राजस्थान
चोरों ने मौके का फायदा उठाकर घर में घुसकर चोरी की
31 Mar, 2026 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोनीपत। सांपला मार्ग पर स्थित महावीर कॉलोनी में दिन में ही घुसकर चोरों ने सात लाख 20 हजार रुपये और आठ लाख के गहने चोरी कर लिए। घर में मौजूद दो भाइयों को इसकी भनक तक नहीं लगी। पड़ोस में गई उनकी मां वापस आई तो गेट पर लगा ताला खुला मिला जिससे चोरी का पता चला। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में हितेश ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से पाई गांव से आकर खरखौदा की महावीर कॉलोनी में रह रहा है। रविवार को वह और उनके भाई हिमांशु ऊपर चौबारे में सो रहे थे। सुबह करीब दस बजे उनकी मां बेबी घर के मेन गेट पर ताला लाकर पड़ोस में किसी काम से चली गईं। उन्होंने बताया कि जब उनकी मां 11 बजे के आसपास घर लौटीं तो मेन गेट पर लगा ताला खुला हुआ मिला। मां ने घर में आकर देखा तो सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी गायब थी। कमरों के ताले टूटे हुए थे। मां ने उन्हें आवाज देकर नीचे बुलाया। मां ने मंदिर वाले कमरे में जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। वहीं, मंदिर के नीचे बने लॉकर को चेक किया तो उसमें रखे आठ लाख के सोने-चांदी के गहने और सात लाख 20 हजार रुपये गायब थे। चोरों ने करीब एक घंटे के अंदर न केवल मेन गेट का ताला खोला बल्कि मंदिर में बने लॉकर को भी खोलते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वह पहचान में न आएं इसलिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। शिकायत पर पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस फैसले को योजना में “यू-टर्न” के रूप में देखा जा रहा है
31 Mar, 2026 10:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ। हरियाणा में शिक्षा विभाग ने चिराग योजना को लेकर बड़ा बदलाव करते हुए आय सीमा फिर से घटा दी है। पहले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के दायरे को बढ़ाते हुए अभिभावकों की वार्षिक आय सीमा 1.80 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दी गई थी, लेकिन अब विभाग ने इस फैसले को वापस लेते हुए दोबारा 1.80 लाख रुपये कर दिया है। इस फैसले के साथ ही योजना का दायरा काफी सीमित हो गया है। अब केवल वही छात्र प्राइवेट मान्यता प्राप्त स्कूलों में दाखिले के पात्र होंगे, जिनके परिवार की सालाना आय 1.80 लाख रुपये या उससे कम है।
47,250 सीटों पर होंगे दाखिले, पीपीपी अनिवार्य
शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चिराग योजना के तहत 47,250 सीटें निर्धारित की हैं। इन सीटों पर दाखिले के लिए परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) अनिवार्य किया गया है, जिसमें दर्ज सत्यापित आय को ही आधार माना जाएगा। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नए नियमों के अनुसार दाखिला प्रक्रिया शुरू करें और पात्र बच्चों को ही लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। इस बदलाव के बाद अब योजना का फोकस फिर से जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों पर केंद्रित हो गया है।
अंदर खड़े ट्रक पर भी गोलियां लगने से नुकसान हुआ
31 Mar, 2026 09:03 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यमुनानगर। रादौर के जठलाना क्षेत्र में स्थित इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की ट्रेनॉक्स लैमिनेट फैक्टरी पर सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। हमलावरों ने फैक्टरी के मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए करीब आठ राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान दो गोलियां फैक्टरी परिसर के अंदर खड़े एक ट्रक के सामने भी लगीं। जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की है। उस समय फैक्टरी के गेट पर सिक्योरिटी रूम में कर्मचारी मौजूद थे। तभी दो युवक, जिन्होंने अपने चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे, अचानक वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई और फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने लगातार कई राउंड फायर किए और इसके बाद मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन जिस तरह से गोलियां फैक्टरी के अंदर तक पहुंचीं, उससे बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर सीआईए-1, सीआईए-2, थाना जठलाना पुलिस के अलावा जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल भी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से गोलियों के खाली खोल बरामद किए हैं और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फैक्टरी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश या डर फैलाने की मंशा से जुड़ा माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। घटना के बाद फैक्टरी क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कर्मचारियों में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है।
छोटी सी बात बनी जानलेवा, थार से कुचलकर युवक की हत्या
30 Mar, 2026 01:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कुरुक्षेत्र। जिला के इस्माईलाबाद में शादी समारोह में आए एक युवक की थार से टक्कर मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए जबकि शादी समारोह के चलते आयोजित लेडिज संगीत में खुशियां मातम में बदल गई। जानकारी के मुताबिक वारदात डीजे पर कहासुनी के चलते हुई थी। गांव खेड़ी शीश गराहं का रहने वाला साहिल शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया हुआ था। डीजे पर गुरु गोबिंद सिंह कॉलोनी का रहने वाला दीपांशु नाच रहा था, जिस दौरान उसकी साहिल के साथ बहस हो गई। रात करीब एक बजे साहिल अन्य लोगों के साथ चम्मू चौक पर खड़ा था। तभी काले रंग की थार आई और साहिल को टक्कर मार दी। वह गिर पड़ा तो आरोपी ने दोबारा से उस पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे साहिल लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। आरोपी थार चालक फरार हो गया। साहिल को जब अस्पताल लाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरियाणा में गबन कांड की आंच तेज, कोटक महिंद्रा बैंक की शाखाओं पर सुरक्षा बढ़ी
30 Mar, 2026 11:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत। पंचकूला नगर निगम में करीब 160 करोड़ रुपये के गबन के मामले की आंच पानीपत तक पहुंच गई है। पानीपत स्थित कोटक महिंद्रा बैंक की तीनों शाखाओं पर पुलिस तैनात कर दी गई है। बैंक के किसी भी अधिकारी, कर्मचारी व उपभोक्ता को अंदर नहीं जाने दिया गया। ऐसे में बैंक कर्मियों के साथ लोगों की सांसें फूली रही। वहीं, नगर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों की भी धड़कन तेज रही। कोटक महेंद्रा बैंक की पानीपत में जीटी रोड, सेक्टर-11 और मॉडल टाउन में तीन शाखाएं हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर सोमवार सुबह बैंक खुलने से पहले ही तीनों शाखाओं पर पुलिस पहुंच गई। संबंधित थाने से पुलिस पहुंच गई। बैंक में सुबह नौ बजे ही कर्मियों ने आना शुरू कर दिया। बैंक न खुलने की स्थिति में वे बाहर खड़े हो गए। वहीं, कुछ देर बाद उपभोक्ता पहुंचे तो वे भी बाहर खड़े हो गए। बैंक कर्मी अंदर न जाने की स्थिति में दूसरी तरफ जाकर खड़े हो गए। उपभोक्ताओं ने पुलिस से बैंक न खुलने का कारण पूछा तो किसी को कुछ नहीं बताया गया। उपभोक्ता अंकुर सैनी और संदीप ने बताया कि वे सोमवार को बैंक में आए थे। उनको बैंक बंद मिला। काफी इंतजार के बाद पुलिस से पूछा तो किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। उनको बैंक खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी कोई जानकारी नहीं दी।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने खुद को गोली मारी, रोहतक में सनसनी
30 Mar, 2026 11:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रोहतक। के कलानौर कस्बे में सोमवार सुबह डायल 112 पर तैनात ईएसआई ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिसकर्मी ने खुद को सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारी। मूलरूप से कुलदीप झज्जर के गांव डीघल कमला नगर के निवासी थे। वह डायल 112 में तैनात थे। वह रोज की तरह सोमवार को भी ड्यूटी पर निकले थे। वह खाना खाने के लिए कलानौर थाने में गए थे। यहीं उन्होंने सर्विस रिवॉल्वर से अपनी कनपटी में गोली मार ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस शव को पीजीआई ले आई। पुलिस ने फिलहाल थाने के दरवाजे बंद कर दिए हैं। मीडिया के प्रवेश पर भी रोक लगा दी है। पुलिसकर्मी ने खौफनाक कदम क्यों उठाया फिलहाल पुलिस इसकी जांच कर रही है।
किसानों को राहत: ₹16.5 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं का शुभारंभ, Shruti Choudhry रहीं मौजूद
28 Mar, 2026 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिवानी। पूर्व मुख्यमंत्री व देश के रक्षा व रेल मंत्री रहे चौ. बंसीलाल ने हरियाणा प्रदेश को एक उन्नत राज्य बनाने में अपना अभूतपूर्व योगदान दिया था। उन्होंने दक्षिण हरियाणा जैसे रेतीले क्षेत्र में लिफ्ट इरीगेशन जैसी सिंचाई व्यवस्था को खड़ा करके हरा-भरा करने का कार्य किया। वे आधुनिक हरियाणा के निर्माता थे। यह बात सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने चौ. बंसीलाल की 20वीं पुण्यतिथि पर चौ. बंसीलाल के पैतृक गांव गोलागढ़ में चौ. बंसीलाल की समाधि पर पुष्पांजलि भेंट करते हुए कही। इस मौके पर मंत्री श्रुति चौधरी ने भिवानी जिले के गांव कैरू व तोशाम कस्बे में सिंचाई विभाग तथा पंचायत विभाग से जुड़ी साढ़े 16 करोड़ की पंप हाऊस व सिंचाई संबंधी योजनाओं की उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। श्रुति चौधरी ने बताया कि 31 मार्च को मुख्यमंत्री भिवानी जिले के तोशाम में प्रदेश स्तरीय सूक्ष्म सिंचाई मेले में पहुंचेंगे। इस मेले में दक्षिण हरियाणा जैसे रेतीले इलाके को हरा-भरा करने व सिंचाई को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री विभिन्न परियोजनाओं को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि आज समय है हमारे प्राकृतिक संसाधनों से प्राप्त पानी के स्त्रोतों को संचित करने का, इस दिशा में सिंचाई विभाग कार्य कर रहा है। इस मौके पर मंत्री श्रुति चौधरी ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल व गैस के प्रबंधन को लेकर प्रधानमंत्री देशभर में व्यवस्थाओं को बेहतर कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेट्रोल की स्थिति पर हाई लेवल मॉनिटरिंग कमेटी भी बनाई है। देश में पेट्रोल की कमी व कालाबाजारी ना हो, इसके लिए सख्ती से कार्य भी किया जा रहा है।
ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड से मारपीट, बाइक जब्त कर लौटते वक्त घेरा
28 Mar, 2026 02:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रतिया (फतेहाबाद)। शुक्रवार रात्रि को फतेहाबाद रोड पर लगे नाके के दौरान इंपाउंड की बाइक को शहर थाने ले जाने के दौरान होमगार्ड जवान सोमनाथ पर हमले का मामला सामने आया है। बड़ी नहर के पास एक महिला व दो युवकों ने होमगार्ड जवान पर हमला बोल दिया। महिला ने होमगार्ड जवान की वर्दी फाड़ डाली। गनीमत रही कि जब महिला और उसके दो साथी होमगार्ड जवान पर हमला व मारपीट कर रहे थे। उसी दौरान मौके से गुजर रहे थाना प्रभारी ने झगड़ा होता देखकर पुलिस की गाड़ी रोकी और घायल जवान को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।शहर पुलिस ने होमगार्ड जवान की शिकायत पर रतिया निवासी महिला व दो अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें एक महिला सहित कुछ लोग होमगार्ड जवान के साथ मारपीट और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित जवान ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ रतिया के सरदूलगढ़ रोड पर एक चेक नाके पर चेकिंग कर रहा था। इस दौरान एक बाइक चालक को चेकिंग के लिए रोका गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान बाइक सवार के पास लाइसेंस और बाइक के दस्तावेज नहीं मिले जिस पर पुलिस ने बाइक इपाउंड कर उसे थाने में छोड़ने के लिए कहा। आरोप है कि ज़ब वह बाइक लेकर बाइक सवार युवकों के साथ थाने जा रहा था तो युवकों ने फोन कर अपने परिजनों को बुला लिया। इस दौरान फतेहाबाद रोड बड़ी नहर के पास बीच रास्ते होमगार्ड जवान से साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं एक महिला ने होमगार्ड जवान का कॉलर पकड़ा और उनके साथ अश्लील गाली-गलौज की।महिला ने होमगार्ड जवान को उसके कॉलर और बेल्ट से पकड़कर जोर से धक्का दिया। घटना के दौरान मौके से गुजर रहे शहर थाना प्रभारी ने झगड़ा होते देख गाड़ी रोकी और होमगार्ड जवान को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि होमगार्ड जवान की शिकायत पर एक महिला व दो अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुरक्षा में सेंध: रेवाड़ी जेल से भागे साइबर फ्रॉड के दो आरोपी
28 Mar, 2026 09:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रेवाड़ी। जिले की हाईटेक जेल से दो बंदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा शनिवार शाम को उस समय हुआ, जब जेल में नियमित गिनती के दौरान दो बंदी कम पाए गए। इसके बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार हुए दोनों बंदी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और ऑनलाइन ठगी के मामलों में आरोपी थे। जेल कर्मी मुस्ताक अहमद ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 मार्च को उनके पास जेल का कार्यभार था। शाम के समय जब बंदियों की गिनती की गई तो दो बंदी गायब मिले। जांच करने पर उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के रामपुरा निवासी 22 वर्षीय फैजान और इटावा निवासी 21 वर्षीय जाहिद के रूप में हुई। शिकायत के अनुसार दोनों बंदियों को दोपहर करीब डेढ़ बजे जेल परिसर में देखा गया था, लेकिन इसके बाद वे किसी को दिखाई नहीं दिए। घटना के बाद जेल प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र में दोनों की तलाश की, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सदर थाना पुलिस ने जेल कर्मी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार बंदियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गौरतलब है कि रेवाड़ी की यह जेल प्रदेश की हाईटेक जेलों में गिनी जाती है, जिसका उद्घाटन हाल ही में किया गया था। जेल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने के दावे किए गए थे, लेकिन दिनदहाड़े दो बंदियों के फरार होने की घटना ने इन दावों की पोल खोल दी है।
देश ने खोया अपना वीर सपूत, पूर्व सांसद चौधरी जंगबीर सिंह नहीं रहे
27 Mar, 2026 02:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिवानी। पूर्व सांसद चौधरी 85 वर्षीय जंगबीर सिंह का शुक्रवार को लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। जगबीर सिंह ने शुक्रवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वो बीते अक्तूबर से लगातार बीमार चल रहे थे। इस दौरान इनके बड़े बेटे कमल प्रधान व छोटे बेटे हरिकेश लगातार उनकी देखभाल में लगे थे। जंगबीर सिंह का जन्म तोशाम हलके के खरकड़ी (माखवान) गांव में एक मार्च 1941 को हुआ था। उन्होंने एमए व एलएलबी तक पढ़ाई की और फौज में भर्ती हुए। राज राइफल में रहते उन्होंने 1962 व 1965 की चीन व पाक से लड़ाई में दुश्मनों के छक्के छुड़ाए थे। इसके बाद वो राजनीति में आए और आपातकाल के दौरान 1975 से 77 तक दो साल हिसार जेल में रहे। चौधरी जंगबीर सिंह के पिता चौधरी रघुबीर सिंह भी फौज में सूबेदार थे। जिनसे मिली प्रेरणा से जंगबीर सिंह में भी देश सेवा व समाज सेवा का गजब का जज्बा रहा। साथ ही अपने पिता से प्रेरित होकर समाज सेवा में हमेशा अग्रणी रहे। जिसके चलते वो हरियाणा विकास पार्टी से साल 1991 से 96 तक भिवानी संसदीय सीट से लोकसभा सांसद भी रहे। कमल प्रधान ने बताया कि उनके पिता का अंतिम संस्कार 28 मार्च को सुबह 11 बजे तोशाम जूई रोड स्थित चौधरी रघुबीर सिंह फार्म हाउस पर पेट्रोल पंप के पास किया जाएगा।
शादी से लौट रहे दोस्तों की कार हादसे का शिकार, दो की मौत, तीन गंभीर
27 Mar, 2026 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिसार-हांसी। बाईपास पर देर रात एक तेज रफ्तार टाटा सियरा कार ट्रैक्टर-ट्रॉले में जोरदार टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में फतेहाबाद जिले के गांव मोची चौबारा के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतकों की पहचान महावीर (42) और मनोज (38) के रूप में हुई है। दोनों दोस्त भिवानी जिले के बड़सी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
हादसे का विवरण
हादसा 26 मार्च की रात करीब 2:30 बजे हांसी बाईपास पर सैनीपुरा फ्लाईओवर के पास हुआ। हिसार की ओर जा रही टाटा सियरा कार ने आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉले में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में महावीर और मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य तीन लोगों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए हिसार मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी लोग बड़सी गांव में विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे और रात में वापस मोची चौबारा लौट रहे थे।मृतकों के शवों को नागरिक अस्पताल हांसी में रखवाया गया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
23 गांवों में पानी की बड़ी सौगात, 24x7 सप्लाई; सर्वे करेगा जल-स्वच्छता संगठन
27 Mar, 2026 10:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नारनौल। प्रदेश के 23 गांवों में 24 घंटे पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों से एक-एक गांव चयनित हुआ है। इन गांवों में अब 24 घंटे पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। इसको लेकर शुक्रवार को जनस्वास्थ्य विभाग के सभी जिलों के अधिकारियों की बैठक होगी जिसमें आगामी रणनीति बनाई जाएगी। 24 घंटे पानी की आपूर्ति के लिए महेंद्रगढ़ जिले के सिगड़ी गांव का चयन हुआ है। यहां पहले से ही वाटर टैंक बना है। इसके अलावा घर-घर नल भी लगे हैं। हालांकि 11 मार्च तक प्रदेश के 6 जिलों ने गांवों की सूची नहीं भेजी थी। इसके बाद उन्हें ऐसे गांवों का चयन कर जल्द सूची उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया था। अब प्रदेश के 23 जिलों से एक-एक गांव का चयन किया जा चुका है। इन गांवों में 24 घंटे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल जीवन मिशन के तहत आवश्यक तकनीक और प्रबंधन संबंधी सुधार किए जाएंगे। प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्र में 2841428 और शहरी क्षेत्र में 995691 पेयजल उपभोक्ता हैं। इनमें महेंद्रगढ़ जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में कुल 153845 उपभोक्ता हैं।
जल और स्वच्छता सहायता संगठन गांव में करेगा सर्वे
महेंद्रगढ़ जिले के सिगड़ी गांव में अब जल एवं स्वच्छता सहायता संगठन की तरफ से घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा। अगर किसी के घर में नल पर टोटी नहीं मिली तो लगवाई जाएगी। वहीं, पानी की एक-एक बूंद बचाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।
प्रदेश में इन जिलों से एक-एक गांव का किया गया चयन
जिला गांव
अंबाला टेपला
भिवानी रूपाना
चरखी दादरी नोरंगाबास राजपूतान
फरीदाबाद बहादुरपुर
फतेहाबाद उदयपुर
गुरुग्राम खेड़ा
हांसी मोहला
हिसार फ्रांसी
झज्जर लंगरपुर/देसलपुर
जींद सुंदरपुरा
कैथल सलीमपुर महमूद
करनाल यूनिसपुर
कुरुक्षेत्र अरुनाई/रामगढ़ रोर
महेंद्रगढ़ सिगड़ी
नूंह खोरी खुर्द
पलवल रसूलपुर
पंचकूला बरवाला
पानीपत थिराना
रेवाड़ी साबन
रोहतक सिंहपुरा खुर्द
सिरसा नकोरा
सोनीपत नहरा
यमुनानगर अलाहर
अधिकारी के अनुसार
गांव सिगड़ी में हर घर में नल पर टोली लगी हुई या नहीं, इसको लेकर सर्वे करवाया जाएगा। जिला सलाहकार मंगतूराम सरसवा की अध्यक्षता में एक टीम बनाई जाएगी। लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। गांव सिगड़ी में पहले से ही वाटर टैंक बना हुआ है।
गैस संकट पर क्रिएटिव रील्स, इंटरनेट पर छाया LPG सिलिंडर
26 Mar, 2026 11:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिसार। टटीरी गाने में आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग से गुस्से से उबल रही सोशल मीडिया के लिए गैस सिलिंडरों की किल्लत ठंडी हवा का झोंका लाई है। डीडीएलजे, कभी खुशी कभी गम, गदर, बॉर्डर, जिद्दी, जुदाई, जोधा अकबर, विजयपथ, दीवार और कारवां जैसी फिल्मों के गानों-संवादों से हंसी और परेशानी बयां की जा रही हैं। सिंलिडर खत्म होने पर मातम का माहौल दर्शाकर व्यथा के दौर को कटाक्ष का तड़का लगाकर पेश किया जा रहा है। कोई प्रेस पर रोटी सेंक रहा है तो कहीं ब्रीफकेस उठाकर महिलाएं मायके की राह पकड़ रही हैं। कंधों पर सिलिंडर लेकर पहुंच रहे घर के सदस्य या डिलीवरी बॉय के स्वागत में बैंड-बाजा और ढोल बज रहे हैं। फूल बरस रहे हैं। तिलक लगाया जा रहा है। आरती की जा रही है। ऐसे माहौल में लगभग भूला दिए गए उपलों को अनमोल धरोहर के रूप में पेश किया जा रहा है। एक रील में तो उपले बेच रही महिला गैस एजेंसी संचालक को हड़काते हुए खुले पैसे लेकर आने और केवाईसी कराने के लिए कह रही है।
सुनो, सुनो, सुनो...दहेज में पांच सिलिंडर दिए जाएंगे
एक युवक रिक्शा पर सिलिंडर लादकर लाउड स्पीकर पर यह कहते हुए आगे बढ़ रहा है कि सुनो, सुनो, सुनो...जो भी मेरी बहन से शादी करेगा उसको दहेज में पांच सिलिंडर दिए जाएंगे। एक अन्य रील में दूल्हा शादी के बाद दुल्हन को साथ ले जाने से मना करता है। परिजन कहते हैं- दामाद जी, सब तो दे दिया आपको। पांच लाख रुपये, सोने की अंगूठी, सोने की चेन और स्पलेंडर। दूल्हा बना युवक तपाक से कहता है- स्पलेंडर नहीं सिलिंडर चाहिए। एक और रील में सिलिंडर पर बैठा युवक कह रहा है- भरो सिलिंडर पड़ो है आपणै घरा। रिश्ता आला की लाइन लाग री है।
इतरा रहीं समीरा...मार लिया मैदान
कॉमेडी फिल्म दे दनादन की अभिनेत्री समीरा रेड्डी भी अपनी रील से सिलिंडर किल्लत से बनी स्थिति में हास्य भाव का समावेश कर लोगों को गुदगुदा रही हैं। ताज धारण किए सिलिंडर के साथ समीरा घर में प्रवेश करती हैं। इस पर नोटों की गड्डी वारी जाती है। चाय का कप परोसा जाता है। फूलों से अभिवादन करती नजर आ रही हैं। सेल्फी ले रहीं अभिनेत्री इस कदर इतरा रही हैं जैसे सिलिंडर पाकर बड़ा मैदान पर लिया हो।
लोग दीया लेकर ढूंढ रहे गोसे...
एक महिला उपले बनाते हुए कटाक्ष कर रही है। मोदी तन्ने एक काम तो बढ़िया करो। बहुत खुश हूं। मेरो तो दिल गार्डन-गार्डन होगो। मैं तो कहूं यो सिलिंडर तू 5 हजार को कर दे। बेरो लाग ज्या। जो ये इतरावै है ना आज कल की, हम न तो कदे चूल्हो ना देखो। हम ना कदे चूल्हो चलायो ना। एक अन्य रील में महिला तंज कस रही है, 12 साल में कुरड़ी के दिन भी फिर ज्यां, या कहावत आज सच होगी। सिलिंडर खत्म होते ही लोग दीया लेकर ढूंढ रहे गोसे (उपले) ।
बादशाह का सिलिंडर हो गया गायब...
अपने विवादित बोल से चर्चा में आए रैपर बादशाह का किस्सा भी परेशानी के इस दौर में हंसी की फुहार बिखेर रहा है। एक रील में बादशाह नाम का युवक बाइक पर सिलिंडर लेकर जाता दिखाया गया है। युवक कहता है- सरपंच साहब राम राम। अभिवादन करते हुए सरपंच उक्त युवक से सिलिंडर कितने में लाने की बात पूछते हैं। जबाव मिलता है-यो पड़ग्या ब्लेक म्ह (कालाबाजारी से) 2070 का। बातचीत के दौरान सरपंच उक्त युवक पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कटाक्ष करता है। इस बीच बाइक पर रखे सिलिंडर की जगह उपलों से भरा कट्टा नजर आता है। युवक ताकता रह जाता है।
कोलकाता में रहस्यमयी मौत, हरियाणा के शख्स की मौत पर उठे सवाल
26 Mar, 2026 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रोहतक। लिव इन में रह रहे रोहतक शहर के गांधी कैंप निवासी सब्जी विक्रेता पंकज (45) व कोलकाता की ब्यूटी पार्लर संचालिका रूपा दास के शव मंगलवार को कोलकाता में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। मां विद्यावंती (70) का कहना है कि उनके बेटे पंकज की हत्या की गई है। बुधवार को पंकज के परिजन एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया से मिले और बेटे का शव कोलकाता से मंगवाने की गुहार लगाई। गांधी कैंप निवासी दीपक ने बताया कि छोटे भाई पंकज कोलकाता की ब्यूटी पार्लर संचालिका रूपा दास के साथ पिछले कुछ माह से लिव इन में रह रहे थे। दोनों की तीन साल पहले ही सोशल मीडिया के माध्यम से जान-पहचान हुई थी। 10 दिन पहले ही रूपा दास कोलकाता में परिजनों के पास गई थी।
रूपा दास के पूर्व पति पर हत्या का शक
23 मार्च को पंकज रूपा दास को घर लाने के लिए कोलकाता गए थे। 24 मार्च की दोपहर 12 बजे परिजनों को फोन पर दोनों की हत्या की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि घटना के समय रूपा दास का पूर्व पति भी वहां देखा गया है। ऐसे में हमें उस पर दोनों की हत्या करने का शक है। परिजनों के साथ एसपी से मिलने आए अनुभूतानंद महाराज ने बताया कि रूपा दास की पहले शादी हो चुकी है। वह पति को छोड़कर पंकज के साथ लिव इन में रह रही थीं। रूपा दास व पहले पति का तलाक नहीं हुआ था। इस कारण वह पंकज से शादी नहीं कर सकती थी। एसपी ने पंकज का शव सुरक्षित लाने में मदद का आश्वासन दिया है।
सरकार का बड़ा फैसला, हरियाणा में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
26 Mar, 2026 07:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 21 आईएएस और 42 एचसीएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां कर दी हैं। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं और सभी बदलाव तुरंत लागू कर दिए गए हैं। सरकार ने इस फेरबदल के जरिए कई विभागों और जिलों में कामकाज को और मजबूत करने की कोशिश की है। कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कई अधिकारियों को अहम पदों पर नई तैनाती मिली है।
इन अधिकारियों को मिली अहम जिम्मेदारी
जारी आदेशों के मुताबिक, आईएएस अधिकारी अमित कुमार अग्रवाल को उनके मौजूदा काम के साथ कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड का सदस्य सचिव बनाया गया है। गीता भारती को हिसार मंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, रवि प्रकाश गुप्ता को शहरी संपदा विभाग का सचिव और गुरुग्राम मंडल का आयुक्त बनाया गया है। नरहरि सिंह बांगड़ को कंफेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। सत्येंद्र दुहान को कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग में निदेशक और अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। सतबीर सिंह को फायर सर्विसेज का निदेशक और आयुष्मान भारत हेल्थ प्रोटेक्शन अथॉरिटी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है।
जिलों और विभागों में भी बदलाव
वंदना डिसोदिया को गृह विभाग में अतिरिक्त सचिव के साथ हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की प्रबंध निदेशक बनाया गया है। जयदीप कुमार को पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग में अतिरिक्त सचिव लगाया गया है। लक्षित सरीन को हांसी में एडीसी-कम-डीसीआरआईओ के साथ जिला नगर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने किया 4 लेन सीसी सड़क निर्माणकार्य का भूमि-पूजन
पुष्पा ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
अपनी ज़िम्मेदारी निभाएं और अपनी बेटियों को सर्वाईकल कैंसर के खतरे से बचाएं
खिवनी अभयारण्य बनेगा वन्यजीव संरक्षण और इको-टूरिज्म का आदर्श मॉडल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूर्ण कर रहा है मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
लोकतंत्र का महापर्व: बंगाल में 91.40% मतदान, तमिलनाडु में टूटा रिकॉर्ड
