देश
हिमाचल में भारी बारिश का रेड अलर्ट, भूस्खलन में दो की मौत
21 Jul, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सेराज घाटी में बाढ़ जैसे हालात, चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे बंद
शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश के रेड अलर्ट जारी है। इस बीच चंबा में लैंडस्लाइड से एक किशोरी और व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, आपदा से जूझ रहे मंडी जिले की सेराज घाटी में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कुल्लू और सिरमौर जिले में जगह-जगह लैंडस्लाइड हुआ। वहीं, भूस्खलन से चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे बंद हो गया। मंडी जिले के थुनाग क्षेत्र में प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। डीसी ने अधिसूचना जारी की है।
जानकारी के मुताबिक मंडी-मनाली नेशनल हाईवे पर 4 मील और होटल मून के पास भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप है। प्रशासन ने कुल्लू की ओर जाने वाले यात्रियों से कटौला-कटिंडी मार्ग के उपयोग की अपील की है। मनाली और इसके आसपास के इलाकों में दो दिन की राहत के बाद फिर से भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। कुल्लू जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हुआ है, जिससे कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।
औट-लुहरी नेशनल हाईवे-305 आनी उपमंडल में झेड़ के पास सड़क धंसने से यातायात बाधित हो गया है। वहीं सैंज घाटी के रोपा-सैंज मार्ग पर भी भूस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया है।
सिरमौर जिले में भी हालात गंभीर हैं। लगातार बारिश के चलते गिरी नदी का जलस्तर बढ़ने से गिरी जटोन डैम के चार गेट खोल दिए गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी है। एनएच-707 पर पांवटा साहिब-शिलाई मार्ग पर उतरी गांव के पास भूस्खलन हुआ है, जिससे यह मार्ग यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। चंबा जिले के राजनगर इलाके की ग्राम पंचायत चढ़ी के गांव सूताह में भारी बारिश के कारण एक भारी पत्थर गिरने से एक किशोरी व व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
प्रशासन ने नागरिकों से सतर्कता बरतने और मौसम से संबंधित चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग ने प्रदेश में तीन दिन तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ग्रामीण क्षेत्रों से सब्जी मंडियों की ओर जा रहे कई वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। भारी बारिश के चलते मंडी–पंडोह मार्ग के 4 मील और 9 मील के बीच फिलहाल एकतरफा यातायात चलाया जा रहा है। इन क्षेत्रों में लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण यह कदम उठाया गया है।
कुल्लू और मनाली जाने के लिए यात्री कटौला–कमांद मार्ग से वैकल्पिक रास्ता अपनाने की सलाह दी है और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की और सुरक्षा के हित में प्रभावित मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचें। शिमला जिले में भी लगातार हो रही भारी बारिश से उपमंडल कुमारसैन की सभी शिक्षण संस्थानों को आज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। सभी तहसीलों और उप-तहसीलों से प्राप्त रिपोर्ट और क्षेत्र में भारी बारिश और सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए उपमंडल रोहड़ू में भी सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनवाड़ियों को सोमवार को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
शिमला मौसम विभाग केंद्र की तरफ से सोमवार सुबह नौ बजे पांच जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, इसमें हमीरपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर और मंडी शामिल हैं और कहा गया है कि कहीं-कहीं मूसलाधार वर्षा होने की संभावना है, जिससे स्थानीय नालों और नदियों में जलस्तर बढ़ सकता है और भूस्खलन की आशंका है। अन्य शेष जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। साथ ही गर्जन के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई जा रही है।
अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब, अब तक 3 लाख भक्तों ने किए दर्शन
21 Jul, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर। 3 जुलाई से शुरु हुई अमरनाथ यात्रा में भक्तों का सैलाब बढ़ता जा रहा है। पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और सभी तरह की सुविधाएं मुहैया कराने की वजह से भक्तों को काफी अच्छी तरह से बाबा के दर्शन हो रहे हैं। अभी तक करीब 3 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए है। बता दें कि श्री अमरनाथ जी यात्रा भक्तों के लिए सबसे पवित्र धार्मिक तीर्थयात्राओं में से एक है, क्योंकि किंवदंती है कि भगवान शिव ने इस गुफा के अंदर माता पार्वती को शाश्वत जीवन और अमरता के रहस्य बताए थे।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, जो श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अध्यक्ष भी हैं, ने रविवार को बालटाल आधार शिविर का दौरा किया। उपराज्यपाल ने यात्रा के सुचारू संचालन के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा के लिए अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बालटाल में एक लंगर (सामुदायिक रसोई) में यात्रियों के साथ दोपहर का भोजन किया। इस दौरान उपराज्यपाल ने यात्रियों से बातचीत भी की। उपराज्यपाल ने यात्रा के लिए की गई सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। अमरनाथ यात्रा को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 18 दिनों में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। 3 जुलाई से शुरू यात्रा 9 अगस्त को खत्म होगी। यात्रा में अभी 20 दिन बाकी हैं। अधिकारियों ने बताया कि रविवार तक 3.07 लाख तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर के दर्शन कर लिए थे। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को भगवती नगर यात्री निवास से 3,791 यात्रियों का एक और जत्था कश्मीर घाटी के लिए दो काफिलों में रवाना हुआ। पहला काफिला 52 वाहनों के साथ 1,208 यात्रियों को लेकर सुबह 3:33 बजे बालटाल बेस कैंप के लिए निकला। दूसरा काफिला 96 वाहनों के साथ 2,583 यात्रियों को लेकर सुबह 4:06 बजे पहलगाम बेस कैंप के लिए रवाना हुआ।
पहलगाम मार्ग का उपयोग करने वाले लोग चंदनवाड़ी, शेषनाग और पंचतरणी से होकर गुफा मंदिर तक पहुंचते हैं और 46 किलोमीटर की पैदल दूरी तय करते हैं। तीर्थयात्रियों को गुफा मंदिर तक पहुंचने में चार दिन लगते हैं। वहीं, छोटे बालटाल मार्ग का उपयोग करने वालों को गुफा मंदिर तक पहुंचने के लिए 14 किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी पड़ती है और यात्रा पूरी करने के बाद उसी दिन आधार शिविर लौटना पड़ता है।
जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस राज्यसभा में दाखिल
21 Jul, 2025 05:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्यसभा में कांग्रेस सांसद और व्हिप नासिर हुसैन ने बताया कि प्रस्ताव पर 60 से अधिक सांसदों ने हस्ताक्षर कर दिए हैं, जबकि लोकसभा में पहले ही 145 सांसदों ने इस पर समर्थन दिया है और स्पीकर को ज्ञापन सौंपा गया है।
यह प्रस्ताव भारतीय संविधान के अनुच्छेद 124, 217 और 218 के अंतर्गत लाया गया है। महाभियोग प्रस्ताव का समर्थन कांग्रेस, टीडीपी, जेडीयू, जेडीएस, जनसेना, एजीपी, शिवसेना (शिंदे गुट), एलजेपी और सीपीआई (एम) जैसे कई दलों ने किया है।
सूत्रों के अनुसार, जिन सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं उनमें अनुराग ठाकुर, रविशंकर प्रसाद, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजीव प्रताप रूड़ी, पीपी चौधरी और सुप्रिया सुले जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
क्या है मामला?
15 मार्च 2025 को जस्टिस वर्मा के दिल्ली स्थित सरकारी आवास से कथित तौर पर भारी मात्रा में जली हुई नकदी बरामद होने के आरोप सामने आए थे। इस घटना के बाद मामला गंभीर हो गया और संसद में इसे लेकर हलचल तेज हो गई।
सरकार की प्रतिक्रिया और अगला कदम:
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को बताया कि महाभियोग प्रस्ताव को संसद में लाने के लिए आवश्यक समर्थन मिल चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्ताव को कब पेश किया जाएगा, इसका निर्णय बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) द्वारा लिया जाएगा।
अब संसद की संबंधित समिति आरोपों की जांच करेगी और तय किया जाएगा कि जस्टिस वर्मा को पद से हटाने की सिफारिश की जाए या नहीं।
एयर इंडिया विमान मुंबई में रनवे से फिसला, टायर फटने से मचा हड़कंप
21 Jul, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। सोमवार सुबह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़ा हादसा टल गया। कोच्चि से मुंबई आ रहा एयर इंडिया का एक विमान मूसलाधार बरसात के बीच रनवे से फिसल गया। कहा तो ये भी जा रहा है कि विमान के तीनों टायर फट गए। हालांकि गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दिनांक 21 जुलाई को कोच्चि से मुंबई आ रहा एयर इंडिया का AI2744 विमान सुबह 9.27 बजे लैंडिंग के दौरान भारी बारिश के कारण रनवे से फिसल गया। एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा कि विमान को आगे इस्तेमाल के लिए मंजूरी देने से पहले आवश्यक जांच की जा रही है। विमान के तीन टायर फिसल गए और इंजन को नुकसान पहुंचने की आशंका है। बताया जा रहा है कि मुंबई में भारी बारिश के कारण यह स्थिति पैदा हुई। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की एक टीम घटना की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दुर्घटना खराब मौसम और ढलान वाले रनवे के कारण हुई। विमान सुरक्षित रूप से पार्किंग बे में पहुंच गया और सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित उतर गए। हवाई यातायात नियंत्रकों ने कहा कि विमान के रनवे से फिसलने के बाद भी हवाई अड्डे पर परिचालन सुचारू रूप से जारी रहा। इस बीच, अधिकारी लगातार बदलते मौसम की निगरानी कर रहे हैं।
मुंबई ट्रेन धमाका केस में सभी 12 दोषी बरी, हाई कोर्ट ने पलटा निचली अदालत का फैसला
21 Jul, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: 2006 के मुंबई लोकल ट्रेन ब्लास्ट मामले में सोमवार को बॉम्बे हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सभी 12 दोषियों को निर्दोष करार दिया है और उन्हें बरी कर दिया है. ये फैसला जस्टिस अनिल किलोर और जस्टिस एस. जी. चांडक की खंडपीठ ने सुनाया. इस केस में कुल 12 आरोपियों को पहले निचली अदालत ने दोषी ठहराया था, जिनमें से 5 को फांसी और 7 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. 12 आरोपियों में से एक आरोपी की पहले ही मौत हो चुकी है, ऐसे में 11 आरोपी बचे हैं, जिन्हें बरी कर दिया गया है.
सूत्रों के अनुसार, इस साल जनवरी महीने में इस प्रकरण की अंतिम सुनवाई पूरी हो गई थी, जिसके बाद फैसला सुरक्षित रख लिया गया था. दोषियों ने येरवडा, नाशिक, अमरावती और नागपूर जेलों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी.
हाई कोर्ट ने अपने फैसले में क्या कहा?
कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष मामले को उचित संदेहों से परे साबित करने में पूरी तरह विफल रहा है. कोर्ट ने अभियोजन पक्ष के लगभग सभी गवाहों के बयानों को अविश्वसनीय पाया है. हाई कोर्ट के अनुसार, धमाके के लगभग 100 दिनों बाद टैक्सी ड्राइवरों या ट्रेन में सवार लोगों के लिए आरोपी को याद रखना कोई कारण नहीं था. बम, बंदूकें, नक्शे आदि जैसे सबूतों की बरामदगी पर कोर्ट ने कहा कि ये बरामदगी अप्रासंगिक थी और मामले के लिए जरूरी नहीं थी क्योंकि अभियोजन पक्ष विस्फोटों में इस्तेमाल किए गए बम के प्रकार की पहचान करने में विफल रहा.
सुप्रीम कोर्ट जाए सरकार- बीजेपी नेता
हाई कोर्ट के फैसले पर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने कहा कि हाई कोर्ट के फैसले से बहुत दुख हुआ और धक्का लगा है. मैंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अपील की है कि इस मामले में जांच को लेकर नई टीम बनाई जाए और सुप्रीम कोर्ट में जाएं. मुंबई के लोगों को न्याय मिलना चाहिए और आतंकियों को सजा हो.
इन ब्लास्ट में 189 लोगों की गई थी जान
2006 में हुए इस भीषण बम धमाके में मुंबई की लोकल ट्रेनों में सात स्थानों पर विस्फोट हुए थे, जिसमें 189 लोगों की जान गई थी और 824 लोग घायल हुए थे. इस मामले में साल 2015 में स्पेशल कोर्ट ने कुल 12 आरोपियों को दोषी करार दिया था, जिनमें से 5 को फांसी और 7 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. जिन लोगों को फांसी की सजा सुनाई गई थी उनमें मोहम्मद फैसल शेख, एहतशाम सिद्धीकी, नवेद हुसैन खान, आसिफ खान और कमल अंसारी शामिल थे. कमल अंसारी नाम के आरोपी की COVID‑19 के कारण 2022 में जेल में ही मृत्यु हो गई थी.
बचाव पक्ष ने आरोप लगाया था कि MCOCA अधिनियम के तहत दर्ज की गई पाक्षिकीय बातों (confessions) ‘जबरदस्ती’ और ‘टॉर्चर’ से प्राप्त हुईं और इसलिए अवैध हैं. दूसरी ओर, राज्य ने यह साबित करने का प्रयास किया था कि यह रेयर ऑफ द रेयरेस्ट मामला है और सजा न्यायोचित है. दरअसल, सात बम ब्लास्ट 11 जुलाई 2006 को मुंबई की लोकल ट्रेनों में 11 मिनट की अंतराल में हुए थे. बमों में RDX इस्तेमाल हुआ था और मुंबई ATS ने चार्जशीट नवंबर 2006 में दायर की थी.
पिछली सुनवाई और देरी के कारण
हाईकोर्ट की सुनवाई 2015 में शुरू हुई जब राज्य ने फांसी की सजा की पुष्टि के लिए याचिका दायर की और दोषियों ने भी अवमानना की अपील की. लंबी प्रक्रिया के कारण 11 से ज्यादा बेंच बदल गए, लेकिन जुलाई 2024 में विशेष बेंच बनाई गई. जनवरी 2025 में सुनवाई पूरी कर निर्णय सुरक्षित रखा गया था. अब इस फैसले को लेकर जांच एजेंसियों के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है.
राजनीति में संयम और शालीनता जरूरी: मानसून सत्र से पहले धनखड़ का संदेश
21 Jul, 2025 03:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सभी राजनीतिक दलों से अपील कर कहा कि वे सौहार्द और आपसी सम्मान की भावना को बढ़ावा दे. हम दूसरों के लिए किसी ऐसी भाषा का इस्तेमाल न करें जो अमर्यादित हो. उन्होने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करते हुए कहा कि वे भारत की प्रगति हेतु रचनात्मक राजनीति करें.
उपराष्ट्रपति ने कहा कि एक जीवंत लोकतंत्र निरंतर कलह के वातावरण में फल-फूल नहीं सकता. राजनीतिक तनाव को कम करना आवश्यक है, क्योंकि टकराव राजनीति का मर्म नहीं है. विभिन्न राजनीतिक दल भले ही अलग-अलग रास्तों से लक्ष्य तक पहुंचना चाहें, लेकिन कोई भी भारत के हितों का विरोधी नहीं है.
अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल न करें
धनखड़ ने कहा कि मैं सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करता हूं कि वे सौहार्द और आपसी सम्मान की भावना को बढ़ावा दें. टेलीविजन या किसी अन्य मंचों पर नेताओं के विरुद्ध अमर्यादित भाषा या व्यक्तिगत टिप्पणी करने से बचें. उन्होंने कहा कि ऐसा आचरण हमारी सभ्यता के विरुद्ध है. उन्होंने कहा कि विवाद नहीं, संवाद और चर्चा ही आगे बढ़ने का मार्ग है. आपसी झगड़े हमारे शत्रुओं को मजबूत करते हैं और उन्हें हमें बांटने का अवसर प्रदान करते हैं.
विचार-विमर्श है लोकतंत्र की असली ताकत
उपसभापति ने कहा कि हमारे देश की यही ऐतिहासिक महत्ता है कि यहां बातचीत, विचार विमर्श और विचारों के आदान प्रदान को महत्व दिया जाता है. उन्होंने कहा कि यही हमारे लोकतंत्र की असली ताकत है. इसके आगे धनखड़ ने कहा कि यही हमारी संसद का मार्गदर्शक भी होना चाहिए.
रचनात्मक राजनीति को बढ़ावा दे
उपराष्ट्रपति ने सभी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं सत्तापक्ष और विपक्ष सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करता हूं कि वे भारत की प्रगति हेतु रचनात्मक राजनीति करें. ऐसी मुद्दों पर चर्चा करें जिससे देश को लाभ हो. उन्होंने कहा कि आपके सहयोग और सक्रिय सहभागिता से मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह मानसून सत्र उपयोगी और अर्थपूर्ण सिद्ध होगा.
40 मिनट तक हवा में भटकता रहा इंडिगो विमान, यात्रियों की बढ़ी धड़कनें
21 Jul, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आंध्र प्रदेश के तिरुपति से हैदराबाद जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट रविवार (20 जुलाई, 2025) को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के कारण वापस लौट आई. इंडिगो की फ्लाइट रविवार रात 7:55 बजे तिरुपति एयरपोर्ट से रवाना तो हुई, लेकिन बीच हवा में तकनीकी खराबी के चलते फ्लाइट संख्या 6E 6591 को वापस लौटना पड़ा. एहतियात के तौर पर विमान लगभग 40 मिनट तक हवा में चक्कर लगाता रहा, जिसके बाद पायलट और क्रू मेंबर ने तिरुपति लौटने का फैसला किया.
इससे पहले दिन में हुई एक अलग घटना में उसी रूट पर फ्लाइट 6E 2696 को भी इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा. इस विमान ने सुबह लगभग 6:19 बजे उड़ान भरी थी और उड़ान के कुछ ही देर बाद चालक दल ने तकनीकी समस्या का पता चलने पर तिरुपति वापस लौटने का फैसला किया. सुरक्षित लैंडिंग से पहले कुछ देर तक विमान हवा में चक्कर लगाता रहा.
विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित, टला बड़ा हादसा
दोनों ही मामलों में किसी के घायल होने या आपात स्थिति की सूचना नहीं मिली और विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित थे. एयरलाइन ने बाद में दोनों उड़ानें रद्द कर दीं. इंडिगो ने अभी तक इन घटनाओं के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. अधिकारी उड़ान में तकनीकी खराबी के कारणों की जांच कर रहे हैं.
लगातार हुई इन गड़बड़ियों ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है. हालांकि सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया और लैंडिंग बिना किसी दुर्घटना के पूरी हो गई. फ्लाइट रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को आगे की सहायता और विकल्पों के लिए इंडिगो से संपर्क करने की सलाह दी गई है.
पीएम मोदी: ऑपरेशन सिंदूर बना भारत की सैन्य शक्ति का प्रतीक
21 Jul, 2025 01:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संसद के मानसून सत्र का आज सोमवार से आगाज हो रहा है. संसद सत्र में विपक्ष के कई मुद्दों को लेकर पूरी तरह से हमलावार होने के आसार हैं. सत्र के शुरू होने से पहले संसद परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मानसून नवीनता और नवसृजन का प्रतीक है. कृषि के लिए लाभदायक मौसम होता है. मानसून सत्र देश के लिए बहुत ही गौरवपूर्ण सत्र है.
पीएम मोदी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर में सेना ने जो लक्ष्य रखा था उसको आतंकियों के घर में घुसकर पूरा किया. उन्हें जमींदोज कर दिया.”उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर के बाद हमारे सांसदों ने पूरी दुनिया में जा कर आतंकवाद के आका पाकिस्तान को बेनकाब किया. दुनिया ने भारत की बात को स्वीकार करने की दिशा में अपने मन के द्वार खोले और इसके लिए हमारे राजनीतिक दल तथा सांसद सभी सराहना के पात्र हैं.” पीएम ने यह भी आह्वान किया कि सेना के सामर्थ्य की सराहना की जानी चाहिए.
देश हित में मन जरूर मिलेः PM मोदी
अंतरिक्ष क्षेत्र की कामयाबी के लेकर पीएम मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर तिरंगा लहरा चुका है और प्रगति की राह में आगे बढ़ रहे देश में विज्ञान के प्रति उमंग एवं उत्साह है. उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे का जिक्र करते हुए कहा, “नक्सलवाद का दायरा आज सिकुड़ रहा है और कल तक तो रेड कॉरिडोर थे, वे आज ग्रीन, ग्रोथ जोन में परिवर्तित हो रहे हैं.”
उन्होंने कहा, “भारत आज दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है. कभी देश में महंगाई दर दोहरे अंकों में थी लेकिन आज यह दो फीसद के आसपास आ चुकी है और आम आदमी को राहत मिली है.” उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा एवं प्रगति को बल देने वाले तथा नागरिकों के हितों से जुड़े अनेक विधेयक प्रस्तावित हैं और इस सत्र में उन्हें चर्चा कर पारित किया जाएगा. उन्होंने कहा, “सभी दलों का अलग-अलग एजेंडा है लेकिन दल हित में मत भले ही न मिलें, लेकिन देश हित में मन जरूर मिलें.”
संसद सत्र की शुरुआत से पहले पीएम मोदी ने कहा, “मानसून नवीनता और नवसृजन का प्रतीक है. अब तक की खबरों के मुताबिक देश में मौसम बहुत ही अच्छे ढंग से आगे बढ़ रहा है. खेती के लिए लाभदायक मौसम की खबरें हैं. बारिश किसानों की अर्थव्यवस्था, देश की अर्थव्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और हर परिवार की अर्थव्यवस्था में बहुत ही अहम होता है. पिछले 10 सालों में इस बार 3 गुना पानी का भंडार हुआ है. जिसका आने वाले दिनों में भी देश के अर्थतंत्र को बहुत लाभ होगा.”
विपक्ष ने की सरकार को घेरने की तैयारी
इससे पहले कांग्रेस ने मानसून सत्र के पहले दिन पीएम मोदी के पारंपरिक संबोधन से पहले सोमवार को कहा कि विपक्ष की ओर से जब पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले, फिर ऑपरेशन सिंदूर और इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्यस्थता संबंधी दावे का मुद्दा उठाए जाए तो पीएम को सदन में मौजूद रहना चाहिए.
संसद का मानसून सत्र आज सोमवार (21 जुलाई) से शुरू हो रहा है और 21 अगस्त तक कुल 21 बैठकें प्रस्तावित हैं. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच X पर कहा, ‘कुछ ही देर में सज-धज कर प्रधानमंत्री संसद भवन के बाहर अपने चिर-परिचित अंदाज में मीडिया के सामने देश के नाम अपना संदेश देंगे. हर बार की तरह, इस बार भी वही घिसी-पिटी, खोखली बातें दोहराई जाएंगी.’
संसद में बहुत कम दिखाई देते हैं पीएम मोदीः रमेश
उन्होंने कहा, ‘पीएम मोदी संसद में बहुत, बहुत, बहुत कम दिखाई देते हैं. वह साल में केवल एक बार राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान बोलते हैं लेकिन इस बार जब पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर और राष्ट्रपति ट्रंप से जुड़े मुद्दे संसद में चर्चा के लिए आएंगे तो उन्हें देश के प्रति अपनी जवाबदेही जरूर निभानी चाहिए.’
जयराम रमेश ने पीएम मोदी के ब्रिटेन और मालदीव के प्रस्तावित दौरों पर निशाना साधते हुए कहा, ’48 घंटे बाद यह सुपर प्रीमियम फ्रीक्वेंट फ्लायर प्रधानमंत्री एक और विदेशी दौरे पर निकल पड़ेंगे. मणिपुर की जनता के पास निराश होने की एक और वजह होगी.’
श्रद्धा की राह पर आगे बढ़े कदम, अमरनाथ के लिए 20वां जत्था जम्मू से रवाना
21 Jul, 2025 11:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू। दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर के दर्शन के लिए रविवार को 4,388 तीर्थयात्रियों का 20वां जत्था भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। इस जत्थे में 900 महिलाएं और 130 साधु-साध्वियां भी शामिल हैं।
श्रद्धालुओं का जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अलग-अलग काफिलों में रवाना हुआ।
2,815 श्रद्धालु 115 वाहनों में सवार होकर पहलगाम मार्ग की ओर रवाना हुए।
वहीं 1,573 श्रद्धालु 95 वाहनों में बालटाल मार्ग से यात्रा पर निकले। 38 दिवसीय यह वार्षिक तीर्थयात्रा तीन जुलाई को शुरू हुई थी और यह नुनवान-पहलगाम (अनंतनाग) और बालटाल (गांदरबल) मार्गों से चल रही है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 2.90 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं और संभावना है कि रविवार को यह आंकड़ा तीन लाख को पार कर जाएगा।
नौ अगस्त को होगी यात्रा समाप्त
यह पवित्र यात्रा रक्षा बंधन के दिन यानी 9 अगस्त को समाप्त होगी। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रा की सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।
अमरनाथ यात्रा में देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और पूरे श्रद्धा भाव से बाबा बर्फानी के दर्शन कर रहे हैं। यात्रा के दौरान चिकित्सा, खानपान और ठहरने की सुविधाएं भी यात्रियों के लिए मुहैया कराई गई हैं।
किराए के मकान में ज़हर खाकर परिवार के 5 लोगों की मौत
21 Jul, 2025 10:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद। गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों ने कथित रूप से ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। मरने वालों में पति-पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।
जानकारी अनुसार घटना अहमदाबाद ग्रामीण क्षेत्र के बावला कस्बे की है। पुलिस के अनुसार, यह परिवार एक किराये के मकान में रहता था और मूल रूप से ढोलका का निवासी था। मृतकों की पहचान विपुल कांजी वाघेला (34), सोनल वाघेला (26), बड़ी बेटी (11 वर्ष), छोटी बेटी (5 वर्ष), बेटा (8 वर्ष) के तौर पर हुई है। पुलिस का कहना है कि परिवार ने जहरीला तरल पदार्थ पीकर जान दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और फॉरेंसिक टीम ने घर की तलाशी ली और साक्ष्य एकत्रित किए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
अब तक कारण अज्ञात
फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। न ही कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और परिवार के सामाजिक व आर्थिक पहलुओं की जांच कर रही है।
घुसपैठ की कोशिश नाकाम, बीएसएफ ने पकड़ा पाकिस्तानी नागरिक
21 Jul, 2025 09:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फिरोजपुर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स की 155वीं बटालियन के सतर्क जवानों ने एक पाकिस्तानी नागरिक को भारतीय सीमा में घुसपैठ करते हुए पकड़ लिया। यह घटना बॉर्डर आउट पोस्ट केएमएस वाला जिला फिरोजपुर के नजदीक घटी। जहां बीएसएफ जवानों ने उसे संदिग्ध गतिविधियों के दौरान दबोच लिया। बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, बीओपी के पास स्थित बॉर्डर पिलर नंबर 190/4 के निकट तैनात जवानों ने बाड़बंदी के पार कुछ संदिग्ध हलचल देखी। जवानों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए घुसपैठिए को ललकारा, लेकिन वह बिना रुके आगे बढ़ता रहा। कुछ ही पलों में वह लगभग 80 मीटर भारतीय क्षेत्र के भीतर प्रवेश कर गया, जिसके बाद बीएसएफ ने उसे दबोच लिया।
पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी, करोड़ों की हेरोइन बरामद
21 Jul, 2025 08:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर। पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम को बड़ी कामयाबी मिली है। नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अमृतसर के छेहर्टा इलाके में एक युवक को 15 किलो 400 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रभजीत सिंह पुत्र कवलजीत सिंह, निवासी गांव मोदे, हलका अटारी, अमृतसर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह स्विफ्ट कार से पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगवाई गई हेरोइन को लेकर अमृतसर की ओर जा रहा था। रास्ते में पुलिस ने गाड़ी रोकी और तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और नेटवर्क की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है।
संसद का मॉनसून सत्र आज से शुरू, विपक्ष सरकार को घेरेगा कई मुद्दों पर
21 Jul, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सर्वदलीय बैठक में विपक्ष के साथ कई मुद्दों पर हुई चर्चा...
पहलगाम, बिहार में वोटर लिस्ट नए सिरे से बनाने सहित अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष...भाजपा बोली हर सवाल का देंगे जवाब
ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में चर्चा को तैयार सरकार
नई दिल्ली। संसद का मॉनसून सत्र सोमवार से शुरू होगा। कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष की तैयारियों को देखकर लग रहा है कि सत्र हंगामेदार रहेगा। पहलगाम आतंकी हमले, ऑपरेशन सिंदूर से लेकर एअर इंडिया प्लेन कैंश, बिहार में वोटर लिस्ट नए सिरे से बनाने आदि कई मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरेगा। मानसून सत्र में इन्हीं मुद्दों पर हंगामा होना तय है। वहीं मॉनसून सत्र से पहले करीब डेढ़ घंटे चली सर्वदलीय बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया से बात की और बताया कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन यह चर्चा संसद के नियमों के तहत ही होगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी बहस से पीछे नहीं हटेगी।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि बैठक में सरकार ने सभी राजनीतिक दलों की बातें सुनीं। विपक्ष की मांग थी पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा के वक्त पीएम मोदी भी सदन में मौजूद रहें। इस पर रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में मौजूद रहते हैं, भले ही वे सीधे बहस में हिस्सा न लें, लेकिन वे हमेशा संसद परिसर में मौजूद रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष की तरफ से उठाए गए सवालों के जवाब सरकार सदन में बहस के दौरान देगी। उन्होंने कहा कि सरकार संसद में बहस के दौरान विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देगी। मीडिया के सवालों पर उन्होंने कहा कि हम यहां बाहर हर बात का जवाब नहीं दे सकते। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद सुचारू रूप से चले, यह सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है। कई छोटी पार्टियों को संसद में बोलने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलता... हम इस पर भी गौर करेंगे।
सदन में चर्चा के लिए विपक्ष की मांगें और मुद्दे
विपक्ष ने इस सत्र में जिन अहम मुद्दों पर चर्चा की मांग की है, उनमें प्रमुख हैं-पहलगाम और वहां के उपराज्यपाल द्वारा दिए गए बयानों को लेकर विपक्ष ने सदन में चर्चा की मांग की है। अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा भारत-पाकिस्तान को लेकर दिए गए ताजा बयान को लेकर भी विपक्ष की मांग है कि सदन में चर्चा हो। बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन चल रहा है और इस बीच विपक्ष ने सदन में वोट देने के अधिकार को लेकर भी चर्चा की मांग की है। विपक्षी दलों ने मीटिंग के दौरान चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ सीमा पर बनाए गए टू-फ्रंट एक्सिस पर भी चर्चा की मांग रखी है। उत्तर-पूर्वी राज्य मणिपुर के हालात पर भी विपक्ष की मांग है कि इस मुद्दे पर सदन में चर्चा हो।
पहलगाम आतंकी हमला और इससे जुड़ी जांच
कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले को 3 महीने होने वाले हैं। इस हमले में आतंकियों ने 26 भारतीयों की हत्या कर दी थी। अब तक हमले में शामिल आतंकियों का पता नहीं चला है। ऐसे में विपक्ष पहलगाम हमले और इसकी जांच में नाकामी का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।
ऑपरेशन सिंदूर और विदेशी नीति पर सवाल
पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। इसके बाद से विपक्ष बार-बार भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाता रहा है। इस ऑपरेशन में भारत को हुए नुकसान की जानकारी मांग रहा है। ऐसे में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस और ढ्ढहृष्ठढ्ढ्र ब्लॉक सरकार से सवाल पूछने की तैयारी कर रहा है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि करगिल युद्ध की तरह ऑपरेशन सिंदूर पर भी संसद में चर्चा होनी चाहिए।
एअर इंडिया विमान हादसा
12 जून, 2025 को अहमदाबाद में एअर इंडिया का विमान क्रैश होने से 260 लोगों की मौत हो गई थी। अब हादसे की वजह, जांच और पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की शुरुआती जांच रिपोर्ट पर भी सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस और बाकी विपक्षी पार्टियां विमान हादसे की जिम्मेदारी पर सवाल उठाएंगी।
बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन
बिहार में साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग यहां वोटर लिस्ट को नए सिरे से तैयार करने के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन का अभियान चला रहा है। संसद में सबसे ज्यादा हंगामा इसी पर हो सकता है। इस मुद्दे पर विपक्षी पार्टियां क्चछ्वक्क के खिलाफ एकजुट हो सकती हैं। विपक्ष ने चुनाव आयोग के काम में अनियमितता और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि इस प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर इस मुद्दे पर सरकार को घेरेंगे।
सत्र में रखे जाएंगे 17 बिल
केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने बताया कि सरकार ने अब तक 17 बिल तैयार किए हैं, जो मॉनसून सत्र में संसद के पटल पर रखे जाएंगे। इनमें देश की भू-विरासत और पुराने अवशेषों की सुरक्षा से जुड़ा एक अहम बिल भी शामिल है। जो विधेयक लाए जाएंगे, उनमें राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, भू-विरासत स्थल और भू-अवशेष (संरक्षण और रखरखाव) विधेयक, खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक प्रमुख हैं।
जस्टिस वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव
जब केंद्रीय मंत्री रिजिजू से जस्टिस वर्मा के महाभियोग को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि यह फैसला सिर्फ सरकार नहीं कर सकती। इसमें सभी राजनीतिक दलों की भूमिका जरूरी है। जस्टिस वर्मा के घर से भारी मात्रा में कैश मिले थे, जिनमें भारी मात्रा में नोट जले हुए पाए गए थे। इसको लेकर विपक्ष लगातार महाभियोग की मांग करता रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार जस्टिस वर्मा के खिलाफ सदन में महाभियोग लाएगी। इसको लेकर 100 से ज्यादा सांसदों की सहमति आई है। उन्होंने साइन किए हैं। उन्होंने कहा कि महाभियोग का टाइमलाइन फिलहाल नहीं बताया जा सकता, लेकिन सरकार जस्टिस वर्मा के खिलाफ सदन में महाभियोग प्रस्ताव पेश करेगी।
बड़ी सफलता: कोलकाता के डॉक्टरों ने महिला के पैर से निकाला कैंसरयुक्त ट्यूमर -
20 Jul, 2025 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के डॉक्टरों को सर्जरी में बड़ी सफलता मिली है. डॉक्टरों की टीम ने एक महिला के कैंसरयुक्त ट्यूमर को जटिल सर्जरी के बाद सफलतापूर्वक निकाला. अस्पताल के हड्डी रोग विभाग की देखरेख में की गई इस सर्जरी में एक किलोग्राम से ज्यादा वजन का ट्यूमर निकाला गया.
जानकारी के अनुसार, पिछले हफ्ते 52 वर्षीय रहीमा मलिक नाम की महिला को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनके पैर के पिछले हिस्से में सूजन थी. वहां ट्यूमर बन गया था. पिछले मंगलवार को सर्जरी करके ट्यूमर को निकाला गया.
कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ऑर्थोपेडिक विभाग के डॉ. सैकत साहू ने बताया, "यह सर्जरी बहुत जोखिम भरी है. अगर जरा सी भी चूक हुई तो मरीज की तुरंत मौत हो सकती है. इस ट्यूमर को निकालने में मरीज के अंग खराब होने का भी खतरा रहता है."
हालांकि, इस मामले में सब कुछ सही रहा. जहां इस तरह की सर्जरी में चार से पांच घंटे लगते हैं, रहीमा मलिक के मामले में सिर्फ एक घंटा लगा. इस बारे में डॉ. सैकत साहू ने बताया, "उनके मामले में, ट्यूमर थोड़ा बाईं ओर था. यह हमारे लिए थोड़ी राहत की बात थी. वरना, अगर ट्यूमर अंदर होता, तो सीटीवीएस, प्लास्टिक सर्जरी विभाग की जरूरत पड़ती. लेकिन उनके मामले में इसकी जरूरत नहीं पड़ी."
रहीमा मलिक के परिवार से बात करने पर पता चला कि शुरुआत में उनके पैर के ऊपरी हिस्से के पिछले हिस्से में धीरे-धीरे सूजन आ रही थी. शुरुआत में तो उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया. उन्होंने अपने घरवालों को भी नहीं बताया. लेकिन सूजन बढ़ती ही गई. दर्द शुरू हो गया. रहीमा धीरे-धीरे चलने-फिरने में असमर्थ हो गईं.
जब घरवालों को उनकी बीमारी के बारे में पता चला तो उन्हें डॉक्टर को दिखाया गया. डॉक्टर ने हड्डी रोग का इलाज शुरू किया, लेकिन उस इलाज से कोई फायदा नहीं हुआ. उल्टा, दर्द बढ़ता ही गया. इसके बाद, घरवाले रहीमा को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले गए, जहां डॉ. सैकत साहू की देखरेख में इलाज शुरू हुआ.
डॉ. साहू ने कहा, "जब मैंने उसे देखा, तो मुझे लगा कि उसे ट्यूमर है. इस ट्यूमर को सॉफ्ट टिशू सार्कोमा कहते हैं. यह एक प्रकार का कैंसर है. इसे प्लेमॉर्फिक सार्कोमा कहते हैं. एक्स-रे में कुछ भी दिखाई नहीं देता. फिर हमें एमआरआई करवाना पड़ा. हम देख सकते हैं कि वह हिस्सा तकिये की तरह सूज गया है. इसके साथ ही, नई रक्त वाहिकाएं भी बन गई हैं."
डॉक्टर का कहना है कि हर मरीज के इलाज का तरीका अलग होता है. वह कहते हैं, "जब ऐसा कोई मामला आता है, तो हमें पहले उसका अध्ययन करना पड़ता है. क्योंकि हर व्यक्ति को इस तरह के ट्यूमर का अलग इलाज मिलता है, इसलिए डॉक्टरों ने अध्ययन के बाद रहीमा का ऑपरेशन करने का फैसला किया. सफल ऑपरेशन हुआ. अब रहीमा स्वस्थ हैं. उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है.
उनके बेटे का कहना है, "सर्जरी के बाद मेरी मां चलने-फिरने में सक्षम हो गई. अब वह समस्या दूर हो गई है."
शक्तिश्री : छात्राओं की सुरक्षा के लिए ओडिशा सरकार की आठ सूत्री पहल
20 Jul, 2025 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को छात्राओं की सुरक्षा के लिए 'शक्तिश्री' योजना लॉन्च की. इस आठ सूत्री पहल में कॉलेजों में सुरक्षा सशक्तिकरण प्रकोष्ठों का गठन शामिल है, जिनका प्रबंधन महिलाओं द्वारा किया जाएगा. कलेक्टर प्रत्येक संस्थान में 5 महिला सलाहकार (शक्ति आपा) नियुक्त करेंगे.
इसके अलावा उत्पीड़न या मानसिक परेशानी की सूचना देने के लिए 24x7 मोबाइल ऐप शुरू किया जाएगा. इस पहल में 6-दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य शिक्षा मॉड्यूल और मनोवैज्ञानिक सहायता के लिए राष्ट्रीय टेली-मानस (Tele-MANAS) हेल्पलाइन के लिंक भी शामिल हैं.
मुख्यमंत्री माझी ने कहा, "राज्य में लड़कियों की सुरक्षा के लिए आज 'शक्ति श्री' कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है. इसे राज्य के 16 विश्वविद्यालयों और 730 सरकारी तथा अनुदान प्राप्त कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए लागू किया जाएगा. भविष्य में, इस कार्यक्रम के माध्यम से हम सुनिश्चित करेंगे कि हमारी छात्राएं सुरक्षित रहें. विश्वविद्यालयों में भी लड़कियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा."
उन्होंने कहा कि शक्ति श्री कार्यक्रमों को लागू करते समय 8 मुख्य बिंदुओं पर ध्यान देना होगा. मानसिक स्वास्थ्य के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा. शक्ति श्री ऐप कैंपस में 24 घंटे काम करेगा. एक आंतरिक समिति बनाई जाएगी. शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के लिए एक आचार संहिता विकसित की जाएगी. हर साल, सभी कॉलेज दिसंबर तक एक वार्षिक रिपोर्ट प्रदान करेंगे. सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी."
मुख्यमंत्री माझी ने कहा, "शक्तिश्री कार्यक्रम हमारे परिसरों को हमारी बेटियों के लिए सुरक्षित, समावेशी और सशक्त बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है. यह सिर्फ एक योजना नहीं है - यह लैंगिक समानता और सम्मान के लिए एक आंदोलन है."
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों को डिजिटल रूप से समर्थन देने के लिए एक समर्पित "शक्तिश्री ऐप" लॉन्च किया जाएगा. यह ऐप छात्राओं को गुमनाम रूप से उत्पीड़न की रिपोर्ट करने, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परामर्श करने, टेली-मानस सेवाओं का उपयोग करने और तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए एसओएस इमरजेंसी बटन का उपयोग करने की सुविधा प्रदान करेगा. यह आंतरिक समितियों का विवरण भी प्रदान करेगा और शिकायतों का पर्याप्त रूप से समाधान न होने पर आगे बढ़ने की व्यवस्था भी प्रदान करेगा.
स्टाफ के लिए विशेष आचार संहिता
ओडिशा सरकार ने इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए एक बयान में कहा कि संकाय और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए एक विशेष आचार संहिता लागू की जाएगी. साथ ही लैंगिक संवेदनशीलता और महिला सुरक्षा पर अनिवार्य वार्षिक ऑनलाइन प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. SAFE (शक्तिश्री महिला सशक्तिकरण अभियान) अभियान जागरूकता को बढ़ावा देगा और आत्मरक्षा शिविर और कार्यशालाएं आयोजित करेगा.
बयान के मुताबिक, सभी संस्थानों को 31 दिसंबर तक एक वार्षिक कैंपस सुरक्षा रिपोर्ट देनी होगी. आंतरिक सिफारिशों के आधार पर प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और एक नियंत्रण कक्ष फीड्स की निगरानी करेगा. सभी छात्रों और कर्मचारियों के लिए POSH अधिनियम और UGC दिशानिर्देशों पर एक ऑनलाइन पाठ्यक्रम उपलब्ध कराया जाएगा.
ज्ञान-साझाकरण और प्रेरणा को और बढ़ावा देने के लिए, सभी शक्तिश्री साथियों, समन्वयकों और शक्ति आपा (Shakti Apa) के लिए "शक्ति स्वरूपिणी" नामक एक वार्षिक कार्यशाला आयोजित की जाएगी. इस कार्यक्रम में उन्हें संवैधानिक अधिकारों, डिजिटल सुरक्षा और पहल के लिए सर्वोत्तम संचालन प्रथाओं के बारे में शिक्षित किया जाएगा.
'शक्तिश्री' पहल के प्रमुख घटक
शक्तिश्री सशक्तिकरण प्रकोष्ठ - प्रत्येक संस्थान में एक स्थायी प्रकोष्ठ बनाया जाएगा. शक्तिश्री साथी, शक्तिश्री संजोजिका और शक्ति आपा - एक छात्रा 'शक्तिश्री साथी' के रूप में कार्य करेगी और एक महिला संकाय सदस्य 'शक्तिश्री संजोजिका' के रूप में कार्य करेगी ताकि शक्तिश्री सशक्तिकरण प्रकोष्ठ का समन्वय हो सके. इसके अलावा, जिला कलेक्टर द्वारा 'शक्ति आपा' के रूप में चुनी गई पांच प्रतिष्ठित महिला पेशेवर, जो संस्थान के छात्रों के लिए मार्गदर्शक के रूप में कार्य करेंगी और हर तीन महीने में एक बार संस्थान का दौरा करेंगी.
शक्तिश्री मोबाइल ऐप
उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए आचार संहिता.
SAFE अभियान (महिला सशक्तिकरण के लिए शक्तिश्री अभियान)
वार्षिक परिसर सुरक्षा रिपोर्ट - सभी उच्च शिक्षा संस्थानों द्वारा प्रस्तुत की जाएगी
सीसीटीवी निगरानी - सभी उच्च शिक्षा संस्थानों में चौबीसों घंटे निगरानी
ऑनलाइन पाठ्यक्रम - POSH अधिनियम, 2013 और UGC विनियम, 2015 पर ऑनलाइन पाठ्यक्रम
शक्ति स्वरूपिणी - वार्षिक दिवसीय कार्यशाला
शिव साधना का खास राज: महादेव जपते हैं राम का यह मंत्र, आप भी जानें विधि
श्रीराम मंत्र की शक्ति: जानें अर्थ, फायदे और सही तरीके से जप कैसे करें
जिला प्रशासन की अनूठी पहल, नहरों के पानी से लबालब हुए 450 तालाब
ईंट निर्माण कार्य से आत्मनिर्भर बन रही हैं समूह की महिलाएं
महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार
प्रदेश में जंगली भैंसा प्रजाति का पुनर्स्थापन एक ऐतिहासिक अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सही दवा-शुद्ध आहार' अभियान में जगदलपुर के चाट-गुपचुप सेंटरों और कॉस्मेटिक्स दुकानों का हुआ निरीक्षण
वन मंत्री केदार कश्यप ने भरा ऑनलाइन स्व-गणना पत्रक, नागरिकों से सहभागिता की अपील
एमपी टूरिज्म को मिला “लीडिंग टूरिज्म डेस्टीनेशन” का प्रतिष्ठित सम्मान
