देश
सुप्रीम कोर्ट में तीन तलाक कानून को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई शुरू
29 Jan, 2025 05:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सुप्रीम कोर्ट: तीन तलाक कानून को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है. इस मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस संजय कुमार की बेंच कर रही है. याचिकाओं में इस कानून के तहत अपराधीकरण के प्रावधान को चुनौती दी गई है. गौरतलब है कि मुस्लिम महिलाओं के तहत तीन तलाक को दंडनीय अपराध बनाया गया है और इसमें तीन साल तक की सजा का प्रावधान है. याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि यह कानून मुस्लिम पुरुषों के खिलाफ पक्षपातपूर्ण है और इसे निरस्त किया जाना चाहिए. सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने केंद्र सरकार से पूछा कि तीन तलाक कानून लागू होने के बाद अब तक कितने मामले दर्ज किए गए हैं. इस पर केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल (SG) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि दंड देने वाला कोई भी अधिनियम एक विधायी नीति का हिस्सा होता है. उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं से जुड़े अन्य कानूनों में भी सजा का प्रावधान रखती है, और तीन तलाक कानून में केवल तीन साल की सजा दी गई है.
कोर्ट ने दर्ज मामलों की मांगी लिस्ट
चीफ जस्टिस संजीव खन्ना ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस कानून के तहत केवल तलाक देने को ही अपराध घोषित कर दिया गया है, जो एक गंभीर सवाल खड़ा करता है. सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से पूरे देश में दर्ज मामलों की सूची पेश करने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने पूछा कि क्या किसी अन्य राज्य ने इस कानून को चुनौती दी है और क्या किसी राज्य सरकार ने इसे लागू करने में कोई समस्या बताई है. इसके अलावा, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी राज्यों में तीन तलाक कानून के तहत दर्ज एफआईआर का केंद्रीकृत डेटा उपलब्ध कराया जाए.
इस मुद्दे पर मुस्लिम समुदाय में मतभेद
यह मामला न केवल कानूनी बल्कि सामाजिक और राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. तीन तलाक कानून को लेकर शुरुआत से ही मुस्लिम समुदाय में मतभेद रहा है. जहां कई महिलाओं ने इस कानून का समर्थन किया, वहीं कुछ संगठनों और याचिकाकर्ताओं ने इसे मुस्लिम पुरुषों के मौलिक अधिकारों के खिलाफ बताया है. अब सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर विस्तार से सुनवाई करेगा.
महाकुंभ में भगदड़ की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताई चिंता, कहा- ये अत्यंत दुखद....
29 Jan, 2025 04:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज के संगम क्षेत्र में मंगलवार रात मची भगदड़ ने देश को झकझोंर दिया। इस घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी चिंता जताई है। एक्स हैंडल पर उन्होंने लिखा, प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। मैं हताहत हुए श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं और ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी श्रद्धालु शीघ्र ही स्वस्थ हों।"
पीएम मोदी ले रहे पल-पल की जानकारी
इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री मोदी लगातार सीएम योगी आदित्यनाथ से बातचीत कर रहे हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं। सीएम योगी ने जानकारी दी कि सुबह से चार बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझसे बातचीत की।
पीएम मोदी ने घटना पर शोक प्रकट करते हुए लिखा,"प्रयागराज महाकुंभ में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा हुआ है। इस सिलसिले में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बातचीत की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं।"
भगदड़ मचने की वजह
मौनी अमावस्या के मौके पर संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ बढ़ गई थी। भीड़ इतनी बढ़ गई कि लोग सो रहे श्रद्धालुओं पर बैरिकेडिंग तोड़कर चढ़ गए।
महाकुभ में भगदड़ के बाद आया पीएम मोदी का पहला बयान, कहा-घायलों की हर संभव
29 Jan, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज के संगम क्षेत्र में मंगलवार रात भगदड़ मच गई। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए। इस घटना की पल-पल की जानकारी पीएम मोदी को दी जा रही है। सीएम आदित्यनाथ योगी ने बताया कि सुबह से चार बार पीएम मोदी उनसे बातचीत कर हालात की जायजा ले चुके हैं।
लोगों की हर संभव मदद की जा रही है: पीएम मोदी
वहीं, पीएम मोदी ने इस घटना पर शोक प्रकट करते हुए एक्स हैंडल पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा,"प्रयागराज महाकुंभ में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा हुआ है। इस सिलसिले में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बातचीत की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं।"
प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम योगी से बातचीत करते हुए घटना की समीक्षा की और तत्काल सहायता उपाय करने का निर्देश दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी लगातार हालात का जायजा ले रहे हैं।
संगम नोज की ओर जाने से बचें: सीएम योगी
भगदड़ के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ लगातार कुंभ मेला क्षेत्र में मौजूद आला अधिकारियों से अपडेट ले रहे हैं। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जिस घाट के पास हैं वहीं स्नान करें और संगम नोज की ओर जाने से बचें। उन्होंने कहा कि स्नान के लिए कई घाट बनाए गए हैं जिनका उपयोग किया जा सकता है। सीएम योगी ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
कैसे मची भगदड़?
मौनी अमावस्या के मौके पर संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ बढ़ गई थी। भीड़ इतनी बढ़ गई कि लोग सो रहे श्रद्धालुओं पर बैरिकेडिंग तोड़कर चढ़ गए।
मौसम अपडेट: उत्तर भारत में फिर बढ़ेगी सर्दी, इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
29 Jan, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली NCR में ठंड का प्रभाव पहले से बहुत कम हो गया है। पिछले दो-तीन दिनों से ठंड का एहसास बहुत कम हो गया है, सुबह के वक्त हल्की-हल्की धुंध छाई रहती है। आज भी तेज धूप निकलने के आसार हैं। बात करें देश के अन्य राज्यों की तो मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली को छोड़ कश्मीर, राजस्थान और पंजाब समेत उत्तर भारत में अभी भी ठंड का प्रकोप जारी है। कई जगहों पर सुबह के वक्त धुंध की चादर बिछी रहती है।
बताया जा रहा है, 1 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ राज्यों में बारिश की संभावना है। इनमें दिल्ली का भी नाम सामने आया है। राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप जारी है, करौली, माउंट आबू, सीकर और नागौर समेत अन्य स्थानों पर भी तापमान काफी नीचे है। फिलहाल राज्य में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
वहीं बात करें यूपी की तो उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में 31 जनवरी तक रात/सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
यूपी के प्रयागराज में वहां अधिकतम तापमान आज 26 से 28 डिग्री सेल्सियस जा सकता है और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस की रहने की संभावना है।
पहाड़ी इलाकों का क्या है हाल?
जम्मू-कश्मीर में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -5 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। घाटी में पहलगाम समेत कई जगहों पर तापमान काफी गिर गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 29 जनवरी 2025 से यानी आज से यहां बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान में बदलाव होने की संभावना है।
उत्तराखंड में भी आज मौसम साफ रहने वाला है। यहां आज 11-24 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहने की संभावना है।
मौसम का अवलोकन - शीत लहर
पिछले 24 घंटों के दौटान 28.01.2025 को 0830 IST तक
हिमाचल में बदलेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां 31 जनवरी से मौसम बदलेगा। IMD के मुताबिक, IMD के मुताबिक, प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। हरियाणा-पंजाब में सर्द हवा का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही यहां कोहरे की चादर भी बिछी है। चंडीगढ़, सिरसा, अमृतसर, भिवानी और गुरुग्राम समेत कई जिलों में सुबह-शाम कोहरा छाया रहता है।
ISRO ने रचा इतिहास! 100वां अंतरिक्ष मिशन सफल, GSLV-F15 की शानदार लॉन्चिंग
29 Jan, 2025 11:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीहरिकोटा। इसरो ने श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से रॉकेट लॉचिंग का शतक लगा दिया है। इसरो ने जीएसएलवी GSLV-F15 रॉकेट के जरिए नेविगेशन सैटेलाइट (NVS-02) को बुधवार को लॉन्च किया। नाविक के तहत दूसरी पीढ़ी के पांच उपग्रह शामिल हैं। इससे पहले 29 मई 2023 को एनवीएस-01 को जीएसएलवी-एफ12 के जरिये लांच किया गया था।
क्या काम करेगी सैटेलाइट?
जीएसएलवी GSLV-F15 रॉकेट के जरिए लॉन्च किया गया यह नेविगेशन सैटेलाइट (NVS-02) परिवहन में उचित ट्रैकिंग और मार्गदर्शन में मदद करेगा। हवाई और समुद्री यातायात को कुशलतापूर्वक ट्रैक करेगा। वहीं, सैन्य अभियानों को अंजाम देने के लिए सुरक्षित, स्थानीय नेविगेशन होने से रक्षा क्षमताओं को बढ़ाएगा।
भारतीय उपमहाद्वीप के साथ-साथ भारतीय भूभाग से लगभग 1,500 किलोमीटर आगे के क्षेत्रों में उपयोगकर्ताओं (यूजर्स) को सटीक स्थिति, गति और समय की जानकारी प्रदान करेगी। नवीएस-02, एनवीएस को नेविगेशन सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है।
एनवीएस-02 उपग्रह परिवहन, रक्षा और रसद में मदद करेगा
नाविक के तहत दूसरी पीढ़ी के पांच उपग्रह शामिल हैं। इससे पहले 29 मई 2023 को एनवीएस-01 को जीएसएलवी-एफ12 के जरिये लांच किया गया था। यूआर सेटेलाइट सेंटर द्वारा डिजाइन और विकसित एनवीएस-02 उपग्रह का वजन लगभग 2,250 किलोग्राम है। इसमें एनवीएस-01 की तरह सी-बैंड में रेंजिंग पेलोड के अलावा एल1, एल5 और एस बैंड में नेविगेशन पेलोड है।
एनवीएस-02 उपग्रह परिवहन, रक्षा और रसद में मदद करेगा। यह कृषि, उपग्रहों के लिए कक्षा निर्धारण, मोबाइल उपकरणों में लोकेशन आधारित सेवाएं, आपातकालीन सेवाओं में भी मदद करेगा।
इसरो प्रमुख ने तिरुमाला मंदिर में की थी पूजा
जीएसएलवी-एफ15/एनवीएस-02 की लांचिंग से पहले इसरो के अध्यक्ष डा. वी. नारायणन ने विज्ञानियों की टीम के साथ तिरुमाला में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में पूजा की थी। उन्होंने रॉकेट का मॉडल भगवान के चरणों में रखा और मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना की। डॉ. नारायणन ने इसरो में तीसरे लांच पैड के लिए 400 करोड़ रुपये आवंटित करने के प्रधानमंत्री के फैसले के लिए आभार जताया, जिससे अंतरिक्ष में भारी राकेट लांच करने में मदद मिलेगी।
जेपी नड्डा ने कहा.... अमेरिका के WHO से बाहर होने का भारत की स्वास्थ्य योजनाओं पर असर नहीं
29 Jan, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका के विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से बाहर होने की घोषणा का भारत में इस वैश्विक एजेंसी के साथ चल रही परियोजनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
भारत डब्ल्यूएचओ के प्रमुख योगदानकर्ताओं में से एक
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत पिछले 10 वर्षों में हुई प्रगति पर एक प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान नड्डा ने कहा कि हमारी परियोजनाएं और अभियान जारी रहेंगे। जहां तक स्वास्थ्य का सवाल है तो हम किसी पर निर्भर नहीं हैं। कई परियोजनाएं हैं जहां डब्ल्यूएचओ हमारे साथ साझेदारी करता है और इसमें कोई बाधा नहीं आएगी। भारत डब्ल्यूएचओ के प्रमुख योगदानकर्ताओं में से एक है।
स्वास्थ्य एक प्राथमिकता वाला क्षेत्र- नड्डा
एनएचएम के तहत पिछले 10 वर्षों में हुई उपलब्धियों को गिनाते हुए नड्डा ने कहा कि कुछ नई पहलें जैसे राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया मिशन और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम (पीएमएनडीपी) 2014 के बाद जोड़ी गईं जबकि कई अन्य पहलों को फिर से शुरू किया गया है जैसे राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, मिशन इंद्रधनुष आदि।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एक प्राथमिकता वाला क्षेत्र है और इसमें कभी वित्तीय कमी आड़े नहीं आई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत केंद्रीय अनुदान में 2014 से 185 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
WHO के साथ कोई काम नहीं करेगा अमेरिका
अमेरिका के राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने कई बड़े फैसले लिए हैं जिनमें एक फैसला विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के साथ काम बंद करना है। अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्रों के कर्मचारियों को सोमवार को ट्रंप ऑफिस द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ सभी तरह के काम बंद करने का आदेश दिया गया है और डब्ल्यूएचओ से अपने कर्मचारी वापस बुलाने को भी कहा गया है।
कर्मचारियों को लौटने का आदेश जारी
कई संघीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने सीबीएस न्यूज से इस बात की पुष्टि की। एक अधिकारी ने कहा, आदेश को लागू करने के लिए सीडीसी के वैश्विक स्वास्थ्य के उप निदेशक जॉन एनकेंगसॉन्ग ने सोमवार को एक ईमेल में जारी किया था जिसमें कहा गया था कि डब्ल्यूएचओ के साथ जुड़ने वाले सभी सीडीसी कर्मचारियों को अपनी गतिविधि बंद करनी होगी और आगे के मार्गदर्शन का इंतजार करना होगा। ईमेल में कहा गया है कि डब्ल्यूएचओ के लिए काम करने के लिए नियुक्त सीडीसी कर्मचारियों को भी कार्यालय में नहीं आने के लिए कहा जा रहा है।
पूर्व सैनिक ने कुबूली अपनी वाइफ की हत्या की बात, कहा-हां पत्नी को....
29 Jan, 2025 09:31 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हैदराबाद। तेलंगाना में एक पूर्व सैनिक को अपनी पत्नी हत्या कर शव के टुकड़े को उबालने के मामले में मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपराध के बारे में विवरण देते हुए पुलिस ने इस कृत्य को दुर्लभतम और बर्बर प्रकृति का बताया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित ने इस अपराध को अंजाम देने से पहले अपने बच्चों को एक रिश्तेदार के घर छोड़ दिया था। राचकोंडा के आयुक्त सुधीर बाबू ने पूरे मामले से पर्दा उठाते हुए बताया कि 16 जनवरी को आरोपित का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था।
आरोपित 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम करीब छह बजे तक हत्या करने से लेकर शव को ठिकाने लगाने तक का काम किया। इस दौरान उसने उसका सिर दीवार पर दे मारा। वो गिर गई। इसके बाद उसने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या को छिपाने के लिए उसने शव को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट दिया। उसे बाल्टी में रख दिया। फिर उसने वाटर हीटर के जरिए पानी गरम किया। टुकड़ों को उबाला और बाद में सिंगल बर्नर गैस स्टोव पर जला दिया। इसके बाद आरोपित ने पत्थर के रोलर से हड्डियों को पीसकर चूर्ण बना दिया। उस चूर्ण और मांस के छोटे-छोटे टुकड़ों को टॉयलेट में फेंक दिया और कई बार पानी से फ्लश किया।
बची हुई हड्डियों के अवशेषों को घर के कूड़ेदान में रख दिया गया, ताकि बाद में उनका निपटान किया जा सके। जलने के दौरान घर में होने वाले दुर्गंध को कम करने के लिए उसने दरवाजे और रसोई की खिड़कियां खुली रखीं। इस वारदात के दौरान किसी को भनक नहीं लगी।
यह बर्बरता की पराकाष्ठा - कमिश्नर
आरोपित 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम करीब छह बजे तक हत्या करने से लेकर शव को ठिकाने लगाने तक का काम किया। इसके बाद में उसने सुबूतों के किसी भी निशान को मिटाने के लिए डिटर्जेंट और फिनाइल का इस्तेमाल करके बाथरूम को साफ कर दिया।
इस वारदात पर हैरानी जताते हुए आयुक्त ने कहा कि मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि कोई व्यक्ति इस तरह का व्यवहार कैसे कर सकता है। यह बर्बरता की पराकाष्ठा है। किसी की हत्या करने का यह सबसे दुर्लभ तरीका है।
कर्नाटक में फैक्ट्री विस्फोट, बायलर ब्लास्ट से दो मजदूरों की हुई मौत
29 Jan, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तुमकुरु। कर्नाटक के तुमकुरु स्थित अंतरासनहल्ली औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री के बायलर में मंगलवार को विस्फोट हो गया। इसमें दो श्रमिकों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार के चंदन शर्मा और संतोष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, विस्फोट शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। चावल की भूसी के तेल की फैक्ट्री में बायलर में विस्फोट हो गया, जिससे श्रमिक ऊंचाई से नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
ताहिर हुसैन को सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, रोजाना 12 घंटे कर पाएंगे प्रचार
28 Jan, 2025 05:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली विधानसभा चुनाव में AIMIM उम्मीदवार ताहिर हुसैन की ओर से दायर अंतरिम जमानत याचिका पर मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. जस्टिस दीपांकर दत्ता की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने सुनवाई की. कोर्ट ने दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को राहत देते हुए कस्टडी पैरोल दे दी है. वह चुनाव में प्रचार कर सकेंगे. उन्हें 29 जनवरी से 3 फरवरी तक कस्टडी पैरोल मिली है.
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे. 3 फरवरी को प्रचार पर रोक लग जाएगी. चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित होंगे. ताहिर हुसैन मुस्तफाबाद से AIMIM के उम्मीदवार हैं. वह इससे पहले आम आदमी पार्टी में थे. ताहिर पार्षद रह चुके हैं.
कोर्ट ने आदेश में क्या कहा?
ताहिर हुसैन सभी आश्वासन का पालन करेंगे. उनको 29.01.2025 से 03.02.2025 तक जेल मैनुअल के समय के अनुसार चार्ट में दर्शाए गए खर्च का आधा जमा करने पर रिहा किया जाएगा. जो 2 दिनों के लिए 2,07,429 रुपये है.
कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा कि जेल नियमों के अनुसार रिहाई 12 घंटे के लिए होगी. आदेश को नजीर नहीं माना जाए. हाई कोर्ट के समक्ष जमानत आवेदन पर इस अदालत के आदेशों से प्रभावित हुए बिना अपने गुण-दोष के आधार पर विचार किया जाएगा.
रोजाना जेल से चुनाव प्रचार के लिए ताहिर सुबह 6 बजे निकलेंगे और शाम 6 बजे वापस जेल जाएंगे. सार्वजनिक बयान में वह अपने केस से संबंधित कोई बात नहीं करेंगे.
दिल्ली पुलिस ने अर्जी का किया विरोध
दिल्ली पुलिस की ओर से पेश हुए एसवी राजू ने अर्जी का विरोध किया है. उन्होंने कहा कि अगर चुनाव प्रचार के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत दी जाती है तो यह मिसाल बन जाएगी और कैदियों को प्रचार के लिए जमानत देने की मांग की कतार अदालतों में लग जाएगी. कस्टडी पैरोल का विरोध करते हुए दिल्ली पुलिस ने कहा कि बाकी आरोपी भी कस्टडी पैरोल की मांग करने लगेंगे.
जस्टिस विक्रमनाथ ने कहा कि आपने नामांकन के लिए कस्टडी पैरोल का विरोध नहीं किया. एएसजी ने कहा कि वह नामांकन कर वापस आ गए थे. जस्टिस विक्रमनाथ ने कहा कि यहां भी वह वापस आएंगे. घर पर नहीं रुकेंगे.
एएसजी ने कहा कि कृपया खर्चों पर ध्यान दें. जस्टिस मेहता ने कहा कि यह उन्हें देखना है. एएसजी ने कहा कि चुनाव के कारण बड़ी भीड़ हो सकती है, उसे प्रबंधित करना होगा. इसपर ताहिर के वकील ने कहा कि मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मेरे सह-अभियुक्त को यूएपीए मामले में परीक्षा के लिए 2 सप्ताह की हिरासत पैरोल दी गई थी.
कड़ाके की ठंड का कहर, दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट, 4 राज्यों में कोल्ड वेव का खतरा
28 Jan, 2025 01:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर भारत में मौसम करवट ले रही है। दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। उत्तर भारत में दिन में धूप की वजह से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। हालांकि, शाम और देर रात चलने वाली सर्द हवाओं की वजह से ठिठुरन बढ़ जाती है।
दिल्ली में अगले दो दिनों में बारिश का अनुमान
बात करें राष्ट्रीय राजधानी की तो मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली में बारिश की संभावना है। स्काईमेट वेदर की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक साथ दो-दो पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पहुंचने की संभावना है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण कई इलाकों में बारिश हो सकती है। आज (28 जनवरी) दिल्ली में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों में बारिश का अनुमान भी है।
आज पंजाब-हरियाणा में कैसे रहेगा मौसम?
राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप है। पहाड़ों पर बर्फबारी व चल रही ठंडी हवाओं के कारण पंजाब में सोमवार को कड़ाके की ठंड रही। आज भी राज्य में धुंध रहने की आशंका है।
बात करें हरियाणा की तो मौसम विज्ञानियों ने दक्षिण पश्चिमी क्षेत्रों में पाला पड़ने की चेतावनी जारी की है। साथ ही प्रदेश के सात जिलों में शीतलहर चलने और छह जिलों में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि आज के लिए IMD ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बिहार के 10 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।
कश्मीर में अभी बर्फबारी रहेगी जारी
जम्मू में 29 जनवरी से दो फरवरी तक कहीं वर्षा तो कहीं बर्फबारी होने से फिर सर्दी बढ़ेगी। बता दें कि 31 जनवरी को 40 दिवसीय चिल्लई कलां अपनी पारी समाप्त करेगा।
पहली फरवरी से चिल्ले कलां की तुलना में कम तीव्रता वाले ठंडे दौर 20 दिवसीय चिल्लई-खुर्द (छोटी सर्दी) और 10 दिनों का चिल्लई-बच्चा (कम सर्दी) का मौसम रहेगा।
तमिलनाडु में ISIS मॉड्यूल के खिलाफ NIA का बड़ा एक्शन, 15 ठिकानों पर छापेमारी
28 Jan, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेन्नई। इस्लामिक स्टेट मॉड्यूल के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कार्रवाई की है। तमिलनाडु में ISIS से जुड़े 15 ठिकानों पर मंगलवार (28 जनवरी) को छापेमारी की गई। सीरकाजी और थिरुमुलैवासल में तलाशी ली गई।
यह जांच ISIS के उस मॉडल के खिलाफ हो रही है, जिसके जरिए युवाओं को कट्टरपंथ बनाया जा रहा है। केरल, तमिलनाडु के युवाओं को ISIS में भर्ती कराने की कोशिश हो रही है।
चेन्नई के कई इलाकों में छापेमारी जारी
चेन्नई के मायिलादुथुरई समेत कई इलाकों पर एनआईए की छापेमारी जारी है। अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। एजेंसी ने 25 जनवरी को दो संदिग्ध को गिरफ्तार किया था। ये लोग प्रतिबंधित संगठन पीएफआई से जुड़े थे।
बागपत हादसा: बड़ौत में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मचान ढहने से 7 की मौत, 6 पुलिसकर्मी घायल
28 Jan, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बागपत: बागपत में मंगलवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है. यहां भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व पर मानस्तम्भ परिसर में बना लकड़ी से बना मचान ढह गया. इस घटना में करीब 50 से अधिक श्रद्धालु के नीचे दबे होने की आशंका है. इस बीच सूचना है कि हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है. वहीं डीएम बागपत ने कहा कि, "बड़ौत में जैन समुदाय का कार्यक्रम था. यहां लकड़ी का एक ढांचा गिर गया, जिससे करीब 40 लोग घायल हो गए. 20 लोगों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया, 20 लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है. 5 लोगों की मौत हो गई है."
7 की मौत, 6-7 पुलिसकर्मी भी घायल
यह हादसा बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्र के गांधी रोड पर मंगलवार सुबह हुआ. मानस्तम्भ परिसर में बल्ली से बना मचान अचानक ढह गया, इस दौरान कई लोग उसके नीचे दब गए. इतना ही नहीं, घटना के बाद मौके पर भगदड़ भी मच गई.वहीं, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू शुरू किया. बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब 6-7 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. घायलों की संख्या बढ़ सकती है, सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामले की जानकारी मिलते ही डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना है. बागपत के एसपी ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया, बड़ौत थाना क्षेत्र में एक धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था.
योगी आदित्यनाथ ने राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
जैन समुदाय द्वारा मंदिर में लड्डू चढ़ाने का कार्यक्रम था. कुछ लोग बल्ली से बने मचान पर चढ़े हुए थे, तभी वह टूटकर गिर गया और 25 लोग घायल हुए थे. जिनमें से कुछ लोगों को सामान्य चोटें आई हैं. सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत में हुए हादसे का संज्ञान लिया. सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश हैं. साथ ही उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के भी निर्देश दिए. इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.
चुनाव के बाद पीएम मोदी और ट्रंप की पहली मुलाकात, अगले महीने हो सकती है तय
28 Jan, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों को और ऊंचाई पर ले जाने, वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। ट्रंप ने 20 जनवरी, 2025 को ही अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ ली है। फिर से राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद ट्रंप की मोदी के साथ यह पहली बातचीत थी।
शांति, समृद्धि और सुरक्षा पर मिलकर काम करेंगे
मोदी ने एक्स पर लिखा- ''अपने प्रिय मित्र डोनाल्ड ट्रंप से बात करके अत्यंत खुशी हुई। उनकी ऐतिहासिक विजय और दोबारा राष्ट्रपति बनने पर उन्हें बधाई दी। हम एक-दूसरे को लाभ पहुंचाने वाली और भरोसेमंद साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अपने लोगों की भलाई, वैश्विक शांति, समृद्धि और सुरक्षा के लिए मिलकर काम करेंगे।''
ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उस समारोह में मोदी के विशेष प्रतिनिधि के रूप में शिरकत की।
निवेश, ऊर्जा और रक्षा पर चर्चा
इस बीच, पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मोदी और ट्रंप ने प्रौद्योगिकी, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और रक्षा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा की। साथ ही वैश्विक मुद्दों मसलन पश्चिम एशिया और यूक्रेन की स्थिति को लेकर भी बातचीत की। दोनों नेताओं ने जल्द मिलने पर भी सहमति जताई। वैसे ट्रंप प्रशासन ने भारत के साथ अपने संबंधों को लेकर अब तक मिले-जुले संकेत दिए हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने जयशंकर से की पहली मुलाकात
विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कार्यभार संभालने के बाद सबसे पहली मुलाकात जयशंकर से की, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के सभी आयामों पर चर्चा हुई। अमेरिकी पक्ष ने अवैध रूप से रह रहे 18 हजार भारतीयों को वापस भेजने का मुद्दा उठाया है। इसके अलावा, ट्रंप ने उन देशों के आयात पर अधिक शुल्क लगाने का भी एलान किया है जो अमेरिकी उत्पादों पर अधिक शुल्क लगाते हैं। हालांकि भारत को अभी तक इस सूची में शामिल नहीं किया गया है।
अगले महीने मिल सकते हैं ट्रंप और मोदी
इस वार्ता के बाद उम्मीद है कि दोनों नेताओं के बीच अगले महीने मुलाकात भी हो सकती है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के अधिकारी संपर्क में हैं ताकि ट्रंप और मोदी के बीच शीघ्र ही मुलाकात हो सके। इस वर्ष भारत में क्वाड की शीर्ष बैठक होनी है, जिसमें ट्रंप का भारत आना तय है। इसके पहले पेरिस में होने वाले एआई सम्मेलन और बाद में जी-7 की बैठक में भी दोनों नेताओं के बीच मुलाकात की संभावना है।
'झूठे आरोपों से खत्म होती हैं जिंदगियां', सजा के प्रविधान में संशोधन की जरूरत- हाई कोर्ट
28 Jan, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोच्चि। केरल हाई कोर्ट ने सोमवार को झूठे आरोप लगाने के लिए नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) एक्ट समेत विभिन्न कानूनों में निर्धारित असमान दंड को लेकर चिंता व्यक्त की। साथ ही कहा कि संसद को झूठे आरोपों के लिए दंड के प्रविधानों में खामियों को दूर करना चाहिए।
जस्टिस पीवी कुन्नीकृष्णन की पीठ ने यह टिप्पणी एवं सुझाव नारायण दास नामक व्यक्ति की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज करते हुए दिए।
झूठे आरोप से जिदंगी बर्बाद हो सकती
नारायण दास ने अपनी बहू शीला सनी पर ड्रग्स रखने का झूठा आरोप लगाया था जिसकी वजह से उसे 72 दिन जेल में रहना पड़ा। हाई कोर्ट ने अपनी रजिस्ट्री को निर्देश दिया कि वह इस मामले में उसके आदेश को आगे की कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार को भेजे। साथ ही कहा कि झूठे आरोपों से जिंदगी बर्बाद हो सकती है, लिहाजा झूठे आरोप लगाने वाले को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।
झूठे आरोप लगाने वाले को सिर्फ दो साल की सजा
पीठ ने कहा कि झूठे आरोप में फंसाए गए व्यक्ति को लंबा कारावास भुगतना पड़ सकता है और उस पर भारी जुर्माना हो सकता है, लेकिन झूठा आरोप लगाने वाले व्यक्ति को सिर्फ दो वर्ष का ही कारावास हो सकता है।
ओडिशा और उत्तराखंड दौरे पर पीएम मोदी, करेंगे मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव और राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन
28 Jan, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 जनवरी यानी आज ओडिशा और उत्तराखंड का दौरा करेंगे।प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री मोदी भुवनेश्वर के जनता मैदान में उत्कर्ष ओडिशा-मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव 2025 का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह उत्तराखंड के देहरादून जाएंगे और शाम करीब 6 बजे 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे।
ओडिशा में प्रधानमंत्री भुवनेश्वर में उत्कर्ष ओडिशा - मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव 2025 का उद्घाटन करेंगे। ओडिशा सरकार द्वारा आयोजित इस प्रमुख वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन का उद्देश्य राज्य को पूर्वोदय विजन के केंद्र के साथ-साथ भारत में एक प्रमुख निवेश गंतव्य और औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
ओडिशा प्रदर्शन का भी होगा उद्घाटन
प्रधानमंत्री मेक इन ओडिशा प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे, जिसमें जीवंत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने में राज्य की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला जाएगा।
दो दिवसीय सम्मेलन 28 से 29 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। यह उद्योग जगत के नेताओं, निवेशकों और नीति निर्माताओं के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा, जहाँ वे ओडिशा द्वारा पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में पेश किए जाने वाले अवसरों पर चर्चा करेंगे।
इस सम्मेलन में सीईओ और नेताओं की गोलमेज बैठकें, क्षेत्रीय सत्र, बी2बी बैठकें और नीतिगत चर्चाएं आयोजित की जाएंगी, जिससे दुनिया भर के निवेशकों के साथ लक्षित जुड़ाव सुनिश्चित होगा।
38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे। उत्तराखंड में इसके रजत जयंती वर्ष के दौरान इसका आयोजन किया जा रहा है और 28 जनवरी से 14 फरवरी तक उत्तराखंड के 8 जिलों के 11 शहरों में इसका आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय खेलों में 36 राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश भाग लेंगे। 17 दिनों तक चलने वाले इस खेल में 35 खेल स्पर्धाएं होंगी। इनमें से 33 खेलों में पदक दिए जाएंगे, जबकि दो खेल प्रदर्शनी खेल होंगे।
योग और मल्लखंब को पहली बार राष्ट्रीय खेलों में शामिल किया गया है। इस आयोजन में देश भर से 10,000 से ज़्यादा एथलीट हिस्सा लेंगे।
स्थिरता पर ध्यान केंद्रित करते हुए, इस साल राष्ट्रीय खेलों की थीम "ग्रीन गेम्स" है। आयोजन स्थल के पास स्पोर्ट्स फ़ॉरेस्ट नामक एक विशेष पार्क विकसित किया जाएगा, जहाँ एथलीट और अतिथि 10,000 से ज़्यादा पौधे लगाएँगे।
एथलीटों के लिए पदक और प्रमाण पत्र पर्यावरण अनुकूल और बायोडिग्रेडेबल सामग्रियों से बनाए जाएंगे।
हाथ से कलावा हटाते ही न करें ये 1 काम, वरना बिगड़ सकता है भाग्य
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ मंदिर में नए नियम लागू, मोबाइल इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
दिलीप घोष बोले- बंगाल में खिलेगा कमल, BJP की जीत का भरोसा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार
छत के नेट से टीम इंडिया की कैप तक का सफर
केदारनाथ धाम में उत्सव का माहौल, कल सुबह खुलेंगे कपाट
सुपर सकर मशीन द्वारा लगातार चौथे दिन तानसेन नगर में सीवर सफाई कार्य जारी
