राजनीति
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने संसद में किया हादसे का जिक्र
4 Feb, 2025 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने लोकसभा में महाकुंभ में भगदड़ की घटना का उल्लेख किया और कहा कि हादसे में षड्यंत्र की बू आ रही है। जांच पूरी होने के बाद इसके लिए जिम्मेदार लोगों को शर्म से सिर झुकाना पड़ेगा। संसद में सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए सांसद रविशंकर ने कहा कि महाकुंभ में हुई भगदड़ की जांच चल रही है। सच जल्द सामने आ जाएगा। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पर सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस को घेरा और कहा कि संविधान बचाने का दावा करने वालों को सर्वोच्च संवैधानिक पद का सम्मान करना सीखना चाहिए। साथ ही कहा कि सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान करना कांग्रेस की परंपरा रही है और उसके राजनीतिक डीएनए में है।
बता दें सोनिया गांधी ने तीन दिन पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद प्रतिक्रिया देते हुए मुर्मु को बेचारी कहा था। सांसद रविशंकर ने कहा कि द्रौपदी मुर्मु साधारण परिवार से हैं और शालीनता के साथ राष्ट्रपति के पद को ऊंचाई दे रही हैं। उन्होंने कांग्रेस को राजेंद्र प्रसाद, फखरूद्दीन अली अहमद और ज्ञानी जैल सिंह जैसे पूर्व राष्ट्रपतियों से किए गए व्यवहार की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस की यही परंपरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय भारत पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों की सूची में था, लेकिन पीएम मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई और पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई। उन्होंने विपक्षी दलों पर सनातन के अपमान का आरोप लगाया।
वोटिंग से पहले आज की रात से लेकर मतदान होने तक झुग्गियों में गड़बड़ी करने वालों पर आम आदमी पार्टी की नजर
4 Feb, 2025 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार यानी 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर मतदान होना है। वोटिंग से पहले आज की रात से लेकर मतदान होने तक झुग्गियों में गड़बड़ी करने वालों पर आम आदमी पार्टी (आप) की नजर रहेगी। आप ने झुग्गी बस्तियां में नजर रखने के लिए कई टीमें लगाईं हैं। इन बस्तियों में रहने वाले अपने समर्थकों को भी जिम्मेदारी दी गई है । पार्टी के कार्यकर्ता भी झुग्गियों के मतदाताओं के संपर्क में रहेंगे। आम आदमी पार्टी का मुख्य मकसद विपक्षी दलों द्वारा झुग्गियों में रहने वाले मतदाताओं को प्रभावित करने से रोकना है। यहां बता दें कि झुग्गी बस्तियों का मतदाता पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी को मतदान करता रहा है। यह मतदाता कभी कांग्रेस के लिए मतदान जरूर करता था, मगर जब से आम आदमी पार्टी ने फ्री की रेवड़ियां बांटनी शुरू की हैं तब से मतदाताओं ने आप की ओर रुख कर लिया। मगर इस बार के विधानसभा चुनाव में आप इस बात को लेकर आशंकित है कि झुग्गी बस्तियों के मतदाता को विपक्षी दल अपनी ओर मोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसे देखते हुए आप खासकर भाजपा को लेकर यह बात लगातार कहती रही है कि अगर भाजपा सत्ता में आ गई तो दिल्ली से झुग्गियां हटा दी जाएंगी, झुग्गी बस्तियों के लोगों को भी यह बात आप समझने की कोशिश कर रही है। यहां तक कि भाजपा के झुग्गी प्रवास अभियान को भी छलावा बताती है। मगर अब जब मतदान की तारीख अगले दिन है इसे देखते हुए आप पूरी जी-जान से लगी है कि झुग्गी बस्तियों के मतदाता को विपक्षी दल किसी तरह का प्रलोभन ना दे पाएं और उन्हें प्रभावित न कर पाएं। इसे देखते हुए आम आदमी पार्टी ने झुग्गियों में रहने वाले अपने समर्थकों को सतर्क किया है। वहीं, झुग्गियों में रहने वाले अपने समर्थकों को बाकायदा दिल्ली भर में टीमें लगा दी हैं, उन्हें किसी भी घटना के वीडियो बना लेने के निर्देश हैं। जिनकी ड्यूटी इस बात का पता करने पर रहेगी कि कौन से प्रत्याशी का कोई व्यक्ति झुग्गी में आता है और किस बात को लेकर लोगों से बात करता है। आप यहां तक कहती आ रही है कि भाजपा वाले वोट खरीदने के लिए पैसे देकर झुग्गी बालों से पहले ही उंगली पर स्याही तक लगवा सकते हैं।
महाकुंभ की व्यवस्थाओं पर स्पष्टीकरण देने बुलाई जाए सर्वदलीय बैठक
4 Feb, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को लोकसभा में महाकुंभ में हुई भगदड़ और उसमें मारे गए लोगों के आंकड़े जारी करने को लेकर बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एक टीवी चैनल से पता चला है कि महाकुंभ में 100 करोड़ लोगों के आने का इंतजाम था। अखिलेश ने पूछा तो यह हादसा कैसे हो गया? उन्होंने स्पीकर ओम बिरला से कहा कि अगर यह बात गलत है तो मैं आपको इस्तीफा देना चाहता हूं।
अखिलेश ने कहा कि सरकार लगातार बजट के आंकड़े दे रही है। आंकड़े देने से पहले महाकुंभ में मरने वालों के आंकड़े भी दे...मैं मांग करता हूं कि महाकुंभ की व्यवस्थाओं के बारे में स्पष्टीकरण देने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए। सपा सांसद अखिलेश ने कहा कि महाकुंभ आपदा प्रबंधन और खोया-पाया केंद्र की जिम्मेदारी सेना को दी जाए। महाकुंभ हादसे में हुई मौतों, घायलों के इलाज, दवाइयों, डॉक्टरों, भोजन, पानी, परिवहन की उपलब्धता के आंकड़े संसद में पेश किए जाएं।
सपा प्रमुख ने कहा कि महाकुंभ त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए और सच्चाई छिपाने वालों को सजा दी जाए। हम डबल इंजन सरकार से पूछते हैं कि अगर कोई दोष नहीं था तो आंकड़े क्यों छिपाए गए और मिटाए गए उन्होंने कहा कि जब पता चला कि कुछ लोगों की जान चली गई है, उनके शव अस्पताल में पड़े हैं, तब सरकार ने अपने सरकारी हेलीकॉप्टर में फूल भरकर उन पर पुष्प वर्षा की। यह कैसी सनातनी परंपरा है?
उन्होंने कहा कि कितनी चप्पल, कपड़े और साड़ियां पड़ी थीं और उन सबको जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर ट्रॉली से उठवाया गया। कोई नहीं जानता कि उन्हें कहां फेंका गया। सब कुछ छिपाने के लिए ऐसा सुनने में आ रहा है कि कुछ दबाव और कुछ मीठा खिलाया जा रहा है, ताकि उनकी खबर बाहर न आए। अखिलेश ने कहा कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक संवेदना तक व्यक्त नहीं किया। जब देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त की तो 17 घंटे बाद योगी सरकार ने इसे स्वीकार किया। ये वो लोग हैं जो आज भी सच्चाई को स्वीकार नहीं कर सकते।
सीएम आतिशी ने दिल्ली पुलिस को रिप्लाई करते हुए पोस्ट लिखा
4 Feb, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर आज यानी 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इससे ठीक एक दिन पहले दिल्ली पुलिस ने सीएम आतिशी पर आचार संहिता के उल्लंघन पर मामला दर्ज किया। इसके साथ ही पुलिस ने बीजेपी उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी के समर्थक मनीष बिधूड़ी पर भी आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया। इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस ने आतिशी के ट्विटर पोस्ट पर रिप्लाई किया है।
दिल्ली पुलिस ने लिखा कि 3-4 फरवरी की रात 12:30 बजे, कालकाजी से आप उम्मीदवार के 50-60 लोगों और 10 वाहनों के साथ फतेह सिंह मार्ग पर पाई गई। पुलिस ने उन्हें आदर्श आचार संहिता के चलते रास्ता खाली करने को कहा। फ्लाइंग स्क्वॉड की शिकायत पर, मामला दर्ज किया गया है।
आतिशी ने दिल्ली पुलिस को रिप्लाई करते हुए लिखा- चुनाव आयोग भी गजब है। रमेश बिधूड़ी जी के परिवार के सदस्य खुले-आम आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। उन पर कोई एक्शन नहीं। राजीव कुमार जी आप इलेक्शन प्रोसेस कि कितनी धज्जियां उड़ाएंगे। आतिशी ने आरोप लगाया था कि बीजेपी के उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी के गुंडे कालकाजी विधानसभा में लोगों को धमका रहे हैं। जिसमें पुलिस भी उनका साथ दे रही है।
अपने आरोप को साबित करने के लिए आप ने एक्स पर कई वीडियो शेयर भी किए। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा-आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए, मनीष बिधूड़ी जो उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी के भतीजे हैं। कालकाजी के वोटर ना होते हुए भी कालकाजी में घूम रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि प्रशासन कार्यवाही करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने शिकायत के बावजूद कोई एक्शन नहीं लिया। बाद में उन्होंने एक और पोस्ट किया, जिसमें बताया कि वीडियो वाला व्यक्ति रमेश बिधूड़ी का भतीजा नहीं बेटा है। इधर, आतिशी के आरोप पर रमेश बिधूड़ी ने एक पोस्ट में लिखा- ये हार की बौखलाहट है। कुछ दिन पहले किसी और का फोटो दिखा कर उसे मनीष बिधूड़ी बोल रही थीं। आज किसी और को बता रही हैं।
विश्व हिंदू परिषद ने जया बच्चन की गिरफ्तार की मांग की
4 Feb, 2025 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी सांसद जया बच्चन महाकुंभ के पानी को सबसे दूषित बताया था। उन्होंने दावा किया था कि भगदड़ में जान गंवाने वालों की लाशें पानी में फेंक दी गई। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद ने जया बच्चन की गिरफ्तार की मांग की है। इसके अलावा बीजेपी नेताओं, धार्मिक संगठनों ने भी जया बच्चन के बयान पर आपत्ति जताई है। वीएचपी के मीडिया प्रभारी ने कहा कि गलत और झूठे बयानों से सनसनी फैलाने के लिए जया बच्चन को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाकुंभ आस्था और भक्ति का आधार हैं, जहां धर्म, कर्म और मोक्ष मिलता है। इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं जुड़ी हैं। बात दें संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए सपा सांसद जया बच्चन ने कहा था कि अभी सबसे ज्यादा दूषित पानी कहां है? कुंभ में… वहां मची भगदड़ में जिन लोगों की मौत हुई, उनके शव नदी में फेंक दिए गए हैं, जिससे पानी दूषित हो गया है। असली मुद्दों पर कोई बात नहीं कर रहा है।
जया बच्चन ने इसके साथ ही महाकुम्भ में आने वाले लोगों की संख्या पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा था कि कुंभ में आने वाले आम लोगों को कोई विशेष सुविधा नहीं दी जा रही है, उनके लिए कोई व्यवस्था नहीं है। यह झूठ बोला जा रहा है कि वहां करोड़ों लोग आ चुके हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोग किसी भी समय एक जगह पर कैसे इकट्ठा हो सकते हैं? जया बच्चन का यह बयान ‘एक्स पर दिनभर ट्रेंड करता रहा। बीजेपी ने इसे हिंदू आस्था और कुंभ मेले का अपमान बताया है। वहीं कई धार्मिक नेताओं और संगठनों ने जया बच्चन से माफी की मांग की है और उनके बयान को ‘गुमराह करने वाला बताया है।
संगम नोज हादसे पर सपा सांसद जया बच्चन बोली-भगदड़ के बाद लाशों को नदी में फेंका गया...
4 Feb, 2025 01:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । संसद में बजट सत्र के दूसरे दिन सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान महाकुंभ में हुई भगदड़ के मुद्दे पर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। विपक्ष ने संसद में जमकर हंगामा किया। विपक्ष की मांग है कि स्थगन प्रस्ताव लाकर महाकुंभ हादसे पर चर्चा की जाए और मृतकों की संख्या की पुष्टि की जाए। विपक्ष ने राज्यसभा से इस मुद्दे पर वॉकआउट भी किया। लोकसभा में राहुल गांधी ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने आशंका जताई कि महाकुंभ हादसे में षड्यंत्र हो सकता है और हादसे की जांच के बाद पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा के मैं महाकुंभ में हुई भगदड़ पर बोलना चाहता हूं। इतने सारे लोगों ने अपनी जान गंवा दी। मेरा कहना है कि वहां (महाकुंभ भगदड़ में) एक हजार लोग मारे गए, अगर आप कहते हैं कि मैं गलत हूं तो कम से कम वहां हुई मौतों की सही संख्या की रिपोर्ट जारी कर दें। कांग्रेस, सपा समेत तमाम विपक्षी दलों ने सरकार पर मौत का आंकड़ा छिपाने का आरोप लगाया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मौतों की सही जानकारी देने की मांग की।
लोकसभा में भी हंगामे को लेकर स्पीकर ओम बिरला नाराज हो गए। उन्होंने कहा- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने अपनी स्पीच में महाकुंभ का जिक्र किया है। अभी प्रश्नकाल है, दूसरे किसी भी विषय पर चर्चा नहीं हो सकती। जनता ने आपको सवाल पूछने के लिए संसद भेजा है, मेज तोडऩे के लिए नहीं। इसके बाद भी विपक्षी सांसद हंगामा करते रहे। वे नारा लगा रहे थे- सरकार कुंभ में हुई मौतों का आंकड़ा जारी करे। केंद्र सरकार होश में आओ। योगी सरकार इस्तीफा दो। सनातन विरोधी सरकार इस्तीफा दो। विपक्षी सांसदों ने वॉकआउट किया। कुछ देर बाद वे वापस आ गए। वहीं समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने प्रयागराज में संगम नोज पर हुए हादसे को लेकर यूपी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। जया बच्चन ने दावा किया है कि हादसे के बाद श्रद्धालुओं की लाशों को नदी में फेंक दिया गया।
लोग महाकुंभ हादसे पर जवाबदेही चाहते हैं
राजद सांसद मनोज झा ने महाकुंभ भगदड़ मामले पर कहा कि चिंता का विषय यह है कि आखिर कितनी जाने गई हैं? महाकुंभ इनसे(भाजपा) पहले भी था और इनके बाद भी होगा, महाकुंभ निरंतर है लेकिन राजनैतिक दल निरंतर नहीं है। लोग जवाबदेही चाहते हैं। इतनी जाने जाएं और सदन को अनभिज्ञ रखना सारे देश को अनभिज्ञ रखने जैसा है।
सबसे दूषित पानी कुंभ में
सपा सांसद जया बच्चन ने महाकुंभ हादसे को लेकर कहा कि इस वक्त सबसे दूषित पानी कुंभ का है क्योंकि भगदड़ के बाद लोगों के शव गंगा में बहाए गए। जया बच्चन ने आगे कहा कि शव पानी में डाल दिए गए, उससे पानी प्रदूषित हुआ। यही पानी लोगों तक पहुंच रहा है। इस मामले से पूरा ध्यान हटाया जा रहा है। शवों के पोस्टमार्टम की बात ही नहीं हुई, उन्हें सीधे पानी में फेंक दिया गया और ये लोग जलशक्ति के ऊपर भाषण दे रहे हैं। आम व्यक्ति जो कुंभ जा रहा है, उसे विशेष सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और उनके लिए कोई इंतजाम नहीं हैं। झूठ बोला जा रहा है कि करोड़ों लोग स्नान कर चुके हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोग एक जगह कैसे इक_ा हो सकते हैं?
रविशंकर प्रसाद ने जताई षड्यंत्र की आशंका
रविशंकर प्रसाद ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में चर्चा के दौरान कहा कि राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में महाकुंभ की भी चर्चा की। कल रात तक खबर मिली कि 35 करोड़ लोग स्नान कर चुके हैं। उन्होंने हादसे पर दुख भी जताया, लेकिन उस हादसे की भी जांच चल रही है और उसमें भी षड्यंत्र की बू आ रही है। जब पूरी जांच हो जाएगी तो वो हादसा किसने करवाया, उन्हें शर्म से झुकना पड़ेगा। भाजपा सांसद ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ये कुंभ और सनातन का नाम सुनते ही इन्हें परेशानी क्यों हो जाती है। लेकिन मैं एक बात इस सदन में साफ करना चाहता हूं कि सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान। हजारों साल में तो लोग सनातन को कमजोर कर नहीं सके तो ये लोग क्या हैं।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने कहा- मेक इन इंडिया अच्छा आइडिया पर फेल
4 Feb, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा की शुरुआत सोमवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने की। राहुल ने कहा कि बेरोजगारी समस्या का समाधान न तो कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार कर पाई, और न ही नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार। राहुल ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति का भाषण सुना। वह पिछले कई सालों से यही बातें दोहरा रही हैं। हमने ये किया, हमने ये किया हमने वो किया। मैं संसद में बैठकर उन्हें सुन रहा था, मैं सिर्फ उसके खिलाफ जो उन्होंने बोला। आज मैं वो बताऊंगा, कि उनका क्या संबोधन हो सकता था।
राहुल ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है। इसलिए जो कुछ होना चाहिए उनके लिए होना चाहिए। केंद्र सरकार मेक इन इंडिया लेकर आई, ये अच्छा आइडिया है, लेकिन ये आखिर में फेल साबित हुआ। राहुल ने कहा कि पिछले सत्र में मैंने शिवजी की पिक्चर दिखाई थी। एक कारण था, वह हमें बताती है कि फोकस रखो, भटको मत। काम पर ध्यान दो। शिवजी की फिलॉसफी है कि जो कहना हो वो कहो और जो करना चाहते हो उसे करो। आप सरदार पटेल की बात करते हैं, अंबेडकर की बात करते हैं। उनके मूल्यों को आपने नष्ट कर दिया। आपने बुद्ध के सामने सिर झुकाया, लेकिन उनके मूल्यों को ठुकरा दिया। आप जो हो, वही रहो। लेकिन हिंसा, घृणा की जगह नहीं होनी चाहिए, इससे देश नष्ट हो जाएगा।
देश की तरक्की में मददगार होगा एआई
राहुल गांधी बोले कि चार टेक्नोलॉजी गतिशीलता में बदलाव ला रही हैं - इलेक्ट्रिक मोटर, बैटरी, ऑप्टिक्स, एआई का इस्तेमाल। एआई अपने आप में अर्थहीन है क्योंकि यह डेटा पर काम करता है। प्रोडक्शन सिस्टम से निकलने वाला हर एक डेटा चीन के स्वामित्व में है। हम भी कास्ट सेंसस में ्रढ्ढ की मदद से क्या कुछ नहीं कर सकते हैं। सोशल वेलफेयर में इसका इस्तेमाल हो सकता है। एक तरफ दलित, ओबीसी और आदिवासी संस्थानों और सत्ता में पार्टिसिपेट करें और दूसरी तरफ आधुनिक चीजों में पार्टिसिपेट करके चीन को हराएं।
चीनी सेना ने घुसपैठ की, पीएम इनकार करते रहे
राहुल ने कहा- दूसरा हिस्सा बैंकिंग सिस्टम का है। ये सिस्टम ऐसा होना चाहिए जो आम आदमी तक पहुंच सके। हम डिफेंस के बारे में बात करते हैं, चीन घुसपैठ करके बैठा है लेकिन पीएम इससे इनकार करते हैं जबकि सेना यही मानती है। पीएम चीनी घुसपैठ से इनकार कर सकते हैं जबकि सेना प्रमुख कहते हैं उनकी सेना हमारे क्षेत्र में है। चीन के पास ऐसा सिस्टम है जो बहुत बड़ा है उसके दम पर चीनी सेना हमारी सरहद के अंदर घुसी है। राहुल ने अपना पक्ष साबित करते हुए कहा- इसलिए मैं कहता हूं कि मेक इन इंडिया पूरी तरह से फेल है क्योंकि हम अपनी रक्षा नहीं कर पा रहे हैं। हम चाइनीज से सामना नहीं कर पा रहे। क्योंकि चाइनीज मोटर, चाइनीज बैटरी और चाइनीज ऑप्टिक का कब्जा है हम उसे खरीद रहे हैं।
दिल्ली में थमा प्रचार...कल मतदान
4 Feb, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । दिल्ली विधानसभा के लिए चल रहा चुनाव प्रचार का शोर सोमवार शाम 6 बजे से थम गया। तीनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के साथ 699 प्रत्याशी दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 5 फरवरी को एक साथ सभी सीटों पर मतदान होगा। 8 फरवरी को मतगणना होगी।प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों और उनकी पार्टी ने पूरी ताकत झोक दी और बड़े पैमाने पर रैलियां और रोड शो किए गए। दिल्ली में भाजपा, कांग्रेस और आप के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने वाला है। नई दिल्ली सीट से 23 उम्मीदवार और जनकपुरी से 16 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिससे इन दोनों सीटों पर मतदान के दौरान दो-दो बैलेट यूनिट का उपयोग किया जाएगा।
मतदान केंद्रों की तैयारी जोरों पर
दिल्ली में कुल 13,766 मतदान बूथों की व्यवस्था की गई है, जो 2,696 मतदान स्थलों में स्थापित किए जाएंगे। इनमें से 70 विशेष मतदान केंद्र पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा संचालित होंगे, जबकि 70 केंद्रों को दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा प्रबंधित किया जाएगा। इसके अलावा युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए 70 विशेष मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।
चुनाव प्रक्रिया में एक लाख से अधिक कर्मी तैनात
चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 1 लाख से अधिक कर्मी तैनात किए जाएंगे। इसमें दिल्ली पुलिस के 35,000 जवान, 19,000 होम गार्ड, और 220 केंद्रीय सुरक्षा बल कंपनियां शामिल होंगी। इनके अलावा, दिल्ली सरकार के अन्य विभागों के कर्मचारी भी चुनावी प्रक्रिया में योगदान देंगे।
डाक मतपत्र से मतदान जारी
दिल्ली पुलिस और होम गार्ड कर्मियों ने डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब तक 16,984 कर्मियों ने डाक मतपत्र के लिए आवेदन किया है। यह सुविधा 4 फरवरी तक उपलब्ध रहेगी, ताकि सभी सुरक्षाकर्मी और अन्य आवश्यक सेवाओं में लगे अधिकारी मतदान कर सकें।
मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा
मतदान को सुगम बनाने के लिए सभी जिला चुनाव अधिकारी रंग-कोड प्रणाली के तहत मतदान केंद्रों की पहचान सुनिश्चित करेंगे। मतदाता आसानी से अपने बूथ तक पहुंच सकें, इसके लिए चुनाव आयोग ने विशेष इंतजाम किए हैं।
राहुल गांधी ने मेरी अमेरिका की यात्रा के बारे में जानबूझकर झूठ बोला - जयशंकर
4 Feb, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उनकी अमेरिका की यात्रा के बारे में झूठ बोला है। विदेश मंत्री ने राहुल पर विदेश में भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।
अपने एक एक्स पोस्ट में जयशंकर ने कहा, विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिसंबर 2024 में मेरी अमेरिका यात्रा के बारे में जानबूझकर झूठ बोला। मैं बाइडेन प्रशासन के विदेश मंत्री और एनएसए से मिलने गया था। साथ ही हमारे महावाणिज्य दूत की एक बैठक की अध्यक्षता भी करनी थी। मेरे प्रवास के दौरान नए नामित एनएसए ने मुझसे मुलाकात की।
साथ ही अपनी इस पोस्ट में उन्होंने कहा, किसी भी स्तर पर पीएम के संबंध में निमंत्रण पर चर्चा नहीं की गई। यह सामान्य ज्ञान है कि हमारे पीएम ऐसे कार्यक्रमों में शामिल नहीं होते हैं। वास्तव में भारत का प्रतिनिधित्व आमतौर पर विशेष दूतों द्वारा किया जाता है। विदेश मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के झूठ का उद्देश्य राजनीतिक हो सकता है, लेकिन यह विदेश में देश को नुकसान पहुंचाता है।
ज्ञात रहे कि भारतीय विदेश मंत्री के अमेरिकी दौरे को लेकर राहुल गांधी ने कहा था कि हम प्रोडक्शन में बहुत पीछे हैं, इसी का परिणाम है कि हम अपने प्रधानमंत्री को बुलाने का न्योता लाने अमेरिका नहीं भेजते। अमेरिका के राष्ट्रपति यहां हमारे प्रधानमंत्री को बुलाने खुद आते हैं।
राहुल गांधी के इतने कहने पर किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताई और कहा कि लीडर ऑफ अपोजिशन को कुछ जिम्मेदारी से अपनी बात कहनी चाहिए। विपक्ष के नेता को इस तरह की बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। यह गंभीर विषय पर चर्चा चल रही है। राहुल गांधी के पास अगर इसके बारे में कोई ठोस जानकारी है, तो उसे सामने रखें। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि विदेश मंत्री एस। जयशंकर को तीन बार अमेरिका भेजा गया। इस सवाल से अगर आप परेशान हुए, तो मैं माफी चाहता हूं। मुझे माफ कीजिएगा।
बीजेपी केंद्र सरकार की एजेंसियों के ज़रिए डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का फोन टेप कर रही - संजय राउत
4 Feb, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई । शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने सामना अखबार में लिखे अपने स्तंभ के जरिए आरोप लगाया है कि बीजेपी केंद्र सरकार की एजेंसियों के ज़रिए डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का फोन टेप कर रही हैं। राउत ने यह दावा शिंदे सेना के एक अनाम विधायक के हवाले से किया, जिनसे उनकी बातचीत एक फ्लाइट यात्रा के दौरान हुई थी।
महाराष्ट्र में सत्ताधारी नेताओं पर फोन टेपिंग के आरोप कोई नई बात नहीं है। इस सदी की शुरुआत में, महाराष्ट्र के तत्कालीन गृह मंत्री छगन भुजबल को भी इसी तरह के आरोपों का सामना करना पड़ा था। बहुचर्चित तेलगी स्कैम का खुलासा करने वाले पत्रकार संजय सिंह ने अपनी किताब में आरोप लगाया है कि मुंबई पुलिस के कुछ भ्रष्ट अधिकारी अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर उनकी फोन कॉल्स इंटरसेप्ट कर रहे थे। भुजबल का नाम इस विवाद में घिर गया था। सिंह ने दावा किया कि घोटाले की जांच में बाधा डालने के लिए उनकी कॉल्स को सुना जाने लगा।
महा विकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल में, जब उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तब एक फोन टैपिंग कांड सामने आया था। आरोप लगा कि देवेंद्र फडणवीस के पहले मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान, राज्य खुफिया विभाग (SID) ने गैरकानूनी तरीके से कई नेताओं के फोन टैप किए थे। इनमें संजय राउत, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और एनसीपी नेता एकनाथ खड़से शामिल थे, जो उस समय विपक्ष में थे। दावा किया गया कि राउत का फोन 60 दिनों तक इंटरसेप्ट किया गया, जबकि खड़से का फोन 67 दिनों तक निगरानी में था।
भाजपा के सांसदों ने राष्ट्रपति के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के लिए सोनिया के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया
4 Feb, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले सांसदों के एक समूह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ अपमानजनक और निंदनीय शब्दों का इस्तेमाल करने के लिए कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी के खिलाफ सोमवार को विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया। राज्यसभा सदस्य सुमेर सिंह सोलंकी के नेतृत्व में उन्होंने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की और सोनिया गांधी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की। भाजपा सांसदों ने कहा कि सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का काम किया है। यह नोटिस सोनिया गांधी द्वारा शुक्रवार को संसद के संयुक्त सत्र में संबोधित किए जाने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू पर की गई टिप्पणी को लेकर दिया गया है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी संसद परिसर में भाषण पर चर्चा करते देखे गए।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में सोनिया गांधी यह कहते हुए सुनी जा रही हैं, बेचारी महिला, राष्ट्रपति आखिर तक बहुत थक गई थीं, वह मुश्किल से बोल पा रही थीं।
भाजपा सांसदों ने नोटिस में कहा कि यह टिप्पणी गांधी की अभिजात्य और आदिवासी विरोधी मानसिकता की स्पष्ट अभिव्यक्ति है, जिन्हें आदिवासी गरीबों के संघर्ष और संवेदनशीलता का कोई भान नहीं है।
नोटिस में कहा गया है, हम राज्यसभा सदस्य सोनिया गांधी द्वारा हाल ही में राष्ट्रपति के खिलाफ की गई कुछ असंसदीय, अपमानजनक और निंदनीय टिप्पणियों के बारे में बहुत निराशा के साथ लिख रहे हैं, जिन पर गंभीरता से विचार करने और अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
उन्होंने नोटिस में कहा, गहरी चिंता के साथ हम इस बयान को रेखांकित कर रहे हैं जो हमारे देश के सर्वोच्च संवैधानिक प्राधिकार भारत के राष्ट्रपति के कद और गरिमा को कम करता प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियां न केवल पद की गरिमा को कम करती हैं, बल्कि संसदीय प्रक्रियाओं और परंपराओं की शुचिता का भी उल्लंघन करती हैं।
सरकार के दो मंत्रियों से नाराज दस विधायकों ने की डिनर बैठक
3 Feb, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमरावती। पूरे देश में केवल तीन राज्यों में कांग्रेस सरकार है, लेकिन इन तीनों राज्यों में पार्टी आंतरिक कलह से जूझ रही है। कर्नाटक में सीएम की कुर्सी की लड़ाई जगजाहिर है। सीएम सिद्दारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के बीच तकरार से पार्टी की किरकिरी हो रही है। इस बीच तेलंगाना से बुरी खबर है। यहां सीएम रेवंत रेड्डी सरकार के दो मंत्रियों से नाराज विधायकों ने बैठक की है। इसके साथ ही तेलंगाना कांग्रेस के एक सर्वे से भी कांग्रेस के अंदर की आंतरिक कलह सामने आ गई है।
रिपोर्ट के मुताबकि कांग्रेस के 10 विधायकों ने विधायक अनिरुद्ध रेड्डी के नेतृत्व में दो मंत्रियों के खिलाफ नाराजगी को लेकर डिनर पर बैठक की। नाराज विधायकों में ज्यादातर सीएम रेवंत रेड्डी के जिले महबूबनगर से हैं, इसलिए सीएम रेड्डी एक्शन में आ गए हैं। रेड्डी मामले को खत्म करने के लिए मंत्रियों और विधायकों से जल्द मिलने वाले है। विधायकों की नाराजगी मुख्य तौर पर पी श्रीनिवास रेड्डी से है। विधायकों की नाराजगी है कि उनकी और उनके समर्थकों की जमीन को नियमित नहीं किया जा रहा है और मंत्री इसके लिए 40 फीसदी कमीशन मांग रहे हैं।
वित्त मंत्रालय की तरफ से पेंडिंग बिल क्लियर न होने से भी विधायक नाराज हैं। पोल सर्वे में लोगों से सवाल किया गया था कि फार्महाउस शासन या जनता के शासन में से किसको तरजीह देते हैं। कांग्रेस का पोल सर्वे कांग्रेस के खिलाफ चला और 66 फीसदी से ज्यादा लोगों ने तेलंगाना कांग्रेस के सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में फॉर्महाउस शासन को पसंद किया। इस घटनाटक्रम के बाद सीएम रेवंत रेड्डी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार नाराज हैं और जल्द इसकी गाज जिम्मेदार लोगों पर गिर सकती है। माना जा रहा है कि पोल सर्वे में कांग्रेस के खिलाफ नतीजे उसकी अंदरूनी राजनीति का ही नतीजा है।
अनिल विज ने एक बार फिर तीखे तेवर दिखाए
3 Feb, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा के कद्दावर नेता और राज्य की भाजपा सरकार में मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर तीखे तेवर दिखाए हैं। इससे पहले भी उन्होंने राज्य में सीएम बनाए जाने की इच्छा जाहिर की थी लेकिन उन्हे मौका नहीं मिला। तभी से विज बगावती तेबर अपनाए हुए हैं और लगातार तीखे बयान दे रहे हैं। इस बार उन्होंने गुस्से में यहां तक कह दिया कि मेरी गाड़ी छीनी जा सकती है लेकिन विधायकी और वरिष्ठता कोई नहीं छीन सकता। 7 बार का विधायक हूं।
पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर से लेकर मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तक से वह कई मुद्दों पर सीधे उलझ जाते हैं। इन दिनों भी डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर और एक एसएचओ के ट्रांसफर को लेकर वह सीएम को सीधे निशाने पर ले रहे हैं। वहीं नायब सिंह सैनी उन्हें वरिष्ठ नेता बताते हुए बयानबाजी से बच रहे हैं। इस बीच अनिल विज रविवार को रोहतक पहुंचे तो अचानक ही बिजली विभाग के दफ्तर पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारियों को 4 घंटे के अंदर लोगों की समस्याओं का निस्तारण करने को कहा। इसके अलावा सरकार में अपने कद को लेकर भी बड़ी बात कह गए।
अनिल विज ने कहा कि मुझसे सब कुछ छीना जा सकता है, लेकिन मेरी वरिष्ठता तो नहीं ली जा सकती। मैं 7 बार का चुना हुआ विधायक हूं। इस दौरान जब उनसे अधिकारियों के ट्रांसफर को लेकर सवाल किया तो उन्होंने अंबाला के डीसी का जिक्र कर दिया। उन्होंने कहा, इसमें 100 दिन लगा दिए। वह भी तब जबकि मैंने खुले मंच से बात रखी थी। वह अधिकारी चुनाव के दौरान मेरे खिलाफ काम कर रहा है। अब यह मायने नहीं रखता कि किसी का ट्रांसफर किया जाता है या नहीं। सरकार में मंत्रालय के बंटवारे पर पूछा गया तो उस पर भी वह खुलकर बोल गए। अनिल विज ने कहा कि मैंने कोई सरकारी मकान नहीं लिया। हां, एक कार जरूर मेरे पास है। यदि इसे ले लिया गया तो मेरे समर्थकों का कहना है कि वे खरीद कर दे देंगे। मेरी विधायकी कोई नहीं ले सकता। मैं जनता का चुनाव विधायक हूं। मुझे किसी बात से फर्क नहीं पड़ता।
हरियाणा की सरकार में नायब सिंह सैनी को अनिल विज एक तरह से चुनौती दिखते नजर आ रहे हैं। दरअसल नायब सिंह सैनी को जब सीएम बनाया गया था, तब से ही अनिल विज असहज हैं। मनोहर लाल खट्टर ने जब इस्तीफा दिया था और पहली बार नायब सिंह सैनी सीएम बने थे, तब भी वह शपथ ग्रहण समारोह नहीं पहुंचे थे। उन्होंने यहां तक कहा था कि मैं सीएम बनने के योग्य हूं और सबसे वरिष्ठ नेता हूं। ऐसा मेरे समर्थक मानते हैं। उन्हें मंत्री बनाया जाना था, लेकिन वह शपथ समारोह में ही नहीं पहुंचे। इसके बाद जब लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी तो वह शपथ समारोह में गए और मंत्री भी बनाए गए। हालांकि इस बार उनसे होम मिनिस्ट्री ले ली गई और अब वह ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री के तौर पर कामकाज संभाल रहे हैं।
कांग्रेस के बीच जारी तकरार फिर सामने आई
3 Feb, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु। कर्नाटक में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डीके शिवकुमार ने बड़ा खेल कर दिया है। अब सवाल उठने लगे हैं कि सीएम सिद्दारमैया कितने दिनों तक सीएम की कुर्सी पर रह पाएंगे? पूरे देश में कांग्रेस की मात्र तीन राज्यों में सरकार है। उसमें सबसे बड़ा कर्नाटक है यहां 2023 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद से ही सीएम की कुर्सी को लेकर झगड़ा चल रहा है।
सीएम सिद्दारमैया और डीके शिवकुमार के बीच लड़ाई किसी से छिपी नहीं है। केंद्रीय नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद राज्य में सत्ता के बंटवारे का फॉर्मूला तय हुआ था। डीके शिवकुमार खेमा दावा करता है कि ढाई-ढाई साल के रोटेशनल सीएम का फॉर्मूला तय किया गया था। इस कारण बीते कुछ दिनों से डीके शिवकुमार खेमा बार-बार सीएम की कुर्सी पर अपना दावा कर रहा है।
इस बीच सीएम सिद्दारमैया के राजनीतिक सलाहकार और वरिष्ठ नेता बीआर पाटिल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे राज्य कांग्रेस के बीच जारी तकरार फिर सामने आई है। पाटिल को सीएम सिद्दारमैया खेमा का नेता माना जाता है। वह उनके खास करीबी हैं, लेकिन राज्य में कांग्रेस के कई खेमों में बंटे होने की वजह से उनके लिए कैबिनेट में जगह नहीं बन सकी है। पिछले माह ही सिद्दारमैया खेमे के नेताओं ने एक डिनर पार्टी रखी थी। इसके बाद यह ताजा राजनीतिक संकट पैदा हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों का दावा है कि पाटिल का इस्तीफा सीधे तौर पर सिद्दारमैया और डीके शिवकुमार के बीच टकराव का नतीजा नहीं है। पाटिल कलाबुरगी जिले के अलांद से चार बार के विधायक हैं। उन्होंने सरकार और पार्टी में उचित महत्व नहीं मिलने के कारण इस्तीफा दिया है। इस क्षेत्र में डीके का कुछ खास प्रभाव नहीं है। कलाबुरगी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का क्षेत्र है। यहीं से खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे उनकी राजनीतिक विरासत संभाल रहे हैं, लेकिन पाटिल और प्रियांग खड़गे का रिश्ते अच्छे नहीं है। यही कारण है कि एक वरिष्ठ नेता होने के बावजूद सिद्दारमैया सरकार में पाटिल को जगह नहीं मिली है।
सूत्रों का कहना है कि पाटिल सरकार और प्रशासन में अपनी सीमित भूमिका की वजह से नाखुश थे। सीएम सिद्दारमैया भी उनके कोई खास राजनीतिक सलाह मशविरा नहीं कर रहे थे। अब पाटिल के इस्तीफे के बाद कर्नाटक कांग्रेस में तकरार सामने आ गई है। ऐसे में देखना होगा कि पहले ही तकरार और खेमाबंदी की शिकार पार्टी आगे क्या फैसला लेती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कई रैलियों के जरिए दिल्ली में माहौल भगवामय बनाने का प्रयास किया
3 Feb, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कई रैलियों के जरिए दिल्ली में भाजपा का वनवास खत्म करने के लिए माहौल भगवामय बनाने का प्रयास किया। रविवार को आरके पुरम में भी उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया और जीत का पूरा भरोसा जाहिर किया। उन्होंने वोटिंग के दिन भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से थाली-घंटी और ढोल वाली एक अपील भी की, जिसकी खूब चर्चा हो रही है।
पीएम मोदी ने वोटिंग के लिए दिन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी कि वे अपने साथ भाजपा समर्थकों को बूथ तक लेकर जाएं। पीएम ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली को आपदा से मुक्ति दिलाने के लिए 5 फरवरी को अपने साथ कम से कम 5 भाजपा समर्थकों को लेकर पोलिंग तक जाएं और भाजपा को वोट दिलाएं। पीएम ने कहा, लोकतंत्र एक उत्सव है। चुनाव के दिन 20-25 की टोली में वोट डालने निकलें। थाली बजाते बजाते जाएं, घंटी बजाते बजाते जाएं। ढोल बजाते-बजाते जाएं। उत्सव मनाएं, लोकतंत्र का उत्सव मनाएं।
पीएम ने एक महीन दांव चलते हुए कार्यकर्ताओं को थाली-घंटी और ढोल वाला फॉर्मूला बता दिया है। जानकारों के मुताबिक पीएम ने यह अपील इसलिए की है कि ताकि जब गलियों और सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ता-समर्थक ढोल और घंटी बजाते हुए निकलेंगे तो स्विंग वोटर्स को संदेश जाए। ऐसे वोटर्स को मनोवैज्ञानिक ढंग से प्रभावित किया जा सकेगा। यदि कोई ऐसा मतदाता है जिसने अभी तक अपना आखिरी फैसला नहीं लिया है तो भाजपा की कोशिश होगी कि उसे अपने पक्ष में माहौल दिखाकर कमल का बटन दबाने को प्रेरित किया जाए।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो पीएम की इस अपील के पीछे एक खास वजह है। दरअसल, इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला माना जा रहा है। अधिकतर वोटर आपको यह कहते हुए सुनाई देंगे कि मामला 50-50 का है। हर पार्टी के कुछ अपने कट्टर समर्थक होते हैं तो हर हाल में उसके साथ जुड़े रहते हैं। हार जीत का खेल निर्भर करता है स्विंग वोटर्स पर। स्विंग वोटर्स ऐसे वोटर्स होते हैं जो सरतकार के कामकाज, असफलता या माहौल के हिसाब से अपनी पसंद बदल लेते हैं। पीएम ने भाजपा समर्थकों को यह भरोसा दिलाया कि पार्टी इस बार दिल्ली में अपना वनवास खत्म करने जा रही है। पीएम ने कहा, 8 फरवरी को शानदार विजय सभा में हम मिलेंगे, विजय निश्चित है। 25 साल बाद दिल्ली में भाजपा सरकार बनाने का यह सुनहरा अवसर आया है। सिर्फ विजय हो ऐसा नहीं, प्रचंड बहुमत वाला विजय होना चाहिए। हमारा एक ही मिशन एक ही लक्ष्य होना चाहिए आपदा को हटाएंगे भाजपा को लाएंगे।
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का दौर आज शाम समाप्त हो जाएगा। पिछले एक महीने में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने पूरा दमखम लगाकर माहौल अपने पक्ष में करने की कोशिश की।
हमने सीवर सफाई के काम को चुनौती के रुप में स्वीकार किया है और हम बदलाव लाकर दिखाएंगे : ऊर्जा मंत्री तोमर
दिशा दर्शन भ्रमण आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर मिले दो प्रतिष्ठित पुरस्कार
राज्यमंत्री गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
महतारी वंदन योजना से संवर रही पहाड़ी कोरवा परिवारों की तकदीर
देवखोल में अवैध कोयला खनन पर बड़ी कार्रवाई, 6 टन से अधिक कोयला जब्त
10वीं-12वीं बोर्ड के विद्यार्थियों को द्वितीय अवसर परीक्षा का मिलेगा मौका : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
