देश
मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दी बधाई
21 Jan, 2025 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के लोगों को उनके स्थापना दिवस पर बधाई दी। इस मौके पर पीएम मोदी ने देश के विकास में मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के लोगों के योगदान की सराहना की। आपको बता दें कि मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा आज अपना स्थापना दिवस मना रहे हैं। इन तीनों राज्यों को 21 जनवरी 1972 को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था। तीनों ही राज्य देश के पूर्वोत्तर में स्थित हैं और अपनी जीवंत संस्कृति, प्रेरक इतिहास के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाने जाते हैं।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर दी बधाई
पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में मणिपुर के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा, 'मणिपुर के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई। भारत के विकास में मणिपुर के लोगों द्वारा निभाई गई भूमिका पर हमें अविश्वसनीय रूप से गर्व है। मणिपुर की प्रगति के लिए मेरी शुभकामनाएं।' त्रिपुरा के लोगों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मोदी ने कहा कि यह राज्य राष्ट्रीय प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा, 'यह अपनी समृद्ध संस्कृति और विरासत के लिए भी जाना जाता है। त्रिपुरा विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।'
अमित शाह ने भी लोगों को बधाई दी
मेघालय के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पूर्वोत्तर राज्य अपनी प्राकृतिक सुंदरता और लोगों के मेहनती स्वभाव के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा, 'मैं आने वाले समय में राज्य के निरंतर विकास की प्रार्थना करता हूं।' केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मंगलवार को मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के स्थापना दिवस पर इन राज्यों के लोगों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि ये राज्य प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते हुए सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर तीनों राज्यों के लोगों को बधाई दी।
देश की पहली ई-वॉटर टैक्सी सेवा जल्द शुरू होगी मुंबई में
21 Jan, 2025 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। देश की पहली इलेक्ट्रिक वॉटर टैक्सी मुंबई में चलने के लिए तैयार है। यह टैक्सी गेटवे ऑफ इंडिया और जेएनपीटी के बीच चलेगी। यह निर्णय मुंबई में यातायात की समस्या के समाधान के रूप में जलमार्ग परिवहन को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है। इसके लिए कुछ वर्ष पहले वॉटर टैक्सी और रोपवे फेरी सेवाएं शुरू की गई थीं। हालाँकि, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों और उससे जुड़ी टिकट की ऊंची कीमतों के कारण मुंबईकरों ने इसका अच्छा प्रतिसाद नहीं दिया। इसी के मद्देनजर अब इलेक्ट्रिक वॉटर टैक्सी की अवधारणा सामने आई है। इस इलेक्ट्रिक वॉटर टैक्सी की लंबाई 13.27 मीटर होगी। जबकि चौड़ाई 3.5 मीटर होगी। इस इलेक्ट्रिक वॉटर टैक्सी में एक बार में 25 यात्री बैठ सकते हैं। इसकी गति 14 नॉटस होगी। इलेक्ट्रिक वॉटर टैक्सी में 64 केडब्ल्यूएच की बैटरी होगी। यानि बैटरी लगभग 4 घंटे तक चल सकती है।
आंध्र प्रदेश में "व्हाट्सएप गवर्नेंस सर्विस" के तहत जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र होंगे जारी
21 Jan, 2025 11:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आंध्र प्रदेश में जल्द ही जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र लोगों को वाट्सऐप के जरिए मिलने की सुविधा शुरू होने वाली है. आंध्र प्रदेश की सरकार अपनी "व्हाट्सएप गवर्नेंस सर्विस" के हिस्से के रूप में वाट्सऐप के जरिए जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र मुहैया कराएगी. इस बात की जानकारी सोमवार को चीफ सेक्रेटरी के विजयानंद ने दी. के विजयानंद ने सोमवार ने कहा कि इस सर्विस के लिए पायलट प्रोजेक्ट इस महीने आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के तेनाली शहर में आयोजित किया जाएगा, जिससे कि सर्विस के प्रोसेस का पता लग सके. उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के उद्देश्यों के मुताबिक राज्य सरकार जल्द ही लोगों को वाट्सऐप गवर्नेंस सर्विस देना शुरू कर देगी. इसके चलते लोग जल्द ही वाट्सऐप के जरिए जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र ले सकेंगे.
प्रोसेस को लेकर रिव्यू मीटिंग
सोमवार को रियल टाइम गवर्नेंस सोसायटी (RTGS) ऑफिस में कई विभागों के अधिकारियों के साथ इस सर्विस के प्रोसेस को लेकर रिव्यू मीटिंग की गई. के विजयानंद ने इस बात पर जोर दिया कि मुख्यमंत्री का लक्ष्य वाट्सऐप गवर्नेंस शुरू करके सरकारी सेवाओं को ज्यादा अच्छा और सुविधाजनक बनाना है. उन्होंने RTGS और संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रोसेस में तेजी लाने की बात कही है.
सरकारी दफ्तरों के चक्कर
उन्होंने पंचायती राज, स्वास्थ्य और नगर प्रशासन विभागों को इस पहल को सफल बनाने के लिए RTGS अधिकारियों को पूरा सहयोग देने के निर्देश भी दिए. ऐसे में जन्म प्रमाण और मृत्यु प्रमाणपत्र वाट्सऐप पर मिलने से लोगों को आसानी होगी और उन्हें दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. इससे पहले आंध्र प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए ऐसी सुविधा शुरू की थी. उनके धान को वाट्सऐप नंबर '7337359375' के जरिए आसानी से बेचने की सुविधा शुरू की गई थी. इससे उन्हें अपनी उपज को बेचने के लिए मंडियों का चक्कर नहीं लगाना पड़ा.
गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार दिखेगा टेक्टिकल बैलेस्टिक मिसाइल प्रलय और नाग
21 Jan, 2025 10:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली: गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोरों-शोरों से जारी हैं। 26 जनवरी को हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली में परेड का आयोजन किया जाता है। 26 जनवरी की परेड में इस बार टेक्टिकल बैलेस्टिक मिसाइल प्रलय और एंटी गाइडेड मिसाइल नाग दोनों ही दिखाई देंगी। दोनों ही स्वदेशी हैं और इसे भारतीय सेना के लिए ही बनाया गया है। बता दें कि टेक्टिकल बैलेस्टिक मिसाइल प्रलय 26 जनवरी की परेड में पहली बार लोगों को दिखाई देगा। इस मिसाइल की खासियत है कि यह अपने साथ न्यूक्लियर हथियार भी ले जाने में सक्षम है। रक्षा मंत्रालय द्वारा इस मिसाइल के खरीद को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है। बता दें कि प्रलय मिसाइल शॉर्ट रेंज बैलेस्टिक मिसाइल है।
क्या है प्रलय मिसाइल की खासियत
इस मिसाइल को डीआरडीओ ने विकसित किया है। पहले भी इसके कई सफल परीक्षण किए जा चुके हैं। मिसाइल प्रलय की मारक क्षमता की अगर बात करें तो यह 150 से 500 किमी दूर तरह मार करने में सक्षम है। इसे सतह से सतह पर मार करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है, जिसकी पेलोड क्षमता 500 से 1000 किग्रा तक है। दरअसल पेलोड क्षमता के जरिए विस्फोटकों को ले जाया जाता है। अगर प्रलय मिसाइल की अन्य खासियतों की बात करें तो इसकी एक खासियत यह भी है कि लॉन्च होने के बाद अगर जरूरत पड़ती है। तो इस मिसाइल की दिशा को हवा में भी बदल जा सकता है। इससे यह मिसाइल दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम को चुनौती दे सकती है।
कर्तव्य पथ पर दिखेगी नाग मिसाइल
इस मिसाइल की रफ्तार 1 से 1.6 मैक के करीब है। प्रलय का वजन करीब 5 टन है और यह पारंपरिक होने के साथ साथ परमाणु हथियारों को अपने साथ ले जाने में सक्षम है। बता दें कि दिसंबर 2021 में प्रलय का पहला परीक्षण किया गया था। उस वक्त ईस्टर्न लद्दाख में भारत औ चीन के बीच तनाव अपने चरम पर था। बता दें कि इस मिसाइल का दूसरा परीक्षण अगले ही दिन किया गया और इसका तीसरी परीक्षण साल 2023 में किया गया था, जिसमें हर परीक्षण में यह मिसाइल सफल साबित हुई। बता दें कि कर्तव्य पथ पर इस गणतंत्र दिवस एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल नाग भी दिखाई देगी। नागर को डीआरडीओ ने शोकेस किया था। भारतीय सेना में शामिल होने से ठीक पहले यह मिसाइल कर्तव्य पथ की परेड में दिखेगी।
हैदराबाद में नए पुलिस स्टेशन की शुरुआत, जमीनी विवाद से जुड़े केस होंगे दर्ज
21 Jan, 2025 09:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हैदराबाद: तेलंगाना के हैदराबाद में एक ऐसे पुलिस स्टेशन की शुरुआत होने जा रही है, जिसमें सिर्फ जमीनी विवाद से जुड़े केस ही देखे जाएंगे. ये स्टेशन हैदराबाद के बुद्ध भवन में बनाया जा रहा है. यह पुलिस स्टेशन फरवरी के दूसरे हफ्ते तक ऑफिशियली काम करना शुरू कर देगा. ये पुलिस स्टेशन सिर्फ सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के मामलों से निपटेगा. इसका मतलब है कि यह पुलिस स्टेशन खास तौर पर हैदराबाद में झीलों, पार्कों, खुले स्थानों, सरकारी जमीनों और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा के लिए बनाया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक इस पुलिस स्टेशन में एक शिकायतकर्ता शिकायत करने पहुंच भी गया. उसने बताया कि वह हैदराबाद के पॉश सरूरनगर इलाका का रहने वाला है और सरूरनगर झील की करीब 30 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण किया गया है. यहां आने से पहले हमने राजस्व अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई थी. हमें उम्मीद है कि यहां की पुलिस हमें हमारी जमीन वापस दिला देगी.
90 एकड़ से 60 एकड़ बची
रेड्डी नाम के शख्स सरूरनगर इलाके में करीब 26 साल से रहे हैं. उन्होंने बताया कि अवैध निर्माणों की वजह से झील 90 एकड़ से घटकर 60 एकड़ रह गई है. इसकी जगह पर बनीं इमारतों को कानून के तहत नियमित किया जाना चाहिए या पर्यावरण कानूनों का उल्लंघन करने के लिए ध्वस्त कर दिया जाना चाहिए. रेड्डी की शिकायत पुलिस स्टेशन में दर्ज कर ली गई.
भूमि अतिक्रमण के मामले
इस नए स्टेशन के HYDRAA आयुक्त रंगनाथ, जो एक आईपीएस अधिकारी हैं. उन्होंने बताया कि अब झील और भूमि अतिक्रमण के इसी तरह के अलग-अलग सैकड़ों मामलों को इस पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे. 7 जनवरी को राज्य सरकार की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक इस पुलिस स्टेशन का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी करेंगे.
झीलों की जमीन पर बनीं इमारतें
एक दूसरे याचिकाकर्ता एन वेंकटेश ने कहा कि हैदराबाद में दर्जनों झीलें और नाले हैं, जो शहर को हटकर बनाते हैं. इन्हें संरक्षित करना हर नागरिक का कर्तव्य है. हालांकि हाइड्रा पुलिस स्टेशन के संचालन के खिलाफ आलोचना भी की गई है. कई लोग जो पहले से ही अतिक्रमण की गई भूमि पर बनी इमारतों में रह रहे हैं. उनके पास दूसरा कोई ऑफ्शन नहीं है. अब तक हैदराबाद में कई विला, कन्वेंशन सेंटर और यहां तक कि घरों को भी ध्वस्त किया जा चुका है, जो झील के तल पर बने थे.
नहीं लगाने होंगे कई स्टेशनों के चक्कर
7 जनवरी के सरकारी आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि ये पुलिस स्टेशन जमीन हड़पने वालों, अतिक्रमणकारियों और अन्य सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ केस दर्ज करेगा. याचिकाकर्ता एन वेंकटेश ने कहा कि अगर ऐसा कोई पुलिस स्टेशन नहीं होता, तो हमें हैदराबाद के तीन पुलिस स्टेशनों के चक्कर लगाने पड़ते, जहां हमने भूमि हड़पने की शिकायतें दर्ज कराई हैं.
कटरा-बडगाम रेलवे ट्रैक पर अंतिम ट्रायल रन पूरा.....अब दूर नहीं कश्मीर-कन्याकुमारी
20 Jan, 2025 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) प्रोजेक्ट के हिस्से कटरा-बडगाम रेलवे ट्रैक पर ट्रायल रन पूरा हो गया। 18 कोच की ट्रायल ट्रेन सुबह 8 बजे कटरा रेलवे स्टेशन से कश्मीर की ओर रवाना हुई। ट्रायल की देखरेख कर रहे रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह यूएसबीआरएल का आखिरी टेस्ट रन है। सबकुछ सही और ठीक रहने पर इस प्रोजेक्ट को हरी झड़ी दे दी जाएगी।
41 हजार करोड़ रुपए की लागत से बने यूएसबीआरएल प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 272 किमी. है। इसमें 111 किमी. का रास्ता सुरंग के भीतर है। 12.77 किमी. लंबी टी-49 सुरंग इस प्रोजेक्ट में सबसे लंबी है। रियासी जिले में चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल भी प्रोजेक्ट का हिस्सा है। पुल की लंबाई 1315 मीटर, जबकि नदी तल से ऊंचाई 359 मीटर है। इस पुल को बनाने में करीब 20 साल का वक्त लगा, जबकि 1486 करोड़ रुपए की निर्माण लागत आई है।
भारतीय रेलवे ने प्रोजेक्ट के जरिए एक और उपलब्धि अपने नाम पर दर्ज की है। अंजी खड्ड पर बनाया गया पुल भारतीय रेलवे का पहला केबल-स्टेड पुल है। यह पुल नदी तल से 331 मीटर की ऊंचाई पर बना है। 1086 फीट ऊंचा एक टावर इस सहारा देने के लिए बनाया गया है, जो करीब 77 मंजिला इमारत के बराबर ऊंचा है। यह ब्रिज अंजी नदी पर बना है जो रियासी जिले को कटरा से जोड़ता है। चिनाब ब्रिज से इसकी दूरी माह 7 किलोमीटर है। इस पुल की कुल लंबाई 725.5 मीटर है। इसमें से 472.25 मीटर का हिस्सा केबल्स पर टिका हुआ है।
जून, 2024 में हुआ था पहला ट्रायल रन जम्मू के रामबन में संगलदान और रियासी के बीच ट्रेन का पहला ट्रायल रन जून, 2024 में हुआ था। यह ट्रेन चिनाब ब्रिज से भी होकर गुजरी थी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसके सफल परीक्षण की जानकारी दी थी। चिनाब ब्रिज पेरिस के एफिल टावर से भी ऊंचा है। एफिल टावर की ऊंचाई 330 मीटर है, जबकि 1.3 किमी लंबे इस ब्रिज को चिनाब नदी पर 359 मीटर की ऊंचाई पर बनाया गया है।
सस्ती और अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलने से दिल्ली एम्स आने को मजबूर मरीज
20 Jan, 2025 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और दिल्ली की सीएम आतिशी को पत्र लिखा जिसमें उन्होंने दिल्ली एम्स में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने की बात कही। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भी इस पत्र को शेयर किया है। राहुल गांधी ने कहा कि ठिठुरती ठंड में मरीजों और उनके परिजन मेट्रो स्टेशन के नीचे सोने को मजबूर हैं, जहां न तो पीने के पानी और न ही शौचालय की व्यवस्था है। इतनी बड़ी संख्या में मरीजों का दिल्ली एम्स आना यह दिखाता है कि लोग जहां रहते हैं, वहां उन्हें सस्ती और अच्छी क्वालिटी की स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने पत्र में दिल्ली की सीएम और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से इस पर तत्काल कदम उठाने की भी बात कही।
राहुल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि पिछले दिनों मैंने देखा कि ठिठुरती ठंड में मरीज मेट्रो स्टेशन के नीचे सोने को मजबूर हैं, जहां न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही शौचालय की। आसपास कूड़े-कचरे का ढेर लगा है। इतनी बड़ी संख्या में मरीजों का दिल्ली एम्स यह दिखाता है कि लोग जहां रहते हैं, वहां उन्हें सस्ती और अच्छी क्वालिटी की स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने आगे लिखा कि मैं उम्मीद करता हूं कि मेरे पत्र पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली सीएम और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री इस मानवीय संकट को हल करने के लिए तत्काल कदम उठाएंगे। साथ ही आशा है कि केंद्र सरकार आगामी बजट में पब्लिक हेल्थकेयर सिस्टम को मजबूत करने के लिए ठोस पहल करेगी और उसके लिए जरूरी संसाधनों को बढ़ाएगी।
बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीते दिनों देर रात दिल्ली एम्स का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से व्यवस्था के बारे में जाना था। राहुल गांधी ने एक्स पर इसका वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, एम्स के बाहर नरक! देशभर से आए गरीब मरीज और उनके परिवार एम्स के बाहर ठंड, गंदगी और भूख के बीच सोने को मजबूर हैं। उनके पास न छत है, न खाना, न शौचालय और न पीने का पानी। बड़े-बड़े दावे करने वाली केंद्र और दिल्ली सरकार ने इस मानवीय संकट पर आंखें क्यों मूंद ली हैं?
कर्नाटक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर मचा बवाल, विधायकों ने खोला मोर्चा
20 Jan, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु। नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव से पहले कर्नाटक बीजेपी में गुटबाजी और कलह इतनी बढ़ गई है कि पार्टी के नेता सार्वजनिक सभाओं में एक-दूसरे की खिंचाई कर रहे हैं। कर्नाटक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र के खिलाफ विधायक बसनगौड़ा आर पाटिल यतनाल और रमेश जारकीहोली ने मोर्चा खोल दिया है। विधायक जारकीहोली ने उन्हें बच्चा बताया और दावा किया वह लंबे समय तक पार्टी अध्यक्ष पद पर नहीं रहेंगे।
विजयेंद्र ने आरोप लगाया है कि दोनों विधायक कांग्रेस के इशारे पर पार्टी में कलह कर रहे हैं और उनके पिता बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ अनाप-शनाप बोल रहे हैं। इसकी शिकायत केंद्रीय नेतृत्व से करेंगे ताकि उन्हें पार्टी से बाहर किया जा सके। कर्नाटक में बीजेपी के दो गुटों में लंबे समय से खींचतान चल रही है। कर्नाटक बीजेपी चीफ को लेकर बवाल मचा है। पार्टी के कई नेता और विधायक पार्टी में यदियुरप्पा के वर्चस्व को चुनौती दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक बीजेपी के प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने संकेत दिए हैं कि राज्य में नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद से प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र के विरोधी गुट के नेता और मुखर हो गए। दोनों गुटों में जुबानी जंग छिड़ गई है। विजयेंद्र ने पूर्व सीएम येदियुरप्पा को भला-बुरा कहने के लिए गोकक विधायक रमेश जारकीहोली को चेतावनी दे दी है।
विजयेंद्र ने कहा कि रमेश जारकीहोली को अपनी जुबान पर काबू रखें। येदियुरप्पा एक राजनेता और कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अनंत कुमार के साथ मिलकर राज्य के कोने-कोने की यात्रा करके पार्टी का निर्माण किया है। जारकीहोली हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं। दिग्गज नेता के बारे में अनाप-शनाप बोलकर वह पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने विधायक जारकीहोली को सलाह दी कि अगर उन्हें पार्टी के कामकाज से समस्या है तो दिल्ली में नेताओं के साथ बात करनी चाहिए।
इसके जवाब में विधायक रमेश जारकीहोली ने बीवाई विजयेंद्र को चुनौती दे दी। उन्होंने कहा कि विजयेंद्र ने मुझे चेतावनी दी है कि मैं राज्य में कहीं भी स्वतंत्र रूप से नहीं घूम सकता। अब मैं शिकारीपुरा जाऊंगा और विजयेंद्र के घर के सामने अपना आंदोलन शुरू करूंगा। मैं कोई पुलिस या बंदूकधारी के साथ नहीं बल्कि अकेले जाऊंगा। बेलगावी में एक सार्वजनिक रैली में बोलते हुए जारकीहोली ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि विजयेंद्र, आप एक बच्चा हैं। आप प्रदेश अध्यक्ष नहीं रहेंगे। येदियुरप्पा हमारे नेता हैं और हमने हमेशा उनका सम्मान किया है।
दोनों विधायकों के बयान के बाद विजयेंद्र समर्थकों और पूर्व मंत्रियों एमपी रेणुकाचार्य और कट्टा सुब्रमण्य नायडू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यतनाल और जरकीहोली को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की। विजयेंद्र समर्थकों ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पहले ही राजनीति में अपनी पहचान बना चुके हैं और अपने संगठनात्मक कौशल के माध्यम से अपनी योग्यता साबित कर चुके हैं। उनके खिलाफ अब इस तरह की आलोचना बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस बीच बीजेपी के राज्य महासचिव और पूर्व मंत्री वी सुनील कुमार संगठनात्मक पद छोड़ने की इच्छा जताई है। पार्टी सूत्रों ने का कहना है कि उन्हें अभी तक सुनील कुमार से इस संबंध में कोई औपचारिक अनुरोध नहीं मिला है।
जम्मू-कश्मीर में रहस्यमयी बीमारी से हो रही मौतों के बाद झरने को किया सील
20 Jan, 2025 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू,। जम्मू-कश्मीर के बुधल गांव में तीन परिवारों के 17 सदस्यों की रहस्यमयी बीमारी से मौतों की चल रही जांच के बीच अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र एक झरने को सील कर दिया है। झरने के पानी में कुछ कीटनाशकों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। इस वजह से लोग डरे हुए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि बुधल गांव के झरने से लिए गए पानी के नमूनों में कुछ कीटनाशकों मिले हैं। इसको पीएचई डिवीजन राजौरी ने अवरुद्ध कर दिया है और संबंधित मजिस्ट्रेट ने सील कर दिया है।
ऐसी आशंका है कि गांव की आदिवासी आबादी चोरी-छिपे इस झरने के पानी को इकट्ठा कर सकती है। इसलिए तहसीलदार यह सुनिश्चित करें कि कोई भी ग्रामीण किसी भी हालत में इस झरने के पानी का इस्तेमाल न करे। इसकी घेराबंदी कर दी गई है। उन्होंने राजौरी जिले के बुधल गांव की घेराबंदी करने और वहां 24 घंटे 2 से 3 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का निर्देश दिए हैं।
बता दें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को जम्मू के राजौरी जिले में रहस्यमयी बीमारी से मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए गृह मंत्रालय की अगुवाई में एक टीम के गठन का आदेश दिया था। यह टीम रहस्यमयी बीमारी से मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। इस टीम की जम्मू-कश्मीर के फोरेंसिक साइंस, पशुपालन और खाद्य सुरक्षा विभाग भी मदद कर रहे हैं।
राजौरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल की अध्यक्षता में स्थानीय डॉक्टरों की एक टीम ने लोगों की आशंकाओं को दूर करने के लिए बुधल गांव में थी। उन्होंने लोगों को बताया कि विषाक्त पदार्थों से मस्तिष्क को नुकसान हो सकता है, जो तुरंत इलाज न किए जाने पर अपरिवर्तनीय हो सकता है। ज्यादातर मरीज विषाक्त पदार्थों के कारण अपरिवर्तनीय मस्तिष्क क्षति होने के बाद अस्पताल पहुंचे थे, जिसके बारे में डॉक्टर ज्यादा कुछ नहीं कर सके थे।
कोलकाता रेप-हत्या मामला: संजय रॉय को उम्रकैद की सजा, कोर्ट ने सुनाया फैसला
20 Jan, 2025 04:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता रेप-हत्या केस: कोलकाता की एक सत्र अदालत ने आरजी कर बलात्कार और हत्या मामले में संजय रॉय को सजा सुनाई है। अदालत ने पहले कहा था कि न्यूनतम सजा आजीवन कारावास होगी जबकि अधिकतम सजा मृत्युदंड होगी। अदालत ने दोपहर 2.45 बजे अपना फैसला सुनाते हुए दोषी संजय रॉय को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 50 हजार का जुर्माना भी लगाया है। पहले फैसला दोपहर 3.30 बजे के बाद सुनाया जाना था, लेकिन दोषी और अन्य के अंतिम बयान सुनने के बाद अदालत ने फैसला दोपहर 2.45 बजे तक सुरक्षित रख लिया।
संजय के वकील की दलील
संजय रॉय के वकील ने अपनी दलील में कहा कि दोषी को मौत की बजाय कोई और सजा दी जानी चाहिए। भले ही यह दुर्लभतम मामला है, लेकिन इसमें सुधार की गुंजाइश होनी चाहिए। अदालत को यह बताना होगा कि दोषी क्यों सुधार या पुनर्वास के लायक नहीं है। सरकारी वकील को सबूत पेश करने होंगे और कारण बताने होंगे कि वह व्यक्ति क्यों सुधार के लायक नहीं है और उसे समाज से पूरी तरह खत्म कर देना चाहिए।
अदालत में संजय ने कहा
फैसला सुनाए जाने से पहले दोषी को अदालत में पेश किया गया। इस दौरान संजय रॉय ने कोर्ट से कहा कि "मुझे फंसाया जा रहा है, मैंने कोई अपराध नहीं किया है"। इस पर सीबीआई ने कहा कि यह जघन्य अपराध है। इसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। सीबीआई के अधिवक्ता ने कोर्ट से कहा कि हम समाज में लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए कड़ी से कड़ी सजा का अनुरोध करते हैं। मामले में पीड़िता के माता-पिता ने दोषी के लिए मृत्युदंड की मांग की है।
सजा का प्रावधान
बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 64 (बलात्कार) के तहत न्यूनतम 10 साल की सजा का प्रावधान है, जो आजीवन कारावास तक हो सकती है। धारा 66 के तहत न्यूनतम 20 साल की सजा का प्रावधान है और यह आजीवन कारावास तक हो सकती है। बीएनएस की धारा 103 (1) (हत्या) के तहत दोषी को मृत्युदंड या आजीवन कारावास का प्रावधान है।
कोलकाता रेप-हत्या मामला: संजय रॉय को आज सुनाई जाएगी सजा, 18 जनवरी को हुआ था दोषी करार
20 Jan, 2025 01:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता: कोलकाता के चर्चित आरजी कर बलात्कार-हत्याकांड मामले में आज संजय रॉय को सजा सुनाई जाएगी। गौरतलब है कि महिला प्रशिक्षु डॉक्टर के बलात्कार और हत्या मामले में संजय रॉय को 18 जनवरी को सियालदह कोर्ट ने दोषी करार दिया था। संजय रॉय को बीएनएस की धारा 64, 66 और 103 (1) के तहत दोषी ठहराया गया है।
क्या है आरजी कर बलात्कार और हत्या का मामला?
9 अगस्त 2024 को अस्पताल के कॉन्फ्रेंस रूम में 31 वर्षीय महिला प्रशिक्षु डॉक्टर का शव मिला था। बाद में पता चला कि डॉक्टर के साथ पहले बलात्कार किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के खिलाफ डॉक्टरों ने काफी समय तक विरोध प्रदर्शन किया था। इस मामले की सुनवाई 12 नवंबर को बंद कमरे में शुरू हुई थी। कुल 50 गवाहों से पूछताछ की गई और 9 जनवरी को सुनवाई पूरी हुई। इस मामले में मुख्य आरोपी संजय रॉय था। पुलिस ने 9 अगस्त को हुई घटना के तुरंत बाद 10 अगस्त को संजय रॉय को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने संजय रॉय को पीड़िता के शव के पास मिले ब्लूटूथ ईयरफोन के आधार पर गिरफ्तार किया था, क्योंकि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में संजय रॉय को गले में डिवाइस लटकाए सेमिनार हॉल में घुसते देखा गया था।
कोर्ट द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद संजय ने क्या कहा?
18 जनवरी को जब कोर्ट ने संजय रॉय को दोषी ठहराया तो संजय रॉय ने कहा कि वह निर्दोष है। संजय रॉय ने कहा कि अगर उसने अपराध किया होता तो उसकी रुद्राक्ष की माला घटनास्थल पर पाई जाती। पश्चिम बंगाल पुलिस में स्वयंसेवक के तौर पर काम करने वाले संजय रॉय ने कहा कि डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में उसे झूठा फंसाया गया है। संजय रॉय को सीसीटीवी कैमरे में अस्पताल के सेमिनार हॉल के पास घूमते देखा गया था, जहां डॉक्टर की हत्या की गई थी। उन्होंने शनिवार को दावा किया कि अपराध के असली दोषियों पर मुकदमा नहीं चलाया गया।
गोमूत्र के औषधीय गुणों पर आईआईटी मद्रास के निदेशक वी. कामकोटि के वायरल वीडियो पर बवाल
20 Jan, 2025 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेन्नई: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास के निदेशक वी. कामकोटि का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे गोमूत्र के 'औषधीय गुणों' की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। वी. कामकोटि देशी नस्ल की गायों की रक्षा और जैविक खेती अपनाने के महत्व पर बोल रहे थे।
मट्टू पोंगल (15 जनवरी, 2025) के दिन यहां 'गो संरक्षण शाला' में आयोजित एक कार्यक्रम में कामकोटि ने यह बात कही। उन्होंने यह टिप्पणी एक साधु के जीवन का किस्सा सुनाते हुए की, जिसने तेज बुखार होने पर गोमूत्र का सेवन किया और ठीक हो गया। कथित तौर पर निदेशक ने गोमूत्र के "एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-फंगल और पाचन में सुधार करने वाले गुणों" के बारे में बात की और कहा कि यह बड़ी आंत से संबंधित बीमारी 'इरिटेबल बाउल सिंड्रोम' जैसी समस्याओं के लिए उपयोगी है, और इसके "औषधीय गुणों" पर विचार करने की वकालत की।
विरोधियों ने कहा कि यह सत्य के विरुद्ध और "शर्मनाक" है
उन्होंने यह टिप्पणी जैविक खेती के महत्व और कृषि तथा समग्र अर्थव्यवस्था में देशी नस्ल के मवेशियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए की। दूसरी ओर, तर्कवादी संगठन द्रविड़ कझगम ने गोमूत्र पर उनकी टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि यह सत्य के विरुद्ध और "शर्मनाक" है। डीएमके नेता टीकेएस एलंगोवन ने कामकोटि की टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की मंशा देश में शिक्षा को "बर्बाद" करना है। थानथाई पेरियार द्रविड़ कझगम के नेता के. रामकृष्णन ने कहा कि कामकोटि को अपने दावे के लिए सबूत देने चाहिए या माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, "अगर वह माफी नहीं मांगते हैं, तो हम उनके खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।"
कार्ति चिदंबरम ने भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेता कार्ति पी. चिदंबरम ने कामकोटि की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा, "आईआईटी मद्रास के निदेशक द्वारा इस तरह की बात का प्रचार करना अनुचित है।" आईआईटी निदेशक ने गायों की रक्षा के लिए 'गौ संरक्षण' पर जोर देते हुए कहा कि इससे आर्थिक, पोषण और पर्यावरणीय लाभ हैं। कामकोटि ने कहा, "अगर हम उर्वरकों का उपयोग करते हैं, तो हम भूमि माता (पृथ्वी) को भूल सकते हैं। जितनी जल्दी हम जैविक, प्राकृतिक खेती को अपनाएंगे, उतना ही हमारे लिए बेहतर होगा।" 17 जनवरी 2022 से आईआईटी मद्रास के निदेशक हैं कामकोटि: आईआईटी-मद्रास के शीर्ष प्रोफेसर ने आरोप लगाया कि ब्रिटिश शासन भारत को गुलाम बनाने के लिए अर्थव्यवस्था की मूल चीज देशी गायों को खत्म करने के पक्ष में था।
कामकोटि के करीबी सूत्रों ने कहा कि उन्होंने गौशाला कार्यक्रम में बात की, लेकिन वह खुद एक 'जैविक किसान' हैं और उनकी टिप्पणियाँ व्यापक संदर्भ में थीं। प्रोफेसर कामकोटि ने 17 जनवरी 2022 को आईआईटी-मद्रास के निदेशक के रूप में कार्यभार संभाला। उन्हें वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रौद्योगिकी विकास के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए डीआरडीओ अकादमी उत्कृष्टता पुरस्कार (2013) और अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।
राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, मानहानि केस पर रोक; अमित शाह से जुड़ा है मामला
20 Jan, 2025 12:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि मामले में निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता नवीन झा ने अमित शाह के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर 2019 में राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
झारखंड में चल रहा था मामला
आपको बता दें कि झारखंड में चल रहे मानहानि मामले को रद्द करने की मांग वाली याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने रांची की निचली अदालत में चल रहे मानहानि मामले पर रोक लगा दी है। राहुल गांधी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड सरकार और शिकायतकर्ता नवीन झा को नोटिस जारी किया है।
क्या कहा राहुल गांधी के वकील ने
वहीं, राहुल गांधी के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि अगर आप प्रभावित पक्ष नहीं हैं तो आप केस दर्ज नहीं कर सकते। सुप्रीम कोर्ट ने अपने कई फैसलों में यह बात कही है। आपको बता दें कि राहुल गांधी ने 2019 में तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को लेकर एक बयान दिया था, जिसके चलते उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया गया था। इस केस को रोकने के लिए राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले चाईबासा में अपने एक भाषण के दौरान राहुल गांधी ने अमित शाह के लिए कथित तौर पर 'हत्यारा' शब्द का इस्तेमाल किया था। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने राहुल गांधी की अपील पर झारखंड सरकार और भाजपा नेता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। राहुल गांधी ने झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती दी है। उच्च न्यायालय ने निचली अदालत में राहुल गांधी के खिलाफ कार्यवाही को रद्द करने का अनुरोध करने वाली उनकी याचिका को खारिज कर दिया था।
पैराग्लाइडिंग करते समय टूटी रस्सी, युवती और ऑपरेटर की मौत
19 Jan, 2025 06:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पणजी। गोवा में पैराग्लाइडिंग कर रही एक युवती और पैराग्लाइडर ऑपरेटर की मौत हो गई। दोनों की मौत केरी पठार पर पैराग्लाइडिंग करते समय रस्सी टूटने से हुई। गोवा पुलिस ने पैराग्लाइडिंग कंपनी के मालिक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। युवती महाराष्ट्र की रहने वाली थी जबकि पैराग्लाइडर ऑपरेटर नेपाल का रहने वाला था।
पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार शाम को हुई। पुलिस ने मृतकों की पहचान पुणे निवासी शिवानी दाबले (27) और ऑपरेटर सुमन नेपाली (26) के रूप में की है। शिवानी दाबले अपने एक दोस्त के साथ गोवा घूमने आई थी। पुलिस ने बताया कि पैराग्लाइडर ने पर्यटक के साथ केरी पठार से उड़ान भरी और वह कम ऊंचाई पर उड़ रहा था। पुलिस ने बताया कि पैराग्लाइडर की रस्सी टूट गई और वे अलग-अलग चट्टानों से टकरा गए। मृतक के हाथ-पैर टूट गए! पुलिस ने बताया कि तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई और दोनों को गोवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मांड्रेम विधायक ने कहा कि उन्होंने पर्यटन विभाग को केरी पठार पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को रोकने के लिए लिखा है, क्योंकि यह एक खतरनाक क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि केरी पंचायत ने भी पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को रोकने का संकल्प लिया है। विधायक ने कहा कि पठार पर चार पैराग्लाइडिंग ऑपरेटर हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हाइक एन फ्लाई कंपनी के मालिक शेखर रायजादा के खिलाफ मांड्रेम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने उचित प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त किए बिना जानबूझकर अपने पैराग्लाइडर पायलट को पर्यटकों के साथ पैराग्लाइडिंग गतिविधियों का संचालन करने की अनुमति दी। वर्मा ने कहा कि यह जानते हुए कि उनके कृत्य से मानव जीवन को खतरा हो सकता है।
एसपी ने कहा कि पैसे कमाने के लिए, रायजादा ने जानबूझकर शिवानी दाबले और नेपाली को वैध लाइसेंस के बिना ऊंचाई से पैराग्लाइडिंग करने की इजाजत दी, जिसके परिणामस्वरूप यह हादसा हुआ और उनकी मौत हो गई। मांड्रेम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
हिमाचल में भारी बर्फबारी से कई प्रमुख सड़कें और अटल टनल बंद
19 Jan, 2025 04:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। देशभर में ठंड की मार जारी है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लेह लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी लगातार हो रही है। इसके असर से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश और घना कोहरा छाया हुआ है। वहीं कुछ इलाकों में दिन में धूप खिलने के बावजूद ठंडी हवाएं चल रही हैं। इस कारण इन राज्यों का तापमान गिर रहा है। हिमाचल में भारी बर्फबारी से कई प्रमुख सड़कें और अटल टनल बंद हो गए हैं।
दिल्ली-एनसीआर में सुबह और शाम हल्का कोहरा छाया रहा लेकिन दिन में धूप खिलने के बाद भी ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने दो दिन तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा तीन राज्यों में तूफानी हवाएं चलने की संभावना जताई है और 15 से ज्यादा राज्यों में बारिश और कोहरा छाने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ निचले और मध्य क्षोभमंडल में स्थित है। पूर्वी हवाओं के साथ एक ट्रफ निचले क्षोभमंडल में गुजरात से उत्तरी राजस्थान तक फैला हुआ है। इसके असर से 21 जनवरी तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 21 से 23 जनवरी तक उत्तर-पश्चिमी भारतीय मैदानी इलाकों जैसे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 22 जनवरी को राजस्थान में 22 और 23 जनवरी को पश्चिमी यूपी में और 23 जनवरी को उत्तराखंड में बारिश और भारी बर्फबारी हो सकती है।
पूर्वी हवाओं के साथ एक ट्रफ तमिलनाडु तट से दूर बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश, तूफानी हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, यूपी के कुछ हिस्सों राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाने और शीतल लहर चल सकती है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है। दिल्ली में रविवार को हल्का कोहरा छाया रहा और पिछले दो दिनों से यहां दिन में धूप और ठंडी हवाएं चल रही हैं। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 18.93 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। दिन में न्यूनतम तापमान 11.05 डिग्री और अधिकतम तापमान 23.73 डिग्री रहने की संभावना है। हवा में 40 फीसदी नमी है और हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ मंदिर में नए नियम लागू, मोबाइल इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
दिलीप घोष बोले- बंगाल में खिलेगा कमल, BJP की जीत का भरोसा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार
छत के नेट से टीम इंडिया की कैप तक का सफर
केदारनाथ धाम में उत्सव का माहौल, कल सुबह खुलेंगे कपाट
सुपर सकर मशीन द्वारा लगातार चौथे दिन तानसेन नगर में सीवर सफाई कार्य जारी
रायपुर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में सूरजपुर बना प्रदेश में प्रथम स्थान पर
