देश
बेंगलुरु भगदड़ पर नाराज़ कांग्रेस हाईकमान, मुख्यमंत्री और डिप्टी CM की हुई खिंचाई! दिल्ली तलब कर मांगा जवाब
8 Jun, 2025 09:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Bengaluru Stampede: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ की घटना में 11 लोगों की मौत के बाद कांग्रेस आलाकमान ने मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और उप मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर की है। बताया जा रहा है कि पार्टी आलाकमान ने राज्य दोनों नेताओं को दुखद घटनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए दिल्ली तलब किया है।
आरसीबी की जीत के जश्न की अगुवाई करने वाले मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और उपमुख्यमंत्री शिवकुमार दोनों की पार्टी आलाकमान ने खिंचाई की है। सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय नेताओं के निर्देश के बाद कई कड़े कदम उठाए गए, जिनमें बेंगलूरु के पुलिस आयुक्त बी. दयानंद को निलंबित करना और विधान पार्षद के. गोविंदराज को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव के पद से हटाना शामिल है। पार्टी आलाकमान ने कहा कि जमीनी हालात को ठीक से नहीं संभाला जा सका। दोनों नेताओं से फोन पर बात के दौरान कहा गया कि बिना किसी नियम का पालन किए जश्न मनाने की अनुमति देने की क्या आवश्यकता थी।
खरगे, राहुल खुश नहीं
सूत्रों का कहना है कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी इससे खुश नहीं हैं। इस दुखद घटना के कारण राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की छवि पर असर पड़ा है। पार्टी महासचिव व प्रदेश मामलों के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल सहित कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं ने कथित तौर पर दोनों शीर्ष नेताओं से बात की और जल्दबाजी में जश्न मनाने के निर्णय पर सवाल उठाए। अगले सप्ताह के अंत तक संभवत: दोनों नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है।
आलाकमान के इशारे पर कार्रवाइयां
बताया जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व के इशारे पर ही घटना की जांच के लिए उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जॉन माइकल डी कुन्हा की अध्यक्षता में एक सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन किया गया और पुलिस की ओर से दर्ज मामले की जांच अपराध अनुसंधान विभाग (सीआइडी) को को सौंपी गई। हालांकि, प्रशासनिक चूक के लिए उसी रात मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए जा चुके थे। यह भी दावा किया जा रहा है कि विधानसौधा के मंच पर मुख्यमंत्री के पोते और मंत्री जमीर अहमद खान के बेटे की मौजूदगी को लेकर भी पार्टी आलाकमान की ओर से आपत्ति जताई गई है। वहीं, शिवकुमार का आरसीबी टीम का स्वागत करने एचएएल हवाई अड्डा पहुंचना और आरसीबी का झंडा थामना, मौतों की सूचना मिलने के बावजूद स्टेडियम में जश्न जारी रखने का फैसला, पार्टी आलाकमान को रास नहीं आया।
बिक्र्स में शामिल कई मुस्लिम देशों ने दिया पाकिस्तान को झटका
8 Jun, 2025 08:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। पहलगाम में हुए आतंकी हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा जारी है। इसी कड़ी में ब्रासीलिया में आयोजित बिक्र्स संसदीय मंच ने हमले की कड़ी निंदा कर आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई करने का संकल्प लिया। यह पाकिस्तान के लिए एक बड़ा झटका हो सकता है क्योंकि इसमें चीन के अलावा कई मुस्लिम देश भी शामिल हैं। मंच में भारत, ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका के साथ-साथ ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र, इथियोपिया और इंडोनेशिया के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। बैठक में भारत का नेतृत्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने किया।
बिड़ला ने कहा कि आतंकवाद आज वैश्विक संकट बन चुका है, जिसका सामना अंतरराष्ट्रीय सहयोग से हो सकता है। उन्होंने चार प्रमुख कदमों की वकालत की। उसमें आतंकी संगठनों की आर्थिक मदद बंद हो, इंटेलिजेंस साझा करने की प्रक्रिया तेज हो, तकनीक के दुरुपयोग को रोके और जांच और न्यायिक प्रक्रियाओं में सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल हैं। लोकसभा अध्यक्ष बिड़ला की इन बातों को बैठक में मौजूद सभी देशों ने एकमत से स्वीकार कर अंतिम घोषणापत्र में शामिल किया।
लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, संयुक्त घोषणापत्र में भारत के पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की गई और सभी बिक्स्र देशों के संसदों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की सहमति दी। बैठक में आतंकवाद के अलावा एआई, वैश्विक व्यापार, अंतर-संसदीय सहयोग, और अंतरराष्ट्रीय शांति व सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
शिमला में सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, IGMC में भर्ती
7 Jun, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत शिमला में बिगड़ने की खबर है. उन्हें शनिवार को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है. डॉक्टरों ने ईसीजी और एमआरआई जैसी जांचें की हैं. फिलहाल कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष की हालत स्थिर बताई जा रही है.
सोनिया गांधी बीते सोमवार को अपनी छुट्टियां बिताने के लिए शिमला पहुंची थीं. वह अपनी बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के छराबड़ा स्थित निजी आवास में ठहरी हुई हैं, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें IGMC लाया गया.
IGMC में सोनिया गांधी को स्पेशल वार्ड में भर्ती किया गया है. रेडियोलॉजी विभाग में उनका एमआरआई किया गया. अस्पताल प्रशासन ने उनकी स्थिति पर नजर रखी हुई है.
सोनिया गांधी का हालत स्थिर
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने बताया कि सोनिया गांधी को कुछ मामूली स्वास्थ्य समस्याओं के चलते रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल लाया गया था. चिंता की कोई बात नहीं है, उनकी स्थिति स्थिर है.
इस घटनाक्रम के बाद शिमला में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं. हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना खुद IGMC पहुंचे और सोनिया गांधी के स्वास्थ्य की जानकारी ली. इसके अलावा राज्य के स्वास्थ्य मंत्री भी अस्पताल पहुंचे और सीधे रेडियोलॉजी विभाग का रुख किया.
सीएम सुक्खू शिमला के लिए हुए रवाना
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी अपने दो दिवसीय ऊना दौरे को बीच में ही रद्द कर दिया और शिमला के लिए रवाना हो गए हैं. अस्पताल और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी की देखरेख के लिए हर आवश्यक चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की गई है.
अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वीवीआईपी मूवमेंट के चलते वहां आम जनता की आवाजाही सीमित कर दी गई है. कांग्रेस नेताओं और समर्थकों की नजरें फिलहाल सोनिया गांधी की सेहत पर टिकी हुई हैं.
स्थिति को देखते हुए IGMC प्रशासन और डॉक्टरों की एक विशेष टीम लगातार सोनिया गांधी की निगरानी कर रही है. जल्द ही उनकी आगे की जांच और स्वास्थ्य रिपोर्ट आने की उम्मीद है.
पहलगाम हमले पर पीएम मोदी के बयान से तिलमिलाया पाकिस्तान, देने लगा बेहूदी सफाई
7 Jun, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर पीएम मोदी के बयान पर पाकिस्तान को मिर्ची लगी है। इसको लेकर पाकिस्तानी विदेश मंत्री का जवाब आया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार ने कहा है कि हम भारतीय प्रधानमंत्री के बयान से निराश हैं। साथ ही उसने पहलगाम हमले में खुद के शामिल होने का सुबूत भी मांगा है। गौरतलब है कि कश्मीर में चिनाब ब्रिज और वंदे भारत ट्रेन को झंडी दिखाने के बाद में भारतीय प्रधानमंत्री ने वहां की जनता को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने पहलगाम पर हमले को इंसानियत और कश्मीरियत पर हमला बताया था।
पीएम मोदी ने पाकिस्तान को जमकर सुनाया
गौरतलब है कि पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने पहलगाम में 22 अप्रैल को हमला कर दिया था। इसमें कई बेकसूर भारतीय टूरिस्ट मारे गए थे। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था। आतंकी हमलों के बावजूद कश्मीर में विकास की यात्रा बदस्तूर जारी है। शुक्रवार को पीएम मोदी ने कश्मीर में चिनाब ब्रिज, अंजी ब्रिज का शुभारंभ किया। अलावा यहां पर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई। इसके बाद पीएम मोदी ने पाकिस्तान को जमकर सुनाया था।
पाकिस्तान को बताया गरीबों का दुश्मन
मोदी ने कहाकि पाकिस्तान गरीबों की रोजी-रोटी का भी दुश्मन है। 22 अप्रैल को पहलगाम में जो हुआ, वह इसका स्पष्ट उदाहरण है। पाकिस्तान ने पहलगाम में इंसानियत और कश्मीरियत पर हमला किया। उन्होंने कहाकि पाकिस्तान का इरादा भारत में सांप्रदायिक दंगे भड़काना था। वह मेहनतकश कश्मीरियों की रोजी-रोटी भी छीनना चाहता था, इसलिए उसने पर्यटकों को निशाना बनाया। यह पहलगाम आतंकी हमला और उसके जवाब में भारत की ओर से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद प्रधानमंत्री का पहला जम्मू-कश्मीर दौरा था।
ऑपरेशन सिंदूर की भी दिलाई याद
मोदी ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने ठीक एक महीने पहले, छह-सात मई की दरमियानी रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में छिपे आतंकवादियों पर कयामत बरपाई थी। उन्होंने कहाकि पाकिस्तान जब भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम सुनेगा, उसे अपनी शर्मनाक हार की याद ताजा हो जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहाकि पाकिस्तान की सेना और आतंकवादी नेटवर्क ने भारत के इस साहसिक कदम की कभी कल्पना भी नहीं की होगी। उनके देश में सैकड़ों किलोमीटर अंदर दशकों में बनाए गए आतंकवादी ढांचों को कुछ ही मिनटों में नष्ट कर दिया गया।
समंदर में बढ़ेगी भारत की ताकत, नौसेना को मिलेंगे 9 नए 'घातक योद्धा'
7 Jun, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय नौसेना 2025 में एक नई उड़ान भरने जा रही है. आधुनिकीकरण और स्वदेशीकरण को बड़ा प्रोत्साहन देते हुए इस साल नौसेना के बेड़े में कुल 9 नए युद्धपोत शामिल किए जाएंगे. इन जहाजों का निर्माण देश की ही शिपयार्ड कंपनी करेगी. जिनमें मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स (MDL), हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड (HSL), और गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) शामिल हैं. अनुमान लगाया जा रहा है कि इस परियोजना में कुल 18,101 करोड़ रुपये का खर्च आएगा.
प्रोजेक्ट 17A फ्रिगेट्स
प्रोजेक्ट 17A फ्रिगेट्स भारत की सबसे आधुनिक युद्धपोत निर्माण परियोजना है. इसे MDL और GRSE मिलकर बना रहे हैं. इन युद्धपोतों का वजन लगभग 6,670 टन होगा. इसकी लंबाई करीब 149 मीटर और चौड़ाई करीब 17.8 मीटर होगी. यह युद्धपोत इस तरह से डिजाइन किया गया, जिससे यह समुद्र में स्थिरता बनाए रखे और तेजी से चले.
इन युद्धपोत की खास बात यह है कि इनकी डिजाइन कुछ इस प्रकार की है, जो रडार पर दिखाई नहीं देती. दुश्मन को पता भी नहीं लगेगा और यह अपने मिशन को अंजाम देकर वापस आ जाएंगे. इनके अंदर मल्टी रोल यूद्ध क्षमता है. जिसकी वजह से वह वायु, धरती, पानी हर जगह अपने मिशन को पूरा कर सकेगी. ब्रह्मोस जैसी सुपरसोनिक मिसाइलें और बराक-8 जैसी लंबी दूरी की हवाई रक्षा मिसाइलें इन्हें दुश्मन के किसी भी प्रमुख युद्धपोत या हवाई खतरे के लिए एक बड़ा खतरा बनाती हैं. ये एक ही समय में कई दिशाओं से आने वाले खतरों से निपट सकते हैं. इनके आधुनिक संचार और डेटा लिंक सिस्टम इन्हें दूसरे भारतीय नौसेना के युद्धपोतों और एयरक्राफ्ट के साथ मिलकर काम करने में सक्षम बनाते हैं. यह एक बड़े नौसैनिक बल के हिस्से के रूप में करते हैं, जो इनकी मारक क्षमता को कई गुना बढ़ा देता है, जिससे दुश्मन को पूरे बेड़े को साथ खतरा महसूस होता है.
HSL के सर्वे वेसल और डाइविंग सपोर्ट वेसल्स
HSL ,1 सर्वे वेसल (लार्ज) और 2 डाइविंग सपोर्ट वेसल्स (DSVs) बना रहा है. डाइविंग सपोर्ट वेसल्स की लागत ₹2,050 करोड़ और सर्वे वेसल की लागत 2,435 करोड़ रुपये है. भारतीय नौसेना के लिए बहुत ही खास युद्धपोत है. यह युद्धपोत समुद्र के अंदर के रहस्यों को जानना और आपातकालीन स्थितियों मे मदद करेगा. इसलिए इनकी खासियतें और उपयोगिता युद्धपोतों से थोड़ी अलग होती हैं.
सर्वे वेसल (लार्ज)
ये समुद्र के नक्शे बनाने वाला जहाज है. यह जहाज समुद्र की गहराइयों, चट्टानों, खाइयों और रास्तों का नक्शा बनाता है. इसमें हाई-टेक सोनार, कैमरे और सेंसर लगे हैं जो समुद्र के नीचे की तस्वीर साफ दिखाते हैं. ये जहाज हेलीकॉप्टर भी उतार-चढ़ा सकता है और लंबे समय तक समुद्र में रह सकता है. इसमें भारी हथियार नहीं होते, लेकिन जरूरत पड़ने पर आत्मरक्षा के लिए हल्के हथियार लगाए जा सकते हैं. इसका काम नौसेना के जहाजों को सही रास्ता दिखाना, दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखना और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करना. इनकी मदद से गुप्त मिशन ज्यादा सटीक होते हैं.
डाइविंग सपोर्ट वेसल्स
ये वेसल्स गहरे समुद्र में जाकर गोताखोरों की मदद करते हैं और जरूरत पड़ने पर डूबी हुई पनडुब्बियों से लोगों को बचा सकते हैं. इनमें खास मशीनें, डाइविंग बेल और रेस्क्यू सबमरीन होती हैं. ये वेसल्स हेलीकॉप्टर ले जा सकते हैं और 60 दिन तक लगातार समुद्र में काम कर सकते हैं. ये युद्धपोत समुद्र के नीचे मरम्मत और वैज्ञानिक सर्वे में मदद करते हैं. ये समुद्र के अंदर की जानकारी जुटाते हैं, जिससे युद्धपोतों को सही समय पर सही जगह पर कार्रवाई में मदद मिलती है.
शैलो वॉटर क्राफ्ट
GRSE को 8 शैलो वॉटर क्राफ्ट (SWC) के निर्माण का ठेका मिला है, जिनमें से 3 SWC इस साल डिलीवर किए जाएंगे. जिनकी लागत 2,366.745 करोड़ रुपये होगी. जिनमें से ‘अर्नाला’ पहली SWC है जिसे जल्द कमीशन किया जाएगा है. ये युद्धपोत भारत की समुद्री रक्षा क्षमताओं को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाएंगे.
इनकी खास बात यह है कि ये क्राफ्ट मुख्य रूप से उथले पानी में एंटी सबमरीन वारफेयर के लिए डिज़ाइन किए गए हैं. ये दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाने और उन्हें नष्ट करने में सक्षम हैं, खासकर तटीय क्षेत्रों और बंदरगाहों के पास जहां बड़े युद्धपोत प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सकते. इन युद्धपोतों को सबसे शांत युद्धपोत माना जा रहा है, क्योंकि ये कम समय में दुश्मन का ठिकाने का पता लगाकर, बिना आवाज किए उन्हें नष्ट कर देते हैं. क्राफ्ट पानी के नीचे भी निगरानी रख सकते है. SWC टॉरपीडो, ASW रॉकेट और माइन्स से लैस हैं. इनमें 30 मिमी की क्लोज-इन वेपन सिस्टम (CIWS) और 12.7 मिमी की स्टेबलाइज्ड रिमोट-कंट्रोल्ड गन भी हैं, जो सतह और हवाई खतरों से बचाव के लिए हैं.
इनका ड्राफ्टलगभग 2.7 मीटर है, जिससे ये उन तटीय क्षेत्रों में भी आसानी से काम कर सकते हैं, जहां बड़े जहाज नहीं पहुंच पाते. इन जहाजों में 80% से अधिक स्वदेशी इक्विपमेंट और तकनीक का उपयोग किया गया है, जो ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल को बढ़ावा देता है।
INS तमाल
जून महीने के अंत में रूस से INS तमाल मिलेगा. INS तमाल भारतीय नौसेना के लिए एक महत्वपूर्ण युद्धपोत है, जिसकी अनुमानित लागत 3,250 करोड़ रुपये है. यह एक मल्टी रोल वाला स्टील्थ गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट है, जो भारतीय नौसेना की ऑपरेशनल क्षमता को काफी मजबूत करेगा.
यह युद्धपोत स्टील्थ तकनीक से लैस है, जिससे दुश्मन के रडार इसे आसानी से पकड़ नहीं पाएंगे. यह एक बार में 3,000 किमी तक की दूरी तय कर सकता है.यह युद्धपोत ब्रह्मोस मिसाइलों से लैस होगा, इनकी मारक क्षमता 450 किमी होगी. यह हवा में दुश्मनों के हवाई टारगेट को हवा में ही मार गिराने में सक्षम हैं. यह एंटी-सबमरीन टॉरपीडो और रॉकेट लॉन्चर से लैस है, जो पानी के नीचे ही दुश्मन की पनडुब्बियों को नष्ट कर देगी.
इसमें 100 मिलीमीटर की मल्टीपर्पस आर्टिलरी गन भी है, जो एक मिनट में 60 राउंड फायर कर सकती है और किसी भी बड़े जहाज, कैरियर, विमान या हेलीकॉप्टर को निशाना बना सकती है. INS तमाल की Shtil मिसाइल प्रणाली और एंटी-सबमरीन टॉरपीडो या रॉकेट लॉन्चर भी इसकी मारक क्षमता को बढ़ाते हैं. ये युद्धपोत हवा, पानी सतह किसी भी जगह दुश्मनों का नाश करने को तैयार रहेगा. कुल मिलाकर, INS तमाल भारतीय नौसेना के लिए एक अत्यधिक सक्षम और बहुमुखी युद्धपोत होगा, जो देश की समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करेगा.
‘आत्मनिर्भर भारत’ को मिलेगी मजबूती
इन 9 जहाजों के निर्माण में बड़े पैमाने पर स्वदेशी तकनीक, डिजाइन और निर्माण प्रक्रिया का पालन किया गया है. ‘आत्मनिर्भर भारत’ मिशन न केवल देश की समुद्री सुरक्षा को नई ऊंचाई देगा, बल्कि देश के शिपबिल्डिंग सेक्टर को भी मजबूती प्रदान करेगा.
अफेयर के शक में पत्नी की हत्या, सिर लेकर थाने पहुंचा कातिल पति...
7 Jun, 2025 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से मानवाता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के बाहरी इलाके में रहने वाले एक शख्स ने अपनी पत्नी के साथ पहले विवाद किया। इसके बाद उसका सिर काट दिया।
जानकारी के मुताबिक, शख्स को अपनी पत्नी पर शक था कि उसका एक्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा है। पुलिस के अनुसार, अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद वह उसका सिर अपने स्कूटर पर लेकर थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। आरोपी की पहचान शंकर और मृतका की पहचान मानसा के तौर पर हुई है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस घटना को लेकर बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला शुक्रवार देर रात अनेकल तालुक के चंदपुरा के पास हीलालिगे गांव का है। पुलिस का कहना है कि दंपती की शादी पांच साल पहले हुई थी। उनकी एक चार साल की बेटी भी है।
निजी कंपनी में काम करते थे दंपती
बताया जा रहा है कि दंपनी एक निजी कंपनी में काम करते थे। शंकर कोरमंगला में काम करता था, जबकि उसकी पत्नी बोम्मासंद्रा में काम करती थी। पुलिस की पूछताछ के दौरान शंकर ने बताया कि हाल ही में उसे पता चला कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ संबंध है और इस वजह से उनके बीच झगड़ा हुआ। इस झगड़े के बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई।
शुक्रवार को मायके से आई वापस
वहीं, जांच में पता चला है कि शुक्रवार रात आठ बजे मानसा अपने मायके से अपने ससुराल वापस आई। इस दौरान फिर एक बार दंपती के बीच झगड़ा हुआ। वहीं, मानसा ने किसी प्रकार के विवाहेतर संबंध में अपनी संलिप्तता से भी इनकार किया।
शुक्रवार रात को दंपती के बीच तीखी बहस हुई। झगड़े के दौरान ही पत्नी ने अपनी पत्नी का सिर काट दिया और शरीर से अलग कर दिया। बाद में सिर लेकर थाने पहुंचा। शुरुआती जांच में पता चला है कि शंकर की उसे मारने की योजना थी और यही कारण है कि उसने अपने घर के पास की एक दुकान से दरांती खरीदी। पुलिस अधिकारी ने इस मामले में बताया कि हमने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है।
बेंगलुरु भगदड़ का असर, KCA सचिव और कोषाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा
7 Jun, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु भगदड़ हादसे से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है। मामले में कर्नाटक सीएम के ताबड़तोड़ एक्शन के बाद अब कर्नाटक क्रिकेट संघ के सचिव और कोषाध्यक्ष ने भगदड़ की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार रात को सीएम के एक्शन के बाद जब पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए घर पहुंची तो दोनों घर से गायब थे।
कर्नाटक क्रिकेट संघ ने जारी किया प्रेस नोट
पुलिस ने अब तक इस मामले में आरसीबी के अधिकारी समेत 4 लोगों को अरेस्ट किया है। 4 जून को बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुए भगदड़ हादसे में 11 लोगों की जान चली गई थी जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे। रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को कर्नाटक क्रिकेट संघ ने एक प्रेस नोट जारी किया। जिसमें लिखा गया कि पिछले दो दिनों में हुई अप्रत्याशित और दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में हमारी भूमिका बहुत ही सीमित थी।
पत्र में आगे लिखा गया है कि नैतिक जिम्मेदारी के कारण हम यह बताना चाहते हैं कि कल रात हमने राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष को दिनांक 06 जून के एक पत्र के जरिए क्रिकेट संघ के सचिव और कोषाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही इस पर दोनों के हस्ताक्षर भी थे।
दो दिनों से एक्शन में सीएम
इससे पहले गुरुवार शाम को सीएम ने एक्शन लेते हुए पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। सीएम ने आरसीबी और इवेंट मैनेजमेंट के आला अधिकारियों को अरेस्ट करने का आदेश दिया था। कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर समेत 8 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया था। सीएम ने खुद के राजनीतिक सचिव को भी बर्खास्त कर दिया है।
पाकिस्तान को फिर अंतरराष्ट्रीय मंच से घेरा गया, जयशंकर ने सुनाई खरी-खरी
7 Jun, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष डेविड लैमी के साथ लंबी बातचीत में कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" की नीति अपनाता है।
विदेश मंत्री ने साफ कर दिया कि भारत आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने साफ किया कि भारत कभी भी "आतंक फैलाने" वालों को पीड़ित के बराबर नहीं रखेगा।
क्यों अहम है ब्रितानी विदेश मंत्री का भारत दौरा?
यह बयान वैश्विक समुदाय को एक स्पष्ट पैगाम देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। यह बयान ऐसे वक्त पर आया है जब पिछले महीने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष अपने चरम पर पहुंच गई थी।
लैमी दो दिन के दौरे पर शनिवार सुबह नई दिल्ली पहुंचे। उनका मकसद दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी के अलग-अलग पहलुओं की समीक्षा करना है। ब्रिटिश विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, लैमी का दौरा आर्थिक और प्रवास संबंधों को मजबूत करने और ब्रिटिश कारोबारियों के लिए भारत में नए मौके तलाशने पर केंद्रित है।
भारत को समर्थन देने के लिए ब्रिटेन को शुक्रिया
जयशंकर के साथ बातचीत से पहले लैमी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। जयशंकर ने अपने शुरुआती बयान में ब्रिटेन को पाहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करने और भारत के आतंकवाद के खिलाफ जंग में समर्थन देने के लिए शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने कहा, "हम आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हैं और उम्मीद करते हैं कि हमारे साझेदार इसे समझें। हम कभी भी बुराई करने वालों को उनके शिकार के बराबर नहीं मान सकते।"
जयशंकर ने हाल ही में हुए भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और डबल कॉन्ट्रिब्यूशन कन्वेंशन को "बड़ा मील का पत्थर" बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता न सिर्फ दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ाएगा, बल्कि आपसी रणनीतिक रिश्तों पर भी सकारात्मक असर डालेगा।
लैमी ने 16 मई को इस्लामाबाद का दो दिन का दौरा किया था, जहां उन्होंने 10 मई को भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने के समझौते का स्वागत किया था। इस दौरे से भारत-ब्रिटेन संबंधों में और मजबूती की उम्मीद है।
भारत में गरीबी पर विश्व बैंक की मुहर, 10 साल में गरीबों की संख्या में बड़ी गिरावट
7 Jun, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विश्व बैंक ने हाल में अपनी गरीबी रेखा की सीमा को संशोधित किया है। अब ये 2.15 डॉलर प्रतिदिन से बढ़कर 3 डॉलर प्रतिदिन हो गया है। इस नए मानक के अनुसार, भारत में अत्यधिक गरीबी की दर में काफी ज्यादा कमी देखी गई।
विश्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 2011-12 में 27.1% की अत्यधिक गरीबी दर 2022-23 में घटकर मात्र 5.3% रह गई है। अत्यधिक गरीबी में रहने वाले लोगों की संख्या 344.47 मिलियन से घटकर 75.24 मिलियन हो गई है।
क्यों बनाई जाती है यह रिपोर्ट?
विश्व बैंक की यह रिपोर्ट 100 से अधिक विकासशील देशों में गरीबी, साझा समृद्धि और असमानता के रुझानों के बारे में बताते हैं। विश्व बैंक समूह और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की वसंत और वार्षिक बैठकों के लिए साल में दो बार जारी होने वाली ये जानकारी किसी देश की गरीबी और असमानता के बारे में तस्वीर पेश करते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार
ग्रामीण क्षेत्रों में अत्यधिक गरीबी 2011-12 में 18.4% से घटकर 2022-23 में 2.8% हुई।
शहरी क्षेत्रों में अत्यधिक गरीबी 2011-12 में 10.7% से घटकर 1.1% हुई।
ग्रामीण और शहरी गरीबी के बीच का अंतर 7.7 प्रतिशत अंक से घटकर 1.7 प्रतिशत अंक रह गया।
रोजगार में हुई वृद्धि
वर्ल्ड बैंक के अनुसार, भारत को निम्न-मध्यम आय स्तर पर गरीबी कम करने से फायदा हुआ।
प्रतिदिन 3.65 अमेरिकी डॉलर मापा गया है।
ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में इस व्यापक-आधारित वृद्धि से लाखों लोगों को लाभ हुआ है।
रोजगार वृद्धि में सकारात्मक रुझान देखे गए हैं विशेषकर 2021-22 के बाद से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जैसा कि विश्व बैंक की रिपोर्ट में बताया गया है।
2021-22 से रोजगार वृद्धि ने कामकाजी आयु वर्ग की आबादी को पीछे छोड़ दिया है, खासकर महिलाओं के बीच रोजगार दरों में वृद्धि हुई है।
शहरी बेरोजगारी वित्त वर्ष 24-25 की पहली तिमाही में 6.6 प्रतिशत तक गिर गई, जो 2017-18 के बाद सबसे कम है।
हाल के आंकड़ों से पता चलता है कि 2018-19 के बाद पहली बार ग्रामीण क्षेत्रों से शहरी क्षेत्रों में पुरुष श्रमिकों का स्थानांतरण हुआ है, जबकि कृषि में ग्रामीण महिला रोजगार में वृद्धि हुई है।
स्वरोजगार में वृद्धि हुई है, विषेशकर ग्रामीण श्रमिकों और महिलाओं के बीच, जिसने आर्थिक भागीदारी में योगदान दिया है।
IAF फिर करेगा बॉर्डर पर युद्धाभ्यास, ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी सक्रियता
7 Jun, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आज से ठीक एक महीने पहले भारतीय सेना ने पाकिस्तान के लिए कयामत की रात ला दी थी, जब भारत ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था। भारत द्वारा दिए गए इस गहरे घाव की मार पाकिस्तान अभी तक झेल रहा है।
इस बीच राजस्थान में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के दक्षिणी क्षेत्र में 7 जून और 8 जून को भारतीय वायुसेना (IAF) बड़े स्तर पर अभ्यास करने वाली है, जिसे लेकर इंडियन एअरफोर्स ने एअरमेन को नोटिस (NOTAM) जारी किया है।
कब से कब तक आयोजित होगा अभ्यास
यह अभ्यास भारतीय वायुसेना नियमित तैयारियों का एक हिस्सा है, जो सीमा क्षेत्र के निकट हवाई क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। NOTAM के अनुसार, 7 जून को दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा और अगले दिन 8 जून को रात 8.30 बजे समाप्त होगा।
इस दौरान अभ्यास में कोई बाधा उत्पन्न न हो इसके लिए अभ्यास क्षेत्र के ऊपर हवाई क्षेत्र को प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। आईएएफ के एक अधिकारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि युद्ध अभ्यास के दौरान प्लेटफॉर्मों और अन्य सहायक प्रणालियों के अलावा राफेल, मिराज 2000 और सुखोई-30 जैसे फ्रंटलाइन फाइटर जेट सहित कई उन्नत डिफेंस सिस्टम शामिल होंगे।
पीएम मोदी का बयान
बता दें, ऑपरेशन सिंदूर को एक महीने हो चुका है और पाकिस्तान अभी तक इसके सदमे से बाहर नहीं आया है। 6 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज से ठीक एक महीने पहले, 6 मई की रात पाकिस्तान के आतंकियों पर कयामत बरसी थी।
उन्होंने कहा, "अब ऑपरेशन सिंदूर का नाम सुनते ही पाकिस्तान को अपनी शर्मनाक हार याद आएगी। यह ऑपरेशन भारत की सैन्य ताकत और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का प्रतीक है।"
भारत ने पाकिस्तान पर क्या-क्या कार्रवाई की?
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद 23 अप्रैल को भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया।
यह संधि 1960 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुई थी, जिसमें सिंधु नदी के पानी का बंटवारा हुआ था।
सिंधु जल संधि के अनुसार, पाकिस्तान को नदी का 80% पानी मिलता था।
संधि निलंबित करने के बाद पाकिस्तान में पानी की कमी होने लगी।
ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत
पहलगाम में आतंकवादियों ने 22 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। इस हमले में आतंकियों ने भारतीय हिन्दू पुरुषों को निशाना बनाया था। भारत ने इस हमले का जिम्मेदार लश्कर-ए-तैयबा (LeT), जैश-ए-मोहम्मद के साथ द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) को ठहराया था।
आतंकी हमले के बाद भारत ने 6 और 7 मई की रात 1.05 बजे से लेकर 1.30 तक ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। ऑपरेशन सिंदूर 2016 सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 बालाकोट एअरस्ट्राक के बाद भारत का आतंकियों पर तीसरा बड़ा हमला था।
विदेश मंत्री का कड़ा संदेश – आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा भारत
7 Jun, 2025 03:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने शनिवार को नई दिल्ली में ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी से मुलाकात की। डेविड लैमी अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत दौरे पर आए हैं। बैठक के दौरान डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टोलेरेंस की नीति है और हम उम्मीद करते हैं कि हमारे सहयोगी इस बात को समझें। भारतीय विदेश मंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले निंदा करने और आतंकवाद के खिलाफ समर्थन के लिए भी ब्रिटिश सराकर को धन्यवाद दिया। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी दो दिवसीय भारत दौरे पर शनिवार सुबह नई दिल्ली पहुंचे। लैमी के दौरे में दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की जाएगी।
यूजीसी नेट जून 2025 परीक्षा की तारीखों का एलान, 25 से 29 जून तक होंगे एग्जाम
7 Jun, 2025 02:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC NET जून 2025 सत्र के लिए परीक्षा तिथियों को आधिकारिक रूप से संशोधित कर दिया है। नई अधिसूचना के अनुसार परीक्षा अब 25 जून से लेकर 29 जून तक आयोजित की जाएगी। सब्जेक्ट के अनुसार टाइम टेबल अब आधिकारिक पोर्टल ugcnet.nta.ac.in पर उपलब्ध है।
UGC NET की जून में आयोजित होने वाली परीक्षा के उम्मीदवार अब वेबसाइट पर जारी किए गए विषयों और शिफ्टों के आधार पर विस्तृत कार्यक्रम देख सकते हैं। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी, जिसमें 85 विषय शामिल होंगे।
परीक्षा से जुड़ी मुख्य बातें
परीक्षा तिथि- 25 जून से 29 जून, 2025
परीक्षा का तरीका- ऑनलाइन (CBT)
उद्देश्य- जूनियर रिसर्च फेलेशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसरशिप और Phd कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्रता
टोटल विषय- 85
कहां-कहां होगी परीक्षा?
NTA परीक्षा तिथि से कम से कम 10 दिन पहले उन शहरों की जानकारी देगा, जहां परीक्षा आयोजित होने वाली है। यह अग्रिम सूचना उम्मीदवारों के लिए अपनी यात्रा के लिए समय निकालने और योजना बनाने में मदद करेगी।
कब जारी होगा एडमिट कार्ड?
UGC NET 2025 की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड भी परीक्षा से कम से कम 10 दिन पहले उपलब्ध कराया जाएगा। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए नियमित रूप से ugcnet.nta.ac पर जाना होगा और किसी भी घोषणा या अपडेट के लिए नजर रखनी होगी।
UGC NET 2025 एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का तरीका
आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर जाएं।
UGC NET जून 2025 एडमिट कार्ड डाउनलोड' ऑप्शन पर क्लिक करें।
अपना आवेदन नंबर, जन्म तिथि और सुरक्षा पिन दर्ज करें।
क्रेडेंशियल दर्ज करें।
परीक्षा के दिन उपयोग के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और प्रिंट करें।
जांच लें एडमिट कार्ड
उम्मीदवारों को यह सलाह दी जाती है कि वे सभी अपने एडमिट कार्ड पर छपी सारी जानकारी को अच्छे से जांच लें, जिसमें तिथि, शिफ्ट का समय और स्थान शामिल है।
UGC NET जून 2025 परीक्षा से संबंधित किसी भी सहायता के लिए उम्मीदवार 011-40759000 पर NTA हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं या ugcnet@nta.ac.in पर ईमेल भी कर सकते हैं।
अरुणाचल में सुरक्षा बलों और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़, जंगल का फायदा उठाकर भागे संदिग्ध
7 Jun, 2025 01:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले में भारत-म्यांमार सीमा पर सुरक्षाकर्मियों और संदिग्ध उग्रवादियों के बीच गोलीबारी हुई। एक रक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को पोंगचाऊ सर्कल पर गश्त के दौरान सुरक्षाबलों ने कुछ हथियारबंद लोगों की गतिविधियां देखी और उन्हें चुनौती दी।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि संदिग्ध उग्रवादियों ने गश्ती दल को देखकर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि गोलीबारी के दौरान घुसपैठिए म्यांमार की ओर भाग गए।
सीमा पार भाग गए उग्रवादी
रक्षा अधिकारी ने बताया कि भारत-म्यांमार सीमा पर पोंगकाउ सर्कल पर कुछ व्यक्तियों की गतिविधि के बारे में विशेष सूचना मिलने के बाद गश्त शुरू की गई थी।
उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने इलाके की गहन तलाशी ली, लेकिन घुसपैठिए घने जंगल का फायदा उठाकर सीमा पार करने में कामयाब हो गए।
भारत की सबसे लंबी सुरंग T-50 से गुजरी वंदे भारत ट्रेन, रेल मंत्री ने किया सफर
7 Jun, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में कटरा और श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई. यह कश्मीर घाटी और जम्मू क्षेत्र के बीच पहली सीधी रेल सेवा है. जो भारत की सबसे लंबी सुरंग से होकर गुजरेगी. वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वो वंदे भारत ट्रेन में सफर करते नजर आ रहे हैं जो टी-50 सुरंग से गुजरती नजर आ रही है. इस वीडियो के साथ उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि टी-50 (जम्मू-कश्मीर) भारत की सबसे लंबी परिवहन सुरंग है.
बता दें कि टी-50 भारत की सबसे लंबी परिवहन सुरंग है. खारी और सुंबर के बीच स्थित यह सुरंग 12.77 किमी लंबी है. इसके अलावा रेल लिंक में भारत की दूसरी सबसे लंबी परिवहन सुरंग, टी-80 (11.22 किमी) है. बनिहाल और काजीगुंड के बीच स्थित इसे पीर पंजाल रेलवे सुरंग के रूप में जाना जाता है.
जम्मू-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लाइन का सपना
इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प के कारण कश्मीर को रेल मार्ग के जरिए देश के शेष हिस्सों से जोड़ने का सपना साकार हो पाया है. उन्होंने कहा कि देश का दशकों से जम्मू-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लाइन का सपना था. इसमें कई कठिनाइयां थीं, जैसे ऊंचे पर्वत और गहरी घाटियां. लेकिन हमें प्रकृति से नहीं लड़ना है.
पुलों और सुरंगों के नेटवर्क के माध्यम से यह रेलवे लाइन हकीकत में तब्दील हो गई. रेल मंत्री ने कटरा में पीएम मोदी द्वारा कश्मीर के लिए वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर कहा कि यह प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति और ठोस प्रयास के कारण संभव हुआ.
मां भारती के मुकुट में एक और रत्न
उन्होंने रेल लाइन का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि मां भारती के मुकुट में एक और रत्न जुड़ गया है. रेल मंत्री ने यह भी कहा कि पीएम मोदी ने रेलवे मार्ग पर दो विशेष पुलों – चिनाब पुल और अंजी पुल का उद्घाटन किया. रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि चिनाब पुल 359 मीटर ऊंचा है, जो (पेरिस के) एफिल टॉवर से भी ऊंचा है. यह दुनिया का सबसे ऊंचा मेहराबदार रेलवे ब्रिज है. इस लाइन पर 12.77 किलोमीटर लंबी टी50 सुरंग, सबसे लंबी परिवहन सुरंग है.
हिमालय पर्वतमाला में सुरंग
उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के कटरा-बनिहाल खंड का निर्माण कार्य चुनौतीपूर्ण था और इस पर काम 2014 के बाद शुरू हुआ. 111 किलोमीटर के खंड में से 97 किमी सुरंगों से होकर और 7 किमी पुलों के ऊपर से गुजरता है. उन्होंने कहा कि नए आविष्कार हुए और हिमालय पर्वतमाला में सुरंग बनाने की पद्धति शुरू की गई. मैं उन सभी इंजीनियरों और तकनीशियनों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में काम किया.
जम्मू स्टेशन पर चल रहा काम
रेल मंत्री ने यह भी कहा कि जम्मू स्टेशन पर बड़े पैमाने पर काम चल रहा है, जहां सितंबर तक तीन प्लेटफॉर्म बनकर तैयार हो जाएंगे. उन्होंने कहा कि आज (शुक्रवार) ट्रेन को कटरा से रवाना किया गया, लेकिन यह जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन है और सितंबर से, यह जम्मू से चलेगी.
बंगलूरू स्टेडियम भगदड़ कांड के बाद क्रिकेट संघ के दो पदाधिकारियों का इस्तीफा
7 Jun, 2025 12:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बंगलूरू । बंगलूरू में हुर्द भगदड़ के बाद विवादों में घिरे कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ से बड़ी खबर आ रही है। जानकारी के मुताबिक, ए. शंकर और ईएस जयराम ने केएससीए के सचिव और कोषाध्यक्ष के रूप में अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरसीबी के आईपीएल ट्रॉफी समारोह के दौरान मची भगदड़ की नैतिक जिम्मेदारी ली है। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी। एक संयुक्त बयान में शंकर और जयराम ने कहा कि उन्होंने गुरुवार रात को केएससीए अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बयान में कहा गया, 'पिछले दो दिनों में हुई अप्रत्याशित और दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की वजह से हम यह बताना चाहते हैं कि हमने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के सचिव और कोषाध्यक्ष के रूप में अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, हमारी भूमिका बहुत सीमित थी।' इससे पहले केएससीए अध्यक्ष रघुराम भट, सचिव शंकर और कोषाध्यक्ष जयराम ने कर्नाटक हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी कि गेट प्रबंधन और भीड़ प्रबंधन संघ की जिम्मेदारी नहीं थी। उन्होंने विधान सौधा में आरसीबी आईपीएल समारोह आयोजित करने की अनुमति मांगी थी। विधान सौध में सम्मान समारोह बिना किसी बड़ी गड़बड़ी के संपन्न हो गया, लेकिन एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर अनहोनी हो गई, जहां आरसीबी के सोशल मीडिया आमंत्रण के बाद लाखों लोग एकत्र हुए, जिसे बाद में हटा दिया गया। इस वजह से विजय परेड को रद्द करना पड़ा, लेकिन स्टेडियम के अंदर समारोह जारी रहा। बावजूद इसके कि बाहर इतना बड़ा हादसा हो गया।
सरकार को भेजे गए पत्र में क्या लिखा था?
अनुमति के लिए भेजे गए केएससीए के पत्र के मुताबिक, मेसर्स डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से केएससीए यह सूचित करने का अनुरोध करता है कि अगर तीन जून 2025 को आईपीएल फाइनल के बाद अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु खिताब जीतता है तो मेसर्स डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स प्राइवेट लिमिटेड विधान सौधा ग्रैंड स्टेप्स में सम्मान समारोह की योजना बनाएगा। महासंघ ने राज्य सरकार के कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग को जारी पत्र में लिखा है कि केएससीए अनुरोध करता है कि मेसर्स डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स प्राइवेट लिमिटेड को विधान सौधा ग्रैंड स्टेप्स पर आवश्यक व्यवस्था करने की अनुमति दी जाए।
'दबाव और मजबूर करने वाली परिस्थितियों में पुलिस ने दर्ज की एफआईआर'
केएससीए ने राज्य हाईकोर्ट में दलील दी है कि उसके पदाधिकारियों को किसी भी तरह की गलती के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है। वे इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए किसी भी तरह से जिम्मेदार नहीं है। संस्था ने अपनी रिट याचिका में कहा, 'आईपीएल कार्यक्रम आरसीबी की ओर से अपने सेवा प्रदाता मेसर्स डीएनए नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से आयोजित किए जाते हैं और केएससीए की भूमिका बहुत सीमित है। केएससीए आयोजन स्थल और बुनियादी ढांचे उसे सौंपता है। पुलिस ने बिना किसी प्रारंभिक जांच के अत्यधिक दबाव और मजबूर करने वाली परिस्थितियों में याचिकाकर्ता/केएससीए के सदस्यों को आरोपी बनाकर एफआईआर दर्ज की है।
हाईकोर्ट से मिली फौरी राहत
केएससीए पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर को रद्द करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति एसआर कृष्ण कुमार ने अगली सुनवाई तक पुलिस को पदाधिकारियों के खिलाफ कोई भी दंडात्मक कार्रवाई करने से रोक दिया। अदालत ने याचिकाकर्ताओं को जांच में पूरा सहयोग करने का भी निर्देश दिया। एफआईआर रद्द करने की याचिका पर 16 जून को फिर सुनवाई होगी। हाईकोर्ट ने भी इस दुखद घटना का स्वतः संज्ञान लिया है और राज्य सरकार से ‘स्टेटस रिपोर्ट’ दाखिल करने को कहा है। इस पर 10 जून को सुनवाई होगी।
क्या है मामला?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से आईपीएल का खिताब जीतने के बाद बंगलूरू में जश्न मनाया जा रहा था। इस दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हुई थी। हादसे में 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे। भगदड़ के बावजूद स्टेडियम के अंदर कार्यक्रम जारी रखने को लेकर आयोजकों को तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा है। स्टेडियम के बाहर लाखों लोग आरसीबी के सोशल मीडिया आमंत्रण के बाद एकत्र हुए थे। इस आमंत्रण को हालांकि बाद में हटा दिया गया था। अत्यधिक भीड़ के कारण रोड शो को रद्द कर दिया गया, लेकिन स्टेडियम के अंदर समारोह जारी रहा। विधान सौधा में सम्मान समारोह बिना किसी बड़ी गड़बड़ी के संपन्न हो गया, लेकिन चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर अराजकता फैल गई।
