देश
चॉकलेट और मिठाई भी सस्ती, लड्डू पर टैक्स घटा 72 से 20 रुपये
22 Sep, 2025 12:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। देशभर में GST 2.0 आज से लागू हो गया है। नवरात्रि के पहले दिन लागू हुए इस नए टैक्स सिस्टम से आम आदमी को बड़ी राहत मिली है। अब दूध, पनीर, मक्खन, घी, ब्रेड, तेल, साबुन, शैंपू और बच्चों की पढ़ाई के सामान सहित रोजमर्रा की कई चीजें सस्ती हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे “बचत उत्सव” बताते हुए कहा कि इससे गरीब और मध्यम वर्ग दोनों को सीधी राहत मिलेगी।
डेयरी प्रोडक्ट्स
दूध: UHT पैक पर जीएसटी शून्य, 1 लीटर अब ₹75 (पहले ₹77)।
पनीर: 200 ग्राम पैक ₹80 (पहले ₹90)।
मक्खन: 500 ग्राम ₹285 (पहले ₹305)।
घी: 1 लीटर पैक ₹610 (पहले ₹650)।
फूड और स्नैक्स
ब्रेड और पिज्जा बेस: अब जीरो टैक्स, ब्रेड पैक ₹19 (पहले ₹20)।
पास्ता, नूडल्स, कॉर्न फ्लेक्स: 12-18% से घटाकर 5%।
बिस्कुट और नमकीन: अब सिर्फ 5% टैक्स।
टॉयलेट और पर्सनल केयर
शैंपू, साबुन, तेल: 18% से घटाकर 5%, अब ₹100 का पैक ₹105 (पहले ₹118)।
मिठाइयाँ और चॉकलेट
चॉकलेट: ₹50 का पैक अब ₹44।
लड्डू: ₹400/kg पर टैक्स ₹72 से घटकर ₹20।
बच्चों के पढ़ाई के सामान
नोटबुक, पेंसिल, रबर, प्रैक्टिस बुक, ग्राफ बुक, ग्लोब आदि अब पूरी तरह टैक्स फ्री।
सरकार का दावा है कि GST 2.0 से लगभग 99% जरूरी सामान सस्ते हो गए हैं। त्योहारों के मौसम में यह कदम लोगों की जेब पर बोझ कम करेगा और बाजार में खरीदारी को बढ़ावा देगा।
पीएम मोदी ने नवरात्र पर दी शुभकामनाएं, जीएसटी बचत उत्सव की की बात
22 Sep, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। आज से देश में नवरात्र के पावन पर्व की शुरुआत हो चुकी है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। नवरात्र पर पीएम मोदी ने पूरे देश को 'स्वदेशी' का मंत्र देते हुए मेड इन इंडिया (भारत में बनी वस्तुएं) पर फोकस करने की सलाह दी है।
नवरात्र के अवसर पर जीएसटी की नई दरें भी लागू हो चुकी हैं, जिससे रोजमर्रा की कई चीजें अब सस्ती हो गई हैं। पीएम मोदी ने इसे GST बचत उत्सव का नाम दिया है।
पीएम मोदी ने दी नवरात्र की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "आप सभी को नवरात्र की अनंत शुभकामनाएं। साहस, संयम और संकल्प के भक्ति-भाव से भरा यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई शक्ति और नया विश्वास लेकर आए। जय माता दी!"
नवरात्र में आज मां शैलपुत्री की विशेष पूजा-अर्चना का दिन है। मेरी कामना है कि माता के स्नेह और आशीर्वाद से हर किसी का जीवन सौभाग्य और आरोग्य से परिपूर्ण रहे।
स्वदेशी का मंत्र
जीएसटी और स्वदेशी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "इस बार नवरात्र का यह शुभ अवसर बहुत विशेष है। GST बचत उत्सव के साथ-साथ स्वदेशी के मंत्र को इस दौरान एक नई ऊर्जा मिलने वाली है। आइए, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए सामूहिक प्रयासों में जुट जाएं।"
भजन शेयर करें
इसी के साथ पीएम मोदी ने पंडित जसराज जी का एक भजन भी शेयर किया है। पीएम मोदी ने देशवासियों से भी अपने पसंदीदा भजन भेजने का आग्रह किया है। पीएम मोदी ने कहा, "अगर आपने कोई भजन गाया है या आपका कोई फेवरेट भजन है, तो कृप्या मुझे जरूर भेजें। आने वाले दिनों में मैं उनमें से कुछ चुनिंदा भजनों को शेयर करूंगा।"
प्रेमिका से पत्नी कर सकती है मुआवजे की मांग: दिल्ली हाईकोर्ट
21 Sep, 2025 03:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। पति की प्रेमिका से अक्सर पत्नी परेशान रहती है। इसका समाधान दिल्ली हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कर दिया है। कोर्ट ने कहा है कि पत्नी अपने पति की प्रेमिका से मुआवजे की मांग को लेकर मुकदमा कर सकती है। हाईकोर्ट के यह आदेश उन लड़कियों के लिए अलार्म बेल की तरह है, जिनका विवाहित पुरुष के साथ प्रेम के साथ ही शारीरिक संबंध है।
हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा है कि पत्नी अपने पति की ‘मिस्ट्रेस’ से आर्थिक मुआवजा मांग सकती है। अदालत ने इसे प्रथम दृष्टया एक ऐसा मामला माना है, जिसमें पत्नी को पति की गर्लफ्रेंड के खिलाफ सिविल नुकसान का दावा करने का अधिकार है। हाईकोर्ट ने इस आधार पर एक मामले में पति की गर्लफ्रेंड को समन जारी कर उनसे जवाब मांगा है। अदालत ने कहा कि यह मामला फैमिली कोर्ट के अधिकार क्षेत्र से अलग है और यहां एक तीसरे पक्ष के गलत आचरण से पत्नी के वैवाहिक अधिकारों का हनन होने का दावा किया गया है।
यह याचिका एक पत्नी ने दायर की थी, जिसमें कहा गया था कि उसे अपने पति के प्यार और साथ का हक है, लेकिन गर्लफ्रेंड की सक्रिय और दुर्भावनापूर्ण भूमिका के कारण उसका अधिकार छीना गया। पत्नी ने क्षतिपूर्ति की मांग करते हुए आरोप लगाया कि शादी टूटने और वैवाहिक संबंध बिगड़ने की जड़ पति की गर्लफ्रेंड का हस्तक्षेप है। हाईकोर्ट ने इस दौरान की अवधारणा का भी जिक्र किया, जो कई विदेशी देशों में प्रचलित है। इस सिद्धांत के तहत कोई भी जीवनसाथी उस तीसरे व्यक्ति पर मुकदमा कर सकता है, जिसने जानबूझकर उसकी शादीशुदा जिंदगी को तोड़ा और पति-पत्नी के रिश्ते में दरार डाली।अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पत्नी का दावा सुनने योग्य है और गर्लफ्रेंड को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाना चाहिए। हालांकि, मामले की अंतिम सुनवाई के बाद ही यह तय होगा कि पत्नी को वास्तव में कोई मुआवजा मिल पाएगा या नहीं। यह फैसला भविष्य में वैवाहिक विवादों में एक नई कानूनी राह खोल सकता है, क्योंकि अब पत्नियां न केवल पति बल्कि उनके एक्स्ट्रा-मैरिटल रिलेशन में शामिल तीसरे व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई कर सकेंगी।
उत्तराखंड में फिर हो सकती है भारी बारिश, सीएम ने अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा
21 Sep, 2025 02:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सितंबर के पूरे महीने भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी 30 सितंबर तक अधिकारियों को अलर्ट पर रहने को कहा है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो से तीन दिन मौसम खुला रह सकता है, लेकिन फिर 23 सितंबर से भारी बारिश मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
उत्तराखंड में शनिवार को धूप खिली। कुछ इलाकों में बादल रहे। देहरादून और पंतनगर में हल्की बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि रविवार को प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। यहां दो दिन तक बारिश से राहत मिल सकती हैं। वहीं 23 सितंबर से प्रदेश में बारिश हो सकती है। इसके बाद एक सप्ताह तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के आसार है। धूप खिलने से देहरादून में तापमान सामान्य से दो डिग्री तक ज्यादा रहा। शनिवार को दून में अधिकतम तापमान 32.6, पंतनगर में 34, मुक्तेश्वर में 21.3, नई टिहरी में 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
देहरादून से टिहरी और उत्तरकाशी जाने वाली रोडवेज और निजी बस सेवाओं का संचालन पांच दिन बाद शुरू हो गया है। इससे पहाड़ी लोगों को राहत मिली है। पिछले दिनों भारी बारिश के कारण ऋषिकेश और चंबा के बीच गंगोत्री हाईवे कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया था। इस कारण दून से टिहरी के घनसाली, चमियाला, बडियारगढ़, रजाखेत, जाखणीधार, प्रतापनगर, नई टिहरी, बौराड़ी, सेम मुखेम और उत्तरकाशी जाने वाली बस सेवाएं ठप हो गई थीं। यात्री बस अड्डे से वापस लौट रहे थे, लेकिन शनिवार को गंगोत्री हाईवे खुल गया। फकोट में मलबा हटाकर सड़क तैयार की गई। इसके बाद रोडवेज और निजी बसों का संचालन शुरू हो गया है।
अरुणाचल को पीएम मोदी देंगे बड़ा तोहफा, त्रिपुरा में शक्ति पीठ का करेंगे उद्घाटन
21 Sep, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल यानी 22 सितम्बर को अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा का दौरा करेंगे। वे ईटानगर में 5,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली अनेक विकास परियोजनाओं की अधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद, वे त्रिपुरा का दौरा करेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे तथा माताबाड़ी में माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर के विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे।
क्षेत्र में विशाल जलविद्युत क्षमता का उपयोग करने और निरन्तर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए, प्रधानमंत्री ईटानगर में 3,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली दो प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। हीओ जलविद्युत परियोजना (240 मेगावाट) और तातो-I जलविद्युत परियोजना (186 मेगावाट) अरुणाचल प्रदेश के सियोम उप-बेसिन में बनाई जाएंगी।
प्रधानमंत्री तवांग में एक अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर की आधारशिला भी रखेंगे। सीमावर्ती जिले तवांग में 9,820 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित यह केन्द्र राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों, सांस्कृतिक उत्सवों और प्रदर्शनियों की मेजबानी के लिए एक ऐतिहासिक इमारत के रूप में कार्य करेगा। 1,500 से अधिक प्रतिनिधियों की मेजबानी करने की क्षमता के साथ, यह केन्द्र वैश्विक मानकों को पूरा करेगा और क्षेत्र की पर्यटन और सांस्कृतिक संभावना में सहयोग करेगा।
प्रधानमंत्री 1,290 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली अनेक प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे, जो कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, अग्नि सुरक्षा, कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावासों सहित विभिन्न क्षेत्रों को लाभान्वित करेंगी।
त्रिपुरा में पीएम मोदी
त्रिपुरा में, प्रधानमंत्री माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर के विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। यह मंदिर 51 शक्ति पीठों में से एक है। पीआरएएसएडी योजना के तहत विकसित किया गया है। यह मंदिर ऊपर से कछुए के आकार में दिखाई देती है। इसमें मंदिर परिसर में संशोधन, नए मार्ग, नया प्रवेश द्वार और बाड़, जल निकासी प्रणाली, और एक नया तीन मंजिला परिसर है, जिसमें स्टॉल, ध्यान हॉल, अतिथि आवास, कार्यालय कक्ष आदि हैं। यह पर्यटन को बढ़ावा देगा, रोजगार और व्यवसाय के अवसर पैदा करेगा।
मॉनसून की विदाई की शुरुआत, जानें किस तरह होती है मॉनसून की वापसी, एमपी में कब लगेगा ब्रेक
21 Sep, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Monsoon Withdrawl Analysis : जिस तरह मॉनसून देश में प्रवेश करता है, उसी चाल में उलटे चलते हुए मॉनसून की विदाई या वापसी होती है. मॉनसून के आगमन की तरह ही उसके लौटने की भी एक पूरी टाइमलाइन होती है. इस दौरान मौसम में कई तरह के परिवर्तन देखे जाते हैं, जिनके आधार पर मौसम विभाग मॉनसून की विदाई या पूरी तरह इसके वापस जाने की पुष्टि करता है.
सिंतबर के पहले हफ्ते से मॉनसून की विदाई पश्चिमी राजस्थान से शुरू हो जाती है और महीने के अंत भाग तक ये मध्य प्रदेश समेत मध्य भारत के कई राज्यों से विदा लेने लगता है. आमतौर पर 15 अक्टूबर तक ये पूरे देश से विदा ले लेता है.
इस वर्ष जल्दी लौट रहा मॉनसून
पूरे देश में जबर्दस्त बारिश के बाद मॉनसून इस बार समय से पहले वापसी कर रहा है. आईएमडी के मुताबिक मॉनसून ने 4 सितंबर से वापसी शुरू कर दी है. आमतौर पर देखा गया है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य तौर पर 15 से 17 सितंबर के बीच वापसी शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक ये प्रकिया पूरी होती है. लेकिन इस बार मॉनसून की विदाई जल्दी हो रही है.
10 साल बाद मॉनसून की इतनी जल्दी विदाई
आईएमडी के मुताबिक, '' 2015 के बाद मॉनसून की ये सबसे जल्दी विदाई मानी जा रही है. मौसम विभाग के पुराने आंकड़ों के मुताबिक सन 1940 तक मॉनसून की वापसी की शुरुआत 1 सितंबर से होती थी. वहीं, 2020 के बाद नई व्यवस्था के मुताबिक मॉनसून की वापसी 17 सितंबर से मानी जाती थी.''
कैसे शुरू होती है मॉनसून की विदाई?
मॉनसून लौटने की प्रक्रिया सितंबर मध्य में पश्चिमी राजस्थान से शुरू हो जाती है और फिर यह हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और मध्य भारत के हिस्सों से पीछे हटने लग जाता है. अक्टूबर के शुरू में निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के उत्तर तक पहुंचता है और अक्टूबर के अंत तक पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत से पूरी तरह विदा ले लेता है. मॉनसून विदाई की ये पूरी प्रक्रिया 4-5 हफ्तों में पूरी होती है.
मॉनसूनी की विदाई सिर्फ बारिश रुकना नहीं
अगर आप सोच रहे हैं कि मॉनसून की विदाई का मतलब सिर्फ बारिश रुकने से है, तो ऐसा नहीं है. बारिश थमने के साथ मौसम में एक बड़ा बदलाव आता है. इसमें हवा का दबाव, हवा की दिशा और नमी में बदलाव भी देखा जाता है.
जब देश में दक्षिण पश्चिम की जगह उत्तर पूर्वी हवाएं चलने लगती हैं, तो इसे मॉनसून की विदाई का अंतिम चरण माना जाता है. वहीं उत्तर-पूर्वी हवाओं के साथ ठंड के मौसम की शुरुआत होने लगती है.
मध्य प्रदेश में जमकर बरसा मॉनसून
इस बार मध्य प्रदेश में मॉनसून में औसत से ज्यादा बारिश हुई है. मध्य प्रदेश में बारिश का कोटा औसतन 37 इंच है जबकि प्रदेश में अबतक 42.7 इंच बारिश हो चुकी है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक जाता हुआ मॉनसून प्रदेश में बोनस की और बारिश दे सकता है. सितंबर अंत में जाते-जाते कई जिलों में भारी बारिश हो रही है लेकिन अक्टूबर की शुरुआता में ये सिलसिला पूरी तरह थम सकता है
अक्टूबर के अंत तक शुरु होगी ठंड
मौसम वैज्ञानिक दिव्या ई सुरेंद्रन के मुताबिक, " मॉनसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है लेकिन मध्य प्रदेश में अक्तूबर के शुरुआत दिनों तक कुछ बारिश हो सकती है. प्रदेश में गुलाबी ठंड की शुरुआत अक्तूबर के अंत में हो सकती है. मौसमी परिवर्तन इशारा कर रहे हैं कि कहीं-कहीं ठंड की शुरुआत समय से पहले हो सकती है.
विदेश नीति पर कांग्रेस का हमला – क्या ट्रंप से कुछ नहीं कह पाए प्रधानमंत्री मोदी?
20 Sep, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एच-1बी वीजा आवेदनों पर 100,000 डॉलर का शुल्क लगाए जाने के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की है. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल साइट एक्स पर पीएम मोदी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि भारत के पास “कमजोर पीएम” है.
राहुल गांधी ने अपनी 2017 की पोस्ट को दोबारा साझा किया जिसमें उन्होंने एच-1बी वीजा और जम्मू-कश्मीर की रिपोर्टों का हवाला देते हुए यही बात कही थी. उन्होंने कहा, ”मैं दोहराता हूं, भारत के पास एक कमजोर प्रधानमंत्री है.” सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला.
डोनाल्ड ट्रंप के नए कार्यकारी आदेश ने एच-1बी वीजा आवेदनों पर 100,000 डॉलर का शुल्क लगा दिया है, जिससे आईटी उद्योग पर गंभीर असर पड़ा है, जिसमें भारतीय भी शामिल हैं जो अमेरिका में बड़ी आईटी कंपनियों के साथ काम करने के लिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं.
ट्रंप ने आरोप लगाया कि कंपनियां अमेरिकियों को पीछे छोड़कर सस्ते श्रम का आयात करने के लिए एच-1बी वीजा का दुरुपयोग करती हैं.
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
वहीं, कांग्रेस ने सोशल साइट एक्स पर लिखा नरेंद्र मोदी के दोस्त ‘एच-1बी सरदार’ की फीस बढ़ाई गई है. पहले H-1B मास्टर का किराया 6 लाख रुपये था, जो अब 88 लाख रुपये हो गया है.
उन्होंने कहा कि असल के इस फैसले से भारत को सबसे ज्यादा नुकसान होगा. भारतीयों के लिए अमेरिका में नौकरी के अवसर कम होंगे. अमेरिका से भारत आने वाले पैसे में भी भारी कमी आएगी. बयान में कहा गया कि ये खतरा भी बड़ा होगा, क्योंकि देश के बड़े आईटी उद्योगपति पहले से ही खींचकर रख रहे हैं.
गौरव गोगाई ने राजनीतिक चुप्पी पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, कांग्रेस के गौरव गोगोई ने कहा कि पीएम की “रणनीतिक चुप्पी और जोरदार बातें” देश के लिए बोझ बन गई हैं. उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए एक पोस्ट शेयर किया और कहा, “एच1-बी वीजा पर हालिया फैसले से अमेरिकी सरकार ने भारत के सबसे अच्छे और प्रतिभाशाली दिमागों के भविष्य पर प्रहार किया है. मुझे अभी भी पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की निर्भीकता याद है जब अमेरिका में एक आईएफएस महिला राजनयिक का अपमान किया गया था.”
उन्होंने कहा, “अब पीएम मोदी की रणनीतिक-चुप्पी और जोरदार प्रकाशिकी को प्राथमिकता भारत और उसके नागरिकों के राष्ट्रीय हित के लिए एक दायित्व बन गई है.”
अखिलेश यादव का केंद्र पर हमला
सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि अमेरिका पहली बार भारत के साथ ऐसा व्यवहार नहीं कर रहा है. हमारी विदेश नीति कमजोर ही है. हम क्यों कमजोर दिखाई दे रहे हैं? हमारी तैयारी क्या है? कल को और देश ऐसा करेंगे तब हमारी तैयारी क्या है?
उन्होंने कहा कि हम दूसरे देशों पर निर्भर होते जा रहे हैं. हम खाद के लिए दूसरे देशों पर निर्भर हैं… जिस देश के साथ हमारी जमीन को लेकर लड़ाई है हम लगातार उसके साथ व्यापार बढ़ा रहे हैं.
असम ने खोया संगीत का सितारा, जुबिन गर्ग के निधन पर 3 दिन का शोक
20 Sep, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर जुबिन गर्ग की बीते शुक्रवार को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान मौत हो गई. उनकी मौत से म्यूजिक इंडस्ट्री के साथ-साथ फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है. असम के मशहूर सिंगर सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में 20 सितंबर को परफॉर्म करने वाले थे. लेकिन उससे पहले ही ये हादसा हो गया. इस खबर से सिंगर के फैंस सदमे में हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
इस बीच असम सरकार ने में सिंगर जुबिन गर्ग के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है. मुख्य सचिव रवि कोटा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इस बात की जानकारी दी. उन्होंने कहा ‘असम सरकार मशहूर गायक, फिल्म निर्माता और सांस्कृतिक हस्ती जुबिन गर्ग के निधन पर गहरा शोक और दुख व्यक्त करती है’.
’20 से 22 सितंबर तक राजकीय शोक घोषित
मुख्य सचिव ने पोस्ट में आगे कहा ’20 से 22 सितंबर तक राजकीय शोक घोषित किया गया है. इस दौरान कोई भी आधिकारिक मनोरंजन, रात्रिभोज या औपचारिक समारोह नहीं होंगे’. उन्होंने कहा कि सम्मान स्वरूप सेवा सप्ताह कार्यक्रम भी स्थगित रहेंगे. उन्होंने कहा, ‘हालांकि, स्वास्थ्य शिविर, टीबी रोगियों के लिए निक्षय मित्र सहायता और वृक्षारोपण अभियान जैसी सेवा-उन्मुख गतिविधियां जारी रहेंगी’.
सीएम ने की सिंगापुर के उच्चायुक्त से बात
इधर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा’ मैंने सिंगापुर के उच्चायुक्त, साइमन वोंग से बात की और हमारे प्रिय ज़ुबीन गर्ग के असामयिक निधन के कारणों की विस्तृत जांच का अनुरोध किया उन्होंने मुझे इस संबंध में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है.
जुबिन के परिवार को पार्थिव शरीर का इंतजार
इस बीच, जुबिन का शोकाकुल परिवार शनिवार (20 सितंबर) को सिंगापुर से गुवाहाटी में उनके पार्थिव शरीर को लाए जाने का इंतजार कर रहा है. अल्जाइमर रोग से पीड़ित उनके पिता मोहिनी मोहन बोरठाकुर (85) शहर के काहिलीपारा में स्थित अपने आवास पर गमगीन दिखाई दिए जबकि जुबिन की पत्नी भी शोकाकुल नजर आईं. गर्ग के घर पर लोगों की आवाजाही लगी हुई है.
शनिवार सुबह गुवाहाटी पहुंचे जुबिन के चाचा मनोज कुमार बोरठाकुर ने कहा ‘दादा (जुबिन के पिता) को अल्जाइमर रोग है. वह मधुमेह के भी मरीज हैं और कल यह खबर मिलने के बाद उनके रक्त शर्करा स्तर में अचानक वृद्धि हुई. लेकिन अब उनकी हालत नियंत्रण में है’. पूर्व नौकरशाह और प्रख्यात लेखक-कवि मोहिनी मोहन बोरठाकुर के लिए अपने सबसे करीबी लोगों को खोना एक त्रासदी है.
जुबिन की बहन जोंगकी सड़क हादसे में हुई थी मौत
कुछ साल पहले उनकी पत्नी, इली बोरठाकुर का निधन हो गया था. उनकी एक बेटी जोंगकी अभिनेत्री और गायिका थीं, जिनकी 2002 में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. जुबिन की मृत्यु के बाद, बोरठाकुर के परिवार में अब एक ही संतान पाल्मे हैं, जो यहां एक निजी विश्वविद्यालय में भूगोल पढ़ाते हैं.
जांच में गड़बड़ी या दबाव? एयर इंडिया विमान हादसे की रिपोर्ट पर उठे सवाल
20 Sep, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका (पीआईएल) दायर कर 12 जून को एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई171 के दुर्घटनाग्रस्त होने की अदालत की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराये जाने का अनुरोध किया गया है. कैप्टन अमित सिंह (एफआरएईएस) के नेतृत्व वाले विमानन सुरक्षा एनजीओ ‘कॉन्स्टिट्यूशन बाय सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन’’ की ओर से यह याचिका दायर की गई है.
याचिका में ये आरोप लगाया गया है कि आधिकारिक जांच नागरिकों के जीवन, समानता और असल जानकारी तक पहुंच के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करती है. विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने 12 जुलाई को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें दोनों इंजनों के ईंधन नियंत्रण स्विच एक सेकंड के अंतराल में ‘रन’ से ‘कटऑफ’ स्थिति में चले गए थे, जिसके कारण विमान की ऊंचाई में तत्काल कमी आ गई.
रिपोर्ट में छिपाई गई महत्वपूर्ण जानकारी
इसमें आरोप लगाया गया है कि रिपोर्ट में महत्वपूर्ण जानकारी को छिपाया गया है, जिसमें पूर्ण ‘डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर’ (डीएफडीआर) आउटपुट, ‘कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) ट्रांसक्रिप्ट’ और ‘इलेक्ट्रॉनिक एयरक्राफ्ट फॉल्ट रिकॉर्डिंग’ (ईएएफआर) डेटा शामिल हैं.
जनहित याचिका में प्रणालीगत विसंगतियों को कम करके आंकने और दुर्घटना के लिए समय से पहले पायलट की गलती को जिम्मेदार ठहराने के लिए रिपोर्ट की आलोचना की गई है. लंदन जाने वाले बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान ने 12 जून को अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद ही गति खोनी शुरू कर दी थी और वह एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.
विमान हादसे में 242 लोगों में विश्वाशकुमार रमेश बचे
इस दुर्घटना में विमान में सवार 242 लोगों में से एक को छोड़कर बाकी सभी की मौत हो गई थी. हादसे में मारे गये 241 लोगों में से 169 भारतीय, 52 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली नागरिक, एक कनाडाई और 12 चालक दल के सदस्य शामिल थे. दुर्घटना में चमत्कारिक रूप से जीवित बचे एकमात्र व्यक्ति विश्वाशकुमार रमेश थे, जो एक ब्रिटिश नागरिक हैं.
21 सितंबर: कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया ताजा पूर्वानुमान
20 Sep, 2025 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: देशभर से एक ओर जहां मॉनसून की विदाई हो रही है, वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में भारी बारिश के कारण लोगों को काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और बादल फटने के कारण भीषण तबाही हुई है। महाराष्ट्र में हो रही भारी बारिश के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। राजस्थान में मानसून की विदाई के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को यह जानकारी दी। जानतें हैं कल आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम...
भारत मौसम विभाग के अनुसार, म्यांमार-बांग्लादेश तटों के पास बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में 25 सितंबर के आसपास एक नया कम दबाव वाला क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से, ओडिशा में 23-26 के दौरान, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ स्थानों पर 24-26 सितंबर के दौरान भारी वर्षा की संभावना है। वहीं उत्तर-पूर्वी भारत में कुछ स्थानों पर अगले 4-5 दिनों तक भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में दिल्ली-एनसीआर के तापमान में कुछ खास बदलाव नहीं हुआ है। साथ ही 23 सितंबर तक आसमान साफ रहेगा। यानी इस दौरान लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। 21 सितंबर को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक-दो डिग्री अधिक रहेगा। शाम और रात के समय हवा की गति कम होकर 15 किलोमीटर प्रति घंटे से कम हो जाएगी।
यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में मौसम फिर से करवट ले रहा है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में आज हल्की बारिश हुई है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, अब आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। 25 सितंबर तक राज्य में कहीं भी बारिश होने के आसार नहीं है। इस अवधि तक पश्चिमी यूपी में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा, जिसकी वजह से पूर्वी यूपी की तुलना में पश्चिमी यूपी में ज्यादा गर्मी पड़ सकती है।
बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 20 सितंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। लेकिन 21 सितंबर को राज्य में कही भी बारिश की संभावना नहीं है।
राजस्थान में मानसून की विदाई के बीच भारी बारिश
राजस्थान में मानसून की विदाई के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को यह जानकारी दी। गुरुवार से शुरू हुई बारिश शुक्रवार देर शाम तक जारी रही और उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सप्ताहांत में आठ जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने कहा कि सप्ताहांत में बूंदाबारी जारी रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में कल कैसा रहेगा मौसम?
मॉनसून की विदाई के लिए इंतजार करना होगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आमतौर पर सितंबर के आखिरी दिनों में मॉनसून की विदाई होती है लेकिन यहां अभी भी बारिश हो रही है। इस साल सामान्य से अधिक बारिश हुई है और अब लोग बारिश से त्रस्त हो गए हैं। जिस कारण लोग अब मॉनसून की विदाई का इंतजार कर रहे हैं । फिलहाल बारिश के दौर को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से मॉनसून की तिथि घोषित नहीं की गई है।
उत्तर और पूर्व भारत में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश व पूर्वी राजस्थान में 20 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 20–24 सितंबर के बीच भारी वर्षा का अनुमान है।
पश्चिमी भारत और मॉनसून की वापसी
IMD के अनुसार, मराठवाड़ा, गुजरात और कोंकण-गोवा में 20, 25 और 26 सितंबर को भारी बारिश का अंदेशा है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों से अगले 2–3 दिनों में शुरू हो सकती है।
मछुआरों के लिए चेतावनी
IMD ने मछुआरों के लिए अलर्ट जारी किया है। 20–25 सितंबर तक पश्चिम-मध्य/दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, श्रीलंका तट, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में समुद्र में न जाएं। तेज हवाएं (30–40 किमी/घंटा) और ऊंची लहरों का खतरा रहेगा।
आत्मनिर्भर भारत से मिटेंगे सारे कष्ट” – पीएम मोदी ने गुजरात में किया आह्वान
20 Sep, 2025 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात दौरे पर हैं, यहां वे समुद्र से समृद्धि कार्यक्रम में भाग लेंगे और भावनगर से 34,200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी. पीएम भावनगर एयरपोर्ट से रोड शो करते हुए जवाहर ग्राउंड पहुंचे. यहां वे एक जनसभा को संबोधित किया.
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये कार्यक्रम तो भावनगर में हो रहा है, लेकिन ये कार्यक्रम पूरे हिंदुस्तान का है. पूरे भारत में समुद्र से समृद्धि से जाने की ओर हमारी दिशा क्या है, उसके लिए आज इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का केंद्र भावनगर को चुना गया है. उन्होंने गुजरात और भावनगर के लोगों को बधाई दी.
पीएम मोदी ने जनसभा में कहा कि भारत आज विश्व बंधु की भावना से लगातार आगे बढ़ रहा है. दुनिया में हमारा कोई दुश्मन नहीं है. सच में अगर हमारा कोई दुश्मन है तो वो है दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता, यह हमारा दुश्मन है. हमें मिलकर भारत के इस दुश्मन को हराना है. उन्होंने कहा कि चिप हो या फिर शिप दोनों ही भारत को बनाते हैं. उन्होंने कहा कि 100 दुखों की एक दवा, वो आत्मनिर्भर भारत है.
पीएम मोदी ने बोला कांग्रेस पर हमला
पीएम ने कहा कि भारत में सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत के हर सामर्थ्य को नजरअंदाज किया, इसलिए आजादी के 6-7 दशकों बाद भी भारत वो सफलता हासिल नहीं कर पाया, जिसके हम हकदार थे. इसके दो बड़े कारण रहे- लंबे समय तक कांग्रेस सरकार ने देश को लाइसेंस कोटा राज में उलझाए रखा और दुनिया के बाजार से अलग-थलग रखा. कांग्रेस सरकार की नीतियों ने देश के नौजवानों का बहुत नुकसान किया.
इस साल बाजारों में आएगी रौनक- मोदी
पीएम ने कहा कि आज मैं भावनगर ऐसे समय में आया हूं जब नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होने वाला है. इस साल जीएसटी में कमी के साथ, बाजारों में और भी रौनक आने वाली है. इस उत्सवी माहौल के बीच, हम ‘समुद्र से समृद्धि’ का भव्य उत्सव भी मना रहे हैं.
आप लोगों की शुभकामनाएं मेरी संपत्ति- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती से हनुमान जयंती तक, देश भर में लाखों लोग सेवा पखवाड़ा मना रहे हैं. गुजरात में भी, इस दौरान कई पहल की गईं . रक्तदान शिविरों से लेकर बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान तक, जिनमें लाखों लोगों ने भाग लिया. समाज की सेवा के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए हैं.
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को आप सबने अपने नरेन्द्र भाई को जो शुभकामनाएं भेजी हैं, देश और दुनिया से जो मुझे शुभकामनाएं मिली हैं. व्यक्तिगत तौर पर सबका धन्यवाद करना संभव नहीं है, लेकिन भारत के कोने-कोने से, विश्व भर से ये जो प्यार मिला है, आशीर्वाद मिले हैं. ये मेरी बहुत बड़ी संपत्ति है, ये मेरी बहुत बड़ी ताकत है. इसलिए मैं आज सार्वजनिक रूप से देश और दुनिया के सभी महानुभावों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.
PM मोदी अहमदाबाद जिले के लोथल में नेशनल मरीन हेरिटेज कॉम्प्लेक्स (NMHC) का दौरा करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात भावनगर पहुंच चुके हैं. उन्होंने भावनगर में एक रोड शो किया. इस दौरान सड़क के दोनों तरफ मौजूद लोग मोदी-मोदी के नारे लगा रहे थे. पीएम मोदी ने जनता का अभिवादन किया.
प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 1:30 बजे एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे और लोथल स्थित राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का दौरा करेंगे. भावनगर के बाद प्रधानमंत्री धोलेरा का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. भावनगर में पीएम मोदी के स्वागत के लिए उनके बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं.
कार्यक्रम से पहले क्या बोले पीएम मोदी?
गुजरात में होने वाले कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘आज, 20 सितंबर, भारत के समुद्री क्षेत्र और आत्मनिर्भरता की दिशा में हमारे प्रयासों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है. सुबह लगभग 10:30 बजे, भावनगर में ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में भाग लूंगा. 34,200 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का उद्घाटन या शिलान्यास किया जाएगा. इनसे पूरे भारत के लोगों को लाभ होगा. शिपिंग क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख नीतियों पर भी हमारा ध्यान केंद्रित रहेगा.’
लोथल का दौरा करेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (एनएचएमसी) का भी दौरा करेंगे और उसकी प्रगति की समीक्षा करेंगे. इस परिसर का विकास लगभग 4,500 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है. इसका उद्देश्य भारत की प्राचीन समुद्री परंपराओं का संरक्षण करना तथा पर्यटन, अनुसंधान, शिक्षा और कौशल विकास के केंद्र के रूप में कार्य करना है.
जल संकट से मिलेगी राहत, सिंधु जल संधि के निलंबन का मिलेगा फायदा: मनोहर लाल
20 Sep, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि के निलंबन से अगले एक से डेढ़ वर्ष में दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान को पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जाएगा।
अगले डेढ़ वर्ष में यह जल दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान को उपलब्ध होगा
मनोहर लाल दिल्ली के नए ड्रेनेज मास्टर प्लान के अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिंधु जल संधि के तहत भारत का जल पाकिस्तान चला जाता था, लेकिन अब यह भारत में उपयोग किया जाएगा। अगले डेढ़ वर्ष में यह जल दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान को उपलब्ध होगा।
हथनी कुंड बैराज के पास डैम बनाने का निर्णय लिया
उन्होंने कहा कि मानसून में हिमाचल प्रदेश से अधिक जल आने पर हथनी कुंड बैराज से यमुना में जल डालना आवश्यक है, अन्यथा बैराज क्षतिग्रस्त हो जाएगा और दिल्ली में बाढ़ की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। इसके समाधान के लिए हथनी कुंड बैराज के पास डैम बनाने का निर्णय लिया गया है। शीघ्र ही इसका काम शुरू होगा।
कहा कि यमुना की सफाई और जल संकट को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में रेणुकाजी बांध परियोजना, उत्तराखंड में लखवार बांध परियोजना और उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश किशाऊ बांध परियोजना का काम पूरा होने से भी दिल्ली को पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध होगा।
मुंबई को मिला देश का सबसे बड़ा क्रूज टर्मिनल, पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण
20 Sep, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को मुंबई के इंदिरा डाक पर बने मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल (एमआइसीटी) का उद्घाटन करेंगे। यह टर्मिनल समुद्री यात्रा करने वालों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए बनाया गया है।
भारत का सबसे बड़ा विश्व स्तरीय क्रूज टर्मिनल
एमआइसीटी भारत का सबसे बड़ा विश्व स्तरीय क्रूज टर्मिनल है। इसकी प्रथम दो मंजिलों (जी- प्लस 1) पर 2,07,000 वर्ग फीट क्षेत्र में फैले 72 चेक-इन और इमिग्रेशन काउंटर हैं। जबकि अन्य दो मंजिलों (2 प्लस-3) को वाणिज्यिक मंजिलों के रूप में विकसित किया गया है।
नवनिर्मित एमआइसीटी को प्रति वर्ष लगभग 10 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता के साथ डिजाइन किया गया है। यह 11 मीटर ड्राफ्ट और 300 मीटर तक की लंबाई के साथ एक साथ पांच जहाजों को भी संभाल सकता है। पार्किंग स्थल पर एक साथ 300 से अधिक वाहन पार्क किए जा सकते हैं।
एमआइसीटी को एक लहरदार छत के साथ डिजाइन किया
एमआइसीटी को एक लहरदार छत के साथ डिजाइन किया गया है। यह अपनी विशिष्ट वास्तुकला के साथ समुद्री पहचान को दर्शाती है। एमआइसीटी के आधुनिक डिजाइन में वास्तुकला, गुलाबी सुनहरे रंग के अलंकरण और एक विस्तृत छत शामिल है। इसका भव्य प्रवेश द्वार जहां मुंबई की विरासत से प्रेरणा लेता दिखाई देता है, वहीं घुमावदार बैठने की व्यवस्था, सेल्फी प्वाइंट और समुद्री पट्टिकाओं वाले आकर्षक इंटीरियर बहुत खास है।
इसी वर्ष अप्रैल में केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने एमआइसीटी पर ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के बाद कहा था कि यह टर्मिनल मुंबई को प्रमुख यात्री हब के रूप में स्थापित करेगा। एमआइसीटी परियोजना में कुल 556 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
पीएम कई विकास परियोजनाओं की करेंगे शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को गुजरात में 'समुद्र से समृद्धि' कार्यक्रम में भाग लेंगे और भावनगर से 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। पीएम मोदी धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और बाद में लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का दौरा करेंगे।
एक बयान में कहा गया है कि समुद्री क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए मोदी समुद्री क्षेत्र से संबंधित 7,870 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएम श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह, कोलकाता में एक नए कंटेनर टर्मिनल, संबंधित सुविधाओं तथा पारादीप बंदरगाह पर विभिन्न सुविधाओं और संबंधित विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे।
कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे
बयान में कहा गया कि समग्र और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप पीएम मोदी गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी केंद्र और राज्य सरकार की 26,354 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
लोको पायलट की वर्दी में 36 साल: सुरेखा यादव की बेमिसाल यात्रा
20 Sep, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। तमाम बाधाओं को पार करते हुए एशिया की पहली महिला लोको पायलट बनने वाली सुरेखा यादव 36 वर्षों की सेवा के बाद इस माह के अंत में सेवानिवृत्त हो जाएंगी। मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यादव की 1989 में भारतीय रेलवे में भर्ती हुई थी। वह अगले वर्ष सहायक चालक बनीं और उन्होंने एशिया की पहली महिला ट्रेन चालक बनकर इतिहास रच दिया।
महाराष्ट्र के सतारा जिले में जन्मीं सुरेखा ने रेलवे से जुड़ने से पहले इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। उन्होंने 1996 में एक मालगाड़ी चलाई और 2000 तक उन्हें 'मोटर वुमन' के पद पर पदोन्नत कर दिया गया। बाद में मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन संभाला।
सोलापुर से सीएसएमटी तक चलाई पहली वंदे भारत एक्सप्रेस
पिछले कई वर्षों से वह विभिन्न मार्गों पर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन कर रही हैं। उन्हें 13 मार्च, 2023 को सोलापुर से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) तक पहली वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का गौरव प्राप्त है।
महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण
उन्होंने गुरुवार को इगतपुरी और सीएसएमटी के बीच हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली)-सीएसएमटी मार्ग पर राजधानी एक्सप्रेस चलाकर अपना अंतिम कार्य पूरा किया। उनका करियर महिला सशक्तीकरण का एक सशक्त प्रतीक रहा है।
राहत और बचाव कार्य के बीच हुआ चमत्कार.....16 घंटे के बाद मलबे से एक व्यक्ति को जिंदा निकाला
19 Sep, 2025 10:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चमोली। उत्तराखंड के चमौली जिले के नंदानगर में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण हुई भीषण आपदा के बीच राहत और बचाव कार्य दूसरे दिन भी जारी हैं। आपदा में चमत्कारिक घटना सामने आई, जहां 16 घंटे तक मलबे में दबे रहने के बाद एक व्यक्ति को जिंदा बचाया है। इसके अलावा, बीती रात बारिश और मलबे की चपेट में आए एक घर से लोगों की मदद से एक महिला को भी सुरक्षित निकला गया है।
पुलिस, जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें कुंतरी और धूर्मा गांव जैसे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए प्रयासरत हैं। बचाए गए लोगों को तुरंत जरुरी उपचार प्रदान कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
चमोली पुलिस ने जानकारी साझा कर कहा, कुंतरी और धूर्मा गांव आपदा प्रभावित क्षेत्र में मलबे में दबे व्यक्तियों को निकालने के लिए दूसरे दिन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।
साथ ही, चमौली पुलिस ने जिले के मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति के बारे में भी जानकारी दी। पुलिस ने बताया, जनपद चमौली के यात्रा संबंधी सभी मार्ग खुले हैं। जनपद में बादल छाए हुए हैं। मार्ग की स्थिति और मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही अपनी यात्रा शुरू करें। आपकी सुरक्षित और सफल यात्रा के लिए चमौली पुलिस सदैव तत्पर है।
जिला प्रशासन की अनूठी पहल, नहरों के पानी से लबालब हुए 450 तालाब
ईंट निर्माण कार्य से आत्मनिर्भर बन रही हैं समूह की महिलाएं
महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार
प्रदेश में जंगली भैंसा प्रजाति का पुनर्स्थापन एक ऐतिहासिक अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सही दवा-शुद्ध आहार' अभियान में जगदलपुर के चाट-गुपचुप सेंटरों और कॉस्मेटिक्स दुकानों का हुआ निरीक्षण
वन मंत्री केदार कश्यप ने भरा ऑनलाइन स्व-गणना पत्रक, नागरिकों से सहभागिता की अपील
एमपी टूरिज्म को मिला “लीडिंग टूरिज्म डेस्टीनेशन” का प्रतिष्ठित सम्मान
मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दे रहा है नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सुकमा में तेंदूपत्ता संग्रहण तेज़ी से जारी, 35 हजार से अधिक बोरे का हुआ संग्रहण
