देश
फिर पलटी मारेगा मौसम, इन 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट
1 Oct, 2025 10:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) ने अगले पांच दिन तक दिल्ली एनसीआर (Delhi NCR) समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD की ओर से बीते दिन जारी की रिपोर्ट में आज दिल्ली एनसीआर में आज बारिश के ज्यादा आसार नहीं थे, लेकिन मौसम ने अचानक पलटी मारी और सुबह से झमाझम बारिश के चलते दिल्ली एनसीआर में जगह-जगह जलभराव हो गया. आल इंडिया वेदर समरी एंड फोरकास्ट बुलेटिन के मुताबिक आने वाले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को मानें तो पूर्वी राजस्थान में निम्न दबाव की वजह से उत्तर भारत में भारी बारिश के आसार हैं. 6 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान में कई स्थानों पर बारिश के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं. इसके अलावा 4 और 5 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश, 2 अक्टूबर से पहले राजस्थान और 4-6 अक्टूबर के दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश होने की संभावना है. उत्तराखंड में 5 और 6 अक्टूबर को और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 अक्टूबर को बारिश हो सकती है.
एक अक्टूबर से 2 अक्टूबर के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ में भारी वर्षा के साथ अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कहीं गरज के छींटे भी पड़ सकते हैं. 3 और 4 अक्टूबर को कोंकण और गोवा और 4 अक्टूबर को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के घाट क्षेत्रों में बारिश होगी.
पश्चिम बंगाल में गंगा किनारे बसे इलाकों में 2 से 4 अक्टूबर, झारखंड में 2 से 6 अक्टूबर के दौरान, बिहार में 4 और 5 अक्टूबर, मध्य प्रदेश में 01 अक्टूबर से 3 अक्टूबर के दौरान, छत्तीसगढ़, ओडिशा में भारी वर्षा के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. 3 और 4 अक्टूबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 3-5 अक्टूबर के दौरान बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी वर्षा के साथ अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. 2 से 5 अक्टूबर के दौरान पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश हो सकती है.
अगले 4-5 दिनों के दौरान इस क्षेत्र में कई/कुछ स्थानों पर हल्की/मध्यम वर्षा/गरज के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना है, 3 अक्टूबर को असम और मेघालय में बहुत भारी वर्षा हो सकती है. वहीं दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में 2 अक्टूबर से पहले तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कई स्थानों पर हल्की से भारी वर्षा की संभावना. 30 सितंबर को रायलसीमा, उत्तरी तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट है. 3-5 अक्टूबर के दौरान तेलंगाना और 3 व 4 अक्टूबर को तमिलनाडु में तेज़ हवाए चलने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तेलंगाना में 4 अक्टूबर तक बारिश होगी.
चेन्नई में बड़ा हादसा, थर्मल पावर प्लांट में गिरा निर्माणाधीन आर्च, 9 मजदूरों की मौत
1 Oct, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेन्नई: तमिलनाडु में फिर बड़ा हादसा हुआ है. मंगलवार को चेन्नई के एन्नोर में स्थित थर्मल पावर प्लांट में निर्माण कार्य के दौरान आर्च गिरने से 9 मजदूरों की मौत हो गई. कुछ मजदूर घायल हुए हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है. घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य चल रही है. सभी पीड़ित मजदूर असम के रहने वाले हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी चेन्नई स्थित थर्मल पावर प्लांट की चौथी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है. इसमें असम के 30 से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं. ऐसे में, आज निर्माण कार्य के दौरान अचानक आर्च गिर गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसके नीचे दब गए.
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य में जुट गई हैं. बचाव कार्य तेजी से जारी है. अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना में उत्तरी राज्यों के 9 श्रमिकों की मौत की पुष्टि हो गई है. उनके शवों को स्टैनली सरकारी अस्पताल ले जाया गया है और पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है. बताया गया है कि एक श्रमिक का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर है.
तमिलनाडु जनरेशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन (TANGEDCO) के अध्यक्ष डॉ. जे. राधाकृष्णन के अनुसार, ये मजदूर असम और आसपास के इलाकों के थे. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "एन्नोर थर्मल पावर निर्माण स्थल पर एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जहां एक स्टील आर्च गिर गया और नौ लोगों की मौत हो गई. ये लोग असम और आसपास के इलाकों के थे. एक व्यक्ति घायल है. भेल के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं."
जे. राधाकृष्णन सरकारी स्टेनली अस्पताल भी पहुंचे औ घायल मजदूरों का हालचाल जाना.
असम के सीएम सरमा ने संवेदना जताई
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि उत्तर चेन्नई थर्मल पावर स्टेशन के विस्तार के लिए निर्माण कार्य करते समय आज तिरुवल्लूर जिले के मिंजुर में एक निर्माण स्थल पर हुए हादसे में असम के 9 प्रवासी श्रमिकों की मृत्यु हो गई. मृतकों में से 4 कार्बी आंगलोंग जिले के और 5 होजाई जिले के हैं. हम उनके पार्थिव शरीर जल्द से जल्द वापस लाने के लिए तमिलनाडु के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं. सरमा ने मृतकों के परिवारों और शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना जताई.
मृतकों के नाम इस प्रकार हैं:
मुन्ना केम्पराय सोरबोजित थाउसेन
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख जताया है. पीएम मोदी ने कहा, तमिलनाडु के चेन्नई में हुई दुर्घटना से दुखी हूं. इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हू. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.
फैबित फंगलू
बिदयुम पोरबोसा
पवन सोरोंग
प्रयांतो सोरोंग
सुमन खारिकाप
दिमाराज थाउसेन
दीपक रायजंग
स्पा सेंटर में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस ने छापा मार संचालक को किया गिरफ्तार
30 Sep, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। नवी मुंबई के एक स्पा में चल रहे देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने वहां से 15 महिलाओं को बरामद किया है। मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि स्पा के मालिक और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सूचना पर 27 सितंबर को बेलापुर इलाके में स्थित स्पा में एक नकली ग्राहक भेजा और बाद में स्पा में छापा मारा।
पुलिस की जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि छापेमारी में 15 महिलाओं को बचाया गया जिनमें से एक नेपाल की और अन्य यूपी, महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और गुजरात की रहने वाली हैं। स्पा मालिक और एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अयोध्या के राम मंदिर को लेकर फिर दायर हो सकती है क्यूरेटिव पिटिशन दाखिल!
30 Sep, 2025 07:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। पूर्व सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ की एक टिप्पणी ने अयोध्या विवाद एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। उन्होने एक इंटरव्यू में कहा था कि बाबरी मस्जिद का निर्माण ही मूल रूप से अपवित्र था। उनका कहना था कि जिस स्थान पर पहले से मस्जिद हो, वहां मस्जिद बनाना ही अपवित्र था। इसी को लेकर विवाद शुरू हो गया है और प्रोफेसर जी मोहन गोपाल ने तो राम मंदिर पर आए फैसले के खिलाफ याचिका दाखिल करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि चंद्रचूड़ के बयान के आधार पर ही क्यूरेटिव पिटिशन दाखिल की जा सकती है।
वहीं दूसरी तरफ चंद्रचूड़ अपने बयान पर सफाई भी दे चुके हैं। उनका कहना है कि उनके शब्दों को संदर्भ से बाहर निकालकर गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है और सुप्रीम कोर्ट का अयोध्या फैसला साक्ष्य और कानूनी सिद्धांतों पर आधारित था, न कि आस्था पर। उन्होंने यह भी कहा कि आलोचक अक्सर पूरे फैसले को नहीं पढ़ते, जो 1,000 से अधिक पृष्ठों का है। कहा जाता है कि इस फैसले की ड्राफ्टिंग खुद चंद्रचूड़ ने ही की थी। चंद्रचूड़ के साक्षात्कार की क्लिप्स सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रही हैं।
प्रोफेसर जी. मोहन गोपाल ने कहा कि डीवाई चंद्रचूड़ के बयान में वह बात कही गई है, जो फैसले में ही नहीं है। ऐसे में इसके आधार पर पुनर्विचार याचिका दाखिल की जा सकती है। 2019 में 5 जजों की संवैधानिक बेंच ने राम मंदिर केस में फैसला सुनाया था। इस बेंच में तत्कालीन चीफ जस्टिस रंजन गोगोई, जस्टिस एसए बोबडे, जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस अशोक भूषण और जस्टिस अब्दुल नजीर शामिल थे। बेंच ने कहा था कि मुस्लिम पक्ष यह साबित करने में असफल रहा है कि बाबरी मस्जिद वाले स्थान पर उनका कोई निर्बाध मालिकाना हक रहा है। इसके साथ ही मंदिर निर्माण के पक्ष में फैसला दिया गया और अब राम मंदिर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। राम मंदिर पर आए फैसले में यह भी स्पष्ट रूप से दर्ज किया गया कि बाबरी मस्जिद के निर्माण के लिए मंदिर को तोड़ने का कोई प्रमाण नहीं है। प्रोफेसर जी मोहन गोपाल ने चंद्रचूड़ की टिप्पणी के जवाब में कहा कि अब अयोध्या का फैसला दूषित हो गया है और फैसले तथा बाद की टिप्पणियों के बीच असंगति से निर्णय में विश्वास कमजोर हो सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आशा जताई कि ट्रंप के फैसले से युद्ध जल्द समाप्त होगा
30 Sep, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा युद्ध को खत्म करने के लिए एक नया प्लान बनाया है. उन्होंने व्हाइट हाउस में इस प्लान को जारी किया. इस दौरान ट्रंप ने कहा कि इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू इस प्लान से सहमत हैं. वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को भी चेतावनी दी है. वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ट्रंप की यह योजना फिलिस्तीनी और इजराइली लोगों के लिए “दीर्घकालिक और स्थायी शांति” का मार्ग प्रशस्त करती है.
डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को दी चेतावनी
उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि हम शांति के लिए एक समझौता करेंगे और अगर हमास इस समझौते को अस्वीकार कर देता है तो जो संभव है, तो इस डील से सिर्फ वे ही बच जाएंगे. उन्होंने आगे कहा बाकी सभी ने इसे स्वीकार कर लिया है, लेकिन मुझे लगता है कि हमें एक सकारात्मक जवाब मिलेगा. लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है, तो जैसा कि आप जानते हैं इजरायली पीएम आपको जो करना होगा उसके लिए हमारा पूरा समर्थन है.
पीएम मोदी ने किया ट्रंप के फैसले का स्वागत
हम राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रम्प द्वारा गाजा संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक व्यापक योजना की घोषणा का स्वागत करते हैं. यह फिलिस्तीनी और इजरायली लोगों के साथ-साथ व्यापक पश्चिम एशियाई क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक और स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास का एक व्यवहार्य मार्ग प्रदान करता है. हमें उम्मीद है कि सभी संबंधित पक्ष राष्ट्रपति ट्रम्प की पहल के पीछे एकजुट होंगे और संघर्ष को समाप्त करने और शांति सुनिश्चित करने के इस प्रयास का समर्थन करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब व्हाइट हाउस ने सोमवार (स्थानीय समय) को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच बैठक के बाद गाजा संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक शांति योजना जारी की.
कई देशों ने किया ट्रंप की योजना का स्वागत
इससे पहले, कनाडा, कतर, जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, तुर्की, सऊदी अरब और मिस्र ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की योजना का स्वागत किया था.
इस शांति योजना में यह भी शामिल था कि गाजा एक कट्टरपंथ-मुक्त, आतंक-मुक्त क्षेत्र होगा जो अपने पड़ोसियों के लिए कोई खतरा पैदा नहीं करेगा और गाजा के लोगों, जिन्होंने पहले ही बहुत कुछ सहा है, के लाभ के लिए इसका पुनर्विकास किया जाएगा.
ट्रंप के फैसले पर क्या बोले नेतन्याहू?
व्हाइट हाउस में नेतन्याहू ने ट्रंप के फैसले का समर्थन देते हुए कहा कि जब हमारे दोमों देश कंधे से कंधे मिलाकर खड़े होते हैं, तो हम असंभव को भी संभव करके दिखा सकते हैं.
नेतन्याहू के मुताबिक, इस प्रस्ताव से चार बड़े लक्ष्य प्राप्त होंगे. पहला, गाजा में बंधक बनाए गए सभी इजरायली नागरिकों और सैनिक सुरक्षित लौट आएंगे. दूसरा, हमास की सैन्य क्षमताओं को पूरी तरह नष्ट किया जाएगा ताकि भविष्य में वह इजरायल के लिए खतरा न बने. तीसरा, हमास की राजनीतिक सत्ता का अंत किया जाएगा और गाजा में उनकी किसी भी तरह की शासन व्यवस्था को मान्यता नहीं मिलेगी. चौथा, गाजा का प्रशासनिक नियंत्रण हमास या फिलिस्तीनियों के हाथों में नहीं दिया जाएगा. इसके बजाय एक अंतरिम ढांचा तैयार किया जाएगा जिसमें अंतरराष्ट्रीय सहयोग और तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका होगी.
ED की कार्रवाई: अनिल अंबानी की कंपनी पर विदेशी धन ट्रांसफर के संबंध में जांच तेज
30 Sep, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रवर्तन निदेशालय (ED) विदेश में अवैध धन भेजने के संबंध में FEMA के तहत अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस इंफ्रा मामले में इंदौर और मुंबई स्थित 6 परिसरों की तलाशी ले रहा है. इससे पहले पिछले महीने अगस्त में ईडी की ओर से रिलायंस ग्रुप के प्रमुख अनिल अंबानी से उनके ग्रुप की कंपनियों के खिलाफ करोड़ों रुपये की कथित बैंक लोन धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में 10 घंटे तक पूछताछ की गई थी.
पूछताछ में शामिल होने के लिए अनिल अंबानी दिल्ली स्थित केंद्रीय जांच एजेंसी के ऑफिस सुबह 11 बजे पहुंचे और रात करीब 9 बजे बाहर निकले. ईडी ने अंबानी (66) का बयान प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत दर्ज किया. तब जांच एजेंसी ने अंबानी से करीब एक दर्जन सवाल पूछे गए.
हालांकि पूछताछ में अनिल अंबानी ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया और कहा कि उनकी कंपनियों ने नियामकों के समक्ष अपनी वित्तीय स्थिति के बारे में समय पर खुलासा किया. उन्होंने जांच अधिकारियों को यह भी बताया कि कंपनी से जुड़े सभी वित्तीय फैसले कंपनियों के संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों ने लिए थे.
इसी से जुड़े एक मामले में, प्रवर्तन निदेशालय ने ओडिशा की एक कंपनी के प्रबंध निदेशक पार्थ सारथी बिस्वाल को अनिल अंबानी ग्रुप की एक कंपनी के लिए 68 करोड़ रुपये की फर्जी बैंक गारंटी देने के आरोप में गिरफ्तार किया था. एजेंसी की ओर से यह कार्रवाई रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर (आर इंफ्रा) सहित अनिल अंबानी की कई कंपनियों द्वारा कथित वित्तीय अनियमितताओं और 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ग्रुप लोन की राशि के हेरफेर को लेकर की गई थी.
आतंकी हमले के बाद भारत ने सैन्य कार्रवाई पर किया विचार, लेकिन अमेरिका समेत अन्य देशों के कहने पर युद्ध से बचा – चिदंबरम
30 Sep, 2025 04:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले ने भारत को हिलाकर रख दिया था। पाकिस्तान आधारित लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने 175 लोगों की जान ले ली थी। इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर विचार किया, लेकिन अंतरराष्ट्रीय दबाव, खासकर अमेरिका के कहने पर भारत ने युद्ध की राह नहीं चुनी।
यह खुलासा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तत्कालीन गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने किया है। उनके इस बयान पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तीखा हमला बोला है।
'दुनियाभर के नेताओं ने जंग न करने की सलाह दी'
चिदंबरम ने एक न्यूज चैनल को बताया कि 26/11 के बाद भारत सरकार ने सैन्य जवाब देने पर गंभीरता से विचार किया था। लेकिन अमेरिका की तत्कालीन विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस समेत वैश्विक नेताओं ने भारत से युद्ध शुरू न करने की सलाह दी।
चिदंबरम ने कहा, "पूरी दुनिया दिल्ली पर दवाब बना रही थी कि 'युद्ध मत शुरू करो'।" इस दबाव और विदेश मंत्रालय व भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) की सलाह के बाद सरकार ने सैन्य कार्रवाई को टाल दिया।
चिदंबरम ने बताया कि हमले के दौरान ही तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ सैन्य कार्रवाई पर चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा, "मेरे दिमाग में बदले की कार्रवाई का विचार आया था।" लेकिन राइस ने उनसे और प्रधानमंत्री से मुलाकात कर भारत को संयम बरतने को कहा। चिदंबरम ने स्पष्ट किया कि यह फैसला सरकार का था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय दबाव और कूटनीतिक सलाह ने इसे प्रभावित किया।
बीजेपी ने किया तंज
इस बयान को लेकर बीजेपी ने तंज किया। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने चिदंबरम के इंटरव्यू का एक हिस्सा एक्स पर शेयर कर कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत और पाकिस्तान के सैन्य कमांडर के बीच सीधी बातचीत का नतीजा था, न कि किसी तीसरे पक्ष, जैसे अमेरिका का।
पीएम मोदी आरएसएस शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि
30 Sep, 2025 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आरएसएस के राष्ट्र निर्माण में योगदान को रेखांकित करने वाला एक विशेष स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी करेंगे। साथ ही, वे उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।
क्या है RSS ?
आपको बता दें कि 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा नागपुर (महाराष्ट्र) में स्थापित आरएसएस एक स्वयंसेवी संगठन है, जिसका उद्देश्य नागरिकों में सांस्कृतिक जागरूकता, अनुशासन, सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है।आरएसएस का लक्ष्य देशभक्ति और राष्ट्रीय चरित्र निर्माण के माध्यम से भारत का सर्वांगीण विकास करना है। यह संगठन मातृभूमि के प्रति समर्पण, संयम, साहस और वीरता जैसे गुणों को प्रोत्साहित करता है।
संघ ने दिया महत्वपूर्ण योगदान
पिछले 100 वर्षों में आरएसएस ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बाढ़, भूकंप और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान आरएसएस के स्वयंसेवकों ने राहत और पुनर्वास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है। इसके सहयोगी संगठनों ने युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने, सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने और स्थानीय समुदायों को मजबूत करने में भी योगदान दिया है।
इस कारण बना आरआरएस
आरएसएस का उदय सदियों के विदेशी शासन के खिलाफ एक जन-आंदोलन के रूप में देखा जाता है। संगठन का विकास भारत के सांस्कृतिक गौरव और धर्म से प्रेरित इसके दृष्टिकोण के कारण हुआ है, जो लोगों के बीच गहरी भावनात्मक छाप छोड़ता है।
उपलब्धियों का उत्सव
यह शताब्दी समारोह न केवल आरएसएस की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक यात्रा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में इसके योगदान को भी रेखांकित करता है। इस आयोजन से देशभर में एकता और सेवा का संदेश और मजबूत होगा।
चेन्नई एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप, बैग से निकली ड्रग्स की खेप
30 Sep, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेन्नई। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक बॉलीवुड एक्टर को ड्रग्स के साथ पकड़ा गया है। कस्टम पुलिस ने एक्टर को चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। उसके पास 3.5 किलोग्राम कोकीन मिली है, अंतरराष्ट्रीय बाजार में जिसकी कीमत 35 करोड़ रुपये हो सकती है।
चेन्नई कस्टम और डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने सोमवार को ज्वॉइंट ऑपरेशन के दौरान एक्टर को पकड़ा है। कस्टम ऑफिसरों ने एक्टर के नाम का खुलासा करने से साफ मना किया है।
बैग में मिले ड्रग्स
आरोपी एक्टर ने रविवार की सुबह सिंगापुर से चेन्नई की फ्लाइट पकड़ी थी। खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक्टर को चन्नई एयरपोर्ट पर धर दबोचा। छानबीन के दौरान एक्टर के पास 3.5 किलोग्राम ड्रग्स बरामद किया गया।
कई बड़ी फिल्मों में किया काम
ड्रग्स तस्करी में पकड़ा गया बॉलीवुड एक्टर कई बड़ी फिल्मों में साइड रोल निभा चुका है। बड़े पर्दे की सुपरहिट फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर में उसने अहम भूमिका निभाई है। चेन्नई एयरपोर्ट पर जब पुलिस ने एक्टर की तलाशी ली, तो उसके बैग में प्लास्टिक के पाउच मिले, जिनमें सफेद रंग का पाउडर भरा था।
कंबोडिया से सिंगापुर के रास्ते आया चेन्नई
पुलिस के द्वारा ड्रग टेस्ट करने पर पता चला कि पाउच में कोकीन था। पूछताछ के बाद पुलिस ने एक्टर को हिरासत में ले लिया है। एक्टर का कहना है कि वो कंबोडिया से सिंगापुर के रास्ते चेन्नई पहुंचा था।
एक्टर का दावा है कि कंबोडिया में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे ड्रग्स वाला ट्रॉली बैग देते हुए चेन्नई एयरपोर्ट पर वापस लेने की बात कही थी। पुलिस को शक है कि ड्रग्स को चेन्नई से मुंबई और दिल्ली पहुंचाया जाना था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग आतंकी समूह घोषित
30 Sep, 2025 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग को कनाडा ने आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। कनाडा सरकार का कहना है कि गैंग के चलते भय का माहौल तैयार हो रहा है। कहा जा रहा है कि कनाडाई कानून के अनुसार, इस फैसले के बाद गैंग से जुड़ी सभी संपत्तियां जब्त की जा सकती हैं।
कनाडा सरकार में मंत्री गैरी आनंदसांगरी ने कहा कि बिश्नोई गैंग की तरफ से कछ समुदायों को आतंक, हिंसा और धमकी के लिए निशाना बनाया जा रहा है। आपराधिक आतंकवादियों के इस समूह को सूची में डालने से हमें उनका मुकाबला करने और अपराधों पर लगाम लगाने के लिए और भी ज्यादा ताकत और उपाय मिलेंगे।
'विजय के कार्यक्रम में जानबूझकर चार घंटे की देरी की गई', करूर भगदड़ पर FIR की कॉपी सामने आई
30 Sep, 2025 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेन्नई/करूर: तमिलनाडु के करूर जिले में 27 सितंबर को अभिनेता और टीवीके पार्टी के प्रमुख विजय की जनसभा में भगदड़ की घटना में अब तक 41 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घायलों का इलाज चल रहा है. इस बीच, करूर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक प्राथमिकी के अनुसार, पार्टी आयोजकों ने बड़ी भीड़ जुटाने और अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के लिए विजय के कार्यक्रम में जानबूझकर चार घंटे की देरी की.
फिलहाल पुलिस अधिकारी इस त्रासदी की जांच कर रहे हैं. वहीं करूर नगर पुलिस स्टेशन में 27 सितंबर को दर्ज की गई एफआईआर की कॉपी जारी कर दी गई है. इसमें टीवीके महासचिव पुसी आनंद, संयुक्त सचिव सीटीआर निर्मल कुमार, करूर टीवीके जिला सचिव मथियाझागन और कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ अपराध संख्या 855/25 के अंतर्गत बीएनएस की धारा 105, 110, 125(बी), 223 और टीएनपीपीडीएल अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
एफआईआर के मुताबिक, टीवीके जिला सचिव वीपी मथियाझागन (V P Mathiyazhagan) द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार 27 सितंबर को वेलुचामिपुरम में 11 शर्तों के साथ जनसभा की अनुमति दी गई थी. करूर जिला पुलिस अधीक्षक की देखरेख में विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा कार्य के लिए लगभग 500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था. प्राथमिकी में यह भी कहा गया है कि 25,000 से अधिक लोग आए थे, जबकि आवेदन में कहा गया था कि केवल 10,000 वॉलंटियर्स ही आएंगे.
विजय ने भीड़ के बीच गाड़ी रोकी
एफआईआर के अनुसार, विजय, जिन्हें दोपहर 12 बजे करूर पहुंचना था, वह जिले की सीमा वेलायुधमपलयम में शाम 4.45 बजे पहुंचे. उन्होंने जानबूझकर देरी की और शर्तों का उल्लंघन करते हुए स्वागत समारोह और रोड शो आयोजित किए. शाम 7 बजे वेलुचामिपुरम जंक्शन पहुंचने वाले विजय ने अपनी गाड़ी वॉलंटियर्स की भीड़ के बीच खड़ी कर दी और जानबूझकर कुछ देर के लिए रुक गए, जिससे वहां भारी भीड़ जमा हो गई.
एफआईआर में कहा गया है कि पुलिस ने टीवीके पदाधिकारियों, पुसी आनंद, सीटीआर निर्मल कुमार और मथियाझगन को चेतावनी दी थी कि इससे असामान्य स्थिति पैदा होगी और भीड़ के कारण लोगों का दम घुट सकता है, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया. हालांकि पुलिस ने अभियान के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की थी, लेकिन पार्टी ने वॉलंटियर्स को नियंत्रित नहीं किया. परिणामस्वरूप, वॉलंटियर्स टिन शेड और पेड़ों पर चढ़ गए. जिससे पेड़ और टिन शेड ढह गए और वॉलंटियर्स नीचे खड़े लोगों पर गिर पड़े. इससे स्थिति बिगड़ गई.
शर्तों का पालन नहीं किया गया...
एफआईआर के मुताबिक, हालांकि पुलिस ने विजय की जनसभा के लिए दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक की अनुमति दी थी और कार्यक्रम को एक निश्चित समय पर आयोजित करने की आवश्यकता थी, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया. बड़ी भीड़ इकट्ठा करने और राजनीतिक ताकत दिखाने के उद्देश्य से, कार्यक्रम आयोजकों ने जानबूझकर विजय के करूर पहुंचने में 4 घंटे की देरी की. इससे लंबे समय से इंतजार कर रही जनता गर्मी, पर्याप्त पानी और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण थक गई.
मुख्यमंत्री स्टालिन की लोगों से अपील
उधर, इस दुख की घड़ी में, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अपील की है कि कोई भी गैर-जिम्मेदाराना तरीके से दुर्भावनापूर्ण खबरें न फैलाए. स्टालिन ने अपील की है कि कोई भी इस घटना के बारे में सोशल मीडिया पर कोई भी अपशब्द या अफवाह न फैलाए. उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, "करूर में जो हुआ वह बेहद दुखद है. तमिलनाडु में ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई. ऐसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए. अस्पताल में जो दृश्य मैंने देखे, उन्हें मैं कभी नहीं भूल सकता. तब से मेरा मन बहुत भारी है. इस घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन को अस्पताल भेजा गया और सभी जरूरी कदम उठाए गए. मैं घर पर नहीं रह सकता था, इसलिए मैं भी तुरंत करूर गया."
उन्होंने आगे कहा कि हमने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है और उसे तुरंत देना शुरू कर दिया है. इसके अलावा, हम सरकार की ओर से इलाज करा रहे लोगों को पूरा इलाज मुहैया करा रहे हैं. इसी तरह, घटना के असली कारणों की जांच के लिए उच्च न्यायालय की पूर्व जज जस्टिस अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया गया है. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि उस आयोग की रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
स्टालिन ने कहा, "मैं सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही झूठी सूचनाओं पर नजर रख रहा हूं. कोई भी राजनीतिक दल का नेता नहीं चाहेगा कि उसके कार्यकर्ताओं और निर्दोष नागरिकों की जान जाए. जहां तक मेरी बात है, इस घटना में मृतक चाहे किसी भी दल से हों, मैं बहुत चिंतित हूं, वे हमारे तमिलनाडु के लोग हैं. उनसे हमारे रिश्ते हैं. इसलिए, इस दुख और शोक की घड़ी में, मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि वे गैर-जिम्मेदाराना तरीके से दुर्भावनापूर्ण खबरें न फैलाएं.
उन्होंने वीडियो पोस्ट में कहा, "हम सभी का यह कर्तव्य है कि भविष्य में राजनीतिक दलों और सार्वजनिक संगठनों द्वारा ऐसे आयोजनों के लिए सही प्रक्रियाएं तैयार करें और उनका पालन करें. मुख्य न्यायाधीश की रिपोर्ट जारी होने के बाद, सभी राजनीतिक दलों और सार्वजनिक संगठनों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा. फिर इसके लिए प्रोटोकॉल तैयार किए जाएंगे. मुझे उम्मीद है कि सभी इसमें सहयोग करेंगे. लोगों का जीवन सर्वोपरि है. मानवता के प्रति सभी का कर्तव्य है. मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि वे राजनीतिक स्थिति, नीतिगत मतभेद, व्यक्तिगत दुश्मनी सहित हर चीज को स्पष्ट करें और लोगों के हित में सोचें."
हैदराबाद में 63 फीट ऊंचा विशाल 'बटुकम्मा', दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किए, मिस वर्ल्ड बोलीं, 'इट्स अ स्पेशल मोमेंट'
30 Sep, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हैदराबाद: तेलंगाना की संस्कृति को दर्शाने वाला 'बटुकम्मा' उत्सव पूरे राज्य में धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस उत्सव के आखिरी दिन, सभी महिलाएं एकत्रित होकर नाच-गाकर उत्सव मनाया. इस दौरान बटुकम्मा उत्सव ने दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किए. वहीं, मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता भी इस पारंपरिक उत्सव का हिस्सा बनीं. उन्होंने कहा कि तेलंगाना की संस्कृति और उत्सव अलग हैं.
तेलंगाना की संस्कृति की झलक है 'बटुकम्मा'
बता दें कि, 'बटुकम्मा' को समुद्र से लाए गए फूलों से श्रद्धापूर्वक सजाया जाता है. इसी क्रम में हैदराबाद के सरूरनगर मैदान में आयोजित सद्दुला बटुकम्मा कार्यक्रम ने दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. इसने सबसे बड़े लोक नृत्य और सबसे बड़े बटुकम्मा का रिकॉर्ड बनाया है.
गिनीज रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य से सरकार ने सोमवार को सरूरनगर स्टेडियम में बटुकम्मा कार्यक्रम का आयोजन किया. स्टेडियम में 63 फीट ऊंचा एक विशाल बटुकम्मा स्थापित किया गया था. इस दौरान एक साथ 1354 महिलाओं के साथ बटुकम्मा समारोह आयोजित किया गया.
मंत्री सीतक्का ने बटुकम्मा गीत गाया
इस अवसर पर तेलंगाना की मंत्री सीतक्का, जुपल्ली कृष्ण राव, हैदराबाद की महापौर गडवाला विजयलक्ष्मी और अन्य लोग इस बटुकम्मा कार्यक्रम में शामिल हुए. महिलाओं ने विशाल बटुकम्मा के चारों ओर लयबद्ध नृत्य किया. मंत्री सीतक्का ने बटुकम्मा गीत गाया और दर्शकों का मनोरंजन किया.
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधियों ने समारोह का निरीक्षण किया और दो रिकॉर्ड बनाने वालों को प्रमाण पत्र प्रदान किए. दूसरी तरफ, हैदराबाद में टैंक बंड और जिलों में मिनी टैंक बंड के आसपास का इलाका बटुकम्मा उत्सव से जगमगा रहा है. सैकड़ों महिलाएं नाच रही हैं और 'बटुकम्मा' गीत गाकर इस उत्सव को मनाते हुए नजर आईं. वहीं, हनुमाकोंडा, निजामाबाद, खम्मम, करीमनगर, वारंगल और अन्य इलाकों में, सभी महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में बटुकम्मा खेलती हुई नजर आईं.
तेलंगाना की संस्कृति और उत्सव अलग हैं: मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता
दूसरी तरफ मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता ने कहा कि तेलंगाना की संस्कृति और उत्सव अलग हैं. उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी ताकत खुद बनानी चाहिए और दुनिया को भी महिलाओं की शक्ति का एहसास होना चाहिए.
थाईलैंड की विश्व सुंदरी ओपल सुचाता हैदराबाद के सरूरनगर स्टेडियम में आयोजित सद्दुला बटुकम्मा समारोह में भाग लिया. उन्होंने स्थानीय महिलाओं के साथ बटुकम्मा गीत गाए और डांस किया. ओपल सुचाता ने कहा कि एक महिला होने के नाते उन्हें इस कार्यक्रम में भाग लेकर खुशी हुई.
समुद्री खतरे अब तकनीकी और बहुआयामी हो गए - रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
30 Sep, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि समुद्री खतरे अब तकनीकी और बहुआयामी हो गए हैं। जीपीएस स्पूफिंग, रिमोट कंट्रोल बोट, एन्क्रिप्टेड संचार, ड्रोन और डार्क वेब के जरिए आपराधिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। राजनाथ सिंह ने सोमवार नई दिल्ली में भारतीय तटरक्षक कमांडर्स कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। इस दौरान, उन्होंने कहा कि पारंपरिक तरीकों से अब काम नहीं चलेगा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ड्रोन आधारित निगरानी, साइबर डिफेंस और ऑटोमेटेड सिस्टम्स को तुरंत शामिल करना होगा। रक्षा मंत्री ने तटरक्षक बल से 2047 तक के लिए एक भविष्यवादी रोडमैप तैयार करने का आह्वान किया।
रक्षा मंत्री ने नई दिल्ली स्थित तटरक्षक मुख्यालय में 42वीं भारतीय तटरक्षक कमांडर्स कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन किया। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में तटरक्षक के वरिष्ठ अधिकारी रणनीतिक, परिचालन और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर मंथन कर रहे हैं।
समुद्री खतरों के संदर्भ में चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री ने तकनीकी चुनौतियों और भविष्य की तैयारी पर बात की। उन्होंने साइबर और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर को मौजूदा वास्तविक खतरा बताते हुए भारतीय तटरक्षक बल को अपने प्रशिक्षण और उपकरणों को लगातार आधुनिक बनाने पर जोर दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि बंदरगाह, शिपिंग लेन और ऊर्जा अवसंरचना भारत की अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा हैं। समुद्री व्यापार में, भौतिक हो या साइबर, किसी भी तरह की बाधा का सीधा असर राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था दोनों पर पड़ता है। इसलिए आर्थिक सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा को एक ही नजरिए से देखने की आवश्यकता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय तटरक्षक आज राष्ट्रीय सुरक्षा का अहम स्तंभ है। यह बल अपनी स्थापना के समय सीमित संसाधनों से शुरू होकर आज 152 जहाजों और 78 विमानों के साथ एक मजबूत संगठन बन चुका है। उन्होंने बताया कि तटरक्षक बल ने अब तक 1,638 विदेशी पोतों और 13,775 विदेशी मछुआरों को अवैध गतिविधियों में पकड़ा है तथा 6,430 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए हैं। जब्त किए गए इन मादक पदार्थों का मूल्य 37,833 करोड़ रुपए है। केवल इस वर्ष जुलाई तक 76 खोज एवं बचाव अभियानों में 74 लोगों की जान बचाई गई है। स्थापना से अब तक तटरक्षक बल 14,500 से अधिक लोगों का जीवन सुरक्षित कर चुका है।
मेघालय में 2.5 करोड़ की हेरोइन जब्त
30 Sep, 2025 09:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिलांग। मेघालय के वेस्ट जयंतिया हिल्स जिले में मणिपुर के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 2.5 करोड़ रुपए की हेरोइन जब्त की गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार लोगों के पास से भारत, दक्षिण कोरिया, कजाकिस्तान और म्यांमार सहित कई देशों के नोट और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। वेस्ट जयंतिया हिल्स के एसपी गिरि प्रसाद ने बताया कि जिला पुलिस और स्टेट एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की एक जॉइंट टीम ने रविवार देर रात फ्रामर मेर पुलिस ट्रैफिक सेल के पास एक गाड़ी को रोका। गाड़ी खलीहरियात से जोवाई जा रही थी। गाड़ी की तलाशी ली गई और 512.63 ग्राम हेरोइन से भरे 50 साबुन के डिब्बे जब्त किए गए। इसके बाद गाड़ी में सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान मणिपुर के कांगपोकपी और चुराचांदपुर जिलों के रहने वाले चुचुंग सेरटो और थांगगिन तोवथांग के रूप में हुई है।
बारिश-बाढ़,10 लोगों की मौत
30 Sep, 2025 08:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। महाराष्ट्र के कई जिलों में पिछले दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में दस लोगों की मौत हो गई। इनमें नासिक जिले में 4, धाराशिव और अहिल्यानगर में दो-दो और जालना और यवतमाल में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। राज्य के विभिन्न हिस्सों से 11,800 से ज्यादा लोगों को बचाया गया। मराठवाड़ा क्षेत्र के छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, लातूर, नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में बाढ़ आ गई है। मुंबई में शनिवार रात से भारी बारिश हो रही है। नासिक में गोदावरी नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है।
जिला प्रशासन की अनूठी पहल, नहरों के पानी से लबालब हुए 450 तालाब
ईंट निर्माण कार्य से आत्मनिर्भर बन रही हैं समूह की महिलाएं
महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार
प्रदेश में जंगली भैंसा प्रजाति का पुनर्स्थापन एक ऐतिहासिक अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सही दवा-शुद्ध आहार' अभियान में जगदलपुर के चाट-गुपचुप सेंटरों और कॉस्मेटिक्स दुकानों का हुआ निरीक्षण
वन मंत्री केदार कश्यप ने भरा ऑनलाइन स्व-गणना पत्रक, नागरिकों से सहभागिता की अपील
एमपी टूरिज्म को मिला “लीडिंग टूरिज्म डेस्टीनेशन” का प्रतिष्ठित सम्मान
मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दे रहा है नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सुकमा में तेंदूपत्ता संग्रहण तेज़ी से जारी, 35 हजार से अधिक बोरे का हुआ संग्रहण
