देश
सीजेआई गवई की मां कमलताई आरएसएस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, क्या हैं इसके मायने?
29 Sep, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में इस बार विजयादशमी कार्यक्रम के लिए एक खास आमंत्रण दिया है। संघ ने भारत के मौजूदा चीफ जस्टिस (सीजेआई) भूषण रामकृष्ण गवई की मां कमलताई गवई को मुख्य अतिथि बनाया है। महाराष्ट्र के अमरावती में होने वाले इस आयोजन को संघ की रणनीतिक सोच से जोड़कर देखा जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संघ का यह आमंत्रण ऐसे समय आया है, जब हाल ही में सीजेआई गवई की एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। खजुराहो स्थित जावरी मंदिर से जुड़ी याचिका पर उनकी टिप्पणी की आलोचना हुई और उन पर हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लगे। मामला सोशल मीडिया पर जातीय बहस में भी बदल गया। इसके बाद गवई ने स्पष्ट किया कि वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। ऐसे में उनकी मां को आरएसएस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया जाना महत्त्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।
गौरतलब है कि कमलताई गवई, पूर्व राज्यपाल और अंबेडकरवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता आरएस गवई की पत्नी हैं। विदर्भ क्षेत्र में उन्होंने डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर स्मारक भूमि, दीक्षाभूमि के विकास और बौद्ध मेमोरियल के निर्माण में अहम भूमिका निभाई थी। गवई परिवार लंबे समय से दलित राजनीति और अंबेडकरवादी आंदोलन से जुड़ा रहा है।
आरएसएस की परंपरा रही है कि वह अपने बड़े आयोजनों में ऐसे लोगों को जगह देता है, जो उसकी विचारधारा से सीधे तौर पर नहीं जुड़े होते, लेकिन समाज में प्रभावशाली हैं। इससे संघ खुद को समावेशी और व्यापक स्वीकार्यता वाला संगठन बताने की कोशिश करता है।
यही कारण है कि इससे पहले भी कई बार संघ ने ऐसी शख्सियतों को अपने मंच पर आमंत्रित किया जिससे सभी चौंक गए थे। ऐसे ही नामों में प्रणब मुखर्जी (पूर्व राष्ट्रपति), डॉ. कोप्पिल्लील राधाकृष्णन (पूर्व इसरो प्रमुख), शंकर महादेवन (गायक-संगीतकार), संतोष यादव (एवरेस्ट पर दो बार चढ़ने वाली पहली महिला पर्वतारोही, आएसएस कार्यक्रम में पहली महिला मुख्य अतिथि), जनरल रूकमंगुड कटवाल (नेपाल के पूर्व सेना प्रमुख), जेपी राजखोवा (असम के पूर्व मुख्य सचिव) और प्रमुख उद्योगपति डॉ. गंगा राजू शामिल हैं।
इस बार नागपुर मुख्यालय में होने वाले विजयादशमी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे, जबकि अमरावती में कमलताई गवई का मुख्य अतिथि बनना राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
अब और ताकतवर बनेगा एस-400 आसमान में करीब 40 किमी एरिया को बना देगा अभेद
29 Sep, 2025 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर में धूम मचाने वाले एस-400 ने पाकिस्तान के किसी भी मंसूबे को सफल नहीं होने दिया था। भारत का जबरदस्त सुरक्षा कवच कहा जाने वाला एयर डिफेंस सिस्टम अब और अधिक ताकतवर होने जा रहा है। यह सिस्टम आसमान में 40 किमी के दायरे को ऐसा अभेद किला बना देगा। आसपास आने वाले फाइटर जेट, ड्रोन और हेलिकॉप्टर को वहीं के वहीं कुछ ही क्षणों में ध्वस्त कर देगा।
रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत ने रूस के साथ अतिरिक्त 40एन6 अल्ट्रा-लॉन्ग-रेंज इंटरसेप्टर मिसाइलों की खरीद को लेकर बातचीत शुरू कर दी है। यह मिसाइलें पहले से तैनात एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम का हिस्सा होंगी। इससे एस-400 की ताकत में और इजाफा होगा। 40एन6 आसमान में ही बैलिस्टिक मिसाइल और फाइटर जेट को तबाह करने में सक्षम है। 40एन6 इंटरसेप्टर मिसाइल्स के बेड़े में शामिल होने से दुश्मनों के लिए भारत के हवाई क्षेत्र को भेद पाना काफी मुश्किल होगा। हवाई सीमा मजबूत किले की तरह अभेद्य हो जाएगी। विशेषज्ञों का कहना है कि 40एन6 मिसाइलों की नई खेप भारत की सामरिक हवाई रक्षा पहुंच को और अधिक बढ़ा देगी। यह न केवल निगरानी और निवारक क्षमता को मजबूत करेगी, बल्कि संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में महत्वपूर्ण ठिकानों, एयरबेस और कमांड सेंटरों को अतिरिक्त सुरक्षा भी प्रदान करेगी। इन मिसाइलों की तैनाती से भारत अपने विरोधियों के लिए हवाई ‘नो-गो जोन’ तैयार करने में और अधिक सक्षम होगा। कुल मिलाकर, अतिरिक्त 40एन6 मिसाइलों की संभावित खरीद भारत की रक्षा नीति में एक और बड़ा कदम है, जो आने वाले वर्षों में क्षेत्रीय शक्ति संतुलन को प्रभावित कर सकता है।
बता दें कि भारत ने वर्ष 2018 में 5.43 अरब डॉलर की लागत से पांच रेजिमेंट एस-400 सिस्टम खरीदने का समझौता किया था। सितंबर 2025 तक भारत को चार रेजिमेंट मिल चुकी हैं और वे पूरी तरह से ऑपरेशनल हो चुकी हैं। पांचवीं रेजिमेंट 2026–27 तक मिलने की संभावना है। मौजूदा तैनाती भारत के पश्चिमी और पूर्वी मोर्चों को कवर करती है, जिससे पाकिस्तान और चीन दोनों से आने वाले हवाई खतरों के खिलाफ मजबूत सुरक्षा कवच तैयार हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि मई 2025 में भारतीय बलों ने सीमा के करीब ऑपरेट कर रहे पाकिस्तान के एक आईएसआर विमान को 40एन6 से निशाना बनाया था। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना इस हथियार को एक मजबूत डेटरेंस टूल (निवारक हथियार) के रूप में स्थापित करती है, खासकर उन प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ जो विवादित इलाकों में लंबे समय तक गश्त करते रहते हैं।
मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर
29 Sep, 2025 11:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
8 लाख का इनामी श्रवण भी मारा गया
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धमतरी और ओडिशा की सीमा पर रविवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में जवानों ने 3 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। 2 पुरुष और एक महिला नक्सली का शव बरामद किया गया है। मौके से स्रुक्र, थ्री नॉट थ्री राइफल और 12 बोर बंदूक मिली है। कांकेर स्क्क कल्याण एलिसेला ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के तियारपानी के जंगलों में मुठभेड़ हुई है। सूचना के आधार पर कांकेर डीआरजी, बीएसएफ और गरियाबंद पुलिस सर्च ऑपरेशन पर निकली थी, तभी जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला। आशंका जताई जा रही है कि जंगल में और भी नक्सली छिपे हो सकते हैं। इलाके में रुक-रुककर फायरिंग जारी है। मारे गए 3 नक्सलियों में सीतानदी एरिया कमेटी का कमांडर श्रवण ढेर और नगरी एरिया कमेटी का डिप्टी कमांडर राजेश भी ढेर हुआ है। श्रवण पर 8 लाख, राजेश पर 5 लाख और बसंती पर 1 लाख का इनाम था।
करूर भगदड़: सीबीआई जांच मांगी, मद्रास हाई कोर्ट पहुंची एक्टर विजय की पार्टी टीवीके, अब तक 40 की मौत
29 Sep, 2025 10:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेन्नई: अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने करूर में हुई भगदड़ की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच के लिए मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस भगदड़ में 40 लोगों की मौत हो गई थी। उधर, भगदड़ में घायल एक व्यक्ति ने रविवार को मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अनुरोध किया कि डीजीपी को निर्देश दिया जाए कि वह घटना की जांच होने तक टीवीके और उसके नेता विजय को कोई सार्वजनिक बैठक, रैली या राजनीतिक सभा आयोजित करने की अनुमति न दें। टीवीके के उप महासचिव सीटीआर निर्मल कुमार ने रविवार को कहा कि पार्टी की याचिका को मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै बेंच के सामने सोमवार को दोपहर 2.15 बजे तत्काल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
निर्मल कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि करूर त्रासदी की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग वाली हमारी याचिका पर 29 सितंबर को दोपहर में मदुरै पीठ के समक्ष सुनवाई होगी। इससे पहले निर्मल कुमार के नेतृत्व में टीवीके वकीलों की एक टीम ने जस्टिस एम. धंदापानी के घर का दौरा किया और पीडि़तों के लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक हस्तक्षेप का आग्रह किया। टीम ने अदालत से स्वतंत्र जांच का निर्देश देने का अनुरोध किया।
मृतकों के परिवारों को 20-20 लाख देंगे अभिनेता
तमिलनाडू। करूर में भगदड़ के बाद तमिलगा वित्रा कजगम (टीवीके) चीफ और एक्टर विजय ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि इस रैली में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवारों को 20-20 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपए देने का ऐलान किया था।
पीएम राहत कोष से मिलेंगे दो-दो लाख
पीएम मोदी ने तमिलनाडु के करूर में राजनीतिक रैली में हुए दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
पालघर में बिजली गिरी, 6 लोग घायल
29 Sep, 2025 09:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। यहां भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पालघर में देर रात बिजली गिरने की घटना में 6 लोग घायल हो गए।
वहीं हैदराबाद में 26 सितंबर को एक दिन में 194.1 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य 38.2 मिमी से 408 प्रतिशत ज्यादा थी। लगातार बारिश और उस्मान सागर व हिमायत सागर से पानी छोड़े जाने के कारण मूसी नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। आसपास रिहायशी कॉलोनियों में पानी भर गया। 1000 लोगों का रेस्क्यू किया गया। इधर, पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा उत्सव पर भी बारिश का साया मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में नया लो प्रेशर क्षेत्र बनेगा, जिससे अगले सात दिन तक दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश होगी।
फैक्टरी में धमाका, तीन मजदूर झुलसे
29 Sep, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिजनौर। नहटौर थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर स्थित पटाखा फैक्ट्री में रविवार सुबह अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि उसकी आवाज करीब दस किलोमीटर दूर तक सुनी गई। अचानक हुए धमाके से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। फैक्ट्री के आसपास धुएं का गुबार उठता देखा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी। नहटौर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पटाखा फैक्टरी का लाइसेंस सीकरी बुजुर्ग निवासी भूदेव सिंह के नाम है। आशीष समेत कई घायलों को अस्पताल भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
कोटि-कोटि नमन! देवी मां की कृपा से सबके जीवन में आत्मबल का संचार हो: पीएम
28 Sep, 2025 05:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की विशेष उपासना का जिक्र करते हुए एक्स पर पोस्ट शेयर किया। उन्होंने मां से सभी के जीवन में आत्मबल के संचार की कामना की। मोदी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि देवी मां के चरणों में कोटि-कोटि प्रणाम। उनसे प्रार्थना है कि वे सभी को अदम्य साहस और उत्तम स्वास्थ्य का आशीष प्रदान करें। उनकी कृपा से सबके जीवन में आत्मबल का संचार हो।
पीएम मोदी नवरात्रि के पहले दिन से ही रोजाना माता के कई स्वरूपों की उपासना का उल्लेख सोशल मीडिया के जरिए कर रहे हैं। नवरात्रि के छठे दिन उन्होंने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा- नवरात्रि में देवी मां को शीश झुकाकर नमन! उनकी कृपा से हर किसी के जीवन में आत्मविश्वास का संचार हो। माता का आशीष सभी भक्तों को प्राप्त हो, यही कामना है। नवरात्रि का सातवां दिन मां दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप को समर्पित है। मां कालरात्रि को भय और अंधकार का नाश करने वाली देवी माना जाता है। इनकी पूजा से भक्तों को भय, नकारात्मक शक्तियों और बाधाओं से मुक्ति मिलती है। मां कालरात्रि का स्वरूप उग्र होने के बावजूद भक्तों के लिए कल्याणकारी है। इस दिन भक्त विशेष रूप से रात में पूजा-अर्चना करते हैं और मां को गुड़, शहद या मिठाई का भोग लगाते हैं।
पूजा पंडाल आयोजकों ने लगाया ऑपरेशन सिंदूर के लाइट शो को रोकने का आरोप
28 Sep, 2025 04:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मूर्ति समय से पहले विसर्जन करने की दी धमकी, पुलिस आयुक्त ने किया खंडन
कोलकाता। कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल के आयोजकों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित लाइट एंड साउंड शो को रोकने की कोशिश की। बीजेपी ने धमकी दी कि अगर दबाव की रणनीति बंद नहीं हुई तो वह पंडाल को बंद कर देंगे और मूर्ति का समय से पहले विसर्जन कर देंगे। वहीं पुलिस आयुक्त ने इन आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल सार्वजनिक सुरक्षा के लिए चिंतित है क्योंकि संकरी जगह में भारी भीड़ जमा हो जाती है जिससे लोगों को आने जाने में दिक्कत हो रही है।
कोलकाता नगर निगम के पार्षद सजल घोष ने पंडाल के मैदान में दावा किया कि पुलिस ने शो को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए। इस शो में आतंकवादियों की ओर से पहलगाम नरसंहार, पीएम मोदी का संबोधन और भारत की ओर से पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर जवाबी हमला दिखाया गया था। यह शो केवल तीन से चार मिनट का था। घोष ने कहा कि शहर और राज्य में अन्य स्थानों पर पहले और इस उत्सव के दौरान भी कई लाइट एंड साउंड शो आयोजित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रास्ते को संकरा कर दिया है, जिससे लोगों को दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर आयोजकों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद भी शो चलाने की इजाजत नहीं दी, तो वे लाइट बंद कर देंगे। देवी के चेहरे पर काले कपड़े डाल देंगे और पुजारियों से सलाह लेने के बाद विजय दशमी से पहले मूर्ति का विसर्जन कर देंगे।
भारतीय सेना ड्रोन, रोबोट और मिसाइलों से चौंकाएगी सारे विश्व को
28 Sep, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली,। भारतीय सेना आने वाले वर्षों में विश्व को अपनी अत्याधुनिक तकनीकी ताकत से चौंकाने वाली है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ऐसे ह्यूमनॉइड रोबोट तैयार कर रहा है, जो युद्धक्षेत्र में सैनिकों की तरह काम कर सकेंगे और खतरनाक मिशनों में उनकी जान को जोखिम से बचाएंगे। आधिकारिक जानकारी अनुसार इस परियोजना पर पुणे स्थित रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (इंजीनियर्स) प्रयोगशाला काम कर रही है। इसका लक्ष्य 2027 तक भारतीय सेना को इन उन्नत रोबोटिक सैनिकों से लैस करना है।
बताया जा रहा है कि ये रोबोट मानव जैसी बनावट और गतिविधियों से लैस होंगे। ये जंगल, पहाड़ और रेगिस्तान जैसे कठिन इलाकों में तैनात किए जा सकेंगे। इनकी खासियत यह होगी कि ये विस्फोटक और खतरनाक सामग्रियों को संभालने के साथ ही निष्क्रिय करने, बाधाएं पार करने, दरवाजे व वाल्व खोलने जैसे जटिल कार्य आसानी से कर सकेंगे। इसके अलावा, ये इंसानों की तरह चलने, संतुलन बनाने और वस्तुओं को पकड़ने व लाने-लेजाने में सक्षम होंगे। रोबोट में अत्याधुनिक सेंसर और डेटा फ्यूजन तकनीक होगी, जिससे यह अपने आसपास के माहौल को समझ सकेगा। इसमें 24 डिग्री ऑफ फ्रीडम वाले हल्के हाथ लगाए जाएंगे, जिनसे यह खतरनाक सामग्रियों को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित कर सकेगा। रोबोट में फॉल और पुश रिकवरी की क्षमता भी होगी, यानी गिरने या धक्का लगने पर यह खुद को संभाल सकेगा।
तकनीकी विशेषताएं
यह ह्यूमनॉइड रोबोट दिन और रात, घर के अंदर व बाहर दोनों परिस्थितियों में काम करेगा। इसमें ऑडियो-विजुअल धारणा प्रणाली होगी, जिससे यह देखने और सुनने की क्षमता रखेगा। इसके अलावा, सिमुल्टेनियस लोकलाइजेशन एंड मैपिंग (स्लम) तकनीक के जरिए यह स्वायत्त रूप से रास्ता तय कर सकेगा और वास्तविक समय में नक्शा तैयार कर सकेगा।
भविष्य की संभावनाएं
डीआरडीओ का यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट केवल रक्षा क्षेत्र तक सीमित नहीं है। वैज्ञानिकों का मानना है कि ऐसे ह्यूमनॉइड रोबोट स्वास्थ्य सेवा, अंतरिक्ष अन्वेषण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। इस तकनीक के सफल होने पर भारत न केवल अपनी सैन्य क्षमता को नए स्तर पर ले जाएगा बल्कि वैश्विक रक्षा प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भी अग्रणी स्थान हासिल करेगा। इस तरह भारतीय सेना के ड्रोन, मिसाइलों और ह्यूनॉइड रोबोट से विश्व चौंकेगा। स्पष्ट है कि 2027 तक भारतीय सेना का चेहरा बदलने जा रहा है और रोबोटिक सैनिकों की तैनाती के बाद देश की सीमाएं और अधिक सुरक्षित हो सकेंगी।
विजय की रैली में भगदड़: मरने वालों की संख्या हुई 39, एक दर्जन लोगों की हालत गंभीर
28 Sep, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चैन्नई। अभिनेता से नेता बने विजय की रैली में उमड़े जनसैलाब में मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या 39 हो गई है। जबकि कई दर्जन घायल लोग अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। शनिवार की रात तमिलनाडु के करूर में तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय की रैली के दौरान भगदड़ मच गई। अभिनेता से राजनेता बने विजय को देखने के लिए भारी भीड़ जमा हुई थी। भगदड़ मचने के बाद में कई लोग बेहोश हो गए और कई को अस्पताल में भर्ती कराया गया।करूर भगदड़ मामले में मौत का आंकड़ा अब 39 तक पहुंच गया है। कुछ और लोगों की हालत गंभीर है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
बता दें कि भगदड़ की घटना तब हुई जब विजय करूर में भाषण दे रहे थे। टीवीके प्रमुख ने अपना भाषण बीच में रोक दिया और कार्यकर्ताओं को पानी की बोतलें दीं। उन्होंने भीड़ से एम्बुलेंस के लिए रास्ता बनाने का आग्रह किया। इस दौरान, रैली में 9 साल की एक बच्ची लापता हो गई, जिसे तलाशने के लिए विजय ने कार्यकर्ताओं से मदद मांगी। पुलिस और रैली आयोजक बच्ची और बेहोश हुए लोगों की सुरक्षा के लिए तुरंत सक्रिय हुए। रैली स्थल पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
बगैर पैसों के इलाज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री डीएमके स्टालिन ने निर्देश दिया है कि अस्पतालों में भर्ती सभी लोगों को बेस्ट मेडिकल ट्रीटमेंट मिले। इस बीच पुलिस ने बताया कि भगदड़ में घायल 95 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। करूर के डीएमके विधायक सेंथिल बालाजी ने बताया कि जिले के सभी डॉक्टर ड्यूटी पर हैं और दूसरे जिलों से और मेडिकल स्टाफ को बुलाया गया है। बालाजी ने कहा कि भगदड़ में घायल लोगों को निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है। निजी अस्पतालों को किसी भी मरीज से पैसे नहीं मांगने का निर्देश दिया गया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना पर चिंता जताई और तत्काल जांच और मेडिकल मदद के आदेश दिए हैं।
न्यायिक जांच आयोग गठित, 10 लाख की राहत
तमिलनाडु सरकार ने करूर भगदड़ की गहन जांच करने और सरकार को रिपोर्ट सौंपने के लिए सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस अरुणा जगदीसन के तहत एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया। इसके अलावा राज्य के मुख्यमंत्री स्टालिन ने मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री लोक राहत कोष से 10-10 लाख और अस्पतालों में इलाज करा रहे प्रत्येक व्यक्ति को 1-1 लाख रुपये दिए जाएंगे।
मौसम विभाग का अलर्ट: दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव में आंधी बारिश बढ़ा सकते हैं मुश्किलें
28 Sep, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि इस बार तेज हवाएं और बारिश से दुर्गा पूजा और दशहरा जैसे पर्व पर मुश्किलें बढ़ सकतीं हैं।बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाब का क्षेत्र बन रहा है, जिससे अगले सात दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होगी। दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद राज्य में दुर्गा पूजा का उत्सव कुछ हद फीका पड़ सकता है। दुर्गा पूजा उत्सव 28 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्तूबर को विजया दशमी पर समाप्त होगा। हालांकि, कई जगहों पर मूर्तियों का विसर्जन बाद में किया जाता है।
आईएमडी ने कहा कि कोलकाता में 1 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के दक्षिणी हिस्से के कई जिलों में अगले दो दिनों में ऐसी ही बारिश होगी। 30 सितंबर को उत्तरी अंडमान सागर में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 1 अक्टूबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव क्षेत्र बन सकता है। इस कारण पूर्वी और मध्य भारत में 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। गोवा, महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ में 3 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है। सौराष्ट्र और कच्छ में 29 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी है, जिसमें 2 और 3 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक तूफानी हवाएं चलेंगी। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।राजस्थान में कुछ जगहों पर अगले कुछ दिनों के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा और दक्षिण-पश्चिम मॉनसून शुक्रवार को राज्य से पूरी तरह से विदा हो गया। हालांकि, मॉनसून की वापसी रेखा शनिवार को वेरावल, भरूच, उज्जैन, झांसी, शाहजहांपुर से होकर गुजरी। इसके असर से आगामी दिनों में राजस्थान के उदयपुर और कोटा संभागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की प्रबल संभावना है।
गांधी जयंती पर खादी का सामान जरुर खरीदें और गर्व से कहें ये स्वदेशी है
28 Sep, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में कहा कि नवरात्रि के इस समय में हम शक्ति की उपासना करते हैं। हम नारी-शक्ति का उत्सव मनाते हैं। व्यापार से लेकर खेल तक और शिक्षा से लेकर विज्ञान तक देश की बेटियां हर जगह अपना परचम लहरा रहीं है। आज वे ऐसी चुनौतियों को भी पार कर रही हैं, जिनकी कल्पना करना मुश्किल है।
पीएम मोदी ने कहा कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती है। गांधीजी ने हमेशा स्वदेशी को अपनाने पर बल दिया और इनमें खादी सबसे प्रमुख थी। दुर्भाग्य से आजादी के बाद खादी की रौनक फीकी पड़ती जा रही थी, लेकिन बीते 11 साल में खादी के प्रति देश के लोगों का आकर्षण बहुत बढ़ा है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि 2 अक्टूबर को कोई ना कोई खादी सामान जरूर खरीदें और गर्व से कहें ये स्वदेशी हैं।
मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि छठ पूजा ऐसा एक पावन पर्व है जो दीवाली के बाद आता है। इसमें हम डूबते सूर्य को भी अर्घ्य देते हैं, उनकी आराधना करते हैं। आज ये एक वैश्विक उत्सव बन रहा है। भारत सरकार छठ महापर्व को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने के लिए प्रयासरत है। जब छठ पूजा यूनेस्को की सूची में शामिल हो जाएगी, तो दुनिया के हर कोने में लोग इसकी भव्यता और दिव्यता का अनुभव कर सकेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि आज लता मंगेशकर की भी जयंती है। संगीत में रुचि रखने वाला कोई भी उनके गीतों को सुनकर अभिभूत हुए बिना नहीं रह सकता। उन्होंने देशभक्ति के जो गीत गाए, उन गीतों ने लोगों को बहुत प्रेरित किया। भारत की संस्कृति से भी उनका गहरा जुड़ाव था। मैं लता दीदी के लिए हृदय से अपनी श्रद्धांजलि प्रकट करता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि अमर शहीद भगत सिंह, हर भारतवासी, विशेषकर देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणापुंज है। निर्भीकता उनके स्वभाव में कूट-कूटकर भरी थी। उन्होंने कहा कि भगत सिंह लोगों की पीड़ा के प्रति भी बहुत संवेदनशील थे और उनकी मदद में हमेशा आगे रहते थे। मैं शहीद भगत सिंह को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
रेलवे बुकिंग नियम में बड़ा बदलाव – जनरल और तत्काल टिकट पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
27 Sep, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
1 अक्टूबर 2025 से कई बदलाव होने जा रहे हैं, जिसका असर हम सभी पड़ने वाला है. ट्रेन के टिकट बुकिंग, मोबाइल से पेमेंट, पेंशन, ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े कई बदलाव होने वाले हैं. गैस की कीमतों पर बदलाव होने की उम्मीद है. NPS (नेशनल पेंशन सिस्टम) में भी बदलाव होने वाला है. ऐसे में ये कहा जा सकता है कि इन बदलावों का असर लगभग हर इंसान पर पड़ने वाला है. आने वाले महीने में कई दिन बैंक बंद रहने वाले हैं.
ऑनलाइन गेमिंग
ऑनलाइन गेमिंग इंडस्ट्री को लेकर अब सरकार सख्त हो गई है. इसको लेकर नया नियम बना दिया गया है और संसद से यह पास भी हो चुका है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इसे मंजूरी भी दे चुकी हैं. नए कानून के तहत ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों की सख्त निगरानी रखी जाएगी. इसका मकसद ऑनलाइन गेम खेलने वाले खिलाड़ियों को धोखाधड़ी से बचना है., इसके साथ ही गेम को पारदर्शी बनाना भी है.
ट्रेन टिकट बुकिंग के नियम में बदलाव
रेलवे टिकट बुकिंग के नियम में कुछ समय पहले बदलाव किया गया. जिसमें ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक करने के लिए आधार कार्ड वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया था. अब 1 अक्टूबर से IRCTC पर टिकट बुकिंग के शुरुआती 15 मिनट उन लोगों को मिलेंगे जिनके अकाउंट आधार से जुड़े हैं और वेरिफाइड हैं. ट्रेन बुकिंग सिस्टम में होने इस बदलाव का फायदा आम यात्रियों को होने वाला है और दलालों पर नकेस कसने की कोशिश मानी जा रही है.
अब UPI से नहीं भेज सकेंगे पेमेंट रिक्वेस्ट
अगर आप ऑनलाइन पेमेंट करते हैं तो आपको यह जानना जरूरी है कि UPI में भी बदलाव किया गया है. अब UPI के जरिए रिक्वेस्ट भेजकर पैसा नहीं मांग सकेंगे. पहले UPI से डायरेक्ट पेमेंट रिक्वेस्ट भेजी जा सकती थी. NPCI, UPI फीचर्स में से पीयर टू पीयर (P2P) ट्रांजैक्शन को हटा सकता है. फ्रॉड रोकने के लिए यह कदम उठाया जा जा रहा है.
NPS में नया सिस्टम में क्या बदलेगा?
नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में बदलाव किया गया. पेंशन फंड रेग्युलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने बड़ा सुधार किया गया. 1 अक्टूबर 2025 से मल्टीप्ल स्कीम फ्रेमवर्क (MSF) लागू किया जा रहा है. इसके तहत अब गैर-सरकारी सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारी, कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स और गिग वर्कर्स एक ही PAN नंबर से कई स्कीम्स में निवेश कर पाएंगे. इसके साथ ही अब एक ही PAN से कई स्कीमों में निवेश करने की आजादी होगी.
गैस सिलेंडर के दाम में बदलाव
अप्रैल 2025 में सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया गया था, तब से लेकर अब तक गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. माना जा रहा है कि एक अक्टूबर से इसमें बदलाव से आम लोगों को राहत मिल सकती है. हालांकि इसको लेकर अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है.
अक्टूबर महीने में कई त्योहारों हैं, ऐसे में कई दिन बैंक बंद रहने वाले हैं. अगर आपको बैंक में कुछ काम है तो भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से जारी October Bank Holiday List देखकर ही घर से निकलें. दुर्गा पूजा, महात्मा गांधी जयंती, दशहरा, लक्ष्मी पूजा, महार्षि बाल्मिकी जयंती, करवा चौथ, दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाईदूज और छठ पूजा आदि कि छुट्टियां हैं. दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा रविवार को भी अवकाश रहेगा.
भारत की पहली बुलेट ट्रेन के लिए काउंटडाउन शुरू, 2027 से मिलेगा यात्रियों को हाई-स्पीड सफर का अनुभव
27 Sep, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत में चलने वाली बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि बुलेट ट्रेन अपने रूट पर कब से चलना शुरू करेगी. उन्होंने शनिवार को बताया कि भारत के पहले हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का 50 किलोमीटर लंबा हिस्सा साल 2027 में खुलेगा. यह हिस्सा गुजरात में सूरत और बिलिमोरा के बीच है. उन्होंने यह भी बताया कि पूरा अहमदाबाद से मुंबई का पूरा सेक्शन साल 2029 तक चालू हो पाएगा.
सिर्फ दो घंटे में मुंबई से अहमदाबाद
उन्होंने कहा कि चालू होने के बाद, बुलेट ट्रेन मुंबई और अहमदाबाद के बीच की दूरी केवल दो घंटे सात मिनट में तय कर लेगी. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है. वैष्णव ने निर्माणाधीन सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा किया और ट्रैक स्थापना कार्यों और इसके पहले टर्नआउट (जहां पटरियां जुड़ती या अलग होती हैं.) इंस्टॉलेशन का निरीक्षण किया.
तेजी से हो रहा ट्रेक का काम- वैष्णव
अश्विनी वैष्णव ने बताया, ‘पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की प्रगति काफी तेजी से चल रही है. सूरत और बिलिमोरा के बीच का पहला 50 किलोमीटर का सेक्शन 2027 तक लोगों के लिए खुल जाएगा. 2028 तक, ठाणे-अहमदाबाद सेक्शन चालू हो जाएगा और 2029 तक, पूरी मुंबई-अहमदाबाद लाइन खुल जाएगी.’
सुरक्षा के लिए किया जा रहा नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल
रेल मंत्री ने कहा कि ट्रेनों की सुरक्षित और कुशल आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह ट्रेनों की एक बहुत ही जटिल आवाजाही है, इसलिए अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है. यहां कई वाइब्रेट सिस्टम इंस्टॉल किए गए हैं, जब भी ट्रेन 320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी तो यूटिलिटी केबल वाइब्रेट को खत्म कर देगा जिससे ट्रेन और भी ज्यादा स्मूथ चलेगी.
अमित शाह बोले – दिवाली पर बिहार में गूंजेगा लोकतंत्र का दीपक, चुनावी तारीख नजदीक
27 Sep, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिवाली को लेकर देशभर में तैयारियां शुरू हो गई हैं. बिहार के लिए यह दिवाली बेहद खास होने वाली है क्योंकि बार में इसी साल दिवाली होनी है. चुनाव आयोग दिवाली के आसपास ही विधानसभा चुनाव कराने की तैयारी में है. बिहार में दिवाली का मौका देखते हुए राजनीति भी शुरू हो गई है. केंद्रीय मंत्री अमित शाह शनिवार को बिहार दौरे पर हैं.
अमित शाह ने अररिया में एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार को इस बार 4 दिवाली मनानी है. पहली दिवाली उस दिन जब भगवान श्रीराम अयोध्या लौटे, दूसरी दिवाली, पीएम मोदी ने जीविका दीदीयों के बैंक खाते में 10-10 हजार रुपये जमा किए, तीसरी दिवाली जीएसटी रिफॉर्म की, इसमें 395 से ज्यादा चीजों पर 15 से 20 प्रतिशत तक रेट कम हुए. अंतिम दिवाली के बारे में गृहमंत्री शाह ने बताया कि बिहार को 160 से ज्यादा सीटों वाली NDA-BJP की सरकार बनानी है.
‘मैं आपसे वादा करता हूं…’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल और लालू के लिए ये चुनाव अपनी पार्टी को जिताने का है. लालू के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का है. लेकिन हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए ये चुनाव पूरे बिहार से घुसपैठियों को बाहर निकालने का है. अमित शाह ने कहा कि एनडीए को दो-तिहाई बहुमत से जिताइए, मैं आपसे वादा करता हूं कि बिहार की पवित्र धरती से इन घुसपैठियों को बाहर निकालने का काम भाजपा करेगी.
जिला प्रशासन की अनूठी पहल, नहरों के पानी से लबालब हुए 450 तालाब
ईंट निर्माण कार्य से आत्मनिर्भर बन रही हैं समूह की महिलाएं
महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार
प्रदेश में जंगली भैंसा प्रजाति का पुनर्स्थापन एक ऐतिहासिक अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सही दवा-शुद्ध आहार' अभियान में जगदलपुर के चाट-गुपचुप सेंटरों और कॉस्मेटिक्स दुकानों का हुआ निरीक्षण
वन मंत्री केदार कश्यप ने भरा ऑनलाइन स्व-गणना पत्रक, नागरिकों से सहभागिता की अपील
एमपी टूरिज्म को मिला “लीडिंग टूरिज्म डेस्टीनेशन” का प्रतिष्ठित सम्मान
मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दे रहा है नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सुकमा में तेंदूपत्ता संग्रहण तेज़ी से जारी, 35 हजार से अधिक बोरे का हुआ संग्रहण
