राजनीति
कांग्रेस नेता बाजवा का फिर दावा, आप के 32 विधायक हमारे संपर्क में
25 Feb, 2025 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । दिल्ली में करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी को पंजाब में भी मुश्किलों से गुजराना पड़ रहा है। राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस आप के अंदर मचे बवाल को मौके के तौर पर देख रही है। इस बीच कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने फिर दावा किया है कि आप के 32 विधायक उनके संपर्क में हैं। विधानसभा में नेता विपक्ष बाजवा ने दावा किया कि ये 32 विधायक कांग्रेस में आना चाहते हैं और इसीलिए कांग्रेस से संपर्क में हैं। कांग्रेस नेता का दावा विधानसभा सत्र शुरू होने से ठीक पहले किया। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार ने कोई काम नहीं किया है, इसकारण आप विधायक भी नाराज हैं। विधायक पार्टी ही बदलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मान सरकार ने महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह देने के वादे पर भी अमल नहीं किया है। यह वादा इन्होंने चुनाव में किया था।
कांग्रेस नेता बाजवा ने कहा कि मान सरकार विधानसभा सत्र लंबा नहीं चलाना चाहती। उन्होंने दावा किया कि डर के मारे आप मुख्यमंत्री ही बदलना चाहती है और सीएम मान की बजाय किसी और को कमान दी जा सकती है। दिल्ली में हार के बाद आप संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक मीटिंग बुलाई थी। इसमें पंजाब के सभी विधायकों को बुलाया गया था। आप का दावा है कि मीटिंग सामान्य थी, लेकिन दावा किया जा रहा है कि फूट की खबरों को लेकर बैठक की गई थी।
कांग्रेस को दिल्ली में एक भी सीट नहीं मिली, लेकिन आम आदमी पार्टी की हार ने पंजाब कांग्रेस के हौसलेबुलंद कर दिए है। पंजाब में कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है और उसे लगता है कि दिल्ली की हार का असर पंजाब में भी होगा।
बिहार में अगला विधानसभा चुनाव मोदी- नीतीश के चेहरे पर ही लड़ा जाएगा
25 Feb, 2025 11:18 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार में बीजेपी अकेले दम पर चुनाव लड़ती है। पार्टी आम तौर पर किसी एक चेहरे पर नहीं बल्कि कई चेहरों को प्रोजेक्ट कर चुनाव में उतरती है। केंद्र की राजनीति में नरेंद्र मोदी या इसके पहले अटल बिहारी वाजपेयी के चेहरे के साथ तो लड़ती है।
2025 के बिहार विधानसभा का चुनाव एक बार फिर मोदी-नीतीश के चेहरे पर लड़ा जाएगा और इसके संकेत पीएम नरेंद्र मोदी के सोमवार को एक कार्यक्रम से दिए। नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के दौरान नई योजनाओं के तोहफे से यह लगता रहा है कि बिहार से एनडीए का चेहरा नीतीश कुमार हैं, लेकिन बिहार विधान सभा चुनाव के दौरान प्रदेश बीजेपी, नीतीश कुमार के पीछे नहीं दौड़ती बल्कि समाज के कई चेहरों को जिम्मेदारियों देकर एक सामाजिक चेहरा भले वह कई जाति विशेष का हो। आगामी विधान सभा चुनाव 2025 के सापेक्ष भी देखें तो भूमिहार समाज उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, कुशवाहा से सम्राट चौधरी, वैश्य चेहरे के रूप में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जयसवाल को आगे कर एक जातीय समूह का चरित्र विकसित किया है। यादव के रूप में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, ब्राह्मण के रूप में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय के रूप में सामने लाए हैं।
शशि थरुर ने फिर की कांग्रेस को चुभ जाने वाली बात....पिजयन और मोदी के मंत्री को बनाया आधार
25 Feb, 2025 10:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । तिरुअनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर के रुख ने इन दिनों पार्टी को चिंता में डाल दिया हैं। पिछले दिनों थरुर ने खुद के पास कोई काम न होने की शिकायत की थी। इतना ही नहीं उनका कहना था कि यदि मेरी जरूरत नहीं है, तब पार्टी बता दें। मेरे पास विकल्प खुले हुए हैं। उनके बदले हुए रुख से पार्टी तक बदलने के कयास लगाए जा रहे हैं। कोई कहा रहा है कि शशि थरूर सीपीएम में जा सकते हैं, कुछ लोग भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगा रहे हैं। इस बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर का कोई बयान नहीं आया है, लेकिन एक ट्वीट जरूर उन्होंने ऐसा किया है, जो कांग्रेस को चुभने वाला होगा।
उन्होंने अखबार में छपी खबर का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा है, यह देखना सुखद है। जहां तक संभव हो आर्थिक विकास के लिए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर काम करना चाहिए। दरअसल थरूर ने जो खबर शेयर की है, उस खबर में एक तस्वीर भी छपी थी। तस्वीर में मोदी सरकार के मंत्री पीयूष गोयल, केरल के सीएम पिनराई विजयन और केरल विधानसभा में नेता विपक्ष वीडी सतीशन साथ दिखाई दे रहे हैं। तीनों नेता खुशनुमा माहौल में हंसते हुए बात कर रहे हैं। इस आधार बनाकर शशि थरूर ने यह ट्वीट किया है। यह तस्वीर इनवेस्ट केरल ग्लोबल समिट 2025 के मौके की है, जिसका आयोजन कोच्चि में हुआ है।
थरूर की यूं भाजपा के मंत्री के साथ कांग्रेस नेता की तस्वीर की तारीफ करना पार्टी नेतृत्व को नागवार गुजर सकता है। सीपीएम के साथ कांग्रेस का अन्य राज्यों में गंठबधन भी रहा है, लेकिन भाजपा के साथ वह मंच साझा करने से बचती है। इसके बाद थरूर की ओर से ऐसा ट्वीट करना चुभने वाला है। बता दें कि शशि थरूर की अपेक्षाएं बढ़ गई हैं और इससे पार्टी में लोग असहज हैं। उन्होंने पिछले दिनों कहा था कि यदि केरल में कांग्रेस विधानसभा चुनाव में विजयर होती हैं तब सीएम के दावेदार हो सकते हैं।
थरुर के इस बयान के बाद उनकी स्थानीय नेताओं से भी ठनी हुई है। उन्हें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के.सुधाकरण ने सलाह दी है कि राज्य के मामलों को स्थानीय नेता डील कर सकते है। शशि थरूर को राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए।
कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन अहमदाबाद में 8-9 अप्रैल को होगा, देशभर से 3 हजार प्रतिनिधि भाग लेंगे
25 Feb, 2025 09:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद| गांधी-सरदार साहब की पावन धरा गुजरात में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सम्मेलन की मेजबानी के लिए कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन 8 और 9 अप्रैल 2025 को गुजरात के अहमदाबाद में होगा| कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से 3000 से ज्यादा प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे| कांग्रेस के दो ऐतिहासिक अधिवेशन पहले भी गुजरात में हो चुके हैं, जिसमें 51वां अधिवेशन साल 1938 में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की देखरेख में बारडोली के हरिपुरा में हुआ था| जिसमें सुभाष चंद्र बोस को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था। योजना आयोग की अवधारणा हरिपुरा सम्मेलन में सुभाष चंद्र बोस द्वारा प्रस्तुत की गई थी। जिसे प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू ने हरिपुरा अधिवेशन में सुप्रसिद्ध चित्रकार नन्दलाल बोस द्वारा सात पेंटिंग्स प्रस्तुत की गईं, जिनकी कृतियाँ दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यालय इंदिरा भवन में प्रस्तुत की गई हैं। कांग्रेस का 66वां अधिवेशन वर्ष 1961 में गुजरात के भावनगर में नीलम संजीव रेड्डी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया था| भावनगर के सम्मेलन में पं. जवाहरलाल नेहरू सहित शीर्ष कांग्रेस नेता आये थे| वर्ष 1961 में भावनगर में आयोजित कांग्रेस के अधिवेशन में तत्कालीन प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू, वाई.बी. चव्हाण, ज्ञानी जैलसिंह, श्रवणसिंह आदि देश के बड़े नेता आये थे। शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि कांग्रेस के 8 और 9 अप्रैल को होनेवाले आगामी अधिवेशन में संविधान और उसके मूल्यों पर लगातार हो रहे हमलों और भाजपा की जनविरोधी नीतियों पर चर्चा की जाएगी और पार्टी के भविष्य के संचालन की दिशा तय की जाएगी| विधानसभा में भाजपा सरकार द्वारा दिए गए झूठे आंकड़ों को लेकर गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने भाजपा सरकार की पोल खोलते हुए कहा कि गुजरात विधानसभा में हमेशा सच्ची और पारदर्शी संसदीय कार्यप्रणाली की परंपरा रही है। गुजरात राज्य पर कुल कर्ज भाजपा सरकार ने विधानसभा में 3700000 करोड़ दिखाया है| लेकिन केंद्र सरकार की ओर से लोकसभा में पेश जवाब में गुजरात राज्य पर 4,43,753.3 करोड़ रुपए का कर्ज दिखाया गया है| भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा लोकसभा में पेश की गई रिपोर्ट राज्य वित्त: 2023-24 के बजट का एक अध्ययन के तहत दिए गए विवरण से पता चलता है कि गुजरात राज्य पर कर्ज लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2007 में राज्य पर 90,955.7 करोड़ का कर्ज था| जो साल 2023 में बढ़कर 4,43,753.3 करोड़ और साल 2025 में 4,94,435.9 करोड़ हो जाएगा| जो राज्य के एक साल के कुल बजट से भी ज्यादा है| गांधी और सरदार साहब के गुजरात में सादगी और सरलता को कार्यपद्धति बनाई गई थी| लेकिन भाजपा सरकार के शासन में गुजरात कर्जदार हो चुका है, नतीजतन राज्य के नागरिकों को 500 रुपये में गैस का सिलिंडर नहीं मिलता, महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा नहीं मिलती। इससे पता चलता है कि भाजपा सरकार सिर्फ उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है।
पीएम मोदी के बिहार दौरे पर लालू यादव का तंज, बोले- झूठ मापने का पैमाना होता तो टूट जाता
25 Feb, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस दौरे को चुनावी रणनीति करार दिया और केंद्र सरकार पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
दरअसल लालू यादव ने पीएम मोदी की भागलपुर रैली से पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, कि प्रधानमंत्री बिहार आए हैं, तो झूठ और बयानबाजी की बरसात होगी। चुनावी साल है, इसलिए जनता को गुमराह करने के लिए योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन बिहार से हो रहा है, लेकिन असल में राज्य को कुछ नहीं मिलने वाला। लालू का मन इसी से नहीं भरा और उन्होंने पीएम की रैली के बाद एक और ट्वीट कर कहा, अगर पीएम के झूठ मापने का कोई पैमाना होता तो वह अब तक टूट कर चूर-चूर हो चुका होता।
जेडीयू ने किया पलटवार
लालू यादव के बयान पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का दौरा पूरी तरह विकास केंद्रित है और बिहार में हो रहे कार्यों से विपक्ष परेशान है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता देख रही है कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर विकास कर रही हैं। लालू प्रसाद यादव खुद चुनाव नहीं लड़ सकते और अपने बेटे के नियंत्रण में हैं, इसलिए उनकी बयानबाजी का कोई मतलब नहीं है।
पीएम मोदी के दौरे के बाद बिहार में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। जहां लालू यादव इसे चुनावी स्टंट बता रहे हैं, वहीं जेडीयू और बीजेपी इसे विकास यात्रा का हिस्सा बता रही हैं। अब देखना होगा कि बिहार की जनता इस पर क्या रुख अपनाती है।
100-500 गज के मकान का चालू वित्त वर्ष में हाउस टैक्स हाफ होगा
24 Feb, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की नगर सरकार ने सोमवार को कई बड़े ऐलान किए। आप ने प्रापर्टी टैक्स संपत्ति कर में कई तरह की छूट दी है। पार्टी नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि जिन लोगों के 100-500 गज के मकान हैं, उनका चालू वित्त वर्ष में हाउस टैक्स हाफ हो जाएगा। रेजिडेंशियल इलाकों में हाउस टैक्स पूरी तरह से माफ होगा और 1300 अपार्टमेंट के लोग अगर समय पर टैक्स भरते हैं तो उन्हें 25 फीसदी की छूट दी जाएगी।
पाठक ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सभी पार्षदों ने यह निर्णय लिया है कि दिल्ली में बहुत सारे लोग हैं जिनका पिछले 10-15 साल से हाउस टैक्स नहीं भरा है। वह एक तरह से सिस्टम के तहत ब्लैकमेल हो रहे हैं। अधिकारी जाता है उन्हें ब्लैकमेल करता है। इससे जो पैसा मिलता है वह एमसीडी में न जाकर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। ऐसे में बड़ा फैसला लिया गया है कि अगर आप पिछले एक साल का हाउस टैक्स जमा करवा देते हैं तो आपका पिछला पुराना सभी टैक्स माफ कर देंगे। वित्तीय वर्ष 2024-25 का टैक्स जमा कराने पर पुराना टैक्स माफ कर दिया जाएगा।
पाठक ने कहा कि 100 गज से कम घर वालों का 2025-26 में हाउस टैक्स पूरी तरह से माफ किया जाएगा। 100-500 गज के मकान वालों का हाउस टैक्स हाफ किया जाएगा। रेसिडेंशियल इलाके में जो दुकानें चल रही हैं, उनपर ज्यादा टैक्स लगाए जाते हैं। उनको परेशान किया जाता है, उनका 2025-26 सेशन का हाउस टैक्स पूरी तरह से माफ कर रहे हैं। 1300 अपार्टमेंट्स वालों को हाउस टैक्स की किसी भी स्कीम का फायदा नहीं मिलता है। इसलिए आप सरकार ने यह फैसला लिया है कि अपार्टमेंट के जो लोग समय पर हाउस टैक्स जमा करेंगे, उन्हें 25 फीसदी की छूट दी जाएगी। यह बहुत बड़ा फैसला है। हम लोगों को हाउस टैक्स जमा करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
सीएम रेखा गुप्ता के दफ्तर से हटाई गई डॉ आंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीर,नेता विपक्ष आतिशी ने जताया विरोध
24 Feb, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि विधानसभा में सीएम रेखा गुप्ता के दफ्तर से संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीर हटा दी गई है। पूर्व सीएम आतिशी ने कहा कि ये बीजेपी की दलित विरोधी राजनीति को दर्शाती है। नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि दिल्ली सरकार में अरविंद केजरीवाल के बतौर सीएम रहते हुए उनके कार्यकाल में हर सरकारी दफ्तर में डॉ आंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीर लगी थी, लेकिन आज जब हम दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता से मिलने विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में पहुंचे तो देखा कि दोनों ही तस्वीकर सीएम कार्यालय से हटा दी गई हैं, आप ने इसका विधानसभा में पुरज़ोर विरोध किया।
आप ने दावा किया कि सीएम कार्यालय में अब पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और महात्मा गांधी की तस्वीर लगी है। दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी फोटो हटाने को लेकर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की नई बीजेपी सरकार ने बाबा साहेब की तस्वीर हटाकर पीएम मोदी की फोटो लगा दी है ये सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि इससे बाबा साहेब आंबेडकर के करोड़ो अनुयायियों को ठेस पहुंची है। उनहोंने कहा कि मेरी बीजेपी से प्रार्थना है। आप पीएम की फोटो लगा लीजिए लेकिन बाबा साहिब की फोटो तो मत हटाइए। उनकी फोटो लगी रहने दीजिए।
तस्वीरों को लेकर दिल्ली विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। आतिशी ने नए स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को बधाई देने के साथ कहा कि तस्वीरों को हटाना अपमानजनक है। इसको लेकर आप विधायक भी हंगामा करते दिखे। इसपर स्पीकर ने कहा कि शिष्टाचार संबोधन था। राजनीतिक मंच नहीं बनाना चाहिए था। मैं कड़े शब्दों में आतिशी के व्यवहार की निंदा करता हूं।
कांग्रेस चुनाव प्रबंधन तंत्र मजबूत करने के लिए विचार विमर्श कर रही
24 Feb, 2025 06:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। कांग्रेस कई राज्यों में चुनाव हार चुकी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का रिजल्ट जीरो रहा है। ऐसे में पार्टी के लिए लगातार हार चिंता का कारण बन रही है। यही वजह है कि कांग्रेस चुनाव प्रबंधन तंत्र मजबूत करने के लिए विचार विमर्श कर रही है। इसकी कमान प्रियंका गांधी को सौंपी जा सकती है।
कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) में भी व्यापक बदलाव किए जाने की संभावना है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘निष्क्रिय’ सदस्यों को हटाने का फैसला कर लिया है। इनमें एके एंटनी, अंबिका सोनी, मुकुल वासनिक और आनंद शर्मा शामिल हैं। दरअसल, पार्टी नेतृत्व को 36 सदस्यीय सीडब्ल्यूसी में कुछ नवनियुक्त पदाधिकारियों को शामिल करना है और इस वजह से कार्यसमिति में कुछ नई जगह बनानी होंगी। जयराम रमेश, गौरव गोगोई, रणदीप सुरजेवाला और चरणजीत सिंह चन्नी की भी जगह खाली हो रही है। गौरव गोगोई को असम में कांग्रेस का चेहरा बनाए जाने की संभावना है, जहां अगले साल की शुरुआत में चुनाव है। सुरजेवाला हरियाणा और चन्नी पंजाब में कांग्रेस इकाइयों का नेतृत्व करने की इच्छा रखते हैं। पिछले हफ्ते चन्नी का नाम एआईसीसी महासचिव के रूप में प्रस्तावित हुआ था, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए हाथ जोड़ लिए कि उनकी ज्यादा दिलचस्पी तो पंजाब की राजनीति में है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी नेतृत्व रजनी पाटिल (हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ की प्रभारी महासचिव), बीके हरिप्रसाद (हरियाणा), हरीश चौधरी (मध्य प्रदेश), गिरीश चोडनकर (तमिलनाडु और पुडुचेरी), अजय कुमार लल्लू (ओडिशा), के। राजू (झारखंड), मीनाक्षी नटराजन (तेलंगाना), सप्तगिरी शंकर उल्का (मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नगालैंड) और कृष्णा अल्लावरु (बिहार) को सीडब्ल्यूसी में शामिल करना चाहता है और इसलिए भी कुछ मौजूदा सदस्यों को हटाना जरूरी हो जाता है। दरअसल, कांग्रेस पार्टी के संविधान के अनुसार एआईसीसी महासचिवों को सीडब्ल्यूसी का सदस्य होना अनिवार्य है। इसी कारण इन पदाधिकारियों को पूर्णकालिक एआईसीसी महासचिव के बजाय ‘प्रभारी’ (इन-चार्ज) के रूप में नामित किया गया है। सीडब्ल्यूसी में शामिल होने के बाद वे पार्टी महासचिव के रूप में कार्य कर सकेंगे।
महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने विपक्ष पर किया जमकर हमला, राउत की टिप्पणी पर की निंदा
24 Feb, 2025 05:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संजय शिरसाट: महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने सोमवार को विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की एनसीपी प्रमुख शरद पवार पर टिप्पणी की निंदा की. उन्होंने शिवसेना नेता नीलम गोरे के उद्धव की पार्टी पर पद के बदले मर्सिडीज के आरोपों का भी जवाब दिया. संजय शिरसाट ने नीलम गोरे का समर्थन करते हुए कहा कि ये मर्सिडीज से भी बड़ी चीजें हैं. टिकट पार्टी कार्यकर्ताओं को नहीं बल्कि दूसरों को बांटे गए, ऐसी चीजें मुफ्त में नहीं होती हैं.
शरद पवार पर क्या बोले राउत, जिससे मचा हंगामा?
दरअसल, पिछले हफ्ते एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार ने दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की जमकर तारीफ की और उन्हें महादजी शिंदे राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया. वहीं, इसको लेकर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने शिंदे के साथ शरद पवार को भी निशाने पर ले लिया. राउत ने कहा कि, शरद पावर को इस सम्मेलन में शामिल नहीं होना चाहिए था. जिन लोगों ने महाराष्ट्र को तकलीफ में डाला है, जिन्हें हम महाराष्ट्र का दुश्मन मानते हैं. देशद्रोहियों को ऐसा सम्मान देना महाराष्ट्र की अस्मिता पर आघात है. शरद पवार ने शिंदे का नहीं बल्कि महाराष्ट्र का बंटवारा करने वाले अमित शाह का भी अभिनंदन किया. दिल्ली में आपकी राजनीति हम समझते हैं.
हालांकि, इस टिप्पणी के कुछ दिन बाद संजय राउत ने एक अन्य कार्यक्रम में शरद पवार के साथ मंच साझा किया. जहां उन्होंने शरद पवार की जमकर तारीफ की. इस दौरान उन्होंने शरद पवार की तुलना मराठा सेनापति महादजी शिंदे से की. उन्होंने कहा, शरद पवार हमारे विरोधी नहीं हैं. वह कभी हमारे दुश्मन नहीं रहे. वह हमारे मार्गदर्शक और हमारे नेता हैं.वह हमारे महादजी शिंदे हैं. मंत्री संजय शिरसाट ने संजय राउत की शरद पवार पर टिप्पणी को लेकर उद्धव गुट पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि ईडी ने शरद पवार को नोटिस दिया था, तब आप (उद्धव गुट) कहां थे? जब चीजें आपके खिलाफ जाती हैं, तो क्या आपको लोगों के समर्थन की जरूरत होती है? आपने उनके कंधों पर सरकार बनाई, लेकिन उनके कार्यकाल में उनका फोन तक नहीं उठाया. शिरसाट ने कहा कि संजय राउत द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द स्वीकार्य नहीं हैं.
अविभाजित शिवसेना पद के बदले मर्सिडीज लेती थी
वहीं, शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने कहा कि शरद पवार पर संजय राउत द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द अस्वीकार्य है. यह सिर्फ हम ही नहीं, बल्कि कई नेताओं ने वही कहा है जो आज नीलम ताई ने कहा है. वहीं, पद के बदले मर्सिडीज वाले बयान पर कहा, सिर्फ मर्सिडीज की बात नहीं है, मर्सिडीज से भी बड़ी बातें हैं. राज ठाकरे ने भी कहा था कि उन्हें खोखा नहीं, बल्कि कंटेनर चाहिए, उस पर जवाब क्यों नहीं दिया गया?
शिंदे गुट की नेता नीलम ताई ने आरोप लगाया था कि अविभाजित शिवसेना में पद के बदले मर्सिडीज देने को कहा जाता था. पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे को मर्सिडीज देने पर बड़े पद मिलते हैं. इस आरोप पर खुद उद्धव ठाकरे ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वो विश्वासघात करने वालों की बात नहीं करते हैं. उन्होंने पूछा कि हमने उन्हें चार बार विधायक बनाया. उन्हें डिप्टी स्पीकर बनाया. तो क्या उन्होंने हमें आठ मर्सिडीज दीं? हमें कितनी मर्सिडीज मिलीं? उनसे पूछना चाहिए.
दिल्ली विधानसभा सत्र की शुरुआत
24 Feb, 2025 02:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा सत्र की शुरुआत सोमवार से हो गई है, जो कि 27 फरवरी तक चलेगा। 26 को शिवरात्रि होने के कारण सदन की छुट्टी रहेगी। सत्र के पहले दिन एलजी वीके सक्सेना ने प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली को शपथ दिलाई। इसके बाद 11 बजे से प्रोटेम स्पीकर ने विधायकों को शपथ दिलाना शुरु की है।
दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही प्रारंभ होने के साथ ही प्रोटेम स्पीकर अमरिंदर सिंह लवली ने सभी विधायकों को एक-एक कर शपथ दिलाने का कार्य किया है। पहले सीएम रेखा गुप्ता और फिर सभी मंत्रियों ने विधायक पद की शपथ ले ली है। इस बीच दिल्ली सरकार में मंत्री और भाजपा विधायक कपिल मिश्रा ने दिल्ली विधानसभा में विधायक के तौर पर संस्कृत भाषा में शपथ ली है। इनके साथ ही अनेक विधायकों ने अपनी-अपनी मातृभाषा में शपथ ली है। दिल्ली विधानसभा का सत्र 27 फरवरी तक चलने वाला है।
मायावती पर टिप्पणी करने वाले कांग्रेस नेता उदित राज को गिरफ्तार करने की मांग
24 Feb, 2025 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ। हाल ही में कांग्रेस नेता उदित राज ने बसपा सुप्रीमो मायावती को लेकर विवादित बयान दिया था, जिस पर भड़का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ है। बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने बुधवार को उन पर तीखा हमला बोला और कहा कि उनके खिलाफ योगी आदित्यनाथ की पुलिस को ऐक्शन लेना चाहिए। उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
सतीश चंद्र मिश्रा ने तो साफ कहा कि कांग्रेस इस पर ऐक्शन ले, वरना उसे भुगतना पड़ेगा। उन्होंने एक्स पर लिखा, कांग्रेस पार्टी के इस घिनौने कार्य का करारा जवाब इस देश का दलित समाज, पिछड़ा वर्ग व हर स्वाभिमानी भारतीय चाहे वो अल्प संख्यक हो या समान्य वर्ग के लोग हो महिलाएं हो जरूर देंगे। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद उदित राज द्वारा बहन कुमारी मायावती जी पर दिया गया घृणित शर्मनाक, अपमानजनक और निंदनीय बयान न सिर्फ बहन जी का अपमान है, बल्कि यह पूरे बहुजन समाज के दलितों और स्वाभिमानी भारतीयों की गरिमा पर करारा हमला है। डॉ उदित राज ने मीडिया से कहा था, अपने सगे संबंधियों को कैसे मारोगे? तो श्री कृष्ण ने कहा कि कोई सगा संबंधी नहीं है, न्याय के लिए लड़ो और अपने लोगों को ही मार दो। बता दें कि उदित राज ने लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए कहा था कि मायावती ने दलित आंदोलन का गला घोटा था और अब समय आ गया है कि उनका ही गला घोट दिया जाए। उनके इस विवादित बयान पर बवाल मचा हुआ है। बसपा के नेताओं ने इसे लेकर कांग्रेस से ऐक्शन की मांग की है। बसपा नेताओं ने कहा कि यदि उदितराज को नहीं हटाया गया तो माना जाएगा कि कांग्रेस पार्टी की भी ऐसी ही राय है।
दिल्ली विधानसभा का सत्र आज से, नए विधायक लेंगे शपथ
24 Feb, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली की नवगठित विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है, जो 24 फरवरी से 27 फरवरी तक चलेगा। इस सत्र के दौरान तीन दिन विधायी कार्यों के लिए बैठकें आयोजित की जाएंगी, जबकि 26 फरवरी को कार्यवाही स्थगित रहेगी।
सत्र की शुरुआत में सभी नवनिर्वाचित विधायक शपथ ग्रहण करेंगे और इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। इसके बाद 25 फरवरी को उपराज्यपाल के अभिभाषण के बाद आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कार्यकाल से संबंधित भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (केग) की 14 लंबित रिपोर्ट्स सदन में पेश की जाएंगी।
27 फरवरी को उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी और विधानसभा उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न होगा।
यह सत्र दिल्ली की राजनीति में कई महत्वपूर्ण निर्णयों का रास्ता खोलेगा, और आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल पर होने वाली चर्चा और रिपोर्ट्स के मद्देनजर यह सत्र खासा दिलचस्प रहने की उम्मीद है।
टनल हादसे पर राहुल गांधी ने की सीएम रेड्डी से बात
24 Feb, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। तेलंगाना में टनल का हिस्सा धंसने के बाद 8 मजदूरों को बचाने की जद्दोजहद जारी है। सेना के साथ-साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। ऐसे में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सीएम रेड्डी से बात कर सभी को सकुशल बाहर निकालने को कहा है।
इस हादसे को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता और सीनियर कांग्रेस लीडर राहुल गांधी ने रविवार को तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी से फोन पर बात की। बातचीत में सीएम रेड्डी ने राहुल गांधी को रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान राहुल गांधी ने फंसे हुए श्रमिकों को बचाने के लिए सभी जरूरी प्रयास करने के लिए कहा है।
जानकारी के मुताबिक तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में एसएलबीसी सुरंग में शनिवार सुबह 200 मीटर लंबी टनल बोरिंग मशीन के साथ पहली शिफ्ट में 50 से ज्यादा लोग सुरंग के अंदर गए थे। वह टनल के अंदर 13.5 किलोमीटर तक गए। इसी दौरान सुरंग का एक हिस्सा ढह गया। मशीन के आगे चल रहे 2 इंजीनियर सहित 8 लोग वहीं फंस गए। जबकि 42 कर्मचारी सुरंग के बाहरी गेट की ओर भागे और बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि अचानक पानी के साथ मिट्टी बहकर आने लगी और सुरंग का ऊपरी हिस्सा बैठ गया। बचाव टीमों को 14 किलोमीटर अंदर मलबा जमा होने की वजह से रास्ता साफ करने में कठिनाई हो रही है। इसलिए ड्रोन के जरिए हालात का जायजा लिया जा रहा है।
मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी के मुताबिक यह दुनिया की सबसे लंबी सुरंग (44 किमी) होने वाली है, जिससे श्रीशैलम प्रोजेक्ट का पानी नलगोंडा जिले की 4 लाख एकड़ कृषि भूमि तक पहुंचाया जाएगा। अभी 9.5 किमी सुरंग का काम बाकी है। बता दें कि टनल हादसे में फंसे मजदूर इस प्रोजेक्टर पर ही कम कर रहे थे।
तेलंगाना सरकार की वित्तीय हालत खस्ता, जरुरत से ज्यादा लिया कर्ज
24 Feb, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हैदराबाद। तेलंगाना में बजट सत्र से पहले पैसे की कमी है। पहले 297 करोड़ का फायदा होने वाला था, लेकिन जनवरी तक 26,050 करोड़ का घाटा हो गया। सरकार की जेब खाली हो रही है। अगर तीन बड़ी योजनाओं शुरू हो गई तो ये और भी बढ़ जाएगा। पहली योजना रायतू भरोसा है। इसमें किसानों को हर साल प्रति एकड़ 12 हजार मिलेंगे। दूसरी योजना इंदिराम्मा आत्मीय भरोसा है। इसमें भूमिहीन मजदूरों को 12 हजार सालाना मिलेंगे। तीसरी योजना इंदिराम्मा इंदुलू है। इसमें बेघर लोगों को घर बनाने के लिए पांच लाख की मदद दी जाएगी।
तेलंगाना सरकार ने जरुरत से ज्यादा कर्ज ले लिया है। 49,255 करोड़ के बजट की जगह जनवरी तक 58,596 करोड़ का कर्ज लिया गया। इसमें से 10,386 करोड़ तो सिर्फ एक महीने में ही लिया। चुनाव में महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपए देने का वादा भी अभी पूरा नहीं हुआ है। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने सीएम ए रेवंत रेड्डी को विधानसभा में राज्य के वित्त पर बहस के लिए चुनौती दी है। केटीआर ने सीएम रेड्डी पर राज्य को गलत प्रबंधन और झूठे प्रचार से वित्तीय संकट में धकेलने का आरोप लगाया है।
केटीआर ने कहा कि हिम्मत है, तो आइए तथ्यों पर बहस करें। हम बताएंगे कि कैसे कांग्रेस की लापरवाह नीतियां तेलंगाना को बर्बाद कर रही हैं। जनता को सच्चाई जानने का हक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार तेलंगाना की प्रगति के बारे में झूठ फैला रही है। उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई हमारे राज्य का अपमान करेगा या उसे कम आंकने की कोशिश करेगा तो हम चुप नहीं बैठेंगे। केसीआर के नेतृत्व में तेलंगाना की उपलब्धियों को झूठ और प्रचार से मिटाया नहीं जा सकता।
बीआरएस नेता ने कहा कि राज्य सांख्यिकी की रिपोर्ट जो एक आधिकारिक सरकारी दस्तावेज है, ने सच्चाई सामने ला दी है। उन्होंने दावा किया कि रिपोर्ट रेवंत रेड्डी के बढ़ते कर्ज के बयानों का खंडन करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने खुद एक रिपोर्ट जारी की है जिसमें दिखाया गया है कि केसीआर के नेतृत्व में तेलंगाना की वित्तीय स्थिति कैसे मजबूत हुई। फिर भी रेवंत झूठ फैला रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक तेलंगाना का सकल राज्य घरेलू उत्पाद 2014 में पांच लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 2023 तक 15 लाख करोड़ रुपए हो गया, यानी 300 फीसदी की बढ़ोतरी। केटीआर ने जोर देकर कहा कि इस विकास ने तेलंगाना को गुजरात जैसे औद्योगिक रूप से उन्नत राज्यों से आगे रखा है।
दिल्ली विधानसभा में आमने-सामने होंगी दो महिलाएं, आतिशी बनी विपक्ष की नेता
23 Feb, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में अब दो महिलाएं आमने-सामने होंगी। एक ओर बीजेपी ने विधायक रेखा गुप्ता को सीएम बनाया है तो वहीं आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी को नेता विपक्ष बनाया है। रविवार को आप की विधायक दल की बैठक में नेता विपक्ष के लिए पूर्व सीएम आतिशी के नाम पर मुहर लग गई। दिल्ली में बीजेपी के बाद अब आप ने महिला कार्ड खेला है।
इससे पहले आतिशी दिल्ली सरकार में शिक्षा, वित्त, और ऊर्जा जैसी अहम जिम्मेदारियां संभाल रही थीं। पांच महीने जब अरविंद केजरीवाल ने सीएम पद से इस्तीफा दिया तो आतिशी पर भरोसा जताया गया था। पिछले साल सितंबर में आतिशी ने सीएम पद की शपथ ली थी और सिर्फ पांच महीने में ही वह विधानसभा में विपक्ष के नेता की भूमिका निभाने को तैयार हैं।
बतौर सीएम आतिशी के कामकाज के चलते पार्टी के भीतर भी उनका कद बढ़ा है। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में जब अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज जैसे पार्टी के बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा तब आतिशी कालकाजी से अपनी सीट बचाने में कामयाब रही हैं।
बीजेपी महिला सशक्तिकरण के मुद्दे को जोर-शोर से उठाती रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियों ने महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं का वादा किया था। बीजेपी ने महिलाओं के लिए महिला सम्मान योजना का ऐलान किया है। अब देखना विधानसभा में आतिशी नेता विपक्ष की भूमिका कैसे निभारती हैं।
ध्रुव योग का खास संयोग: इस साल मोहिनी एकादशी पर बन रहे हैं कई मंगलकारी मुहूर्त
बेड के सामने न रखें शीशा: वास्तु के अनुसार नकारात्मक ऊर्जा बढ़ा सकती हैं ये चीजें
दुर्लभ दर्शन: यहाँ विराजते हैं मूंछों वाले प्रभु श्रीराम, 'कर्ज मुक्ति' के लिए प्रसिद्ध है यह धाम
अक्षय तृतीया पर बन रहा खास संयोग, आज करें ये शुभ कार्य और पाएं अक्षय फल
विश्व धरोहर दिवस पर रायपुर में सजी विरासत की अनोखी झलक, संरक्षण पर विशेषज्ञों का मंथन
बंदूक से विकास की ओर: सुकमा के तुंगल इको-पर्यटन केंद्र की प्रेरक कहानी
उमरिया जिले की पूजा सिंह ने रची आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी
हमने सीवर सफाई के काम को चुनौती के रुप में स्वीकार किया है और हम बदलाव लाकर दिखाएंगे : ऊर्जा मंत्री तोमर
दिशा दर्शन भ्रमण आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
