राजस्थान
मामूली विवाद बना हत्या की वजह, 10 रुपये के लिए गई जान
25 Mar, 2026 10:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत। गोलगप्पा विक्रेता अश्वनी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि गोलगप्पे खाने के बाद 10 रुपये के लिए कहासुनी हुई थी। अश्वनी ने 60 रुपये मांगे थे और वह 50 रुपये दे रहे थे। जिस कारण चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। बीते शनिवार को किला थाना क्षेत्र के कुटानी रोड पर गंदा नाला पटरी पर गोलगप्पे विक्रेता अश्वनी की हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आस-पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की थी। फुटेज में पहले दो संदिग्ध नजर आए थे। आस-पास के अन्य फुटेज देखते तो तीन संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने 50 से अधिक स्थानों की फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करना शुरू कर दिया। जिसमें पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली थी। मंगलवार देर शाम को सीआईए-2 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। दोपहर बाद पुलिस पूरे प्रकरण का खुलासा कर सकती है।
वन विभाग में बड़ा खुलासा, ग्रीन सिंडिकेट पर शिकंजा
25 Mar, 2026 08:25 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा के पंचकूला से लेकर यमुनानगर स्थित कलेसर जंगल क्षेत्र तक खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला एक हाईप्रोफाइल ग्रीन सिंडिकेट के रूप में सामने आया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह कोई अलग-थलग घटना नहीं बल्कि लंबे समय से सक्रिय एक संगठित नेटवर्क है, जो सुनियोजित तरीके से वन संपदा को नुकसान पहुंचा रहा था। यमुनानगर के दारपुर क्षेत्र से हिमाचल सीमा तक फैले जंगलों में बड़े पैमाने पर पेड़ों के कटान के ठोस प्रमाण मिले हैं। पंचकूला के आसरेवाला जंगल, मोरनी-पिंजौर क्षेत्र के जंगलों के साथ दारपुर की मेन खोह, कुई वाली खोह, छोटी वाली खोह, चिकन की खोह, खिलना वाली खोह, कांसली, बागपत, खादरी, टिबरियों, आमवाली, नंगली और फलोड़ी तक कई स्थानों पर खैर के पेड़ों के कटे अवशेष, ताजा ठूंठ और अवैध रास्तों के निशान मिले हैं। इससे वन विभाग के अंदरूनी नेटवर्क पर शक गहरा रहा है।
आसरेवाला से खुला पूरा खेल
दो मार्च 2026 को पंचकूला के आसरेवाला जंगल क्षेत्र में खैर की तस्करी का मामला उजागर होने के बाद पूरे प्रदेश में हलचल मच गई। इसके बाद वन विभाग और पंचकूला पुलिस की एसआईटी ने संयुक्त अभियान शुरू किया। जांच आगे बढ़ी और तब से लेकर अब तक एक वन दरोगा समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पांच अधिकारी निलंबित, सात और रडार पर
खैर के पेड़ों की अवैध कटान में वन विभाग की भूमिका सवालों के घेरे में है। इस मामले में अब तक पांच अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। इनमें दो डीएफओ, दो इंस्पेक्टर और एक अन्य कर्मचारी शामिल है। वहीं पांच फॉरेस्टर और दो रेंजर्स की भूमिका भी सवालों के घेरे में है, जिन पर जल्द कार्रवाई हो सकती है। विभागीय स्तर पर संभावित मिलीभगत और निगरानी में कमी की जांच की जा रही है।
सवाल : आला अधिकारियों पर मेहरबानी क्यों?
इतने बड़े पैमाने पर अवैध कटाई के बावजूद वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। लंबे समय तक इस नेटवर्क की जानकारी न होना विभागीय निगरानी पर सवाल खड़ा करता है। बड़े स्तर पर कार्रवाई न होना भी जांच को और गंभीर बना रहा है।
अधिकारी के अनुसार
इस मामले की लगातार निगरानी की जा रही है। जिन अधिकारियों की लापरवाही या संलिप्तता सामने आई है, उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई है। एसआईटी भी सक्रिय है और दोषियों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा।
-राव नरबीर सिंह, वन मंत्री, हरियाणा।
अरब देशों से व्यापार ठप, बर्तन उद्योग पर संकट गहराया
25 Mar, 2026 08:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगाधरी। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध से जगाधरी की बर्तन नगरी प्रभावित हो रही है। युद्ध के कारण जहां अरब देशों का व्यापार बिल्कुल ही ठप हो गया है। वहीं, इन देशों से कच्चा माल आना भी बंद हो गया है, जिससे यहां कच्चे माल की कीमत में 20 से 25 प्रतिशत का उछाल आया है। कच्चे माल के दाम बढ़ने से घरेलू उत्पादन लागत भी बढ़ गई है। दाम बढ़ने से देश के विभिन्न राज्यों के थोक व्यापारियों ने भी ऑर्डर कम कर दिए हैं, इसकी 40 प्रतिशत कमी आई है। युद्ध से बर्तन नगरी का करीब 300 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित है। यही नहीं युद्ध के कारण अरब देशों में माल तो जा नहीं रहा है। वहीं अरब देशों में फैक्टरियों का करोड़ रुपये का भुगतान लटका है। कच्चा माल न आने से घरेलू उत्पादन भी प्रभावित हुआ है। इससे जगाधरी की बर्तन ईकाइयों का उत्पादन घटकर 55 से 60 प्रतिशत रह गया है। उद्यमियों का कहना है कि यदि हालात ऐसे ही रहे तो बर्तन नगरी पर बड़ा संकट आ जाएगा। उत्पादन लागत ज्यादा होने से घरेलू बाजार में सामान की कीमत दोगुनी हो जाएगी। जगाधरी से स्टील, एल्युमिनियम के अलावा पीतल व कांसे के बर्तन भी विदेशों में जाते हैं। यहां से ईरान, इराक, इस्राइल, सउदी अरब, दुबई, कतर, ओमान, बहरीन, कुवैत, लेबनान, जाॅर्डन सहित तमाम मिडिल ईस्ट के देशों में सामान जाता है। युद्ध से बर्तन नगरी को 300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और अभी भी हालात गंभीर बने हुए हैं। जेके मैटल के संचालक भारत गर्ग ने बताया कि जगाधरी से एल्युमिनियम और स्टील के बर्तन मिडिल ईस्ट के देशों में जाते हैं। उनके पास एल्युमिनियम के बड़े-बड़े भगौने सहित अन्य बर्तन बनते हैं, जो अरब देशों में जाते हैं। परंतु एक महीने से माल नहीं गया है और गोदाम में बंद है। इसके अलावा वहां से कच्चा माल आता है, जो बंद हो गया है। इससे यहां पर लागत करीब 20 से 25 प्रतिशत बढ़ गई है। ऐसे में घरेलू उत्पादन की लागत बढ़ गई है। इसके अलावा इंडस्ट्री को गैस नहीं मिल पा रही है। डीजल के दाम में 22 प्रतिशत वृद्धि हो गई है। वहीं, फर्निश ऑयल भी नहीं मिल रहा है।
800 से ज्यादा फैक्टरियां प्रभावित : दविंद्र गुप्ता
स्मॉल स्केल एल्युमिनियम यूटेंसिल्स एसोसिएशन के प्रधान दविंद्र गुप्ता ने बताया कि जगाधरी ऐतिहासिक बर्तन औद्योगिक नगरी है, यहां छोटी-बड़ी 800 फैक्टरियां हैं। यहां कई ऐसी इकाइयां हैं, जिनका संचालन तीसरी और चौथी पीढ़ी कर रही हैं। यहां स्टील के बर्तन बनाने की भी 450 से 500 छोटी-बड़ी इकाइयां हैं। एल्युमिनियम की 125 से ज्यादा फैक्टरियां चल रही हैं। पीतल और तांबे की करीब 100 फैक्टरियां हैं। यहां से करीब 250 से ज्यादा इकाइयां बर्तनों का निर्यात करती हैं। इनमें 100 इकाइयां अरब देशों में काम कर रही हैं। अरब देशों में गोल्ड व सिल्वर प्लेटिंग वाली तश्तरी, बाउल, आयतें और सजावट जाता है। इसके अलावा कटलरी और रेस्टोरेंट में प्रयोग होने वाले सामान भी जगाधरी से जाता है।
अब डबल गैस नहीं चलेगी: PNG यूजर्स को छोड़ना होगा LPG सिलेंडर
24 Mar, 2026 04:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करनाल। हरियाणा में अब रसोई गैस की व्यवस्था पूरी तरह बदलने जा रही है। सरकार ने साफ कर दिया है कि जिन घरों तक पाइप नेचुरल गैस यानी पीएनजी पहुंच चुकी है, वहां अब एलपीजी सिलिंडर नहीं चलेगा। यानी एक ही घर में दो तरह की गैस रखने का दौर अब खत्म होगा। सोमवार को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक के बाद ये सख्त फैसले लिए गए हैं। इसमें राज्य में एलपीजी और पीएनजी की स्थिति की समीक्षा करते हुए यह तय किया गया कि जहां पीएनजी उपलब्ध है, वहां के उपभोक्ताओं को उसी पर शिफ्ट करना होगा। भले ही वे पीएनजी को न चाहते हों लेकिन फिर भी उन्हें पीएनजी ही लेनी होगी। बैठक में निर्णय लिया गया है कि पीएनजी कनेक्शन होने के बावजूद एलपीजी कनेक्शन रखना अब गैरकानूनी माना जाएगा। ऐसे सभी उपभोक्ताओं को तुरंत अपना सिलिंडर कनेक्शन सरेंडर करना होगा। आदेश में यह भी स्पष्ट है कि इसके बाद कोई भी उपभोक्ता सरकारी तेल कंपनियों से गैस सिलिंडर की रिफिल यानी भरवा नहीं ले सकेगा। सबसे सख्त प्रावधान ये है कि अगर किसी इलाके में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है और उपभोक्ता इसे लेने से इनकार करता है, तो उसका एलपीजी कनेक्शन ही सस्पेंड कर दिया जाएगा। यानी अब विकल्प की गुंजाइश लगभग खत्म कर दी गई है। जिन घरों में पीएनजी मीटर पहले ही लगाए जा चुके हैं, वहां तुरंत प्रभाव से एलपीजी सप्लाई बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि एक ही घर में दोहरी गैस व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो जाए।
अफसरों को सख्ती से आदेश करवाने होंगे लागू
राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों और सिटी गैस कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि इस फैसले को जमीनी स्तर पर सख्ती से लागू कराया जाए। साथ ही पीएनजी पाइपलाइन बिछाने में आ रही अड़चनों जैसे रोड कटिंग और राइट ऑफ वे को भी तुरंत दूर करने को कहा गया है। ताकि गैस कंपनी शहर की सड़कों पर अपनी पाइपलाइन बिछा सकें और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पीएनजी के कनेक्शन पहुंच सकें। सरकार का दावा है कि पीएनजी ज्यादा सुरक्षित, सस्ती और सुविधाजनक है। इससे सिलिंडर ढुलाई, गैस खत्म होने और ब्लैक मार्केटिंग जैसी समस्याएं खत्म होंगी।
अधिकारी के अनुसार
सरकार की ओर से ये आदेश मिले हैं। इनको धरातल पर सख्ती से लागू कराया जाएगा। जहां पीएनजी की पाइपलाइन हैं वहां के उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन ही लेना होगा। जिनके कनेक्शन चल रहे हैं उन्हें अपना एलपीजी सिलिंडर सरेंडर करना होगा। पाइपलाइन बिछाने के लिए सरकार की ओर से नगर निगम और एचएसवीपी को भी निर्देश जारी किए हैं।
बरवाला-टोहाना रोड पर भीषण दुर्घटना: एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
24 Mar, 2026 08:54 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरवाला- टाेहाना। मार्ग पर सोमवार शाम गांव गैबीपुर के एक बाइक सामने से आई पिकअप गाड़ी से टकरा गई। इससे बाइक चालक और उसकी तीन बेटियाें की मौके पर ही माैत हाे गई। पत्नी को गंभीर हालत में अग्राेहा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल करवाया है। देर रात तक इस संबंध में पुलिस को शिकायत नहीं दी गई थी। गांव मोहब्बतपुर के सरपंच सुभाष मंडा ने बताया कि गांव निवासी मुकेश (30) फर्नीचर का काम करता था। वह पिछले कुछ समय से अपने बच्चों के साथ बरवाला में रह रहा था। सोमवार को पत्नी आरती और तीन बेटियाें 6 साल की दिव्या, 4 साल की निशु और डेढ़ साल की दीक्षा के साथ बाइक पर गांव प्रभुवाला की ओर से बरवाला आ रहा था। गैबीपुर के पास उसकी बाइक सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई। इससे पांचों को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को बरवाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकाें ने मुकेश, दिव्या व निशु काे मृत घाेषित कर दिया। आरती और दीक्षा को अग्राेहा रेफर कर दिया जहां उपचार के दौरान दीक्षा ने भी दम तोड़ दिया। बरवाला थाने के जांच अधिकारी एसआई अशोक ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शवों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भिजवाया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक भाग गया। फिलहाल शिकायत नहीं मिली है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे कार्रवाई की जाएगी।
राहत की खबर: कमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति बहाल, 5 किलो सिलिंडर भी उपलब्ध
24 Mar, 2026 08:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद हरियाणा में मंगलवार से वाणिज्यिक गैस सिलिंडरों की सप्लाई बहाल कर दी गई है। प्रदेश में रोजाना 848 सिलिंडरों की खपत के मुकाबले तेल कंपनियों के पास करीब 25 दिनों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। इसके साथ ही प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो के छोटे गैस सिलिंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में फिलहाल 1,79,566 वाणिज्यिक सिलिंडर उपलब्ध हैं, जबकि घरेलू श्रेणी में 9,82,212 सिलिंडरों का स्टॉक मौजूद है जो करीब 6.3 दिन की मांग के बराबर है। इसी व्यवस्था को मंगलवार से पड़ोसी राज्य पंजाब में भी लागू किया जाएगा। इससे पहले प्रदेश में वाणिज्यिक सिलिंडरों की सप्लाई केवल 30 प्रतिशत तक सीमित थी, जिसके तहत स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों को प्राथमिकता दी जा रही थी। अब 20 प्रतिशत अतिरिक्त आपूर्ति बहाल होने के बाद रेस्टोरेंट, ढाबे, होटल, औद्योगिक कैंटीन, फूड प्रोसेसिंग इकाइयों, डेयरी, सरकारी सब्सिडी कैंटीन और कम्युनिटी किचन को प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत सभी वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को तेल विपणन कंपनियों में पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। कंपनियां उपभोक्ताओं की खपत और उपयोग का रिकॉर्ड रखेंगी। साथ ही उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करना और उसे अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाना होगा। पीएनजी अपनाने की प्रक्रिया शुरू करने वाले उपभोक्ताओं को ही अतिरिक्त एलपीजी आवंटन का लाभ दिया जाएगा। हरियाणा के खाद्य आपूर्ति विभाग के एसीएस जे. गनेशन की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें सप्लाई व्यवस्था और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
हरियाणा के बहादुरगढ़ में तेज रफ्तार कैंटर का कहर, 7 लोग चपेट में; 3 की गई जान
23 Mar, 2026 03:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बहादुरगढ़। में सोमवार को एक लापरवाह कैंटर चालक ने शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर हादसे कर दहशत फैला दी। इन भीषण दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से महिला को रोहतक के पीजीआईएमएस में रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला हादसा दिल्ली-रोहतक रोड पर आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र स्थित मामा चौक पर दोपहर के समय करीब साढ़े 12 बजे हुआ। यहां तेज रफ्तार कैंटर ने सड़क पार कर रहे दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अशोक (32) निवासी आलियासपुर, जिला छपरा (बिहार) और शंभू (22) निवासी मांझी, जिला छपरा के रूप में हुई है। दोनों बहादुरगढ़ में रहकर नौकरी करते थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद भी कैंटर चालक नहीं रुका और बहादुरगढ़ बाईपास की ओर भाग गया। वहां उसने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार योगेंद्र (30) निवासी कानोंदा की मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रवीण घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान कैंटर ने एक ऑटो को भी टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोग सवार थे। हादसे में ऑटो में सवार प्रेम (महिला) निवासी लाइनपार, उनके पति कृष्ण और ऑटो चालक जयवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से महिला को रोहतक पीजीआईएमएस रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कैंटर चालक की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Pitbull के हमले से घायल हुआ बच्चा, रोहतक में मालिक और बेटी पर FIR
23 Mar, 2026 02:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रोहतक। के लाढ़ौत रोड पर रविवार सुबह कोऑपरेटिव बैंक के ब्रांच मैनेजर बसंत विहार निवासी सुनील नेहरा के 12 वर्षीय बेटे दीपांशु पर पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया। घायल को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया है। उसके पेट पर तीन सेंटीमीटर तक गहरे घाव आए हैं। पुरानी सब्जी मंडी थाने में मां-बेटी के खिलाफ लापरवाही बतरने की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक वसंत विहार निवासी सुनील नेहरा ने बताया कि रविवार सुबह करीब नौ बजे उसका बेटा दीपांशु व पूर्व अपने मामा भैयापुर निवासी संदीप से लस्सी लेने लाढ़ोत रोड पर आए थे। दोनों सड़क किनारे खड़े होकर मामा का इंतजार कर रहे थे। अचानक एक मकान से दो पिटबुल कुत्ते निकल कर आए। एक कुत्ते ने उसके छोटे बेटे 10 वर्षीय पूर्व पर हमला कर दिया। दीपांशु ने छोटे भाई का बचाव किया तो कुत्ते ने उसके ऊपर भी हमला कर दिया। दीपांशु को जमीन पर गिराकर पेट पर दांत गड़ा दिए। शोर सुनकर पड़ोस का युवक विक्रम आ गया। विक्रम ने डंडे से कुत्ते पर हमला कर दीपांशु को छुड़वाया। सूचना पाकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक मामा भी लस्सी लेकर आ गया। उन्होंने ही दीपांशु को अस्पताल में दाखिल कराया।
पेट पर 20 घाव, दो जख्म तीन सेंटीमीटर तक गहरे
दीपांशु के पिता सुनील नेहरा ने बताया कि वे सुबह अपनी पत्नी के साथ जींद जा रहे थे। अचानक पड़ोस से फोन आया कि उसके बेटे को कुत्ते ने काट लिया। वह रोहतक वापस आया और बेटे दीपांशु के पास पीजीआई के ट्रामा सेंटर पहुंचा। बेटे के पेट पर 20 के करीब जख्म हैं। इसमें दो जख्म तो तीन सेंटीमीटर तक गहरे हैं। डॉक्टर ने अपनी एमएलआर रिपोर्ट में बताया कि पेट के दाहिने तरफ नाभि से लगभग 5 सेमी की दूरी पर कई छोटे खरोंच व काटने के निशान हैं। इनसे सक्रिय रक्तस्राव हो रहा है। चिकित्सक और सर्जन की राय लेने की सलाह दी गई है।
बच्चे को संभालने की जगह दरवाजा कर लिया बंद
शिकायतकर्ता ने बताया कि जिस मकान से पिटबुल कुत्ते निकल कर आए थे। वहां से एक महिला व उसकी बेटी निकल कर आई। बेटी घायल दीपांशु को संभालने के बजाय कुत्ते को अंदर घर में ले गई और दरवाजा बंद कर लिया। घायल दीपांशु के पिता सुनील नेहरा के बयान पर महिला शर्मिला व उसकी बेटी मुस्कान के खिलाफ बीएनएस की धारा 291,125(A) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छह माह की कैद तक की हो सकती है कैद
वरिष्ठ वकील दीपक भारद्वाज ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 291 'पशु के प्रति लापरवाहीपूर्ण आचरण' से संबंधित है। इसके तहत यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर या लापरवाही से अपने पालतू जानवर (जैसे कुत्ता) को असुरक्षित छोड़ता है। इससे मानव जीवन या सुरक्षा को खतरा हो तो 6 महीने तक की जेल या 5,000 रुपये तक जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।
2018 में औमेक्स सिटी में हो चुका है छह साल की बच्ची पर हमला
विदेशी नस्ल के कुत्ते का लाढ़ौत पर रोड पर पहला हमला नहीं है। 2018 में बुल टेरिअर कुत्ते ने छह साल की बच्ची को औमेक्स सिटी पर हमला कर दिया था। दो मिनट में बच्ची को 60 जगह से काटा गया था। इसके बावजूद शासन व प्रशासन सख्त कदम नहीं उठा रहा है। नियमों के तहत पालतू कुत्तों का नगर निगम में पंजीकरण कराना होता है। नगर नगर में यह जिम्मेदारी सफाई ब्रांच के पास है। निगम में अगर कोई लिखित में पंजीकरण के लिए आवेदन करता है तो उसका पंजीकरण कर लिया जाता है। अगर कोई पंजीकरण नहीं करवाता तो ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है।
खतरनाक किस्म के होते हैं पिटबुल
पशु चिकित्सक डॉ. ओम आहूजा ने बताया कि पिटबुल खतरनाक प्रजाति का कुत्ता है। यह अपने मालिक पर भी हमला कर सकता है। एक बार पकड़ने बाद आसानी से नहीं छोड़ता। इस नस्ल के कुत्तों को पालने से बचना चाहिए।
सोशल मीडिया से ‘टटीरी’ के सैकड़ों वीडियो हटाए गए, पुलिस ने दिखाई सख्ती
23 Mar, 2026 09:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। सिंगर बादशाह के आपत्तिजनक गीत ‘टटीरी’ के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक इस गीत से जुड़े 857 लिंक हटवा दिए हैं। इनमें 154 वीडियो और 703 छोटे वीडियो शामिल हैं। यह कार्रवाई अलग-अलग सामाजिक मंचों के साथ मिलकर कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। पुलिस ने संबंधित मंचों को नोटिस भेजकर गीत के सभी रूप हटाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस गीत में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इसी कारण इसे हटाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
गरिमा के खिलाफ सामग्री बर्दाश्त नहीं: डीजीपी
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा के खिलाफ किसी भी तरह की सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल मंचों पर निगरानी और भी मजबूत कर दी गई है, ताकि कानून का पालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के नेतृत्व में सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल माहौल बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार काम कर रहे हैं।
रील बनाने वालों पर भी कार्रवाई होगी
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शिबास कविराज ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति इस प्रतिबंधित गीत पर वीडियो बनाता या साझा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में संबंधित खाते बंद किए जा सकते हैं और बार-बार नियम तोड़ने वालों पर मामला दर्ज किया जाएगा।
मामले की जांच जारी
यह मामला पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर थाने में दर्ज है। पुलिस टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और गीत के प्रसार में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस ने साफ किया है कि महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े आपत्तिजनक या समाज विरोधी कंटेंट के खिलाफ जीरो सहनशीलता की नीति अपनाई गई है। लोगों से अपील की गई है कि ऐसे कंटेंट को साझा न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
डीजीपी अजय सिंघल ने ‘अभेद्य’ ऐप किया लॉन्च, सुरक्षा बढ़ेगी।
21 Mar, 2026 02:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस द्वारा जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) कॉल्स पर रोक लगाने के लिए विकसित अभेद्य ऐप का आज औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस नई पहल के जरिए आम नागरिकों को संदिग्ध कॉल्स की शिकायत दर्ज कराने और समय रहते पुलिस सहायता प्राप्त करने में बड़ी मदद मिलेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभेद्य ऐप आधुनिक तकनीक पर आधारित है, जो एक्सटॉर्शन कॉल्स की पहचान, रिकॉर्डिंग और ट्रैकिंग में सहायक होगा। इससे पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में आसानी होगी और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। हरियाणा पुलिस का मानना है कि इस डिजिटल पहल से नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और साइबर व फोन आधारित अपराधों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
डीजीपी की पत्नी को भी आई ‘डिजिटल अरेस्ट’ कॉल
हरियाणा में साइबर अपराध के बढ़ते खतरे के बीच बड़ा खुलासा हुआ है। डीजीपी अजय सिंघल ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट गिरोह अब आम जनता ही नहीं, बल्कि पुलिस अधिकारियों के परिवारों को भी निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी को भी ऐसी फर्जी कॉल आई, जिससे इस खतरे की गंभीरता साफ हो जाती है। डीजीपी ने बताया कि विदेश से आने वाली संदिग्ध कॉल्स की डिटेल मांगने पर कई बार टेलीकॉम कंपनियां नियमों का हवाला देकर जानकारी देने से मना कर देती हैं, जिससे जांच में दिक्कत आती है। इसके बावजूद हरियाणा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक 17 अपराधियों को डिपोर्ट कराया गया, 800 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया और 10 संदिग्धों को डिटेन किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में 178 फिरौती कॉल्स दर्ज हुई थीं, जबकि 2025 में यह घटकर 108 रह गई हैं, जो पुलिस की सख्ती का परिणाम है। झज्जर में 9 साल के बच्चे के अपहरण मामले में 24 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल छुड़ाकर 90 लाख रुपये भी बरामद किए गए। डीजीपी ने कहा कि डिजिटल अरेस्ट और एक्सटॉर्शन पर लगाम लगाने के लिए ‘अभेद्य ऐप’ तैयार किया गया है। यह ऐप विदेशी नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल और मैसेज को ब्लॉक करता है। उन्होंने लोगों, खासकर व्यापारियों से इसे डाउनलोड करने की अपील की है। साथ ही बैंकों के साथ मिलकर दो ओटीपी जैसी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू करने पर भी काम जारी है।
10-15 गाड़ियों की भिड़ंत, हादसे में सात लोग घायल।
21 Mar, 2026 11:08 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत (हरियाणा)। पानीपत में शनिवार सुबह अचानक आई धुंध में पानीपत में सिवाह स्टैंड के पास जीटी रोड हाईवे पर वाहनों की टक्कर हो गई। एक साथ 10-15 वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए। जिससे जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया। हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों का हाईवे से हटाया। हादसे में तीन बच्चों समेत 7 लोग घायल भी हुए हैं। जिन्हें जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा सुबह करीब आठ बजे जीटी रोड हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि धुंध के कारण दिल्ली की ओर से आ रही एक कार की सामने चल रही कार से टक्कर हो गई। इसके बाद पीछे से वाहन आते रहे और एक दूसरे से टकराते रहे। इस टक्कर में करीब 15 वाहन क्षतिग्रस्त हुए। जिनमें 10 वाहनों ज्यादा क्षतिग्रस्त हुए। हादसे पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद क्रेन की मदद से सभी वाहनों को एक साइड किया। बाद में हाईवे से हटाकर रास्ता साफ कराया। इस दौरान हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा।
मार्च में दिसंबर जैसा एहसास, ठंड ने बढ़ाई कंपकंपी
21 Mar, 2026 10:04 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा। के विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों से जारी मौसम के बदलाव ने शनिवार की सुबह दिसंबर की सर्दी जैसा माहौल बना दिया। कई इलाकों में घना कोहरा और धुंध छा गई, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और लोगों को ठंड का अहसास हुआ। हाल ही में हुई बारिश के बाद अब कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, जबकि किसानों के लिए यह बदलाव फायदेमंद साबित हो रहा है। कुरुक्षेत्र में अल सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता मात्र 25 मीटर तक सीमित रही। बादल छाए होने से अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में हल्की धूप निकलने की संभावना है, लेकिन मौसम ठंडक भरा बना रहेगा। पानीपत में तीन दिनों की बारिश के बाद शनिवार को सुबह से तेज धुंध और कोहरा देखा गया। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री तक गिर गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. आशीष कुमार के अनुसार, अगले दो दिन बादल छाए रहेंगे और सोमवार को फिर बारिश हो सकती है। बहादुरगढ़ में गुरुवार-शुक्रवार को हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह घना कोहरा छा गया। दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी रफ्तार से चलना पड़ा। काम पर जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कत हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की उम्मीद है। फतेहाबाद जिले में वीरवार की हल्की बारिश के बाद पूरा इलाका गहरी धुंध की चपेट में रहा। दृश्यता कम होने से नेशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ी और चालकों को लाइटें जलानी पड़ीं। अधिकतम तापमान 27 डिग्री जबकि न्यूनतम 15 डिग्री दर्ज हुआ। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह धुंध और तापमान में गिरावट गेहूं की फसल के लिए वरदान साबित हो रही है। ओस की बूंदें फसल को प्राकृतिक नमी दे रही हैं, जिससे दानों की चमक और गुणवत्ता बढ़ेगी। पैदावार में इजाफे की उम्मीद जताई जा रही है। कृषि विभाग ने किसानों को मौसम का फायदा उठाने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। झज्जर में भी शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जहां साढ़े 8 बजे तक दृश्यता 30 मीटर तक रही। लोगों को एक बार फिर सर्दी का अहसास हुआ और कई लोग गर्म कपड़े पहनकर नजर आए। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कोहरा कुछ कम हुआ। बादली क्षेत्र में दो दिनों की रुक-रुक कर बारिश से खेती-बाड़ी को नुकसान पहुंचा है। किसानों के अनुसार सरसों की खड़ी फसल खराब हो गई है और गेहूं के उत्पादन पर भी बुरा असर पड़ा है। क्षेत्र में 15 से 18 एमएम तक बारिश दर्ज की गई। हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में बादल, हल्की बारिश और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। लोगों को सड़कों पर सतर्क रहने और वाहन धीमी गति से चलाने की सलाह दी जा रही है।
एक्सप्रेसवे हादसे में केबिन चकनाचूर, ड्राइवर-कंडक्टर की मौत
20 Mar, 2026 01:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बहादुरगढ़। के दिल्ली–कटरा एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक ड्राइवर और उसके साथी कंडक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रात करीब 1 बजे निलोठी गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्राले ने आगे चल रहे दूसरे ट्राले में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्राले का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के समय ट्राले में सवार ड्राइवर और कंडक्टर केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त केबिन के कारण शवों को बाहर निकालना काफी मुश्किल रहा। हाइड्रा मशीन और गैस कटर की मदद से केबिन को काटकर दोनों शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। मृतक ड्राइवर की पहचान पंजाब के भटिंडा निवासी 26 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है, जबकि कंडक्टर की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।
मौसम विभाग की चेतावनी: गेहूं-सरसों को नुकसान की आशंका
20 Mar, 2026 09:43 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा। के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से जारी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश, बूंदाबांदी और तेज हवाओं का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह से नारनौल में लगातार हल्की बारिश हो रही है, जबकि झज्जर में रात से रुक-रुककर बरसात जारी है। हिसार सहित प्रदेश के 14 जिलों में पिछले 24 घंटों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें पलवल और गुरुग्राम में सबसे अधिक वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तरी हरियाणा में 21 मार्च तक हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। शुक्रवार-शनिवार को प्रदेश भर में, खासकर जीटी बेल्ट के जिलों जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला में बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। इससे दिन के तापमान में 8-10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, जबकि रात का तापमान हल्का बढ़ा है। हिसार में अधिकतम तापमान सामान्य से 8.3 डिग्री नीचे 23.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। झज्जर में सुबह उठते ही लोगों को बारिश का नजारा दिखा, जिससे वातावरण में ठंडक छा गई। कुछ दिन पहले गर्मी से परेशान लोग अब एसी और पंखे बंद कर रहे हैं। अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री दर्ज किया गया। इस मौसम बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है। गेहूं और सरसों की फसलें पककर खड़ी हैं, लेकिन बारिश, तेज हवाओं और संभावित ओलावृष्टि से फसलें जमीन पर बिछने, गुणवत्ता खराब होने और उत्पादन में कमी का खतरा मंडरा रहा है। कई इलाकों में तेज हवाओं से गेहूं की फसलें लेट गई हैं। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर ने किसानों को सलाह दी है कि अगले दो दिनों में सिंचाई रोक दें और सब्जियों पर कोई स्प्रे न करें।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और हवाओं की दिशा में परिवर्तन के कारण हुआ है। पहले मार्च के शुरुआती दिनों में तापमान सामान्य से 8 डिग्री अधिक था, लेकिन अब पूरे प्रदेश में तापमान सामान्य से नीचे आ गया है।प्रशासन और कृषि विभाग किसानों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं, ताकि फसलों को न्यूनतम नुकसान हो।
रतिया MLA को नोटिस, जरनैल सिंह ने दी सफाई
20 Mar, 2026 09:37 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंबाला (हरियाणा)। कांग्रेस में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग का मामला गरमाता जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति ने क्रॉस वोटिंग मामले में रतिया के विधायक जरनैल सिंह को कारण बताओं नोटिस जारी किया है। नोटिस में उन पर एंटी पार्टी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया। इसके साथ ही आरोपी पर रतिया विधायक को 7 दिनों के भीतर जवाब देना। अभी तक क्रॉस वोटिंग के मामले में चार विधायकों का नाम सामने आया था। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस अन्य विधायकों के नाम भी खोलेगी। रतिया विधायक का नाम सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस की राजनीति एक बार फिर से गर्म आ गई है। अब देखना होगा कि उनकी तरफ से क्या जवाब आता है। इसके साथ-साथ ऐसा ही कारण बताओं नोटिस नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी को भी दिया गया है उनका जवाब भी अभी लंबित है।
जरनेल सिंह ने तोड़ी चुप्पी, कहा- मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं
रतिया से विधायक जरनेल सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने अपने ऊपर लग रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए खुद को पार्टी के प्रति वफादार बताया है। विधायक जरनेल सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्हें अभी तक पार्टी की ओर से कोई कारण बताओ नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कोई नोटिस मिलता है, तो वे उसका उचित जवाब पार्टी आलाकमान को देंगे। जरनेल सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने खुद को पार्टी का सच्चा सिपाही बताते हुए कहा कि उनकी निष्ठा पर सवाल उठाना गलत है क्रॉस वोटिंग के दावों पर विराम लगाते हुए विधायक ने दावा किया कि उन्होंने कोई क्रॉस वोटिंग नहीं की है। उन्होंने कहा, मैंने अपना वोट भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दिखाकर डाला था जरनेल सिंह ने अन्य विधायकों का बचाव करते हुए यह भी कहा कि उनकी जानकारी में किसी ने भी क्रॉस वोट नहीं किया है और पूरी पार्टी एकजुट है मुझे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, जबकि मैंने पूरी पारदर्शिता के साथ पार्टी के पक्ष में मतदान किया है। हालांकि इस दौरान विधायक जरनैल सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उनके द्वारा कई बार तारीफ करने के सवाल उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अच्छे व्यक्ति के मालिक है और हमेशा विपक्ष के विधायक को भी पूरा मान सम्मान देते हैं क्षेत्र के काम के लिए वह कई बार मुख्यमंत्री से मिले हैं और उनसे काम भी करवाए हैं विधायक का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पार्टी के भीतर क्रॉस वोटिंग की चर्चाएं तेज हैं। अब देखना यह होगा कि इस स्पष्टीकरण के बाद पार्टी आलाकमान का अगला कदम क्या होता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने किया 4 लेन सीसी सड़क निर्माणकार्य का भूमि-पूजन
पुष्पा ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
अपनी ज़िम्मेदारी निभाएं और अपनी बेटियों को सर्वाईकल कैंसर के खतरे से बचाएं
खिवनी अभयारण्य बनेगा वन्यजीव संरक्षण और इको-टूरिज्म का आदर्श मॉडल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूर्ण कर रहा है मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
लोकतंत्र का महापर्व: बंगाल में 91.40% मतदान, तमिलनाडु में टूटा रिकॉर्ड
