देश
'विश्वासघात' के आरोप से भड़के पड़ोसी देश, PM मोदी के पॉडकास्ट को 'भ्रामक' और 'एकतरफा' बताया
18 Mar, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिकी पॉडकास्टर लेक्स फ्रिडमैन के साथ पॉडकास्ट को लेकर पाकिस्तान भड़क गया है। 'विश्वासघात' के आरोप से भड़के पड़ोसी देश ने पॉडकास्ट को 'भ्रामक' और 'एकतरफा' बताया है। वहीं, पीएम मोदी के इस इंटरव्यू से चीन खुश है। उसने चीन के प्रति पीएम मोदी के नजरिए की तारीफ की और कहा कि हाथी और ड्रैगन का समन्वय ही दोनों देशों के संबंधों के लिए सही विकल्प है। चीन ने कहा कि दोनों देशों को एक-दूसरे को समझना चाहिए और एक-दूसरे का साथ देना चाहिए। ग्लोबल साउथ की मजबूती और विश्व शांति के लिए यह जरूरी है।
पाकिस्तान की नाराजगी
पिछले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी पॉडकास्टर लेक्स फ्रिडमैन को इंटरव्यू दिया था। इसमें उन्होंने पड़ोसी देश चीन और पाकिस्तान पर टिप्पणी की थी। पाकिस्तान को लेकर पीएम मोदी ने कहा था कि पाकिस्तान ने भारत की ओर से शांति के हर प्रयास का जवाब दुश्मनी और विश्वासघात से दिया है। हालांकि, मोदी ने उम्मीद जताई कि पड़ोसी देश के शीर्ष नेता दोनों देशों के संबंधों को सुधारने के लिए सदबुद्धि आएंगे। पीएम की इस टिप्पणी पर पाकिस्तान की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने मोदी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी टिप्पणियां भ्रामक और एकतरफा हैं।
पाकिस्तान ने कहा कि ये टिप्पणियां जानबूझकर जम्मू-कश्मीर विवाद की अनदेखी करती हैं, जो पिछले 7 दशकों से अनसुलझा है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र, पाकिस्तान और कश्मीर के लोगों को भरोसा दिलाया था कि इस विवाद को सुलझा लिया जाएगा, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। पाक ने आरोप लगाया कि भारत पाकिस्तानी धरती पर समस्याएं पैदा करने में शामिल है।
चीन ने की मोदी की तारीफ
वहीं, मोदी के पॉडकास्ट से चीन खुश है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि हमने चीन-भारत संबंधों पर मोदी की हालिया टिप्पणियों को देखा है और हम इसकी सराहना करते हैं। माओ ने कहा कि चीन दोनों देशों के नेताओं के बीच महत्वपूर्ण सहमति को लागू करने के लिए भारत के साथ काम करने के लिए तैयार है। साथ ही, हम भारत के साथ राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ को एक अवसर के रूप में लेंगे और विभिन्न क्षेत्रों और सभी स्तरों पर आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देंगे।
पीएम मोदी ने क्या कहा
आपको बता दें कि चीन को लेकर इंटरव्यू में मोदी ने कहा था कि भारत और चीन के बीच संबंध नए नहीं हैं। दोनों देशों की संस्कृतियां और सभ्यताएं प्राचीन हैं और वे सदियों से एक-दूसरे से सीखते आ रहे हैं। मोदी ने कहा कि पूर्वी लद्दाख में दोनों देशों की सेनाओं के बीच तनाव कम करने के लिए राष्ट्रपति शी के साथ उनकी बातचीत के बाद सामान्य स्थिति लौट आई है। मोदी ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि दोनों देशों के बीच मतभेद विवाद में न बदलें।
14 साल के सिद्धार्थ नंद्याला ने विकसित किया AI ऐप 'CircadiaV', 7 सेकंड में पता लगाए दिल की बीमारियां!
18 Mar, 2025 02:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमेरिका में बसे 14 साल के एक लड़के सिद्धार्थ नंद्याला की इन दिनों पूरे आंध्र प्रदेश सहित दुनियाभर में चर्चा है. नंद्याला ने एक AI-पावर्ड ऐप 'CircadiaV' विकसित किया है, जो महज 7 सेकंड में दिल की बीमारियों का पता लगा सकता है. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण भी इस लड़के की प्रतिभा के कायल हैं और उन्होंने सिद्धार्थ से मिलकर उसके इस ऐप की तारीफ की है.
सिद्धार्थ के बनाए इस ऐप का गुंटूर गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल (GGH) में टेस्ट किया गया. जहां यह 96% से ज्यादा सटीक रिजल्ट देता पाया गया. इससे प्रभावित होकर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सिद्धार्थ को अपने दफ्तर बुलाकर उनसे मुलाकात की और इस नवाचार को स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए क्रांतिकारी बताया. उन्होंने तेलुगु प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के महत्व पर जोर दिया और सिद्धार्थ को उनके आगे के शोध कार्यों के लिए हर संभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया.
पवन कल्याण ने भी की तारीफ
आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी सिद्धार्थ की इस असाधारण उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और कहा कि इतनी छोटी उम्र में यह उपलब्धि गौरव का विषय है. इस दौरान सिद्धार्थ के पिता महेश नंद्याला और स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव भी उनके साथ मौजूद रहे.
कौन हैं सिद्धार्थ नंद्याला?
अनंतपुर से मूल रूप से ताल्लुक रखने वाले सिद्धार्थ का परिवार 2010 में अमेरिका के टेक्सास स्थित फ्रिस्को शहर में बस गया था. हालांकि, उनकी उपलब्धियां भारत में भी सुर्खियों में रही हैं, खास तौर से AI-ड्रिवन हेल्थकेयर सॉल्यूशंस के क्षेत्र में. सिद्धार्थ महज छात्र नहीं, बल्कि टेक एंटरप्रेन्योर भी हैं. वह 'Circadian AI' कंपनी के संस्थापक और सीईओ हैं, जो AI इनोवेशन पर काम कर रही है. इसके अलावा, उन्होंने 'STEM-IT TECH' नामक पहल भी शुरू की है, जो STEM शिक्षा को बढ़ावा देने पर केंद्रित है.
चंद्रबाबू नायडू ने सिद्धार्थ को दिया AI प्रमाणपत्र
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सिद्धार्थ को दुनिया के सबसे कम उम्र के AI-सर्टिफाइड प्रोफेशनल के रूप में मान्यता दी. जिनके पास Oracle और ARM जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रमाणपत्र हैं. नायडू ने कहा कि सिद्धार्थ का 'CircadiaV' ऐप स्मार्टफोन-बेस्ड हार्ट साउंड रिकॉर्डिंग के जरिए हृदय रोगों की प्रारंभिक पहचान को आसान बना रहा है. इस तकनीक का अमेरिका में 15,000 से अधिक मरीजों और भारत में 700 मरीजों पर परीक्षण किया जा चुका है, जिसमें 96% से अधिक सटीकता देखी गई है. मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थ के टैलेंट और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह इनोवेशन समाज के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा. उन्होंने सिद्धार्थ को आगे के शोध कार्यों में सरकार की ओर से हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया.
कैंसर का इलाज अब हर जिले में, तीन सालों में होंगे कैंसर सेंटर स्थापित
18 Mar, 2025 12:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश में जिला अस्पतालों में कैंसर डेकेयर सेंटर स्थापित करने को लेकर एक रिपोर्ट पेश की गई। सरकार की इस पहल के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ब्लूप्रिंट तैयार किया है। जिसमें कीमोथेरेपी, परामर्श सेवाएं और दवाओं को लेकर एक खास प्लान बनाया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की इस रिपोर्ट में कहा गया कि इस पहल से कैंसर का उपचार मरीजों को उनके घर के नजदीक ही दिया जाएगा। आने वाले सालों में सरकार के इस कदम से मेडिकल के क्षेत्र में क्रांति देखने को मिल सकती है। जानिए इन केंद्रों में क्या कुछ होगा?
कब तक बनेंगे केंद्र?
इन केंद्रों में कीमोथेरेपी और परामर्श सेवाएं मिलेंगी। इसके अलावा, एक केंद्र में 4 से 6 बिस्तर, ओन्कोलॉजिस्ट या एक चिकित्सा अधिकारी, दो नर्स, एक फार्मासिस्ट, एक कंसल्टेंट और एक बहुउद्देश्यीय कार्यकर्ता होना चाहिए। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में इसका ऐलान किया। इन केंद्रों को अगले तीन सालों में बनाया जाएगा। एक साल में कम से कम 200 केंद्र बना लिए जाएंगे। बाकी के केद्रों को तय समय पर स्थापित किया जदएगा। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कैंसर का उपचार मरीजों के घरों के नजदीक ही आसानी से मिल जाएगा।
अलग से भर्ती की सिफारिश
संसदीय पैनल ने अलग भर्ती की सिफारिश भी की है। पैनल की रिपोर्ट में कहा गया कि समिति यह भी चाहती है कि केंद्रों के सुचारू रूप से संचालन के लिए जिला अस्पतालों से डॉक्टर और नर्स देने के बजाय, अलग से इनकी भर्ती की जाए, क्योंकि जिला अस्पतालों में पहले से ही डॉक्टरों की कमी है।
कैंसर के बढ़ रहे मामले
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में हर साल 14 लाख से ज्यादा मामले सामने आते हैं, जिसमें से 9 लाख लोगों की मौत हो जाती है। पुरुषों में सबसे आम कैंसर होंठ और मुंह (15.6%) और फेफड़ों (8.5%) के कैंसर के मामले सामने आते हैं। वहीं, महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के सबसे ज्यादा (26.6%) मामले सामने आते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी आज लोकसभा में करेंगे संबोधन, सांसदों को 11.30 बजे तक पहुंचने का निर्देश
18 Mar, 2025 11:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार को लोकसभा को संबोधित कर सकते हैं. पीएम मोदी का संबोधन 12 बजे के आसपास हो सकता है. बीजेपी ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को 11.30 बजे तक लोकसभा में पहुंचने को कहा है. संसद का बजट सत्र 10 मार्च से चल रहा है. बजट सेशन का ये दूसरा भाग है. ये 4 अप्रैल तक चलेगा.
सरकार 2047 तक भारत को बनाएगी विकसित
इससे पहले पीएम मोदी ने 4 फरवरी को लोकसभा को संबोधित किया था. प्रधानमंत्री मोदी ने धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया था. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में विकसित भारत पर बात की. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी. विपक्ष पर राजनीतिक प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, यह हमारा केवल तीसरा कार्यकाल है. हम आने वाले वर्षों में भी काम करना जारी रखेंगे.
अंतरिक्ष से वापसी के बाद सुनीता विलियम्स के भाई का डर, सुरक्षा को लेकर चिंता
18 Mar, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय मूल की अमेरिकी एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स कल 9 महीने बाद अंतरिक्ष से वापसी करने वाली हैं। नासा का स्पेसक्राफ्ट कुछ ही देर में अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) से अनडॉक होकर धरती का रुख करेगा। हालांकि भारत में रह रहे सुनीता के कजन ब्रदर दानिश रावल उनकी वापसी को लेकर डरे हुए हैं।
दानिश ने शेयर किए बचपन के किस्से
मीडिया से बातचीत के दौरान दिनेश ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं, लेकिन डर भी लग रहा है। सुनीता और मेरी बॉन्डिंग हमेशा से काफी अच्छी रही है। हम साथ रहे हैं, हमारी पढ़ाई साथ में हुई है। जब वो छोटी थी तो अक्सर यहां आती थी। हम ऊंट की सवारी करते थे। वो ऊंट पर चढ़ तो जाती थी मगर उतर नहीं पाती थी। हम साथ में सोमनाथ दर्शन करने जाते थे। हम भारत में कई जगहों पर साथ में ट्रिप पर जा चुके हैं। मैंने बोस्टन में उसकी शादी में भी हिस्सा लिया था।
बहन को याद कर हुए इमोशनल
दिनेश रावल ने कहा कि सुनीता बचपन से ही बहुत बहादुर है। सुनीता के पिता की मौत के बाद वो अक्सर मेरा हाथ पकड़ कर चलती थी। मेरे पूछने पर वो कहती थी कि इससे मुझे लगता है कि मेरे पापा मेरे साथ हैं। हम कभी अलग नहीं हुए। अंतरिक्ष से वापस आने के बाद सुनीता को स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याएं होंगी और उसे नॉर्मल होने में थोड़ा समय लगेगा।
9 महीने बाद लौटेंगी सुनीता
बता दें कि बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स पिछले साल जून में ISS गए थे। शुरुआत में उन्हें 8 दिन तक स्पेस में रुकना था। मगर कुछ खराबी के कारण उनकी वापसी टल गई। सुनीता और बुच 9 महीने तक स्पेस में अटक गए। सुनीता कल यानी 19 मार्च को धरती पर वापसी करेंगी।
भारत ने पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया अकाउंट पर बैन लगाया, जालंधर हमला जिम्मेदारी ली थी
18 Mar, 2025 11:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी का सोशल मीडिया अकाउंट पर भारत में बैन लगा दिया गया है. इसके पीछे की वजह बीते दिन जालंधर में हुए ग्रेनेड हमले को बताया जा रहा है. शहजाद भट्टी समय समय पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर धमकी भरे पोस्ट करता था, रविवार को हुए जालंधर में ग्रेनेड हमले के बाद पंजाब पुलिस का ये बड़ा एक्शन है.
जालंधर में बीते दिन हुए ग्रेनेड हमले के बाद पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए यह भी बताया था कि उसने ये हमला क्यों कराया है.
क्यों कराया था हमला?
जालंधर के रायपुर रसूलपुर में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले एक व्यक्ति के घर पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहज़ाद भट्टी ने ग्रेनेड से हमला करवाया था, जिसमें पाकिस्तानी डॉन भट्टी गैंग की मदद जीशान अख्तर ने की थी, जिशान अख़्तर बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में आरोपी है, जो पुलिस की गिरफ्त से फरार है.
वीडियो में शहजाद भट्टी ने दावा किया है कि भारत के पंजाब में जालंधर में जो ग्रेनेड हमला हुआ है, वो मैंने करवाया है. वो इसलिए फेंका गया, क्योंकि वो शख्स इस्लाम,मेरे नबियों को गालियां निकालता था. ये लोग समझ रहे थे कि हम इनकी इस हरकत को भूल गए हैं. इस बार अगर ये बच गया होगा तो हम दोबारा हमला करेंगे. उसने वीडियो में ज़ीशान को शुक्रिया भी कहा था. भट्टी ने वीडियो में पुलिस को भी धमकी दी, कि अगर आप चाहते हैं कि ऐसा खून खराबा न हो, तो सभी को गिरफ्तार कर लो, वरना कार्रवाई ऐसे ही जारी रहेगी.
जालंधर में ग्रेनेड फेंकने वाले का एनकाउंटर
जालंधर देहात के गांव रायपुर में यूट्यूबर राज संधू के घर पर ग्रेनेड फेंकने वाला पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया, आरोपी के पैर में गोली लगी है. एसपी देहात गुरमीत सिंह ने बताया कि जांच चल रही है, मामले में कई बड़े खुलासे होंगे, जल्द जानकारी साझा करेंगे.
मामले ने पकड़ा राजनीतिक तूल
वहीं इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ा है, आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी सांसद मालविंदर कंग ने इस पर बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि आतंकी शहज़ाद भट्टी का ग्रेनेड हमले की ज़िम्मेदारी लेना पाकिस्तान की साजिश को साफ करता है. उसका लॉरेंस बिश्नोई के साथ कनेक्शन है, जिसे बीजेपी ने लॉरेंस बिश्नोई को गुजरात की साबरमती जेल में बिठा कर अपना दामाद बना रखा है.
आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में मौसम परिवर्तन, बारिश की चेतावनी!
18 Mar, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर, बस्ती समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हुई ओलावृष्टि व असम और केरल में पिछले 24 घंटे में हुई बारिश के कारण मौसम काफी बदल गया है। पूर्वी भारत के ज्यादातर हिस्सों में अब हीट वेव की स्थिति में कमी आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि इन क्षेत्रों के अलावा पिछले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ओलावृष्टि हुई। हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, केरल, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में काफी तेज हवाएं देखने को मिलीं।
हीट वेव से जूझ रहे कई राज्य
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, विदर्भ और तेलंगाना जैसे राज्य हीट वेव की स्थिति से गुजर रहे हैं। हालांकि आने वाले दिनों में ओडिशा के अलावा अन्य जगहों पर इसमें कमी देखने को मिल सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों के अंदर गरज के साथ मध्यम वर्षा और तेज हवा की संभावना जताई गई है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
बारिश से सुहाना होगा मौसम
पूर्वी मध्य भारत की बात करें, तो यहां 19 से 23 मार्च के दौरान गरज, बिजली, तेज हवा और ओलावृष्टि के साथ-साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, लेकिन इसका कोई खास असर देखने को नहीं मिलेगा।
उत्तर पश्चिम भारत में आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। पूर्वी भारत की बात करें, तो अगले 3 दिन तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। लेकिन उसके बाद 2 से 4 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी।
कैसा रहेगा मौसम का हाल?
पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड समेत पूर्वोत्तर राज्यों और भारत के पूर्वी हिस्से में बारिश से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि 18 मार्च को पूर्वोत्तर राज्यों और ओडिशा समेत दक्षिण के कुछ राज्यों में बारिश होगी।
19 मार्च को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा समेत ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं 20-21 मार्च को मौसम अपने चरम पर होगा। इस दौरान यूपी, झारखंड, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश हो सकती है।
भारत ने अंतरिक्ष यात्रा की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया, गगनयान मिशन में सफलता
18 Mar, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने सोमवार को कहा कि भारत उन छह देशों में से एक है, जिन्होंने स्वदेशी क्रायोजेनिक तकनीक विकसित की है। अन्य पांच देश अमेरिका, फ्रांस, रूस, चीन और जापान हैं।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास में शोध केंद्र के शुभारंभ अवसर पर नारायणन ने कहा कि इसरो के सीई20 इंजन ने गगनयान मिशन के लिए मानव रेटिंग हासिल कर ली है।
क्या है मानव-रेटिंग प्रक्रिया?
मानव-रेटिंग प्रक्रिया सुनिश्चित करती है कि कोई प्रणाली जैसे कि अंतरिक्षयान मनुष्यों की यात्रा के लिए सुरक्षित है। यह अंतरिक्ष यात्रा के लिए सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए आवश्यक है। नारायणन ने कहा कि क्रायोजेनिक प्रौद्योगिकी भारत को नहीं दी गई, लेकिन आज हमारे पास तीन ऐसे इंजन हैं, जिनमें से तीसरा मानव- रेटेट है। दुनिया में केवल छह देशों के पास ही यह प्रौद्योगिकी है।
इन छह देशों में शामिल हुआ भारत
उन्होंने कहा कि हमने इस प्रौद्योगिकी में तीन विश्व रिकार्ड बनाए हैं। हमने इसे तीसरे प्रयास में ही पूरा किया। इंजन परीक्षण से लेकर उड़ान तक हमने यह 28 महीनों में पूरा किया, जबकि अन्य देशों को इसमें 42 महीनों से 18 वर्ष तक का समय लगा।
उन्होंने कहा कि हमने यह परीक्षण 34 दिनों में पूरा कर लिया, जबकि अन्य देशों को इसमें पांच से छह महीने लगे थे। क्रायोजेनिक तकनीक से उच्च क्षमता वाले राकेट इंजन विकसित करने में मदद मिलती है।
महाल के बाद हंसपुरी में उपद्रव से तनाव, नागपुर पुलिस ने कर्फ्यू लगाए; अब तक 20 हिरासत में
18 Mar, 2025 07:32 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
औरंगजेब कब्र विवाद के चलते नागपुर के महल इलाके में सोमवार रात 8:30 बजे हिंसा भड़क उठी। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने औरंगजेब की कब्र ढहाने को मांग मुगल बादशाह का पुतला फूंका। इसके बाद पथराव और तोड़-फोड़ शुरू हो गई। उपद्रवियों ने घरों पर पथराव किया और सड़क किनारे खड़ी में आग लगा दी। पुलिस पर भी हमला किया गया। DCP निकेतन कदम पर कुल्हाड़ी के हमले से घायल हो गए। स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और 55 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस कमिश्नर रविंद्र सिंघल ने बताया कि शहर में BNS की धारा 163 (IPC की धारा 144 की तरह) लागू कर दी गई है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस की 20 टीमें बनाई गई हैं। उधर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने देर रात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के साथ बैठक की। इसके बाद बावनकुले नागपुर के लिए रवाना हो गए। सीएम ने उन्हें घटना पर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। बावनकुले नागपुर के संरक्षक मंत्री हैं। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से विधायक हैं। वहीं, छत्रपति संभाजीनगर में औरंगजेब की कब्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। SP ने बताया कि जिले में SRPF की एक कंपनी और दो प्लाटून तैनात किए गए हैं।
नागपुर के पुलिस आयुक्त ने कई थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया
औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर तनाव के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत नागपुर शहर के कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। नागपुर के पुलिस आयुक्त रविंदर कुमार सिंघल के आधिकारिक आदेश के मुताबिक प्रतिबंध अगले आदेश तक लागू रहेंगे। कर्फ्यू कोतवाली, गणेशपेठ, तहसील, लकड़गंज, पचपावली, शांतिनगर, सक्करदरा, नंदनवन, इमामवाड़ा, यशोधरानगर और कपिलनगर में पुलिस स्टेशन की सीमा में लागू रहेंगे।
निषेधाज्ञा संबंधित धाराओं का इस्तेमाल, लोगों के जमा होने पर रोक
पुलिस ने दंगाइयों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। दंगा प्रभावित क्षेत्रों में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी), दंगा नियंत्रण पुलिस व एसआरपीएफ की तैनाती की गई है। दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। हिंसा की खबरें कोतवाली और गणेशपेठ से भी आईं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की निषेधाज्ञा संबंधित धारा 163 (पहले 144) लागू कर पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। गणेशपेठ थाने में पवित्र पुस्तक जलाने का दावा करते हुए शिकायत दी गई है। सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी। शांति बहाली के लिए धार्मिक नेताओं से अपील की है।
उपद्रवियों का पुलिस पर हमला, डीसीपी गंभीर रूप से घायल
औरंगजेब की कब्र को लेकर महाराष्ट्र में चल रहा विवाद सोमवार को हिंसक हो गया। मध्य नागपुर में एक समुदाय की पवित्र पुस्तक जलाने की अफवाह फैलने के बाद लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। चिटनवीस पार्क से शुक्रवारी तालाब रोड पर दंगाइयों ने चार गाड़ियों में आग लगा दी और दो दर्जन से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़ की। दो पोकलेन मशीनों में भी आग लगा दी गई। स्थानीय निवासियों के घरों पर पथराव किया गया। जवाब में दूसरे समूह की ओर से भी पत्थर फेंके गए। उपद्रवियों की ओर से कुल्हाड़ी से किए हमले में डीसीपी निकेतन कदम भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने बल प्रयोग किया और आंसू गैस का भी इस्तेमाल
नागपुर पुलिस के डीसीपी (ट्रैफिक) अर्चित चांडक ने बताया कि घटना गलतफहमी के कारण हुई। स्थिति अब नियंत्रण में है। पत्थरबाजी हो रही थी, इसलिए हमने बल प्रयोग किया और आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया। कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मेरे पैर में भी चोट आई है।
नागपुर में हिंदू-मुस्लिम झड़प कभी नहीं हुई, कांग्रेस सांसद बोले शांति बनाए रखें
कांग्रेस सांसद श्यामकुमार बर्वे ने हिंसा की निंदा की। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा, नागपुर में हिंदू-मुस्लिम झड़प कभी नहीं हुई। दोनों समुदायों को शांति बनाए रखनी चाहिए। ऐसी घटनाओं के जरिए मुख्य मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है।
ममता बनर्जी का फुरफुरा शरीफ दौरा, विपक्ष ने उठाए सवाल
17 Mar, 2025 08:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की फुरफुरा शरीफ जाने को लेकर विपक्षी दलों की ओर से निशाना साधा जा रहा है. विवादों के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज सोमवार को फुरफुरा शरीफ से “सद्भाव, शांति और एकता” का संदेश दिया, साथ ही विपक्ष के उन सवालों की आलोचना भी की, जिन्होंने दरगाह पर जाने के पीछे उनकी मंशा पर सवाल उठाए थे. उन्होंने सवाल किया कि जब वह काशी विश्वनाथ मंदिर जाती हैं तो सवाल क्यों नहीं उठाए जाते?
मुख्यमंत्री ममता ने करीब एक दशक के बाद हुगली जिले के फुरफुरा शरीफ का दौरा किया. यहां पर बंगाली मुसलमानों के एक वर्ग के प्रमुख ‘पीर’ (धार्मिक नेता) मोहम्मद अबू बकर सिद्दीकी की पवित्र दरगाह है. साथ ही उन्होंने इफ्तार पार्टी में शामिल होने से पहले स्थानीय धार्मिक नेताओं के साथ बैठक की.
फुरफुरा शरीफ का दौरा पहला दौरा नहींः CM ममता
फुरफुरा शरीफ का दौरा करने के दौरान सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “मैं मीडिया के कुछ हिस्सों में मेरे यहां आने के इरादे पर सवाल उठाने वाली रिपोर्ट देखकर बेहद निराश हूं. यह इस जगह की मेरी पहली यात्रा नहीं है. इससे पहले मैं पहले भी यहां करीब 15-16 बार आ चुकी हूं.”
उन्होंने आगे कहा, “जब मैं काशी विश्वनाथ मंदिर या पुष्कर जाती हूं तो आप यह सवाल क्यों नहीं पूछते? जब मैं दुर्गा पूजा और काली पूजा मनाती हूं या क्रिसमस समारोह में शामिल होती हूं तो आप चुप क्यों रहते हैं? जब मैंने होली के दौरान सभी को शुभकामनाएं दीं तो सवाल क्यों नहीं पूछे गए?”
सद्भाव, शांति और एकता की बात करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जोर देकर कहा, “बंगाल की धरती सद्भाव की धरती है और इस मंच से हमारा संदेश राज्य के सभी समुदायों के बीच सद्भाव, शांति और एकता बनाए रखने का है.”
विपक्ष ने चुनावी स्टंट का लगाया आरोप
इससे पहले दिन में, कई विपक्षी नेताओं ने ममता बनर्जी की फुरफुरा शरीफ जाने को लेकर कटाक्ष किया और यह दावा किया कि उनके ‘असली इरादे’ ‘राजनीतिक’ थे और उनका असल इरादा ‘अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों में मुस्लिम समुदाय से चुनावी समर्थन हासिल करना’ था.
ममता बनर्जी के फुरफुरा शरीफ दौरे का बचाव करते हुए टीएमसी के एक अन्य नेता कुणाल घोष ने कहा, “इसका चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है. वह एक न्योता मिलने के बाद वहां गईं. वह पहले भी फुरफुरा शरीफ का दौरा कर चुकी हैं. यह मानसिक रूप से परेशान विपक्षी नेता की ओर से लगाया गया पूरी तरह से झूठा आरोप है.”
भारत में बनने वाली हाइपरलूप ट्यूब एशिया की सबसे लंबी, 1000 KM प्रति घंटे की होगी रफ्तार
17 Mar, 2025 06:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में आईआईटी मद्रास में हाइपरलूप परीक्षण सुविधा का दौरा किया। यहां पर उन्होंने कहा कि विकसित की जा रही हाइपरलूप ट्यूब जल्द ही दुनिया की सबसे लंबी हो जाएगी, जिसकी लंबाई 410 मीटर होगी।
वहीं, केंद्रीय रेल मंत्री ने यह भी कहा कि हाइपरलूप प्रोजेक्ट के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट टेक्नोलॉजी चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में बनाई जाएगी। जानकारी दें कि आईआईटी मद्रास में 410 मीटर लंबी हाइपरलूप टेस्ट ट्यूब को एशिया की सबसे लंबी हाइपरलूप परीक्षण सुविधा का खिताब प्राप्त है।
केंद्रीय मंत्री ने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि एशिया में सबसे लंबी हाइपरलूप ट्यूब (410 मीटर) जल्द ही दुनिया की सबसे लंबी होगी।
जानिए क्या है हाइपरलूप?
बता दें कि हाइपरलूप एक तरीके की परिवहन व्यवस्था है। जो आम परिवहन तरीकों से काफी अलग है। ये एक प्रकार की हाई-स्पीड ट्रेन है, जो पूरी तरीके से वैक्यूम ट्यूब में ट्रैवल करती है। दरअसल, लो एयर रेजिस्टेंस ट्यूब के अंदर कैप्सूल को करीब 1000 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक की रफ्तार तक पहुंचने में मदद मिलती है।
जानकारी दें कि रेल मंत्रालय ने मई 2022 में हाइपरलूप तकनीक के स्वदेशी विकास और सत्यापन को आगे बढ़ाने के लिए आईआईटी मद्रास को 8.34 करोड़ रुपये आवंटित किए थे। इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम हो रहा है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह ट्रेन पूरी तरीके से स्वदेशी प्रणाली की टेक्नोलॉजी से विकसित की गई। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी युवा नवप्रवर्तकों को बधाई दी।
जानिए कहां चलेगी पहली हाइपरलूप
उल्लेखनीय है कि देश की पहली हाइपरलूप ट्रेन मुंबई से पुणे के बीच चल सकती है। माना जा रहा है कि ये ट्रेन दोनों शहरों के 150 किलोमीटर की दूरी को केवल 25 मिनट में पूरा कर सकेगी। हाइपरलूप की सबसे खास बात है कि यह ट्रेन दो स्टेशनों के बीच कहीं रुकती नहीं है। हाल के दिनों में ही महाराष्ट्र सरकार ने हाइपरलूप ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम प्रोजेक्ट को मंजूरी दी थी।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 2025-26 का वार्षिक बजट विधानसभा में पेश किया
17 Mar, 2025 04:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य का वार्षिक बजट विधानसभा में पेश किया. ये बजट वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पेश किया गया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कम चर्चित पर्यटन स्थलों को लोकप्रिय बनाने के अलावा धार्मिक और पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देगी. उन्होंने कहा कि ये साल वित्तीय चुनौतियों से भरा है, क्योंकि राजस्व घाटा अनुदान कम कर दिया गया है. जीएसटी मुआवजा रोक दिया गया है. धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और कम चर्चित पर्यटन स्थलों को लोकप्रिय बनाने पर जोर दिया रहा है.
इसके अलावा चाय बागानों को पर्यावरण के अनुकूल स्थानों के रूप में विकसित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि राज्य की लोन देनदारी बढ़कर 1,04,729 करोड़ रुपये हो गई है, जिसमें 29,046 लाख रुपये मौजूदा सरकार ने लिए हैं. उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों में लिए गए लोन का 70 प्रतिशत पिछली सरकार के कर्ज और उसके ब्याज को चुकाने पर खर्च किया गया.
दूध पर कितनी बढ़ाई एमएसपी?
ऐसे में विकास गतिविधियों पर केवल 8,093 रुपये खर्च किए गए. उन्होंने गाय के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में छह रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 45 रुपये से 51 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य को 55 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर करने की घोषणा की.
सुक्खू ने कहा कि 2025-26 में एक लाख किसानों को प्राकृतिक खेती के तहत लाने का लक्ष्य रखा गया है. अबतक लगभग 1.58 लाख किसान प्राकृतिक खेती को अपना चुके हैं. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक रूप से कच्ची हल्दी उगाने वाले किसानों को 90 रुपये प्रति किलोग्राम का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा. राज्य सरकार हमीरपुर में मसाला पार्क स्थापित करने की योजना बना रही है.
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून के तहत लगे श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 20 रुपये बढ़ाकर 300 रुपये से 320 रुपये प्रतिदिन की गई है. हिमाचल प्रदेश में नशे की लत से निपटने के लिए मुख्यमंत्री ने विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के गठन की घोषणा भी की. महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून के तहत श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 300 रुपये से बढ़ाकर 320 रुपये प्रतिदिन की गई.
ट्रंप की टैरिफ धमकी के बाद भारत और अमेरिका के बीच बातचीत पर तुलसी गबार्ड ने जताई खुशी
17 Mar, 2025 03:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत को टैरिफ धमकी किए जाने के बाद के हालात पर अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड ने कहा कि इस मामले में शीर्ष स्तर पर सीधी बातचीत हो रही है. मुझे यह देखकर खुशी हुई कि वे इसे नकारात्मक दृष्टिकोण से देखने की जगह अधिक सकारात्मक दृष्टिकोण से देख रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी दोनों ही “अच्छे समाधान” की तलाश में हैं.
तुलसी गबार्ड ने समाचार के साथ इंटरव्यू में कहा कि टैरिफ के मुद्दे पर भारत और अमेरिका के बीच शीर्ष स्तर पर सीधी बातचीत होती है. अभी बातचीत जारी है. उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने का यह अवसर है.
आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की संभावनाः तुलसी
टैरिफ विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक गबार्ड ने कहा, “पिछले कुछ दिनों में मैंने जिन भारतीय सरकारी अधिकारियों से बात की है, उनसे मैंने जो कुछ भी सुना है, उससे यही पता चलता है कि यहां एक अवसर है. हमारे बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की अधिक संभावना नजर आती है. मुझे यह देखकर खुशी हुई कि वे इसे नकारात्मक दृष्टिकोण से देखने के इतर अधिक सकारात्मक दृष्टिकोण से देख रहे हैं.”
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निश्चित तौर पर भारत की अर्थव्यवस्था और अपने लोगों के लिए उपलब्ध अवसरों के सर्वोच्च हित में काम कर रहे हैं. इसी तरह, राष्ट्रपति ट्रंप भी संयुक्त राज्य अमेरिका, हमारे आर्थिक हितों और अमेरिकी लोगों के हितों के लिए यही काम कर रहे हैं.” उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी दोनों ही “अच्छे समाधान” की तलाश में हैं.
दोनों नेताओं के बीच बहुत अच्छी दोस्तीः तुलसी गबार्ड
टैरिफ विवाद के समाधान की उम्मीद करते हुए तुलसी गबार्ड ने कहा, “मैं जो सबसे सकारात्मक बात देखती हूं, वह यह है कि हमारे पास 2 नेता हैं, जिनमें सामान्य ज्ञान है और जो बेहतर समाधान की तलाश में हैं. यह सीधा संवाद हमारे दोनों देशों में शीर्ष स्तर पर हो रहा है, लेकिन अलग-अलग सचिवों और कैबिनेट सदस्यों के बीच भी यह तय करने में अहम होगा कि आगे का रास्ता वास्तव में कैसा दिखता है. मैं व्यक्तिगत रूप से बेहद उत्साहित हूं क्योंकि भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका में निजी क्षेत्र में गहरी दिलचस्पी है.”
तुलसी गबार्ड ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच बहुत अच्छी दोस्ती है और यही वह आधार है जिस पर दोनों देश अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाएंगे. उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी की अगुवाई में हमारे नए प्रशासन के साथ संबंधों की दिशा और दशा पीएम मोदी की व्हाइट हाउस यात्रा के दौरान तय हुई. जैसा कि आप जानते हैं, वे पहले से ही अच्छे दोस्त हैं. यह उनके लिए भारत-अमेरिका साझेदारी के लिए अपने संयुक्त दृष्टिकोण को साझा करने और हमारे लिए उस साझेदारी को मजबूत करने का एक बहुत बड़ा अवसर था.”
तुलसी गबार्ड ने महाभारत की शिक्षाओं, खासतौर से कृष्ण द्वारा अर्जुन को दी गई शिक्षाओं से प्रेरित होने सहित कई मुद्दों पर बात की. उन्होंने आगे कहा, “यहां अलग-अलग भारतीय सरकारी अधिकारियों और खुफिया अधिकारियों के साथ मेरी जो बैठकें हुई हैं, वे वास्तव में इस आधार पर बनी हैं कि हम कैसे एकीकरण जारी रख सकते हैं. साथ ही हम कैसे अपने संबंधों को मजबूत करना जारी रख सकते हैं, न केवल मेरे खुफिया क्षेत्र में, बल्कि हम इस मामले में वाणिज्य और व्यापार के साथ-साथ रक्षा और शिक्षा पर भी विचार कर रहे हैं. मैं यहां भारत-अमेरिका साझेदारी में केवल अवसर ही देख रही हूं.
पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता डॉ. देवेंद्र प्रधान का 84 वर्ष की आयु में हुआ निधन, श्रद्धांजलि देने पहुंचे PM मोदी
17 Mar, 2025 02:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता डॉ. देवेंद्र प्रधान का सोमवार को निधन हो गया। उन्होंने 84 वर्ष की आयु में आखिरी सांस ली। वहीं उनके निधन के बाद पीएम मोदी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि वह धर्मेंद्र प्रधान के पिता देबेंद्र प्रधान भी भाजपा के वरिष्ठ नेता थे। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री भी थे। उनके पुत्र धर्मेन्द्र प्रधान, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली मौजूदा केंद्र सरकार में शिक्षा मंत्री हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के पूर्व अध्यक्ष देबेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली में अंतिम सांस ली।
ओडिशा के सीएम ने व्यक्त किया शोक
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी देबेंद्र प्रधान के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देबेंद्र प्रधान एक लोकप्रिय जननेता और योग्य सांसद थे। सीएम मोहन चरण माझी ने कहा, ‘‘उन्होंने (देबेंद्र प्रधान ने) 1999 से 2001 तक केन्द्रीय परिवहन एवं कृषि मंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। एक जनप्रतिनिधि एवं सांसद के रूप में उन्होंने अनेक कल्याणकारी कार्य किए जिसके लिए उन्हें आम जनता का काफी स्नेह मिला। उन्होंने अपना पूरा जीवन सेवा और दृढ़ संकल्प की भावना के साथ राज्य के विकास के लिए समर्पित कर दिया।’’
नवीन पटनायक ने भी जताया शोक
ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने कहा कि देश और राज्य ने देबेंद्र प्रधान के रूप में एक प्रतिष्ठित लोक सेवक खो दिया है। मुख्यमंत्री ने उनके बेटे से भी बात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने कहा कि देबेंद्र प्रधान को उनके अद्वितीय संगठनात्मक कौशल और अडिग व्यक्तित्व के लिए हमेशा याद किया जाएगा। नवीन पटनायक ने कहा, ‘‘डॉ. देबेंद्र प्रधान के निधन से राज्य ने एक प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति और लोकप्रिय राजनेता खो दिया है।’’
प्रधानमंत्री मोदी का नागपुर दौरा, पहली बार जाएंगे संघ मुख्यालय
17 Mar, 2025 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को गुड़ी पड़वा के दिन नागपुर दौरे पर रहने वाले हैं. यहां वे पूरे दिन कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. इस दौरान वह संघ के दूसरे सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर के नाम पर बनने वाले नेत्र अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र की नींव रखेंगे. केशव नेत्र चिकित्सालय में कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत की मुलाकात और बातचीत अलग से हो सकती है. इस मुलाकात और कार्यक्रम पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी.
नागपुर के इस दौरे पर हो रहे समारोह में संघ प्रमुख और पीएम मोदी नागपुर में सार्वजनिक रूप से पहली बार मंच साझा करेंगे. इससे पहले दोनों शख्सियतों ने राम मंदिर के भूमि पूजन और प्राण प्रतिष्ठा के दौरान साल 2023 और 2024 में सार्वजनिक रूप से मंच साझा किया था. पीएम बनने के बाद पहली बार रेशिमबाग जाकर डॉ हेडगेवार को पीएम श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे.
वर्ष प्रतिपदा यानी साल के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी आरएसएस के संस्थापक और पहले सरसंघचालक केशव बलिराम हेडगेवार को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. आरएसएस में वर्ष प्रतिपदा का बहुत महत्व होता है. जिसे वर्ष का पहला दिन के तौर पर मनाया जाता है.
केशव नेत्र चिकित्सालय की पीएम मोदी रखेंगे नींव
नागपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत एक साथ मंच भी साझा करेंगे. पीएम मोदी नागपुर में आरएसएस के प्रकल्प केशव नेत्र चिकित्सालय के एक विशेष कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे. केशव नेत्र चिकित्सालय के कार्यक्रम में आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत भी हिस्सा लेंगे. पीएम मोदी और संघ प्रमुख दोनों केशव नेत्र चिकित्सालय के कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. नागपुर में देश का पहला नेत्र चिकित्सालय और कॉलेज की नींव रखी जाएगी. केशव आई हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रखेंगे.
क्यों खास है पीएम मोदी का ये नागपुर दौरा?
संघ और पीएम मोदी की नजदीकी किसी से छिपी नहीं है. इसके बाद भी बहुत कम ऐसा देखने को मिलता है जब नरेंद्र मोदी पीएम बने हैं कि वे संघ के किसी कार्यक्रम में शामिल हुए हों. सूत्रों की माने तो बताया जा रहा है कि स्मारक समिति की ओर से भैयाजी जोशी प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नागपुर स्थित संघ मुख्यालय का दौरा करने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे, मोदी का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण होगा क्योंकि यह संघ का शताब्दी वर्ष है.
वनाधिकार पट्टा और पीएम आवास से मुरिया परिवार को मिला नया जीवन
वर्मी कंपोस्ट उत्पादन बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
राज्यपाल पटेल से भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मिले
मध्यप्रदेश को सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिये करें समन्वित प्रयास : मंत्री कुशवाह
लेमनग्रास -किसानों के लिए कम पानी में ज्यादा कमाई का साधन
चेकडैम बना ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार, जल संरक्षण से बदली खेती की तस्वीर
कौशल और सामाजिक उद्यमिता से होगा भारत विकसित : राज्यपाल पटेल
द्वारका नगरी योजना से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से बदली तस्वीर
