देश
जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ के जंगलों में मुठभेड़, सेना ने दो आतंकियों को किया ढेर
22 May, 2025 05:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
किश्तवाड़: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में गुरुवार सुबह से चल रही मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है. मुठभेड़ सुबह करीब सात बजे शुरू हुई जब सेना की 11 राष्ट्रीय राइफल्स (11आरआर), 2 पैरा स्पेशल फोर्स, 7वीं असम राइफल्स और किश्तवाड़ एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम ने सिंहपोरा चतरू के जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया. तलाशी के दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में मुठभेड़ शुरू हो गई. शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक मुठभेड़ स्थल पर तीन से चार आतंकियों के छिपे होने की आशंका है. इनमें से एक की पहचान कुख्यात आतंकी सैफुल्लाह के रूप में हुई है. मुठभेड़ अभी जारी है और अन्य आतंकियों की तलाश के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है. सभी रास्तों को सील कर दिया गया है ताकि आतंकी किसी भी तरह से भाग न सकें।
इस मुठभेड़ से एक हफ्ते पहले ही सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके के नादिर गांव में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को मार गिराया था. इनकी पहचान आसिफ अहमद शेख, आमिर नीर वानी और यावर अहमद भट के रूप में हुई है। ये सभी पुलवामा के रहने वाले थे। इसके अलावा 13 अप्रैल को शोपियां के जिनपाथर केलर इलाके में एक अन्य मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए थे, जिनमें से दो की पहचान शाहिद कुट्टे और अदनान शफी के रूप में हुई थी।
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए घातक आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की मौत के बाद दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए कई बड़े ऑपरेशन शुरू किए हैं। आतंकवाद के खिलाफ इस व्यापक अभियान के तहत जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने आतंकियों से जुड़े लोगों की संपत्तियों को भी ध्वस्त करना शुरू कर दिया है। आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए यह कदम उठाया गया है ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति आतंकी गतिविधियों में शामिल होने से पहले दो बार सोचे।
ऑपरेशन सिंदूर भारत का जवाब: भारतीय राजनयिक अनुपमा सिंह ने आतंक पर पाकिस्तान को घेरा
22 May, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: आतंकवाद का शिकार होने का दावा करने वाले पाकिस्तान को भारत ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) में करारा जवाब दिया है। भारत ने पड़ोसी देश को पाकिस्तान का 'जन्मदाता' बताया है। साथ ही कहा है कि पाकिस्तान आतंकवाद का शिकार होने का दिखावा नहीं कर सकता। जवाब देते हुए IFS (भारतीय विदेश सेवा) अधिकारी अनुपमा सिंह का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भारत ने क्या कहा:
भारतीय राजनयिक अनुपमा सिंह ने कहा, 'हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि आतंकवाद के प्रायोजक और आयोजक पाकिस्तान की धरती से काम करते हैं। इसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। जो सटीक था और पाकिस्तान के अंदर बने आतंकी ढांचे को निशाना बना रहा था।' उन्होंने यह भी कहा, 'पाकिस्तान सिंधु जल संधि को लेकर भी झूठी कहानियां गढ़ रहा है और मामले को उलझाने की कोशिश कर रहा है।'
सिंह ने कहा, 'हमने यह सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाए हैं कि कोई भी नागरिक निशाना न बने या घायल न हो और केवल पाकिस्तान में प्रशिक्षित आतंकवादियों और उनके ठिकानों को ही निशाना बनाया जाए।' उन्होंने कहा, 'आतंकवाद को जन्म देने वाला देश पीड़ित होने का दिखावा नहीं कर सकता।'
कौन हैं अनुपमा सिंह:
अनुपमा सिंह 9 साल तक IFS में रहीं और इससे पहले वे 2012 से 2014 तक KPMG कंपनी में थीं। उन्होंने कंपनी में बतौर कंसल्टेंट शुरुआत की और बाद में सीनियर कंसल्टेंट बन गईं। उन्होंने 2014 में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी से अपनी ट्रेनिंग पूरी की। उन्होंने 2008 से 2011 तक CFA प्रोग्राम में भी हिस्सा लिया।
सिंह ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से फाइनेंस में MBA किया है और उन्हें कॉरपोरेट फाइनेंस, वैल्यूएशन और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट में विशेषज्ञता हासिल है। खास बात यह है कि उन्होंने MANIT यानी मौलाना आज़ाद नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ़ टेक्नोलॉजी से B.Tech की डिग्री भी हासिल की है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पीएम मोदी ने 103 स्टेशनों का किया उद्घाटन, MP को 6 और छत्तीसगढ़ को 5 स्टेशनों की सौगात
22 May, 2025 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 22 मई को देशभर के 103 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया। इनमें मध्यप्रदेश के 6 और छत्तीसगढ़ के 5 स्टेशन भी शामिल हैं। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपने रेलवे नेटवर्क को आधुनिक बना रहा है और वंदे भारत, अमृत भारत, और नमो भारत जैसी ट्रेनें देश की प्रगति और गति की प्रतीक बन चुकी हैं। इस मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नर्मदापुरम, और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर से कार्यक्रम में भाग लिया।
मध्यप्रदेश को 6 अत्याधुनिक स्टेशन मिले
अमृत भारत स्टेशन योजना (ABSS) के अंतर्गत मध्यप्रदेश में निम्न 6 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से पुनर्विकसित किया गया है:
नर्मदापुरम
शाजापुर
कटनी
ओरछा
सिवनी
श्रीधाम
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि जल्द ही भोपाल स्थित बीएचईएल में वंदे भारत और मेट्रो कोच का निर्माण शुरू होगा। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में वर्तमान केंद्र सरकार की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा, "अब सांसदों को संघर्ष नहीं करना पड़ता, केंद्र खुद पहल करता है।"
यादव ने स्वामी विवेकानंद के कथन — "21वीं सदी भारत की होगी" — को स्मरण करते हुए कहा कि आज यह भविष्यवाणी साकार होती दिख रही है। उन्होंने हाल की पहलगाम आतंकी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान को सख्त जवाब दिया गया, जिससे अब विपक्ष भी राष्ट्रहित में स्वर मिला रहा है। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिकों का विशेष सम्मान भी किया गया।
छत्तीसगढ़ को 5 अमृत स्टेशन की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का धन्यवाद देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ को निम्न 5 स्टेशनों का उन्नत रूप प्राप्त हुआ है:
डोंगरगढ़
भानुप्रतापपुर
भिलाई
उरकुरा
अंबिकापुर
उन्होंने कहा कि इन स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं, स्थानीय वास्तुकला, और संस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा, सुरक्षा और एक नया अनुभव मिलेगा।
देशभर में हो रहा रेलवे का कायाकल्प
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1300 से अधिक स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इन स्टेशनों को न केवल तकनीकी रूप से सशक्त किया जा रहा है, बल्कि भारतीय संस्कृति, स्थानीय पहचान, और विरासत को भी उनके डिज़ाइन में समाहित किया जा रहा है।
किश्तवाड़ में एनकाउंटर: आतंकियों से भिड़े सुरक्षाबल, इलाके में हाई अलर्ट
22 May, 2025 09:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के अंतर्गत किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, किश्तवाड़ के चटरू के अंतर्गत सिंहपोरा इलाके में सुरक्षाबलों का सामना आतंकियों के साथ हुआ है। मौजूदा समय में दोनों ओर से फायरिंग जारी है।उधर, राजौरी जिले के मेंढर सेक्टर में हाल ही में संघर्ष विराम उल्लंघन और सीमा पार से गोलाबारी के बाद भारतीय सेना ने सीमावर्ती गांवों में प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए डोर-टू-डोर मानवीय राहत अभियान शुरू किया।युद्ध के मैदान से परे राष्ट्रीय सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए सेना के जवानों ने व्यवधान से प्रभावित परिवारों को खाद्य आपूर्ति, दवाइयां और चिकित्सा सहायता सहित आवश्यक सहायता प्रदान की।
एलओसी के पास वाले इलाकों में पहुंचे जवान
चुनौतीपूर्ण इलाके और आगे की शत्रुता के लगातार खतरे के बावजूद, सैनिक नियंत्रण रेखा (एलओसी) के करीब स्थित दूरदराज के इलाकों में पहुंचे।स्थानीय नागरिक प्रशासन के समन्वय में चलाए गए राहत अभियान में विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच और मनोवैज्ञानिक सहायता भी शामिल थी। सेना की चिकित्सा टीमों ने घायलों और कमजोर लोगों की समय पर देखभाल सुनिश्चित की उन्हें उपचार और आराम दोनों प्रदान किए।हर घर में वर्दीधारी सैनिकों ने व्यक्तिगत रूप से जाकर न केवल आपूर्ति की, बल्कि उन्हें आश्वासन और सहानुभूति भी दी। उनकी मौजूदगी ने तनाव में जी रहे समुदायों में सुरक्षा और एकजुटता की भावना पैदा की।यह पहल जम्मू - कश्मीर के संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सहायता करने के लिए सेना के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं। निरंतर सहायता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावित परिवारों की निरंतर निगरानी की जा रही है।
तेज आंधी और बारिश से एनसीआर में तबाही, गाजियाबाद-नोएडा में 4 लोगों की जान गई
22 May, 2025 08:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नोएडा। बुधवार रात 8.30 बजे आई तेज आंधी और ओलावृष्टि ने व्यापक तबाही मचाई। गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ में दर्जनों पेड़ उखड़ गए, जिससे बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई। रात 12 बजे तक बिजली बहाल नहीं हो सकी।
सड़क पर गिरे पेड़ और बिजली के खंभों ने यातायात को प्रभावित किया। इस आपदा में चार लोगों की जान गई, जिनमें से दो गाजियाबाद और दो गौतमबुद्धनगर में थे। कई राहगीरों के घायल होने की भी सूचना है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आयरिश पर्ल सोसायटी के क्लब हाउस में लगा कांच का गेट तेज आंधी में टूट गया।
सोसायटी में ऊपरी मंजिल पर लगे शॉफ्ट का शीशा टूटा
गौर सिटी-1 के एवेन्यू-5 सोसायटी में ऊपरी मंजिल पर लगे शॉफ्ट का शीशा भी तेज आंधी में टूट गया। समृद्धि ग्रैंड एवेन्य सोसायटी के टावर-सी की लाबी का गेट तेज आंधी से टूट गया। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर जीटा एक में एसोटेक स्प्रिंग फील्ड सोसायटी की चारदीवारी गिर गई, जबकि अन्य स्थानों पर दीवारें और खिड़कियों के शीशे टूट गए। नोएडा में भी दर्जनों पेड़ गिरे, जिससे यातायात ठप हो गया।सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में मिग्सन अल्टीमो सोसायटी में 50 वर्षीय महिला सुनीता का सिर ग्रिल गिरने से धड़ से अलग हो गया। एनटीपीसी दादरी में एक शिक्षक रामकिशन सिंह की भी मौत हो गई। खोड़ा थाना क्षेत्र में बीएमआर पब्लिक स्कूल की दीवार गिरने से पानू देवी की मौत हुई।वहीं मधुबन बापूधाम में मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड पर तेज आधी में पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे दबकर बाइक सवार रसूलपुर सिकरोड़ गांव निवासी 40 वर्षीय मुजम्मिल की मौत हो गई। हापुड़ और बुलंदशहर में भी पेड़ व घरों की दीवारें गिरने की सूचना है। यहां भी घायल होकर लोग सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचे हैं।
रेलवे में बड़ा बदलाव: एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस होंगे स्टेशन, 22 मई को PM करेंगे उद्घाटन
21 May, 2025 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय रेलवे अब एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस होने की ओर बढ़ रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के करीब 1300 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक पहल के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को राजस्थान के बीकानेर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 103 पुनर्विकसित स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिन भारतीय रेल के इतिहास में अविस्मरणीय और ऐतिहासिक होने वाला है। इन स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक, साफ-सुथरी और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिलेगा।
क्या-क्या बदलेंगे स्टेशन पर?
अमृत भारत योजना के तहत स्टेशनों को न सिर्फ अत्याधुनिक बनाया जा रहा है, बल्कि उन्हें स्थानीय संस्कृति और विरासत से भी जोड़ा जा रहा है।
प्रमुख बदलावों में शामिल हैं:
रूप प्लाज़ा, पार्सल हब, बेहतर शहरी कनेक्टिविटी और हरियाली युक्त ग्रीन ज़ोन।
वेटिंग एरिया में कैफेटेरिया, एक्जीक्यूटिव लॉन्ज, छोटे स्टॉल्स और मीटिंग ज़ोन।
फ्री वाई-फाई, एलईडी डिस्प्ले बोर्ड और डिजिटल अनाउंसमेंट सिस्टम।
प्लेटफॉर्म होंगे 760–840 मिमी ऊंचे और 600 मीटर लंबे।
विशेष सुविधाएं दिव्यांगजन, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए – जैसे रैम्प, ब्रेल साइन, विशेष शौचालय, एस्केलेटर।
पुरानी इमारतों को हटाकर न्यूनतम रखरखाव वाली, धूल-प्रतिरोधी और टिकाऊ सामग्रियों से नए निर्माण।
हर स्टेशन को मिलेगा सांस्कृतिक स्पर्श
इस योजना की खास बात यह है कि हर स्टेशन को स्थानीय पहचान और परंपरा के अनुरूप डिजाइन किया जा रहा है।
अहमदाबाद स्टेशन– सूर्य मंदिर (मोटेरा) से प्रेरित
गुरुग्राम स्टेशन– आईटी हब थीम
बालेश्वर स्टेशन (ओडिशा) – जगन्नाथ मंदिर से प्रेरणा
तमिलनाडु के स्टेशन – चोल कला की झलक
राज्यवार कितने स्टेशन होंगे विकसित?
देशभर में 1300+ स्टेशनों को अमृत भारत योजना में शामिल किया गया है। प्रमुख राज्यों में यह आंकड़ा कुछ इस प्रकार है:
राज्य स्टेशन की संख्या
उत्तर प्रदेश- 157
महाराष्ट्र - 132
पश्चिम बंगाल - 101
बिहार - 98
गुजरात- 87
राजस्थान- 85
मध्य प्रदेश- 80
तमिलनाडु- 77
आंध्र प्रदेश- 73
कर्नाटक- 61
पूर्वोत्तर (असम सहित)- 60
ओडिशा- 59
झारखंड- 57
तेलंगाना- 40
हरियाणा- 34
छत्तीसगढ़- 32
पंजाब- 30
केरल- 35
उत्तराखंड- 11
दिल्ली- 13
हिमाचल प्रदेश- 4
जम्मू-कश्मीर- 4
गोवा- 3
पांडिचेरी- 3
चंडीगढ़- 1
अयोध्या धाम, गोमती नगर और चल्लापल्ली जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका है।
वक्फ कानून पर केंद्र का पक्ष: 1923 से 1995 तक मुस्लिमों को ही वक्फ का अधिकार, 2013 में बदला नियम
21 May, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: वक्फ एक्ट में संशोधन के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट लगातार दूसरे दिन (बुधवार) सुनवाई कर रहा है। दूसरे दिन केंद्र सरकार ने वक्फ एक्ट पर अपना पक्ष रखा है। केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कानूनी पक्ष मजबूती से रखा है। एसजी तुषार मेहता ने कहा कि वक्फ एक्ट में संशोधन के लिए हमने 97 लाख लोगों से राय ली है। याचिकाकर्ता पूरे मुस्लिम समुदाय का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। 1923 के वक्फ एक्ट से लेकर 1995 तक यह व्यवस्था थी कि सिर्फ मुस्लिम ही वक्फ कर सकते थे। 2013 में चुनाव से पहले कानून बना दिया गया कि कोई भी वक्फ कर सकता है। एसजी ने कहा कि 25 वक्फ बोर्डों से राय ली गई, जिनमें से कई ने व्यक्तिगत रूप से आकर अपनी बात रखी। इसके अलावा राज्य सरकारों से भी सलाह-मशविरा किया गया। तुषार मेहता ने कहा कि संशोधन के हर खंड पर विस्तार से चर्चा की गई। कुछ सुझाव स्वीकार किए गए, जबकि कुछ नहीं। सुनवाई के दौरान जस्टिस बीआर गवई ने सवाल उठाया कि उनका तर्क यह है कि इस मामले में सरकार अपना दावा खुद तय करेगी?
इस पर एसजी मेहता ने कहा, यह सही है कि सरकार अपना दावा खुद पुष्ट नहीं कर सकती। शुरुआती बिल में कहा गया था कि कलेक्टर फैसला करेंगे। आपत्ति यह थी कि कलेक्टर अपने मामले में जज होंगे। इसलिए जेपीसी ने सुझाव दिया कि कलेक्टर के अलावा किसी और को नामित अधिकारी बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व अधिकारी सिर्फ रिकॉर्ड के लिए फैसले लेते हैं, टाइटल का अंतिम निर्धारण नहीं करते। एसजी मेहता ने कहा, सरकार सभी नागरिकों के ट्रस्टी के तौर पर जमीन रखती है।
वक्फ उपयोग पर आधारित है- यानी जमीन किसी और की है, लेकिन इस्तेमाल करने वाला लंबे समय से इसका इस्तेमाल कर रहा है। ऐसे में जरूरी है कि यह या तो निजी संपत्ति है या सरकारी। अगर कोई इमारत सरकारी जमीन पर है, तो क्या सरकार यह जांच नहीं कर सकती कि संपत्ति उसकी है या नहीं? धारा 3(सी) के तहत भी यही प्रावधान किया गया है।
आपको बता दें कि इस मामले में मंगलवार को भी सुनवाई हुई थी। याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल, अभिषेक मनु सिंघवी और राजीव धवन ने दलीलें रखीं। आज एसजी तुषार मेहता ने केंद्र का पक्ष रखते हुए कहा कि 1923 से 1995 के कानून में यह प्रावधान था कि सिर्फ मुसलमान ही वक्फ कर सकते हैं, लेकिन साल 2013 में चुनाव से पहले कानून बना दिया गया कि कोई भी वक्फ कर सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसमें सुधार किया है और वक्फ करने के लिए कम से कम 5 साल तक इस्लाम का पालन करने की शर्त रखी गई है।
एसजी तुषार मेहता ने कहा, 'अगर कोई किसी जगह का इस्तेमाल कर रहा है, उसके पास उस जगह के कागज़ात नहीं हैं और वह दावा करता है कि यह उपयोगकर्ता द्वारा अपंजीकृत वक्फ है। अगर सरकारी रिकॉर्ड में संपत्ति सरकारी संपत्ति है, तो क्या इसकी जांच नहीं की जाएगी? याचिकाकर्ताओं ने कल सुनवाई में संपत्ति के पंजीकरण पर आपत्ति जताई थी और कहा था कि 100-200 साल पुराने वक्फ के कागजात कहां से आएंगे।
चीफ जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई के सवाल
एसजी तुषार मेहता की दलील पर चीफ जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई ने कहा कि लेकिन याचिकाकर्ताओं का कहना है कि सरकार खुद अपने दावे की जांच करेगी। तुषार मेहता ने कहा, 'राजस्व अधिकारी भूमि राजस्व रिकॉर्ड की जांच करेगा। वह कोई अंतिम स्वामित्व तय नहीं करेगा। प्रभावित पक्ष के पास कोर्ट जाने का विकल्प है।
केंद्र सरकार का जवाब
एसजी मेहता ने कहा कि कलेक्टर की जांच से लोगों को परेशानी थी, इसलिए दूसरे अधिकारी को नियुक्त किया गया। वह सिर्फ राजस्व रिकॉर्ड की जांच करेगा और संशोधन करेगा। सीजेआई ने एसजी से पूछा कि इसका मतलब है कि सिर्फ कागजों पर प्रविष्टियां होंगी। सीजेआई गवई के सवाल पर तुषार मेहता ने कहा, 'हां, अगर सरकार स्वामित्व चाहती है तो वह सिविल केस भी दायर करेगी।
नेशनल हेराल्ड केस: सोनिया और राहुल गांधी पर केस बनता है – ईडी
21 May, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज बुधवार को दिल्ली की एक अदालत को बताया कि नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा कई अन्य के खिलाफ ‘प्रथम दृष्टया’ मनी लॉन्ड्रिंग का केस बनता है. ईडी ने स्पेशल जज विशाल गोगने के समक्ष केस का संज्ञान लेने के बारे में शुरुआती दलीलों के दौरान यह बात कही.
सुनवाई के बीच, जज ने जांच एजेंसी ईडी को यह निर्देश भी दिया कि वह मामले में अपनी चार्जशीट की एक कॉपी बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी को उपलब्ध कराए, जिनकी निजी शिकायत के आधार पर ईडी ने वर्तमान केस दर्ज किया है. मामले में बहस अभी चल रही है.
चार्जशीट पढ़ने के लिए चाहिए वक्त
कोर्ट में ईडी की ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) एसवी राजू और प्रस्तावित आरोपियों की ओर से अभिषेक सिंघवी दलील रखने पहुंचे. कोर्ट ने कहा कि आज ईडी अपनी दलील रख लें. कोर्ट बाद में यह देखेगी कि दूसरे पक्ष को जवाब देने के कब का समय दिया जाए.
एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने कहा कि शिकायत एक अधिकृत अधिकारी द्वारा दर्ज की गई है. राजू ने दलील रखते हुए कहा कि मामले में सोनिया गांधी पहली आरोपी तो राहुल गांधी को दूसरे आरोपी बनाए गए हैं. इसके साथ कुल 7 लोगों को आरोपी बनाया गया है. इनके अलावा सुमन दुबे, सैम पित्रोदा, यंग इंडियन, डोटेक्स मर्चेंडाइज प्राइवेट लिमिटेड और सुनील भंडारी को भी आरोपी बनाया गया है.
इन सभी आरोपियों पर एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) से संबंधित 2,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों का गलत तरह से अधिग्रहण कर मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का आरोप है. सोनिया और राहुल यंग इंडियन के शेयरधारक हैं. दोनों के पास 38-38 फीसदी शेयर हैं.
पिछली सुनवाई में सभी आरोपी को नोटिस
इससे पहले कोर्ट ने 8 मई को नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले की सुनवाई स्थगित करते हुए इसके लिए 21 और 22 मई की नई तारीख निर्धारित की थी. कोर्ट ने इससे पहले 2 मई को इस केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को नोटिस जारी किया था. तब जज गोगने ने ईडी की दलीलें सुनने के बाद कहा कि पिछले आदेश के अनुसार सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं.
तब जज ने यह भी कहा, “नोटिस कथित तौर पर प्रस्तावित आरोपी 4 (सैम पित्रोदा) को वैकल्पिक ई-मेल आईडी पर आज ही भेजा गया है, ऐसे में यह सही होगा कि इस पर दलील सुनवाई की अगली तारीख पर सुनी जाएं.”
कोर्ट ने कहा, “सुब्रमण्यम स्वामी, जो कि इस केस से संबंधित कार्यवाही में मुख्य शिकायतकर्ता हैं, ने अपनी उपस्थिति का जिक्र किया है और कहा है कि वर्तमान शिकायत और दस्तावेज की एक कॉपी उपलब्ध कराने के लिए उनके द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा. ‘
साल 2021 में ED ने शुरू की थी जांच
कोर्ट महीने की शुरुआत में ही सोनिया गांधी और राहुल गांधी को नोटिस जारी कर चुका है. साथ कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा और सुमन दुबे, यंग इंडियन, डोटेक्स मर्चेंडाइज प्राइवेट लिमिटेड और सुनील भंडारी को भी नोटिस जारी किया गया था. तब जज ने कहा था कि चार्जशीट पर संज्ञान लेने के समय सोनिया और राहुल को अपना पक्ष रखने का अधिकार है.
मामले में चार्जशीट मनी लॉन्ड्रिंग प्रिवेंशन एक्ट (पीएमएलए) की धाराओं 3 (धनशोधन) और 4 (धनशोधन के लिए दंड) के तहत दायर किया गया था. हाल में चार्जशीट दाखिल करने वाली जांच एजेंसी ईडी ने 2021 में अपनी जांच शुरू की थी, जब एक मजिस्ट्रेट अदालत ने 26 जून 2014 को स्वामी की ओर से दाखिल निजी शिकायत पर संज्ञान लिया था.
अजंता कला और नौसेना का अद्भुत संगम, आज मिलेगा जहाज को नाम
21 May, 2025 11:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय नौसेना के पास आज बुधवार को बहुत ही स्पेशल जहाज आने जा रहा है. अजंता की गुफाओं पर उकेरी गई एक तस्वीर के सहारे पारंपरिक तरीके से इस स्पेशल जहाज को तैयार किया गया है. भारतीय नौसेना आज कर्नाटक स्थित कारवार नौसैनिक अड्डे पर आयोजित समारोह में शामिल करेगी और इसे नामकरण करते हुए नया भी देगी. यह जहाज अपनी खासियत की वजह से दुनिया का सबसे अनोखा जहाज है.
मामले से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि स्टिच्ड शिप यानी जोड़कर बनाया गया यह जहाज पांचवीं शताब्दी के दौर में बनने वाले जहाज का ही पुनर्निर्मित रूप है. यह ऐतिहासिक अजंता की गुफा में स्थित एक चित्रकारी से प्रेरित है. केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे और वह समारोह की अध्यक्षता भी करेंगे. इसके बाद जहाज को औपचारिक रूप से नौसेना में शामिल किया जाएगा.
गुजरात से ओमान तक की पहली यात्रा
नौसेना के प्रवक्ता ने इस बारे में कहा कि ‘जोड़कर बनाए जाने वाले प्राचीन जहाज’ का काम पूरा होना पूर्ण रूप से कार्यात्मक समुद्री जहाज का कलात्मक चित्रण है. उन्होंने कहा, “जहाज को शामिल किए जाने के बाद, यह प्रोजेक्ट अपने दूसरे अहम चरण में प्रवेश करेगी. इसमें भारतीय नौसेना पारंपरिक समुद्री व्यापार मार्गों पर इस जहाज को चलाने की महत्वाकांक्षी चुनौती का सामना करेगी. लेकिन इस वजह से प्राचीन भारतीय समुद्री यात्रा का अनुभव भी किया जा सकेगा.” उन्होंने कहा कि गुजरात से ओमान तक पोत की पहली अंतर-महासागरीय यात्रा की तैयारियां पहले से ही जारी हैं.
स्पेशल तरीके से प्राचीन परंपरा के अनुसार तैयार किया गया जहाज
स्पेशल जहाज की खासियत है कि इसे लकड़ी से बनाया गया है, इसमें कील या आधुनिक मेटल का इस्तेमाल नहीं किया गया है. इसमें चौकोर पाल और लकड़ी की पतवार लगाई गई है. इसे पूरी तरह से पारंपरिक तरीकों से बनाया गया, जो आज के किसी भी नौसेना पोत से बिलकुल अलग है.
हालांकि इस जहाज को डिजाइन करना बड़ी चुनौती थी क्योंकि कोई असली पुराना जहाज मौजूद नहीं था, इसे महज चित्र के आधार पर बनाया गया है. जहाज को बनाए जाने के बाद इसका तकनीकी परीक्षण भी कराया गया. IIT मद्रास की मदद से पानी में परीक्षण किया गया और नौसेना ने खुद डिजाइन की मजबूती जांची.
प्रोजेक्ट के लिए संस्कृति मंत्रालय ने दिया फंड
मंत्रालय ने सितंबर 2023 में अपने बयान में कहा था कि केंद्र सरकार की एक अहम पहल के तहत भारतीय नौसेना, संस्कृति मंत्रालय और होदी इनोवेशन, गोवा ने जोड़-जोड़कर बनाए जाने वाले एक प्राचीन जहाज के पुनर्निर्माण को लेकर हाथ मिलाए हैं. मंत्रालय ने कहा था कि यह उन जहाजों की याद दिलाएगा जो कभी भारत के प्राचीन दौर में समुद्री व्यापार मार्गों पर समुद्र में चला करते थे.
इस प्रोजेक्ट के लिए संस्कृति मंत्रालय ने फंड की व्यवस्था की थी और इसकी औपचारिक शुरुआत जुलाई 2023 में तीनों पक्षों के बीच आपसी समझौता होने के बाद हुई थी. जहाज का कील लेइंग समारोह सितंबर 2023 में कराया गया था.
केरल के शिल्पकारों ने किया तैयार
कील लेइंग समारोह जहाज के निचले हिस्से की सबसे लंबी, केंद्रीय लकड़ी या प्लेट लगाने को कहा जाता है, जो समुद्र में जहाज का वजन सहन करके उसे स्थिरता प्रदान करती है.
जहाज को बनाए जाने को लेकर अधिकारी ने बताया कि इस जहाज का निर्माण पारंपरिक तरीकों और कच्चे माल का इस्तेमाल करके केरल के कुशल शिल्पकारों ने किया है, जिनकी अगुवाई बाबू शंकरन ने की थी. उन्होंने बताया कि बाबू शंकरन ने हजारों जोड़ो को हाथों से जोड़कर इस जहाज को तैयार किया है. इस जहाज का जलावतरण फरवरी 2025 में गोवा के मेसर्स होदी शिपयार्ड में किया गया था.
IndiGo ने दी चेतावनी – फ्लाइट से पहले चेक करें स्टेटस, बारिश से उड़ानों पर असर
21 May, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोवा में भारी बारिश का दौर जारी है। इस बीच इंडिगो एअरलाइंस ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि राज्य में भारी बारिश की वजह से उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है। एअरलाइन ने यात्रियों से कहा है कि यात्रा से पहले फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें।
इंडिगो की चेतावनी
इंडिगो ने यात्रियों को सलाह देते हुए कहा है, "गोवा में खराब मौसम और बारिश के कारण उड़ान में देरी या व्यवधान हो सकता है। हम चाहते हैं कि सभी यात्री एअरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी लें और अतिरिक्त समय निर्धारित करें।"
एअरलाइन ने कहा कि उसकी कस्टमर सपोर्ट टीम यात्रियों की मदद के लिए उपलब्ध है। इंडिगो ने कहा, "हमारी टीमें सभी ग्राहक सेवा टचप्वाइंट पर उपलब्ध हैं और आपकी यात्रा के हर चरण में आपकी सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
'फ्लाइट की स्थिति की लें जानकारी'
इंडिगो ने अपने यात्रियों के लिए सलाह जारी कर कहा है कि लोग नियमित रूप से अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करते रहें और संभावित मौसम संबंधी देरी और यातायात व्यवधानों के कारण अतिरिक्त यात्रा समय की योजना बनाकर चलें।
बता दें, मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। आज उत्तरी गोवा और दक्षिणी गोवा के कुछ स्थानों पर हल्की आंधी और 30-40 की गति से हवा चलने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का अनुमान
IMD गोवा स्टेशन प्रभारी ने कहा, "हमने दो दिनों के लिए औरेंज अलर्ट जारी किया था, इसके बाद अब यैलो अलर्ट जारी हुआ है। आज के लिए हमने भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है और कल भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।"
उन्होंने कहा, "तीसरे दिन यैलो अलर्ट जारी किया गया है। कल दक्षिण गोवा में लगभग 70 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। परसों भी इतनी ही बारिश हुई थी। ये सभी प्री-मॉनसून के संकेत हैं। हम जानकारी अपडेट करते रहेंगे।"
पिता को याद कर भावुक हुए राहुल गांधी, कहा- आपके आदर्श मेरे संबल हैं
21 May, 2025 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राहुला गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री और पिता राजीव गांधी की 34 वीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया और सोशल मीडिया एक्स पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने पिता के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर की और लिखा पापा, आपकी यादें हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन करती हैं.
राहुल गांधी ने कहा कि पापा, आपके अधूरे सपनों को साकार करना ही मेरा संकल्प है और मैं इन्हें पूरा करके रहूंगा. तस्वीर में राजीव गांधी ने बेटे राहुल के कंधों पर हाथ रखे हुआ और और वो दोनों एक दूसरे को देखकर मुस्कुरा रहे हैं. वहीं एक और तस्वीर में राहुल गांधी ने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए दिखाई दे रहे हैं.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 34वीं पुण्यतिथि पर वीर भूमि पर श्रद्धांजलि अर्पित की.
बहुमत वाली सरकार के अंतिम कांग्रेसी प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 34वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आज उनकी पुण्यतिथि पर मैं हमारे पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.
राजीव गांधी 1984 से 1989 तक बहुमत वाली सरकार का नेतृत्व करने वाले अंतिम कांग्रेसी प्रधानमंत्री थे. 1991 में आज ही के दिन तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनाव प्रचार के दौरान श्रीलंका स्थित आतंकवादी संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम ने उनकी हत्या कर दी थी. उनके बेटे राहुल गांधी वर्तमान में लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं.
आज राजीव गांधी की पुण्यतिथि, पीएम समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
21 May, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज पुण्यतिथि है। उनकी आज ही के दिन 21 मई 1991 को हत्या कर दी गई थी। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
पीएम ने लिखा, आज उनकी पुण्यतिथि पर मैं हमारे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। पीएम मोदी के अलावा अन्य नेताओं ने भी उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
भारत के सबसे युवा पीएम थे राजीव गांधी
पीएम मोदी के अलावा अन्य नेताओं ने भी उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित की। 40 साल की उम्र में वह भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने थे। राजीव गांधी का नजरिए बेहद आधुनिक था और वह भारत को भ्रष्टाचारमुक्त बनाने की चाह रखते थे।
आज मनाया जाता आतंकवाद विरोधी दिवस
वहीं आज राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आज आतंकवाद विरोधी दिवस मानाया जाता है। यह भारत में हर साल 21 मई को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मनाया जाता है। यह दिन आतंकवाद और हिंसा से उत्पन्न गंभीर खतरों और व्यक्तियों, समाज और राष्ट्र पर इनके प्रभाव के बारे में सभी क्षेत्रों के लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है।
आतंकवाद विरोधी दिवस पर, भारत भर के सभी सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक संस्थान आतंकवाद विरोधी शपथ लेकर इस दिन को मनाते हैं।
इस दिन का उद्देश्य राष्ट्रीय सद्भाव को बढ़ावा देना, आतंकवाद को कम करना और सभी जातियों, पंथों और लिंगों के लोगों को एकजुट करना है। 'आतंकवाद' की बात करें तो यह दिन बहुत महत्वपूर्ण है।
डेरी क्षेत्र में होंगी तीन नई बहुराज्यीय सहकारी समितियां: अमित शाह
21 May, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि डेरी क्षेत्र के लिए तीन नई बहुराज्यीय सहकारी समितियों की स्थापना की जाएगी। इसका उद्देश्य पशु चारा, गोबर प्रबंधन और मृत पशुओं के अवशेषों के उपयोग पर ध्यान केंद्रित करना है।
श्वेत क्रांति 2.0 के तहत डेरी क्षेत्र का सतत विकास किया जाएगा
उन्होंने कहा कि श्वेत क्रांति 2.0 के तहत डेरी क्षेत्र का सतत विकास किया जाएगा। अमित शाह ने सहकारी डेरी क्षेत्र में स्थिरता पर एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जब हम श्वेत क्रांति 2.0 की ओर बढ़ रहे हैं तो हमारा लक्ष्य केवल डेरी सहकारिता का विस्तार करना और उन्हें दक्ष एवं प्रभावी बनाना ही नहीं होना चाहिए बल्कि डेरी के एक ऐसे पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना चाहिए, जो सतत हो और चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देता हो।
एकीकृत सहकारिता के नेटवर्क का सृजन करना होगा
उन्होंने कहा कि अगर किसानों की आय में बढ़ोतरी करनी है तो हमें एकीकृत सहकारिता के नेटवर्क का सृजन करना होगा, जहां ज्यादातर कार्य पारस्परिक सहयोग और सहकारिताओं के बीच में ही हों।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के 'सहकार से समृद्धि' के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए डेरी क्षेत्र के लिए तीन बहुराज्यीय सहकारी समितियों की स्थापना का निर्णय लिया गया है।
पशुओं के अवशेषों के चक्रीय उपयोग को बढ़ावा देगी
पहली समिति पशु चारा उत्पादन, रोग नियंत्रण और कृत्रिम गर्भाधान पर काम करेगी। दूसरी गोबर प्रबंधन के मॉडल विकसित करेगी और तीसरी मृत पशुओं के अवशेषों के चक्रीय उपयोग को बढ़ावा देगी।
क्रेडिट का प्रत्यक्ष लाभ किसानों तक पहुंचाया जाए
शाह ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि वैज्ञानिक मॉडल के माध्यम से कार्बन क्रेडिट का प्रत्यक्ष लाभ किसानों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने दुग्ध संघों एवं सहकारी समितियों को सशक्त बनाने और डेरी संयंत्रों में खाद्य प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। ये सभी प्रयास न केवल किसानों की आय में वृद्धि करेंगे बल्कि डेयरी क्षेत्र को अधिक सतत एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होंगे।
सहकारिता मंत्री ने अमूल जैसे सफल सहकारी मॉडल का जिक्र करते हुए कहा कि 'सहकार से समृद्धि' का विजन आज साकार हो रहा है। इसमें 'सहकारिता में सहकार' एक अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि सहकारिता मंत्रालय विभिन्न मंत्रालयों और हितधारकों के साथ मिलकर न केवल डेरी क्षेत्र में इस सफलता को आगे बढ़ा रहा है बल्कि ग्राम स्तरीय सहकारी समितियों को अन्य गतिविधियों से भी जोड़कर उन्हें विस्तारित और मजबूत कर रहा है। ये सभी प्रयास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को समेकित रूप से हासिल करने में सहायक सिद्ध होंगे।
ये लोग भी रहे मौजूद
उन्होंने सहकारिता के उन्नयन के लिए कार्य कर रही राष्ट्रीय संस्थाओं जैसे राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड, नाबार्ड आदि की सराहना की। बैठक में सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल सिंह गुर्जर और मुरलीधर मोहाल भी उपस्थित रहे।
सिक्किम राज्य स्थापना की स्वर्ण जयंती पर पीएम मोदी होंगे शामिल
21 May, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 मई को सिक्किम आ रहे हैं। वह सिक्किम के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। सिक्किम को राज्य का दर्जा 50 साल पहले मिला था।
मुख्यमंत्री के आमंत्रण को प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और उन्हें समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री के आमंत्रण को प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया है।
ऑपरेशन सिंदूर की भी होगी बात
उन्होंने 29 मई को सिक्किम आने और इस ऐतिहासिक अवसर को राज्यवासियों के साथ साझा करने की सहमति दी है। मुख्यमंत्री ने अपने इंटरनेट मीडिया पोस्ट में उल्लेख किया कि उन्होंने हाल ही में आतंकवाद के खिलाफ देश की ऐतिहासिक उपलब्धि 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी।
ऑपरेशन की सफलता ने न केवल राष्ट्रीय गौरव को बढ़ाया है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की शक्ति और दृढ़ संकल्प को भी प्रदर्शित किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने सिक्किम राज्य और वहां के लोगों के प्रति अपने निरंतर समर्थन और मार्गदर्शन को दोहराया।
समारोह राजधानी गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में होगा
समारोह राजधानी गंगटोक के पालजोर स्टेडियम और मनन भवन में आयोजित होगा। बता दें कि सिक्किम ने 16 मई को राज्य का 50वां वर्ष पूरा किया है। इसके बाद देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का 17 और 18 मई को सिक्किम दौरा निर्धारित था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका दौरा रद हो गया।
हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी, तापमान में गिरावट के आसार
21 May, 2025 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश भर में मौसम तेजी से बदल रहा है। दिल्ली एनसीआर के साथ-साथ देश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का भयंकर रूप देखने को मिल रहा है। IMD ने मौसम को लेकर लेटेस्ट अपडेट जारी किया है। बताया जा रहा है कई राज्यों गर्मी से राहत मिल सकती है।
दिल्ली एनसीआर में आने वाले दिनों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बात करें अगर यूपी, हरियाणा पंजाब की तो इन राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है। इन इलाकों में बादल गरजने के साथ बारिश की संभावना है।
यूपी के कई जिलों में होगी बारिश
23 से 26 मई तक तीन दिन यूपी के ज्यादातर इलाकों में बारिश होगी, इस वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। प्रयागराज, मीरजापुर, बाराबंकी, गोंडा, संत कबीर नगर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में बादल गरजने के साथ बारिश का अनुमान जताया है। वहीं प्रदेश के बांदा जिले में कल सबसे ज्यादा 45 से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है।
राजस्थान में रहेगी गर्मी
वहीं राजस्थान में अभी लू का दौर जारी रहेगा। बताया जा रहा है बीकानेर, जोधपुर में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है । बिहार के कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
साथ ही अगर दक्षिण राज्यों की अगर बात करें तो दक्षिण के बेंगलुरु में सड़के पानी से लबालब हैं और कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। ऐसे में उपमुख्यमंत्री स्थिति पर पूरी नजर रखे हुए हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने बताया है, 70 प्रतिशत इलाकों में बाढ़ की समस्या का समाधान कर लिया गया है।
महाराष्ट्र में बारिश
महाराष्ट्र के कई जिलों समेत मुंबई महानगर में कल शाम जमकर बारिश हुई। एक घंटे की बारिश में कई अंधेरी सबवे में पानी भर गया। बताया जा रहा है आने वाले दिनों में भी तेज बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा में भी आने वाले दिन में बारिश की संभावना जताई गई है।
साडा अध्यक्ष पद के लिए अशोक शर्मा का नाम चर्चा में
श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक 30 को बैठक में होंगे कई महत्वपूर्ण निर्णय
बंगाल में कानून-व्यवस्था पर घमासान, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप
विधानसभा-1 के वार्ड 9 से अभियान का शुभारंभ, जनभागीदारी पर जोर
