देश
गणतंत्र दिवस: टी-90 टैंक और ब्रह्मोस मिसाइल से सेना दिखाएगी भारत की ताकत
19 Jan, 2025 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर मनाए जाने वाले 76 वें गणतंत्र दिवस परेड समारोह में भारतीय सेना के मार्चिंग दस्ते में टी-90 भीष्म टैंक, सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम, पिनाका रॉकेट और आकाश एयर डिफेंस सिस्टम जैसे वो बेहद मारक हथियार शामिल होंगे। जिनकी उपस्थिति मात्र से ही देश के दुश्मन थरथर कांपेंगे। इसके अलावा जवानों की मार्चिंग टुकड़ी में ब्रिगेड ऑफ द गार्डस, महार रेजिमेंट, जाट रेजिमेंट, गढ़वाल राइफल्स, जम्मू-कश्मीर राइफल्स और कॉर्प्स ऑफ सिग्नल्स जैसी सेना की 6 रेजिमेंट की प्रमुखता से भागीदारी देखने को मिलेगी। फिलहाल सेना का यह समूचा दस्ता कर्तव्य पथ पर परेड में शामिल होने के लिए अभ्यास में जुटा हुआ है। सेना ने शनिवार को बताया कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए हमारी तैयारियां लगभग अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस बार हम परेड के दौरान सेना की सुव्यवस्थित परंपरा के साथ ही अनुशासन और आधुनिक तकनीक के मिश्रण को देश-दुनिया के सामने बखूबी प्रदर्शित करेंगे। कर्तव्य पथ पर सशस्त्र सेनाओं की सुप्रीम कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सामने सेना के मार्चिंग दस्ते के साथ सैन्य बैंड भी देशभक्ति की अपनी मनमोहक धुनों के साथ आगे बढ़ेंगे। इसके अलावा सेना द्वारा परेड के दौरान प्रदर्शित किए जाने वाले सैन्य हथियारों में टी-90 भीष्म टैंक, आईसीवी बीएमपी-2, नाग मिसाइल सिस्टम, क्विक रिएक्शन फाइटिंग व्हीकल (नंदीघोष), पिनाका रॉकेट लॉन्चिंग सिस्टम, शॉर्ट स्पैन ब्रिजिंग सिस्टम, बैटलफील्ड सर्विलांस सिस्टम (संजय), ऑल टेरेन व्हीकल (चेतक), आकाश एयर डिफेंस वेपन सिस्टम, ग्रेड बीएम-21 रॉकेट लांचर, लाइट स्ट्राइक व्हीकल (बजरंग) शामिल होंगे।
आत्मनिर्भर भारत को समर्पित परेड
सेना ने बताया कि इस वर्ष की परेड देश की सुरक्षा और प्रगति को समर्पित रहेगी। जिसमें स्वदेशीकरण और आत्मनिर्भर भारत अभियान द्वारा प्रदान की गई गति की साफ तौर पर झलक देखने को मिलेगी। गौरतलब है कि इस बार परेड समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो शिरकत करेंगे।
सैफ के हमलावर को पुलिस ने पकड़ा कहा- अभी पुख्ता जानकारी नहीं है
19 Jan, 2025 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। महाराष्ट्र पुलिस ने दावा किया है कि अभिनेता सैफअली खान के हमलावर को उसने पकड़ लिया है। मुंबई पुलिस के डीसीपी दीक्षित गेदाम ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आरोपी की पहचान मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के रूप में हुई और उसे ठाणे से गिरफ्तार किया गया है। प्राथमिक जांच के बाद हमें ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिससे हम कह सकते हैं आरोपी बांग्लादेशी मूल का है। हम उसका मेडिकल कराएंगे और उसके बाद कोर्ट में पेश करेंगे। मुंबई पुलिस पूछताछ के लिए कोर्ट से आरोपी के रिमांड की मांग करेगी। डीसीपी से यह पूछे जाने पर कि क्या आरोपी पहले भी सैफ के घर में आ चुका था? डीसीपी गेदाम ने कहा कि इस बारे में अभी हमारे पास कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। हमें लगता है कि चोरी के इरादे से वह पहली बार सैफ के घर में घुसा था।
डीसीपी दीक्षित गेदाम ने बताया कि आरोपी के पास से भारत का कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिला है। इसलिए पुलिस ने उसके खिलाफ पासपोर्ट एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ चल रही है। वह 5-6 महीने पहले मुंबई आया था और एक हाउस कीपिंग एजेंसी में काम करता था। आरोपी शहजाद ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसे नहीं पता था कि वह सैफ अली खान के घर में घुस रहा है। आरोपी ने बताया कि उसका इरादा सिर्फ चोरी करने का था और इसीलिए वह घर में घुसा था। अचानक सैफ अली खान उसके सामने आ गए और उसने अभिनेता पर चाकू से कई बार हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गए।
आरोपी का कोई अपराधिक रिकॉर्ड नहीं है
मुंबई पुलिस के मुताबिक आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। पुलिस मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के बारे में और जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अगर वह बांग्लादेशी नागरिक है, तो उसने भारत में अवैध एंट्री कैसे की।
हिमाचल में राशनकार्ड धारकों को फरवरी में मिलेगा सस्ते दाम पर सरसों का तेल
19 Jan, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिमला। हिमाचल प्रदेश के राशनकार्ड धारकों को फरवरी में सरसों का तेल मिलेगा। सरसों और रिफाइंड तेल खरीद से जुड़ी फाइल सीएम ऑफिस पहुंच गई है। उम्मीद है कि अगले माह 16.65 लाख उपभोक्ताओं को सरसों का तेल मिलेगा। सरसों का तेल एल-वन मूल्य पर उपलब्ध होगा। राशन डिपो में उपभोक्ता पिछले वर्ष नवंबर से सरसों तेल मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
अक्टूबर तक उपभोक्ताओं को 123 व 129 रुपए प्रति लीटर मूल्य पर सरसों तेल मिल रहा था, जबकि रिफाइंड तेल का दाम 97 रुपए प्रति लीटर था। पिछले तीन माह में सरसों तेल में तेजी आने से मूल्य डेढ़ सौ रुपए प्रति लीटर पहुंच गया था, जिसे देखते हुए सीएम कार्यालय ने तेल के मूल्य में अंतर आने पर फाइल लौटा दी थी और पुरानी दरों पर तेल खरीदने को कहा था।
निगम प्रबंधन और सचिवालय अधिकारियों की ओर से सस्ती दरों पर सरसों के तेल की खरीद करने के लिए प्रयास जारी थे। सरसों तेल की थोक खरीद होने पर यह प्रदेश सरकार को प्रति पैकेट पंद्रह रुपए सस्ता मिलता है। जिसे सरकार राशन डिपो में उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाती है। ई-केवाइसी की औपचारिकता पूरी नहीं होने से निकट भविष्य में 2.65 लाख उपभोक्ताओं को सस्ता राशन नहीं मिल पाएगा। प्रदेश में कुल 19.30 लाख उपभोक्ता है और अब 16.65 लाख उपभोक्ताओं को ही सस्ती दरों पर राशन उपलब्ध हो सकेगा।
अवैध खनन रोकने व निगरानी के लिए 80 खनन सुरक्षकों की नियुक्ति होगी। इससे संबंधित फाइल भी सीएम कार्यालय पहुंच गई है। सीएम की मंजूरी मिलते ही नियुक्ति संबंधी औपचारिकताएं शुरू होंगी। जिसके बाद अवैध खनन रोकने के लिए सरकार कड़े कदम उठाएगी। इसके लिए खनन सुरक्षकों की नियुक्ति होगी, जिन पर अवैध खनन रोकने का जिम्मा होगा।
किसान नेता डल्लेवाल की हालत नाजुक, बीती रात हुई 3-4 बार उल्टियां
19 Jan, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटियाला। पंजाब और हरियाणा के खनौरी बॉर्डर पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन का शनिवार को 54वां दिन है। शुक्रवार रात को डल्लेवाल को 3-4 बार उल्टियां आईं। पहले वे 2 लीटर तक पानी पी रहे थे, लेकिन अब एक लीटर से भी कम पानी पी रहे हैं।
खनौरी बॉर्डर पर 111 किसानों के साथ हरियाणा के 10 किसान भी अनशन पर बैठ गए। वहीं खनौरी और शंभू मोर्चे के नेताओं और संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के नेताओं की पटियाला के पातड़ा में हुई है। बैठक में 26 जनवरी को होने वाले ट्रैक्टर मार्च को लेकर योजना बनाई गई। लेकिन सभी एसकेएम और शंभू-खनौरी बॉर्डर के नेताओं में एकता को लेकर फैसला नहीं हो सका। एसकेएम ने इसके लिए अभी और समय की मांग की है। एसकेएस नेता सोमवार को लोकसभा व राज्यसभा के सांसदों को ज्ञापन सौंपने वाले है। वहीं, सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि 21 जनवरी को 101 किसानों का जत्था फिर दिल्ली की तरफ कूच करेगा।
30 करोड़ की मूर्ति चोरी
19 Jan, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मिर्जापुर। मिर्जापुर जिले की पडऱी थाना क्षेत्र के श्री राम जानकी मंदिर से चोरी अष्टधातु की तीन मूर्तियों को पुलिस एसओजी टीम ने बरामद कर लिया है। मामले में आश्रम के ही बंसी बाबा समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा एसपी ऑपरेशन ओपी सिंह ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान किया। बता दें कि 14 जनवरी को श्री राम जानकी मंदिर से अष्टधातु की तीन मूर्ति चोरी हो गई थी। आश्रम की देखरेख करने वाले बंसी बाबा ने ही मुकदमा दर्ज कराया था।
भारतीय नौसेना पोत मुंबई बहुराष्ट्रीय अभ्यास ला पेरोस में होगा शामिल
19 Jan, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । स्वदेशी रूप से निर्मित और निर्देशित मिसाइल विध्वंसक आईएनएस मुंबई बहुराष्ट्रीय अभ्यास ला पेरोस के चौथे संस्करण में भागीदारी कर रहा है। इस संस्करण में ऑस्ट्रेलिया की रॉयल नौसेना, फ्रांसीसी नौसेना, रॉयल नौसेना, संयुक्त राज्य अमरीका की नौसेना, इंडोनेशिया की नौसेना, मलेशिया की रॉयल नौसेना, सिंगापुर की नौसेना और कनाडा की रॉयल नौसेना सहित विभिन्न समुद्री भागीदारों के कर्मी/सतह और उप-सतह परिसंपत्तियों की भागीदारी का साक्ष्य बनेंगी।
इस अभ्यास का उद्देश्य समुद्री निगरानी, समुद्री अवरोधन संचालन और हवाई संचालन के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाते हुए प्रगतिशील प्रशिक्षण और सूचना साझाकरण के संचालन के माध्यम से साझा समुद्री परिस्थिति जागरुकता को विकसित करना है। यह अभ्यास समान विचारधारा वाली नौसेनाओं को बेहतर सामरिक अंतर-संचालन के लिए योजना, समन्वय और सूचना साझाकरण में घनिष्ठ संबंध विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। इस अभ्यास में सतह युद्ध, वायु-विरोधी युद्ध, वायु-रक्षा, क्रॉस डेक लैंडिंग और सामरिक युद्धाभ्यास सहित जटिल एवं उन्नत बहु-आयामी अभ्यासों के साथ-साथ वीबीएसएस (विजिट, बोर्ड, सर्च एंड सीजर) संचालन जैसे कांस्टेबुलरी मिशन शामिल होंगे।
इस अभ्यास में भारतीय नौसेना की भागीदारी समान विचारधारा वाली नौसेनाओं के बीच उच्च स्तर का सामंजस्य, समन्वय और अंतर-संचालनशीलता तथा समुद्री क्षेत्र में नियम-आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह यात्रा भारत के सागर (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य सुरक्षित एवं संरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए समुद्री सहयोग और सहभागिता को बढ़ाना है।
अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाला संदिग्ध छत्तीसगढ़ में गिरफ्तार
19 Jan, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के मामले में छत्तीसगढ़ की दुर्ग रेल पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे पुलिस ने शनिवार दोपहर शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे से संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया। सूत्रों से जानकारी मिली है कि मुंबई पुलिस जल्द ही छत्तीसगढ़ के दुर्ग पहुंचेगी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने दुर्ग रेल पुलिस को सूचना दी थी कि ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन से एक संदिग्ध व्यक्ति यात्रा कर रहा है। उसकी फोटो और टावर लोकेशन भी साझा की गई थी। इस आधार पर दुर्ग रेल पुलिस ने उक्त ट्रेन के जनरल डिब्बे की जांच की। इस दौरान उन्हें आरोपी मिल गया। मुंबई से पुलिस अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए संदिग्ध की पहचान कर ली। अब मुंबई पुलिस संदिग्ध को यहां लाकर उससे आगे की पूछताछ करेगी। आपको बता दें कि मुंबई पुलिस ने मामले की जांच के लिए 35 टीमें बनाई हैं। वे अलग-अलग जगहों पर जांच कर रही हैं। शनिवार को हमलावर बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास लगे सीसीटीवी में नजर आया था। बताया जा रहा है कि हमले के बाद भागते समय उसने अपने कपड़े बदले थे। फुटेज से यह भी पता चला है कि संदिग्ध व्यक्ति दादर में एक मोबाइल शॉप पर हेडफोन खरीद रहा था।
क्या है मामला ?
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर तीन दिन पूर्व बांद्रा (पश्चिम) स्थित उनके घर में देर रात अज्ञात चोर ने चाकू से हमला किया था। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के समय सैफ का परिवार घर पर था। सैफ अली खान को छह जगहों पर चाकू घोंपे जाने के बाद गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सैफ के घर से सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है। घटना की जांच बांद्रा पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है। चल रही जांच के बारे में बात करते हुए पुलिस उपायुक्त दीक्षित गेडाम ने कहा कि घर में घुसने वाला हमलावर अब सुरक्षा तोड़कर आया था। हमलावर सैफ के फ्लैट में कैसे घुसा? क्या हमलावर चोरी का प्रयास कर रहा था या उसका कोई अन्य उद्देश्य था? इसकी भी जांच की जा रही है।
गुजरात हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस और वकील के बीच तीखी नोकझोंक
18 Jan, 2025 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद। गुजरात हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल और हाईकोर्ट वकील संघ के अध्यक्ष बृजेश जे त्रिवेदी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान एक पीआईएल पर सुनवाई हो रही थी। वकील बृजेश त्रिवेदी ने मुख्य न्यायाधीश के कोर्ट में व्यवहार की आलोचना करते हुए कहा कि वह वकीलों, विशेषकर सीनियर वकीलों को उनके तर्क समाप्त करने का मौका नहीं देती हैं। त्रिवेदी ने यहां तक कहा कि वह इस स्थिति को सहन कर रहे हैं, लेकिन यह बार-बार हो रहा है और यह उचित नहीं है।
वकील बृजेश त्रिवेदी ने कहा कि यह बार-बार उल्टा हो रहा है। कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता इसे सहन करने के लिए दयालु रहे हैं। मैंने 2023 में लॉर्ड फ्रांसिस बेकन का एक अच्छा उदाहरण इस्तेमाल किया था। मैं इसे दोहराना नहीं चाहता। मुझे उम्मीद है कि आपकी महारानी को यह याद होगा। मैं कोई जज नहीं हूं, यह एक अतिशयोक्तिपूर्ण न्यायाधीश के बारे में है।
बता दें कि मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल और न्यायमूर्ति प्रणव त्रिवेदी की पीठ एक सार्वजनिक हित याचिका पर सुनवाई कर रहे थे, जो अवैध निर्माणों को लेकर दायर की गई थी। वकील त्रिवेदी इस मामले का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। मुख्य न्यायाधीश ने वकील त्रिवेदी से कहा कि कृपया मुझे अपना बयान पूरा करने दीजिए। मैंने आपसे कुछ पूछा था, लेकिन आपने मेरा सवाल पूरा नहीं होने दिया। इसके बाद त्रिवेदी ने उत्तर दिया कि कोई समस्या नहीं। आप सम्मानजनक सवाल पूछ सकती हैं। जब मामला बढ़ा और त्रिवेदी ने कोर्ट से मामले को अन्य पीठ में भेजने की मांग कर दी तो मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि कोर्ट में इस प्रकार का व्यवहार नहीं होना चाहिए।
इसके बाद त्रिवेदी ने कहा कि वह मामले की सुनवाई के लिए दो सप्ताह का समय चाहते हैं, जिस पर मुख्य न्यायाधीश ने आपत्ति जताई। इस बीच जब एक दूसरे वकील ने त्रिवेदी को शांत करने की कोशिश की तो त्रिवेदी ने कहा कि यह वह तरीका नहीं है जिस प्रकार उच्च न्यायालय को मामलों की सुनवाई करनी चाहिए। उन्होंने कोर्ट से मामले को स्थगित करने की अपील की और कहा कि यह कोर्ट की ओर से उचित व्यवहार नहीं था। जब मामला और बढ़ा और त्रिवेदी ने मुख्य न्यायाधीश पर ओवरस्पीकिंग जज होने का आरोप लगाया। उन्होंने कोर्ट छोड़ने का फैसला लिया।
सैफ ने घर की सभी महिलाओं को ऊपर की मंजिल पर भेज दिया था
18 Jan, 2025 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच बॉलीवुड फिल्म स्टार सैफ अली खान के हमलावर की खोज में जुटी है। सिर्फ एक चोर 28 टीमों को पिछले 52 घंटों से चकमा दे रहा है। अब तक इस मामले में दर्जनों लोगों से पूछताछ हो चुकी है लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली के खाली हैं।
पुलिस ने सबसे पहले इस मामले में उस रात घर में मौजूद नैनी के बयान दर्ज किए। अब सैफ अली की पत्नी करीना ने अपना बयान दर्ज कराया है। करीना ने बांद्रा पुलिस को बताया कि आधी रात को जब ये सब हुआ तो सैफ ने अकेले ही उस हमलावर का मुकाबला किया सैफ ने इस दौरान घर की सभी महिलाओं को बिल्डिंग की 12वीं मंजिल पर भेज दिया था। करीना ने बताया कि जब वह 12वीं मंजिल से नीचे 11वीं मंजिल पर आई तो देखा कि आरोपी गुस्से में सैफ पर चाकू से लगातार हमला कर रहा था। सैफ बीच में आए तो हमलावर जेह सैफ-करीना का छोटा बेटा तक नहीं पहुंच सका। करीना ने बयान में आगे कहा कि वह तब बहुत डर गई थी।
इलियमा फिलिप के बयान के मुताबिक उसने और जुनू ने जहे को कमरे में सुला दिया था। करीब 2 बजे फिलिप की नींद खुली और उसने देखा कि बाथरूम की लाइट जल रही है और दरवाजा खुला है। शुरू में उसे लगा कि करीना कपूर बच्चे को देखने आई होंगी, लेकिन जल्द ही उसे लगा कि कुछ गडबड़ है, उसने देखा कि एक आदमी बाथरूम से निकलकर जहे के बेड की ओर बढ़ रहा है। वह तुरंत खड़ी हो गई। फिर भी शख्स जेह को जगाने उसके बैड के पास गया। उसके बाएं हाथ में एक लकड़ी थी और उसके दाहिने हाथ में एक लंबी, हैकसॉ जैसी ब्लेड थी। उसकी नजर जैसे ही मेरे ऊपर पड़ी वह मेरी ओर दौड़ा। इस झगड़े में उसने मुझ पर ब्लेड से हमला कर दिया। मेरी कलाई पर चोट लगी। मैंने पूछा कि उसे क्या चाहिए। उसने कहा कि उसे पैसे चाहिए और वह भी एक करोड़ रुपए। इसी बीच आवाज सुनकर सैफ अली खान आ गए तो हमलावर ने उन पर हमला बोल दिया।
वहीं, सैफ अली खान पर हमला करने वाले हमलावर का नया वीडियो सामने आया है। इसमें वह अलग रंग के कपड़े पहने दिख रहा है। वह बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास कपड़े बदलकर आगे जाता नजर आ रहा है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर नजर आ रहा है कि कैसे वह अपने हाथ को फोल्ड करके आगे जा रहा है। ऐसा लग रहा है कि आरोपी को इस बात की चिंता है कि कहीं सीसीटीवी कैमरे में ना आ जाए लेकिन उसके फास्ट्रेक बैग से उसकी पहचान हो गई। जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है वह सुबह 7 बजे का है। इतना ही नहीं, वह एक दुकान पर हेडफोन खरीदता भी नजर आया।
गांधी महात्मा कैसे हो गए उन्होंने तप किया या सिद्धि थी उनके पास?
18 Jan, 2025 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज,। महाकुंभ में अभय सिंह उर्फ आईआईटियन बाबा सुर्खियां बटोर रहे हैं। वह लगातार मीडिया से बात कर रहे हैं और हर मुद्दे पर अपने विचार रख रहे हैं। उन्होंने सनातन और इस्लाम दोनों पर चर्चा की है। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को मिला गांधी टाइटल पर सवाल उठाया है। बाबा अभय ने राष्ट्रपति गांधी को मिली महात्मा की उपाधि को गलत बताया। आईआईटी बाबा अभय सिंह ने कहा कि लोगों को अध्यात्म की समझ नहीं थी इसलिए उन्होंने गांधी को महात्मा की उपाधि दे दी। कैसे महान आत्मा हो गए वह। क्या किया उन्होंने? क्या तप किया उन्होंने? क्या सिद्धि थी उनके पास?
आईआईटी बाबा अभय सिंह ने एक साक्षात्कार में इस्लाम के बारे में कहा कि मुसलमानों से मुझे कोई दिक्कत नहीं लेकिन इस्लाम धर्म अच्छा नहीं है। इस्लाम एक गलत विचारधारा है। यह नफरत सिखाता है। बोलता है कि तू शांति में रह। अरे तो तू भी शांति में रह ना। जब उनसे सनातन धर्म के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा आने वाले समय में सिर्फ सनातन ही रहेगा।
आईआईटियन बाबा का एक न्यूज चैनल से बातचीत का वीडियो चार दिन पहले सामने आया था। उसमें उन्होंने बताया था कि उन्होंने आईआईटी मुम्बई से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और कनाडा में 36 लाख के पैकेज की नौकरी छोड़ वैरागी बन गए हैं। वह धाराप्रवाह अंग्रेजी बोल रहे थे। देखते ही देखते उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया था।
पीएम मोदी ने स्वामित्व योजना के संपत्ति कार्ड किए वितरित
18 Jan, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वर्चुअली 65 लाख स्वामित्व संपत्ति कार्ड वितरित किए। इस आयोजन में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के 50 हजार से ज्यादा गांव शामिल हुए। कार्यक्रम में वर्चुअली हिस्सा ले रहे पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 5 साल में करीब डेढ़ करोड़ लोगों को स्वामित्व कार्ड मिले हैं और अब तक 1.53 लाख से ज्यादा गांवों के लिए लगभग 2.25 करोड़ संपत्ति कार्ड तैयार किए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 जनवरी को स्वामित्व योजना के तहत संपत्ति कार्ड वितरित किए। इस योजना के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी जमीन का मालिकाना हक मिला है। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लाभार्थियों से बातचीत भी की। यहां मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल भी कार्ड वितरण कार्यक्रम में शरीक हुए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने इस योजना को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और गांवों के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत करीब 5 सालों में डेढ़ करोड़ लोगों को स्वामित्व कार्ड मिल चुके हैं। इसके जरिए ग्रामीणों को कानूनी प्रमाणपत्र हासिल हो गए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज के इस कार्यक्रम में 65 लाख से ज्यादा परिवारों को स्वामित्व कार्ड वितरित किए गए हैं।
इसी दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने क्लाइमेट चेंज होने और पानी की कमी, स्वास्थ्य संकट के साथ ही महामारी जैसी समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने एक अध्ययन में यह पाया है कि कई देशों में लोगों के पास प्रॉपर्टी के कानूनी दस्तावेज ही नहीं होते हैं, जो गरीबी उन्मूलन में एक बड़ी रुकावट है। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी राइट्स का होना बहुत जरूरी है ताकि लोगों को अपनी संपत्तियों की सुरक्षा और कानूनी रूप से अधिकार प्राप्त हो सकें।
यहां बताते चलें कि स्वामित्व योजना अप्रैल 2020 में प्रारंभ की गई थी। इस योजना में 31 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अभी तक शामिल हो चुके हैं। इस योजना के तहत हजारों गांवों में ड्रोन तकनीक का उपयोग कर संपत्तियों की मैपिंग की जा चुकी है, जिससे लोगों को अपने घर और जमीन का कानूनी हक मिल रहा है।
केरल में घटती आबादी बनी चिंता का विषय, तेजी से आ रही गिरावट
17 Jan, 2025 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। केरल, जिसे भारत का यूरोप कहा जाता है, अपने बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और प्रति व्यक्ति आय के लिए जाना जाता है। हालांकि, अब यहां की आबादी में जिस गति से गिरावट आ रही है, वह चिंता का विषय बन गई है। 2024 में केरल की अनुमानित आबादी 3.6 करोड़ थी, जबकि 1991 में यह संख्या 2.90 करोड़ थी।
पिछले 35 वर्षों में राज्य की आबादी केवल 70 लाख बढ़ी है। 2011 की जनगणना के अनुसार, यहां की आबादी 3.34 करोड़ थी, जो अब स्थिरता के करीब पहुंच गई है। लेकिन कोरोना महामारी के बाद से स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। पहले राज्य में सालाना 5 से 5.5 लाख बच्चों का जन्म होता था, लेकिन 2023 में यह संख्या घटकर केवल 3,93,231 पर आ गई, जो कि चार लाख से भी कम है। यह संख्या अब तक का सबसे कम आंकड़ा है। जनसंख्या वैज्ञानिकों के अनुसार, किसी भी राज्य की आबादी को स्थिर बनाए रखने के लिए 2.1 की फर्टिलिटी रेट की आवश्यकता होती है। केरल ने यह लक्ष्य 1987-88 में ही हासिल कर लिया था। यहां शिशु मृत्यु दर भी काफी कम है, जो प्रति एक हजार बच्चों पर सिर्फ छह है, जबकि राष्ट्रीय औसत 30 है। इसके बावजूद, पिछले तीन दशकों से यहां की आबादी स्थिर है, और पैदा होने वाले बच्चों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। केरल में फर्टिलिटी रेट 1987-88 में 2.1 प्रतिशत था, लेकिन इसके बाद यह घटने लगा। 1991 के बाद से यह दर 1.7 से 1.8 के बीच रही और 2020 में यह घटकर 1.5 प्रतिशत पर आ गई। 2021 में यह 1.46 प्रतिशत तक गिर गई और अब 2023 के आंकड़ों के अनुसार यह 1.35 प्रतिशत पर पहुंच गई है।
इसका मतलब यह है कि यहां के अधिकांश दंपतियों के पास एक ही बच्चा है, और एक बड़ी संख्या ऐसे दंपतियों की है जिनके कोई बच्चे नहीं हैं। अगर यह ट्रेंड जारी रहता है, तो आने वाले समय में केरल की आबादी घटने लगेगी, जो न केवल सामाजिक और आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकता है, बल्कि राज्य की भविष्यवाणी के लिए भी एक गंभीर संकट बन सकता है। बता दें कि दक्षिण कोरिया, जापान और यूरोप जैसे देशों में घटती आबादी एक गंभीर समस्या बन चुकी है, और अब यह समस्या भारत के विकसित राज्य केरल में भी दिखने लगी है।
सर्दियों में कई प्रकार की बीमारियों का बढ़ जाता है खतरा
17 Jan, 2025 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । यूं तो सर्दियों का मौसम सेहत बनाने के लिए अनुकूल माना जाता है। इसके साथ ही इस मौसम में कई प्रकार की बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है, जिसमें गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (जीआई) संक्रमण भी शामिल है।
विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों में वायरल गैस्ट्रोएंटेराइटिस या पेट फ्लू के मामले अधिक बढ़ते हैं, जो मुख्यतः नोरोवायरस और रोटावायरस से उत्पन्न होते हैं। यह संक्रमण पाचन तंत्र पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है और आमतौर पर ठंडी परिस्थितियों में फैलने वाले वायरस, बैक्टीरिया और परजीवियों के कारण होता है। ये वायरस दूषित भोजन, पानी या सतहों के माध्यम से तेजी से फैलते हैं। इस संक्रमण के लक्षणों में दस्त, उल्टी और पेट में ऐंठन जैसी समस्याएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, साल्मोनेला और ई. कोली जैसे बैक्टीरिया संक्रमण भी खराब भोजन के सेवन से हो सकते हैं, जबकि गियार्डियासिस जैसे संक्रमण गंदे पानी के सेवन से होते हैं।
इन संक्रमणों से बचाव के लिए, विशेषज्ञों का कहना है कि स्वच्छता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह से धोना, शौचालय का उपयोग करने के बाद हाथ धोना और बार-बार छूने वाली सतहों को साफ रखना जरूरी है। इसके अलावा, भोजन पकाने और स्टोर करने के दौरान उचित सफाई का ध्यान रखना चाहिए और जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं को सही तापमान पर ही स्टोर करना चाहिए।
पानी से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए फिल्टर किया हुआ पानी पीना चाहिए या फिर पानी को उबालकर इस्तेमाल किया जा सकता है। विशेषज्ञों ने यह भी सलाह दी है कि एक मजबूत इम्यून सिस्टम गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल संक्रमणों से बचने में मदद कर सकता है। इसके लिए फलों, सब्जियों और प्रोबायोटिक्स से भरपूर संतुलित आहार लिया जाना चाहिए। हाइड्रेटेड रहना और पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी है। संक्रमण से बचने के लिए संक्रमित व्यक्तियों के साथ निकट संपर्क से बचें और व्यक्तिगत वस्तुओं जैसे बर्तन और तौलिये को शेयर करने से बचें। यदि लक्षण बने रहते हैं या बिगड़ते हैं तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
दिल्ली चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ाने रेस्तरां में लोगों को खाने पर मिलेगी छूट
17 Jan, 2025 02:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देजनर मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने के लिए नगर निगम भी लोगों को लुभाने का प्रयास कर रहा है। इसके तहत निगम जागरूकता कार्यक्रम के साथ ही मतदान करने वालों को खाने के लिए रेस्तरां में छूट देने की घोषणा की है। निगम के दक्षिणी जोन ने होटल व रेस्तरां संचालकों से समन्वय करके मतदान करने के बाद 5 से 9 फरवरी तक 25 फीसदी की छूट देने की घोषणा की है।
दक्षिणी जोन के निगम उपायुक्त ने बताया कि जोन के क्षेत्राधिकार में आने वाले डीएलएफ साकेत मॉल, सेलेक्ट सिटी वाक मॉल, पीवीआर अनुपम साकेत के साथ ही अरविंदों मार्ग, मालवीय नगर मार्केट, डीएलएफ वंसत कुंज मॉल, जीके, ग्रीन पार्क की विभिन्न मार्केट की दुकानों पर खाने पर 25 फीसदी की छूट दी जाएगी। निगम उपायुक्त के मुताबिक इसके लिए नागरिकों को मतदान करने के बाद अंगुली पर मतदान की स्याही का निशान दिखाना होगा।
उन्होंने बताया कि अभी मतदान जागरूकता अभियान के तहत छूट देने के लिए 47 रेस्तरां को जोड़ा गया है। आगे भी जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन में अब दो ही दिन बाकी हैं। ऐसे में नामांकन की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को सर्वाधिक नामांकन दाखिल किए गए। पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, नई दिल्ली क्षेत्र से उनके प्रतिद्वंदी बीजेपी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा, कालकाजी से बीजेपी उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी, समयपुर बादली से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और रोहिणी से बीजेपी उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता सहित कई चर्चित प्रत्याशियों ने बुधवार को पर्चा दाखिल किया था।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक बुधवार को कुल 256 नामांकन दाखिल किए गए। इसके साथ ही 235 उम्मीदवार अब तक कुल 341 नामांकन दाखिल कर चुके हैं। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता इस बार भी काम की राजनीति को ही चुनेगी। आम आदमी पार्टी से पूर्व कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन, कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन और गोपाल राय के साथ साथ सुरेंद्र सिंह बिट्टू व सहीराम पहलवान ने तुगलकाबाद से नामांकन दाखिल किया। बीजेपी के कुल 32 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन किया।
प्रयागराज महाकुंभ के बाद 2027 में नासिक में गोदावरी नदी तट पर होगा कुंभ
17 Jan, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रयागराज महाकुंभ मेला शुरु हो चुका है और इसमें करोड़ों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। कुंभ मेला हिंदू धर्म का सबसे बड़ा और सबसे पवित्र मेला है। जो कि हर 12 साल में लगता है। इसका आयोजन विशेष रूप से चार प्रमुख स्थानों प्रयागराज, हरिद्वार, उज्जैन और नासिक में होता है। प्रयागराज के बाद अगला कुंभ नासिक में गोदावरी नदी के तट पर लगेगा। जो कि 2027 में आयोजित किया जाएगा। यहां पिछली बार 2015 में जुलाई से सितंबर तक कुंभ मेला लगा था।
ऐसी मान्यता है कि प्रयागराज में जब सूर्य मकर राशि और गुरु वृष राशि में होते हैं तब गंगा, युमना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र तट पर महाकुंभ लगता है। कहा जाता है कि जब कुंभ राशि में गुरु और मेष राशि में सूर्य हो तब हरिद्वार में गंगा के तट पर कुंभ लगता है। मान्यता है कि जब सिंह राशि में गुरु और सूर्य हो तब नासिक में गोदावरी नदी के तट पर कुंभ लगता है। वहीं जब सिंह राशि में गुरु और मेष राशि में सूर्य हो तब उज्जैन में क्षिप्रा नदी के तट पर कुंभ लगता है।
नासिक कुंभ मेले का इतिहास सदियों पुराना है। हिंदू पौराणिक कथाओं के मुताबिक यह आयोजन उस समय की याद दिलाता है जब देवता और राक्षस अमरता के अमृत के लिए लड़ रहे थे। लड़ाई के दौरान अमृत की कुछ बूंदें पृथ्वी पर चार स्थानों- नासिक, प्रयागराज, हरिद्वार और उज्जैन में गिरीं। ऐसा माना जाता है कि ये चार स्थान हैं जहां कुंभ मेला लगता है।
नासिक कुंभ मेला गोदावरी नदी के तट पर लगता है। इसे भारत की सबसे पवित्र नदियों में से एक माना जाता है। नासिक कुंभ मेले का पहला रिकॉर्ड 17वीं शताब्दी में दर्ज किया गया था और तब से यह लोकप्रियता में बढ़ गया है। हर 12 साल में लाखों लोग इस आयोजन में शामिल होते हैं। नासिक कुंभ मेला कई कारणों से भी अहम है। एक तो जब लोग यहां एक साथ आकर अपनी आस्था का जश्न मना सकते हैं। यह ऐसा समय भी है जब लोग पवित्र गोदावरी नदी में डुबकी लगाकर अपने पापों को धो सकते हैं।
ऐसा माना जाता है कि नासिक कुंभ मेले के दौरान नदी में डुबकी लगाने से लोग अपने पापों से खुद को शुद्ध कर सकते हैं और मोक्ष प्राप्त कर सकते हैं। नासिक कलेक्टर ने नासिक नगर निगम के अधिकारियों को 2027 में नासिक में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले से संबंधित योजनाओं की पुष्टि करने का सुझाव दिया है। नगर निगम ने कुंभ मेले पर अपने विचार बताए और भविष्य में कई गतिविधियों के लिए आंतरिक और बाहरी पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना बनाई है। इसके अलावा 300 किलोमीटर से ज्यादा लंबी नई सड़कें बनाने की भी योजना है। एनएमसी में लोक निर्माण विभाग का बजट करीब 6 हजार करोड़ रुपए है। इस राशि में भूमि अधिग्रहण लागत भी शामिल है, जिसके लिए राज्य सरकार को धन मुहैया कराना होगा।
राज्य सरकार ने 2015 में आयोजित पिछले कुंभ मेले में नासिक शहर में विकास कार्यों के लिए 1,052 करोड़ रुपए मुहैया कराए थे। उस साल पांच पुलों के निर्माण और 300 किलोमीटर लंबी सड़कों के जीर्णोद्धार पर 450 करोड़ रुपए खर्च हुए थे। इस साल 21 पुलों, नई सड़कों और सड़कों के जीर्णोद्धार का लक्ष्य रखा है। नगर निगम सड़क निर्माण, जलापूर्ति, साधुग्राम, स्वास्थ्य और अन्य कार्यों सहित विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को पूरा करने के लिए जिम्मेदार है। नागरिक निकाय ने बताया कि 11,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की योजनाओं के साथ तैयारी शुरू कर दी गई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ मंदिर में नए नियम लागू, मोबाइल इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
दिलीप घोष बोले- बंगाल में खिलेगा कमल, BJP की जीत का भरोसा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार
छत के नेट से टीम इंडिया की कैप तक का सफर
केदारनाथ धाम में उत्सव का माहौल, कल सुबह खुलेंगे कपाट
सुपर सकर मशीन द्वारा लगातार चौथे दिन तानसेन नगर में सीवर सफाई कार्य जारी
रायपुर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में सूरजपुर बना प्रदेश में प्रथम स्थान पर
