राजनीति
20 अगस्त को एनडीए प्रत्याशी का नामांकन तय
19 Aug, 2025 09:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: एनडीए की तरफ से घोषित किए गए उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन 20 अगस्त को इस पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने साझा की है। वहीं इस दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया, कि आज एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन दिल्ली पहुंचे और हमने एनडीए के नेताओं के साथ एक परिचयात्मक बैठक की। हमें बहुत गर्व है कि सीपी राधाकृष्णन जैसे व्यक्ति को एनडीए का उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है। एनडीए गठबंधन के सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया। हमें उम्मीद है कि सभी दल उन्हें समर्थन देंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्टालिन से मांगा समर्थन
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से बात कर उपराष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का समर्थन करने का अनुरोध किया है। सूत्रों के अनुसार राजनाथ सिंह ने सोमवार सुबह द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष से फोन पर बात की और उपराष्ट्रपति चुनाव में श्री राधाकृषणन के लिए उनका समर्थन मांगा। गौरतलब है कि श्री राधाकृष्णन तमिलनाडु के निवासी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की चीन यात्रा पर ओवैसी का बयान, सरकार से मांगी सफाई
19 Aug, 2025 08:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को सरकार से आग्रह किया कि वह प्रधानमंत्री की आगामी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन से पहले चीन पर अपने रुख को स्पष्ट करे.
एक्स पर एक पोस्ट में ओवैसी ने कहा, 'चीन पर मोदी सरकार के यू-टर्न को लेकर कई सवाल हैं, जिनके जवाब दिए जाने चाहिए. प्रधानमंत्री की चीन यात्रा से पहले सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.' गौरतलब है कि चीन ने इस साल 31 अगस्त से 1 सितंबर तक एससीओ तियानजिन शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री मोदी का चीन में आने का स्वागत किया है.
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा, 'चीन एससीओ तियानजिन शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री मोदी का चीन में स्वागत करता है. हमारा मानना है कि सभी पक्षों के सम्मिलित प्रयास से तियानजिन शिखर सम्मेलन एकजुटता, मैत्री और सार्थक परिणामों का एक सम्मेलन होगा. साथ ही एससीओ अधिक एकजुटता, समन्वय और उत्पादकता के साथ उच्च गुणवत्ता वाले विकास के एक नए चरण में प्रवेश करेगा.'
एआईएमआईएम प्रमुख ने चीन द्वारा पाकिस्तान को दिए गए समर्थन पर गहरी चिंता व्यक्त की. ये समर्थन खासकर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दिए गए. उन्होंने सवाल किया कि पाकिस्तान को हथियार और खुफिया जानकारी मुहैया कराने में कथित संलिप्तता के बावजूद भारत चीन के खिलाफ कड़ा रुख क्यों नहीं अपना रहा है.
ओवैसी ने कहा, 'इसके अलावा चीन ने पाकिस्तान को हथियार और लड़ाकू विमान मुहैया कराए हैं, जिनका इस्तेमाल ऑपरेशन सिंदूर में हमारे बहादुर सैनिकों के खिलाफ किया गया. उसने पाकिस्तानी सेना को खुफिया जानकारी और सैटेलाइट इनपुट भी दिए. हम चीन के सामने यह मुद्दा क्यों नहीं उठा रहे कि यह अस्वीकार्य है?'
ओवैसी ने चीन की कार्रवाई की कड़ी निंदा न करने के लिए भारत सरकार की आलोचना की. विशेषकर तब जब बीजिंग ने दलाई लामा को शुभकामनाएं देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए एक बयान जारी किया. उन्होंने कहा, 'जब प्रधानमंत्री ने दलाई लामा को शुभकामनाएं दीं तो बीजिंग ने एक बयान जारी कर उनकी आलोचना की. हमारी सरकार इस पर चुप रही. क्यों? क्या यह हमारे राष्ट्रीय सम्मान और गरिमा का मामला नहीं है?'
चीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दलाई लामा को उनके 90वें जन्मदिन पर बधाई देने तथा समारोह में भारतीय अधिकारियों की उपस्थिति पर भारत के समक्ष विरोध जताया है. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने बीजिंग में एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, 'तिब्बत से संबंधित मुद्दों पर चीनी सरकार की स्थिति सुसंगत और स्पष्ट है.'
उन्होंने कहा, 'भारत को शिजांग से संबंधित मुद्दों की संवेदनशीलता के बारे में पूरी तरह से जागरूक होनी चाहिए, 14वें दलाई लामा की चीन-विरोधी और अलगाववादी प्रकृति को स्पष्ट रूप से देखना चाहिए. विवेकपूर्ण तरीके से कार्य करना चाहिए और उन मुद्दों का उपयोग चीन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के लिए बंद करना चाहिए.'
पूर्व सीएम उमा भारती ने उठाई मांग, शाहजहांपुर का नाम बदलने की अपील योगी से
18 Aug, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरेली। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से शाहजहांपुर जिले का नाम बदलने की मांग कर दी है। उन्होंने कहा कि यह गुलामी के दौर का नाम है। बरेली के आंवला में वीरागंना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचीं पूर्व सीएम उमा भारती ने कहा कि मैं यहां आ रही थी, तब मैंने शाहजहांपुर नाम का एक जिला देखा। यह नाम ठीक नहीं लग रहा। मैं योगी से इसका नया नाम प्रस्तावित करने का आग्रह करती हूं। उन्होंने कहा कि यह नाम वह दुबारा नहीं सुनना चाहती हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल भी मौजूद रहे।
प्रतिमा अनावरण के बाद जनसभा को संबोधित कर उमा ने कहा कि पिछड़े और दलितों के बिना भाजपा राजनीति नहीं कर सकती है। उन्हें सभी को साथ लेकर चलना होगा और बराबर में कुर्सी देनी होगी। लोधी समाज ने एकजुट होकर भाजपा को सत्ता तक पहुंचाया है, इसके बाद अन्य पिछड़े समाजों को भी भाजपा में अपना हित नजर आया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण में दलितों और पिछड़ों को बराबर की हिस्सेदारी चाहिए। महिला विधेयक में तय किया जाए कि उन्हें कितना आरक्षण निश्चित रूप से दिया जाएगा। इसके लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।
राममंदिर पर उमा भारती ने कहा कि मथुरा और काशी में मंदिर होने के साक्ष्य प्रत्यक्ष दिखाई देते हैं, लेकिन अयोध्या में मंदिर के साक्ष्य, तब जमीन के नीचे दबे थे। इसलिए विवादित ढांचा गिराया जाना जरूरी था, इस विवादित ढांचे को गिदने का काम बाबूजी कल्याण सिंह के शासन में किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि आज हमें गुलामी के चिह्नों को मिटाते हुए आगे बढ़ना है। उन्होंने योगी सरकार को धन्यवाद देकर कहा कि उन्होंने तीन महिला पीएसी बटालियन का गठन कराया है, जिसमें एक वीरांगना अवंतीबाई लोधी, दूसरी उदय देवी और तीसरी झलकारी बाई के नाम पर होगी। इनमें एक बटालियन का मुख्यालय बदायूं में होगा। लोधी समाज को सर्वाधिक सम्मान भाजपा और जनसंघ ने दिया है।
पूर्व सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने कहा कि उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह नहीं होते, तब राम मंदिर का निर्माण नहीं होता। उनके त्याग और समर्पण को समाज और देश कभी भुला नहीं पाएगा। उन्होंने विभिन्न राजनैतिक विचारधाराएं छोड़कर एकजुट होने पर जोर दिया। लोधी समाज को क्रमिनल आदिवासी बताए जाने पर आपत्ति जताई।
गुजरात: निकाय-पंचायत चुनावों से पहले 'आप' मैदान में, रणनीति पर काम शुरू
18 Aug, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद। गुजरात में आगामी निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) तैयारियों में जुट गई है। गुजरात में आगामी निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच आप गुजरात के सभी पंचायत और निकाय चुनावों को पूरे दमखम से लड़ने के लिए तैयार है। पार्टी ने सोमवार को राज्य में आगामी निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर सभी पंचायतों और निकायों में अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। गुजरात में आप के प्रदेश अध्यक्ष इशुदान गढ़वी ने प्रदेश के युवाओं को उम्मीदवार बनने के लिए आमंत्रित किया है।
अखिलेश यादव ने संसद में रोककर मिलाया CM मोहन यादव से हाथ
18 Aug, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र 5 दिनों के स्थगन के बाद 18 अगस्त से एक बार फिर शुरू हो गया है। इस दौरान विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन ‘SIR’ और ‘वोट चोरी’ को लेकर किया जा रहा था। इस दौरान संसद परिसर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो सबका ध्यान अपनी ओर खींच रही है।
संसद में CM मोहन यादव को देख अखिलेश यादव ने लगाई पुकार
विपक्षी दलों के सांसद जब प्रदर्शन कर रहे थे उस दौरान मध्य प्रदेश के CM डॉ. मोहन यादव भी संसद पहुंचे। वह PM नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए संसद के अंदर जा रहे थे। इस दौरान जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदर्शन के दौरान CM डॉ. मोहन यादव को जाते हुए देखा तो उन्हें पीछे से आवाज लगाई। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पुकार सुनकर CM मोहन यादव रुके और पीछे मुड़कर उन्हें नमस्कार किया। दोनों ने हाथ मिलाया और बातचीत भी की। इसके बाद CM मोहन यादव अंदर जाने के लिए आगे बढ़ गए और अखिलेश यादव वापस प्रदर्शन में शामिल हो गए। इस मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है।
PM मोदी से मिलने संसद पहुंचे CM मोहन यादव
CM मोहन यादव दिल्ली दौरे पर हैं. इस दौरान वह PM नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए संसद भवन पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से पार्लियामेंट हाउस में मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के विकास से संबंधित योजना के बारे में चर्चा की और विकास के लिए मार्गदर्शन भी लिया। इस मुलाकात के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा- ‘मध्य प्रदेश में वंदे मेट्रो कोच बनाने का कारखाना स्थापित हो चुका है और भोपाल में पहली मेट्रो ट्रेन शुरू होने वाली है। एक किसान सम्मेलन भी प्रस्तावित है, जिसके लिए मैंने प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित किया है।
मोहन यादव ने पीएम को सौंपा किसान सम्मेलन का निमंत्रण
18 Aug, 2025 01:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री मोहन यादव दिल्ली दौरे पर हैं. सीएम ने सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी से दिल्ली में संसद भवन में मुलाकात की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने किसान सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री को न्योता दिया है। इसके बाद सीएम दोपहर करीब 12.30 बजे दिल्ली से इंदौर के लिए रवाना होंगे। देवी अहिल्याबाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उज्जैन के लिए रवाना होंगे। यहां बाबा महाकाल की राजसी सवारी में शामिल होंगे।
कैबिनेट मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से की मुलाकात
सीएम ने रविवार यानी 17 अगस्त को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से उनके निवास पर मुलाकात की। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ राज्य में शिक्षा से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।
आज आखिरी राजसी सवारी
हिंदू कैलेंडर के भादो महीने का आज दूसरा सोमवार है. उज्जैन में आज बाबा महाकाल की आखिरी सवारी निकाली जाएगी। इस यात्रा को भव्य और दिव्य तरीके से निकाला जाएगा। राजसी सवारी करीब 7 किमी लंबे मार्ग में निकाली जाएगी, बाबा की रजत पालकी पर 10 ड्रोन से पुष्प बारिश की जाएगी। इस सवारी में सीएम मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल होंगे।
बाबा 6 रूपों में दर्शन देंगे
बाबा महाकाल की राजसी सवारी शाम 4 बजे निकाली जाएगी। श्री चंद्रमौलेश्वर, श्री मनमहेश, श्री शिवतांडव, श्री उमा महेश, डोल रथ पर होलकर स्टेट मुखारविंद और सप्तधान के रूप में बाबा दर्शन देंगे। राजसी सवारी से पहले महाकाल मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके साथ ही मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। सवारी यात्रा में 70 भजन मंडलियों के साथ साधु-संत, पुलिस बैंड और श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी और पुरोहित शामिल होंगे।
सेल्फी लेने पर रोक, होगा लाइव प्रसारण
बाबा महाकाल की राजसी सवारी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां की है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ियों को तैनात किया गया है। मोबाइल डिटेक्शन टीम भी तैनात रहेगी, सेल्फी लेने पर रोक लगाई गई है. सवारी यात्रा का लाइव प्रसारण रहेगा। प्रसारण को उज्जैन के फ्रीगंज, नानाखेड़ा और दत्त अखाड़ा पर लगे एलईडी स्क्रीन पर देखा जा सकता है।
राधाकृष्णन के नाम का ऐलान, राजनीतिक गलियारों में उमड़ी बधाइयों की बाढ़
18 Aug, 2025 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें इस अवसर पर बधाई दी। इसे लेकर अन्य नेताओं की ओर से भी राधाकृष्णन को शुभकामनाएं दी जा रही हैं। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में सीपी राधाकृष्णन ने अपनी लगन, विनम्रता और बुद्धिमत्ता से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने हमेशा सामुदायिक सेवा और वंचितों के सशक्तिकरण पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने तमिलनाडु में जमीनी स्तर पर व्यापक कार्य किया है। मुझे खुशी है कि एनडीए परिवार ने उन्हें हमारे गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित करने का निर्णय लिया है।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए के उम्मीदवार के रूप में नामित होने पर महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को बधाई। एक सांसद और विभिन्न राज्यों के राज्यपाल के रूप में आपकी भूमिकाओं ने संवैधानिक कर्तव्यों को प्रभावी ढंग से निभाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि आपका विशाल अनुभव और ज्ञान उच्च सदन की प्रतिष्ठा को बढ़ाएगा और नई उपलब्धियां हासिल करेगा। इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा संसदीय बोर्ड के सभी सदस्यों का आभार।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार घोषित होने पर सीपी राधाकृष्णन को बधाई। वर्तमान में वे महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं, इससे पहले वे झारखंड के राज्यपाल रह चुके हैं। इसके अलावा, वे लोकसभा में सांसद भी रह चुके हैं। वहीं, तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि सीपी राधाकृष्णन को एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार घोषित किए जाने पर बधाई। एक वरिष्ठ राजनेता और सम्मानित नेता के रूप में उन्होंने लंबे समय तक देश की विशिष्ट सेवा की है। तेलुगु देशम पार्टी उनके नामांकन का हार्दिक स्वागत करती है और अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त करती है।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सीपी राधाकृष्णन के नाम का समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, उपराष्ट्रपति के एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को हमारा पूर्ण समर्थन है। हम सड़क से लेकर सदन तक एनडीए के साथ हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि संसदीय बोर्ड की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वरिष्ठ नेता एवं वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को एनडीए की ओर से उपराष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाए जाने पर मुझे सुखद अनुभूति हो रही है। मैं उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।
चंद्रपुर पोन्नुसामी राधाकृष्णन को 31 जुलाई 2024 को महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद पर नियुक्त किया गया था। इससे पहले, उन्होंने लगभग डेढ़ साल तक झारखंड के राज्यपाल के रूप में काम किया। इसके अलावा, वे तेलंगाना के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार और पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल चुके हैं।
राधाकृष्णन को निर्विरोध जिताने की तैयारी, राजनाथ सिंह ने खड़गे से साधा संवाद
18 Aug, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से बात की और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन के लिए समर्थन मांगा.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 9 सितंबर को होने वाला उपराष्ट्रपति चुनाव एनडीए की ओर से राजनाथ सिंह की देखरेख में होगा. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को चुनाव एजेंट बनाया गया है. एनडीए ने रविवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नई दिल्ली में पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद यह घोषणा की. भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि पार्टी सर्वसम्मति और संभवतः निर्विरोध चुनाव सुनिश्चित करने के लिए विपक्ष से संपर्क करेगी.
नड्डा ने यहां एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, 'हम विपक्ष से भी बात करेंगे. हमें उनका समर्थन भी प्राप्त करना चाहिए ताकि हम मिलकर उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्विरोध चुनाव सुनिश्चित कर सकें.' उन्होंने कहा कि इस दिशा में पार्टी विपक्ष की सहमति जुटाने में लगी है. एनडीएन का इसमें पूर्ण समर्थन है. सीपी राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति पद के लिए हमारे एनडीए के उम्मीदवार हैं.'
राधाकृष्णन फिलहाल महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं. वरिष्ठ भाजपा नेता राधाकृष्णन कोयंबटूर से दो बार लोकसभा के लिए चुने गए और इससे पहले तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे. उनका राजनीतिक जीवन आरएसएस और जनसंघ जैसे संगठनों से जुड़ने और छात्र राजनीति से जुड़ने से शुरू हुआ. तब से उन्होंने राजनीति को जनता की सेवा के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया है. उन्होंने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सुधार और जन कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता दिखाई है और ऐसे आंदोलनों का नेतृत्व किया है जो महत्वपूर्ण सामाजिक और विकासात्मक चुनौतियों का समाधान करते हैं.
उनका राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू हुआ था. तब से उन्होंने राजनीति को जनता की सेवा के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया है और चार दशकों से भी अधिक समय तक एक कार्यकर्ता के रूप में जनता की सेवा की है. उन्होंने 1998 में कोयंबटूर से अपना पहला चुनाव 150000 से अधिक मतों के अंतर से जीता था.
बाद में वे महाराष्ट्र के राज्यपाल बने. उन्होंने 1974 में 16 साल की उम्र में जनसंघ के माध्यम से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की. 1996 में वे तमिलनाडु भाजपा के सचिव बने. 1998 में वे कोयंबटूर संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने गए, जहां उन्होंने 150000 से अधिक मतों से जीत हासिल की और 1999 में उसी निर्वाचन क्षेत्र से फिर से चुने गए.
साल 2006 में उन्हें तमिलनाडु भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया. इस दौरान उन्होंने सामाजिक और विकासात्मक मुद्दों को सक्रिय रूप से उठाया. 2016 से 2020 तक उन्होंने कॉयर बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया. उनके नेतृत्व में भारत का कॉयर निर्यात सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुँच गया.
उन्हें प्रतिष्ठित, ज्ञानी और किसी भी कानूनी आरोपों से बेदाग माना जाता है. उनका जन्म 20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुपुर जिले के तिरुपुर में हुआ था. वह पेशे से एक कृषक और उद्योगपति हैं. उन्होंने तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित वी.ओ.सी. कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई पूरी की.
जनता की सेवा के अपने चार दशकों से भी अधिक के अनुभव में उन्होंने अनेक पदों पर कार्य किया है. विविध भूमिकाओं में सिद्ध नेतृत्व के साथ सी.पी. राधाकृष्णन समृद्ध राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव रखते हैं. चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 9 सितंबर को होगा और उसी दिन मतगणना भी होगी. संसद के मानसून सत्र के पहले दिन 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद उपराष्ट्रपति का पद रिक्त हो गया था.
संविधान को सिर पर रखकर नाचने वाले ही उसे दगा दे रहे थे, PM मोदी का विपक्ष पर वार
17 Aug, 2025 04:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रधानंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को विश्वास जताया कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में अगले चरण के सुधारों के लिये केंद्र द्वारा भेजे गए प्रारुप को राज्यों का समर्थन शीघ्र मिल जायेगा और देश को जीएसटी सुधार का डबल बोनस मिलेगा। पीएम मोदी ने देश में सुधारों को आगे बढ़ाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा. ‘हमारे लिए सुधार का मतलब सुशासन और सुविधा है।’ प्रधानमंत्री राजधानी में 11,000 हजार करोड़ रुपए की राष्ट्रीय महत्व की विभिन्न राजमार्ग परियोजनाओं का रिमोट कंट्रोल के जरिए उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘इस दिवाली से जीएसटी सुधार के तहत डबल बोनस मिलने जा रहा है। इसका प्रारुप सभी राज्यों को भेज दिया गया है। हमें उम्मीद है कि राज्य सरकार इसमें सहयोग कर इसे स्वीकार करेंगी। इससे जनता और कारोबार को लाभ होगा।”
पीएम मोदी ने इस अवसर पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी का नाम लिए बगैर संविधान की किताब दिखाने के लिए उनकी आलोचना की । उन्होंने कहा कि आज जो संविधान की किताब सिर पर रख कर नाचते हैं, वे किस तरह बाबा साहेब के संविधान को दगा दे रहे थे इसका उदाहरण दिल्ली के म्युनिसिपल कानून में ऐसी व्यवस्था थी जिसमें प्रावधान था कि यदि कोई सफाईकर्मी बिना बताए काम पर नहीं आया तो उन्हें एक माह के लिए जेल में डाल दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा , ‘यह मोदी सरकार है जो ऐसे कानूनों को खोज खोज कर खत्म कर रही है।’ उन्होंने कहा कि दिल्ली और आस पास के राज्यों में आज भाजपा की सरकारें हैं लेकिन कुछ लोगों को भाजपा के लिए जनता का आशीर्वाद पच नहीं रहा है। पीएम मोदी ने कहा, ‘जनता के आशीर्वाद के बाद हमारी जिम्मेदारी है कि हम दिल्ली और एनसीआर का विकास करें, यहां के लोगों के लिए सुविधाएं विकसित करें।” उन्होंने जनता से फिर स्वदेशी अपनाने और देश को मजबूत बनाने में योगदान करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत क्या सोच रहा है, उसके सपने और संकल्प क्या है, यह सब कुछ पूरी दुनिया अनुभव कर रही है। दुनिया की पहली नजर हमारी राजधानी पर पड़ती है। इसलिए दिल्ली को विकास का एक ऐसा माडल बनाना हैँ ताकि सभी को लगे कि यह विकसित हो रहे देश की राजधानी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के कार्यकाल में दिल्ली एनसीआर में सम्पर्क सुविधाओं का विस्तार हुआ है। दुनिया के सबसे बड़े मेट्रो रेल नेटवकों में एक नेटवर्क एनसीआर में है। रिजनल रेल मार्ग बन गया है। हम निरंतर इस दिशा में काम कर रहे हैं। पेरिफरल रोड के बाद अर्बन एक्सटेंशन रोड 2 के बनने से दिल्ली की सुविधा बढ़ी है। इसके निर्माण में दिल्ली में कूड़े के पहाड़ का वैज्ञानिक विधि से इस्तेमाल किया गया है। इससे कूड़े के पहाड़ों के पास की आबादी को राहत मिल रही है। उन्होंने दिल्ली के विकास के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के काम की सराहना की और उनके अल्पकाल कार्यकाल में ही यमुना से 16 लाख टन गाद निकालने के काम का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे सरकार के क्लीन दिल्ली ,ग्रीन दिल्ली अभियान को बल मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा पिछली सरकारों ने दिल्ली को गढ्ढे में गिरा दिया था। दिल्ली को उस गर्त से निकालने और विकास के धरातल पर आगे बढाने के कठिन काम को भाजपा सरकार पूरा करेगी । उन्होंने कहा कि दिल्ली और आसपास के सभी राज्यों में भाजपा की सरकारें है और इसलिए एनसीआर का विकास करना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि कुछ दलों को भाजपा को मिल रहे जन विश्वास पर भरोसा नहीं है। उन्होंने यमुना के पानी में हरियाणा में जहर मिलने के पिछली आप सरकार के नेताओं के बयान का भी उल्लेख किया।
पीएम मोदी ने कहा कि जनता ही हमारी हाई कमान है, हम जनता के जीवन को बेहतर बनायें, यही हमारी नीति और संकल्प है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में युवाओं को पारदर्शिता से नौकरी दी जा रही है। दिल्ली में झुग्गी वालों को पक्के घर, गैस कनेक्शन और बिजली दी जा रही है। पिछले 11 साल में देश में रिकार्ड सड़कें , स्टेशनों के आधुनिकीकरण का काम और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। हिंडन (गाजियाबाद) से विभिन्न शहरों को उड़ानें परिचालित की जा रही है। नोएडा एयरपोर्ट भी जल्दी ही शुरू हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय में दिल्ली में योजनाएं तो बहुत बनी लेकिन काम नहीं किया गया । जनता ने भाजपा को मौका दिया तो काम शुरू हुआ और अब हर क्षेत्र में काम हो रहा है। द्वारका एक्सप्रेस वे जैसी परियोजनाए शुरू हुयी हैं और उनकी सरकार ने अवसंरचना विकास का बजट बढ़ा दिया है। प्रधानमंत्री ने आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण किया उनमें द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड और शहरी विस्तार मार्ग-2 भी शामिल है। इस अवसर पर केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, राज्य मंत्री अजय टमटा और हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के उप राज्यपाल वी के सक्सेना, मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली सरकार के मंत्रीगण, सांसद तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
वोट अधिकार यात्रा, शुरू होने से पहले बोले लालू......संविधान मिटने नहीं देंगे
17 Aug, 2025 11:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बिहार के सासाराम से अपनी 16 दिन की और लगभग 1,300 किलोमीटर लंबी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का आगाज करते उससे पहले आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने हुंकार भरते हुए कहा कि संविधान को मिटने नहीं दिया जाएगा।
गौरतलब है कि विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक इस यात्रा को आगामी बिहार विधानसभा चुनावों से पहले ‘वन पर्सन, वन वोट’ के सिद्धांत की रक्षा के लिए बड़ा अभियान बता रहा है। यह यात्रा 1 सितंबर को पटना में एक मेगा रैली के साथ समाप्त होगी। इस यात्रा के शुरु होने से पहले आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने साफ कहा कि संविधान मिटने नहीं देंगे, जनता जागरूक है और न्याय की उम्मीद कायम है।
वहीं पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने राहुल गांधी की इस पहल को जनता की आवाज बताया। उन्होंने कहा, कि राहुल गांधी सत्ता पाने के लिए नहीं, बल्कि संविधान की रक्षा के लिए निकले हैं। उनका मकसद नफरत खत्म करना, किसानों की भलाई, युवाओं को रोजगार और चुनाव आयोग की लूट रोकना है।
यहां तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा, कि बिहार की धरती लोकतंत्र की जननी है। हम लोग वोट डालने के अधिकार को मिटने नहीं देंगे। लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं, इसलिए यह लड़ाई जरूरी है। हमें उम्मीद है कि कोर्ट से भी न्याय मिलेगा। बहरहाल राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ ने न सिर्फ बिहार बल्कि देश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।
उपराष्ट्रपति आवास से निकलने के बाद अब कहां रहेंगे जगदीप धनखड़?
17 Aug, 2025 10:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जगदीप धनखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अचानक इस्तीफे के बाद उनके ठिकाने को लेकर विपक्षी दलों की तरफ से लगातार सवाल उठाए जा रहे थे। हाल ही में इसको लेकर भी जानकारी सामने आ गई। वह फिलहाल उपराष्ट्रपति के आधिकारिक आवास उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में ही रह रहे हैं, लेकिन जल्द ही उन्हें नए आवास में शिफ्ट किया जाएगा। केंद्र सरकार ने उनके लिए बंगला ढूंढने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इतना तय है कि उन्हें दिल्ली के लूटियंस जोन में ही कोई बड़ा सा बंगला दिया जाएगा।
इस्फेफ़े के बाद से न तो उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई बयान दिया है और न ही उन्हें किसी कार्यक्रम में देखा गया। हाल ही में राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने सरकार और खासकर गृह मंत्री अमित शाह से जगदीप धनखड़ का पता पूछा था। हाल ही में जह इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को लेकर कांग्रेस से साल किया गया तो उसने धनखड़ का पता पूछ दिया था। पवन खेड़ा ने कहा था, “धनखड़ साहब का पता चला क्या, कि आजकल वो कहां है। हम सही वक्त पर हम उम्मीदवार की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि अभी इतनी जल्दी क्या है। अभी तो वे लोग भी नहीं तय कर पाए हैं कि उनका उपराष्ट्रपति पद के लिए कौन उम्मीदवार कौन होगा। इस मामले में आरएसएस, चंद्रबाबू नायडू, नीतीश कुमार सभी की अपनी राय है। उन्होंने कहा, भाजपा में भी दो-तीन अलग-अलग समूह बन चुके हैं। पहले उन्हें तय करने दीजिए कि वह क्या करने वाले हैं।
बता दें कि धनखड़ अपने कार्यकाल के दौरान कई मुद्दों पर मुखर रहे, खासकर न्यायपालिका से जुड़े विषयों पर। उनके अचानक इस्तीफे के बाद विपक्षी सांसद लगातार उनके ठिकाने और हालात को लेकर सवाल उठा रहे थे। इस बीच, राज्यसभा सचिवालय ने 6 अगस्त को आदेश जारी कर कौस्तुभ सुधाकर भालेकर को पूर्व उपराष्ट्रपति का निजी सचिव नियुक्त किया है। भालेकर इससे पहले धनखड़ के वरिष्ठ निजी सचिव के रूप में कार्यरत थे।
राहुल गांधी निकले बिहार यात्रा पर तभी एक बुजुर्ग ने किया इशारा, रुका काफिला और फिर......
17 Aug, 2025 10:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी वोटर अधिकार यात्रा शुरू करने रविवार सुबह पटना के लिए रवाना हुए। इसी बीच एक बुजुर्ग ने उन्हें रुकने का इशारा किया। राहुल गांधी ने काफिला रोक उन्हें अपने पास बुलाया और उनसे बात भी की। जिनके लिए राहुल गांधी ने काफिला रुकवाया उनका संबंध मध्य प्रदेश के चुरहट से बताया जा रहा है। यह जानकारी उन्होंने खुद ही मीडिया से बात करते हुए दी है।
बिहार में वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत करने के लिए रविवार सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी जैसे ही दिल्ली स्थित अपने आवास से निकले तभी यह घटनाक्रम घटित हो गया। दरअसल राहुल गांधी का काफिला आवास से निकलकर जैसे ही सड़क पर पहुंचा एक बुजुर्ग जिनके हाथ में तिरंगा था ने उन्हें रुकने का इशारा किया। उन्हें देख राहुल गांधी ने तुरंत ही काफिले को रुकने का इशारा किया। इसके बाद बुजुर्ग को राहुल गांधी ने अपने पास बुलाया और उनसे बात भी की।
काफिले को रोक आखिर राहुल गांधी ने किस बुजुर्ग से बात की? वो बुजुर्ग आखिर कौन थे और कहां से आए? राहुल गांधी ने उनसे क्या कहा? इन तमाम सवालों के जवाब बुजुर्ग ने खुद ही मीडिया से बात करते हुए दे दिए। दरअसल इन बुजुर्ग का नाम करुणा प्रसाद मिश्रा है, जो कि मध्य प्रदेश के हैं। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, कि मध्य प्रदेश के सीधी जिले में स्थित चुरहट विधानसभा का मैं मतदाता हूं और राहुल गांधी से मेरा आज का नहीं बल्कि बहुत पुराना नाता है। कंधे में झोला लटकाए और हाथ में तिरंगा लिए बुजुर्ग ने कहा कि महात्मा गांधी के बाद इस भारतीय नौजवान ने जिस तरह से हिंदुस्तान में अद्वितीय यात्राएं कीं हैं, ऐसे में हमारी नैतिकता बनती है कि हम भी उन्हें गाइड करें। राहुल गांधी से क्या चर्चा हुई इस पर बुजुर्ग ने कहा, कि बिहार में उनकी यात्रा के संदर्भ में चर्चा हुई है। राहुल गांधी से बात करने के बाद बुजुर्ग पूरी तरह आश्वस्त नजर आए हैं।
सोनिया गांधी की नागरिकता पर सवाल, विजयवर्गीय बोले- विदेशी होकर भारतीय वोटर कैसे
17 Aug, 2025 10:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर: मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस द्वारा देश में फैलाए जा रहे भ्रम पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि, ''निर्वाचन आयोग की SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि स्वतंत्रता के बाद से ही चुनाव आयोग हर राज्य में नियमित रूप से यह कार्य करता आ रहा है.''
कांग्रेस नैरेटिव बना रही
उन्होंने अपना वीडियो जारी कर कहा, ''SIR के तहत ऐसे लोग जिनकी मृत्यु हो गई है, ऐसे लोग जिनका नाम वोटर लिस्ट में दो बार है, ऐसे लोग जिन्होंने राज्य छोड़ दिया है, उनके नाम हटाए जाते हैं और नए लोगों के नाम जोड़े जाते हैं. यह कोई नया काम नहीं है, लेकिन कांग्रेस इसमें एक नैरेटिव बना रही है. आपकी मां जब इस देश की नागरिक नहीं थीं तो उन्होंने वोटर लिस्ट में नाम कैसे जुड़वाया था? क्या वोट की चोरी नहीं की उन्होंने.''
सोनिया देश की नागरिक नहीं तो वोटर लिस्ट में नाम कैसे जुड़ा
मंत्री विजयवर्गीय जी ने कहा, ''मैं कांग्रेस से सवाल करना चाहता हूं कि राहुल जी, आपकी मां जब इस देश की नागरिक नहीं थीं तो उन्होंने वोटर लिस्ट में नाम कैसे जुड़वाया था? क्या वोट की चोरी नहीं की उन्होंने? आप वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं, घुसपैठियों को घुसेड़ रहे हैं, अपने पक्ष में उनसे मतदान करा रहे हैं, क्या यह वोट चोरी नहीं है? यह देश के साथ गद्दारी है और इसलिए इस प्रकार का नैरेटिव बनाकर आप देश की जनता को नासमझ मत समझिए. जनता आपका चेहरा पहचान गई है.''
जनता कांग्रेस को पहचान चुकी है
विजयवर्गीय ने कहा, उच्चतम न्यायालय ने भी कह दिया है कि यह एक सतत चलने वाली प्रक्रिया है. इसे कैसे रोक सकते हैं आप? जहां तक बिहार का सवाल है तो 65 लाख मतदाताओं के नाम उन्होंने निकाले हैं. माननीय उच्चतम न्यायालय ने भी कहा है कि नाम निकालने का कारण बता दीजिए आप, बाकी इस प्रक्रिया को रोका नहीं जा सकता है. जब न्यायालय ने प्रमाण पत्र दे दिया तो आपको किसके प्रमाण पत्र की जरूरत है. इसलिए राहुल गांधी आपने लोकसभा के चुनाव में संविधान का नैरेटिव बना दिया था, इस बार यह नैरेटिव बनने वाला नहीं है. आपके चेहरे पर कालिक पुतने वाली है. देश की जनता आपको पहचान चुकी है.''
राहुल गांधी 17 से शुरु करेंगे वोटर अधिकार यात्रा, 1 सितंबर को पटना में होगा समापन
16 Aug, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। लोकसभा में नेताप्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मतदाता सूचियों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बिहार के लोगों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मैं 17 अगस्त से बिहार में हैं और यहां के मतदाताओं के अधिकार के लिए उनके साथ खड़ा हूं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि 17 अगस्त से बिहार में हूं, आपके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने और आपके मताधिकार के लिए कंधे से कंधा मिलाकर लड़ने को तैयार हूं। बिहार को जोड़ती हुई 16 दिन और 1300 किलोमीटर की वोटर अधिकार यात्रा, साथ आएं, हाथ बटाएं। ये भारत के लोकतंत्र और आपके पहले संवैधानिक हक को बचाने की लड़ाई है।
बता दें कि बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का विरोध हो रहा है। इसे लेकर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा निकलेगी। यह यात्रा 17 अगस्त से लेकर 1 सितंबर तक चलेगी। राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा 17 अगस्त को सासाराम, रोहतास से निकलेगी, जो 18 अगस्त को देव दोह, अंबा-कुटुंबा और 19 को हनुमान मंदिर, पूनामा, वजीरगंज पहुंचेगी। 20 अगस्त को एक दिन के ब्रेक के बाद 21 अगस्त को तीज मोहाली दुर्गा मंदिर, शेखपुरा से फिर यात्रा निकलेगी, जो 22 अगस्त को चंदन बाग चौक, मुंगेर, 23 अगस्त को कुर्मला चौक, बरारी, कटिहार और 24 अगस्त को खुश्कीवान, कटिहार से पूर्णिया पहुंचेगी। 25 अगस्त को एक दिन ब्रेक के बाद फिर यात्रा 26 अगस्त को हुसैन पौक, सुपौल से निकलेगी, जो 27 अगस्त को गंगवारा महावीर स्थान, दरभंगा, 28 अगस्त को रीगा रोड, सीतामढ़ी, 29 अगस्त को हरिवाटिका गांधी चौक, बेतिया और 30 अगस्त को एकमा चौक, एकमा विधानसभा, छपरा पहुंचेगी। 31 अगस्त को फिर ब्रेक और फिर 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में यात्रा समाप्त हो जाएगी।
पीएम मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रंशसा की, दुनिया का सबसे बड़ा गैर-सरकारी संगठन बताया
16 Aug, 2025 10:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने आरएसएस के 100 साल पूरे होने पर दुनिया का सबसे बड़ा गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) बताकर राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को सराहा।
पीएम मोदी ने कहा कि आरएसएस ने पिछले 100 सालों से व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के सिद्धांत पर काम करते हुए मां भारती की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने आरएसएस को 100 साल के इतिहास वाला एक ऐसा संगठन बताया जिसके पास निष्ठा और समर्पण का इतिहास है।
इस मौके पर, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया और भारत को एक अनोखा देश बताया, जिसका उद्देश्य दुनिया में शांति और खुशी फैलाना है। उन्होंने कहा कि भारत का धर्म दुनिया के साथ साझा किया जाना चाहिए ताकि एक नई दुनिया का निर्माण हो सके जो शांति और सुख से भरी हो। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की आजादी का उद्देश्य हर व्यक्ति को सुख, हिम्मत, सुरक्षा, शांति और सम्मान देना है।
इस साल लाल किले के समारोह में करीब 5,000 विशेष मेहमान शामिल हुए। इनमें स्पेशल ओलंपिक 2025 की भारतीय टीम, अंतरराष्ट्रीय खेलों के विजेता, खेलो इंडिया पैरा गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता और राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन और शहद मिशन के तहत प्रशिक्षित किसान शामिल थे। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्य मंत्री संजय सेठ और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने भी हिस्सा लिया। 128 जवानों की एक टुकड़ी ने सलामी गारद पेश की, जिसकी अगुवाई विंग कमांडर अरुण नागर ने की।
धूप में चक्कर आए तो न हों परेशान: ये 5 आसान तरीके आपको तुरंत देंगे राहत।
श्रीनगर में आतंकियों का खौफनाक प्लान फेल, महिला सहयोगी सहित 4 पकड़े गए
चोट को दी मात: कोहनी और कंधे की समस्या से उबरे मिचेल स्टार्क, डीसी कैंप से जुड़ने को तैयार
कारोबारी जगत में शोक, शिवरतन अग्रवाल को दी जा रही श्रद्धांजलि
एम्स ऋषिकेश में आज बड़ा आयोजन, उपराष्ट्रपति की मौजूदगी से बढ़ी गरिमा
बिहार में कैबिनेट विस्तार की तैयारी, नए मंत्रियों की एंट्री पर सियासी सरगर्मी
मिर्जापुर में खौफनाक सड़क हादसा, टक्कर के बाद गाड़ी में लगी आग, 11 जिंदा जले
