देश
गरीब रथ ट्रेन का नाम बदलने की मांग
3 Jul, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुरुग्राम। गुरुग्राम के एक व्यक्ति ने देशभर में चल रहे गरीब रथ ट्रेनों का नाम बदलकर सम्मान रथ करने की मांग उठाई है। जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी उत्तरी रेलवे के सदस्य और पूर्व डीआरयूसीसी (दिल्ली व अंबाला डिवीजन) सदस्य दीपक भारद्वाज ने इस संबंध में दिल्ली रेल मुख्यालय में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही उन्होंने रेल मंत्री को एक चिट्ठी भेजकर इस मुद्दे को उठाया है और सम्मानजनक नामकरण की अपील की है। दीपक भारद्वाज का कहना है कि ‘गरीब रथ’ नाम मध्यम वर्ग और उससे नीचे के वर्ग के लोगों के सम्मान को ठेस पहुंचाता है।
कावडिय़ों का ट्रक पलटा, 3 की मौत
3 Jul, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
टिहरी । यूपी के कांवडिय़ों का ट्रक उत्तराखंड में पलट गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, 14 घायल हैं। बताया जा रहा है कि कांवडि़ए बुलंदशहर से गंगोत्री जल भरने जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब 10 बजे नरेंद्र नगर के पास ऋषिकेश-टिहरी मार्ग पर जाजल फकोट के पास ट्रक पलट गया। सभी 21 कांवडि़ए ट्रक के नीचे दब गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक सडक़ किनारे पलटा था, अगर खाई में गिर जाता तो बड़ा हादसा हो जाता। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र नगर संजय मिश्रा ने बताया कि एक चार साल का बच्चा भी ट्रक में आगे फंसा था, जिसको पुलिस ने सकुशल बाहर निकाल लिया है।
एनओसी के बिना चल रही थी फार्मा यूनिट, दो दिन पहले हुआ था बड़ा विस्फोट
3 Jul, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हैदराबाद। हैदराबाद के पास संगारेड्डी जिलान्तर्गत पाशमीलारम इंडस्ट्रीयल एस्टेट में स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज लिमिटेड नामक फार्मास्युटिकल कंपनी अग्निशमन विभाग के अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के बिना ही चल रही थी।
कंपनी प्रबंधन के खिलाफ एफआइआर दर्ज
इसकी जानकारी देते हुए एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि दो दिन पहले हुए विस्फोट के बाद मलबा हटाने का काम लगभग पूरा हो चुका है।
उधर, एक पीड़ित के रिश्तेदार की शिकायत पर पुलिस ने विस्फोट के सिलसिले में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।
13 लापता श्रमिकों की तलाश कर रहे हैं
पुलिस अधीक्षक परितोष पंकज ने बताया, ''रिपोर्ट के अनुसार, मलबा हटाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। उनके अनुसार, कोई और शव नहीं मिला है। हम अभी भी 13 लापता श्रमिकों की तलाश कर रहे हैं। किसी भी तरह की घटना की स्थिति में एसडीआरएफ और हाइड्रा की एक-एक टीम स्टैंडबाय के तौर पर मौजूद है।''
यह पूछे जाने पर कि क्या फैक्ट्री में कोई खामी पाई गई है, उन्होंने कहा कि यह एक तकनीकी मामला है और इसकी जांच विशेषज्ञ टीमों द्वारा की जानी है। तेलंगाना अग्निशमन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कंपनी के पास विभाग से कोई एनओसी नहीं है। प्लांट में फायर अलार्म और हीट सेंसर सहित कोई पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं थे।
फैक्ट्री में फायर अलार्म व हीट सेंसर सहित कोई पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं थे
उन्होंने बताया, ''अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने की एक प्रक्रिया है। यह एक आनलाइन प्रक्रिया है। एक बार जब कोई फर्म आनलाइन आवेदन करती है, तो एक समिति उस पर निर्णय लेती है। सिगाची कंपनी ने किसी भी एनओसी के लिए आवेदन नहीं किया है और इसलिए हमने जारी नहीं किया है।''
वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी तथा तेलंगाना फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं की निदेशक शिखा गोयल ने कहा कि डीएनए प्रोफाइलिंग के लिए प्रयोगशाला को शवों और पीडि़त परिवार के सदस्यों के लगभग 50 नमूने मिले हैं।
विस्फोट में टीम के 40 मूल्यवान सदस्यों की मृत्यु
उन्होंने बताया, ''प्रोफाइलिंग की प्रक्रिया चल रही है। हमें जो भी नमूने मिले हैं, उनकी जांच जल्द ही पूरी हो जाएगी।'' कंपनी ने एक बयान में कहा, ''हम दुख के साथ हादसे का विवरण साझा कर रहे हैं जिसके परिणामस्वरूप हमारी 'टीम के 40 मूल्यवान सदस्यों की मृत्यु' हो गई और 33 से अधिक घायल हो गए।''
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह दुर्घटना रिएक्टर विस्फोट के कारण नहीं हुई, जैसा कि कुछ मीडिया में बताया गया है। कंपनी ने कहा कि संयंत्र का संचालन लगभग 90 दिनों के लिए अस्थायी रूप से निलंबित रहेगा।
कंपनी के उपाध्यक्ष ने कही ये बात
कंपनी के उपाध्यक्ष चिदंबरनाथन शानमुगनाथन ने कहा, ''कोई भी लापरवाही नहीं हुई है। हम 35 वर्षों से पूरी संतुष्टि के साथ और अपने कर्मचारियों की सद्भावना के लिए प्लांट चला रहे हैं। हम उनकी अनदेखी कैसे कर सकते हैं?'' हालांकि, जब अग्निशमन विभाग से एनओसी नहीं होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह पिछले पांच वर्षों से प्लांट की देखरेख नहीं कर रहे हैं और इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
विस्फोट की जांच के लिए विशेषज्ञों की समिति गठित
तेलंगाना सरकार ने बुधवार को आदेश जारी कर विशेषज्ञों की एक समिति गठित की जो विस्फोट के कारणों की पहचान करेगी और उन घटनाओं का क्रम स्थापित करेगी जिसके परिणामस्वरूप 40 लोगों की मौत हो गई। यह समिति एक महीने के भीतर सरकार को विशिष्ट सुझावों और सिफारिशों के साथ एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
प्रदेश स्तर पर जांचकर्ताओं को बड़ी चुनौतियां
आदेश में कहा गया है कि समिति की अध्यक्षता सीएसआइआर-भारतीय रासायनिक प्रौद्योगिकी संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. बी. वेंकटेश्वर राव करेंगे। उधर, प्रदेश स्तर पर जांचकर्ताओं को बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि इस हादसे में तीन प्रमुख अधिकारियों की मौत हो गई है, जो महत्वपूर्ण डाटा प्रदान कर सकते थे। फैक्ट्री मैनेजर, डीजीएम (उत्पादन) और एक आपरेटर की मौत ने जांच के लिए महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने में बड़ी बाधा उत्पन्न कर दी है।
उत्तर भारत में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
3 Jul, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर भारत में अब मानसून जमकर बरस रहा है। मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में अगले कई दिनों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। इस अवधि के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा।
इन राज्यों में होगी भारी बारिश
आइएमडी ने बताया, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, बंगाल, सिक्किम और झारखंड में अत्यधिक बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में कुछ दिनों में भी भारी बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों पर होगी खास नजर
आइएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने एक प्रेस वार्ता में मौसम की गंभीरता को लेकर कहा कि मध्य भारत और इससे सटे दक्षिणी प्रायद्वीप में भारी वर्षा होने की संभावना है।
इसमें पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ और तेलंगाना के निकटवर्ती क्षेत्र तथा गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्से शामिल हैं।उन्होंने कहा, हमें गोदावरी, महानदी और कृष्णा जैसी नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों पर नजर रखनी चाहिए।
हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से मची तबाही
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में 30 जून की रात बादल फटने से हुई भारी तबाही के बीच राहत कार्यों में जुटी टीमों को बुधवार को पांच और शव मिले हैं। प्राकृतिक आपदा में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 58 लापता हैं। सबसे अधिक प्रभावित सराज क्षेत्र में 46 लोग लापता हैं।
थुनाग, पांडवशिला व जरोल क्षेत्र से चार शव बरामद किए गए हैं। गोहर उपमंडल के स्यांज गांव से लापता नौ वर्षीय कनिका का शव जोगेंद्रनगर में ब्यास नदी के किनारे मिला।
यमुनोत्री हाईवे रहा बंद
उत्तराखंड में चारधाम और आदि कैलास यात्रा मार्ग पर बुधवार को आंशिक बादल मंडराते रहे और कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। चीन सीमा से सटे धापा-मिलम मोटर मार्ग पर बुधवार को चट्टान दरकने से सड़क बोल्डरों से पट गई।
इसके चलते करीब दो घंटे तक आवागमन ठप रहा। वहीं, यमुनोत्री हाईवे बुधवार को चौथे दिन भी बंद रहा। ओजरी के पास सड़क का 15 मीटर हिस्सा बहने से वाहनों की आवाजाही ठप है।
सांगला घाटी में बादल फटने से बढ़ा जलस्तर
किन्नौर जिले की सांगला वैली के रकछम के सामने वाली पहाड़ी में मंगलवार देर शाम बादल फटने से नाले में जलस्तर बढ़ गया। शिमला-रिकांगपिओ राष्ट्रीय राजमार्ग मंगलवार रात भूस्खलन व बुधवार सुबह पुरबनी झूला के पास पहाड़ी से मलबा गिरने से सात घंटे तक बंद रहा। बाद में बीआरओ ने मार्ग बहाल कर दिया।
आडवाणी की रथयात्रा के रुट पर बम लगाने वाले फरार दो आतंकी गिरफ्तार
2 Jul, 2025 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोयंबटूर। कोयंबटूर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो फरार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आतंकवादी करीब तीन दशकों से तमिलनाडु पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल थे और देश के दक्षिणी हिस्से में कई बम धमाकों में शामिल थे। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर दोनों को आंध्र प्रदेश के अन्नमय्या जिले से गिरफ्तार किया है।
कोयंबटूर पुलिस को सूचना मिली थी कि नागोर निवासी अबुबकर सिद्दीक और मेलापलायम निवासी मोहम्मद अली बेंगलुरु में छिपे हैं। इसके बाद उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने आंध्र प्रदेश के अन्नमय्या जिले में छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्हें चेन्नई लाया गया, जहां उन्हें तमिलनाडु की क्यू ब्रांच, राज्य की एंटी-टेररिज्म स्क्वाड के हवाले कर दिया है।
दोनों आतंकियों पर कई बड़ी आतंकी घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं। इनमें शामिल हैं 2011 में मदुरै के थिरुमंगलम में बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी की रथ यात्रा को निशाना बनाने के लिए पाइप बम लगाना। 1995 में चेन्नई के हिंदू मुनानी कार्यालय में बम विस्फोट करना। नागोर में बीजेपी नेता थंगम मुथुकृष्णन के घर पर पार्सल बम भेजकर हमला किया था। चेन्नई पुलिस कमिश्नर कार्यालय और कोयंबटूर पुलिस क्वार्टर्स में बम विस्फोट की साजिश रची थी। 2013 में बेंगलुरु के बीजेपी कार्यालय में बम विस्फोट किया था।
जानकारी के मुताबिक इन दोनों के आतंकी नेटवर्क के कई पुराने और वर्तमान सहयोगियों की जानकारी मिल सकती है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या पिछले कुछ वर्षों में इन्होंने नए मॉड्यूल तैयार किए या अन्य राज्यों में भी नेटवर्क फैलाया। सूत्रों का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से तमिलनाडु और दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में हुई आतंकवादी गतिविधियों के कई मामलों में बड़ी जानकारी मिल सकती है।
तेलंगाना केमिकल फैक्ट्री विस्फोट: मृतकों की संख्या बढ़कर 40 हुई, कंपनी परिजनों को देगी 1-1 करोड़ रुपये मुआवजा
2 Jul, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हैदराबाद: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में पशम्यलारम में सिगाची इंडस्ट्रीज के दवा संयंत्र में सोमवार 30 जून को हुए ब्लास्ट में मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है. कंपनी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की कि इस दुखद दुर्घटना में 40 श्रमिकों की मौत हो गई है और 33 अन्य घायल हैं. कंपनी मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है.
मुआवजे की घोषणाः प्रबंधन की ओर से बोलते हुए कंपनी सचिव विवेक कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक कर्मचारी के परिवार को 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने की घोषणा की. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि घायलों को पूर्ण चिकित्सा सहायता और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी.
रिएक्टर विस्फोट से इंकारः विस्फोट के कारणों की जांच चल रही है. शुरुआती अटकलों में रिएक्ट में विस्फोट होने की आशंका जतायी जा रही थी. कंपनी ने इससे इंकार किया. कंपनी के सचिव ने कहा कि दुर्घटना रिएक्टर विस्फोट के कारण नहीं हुई थी. उन्होंने बताया कि विस्तृत जांच होने तक संयंत्र में परिचालन तीन महीने के लिए निलंबित रहेगा. बयान में कहा गया है कि, "हम आगे कोई निष्कर्ष निकालने से पहले सरकार की जांच रिपोर्ट का इंतजार करेंगे."
लोगों में आक्रोशः इस त्रासदी ने क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को लेकर आक्रोश और चिंता पैदा कर दी है. उम्मीद है कि सरकार जल्द ही आधिकारिक जांच के साथ कदम उठाएगी. इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई लोगों ने दुख व्यक्त किया है. पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है.
हादसे के 147 मजदूर कर रहे थे कामः सिगाची कंपनी में माइक्रोक्रिस्टलाइन सेलुलोज नामक दवा बनाई जाती है. यह कंपनी गुजरात की है. तेलंगाना और महाराष्ट्र में भी इसकी इकाई है. तेलंगाना के पशम्यलारम इंडस्ट्रियल एस्टेट में कंपनी करीब चार एकड़ में है. इस इंडस्ट्री में चार ब्लॉक हैं. सिक्योरिटी ब्लॉक के पीछे प्रोडक्शन डिपार्टमेंट है. यहीं पर दवा बनाई जाती है. ऊपरी मंजिल पर क्वालिटी कंट्रोल और एडमिन डिपार्टमेंट हैं. हादसे के समय कुल 147 मजदूर प्लांट में काम कर रहे थे.
'हर‑हर महादेव' की गूंज के बीच रवाना हुआ पहला जत्था, LG ने दी आस्था की मजबूत शुरुआत
2 Jul, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू: जम्मू- कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को श्री अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई. ध्वजारोहण से पहले एलजी सिन्हा ने जम्मू में यात्री निवास बेस कैंप में पूजा-अर्चना की. जैसे ही तीर्थयात्री रवाना हुए, 'हर हर महादेव' और 'बम बम भोले' के नारे हवा में गूंजने लगे.
अमरनाथ यात्रा शुरू होने पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता सत शर्मा ने कहा, 'हजारों श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए यहां आए हैं. अभी दो महीने पहले एक अलग माहौल बना था, लेकिन आज हम देख सकते हैं कि कैसे श्रद्धालु बाबा भोले के नारे लगा रहे हैं. लोगों को भरोसा है कि वे सुरक्षित हाथों में हैं.' पहले जत्थे में शामिल शालू नामक श्रद्धालु ने एएनआई से कहा कि वह व्यवस्थाओं से खुश हैं और पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रही हैं.
शालू ने एएनआई को बताया कि हम बहुत खुश हैं. हमने इसके लिए पूरे एक साल तक इंतजार किया. भोजन से लेकर आवास तक की व्यवस्थाएं बहुत बढ़िया हैं. डरने की कोई बात नहीं है. सुरक्षा एकदम सही है. एक अन्य श्रद्धालु आकांक्षा ने कहा कि हमने पहले बैच का हिस्सा बनने की योजना बनाई. हमें डर नहीं लगा क्योंकि हम जानते थे कि सुरक्षा पर्याप्त होगी. व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं. भोजन, आवास, स्वच्छता और सभी सुविधाएं बहुत अच्छी हैं.
पहले तीर्थयात्रियों में से एक सुमन घोष ने कहा, 'हम प्रार्थना करते हैं कि सभी को शांति से दर्शन का मौका मिले. डरने की कोई बात नहीं है. भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा बल यहां मौजूद हैं.' अमरनाथ यात्रा बालटाल और पहलगाम मार्गों से की जा रही है. जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग हजारों तीर्थयात्रियों के लिए मंदिर जाने का मुख्य मार्ग है.
व्यवस्थाओं पर एलजी मनोज सिन्हा ने कहा, 'तीर्थयात्रियों के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड और जम्मू-कश्मीर के निवासियों ने अपने कर्तव्यों का बखूबी पालन किया है. 2022 से अमरनाथ यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं में सुधार किया गया है. गुफा तक जाने वाले दोनों मार्ग पहले छह फीट चौड़े हुआ करते थे जो अब 12 फीट चौड़े हैं. मार्ग पर पहले अंधेरा रहता था, अब ग्रिड कनेक्टिविटी स्थापित हो गई है.'
न्होंने कहा, 'पूरे रास्ते में दूरसंचार कनेक्टिविटी पूरी तरह से हो गई है. यात्रा के लाइव फीड के लिए उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाए गए हैं. राजभवन और पुलिस नियंत्रण कक्ष में एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र से यात्रा की 24/7 निगरानी की जाती है.
मौसम महाविपदा: कई प्रदेशों में रेड अलर्ट, यहाँ देखिए आज का हाल
2 Jul, 2025 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश के अलग -अलग हिस्सों में आज 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश का अनुमान है. इसे देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है.
पंजाब, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश,झारखंड, छत्तीसगढ़ , ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र में अलग -अलग हिस्सों में अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है. इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ , पश्चिमी राजस्थान, कोंकण, विदर्भ, तेलंगाना और इसके साथ साथ उत्तर पूर्वी राज्य पश्चिमी बंगाल, बिहार अलग -अलग स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं. इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है
मौसम विभाग के अनुसार अगले 6-7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में सक्रिय मानसून की स्थिति जारी रहने की संभावना है.
पिछले 24 घंटों के दौरान जानें मौसम का हाल
पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और असम में अलग-अलग हिस्सों में सामान्य से भारी बारिश हुई.
तेलंगाना, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, यनम, कोंकण, गुजरात मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, रायलसीमा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर सामान्य से भारी से हुई. अलग-अलग स्थानों पर आंधी- तूफान का प्रभाव रहा.
मौसम पूर्वानुमान और चेतावनियाँ
पूर्वी और मध्य भारत
ओडिशा, झारखंड मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर अगले एक दो दिनों के दौरान सामान्य से भारी बारिश होने के आसार हैं. इनमें से कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.
उत्तर-पश्चिम भारत
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर अगले एक दो दिनों के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है. वैसे इमनें से कई जगहों पर पहले से बारिश हो रही है. इस दौरान कई जगहों पर तेज हवा, गरज और बिजली गिरने की भी संभावना है.
पश्चिम भारत
गुजरात, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, कोंकण, गोवा, सौराष्ट्र और कच्छ में अलग-अलग स्थानों पर एक से दो दिनों के दौरान सामान्य से भारी बारिश होने के आसार हैं
पूर्वोत्तर भारत
देश के पूर्वोत्तर राज्यों में लंबे समय से वर्षा की गतिविधि जारी है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में फिलहाल बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है.असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग जगहों पर सामान्य से भारी बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है.
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत
तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, उत्तरी और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अलग-अलग स्थानों पर एक से दो दिनों के दौरान सामान्य से भारी बारिश होने की संभावना है.
उत्तराखंड: पहले कांवड़ रूट पर दुकानों पर नाम लिखने और जुर्माने का आदेश, फिर पीछे हटी सरकार
2 Jul, 2025 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देहरादून: उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा के दौरान रेहड़ी-पटरी, ढ़ाबा और अन्य दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान के बाहर फोटो के साथ पहचान पत्र एवं फूड लाइसेंस चस्पा करने के आदेश पर सरकार बैकफुट पर आ गई है. अब सरकार ने स्पष्ट किया है कि दुकान के बाद नाम लिखने की जरूरत नहीं है. केवल फूड लाइसेंस लगाना होगा.
बता दें कि आगामी 11 जुलाई से कांवड़ मेला 2025 शुरू होने जा रहा है. कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और साफ सुथरा भोजन मिले, इसके लिए स्वास्थ्य सचिव एवं आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन आर राजेश कुमार की तरफ से कुछ दिशा-निर्देश जारी किए.
जारी दिशा निर्देश के अनुसार हर खाद्य कारोबारी को अपने लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र की एक साफ-सुथरी प्रति अपने दुकान में ऐसी जगह पर लगानी होगी, जिसे उपभोक्ता आसानी से देख और पढ़ सकें. छोटे व्यापारियों व ठेले-फड़ वालों को भी अपना फोटो पहचान पत्र और पंजीकरण प्रमाण पत्र अपने पास रखना और दिखाना जरूरी होगा.
वहीं, आदेश में लिखा गया था कि होटल, भोजनालय, ढाबा और रेस्टोरेंट में 'फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड' भी साफ-साफ दिखाई देने वाले स्थान पर लगाया जाना चाहिए, जिससे ग्राहक को यह पता चल सके कि खाने की गुणवत्ता की जिम्मेदारी किसकी है?
जो कारोबारी ये निर्देश नहीं मानेंगे, उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 की धारा 55 के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसमें 2 लाख रुपए तक का जुर्माना लग सकता है. सभी संबंधित अधिकारी इन आदेशों का कड़ाई से पालन कराएंगे. श्रद्धालुओं की सेहत के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
"कांवड़ यात्रा के दौरान पंडालों, भंडारों और अन्य भोजन केंद्रों पर परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. मिलावटखोरों और मानकों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यात्रियों की सेहत हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है."- आर राजेश कुमार, स्वास्थ्य सचिव, उत्तराखंड
इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विशेष टीमें हरिद्वार, देहरादून, टिहरी, पौड़ी और उत्तरकाशी जिलों में तैनात की गई हैं. ये टीमें लगातार पंडालों से दूध, मिठाई, तेल, मसाले, पेय पदार्थ आदि का सैंपल लेंगी और जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजेंगी. अगर कोई सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतरता तो संबंधित स्थल को तत्काल बंद कर दिया जाएगा.
वहीं, सरकार की ओर से जारी टोल फ्री नंबर 18001804246 पर कोई भी व्यक्ति खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कर सकता है. शिकायत पर प्रशासनिक टीमें तुरंत मौके पर जाकर कार्रवाई करेगी. हर जिले से रोजाना की गई कार्रवाई की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी.
बता दें कि बीते साल 2024 में भी यूपी और उत्तराखंड सरकार ने इसी तरह का फैसला लिया था, लेकिन तब सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर होने के बाद जस्टिस ऋषिकेश रॉय और जस्टिस एसवीएन भट्टी दो जजों वाली पीठ ने ये कहा था कि वो निर्देशों को अमल में लाने पर रोक लगा रहे हैं. मतलब खाना बेचने वालों को ये बताना जरूरी है कि वो किस तरह का खाना दे रहे हैं, लेकिन उन पर मालिक या स्टाफ का नाम सार्वजनिक करने के लिए जोर नहीं डाला जा सकता है.
बालासोर सहित कई जिलों में बाढ़ का कहर, 3,600 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया
2 Jul, 2025 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बालासोर: उत्तरी ओडिशा के बालासोर जिले में सुंदररेखा और जलाका नदियों में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की भयावह स्थिति उत्पन्न हो गई है. जलासोर, भोगराई, बस्ता और बलियापाल ब्लॉक के कई गांव जलमग्न हो गए हैं. प्रशासन की ओर से अब तक 3,656 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है, लेकिन जनजीवन अभी भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त है.
बाढ़ में बहकर एक व्यक्ति की मौत
बस्ता ब्लॉक के बासी चकुराई पंचायत के कलंदा गांव निवासी 50 वर्षीय शत्रुघ्न बिंधनी की बाढ़ के पानी में बहने से मौत हो गई. बताया गया कि वे बाजार से लौटते वक्त जलाका नदी में गिर गए थे. परिवार ने रातभर उनकी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली. अगली सुबह NDRF, अग्निशमन और पुलिस की टीम ने लगभग 20 फीट गहरी नदी से उनका शव बरामद किया.
फसल बर्बाद, किसानों की चिंता बढ़ी
बाढ़ का सबसे गंभीर प्रभाव किसानों पर पड़ा है. हजारों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो चुकी है. स्थानीय किसान पीतांबर जेना ने कहा, “मैंने 100 रुपये किलो के हिसाब से बीज खरीदे और बुवाई की थी. अब सबकुछ डूब गया है. अब फिर से बीज खरीदकर बोना पड़ेगा.”
कमलाकांत जेना, जो कि निमा गांव के किसान हैं, ने बताया, “मेरी चार एकड़ जमीन डूब गई है, अब खेतों में घुटनों तक पानी है. हमें फिर से जमीन तैयार करनी पड़ेगी, बीज भी दोबारा खरीदने होंगे. सरकार से कोई राहत नहीं मिली है.”
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
बस्ता की विधायक सुभाषिनी जेना ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, “अगर प्रशासन ने समय पर चेतावनी दी होती और रास्ते बंद कर दिए होते, तो यह जान नहीं जाती. सुंदररेखा में यह तीसरी बार बाढ़ आई है. किसान बर्बाद हो गए हैं. सरकार को तुरंत मुआवज़ा देना चाहिए.”
बैतरणी नदी भी उफान पर, तीन ब्लॉक अलर्ट पर
बैतरणी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है. अखावापाड़ा में यह खतरे के निशान 17.83 मीटर को पार कर गया है. जाजपुर जिले के दशरथपुर, बिंझारपुर और कोरे ब्लॉकों में डर का माहौल है. जिला कलेक्टर पी. अन्वेषा रेड्डी ने सभी अधिकारियों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है.
राजस्व मंत्री का बयान: जल्द होगा आकलन
राजस्व मंत्री ने मीडिया को बताया, “बारिश में कमी आने के कारण जलस्तर घट रहा है, लेकिन अगले 24 घंटे बेहद अहम हैं. जैसे ही पानी उतरेगा, नुकसान का आकलन शुरू कर मुआवज़ा दिया जाएगा.”
उत्तर बालासोर की जनता अभी भी बाढ़ के संकट से जूझ रही है. प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है, परंतु स्थानीय जनता को अधिक त्वरित सहायता और पारदर्शी मुआवज़ा प्रक्रिया की दरकार है. किसान समुदाय विशेष रूप से संकट में है और सरकार से तत्काल राहत की मांग कर रहा है.
नैनीताल में स्कूटी खाई में फेंककर दिल्ली लौटा पर्यटक, पुलिस ने रातभर की बेदम तलाश
2 Jul, 2025 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नैनीताल: दिल्ली के एक पर्यटक ने नैनीताल पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की जमकर परेड कराई. पुलिस की टीम रात भर पर्यटक को खोजने के लिए खाक छानती रही, लेकिन पर्यटक मिला नहीं. हुआ कुछ यूं कि दिल्ली से नैनीताल घूमने आए आर्किटेक्ट की स्कूटी पंगोट क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में खाई से बरामद हुई. जिसके बाद पुलिस ने जिस स्थान पर स्कूटी बरामद हुई, वहां पर देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका.
जिस पर पुलिस की टीम बैरंग वापस लौट आई. मंगलवार यानी 1 जुलाई की सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में दोबारे सर्च अभियान चलाया, लेकिन लापता पर्यटक का कुछ पता नहीं चल सका. इसी बीच सर्च अभियान के दौरान पुलिस को फोन के माध्यम से जानकारी मिली कि पर्यटक वापस अपने घर दिल्ली पहुंच गया. जिसे सुन पुलिस हैरान हो गई. साथ ही राहत की सांस भी ली.
नैनीताल अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि स्थानीय ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी कि पंगोट के पास जंगल से एक मोबाइल मिला है. साथ ही खाई में स्कूटी दिखाई दे रही है. इसके अलावा सड़क किनारे बैग और अन्य सामान रखा है. इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पर्यटक के सामान को कब्जे में लिया. साथ ही हादसे का अंदेशा जताते हुए देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन पर्यटक का कुछ पता नहीं चल सका.
बैग से मिले दस्तावेजों के आधार पर युवक की पहचान अंकित धीमान निवासी पीतमपुरा (दिल्ली) के रूप में हुई. इसी दौरान युवक के परिजनों का फोन उसके मोबाइल पर आ गया. जिसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दी. घटना की जानकारी मिलने के कुछ घंटे बाद युवक के माता-पिता और पत्नी दिल्ली से नैनीताल घटनास्थल पहुंच गए.
दिल्ली का रहने वाला है युवक: माता-पिता के नैनीताल पहुंचने के बाद युवक ने अपने परिजनों से फोन से संपर्क कर दिल्ली में होने की जानकारी दी. जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली. अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया युवक आर्किटेक्ट है, जो बीते सोमवार को हल्द्वानी किसी काम से आया था. जिसके बाद घूमने के लिए नैनीताल गया.
जहां उसने अपनी गाड़ी कर पार्किंग में खड़ी कर नैनीताल से स्कूटी किराए पर ली और पंगोट की तरफ चला गया. इसी दौरान वो संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया और उसकी स्कूटी खाई से बरामद हुई. घटना के बाद मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने फोन के माध्यम से युवक से बातचीत की तो युवक पहले पुलिस को गुमराह करता रहा.
युवक ने क्यों किया ऐसा कारनामा? जब पुलिस ने सख्त रुख अपनाया तो उसने बताया कि उसका पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. जिसके चलते उसने पूर्व में कई बार आत्महत्या करने का फैसला किया. नैनीताल भी वो आत्महत्या करने के लिए पहुंचा था, लेकिन उसने फैसला बदल दिया और किराए में ली स्कूटी को खाई में धकेल कर वापस दिल्ली लौट गया. ताकि, परिजनों को लगे कि उसने आत्महत्या कर ली है.
"युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है और उसने स्कूटी खाई में जानबूझकर फेंकी. ताकि, यह लगे कि उसने आत्महत्या कर ली है. फिलहाल, नैनीताल कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है."- जगदीश चंद्र, एसपी, नैनीताल
पीएम मोदी 5 देशों की यात्रा पर हुए रवाना, 17वें ब्रिक्स सम्मेलन में होंगे शामिल
2 Jul, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बुधवार से पांच देशों की महत्वपूर्ण यात्रा पर रवाना हो गए हैं. प्रधानमंत्री अपने विदेशी दौरे की शुरुआत घाना से कर रहे हैं. उसके बाद वे त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया जाएंगे. जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी की यह यात्रा कुछ देशों के लिए काफी महत्वपूर्ण बताई जा रही है. वे अपनी विदेश यात्रा के दौरान कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और इसके साथ-साथ ब्राजील में 17वें ब्रिक्स सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी के इस विदेशी दौरे से अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और कैरिबियन में भारत की वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से एक प्रमुख कूटनीतिक भागीदारी होगी. पीएम मोदी का यह विदेशी दौरा 8 दिवसीय है. घाना ऐसा देश है, जहां पिछले तीन दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने यात्रा नहीं की है. प्रधानमंत्री मोदी की 2 से 3 जुलाई तक की घाना यात्रा, पश्चिम अफ्रीकी देश की उनकी पहली यात्रा है.
बता दें, इसके अलावा, यह यात्रा 30 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा भी है. अकरा में अपने प्रवास के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी का कोटोका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 8:00 बजे IST पर पूरे औपचारिक सम्मान के साथ स्वागत किया जाएगा. इसके बाद वे राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा के साथ द्विपक्षीय बैठकों के लिए जुबली हाउस जाएंगे, जिसमें उच्च स्तरीय वार्ता और एक संयुक्त प्रेस वार्ता भी शामिल है.
राष्ट्रपति महामा द्वारा आयोजित राजकीय रात्रिभोज के साथ दिन का आधिकारिक कार्यक्रम संपन्न होगा. विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों द्वारा अपने मजबूत द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करने और आर्थिक, ऊर्जा, रक्षा और विकास क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करने के लिए नए अवसरों की तलाश करने की उम्मीद है. भारत और घाना के बीच दीर्घकालिक संबंध हैं, जिसमें भारत क्षमता निर्माण और निवेश के माध्यम से घाना के विकास का समर्थन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
घाना में अपने कार्यक्रमों के बाद, प्रधानमंत्री मोदी कैरिबियन में त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा करेंगे, उसके बाद अर्जेंटीना की यात्रा करेंगे. वहां से, वे 2025 में 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राजील जाएँगे, और अंत में नामीबिया में अपने दौरे का समापन करेंगे.
कोलकाता लॉ कॉलेज गैंगरेप: मंत्री ने कहा 'छोटी घटना', बवाल मचा
1 Jul, 2025 07:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Kolkata Case:कोलकाता के लॉ कॉलेज में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की विवादित बयानबाजी का दौर जारी है। वरिष्ठ तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी और विधायक मदन मित्रा के बाद अब ममता सरकार में सिंचाई एवं जलमार्ग मंत्री डॉ. मानस रंजन भुइयां ने इस घटना पर विवादित टिप्पणी की है।
उन्होंने मंगलवार को डॉक्टर्स डे पर कोलकाता मेडिकल कॉलेज में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में हुए सामूहिक दुष्कर्म को छोटी घटना बताया। भुइयां ने कहा कि पहलगाम में हमें मारने वाले आतंकवादी अभी तक नहीं पकड़े गए हैं और वे (भाजपा) हमेशा बंगाल को ही निशाना बनाते हैं। कोई भी छोटी-मोटी घटना होती है तो कुछ लोग ऐसे रोने लगते हैं, जैसे कि कोई प्रलय आ गया हो।
परिवार में होती रहती हैं छोटी घटनाएं'
भुइयां ने आगे कहा कि मैं आप सभी से आग्रह करना चाहता हूं कि अपने आप को कम मत आंकिए, आप सभी ममता बनर्जी के सिपाही हैं। हां, घटनाएं होती हैं, यहां तक कि अपने ही परिवार में। कहीं पति ने पत्नी को मार दिया, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को चट्टान से धक्का दे दिया...ये समाज के संकट हैं। हमारी मुख्यमंत्री हर घटना को एक मां की तरह संभालती हैं। मैं अपने फेडरेशन के लड़कों और लड़कियों से अपील करता हूं कि वे उनके साथ खड़े रहें।
'तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा मेरा बयान
इधर, टिप्पणी पर विवाद बढऩे के बाद मंत्री भुइयां ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सफाई दी कि मेरे बयान को मीडिया द्वारा तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। इससे मुझे गहरा सदमा लगा है। उन्होंने कहा कि मैंने कस्बा की घटना का जिक्र कहां किया? मेरे बयान का ला कालेज की घटना से कोई संबंध नहीं है। यह पूरी तरह से भ्रामक है, जानबूझकर अपमानित व बेइज्जती करने के लिए मेरे बयान को इस घटना के साथ जोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा मैं मीडिया का सम्मान करता हूं। संविधान का चौथा स्तंभ मीडिया है। लेकिन जिस तरह तोड़-मरोड़ कर मेरे बयान को पेश किया जा रहा वह बहुत दुखद है। संविधान ने मुझे अपने आत्मसम्मान की रक्षा करने का अधिकार भी दिया है। अगर जरूरत पड़ी तो मैं कानूनी कार्रवाई भी करूंगा।
ममता बनर्जी की चुप्पी से ऐसे नेताओं को मिल रही ताकत: भाजपा
इधर, उनकी इस टिप्पणी की मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने तीखी आलोचना की है। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख व बंगाल के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि जब पूरा देश 24 वर्षीय ला छात्रा के साथ हुई अकल्पनीय क्रूरता से भयभीत है, तृणमूल के नेता अपनी राजनीतिक बास ममता बनर्जी से प्रशंसा पाने के लिए दुष्कर्म को सामान्य बनाने में व्यस्त हैं।
सबसे पहले, तृणमूल के विधायक व पूर्व मंत्री मदन मित्रा ने पीड़िता के साथ हुई घटना के लिए उसके भाग्य को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद सांसद कल्याण बनर्जी ने इस घटना को महत्वहीन बताते हुए बेतुकी टिप्पणी की और कहा कि अगर एक दोस्त अपने दोस्त के साथ दुष्कर्म करता है तो क्या किया जा सकता है?
बीजेपी ने ममता सरकार के मंत्री पर साधा निशाना
मालवीय ने लिखा कि अब, इस भ्रष्ट शासन का एक और चेहरा, राज्य के सिंचाई मंत्री मानस भुइयां ने इस अत्याचार को एक छोटी घटना बताकर टाल दिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से इसे नजरअंदाज करके आगे बढ़ने का आग्रह किया। इस जघन्य अपराध पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुप्पी से इन नेताओं को ताकत मिल रही है। एक युवा लड़की को अपनी आकांक्षाओं की कीमत चुकानी पड़ रही है। यह उस पार्टी का लक्षण है जिसने स्त्री-द्वेष को संस्थागत बना दिया है।
Ketamelon गिरोह से 1 करोड़ की ड्रग्स और 70 लाख की क्रिप्टो जब्त
1 Jul, 2025 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
NCB ने देश के सबसे बड़े ड्रग गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस गिरोह ने दो सालों में 600 से ज्यादा पार्सल भेजे थे. नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने 1 करोड़ से ज्यादा की ड्रग्स और क्रिप्टो जब्त की है. आरोपी पिछले दो साल से भारत में हाई लेवल का डार्कनेट ड्रग सप्लाई कर रहा था.
देश के सबसे बड़े ड्रग गिरोह का पर्दाफाश
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के सबसे बड़े डार्कनेट ड्रग बेचने वाले गिरोह Ketamelon का पर्दाफाश किया है. इस ऑपरेशन का नाम MELON रखा गया था. इस ऑपरेशन में भारी मात्रा में ड्रग्स और क्रिप्टोकरेंसी जब्त की गई है. NCB की कोच्चि टीम ने लगातार सर्विलांस और जांच के बाद 28 जून को तीन पार्सलों में से 280 LSD ब्लॉट्स पकड़े.
अगले ही दिन, 29 जून को आरोपी के घर में छापा मारकर 847 और LSD ब्लॉट्स और 132 ग्राम केटामाइन भी बरामद किया गया. छापे के दौरान एक पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, कई क्रिप्टो वॉलेट और एक हार्डवेयर वॉलेट मिला, जिसमें करीब 70 लाख रुपये की क्रिप्टोकरेंसी (USDT) थी. इसके अलावा Binance जैसे प्लेटफॉर्म पर भी आरोपी के वॉलेट मिले हैं, जिनकी जांच अभी चल रही है.
आरोपी 2 साल से लेवल-4 का डार्कनेट ड्रग बेचता था
जांच में पता चला कि यह आरोपी पिछले दो साल से भारत में सबसे ऊंचे स्तर (लेवल-4) का डार्कनेट ड्रग बेचता था. यह ड्रग्स विदेशों से मंगवाकर भारत के कई बड़े शहरों में भेजा जाता था, जैसे बेंगलुरु, चेन्नई, भोपाल, पटना, दिल्ली और हिमाचल-उत्तराखंड के इलाके शामिल है. पिछले 14 महीनों में इसने करीब 600 पार्सल भेजे थे. जब्त ड्रग्स की बाजार में कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है.
LSD को लोग एसिड ब्लॉट्स या स्टैम्प्स के नाम से भी जानते हैं. यह एक तरह का हॉल्यूसीनोजेनिक ड्रग है, जिससे इंसान को चीजें अलग तरह से दिखाई और सुनाई देती हैं. इससे पहले 2023 में NCB ने Zambada नाम के बड़े गिरोह को पकड़ा था, जिसमें 29,000 से ज्यादा LSD ब्लॉट्स और करोड़ों रुपये की नकदी मिली थी.
कार्रवाई देश को ड्रग्स से मुक्त बनाने के मिशन का हिस्सा
NCB ने कहा कि यह कार्रवाई देश को ड्रग्स से मुक्त बनाने के मिशन का हिस्सा है. साथ ही NCB ने जनता से अपील की है कि अगर किसी को ड्रग्स से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत माना- राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 पर कॉल करें. कॉल करने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा. फिलहाल आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.
अनियंत्रित होकर बस पलटी, 20 यात्री घायल, सोलन में हो रही थी भारी बारिश
1 Jul, 2025 04:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नालागढ़। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मंगलवार को भारी बारिश के बीच नालागढ़-स्वारघाट मार्ग पर एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई, जिसमें 44 से ज्यादा यात्री थे, जिनमें से करीब 20 यात्री घायल हो गए हैं व अन्य को हल्की चोटें आई हैं। यह दुर्घटना नालागढ़ के पास गोलाजमाला क्षेत्र में उस समय हुई जब सरकाघाट डिपो की यह बस यात्रियों को लेकर गुजर रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोड़ पर पहुंचते ही बस अचानक संतुलन होकर गहरी खाई में पलट गई। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायल यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट में अस्पताल प्रशासन के मुताबिक ज्यादातर घायलों की हालत अब स्थिर है, हालांकि कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ या फिर बस में कोई तकनीकी खराबी थी।
एमपी टूरिज्म को मिला “लीडिंग टूरिज्म डेस्टीनेशन” का प्रतिष्ठित सम्मान
मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दे रहा है नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सुकमा में तेंदूपत्ता संग्रहण तेज़ी से जारी, 35 हजार से अधिक बोरे का हुआ संग्रहण
राजस्व कार्यों में ढिलाई पर सख्त:लंबित प्रकरणों के निपटारे और राजस्व वसूली में तेजी लाने मंत्री ने दिए निर्देश
अनुशंसाओं को संवेदनशीलता के साथ करें लागू : राज्यपाल पटेल
आतंकवाद पर भारत का सख्त स्टैंड, Rajnath Singh का पाकिस्तान को संदेश
पाकिस्तान के हमले के बाद अफगानिस्तान में हड़कंप
सरकार का साफ संदेश—ईंधन कीमतों में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं
