राजस्थान
वारदात को अंजाम देकर पैदल फरार हुआ आरोपी
11 Apr, 2026 10:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रोहतक। सुखपुरा चौक के नजदीक शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सीमेंट व सरिया व्यापारी प्रवीण सैनी को एक युवक गोली मारकर भाग गया। हमलावर ने तीन-चार फायर किए, हालांकि प्रवीण को एक गोली लगी है। उन्हें पीजीआई के ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पता चला है प्रेम नगर चौक निवासी प्रवीण सैनी (32) ने गोहाना रोड पर सुखपुरा चौक से दलाल भवन के सामने राजलक्ष्मी सीमेंट एवं सरिय की दुकान कर रखी है। सुबह करीब साढ़े नौ बजे प्रवीण दुकान पर बैठा हुआ था। अज्ञात युवक पैदल आया और तीन-चार गोलियां फायर करके भाग गया। पता चला है कि प्रवीण को एक गोली लगी है। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और घायल को तत्कालीन पीजीआई के ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया। दिनदहाड़े हुई वारदात से शहर में कानून व्यवस्था पर फिर सवाल उठ गया है। पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस वारदात की जांच कर रही है। हमलावर को पकड़ने के लिए सीआईए प्रथम, द्वितीय, स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ व पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस दबिश दे रही हैं। परिजनों का कहना है कि उनको नहीं पता किसने और प्रवीण सैनी को गोली मारी है।
लगातार दूसरे दिन वारदात, एक माह बाद फिर सक्रिय हुए अपराधी
फरवरी माह में लगातार व्यापारियों रंगदारी मांगने से लेकर हत्या की लगातार वारदात हुई। पोलंगी गांव में दो भाईयों की हत्या कर दी गई। खेड़ी साध के पूर्व प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की हत्या की गई। इसके अलावा रोहित गोदारा गैंग के नाम से कई व्यापारियों से विदेश से कॉल करके धमकी देकर रंगदारी मांगी गई। मार्च माह में कोई बड़ी वारदात नहीं हुई। अब अप्रैल माह का पहला सप्ताह तो शांत रहा, लेकिन भालौठ गांव में रंजिश के चलते जमानत पर आए युवक विकास उर्फ नारद की वीरवार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अब शनिवार को दिनदहाड़े सीमेंट व्यापारी पर फायरिंग से साफ है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं है।
नए पुलिस कप्तान गौरव राजपुरोहित के लिए चुनौती
प्रदेश सरकार ने एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया की जगह गुरुग्राम में डीसीपी रहे आईपीएस गौरव राजपुरोहित को रोहतक का नया एसपी लगाया है। उनके कार्यभार संभालने के एक सप्ताह के अंदर फायरिंग की यह दूसरी वारदात है।
लांधड़ी-चिकनवास और भावदीन टोल पर धरना
11 Apr, 2026 09:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा। संयुक्त किसान मोर्चा ने नेशनल हाइवे जाम कर दिया है। जाम के बाद किसान धरना देकर विरोध जता रहे हैं। फसल खरीद को लेकर किसान विरोधी फैसलों के विरोध में किसानों ने शनिवार को सुबह 11 से 3 बजे तक लांधड़ी चिकनवास टोल के पास रोड़ जाम का एलान किया है। जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने 250 कर्मचारियों को तैनात किया है। हिसार- सिरसा हाइवे पर वाहनों को बरवाला रुट पर डायवर्ट किया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा संयोजक सरदानंद की अगुवाई में जाम का एलान किया गया है। उन्होंने कहा कि फसल खरीद को लेकर की थोंपी गई शर्तों को किसी सूरत में नहीं मानेंगे। गेट पास और बायोमेट्रिक की जबरदस्ती बंद की जाए। किसान सरकार के नए खरीद नियमों के खिलाफ हैं। गेट पास , बायोमेट्रिक, ट्रैक्टर नाम प्लेट को लेकर किसानों को बहुत दिक्कतें आएंगी। मंडियों के बाहर लंबी लाइनें लग जाएंगी।
जब सरकार के पास किसान का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल के जरिए पूरा ब्योरा है तो अब जबरदस्ती की शर्त लगाकर क्यों परेशान किया जा रहा है। सरकार कागजी जाल में फंसा कर उसे कुचल रही है। किसान एक ट्राली के साथ बायोमीट्रिक लगाने मंडी में आए या अपनी बची हुई फसल को बचाने का काम करे। किसान अपनी जमीन किसी को बटाई पर देता है, वह किराए पर किसी तीसरे व्यक्ति का ट्रैक्टर लेकर आता है तो तीनों का मिलान कैसे होगा। किसान नेता शमशेर नंबरदार ने बताया कि संयुक्त मोर्चा के आदेश अनुसार अगला फैसला लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि पुलिस के करीब 200 कर्मचारी लांधड़ी व मय्यड़ टोल पर तैनात किए गए हैं। एनएच पर मय्यड़ से अग्रोहा के बीच सभी प्रमुख चौक पर पुलिस बल तैनात है। फायर ब्रिगेड , एंबलुेंस को भी अलर्ट पर रखा गया है। एक इंस्पेक्टर के साथ 71 पुलिस कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है। किसी तरह की शिकायत मिलने पर यह रिजर्व टीम तुरंत मौके पर भेजी जाएगी। चिकनवास, अग्रोहा चौक पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। शहर में पुलिस के नाके लगाए गए हैं।
75 हजार रुपये प्रति एकड़ ठेके पर ली थी जमीन
वहीं, शुक्रवार को सिरसा के गांव मीरपुर में 26 एकड़ गेहूं की फसल आग लगने से पूरी तरह नष्ट हो गई। प्रभावित किसान वीरेंद्र कुमार, ललित मोहन और अमित चंद का आरोप है कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे रेलवे ट्रैक से गुजर रही ट्रेन से किसी व्यक्ति द्वारा बीड़ी या जलती वस्तु फेंकने के कारण आग लगी। तेज हवा के चलते आग तेजी से खेतों में फैल गई और देखते ही देखते पकी फसल को चपेट में ले लिया। सूचना के बाद दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और किसानों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक 26 एकड़ फसल जलकर राख हो चुकी थी। महिलाओं ने बताया कि यह जमीन उन्होंने 75 हजार रुपये प्रति एकड़ ठेके पर ली थी। चार एकड़ फसल ही बच पाई है। उन्होंने सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
भिवानी की आशा मिड्ढा की दर्दनाक मौत से परिवार में मातम
11 Apr, 2026 06:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिवानी। वृंदावन में हुए नाव हादसे में भिवानी के जगत कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय आशा मिड्ढा की मौत हो गई। वह रेलवे रोड स्थित जगदंबा भोजनालय के संचालक अर्जुन मिड्ढा की पत्नी थीं। हादसे की सूचना जैसे ही भिवानी में परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया और सभी लोग तत्काल वृंदावन रवाना हो गए। घर में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार आशा मिड्ढा वीरवार सुबह भिवानी से निकली थीं। उन्होंने लुधियाना में रह रहे अपने मायके पक्ष के साथ तीर्थ यात्रा की योजना बनाई थी। हादसे के समय उनके साथ मायके से भाभी और भतीजी भी मौजूद थीं। आशा तीन बच्चों की मां थीं। उनके दो बेटे अजय और दिनेश तथा एक बेटी है। तीनों बच्चे विवाहित हैं।
परिजनों के अनुसार आशा के ननदोई राधेश्याम ने बताया कि वह पिछले वर्ष भी वृंदावन गई थीं। इस बार उन्होंने लुधियाना से मायके पक्ष के साथ यात्रा का निर्णय लिया था। आशा नौ अप्रैल को घर से निकली थीं। उन्हें उनका बेटा सोनीपत छोड़ने गया था। वहां वह रात को अपनी बेटी के घर रुकी थीं। इसके बाद शुक्रवार सुबह वह लुधियाना से आ रही बस में मुरथल से सवार होकर मथुरा पहुंची थीं कि यह हादसा हो गया।
तीर्थ यात्रा पर जाने के लिए थी बेहद उत्साहित थीं आशा
आशा मथुरा जाने को लेकर बेहद उत्साहित थीं। एक दिन पहले ही वह लुधियाना से आने वाली बस के इंतजार में सोनीपत अपनी बेटी के पास रुकने गई थीं। उन्हें बेटा वहां तक छोड़कर आया था। अगले दिन बेटी और दामाद उन्हें मुरथल तक बस में बैठाने के लिए छोड़ने गए थे। उस समय भी आशा काफी खुश नजर आ रही थीं। किसी को अंदेशा नहीं था कि यह तीर्थ यात्रा उनका अंतिम सफर साबित होगी।
22 दिन पहले घूमने गया, अब आई मौत की दुखद खबर
10 Apr, 2026 11:39 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करनाल। टूरिस्ट वीजा पर 22 दिन पहले रूस घूमने गए बसंत विहार के 17 वर्षीय देव पुंडीर की संदिग्ध मौत की सूचना मिली है। परिवार को व्हाट्सएप पर बेटे की फोटो के साथ उसकी मौत की जानकारी उसके साथियों के माध्यम से मिली है। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसर गया है और परिवार से भारत सरकार से बेटे की मौत के कारण का पता लगाने और शव वापस लाने की गुहार लगाई है।
इलेक्टि्रशियन पिता विनोद कुमार ने बताया कि 16 मार्च को उनका बेटा रूस घूमने के लिए गया था। शनिवार से ही उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था। न ही फोन लग रहा था, अब बुधवार को अचानक उन्हें व्हाट्सएप पर बेटे की मौत की सूचना मिली है। उसकी मौत कैसे हुई, कब हुई, इसकी कोई जानकारी नहीं है। मामी पूजा ने बताया कि देव और तीन भाई-बहन हैं। मां घर पर सिलाई का काम करती हैं। पार्षद प्रतिनिधि सुभाष कोच के साथ परिवार के सदस्य केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि कविंद्र राणा से भी मिले। उन्होंने परिवार को बेटे की मौत का पता लगाने का आश्वासन दिया है। ताकि बेटै के शव का अंतिम संस्कार किया जा सके।
पिता बोले, मैने रोका था तो उसने कहा कि वहां बसने थोड़ी जा रहा...
पिता विनोद कुमार और मां का कहना है कि विदेश जाने से पहले उन्होंने अपने बेटे को रोका था कि अभी मत जा अपनी पढ़ाई पूरी कर ले। तब बेटे ने यह कहा था कि टूरिस्ट वीजा पर घूमने जा रहा हूं, वहां बसने थोड़ी जा रहा हूं। वापस लौटकर पढ़ाई कर लेगा। उन्होंने बताया कि बेटे ने पिछले साल ही 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी और वर्तमान में होटल मैनेजमेंट का डिप्लोमा कर रहा था।
20 अप्रैल से इलाज रोकने की तैयारी, मरीजों पर पड़ेगा असर
10 Apr, 2026 10:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा में आयुष्मान भारत योजना पर बड़ा संकट गहराता जा रहा है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हरियाणा ने संकेत दिए हैं कि राज्य के अस्पताल अब इस योजना को जारी रखने की स्थिति में नहीं हैं। आईएमए की ओर से आयुष्मान भारत हेल्थ प्रोटेक्शन अथॉरिटी के सीईओ को भेजे गए पत्र में कई गंभीर खामियों और लंबित मुद्दों को उठाया गया है।
अस्पतालों का कहना है कि योजना के तहत 15 दिन में भुगतान का प्रावधान है, लेकिन सितंबर 2025 से ही करोड़ों रुपये के बिल लंबित पड़े हैं। लगातार हो रही इस देरी से निजी अस्पतालों की आर्थिक स्थिति पर दबाव बढ़ता जा रहा है, जिससे सेवाएं जारी रखना मुश्किल हो गया है। सात अप्रैल को हुई ऑनलाइन बैठक में राज्यभर के अस्पतालों ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने सरेंडर लेटर आईएमए हरियाणा अध्यक्ष को सौंपने का निर्णय लिया। आईएमएने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो 20 अप्रैल 2026 से आयुष्मान भारत योजना के तहत सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी जाएंगी।
कमेटियां ठप, फैसले अटके
जनवरी 2025 में मुख्यमंत्री स्तर पर आईएमए प्रतिनिधियों को एम्पैनलमेंट और ग्रीवेंस कमेटियों में शामिल करने की मंजूरी दी गई थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। इससे अस्पतालों से जुड़े कई अहम फैसले लंबित हैं।
पांच महीने से नहीं हुई बैठक
पिछले पांच महीनों से मासिक बैठकें भी नहीं हुई हैं। इसके चलते नए अस्पतालों का पैनल में जुड़ना और नई स्पेशलिटी की मंजूरी पूरी तरह ठप पड़ी है।
लाखों मरीजों पर पड़ेगा असर
अगर अस्पतालों ने सेवाएं बंद कर दीं, तो इसका सीधा असर गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर पड़ेगा, जो इस योजना के तहत मुफ्त इलाज पर निर्भर हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार और अस्पतालों के बीच जल्द समाधान नहीं निकला तो स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
समर्थकों की भीड़ की आशंका, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
10 Apr, 2026 09:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिसार। सतलोक आश्रम के प्रमुख रामपाल आज शुक्रवार को 11 साल 5 महीने की जेल कैद के बाद सलाखों से बाहर आने वाले हैं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से मिली जमानत के आधार पर वे हिसार की जेल नंबर 2 से रिहा होंगे। रामपाल के रिहाई के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। उनके हजारों अनुयायियों के हिसार पहुंचने की संभावना को देखते हुए राजगढ़ रोड, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जेल परिसर और शहर के विभिन्न पार्कों में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कानून-व्यवस्था बिगड़ने की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रामपाल के वकील एडवोकेट सचिन दास ने बताया कि एडीजे गगनदीप मित्तल की अदालत में आज बेल बॉन्ड भर दिया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी के बाद शाम 5 बजे के बाद रामपाल जेल से बाहर आएंगे। इसके बाद वे सीधे सोनीपत के धनाना स्थित आश्रम के लिए रवाना हो जाएंगे। अदालत द्वारा लगाई गई सभी शर्तों का पालन किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला
वर्ष 2006 में रोहतक के करोंथा गांव स्थित रामपाल के आश्रम में हुई हिंसा के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में रामपाल पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। करीब 22 महीने जेल में रहने के बाद अप्रैल 2008 में उन्हें जमानत मिल गई थी। जुलाई 2014 में करोंथा हिंसा मामले में हिसार अदालत में पेशी के दौरान उनके समर्थकों और वकीलों के बीच झड़प हो गई थी। इसके बाद हाईकोर्ट के आदेश पर नवंबर 2014 में बरवाला आश्रम में 14 दिन तक चले गतिरोध के बाद पुलिस ने रामपाल को गिरफ्तार किया था। तब से वे लगातार जेल में बंद थे।
तानों को बनाया ताकत, भिवानी के भाइयों ने रचा इतिहास
9 Apr, 2026 01:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तोशाम/भिवानी। आलोचना हर बार इंसान के हौसलों को नहीं तोड़ती बल्कि मंजिल पाने के जज्बे को और मजबूत कर देती है। भिवानी जिले के संडवा गांव निवासी 2 चचेरे भाई सुमित और अनुज ने ऐसा ही उदाहरण पेश किया है। संगीत की बात करने पर कभी लोगों के ताने सुनने वाले इन दो भाइयों ने हरियाणवी गाने बैरण की बदौलत लोगों के दिलों पर अपनी छाप छोड़ दी है। बिलबोर्ड जैसे बड़े प्लेटफॉर्म पर यह गाना पिछले तीन सप्ताह से टॉप रैंकिंग में बना हुआ है। दोनों भाइयों की प्रतिभा का चर्चा हर किसी की जुबान पर है। गाने में अनुज ने अपनी आवाज दी है और सुमित ने म्यूजिक कंपोज किया है। बैरण गाने को यू-ट्यूब पर अभी तक 70 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर गाने को रील्स में यूज किया जा रहा है।
शौक को बनाया जुनून, मिल गई सफलता
अनुज और सुमित बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही गाना गाने का शौक था। कोरोना आने पर 2020 में लॉकडाउन लगा तो उन्होंने गायन क्षेत्र में ही करियर बनाने की ठान ली। उन्होंने 2019 में एक गाना लिखा। उन्होंने अपने परिवार से 40 हजार रुपए लेकर हिसार के एक म्यूजिक प्रोड्यूसर से गाना तैयार करवाया। गाने का म्यूजिक दोनों भाइयों को पसंद नहीं आया। इसके बाद 5 और गाने रिलीज किए, लेकिन सफलता नहीं मिली लेकिन छठे गाने बैरण ने तकदीर बदल दी।
कोरोना काल में काम ने पकड़ी रफ्तार
अनुज ने बताया 2020 में कोरोना महामारी के दौरान गाने की सही शुरुआत हुई। हारमोनियम और कंप्यूटर खरीदा। यू-ट्यूब से प्रशिक्षण लिया। 2024 में यू-ट्यूब पर बंजारा के नाम से चैनल बनाया। इसी चैनल से उन्होंने अपने गाने रिलीज करने शुरू कर दिए। 'सूट्स विद मी' पहला गाना रिलीज किया। उसके बाद उन्होंने दूसरा गाना 'डिफरेंट टॉक', आशिक आवारा, मौज, हाय रै रिलीज किया। ये गाने नहीं चले। आखिर में बैरण गाना लिखा। इसका म्यूजिक कंपोज करने के साथ चंडीगढ़ में वीडियो भी शूट किया लेकिन पंसद नहीं आया। आखिर में 23 जनवरी को बैरण ऑडियो सांग रिलीज किया। लोग इस गाने को पसंद करने लगे। इसके बाद एनिमेटेड वीडियो लगाने का प्लान आया। 13 फरवरी को एनिमेटेड वीडियो रिलीज किया।
लोग कहते थे इन गानों में कुछ नहीं रखा
अनुज ने बताया कि कोरोना में लॉकडाउन के दौरान जब उन्होंने गाने बनाना शुरू किया तो कुछ लोग उनसे कहते थे कि गानों में कुछ नहीं रखा है। माता-पिता को भी यही कहते थे कि बच्चों को पढ़ा-लिखाकर आगे बढ़ाओ, क्योंकि गाने के क्षेत्र में सबको कामयाबी नहीं मिलती। माता-पिता ने लोगों की बातों पर ध्यान न देकर हमार साथ मिला। दोनों भाइयों ने हार नहीं मानी और आज हर कोई उनके घर पर पहुंचकर उन्हें बधाई दे रहा है।
बिलबोर्ड इंडिया की टॉप रैंकिंग में आया गाना
अनुज ने बताया गाने के बोल लिखने के दौरान उन्होंने बार-बार इसके लिरिक्स बदले। गाने के बोल हैं- “हो, मन्नै सांभ-सांभ राखे तेरे झांझरा के जोड़े। मेरी गेल रो-रो ये भी छोरी बावले से होरे। मन्नै आए जावै ख्याल तेरे, खाए जावै ख्याल तेरे। जीण कोन्या देती, हाय बैरी तन्हाई मन्नै।” 17 मार्च को बैरण गाना बिलबोर्ड इंडिया की टॉप रैंकिंग में आ गया। बिलबोर्ड इंडिया कैटेगरी अनुसार सबसे ज्यादा सुने जाने वाले गानों की रैंक तय करता है। सिंगर की पॉपुलैरिटी, फॉलोअर्स, सोशल मीडिया एंगेजमेंट देखी जाती है। 50 हजार में तैयार हुए गाने के लोग मुरीद हो गए।
पॉपुलैरिटी के बाद बॉलीवुड से भी ऑफर आए
अनुज ने बताया कि बिलबोर्ड इंडिया की नंबर वन रैंकिंग में आने के बाद हरियाणा, पंजाब और बॉलीवुड से उन्हें लगातार ऑफर आ रहे हैं। उनकी मुंबई में एक बड़ी कंपनी के साथ भी बातचीत हुई, लेकिन वहां पर ठीक नहीं लगा और इसलिए काम नहीं किया। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा, केडी, अमित सैनी रोहतक की तरफ से भी साथ काम करने के लिए ऑफर आए। पंजाब से दिलप्रीत ढिल्लों की तरफ से भी ऑफर मिला।
ये है पारिवारिक बैकग्राउंड
सुमित के पिता सत्यवान पीटीआई अध्यापक हैं। उन्होंने अंबाला पॉलिटेक्निक से मैकेनिकल ट्रेड में कोर्स किया। उसके बाद हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से एग्रीकल्चर में बीटेक की। सुमित भी गाने के साथ म्यूजिक कंपोज करते हैं। उनका छोटा भाई सहायक प्रोफसर है। वहीं अनुज के पिता राजेंद्र सिंह जेबीटी अध्यापक हैं। अनुज की एक बड़ी बहन भी है। उसकी बहन ने जेआरएफ क्वालीफाई किया हुआ है। अनुज ने पॉलिटिकल साइंस में एमए करने के बाद नेट का एग्जाम भी क्रैक किया। अनुज ने बताया कि गूगल की टीम ने उन्हें फोन कर मुंबई बुलाया था। अभी वे मुंबई में हैं।
सोनू मर्डर केस में गैंगवार का खुलासा, रोहित गोदारा गैंग का नाम सामने
9 Apr, 2026 12:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झज्जर। डीघल गांव निवासी फाइनेंसर साहिल उर्फ़ सोनू रोहतक के सनी रिटोलिया गैंग का सदस्य रहा हैं। उसे नवंबर 2025 में रोहतक में अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया था और पीजीआई थाने में केस भी दर्ज हुआ था। उस समय रोहतक पुलिस ने खुलासा किया था कि साहिल खुद अपना गैंग बनाना चाहता था। साहिल कई माह जेल में भी रहा और अब जमानत पर बाहर था। वह फाइनेंस के अलावा प्रॉपर्टी और शराब के कारोबार में भी था। यही नहीं जिस लोगों ने साहिल की हत्या की हैं, वह हिमांशु भाऊ गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं जबकि साहिल की हत्या के मामले में रोहित गोदारा गैंग के सदस्यों की पोस्ट वायरल हुई हैं। पोस्ट में रोहित गोदारा गैंग के सदस्यों ने साहिल की हत्या की जिम्मेदारी ली हैं। इस पोस्ट की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता।
पोस्ट में ये लिखा
इस पोस्ट में लिखा हैं कि मैं ज़ोरा डबास, नवीन बॉक्सर गोरिपुर, महेन्द्र देलाना, आज जो हरियाणा के डीघल में जो ये सोनू डीघल फाइनेंसर की हत्या हुई हैं, उसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं। ये गरीब और मजदूर लोगों को 10, 20 प्रतिशत ब्याज दर पर रुपये देकर जब उनसे रुपये टाइम पर वापस नहीं चुकाये जाने पर उनके घर और जमीन हड़प लेता था। इसको 6 माह पहले समझाया था, लेकिन इसको समझ नहीं आया। इसलिए आज इसको मरवा दिया। जो भी ब्याज बुक का और गकत काम करते हैं वो समय रहते समय सुधार जाओ वरना वो हाल करेंगे की देखने वाले की रूह कांप जाएगी और जो भी हमारे दुश्मन हैं, वो तैयार रहे जल्द मुलाक़ात होगी।
गैंगवार न हो, 100 से अधिक पुलिस तैनात
यह मामला अब गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा हैं। इस मामले में गैंग के नाम सामने आने के बाद पुलिस और ज्यादा सतर्क हो गई हैं। डीघल गांव में ही पुलिस वर्दी और सादे कपड़ो पर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
गाड़ी बरामद, टेम्प्रेरी नंबर
इस मामले में पुलिस ने अमादलपुर-पटोदा के बीच लिंक रोड से देर रात वारदात में प्रयोग की गाड़ी को बरामद कर लिया हैं। इस पर कोई नंबर प्लेट नहीं हैं और चेसिस भी मुड़ी हुई हैं। बताया जा रहा हैं कि आरोपी जब वारदात के बाद भाग रहे थे तो उनकी गाड़ी लकड़िया चौक पर पलट गई थी। इसके बाद उसे उठाकर दोबारा आरोपी फरार हुए। फिलहाल गाड़ी पर टेम्प्रेरी नंबर लगे हैं। इसके मालिक की पहचान की जा रही हैं।
खैरड़ी गांव में मूर्ति तोड़ने की घटना से हड़कंप, पुलिस अलर्ट
9 Apr, 2026 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कलानौर। खंड के गांव खैरड़ी में बुधवार देर रात्रि अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति को खंडित कर दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, देर रात मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना पास के सरकारी स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, हालांकि बाइक का नंबर और आरोपियों की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
सुबह ग्रामीणों ने मौके पर खंडित मूर्ति को देखा तो रोष प्रदर्शन शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राकेश कुमार, थाना प्रभारी सतपाल सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। साथ ही कई सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर जुटने लगे। ग्रामीण बलजीत अलडिया, मनोज अलडिया,के अनुसार, जिस स्थान पर यह घटना हुई है, वहां पहले “सद्भावना स्थल” बनाया गया था। बाद में गठबंधन सरकार के दौरान पूर्व सरपंच भूपेंद्र सेहरावत द्वारा कम्यूनिटी सेंटर का निर्माण करवाकर उसका नाम चौधरी देवीलाल के नाम पर रखा गया। इसके बाद गांव में असंतोष पैदा हो गया था।
स्थिति को संभालने के लिए ग्रामीणों ने अपने स्तर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर और चौधरी छोटूराम की मूर्तियां स्थापित कर भाईचारे का संदेश दिया था। आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती को लेकर गांव में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने माहौल को बिगाड़ दिया। फिलहाल ग्रामीणों में भारी रोष है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन के लिए अलग से स्थान उपलब्ध करवाने की भी मांग उठाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
सड़क पर मिले दो खोखे, गोलीबारी की घटना से सनसनी
8 Apr, 2026 11:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करनाल। असंध में कैथल रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट पर बीती रात अज्ञात व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम कैफे बंद होने के बाद दिया गया। मालिक को भी सुबह कैफे पर आने के बाद पता लग पाया। सूचना मिलते ही पुलिस और असंध सीआईए की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रेस्टोरेंट के सामने सड़क पर दो खोल मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
असंध निवासी कुलदीप सिंह ने करीब एक महीने पहले ही कैथल रोड पर अपना कैफे खोला था। बीती रात वह रोजाना की तरह कैफे बंद करके घर चले गए थे। उनके जाने के बाद किसी अज्ञात हमलावर ने बंद कैफे के शीशे पर फायरिंग कर दी। शटर से गोली आर-पार होकर कांच के दरवाजे पर लगी। दरवाजा चकनाचूर हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। सूचना के बाद सुबह असंध थाना और सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज जांच रही है और वहीं, रेस्टोरेंट मालिक से पूछताछ कर रही है।
रंजिश या फिरौती, हर पहलू पर चल रही जांच
असंध पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है। फिलहाल साफ नहीं हो पाया है कि फायरिंग के पीछे कोई पुरानी रंजिश है या फिर किसी प्रकार की फिरौती की मांग से जुड़ा मामला है। दोनों ही संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। क्योंकि इससे पहले असंध में अस्पताल और मेडिकल लैब पर फायरिंग हुई थी। वह मामला रंगदारी से जुदा पाया गया था। अब पुलिस उसी आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।
रात को 10 बजे के बाद दिया वारदात को अंजाम
असंध थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि घटना रात करीब 10 बजे के बाद की है। मौके से गोली के दो खोल बरामद हुए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फटेज खंगाली जा रही है। कैफे मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।
बेमौसम बारिश से किसानों को बड़ा झटका, गेहूं की फसल भीगी
8 Apr, 2026 10:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करनाल। हरियाणा में मंगलवार रात से मौसम ने एक बार फिर करवट ली। बीते 24 घंटों में प्रदेश के 20 जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान में 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। पूरे प्रदेश में दिन का तापमान 24 से 29 डिग्री के बीच रहा। बारिश के कारण गर्मी से तो राहत मिली लेकिन किसानों की मुश्किल बढ़ गई है।
नूंह व सोनीपत में किसानों को नहीं मिला तिरपाल
मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद मंडियों में फसल प्रबंधन के उचित प्रबंध नहीं किए गए। कहीं तिरपाल कम पड़ गईं तो कहीं प्रबंध ही नहीं किया गया। नतीजा हजारों क्विंटल गेहूं व बोरियां भीग गईं। अकेले पानीपत में 20 हजार क्विंटल गेहूं भीग गई। इससे प्रदेश की अधिकतर मंडियों में सरकारी और निजी खरीद भी ठप रही। पूरा दिन किसान अपने स्तर पर मंडियों में लाई गई फसल को बचाते नजर आए। नूंह व सोनीपत में किसानों को तिरपाल ही नहीं मिला।
रेवाड़ी में खराब मौसम के कारण मंडी की बंद
वहीं, झज्जर में हजारों क्विंटल गेहूं भीगने के बाद बुलडोजर की मदद से उसे शेड के नीचे करने का प्रयास किया गया। रेवाड़ी में तो खराब मौसम के कारण मंडी ही बंद कर दी गई। हिसार व भिवानी में जिला मुख्यालय की मंडी में फसल को तिरपाल से ढका पर तेज हवा के कारण फसल भीग गई। करनाल में भी शेड के बाहर पड़े गेहूं को किसान तिरपाल से ढकते नजर आए। अंबाला में केवल साहा अनाज मंडी में थोड़ा गेहूं भीगा है। हालांकि कैथल, यमुनानगर व फतेहाबाद में बचाव रहा।
किसानों के चेहरे पर चिंता
मंडियों में उचित प्रबंध नहीं होने के कारण किसानों के चेहरे पर चिंता और बेबसी साफ झलकी। पलवल की मंडी में पहुंचे किसान रघुवीर ने बताया कि सरकार ने 12 प्रतिशत नमी का मानक तय किया है लेकिन लगातार खराब मौसम के कारण फसल ठीक से सूख ही नहीं पा रही। पहले ओलावृष्टि ने फसल को नुकसान पहुंचाया। अब बारिश से हालत और खराब हो गई है। फसल मानकों पर खरी नहीं उतर रही तो खरीद कैसे होगी। इस बीच खेतों में गेहूं कटान व थ्रेसिंग का कार्य रुक गया है। फसल भीगने के कारण नमी की मात्रा बढ़ने की पूरी संभावना है।
सिरसा, फरीदाबाद व हांसी में नहीं बरसे बादल
अंबाला, पंचकूला, हिसार, महेंद्रगढ़, रोहतक, कुरुक्षेत्र भिवानी, जींद, रेवाड़ी, गुरुग्राम, करनाल, पलवल, नूंह, पानीपत, झज्जर, सोनीपत, चरखी-दादरी, कैथल, यमुनानगर, फतेहाबाद में बारिश हुई है। हालांकि सभी जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। फरीदाबाद, हांसी व सिरसा में बारिश नहीं हुई। तापमान में एक दिन में इतनी गिरावट से लोगों को सर्दी महसूस हुई।
अस्पताल में लापरवाही उजागर, चूहों ने मरीजों के इंजेक्शन को बनाया निशाना
8 Apr, 2026 08:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रोहतक। पीजीआई के वॉर्डों में चूहे मरीज व तीमारदारों के खाने-पीने के सामान के बाद अब दवाइयों तक पहुंच चुके हैं। मंगलवार को तो मेडिसिन वॉर्ड के आईसीयू में एक चूहा मरीज को लगने वाला इंजेक्शन ही कुतरकर पी गया।
तीमारदार ने सफाईकर्मी को दी सूचना
आईसीयू में गंभीर मरीजों को एडमिट किया जाता है। यहां ज्यादा मरीजों के लिए ज्यादा साफ-सफाई व देखभाल की आवश्यकता होती है क्योंकि संक्रमण जल्दी फैलने का खतरा रहता है। ऐसे में चूहे आसानी से यहां संक्रमण फैला रहे हैं। तीमारदार के सूचना देने के बाद वॉर्ड में तैनात सफाईकर्मी आईसीयू में पहुंचे। इंजेक्शन की दवा पीने के बाद चूहे बेहोशी की हालत में पहुंच गया। सफाईकर्मियों ने चूहे को कचरा उठाने वाले पात्र से उठाया व बाहर वार्ड के बाहर छोड़ दिया। इतना ही नहीं, मरीजों के बैग में रखे कपड़े को कुतर डालते हैं।
प्रशासन हर बाद देता है आश्वासन
स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण मरीज व तीमारदार पहले ही परेशान होते हैं। ऐसे में कॉकरोच व चूहे उनकी परेशानी बढ़ा देते हैं। कॉकरोच मरीजों के बेड के पास वाली दराज में घूमते रहते हैं। हर बार प्रशासन की ओर से समाधान का आश्वासन देकर बात टाल दी जाती है।
चूहे के संपर्क में आने से फैलती हैं ये बीमारियां
सिविल अस्पताल के डॉक्टर पवन गोयल ने बताया कि चूहों से प्लेग होने का खतरा रहता है। इनके काटने से फिवर तक हो जाता है। यह इंफेक्शन फैलने का कारण भी बनता है। वॉर्ड में चूहों के घूमने का मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा कुछ है तो इसकी जांच कराई जाएगी।
सांस की बीमारी बनी जानलेवा, जिला जेल में हवालाती की मौत
7 Apr, 2026 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करनाल। जिला जेल में बंद एक हवालाती की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देर रात उसे सांस लेने में दिक्कत हुई थी। जिसके बाद तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मामले की सूचना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।
66 वर्षीय सुखचैन सिंह की हुई मौत
मृतक की पहचान 66 वर्षीय सुखचैन सिंह पुत्र हजूर सिंह के रूप में हुई है। वह निसिंग थाना क्षेत्र के गांव डाचर का रहने वाला था। वह 8 अप्रैल 2025 से करनाल जेल में बंद था। जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 2 बजे सुखचैन सिंह को अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई। जेल प्रशासन ने तुरंत उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दो मामलों में आरोपी, 10 अप्रैल को थी पेशी
सुखचैन सिंह पर नशा तस्करी से जुड़े दो मामले दर्ज थे। पहला मामला 2 जनवरी 2017 को निसिंग थाना में दर्ज हुआ था, जिसमें वह 6 फरवरी 2017 से जमानत पर था। वहीं दूसरा मामला 6 अप्रैल 2025 को दर्ज किया गया था। इस केस में उसकी अगली पेशी 10 अप्रैल को तय थी।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में होगा पोस्टमॉर्टम
रामनगर थाना के एसएचओ महावीर सिंह ने बताया कि हवालाती की मौत के बाद नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होंगे।
मीरी-पीरी विवाद में बड़ा फैसला संभव, Shiromani Gurdwara Parbandhak Committee अध्यक्ष ने संभाली कमान
7 Apr, 2026 12:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कुरुक्षेत्र (हरियाणा)। शाहाबाद के मीरी पीरी मेडिकल संस्थान में 20 मार्च को हुए विवाद के चलते आज एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंद्र सिंह धामी पहुंचे हैं, जहां वे सैंकड़ों की संख्या में पहुंची संगत के साथ बैठक की जा रही है। बैठक में बड़ा फैसला भी लिया जा सकता है, जिस पर संगत के साथ प्रशासन की भी नजरें टिकी हुई है। 20 मार्च को संस्थान में उस समय बड़ा विवाद हो गया था जब अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे कर्मचारियों से मिलने हरियाणा कमेटी के नामित सदस्य बलजीत सिंह दादूवाल समर्थकों व अन्य पदाधिकारियों के साथ पहुंच गए थे। यहां संस्थान को संभाले जाने को लेकर दादूवाल पक्ष व एसजीपीसी पक्ष आमने-सामने आ गया था तो जमकर हंगामा भी हुआ था, जिसके चलते पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा था।
हरियाणा कमेटी उपाध्यक्ष ने इस विवाद के बीच अपने साथ मारपीट किए जाने, पकड़ी उछालने के आरोप भी लगाए थे तो वहीं उन्होंने दादूवाल के साथ मिलकर एसपी को शिकायत भी दी थी। वहीं दूसरे पक्ष ने भी शिकायत दी थी, जिसमें दादूवाल व उनके समर्थकों पर संस्थान पर कब्जे के प्रयास तक के भी आरोप लगाए थे। दादूवाल पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने एसजपीसी पक्ष के सीनियर मीत प्रधान सरदार रघुजीत सिंह विर्क, बलदेव सिंह कैमपुरिया सहित 20 लोगों पर केस दर्ज कर लिया था, जिसके बाद विवाद और भी गहरा गया।
जहां अब एसजीपीसी दादूवाल पक्ष पर कार्रवाई की मांग कर रही है वहीं इसी के चलते ही एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंद्र सिंह धामी भी पहुंचे हैं। उनका कहना है कि वे प्रशासन को अपना मांग पत्र सौंपेंगे और प्रशासन मौके पर नहीं पहुंचा तो एसपी कार्यालय का भी घेराव किया जा सकता है। उधर तीन दिन पहले दादूवाल भी हरियाणा कमेटी मुख्यालय पर अपने समर्थकों के साथ बैठक कर धामी से भी बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने का ऐलान कर चुके हैं।
येलो अलर्ट जारी, तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार
7 Apr, 2026 08:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिसार (हरियाणा)। प्रदेश के मौसम में एक बार फिर से बदलाव आएगा। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद मंगवार को 17 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कुछ स्थानों पर आंधी के साथ हल्की बारिश व ओलावृष्टि के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा 5 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में मध्य श्रेणी का पश्चिमी मौसम प्रणाली अभी पूर्वी पाकिस्तान पर पहुंच गई है। इस वजह से संपूर्ण मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा में हवाओं की दिशा में बदलाव से वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है। बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है। सोमवार रात तक पश्चिमी मौसम प्रणाली भारत के उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर पहुंच जाएगी। इससे दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर एक चक्रवातीय परिसंचरण तंत्र विकसित होने से बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से प्रचुर मात्रा में नमी पहुंचेगी।
इस वजह से सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी- दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, जींद, कैथल, रोहतक, झज्जर जिलों में 7-8 अप्रैल के दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के आसार हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियों की संभावना बन रही है। उत्तरी जिलों पर 9 अप्रैल को भी असर रहेगा। इसके चलते बिखराव वाली हल्की बारिश व बूंदाबांदी की आशंका है।
9-10 अप्रैल के दौरान दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय पर 11 अप्रैल को सक्रिय होने से पश्चिमी शुष्क और गर्म हवाओं से संपूर्ण मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।के बाद नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने किया 4 लेन सीसी सड़क निर्माणकार्य का भूमि-पूजन
पुष्पा ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
अपनी ज़िम्मेदारी निभाएं और अपनी बेटियों को सर्वाईकल कैंसर के खतरे से बचाएं
खिवनी अभयारण्य बनेगा वन्यजीव संरक्षण और इको-टूरिज्म का आदर्श मॉडल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूर्ण कर रहा है मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
लोकतंत्र का महापर्व: बंगाल में 91.40% मतदान, तमिलनाडु में टूटा रिकॉर्ड
