देश
पुंछ में आतंकी ठिकाना ध्वस्त
6 Jul, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुंछ। पुंछ में सुरनकोट तहसील के बैहराम गल्ला के डैर क्षेत्र में पुलिस और सेना के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई में सुरक्षा बलों को भारी मात्रा में हथियार और सामान बरामद हुए हैं। सुरक्षाबलों ने बताया कि इस ठिकाने से तीन हैंडग्रेनेड, गोलियां, चार्ज लीड, सरिया राड, वायर कटर, चाकू, पैंसिल सैल, लाइटर सहित कई अन्य सामग्री बरामद की गई है। यह तलाशी अभियान इलाके में सुरक्षा हालात की समीक्षा और आतंकवादियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के तहत चलाया गया था। सुरक्षा बलों की सतर्कता और कड़ी मेहनत के चलते यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है।
बिहार में संगठित अपराध का नया अध्याय, कारोबारी बना निशाना
5 Jul, 2025 07:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना : राजधानी के जाने-माने कारोबारी गोपाल खेमका की दिनदहाड़े हत्या ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला सिर्फ एक हत्या का नहीं, बल्कि बिहार की प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था की विफलता का बड़ा उदाहरण बन चुका है। खास बात यह है कि गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की भी वर्ष 2018 में हत्या कर दी गई थी। उस वक्त उन्हें सुरक्षा दी गई थी, लेकिन सवाल उठ रहा है कि वह सुरक्षा बाद में क्यों और कैसे हटा ली गई?
डीजीपी के बयान पर उठे सवाल
बिहार के डीजीपी विनय कुमार का कहना है कि गोपाल खेमका ने खुद अपनी सुरक्षा वापस कर दी थी। हालांकि, इस पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या उन्होंने स्वेच्छा से सुरक्षा लौटाई या पुलिस प्रशासन ने जानबूझकर सुरक्षा हटाई? सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
साजिश जेल से रची गई?
इस हत्याकांड की जांच में अब एक नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने पटना की बेऊर जेल में छापेमारी कर तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं और आशंका जताई जा रही है कि हत्या की साजिश जेल के अंदर से रची गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शूटर की पहचान की कोशिश की जा रही है, जिसने फोन पर निर्देश लेकर वारदात को अंजाम दिया।
एक बार फिर अपराधियों के आगे बेबस पुलिस
पटना में बीते कुछ वर्षों में लगातार हाई-प्रोफाइल हत्याएं हो रही हैं – शाहनवाज, नवनीत, अमरेंद्र, संजय और अब गोपाल खेमका। इन सभी मामलों में बाइक सवार अपराधी आसानी से वारदात कर भाग निकलते हैं, जबकि पुलिस सूचना तंत्र, टेक्नोलॉजी और जवाबदेही में पिछड़ती नजर आती है।
चुनाव से पहले सियासी भूचाल
इस हत्या ने बिहार चुनाव से ठीक पहले राज्य की सियासत को गरमा दिया है। एनडीए सरकार पर विपक्ष लगातार हमलावर है और कानून-व्यवस्था को चुनावी मुद्दा बना रहा है। सुरक्षा, प्रशासनिक जवाबदेही और अपराध पर नियंत्रण—ये सभी सवाल अब सियासी बहस के केंद्र में हैं।
ट्रैफिक कंट्रोल से लेकर राहत कार्य तक, RSS फिर निभाएगा सिविल डिफेंस में भूमिका
5 Jul, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के प्रांत प्रचारकों (Prant Pracharak) की बैठक चल रही है। तीन दिवसीय बैठक में संघ के कार्यकर्ताओं की भूमिका पर बात हुई। इस बैठक में ऑपरेशन सिंदूर जैसे हालात में संघ के कार्यकर्ता किस तरह अपनी भूमिका निभा सकते हैं। इस पर विचार विमर्श किया गया। संघ ने इस बैठक में निर्णय लिया है कि वह सिविल डिफेंस एक्सरसाइज का आयोजन करेगा। संघ की प्रांत प्रचारकों की बैठक में बांग्लादेश में हिदुओं के साथ हो रहे अत्याचार का मुद्दा भी उठा।
संगठन की प्रगति की समीक्षा
दिल्ली में चल रही संघ की बैठक में संगठन की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। 2 अक्टूबर 2025 को संघ अपना 100वां स्थापना दिवस मनाएगा। शताब्दी वर्ष के समारोह की योजना पर भी बैठक में चर्चा हुई। संघ इस बात पर विचार कर रहा है कि संकट के समय में सरकार व प्रशासन के साथ तालमेल बैठाकर कर कैसे काम किया जाए।
भारत-चीन युद्ध में संभाली थी ट्रैफिक की कमान
संघ सामाजिक सद्भाव बैठकें और आउटरीच अभियान आयोजित करने जा रहा है। संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि RSS के कार्यकर्ता मुश्किल समय में हमेशा आगे रहे हैं। उन्होंने देश की मदद की है। अब एक बार फिर, RSS युद्ध जैसी स्थिति में मदद करने के लिए तैयार है। वे सिविल डिफेंस एक्सरसाइज में भी भाग लेंगे। आंबेकर ने कहा कि 1962 के युद्ध में स्वयंसेवकों ने दिल्ली में ट्रैफिक को संभाला था। उन्होंने नेहरू के अनुरोध पर राहत सामग्री भी पहुंचाई थी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में चल रहे प्रांत प्रचारकों की बैठक में लगभग 233 पदाधिकारी बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 32 सहयोगी संगठनों के प्रमुख भी शामिल हैं।
पीएम मोदी का सांस्कृतिक सत्कार, त्रिनिदाद में सोहारी पत्ते पर हुआ भोज
5 Jul, 2025 04:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय त्रिनिदाद और टोबैगो दौरे पर हैं. शुक्रवार (4 जुलाई, 2025) को वहां उनके सम्मान में रात्रि भोज रखा गया. इस दौरान उन्हें खाने के लिए एक खास पत्ते सोहारी पर भोजन परोसा गया. इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि यह पत्ता उनकी संस्कृति के लिए बहुत खास है. उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें वे त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री के साथ खाना खाते दिख रहे हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सोहारी पत्ता त्रिनिदाद और टोबैगो के लोगों के लिए, खासकर भारतीय मूल के लोगों के लिए बहुत खास है. यहां त्योहारों और खास कार्यक्रमों में इसी पत्ते पर खाना परोसा जाता है. यह पत्ता एक उष्णकटिबंधीय पौधे से आता है, जो भारत के केले के पौधे जैसा होता है. भारतीय मूल के लोग अब भी खास मौकों पर पत्ते पर खाना खाने की परंपरा को निभा रहे हैं.
पीएम मोदी की राणा मोहीप से हुई मुलाकात
डिनर के दौरान प्रधानमंत्री की मुलाकात राणा मोहीप से हुई. उन्होंने कुछ साल पहले महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर 'वैष्णव जन तो' भजन गाया था. पीएम मोदी ने कहा कि राणा मोहीप को भारतीय संगीत और संस्कृति से गहरा लगाव है. डिनर के दौर उन्होंने ने त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री को अयोध्या के राम मंदिर की एक प्रतिकृति भेंट की. इसके साथ ही उन्होंने सरयू नदी और प्रयागराज में इस साल हुए महाकुंभ का पवित्र जल भी भेंट किया.
1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा
पीएम मोदी ने कहा कि ये उपहार भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो के बीच गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों का प्रतीक हैं. उनकी यह यात्रा 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा थी. इससे पहले गुरुवार को त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने पीएम मोदी का स्वागत पिआर्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर किया. यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर और पारंपरिक स्वागत मिला. कई कैबिनेट मंत्री और सांसद भी प्रधानमंत्री का स्वागत करने पहुंचे थे.
गलवान के बाद पहली बार चीन जाएंगे जयशंकर, एससीओ बैठक में होगी भागीदारी
5 Jul, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विदेश मंत्री एस जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में भाग लेने के लिए 13 जुलाई के आसपास चीन का दौरा करेंगे. पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर 2020 के सैन्य गतिरोध के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में गंभीर तनाव आने के बाद, जयशंकर की यह पहली चीन यात्रा होगी.
बताया जा रहा है कि विदेश मंत्री 14 और 15 जुलाई को आयोजित होने वाले एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए तियानजिन जाने से पहले अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ वार्ता करने को लेकर बीजिंग की यात्रा करेंगे.
चीन एससीओ का वर्तमान अध्यक्ष
विदेश मंत्री जयशंकर की यह यात्रा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा शंघाई सहयोग संगठन के रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए चीनी शहर चिंगदाओ की यात्रा के कुछ ही हफ्तों बाद हो रही है. चीन एससीओ का वर्तमान अध्यक्ष है और वह समूह की बैठकों की मेजबानी कर रहा है.
गलवान झड़प के बाद पहला दौरा
पूर्वी लद्दाख में सैन्य गतिरोध मई 2020 में शुरू हुआ था और उस साल जून में गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों में गंभीर तनाव पैदा हो गया था. 21 अक्टूबर को अंतिम रूप दिए गए एक समझौते के तहत डेमचोक और देपसांग स्थित टकराव वाले दो अंतिम स्थानों से सैनिकों को वापस बुलाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गतिरोध प्रभावी रूप से खत्म हो गया.
कई मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
जयशंकर और चीनी विदेश मंत्री वांग यी के बीच होने वाली द्विपक्षीय बैठक में LAC पर तनाव कम करने और दोनों देश के सैन्य बलों को शांति के समय एलएसी पर तैनाती वाली स्थिति में वापस लाने की कोशिशों को रफ्तार देने और इसके साथ ट्रेड और पीपल टू पीपल कॉन्टैक्ट जैसे संबंधों को सामान्य बनाने के तरीकों पर चर्चा होने की भी उम्मीद है.
फिर शुरू हुई कैलाश मानसरोवर यात्रा
हाल ही में दोनों देशों के बीच पांच साल के अंतराल के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने पर सहमति बनी है. इसके अलावा, बीजिंग दोनों देशों के बीच व्यापार को सामान्य करने और सीधी उड़ानों को फिर से शुरू करने पर भी जोर दे रहा है.
दूल्हे की जगह पहुंची मौत: बोलेरो हादसे में 3 साल की बच्ची समेत पूरा परिवार खत्म
5 Jul, 2025 01:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संभल (उत्तर प्रदेश):
शुक्रवार शाम यूपी के संभल जिले में एक हृदय विदारक हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मेरठ-बदायूं रोड पर जुनावई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई, जिसमें दूल्हा सूरज पाल समेत आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
गांव हरगोविंदपुर निवासी सुखराम के बेटे सूरज पाल की शादी बदायूं के सिरसौल गांव में तय थी। बरात की गाड़ियाँ पहले ही रवाना हो गई थीं, लेकिन दूल्हे की गाड़ी देरी से निकली। माना जा रहा है कि चालक ने बरातियों को पकड़ने के चक्कर में तेज रफ्तार पकड़ी और अनियंत्रित बोलेरो कॉलेज की दीवार से जा भिड़ी।
जान गंवाने वालों में कौन-कौन?
दूल्हा सूरज पाल (20) , बहन कोमल (15) , चाची आशा (26) , चचेरी बहन ऐश्वर्या (3) , चचेरे मामा सचिन (22) हींगवाड़ी (बुलंदशहर) , उनकी पत्नी मधु (20) , ममेरा भाई गणेश (2), खुर्जा (बुलंदशहर) चालक रवि (28)
घायल और मदद
हिमांशी और देवा को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। क्रेन से गाड़ी हटाई गई और दरवाजे काटकर शव निकाले गए। स्थानीय लोग मानते हैं कि अगर तत्काल मेडिकल सहायता मिल जाती, तो कुछ जानें बच सकती थीं।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
SP कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही से हुआ। विधायक पुत्र अखिलेश यादव और पूर्व विधायक राजू यादव ने पीड़ितों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। सीएमओ, तहसील प्रशासन और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
उड़ान भरने से पहले पायलट की बिगड़ी तबीयत, एयर इंडिया ने दी जानकारी
5 Jul, 2025 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु से दिल्ली के लिए उड़ान भरने से ठीक पहले एयर इंडिया के एक पायलट की अचानक तबीयत बिगड़ गई. जिसके बाद पायलट को तुरंत अस्पताल ले जाया गया और एयरलाइन को यात्रियों को उनके डेस्टिनेशन तक पहुंचाने के लिए दूसरे पायलट की व्यवस्था करनी पड़ी. एयर इंडिया ने इस बात की पुष्टि की है कि चार जुलाई की सुबह उसके एक पायलट की अचानक तबीयत बिगड़ गई.
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि चार जुलाई की सुबह हमारे एक पायलट की अचानक तबीयत बिगड़ गई. नतीजतन, पायलट बेंगलुरु से दिल्ली के लिए उड़ान एआई 2414 का परिचालन करने में असमर्थ थे और ऐसी स्थिति में उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. एयरलाइन ने कहा कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें उसी अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है.
एयर इंडिया के पायलट की तबीयत बिगड़ी
दरअसल बेंगलुरु एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह बेंगलुरु से दिल्ली लाने वाली फ्लाइट एयर इंडिया के कैप्टन श्रीवास्तव अचानक एयरपोर्ट पर बेहोश होकर गिर गए. यह घटना शुक्रवार सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट बेंगलुरु (BLR) से दिल्ली (DEL) AI 2414 की उड़ान से ठीक पहले हुई. एयर इंडिया के पायलट को बेंगलुरु के एक प्राइवेट अस्पताल में एडमिट कराया गया.
अस्पताल में भर्ती पायलट
इस घटना पर एयर इंडिया प्रवक्ता ने कहा है कि 4 जुलाई की सुबह हमारे एक पायलट के साथ एक मेडिकल इमरजेंसी हुई. जिसके बाद, पायलट बेंगलुरु से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली AI2414 को संचालित करने में असमर्थ था. जिसके लिए उसे रोस्टर किया गया था, और उसे तुरंत एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल पायलट की हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में ऱखा गया है.
अचानक बिगड़ी तबीयत
उन्होंने बताया कि पायलट की तबीयत अचानक बिगड़ने की वजह से AI2414 फ्लाइट की उड़ान में देरी हुई और हमारे कॉकपिट क्रू के दूसरे सदस्य द्वारा उसका संचालन किया गया. प्रवक्ता ने कहा कि हमारी तत्काल प्राथमिकता पायलट और उसके परिवार की सहायता करना है ताकि वह जल्दी से जल्दी ठीक हो सके.
अमरनाथ यात्रा के दौरान सड़क हादसा, प्रशासन ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
5 Jul, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 3 जुलाई से हो चुकी है. हजारों लोग बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए जा रहे हैं. इसी बीच शनिवार को यात्रा के दौरान रामबन जिले के एक बड़ा हादसा हो गया. चंद्रकोट लंगर स्थल के पास पहलगाम की तरफ रहे यात्रियों के काफिले की चार बसों में टक्कर हो गई. इस हादसे में 36 यात्री घायल हो गए.
अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे के पीछे की वजह एक बस के ब्रेक फेल होना है. इसके कारण बस ने अपना कंट्रोल खो दिया, जिसके कारण पीछे आ रही अन्य बसें उससे टकरा गईं. बसों को साइड करने का समय नहीं मिला. फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है.
हादसे की जानकारी लगते ही डीसी रामबन मोहम्मद अलयास खान, डीआईजी डीकेआर श्रीधर पाटिल, एसएसपी रामबन कुलबीर सिंह और एडीसी वरुणजीत सिंह चरक अस्पताल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों को हर मरीजों की हर संभव मदद करने की बात कही. हादसे के बाद यात्रियों को उनकी आगे की यात्रा के लिए दूसरे वाहनों में ट्रांसफर किया गया. ताकि वे बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए जा सके.
अब तक कर चुके 30 हजार लोग दर्शन
दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के दर्शन के लिए भारी बारिश के बीच शनिवार तड़के 6,900 से ज्यादा श्रद्धालुओं का नया जत्था जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ. दो जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक करीब 30 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं.
अधिकारियों के अनुसार, श्रद्धालुओं के चौथे जत्थे में कुल 6,979 श्रद्धालु शामिल हैं. जिनमें 5,196 पुरुष, 1,427 महिलाएं, 24 बच्चे, 331 साधु-साध्वियां और एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं. ये सभी श्रद्धालु सुबह साढ़े तीन बजे से दो काफिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना हुए.
कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही यात्रा
यात्रा की औपचारिक शुरुआत उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने यहीं से की थी. पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों के मारे जाने के बीच अमरनाथ यात्रा कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही है. शहर में 34 आवासीय केंद्र बनाए गए हैं और श्रद्धालुओं को रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) टैग जारी किए जा रहे हैं.
ISS में छुट्टी के दिन शुभांशु शुक्ला ने परिवार से की बात, बोले– धरती निहारना सबसे रोमांचक
5 Jul, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय अंतरिक्षयात्री शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर एक सप्ताह का समय पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि मिशन के दौरान आईएसएस के वेंटेज प्वाइंट से पृथ्वी को निहारना सबसे रोमांचक होता है। पारदर्शी वेंटेज प्वाइंट से धरती का वह मनोरम झलक दिखती है जो धरती से वायुमंडल या बादलों के कारण बेहद मुश्किल है। एक सप्ताह के बाद उन्हें एक दिन की छुट्टी मिली।
इस दिन को उन्होंने पृथ्वी पर अपने परिवार और देशवासियों के साथ जुड़कर अनुभव साझा करके बिताया। शुभांशु ने शुक्रवार को आईएसएस से हैम रेडियो के जरिये विज्ञानियों के साथ संवाद किया। यह संवाद बेंगलुरु के यूआर राव सेटेलाइट सेंटर में स्थापित टेलीब्रिज के माध्यम से आयोजित किया गया। हैम रेडियो के जरिये दुनियाभर में और यहां तक कि अंतरिक्ष में भी संवाद किया जा सकता है।
शुभांशु ने अपना अनुभव साझा किया
शुभांशु ने कहा, यह बेहतरीन क्षण था। हमें विभिन्न देशों का खाना खाने को मिला और हमने इसे चालक दल के सभी साथियों के साथ साझा किया। हमने आम रस', 'गाजर का हलवा', 'मूंग दाल हलवा' के स्वाद का भी आनंद लिया। यहां मौजूद हर किसी को यह बहुत पसंद आया और हमने साथ बैठकर खाना खाया और सभी ने इसकी खूब तारीफ की।
फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से अंतरिक्ष में रवाना होने के अपने अनुभव साझा करते हुए शुभांशु ने कहा, जैसे-जैसे आप ऊंचाई पर जाते हैं, आप रफ्तार अत्यधिक से बढ़ते हैं। वह इसरो-नासा की संयुक्त परियोजना के तहत आईएसएस के 14 दिवसीय मिशन पर हैं। शुभांशु और तीन अन्य अंतरिक्षयात्री- अमेरिका की पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोस्ज उजनांस्की-विस्नीवस्की, हंगरी के टिबोर कापू ड्रैगन अंतरिक्षयान से 28 घंटे की यात्रा के बाद गुरुवार को भारतीय समय के मुताबिक शाम 4.01 बजे अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचे थे।
उन्होंने आईएएस में कई प्रयोग किए। शुभांशु समेत एक्सिओम-4 के चालक दल ने तीन जुलाई तक पृथ्वी की 113 परिक्रमाएं पूरी कीं। इस दौरान उन्होंने पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की दूरी का लगभग 12 गुना दूरी की यात्रा की। शुभांशु ने गुरुवार को एक और इतिहास रचा। वह अंतरिक्ष में सबसे लंबे समय तक रहने वाले भारतीय अंतरिक्षयात्री भी बन गए। उन्होंने अपने राकेश शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा। राकेश शर्मा 1984 में सोवियत इंटरकॉस्मोस प्रोग्राम के तहत अंतरिक्ष में सात दिन, 21 घंटे और 40 मिनट बिताए थे। गुरुवार तक शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में नौ दिन बिताए हैं।
वैज्ञानिक अनुसंधान में दिया महत्वपूर्ण योगदान
एक्सिओम स्पेस ने कहा कि केवल सात दिनों में, एक्सिओम-4 मिशन के अंतरिक्षयात्रियों ने वैज्ञानिक अनुसंधान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मिशन की कमांडर व्हिटसन ने अध्ययन किया कि अंतरिक्ष में न के बराबर गुरुत्वाकर्षण में ट्यूमर कोशिकाएं किस प्रकार व्यवहार करती हैं। यह कैंसर के इलाज में मददगार हो सकता है।
शुभांशु प्रयोग कर पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि माइक्रोग्रैविटी या सूक्ष्मगुरुत्व शैवालों की वृद्धि और आनुवंशिक व्यवहार को किस प्रकार प्रभावित करता है। उन्होंने टार्डिग्रेड्स या वाटर बियर पर भी शोध किया। वाटर बियर छोटे जीव हैं और चरम स्थितियों में जीवित रहने की अपनी क्षमता के लिए जाने जाते हैं। टार्डिग्रेड्स लगभग 60 करोड़ वर्षों से पृथ्वी पर मौजूद हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया कि टार्डिग्रेड्स अंतरिक्ष में कैसे जीवित रहते हैं।
उत्तर भारत में मानसून का तांडव, कई राज्यों में जलभराव और यातायात प्रभावित
5 Jul, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर भारत में मानसूनी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। हालांकि दिल्ली-यूपी समेत पूरे एनसीआर तीन दिन से भारी बारिश नहीं पड़ी है। जिससे उमस हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में कहीं हल्की और कहीं थोड़ी अच्छी वर्षा हुई। लेकिन उमस भरी गर्मी से तब भी निजात नहीं मिली। पसीने से दिल्ली वासियों का हाल बेहाल ही रहा।
आज हो सकती है भारी बारिश
वहीं, मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि आज दिल्ली हरियाणा समेत पंजाब यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और झारखंड आदि राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने के भी आसार हैं।
मंडी जिले से लापता 56 लोगों की तलाश जारी
हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित मंडी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के बाद सेना के जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया है।
नौ किमी पैदल चलकर गांव पहुंची NDRF की टीम
एनडीआरएफ के जवानों ने शुक्रवार को सराज हलके के देजी गांव से 65 लोगों को सुरक्षित निकाला है। ये सभी लोग बाढ व भूस्खलन के कारण रास्ते टूटने से फंसे हुए थे। एनडीआरएफ की टीम दुर्गम रास्तों से नौ किलोमीटर पैदल चलकर देजी गांव पहुंची। सबसे पहले बीमार लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। बाद में उन्हें राहत शिविर में पहुंचाया गया।
उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि गांव तक पहुंचना आसान नहीं था। रास्ते जगह-जगह से कट चुके थे, भूस्खलन की वजह से लगातार पत्थर गिर रहे थे और बारिश ने हालात और भी मुश्किल बना दिए थे। बावजूद इसके प्रशासन, एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों के समन्वित प्रयासों से यह अभियान सफल हो पाया।
वायु सेना के हेलीकाप्टर से राहत सामग्री भेजी जा रही
मंडी जिले में 30 जून को बादल फटने से आई बाढ़ व भूस्खलन की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या 17 हो गई है। एक महिला का शव गुरुवार देर शाम कांगड़ा जिले ब्यास नदी से मिला है। 56 लोग अभी लापता हैं। वायु सेना के हेलीकाप्टर से राहत सामग्री भेजी जा रही है। लापता लोगों की ड्रोन से तलाश की जा रही है। फिलहाल मुख्यालय चारों ओर से कटा हुआ है। बिजली व दूरसंचार सेवाएं आंशिक रूप से बहाल कर दी गई है।
केदारनाथ पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त, छह घंटे बाधित रही यात्रा
उत्तराखंड में लगातार हो रही वर्षा चारधाम यात्रा में खलल डाल रही है। शुक्रवार को भारी वर्षा से केदारनाथ पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने से यात्रा छह घंटे बाधित रही। दोपहर लगभग 12 बजे मार्ग खुलने पर गौरीकुंड से तीर्थ यात्रियों को पैदल मार्ग पर जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान धाम से लौट रहे 500 तीर्थयात्रियों को भी सकुशल गौरीकुंड पहुंचाया।
यमुनोत्री हाईवे शुक्रवार को छठे दिन भी नहीं खुल पाया
वहीं, कर्णप्रयाग में उमट्टा पुलिया के पास भूस्खलन होने से सुबह पांच से 10 बजे तक बदरीनाथ हाईवे बाधित रहा। इस दौरान पुलिस-प्रशासन ने छोटे वाहनों को कर्णप्रयाग-सिवाई-कालेश्वर होते हुए निकाला। यमुनोत्री हाईवे शुक्रवार को छठे दिन भी नहीं खुल पाया है।
हाईवे को खोलने के लिए सिलाई बैंड पहुंचे बेली ब्रिज के सामान को ओजरी पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद ओजरी में बेली ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य में एक सप्ताह का समय लग सकता है।
उप्र में बारिश से तबाही, 10 की मौत
उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ वज्रपात ने तबाही मचाई है। इसकी चपेट में आने से अलग अलग जिलों में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 10 लोग झुलस गए। पूर्वांचल में सबसे अधिक जानें गई हैं।
डीएसी ने दी 1.5 लाख करोड़ रुपए के 10 रक्षा खरीद प्रस्तावों को मंजूरी
4 Jul, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली।पाकिस्तान के साथ पश्चिम सीमा पर जारी तनाव के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा अधिग्रहण परिषद (डीएसी) की बैठक हुई। जिसमें कुल करीब 1.05 लाख करोड़ रुपए के 10 रक्षा खरीद प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बैठक के दौरान परिषद ने इन प्रस्तावों के लिए आवश्यकता की स्वीकृति यानी एओएन प्रदान किया है। 10 प्रस्तावों में तीनों सशस्त्र सेनाओं (सेना, वायुसेना और नौसेना) के लिए बख्तरबंद रिकवरी वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली, कॉमन इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की खरीद को डीएसी ने अपनी स्वीकृति दी है। यह खरीद तीनों सेनाओं को उच्च गतिशीलता, प्रभावी वायु रक्षा, बेहतर आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन प्रदान करेगी और उनकी परिचालन तैयारियों को मजबूत बनाएगी। मंत्रालय ने कहा कि डीएसी की बैठक में मूर्ड माइंस, माइन काउंटर मेजर वेसल्स, सुपर रैपिड गन माउंट और सबमर्सिबल ऑटोनॉमस वेसल्स की खरीद के लिए भी मंजूरी प्रदान की गई है। जिससे नौसेना और मालवाहक जहाजों के लिए संभावित खतरों को कम करने में आसानी होगी। यह प्रस्ताव स्वदेशी डिजाइन और विकास को बढ़ावा देने के लिए एओएन खरीद (भारतीय स्वदेशी रूप से डिजाइन, विकसित और निर्मित) श्रेणी के तहत स्वीकृत किए गए हैं।
पत्नी कमाती है तब भी देनी होगी भरण-पोषण राशि, इंदौर फैमिली कोर्ट का आदेश
4 Jul, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर: अपने पति से विवाद के बाद बच्चों को लेकर अलग रहने वाली पत्नी ने भरण-पोषण की राशि के लिए कुटुंब न्यायालय में परिवाद लगाया. पत्नी ने फरियाद की कि पति से उसे भरण-पोषण की राशि नियम के अनुसार मिलनी चाहिए. क्योंकि बच्चे उसके पास हैं. उसने पति के साथ रहने की काफी कोशिश की लेकिन वह न तो मुझे और न ही बच्चों को साथ रखना चाहता है.
दंपती के दो बच्चे हैं, 8 साल से विवाद
मामले के अनुसार महिला ने अपने एडवोकेट रघुवीर सिंह रघुवंशी के माध्यम से पति संदीप से हर महीने भरण पोषण के रूप में एक तय रकम देने की मांग की. इसके लिए फैमिली कोर्ट में परिवाद लगाया गया. इसमें बताया गया "उसकी शादी संदीप से 11 मार्च 2012 में हुई थी. उसके दो बच्चे हैं. बेटी की उम्र 12 साल और बेटे की उम्र 10 साल है. शादी के बाद से ही छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगा. 2017 में विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने उसकी पिटाई कर दी."
पति ने बताया- पत्नी हर माह 20 हजार कमाती है
महिला ने बताया "पिटाई के दौरान बीचबचाव करने आए बेटे को भी धक्का दे दिया गया. वह सीढ़ियों से गिर गया और उसके सिर पर भी चोट आई. लेकिन पति ने उसका इलाज न करवाते हुए उसे और दोनों बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया. इसके बाद पति ने दूसरी शादी भी कर ली." कोर्ट में सुनवाई के दौरान पति की ओर से दलील दी गई "पत्नी ₹20 हजार प्रति माह कमाती है और वह बच्चों के साथ खुद का भी भरण पोषण कर सकती है."
जब से पति-पत्नी अलग हुए, तभी से देनी होगी राशि
पत्नी ने कोर्ट को बताया "उसका पति इंजीनियर है और हर महीने 75 हजार रुपए प्रति महीने कमाता है." कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद आदेश दिया "पति हर महीने अपनी बड़ी बेटी को ₹15000 और बेटे को ₹7000 महीने की 10 तारीख को दे. ये राशि बच्चों की मां मां के पास जाएगी." कोर्ट ने ये भी कहा कि जिस दिन पति-पत्नी अलग हुए थे, उसी दिन से ये राशि देनी होगी. यदि पति ने बीच में कोई राशि पत्नी और बच्चों को दी है तो इसे समायोजित किया जा सकता है.
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की मंजूरी के बाद 9 हाइकोर्ट को मिलेंगे 15 नए जज
4 Jul, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली पटना सहित देश के 9 उच्च न्यायालयों को 15 नए जज मिल जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की मंजूरी के बाद यह रास्ता साफ हो गया है। जिन न्यायिक अधिकारियों के नाम पर मुहर लगी है उनमें वीरेंद्र अग्रवाल, मंदीप पन्नू, प्रमोद गोयल, शालिनी सिंह नागपाल, अमरिंदर सिंह ग्रेवाल, सुभाष मेहला, सूर्य प्रताप सिंह, रूपिंदरजीत चहल, आराधना साहनी, यशवीर सिंह राठौर हैं।
तेलंगाना हाईकोर्ट के जज के रूप में चार अधिवक्ताओं के नामों को भी मंजूरी दी गई है।कॉलेजियम ने तेलंगाना हाईकोर्ट के जिन अधिवक्ताओं के नाम पर मुहर लगाई है उनमें गौसे मीरा मोहिउद्दीन, चलपति राव सुड्डाला, वक्ति रामकृष्ण रेड्डी और गादी प्रवीण कुमार शामिल हैं। आपको बता दें कि कॉलेजियम में न्यायमूर्ति सूर्यकांत और विक्रम नाथ भी शामिल हैं। उन्होंने राजस्थान हाईकोर्ट के जज के रूप में एक न्यायिक अधिकारी और एक अधिवक्ता के नामों को मंजूरी दी है।
भारत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने 1 और 2 जुलाई को हुई अपनी बैठक में दिल्ली हाईकोर्ट में तीन न्यायिक अधिकारियों और पटना हाईकोर्ट के दो अधिवक्ताओं को जज के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके अलावा कॉलेजियम ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के जज के रूप में 10 न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 2 जुलाई, 2025 को आयोजित अपनी बैठक में अधिवक्ता तुहिन कुमार गेडेला को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के जज के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। एक अन्य निर्णय में कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति बिस्वदीप भट्टाचार्जी, अतिरिक्त जज को मेघालय हाईकोर्ट के स्थायी जज के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की। इसके अलावा दो न्यायिक अधिकारियों प्रांजल दास और संजीव कुमार शर्मा और दो अधिवक्ताओं, अंजन मोनी कलिता और राजेश मजूमदार को गुवाहाटी हाईकोर्ट के जज के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 1 जुलाई, 2025 को हुई अपनी बैठक में पांच अधिवक्ताओं को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के जज के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। ये अधिवक्ता पुष्पेंद्र यादव, आनंद सिंह बहरावत, अजय कुमार निरंकारी, जय कुमार पिल्लई और हिमांशु जोशी हैं। इसके अलावा पांच न्यायिक अधिकारियों राजेश कुमार गुप्ता, आलोक अवस्थी, रत्नेश चंद्र सिंह बिसेन, भगवती प्रसाद शर्मा और प्रदीप मित्तल को भी हाईकोर्ट के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
बाबा बर्फानी के दर्शन करने तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था रवाना
4 Jul, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू। बाबा बर्फानी के दर्शन करने हजारों तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था शुक्रवार को दो अलग-अलग काफिलों में जम्मू से रवाना हुआ। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदरबल जिले के बालटाल से यात्रा शुरू होने के बाद से करीब 14,000 तीर्थयात्री पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके है।
उन्होंने बताया कि 4,723 पुरुषों, 1,071 महिलाओं, 37 बच्चों और 580 साधुओं और साध्वियों समेत 6,411 तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था रवाना हुआ। यह जत्था सीआरपीएफ की सुरक्षा में भगवती नगर से दो समूहों में गुरुवार रात सवा तीन बजे बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना हुआ। जहां 138 वाहनों में सवार 3,622 तीर्थयात्रियों ने 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग को चुना। वहीं 153 वाहनों में सवार 2,789 तीर्थयात्रियों ने छोटे लेकिन ज्यादा कठिन 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग को चुना। बुधवार से अब तक कुल 17,549 तीर्थयात्री जम्मू से घाटी रवाना हुए हैं।
बता दें जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने बुधवार को यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। पहलगाम में आतंकवादी हमले की घटना के बावजूद यात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सामान्य रूप से जारी है। भगवती नगर आधार शिविर को बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। अब तक साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोगों ने तीर्थयात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। जम्मू में 34 आवास केंद्र बनाए गए हैं और तीर्थयात्रियों को ‘रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन’ टैग जारी किए जा रहे हैं। यात्रा करने के इच्छुक तीर्थयात्रियों के मौके पर पंजीकरण के लिए 12 काउंटर लगाए गए हैं।
नौसेना की पहली महिला फाइटर पायलट बनीं आस्था, अब उड़ाएंगी MiG-29K
4 Jul, 2025 02:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: भारतीय नौसेना के इतिहास में पहली बार किसी महिला को फाइटर पायलट के रूप में शामिल किया गया है। सब-लेफ्टिनेंट आस्था पुनिया ने यह गौरव हासिल किया है और वे नौसेना की पहली महिला फाइटर पायलट बन गई हैं। इससे पहले नौसेना में महिलाएं टोही विमान और हेलीकॉप्टर उड़ा रही थीं, लेकिन यह पहली बार है जब कोई महिला फाइटर जेट उड़ाएगी।
03 जुलाई 2025 को इंडियन नेवल एयर स्टेशन में आयोजित समारोह में आस्था पुनिया और लेफ्टिनेंट अतुल कुमार ढुल को 'विंग्स ऑफ गोल्ड' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रियर एडमिरल जनक बेवली, एसीएनएस (वायु) ने प्रदान किया। नौसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा कि नेवल एविएशन में एक नया अध्याय जुड़ गया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आस्था पुनिया किस विशिष्ट फाइटर जेट पर ऑपरेशन करेंगी, लेकिन संभावना है कि वे MiG-29K जैसे अत्याधुनिक और घातक विमान उड़ाएंगी। यह विमान INS विक्रमादित्य और INS विक्रांत जैसे एयरक्राफ्ट कैरियर से ऑपरेशन कर सकता है और इसमें बम, मिसाइल व अन्य हथियारों के साथ गहन युद्ध क्षमता है।
आस्था की यह उपलब्धि सिर्फ उनके लिए ही नहीं बल्कि देश की समस्त महिलाओं के लिए प्रेरणा है। वे उस दिशा में कदम बढ़ा रही हैं, जहाँ आज भी महिलाएं कम दिखाई देती हैं। भारतीय नौसेना में उनकी यह नियुक्ति आने वाले समय में और भी महिलाओं के लिए द्वार खोलेगी।
अब जब देश की बेटियाँ फाइटर जेट से देश की सीमाओं की रक्षा करेंगी, तब न सिर्फ समुद्र, बल्कि आकाश भी उनका स्वागत करेगा।
जिला प्रशासन की अनूठी पहल, नहरों के पानी से लबालब हुए 450 तालाब
ईंट निर्माण कार्य से आत्मनिर्भर बन रही हैं समूह की महिलाएं
महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार
प्रदेश में जंगली भैंसा प्रजाति का पुनर्स्थापन एक ऐतिहासिक अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सही दवा-शुद्ध आहार' अभियान में जगदलपुर के चाट-गुपचुप सेंटरों और कॉस्मेटिक्स दुकानों का हुआ निरीक्षण
वन मंत्री केदार कश्यप ने भरा ऑनलाइन स्व-गणना पत्रक, नागरिकों से सहभागिता की अपील
एमपी टूरिज्म को मिला “लीडिंग टूरिज्म डेस्टीनेशन” का प्रतिष्ठित सम्मान
मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दे रहा है नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सुकमा में तेंदूपत्ता संग्रहण तेज़ी से जारी, 35 हजार से अधिक बोरे का हुआ संग्रहण
राजस्व कार्यों में ढिलाई पर सख्त:लंबित प्रकरणों के निपटारे और राजस्व वसूली में तेजी लाने मंत्री ने दिए निर्देश
