राजस्थान
विजिलेंस का एक्शन, पंचकूला से पकड़ा गया खनन विभाग का पूर्व अधिकारी
19 Mar, 2026 05:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नारनौल (हरियाणा)। नारनौल में अवैध खनन से जुड़े बड़े घोटाले में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन सहायक खनन अधिकारी संजय सिम्बरवाल को पंचकूला से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी लंबे समय से चल रही जांच के बाद की गई है, जिसमें सरकारी राजस्व को लाखों रुपये की हानि पहुंचाने के आरोप सामने आए हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रेवाड़ी और नारनौल की संयुक्त टीम इस मामले की जांच कर रही थी। जांच में खुलासा हुआ कि खनन विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों ने वाहन मालिकों के साथ मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। साथ ही, राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण के आदेशों की अनदेखी करते हुए कम जुर्माना वसूल कर वाहनों को छोड़ दिया गया। एसीबी के इंस्पेक्टर अशोक कुमार के अनुसार, इस मामले में अब तक 17 में से 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। संजय सिम्बरवाल की गिरफ्तारी के साथ ही जांच और तेज कर दी गई है। वहीं, शेष दो आरोपी एमओ राजेंद्र और क्लर्क चंद्रशेखर—की गिरफ्तारी अभी बाकी है, जिन्हें जल्द काबू करने की बात कही जा रही है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर राजेश और एएसआई बीर सिंह सहित पूरी टीम शामिल रही। विजिलेंस की इस कार्रवाई से खनन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
हरियाणा में राज्यसभा चुनाव को लेकर बवाल, हुड्डा ने उठाए गंभीर सवाल
19 Mar, 2026 01:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्यपाल को पत्र लिखकर चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दो राज्यसभा सीटों के चुनाव में लोकतांत्रिक मूल्यों और नियमों की अनदेखी की गई। हुड्डा ने अपने पत्र में कहा कि हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं और एक सीट जीतने के लिए 31 वोट जरूरी थे। भाजपा के पास 48 और कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं, ऐसे में सामान्य स्थिति में दोनों दलों का एक-एक उम्मीदवार जीतना तय माना जा रहा था। लेकिन भाजपा ने अपने उपाध्यक्ष सतीश नांदल को निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उतारकर चुनाव को विवादित बना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तापक्ष ने चुनाव जीतने के लिए अनैतिक तरीकों का सहारा लिया, जिसमें विधायकों की खरीद-फरोख्त, दबाव और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग शामिल है। हुड्डा ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर पंकज अग्रवाल पर भी पक्षपात का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कांग्रेस विधायकों के वैध वोटों को रद्द किया गया, जबकि भाजपा और निर्दलीय के पक्ष में पड़े संदिग्ध वोटों को स्वीकार किया गया। हुड्डा ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करने और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से लोकतंत्र की छवि को नुकसान पहुंचा है और जनता में नाराजगी है। पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि चार विधायकों के नाम उजागर किए गए हैं, एक दो दिन में पांचवां नाम भी सामने आ जाएगा। कांग्रेस के पांच विधायकों की तरफ से क्रॉस वोट किया गया है। सभी के खिलाफ एक्शन पर हाईकमान फैसला करेगा। विधायक बीबी बतरा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 32 वोट वैलिड पड़े हैं, इनमें से 28 वोट आए। चार वोट गलत तरीके से कैंसल किए गए। इसके बारे में राज्यपाल को भी सब लिखा है।
चैत्र नवरात्रि की शुरुआत, भीमेश्वरी देवी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़
19 Mar, 2026 10:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेरी (झज्जर)। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन विश्व प्रसिद्व मां भीमेश्वरी देवी के दरबार में भक्तों की भीड़ उमड़ी। मंदिर में दर्शन करने के लिए अलसुबह से भक्तों की मंदिर में कतारें लग गई थीं। मां भीमेश्वरी देवी मंदिर में देर रात से भक्तों ने पहुंचना शुरू कर दिया था। मां भीमेश्वरी देवी मंदिर के बाहर व अंदर वाले भवनों को फूलों से सजाया गया। जहां पुजारी ने मंत्रोच्चारण के साथ मां को स्नान करवाया। बाद में मंगला आरती की गई। उसके बाद मां के दर्शन भक्तों लिए खोल दिए गए। वहीं, पहले नवरात्रि को बेरी एसडीएम व श्राइन बोर्ड की सीईओ रेणुका नांदल ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मेले में ड्यूटी कर रहे कर्मचारी को दिशा-निर्देश दिए। मंदिर के पंडित कुलदीप वशिष्ठ ने बताया कि देवी को सुबह साढ़े 4 बजे बाहर वाले मंदिर में लाया गया जहां मंगल आरती के बाद श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई।
पावन ज्योत लेने उमड़ी अपार भीड़
प्रथम नवरात्रि पर मां भीमेश्वरी के दरबार में प्रदेश के कोने-कोने से भक्त अंखड ज्योत लेने यहां पहुंचते हैं। मंदिर प्रबंधन द्वारा ज्योत लेने वालों के लिए खासा इंतजाम किया गया था। ज्योत लेने पहुंचे भक्तों ने बताया कि वे हर नवरात्रि मां के दरबार पैदल आते हैं और मंगला आरती लेकर पैदल ही गांव लौटते हैं।
मंदिर आने वाले रास्तों पर पुलिस ने लगाए नाके
मेले में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसको लेकर पुलिस ने कस्बे के चारों तरफ नाके लगाए हुए हैं। माता मंदिर मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की एंट्री बंद की हुई है। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अलग-अलग शिफ्टों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई हुई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की कोई चूक नहीं होने दी जाएगी। पुलिसकर्मीयों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं से व्यवहार ठीक किया जाए।
राज्यसभा चुनाव बना मुद्दा, हरियाणा विधानसभा में जोरदार बवाल
18 Mar, 2026 11:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में बुधवार को राज्यसभा चुनाव को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी हुई, जिसमें लोकतंत्र को लेकर एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए। विधानसभा में बहस के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों ने लोकतंत्र का गला घोंटा है। इसके जवाब में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पलटवार करते हुए कहा कि मैं कहता हूं कि आप लोग लोकतंत्र के हत्यारे हैं। इस दौरान स्पीकर ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि इस पूरे मामले पर अंतिम फैसला जनता करेगी। मुख्यमंत्री सैनी ने स्पष्ट किया कि भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार संजय भाटिया थे। तीसरा उम्मीदवार निर्दलीय था। कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने सदन में प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस मुद्दे को पहले असंबंधित बताया गया, उसी पर बाद में अन्य सदस्यों को बोलने की अनुमति दे दी गई। इस पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह यह मानती है कि उसके विधायक बिकाऊ हैं। निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि उन्होंने अपनी विचारधारा से जुड़े विधायकों से चर्चा के बाद ही सतीश नांदल को मैदान में उतारा था। राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी इस सियासी घमासान ने विधानसभा का माहौल गरमा दिया है।
कांग्रेस ने खोला क्रॉस वोटिंग का राज, गद्दार विधायकों के नाम सार्वजनिक
18 Mar, 2026 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बी के हरिप्रसाद ने हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट करने वाले विधायकों के नाम बता दिए हैं। उनके अनुसार, नारायणगढ़ से शैली चौधरी, पुनहाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इसराइल और सढाैरा से रेणु बाला ने क्रॉस वोट किया। दिल्ली में पत्रकारवार्ता के दाैरान बीके हरिप्रसाद ने कहा कि हमने डिसिप्लिनरी कमेटी को जानकारी दे दी है। आज इन सभी विधायकों को शोकॉज नोटिस भेजा जाएगा। हालांकि अभी पांचवां नाम नहीं बताया गया है।
शैली चाैधरी के पति दे चुके हैं इस्तीफा
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के पांच विधायकों के क्रास वोटिंग के बाद पार्टी के अंदर खलबली मची हुई है। मंगलवार को नारायणगढ़ से कांग्रेस विधायक शैली चौधरी के पति व कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने पार्टी की सदस्यता व सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन को भेजे पत्र में उन्होंने फिलहाल इस्तीफा का कारण नहीं लिखा है।
पार्टी की रणनीति पर उठे सवाल
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस भले ही एक सीट जीतने में सफल रही हो, लेकिन इस जीत के पीछे छिपी सच्चाई पार्टी के लिए ज्यादा चिंताजनक है। चार वोटों का रद्द होना और पांच विधायकों का क्रॉस वोट करना यह साफ संकेत देता है कि पार्टी के भीतर अनुशासन और एकजुटता की गंभीर कमी है।
नारायणगढ़ में रामकिशन गुज्जर का फूटा दर्द
कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रहे रामकिशन गुज्जर का बुधवार को नारायणगढ़ में दर्द फूटा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारों से इस मसले पर बात की। उन्होंने बताया कि क्रॉस वोटिंग का आरोप नहीं लगाना चाहिए था। अगर आप झूठे अारोप लगाओगे तो उनके पास ही बोलने को बहुत कुछ है। उन्होंने कहा कि झूठे आरोप लगाने वाले को वह लीगल नोटिस देंगे। उन्होंने कहा कि शैली चौधरी का विरोध करना है तो राजनैतिक रूप से करो मगर झूठे आरोपों से नहीं। पार्टी के भीतर कोई सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़ दी है अब आने वाले समय में नारायणगढ़ के समर्थकों के साथ मिलकर निर्णय लेंगे।
हरियाणा में दर्दनाक हादसा, सिलेंडर ब्लास्ट में एक ही परिवार के 8 लोग झुलसे
18 Mar, 2026 09:04 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कुरुक्षेत्र। के यारा गांव में आज सुबह एक घर में गैस सिलेंडर के फटने से भीषण हादसा हो गया। इस घटना में परिवार के लगभग आठ सदस्य झुलस गए, जिनमें एक छोटी बच्ची भी शामिल है। सभी घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे कोमल नाम की महिला खाना बना रही थीं। इसी दौरान घर का एक गैस सिलेंडर खत्म हो गया। जब परिवार के सदस्य दूसरे सिलेंडर को कनेक्ट करने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया। सिलेंडर फटने से घर में तेज आग लग गई, जिससे पूरा परिवार आग की चपेट में आ गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने कुछ समय बाद आग पर नियंत्रण पा लिया। हादसे में सबसे अधिक चिंता एक छोटी बच्ची की हालत को लेकर है, जिसे गंभीर रूप से झुलसने के कारण निजी अस्पताल से पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआई), चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वे इलाज के अधीन हैं।
वोटिंग सुरक्षा और ईवीएम की निष्पक्षता पर सीएम का बयान
17 Mar, 2026 04:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में मंगलवार को राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ। विधानसभा की कार्रवाई के दौरान कांग्रेस विधायकों ने वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगाते हुए जबरदस्त हंगामा किया।
इस बीच नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के बीच हल्की नोक झोंक हुई।
हुड्डा सदन में खड़े होकर पूछने लगे कि जो राज्यसभा चुनाव में प्रकरण हुआ वह लोकतंत्र की एक तरीके से हत्या हुई है और लोकतंत्र के लिए यह ठीक नहीं है। इस बात पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंद कल्याण ने उन्हें रोकते हुए कहा कि यह मुद्दा सदन का नहीं है चुनाव की बातें या चुनाव को लेकर झगड़ा है तो बाहर खूब चर्चा करो लेकिन यह सदन का मामला नहीं है। इस पर हुड्डा नाराज हो गए और कहा कि क्या जब भी मैं आपसे बात करता हूं तो आप इधर-उधर देखने लगते हैं, यह आपकी गंभीरता बताती है और आपकी सरकार के मंत्री जब हमारे सदस्य सवाल उठा रहे थे तो उंगलियां उठा-उठाकर डांस कर रहे थे। हुड्डा की इस बात से मंत्री कृष्ण बेदी नाराज हो गए और उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि अभी दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। वीडियो निकलवा कर देख लें, अगर मैं डांस कर रहा हूं तो मैं सदन से माफी मांगने के लिए तैयार हूं और अगर ऐसा नहीं है तो क्या हुड्डा माफी मांगेंगे। इस बीच कांग्रेसी विधायक स्पीकर की कुर्सी के सामने आ गए और हंगामा करने लगे।
विधायकों ने हाथ में शर्म करो शर्म करो के स्टीकर लगे कागज लेकर नारेबाजी की।
जिसके बाद स्पीकर ने करीब 15 मिनट के लिए सदन स्थगित कर दिया। इससे पहले बेरी के विधायक और कांग्रेस नेता डॉ. रघुवीर सिंह कादयान ने क्रॉस वोटिंग के मामले पर कहा कि जब सदन में भाजपा और कांग्रेस के 40-40 फीसदी सदस्य थे तो तीसरे प्रत्याशी को उतारने की जरूरत क्या पड़ी। हुड्डा समर्थन में खड़े हो गए और कांग्रेसी विधायक भी शोर करने लगे।
देवीलाल के चश्मे से देखो काली भेड़
इनेलो के विधायक आदित्य देवीलाल ने कहा कि मैं सदन में चौधरी देवीलाल का चश्मा लेकर आया हूं। हुड्डा साहब इस चश्मे को पहन कर देखें कि वह काली भीड़ कौन थी। उन्होंने कहा कि कल रात जो हुआ वह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं हुआ और लोकतंत्र की हत्या हुई है। लंच के बाद सदन में नारेबाजी करने पर कांग्रेस के 8 विधायकों को नेम किया गया है। इनमें बलराम दांगी, शकुंतला खटक, जस्सी पेड़वाढ, बलवान सिंह दौलतपुरिया, विकास सहारन, इंदुराज नरवाल, देवेंद्र हंस और मनदीप चड्ढा शामिल हैं। सभी कांग्रेस विधायक बायकॉट करके सदन के बाहर चले गए हैं। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि कांग्रेस के 9 विधायकों का अपनी लीडरशिप से विश्वास उठ गया है, ये अपने गिरेबान में झांकने के बजाय कभी भाजपा तो कभी आरओ पर सवाल उठा रहे हैं। इनके 9 विधायकों ने कहा कि वो नेता प्रतिपक्ष, प्रभारी को अपना नेता नहीं मानते हैं, वो राहुल गांधी को अपना नेता नहीं मानते हैं। कांग्रेस आरोप लगा रही है कि इनके विधायकों के खरीद फरोख्त की बात की है, बताए हमने किसकी खरीद फरोख्त कर लिया है।
सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना
बताैर वित्तमंत्री सीएम नायब सैनी ने बजट पर जवाब दिया। सैनी ने पहले कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कुफरी में कांग्रेस के पसीने छूट गए। वरिष्ठ नेताओं को मालूम ही नहीं, ना वोट चोरी होती है ना ईवीएम में मोरी होती है। लोकतंत्र में यही तो खूबी होती है, जगा देता है अंतरात्मा। सीएम ने कहा कि कभी कहते हैं कि हम नशे में चूर है कभी कहते हैं कि हम डांस करते है। खुद मुद्दों की बात से कोसों दूर होते है और झूठ और इल्जाम लगाते हैं। लोकसभा में राहुल गांधी भाग रहे और यहां हुड्डा भाग रहे हैं- सिर्फ भागमभाग हो रही है। सीएम ने कहा कि हमने आजाद उम्मीदवार को समर्थन दिया। उन्हें कहा कि हम आपके साथ है और निर्दलीय उम्मीदवार को वोट दिया। अपना घर ठीक नहीं, दूसरों पर उंगली उठाते हैं। अपना घर शीशे का है और दूसरों पर पत्थर उछालते रहते है। ये भागते रहते हैं और 2029 में भी भाग निकलेंगे। हालांकि सदन में कोई कांग्रेसी फिलहाल माैजूद नहीं है। सैनी ने कहा कि विधायक रघुवीर कादयान, शैली चौधरी ने एसवाईएल का मुद्दा उठाया और कहा कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार बजट में एसवाईएल की बात नहीं की गई। मैं कहना चाहता हूं कि बजट में एसवाईएल नहर के निर्माण में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान है। उन्होंने बजट को ठीक से सुना नहीं था। मैंने इनके समय में भी बजट देखा था। कांग्रेस की सरकार के सभी बजट के भाषणों को खंगाला तो सिर्फ एक बार एसवाईएल पर बजट की बात की गई थी। कांग्रेस ने एसवाईएल निर्माण के लिए 10 लाख रुपये का बजट रखा था, जो 2025-06 में किया गया था। इसके बाद एक रुपये का प्रावधान नहीं किया गया था। सीएम ने बताया कि बजट में 15 बार नौकरी और रोजगार शब्द का प्रयोग किया गया है, जबकि कांग्रेस के विधायक बीबी बतरा ने कहा कि बजट में रोजगार शब्द का इस्तेमाल तक नहीं है। सीएम ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस के आशीर्वाद से सरकार है, वहां पर बेरोजगारी दर 7 फीसदी है। हिमाचल में भी यह 7 फीसदी है लेकिन हरियाणा में दर 4 फीसदी है।
हरियाणा कांग्रेस में इस्तीफे का सियासी भूचाल
17 Mar, 2026 03:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। रामकिशन विधायक शैली चौधरी के पति हैं। सोशल मीडिया पर शैली चौधरी के क्रास मतदान करने की चर्चा है। हालांकि अभी कांग्रेस की ओर क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि हाई कमान को उनके नाम बता दिए गए हैं। 2 से 3 दिन में सभी नाम सार्वजनिक हो जाएंगे।
कुलदीप वत्स बोले-मेरी आत्मा दुखी है
राम किशन गुर्जर ने कहा कि शैली चौधरी ने क्रॉस वोट नहीं किया बल्कि उनको बदनाम करने की नीयत से उनका नाम उछाला जा रहा है इस लिए विरोध स्वरूप मैं पार्टी पद से इस्तीफा देता हूं। वहीं बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि मेरा दिल, दिमाग और आत्मा दुखी है। कांग्रेस में भ्रष्ट लोगों की कदर है। कांग्रेस में रहने पर वत्स ने कहा कि वक्त बताएगा।
गलत तरीके से वोट इनवेलिड करवाए गए
हरियाणा के नेता विपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि संख्या के अनुसार राज्यसभा चुनाव में दो सीटों के लिए 1-1 सीट बीजेपी और कांग्रेस को मिलनी तय थी लेकिन बीजेपी ने अपने एक पदाधिकारी को निर्दलीय मैदान में उतार दिया। हमने जब सदन में मुद्दा उठाया तो बीजेपी ने हंगामा कर दिया। कुलदीप वत्स का नाम सोशल मीडिया पर चल रहा है कि उन्होंने क्रॉस वोट किया लेकिन मैंने खुद कुलदीप वत्स का वोट देखा था। कुलदीप वत्स ने कांग्रेस उम्मीदवार को वोट दिया था। हुड्डा ने कहा कि गलत तरीके से हमारे विधायकों के वोट इनवेलिड किए गए। ये प्रजातंत्र की हत्या है। हमें पता है कि किसने क्रॉस वोट किया है। हाई कमान को उनके बारे में सूचित कर दिया गया है, उनके खिलाफ उचित एक्शन लिया जाएगा। क्रॉस वोट करने वालों ने पार्टी के साथ नहीं जनता के साथ धोखा किया है। उनको जनता सबक सिखाएगी हुड्डा ने क्रॉस वोटिंग करने पांचों विधायकों का नाम जाहिर नहीं किया। हुड्डा ने कहा कि शिष्टाचार के चलते मैं नाम नहीं लेना चाहता लेकिन जब एक्शन होगा तब सबको पता लग जाएगा।
भाजपा की रणनीति भी इस बार नाकाम साबित हुई
17 Mar, 2026 12:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में नतीजे भले ही साफ दिखे, लेकिन अंदर की कहानी बेहद रोमांचक रही। चुनाव के दौरान खेल कुछ ऐसा रचा गया कि आखिरी पलों तक सस्पेंस बना रहा। अंत में कांग्रेस के करमवीर बौद्ध और बीजेपी के संजय भाटिया जीत गए, मगर भाजपा दूसरी सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को जीत के मुहाने पर लाकर चूक गई।
कांग्रेस को क्यों लगा झटका
राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को भी काफी बड़ा झटका लगा है। चुनाव से पहले एकजुटता का दावा करने वाली कांग्रेस के पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है, जबकि चार वोट अमान्य पाए गए। कांग्रेस ने फिलहाल क्रॉस वोटिंग करने वाले नामों का खुलासा नहीं किया है। इतना जरूर कहा है कि उन्हें पता है कि किन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है उनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। जीत के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी पर चुनाव परिणाम को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, बीजेपी ने वोट चोरी के हर हथकंडे अपनाए, लेकिन हमारे विधायक उनके झांसे में नहीं आए। यह वोट चोरी की हार है। हुड्डा ने यह भी आरोप लगाया कि रिटर्निंग अधिकारी ने पक्षपातपूर्ण तरीके से काम किया।
अब भाजपा के चार और कांग्रेस के पास एक सांसद
इस चुनाव के बाद हरियाणा से राज्यसभा की पांच सीटों में से अब चार पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस है। भाजपा के तीन सांसद संजय भाटिया, रेखा शर्मा और सुभाष बराला है, जबकि कार्तिकेय शर्मा समर्थित हैं। वहीं, अब कांग्रेस के भी हरियाणा से एक सांसद कर्मवीर बौद्ध हो गए है।
भजपा कैसे चूकी दूसरी सीट पर
1 इनेलो से तालमेल नहीं बना पाई
भाजपा इनेलो के विधायकों को अपने पक्ष में लाने में असफल रही। अगर ये 2 वोट मिल जाते तो नतीजा अलग होता।
2. अपना एक वोट बचा नहीं सकी
भाजपा का एक वोट रद्द होना सीधे तौर पर नुकसानदायक साबित हुआ। इतने करीबी मुकाबले में एक वोट भी भारी पड़ता है।
3. निर्दलीय उम्मीदवार के लिए पर्याप्त मैनेजमेंट नहीं
सतीश नांदल को जिताने के लिए जरूरी अतिरिक्त वोटों की व्यवस्था नहीं हो सकी।
4. कांग्रेस के वोट तोड़े, लेकिन पूरी तरह नहीं
हालांकि कांग्रेस के कुछ वोट टूटे, लेकिन बीजेपी उन्हें निर्णायक बढ़त में नहीं बदल पाई।
5. कानूनी रणनीति सफल नहीं हुई
भरत सिंह बेनीवाल का वोट रद्द कराने की कोशिश की गई, लेकिन यह दांव नहीं चला। अगर यह वोट रद्द हो जाता तो परिणाम बदल सकता था।
ऐसी जीती भाजपा-कांग्रेस
हरियाणा में कुल विधायक: 90
इनेलो के वोट (जो नहीं डाले गए) : 2
कुल वोट डाले गए : 88
सही (वैध) वोट: 83
गलत (रद्द) वोट: 5
4 कांग्रेस के, एक भाजपा का (मतलब 5 वोट खराब हो गए, जिनका कोई फायदा नहीं मिला।)
जीत के लिए कितना चाहिए था?
राज्यसभा चुनाव में हर वोट की कीमत 100 मानी जाती है।
83 वोट × 100 = 8300
अब इसे 3 से बांटते हैं (क्योंकि 2 सीटें हैं, तो +1 करके 3)
8300 ÷ 3 + 1 = 2767
यानी जीतने के लिए किसी को 2767 “वोट वैल्यू” चाहिए थी।
पहला उम्मीदवार: संजय भाटिया (बीजेपी)
उन्हें 39 वोट मिले
39 × 100 = 3900
ये 2767 से काफी ज्यादा है, इसलिए वो आराम से जीत गए।
उनके पास 1133 वोट ज्यादा बच गए (इसे सरप्लस कहते हैं)
अब असली मुकाबला (दूसरी सीट का खेल)
कांग्रेस उम्मीदवार: करमवीर बौद्ध
वोट मिले: 28
28 × 100 = 2800
बीजेपी समर्थित निर्दलीय: सतीश नांदल
पहले वोट: 16
16 × 100 = 1600
फिर भाटिया के बचे हुए (सरप्लस) वोट मिले: 1133
कुल: 1600 + 1133 = 2733
आखिर में कौन जीता
करमवीर बौद्ध: 2800
सतीश नांदल: 2733
ड्यूटी के दौरान लापरवाही भारी पड़ी, दो होमगार्ड जवानों की नौकरी गई
16 Mar, 2026 03:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फतेहाबाद। शहर के गुरुनानकपुरा मोहल्ले में रविवार रात को एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने होमगार्ड जवानों के सामने वारदात को अंजाम दिया। वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने होमगार्ड मुकेश और होशियार को बर्खास्त कर दिया है। दोनों जवान घटना के वक्त मूकदर्शक बने रहे और उन्होंने युवक को बचाने का प्रयास नहीं किया। ऐसे में एसपी ने दोनों होमगार्ड जवानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। बता दें कि रविवार रात को गुरुनानकपुरा निवासी संदीप उर्फ दीपा पर कुछ युवकों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने उस पर कई बार चाकू से वार किए और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया।प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आपसी रंजिश माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
खंडहर में मिला युवक का शव, हत्या की वारदात से हड़कंप
16 Mar, 2026 03:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत। में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को पहले घर से बुलाया और फिर बर्फ तोड़ने वाले सुए से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में युवक की हत्या हो गई। मृतक की पहचान विशाल उम्र 21 साल के तौर पर हुई है। युवक का शव सोमवार को 13-17 थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर एक खंडहर में मिला। विजय नगर कॉलोनी के रामबीर ने बताया कि उनका भतीजा विशाल मजदूरी करता था। रविवार सुबह 8 बजे वह घर से निकला था। शाम को एक युवक ने घर आकर बताया कि विशाल की हत्या कर दी गई है। जिसके बाद परिजनों ने तुरंत प्रभाव से इसकी सूचना पुलिस को दी। रात भर पुलिस विशाल की तलाश करती रही। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक खंडहर में विशाल का शव मिला। परिजनों ने बताया कि बर्फ तोड़ने वाले सुए से हमला कर विशाल की हत्या की गई है। युवक की गर्दन, छाती और पांव में 10 से 12 वार किए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में इनेलो का बड़ा फैसला, मतदान से दूरी
16 Mar, 2026 03:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए सुबह नौ बजे से मतदान शुरू हो गया है। सीएम नायब सिंह सैनी ने अपना वोट डाल दिया है। 11:20 बजे तक राज्यसभा चुनाव के लिए 25 वोट डाले गए हैं।मंत्री अनिल विज पैरों में फ्रेक्चर के कारण व्हीलचेयर पर वोट डालने पहुंचे। कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा और सतपाल ब्रह्मचारी के साथ विधानसभा पहुंची हैं। कांग्रेस के चार सांसद लगातार विधानसभा परिसर के बाहर डटे हुए हैं। विधायकों को साथ लेकर वोट डलवा रहे हैं।
इनेलो विधायक नहीं करेंगे मतदान
वहीं इनेलो ने राज्यसभा चुनाव में वोट न करने का निर्णय लिया है। अभय चौटाला ने बताया कि उनके दोनों विधायक वोट नहीं करेंगे।कुल तीन उम्मीदवार भाजपा से संजय भाटिया, कांग्रेस से कर्मवीर बौद्ध और भाजपा समर्थित निर्दलीय सतीश नांदल मैदान में हैं। भाटिया की जीत तय मानी जा रही है। मुख्य मुकाबला बौद्ध और नांदल में है। कांग्रेस के एकमुश्त 37 वोट बौद्ध को मिले तो उनका जीतना भी पक्का है। हालांकि क्रॉस वोटिंग होने पर उनकी राह मुश्किल हो सकती है।
कांग्रेस विधायक कसाैली से रवाना
हरियाणा कांग्रेस के 31 विधायक कसाैली से चंडीगढ़ के लिए निकल गए हैं। साथ में प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी हैं। सबसे पहले सभी विधायक नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सेक्टर 7 स्थित कोठी पर पहुंचेंगे। वहां ब्रेकफास्ट करने के बाद सभी विधायक राज्यसभा चुनाव में मतदान करने जाएंगे। मतदान केंद्र पर एआईसीसी की तरफ से नियुक्त पर्यवेक्षक भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रभारी बीके हरिप्रसाद सभी विधायकों के मत पत्र की जांच करेंगे। कांग्रेस के 37 विधायक हैं, इनमें छह विधायक अपने निजी कारणों से हिमाचल नहीं गए थे।
पक्ष-विपक्ष के लिए प्रतिष्ठा का सवाल
राज्यसभा चुनाव सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए यह प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। भाजपा के सामने चुनाव में इतिहास दोहराने का अवसर है। पार्टी पहले भी दोनों सीटों पर कब्जा बनाए हुए थी और इस बार भी राजनीतिक रणनीति के दम पर जीतने की तैयारी कर रही है। भाजपा का लक्ष्य केवल जीत हासिल करना ही नहीं है बल्कि यह दिखाना भी है कि विधानसभा चुनाव के बाद भी उसकी रणनीति न सिर्फ मजबूत बनी हुई है बल्कि विपक्ष के विधायकों पर भी उसकी पकड़ मजबूत है।दूसरी ओर कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए अपने विधायकों को हिमाचल प्रदेश में रखा हुआ था ताकि वे एक साथ मतदान के लिए पहुंचे। कांग्रेस ने ऐसी किलेबंदी तैयार की है कि कोई भी विधायक सत्ता पक्ष के संपर्क में ना आ सके। कांग्रेस हाईकमान भी चुनाव के लिए पूरी तरह से सतर्क है और नजर बनाए हुए है।
हुड्डा की प्रतिष्ठा
कर्मवीर जीतते हैं तो संदेश जाएगा कि कांग्रेस विधायकों पर हुड्डा की पकड़ मजबूत है। वे अपने नेतृत्व और संगठनात्मक प्रभाव को साबित कर सकेंगे।चुनाव हारते हैं तो विपक्ष और पार्टी के अंदर चर्चा तेज हो सकती है कि विधायकों पर हुड्डा का नियंत्रण कमजोर हुआ है।रोहतक को हुड्डा का राजनीतिक गढ़ माना जाता है। नांदल भी रोहतक से हैं और जाट बिरादरी से हैं। नांदल के चुनाव जीतने पर इसे हुड्डा के गढ़ में भाजपा की सेंध के रूप में देखा जाएगा।
सैनी की भी परीक्षा
मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी की यह पहली बड़ी राजनीतिक परीक्षा है। दोनों सीटों जीतने पर राजनीतिक पकड़ और रणनीतिक क्षमता मजबूत मानी जाएगी।जीत मिलने पर पार्टी हाईकमान के सामने उनका कद और प्रभाव बढ़ सकता है।
विधानसभा में वोटों का गणित
कुल विधायक : 90
भाजपा : 48 विधायक
कांग्रेस : 37 विधायक
इनेलो : 2 विधायक
निर्दलीय विधायक : 3
जीत का गणित
एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 31 वोट चाहिए। भाजपा अपने 48 वोट के दम पर एक सीट आसानी से जीत सकती है। कांग्रेस के पास 37 वोट हैं इसलिए वह भी एक सीट जीतने की स्थिति में है। भाजपा के बचे 17 विधायक और तीन निर्दलीय वोट भी नांदल को वोट देंगे। यदि इनेलो के दो वोट भी नांदल को जाते हैं तो उन्हें 9 वोट और चाहिए होंगे। इन नौ वोटों को लेकर पूरा चुनाव दिलचस्प बना हुआ है।
जींद सड़क हादसा: बस पलटने से 40 यात्री घायल, चालक संदीप को पीजीआई रोहतक भेजा
14 Mar, 2026 04:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जींद। नरवाना से जींद की ओर आ रही किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली एक निजी बस शुक्रवार को रास्ते में ऑटो से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 40 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया।हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बस चालक संदीप की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस नरवाना से जींद की तरफ आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक ऑटो से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। नागरिक अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
झज्जर में तेज रफ्तार का कहर, बस और स्कूटी की टक्कर से SPO की मौत
14 Mar, 2026 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झज्जर। के बेरी-दुजाना रोड पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें हरियाणा पुलिस के विशेष पुलिस अधिकारी विजयभान की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर रोडवेज बस और स्कूटी के बीच हुई। मृतक विजयभान बहादुरगढ़ डीसीपी कार्यालय में तैनात थे। वे दुजाना से अपने गांव शेरिया जा रहे थे, जब रोडवेज बस ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और विजयभान गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ दिया।पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें बस चालक की लापरवाही, ओवर स्पीडिंग या अन्य कारक शामिल हो सकते हैं। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार को बस के नीचे आने से बचना मुश्किल हो गया।
हरविंद्र कल्याण की मां मति प्रेम कौर पंचतत्व में विलीन, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
14 Mar, 2026 03:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
घरौंडा। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने आज अपनी माता मति प्रेम कौर कल्याण के अंतिम दर्शन करते हुए गहरी भावुकता व्यक्त की। अंतिम संस्कार के दौरान स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने स्वयं मां के शव को कंधा दिया और शव यात्रा में शामिल हुए। मति प्रेम कौर का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर उनके पैतृक गांव कुटेल की शिव पूरी में विधि-विधान से संपन्न हुआ। शव यात्रा में हजारों की संख्या में स्थानीय निवासी, राजनीतिक कार्यकर्ता, विधायक, पूर्व विधायक, सरकारी अधिकारी और आम जनता शामिल हुई। सभी ने मति प्रेम कौर को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।अंतिम दर्शन के दौरान हरविंद्र कल्याण कई बार भावुक हो गए। उन्होंने मां के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित करते हुए लंबे समय तक नमन किया। परिवार के सदस्यों और मौजूद लोगों ने बताया कि मति प्रेम कौर ने पूरे जीवन में सादगी, धैर्य और परिवार के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया था।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष माननीय हरविंद्र कल्याण की माता प्रेम कौर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दें। ओम शांति।”बता दें कि मति प्रेम कौर (85 वर्ष) का निधन शुक्रवार रात लगभग 12 बजे उनके निवास स्थान पर हुआ था। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके पति स्वर्गीय चौधरी देवी सिंह कल्याण हरियाणा एग्रो कॉर्पोरेशन के चेयरमैन रह चुके थे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने किया 4 लेन सीसी सड़क निर्माणकार्य का भूमि-पूजन
पुष्पा ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
अपनी ज़िम्मेदारी निभाएं और अपनी बेटियों को सर्वाईकल कैंसर के खतरे से बचाएं
खिवनी अभयारण्य बनेगा वन्यजीव संरक्षण और इको-टूरिज्म का आदर्श मॉडल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूर्ण कर रहा है मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
लोकतंत्र का महापर्व: बंगाल में 91.40% मतदान, तमिलनाडु में टूटा रिकॉर्ड
