देश
मानसून की समय से पहले दस्तक का महत्व
24 May, 2025 11:43 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केरल में मानसून अगले 24 घंटों में दस्तक देने वाला है। यह अपने तय समय से करीब एक सप्ताह पहले चल रहा है। इस साल केरल में मानसून का आगमन पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी होने वाला है। राज्य में मानसून के आगमन के लिए सभी अनुकूल परिस्थितियां तैयार हो गई हैं। पिछले दो दिनों में केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। यह कम दबाव वाले क्षेत्र और आगे बढ़ते मानसून सिस्टम के संयोजन के कारण हुई है। पिछली बार राज्य में मानसून इतनी जल्दी 2009 और 2001 में पहुंचा था। तब यह 23 मई को राज्य में पहुंचा था। आमतौर पर मानसून केरल में 1 जून को दस्तक देता है। हालांकि, सबसे पहले 1918 में 11 मई को मानसून ने केरल में दस्तक दे दी थी। देरी से मानसून के आने का रिकॉर्ड 1972 में था, जब मानसूनी बारिश 18 जून से शुरू हुई थी। पिछले 25 वर्षों में सबसे देरी से मानसून का आगमन 2016 में हुआ था, जब मानसून ने 9 जून को केरल में प्रवेश किया था। दक्षिणी राज्यों में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को केरल, तटीय-दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से भारी वर्षा की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने कहा कि 29 मई तक केरल और तटीय कर्नाटक में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलेंगी। तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी अगले पांच दिनों में छिटपुट बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
पूर्व-मध्य अरब सागर पर एक दबाव बना
दक्षिण कोंकण तट के पास पूर्व-मध्य अरब सागर पर एक दबाव बना है। यह 24 मई की सुबह रत्नागिरी से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित था। इसके पूर्व की ओर बढ़ने और आज सुबह रत्नागिरी और दापोली के बीच तट को पार करने की उम्मीद है।
बीते साल 30 मई को मानसून ने दी थी दस्तक
पिछले साल 30 मई को दक्षिणी राज्य में मानसून ने दस्तक दी थी। 2023 में मानसून 8 जून को, 2022 में 29 मई को, 2021 में 3 जून को, 2020 में 1 जून को, 2019 में 8 जून को और 2018 में 29 मई को केरल पहुंच था। आईएमडी ने अप्रैल में 2025 के मानसून सीजन में सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान लगाया था। इसमें अल नीनो की स्थिति की संभावना को खारिज कर दिया गया था। अल नीनो भारतीय उपमहाद्वीप में सामान्य से कम वर्षा से के लिए जिम्मेदार होता है।
ऐसी रहती है देश में मानसून की गति
आम तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 1 जून तक केरल में दस्तक देता है। इसके बाद 8 जुलाई तक यह पूरे देश को कवर कर लेता है। यह 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू करता है और 15 अक्तूबर तक पूरी तरह से वापस चला जाता है।
आपके राज्य के लिए पूर्वानुमान
महाराष्ट्र: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार दोपहर को महाराष्ट्र के तटीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया। रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई में गरज के साथ बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश और अलग-अलग इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
गोवा: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गोवा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें रविवार तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तटीय राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई है।
दिल्ली-एनसीआर: दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
झारखंड: अगले कुछ दिनों में झारखंड में तेज हवा के साथ गरज के साथ बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया गया है। मौसम कार्यालय के अनुसार 29 मई तक अधिकतम तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच सामान्य से कम रहने की संभावना है।
कोविड-19 की नई लहर? दिल्ली समेत कई राज्यों में संक्रमण बढ़ा
24 May, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरोना एक बार फिर लोगों को डराने लगा है। दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, केरल और कर्नाटक समेत कई राज्यों में कोविड-19 एक बार फिर पैर पसारने लगा है। भारत में मौजूदा समय में 312 एक्टिव कोरोना केस सामने आए हैं। इसमें दिल्ली से 23, हरियाणा से 5, गुजरात से 33, महाराष्ट्र से 56 केस सामने आए हैं। आइए जानतें हैं किस राज्य में कितने कोविड-19 के मामले सामने आए हैं:
उत्तर प्रदेश- 4
कर्नाटक- 16
केरल- 95
तमिलनाडु- 66
पुडुचेरी- 10
पश्चिम बंगाल- 1
सिक्किम- 1
देश में राजधानी में कोरोना का 23 मामले सामने आए
दिल्ली में कोरोना के 23 मामले गुरुवार तक सामने आए हैं। इसके मद्देनजर शुक्रवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी व निजी अस्पतालों के चिकित्सा निदेशक व चिकित्सा अधीक्षकों को दिशा निर्देश जारी कर अलर्ट किया है। इसके तहत अस्पतालों को जांच व निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने अस्पतालों में सभी को मास्क पहनने के निर्देश दिए हैं। ताकि संक्रमण का फैलाव ज्यादा न होने पाए। डा. ने कहा कि लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। सरकार यह सत्यापित करने में जुटी है कि पीड़ित मरीज दिल्ली के रहने वाले हैं या बाहर से यात्रा करके लौटे हैं।
कोविड के बढ़ते मामलों से लड़ने के लिए सरकार मुस्तैद
कोविड-19 के बढ़ते मामले को देखते हुए राज्य सरकार अलर्ट मोड पर है। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग एहतियात बरतते हुए एडवायजरी भी जारी कर दी है। सभी अस्पतालों को बेड, दवा और ऑक्सीजन की व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर रखे हुए है और लोगों को आवश्यक सूचनाएं समय से जारी की जाएगी। सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देश में अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन बेड, एंटीबायोटिक, अन्य दवाएं व टीके का स्टाक रखने के लिए कहा है। साथ ही पर्याप्त वेंटिलेटर, आक्सीजन मास्क, आक्सीजन कांसेंट्रेटर व आक्सीजन प्लांट तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। गाजियाबाद में कोरोना के चार मरीज मिले, अस्पतालों में निगरानी बढ़ाई गई गाजियाबाद, जासं: जिले में कोरोना के चार मरीज मिले है।
स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट के आधार पर निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार बृज विहार गाजियाबाद की 18 वर्षीय युवती को 18 मई 2025 से खांसी, जुकाम, बुखार की शिकायत थी। युवती यशोदा अस्पताल कौशांबी में जांच के बाद कोरोना संक्रमित मिली। उधर, वसुंधरा के दंपती जो बेंगलूरू से 13 मई 2025 को वापस गाजियाबाद लौटे थे।
दिल्ली में गुरुवार तक आए 23 मामले, अस्पतालों में मास्क पहनने का निर्देश
पॉजिटिव सैंपल की लोकनायक अस्पताल में होगी जीनोम सीक्वेंसिंग
हरियाणा, गुजरात और यूपी में पिछले 48 घंटों में कोरोना का मामलों में इजाफा
दिल्ली से सटे हरियाणा में पिछले दो दिनों में 5 नए कोरोना मरीज की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने पीजीआई रोहतक में बेड रिर्जव कर दिया है और स्क्रिनिंग तेज कर दी है। वहीं गुजरात में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते दिन गुजरात के अहमदाबाद में 20 नए मामले सामने आए।
कोरोना का ये नया वैरिएंट बना चिंता का सबब
देश भर में फैल रहे मौजूदा नए मामले में एक नए वैरिएंट को देखा गया है। नए वैरिएंट JN.1 और उसके सब-वैरिएंट्स LF7 और NB1.8 को नए वैरिएंट को जिम्मेदार माना जा रहा है। इस वैरिएंट के बारे में अब तक ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि ये कितना खतरनाक है।
अर्थव्यवस्था पर फोकस के साथ नीति आयोग की अहम बैठक आज
24 May, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को दिल्ली में स्थित भारत मंडपम में नीति आयोग की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के बाद प्रधानमंत्री और सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच यह पहली बड़ी वार्ता है।
नीति आयोग के एक बयान के अनुसार, बैठक में विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी राज्यों के साथ 'टीम इंडिया' के रूप में काम करने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।
बैठक में अर्थव्यवस्था पर फोकस
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अर्थव्यवस्था पर फोकस करना होगा। अधिकारी के अनुसार, बैठक में बजट 2025-26 में की गई पहलों और भारतीय अर्थव्यवस्था के सामने आने वाली चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श होने की उम्मीद है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की ओर से लगाए गए टैरिफ के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था मुश्किलों का सामना कर रही है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था मंदी की ओर जाने, चीन की वृद्धि दर में भारी गिरावट आने और वैश्विक स्तर पर देशों में आर्थिक गतिविधियों में मंदी आने की संभावना के बावजूद भारत की चालू वित्त वर्ष में वृद्धि दर 6.2 से लेकर 6.7 फीसदी के दायरे में रहने की उम्मीद है।
अतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व बैंक ने अनिश्चित माहौल और उच्च व्यापार तनाव का हवाला देते हुए 2025-26 के लिए भारत के विकास अनुमानों को घटाकर क्रमश: 6.2 और 6.3 फीसदी कर दिया है।
पिछले साल 10 राज्यों ने बैठक में नहीं लिया था हिस्सा
बता दें, नीति आयोग की शीर्ष संस्था गवर्निंग काउंसिल में सभी मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और केंद्रीय मंत्री शामिल हैं। पीएम मोदी नीति आयोग के अध्यक्ष हैं। पिछले साल नीति आयोग गवर्निंग काउंसिल की बैठक में 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने हिस्सा नहीं लिया था।
महाराष्ट्र में भारी बारिश का अनुमान, प्रशासन हुआ अलर्ट
24 May, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गर्मी की मार से अभी कुछ समय राहत मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार लू से राहत का सिलसिला जारी रहेगा। शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हल्की बारिश होने, गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना भी बनी रहेगी। वहीं, महाराष्ट्र में भारी बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में शुक्रवार से अगले कई दिनों तक को तूफान और ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उधर पंजाब में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। यहां मौसम विभाग ने कई जिलों में लू चलने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है।
बारिश के साथ तूफान का प्रकोप
पिछले कुछ दिनों में, दिल्ली और आसपास बीच-बीच में हल्की बारिश के साथ तूफान का प्रकोप भी दिखा है। बुधवार को, भारी बादलों, बारिश और तेज हवाओं ने पारा काफी नीचे लाने में मदद की। वर्तमान में, शहर में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच स्थिर हो गया है, जो इस महीने की शुरुआत की तुलना में एक उल्लेखनीय गिरावट है।
हिमाचल में कुछ स्थानों पर तूफान व दोपहर बाद शिमला सहित कई स्थानों पर बादल छाए। इस सबके बीच अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने शनिवार को सात जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में तूफान व ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 38.8, नेरी में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ग्लोबल वार्मिंग ने बिगाड़ा मौसम का मिजाज
इस वर्ष देश में मौसम का मिजाज सामान्य नहीं रहा। मई महीने को आमतौर पर झुलसाने वाली गर्मी के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार न तो गर्मी अपने चरम पर पहुंची और न ही पिछले दिसंबर में ठंड ने असर दिखाया।
भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) द्वारा जारी की गई हीटवेव चेतावनियां भी अपेक्षित रूप से सटीक साबित नहीं हो सकीं। दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है और मानसून इस बार तय समय से पहले दस्तक देने की ओर अग्रसर है।
वहीं, प्री-मानसून बारिश भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बेतरतीब ढंग से हो रही है। मई के महीने में बार-बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जो सामान्य मौसम चक्र से हटकर है।
जलवायु परिवर्तन के गंभीर और स्पष्ट संकेत
विशेषज्ञों का मानना है कि यह सभी घटनाएं जलवायु परिवर्तन के गंभीर और स्पष्ट संकेत हैं। आइएमडी के महानिदेशक डा. मृत्युंजय महापात्रा का कहना है कि इस बार मौसम का असामान्य व्यवहार सीधे तौर पर वैश्विक जलवायु परिवर्तन का परिणाम है।
उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी
पश्चिमी विक्षोभ की लगातार सक्रियता ने प्री-मानसून वर्षा को अनियंत्रित कर दिया है, जिससे तापमान में असामान्य गिरावट देखी गई है। उत्तर भारत के राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में औसत तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया है।
BSF अलंकरण समारोह में बोले अमित शाह, बांग्लादेश को याद दिलाई 1971 की जंग
23 May, 2025 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज 22वें बीएसएफ अलंकरण समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएसएप जवानों के शौर्य की कहानी को बताया। साथ ही भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बारे में भी उन्होंने बात की।
गृहमंत्री शाह ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर ने इस तथ्य को पूरी तरह उजागर कर दिया है कि भारत में आतंकवाद पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित है। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, एजेंसियों से प्राप्त सटीक खुफिया जानकारी और सशस्त्र बलों की घातक क्षमताओं को दिखाता है।
पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकियों को मारा: शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर बाद जब पाकिस्तान ने कुछ भारतीय नागरिक और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दुस्साहस किया तो भारत ने पाकिस्तान के अंदर 100 किलोमीटर तक हमला किया, जिसमें नौ आतंकवादी शिविर नष्ट कर दिए गए।
गृहमंत्री शाह ने कहा कि आतंकवादियों ने पहलगाम में एक चरम हमला किया, जिसमें उन्होंने चुनिंदा निर्दोष लोगों को चुना, उनका धर्म पूछा और महिलाओं और बच्चों सहित उनके परिवारों के सामने उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि यह पाप पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा किया गया था।
'ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की प्रतिक्रिया अलग थी'
गृहमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की प्रतिक्रिया अलग थी। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों को महज कुछ मिनटों में नष्ट कर दिया।
शाह ने कहा कि भारत की ओर से केवल आतंकी सिविरों पर हमला किया गया, पाकिस्तान के किसी भी नागरिक प्रतिष्ठानों पर हमला नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि हमने केवल पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि, पाकिस्तानी सेना ने इसे अपने ऊपर हमला माना। ऑपरेश सिंदूर के दौरान 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया।
बांग्लादेश को अमित शाह ने समझा दिया
वहीं, इस कार्यक्रम में बीएसएफ जवानों की सराहना करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश को स्पष्ट रूप से समझा दिया। बीएसएफ की सराहना करते हुए अमित शाह ने कहा कि 1971 के युद्ध में बीएसएफ द्वारा दिखाई गई बहादुरी और बांग्लादेश के निर्माण में बल द्वारा किए गए योगदान को भारत नहीं भूल सकता और न ही बांग्लादेश को इसे कभी भूलना चाहिए।
गृहमंत्री शाह ने बांग्लादेश को याद दिलाते हुए कहा कि बीएसएफ ने बांग्लादेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अन्याय के खिलाफ लड़ाई में सशस्त्र बलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बहादुरी का अनुकरणीय मानक स्थापित किया। गृह मंत्री ने कहा कि 2.75 लाख कर्मियों वाला बीएसएफ भौगोलिक चुनौतियों से ग्रस्त कुछ सबसे कठिन परिस्थितियों में काम कर रहा है।
1965 में हुआ था बीएसएफ का गठन
जानकारी दें कि सीमा सुरक्षा बल (BSF) का गठन साल 1965 में हुआ था। 1965 में गठित बीएसएफ पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ 6,000 किलोमीटर से अधिक लंबी भारतीय सीमाओं की रक्षा करता है। के एफ रुस्तमजी बीएसएफ के संस्थापक प्रमुख थे।
दर्शन होंगे अब और सुगम, कर्नाटक सरकार को मंदिर टास्क फोर्स की सिफारिश
23 May, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वरिष्ठ विधायक आर.वी. देशपांडे की अध्यक्षता वाले ‘ कर्नाटक प्रशासनिक सुधार आयोग-2’ ने सरकार से आग, भगदड़ और चिकित्सा संकट जैसी संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु मंदिर टास्क फोर्स (टीटीएफ) के गठन की सिफारिश की है. आयोग ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को अपनी आठवीं अनुशंसा रिपोर्ट सौंपी. मंदिर का कार्यबल श्रद्धालुओं के प्रवाह का बेहतर प्रबंधन कर सकता है और सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद कर सकता है. आयोग ने अपनी सिफारिश में कहा कि इससे भगदड़ जैसी दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा.
टास्क फोर्स मंदिर सेवाओं के कुशल प्रबंधन को बढ़ावा देगा. आयोग ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करेगा कि टिकट काउंटरों, दर्शन कतारों और प्रसाद वितरण के लिए व्यवस्थित कतारें बनी रहें.
मंदिर टास्क फोर्स के कार्य क्या है?
मंदिर टास्क फोर्स सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करेगा, जैसे मंदिरों में प्रवेश बिंदुओं को नियंत्रित करना, बैरिकेड्स लगाना और व्यवधान व भीड़भाड़ से बचने के लिए दिशा-निर्देश प्रदान करना. यह एक व्यापक आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना बनाने के लिए स्थानीय प्राधिकारियों, चिकित्सा सेवाओं और अग्नि सुरक्षा कर्मियों के साथ मिलकर काम करेगा. बड़े आयोजनों के दौरान, मंदिर के अंदर और आसपास अस्थायी चिकित्सा बूथ स्थापित करना और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाना आवश्यक हो सकता है. सिफारिश रिपोर्ट में कहा गया है कि मंदिर टास्क फोर्स इस संबंध में भी काम करेगा.
टास्क फोर्स स्पष्ट संकेत, लाउडस्पीकर और अन्य संचार उपकरणों का उपयोग करके श्रद्धालुओं को कतार प्रणाली, प्रवेश और निकास बिंदु, सुरक्षा प्रोटोकॉल और मंदिर के समय या प्रक्रियाओं में किसी भी बदलाव के बारे में सूचित करेगी. तदनुसार, आयोग ने सिफारिश की है कि हिंदू धार्मिक संस्थाओं और दानों के लिए उचित प्रावधानों में संशोधन किया जा सकता है.
बेंगलुरु मेट्रो में महिला यात्रियों की निजता भंग: इंस्टाग्राम अकाउंट संचालक गिरफ्तार, जांच जारी
23 May, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु: बेंगलुरु मेट्रो में महिला यात्रियों की तस्वीरें उनकी अनुमति के बिना इंस्टाग्राम पर साझा करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। इस मामले में बुधवार को अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
ऐसे सामने आया मामला
यह मामला तब उजागर हुआ जब सोशल मीडिया पर 'बैंगलोर मेट्रो चिक्स' नामक इंस्टाग्राम अकाउंट पर नम्मा मेट्रो में सफर कर रही महिलाओं की अनधिकृत तस्वीरें साझा की गईं। इस अकाउंट के 5,000 से अधिक फॉलोअर्स थे और यह तेजी से वायरल हो रहा था। सोशल मीडिया पर लोगों के भारी विरोध के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया। इसके बाद पेज से सभी तस्वीरें हटा दी गईं।
कैसे दर्ज हुआ केस
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, विवादित तस्वीरें मेट्रो कोच और प्लेटफॉर्म के भीतर ली गई थीं। इन महिलाओं ने न तो तस्वीरें खिंचवाने की अनुमति दी थी और न ही उनके सोशल मीडिया पर उपयोग की सहमति दी गई थी। यह मामला तब गंभीर हुआ जब एक सोशल मीडिया यूज़र ने 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर इस अकाउंट को टैग कर बेंगलुरु सिटी पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और अब संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।
30 मई को कानपुर दौरे पर पीएम मोदी, पहलगाम आतंकी हमले के शुभम द्विवेदी के परिजनों से करेंगे मुलाकात
23 May, 2025 04:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कानपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 मई को सवा दो घंटा शहर में रहेंगे. पहलगाम आतंकी घटना के कारण 24 अप्रैल को उनके रद हुए कार्यक्रम के अनुरूप ही फिलहाल प्रशासन तैयारी में जुट गया है. आतंकी घटना में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी के स्वजन को भी पीएम से मिलाने की तैयारी है. इसके लिए सांसद रमेश अवस्थी ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को पत्र लिखकर उनका ब्योरा भेजा है. वहीं, सीएसए मैदान में फिर पंडाल सजने लगा है. अफसरों की इस पर पैनी निगाह है.
मेट्रो रूट भ्रमण भी हो सकता है शामिल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 24 अप्रैल के शहर में कार्यक्रम में नयागंज से रावतपुर मेट्रो स्टेशन तक भ्रमण का जिक्र नहीं था. इस बार इसमें बदलाव हो सकता है. बाकी अभी तक प्रधानमंत्री के पहले की ही तरह 30 मई को अपराह्न 2:40 बजे चकेरी एयरपोर्ट पर पहुंचने की बात कही जा रही है. वह 2:45 बजे एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगे. 3:05 बजे सीएसए स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे. 3:15 बजे कार्यक्रम स्थल पर आएंगे, जहां 4:15 बजे तक यानी एक घंटा संबोधन समेत अन्य कार्य करेंगे. 4:30 बजे सीएसए हेलीपैड प्रस्थान करके 4:50 बजे चकेरी एयरपोर्ट आएंगे. वहां से 4:55 बजे विशेष विमान से प्रस्थान करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय से कार्यक्रम या समय में कोई भी बदलाव अभी संभव है. एसपीजी के भी एक से दो दिन में पहुंचने की उम्मीद है. 20,656 करोड़ रुपये की मेट्रो, पावर प्लांट, दक्षिण में अस्पताल समेत दूसरी 11 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास पहले से तय हैं, जबकि कुछ नई योजनाएं जोड़ी जा सकती हैं.
पीएम मोदी को सांसद ने लिखा भावुक पत्र
सांसद रमेश अवस्थी ने पीएम मोदी को भेजे पत्र में कहा है कि पहलगाम आतंकी हमले में हाथीपुर के रघुवीर नगर के शुभम द्विवेदी को आतंकियों ने मार दिया था. आपरेशन सिंदूर के तहत उसका बदला भी लिया जा चुका है. इससे व्यथित परिवार को कुछ सुकून मिला है. आपके अमूल्य समय से कुछ पल उन्हें मिलने से संबल मिलेगा. सांसद ने पत्र में शुभम की पत्नी एशान्या द्विवेदी, पिता संजय द्विवेदी, मां सीमा द्विवेदी, बहन आरती, चाचा मनोज कुमार द्विवेदी व भाई सौरभ द्विवेदी के नाम भेजे हैं. अनुरोध किया है कि सभी लोग कार्यक्रम स्थल पर आपसे भेंट करना चाहते हैं.
पहले की ही तरह फिर अफसरों को जिम्मा
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह 24 अप्रैल के कार्यक्रम जैसे ही फिर से अफसरों को जिम्मा दिया है. इसमें मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, मुख्य चिकित्साधिकारी डा.हरिदत्त नेमी, एडीएम सिटी डा. राजेश कुमार, एडीएम न्यायिक चंद्रशेखर, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, एसीएम प्रथम राजेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शिल्पी सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी आरती जयसवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह, जिला पंचायतीराज अधिकारी मनोज कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह व घाटमपुर, बिल्हौर, नर्वल व सदर तहसील के एसडीएम समेत अन्य अफसर पीएम के कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेंगे.
आंध्र प्रदेश में कोरोना को लेकर चेतावनी, बुजुर्ग और प्रेग्नेंट महिलाएं रहें सावधान
23 May, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पूरे देश में एक बार फिर कोविड-19 का संकट मंडरा रहा है. इसी के चलते आंध्र प्रदेश सरकार ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच एक एडवाइजरी जारी की है. सरकार ने बुजुर्गों (60 वर्ष से अधिक आयु के) और गर्भवती महिलाओं को सख्ती से घर के अंदर रहने की सलाह दी है.
साथ ही संक्रमण न फैले और जिन हालातों का देश ने पहले सामना किया था वो फिर से पैदा न हो जाए इसी के चलते सरकार ने एडवाइजरी जारी की है कि प्रार्थना सभा, सामाजिक समारोह, पार्टियां, समारोह वगैरह जैसे सभी सामूहिक समारोहों को रोकें. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों पर सभी लोग कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करें.
बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सलाह
कोविड-19 के समय बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को इससे अधिक बचने की जरूरत है. इसी के चलते एडवाइजरी में कहा गया, बुजुर्गों (60 वर्ष से अधिक) और गर्भवती महिलाओं को सख्ती से घर के अंदर रहने की सलाह दी जाती है. नियमित रूप से हाथ धोएं, खांसते/छींकते समय मुंह ढंकें और अपने चेहरे को छूने से बचें. ज्यादा वायरल फैलने वाले इलाकों में मास्क पहनें. अगर आप भीड़भाड़ वाले या खराब हवादार स्थान पर हैं, तो मास्क पहनने से वायरस के प्रसार को कम करने में मदद मिल सकती है.
साथ ही कोरोना के लक्षण होने पर तुरंत जांच करवाने की सलाह दी गई है. एडवाइजरी में कोविड-19 के टेस्ट की अहमियत बताते हुए कहा गया है कि कोविड-19 मामलों की जल्द पहचान करने और उन्हें अलग करने में जांच एक महत्वपूर्ण कदम है. कोविड प्रभावित देशों की यात्रा करने वाले व्यक्ति को जांच करवानी चाहिए.
कोरोना के लक्षण
साथ ही एडवाइजरी में कोरोना के लक्षण भी बताए गए हैं. कोरोना के लक्षण व्यक्ति के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं. बुखार या ठंड लगना, खांसी, थकान, गले में खराश, स्वाद या स्मैल का न होना, सिरदर्द, मांसपेशियों या शरीर में दर्द, बहती नाक या नाक बंद होना, उल्टी या दस्त शामिल है. अगर बताए गए लक्षण आपको अपने शरीर में दिखाई दें तो इसकी पुष्टि करने और इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य सुविधा पर जाएं. अगर आप बीमार हैं तो घर पर रहें-अगर आप अस्वस्थ महसूस करते हैं, तो घर पर आराम करके और संपर्क से बचकर दूसरों की सुरक्षा करें.
कोविड से निपटने के लिए तैयारी तेज
कोविड-19 अगर देश में बढ़ता है तो हालातों से निपटने के लिए अभी से तैयारी की जा रही है, स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्वास्थ्य सुविधाओं को मास्क, पीपीई किट और ट्रिपल-लेयर मास्क की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने का निर्देश दिया है. हाल ही में, भारत सहित कई एशियाई देशों ने कोविड-19 मामलों में की सूचना दी है, लेकिन अधिकारियों ने कहा है कि देश में हालात नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.
19 मई, 2025 तक, भारत में सक्रिय COVID-19 मामलों की संख्या 257 थी. सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय हालात पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं.
इलाहाबाद HC में दोपहर होगी सुनवाई, श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद पर टिकी निगाहें
23 May, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इलाहाबाद हाई कोर्ट में मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह विवाद पर आज दोपहर दो बजे सुनवाई होगी. 6 मई को हुई सुनवाई में मुस्लिम पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट में लंबित याचिकाओं का हवाला देते हुए स्थगन की मांग की, जबकि हिंदू पक्ष ने इसका विरोध किया था. हिंदू पक्ष की 18 याचिकाओं पर सुनवाई जारी है, जिसमें मस्जिद को विवादित ढांचा घोषित करने की मांग भी शामिल है. जस्टिस राम मनोहर नारायण मिश्रा की एकल पीठ मामले की सुनवाई कर रही है.
इलाहाबाद हाईकोर्ट में इस समय हिंदू पक्ष की तरफ से दायर की गई 18 याचिकाओं पर सुनवाई की जा रही है. इन्हीं याचिकाओं में एक एक याचिका में शाही ईदगाह मस्जिद को विवादित ढांचा घोषित करने की मांग की गई है. जिसका मुस्लिम पक्ष ने विरोध किया है.
इसके अलावा इस मामले में राधा रानी को पक्षकार बनाए जाने की मांग पर भी सुनवाई की जाएगी. हिंदू पक्ष ने राधा रानी को मामले में पक्षकार बनाने की मांग के लिए एप्लीकेशन दिया है. कहा है कि राधा रानी को पक्षकार बनाए मामले की सुनवाई अधूरी है. यह विवाद मथुरा में मुगल बादशाह औरंगजेब के समय की शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़ा है, जिसके बारे में कहा जाता है कि इसे भगवान कृष्ण के जन्मस्थान पर स्थित मंदिर को तोड़कर बनाया गया था.
सुप्रीम कोर्ट में 28 अप्रैल को हुई थी सुनवाई
मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह विवाद का मामला भले ही इलाहाबाद हाईकोर्ट में चल रहा हो, लेकिन पिछले दिनो एक याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई की गई थी. उस दोरान sc ने हाईाकोर्ट के फैसले को सही ठहराया था. इस याचिका में हिंदू पक्ष को अपनी याचिका में संशोधन करने और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को मामले में पक्षकार के रूप में जोड़ने की अनुमति दी गई थी.
उस दौरान पीठ ने कहा था कि एक बात स्पष्ट है, हिंदू वादियों द्वारा मूल याचिका में संशोधन की अनुमति दी जानी चाहिए. हिंदू पक्ष ने एक नया दावा करते हुए हाई कोर्ट का रुख किया था कि विवादित ढांचा एएसआई के तहत एक संरक्षित स्मारक है और पूजा स्थल संरक्षण अधिनियम भी ऐसे स्मारक पर लागू नहीं होगा.
ISRO प्रमुख का ऐलान: 2027 की पहली तिमाही में मानव अंतरिक्ष उड़ान का लक्ष्य
23 May, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने वर्ष 2025 को भारत के लिए 'गगनयान वर्ष' घोषित किया है। इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने कहा कि अब तक 7200 अंतरिक्ष मिशन पूरे हो चुके हैं और भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी द्वारा 3 हजार अन्य परीक्षण अभी भी लंबित हैं।
'क्या है गगनयान वर्ष'
कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए वी. नारायणन ने कहा, "यह वर्ष हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण वर्ष है और इसे हमने गगनयान वर्ष घोषित किया है। मनुष्यों को अंतरिक्ष में भेजने से पहले हमने तीन मानवरहित मिशनों की योजना बनाई है और इस वर्ष पहला मानवरहित मिशन की योजना है।"
इसरो प्रमुख ने कहा, "6 जनवरी को हमने आदित्य L1 अंतरिक्ष यान द्वारा एकत्र किए गए एक साल के वैज्ञानिक डाटा को जारी किया था। आप सभी जानते हैं कि आदित्य L1 अपने आप में एक अनूठा सैटेलाइट है और भारत उन चार देशों में से एक है जिसने सूर्य के अध्ययन के लिए सैटेलाइट स्थापित किया है।"
क्या है स्पैडेक्स मिशन?
वी. नारायणन ने स्पैडेक्स मिशन के पूरा होने पर खुशी जाहिर की और कहा कि इस मिशन को पूरा करने के लिए दस किलो ईंधन का प्रबंध किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि 2025 में कई मिशनों की योजना बनाई गई है, जिसमें नासा-इसरो सिंथेटिक एपर्चर रडार सैटेलाइट भी शामिल है, जिसे भारत के अपने प्रक्षेपण यान द्वारा लॉन्च किया जाएगा।
इसरो की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, स्पैडेक्स मिशन के तहत अंतरिक्ष में डॉकिंग को प्रदर्शित करने के लिए PSLV द्वारा लॉन्च किए गए दो छोटे स्पेसशिप का उपयोग करता है। वी. नारायणन ने कहा कि इसरो द्वारा दिसंबर 2025 तक 'व्योममित्र' नामक रोबोट के साथ पहला मानव रहित मिशन लॉन्च किया जाएगा, जिसके बाद दो और मानव रहित मिशन होंगे।
इस दिन अंतरिक्ष में इंसान भेजेगा ISRO
इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने बताया कि इसरो ने साल 2027 की पहली तिमाही तक पहली मानव अतंरिक्ष उड़ान का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष लगभग हर महीने एक प्रक्षेपण निर्धाति है।
227 यात्रियों की जान पर बना संकट, लाहौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने नहीं दी एंट्री
23 May, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो फ्लाइट बुधवार को खराब मौसम के चपेट में आ गई। विमान में बैठे यात्रियों ने इस दौरान टर्बुलेंस का सामना किया। विमान के भीतर का दृश्य देखकर सभी हैरान हो गए। इसके बाद पायलट ने श्रीनगर में एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इमरजेंसी की सूचना दी। बाद में इस विमान की सुरक्षित लैंडिंग की गई। इस विमान में 227 से अधिक यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
रिपोर्ट ने सूत्रों के हवाले से बताया कि खराब मौसम के दौरान विमान के पायलट ने लाहौर एअर फिक कंट्रोल से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति मांगी। हालांकि, इसके पाकिस्तान की ओर से इनकार कर दिया गया।
मामले की हो रही जांच
सूत्रों ने दावा किया कि उड़ान 6E 2142 में गंभीर टर्बुलेंस का सामना करने की घटना की नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा जांच की जा रही है। बता दें कि इस विमान में 200 से अधिक यात्री सवार थे। दिल्ली से श्रीनगर जा रहे विमान को अचानक ओलावृष्टि का सामना करना पड़ा। इसके बाद तुरंत पायलट ने इस बात की जानकारी एटीसी को दी, जिसके बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो सकी।
लाहौर एटीसी ने नहीं दी पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से गुजरने की अनुमति
बताया जाता है कि जिस समय यह इंडिगो का विमान अमृतसर के ऊपर से उड़ रहा था, उसी समय मौसम में बदलाव महसूस किए गए। जिसके बाद पायलट ने पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से गुजरने के लिए लाहौर एअर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से अनुमति मांगी। सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि पायल के इस अनुरोध को लाहौर एटीसी ने अस्वीकार कर दिया। जिसके बाद विमान को टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा और यात्रियो को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पाकिस्तान ने अपना एअरस्पेस भारतीय विमानों के लिए किया है बंद
दरअसल, 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान की ओर से अपना एअरस्पेस भारत के लिए बंद कर दिया गया है। ठीक इसी तरीके से भारत ने भी पाकिस्तानी एअरलाइनों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोग मारे गए थे।
एअरलाइन कंपनी का बयान आया सामने
उधर, गुरुवार को इस संबंध में विमान कंपनी इंडिगो की ओर से एक बयान जारी किया गया। विमान कंपनी ने अपने बयान में कहा कि 21 मई, 2025 को दिल्ली से श्रीनगर के लिए उड़ान भरने वाली उसकी उड़ान 6E 2142 अचानक ओलावृष्टि से बचती हुई श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतरी।
एअरलाइन कंपनी ने कहा कि उतरने पर सभी ग्राहकों की देखभाल की गई और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान वर्तमान में श्रीनगर में आवश्यक निरीक्षण और रखरखाव से गुजर रहा है और सभी मंजूरी मिलने के बाद परिचालन फिर से शुरू होगा।
बारिश-ओलों के साथ बदलेगा मौसम, उत्तर भारत में राहत तो कहीं आफत
23 May, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली एनसीआर, हरियाणा समेत उत्तर प्रदेश में बुधवार रात यकायक मौसम के बदले रुख ने जमकर तबाही मचाई। भीषण आंधी के साथ तेज वर्षा ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए। कच्चे मकानों की दीवारें ढह गईं। टीन शेड उड़ गए और कई स्थानों पर रास्ते पूरी तरह अवरुद्ध हो गए।
आज दिल्ली एनसीआर में तेज धूप निकलेगी
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर भारत और पूर्वोत्तर में भी मौसमी गतिविधियां देखने को मिलेंगी। आईएमडी का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में रविवार तक आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि आज दिल्ली एनसीआर में तेज धूप निकलेगी।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
यूपी, बिहार और राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों में आंधी और बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, केरल, कर्नाटक में भी भारी बारिश की संभावना है।
पंजाब में आज हीट वेव का येलो, कल ऑरेंज अलर्ट
पंजाब के कई जिलों में शुक्रवार को हीट वेव का येलो अलर्ट और शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। गुरुवार को जिला बठिंडा और फाजिल्का में दिन का तापमान सबसे अधिक 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजस्थान में तापमान पहुंचा 47 डिग्री सेल्सियस
राजस्थान इन दिनों लू की चपेट में है। गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीकानेर में 46.6, चूरू में 46.1, जैसलमेर में 46 डिग्री और पिलानी में 46.3 डिग्री सेल्सियस अधितम तापमान दर्ज किया गया है।
जोधपुर के जिलों में भीषण गर्मी
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन बीकानेर और जोधपुर के जिलों में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी जारी की है। दोनों जिलों में अधिकतम तापमान 46 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
वज्रपात से 21 लोग मरे
सबसे अधिक मौतें कानपुर और आसपास के जिलों में कानपुर और आसपास के जिलों में वज्रपात व अन्य मौसम जनित दुर्घटनाओं में सर्वाधिक 21 लोगों की मौत हो गई। ब्रज क्षेत्र व इससे सटे जिलों में आंधीजनित दुर्घटनाओं में 15 लोगों की जान गई। गाजियाबाद में दो, मेरठ और आसपास के क्षेत्र में सात लोगों की मौत की सूचना है।
अमरोहा में छत से गिरकर एक युवक की मृत्यु हुई
अमरोहा में छत से गिरकर एक युवक की मृत्यु हुई है। आंबेडकरनगर व आजमगढ़ में वज्रपात की चपेट में आने से एक-एक की मौत हो गई। एक व्यक्ति की मौत अमेठी में हो गई। इसी तरह मुरादाबाद में चार, बरेली में एक और झांसी में दो लोगों की मौत की खबर है।
विदेश मंत्रालय की चेतावनी: संबंध सुधारने हैं तो तुर्की को बदलना होगा रुख
22 May, 2025 09:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
India Turkey relations: पाकिस्तान का समर्थन करने वाले तुर्की को भारत ने कड़ा संदेश दिया है। भारत ने कहा कि वो पाकिस्तान से कहे कि आतंकवाद का समर्थन करना बंद कर दे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि तुर्की पाकिस्तान से सीमा पार आतंकवाद को अपना समर्थन बंद करने और दशकों से उसके द्वारा पोषित आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र के खिलाफ विश्वसनीय और सत्यापन योग्य कार्रवाई करने का पुरजोर आग्रह करेगा।
ट्रंप की टिप्पणी पर क्या बोले जायसवाल
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भारत और तुर्की के रिश्तों को लेकर कहा कि रिश्ते एक-दूसरे की चिंताओं के प्रति संवेदनशीलता के आधार बनते हैं। रणधीर जायसवाल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोलान्ड ट्रंप की टिप्पणी पर कहा कि पीओके पर हम किसी तीसरे देश की मध्यस्थता नहीं लेने वाले है। भारत और पाकिस्तान के बीच केवल आपस में ही इस मुद्दे पर बात होगी। किसी तीसरे देश की इसमें जरूरत नहीं है। लेकिन बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते है।
‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकता’
रणधीर जायसवाल ने सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने पर कहा कि यह संधि तब तक स्थगित रहेगी जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को बंद नहीं कर देता। खून और पानी एक साथ नहीं बह सकता।
पाकिस्तान को तुर्की ने उपलब्ध कराए हथियार
बता दें कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई में तुर्किये में निर्मित ड्रोनों का इस्तेमाल किया था। इसके अलावा पाकिस्तान को वैचारिक और नैतिक समर्थन के अलावा तुर्की ने हथियार भी मुहैया कराए।
तुर्की पाकिस्तान का करता रहा है समर्थन
इससे पहले सरकार ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा था कि तुर्की निर्मित ड्रोन का इस्तेमाल लद्दाख के लेह से लेकर गुजरात के सर क्रीक तक पूरी पश्चिमी सीमा पर 36 जगहों पर भारतीय हवाई क्षेत्र में कई बार घुसपैठ और उल्लंघन करने के लिए किया गया था। बता दें कि तुर्की लंबे समय से जम्मू-कश्मीर में भारतीय क्षेत्र पर आक्रमण और अवैध कब्जे में पाकिस्तान का समर्थन करता रहा है।
आतंकवाद पर भारत का तुर्की को दो-टूक संदेश: पाकिस्तान पर दबाव डाले
22 May, 2025 06:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच कई दिनों से चल रहे तनाव में तुर्की ने खुलकर इस्लामाबाद का साथ दिया था, जिसके बाद अब भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। तुर्की को खरी-खोटी सुनाते हुए भारत ने कहा है कि उसे पाकिस्तान से सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना बंद करने और दशकों से पोषित आतंकवादी पारिस्थितिकी तंत्र के खिलाफ उचित कार्रवाई करने के लिए कहना चाहिए। तुर्की के मामले में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमें उम्मीद है कि तुर्की पाकिस्तान से सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना बंद करने और दशकों से पोषित आतंकवादी पारिस्थितिकी तंत्र के खिलाफ विश्वसनीय और सत्यापन योग्य कार्रवाई करने का आग्रह करेगा।
संबंध एक-दूसरे की चिंताओं के प्रति संवेदनशीलता के आधार पर बनते हैं।" इसके अलावा सेलेबी मामले में विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस बारे में तुर्की दूतावास से चर्चा की गई है। उन्होंने कहा, "लेकिन मैं समझता हूं कि यह विशेष निर्णय नागरिक उड्डयन सुरक्षा द्वारा लिया गया था।" एक महीने पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया और पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए।
इस दौरान कई दिनों तक दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात रहे। चीन और तुर्की ने खुलकर पाकिस्तान का साथ दिया। तुर्की ने तो पाकिस्तान को साढ़े तीन सौ से ज़्यादा ड्रोन भी दिए और उन्हें ऑपरेट करने के लिए ऑपरेटिव भी भेजे। पाकिस्तान ने कई दिनों तक जम्मू से लेकर गुजरात तक इन ड्रोन से भारत पर हमला करने की कोशिश की, जिसे नाकाम कर दिया गया। इसके बाद से पाकिस्तान के साथ-साथ तुर्की के साथ भी भारत के रिश्तों में दरार आने लगी है।
साडा अध्यक्ष पद के लिए अशोक शर्मा का नाम चर्चा में
श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक 30 को बैठक में होंगे कई महत्वपूर्ण निर्णय
बंगाल में कानून-व्यवस्था पर घमासान, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप
विधानसभा-1 के वार्ड 9 से अभियान का शुभारंभ, जनभागीदारी पर जोर
