देश
मिजोरम की राजधानी अब रेलवे मानचित्र पर दर्ज
13 Sep, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आइजोल/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिजोरम को भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली बैराबी–सैरांग नई रेल लाइन का उद्घाटन किया। लगभग 8,070 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह परियोजना राज्य की राजधानी आइजोल को पहली बार रेलवे मानचित्र पर ले आई है।
खराब मौसम के कारण पीएम मोदी आइजोल नहीं पहुंच पाए और लेंगपुई एयरपोर्ट से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह दिन मिजोरम और पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है।
परियोजना की खास बातें
45 सुरंगें और 55 बड़े पुलों का निर्माण, गुवाहाटी, कोलकाता और दिल्ली से सीधी कनेक्टिविटी मिजोरम का सैरांग पहली बार राजधानी एक्सप्रेस से सीधे जुड़ा।
पीएम मोदी ने कही अहम बातें
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ रेल लाइन नहीं, बल्कि “बदलाव की जीवनरेखा” है। इससे किसानों और व्यापारियों को बड़े बाजार मिलेंगे, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा – “मिजोरम की अदरक, हल्दी, केला और बांस उत्पाद अब देशभर में आसानी से पहुंच पाएंगे, जिससे किसानों और छोटे उद्यमियों की आय बढ़ेगी।”
विकास की नई राह
मोदी ने पूर्वोत्तर को “विकास का इंजन” बताते हुए सड़क, बिजली, इंटरनेट, मोबाइल नेटवर्क और नल-जल जैसी योजनाओं की प्रगति पर जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही मिजोरम में हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू होंगी।
खेल और शिक्षा पर फोकस
राज्य में 11 एकलव्य मॉडल स्कूल पहले से शुरू, 6 और की योजना, खेलो इंडिया योजना से आधुनिक खेल बुनियादी ढांचा तैयार, मिजोरम को फुटबॉल की प्रतिभा का केंद्र बताया।
जीएसटी सुधार पर भी बोले
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के GST सुधारों से आम जनता को राहत मिलेगी। अब बिस्कुट, साबुन, टूथपेस्ट, तेल और सीमेंट जैसे रोजमर्रा के सामान सस्ते होंगे।
सिक्किम में लैंडस्लाइड, 4 की मौत
13 Sep, 2025 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। वेस्ट सिक्किम के यांगथांग के अपर रिंबी इलाके में शुक्रवार रात लैंडस्लाइड हुई। इसमें 4 लोगों की मौत हुई है। 3 लोग लापता हैं। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज धार नदी में फंसे लोगों का रेस्क्यू भी चल रहा है। हिमाचल प्रदेश में 20 जून से अब तक बारिश-बाढ़ के कारण 380 लोगों की मौत हो चुकी है, 40 लापता हैं। सबसे ज्यादा 48 मौतें लैंडस्लाइड में गईं। बादल फटने से 17 की मौत हुई है। शुक्रवार को 3 नेशनल हाईवे समेत 500 से ज्यादा सडक़ें बंद हैं।
वैष्णो देवी यात्रा 14 सितंबर से बहाल: मौसम देगा साथ तो मिलेंगे दर्शन
13 Sep, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू,। खराब मौसम और ट्रैक के जरूरी मरम्मत कार्य के चलते अस्थायी रूप से रोकी गई श्री माता वैष्णो देवी यात्रा अब 14 सितंबर (रविवार) से दोबारा शुरू की जाएगी। हालांकि, यात्रा की बहाली मौसम अनुकूल रहने पर ही संभव होगी।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि भारी बारिश और ट्रैक की सुरक्षा के लिहाज से यात्रा को कुछ समय के लिए स्थगित किया गया था। मरम्मत कार्य अब लगभग पूरा हो चुका है और यदि मौसम सहयोग करता है, तो श्रद्धालु 14 सितंबर से फिर से माता के दर्शन कर सकेंगे। बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से मौसम और ट्रैक की स्थिति की जानकारी जरूर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
कंगना रनोट को कोर्ट से नहीं मिली राहत
13 Sep, 2025 10:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जालंधर। हिमाचल के मंडी से भाजपा सांसद एवं बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनोट को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। कोर्ट ने किसान आंदोलन के दौरान की गई टिप्पणी को लेकर दर्ज मानहानि केस रद्द करने की याचिका खारिज कर दी है। सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने कंगना की दलीलों को सुनने के बाद कहा कि आपके ट्वीट को केवल रिट्वीट नहीं कहा जा सकता। आपने उसमें मसाला जोड़ा है। इसका क्या मतलब है, इसकी एक्सप्लेनेशन ट्रायल कोर्ट ही करेगा। यह सफाई आप वहीं दीजिएगा।
यह मामला 2021 का है, जब किसान आंदोलन चल रहा था। उस दौरान कंगना ने बठिंडा के गांव बहादुरगढ़ जंडिया की रहने वाली 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला किसान महिंदर कौर को 100-100 रुपए लेकर धरने में शामिल होने वाली महिला बताते हुए ट्वीट किया था। इसके खिलाफ महिंदर कौर ने कोर्ट में केस दर्ज करवाया था। कंगना का कहना था कि उन्होंने केवल एक वकील की पोस्ट को रिपोस्ट किया था।
कर्नाटक: हासन में गणेश विसर्जन के दौरान हादसा, अनियंत्रित ट्रक भीड़ में घुसा, 8 की मौत, 20 से ज्यादा घायल
13 Sep, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हासन: कर्नाटक के हासन में शुक्रवार रात एक हादसा हो गया है. यहां गणेश विसर्जन के दौरान एक अनियंत्रित ट्रक भीड़ में जा घुसा, जिससे 8 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
जानकारी के मुताबिक एक कंटेनर वाहन हासन से होलेनरसीपुर की ओर जा रहा था और बाइक को टक्कर मारने से बचने के लिए वाहन जुलूस में घुस गया. इस मामले पर आईजीपी बोरलिंगैया ने बताया कि शुक्रवार रात 8 बजे से 8:45 बजे के बीच मोसले होसल्ली में एक टैंकर लॉरी लापरवाही से गणपति विसर्जन जुलूस में घुस गई. इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई और ड्राइवर भी घायल हो गया. 6 ग्रामीणों और मोसाले होसाहल्ली सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के 3 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि मृतकों में ज्यादातर लड़के हैं.
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रक अरकलगुड की तरफ से आ रहा था, तभी उसकी टक्कर एक बाइक से हो गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित हो गया और भीड़ में जा घुसा. ट्रक ने कई लोगों को कुचल दिया. उन्होंने बताया कि ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा भी की है. उन्होंने सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि मुझे यह खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है कि हासन में गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों को एक लॉरी ने कुचल दिया, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए. मैं प्रार्थना करता हूं कि मृतकों की आत्मा को शांति मिले और घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं. सरकार मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये का मुआवजा देगी. सरकार इस घटना में घायल हुए लोगों के इलाज का खर्च वहन करेगी. यह बहुत ही दुखद क्षण है. आइए हम सभी दुर्घटना पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़े हों.
केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी ने पोस्ट किया
वहीं, केंद्रीय भारी उद्योग और इस्पात मंत्री और राज्य के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि हासन तालुक के मोसाले होसल्ली में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान हुई भीषण दुर्घटना की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह बेहद दुखद है कि गणपति जुलूस के दौरान एक ट्रक की चपेट में आने से भक्तों की जान चली गई. यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. राज्य सरकार घायलों को सर्वोत्तम निःशुल्क उपचार प्रदान करने के लिए कदम उठाए.
आगरा में 47 साल बाद भयावह बाढ
13 Sep, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा। यूपी के आगरा में यमुना में बाढ़ है। आगरा में बाढ़ का 47 साल बाद भयावह मंजर फिर से देखने को मिला। कैलाश घाट से लगभग 80 किमी दूर बटेश्वर तक यमुना ने तबाही मचाई है। ताजमहल के पीछे बना पार्क पूरी तरह से डूब गया। ताजमहल की बाउंड्री को बाढ़ का पानी छूने लगा। ताजमहल के पीछे बना पार्क पूरी तरह से डूब गया। यहां 2-3 फीट तक पानी भर गया। 25 कॉलोनियां और 40 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए। 5 हजार से ज्यादा लोग राहत शिविरों में शिफ्ट हो चुके हैं। आगरा में बाढ़ का ऐसा दृश्य लोगों ने 1978 में देखा था।
डिजिटलीकरण से संरक्षित होगी भारत की ज्ञान परंपरा
12 Sep, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राजधानी में आयोजित ज्ञान भारतम् अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए ‘ज्ञान भारतम् पोर्टल’ का शुभारंभ किया। यह डिजिटल मंच प्राचीन पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण, संरक्षण और सार्वजनिक पहुंच को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया है।
पोर्टल का उद्देश्य
ज्ञान भारतम् पोर्टल का लक्ष्य भारत की प्राचीन ज्ञान परंपराओं को संरक्षित करना और उन्हें वैश्विक स्तर पर सुलभ बनाना है। इस पहल के जरिए दुर्लभ ग्रंथ न केवल शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों तक, बल्कि आम जनता तक भी पहुंच सकेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि यह पोर्टल युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को दुनिया के सामने पेश करेगा। उन्होंने प्राचीन भारतीय ग्रंथों में निहित वैज्ञानिक, दार्शनिक और आध्यात्मिक ज्ञान की आधुनिक समय में प्रासंगिकता पर भी जोर दिया।
विद्वानों ने की भागीदारी
सम्मेलन में देश-विदेश के विद्वानों ने भाग लिया और भारत की ज्ञान परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर विचार साझा किए। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल भारत को वैश्विक बौद्धिक नेतृत्व स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।
नवरात्रि से पहले दहशत फैलाने की साजिश नाकाम, भारत-पाक बॉर्डर पर हथियार बरामद
12 Sep, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नवरात्रि का त्योहार 22 सितंबर सोमवार से शुरू होने जा रहा है। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व को देशभर में धूमधाम से मनाया जाता है। नवरात्रि के त्योहार के रंग में भंग डालने के लिए आतंकवादी नाकाम साजिश रच रहे है। भारतीय जवान हर बार की तरह इस बार भी इस त्योहार से पहले आतंकियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। खुफिया जानकारी पर आधारित समन्वय और संचालन कुशलता का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पंजाब पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाया और 16 पिस्तौलों सहित हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। सीमा सुरक्षा बल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
दो तस्कर भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, यह बरामदगी हाल के दिनों में पिस्तौलों की सबसे बड़ी बरामदगी के कुछ ही घंटों बाद हुई है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 27 पिस्तौलों और गोला-बारूद सहित हथियारों का एक बड़ा जखीरा जब्त किया गया था। दोनों बरामदगी फाजिल्का सेक्टर से की गई है।
16 पिस्तौल, 38 मैगज़ीन, 1,847 कारतूस और एक मोटरसाइकिल जब्त
यह ताजा बरामदगी बीएसएफ की खुफिया शाखा ने फाजिल्का की अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) के साथ मिलकर थेह कलंदर गांव में की। रणनीतिक रूप से चलाए गए इस अभियान के दौरान 16 पिस्तौल, 38 मैगज़ीन, 1,847 कारतूस और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई, साथ ही दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया।
पाकिस्तानी की बड़ी नार्को-आतंकवादी साजिश को नाकाम
इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बीएसएफ ने बताया कि यह अभियान बीएसएफ की खुफिया शाखा को मिली एक खुफिया सूचना के बाद शुरू किया गया था, जिसमें फाजिल्का के सीमावर्ती इलाके में तस्करी की आशंका जताई गई थी। इस महत्वपूर्ण अभियान ने पाकिस्तान की बड़ी नार्को-आतंकवादी साजिश को नाकाम कर दिया और इस तरह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक संभावित खतरे को प्रभावी ढंग से ध्वस्त कर दिया।
पहले भी जब्त किया था हथियारों का जखीरा
इससे पहले, महार खिवा मानसा गाँव के पास बीएसएफ और पुलिस ने एक संयुक्त रणनीतिक घात लगाया था। कई घंटों के धैर्यपूर्ण इंतजार के बाद, घात लगाने वाली टीम ने तड़के संदिग्ध गतिविधि देखी और एक अपराधी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया, और उसके पास से एक बड़े बोरे में से 27 पिस्तौल, 54 मैगजीन और 470 कारतूस बरामद किए। बीएसएफ ने कहा कि आरोपी से लगातार पूछताछ के बाद, टीम उसी गाँव से उसके साथी को पकड़ने में सफल रही। आरोपी क्रमशः तेजा रोहेला और महार जमशेर गाँव के निवासी हैं।
ATC ने देखी गिरी हुई चीज, जांच में निकला विमान का पहिया
12 Sep, 2025 06:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट पर शुक्रवार (12 सितंबर 2025) को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्पाइसजेट एयरलाइन के बॉम्बार्डियर Q400 विमान का एक पहिया उड़ान भरते ही गिर गया। यह विमान गुजरात के कांडला एयरपोर्ट से 75 यात्रियों और क्रू के साथ मुंबई के लिए रवाना हुआ था।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारियों के मुताबिक, कांडला ATC ने उड़ान भरते समय रनवे पर कुछ गिरते देखा और बाद में जांच में पाया गया कि विमान का बाहरी पहिया और धातु के हिस्से नीचे गिर गए थे। इसकी जानकारी तुरंत पायलट को दी गई और मुंबई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
सुरक्षित रही लैंडिंग
गंभीर तकनीकी खराबी के बावजूद विमान ने तय दूरी पूरी की और मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इससे पहले एहतियातन विमान से ईंधन खाली कराया गया। लैंडिंग के बाद विमान अपने आप टर्मिनल तक पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए।
स्पाइसजेट का बयान
एयरलाइन प्रवक्ता ने कहा, “कांडला से मुंबई जा रहे Q400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पाया गया। विमान ने सुरक्षित रूप से मुंबई में लैंडिंग की, किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।”
इस घटना से एक बार फिर भारतीय विमानन सुरक्षा पर सवाल उठे हैं, हालांकि राहत की बात रही कि सभी 75 यात्री और क्रू सुरक्षित रहे।
इंफाल में 1,200 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन
12 Sep, 2025 06:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 15 सितंबर तक मिजोरम, मणिपुर समेत पांच राज्यों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कुल 71,850 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
मणिपुर दौरे का महत्व
मणिपुर में जातीय हिंसा मई 2023 से जारी है। यह पीएम मोदी का हिंसा शुरू होने के बाद का पहला दौरा होगा। 13 सितंबर को वे चुराचांदपुर और इंफाल जाएंगे, जहां वे विस्थापित लोगों से मुलाकात करेंगे और शांति व विकास को बढ़ावा देने का संदेश देंगे।
चुराचांदपुर: 7,300 करोड़ की परियोजनाओं की नींव
पीएम मोदी दोपहर 12:30 बजे मिजोरम की राजधानी आइजोल से चुराचांदपुर पहुंचेंगे। यहां वे 7,300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसमें मणिपुर शहरी सड़कें, जल निकासी और परिसंपत्ति प्रबंधन सुधार परियोजना, मणिपुर इन्फोटेक डेवलपमेंट (MIND) और राष्ट्रीय राजमार्ग 102A का उन्नयन शामिल है। पीएम पीस ग्राउंड में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इंफाल: 1,200 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
इसके बाद पीएम मोदी इंफाल के कांगला किले जाएंगे। यहां वे 1,200 करोड़ रुपये की 17 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें मणिपुर भवन (दिल्ली व कोलकाता), नया सिविल सचिवालय, पुलिस मुख्यालय, विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) भवन, इंफाल नदी का विकास (दूसरा चरण) और एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल (EMRS) शामिल हैं।
पीएम यहां भी विस्थापित लोगों से मुलाकात करेंगे।
विस्थापित लोगों की स्थिति, मणिपुर में करीब 57,000 लोग अब भी 280 से ज्यादा राहत शिविरों में रह रहे हैं। केंद्र सरकार ने राहत शिविर खत्म करने और समुदायों के बीच मुक्त आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए तीन-चरणीय पुनर्वास योजना शुरू की है। हाल ही में गृह मंत्रालय ने कुकी उग्रवादी संगठनों के साथ निलंबन संचालन समझौता भी नवीनीकृत किया है।
‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का अहम हिस्सा
मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल ने कहा कि मणिपुर भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का प्रवेश द्वार है। प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य में शांति बहाली और विकास की गति को तेज करेगा।
परियोजनाओं का प्रभाव
इन विकास योजनाओं से मणिपुर के बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। इनमें शामिल हैं: नौ स्थानों पर कार्यरत महिलाओं के लिए हॉस्टल, 16 जिलों में 120 हाई स्कूलों व हायर सेकेंडरी स्कूलों का सुदृढ़ीकरण, सुदूर पहाड़ी इलाकों में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाएं।
पटाखों पर बैन: मुख्य न्यायाधीश का बड़ा बयान, दिवाली की रौनक पर उठे सवाल
12 Sep, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस बी आर गवई ((B R Gavai) ने शुक्रवार को पटाखों पर दिल्ली-एनसीआर तक सीमित प्रतिबंध के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अगर पटाखों पर बैन लगाना है, तो यह पूरे देश में लागू होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदूषण मुक्त हवा का अधिकार सिर्फ दिल्ली के 'एलीट' नागरिकों तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि पूरे भारत के हर व्यक्ति को मिलना चाहिए। यह टिप्पणी दिल्ली-एनसीआर में पटाखों की बिक्री और निर्माण पर एक साल के बैन के खिलाफ दायर याचिकाओं की सुनवाई के दौरान आई।
पूरे देश को साफ़ हवा का अधिकार
CJI गवई की अगुवाई वाली बेंच ने फायरक्रेकर मैन्युफैक्चरर्स की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कहा, "हम दिल्ली के लिए अलग नीति नहीं बना सकते क्योंकि वहां एलीट नागरिक रहते हैं। अगर एनसीआर के शहरों को साफ हवा का हक है, तो दूसरे शहरों के लोगों को क्यों नहीं?" उन्होंने अमृतसर का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां सर्दियों में प्रदूषण दिल्ली से भी ज्यादा खराब होता है। बेंच ने आगे कहा, "नीति पैन-इंडिया होनी चाहिए। पटाखों पर बैन लगे तो पूरे देश में लगे।"
CAQM से माँगा जवाब
यह बयान तब आया जब पटाखा व्यापारियों ने दिल्ली-एनसीआर में दिसंबर 2024 से लागू बैन को चुनौती दी। व्यापारियों का तर्क था कि इससे हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। हालांकि, CJI ने स्पष्ट किया कि बैन से गरीब मजदूर सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं, लेकिन प्रदूषण की समस्या राष्ट्रीय स्तर पर हल करनी होगी। कोर्ट ने एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) से इस पर जवाब मांगा है।
वकील की बात पर CJI की सहमति
वकील अपराजिता सिंह, जो एमिकस क्यूरी के तौर पर पेश हुईं, ने कहा कि प्रदूषण के समय एलीट लोग शहर छोड़ देते हैं, लेकिन आम जनता को नुकसान सहना पड़ता है। CJI ने सहमति जताते हुए कहा कि नीतियां सिर्फ राजधानी तक सीमित नहीं हो सकतीं।
अगली तारीख पर हो सकता है फैसला?
यह मामला दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण से जुड़ा है, जहां सुप्रीम कोर्ट ने पहले भी पटाखों पर सख्ती बरतने के आदेश दिए हैं। अगर कोर्ट का यह रुख लागू होता है, तो पूरे देश में पटाखों पर प्रतिबंध लग सकता है, जो दिवाली और अन्य त्योहारों को प्रभावित करेगा। सुनवाई जारी है, और अगली तारीख पर और स्पष्टता आ सकती है।
एम्स को मिला भ्रूण का दान, शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक नई मिसाल होगी कायम
12 Sep, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । एम्स ने हाल ही में एक ऐसा मेडिकल और सामाजिक कदम उठाया है, जिसने भारतीय चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। 32 वर्षीय वंदना जैन ने पांचवें महीने में गर्भपात हुआ। दुःख के उस पल में, वंदना और उनके पति की एक बहादुरी से भरी पहल की।
दंपति ने भ्रूण को शोध और शिक्षा के लिए एम्स को दान किया। कहा जा रहा है कि ये भारत में पहली बार है जहां भ्रूण दान को औपचारिक रूप से स्वीकार किया है। दधीचि देहदान समिति और एम्स की एनाटॉमी विभाग की टीम ने मिलकर प्रक्रिया को संभव बनाया।
नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (एनओटीटीओ) के डायरेक्टर डॉ अनिल कुमार कहते हैं कि ये डोनेशन एकेडमिक और रिसर्च में बहुत मददगार होगा। इसके द्वारा इंसान के भीतर डेवलेपमेंटल और रेयर डिजीज के इलाज की संभावनाएं खोजी जा सकती हैं।
बता दें कि भ्रूण के अंग-तंत्र जैसे मस्तिष्क, लिवर, बोन मैरो और रक्त जैसी टिश्यूज़ रिसर्च बेस्ड प्रोजेक्ट्स में काम आती हैं। जब हम भ्रूण-टिश्यूज़ का अध्ययन करते हैं, तब हमें ये समझने का मौका मिलता है कि किस समय कौन-सा अंग कैसे विकसित हो रहा है, किस समय किस कोशिका का निर्माण हो रहा है। ये जानकारी मेडिकल छात्रों और अनुसंधानकर्ताओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
इसके अलावा भ्रूण से निकली स्टेम सेल्स अन्य कोशिकाओं में परिवर्तित होने की क्षमता रखती हैं। इस क्षमता के कारण कैंसर, अल्जाइमर, पार्किंसन, स्पाइनल इंजरी आदि गंभीर रोगों पर दुनिया भर में शोध चल रहा है। भारत में भी इसमें शोध इस तरह के ट्रीटमेंट या थेरेपीज की दिशा खोल सकते हैं।
कुछ दवाइयां या नई चिकित्सा पद्धतियां विकसित करने के लिए ये जानना ज़रूरी है कि भ्रूण-टिश्यूज़ पर उनका क्या प्रभाव होगा। उदाहरण के लिए, वहां चरण जब गर्भ में अंगों का विकास हो रहा हो, उस समय किसी दवा का प्रयोग कैसे हो सकता है। ये परीक्षण भ्रूण-टिश्यूज से ही संभव हैं, विशेषकर उन कोशिकाओं और अंगों में जहां विकास जारी हो रहा हो।
सेना ने नेपाल गए अपने सैनिकों की छुट्टी बढ़ाई
12 Sep, 2025 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । सेना उन गोरखा सैनिकों की छुट्टी बढ़ा दी है जो नेपाल में हिंसा की वजह से स्वदेश नहीं आ पा रहे हैं। यही नहीं सेना ने उन जवानों को नेपाल ना जाने की सलाह दी है जो छुट्टी पर अभी नेपाल जाना चाहते हैं। इनकी छुट्टी को तत्काल होल्ड पर रख दिया गया है। हालांकि अब भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए नेपाल से नए गोरखा नहीं आ रहे हैं। करीब तीन साल पहले जब सेना में जवान स्तर पर भर्ती के लिए अग्निपथ स्कीम लाई गई थी तब इस स्कीम के तहत अग्निवीरों की भर्ती हुई थी। इन अग्निवीरों की सेना में भर्ती केवल चार साल के लिए हुई है। चार साल पूरे होने पर इनमें से 75 प्रतिशत अग्निवीर सेना से बाहर हो जाएंगे और केवल 25 प्रतिशत ही सेना में नौकरी कर पाएंगे। जब से यह स्कीम आई है तब से नेपाल के गोरखाओं की सेना में भर्ती रुक गई है। इस स्कीम के तहत नेपाल अपने युवाओं को सेना में भेजना नहीं चाहता है। नेपाल का साफ कहना है कि उनके युवाओं की पहले की तरह सेना में भर्ती हो यानि वह स्थायी तौर पर लिए जाएं और चार साल में ही उन्हें सेना न छोड़नी पड़े। अब सेना में नेपाल के वही गोरखा सैनिक बचे हैं जो जून 2022 के पहले सेना में भर्ती हुए हैं। इनमें से कई गोरखा सैनिक रिटायर हो चुके हैं। वैसे सेना में नेपाल के गोरखा आजादी के समय से ही रहे हैं। ये पहले ब्रिट्रिश आर्मी के हिस्सा थे। देश के आजाद होने के बाद वे भारतीय सेना का हिस्सा बने। आजादी के वक्त सेना में 10 गोरखा रेजिमेंट्स थीं। आजादी के बाद 6 रेजिमेंट भारत के हिस्से और 3 रेजिमेंट ब्रिट्रेन के हिस्से आई। वहीं एक रेजिमेंट को खत्म कर दिया गया। बाद में जाकर सेना में एक और गोरखा रेजिमेंट बनाई गई। अब भारतीय सेना में सात गोरखा रेजिमेंट्स हैं जिनमें 43 से ज्यादा बटालियन हैं।
भारत-मॉरीशस द्विपक्षीय वार्ता: पीएम मोदी बोले- दोनों देश सिर्फ पार्टनर नहीं, एक परिवार हैं
12 Sep, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम को चागोस समझौता संपन्न होने पर बधाई दी। वहीं मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने काशी में भव्य स्वागत के लिए पीएम को धन्यवाद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मुझे अपने संसदीय क्षेत्र में आपका स्वागत करने का अवसर मिल रहा है। प्राचीन काल से काशी भारत की सभ्यता और सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक रही है। हमारी संस्कृति और संस्कार सदियों पहले भारत से मॉरीशस पहुंचे और वहां की जीवन-पद्धति में रच-बस गए। काशी में मां गंगा की अविरल धारा की तरह, भारतीय संस्कृति का अविरल प्रवाह मॉरीशस को समृद्ध करता रहा है और आज, जब हम मॉरीशस के साथियों का काशी में स्वागत कर रहे हैं, तो यह सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक मिलन है इसलिए मैं गर्व से कहता हूं कि भारत और मॉरीशस सिर्फ पार्टनर नहीं बल्कि एक परिवार है...। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हमने द्विपक्षीय सहयोग की सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा किए। मैं मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम को चागोस समझौता संपन्न होने पर बधाई देता हूं।
मॉरीशस की संप्रभुता की ऐतिहासिक जीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये मॉरीशस की संप्रभुता की एक ऐतिहासिक जीत है। भारत ने हमेशा उपनिवेशवाद और मॉरीशस की संप्रभुता की पूर्ण मान्यता का समर्थन किया है और इसमें भारत, मॉरीशस के साथ दृढ़ता से साथ खड़ा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मॉरीशस के विकास में एक विश्वसनीय और प्राथमिक साझेदार होना भारत के लिए गर्व की बात है। आज हमने मॉरिशस की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए एक विशेष आर्थिक पैकेज पर निर्णय लिया है। यह इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करेगा। भारत के बाहर पहला जन औषधि केंद्र अब मॉरीशस में स्थापित हो चुका है।
रक्षामंत्री राजनाथ ने पहली बार तीनों सेनाओं की महिला जलयात्रा नौकायन अभियान को झंडी दिखाई
12 Sep, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नारी शक्ति और विकसित भारत के विजन का स्मरण करते हुए मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से, विश्व के प्रथम ऐतिहासिक तीनों सेनाओं के महिला जलयात्रा अभियान, समुद्र प्रदक्षिणा को वर्चुअल माध्यम से झंडी दिखाकर रवाना किया। साउथ ब्लॉक से किये गये अपने संबोधन में, रक्षा मंत्री ने इस यात्रा को नारी शक्ति, तीनों सेनाओं की सामूहिक शक्ति, एकता और संयुक्तता, आत्मनिर्भर भारत और उसकी सैन्य कूटनीति एवं वैश्विक विजन का ज्वलंत प्रतीक बताया।
10 महिला अधिकारी अगले नौ महीनों में स्वदेश निर्मित भारतीय सेना नौकायन पोत (आईएएसवी) त्रिवेणी पर सवार होकर पूर्वी मार्ग पर लगभग 26,000 समुद्री मील की यात्रा करेंगी। वे भूमध्य रेखा को दो बार पार करेंगी, तीन महान अंतरीपों - लीउविन, हॉर्न और गुड होप - का चक्कर लगाएंगी और सभी प्रमुख महासागरों और दक्षिणी महासागर तथा ड्रेक पैसेज सहित कुछ सबसे खतरनाक जलक्षेत्रों को पार करेंगी। मई 2026 में मुंबई लौटने से पहले यह दल चार अंतरराष्ट्रीय बंदरगाहों का भी दौरा करेगा।
राजनाथ ने समुद्र प्रदक्षिणा को केवल एक जहाज़ पर की गई यात्रा ही नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक साधना और अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प की यात्रा भी बताया। उन्होंने कहा, अभियान के दौरान, हमारे अधिकारियों को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन उनके दृढ़ संकल्प की लौ अंधकार को चीरती हुई आगे बढ़ेगी। वे सुरक्षित घर लौटकर विश्व को दिखाएंगी कि भारतीय महिलाओं का पराक्रम किसी भी सीमा से परे है।
रक्षा मंत्री ने हाल ही में दो भारतीय महिला नौसेना अधिकारियों - लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए - द्वारा हासिल की गई असाधारण उपलब्धि का स्मरण किया, जिन्होंने साहस और समर्पण के साथ कई चुनौतियों का सामना करते हुए, एक अन्य स्वदेशी पोत आईएनएस तारिणी पर सवार होकर सफलतापूर्वक दुनिया की परिक्रमा की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आईएएसवी त्रिवेणी समुद्री साहसिकता में एक और वैश्विक मानक स्थापित करेगी और भारत की समुद्री यात्रा में एक और स्वर्णिम अध्याय लिखेगी।
राजनाथ सिंह ने इस त्रि-सेवा अभियान को तीनों सेनाओं के बीच एकजुटता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि जब सशस्त्र बलों के बीच एकजुटता की भावना होती है, तो बड़ी से बड़ी चुनौती भी छोटी लगती है।
मां Durga की उत्पत्ति का दिव्य रहस्य, क्या कहता है Devi Bhagavata Purana
Hanuman का रहस्य: रामायण के बाद कहां गए बजरंगबली?
शाही ठाठ-बाट: 1.5 लाख मेहमान, टनों खाना—मदुरै की भव्य शादी चर्चा में
शिव साधना का खास राज: महादेव जपते हैं राम का यह मंत्र, आप भी जानें विधि
श्रीराम मंत्र की शक्ति: जानें अर्थ, फायदे और सही तरीके से जप कैसे करें
जिला प्रशासन की अनूठी पहल, नहरों के पानी से लबालब हुए 450 तालाब
ईंट निर्माण कार्य से आत्मनिर्भर बन रही हैं समूह की महिलाएं
महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार
प्रदेश में जंगली भैंसा प्रजाति का पुनर्स्थापन एक ऐतिहासिक अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
