देश
कुत्तों के बढ़ते हमलों पर सुप्रीम कोर्ट की नजर, स्वतः लिया संज्ञान
28 Jul, 2025 06:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नगर निगम और प्रशासन आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और टीकाकरण में नाकाम
काटने से हो रही मौतों पर सीजेआई करेंगे सुनवाई
नई दिल्ली। आए दिन देश में आवारा कुत्तों के आतंक की खबरें देखने और सुनने को मिलती हैं। आवारा कुत्तों का सबसे ज्यादा शिकार बुजुर्ग और बच्चे हो रहे हैं। कई लोगों की मौत भी हो चुकी है, बल्कि रेबीज जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ऐसी घटनाओं को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने आवारा कुत्तों के आतंक को कम करने के लिए खाना स्कीम शुरु की है। अब आवारा कुत्तों के मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वतः संज्ञान लिया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों के हमलों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। एक रिपोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट का ध्यान खींचा। इस खबर में बताया गया कि शहरों और बाहरी इलाकों में हर दिन सैकड़ों लोग आवारा कुत्तों के शिकार हो रहे हैं। इन हमलों से रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी फैल रही है, जिसका सबसे ज्यादा खतरा मासूम बच्चे और बुजुर्ग हो रहे हैं। इस मुद्दे को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 28 जुलाई को स्वतः संज्ञान लेते हुए इस मामले को उठाया।
जस्टिस जे बी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की बेंच ने इस खबर को ‘बेहद परेशान करने वाला‘ बताया। जस्टिस पारदीवाला ने कहा कि यह खबर बहुत डरावनी है। हर दिन सैकड़ों लोग कुत्तों के काटने से पीड़ित हैं। रेबीज की वजह से छोटे बच्चे और बुजुर्ग अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने एक दुखद घटना का जिक्र किया, जिसमें दिल्ली के रोहिणी इलाके में 30 जून को एक 6 साल की बच्ची को एक रेबीज बीमारी से ग्रस्त कुत्ते ने काट लिया। इलाज के बावजूद बच्ची की 26 जुलाई को उसकी मृत्यु हो गई। डॉक्टरों ने शुरू में उसकी बिगड़ती हालत को सामान्य बुखार समझा, जिससे सही समय पर इलाज नहीं हो सका।
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लिया। कोर्ट ने आदेश दिया कि इसे एक स्वतः संज्ञान याचिका के रूप में दर्ज किया जाए। कोर्ट ने निर्देश दिया कि इस आदेश और खबर की कॉपी को सीजेआई बीआर गवई के सामने रखा जाए, ताकि आगे की कार्रवाई हो सके। यह कदम तब उठाया गया, जब कोर्ट ने देखा कि नगर निगम और प्रशासन आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके टीकाकरण में नाकाम रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब सुप्रीम कोर्ट ने इस मुद्दे पर ध्यान दिया है।
बता दें 15 जुलाई 2025 को जस्टिस विक्रम नाथ और संदीप मेहता की बेंच ने भी आवारा कुत्तों को खाना खिलाने की जगहों को लेकर चिंता जताई थी। कोर्ट का कहना है कि जानवरों के प्रति दया और लोगों की सुरक्षा में संतुलन जरूरी है। अब उम्मीद है कि इस मामले में जल्द सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि मासूम बच्चों और बुजुर्गों की जान बचाई जा सके।
हिमंत सरमा की दिल्ली में पीएम से मुलाकात, असम की योजनाओं पर हुई बातचीत
28 Jul, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मीटिंग में पीएम को सामाजिक-आर्थिक मानदंडों पर असम द्वारा की गई महत्वपूर्ण प्रगति के बारे में जानकारी दी गई।
आज हुई बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रमुख सामाजिक-आर्थिक संकेतकों में असम द्वारा की गई उल्लेखनीय प्रगति और राज्य एवं केंद्र सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं के लगभग पूर्ण होने की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने असम के लोगों की ओर से 8 सितंबर को राज्य में प्रधानमंत्री की बहुप्रतीक्षित यात्रा के बारे में भी बताया। इस यात्रा के दौरान पीएम भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के वर्ष भर चलने वाले जन्म शताब्दी समारोह और गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ में देश के पहले बायो-एथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर डॉ सरमा ने प्रधानमंत्री को गमछा और स्मृति चिन्ह भेंट किए। बाद में एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने पोस्ट किया - आज नई दिल्ली में माननीय पीएम मोदी से मुलाकात करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्हें सामाजिक-आर्थिक संकेतकों में असम की उल्लेखनीय प्रगति और प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं के लगभग पूर्ण होने के बारे में जानकारी दी।
असम के लोगों की ओर से मैं 8 सितंबर को उनका स्वागत करने के लिए उत्साहित हूं। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा क्षण जो हमारे राज्य की विकास यात्रा में एक और मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने सोमवार को संसद भवन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की।
डॉ. सरमा ने सीतारमण को असम द्वारा की गई प्रगति के बारे में जानकारी दी और राज्य को आर्थिक विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में उनके मंत्रालय से समर्थन और सहयोग भी मांगा। इस दौरान वहां पर केंद्रीय विदेश और कपड़ा राज्य मंत्री, पबित्रा मार्गेरिटा, सांसद कामाख्या तासा, रामेश्वर तेली और कणाद पुरकायस्थ मौजूद थे।
भारतीय सेना का करारा जवाब, ऑपरेशन महादेव में दो पाकिस्तानी आतंकी ढेर
28 Jul, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला ले लिया है. ठीक तीन महीने बाद पहलगाम में 26 मासूमों की बेरहमी से हत्या करने वाले पाकिस्तानी आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया है. सूत्रों के अनुसार तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों सुलेमान, यासिर और अली के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें से सुलेमान और यासिर पहलगाम हमले में शामिल थे.
इनके पास से यूएस-बेस्ड कर्बाइन, एके-47, 17 राइफल ग्रेनेड और अन्य सामग्री मिली है. भारतीय सेना के लिए यह बड़ी कामयाबी है, पहलगाम हमले के सारे आतंकियों को ढेर कर दिया गया है, अब सिर्फ एक बचा है.
भारतीय सेना को यह सफलता ऑपरेशन महादेव के तहत मिली है, यह अभियान आतंकियों के खिलाफ चलाया गया है. जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में भारतीय सेना का सर्च ऑपरेशन चल रहा था, यहां आतंकियों के छिपे होने की आशंका थी, जिसके लिए ऑपरेशन महादेव चलाया गया. इसके तहत ही ये तीन आतंकी श्रीनगर में मारे गए.
सेना ने श्रीनगर में महादेव पहाड़ी के पास दाचीगम में तीन आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की है, लेकिन उनकी पहचान के बारे में कुछ नहीं कहा है. सेना ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, 'मुठभेड़ में तीन आतंकियों को ढेर कर दिया गया. ऑपरेशन जारी है.'
महादेव पहाड़ी के पास सेना ने अपना कैंप बनाया हुआ है, इसके जरिए सेना इलाके की गतिविधियों पर नजर रखती है. यह सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस का जॉइंट सर्च ऑपरेशन है. यहां आतंकी मूसा की मूवमेंट का पता चला था. पहाड़ी के पास ही आतंकी टेंट बनाकर रह रहे थे. अहम बात ये है कि सेना और आतंकियों के बीच जिस जगह पर मुठभेड़ हुई, वह पहाड़ी पर है और वहां पैदल चलकर ही पहुंचा जा सकता है.
इसी साल 26 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में 26 मासूमों की बहुत बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. उस वक्त ये लोग कश्मीर की वादियों का आनंद ले रहे थे और तभी अचानक से मुंह पर कपड़ा बांधे कुछ लोग वहां आए और लोगों से उनका धर्म पूछकर गोली मार दी. हमले में मुख्यरूप से पुरुषों को निशाना बनाया गया था. कई फैमिली घटना के वक्त वहां मौजूद थीं, जिन्होंने बताया कि यह घटना कितनी भयावह थी, जिसमें किसी ने अपना पति, किसी ने पिता तो किसी ने अपना बेटा खो दिया.
हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी ग्रुप द रेजेिस्टेंस फ्रंट ने ली थी. भारत ने हमले के जवाब में 6-7 मई की दरमियानी रात को ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया और पाकिस्तान स्थित नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था. इसके बाद पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की. दोनों देशों की तरफ से 3-4 दिन हमले किए गए, जिसमें पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा था. 10 मई को दोनों सीजफायर के लिए सहमत हो गए.
विमान हादसे पर संसद में विपक्ष के सवाल, रक्षा मंत्री ने दिया करारा जवाब
28 Jul, 2025 03:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संसद के मॉनसून सत्र में आज लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा हो रही है. विपक्ष की ओर से सवाल उठाया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के कितने विमान गिरे हैं, जिसका जवाब देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चर्चा के दौरान दिया है. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर क्यों शुरू किया गया, इसकी जानकारी पहले भी दी गई है और आज भी मैंने सदन को दी है. विपक्ष के कुछ लोग पूछते रहे हैं कि हमारे कितने विमान गिरे? मुझे लगता है उनका यह प्रश्न, हमारी राष्ट्रीय जनभावनाओं का सही से प्रतिनिधित्व नहीं कर पा रहा है.
रक्षा मंत्री ने कहा कि विपक्ष ने एक बार भी हमसे यह नहीं पूछा कि हमारी सेनाओं ने दुश्मन के कितने विमान मार गिराए? यदि उन्हें प्रश्न पूछना ही है, तो उनका प्रश्न यह होना चाहिए कि क्या भारत ने आतंकवादी ठिकानों को तबाह किया, तो उसका उत्तर है हां, मैं विपक्ष से कहना चाहता हूं कि आपको प्रश्न पूछना है, तो यह प्रश्न पूछिए कि क्या ऑपरेशन सिंदूर सफल रहा, तो उसका उत्तर है हां.’
रिजल्ट मैटर करता है- राजनाथ सिंह
उन्होंने कहा, ‘आपको प्रश्न पूछना है तो यह प्रश्न पूछिए कि जिन आतंकियों ने हमारी बहनों, हमारी बेटियों का सिन्दूर मिटाया, क्या हमारी सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर में उन आतंकियों के आकाओं को मिटाया, तो इसका उत्तर है हां. लक्ष्य जब बड़े हों, तो अपेक्षाकृत छोटे मुद्दों पर हमारा ध्यान नहीं जाना चाहिए क्योंकि छोटे मुद्दों पर ही ध्यान देते रहने से देश की सुरक्षा और सैनिकों के सम्मान और उत्साह जैसे बड़े मुद्दों से ध्यान हट सकता है, जैसा कि विपक्ष के हमारे कुछ साथियों के साथ हो रहा है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘किसी भी परीक्षा के परिणाम में रिजल्ट मैटर करता है. यदि किसी परीक्षा में कोई बच्चा अच्छे मार्क्स लेकर आ रहा है, तो हमारे लिए उसके मार्क्स मैटर करने चाहिए. हमें इस बात का ध्यान नहीं रखना चाहिए कि एग्जाम के दौरान उसकी पेंसिल टूट गई थी या उसकी पेन खो गई. आखिरकार रिजल्ट मैटर करता है और रिजल्ट यह है कि ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान हमारी सेनाओं ने जो लक्ष्य निर्धारित किया था, उन लक्ष्यों को हमने पूर्ण रूप से प्राप्त किया है.
हमारी मूल प्रकृति बुद्ध की है, न की युद्ध की- राजनाथ सिंह
उन्होंने कहा, ‘भारत हमेशा से पाकिस्तान सहित अपने पड़ोसी देशों से मित्रता और सहयोगपूर्ण संबंध का इच्छुक रहा हैं. इसके लिए भारत की सभी सरकारों ने ईमानदारी से प्रयास भी किए हैं. वह चाहे लाल बहादुर शास्त्री हों या अटल बिहारी वाजपेयी हों, मनमोहन सिंह हों, या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सभी ने हमेशा चाहा है कि इस इलाके में शांति और समृद्धि बनी रहें. यह बात हमारी सभ्यता के मूल्यों के साथ मेल खाती हैं. वर्ष 2015 में जब प्रधानमंत्री मोदी ने लाहौर जाकर नवाज शरीफ से मुलाक़ात की, तो भारत ने फिर से दोस्ती का हाथ बढ़ाया था. हम वाकई शांति की राह पर चलना चाहते थे क्योंकि हमारी मूल प्रकृति बुद्ध की है, न की युद्ध की.’
रक्षा मंत्री ने कहा, ‘हमारी सरकार ने भी पाकिस्तान के साथ शांति स्थापित करने के अनेक प्रयत्न किए, लेकिन बाद में हमने 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक से, 2019 बालाकोट में एयर स्ट्राइक से और 2025 के ऑपरेशन सिंदूर से हमने शांति स्थापित करने का दूसरा रास्ता अपनाया है. अब हमारे प्रधानमंत्री मोदी और हमारी सरकार का स्टैंड बिल्कुल क्लियर है कि आतंकवाद और बातचीत साथ नहीं चल सकते हैं क्योंकि सभ्य मुल्कों के बीच बातचीत होती है.
उत्तर प्रदेश में नया कीर्तिमान, योगी आदित्यनाथ बने सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री
28 Jul, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सीएम पद पर बने रहने का गौरव हासिल कर चुके हैं. वो लगातार 8 साल 4 महीने और 10 दिन तक मुख्यमंत्री रहने वाले व्यक्ति बन गए हैं. उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत के 8 साल 127 दिन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.
योगी आदित्यनाथ ने पहली बार 19 मार्च, 2017 को उत्तर प्रदेश के 21वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. बाद में उन्होंने साल 2022 में भी लगातार दूसरा कार्यकाल हासिल किया और उत्तर प्रदेश के चुनावी इतिहास में पांच साल का कार्यकाल पूरा करने और फिर दोबारा चुने जाने वाले पहले मुख्यमंत्री बने.
सीएम योगी ने बनाया रिकॉर्ड
सीएम योगी यूपी के 22वें सीएम हैं. पिछले 8 वर्षों में विपक्षी नेताओं के खिलाफ अपने तीखे बयानों और अपने प्रभावी शासन और नेतृत्व को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं. सीएम योगी का जन्म 5 जून 1972 में अजय मोहन सिंह बिष्ट के रूप में हुआ था. योगी आदित्यनाथ, 26 साल की उम्र में सांसद बने और पांच बार गोरखपुर लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया.
राज्य के मुख्यमंत्री होने के अलावा, वह गोरखपुर स्थित प्रसिद्ध हिंदू मंदिर गोरखनाथ मठ के महंत (मुख्य पुजारी) भी हैं, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश के धार्मिक और राजनीती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. सितंबर 2014 में अपने आध्यात्मिक गुरु महंत अवैद्यनाथ के निधन के बाद से, वह महंत के पद पर कार्यरत हैं.
सीएम योगी का चुनावी सफर
सीएम योगी ने साल 1998 में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की, जब उन्होंने महज 26 वर्ष की उम्र में गोरखपुर लोकसभा सीट जीती, जिससे वो उस समय भारत के सबसे युवा सांसदों में से एक बन गए. उन्होंने लगातार पांच बार लोकसभा में गोरखपुर का प्रतिनिधित्व किया. 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में, योगी आदित्यनाथ बीजेपी के सबसे प्रभावशाली प्रचारकों में से एक के रूप में उभरे.
उनके नेतृत्व और जन-आकर्षण ने पार्टी को प्रचंड बहुमत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उन्होंने 19 मार्च, 2017 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इसी के बाद साल 2022 में हुए चुनाव में भी योगी मैजेक कायम रहा और एक बार फिर उन्होंने जीत हासिल की. अगले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं.
शांति, संस्कृति और सद्भाव का कश्मीर चाहिए फिर से
28 Jul, 2025 11:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस बीआर गवई ने रविवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (एनएएलएसए) के उत्तरी क्षेत्र क्षेत्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कश्मीर को उसके पुराने स्वरूप में लौटाने की जरूरत है, जहां सभी समुदाय सद्भाव के साथ रहते थे। जस्टिस गवई ने अतीत की विसंगतियों को दूर करने और कश्मीर को उसके पुराने स्वरूप में लौटाने की जरूरत बताई। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ज्ञान के बिना अधिकार किसी काम के नहीं हैं। उन्होंने नागरिकों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करने के महत्त्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि न्यायाधीशों और वकीलों को मिलकर देश के अंतिम नागरिक के लिए न्याय सुनिश्चित करना होगा।
नालसा इसी दिशा में काम करता है। हम नालसा के काम को देश के दूरदराज के इलाकों तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं, चाहे वह लद्दाख हो, पूर्वोत्तर हो या राजस्थान। जब तक लोगों को अपने अधिकारों का ज्ञान नहीं होगा, तब तक इन अधिकारों का कोई मतलब नहीं है। कश्मीर की पिछले 35 सालों की स्थिति का स्पष्ट संदर्भ देते हुए चीफ जस्टिस ने कहा कि कुछ विसंगतियां रही हैं, जिन्हें दूर करने की आवश्यकता है। न्यायाधीशों और वकीलों के बीच यह संवाद एक नया दृष्टिकोण प्रदान करेगा। मुझे विश्वास है कि यह कार्यक्रम उस पारंपरिक कश्मीर के पुनर्निर्माण में मदद करेगा, जहां सभी समुदाय-हिंदू, मुस्लिम और सिख-एक साथ रहते थे।
बेटियों पर कथावाचक के बयान पर बवाल: महिला आयोग ने डीएम को लिखा पत्र
28 Jul, 2025 10:27 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ। कथावाचक स्वामी अनिरुद्धाचार्य द्वारा बेटियों को लेकर की गई टिप्पणी के प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान ने मथुरा के जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। चौहान ने कहा कि कथावाचक द्वारा की गई टिप्पणी का वह घोर विरोध करती हैं, जो उन्होंने बेटियों और महिलाओं को लेकर की है। उन्होंने कहा “मुझे लगता है कि इससे ज्यादा भद्दी और घटिया भाषा का प्रयोग कोई नहीं कर सकता है। व्यास गद्दी पर बैठकर इतने बड़े कथावाचक जिनको सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसके बावजूद यह ऐसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। मुझे लगता है कि यह अच्छी बात नहीं है। इन्हें कम उम्र में ज्यादा शोहरत मिल गई है जो जो इनको समझ में नहीं आ रहा है। मैं तो यही कहूंगी विनाश काले विपरीत बुद्धि। ”
उन्होंने कहा कि माफी मांगना किसी गलत बात का समाधान नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी मथुरा को पत्र लिखकर घटना को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि बीते दिनों कथावाचक स्वामी अनिरुद्धाचार्य ने मथुरा जिले में स्थित वृंदावन के गौरी गोपाल आश्रम में कथित तौर पर कहा है कि 25 वर्ष की अविवाहित लड़कियों का चरित्र ठीक नहीं होता। लड़कियों की शादी 14 वर्ष की उम्र में ही कर देनी चाहिए। इससे वे परिवार में अच्छे से घुल मिल जाएंगी। उनके बयान को लेकर महिलाओं में भारी आक्रोश है। हालांकि जगह-जगह हो रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए उन्होंने माफी भी मांग ली है।
स्कूल सुरक्षा पर केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: हर संस्थान का होगा ऑडिट
28 Jul, 2025 09:24 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने स्कूलों में अनिवार्य सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश जारी किए हैं। शिक्षा मंत्रालय की ओर से इसे अनिवार्य बताया गया है। यह कदम राजस्थान की उस घटना के बाद उठाया गया है, जब एक स्कूल की छत गिरने से सात बच्चों की मौत हो गई और कई बच्चे मलबे में दब गए। शिक्षा मंत्रालय की ओर से स्कूलों के सुरक्षा ऑडिट को लेकर विस्तृत दिशा निर्देश और सुझाव की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर भी दी गई है। इसके तहत सभी स्कूलों को सुरक्षा ऑडिट का पालन करना होगा, जिसमें अग्नि सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और एक रिपोर्टिंग तंत्र भी शामिल है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से एक पोस्ट शेयर किया गया है। इसमें लिखा गया है कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश जारी किया है। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा संहिताओं के अनुसार स्कूलों और बच्चों से संबंधित सुविधाओं का अनिवार्य सुरक्षा ऑडिट, कर्मचारियों और छात्रों कोआपातकालीन तैयारियों का प्रशिक्षण, और परामर्श एवं सहकर्मी नेटवर्क के माध्यम से मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करना शामिल है।
सीमा के पार भी नहीं बचेगा कोई: भारत का स्पष्ट संदेश
28 Jul, 2025 08:21 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेन्नई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दुनिया को दिखाया कि अगर भारत की संप्रभुता पर हमला हुआ, तो वह किस तरह जवाब देगा और सीमा पार सैन्य कार्रवाई ने पूरे देश में एक नया आत्मविश्वास पैदा किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां चोल सम्राट राजेंद्र चोल के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने यह भी साबित कर दिया कि भारत को निशाना बनाने वाले दुश्मनों और आतंकवादियों के लिए कोई जगह सुरक्षित नहीं है। प्रधानमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के संबंध में कहा कि दुनिया ने देखा कि अगर कोई भारत की सुरक्षा और संप्रभुता पर हमला करता है, तो वह कैसे जवाब देता है।’ उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने साबित कर दिया कि भारत के दुश्मनों, आतंकवादियों के लिए कोई पनाहगाह नहीं है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पूरे देश में एक नई जागृति, एक नया आत्मविश्वास पैदा किया है।
दुनिया को भारत की ताकत का एहसास होना चाहिए। मोदी ने कहा कि सम्राट राजराज चोल और उनके पुत्र राजेंद्र चोल-प्रथम के नाम भारत की पहचान और गौरव के पर्याय हैं । उन्होंने घोषणा की कि तमिलनाडु में उनकी भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी और ये प्रतिमाएं हमारे ऐतिहासिक जागरण के आधुनिक स्तंभ होंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र पर टिप्पणी करते हुए कई लोग ब्रिटेन के मैग्नाकार्टा का जिक्र करते हैं, जबकि चोल कालीन ‘कुडवोलाई प्रणाली’ उससे भी पुरानी है।
ओम नम: शिवाय सुनते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं
चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर में महान चोल सम्राट राजेंद्र चोल प्रथम की जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब वह ‘ओम नम: शिवाय’ सुनते हैं, तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि एक प्रकार से ये राज राजा की श्रद्धा भूमि है और आज इलैयाराजा ने जिस प्रकार हम सभी को शिवभक्ति में डुबो दिया, क्या अद्भुत वातावरण था। मैं काशी का सांसद हूं, जब मैं ओम नम: शिवाय सुनता हूं तो मेरे रोंगटे खड़े हो जाते हैं।’ पीएम मोदी ने रविवार को चोलकालीन भगवान बृहदेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। वैदिक और शैव तिरुमुराई मंत्रोच्चार के बीच उन्हें आराधना करते देखा गया। वह पारंपरिक रूप से सजा हुआ एक कलश साथ लाए, जिसके बारे में बताया जा रहा है है कि उसमें गंगा नदी का जल है। मंदिर के पुजारियों ने पारंपरिक तरीके से पूर्ण कुंभम के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
जब संगीत बना भक्ति का स्वर... इलैयाराजा की प्रस्तुति पर भावविभोर हुए प्रधानमंत्री मोदी
27 Jul, 2025 07:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अरियालुर: तमिलनाडु के ऐतिहासिक नगर गंगईकोंड चोलपुरम में आयोजित राजेन्द्र चोलन की मुप्पेरुम उत्सव और आदि तिरुवाधिरै महोत्सव में उस समय भावनाओं की बयार बहने लगी जब भारत के महान संगीतकार पद्म भूषण इलैयाराजा ने अपनी संगीत मंडली के साथ मंच संभाला और भगवान शिव को समर्पित भजनों से वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं मौजूद थे, जो दो दिवसीय दौरे पर तमिलनाडु आए हुए हैं.
भक्ति संगीत में डूबा मंच, पीएम मोदी ने भी बजाया डमरू
कार्यक्रम की शुरुआत कलाक्षेत्र के भरतनाट्यम नृत्य समूह की प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें पारंपरिक तेवरम थिरुमुरई का पाठ भी शामिल था. इसके बाद मंच संभाला महान संगीतकार इलैयाराजा ने, जिन्होंने अपने बैंड के साथ सबसे पहले फिल्म "नान कडवुल" का लोकप्रिय और आध्यात्मिक गीत “ओम् शिवोहम्” प्रस्तुत किया.
इसके पश्चात उन्होंने “नमशिवाय वाझा… नाथन थाल वाझा” गीत गाया, जो श्रोताओं को गहराई से छू गया. उन्होंने मंच से तिरुवासगम और शिव पुराण से कई भजन प्रस्तुत किए, जिन्हें उन्होंने स्वयं संगीतबद्ध किया है. इन गीतों को सुनकर प्रधानमंत्री मोदी खुद खड़े होकर तालियों से स्वागत करने लगे, और बाद में मंच पर बैठते हुए अपने हाथों से डमरू बजाते हुए संगीत का आनंद लिया.
महान संत माणिक्कवाचकर की कथा से हुआ समापन
संगीत कार्यक्रम के बाद इलैयाराजा ने संत माणिक्कवाचकर और भगवान शिव की भक्ति की कथा सुनाई, जिसमें उन्होंने वर्णन किया कि कैसे माणिक्कवाचकर भगवान की प्रतीक्षा में तपस्या करते रहे. यह कथा उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर गई.
प्रधानमंत्री ने मंदिर में की पूजा, मिला विशेष प्रसाद
इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगईकोंड चोलपुरम मंदिर पहुंचकर लिंग रूपी बृहदीश्वर शिवलिंग के दर्शन किए और विधिवत पूजा अर्चना की. मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें पूर्ण कुम्भ और प्रसाद भेंट किया गया.
3 किलोमीटर लंबा रोड शो, जनसैलाब से स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर एक भव्य 3 किलोमीटर लंबा रोड शो आयोजित किया गया. पोंनेरी हेलीपैड से लेकर मंदिर स्थल तक पीएम मोदी ने खुली गाड़ी से जनता का अभिवादन किया. रास्ते भर हजारों भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे जिन्होंने ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया.
संस्कृति, भक्ति और आधुनिक भारत का संगम
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर को तमिल संस्कृति और भारत की आध्यात्मिक धरोहर को समर्पित बताया. उन्होंने इलैयाराजा की प्रस्तुति को “आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर” बताया और कहा कि इस कार्यक्रम ने उत्तर और दक्षिण भारत के सांस्कृतिक सेतु को और मजबूत किया है.
हरिद्वार मनसा देवी भगदड़ हादसा, देवदूत बने एंबुलेंस चालक इरफान, बचाई कई लोगों की जान
27 Jul, 2025 06:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देहरादून: हरिद्वार मनसा देवी मंदिर भगदड़ हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है. इस हादसे में 29 लोग घायल हैं. घायलों को उपचार ऋषिकेश एम्स और हरिद्वार में चल रहा है. हरिद्वार मनसा देवी मंदिर भगदड़ हादसे से बाद एंबुलेंस चालक इरफान की चर्चा हो रही है. इरफान मनसा देवी भगदड़ हादसे में घायवों के लिए देवदूत बने. उन्होंने ही सबसे पहले घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम किया. बिना किसी हड़बड़ी के इरफान ने कई लोगों को अस्पताल पहुंचाया. जिससे कई लोगों की जान बची.
एंबुलेंस चालक इरफान शाह ने बताया वे तीस साल से लोगों की मदद कर रहे हैं. उन्होंने बताया वे हरिद्वार में ही रहते हैं. उन्होंने कहा वे डेड बॉडीज को उनके घरों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने कहा इसके लिए वे बिहार, बंगाल, गुजरात जाते हैं. हादसे को लेकर इरफान शाह ने बताया जब ये घटना हुई तब वे अपने कुछ ड्राइवर साथियों के साथ मौके पर थे .
इरफान शाह ने बताया जब ये घटना घटी तब कुछ बच्चे, बूढे चिल्ला रहे थे. वे उनकी आवाज सुनकर मदद के लिए दौड़े. जब वे मौके पर पहुंचे तो उनकी आंखें फटी की फटी रह गई. उन्होंने देखा कि आसपास कई लोग पड़े हुए हैं. घटनास्थल पर चीखपुकार मची हुई है. जिसके बाद उन्होंने बिना देर किये मदद के हाथ बढ़ाने शुरू किये.
इरफान शाह ने बताया उन्होंने अपनी एंबुलेंस में घायलों को भरकर अस्पताल पहुंचाना शुरू किया. इरफान शाह ने बताया हरिद्वार मनसा देवी मंदिर भगदड़ हादसे में घायल लोगों को एम्स ऋषिकेश और हरिद्वार के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. इरफान शाह ने सभी के कुशल होने की प्रार्थना की है. इरफान शाह बताते हैं वे हमेशा ही दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते हैं. उन्होंने कहा डेड बॉडीज कोश घरों तक पहुंचाने का वो काम करते हैं. इसके लिए घर से बाहर ही रहते हैं. ऐसे में सड़क का राही होने के साथ ही वे हादसों के गवाह भी बनते हैं. जिसमें वे अक्सर मदद के लिए आगे आते रहते हैं.
हरिद्वार मनसा देवी भगदड़ में मृतक-
आरुष पुत्र पंकज उर्फ प्रवेश, उम्र 12 वर्ष, निवासी-सौदा बरेली उत्तर प्रदेश.
शकल देव, पुत्र बेचान, उम्र 12 वर्ष, अररिया, बिहार
विक्की पुत्र रिक्का राम सैनी, उम्र 18 वर्ष ग्राम विलासपुर थाना - विलासपुर कैमरी रोड़ नगलिया कला मजरा रामपुर उत्तर प्रदेश.
विपिन सैनी पुत्र रघुवीर सिंह सैनी, उम्र 18 वर्ष, निवासी वसुवाखेरी काशीपुर उत्तराखंड
वकील पुत्र भरत सिंह निवासी मीहतलवाद, जिला बाराबंकी उत्तर प्रदेश.
शान्ती पानी रामभरोसे बदायूं उत्तर प्रदेश.
हरिद्वार मनसा देवी भगदड़ में घायल-
इंद्र पुत्र महादेव, निवासी- रिसालू रोड़, पानीपत, हरियाणा
दुर्गा देवी पत्नी निर्मल (उम्र 60 वर्ष), निवासी- दिल्ली
शीतल पुत्र तेजपाल (उम्र 17 वर्ष), निवासी- रामपुर, उत्तर प्रदेश
भूपेंद्र पुत्र मुन्ना लाल (उम्र 16 वर्ष), निवासी- बदायूं, उत्तर प्रदेश
अर्जुन पुत्र सूरज (उम्र 25 वर्ष), निवासी- सिविल लाइन मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
कुमारी कृति पुत्री उमेश शाह (उम्र 6 वर्ष), निवासी- मोतिहारी, बिहार
राज कुमार पुत्र निदेश शाह (उम्र 14 वर्ष), निवासी- मोतिहारी, बिहार
अजय पुत्र संजय (उम्र 19 वर्ष), निवासी- बडियारपुर, बिहार
रोहित शर्मा, पुत्र कमलेश शर्मा (उम्र 21 वर्ष), निवासी- मैनपुरी, उत्तर प्रदेश
विकास पुत्र प्रेमपाल (उम्र 22 वर्ष), निवासी- बरेली कैंट, उत्तर प्रदेश
काजल पुत्री अर्जुन (उम्र 24 वर्ष), निवासी- सिविल लाइन मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
अराधना कुमारी पुत्री विनोद शाह (उम्र डेढ़ साल), निवासी- भागलपुर, बिहार
विनोद शाह पुत्र रोहित शाह (उम्र 35 वर्ष), निवासी- भागलपुर, बिहार
निर्मला पत्नी पंकज कुमार (उम्र 30 वर्ष), निवासी- शीशगढ़, बरेली, उत्तर प्रदेश
विशाल पुत्र छेदा लाल (उम्र 21 वर्ष) निवासी- रामपुर, उत्तर प्रदेश
अनुज पुत्र अर्जुन (उम्र 20 वर्ष), निवासी- मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
एकांक्षी पुत्री संजीव कुमार (उम्र 4 वर्ष), निवासी- धामपुर, उत्तर प्रदेश
संदीप पुत्र रमेश कुमार (उम्र 25 वर्ष), निवासी- मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
दीक्षा, निवासी- रामपुर, उत्तर प्रदेश
अजय कुमार पुत्र सहदेव कुमार (उम्र 18 वर्ष), निवासी- मुंगेर, बिहार
मनोज सना पुत्र भूरिया (उम्र 30 वर्ष), निवासी- बरेली, उत्तर प्रदेश
रोशन लाल पुत्र एवं पता अज्ञात
ओडिशा: नाबालिग से गैंगरेप और जिंदा दफनाने की कोशिश
27 Jul, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुरी। ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो भाइयों ने 15 वर्षीय नाबालिग लड़की से गैंगरेप किया। इसके बाद जब नाबालिग 5 महीने की गर्भवती हो गई, तब दोनों आरोपी भाईयों ने लड़की को जिंदा दफनाने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों आरोपियों भाग्यधर दास (60) और पंचानन दास (55) को गिरफ्तार कर लिया है। वे पिछले एक साल से नाबालिग के साथ रेप कर रहे थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी नाबालिग को लगातार अबॉर्शन कराने की धमकी दे रहे थे और उस मदद के बहाने बुलाकर गड्ढे में जिंदा गाड़ने की धमकी दी। पीड़िता किसी तरह बच निकली और अपने पिता को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद कुजांग पुलिस स्टेशन में रेप और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया गया। इस मामले में तीसरा संदिग्ध, तुलु, अभी भी फरार है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी भाई एक मठ (आश्रम) में काम करते थे, जहां नाबालिग अक्सर जाती थी। नाबालिग के पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने शुरुआत में एक स्थानीय पंचायत पदाधिकारी को जानकारी दी थी, लेकिन उसने घटना को दबाने के लिए पैसे ऑफर किए और पुलिस में शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
इंटरनेशनल ड्रग रैकेट का भंडाफोड
27 Jul, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 3 विदेशी नागरिकों और 2 लोकल सप्लायरों को पकड़ा है। इनके पास से 70 ग्राम कोकीन, 67 ग्राम एम्फेटामीन और 50.88 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। साथ ही बीएमडब्ल्यू और होंडा अकॉर्ड जैसी महंगी कारें भी जब्त की गई हैं। एसपी क्राइम जसबीर सिंह ने बताया कि यह गैंग विदेश में बैठे हैंडलर के इशारे पर ट्राईसिटी के युवाओं को नशा सप्लाई करता था। डीएसपी धीरज की निगरानी में क्राइम ब्रांच की टीम ने इन्हें गिरफ्तार किया।
दो संदिग्ध बांग्लादेशी तस्कर ढेर
27 Jul, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अगरतला। त्रिपुरा के दक्षिणी इलाके में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) ने तस्करी की कोशिश नाकाम करते हुए दो संदिग्ध बांग्लादेशी तस्करों को गोली मार दी। यह घटना शुक्रवार तडक़े अमजदनगर इलाके में हुई। बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि जब तस्करी रोकने की कोशिश की गई, तब तस्कर आक्रामक हो गए, जिसके बाद आत्मरक्षा में गोली चलाई गई। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फायरिंग में तीन तस्कर घायल हो गए। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायल तस्करों को उनके साथी वापस बांग्लादेश ले गए। घायल तस्करों को परशुराम उपजिला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां एक और तस्कर की मौत हो गई। तीसरे का इलाज अब भी जारी है।
बिहार में होमगार्ड भर्ती अभ्यर्थी से एंबुलेंस में गैंगरेप
27 Jul, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गया । बिहार के गया में होमगार्ड भर्ती के लिए आई लडक़ी (26) के साथ एंबुलेंस में गैंपरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को ड्राइवर और टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपियों ने पीडि़त को चुप रहने की धमकी दी थी। घटना गुरुवार की है। इसका खुलासा शुक्रवार देर रात हुआ है। लडक़ी बीएमपी-3 के मैदान में होमगार्ड भर्ती के लिए पहुंची थी। फिजिकल टेस्ट के दौरान दौड़ते समय बेहोश होकर गिर गई। मौके पर मौजूद एंबुलेंस से उसे अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, चलती एंबुलेंस में पहले टेक्नीशियन ने रेप किया, फिर गाड़ी सुनसान जगह पर रोककर ड्राइवर ने दरिंदगी की। पीडि़त ने अस्पताल पहुंचकर महिला डॉक्टर को पूरी कहानी बताई। जिसके बाद पुलिस ने एक्शन में लिया।
मां Durga की उत्पत्ति का दिव्य रहस्य, क्या कहता है Devi Bhagavata Purana
Hanuman का रहस्य: रामायण के बाद कहां गए बजरंगबली?
शाही ठाठ-बाट: 1.5 लाख मेहमान, टनों खाना—मदुरै की भव्य शादी चर्चा में
शिव साधना का खास राज: महादेव जपते हैं राम का यह मंत्र, आप भी जानें विधि
श्रीराम मंत्र की शक्ति: जानें अर्थ, फायदे और सही तरीके से जप कैसे करें
जिला प्रशासन की अनूठी पहल, नहरों के पानी से लबालब हुए 450 तालाब
ईंट निर्माण कार्य से आत्मनिर्भर बन रही हैं समूह की महिलाएं
महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार
प्रदेश में जंगली भैंसा प्रजाति का पुनर्स्थापन एक ऐतिहासिक अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
