देश
बीआईएस ने बिना प्रमाणित स्पीकर और अन्य सामान को किया जब्त, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई
17 Mar, 2025 11:34 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ई-कॉमर्स कंपनियों पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की कार्रवाई की कंफेडेरशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने सराहना की है। बीआईएस ने अमेजन, फ्लिपकार्ट व बिग बास्केट जैसी प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के गोदामों में छापेमारी कर बिना बीआईएस मार्का के उत्पाद जब्त किए हैं।
इसके साथ ही कंपनियों को बगैर गुणवत्ता प्रमाण के उत्पाद बिक्री करने पर नोटिस भी जारी किया है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री व चांदनी चौक से संसद सदस्य प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि विदेशी पूंजी से संचालित ये ई-कॉमर्स कंपनियां बार-बार देश के कानूनों का उल्लंघन कर रही हैं।
अमेजन इंडिया ने जारी किया बयान
उन्होंने क्विक कॉमर्स कंपनियों पर भी नियमों के उल्लंघन और देश के छोटे व्यापारियों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। वह जल्द ही इन गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी से भी मुलाकात कर उनसे ठोस नीतियों और सख्त नियमों को लागू करने की मांग करेंगे।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेजन इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि वह अपने ग्राहकों के लिए सुरक्षित चयन बनाए रखने के लिए कार्रवाई कर रहा है, जिसमें गैर-अनुपालन वाले उत्पादों को हटाना भी शामिल है। सुनिश्चित करते हैं कि हमारा चयन उद्योग-स्वीकृत मानकों को पूरा करता हो। असुरक्षित उत्पादों को सूचीबद्ध होने से रोकने के लिए अभिनव उपकरण विकसित कर रहे हैं।
गुरुग्राम, दिल्ली और लखनऊ में चला अभियान
विदित हो कि बीआईएस ने लखनऊ, गुरुग्राम और दिल्ली जैसे शहरों में तलाशी और जब्ती अभियान चलाया। लखनऊ में एक एमेजोन गोदाम में 7 मार्च को की गई छापेमारी में 215 खिलौने और 24 हैंड ब्लेंडर जब्त किए।
इससे पहले, फरवरी में गुरुग्राम में एक अमेजन गोदाम से 58 एल्यूमीनियम पन्नी, 34 धातु की पानी की बोतलें, 25 खिलौने, 20 हैंड ब्लेंडर, 7 पीवीसी केबल, दो फूड मिक्सर और एक स्पीकर जब्त किए गए थे। सभी गैर-प्रमाणित पाए गए थे।
गुरुग्राम में फ्लिपकार्ट के गोदाम पर छापेमारी में, बीआईएस ने 534 स्टेनलेस स्टील की बोतलें (वैक्यूम इंसुलेटेड), 134 खिलौने और 41 अप्रमाणित स्पीकर जब्त किए। जब्त सामानों में डिजीस्मार्ट, एक्टिवा, इनालसा, सेलो स्विफ्ट और बटरफ्लाई जैसे ब्रांड शामिल हैं।
भारत और चीन के संबंधों पर आर्मी चीफ ने दिया बयान, कहा-भारत की कोशिश में चीन
17 Mar, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि चीन का एक प्रमुख आर्थिक और सामरिक शक्ति के रूप में उदय भारत के 'ग्लोबल साउथ का स्वाभाविक नेता' बनने के प्रयास में बाधा डालता है। साथ ही भविष्य के शक्ति केंद्र के रूप में अफ्रीका की संभावनाओं पर विचार करने की भारत को जरूरत है।
उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा में उभरती प्रौद्योगिकियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 'तकनीकी कौशल' संघर्ष रोकने की नई मुद्रा बन गया है और 'डाटा' व्यापार एवं सुरक्षा की नई राजधानी बन गया है।
बिपिन रावत की स्मृति में कार्यक्रम
वह रविवार को नई दिल्ली में देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की स्मृति में 'उभरते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में बदलते प्रतिमान' विषय पर आयोजित चौथे व्याख्यान में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा का मतलब युद्ध छेड़ने और युद्ध को रोकने की समग्र क्षमता है।
जनरल द्विवेदी ने कहा, 'स्वस्थ सैन्य-नागरिक समन्वयन, आत्मनिर्भर रक्षा औद्योगिक आधार, राष्ट्रीय स्तर पर दोहरे उपयोग वाली संपत्तियां, समय-सीमा के बारे में अच्छी तरह से सूचित और सशक्त निर्णयकर्ता और नागरिक योद्धाओं के लिए समावेशी दृष्टिकोण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।'
भारत के तालमेल के महत्व के बारे में भी बात की
उन्होंने कहा, 'मैं कभी-कभी यह सोचता हूं कि अगर जनरल रावत को सुरक्षा बलों की केंद्रीयता में उभरते सुरक्षा प्रतिमान में भारत की परिकल्पित भूमिका पर हमें कुछ दिशा-निर्देश देना होता तो वह हमें क्या कहते। उपनिवेशवाद विरोधी सहयोगी देश बहु-विश्व व्यवस्था के हिमायती हैं और राष्ट्रों का एक साथ आना संघर्ष को रोकने में मदद करता है। इसलिए हम शंघाई सहयोग संगठन, ब्रिक्स, बिम्सटेक, हिंद महासागर क्षेत्रीय संघ आदि जैसे सभी ढांचों का हिस्सा बनें।'
जनरल द्विवेदी ने ग्लोबल साउथ में अपने साझेदारों के साथ भारत के तालमेल के महत्व के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, 'ग्लोबल साउथ के प्रतिनिधियों को शामिल करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार करें। वार्ताकार या मध्यस्थ के रूप में संघर्ष समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कहा कि 'मानवीय मदद के लिए दुनिया भर में भारतीय प्रवासियों की सकारात्मक ताकत का उपयोग करें। वैश्विक वाणिज्य के लिए एक साझा मंच साझा करें, ग्लोबल साउथ के उद्भव को सक्षम करें, बेहतर सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए वंचितों के साथ अतिरिक्त संसाधनों को साझा करने में अग्रणी बनें।'
चंद्रयान-3 की सफलता के बाद चंद्रयान-5 मिशन की शुरुआत, केंद्र ने दी हरी झंडी
17 Mar, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेन्नई। इसरो के अध्यक्ष वी. नारायणन ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार ने चंद्रमा का अध्ययन करने के लिए महत्वाकांक्षी चंद्रयान-5 मिशन को हाल ही में मंजूरी दी है। नारायणन ने एक कार्यक्रम में कहा कि चंद्रयान-5 मिशन के तहत चंद्रमा की सतह का अध्ययन करने के लिए 250 किलोग्राम का रोवर ले जाया जाएगा।
चंद्रयान-3 मिशन में 25 किलोग्राम का रोवर प्रज्ञान चंद्रमा पर गया था। चंद्रयान मिशन के तहत चंद्रमा की सतह का अध्ययन किया जा रहा है। 2008 में सफलतापूर्वक प्रक्षेपित चंद्रयान-1 ने चंद्रमा का रासायनिक, खनिज और फोटो-भूवैज्ञानिक डाटा जुटाया था। 2019 में लांच किया गया चंद्रयान-2 मिशन 98 प्रतिशत सफल रहा।
चंद्रयान मिशनों पर डाला प्रकाश
इसरो प्रमुख नारायणन ने कहा कि चंद्रयान-2 पर लगा हाई रिजोल्यूशन कैमरा अभी भी सैकड़ों तस्वीरें भेज रहा है। चंद्रयान-3 मिशन का उद्देश्य चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित लैंडिंग और रोवर की क्षमता का प्रदर्शन करना है।
चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम ने 23 अगस्त 2023 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग की थी। चंद्रयान-4 मिशन को 2027 में प्रक्षेपित किये जाने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य चंद्रमा से एकत्रित नमूने लाना है।
नारायणन ने कहा, तीन दिन पहले ही हमें चंद्रयान-5 मिशन के लिए मंजूरी मिली है। हम इसे जापान के सहयोग से पूरा करेंगे। इसरो की भावी परियोजनाओं के बारे में नारायणन ने कहा कि गगनयान सहित विभिन्न मिशनों के अलावा भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।
गर्मी और तूफान के बीच पश्चिमी विक्षोभ का असर, IMD ने बताया कब आएगा बारिश का दौर
17 Mar, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देशभर में गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ने लगा है। मौसम विभाग (IMD) 19 मार्च से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने का अलर्ट दिया है। इसके असर से जहां 15 से ज्यादा राज्यों में आंधी तूफान और बारिश, बर्फबारी होगी। वहीं 9 राज्यों में भीषण गर्मी पड़ने और लू चलने की संभावना है। ओडिशा में बहुत अधिक गर्मी पड़ने की भविष्यवाणी हुई है, क्योंकि राज्य में अभी से तापमान 40 डिग्री से ज्यादा चल रहा है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में अगले हफ्ते से गर्मी सताने लगेगी। आज 17 मार्च को राजधानी में आसमान साफ है और हवाएं भी नहीं चल रहीं। कल 18 मार्च को हल्के बादल छाने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दिल्ली में आज 17 मार्च की सुबह अधिकतत तापमान 28.56 °C रहा। दिन में न्यूनतम और अधिकतम तापमान 17.05 °C और 31.29 °C रहने के आसार हैं। हवा में 21% नमी है और हवा की गति 21 किलोमीटर प्रति घंटा है। सूरज सुबह 6:28 बजे उदित हुआ और शाम 6:30 बजे अस्त होगा। बीते दिन राजधानी में अधिकतम तापमान 31.9 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा।
देश में ताजा मौसमी परिस्थितियां
मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू क्षेत्र पर समुद्र तल से 3.1 और 5.8 किलोमीटर ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में एक्टिव है, जिसका केंद्र समुद्र तल से 7.6 किलोमीट ऊपर है। हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश पर औसत समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। 19 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाला एक नया लेकिन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ संभावित है। पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
इन राज्यों में पड़ेगी भयंकर गर्मी
मौसम विभाग (IMD) ने ओडिशा में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट है। पूरे राज्य में खासकर पश्चिमी हिस्से में हीट वेव यानी लू चल सकती है। अगले 2 दिन इसी तरह का मौसम रहने की आशंका है। इसके अलावा झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, विदर्भ, उत्तरी तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भीषण गर्मी की स्थिति रहने की संभावना है। ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में रात में गर्म मौसम रह सकता है। अगले 5 दिन गुजरात के तटीय इलाकों में भी मौसम गर्म और आर्द्र रहने की संभावना है।
इन राज्यों में बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 7 दिन अरुणाचल प्रदेश में गरज चमक के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना है। असम, मेघालय, नागालैंड में गरज चमक के साथ बादल बरसेंगे। बिजली कड़केगी और तेज हवाएं (30-50 किमी प्रति घंटे की गति) चलने की संभावना है। मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में अगले 5 दिन में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। सिक्किम में गरज, चमक, ओलावृष्टि और तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज चमक के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है। तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) से चल सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) से चल सकती हैं। 20 से 23 मार्च के दौरान पूर्वी मध्य भारत में गरज, चमक और तेज़ हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है।
पीएम मोदी का पाकिस्तान पर बड़ा हमला, कहा-हर मोड़ पर धोखा दिया......
17 Mar, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत की तरफ से शांति के हर प्रयास का जवाब पाकिस्तान ने शत्रुता और विश्वासघात से दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि उसे सद्बुद्धि आएगी और वह शांति का मार्ग अपनाएगा। अमेरिका के मशहूर पॉडकास्ट होस्ट लेक्स फ्रिडमैन के साथ तीन घंटे लंबे पॉडकास्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन के विभिन्न पहलुओं पर बात करने के साथ ही अपने कूटनीतिक सोच को भी बेहिचक विश्व के सामने रखा।
खास तौर पर भारत-चीन के रिश्तों पर पीएम मोदी के शब्द शांति-सुलह के संदेश की बड़ी लकीर खींचते दिखाई दिए। दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि परिवार की तरह ही मतभेद भी होते हैं। यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं कि ये मतभेद विवाद में न बदल जाएं।
चीन के साथ बेहतर रिश्तों की उम्मीद
साथ ही कहा कि 21वीं सदी एशिया की सदी है। भारत और चीन के बीच अच्छे संबंध न केवल लाभदायक हैं, बल्कि वैश्विक स्थिरता और समृद्धि के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कूटनीति से जुड़े प्रश्नों पर खुलकर बात करते हुए कहा कि भारत और चीन के बीच संबंधों को संभालने में संवाद ही प्राथमिक दृष्टिकोण है।
जब प्रश्न पाकिस्तान का आया तो प्रधानमंत्री मोदी ने कड़वे अनुभव साझा करते हुए सख्त रुख दिखाया। कहा कि दुनिया को अब इस बात पर कोई संदेह नहीं है कि आतंक की जड़ें कहां हैं। पाकिस्तान आतंक का केंद्र बन गया है, जिससे न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया को भारी पीड़ा हो रही है। उन्होंने शांति स्थापित करने के लिए भारत के कई प्रयासों पर प्रकाश डाला।
पाकिस्तान पर साधा निशाना
लाहौर की अपनी यात्रा से लेकर अपने शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को आमंत्रित करने तक का उल्लेख करते हुए बोले कि सुलह के हर प्रयास का नकारात्मक परिणाम मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान के लोग हिंसा और भय से मुक्त भविष्य के हकदार हैं। पाकिस्तान अपनी गलतियों से सीखे और सही रास्ता चुने।
पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी दोस्ती पर भी बात की। कहा कि ट्रंप का अमेरिका फर्स्ट दृष्टिकोण उनके अपने राष्ट्र प्रथम और भारत प्रथम के दर्शन से मेल खाता है। इससे दोनों नेताओं के बीच स्वाभाविक तालमेल को बढ़ावा मिलता है। साथ ही कहा कि विभिन्न मंचों पर उनकी सराहना करना ट्रंप की उदारता है। ट्रंप के लिए अमेरिका पहले है और मोदी के लिए हमेशा भारत पहले है। ट्रंप अपने मौजूदा कार्यकाल में अत्यधिक केंद्रित दिखाई देते हैं और उन्होंने एक मजबूत टीम बनाई है, जिसके साथ उन्हें मिलने का अवसर भी मिला।
कूटनीति पर बात करने के साथ ही पीएम मोदी ने भारत की आंतरिक राजनीति और यहां के हालात पर भी बात की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से रिश्तों की चर्चा के दौरान उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताया कि इस स्थायी विरासत का हिस्सा बने। कहा कि उन्हें अपने जीवन का उद्देश्य और निस्वार्थ सेवा के मूल्य आरएसएस से मिले।
आरएसएस को लेकर भी बोले मोदी
वैश्विक स्तर पर बड़े पैमाने पर आरएसएस की भूमिका की सराहना भी की। वामपंथी श्रमिक संघों और आरएसएस से जुड़े श्रमिक संघों के बीच अंतर को भी अपने शब्दों में समझाया। इसके अलावा इस बात को स्वीकार किया कि भले ही वह गलती कर सकते हैं, लेकिन वह कभी गलत इरादे से काम नहीं करेंगे। उनका हर कार्य राष्ट्र की सेवा करने की सच्ची इच्छा से प्रेरित होता है।
वहीं, किसी का नाम लिए बिना इंगित किया कि सार्थक बहस की जगह बिना शोध या तथ्यों के लगाए गए निराधार आरोपों ने ले ली है। कुछ व्यक्ति विशिष्ट एजेंडे और गलत इरादे से काम करते हैं। लोगों को गुमराह करने के लिए गलत सूचना का इस्तेमाल करते हैं। इंटरव्यू में प्रधानमंत्री ने वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत आवाज, रूस और यूक्रेन से हुए संवाद और शांति की अपील के साथ-साथ गोधरा कांड जैसे कई विषयों पर भी बात की।
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने रेखा गुप्ता पर उठाए सवाल, भाजपा के वादों को बजट में लागू करने की मांग
16 Mar, 2025 01:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आम आदमी पार्ट नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब से रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी हैं, तब से वह सिर्फ लोगों से मिल रही हैं. भाजपा ने अपने घोषणापत्र में जो वादे किए हैं, उनमें महिला समृद्धि योजना के जरिए दिल्ली की हर महिला को हर महीने 2500 रुपये देने के बारे में कहा गया है. गरीब तपके की महिलाओं को 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर, होली और दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर, दलितों को छात्रवृत्ति आदि को शामिल किया है. इन सभी वादों का प्रावधान बजट में किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा चलाने वाले लोगों के लिए आपने लाइफ और हेल्थ इंश्योरेंस के जो भी वादे किए हैं उसे पूरा कीजिए. साथ ही दलितों के लिए जो भी स्कॉलरशिप की बात कही थी उसे भी आपको पूरा करना पड़ेगा.
नर्सरी से लेकर कॉलेज तक फ्री शिक्षा
इसके अलावा आपने जो भी अलग-अलग समाज के लिए काम करने को कहा था, उसे पूरा करना आपकी जिम्मेदारी है, जैसे कि स्टूडेंट के लिए कहा था कि नर्सरी से लेकर कॉलेज तक फ्री में शिक्षा दी जाएगी. उन्होंने कहा कि मेनिफेस्टो में बताए गए सभी प्रावधान का जिक्र अगर वो बजट में करती हैं, तो सीएम को किसी से भी मिलने की जरूरत नहीं है.
उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया लगभग 2 साल जेल में रहकर आए हैं. अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह 6-6 महीने जेल में रहकर आए हैं, जब ये लोग तब नहीं झुके तो क्या आज भाजपा इन्हें झुका पाएगी? भाजपा अपनी गलतफहमी दूर कर ले, अरविंद केजरीवाल न कभी भाजपा के आगे झुकेंगे न इनसे डरेंगे, न दबेंगे… एक बहुत प्रसिद्ध मंदिर है, दुर्गियाना मंदिर. लक्ष्मी कांता चावला उसकी प्रधान हैं. पहली बार कोई महिला किसी मंदिर की प्रधान बनी है. पंजाब में लोग उनका बहुत सम्मान करते हैं। शिष्टाचार के लिए लोग बैठक करते हैं.
जमीनी विवाद के चलते महिला ने मासूम के मुंह में डाल दिया ब्लेड का टुकड़ा
16 Mar, 2025 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनवार । संपत्ति विवाद के कारण एक महिला पर अपने देवर के मासूम बेटे के मुंह में ब्लेड डालने का आरोप लगा है। राहुल कुमार सोनी ने अपनी भाभी रेशमी देवी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आपसी रंजिश के कारण उन्होंने साजिश के तहत उनके बेटे शिवांश के मुंह में ब्लेड का टुकड़ा डाल दिया। ब्लेड निगलने के बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। घबराए परिवार वालों ने तुरंत बच्चे को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने के कारण उसे पहले तिलैया और फिर रांची रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के प्रयास के बाद अब बच्चा स्वस्थ है और उसे घर भेज दिया गया है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि घटना से पहले संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान रेशमी देवी ने कथित रूप से बच्चे को जान से मारने की धमकी दी थी। फिलहाल, आरोपित रेशमी देवी और उसके पति भीखो सोनार फरार हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपितों की तलाश कर रही है। साथ ही इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।
राकेश टिकैत की कार का हुआ भीषण एक्सीडेंट, बाल-बाल बचे किसान नेता
16 Mar, 2025 10:39 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से बड़ी खबर आ रही हैं यहां किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की कार से एक नीलगाय टकरा गई। घटना में टिकैत बाल-बाल बच गए। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। टिकैत के मुताबिक उनकी गाड़ी मीरापुर बायपास रोड के पास थी तभी अचानक एक नीलगाय सामने आई और उनकी गाड़ी से टकरा गई। घटना में वे बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश के मंत्री कपिल देव अग्रवाल और मुजफ्फरनगर से लोकसभा सदस्य हरेंद्र सिंह मलिक व अन्य लोगों ने टिकैत से उनके आवास पर मुलाकात कर उनका हाल चाल जाना।
रिपोर्ट के मुताबिक, मुजफ्फरनगर में अपने आवास पर टिकैत ने कहा कि नीलगाय गलत दिशा से आई और वाहन से टकरा गई। टिकैत ने कहा कि मैंने गाड़ी में सीट बेल्ट लगाई थी और इससे काफी सुरक्षा मिली। सभी को सीट बेल्ट लगानी चाहिए। अगर गाड़ी छोटी होती और कोई सीट बेल्ट नहीं लगाए होता तब नुकसान ज्यादा हो सकता था। गनर ने सीट बेल्ट लगाई हुई थी, गनर को भी मामूली चोटें आईं। उन्होंने सभी से तेज गति से गाड़ी ना चलाने का आग्रह किया।
मानव तस्करी के आरोपी की पुलिस हिरासत में मौत, परिजनों का आरोप थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया
16 Mar, 2025 09:38 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हैदराबाद । तेलंगाना के पेड्डापल्ली जिले निवासी 31 वर्षीय अलकुंटा संपत की निज़ामाबाद पुलिस हिरासत में मौत हुई। संपत पर युवाओं को थाईलैंड, लाओस और म्यांमार में मानव तस्करी के आरोप में 4 मार्च को गिरफ्तार किया था। परिवारवालों ने पुलिस पर थर्ड डिग्री टॉर्चर का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि संपत की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग प्रोटोकॉल के तहत हो रही है।
बात दें कि मृतक संपत जगित्याल में एक मैनपावर रिक्रूटमेंट ऑफिस चलाता था। पुलिस का आरोप है कि वहां तेलंगाना के युवाओं को बहला-फुसलाकर थाईलैंड, लाओस और म्यांमार भेजता था, जहां उन्हें साइबर स्लेवरी में धकेला जाता था। 12 मार्च को संपत को जांच में सहयोग के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया था। 13 मार्च को पुलिस संपत को उनके ऑफिस श्रीराम इंटरनेशनल मैनपावर कंसल्टेंसी से लेकर गई, जहां से दो मोबाइल फोन ज़ब्त किए थे। रात 9:45 बजे संपत को वापस निज़ामाबाद के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन लाया गया था। पुलिस के अनुसार, पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दो लोग साथ रहे थे।
रात करीब 10:10 बजे संपत ने थकान और बाएं हाथ में दर्द की शिकायत की। इसके बा संपत को निज़ामाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि संपत को खुद चलकर अस्पताल में दाखिल हुआ। पुलिस कमिश्नर पी साईं चैतन्य ने बताया कि रात 11:29 बजे संपत को अचानक कार्डियक अरेस्ट हुआ और वह गिर पड़ा। मेडिकल टीम की तमाम कोशिशों के बावजूद संपत को बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने मौत का कारण दिल का दौरा बताया है।
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि वह खुद चलकर अस्पताल में दाखिल हुए। संपत की मौत के बाद निज़ामाबाद के आई टाउन पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
हालांकि, गुस्साए परिजनों ने शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और उन्हें निलंबित करने की मांग की है। अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जहां संपत के परिवारवालों ने विरोध प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि प्रताड़ित करके मारा गया है। उन्होंने 50 लाख रुपये मुआवजे और परिवार के एक सदस्य के लिए सरकारी नौकरी की मांग की है।
दस साल में इसरो ने विदेशी सैटेलाइट लॉन्च कर कमाए 439 मिलियन डॉलर
16 Mar, 2025 08:34 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने पिछले 10 सालों में विदेशी सैटेलाइट लॉन्च से 439 मिलियन डॉलर की कमाई की है। लोकसभा में एक लिखित उत्तर में सिंह ने जानकारी दी कि जनवरी 2015 से दिसंबर 2024 तक, विदेशी सैटेलाइट और 3 भारतीय कस्टमर सैटेलाइट को वाणिज्यिक आधार पर इसरो के पीएसएलवी, एलवीएम3 और एसएसएलवी लॉन्च वाहनों पर लॉन्च किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान विदेशी सैटेलाइट की लॉन्चिंग से सरकार द्वारा उत्पन्न विदेशी मुद्रा राजस्व करीब 143 मिलियन डॉलर और 272 मिलियन यूरो है।
वर्तमान विनिमय दरों के मुताबिक 272 मिलियन यूरो 296 मिलियन डॉलर के बराबर हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 2014 से भारत ने 34 देशों के सैटेलाइट लॉन्च किए हैं। कुल विदेशी सैटेलाइट में से अमेरिका की 232 सैटेलाइट हैं, जो कि सबसे ज्यादा है। दूसरे देशों में यूके की 83, सिंगापुर की 19, कनाडा की 8, कोरिया की 5, लक्जमबर्ग की 4, इटली की 4, जर्मनी की 3, बेल्जियम की 3, फिनलैंड की 3, फ्रांस की 3, स्विट्जरलैंड की 2, नीदरलैंड की 2, जापान की 2, इजरायल की 2, स्पेन की 2, ऑस्ट्रेलिया की 1, संयुक्त अरब अमीरात की 1 और ऑस्ट्रिया की 1 सैटेलाइट शामिल है। केंद्रीय मंत्री ने संसद को 61 देशों में विदेशी अंतरिक्ष एजेंसियों के साथ इसरो के सहयोग की भी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में, 61 देशों और 5 बहुपक्षीय निकायों के साथ अंतरिक्ष सहयोग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। सहयोग के प्रमुख क्षेत्र सैटेलाइट रिमोट सेंसिंग, सैटेलाइट नेविगेशन, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, स्पेस साइंस और प्लैनेटरी एक्सप्लोरेशन और क्षमता निर्माण हैं। इसरो ने नासा के साथ एक जॉइंट सैटेलाइट मिशन के लिए समझौता किया है, जिसका नाम निसार (नासा इसरो सिंथेटिक एपर्चर रडार) है, जो अभी अपने एडवांस स्टेज पर है। फ्रेंच नेशनल स्पेस एजेंसी के साथ इसरो ने तृष्णा नाम से एक जॉइंट सैटेलाइट मिशन के लिए सहयोग किया है, जो प्रारंभिक चरणों में है।
इसरो ने जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी के साथ एक जॉइंट लूनर पोलर एक्सप्लोरेशन मिशन को साकार करने के लिए एक प्रैक्टिकल स्टडी भी की है। इस बीच, केंद्रीय सिंह ने कहा कि सरकार ने भारत के ह्यूमन स्पेसफ्लाइट मिशन, गगनयान कार्यक्रम के लिए फंडिंग को बढ़ाकर 20,193 करोड़ रुपए कर दिया है। गगनयान मिशन अब 2028 तक दो क्रू स्पेस फ्लाइट संचालित करने की योजना बना रहा है। कार्यक्रम में दो क्रू और छह बिना क्रू वाले कुल आठ मिशन होंगे।
वंदे भारत ट्रेन से कटरा से श्रीनगर यात्रा होगी आसान, यात्रा शुरू होने की तारीख का हुआ खुलासा
15 Mar, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कटरा: गर्मियों की छुट्टियों में माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। दरअसल, कटरा से श्रीनगर तक की नई रेल लाइन में शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। आने वाले दिनों में भारतीय रेलवे कटरा से श्रीनगर तक ही ट्रेन चलाएगा। इसके बाद जम्मू और दिल्ली से भी सीधी ट्रेनें चलाई जाएंगी। इस बीच रेलवे मंत्रालय ने इस रूट पर पहली ट्रेन वंदे भारत चलाने की तैयारी की है, जो कटरा से श्रीनगर तक जाएगी। जानिए कब से ट्रेन चलनी शुरू होगी...
रेलवे मंत्रालय अनुसार, कटरा से संगलदान के बीच रेल लाइन पूरी तरह से तैयार कर ली गई है। इसी सेक्शन पर टी-33 टनल बनाई गई है। यह टनल बेहद ही चुनौतीपूर्ण थी। इसके चलते इसके निर्माण में बहुत वक्त लगा। इस टनल पर भी ट्रायल किया जा चुका है। कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) जांच भी हो चुकी है। इसलिए इसमें ट्रेन चलाने में किसी तरह की बाधा नहीं है। रेलवे मंत्रालय के अनुसार संभावना है कि मार्च अंत में इसका रेल लाइन का उद्घाटन कर दिया जाएगा और ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। इससे माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालु ट्रेन से श्रीनगर तक जा सकेंगे।
रेलवे ने कश्मीर को पूरे देश से रेल मार्ग से जोड़ने के लिए 272 किमी. उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लाइन (यूएसबीआरएल) का निर्माण किया है. यूएसबीआरएल परियोजना के महत्व को देखते हुए 2002 में राष्ट्रीय परियोजना घोषित की गई थी। जो आजादी के बाद भारतीय रेलवे द्वारा किया गया सबसे चुनौतीपूर्ण कार्य रहा है। कटरा और संगलदान के बीच रेलवे लाइन का काम लगभग पूरा हो गया है। अभी कन्याकुमारी से कटरा तक और कश्मीर घाटी में बारामुला से संगलदान तक ट्रेनें दौड़ती हैं। कटरा से संगलदान के बीच ट्रेन चलने के बाद कश्मीर से कन्याकुमारी रेल मार्ग से जुड़ जाएगा। इस तरह देश के किसी भी ट्रेन के माध्यम से कश्मीर पहुंचा जा सकेगा।
ऐसी होगी ट्रेन, इतना होगा किराया
कटरा से श्रीनगर के बीच चलने वाली कश्मीर स्पेशल वंदे भारत ट्रेन देश के अन्य हिस्सों में चल रही वंदे भारत ट्रेनों से बिल्कुल अलग होगी। इस स्पेशल ट्रेन को मौसम और जरूरतों के हिसाब से डिजाइन किया गया है। यह विशेष ट्रेन -30 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी बिना किसी परेशानी के आवागमन कर सकेगी। इस पूरी ट्रेन के सभी कोच चेयर कार के हैं, जिन्हें सामान्य चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास चेयर कार में बांटा गया है। इस ट्रेन का किराया क्या होगा। इसे लेकर रेलवे ने कोई घोषणा नहीं की है। सूत्रों का कहना है कि, इस रूट पर एसी चेयर कार के लिए किराया 1500 रुपये से 1700 रुपये के बीच हो सकता है। जबकि एक्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए यात्रियों को 2400 रुपये से 2600 रुपये के बीच भुगतान करना पड़ सकता है। 17 फरवरी को ट्रेन का उद्घाटन होते ही किराए का ऐलान और सीटों की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी। या इससे कुछ दिन पहले ही बुकिंग भी शुरू होने की संभावना है।
पीएम मोदी अप्रैल में श्रीलंका यात्रा के दौरान सोलर पावर प्लांट का करेंगे उद्घाटन
15 Mar, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने की शुरुआत यानी अप्रेल में आधिकारिक यात्रा पर श्रीलंका जाएंगे. पीएम का ये दौरा दोनों देशों के रिश्तों को मजबूती देने, द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने और महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है. यात्रा के दौरान पीएम मोदी श्रीलंका सरकार के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे. जिसमें मछुआरों के विवाद, व्यापारिक संबंध, सुरक्षा सहयोग और क्षेत्रीय सहयोग जैसे मुद्दे शामिल हैं.
पिछले साल श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके भारत आए थे. इस दौरान हुए कई समझौते हुए थे. इन्हीं समझौतों को अंतिम रूप देने के लिए पीएम मोदी श्रीलंका की यात्रा करेंगे. साल 2015 के बाद से प्रधानमंत्री मोदी की श्रीलंका की यह चौथी यात्रा होगी. श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने यहां संसद में बजट आवंटन को लेकर हुई चर्चा पर एक सवाल के जवाब में यह बयान दिया.
अप्रैल की शुरुआत में श्रीलंका जाएंगे पीएम मोदी
हेराथ ने कहा ‘हमने अपने पड़ोसी देश भारत के साथ घनिष्ठ संबंध बनाए रखे हैं. हमारी पहली कूटनीतिक यात्रा भारत की थी, जहां हमने द्विपक्षीय सहयोग पर कई समझौते किए’. उन्होंने बताया कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल की शुरुआत में श्रीलंका आएंगे. विदेश मंत्री ने ये भी बताया कि पीएम मोदी की यात्रा के दौरान सामपुर सौर ऊर्जा स्टेशन के उद्घाटन के अलावा कई नए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.
सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन करेंगे पीएम
सरकारी विद्युत इकाई सीलोन विद्युत बोर्ड और भारत की एनटीपीसी ने साल 2023 में पूर्वी त्रिंकोमाली जिले के सामपुर शहर में 135 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र बनाने पर सहमति व्यक्त की थी जिसका उद्घाटन किया जाएगा. विदेश मंत्री ने कहा कि हम अपनी विदेश नीति में किसी का पक्ष लिए बिना तटस्थ रहेंगे और राष्ट्रीय हित को बनाए रखने के लिए काम करेंगे.
श्रीलंका भारत का एक महत्वपूर्ण पड़ोसी और रणनीतिक साझेदार है. पीएम मोदी की यह यात्रा दोनों के रिश्तों को एक नई दिशा देने का कार्य करेगी, खासकर जब दोनों देशों के बीच आर्थिक और राजनीतिक सहयोग को मजबूत करने की जरूरत है.
4% आरक्षण मुस्लिम ठेकेदारों को निश्चित, KTPP अधिनियम में संशोधन को मंजूरी, कर्नाटक सरकार ने किए कई बड़े ऐलान
15 Mar, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कर्नाटक सरकार: मुस्लिम आरक्षण पर देश में लंबे समय से बहस चल रही है। इस बीच कर्नाटक सरकार ने पब्लिक प्रोक्योरमेंट ट्रांसपेरेंसी केटीपीपी एक्ट में संशोधन को मंजूरी दे दी है। अब मुस्लिम ठेकेदारों को 4% आरक्षण मिलेगा। इस फैसले के तहत अब मुस्लिम ठेकेदारों को सरकारी टेंडरों में ज्यादा मौके मिलेंगे। सरकारी सूत्रों के मुताबिक राज्य में अल्पसंख्यक समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
ग्राम पंचायत एक्ट में भी संशोधन
कैबिनेट की बैठक में कर्नाटक ग्राम स्वराज और पंचायत राज संशोधन विधेयक को भी मंजूरी दी गई। इससे पंचायत व्यवस्था को और पारदर्शी और प्रभावी बनाने की कोशिश की जाएगी। इस संशोधन से ग्रामीण विकास और प्रशासन मजबूत होगा, जिससे स्थानीय निकायों की कार्यकुशलता बढ़ेगी। कृषि और जैव नवाचार केंद्र को राहत: बैठक में हेब्बल स्थित कृषि विभाग की 4.24 एकड़ जमीन को इंटरनेशनल फ्लावर ऑक्शन बेंगलुरु (आईएफएबी) को दो साल के लिए बिना किराए के देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा आग की घटना के बाद बेंगलुरु बायोइनोवेशन सेंटर में उपकरणों के पुनर्निर्माण और प्रतिस्थापन के लिए 96.77 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता को भी मंजूरी दी गई।
केपीएससी में सुधार के लिए नई समिति गठित
राज्य सरकार ने कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) में सुधार के लिए एक विशेषज्ञ समिति बनाने का फैसला किया है। इसके साथ ही केपीएससी सदस्यों की नियुक्ति के लिए एक खोज समिति बनाने पर भी सहमति बनी है। सरकार के इस कदम का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है।
जयराम रमेश ने कहा, "अब डोनट्स भी सरकार के निशाने पर", जीएसटी पर उठाया सवाल
15 Mar, 2025 03:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस ने शनिवार को जीएसटी की अलग-अलग दरें लागू करने को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पॉपकॉर्न के बाद अब डोनट्स को भी जीएसटी की मार झेलनी पड़ रही है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि सिंगापुर स्थित चेन मैड ओवर डोनट्स को अपने व्यवसाय को कथित रूप से गलत तरीके से वर्गीकृत करने और 5 प्रतिशत जीएसटी का भुगतान करने के लिए 100 करोड़ रुपये का कर नोटिस का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी ने दावा किया कि यह एक रेस्टोरेंट सेवा है, जबकि बेकरी वस्तुओं पर 18 प्रतिशत कर का भुगतान किया जा रहा है।
'पॉपकॉर्म के बाद डोनट्स को जीएसटी की मार'
जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, "पॉपकॉर्न के बाद अब डोनट्स को जीएसटी की मार झेलनी पड़ रही है।" कांग्रेस नेता ने "व्यापार करने में आसानी" के लिए बहुत कुछ कहा। रमेश ने जोर देकर कहा, "यही कारण है कि जीएसटी 2.0 इतना जरूरी है।"
पिछले साल दिसंबर में, कांग्रेस ने कहा था कि जीएसटी के तहत पॉपकॉर्न के लिए तीन अलग-अलग टैक्स स्लैब की "बेतुकी" व्यवस्था केवल सिस्टम की बढ़ती जटिलता को उजागर करती है और पूछा कि क्या मोदी सरकार जीएसटी 2.0 को लागू करने के लिए पूरी तरह से बदलाव करने का साहस दिखाएगी।
'जीएसटी दरें होंगी कम'
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि जीएसटी दरें और कम होंगी, जबकि कांग्रेस ने पिछले रविवार को कहा था कि कर में कोई भी बदलाव महज दर में कमी से अधिक व्यापक होना चाहिए और जीएसटी 2.0 को मौलिक रूप से सरल और कम दंडात्मक बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
जयराम रमेश ने कहा कि उनकी पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपने घोषणापत्र में जीएसटी 2.0- वास्तव में "अच्छा और सरल कर" की परिकल्पना की थी और वह उस दृष्टिकोण के लिए प्रतिबद्ध है।
गिरिडीह के घोडथंभा में हिंसक झड़प, दुकानों और वाहनों को आग के हवाले किया
15 Mar, 2025 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गिरिडीहः झारखंड में गिरिडीह. जिले के घोडथम्भा में दो पक्षों के बीच रात में पथराव की घटना घटी है। इस दौरान आगजनी भी की गई है। जहां कुछ दुकानों के अलावा कार और बाइक को आग के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी डॉ विमल कुमार, एएसपी, एसडीपीओ सदर खोरीमहुवा, डीएसपी और खोरीमहुआ के एसडीपीओ, एसडीएम और डीडीसी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
होली जुलूस निकालने के दौरान हिंसक झड़प
बताया गया है कि जिले के धनवार विधानसभा क्षेत्र के घोड़थंबा में होली के जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान पथराव और आगजनी की घटना के बाद फुटपाथ में संचालित कई दुकान और बाजार में खड़े चार पहिया वाहन और लगभग आधा दर्जन मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया ।
चंद मिनटों में बिगड़ी बात, पथराव और आगजनी
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार होली का जुलूस घोड़थंबा पहुंचा। जुलूस में शामिल लोग परंपरागत वाद्य यंत्र को बजाते हुए पहुंचे थे, जिसे लेकर दूसरे पक्ष की ओर से विरोध किया गया। यहीं से बात बढ़ने लगी। हालांकि इस दौरान मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी उपद्रवदियों ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान दुकानों में तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। कई बाइक और कार को भी आग के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा
वही घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और उपद्रवियों को खदेड़ दिया और स्थिति को नियंत्रण में किया। घटना के बाद यहां एसपी, डीडीसी, एएसपी अभियान सूरजीत कुमार, डीएसपी और एसडीपीओ के अलावा कई इंस्पेक्टर, धनवार थाना प्रभारी सतेंद्र पाल, कई थाने के प्रभारी और अन्य अधिकारी घटना स्थल पर कैंप कर रहे हैं। उपद्रवियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। वहीं पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
शांति भंग करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा-एसपी
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। इस हिंसक घटना में लगभग एक घंटे तक दोनों पक्ष आपस में भिड़े रहे। फिलहाल, इलाके में शांति बनी हुई है और पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस-प्रशासन की ओर से काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया जा सका। इस दौरान एसपी ने कहा कि किसी भी सूरत में शांति भंग करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा स्थिति पूरी तरीके से नियंत्रण में है। उन्होंने लोगों से अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
वर्मी कंपोस्ट उत्पादन बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
राज्यपाल पटेल से भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मिले
मध्यप्रदेश को सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिये करें समन्वित प्रयास : मंत्री कुशवाह
लेमनग्रास -किसानों के लिए कम पानी में ज्यादा कमाई का साधन
चेकडैम बना ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार, जल संरक्षण से बदली खेती की तस्वीर
कौशल और सामाजिक उद्यमिता से होगा भारत विकसित : राज्यपाल पटेल
द्वारका नगरी योजना से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से बदली तस्वीर
3147 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट का काम शुरु
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर
