देश
दिल्ली पुलिस ने पकड़ा 'फर्जी कर्नल', युवाओं से करता था ठगी
2 Jun, 2025 11:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली पुलिस ने सेना के एक फर्जी अफसर की गिरफ्तारी की है. गिरफ्तार किए गए आरोपी ने खुद को सेना का कर्नल बताया. फिर युवाओं को सेना में नौकरी दिलाने और सेना कल्याण आवास संगठन (एडब्ल्यूएचओ) में फ्लैट और दुकान दिलाने के नाम पर झांसा दिया और ठगी की. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उसे पंजाब के पटियाला से गिरफ्तार किया है. आरोपी यहां अपने पूरे परिवार को छोड़कर एक वृद्धा आश्रम में पुलिस से बचने के लिए छिपा हुआ था.
शनिवार को सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान सीताराम गुफ्ता उर्फ सीताराम सिंगला के रुप में हुई है. वो 77 साल का है. आरोपी ने पंजाब यूनिवर्सिटी से अर्धशास्त्र में एमए किया है. बताया जा रहा है कि आरोपी दिल्ली में सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन मामलों में शामिल था.
साल 2007 में की थी ठगी शिकायत
क्राइम ब्रांच की डीसीपी अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि विवेक विहार के रहने वाले बैंक कर्मचारी अनिल निगम ने साल 2007 में ठगी की शिकायत दी थी. पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने खुद को दिल्ली में तैनात सेना के कर्नल रैंक का अफसर बताते हुए सेना कल्याण आवास संगठन में फ्लैट दिलाने के नाम पर उनसे 56 हजार रुपये लिए.
कोर्ट ने आरोपी को किया भगौड़ा घोषित
अपूर्वा गुप्ता के अनुसार, पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि पैसे लेने के बाद आरोपी ने उनको रसीदें दीं, लेकिन जांंच करने पर वो फर्जी निकलीं. बाद में पीड़ित की शिकायत पर विवेक विहार थाने में मामला दर्ज किया गया. आरोपी की गिरफ्तारी भी की गई. पुलिस ने उसके खिलाफ कड़कड़डूमा कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की. बाद में उसे जमानत मिल गई. इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था. बाद में कोर्ट ने उसे भगौड़ा घोषित कर दिया.
आरोपी सेना में करता था तेल आपूर्ति
आरोपी सीताराम का जन्म हरियाणा के सिरसा के मंडी डबवाली में हुआ था. बाद में उसका परिवार पंजाब के मनसा में रहने लगा. वह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अर्थशास्त्र का छात्र था. पंजाब विश्वविद्यालय में वह उसके प्रोफेसर थे. आरोपी ने शुरू में सेना में तेल ठेकेदार के रूप में काम किया. उसने पूरे भारत की अलग अलग छावनी एरिया में तेल की आपूर्ति शुरू की. इस दौरान उसने सेना के अफसरों के सभी रैंक और भर्ती प्रक्रिया के बारे में जान लिया.
इसके बाद 1987 में वह दिल्ली आया और उसने एक तेल ठेकेदार के रूप में यहां काम करने लगा. साथ ही खुद को सेना का कर्नल बताकर लोगों से ठगी करना भी शुरु कर दिया है.
देश पर मौसम की दोहरी मार: पूर्व में बाढ़, पश्चिम में सूखा, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
2 Jun, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Weather Update: देश में समय से पहले आया दक्षिण पश्चिम मानसून महाराष्ट्र में आकर ठिठक गया है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बनी स्थिति के कारण मानसून तेजी से आगे बढ़ा था। अब वह स्थितियां कमजोर होने लगी है। ऐसे में मानसून 26 मई से 1 जून तक मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानी, पटना, पुरी के आसपास अटका हुआ है। वहीं देश के पूर्वोत्तर में भारी बारिश व बाढ़ का सिलसिला जारी है।
सिक्किम में 1500 पर्यटक फंसे
सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में पिछले कई दिनों से जारी बारिश और भूस्खलन सड़कें अवरुद्ध हो गईं और करीब 1500 पर्यटक फंस गए। चुंगथांग को लाचेन और लाचुंग से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पर्यटक परमिट जारी करना रोक दिया गया है।
पूर्वोत्तर में 32 की मौत
पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश और बाढ़ के कारण हुए हादसों में अभी तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मिजोरम में भारी नुकसान हुआ है। असम में बाढ़ के कारण 78,000 लोग प्रभावित हुए है। रेल सेवाएं भी बाधित हुई हैं। मणिपुर में आई बाढ़ के बाद उपजे हालात में भारतीय सेना और असम राइफल्स ने ‘ऑपरेशन ‘ऑपरेशन जल राहत 2’ शुरू किया। लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है।
नासिक में होने वाले कुंभ की तारीखों का ऐलान
1 Jun, 2025 11:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नासिक । महाराष्ट्र के नासिक में 2027 में होने वाले सिंहस्थ कुंभ को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें देश भर से आए साधु-संत और प्रमुख अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सीएम फडणवीस ने त्र्यंबकेश्वर में सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 की तैयारी बैठक से पहले विभिन्न अखाड़ों के सम्मानित महंतों का पारंपरिक स्वागत किया और उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही बैठक में अमृत स्नान और प्रमुख पर्वों की तारीख निश्चित कर ली गई है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में नासिक में आयोजित बैठक में कुंभ को लेकर रूपरेखा तय की गई। इसे लेकर सीएम फडणवीस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, त्र्यंबकेश्वर, नासिक में होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले 2027 की पूर्व तैयारी बैठक में अमृत स्नान और प्रमुख पर्वों की तारीख निश्चित कर ली गई है। हमारी गोदावरी मां की निर्मल धारा अविरल बहती रहे, इस दृष्टि से कई योजना बनाई गई है। इस हेतु इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हमने 4000 करोड़ रुपये के कार्यों की शुरुआत के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं, जबकि लगभग 2000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पाइपलाइन में हैं।
साधु-संतों के लिए जमीन खरीदी जाएगी। तपोवन की जमीन खाली कराई जाएगी। गोदावरी नदी की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस बार 13 अखाड़े कुंभ मेले में भाग लेंगे। श्रद्धालु जगतगुरु शंकराचार्य और साधु-संतों के दर्शन कर सकेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ मंत्री गिरीश महाजन, दादा भुसे, महंत हरी गिरी, और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। नासिक में 2027 का सिंहस्थ कुंभ भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस बार कुंभ में तीन शाही स्नान और 45 कुंभ स्नान होंगे। पहला शाही स्नान 2 अगस्त 2027 को सोमवती अमावस्या के दिन होगा। दूसरा शाही स्नान 31 अगस्त 2027 को होगा। तीसरा शाही स्नान 11 सितंबर 2027 को एकादशी के दिन होगा। 24 जुलाई को अखाड़ों का ध्वजारोहण किया जाएगा, जिससे कुंभ की औपचारिक शुरुआत होगी। नासिक के पंचवटी और त्र्यंबकेश्वर में कुंभ मेला आयोजित होगा।
पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात, कई इलाके जलमग्न
1 Jun, 2025 10:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । देश में मॉनसून की दस्तक के बाद से पूर्वोत्तर के कई राज्य बाढ़ जैसे हालात का सामना कर रहे हैं। असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और सिक्किम में भारी बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए हैं और इसके कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हजारों की संख्या में सेना ने लोगों को रेस्क्यू किया है। वहीं भारतीय वायुसेना भी लोगों की जान बचाने के अभियान में जुटी हुई है।
मणिपुर में भारतीय सेना बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान चला रही है। यहां पर बाढ़ प्रभावित लोगों की सेना मदद कर रही है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है। यह अभियान अब 48 घंटे से लगातार चल रहा है। सेना ने 1000 से अधिक लोगों को बचाया है। इंफाल नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है। इसके कारण इंफाल के आसपास के इलाकों में बाढ़ आ गई है।
भारतीय सेना के इस अभियान में असम राइफल्स भी लगातार योगदान दे रही है। सीओ 33 असम राइफल्स ने इंफाल पूर्व और पश्चिम से लगभग 1500 लोगों को बचाया है। आठ टुकड़ियां और चार रिजर्व टुकड़ियां जमीन पर तैनात हैं, जो लोगों की मदद कर रही हैं।
वहीं असम-अरुणाचल सीमा पर उफनती बोमजीर नदी में फंसे चौदह लोगों को रविवार को भारतीय वायु सेना के जवानों ने बचाया।
क्षेत्र में लगातार बारिश से बढ़ते जलस्तर के कारण ये लोग फंस गए थे। जिला प्रशासन ने बचाव योजना पर काम करने के लिए भारतीय वायुसेना और अरुणाचल प्रदेश के अधिकारियों के साथ तुरंत तालमेल किया।
बचाए गए लोगों में तिनसुकिया जिले के 13 लोग और अरुणाचल प्रदेश का एक व्यक्ति है। बाढ़ के कारण असम के 15 से अधिक जिलों में 78,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में राज्य भर में भारी बारिश से आई बाढ़ के कारण सड़क परिवहन, ट्रेन और नौका सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में अरुणाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के कारण हुए भूस्खलन में नौ लोगों की मौत हुई है।
मुख्य सड़क अवरुद्ध हुई हैं और शनिवार को उत्तरी सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में लगभग 1,500 पर्यटक फंस गए। सिक्किम के मंगन जिले में तीस्ता नदी में बृहस्पतिवार रात एक वाहन के गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, दो लोग घायल हो गए और आठ अन्य लोग लापता हो गए थे।
रिश्वत के जाल में फंसे IRS अधिकारी, इनकम टैक्स नोटिस दबाने की थी डील
1 Jun, 2025 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने दिल्ली में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के अधिकारी डॉ. अमित कुमार सिंगल को 45 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी को उनके घर से दबोचा गया है।
रिश्वत के आरोप और शिकायत
डॉ. अमित कुमार सिंगल पर आरोप है कि उन्होंने इनकम टैक्स से जुड़े एक नोटिस को सैटल करने के लिए अपने एक सहयोगी के माध्यम से 45 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस मामले की शिकायत ला पिनोस नामक फूड फ्रैंचाइज़ी चेन के मालिक सनम कपूर ने की थी।
सनम कपूर ने बताया कि उन्हें सरकारी नोटिसों के जरिए परेशान किया जा रहा था, जो उनके व्यवसाय में मनमुटाव के कारण हो रहा था। सनम कपूर ने साल 2017 में मुंबई के व्यापारी हर्ष कोटक के साथ फ्रैंचाइज़ी का समझौता किया था। हर्ष कोटक कथित तौर पर डॉ. अमित की मां के साथ इस व्यापार में साझेदार थे।
अनुबंध विवाद और नोटिसों का सिलसिला
सनम कपूर ने कहा कि हर्ष कोटक ने फ्रैंचाइज़ी समझौते का उल्लंघन करते हुए सस्ते कच्चे माल का इस्तेमाल शुरू कर दिया था। जब कपूर ने अनुबंध रद्द करने का प्रयास किया, तो उन पर दबाव बनाकर उन्हें 1.6 करोड़ रुपये में वही फ्रैंचाइज़ी दोबारा खरीदने के लिए मजबूर किया गया, जबकि फ्रैंचाइज़ी की असल कीमत मात्र 25 लाख रुपये थी।
इसके बाद सनम कपूर को इनकम टैक्स और फूड सेफ्टी विभाग की ओर से लगातार नोटिस मिलने लगे। कपूर के वकील गगनदीप सिंह जम्मू ने आरोप लगाया कि डॉ. अमित कुमार सिंगल ने इन नोटिसों को बंद करवाने के लिए 45 लाख रुपये रिश्वत मांगी।
CBI की कार्रवाई और गिरफ्तारी
इससे तंग आकार सनम कपूर और उनके वकील ने CBI में शिकायत दर्ज कराई। 30 मई को हर्ष कोटक ने चंडीगढ़ में कपूर से मुलाकात की और अगले दिन डॉ. अमित कुमार सिंगल के मोहाली स्थित घर पर बुलाया। CBI पहले से पूरी तरह से तैयारी में थी।
31 मई को जैसे ही कोटक ने कपूर से 25 लाख रुपये लिए, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसी दिन शाम को डॉ. अमित कुमार सिंगल को दिल्ली स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान 2.5 किलो सोने के गहने और 30 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
आगे की कार्रवाई
कोटक और सिंगल के खिलाफ चंडीगढ़ में केस दर्ज कर लिया गया है। डॉ. अमित कुमार सिंगल को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
मौसम विभाग का इन राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट, जानें आज के मौसम का हाल
1 Jun, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण बारिश जारी है. मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए अलर्ट भी जारी किया है. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भी अब कई राज्यों में पहुंच चुका है. हालांकि इस बार कई राज्यों में प्री-मॉनसून रिकॉर्ड बारिश हुई जिसमें मुंबई शामिल है. कर्नाटक, केरल आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर में असम जैसे कई राज्यों में पहले से भी भारी बारिश का दौर जारी है.
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर राज्यों के साथ ही उप-हिमालयी पश्चिमी बंगाल में रविवार को भारी वर्षा होने संभावना है. अगले 3-4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है. एक से दो दिनों के दौरान केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, कोंकण, गोवा में भारी बारिश की संभावना है.
इन जगहों पर हुई भारिश बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान मेघालय, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, तटीय कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक बारिश हुई. इसी तरह केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भी भारी बारिश हुई. झारखंड, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश हुई.
मौसम पूर्वानुमान और चेतावनियां
पूर्वोत्तर भारत
पूर्वोत्तर भारत में अधिकांश स्थानों पर अगले एक दो दिनों के दौरान बारिश होने का अनुमान है. इस बीच आज असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है. इसी के साथ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है.
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत
केरल, माहे, कर्नाटक में कई स्थानों पर सामान्य से भारी बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान गरज, बिजली और तेज हवा चलने की भी उम्मीद है. इस दौरान दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर हल्की/मध्यम वर्षा, साथ ही गरज, बिजली और तेज हवा चलेगी.
उत्तर-पश्चिम भारत
जम्मू-कश्मीर,लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़ और दिल्ली में अगले एक दो दिनों के दौरान कुछ जगहों पर मध्यम वर्षा हो सकती है.
साथ ही कुछ जगहों पर गरज के साथ छींटे, बिजली और तेज हवा चलने की संभावना है. इस दौरान पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है.
पश्चिम भारत
अगले एक दो दिनों के दौरान कोंकण, गोवा में कई स्थानों पर मध्यम वर्षा की संभावना है जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है.
पूर्व और मध्य भारत
विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश में आज कुछ जगहों पर सामान्य बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है.
पूरे देश में युद्धाभ्यास तेज, भारतीय सेना ड्रोन और राडार तकनीक की कर रही है परीक्षण
1 Jun, 2025 10:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Indian Army Capacity Development: भारतीय सेना मानव रहित विमान (UAV), ड्रोन, राडार और बमों सहित अगली पीढ़ी की रक्षा प्रौद्योगिकियों का परीक्षण कर रही है। ये राजस्थान के पोखरण, उत्तर प्रदेश के बबीना और उत्तराखंड के जोशीमठ सहित देश में विभिन्न स्थानों पर परीक्षण किया जा रहा है। शनिवार को रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय सेना अगली पीढ़ी की कई रक्षा प्रौद्योगिकी का कई परीक्षण क्षेत्रों में करीब-करीब युद्ध जैसी परिस्थितियों में परीक्षण कर रही है।
रक्षा निर्माण इकाइयां ले रही भाग
वहीं रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सेना व्यापक प्रतिरक्षा क्षमताओं के विकास और परीक्षण कर रही है। इनमें बड़ी संख्या में रक्षा निर्माण इकाइयां भी भाग ले रही हैं। इन प्रदर्शनों का उद्देश्य युद्ध क्षमता का आकलन करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि भारतीय सेना तकनीकी रूप से श्रेष्ठ बनी रहे तथा भविष्य के संघर्षों के लिए परिचालनात्मक रूप से तैयार रहे। बता दें कि आगरा और गोपालपुर में विशेष वायु रक्षा उपकणों का प्रदर्शन किया जायेगा।
थल सेनाध्यक्ष ने देखा स्वदेशी प्रणालियों का प्रदर्शन
थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने बबीना में स्वदेशी प्रणालियों का प्रदर्शन देखा, जो ‘मेक इन इंडिया’ पहल को बढ़ावा देता है। ऑपरेशन शील्ड के तहत सीमावर्ती राज्यों में मॉक ड्रिल भी की जा रही हैं, ताकि दुश्मन की किसी भी हरकत का जवाब दिया जा सके।
बारीकी से किया जा रहा आकलन
बता दें कि इन अभियानों में करीब-करीब वास्तविक युद्ध जैसी परिस्थितियों में अत्याधुनिक रक्षा प्रणालियों के प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया जा रहा है। इन परीक्षणों में अलग अलग इलेक्ट्रानिक सिमूलेशन को समन्वित कर नई विकसित प्रौद्योगिकियों की क्षमता का आकलन किया जा रहा है।
दिल्ली में जमानत पर निकला आरोपी 13 साल की बच्ची की हत्या के मामले में गिरफ्तार
1 Jun, 2025 09:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली के द्वारका इलाके में शुक्रवार रात एक 13 साल की लड़की की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने 23 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लड़की का पड़ोसी है। वह चोरी की नीयत से लड़की के घर में घुसा था और पकड़े जाने के डर से उसने लड़की का गला घोंटकर हत्या कर दी।
घटना की पूरी जानकारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अनस चोरी की नीयत से लड़की के घर में घुसा था। लेकिन जब लड़की ने उसे देख लिया और शोर मचाया, तो डर के मारे उसने लड़की का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने घर से घर से एक मोबाइल फोन, टैबलेट और कुछ अन्य इलेक्ट्रॉनिक चोरी किए।
कौन है आरोपी अनस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान अनस नाम के युवक के रूप में हुई है। अनस स्मैक का आदि था और पहले भी स्नैचिंग के कई मामलों में शामिल रहा है। करीब दो महीने पहले ही उसे जमानत पर रिहा किया गया था। इस घटना ने इलाके में लोगों में दहशत फैला दी है।
लड़की का शव कैसे मिला?
लड़की का शव गुरुवार दोपहर को सीतापुर इलाके में उसके घर की तीसरी मंजिल पर पाया गया। शव की गर्दन और हाथों में दुपट्टा बंधा था, जिससे साफ पता चलता है कि हत्या गला घोंटकर की गई थी। घटना के समय लड़की की मां और भाई-बहन घर पर नहीं थे क्योंकि वे काम पर गए हुए थे।
परिवार की प्रतिक्रिया
लड़की की मां ने पुलिस को बताया कि वे जब पहली बार घर लौटीं, तो उन्हें अपनी बेटी की लाश देखकर सदमा लगा। उन्होंने शक जताया कि यह हत्या पड़ोसी ने ही की है, क्योंकि वह परिवार की दिनचर्या अच्छी तरह से जानते थे।
पुलिस की जांच और गिरफ्तारी
पुलिस ने तकनीकी उपकरणों की मदद से चोरी हुए मोबाइल फोन का पता लगाया। एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसे यह फोन अनस नाम के युवक से मिला था। शाहदरा के उप पुलिस आयुक्त प्रशांत गौतम ने कहा कि अनस ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह मृतका के घर के पास ही दूसरे मकान में रहता था और परिवार को जानता था।
कर्नाटक में बाल विवाह पर रोक फेल, 700 से ज्यादा बेटियों का बचपन गया बर्बाद
1 Jun, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश के विकसित राज्यों में से एक कर्नाटक में पुरानी बाल विवाह की कुरीति अब भी निरंतर चली आ रही है। वर्ष 2024-25 में राज्य में 700 से बाल विवाह की घटनाएं हुईं। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने इस घटना पर काफी नाराजगी जताई है और जिलाधिकारियों को फटकार भी लगाई। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक राज्य के शिवमोग्गा, बेलगावी, चित्रदुर्ग, बागलकोट और मैसूरु जिले में बाल विवाह के सबसे अधिक मामले सामने आए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024-25 में 3489 पोक्सो मामलों में से 685 में नाबालिग लड़कियां गर्भवती हुईं।
बाल विवाह के हुए 3049 प्रयास
बाल विवाह के निरंतर प्रचलन और किशोर गर्भधारण में वृद्धि को मुख्यमंत्री ने गंभीर चिंता का विषय बताया। आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2024-25 के दौरान राज्य में कुल 3049 बाल विवाह के प्रयास हुए। इसकी रिपोर्ट की गई। अधिकारियों ने समय पर हस्तक्षेप करते हुए 2349 मामलों को सफलतापूर्वक रोका। शेष लगभग 700 मामलों में बाल विवाह हुए जिनमें से कुछ किशोर लड़कियां मां बन गईं।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
पोक्सो अधिनियम के तहत अपराधों के संबंध में मुख्यमंत्री के गृह जिले मैसूरु में 162 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 53 मामले किशोर गर्भधारण से संबंधित थे। शिवमोग्गा में 231 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 55 गर्भधारण के मामले शामिल थे।
दुनिया का पहला 300 रुपए का सिक्का: डिज़ाइन, इतिहास और महत्व
31 May, 2025 09:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के मौके पर शनिवार को भोपाल में पीएम मोदी ने देश का पहला 300 रुपए का स्मारक सिक्का जारी किया. 35 ग्राम के इस सिक्के में चांदी का अनुपात 50 फीसदी है. यह देश-दुनिया में जारी होने वाला ऐसा पहला सिक्का है, जिसका मूल्य तीन सौ रुपए है. वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में शुक्रवार को गजट अधिसूचना जारी की थी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकमाता अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के मौके पर एक विशेष डाक टिकट भी जारी किया.
300 रुपए का दुनिया का पहला सिक्का
पीएम मोदी ने देवी अहिल्याबाई की 300वीं जंयती पर 300 रुपए का सिक्का जारी किया. इस सिक्के के एक तरफ अहिल्या बाई की तस्वीर है. जिसमें ऊपर के हिस्से में हिंदी में और नीचे के हिस्से में अंग्रेजी में अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती लिखा है. बाकी बाएं और दाएं तरफ 1725 -2025 वर्ष लिखा है. सिक्के के दूसरी तरफ अशोक स्तंभ के नीचे रुपए के प्रतीक चिन्ह के साथ मूल्यवर्ग 300 रुपए अंकित है. अशोक स्तंभ के दांए और बांए तरफ हिंदी के साथ अंग्रेजी में भारत लिखा है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जंयती पर विशेष डाक टिकिट भी जारी किया.
संस्कृति मंत्रालय ने जारी किया है सिक्का
यह सिक्का भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा जारी किया गया है. इस सिक्के में अहिल्याबाई होल्कर की उभरी हुई छवि है, जो उनकी ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देती है.
सिक्का जारी करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देवी अहिल्याबाई होल्कर पुरस्कार भी प्रदान किया. यह पुरस्कार इस वर्ष छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले की डॉ. जयमति कश्यप को दिया गया. उन्हें यह सम्मान गोंडी भाषा को संरक्षित करने और महिलाओं को मानव तस्करी से बचाने के लिए दिया गया.
माओवादी साजिश मामले में NIA का बड़ा एक्शन, दो और आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल
31 May, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड: झारखंड में सुरक्षा बलों पर हमले की साजिश रचने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 2 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) पर आतंकी साजिश के तहत हथियार और गोला-बारूद जब्त करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है. इसके साथ ही इस मामले में साल 2022 के बाद से अब तक चार्जशीट दाखिल करने वाले कुल आरोपियों की संख्या 25 हो गई है. झारखंड निवासी रंथू उरांव और नीरज सिंह खेरवार के खिलाफ NIA ने चार्जशीट दाखिल की है. दोनों के खिलाफ आईपीसी, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूए (पी) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की गई है. यह कार्रवाई आरसी-02/2022/NIA/आरएनसी मामले में की गई है. इससे पहले अगस्त 2023 से मई 2025 के बीच 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी.
सुरक्षा बलों पर हमले की थी योजना
एक गुप्त सूचना के आधार पर, स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ कर्मियों ने फरवरी 2022 में झारखंड के लोहरदगा के बुलबुल वन क्षेत्र में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया. जहां सीपीआई (माओवादी) के कार्यकर्ता अपने शीर्ष कमांडर प्रशांत बोस की गिरफ्तारी का बदला लेने के लिए बॉक्साइट खदान क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर हमले की योजना बनाने के लिए एकत्र हुए थे. इस सभा का नेतृत्व आतंकी संगठन के क्षेत्रीय कमांडर रवींद्र गंझू ने किया था. इसमें सक्रिय कैडर बलराम उरांव, मुनेश्वर गंझू और 45-60 अन्य कैडर भी मौजूद थे. बहाबर जंगल के रास्ते में, हरकट्टा टोली और बांग्ला पाट में सीपीआई (माओवादी) के कार्यकर्ताओं द्वारा सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध गोलीबारी की गई. इसके कारण मुठभेड़ हुई, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की व्यापक तलाशी ली और बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किया. झारखंड पुलिस ने मामले में शुरुआत में 9 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी.
सरकार को अस्थिर करने के थे उद्देश्य
इसके बाद अगस्त 2023 से मई 2025 के बीच NIA ने 23 लोगों के खिलाफ पांच पूरक आरोप पत्र दाखिल किए. इनमें झारखंड पुलिस द्वारा पहले से ही आरोपित किए गए 9 आरोपी शामिल हैं, जिन पर NIA ने नई धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं. जांच के दौरान NIA ने पाया कि साजिश का उद्देश्य देश की अखंडता, सुरक्षा, संप्रभुता को खतरे में डालने और सरकार को अस्थिर करने के उद्देश्य से आतंकवादी और हिंसक कृत्य और सशस्त्र विद्रोह करना था. NIA द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों, जिनमें जोनल कमांडर, सब-जोनल कमांडर, एरिया कमांडर और सशस्त्र कैडरों के खिलाफ एकत्र किए गए विश्वसनीय सबूत शामिल हैं, ने अन्य सीपीआई (माओवादी) कैडरों और जमीनी समर्थकों की मिलीभगत का भी खुलासा किया है. देश में सीपीआई (माओवादी) नेटवर्क को खत्म करने के अपने प्रयासों के तहत NIA अन्य सह-षड्यंत्रकारियों की तलाश कर रही है.
अनुच्छेद 370 पर सलमान खुर्शीद को मिला BJP नेता गौड़ा का समर्थन, कहा- "खुर्शीद का बयान सटीक है"
31 May, 2025 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली: कर्नाटक के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता डीवाई सदानंद गौड़ा ने कांग्रेस नेता शशि थरूर और सलमान खुर्शीद के बयान पर उनका समर्थन किया है. कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने को सही ठहराया था. उनके इस बयान के बाद बीजेपी नेता डीवाई सदानंद गौड़ा ने कहा है कि वह सही कह रहे हैं. उन्होंने कहा, सलमान खुर्शीद ने जो कहा वो आज के कश्मीर की हकीकत है. उन्होंने सही तरीके से इसे बताया है."
'विपक्ष में कुछ अच्छे लोग भी'
ऑपरेशन सिंदूर पर भारत सरकार का पक्ष लेकर शशि थरूर ने कई बयान दिए हैं. इसे लेकर सदानंद गौड़ा ने कहा, "विपक्ष में कुछ अच्छे लोग हैं. मैं उनसे भाजपा से हाथ मिलाने और आतंकवाद को खत्म करने की गुजारिश करता हूं."
'राहुल गांधी पीएम बने तो पीओके हमारा होगा'
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हाल ही में बयान दिया है कि पाक अधिकृत कश्मीर तब वापस भारत के कब्जे में आ सकता है जब राहुल गांधी पीएम बनेंगे. इस बयान को लेकर बीजेपी नेता सदानंद गौड़ा ने कहा कि अगले 1000 हजार तक ये मुमकिन नहीं है.
असम को बड़ी सौगात, सितंबर से दिल्ली-जोरहाट के बीच शुरू होगी नॉन-स्टॉप फ्लाइट
31 May, 2025 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली से जोरहाट तक की यात्रा अब आसान और किफायती होने वाली है. इंडिगो सितंबर के मध्य से दिल्ली और जोरहाट के बीच नॉन-स्टॉप उड़ान शुरू करेगी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि एयरलाइन कंपनी ने राज्य के लिए अन्य स्थानों से भी हवाई संपर्क बढ़ाने की योजना बनाई है.
लोगों की मांग पूरी की: सीएम
मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में अपनी यात्रा के दौरान एयरलाइन के वरिष्ठ प्रबंधन से मुलाकात की थी. उन्होंने असम के अन्य प्रमुख स्थानों, विशेष रूप से सिलचर, डिब्रूगढ़ और उत्तरी लखीमपुर में हवाई संपर्क बढ़ाने का आग्रह किया था. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की जानकारी दी. सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि कम लागत वाली एयरलाइन यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी.
कहां से कहां तक शुरू होगी हवाई सेवा
सीएम ने कहा दिल्ली-डिब्रूगढ़ उड़ान में अब गुवाहाटी में एक स्टॉपओवर शामिल होगा. गुवाहाटी-सिलचर उड़ान शुरू करने के लिए इस विमान के शेड्यूल को दोबारा तैयार किया जाएगा. 2025-26 में सर्दियों से गुवाहाटी-नवी मुंबई के बीच नई उड़ान शुरू होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडिगो जल्द ही उत्तरी लखीमपुर के लीलाबारी हवाई अड्डे से निर्धारित परिचालन का मूल्यांकन करेगी. सरमा ने कहा कि दिल्ली-जोरहाट सीधी उड़ान के साथ ये अतिरिक्त सुविधाएं असम की हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
CJI बीआर गवई ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता चैंबर और मल्टीलेवल पार्किंग का किया उद्घाटन, CM योगी रहे उपस्थित
31 May, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज: सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस बीआर गवई प्रयागराज में हैं. उन्होंने शनिवार को हाई कोर्ट के नवनिर्मित एडवोकेट चैंबर और मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण किया. इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे. चीफ जस्टिस बीआर गवई शुक्रवार की शाम प्रयागराज पहुंचे थे. प्रयागराज एयरपोर्ट पर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार ने उनका स्वागत किया. चीफ जस्टिस के साथ सुप्रीम कोर्ट के आठ अन्य जस्टिस भी प्रयागराज पहुंचे हैं. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ आज सुबह प्रयागराज पहुंचे. चीफ जस्टिस के आगमन के बाद मंडलायुक्त, डीएम और सीडीओ ने शुक्रवार को निरीक्षण किया.
सुबह 10:15 बजे पहुंचें सीएम योगी
इलाहाबाद हाई कोर्ट के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ भी प्रयागराज पहुंचे रहे हैं. सीएम योगी सुबह 10:15 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर आएं. वहां से वह सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें. सीएम योगी इलाहाबाद हाई कोर्ट के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वकील इशांत देव गिरि के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुए. उनका दोपहर का भोजन वही निर्धारित है. दोपहर 2:30 बजे उनके लखनऊ लौटने का कार्यक्रम है.
12 मंजिला भवन का हुआ निर्माण
इलाहाबाद हाई कोर्ट परिसर में करीब 640 करोड़ की लागत से बने 12 मंजिला भवन का निर्माण किया गया है. इसके निचले तल पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. वहीं, ऊपरी तलों पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एडवोकेट चैंबर बनाया गया है. इसका उद्घाटन आज हुआ. कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे से शुरू हुआ. कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी शामिल हुए. कार्यक्रम की तैयारी शुक्रवार देर रात तक चलती रही.
भोपाल से पीएम मोदी का PAK को कड़ा संदेश, 'आतंक के खिलाफ लड़ाई अभी बाकी है'
31 May, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही पीएम मोदी के देशभर के अलग-अलग राज्यों में दौरे हो रहे हैं. बीते दिनों गुजरात, बंगाल, बिहार, यूपी के बाद अब पीएम मोदी मध्यप्रदेश दौरे पर हैं. यहां देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को संबोधित किया. मध्यप्रदेश सरकार ने देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहला सम्मेलन आयोजित किया है. इस दौरान पीएम मोदी ने कई योजनाओं का शिलान्यास किया. पूरे भोपाल में ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े पोस्टर्स लगाए गए हैं. सीएम मोहन यादव ने पीएम मोदी को होल्कर राजवंश की पगड़ी पहनाकर मंच पर स्वागत किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी भोपाल जनसभा एमपी की पहली मेट्रो रेल, सतना और दतिया एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन भी किया. पीएम मोदी ने मंच पर पहुंचने से पहले देवी अहिल्यबाई को लेकर लगी प्रदर्शनी देखी, इसके साथ ही महिला बुनकरों और ड्रोन दीदी से बात की. पीएम मोदी खुली जीप में सवार होकर मंच तक पहुंचे. इस दौरान उनके साथ सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद रहे. खास बात ये है कि भोपाल की इस जनसभा में हर जगह तिरंगे झंडे दिखाई दिए. दतिया से पहले विमान को महिला पायलट ही उड़ाएगी, जो इस आयोजन में नारी शक्ति के प्रभावशाली प्रतिनिधित्व का प्रतीक बनेगी.
आतंक के खिलाफ लड़ाई जारी
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कहा कि आतंकियों ने नारी नारी शक्ति को चुनौती दी थी. बस यही उनके लिए काल बन गई. हमारी सेना ने दुश्मन के घर में सैकड़ों किमी दूर घुसकर उनके आतंकी ठिकानों को तबाह किया. ऑपरेशन सिंदूर भारत के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा सफल ऑपरेशन है. गोली का जवाब गोले से दिया जाएगा. आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई अभी थमी नहीं है.
शासन का सही अर्थ जनता की सेवा करना
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सबसे पहले मैं मां भारती को, भारत की मातृशक्ति को प्रणाम करता हूं. आज यहां इतनी बड़ी संख्या में माताएं-बहनें-बेटियां हमें आशीर्वाद देने आई हैं. मैं आप सभी के दर्शन पाकर धन्य हो गया हूं. आज लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर जी की 300वीं जन्मजयंती है. 140 करोड़ भारतीयों के लिए ये अवसर प्रेरणा का है. राष्ट्र निर्माण के लिए हो रहे भगीरथ प्रयासों में अपना योगदान देने का है. उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई कहती थी कि शासन का सही अर्थ जनता की सेवा करना और उनके जीवन में सुधार लाना होता है. आज का कार्यक्रम उनकी इस सोच को आगे बढ़ाता है. आज इंदौर मेट्रो की शुरुआत हुई है, दतिया और सतना भी अब हवाई सेवा से जुड़ गए हैं.
लोकमाता ने गरीब से गरीब को सामर्थ- पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने ने कहा कि ढाई-तीन सौ साल पहले जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था, उस समय ऐसे महान कार्य कर जाना कि आने वाली अनेक पीढ़ियां उसकी चर्चा करे, ये कहना तो आसान है, करना आसान नहीं था. लोकमाता अहिल्याबाई ने प्रभु सेवा और जन सेवा, इसे कभी अलग नहीं माना. कहते हैं वे हमेशा शिवलिंग अपने साथ लेकर चलती थीं. उन्होंने कहा कि उस चुनौतीपूर्ण कालखंड में एक राज्य का नेतृत्व, कांटों से भरा ताज, कोई कल्पना कर सकता है, कांटों से भरा ताज पहनने जैसा वो काम, लेकिन लोकमाता ने अपने राज्य को नई दिशा दी. उन्होंने गरीब से गरीब को समर्थ बनाने का काम किया.
भारत की विरासत की बहुत बड़ी संरक्षक देवी अहिल्याबाई
पीएम ने कहा कि देवी अहिल्याबाई भारत की विरासत की बहुत बड़ी संरक्षक थीं. जब देश की संस्कृति पर, हमारे मंदिरों, हमारे तीर्थ स्थलों पर हमले हो रहे थे, तब लोकमाता ने उन्हें संरक्षित करने का बीड़ा उठाया. उन्होंने काशी विश्वनाथ सहित पूरे देश में हमारे अनेकों मंदिरों का, हमारे तीर्थों का पुनर्निर्माण किया. उन्होंने कहा कि देश में 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और विभिन्न आर्थिक गतिविधियों में लगी हुई हैं. सरकार उन्हें लाखों रुपए की वित्तीय सहायता दे रही है, ताकि ये बहनें आय के नए स्रोत बना सकें. देवी अहिल्याबाई ने एक बार बहुत ही प्रेरणादायक बात कही थी, जिसे हमें कभी नहीं भूलना चाहिए. उनके शब्दों को इस तरह से कहें तो- जो कुछ भी हमें मिलता है, वह लोगों द्वारा दिया जाता है और हमें उसे चुकाना चाहिए. आज हमारी सरकार लोकमाता अहिल्याबा के इन्हीं मूल्यों के अनुरूप काम कर रही है.
पीएम ने कहा कि ये मेरा सौभाग्य है कि जिस काशी में लोकमाता अहिल्याबाई ने विकास के इतने काम किए, उस काशी ने मुझे भी सेवा का अवसर दिया है. आज अगर आप काशी विश्वनाथ महादेव के दर्शन करने जाएंगे, तो वहां आपको देवी अहिल्याबाई की मूर्ति भी मिलेगी.
साडा अध्यक्ष पद के लिए अशोक शर्मा का नाम चर्चा में
श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक 30 को बैठक में होंगे कई महत्वपूर्ण निर्णय
बंगाल में कानून-व्यवस्था पर घमासान, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप
विधानसभा-1 के वार्ड 9 से अभियान का शुभारंभ, जनभागीदारी पर जोर
