हैं. इसका प्रस्ताव नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने तैयार किया है. इस योजना के तहत 5 साल में प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकाय में गीता भवनों की स्थापना की जाएगी.
यह योजना पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप, हाइब्रिड एन्युटी मॉडल या सेवा शुल्क मॉडल के तहत लागू किया जाएगा. अनुमान लगाया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट पर अगले 5 सालों में राज्य सरकार करीब 1351 करोड़ से 2875 करोड़ रुपए तक खर्च करेगी."
भोपाल में 2500 की क्षमता वाला गीता भवन
बता दें कि 5 लाख की जनसंख्या वाले शहरों में 1500 और 5 लाख से कम जनसंख्या वाले शहरों में 1 हजार की क्षमता वाले ऑडिटोरियम बनाए जाएंगे, लेकिन एक मात्र भोपाल में इसकी क्षमता ढाई हजार होगी. नगर निगम के मुताबिक गीता भवन को धार्मिक ग्रंथ, साहित्यिक पुस्तकों के साथ सर्व सुलभ वैचारिक अध्ययन केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा. यह गीता भवन सांस्कृतिक, साहित्यिक और सामाजिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित होंगे.
धार्मिक ग्रंथ के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें
अधिकारियों ने बताया कि गीता भवन में धार्मिक ग्रंथों के अलावा लाइब्रेरी पुस्तकें और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए बुक भी होगी. यह भवन धार्मिक, सांस्कृतिक और शादी-पार्टी के लिए भी किराये पर उपलब्ध हो सकेगा, ताकि इसके मेंटेनेंस का खर्च निकाला जा सके. इसका संचालन पूरी तरह से पीपीपी मोड पर किया जाएगा.
विश्व धरोहर दिवस पर रायपुर में सजी विरासत की अनोखी झलक, संरक्षण पर विशेषज्ञों का मंथन
बंदूक से विकास की ओर: सुकमा के तुंगल इको-पर्यटन केंद्र की प्रेरक कहानी
उमरिया जिले की पूजा सिंह ने रची आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी
हमने सीवर सफाई के काम को चुनौती के रुप में स्वीकार किया है और हम बदलाव लाकर दिखाएंगे : ऊर्जा मंत्री तोमर
दिशा दर्शन भ्रमण आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर मिले दो प्रतिष्ठित पुरस्कार
राज्यमंत्री गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
महतारी वंदन योजना से संवर रही पहाड़ी कोरवा परिवारों की तकदीर
