देश
‘ये विवाद सिर्फ ध्यान भटकाने का हथकंडा है’ – शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद
4 Oct, 2025 12:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के चुनावों में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज की एंट्री हो गई है. उन्होंने ऐलान किया है कि वो राज्य के चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएंगे. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज बिहार दौरे पर आए हुए हैं. उन्होंने राज्य के बिहटा में देशभर में चर्चित I Love Mahadev और I Love Muhammad विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी.
इस पूरे विवाद पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने कहा, ” I Love Mahadev और I Love Muhammad विवाद जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए शुरू किया गया है. महादेव पूजा का विषय है या लव का? यह महादेव का अपमान है. मैं मोहम्मद के बारे में नहीं जानता. मोहम्मद पर टिप्पणी करना मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है.
महादेव को लेकर शंकराचार्य ने कही ये बात
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने आगे कहा कि जो मोहम्मद को मानते हैं, वे शायद उनके बारे में जानते होंगे, लेकिन मुझे महादेव से लव है ये कहना महादेव का अनादर है. महादेव का अपमान है. हम महादेव के साथ ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करते. इस तरह की भाषा का उपयोग परंपरागत धार्मिक दृष्टिकोण से गलत माना जाता है.
सोशल मीडिया पर छिड़ा है विवाद
गौरतलब है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर आई लव मुहम्मद को लेकर बवाल सामने आया है. इसी का विरोध करते हुए हिंदू संगठनों ने आई लव महादेव के नारे लगाए. इस नारे के समर्थक से भक्ति और आस्था का प्रतीक बता रहे हैं. वहीं विरोधी ऐसे नारे धार्मिक भावनाओं का अनादर बता रहे हैं. उनका कहना है कि इन नारों से धार्मिक भावनाओं का अनादर होता है. ये नारे समाज में और समाज में विभाजन फैला सकते हैं.
कश्मीर में सीजन की पहली बर्फबारी
4 Oct, 2025 11:18 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू। कश्मीर में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। गुलमर्ग, सोनमर्ग और गुरेज में पहाड़ों की चोटियां सफेद हो गई हैं। एक तरफ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, तो श्रीनगर सहित अन्य मैदानी इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा था कि जम्मू-कश्मीर में 5-7 अक्टूबर तक भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। हालांकि, इससे पहले ही बर्फबारी और बारिश हो गई। इससे पर्यटकों में उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों के बीच त्योहार जैसा माहौल हो गया है।
चैतन्यानंद की तीन महिला सहयोगी गिरफ्तार
4 Oct, 2025 10:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने छात्राओं के यौन शोषण का आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी की तीन करीबी महिला सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में महिलाओं ने माना कि उन्होंने चैतन्यानंद के कहने पर छात्राओं पर दबाव बनाया। गिरफ्तार महिलाओं में श्री शारदा इंस्टीट्यूट की श्वेता शर्मा (एसोसिएट डीन), भावना कपिल (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर) और काजल (सीनियर फैकल्टी) शामिल हैं। आरोप है कि इन्होंने अपराध में सहयोग, शिकायतकर्ताओं को धमकाया और सबूत नष्ट किए। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा में एक गेस्ट हाउस में चैतन्यानंद महिला छात्रों के साथ रुका था। वहां के स्थानीय लोगों ने भी इसकी पुष्टि की है। पुलिस को चैतन्यानंद के फोन से डिजिटल सबूत भी मिले हैं। इनमें वह एक वॉट्सएप ग्रुप में छात्राओं की फोटो पर आपत्तिजनक कमेंट कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, बढ़ते सबूतों के बावजूद चैतन्यानंद ने कोई पछतावा नहीं दिखाया।
करूर भगदड़ की नहीं होगी सीबीआई जांच
4 Oct, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मदुरै। मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच करूर भगदड़ से जुड़े मामले की सुनवाई की। जहां कोर्ट ने सीबीआई जांच की मांग वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया। वहीं, अतिरिक्त मुआवजा राशि की मांग वाली याचिका पर स्टालिन सरकार को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता कोई पीडि़त नहीं, बल्कि एक पार्टी का नेता है। किसी एक व्यक्ति ने गलती की है, इसका मतलब यह नहीं कि पूरी जांच ही खत्म हो जाएगी। उन लोगों के बारे में सोचें जिन्होंने अपनी जान गंवाई।अगर कोई पीडि़त हमारे पास आता है तो हम उसकी मदद के लिए आएंगे।
पीओके भारत का अभिन्न अंग, पाकिस्तान की बर्बरता पर बिफरा भारत
4 Oct, 2025 08:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में भड़की हिंसा और वहां की जनता पर की गई दमनकारी कार्रवाई को लेकर भारत ने पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाई है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि पीओके में जारी अशांति इस्लामाबाद की दशकों पुरानी शोषणकारी नीतियों और संसाधनों की लूट का नतीजा है।
विदेश मंत्रालय ने जोर देकर कहा, कि पीओके का इलाका भारत का अभिन्न हिस्सा है और पाकिस्तान को वहां हो रहे गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, कि हमने पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में हो रहे प्रदर्शनों और निर्दोष नागरिकों पर पाकिस्तानी बलों की बर्बरता की खबरें देखी हैं। यह पाकिस्तान के अवैध कब्जे और दमनकारी नीतियों का परिणाम है। पाकिस्तान को वहां के हालात के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
पीओके में बिगड़े हालात
पीओके इस समय हाल के वर्षों का सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन देख रहा है। मुज़फ़्फ़राबाद, मीरपुर, कोटली, रावलकोट और नीलम घाटी में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं। हालात तब और बिगड़े जब व्यापारियों, वकीलों और नागरिक संगठनों के गठबंधन आवामी एक्शन कमेटी (एएसी) और पाकिस्तानी अधिकारियों के बीच बातचीत विफल हो गई। इसके बाद एएसी ने शटर डाउन और व्हील जैम हड़ताल का आह्वान किया, जिससे जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया। एएसी नेता शौकत नवाज़ मीर ने कहा, हमारी लड़ाई किसी संस्था से नहीं, बल्कि उन बुनियादी अधिकारों के लिए है जो हमें 70 साल से नहीं मिले। अब बहुत हो चुका।
हिंसा और दमन
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी बलों की फायरिंग में कई लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए हैं। बाजार बंद हैं, सार्वजनिक परिवहन पूरी तरह से ठप है और इलाके में भारी सुरक्षा तैनाती तथा गिरफ्तारियों के कारण तनाव का माहौल है। प्रदर्शनकारियों ने 38 सूत्रीय चार्टर पेश किया है, जिसमें बुनियादी सुविधाओं से लेकर राजनीतिक सुधार तक की मांगें शामिल हैं। भारत का रुख स्पष्ट है कि पाकिस्तान को अब पीओके में जनता के दमन की कीमत चुकानी होगी। नई दिल्ली ने दोहराया कि यह क्षेत्र भारत का अभिन्न हिस्सा है और वहां के लोगों की आवाज दबाने की इजाजत पाकिस्तान को अब और नहीं दी जाएगी।
IAF प्रमुख ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर किया बड़ा खुलासा, बोले- पाक के पांच लड़ाकू विमान मार गिराए
3 Oct, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली. वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल (IAF chief ) अमर प्रीत सिंह (Amar Preet Singh) ने गुरुवार को ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) को हाल के वर्षों की सबसे महत्वपूर्ण सैन्य कार्रवाई बताते हुए कहा कि इस ऑपरेशन ने भारत की मजबूत वायु रक्षा क्षमताओं और संयुक्त सेवा योजना को प्रदर्शित किया। वायुसेना प्रमुख ने दावा किया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान के पांच एफ-16 और जेफ-17 लड़ाकू विमानों का मार गिराया था। वायुसेना प्रमुख ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर तीनों सेनाओं के तालमेल का प्रतिबिंब था। वायुसेना प्रमुख ने कहा कि तीनों सेनाओं ने सुदर्शन चक्र वायु रक्षा प्रणाली पर काम करना शुरू कर दिया है।
पाकिस्तान को हुआ भारी नुकसान
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को हुए नुकसान को लेकर एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा, जहां तक पाकिस्तान के नुकसान का सवाल है…हमने बड़ी संख्या में उनके हवाई अड्डों और प्रतिष्ठानों पर हमला किए। इन हमलों के कारण पाकिस्तान के कम से कम चार जगहों पर रडार, दो जगहों पर कमांड और कंट्रोल सेंटर, दो जगहों पर रनवे क्षतिग्रस्त हुए। इसके अलावा तीन अलग-अलग स्टेशनों में उनके तीन हैंगर क्षतिग्रस्त हुए। भारत की ओर से किए गए इन हमलों में पाकिस्तान के कम से कम 4 से 5 लड़ाकू विमान, संभवतः एफ-16 तबाह हुए हैं। इसके साथ ही एक एसएएम प्रणाली नष्ट हो गई है। वायुसेना प्रमुख ने कहा कि हमारे पास एक लंबी दूरी के हमले का स्पष्ट सबूत है।
उन्होंने कहा, हमने सबसे लंबी दूरी की मार 300 किलोमीटर से अधिक दुश्मन क्षेत्र में की। हमारी मजबूत हवाई रक्षा प्रणाली ने स्थिति को पूरी तरह पलट दिया।
‘दुनिया को हमसे सीखने की जरूरत’
ऑपरेशन सिंदूर पर, भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने कहा, ‘भारतीय सशस्त्र बलों को संघर्ष को लेकर साफ निर्देश थे। यह एक सबक है जो इतिहास में दर्ज होगा कि यह एक ऐसा युद्ध था जो एक बहुत ही स्पष्ट उद्देश्य से लड़ा गया था और लक्ष्य हासिल होने के बाद इसे बिना आगे बढ़ाए हुए तेजी से समाप्त कर दिया गया। हम देख रहे हैं कि दुनिया में क्या हो रहा है, दो युद्ध चल रहे हैं और फिलहाल उनके खत्म होने की कोई बात नहीं चल रही है। लेकिन हमने लड़ाई को उस स्थिति में पहुंचाया, जहां वे हमसे युद्धविराम की मांग करें। इसके बाद हमने एक राष्ट्र के रूप में संघर्ष को समाप्त करने का फैसला लिया क्योंकि हमने जिन उद्देश्यों से लड़ाई शुरू की थी, वो पूरे हो चुके थे। मुझे लगता है कि ये कुछ ऐसा है, जिसे दुनिया को हमसे सीखने की जरूरत है।’
टाटा बनाएगा एयरबस का H125 हेलिकॉप्टर, नागरिक और मिलिट्री वर्जन कर्नाटक की फैक्ट्री में होगा तैयार
3 Oct, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली. एयरबस हेलीकॉप्टर्स (Airbus Helicopters) और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स (Tata Advanced Systems) ने मिलकर भारत (India) का पहला निजी हेलीकॉप्टर असेंबली प्लांट लगाने का ऐलान किया है. यह प्लांट कर्नाटक के वेमागल में बनेगा. यहां मेड इन इंडिया H125 हेलीकॉप्टर बनेंगे. पहला हेलीकॉप्टर 2027 की शुरुआत में तैयार हो जाएगा. यह न सिर्फ भारत के लिए बल्कि दक्षिण एशिया के देशों के लिए निर्यात भी होगा. यह कदम भारत की हवाई यात्रा और रक्षा को मजबूत बनाएगा.
H125: बहुमुखी हेलीकॉप्टर, हिमालय के लिए भी तैयार
H125 दुनिया का सबसे ज्यादा बिकने वाला सिंगल-इंजन हेलीकॉप्टर है. यह एयरबस की इक्यूरुइल फैमिली का हिस्सा है, जिसने दुनिया भर में 4 करोड़ घंटे से ज्यादा उड़ान भरी है. यह हेलीकॉप्टर ऊंचाई और गर्मी वाले इलाकों में आसानी से काम करता है. इसे कई कामों के लिए बदला जा सकता है, जैसे आग बुझाना, कानून व्यवस्था, बचाव, एयर एम्बुलेंस, पैसेंजर ट्रांसपोर्ट और हवाई सर्वे.
यह हेलीकॉप्टर माउंट एवरेस्ट पर उतर चुका है, जो दिखाता है कि यह ऊंचे पहाड़ों पर कितना कुशल है. भारत के हिमालयी इलाकों के लिए यह परफेक्ट है, जहां सैनिकों को लाइट मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर की जरूरत है. सिविल और पैरा-पब्लिक क्षेत्रों में भी यह नई संभावनाएं खोलेगा, जैसे इमरजेंसी मेडिकल फ्लाइट्स, आपदा राहत, पर्यटन और कानून प्रवर्तन.
सैन्य संस्करण H125M: आत्मनिर्भर भारत का सपना
इस प्लांट से सिविल के साथ-साथ सैन्य संस्करण H125M भी बनेगा. इसमें भारतीय कंपोनेंट्स और टेक्नोलॉजी का ज्यादा इस्तेमाल होगा. यह चीता और चेतक हेलीकॉप्टर्स का बेहतरीन उत्तराधिकारी होगा, जो हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के साथ एयरबस की 60 साल पुरानी साझेदारी से बने थे. ये हेलीकॉप्टर भारतीय सेना ने गर्व से इस्तेमाल किए हैं. H125M से आत्मनिर्भर भारत योजना को बल मिलेगा. यह रक्षा क्षेत्र में हेलीकॉप्टर बनाने की क्षमता बढ़ाएगा और मौजूदा सिस्टम को मजबूत करेगा.
पहली निजी कंपनी बनेगी हेलीकॉप्टर बनाने वाली
टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) भारत की पहली निजी कंपनी होगी जो हेलीकॉप्टर बनाएगी. कंपनी H125 के मैन्युफैक्चरिंग, टेस्टिंग, असेंबली, इंटीग्रेशन और फाइनल फ्लाइट टेस्ट करेगी. इसमें स्ट्रक्चरल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल सिस्टम्स और कंपोनेंट्स को जोड़ना शामिल है.
TASL के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर सुकर्ण सिंह ने कहा कि टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स को भारत की पहली निजी कंपनी बनने पर गर्व है जो हेलीकॉप्टर बनाएगी. यह सिविल और रक्षा दोनों जरूरतों को पूरा करेगा. यह एयरबस के साथ हमारी दूसरी FAL है, जो भारत के लिए हमारी साझेदारी को मजबूत करती है. टाटा एयरोस्पेस सेक्टर में मजबूत है और फिक्स्ड-विंग एयरक्राफ्ट के साथ-साथ हेलीकॉप्टर भी बना सकता है.
यह प्लांट गुजरात के वडोदरा में C295 मिलिट्री एयरक्राफ्ट प्लांट के बाद एयरबस का भारत में दूसरा असेंबली प्लांट है. इससे भारत में मैन्युफैक्चरिंग, असेंबली, मेंटेनेंस, डिजाइन, डिजिटल और ह्यूमन कैपिटल डेवलपमेंट का पूरा इकोसिस्टम बनेगा.
एयरबस-टाटा साझेदारी: भारत के लिए नया अध्याय
एयरबस इंडिया और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर जर्गेन वेस्टरमीयर ने कहा कि भारत हेलीकॉप्टरों के लिए आदर्श देश है. मेड इन इंडिया हेलीकॉप्टर इस बाजार को बढ़ाएगा और राष्ट्र निर्माण का जरूरी टूल बनेगा. हमारे भरोसेमंद पार्टनर टाटा के साथ यह नया अध्याय जोड़कर हमें खुशी हो रही है.
एयरबस भारत से हर साल 1.4 अरब डॉलर से ज्यादा के कंपोनेंट्स और सर्विसेज लेता है, जैसे एयरक्राफ्ट डोर, फ्लैप-ट्रैक बीम और हेलीकॉप्टर कैबिन स्ट्रक्चर्स. यह साझेदारी दक्षिण एशिया के रोटरक्राफ्ट मार्केट की पूरी क्षमता खोलेगी.
भारत की एविएशन इंडस्ट्री को फायदा
यह प्रोजेक्ट भारत की एविएशन इंडस्ट्री को तेजी से बढ़ाएगा. सिविल और रक्षा दोनों क्षेत्रों में नौकरियां बढ़ेंगी. H125 हेलीकॉप्टर आपदा राहत, पर्यटन और कानून प्रवर्तन जैसे महत्वपूर्ण कामों में मदद करेंगे. H125M से सैन्य क्षमता मजबूत होगी. यह कदम दिखाता है कि भारत अब हेलीकॉप्टर बनाने में आत्मनिर्भर बन रहा है.
पीएम-सेतु योजना से युवाओं को मिलेगा उद्यमिता और रोजगार का नया रास्ता
3 Oct, 2025 04:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
युवा विकास की एक ऐतिहासिक पहल के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 4 अक्टूबर की सुबह 11 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 62,000 करोड़ रुपए से अधिक की तमाम युवा-केंद्रित पहलों का अनावरण करेंगे, जिससे देशभर में शिक्षा, कौशल और उद्यमिता को एक निर्णायक बढ़ावा मिलेगा. प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, इस कार्यक्रम में कौशल दीक्षांत समारोह भी शामिल होगा, जो प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का चौथा संस्करण है, जहां कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के 46 अखिल भारतीय टॉपरों को सम्मानित किया जाएगा.
पीएमओ के मुताबिक, प्रधानमंत्री 60,000 करोड़ रुपए के निवेश के साथ केंद्र प्रायोजित योजना पीएम-सेतु (अपग्रेडेड आईटीआई के माध्यम से प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार परिवर्तन) का शुभारंभ करेंगे. इस योजना में देश भर में 1,000 सरकारी आईटीआई को हब-एंड-स्पोक मॉडल में अपग्रेड करने की परिकल्पना की गई है, जिसमें 200 हब आईटीआई और 800 स्पोक आईटीआई शामिल हैं. प्रत्येक हब औसतन चार स्पोक से जुड़ा होगा, जिससे एडवांस्ड इंफ्रास्ट्रक्चर, मॉडर्न ट्रेड्स, डिजिटल लर्निंग सिस्टम और इनक्यूबेशन सुविधाओं से लैस क्लस्टर बनेंगे.
उसके मुताबिक, एंकर इंडस्ट्री पार्टनर्स इन क्लस्टरों का प्रबंधन करेंगे, यह सुनिश्चित करते हुए कि बाजार की मांग के अनुरूप परिणाम-आधारित कौशल विकास हो. हब में नवाचार केंद्र, प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण की सुविधाएं, उत्पादन इकाइयां और प्लेसमेंट सेवाएं भी होंगी. योजना के कार्यान्वयन के प्रथम चरण में पटना और दरभंगा के आईटीआई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
बिहार में युवा कौशल और शिक्षा पर फोकस
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री बिहार की संशोधित मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का शुभारंभ करेंगे, जिसके तहत 5 लाख स्नातकों को दो वर्षों तक 1,000 रुपए मासिक भत्ता दिया जाएगा. प्रधानमंत्री बिहार में जन नायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगे ताकि उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रमों और व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जा सके. वह बिहार के चार विश्वविद्यालयों में नई शैक्षणिक और अनुसंधान सुविधाओं की आधारशिला रखेंगे और बिहटा में एनआईटी पटना के नए परिसर का लोकार्पण करेंगे.
बताया गया है कि प्रधानमंत्री 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नवोदय विद्यालयों और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में स्थापित 1,200 व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं का उद्घाटन करेंगे.
8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली भव्य परेड
3 Oct, 2025 01:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय वायुसेना के 92वां स्थापना दिवस को इस साल 8 अक्टूबर को बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा. इसकी तैयारी भी बड़े जोर-शोर से की जा रही है. इस खास दिन पर हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर भव्य परेड, फ़्लाईपास्ट, प्रदर्शन और कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. तीन साल बाद हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर वायुसेना दिवस परेड का आयोजन किया जाएगा. एयर चीफ़ मार्शल ए.पी. सिंह परेड की सलामी लेंगे.
इस अवसर पर चीफ़ ऑफ़ डिफेंस स्टाफ (CDS), थलसेना प्रमुख (COAS), नौसेना प्रमुख (CNS) और वायुसेना के पूर्व प्रमुख भी मौजूद रहेंगे. एमआई-171 (V) हेलिकॉप्टर ध्वज फ़्लाईपास्ट करेगा, जिसमें भारतीय तिरंगा, वायुसेना का ध्वज और ऑपरेशन सिंदूर का झंडा लहराया जाएगा. परेड में एयरक्राफ्ट का स्थैतिक प्रदर्शन भी शामिल होगा. साथ ही, राष्ट्रपति पुरस्कारों की अलंकरण (Investiture Ceremony) भी आयोजित की गई है.
एयर वॉरियर ड्रिल टीम का होगा प्रदर्शन
कार्यक्रम में एयर वॉरियर ड्रिल टीम का खास प्रदर्शन होगा. सब्रतो टीम के 18 एयर वॉरियर्स राइफल ड्रिल दिखाकर दर्शकों को रोमांचित करेंगे. हेरिटेज फ़्लाइट के तहत हार्वर्ड और हिंदुस्तान ट्रेनर विमान आसमान में करतब दिखाएंगे. साथ ही, इनोवेशन सेल में 18 नए इनोवेशन प्रदर्शित किए जाएंगे, जो वायुसेना की आत्मनिर्भरता और भविष्य की सोच को दर्शाएंगे.
“वॉक थ्रू” के ज़रिए पिछले एक साल की उपलब्धियों और घटनाओं को भी दिखाया जाएगा. वायुसेना दिवस का यह आयोजन परंपरा, ताक़त और आधुनिक सोच का बेहतरीन संगम होगा.
2022 से यह आयोजन चंडीगढ़, 2023 में प्रयागराज और 2024 में चेन्नई सहित कई जगहों पर आयोजित किया जा रहा है. भारतीय सेना और नौसेना भी देश भर में अपने-अपने कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं.
ऑपरेशन सिंदूर में वायुसेना का रोल
भारतीय वायुसेना के हिंडन एयरबेस ने पाकिस्तान को निशाना बनाने वाले सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लॉन्च करने में अहम भूमिका निभाई थी. स्रोतों के अनुसार, इसने विमानों को तैनात करने के लिए एक अहम केंद्र के रूप में कार्य किया. 7 मई को भारत की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर शुरू करने पर हिंडन सिविल टर्मिनल से व्यावसायिक उड़ानें निलंबित कर दी गईं थीं.
शिवसेना उठाएगी बाढ़ प्रभावित परिवारों की बेटियों की शादी की जिम्मेदारी
3 Oct, 2025 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की है कि महाराष्ट्र में भारी वर्षा से तबाह हो गए किसानों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी उनका संगठन उठाएगा। उन्होंने अपने शिवसैनिकों को इस काम में जुट जाने के निर्देश भी दिए। शिंदे ने यह घोषणा भी की कि वर्ष 2026 में शुरू होने जा रहा बालासाहेब ठाकरे का शताब्दी वर्ष शिवसेना जोरशोर से मनाएगी।
शिवसैनिक किसानों के घर-घर जाकर उन्हें मदद पहुंचा रहे हैं- शिंदे
एकनाथ शिंदे गुरुवार को मुंबई के नेस्को सेंटर में शिवसेना की परंपरागत रैली को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अपने विरोधी एवं शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की ओर से खुद पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में बाढ़ के हालात बनने के बाद से ही वह स्वयं एवं उनके शिवसैनिक किसानों के घर-घर जाकर उन्हें मदद पहुंचा रहे हैं।
बाढ़ पीड़ित किसान परिवारों को उनके संगठन की ओर से 26 प्रकार की जीवनावश्यक वस्तुएं प्रदान की जा रही हैं। वह किसानों को पूरी मदद पहुंचाएंगे, और उनकी दीवाली काली नहीं होने दी जाएगी।
बाढ़ पीड़ितों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी हमारी- शिंदे
एकनाथ शिंदे ने इसी कड़ी में बाढ़ पीड़ितों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी उठाने की घोषणा करते हुए कहा कि वह शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे द्वारा दिए गए 80 प्रतिशत समाजसेवा एवं 20 प्रतिशत राजनीति के मूलमंत्र का पालन करते हुए राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे पर यह कहते हुए प्रहार किया कि उन्होंने तो आजतक किसी को बिस्कुट का एक पैकेट भी नहीं भिजवाया है।
उद्धव ठाकरे ने भी गुरुवार को रैली को संबोधित किया
बता दें कि गुरुवार को ही मुंबई के शिवाजी पार्क में शिवसेना (यूबीटी) की भी दशहरा रैली हुई। इसे संबोधित करते हुए इसके अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा था कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को राज्य में आई बाढ़ के बाद पैसा मांगने के लिए दिल्ली जाना पड़ा।
उन्होंने बिहार चुनाव से पहले महिलाओं के खाते में डाले गए दस-दस हजार रुपयों पर यह कहते हुए टिप्पणी की कि अब पगार देकर मतदाता बनाए जा रहे हैं। लेकिन किसानों को देने के लिए केंद्र सरकार के पास पैसा नहीं है।
पीएम मोदी की सराहना की
एकनाथ शिंदे ने इसका भी उत्तर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व की तुलना में पांच गुना अधिक राशि महाराष्ट्र को दी है। जिससे महाराष्ट्र में विकास के कई कार्य संपन्न हो रहे हैं।
एकनाथ शिंदे ने बालासाहेब ठाकरे को याद किया
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने एवं राम मंदिर बनवाने जैसा काम करके स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे के सपनों को पूरा करने का काम किया है। उनपर टिप्पणी करने का कोई अधिकार उद्धव ठाकरे को नहीं है।
मेरठ हाई अलर्ट: सोशल मीडिया पर फैल रहे वीडियो से तनाव, वक्फ कानून पर बंद की तैयारी
3 Oct, 2025 12:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मेरठ: वक्फ कानून को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई भड़काऊ वीडियो ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया है। वीडियो में 3 अक्टूबर 2025, शुक्रवार (जुमे की नमाज के दिन) सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक भारत बंद का आह्वान किया गया है। वीडियो में एक व्यक्ति मुसलमानों से अपने काम-धंधे छोड़कर आंदोलन में शामिल होने और इसे सफल बनाने की अपील करता दिख रहा है। उसका कहना है कि यदि आज विरोध नहीं किया गया तो भविष्य में जमीन, मस्जिद और कब्रिस्तान तक सुरक्षित नहीं रहेंगे। इस तरह की अपीलों और भड़काऊ बयानों वाली वीडियो सोशल मीडिया पर कई दिनों से वायरल हो रही हैं। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिलों में खास निगरानी बढ़ा दी है।
अतिरिक्त फोर्स और ड्रोन से निगरानी
मेरठ रेंज में पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर है। जिलों के कप्तानों को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी भीड़ इकट्ठा न होने दी जाए। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स की तैनाती कर दी गई है। वहीं, ड्रोन कैमरों से भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मवाना में आई लव मोहम्मद पोस्टर से हड़कंप
इधर, बुधवार देर रात मेरठ के मवाना कस्बे में कई दीवारों पर आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर चस्पा मिले। अचानक इन पोस्टरों के लगने से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पोस्टर हटा दिए। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि पोस्टर किसने और किस मकसद से लगाए।
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की साजिश पर पैनी नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे किसी भी तरह के अफवाह या भड़काऊ कंटेंट पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस साइबर सेल के जरिए वीडियो की जांच कर रही है और इसे वायरल करने वालों की पहचान की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी को भी माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन की अपील: शांति बनाए रखें
मेरठ रेंज के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने साफ कहा है कि शहर की अमन-चैन और गंगा-जमुनी तहजीब को बिगाड़ने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई होगी।
बरेली में जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट, ड्रोन से निगरानी, पुलिस-RPF और PAC के 8500 जवान तैनात
3 Oct, 2025 10:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरेली. बरेली (Bareilly) में शुक्रवार को जुमे की नमाज (Friday prayers) को देखते हुए जिले में फिर इंटरनेट सेवा (Internet service) शनिवार तक बंद कर दी गई है। पुलिस-प्रशासन की ओर से हाई अलर्ट (high alert) भी जारी किया गया है। शहर में पुलिस-पीएसी और आरआरएफ के 8500 जवान तैनात किए गए हैं।
इनमें करीब छह हजार की तैनाती शहर में है। ड्रोन से छतों को खंगाला जा रहा है। शहर को चार सुपर जोन और चार स्पेशल जोन में बांटा गया है। शहर में बीते शुक्रवार को हुए बवाल के बाद से शांति कायम है। हालांकि पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को लेकर आईएमसी कार्यकर्ता और जेल भेजे गए आरोपियों के पक्ष के लोग माहौल भड़काने की कोशिश में लगे हैं।
बवाल के दो दिन बाद इंटरनेट सेवा बहाल होने के साथ ही बड़े पैमाने पर आई विरोध प्रतिक्रिया से खुफिया अमले ने दोबारा से माहौल खराब होने की आशंका जताई है। बृहस्पतिवार को दशहरा के अवकाश के बावजूद आंतरिक तैयारियां जारी रहीं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों व मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। अफवाह फैलाने की आशंका थी, इसलिए शासन स्तर से एहतियातन इंटरनेट सेवा बंद की गई है। अभी तक जो भ्रामक पोस्ट सोशल मीडिया सेल को मिलीं हैं, इन पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। एहतियातन बरेली जोन के आठ अन्य जिलों से आई पुलिस फोर्स और पीएसी को यहां रोका गया है।
छतों पर तलाशेंगे पत्थर, 8 टीमें करेंगी निगरानी
पिछले जुमे को बरेली में हुए बवाल के ड्रोन से बनाए गए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट है। शुक्रवार को ड्रोन से निगरानी करने वाली टीमों की संख्या आठ कर दी गई है। यह टीमें सुबह से ही संवेदनशील इलाकों के मकानों की छतों की तलाशी ड्रोन से लेंगी। शहर को चार सुपर जोन में बांटकर 225 मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।
पांच या उससे अधिक लोग दिखे तो होगी कार्रवाई
एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने कहा है कि 5 या उससे ज्यादा लोग कहीं भी अनावश्यक जुटेंगे तो वह कानूनी कार्रवाई के दायरे में आएंगे।
शांति व्यवस्था को लेकर या कोई अन्य शिकायत या समस्या हो तो 0581-2422202 या 0581-2428188 पर फोन कर सूचना दें।
हजियापुर के दो यूट्यूबरों समेत कई खुराफाती चिह्नित
बवाल के दिनों से अब तक सोशल मीडिया व इंटरनेट के सहारे आधी अधूरी जानकारी व भ्रम फैलाने का भी काम किया जा रहा है। एसएसपी की सख्ती के बाद इस तरह का कंटेंट डालने वाले कुछ यूट्यूबर व कथित पत्रकारों को सोशल मीडिया सेल ने चिह्नित करना शुरू कर दिया है। एसएसपी ने बताया कि फिलहाल जो तीन यूट्यूबर चिह्नित किए गए हैं, उनमें दो हजियापुर के और एक फरीदपुर का है। इनके नाम भी मुकदमे में शामिल किए जा सकते हैं।
चार सुपर जोन बनाए, एएसपी बनाए प्रभारी
1- मलूकपुर से बिहारीपुर ढाल
2- इस्लामिया मैदान से कुतुबखाना, नौ महला मस्जिद
3- कोहाड़ापीर से बांसमंडी, साहू गोपीनाथ
4- शाहदाना से ईंट पजाया, श्यामगंज व सिकलापुर
चार स्पेशल जोन गठित
1- किला (सराय व बाकरगंज चौकी क्षेत्र व जखीरा मोहल्ला)
2- सैलानी (बारादरी थाना क्षेत्र का अल्पसंख्यक बाहुल्य वह हिस्सा जहां से शुक्रवार को सर्वाधिक भीड़ आई)
3- नकटिया (कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया व आसपास इलाकों से आई भीड़ बवाल में आगे रही थी)
4- बानखाना (प्रेमनगर थाना क्षेत्र का वह हिस्सा जहां सांप्रदायिक विवाद की चिंगारी सबसे पहले भड़कती रही है)
इतनी फोर्स रहेगी तैनात
– चार एसपी (जोन के दूसरे जिलों से आए आईपीएस अधिकारी)
– 19 एएसपी (बरेली में तैनात आईपीएस व वरिष्ठ पीपीएस अधिकारी)
– 29 सीओ
– 180 इंस्पेक्टर
– 550 दरोगा
– 4800 बरेली पुलिस के सिपाही व दीवान
– 2000 दूसरे जिलों से आए सिपाही व दीवान
– दस कंपनी पीएसी व आरआरएफ अनुमानित संख्या- 1200)
– 200 पुलिसकर्मी व खुफिया अमले के लोग सादा कपड़ों में भीड़ के बीच रहेंगे
तमिलनाडु: कार हादसे में तीन दोस्तों की मौत, दो ने शीशा तोड़कर बचाई जान
3 Oct, 2025 10:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विल्लुपुरम: तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले में विक्रवंडी के पास चेन्नई-त्रिची नेशनल हाईवे पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस दुर्घटना में कार में सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई. तीनों दोस्त चेन्नई से मुन्नार जा रहे थे. घटना के संबंध में विक्रवंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, चेन्नई के पांच दोस्त गुरुवार सुबह छुट्टी मनाने के लिए एक साथ कार से मुन्नार के लिए निकले थे. वे विल्लुपुरम जिले में विक्रवंडी के पास पहुंचे थे, तभी चालक को झपकी आई और कार डिवाइडर से टकरा गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई. कार विपरीत दिशा में जा रहे एक ट्रक से भी टकराई और पलट गई. कार में सवार पांच लोग अंदर ही फंस गए.
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के कुछ ही मिनटों बाद कार में आग लग गई. कार की अगली सीट पर बैठे चेन्नई के तिरुवल्लिकेनी इलाके के दीपक और अब्दुल अजीज को झटका लगा. उन्होंने तुरंत कार का अगला शीशा तोड़ा और बाहर निकल आए. जबकि पिछली सीट पर बैठे तीन अन्य दोस्त शम्सुद्दीन, ऋषि और मोहन की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई.
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर विक्रवंडी पुलिस मौके पर पहुंची और कार से तीनों लोगों के शवों को निकाला. हादसे में घायल हुए दीपक और अब्दुल अजीज को बचा लिया गया और इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया
वहीं, सुबह-सुबह हुई इस दुर्घटना के कारण चेन्नई-त्रिची नेशनल हाईवे पर आधे घंटे से ज्यादा समय तक यातायात बाधित रहा.
शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्रा पंचतत्व में विलीन; पोते राहुल ने दी मुखाग्नि, मिर्जापुर में ली अंतिम सांस
3 Oct, 2025 09:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाराणसी/मिर्जापुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 में प्रस्तावक रहे पद्म विभूषण पंडित छन्नू लाल मिश्रा का मिर्जापुर स्थित उनकी बेटी के आवास पर निधन हो गया है. उनकी बेटी नम्रता मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है. गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया. उनके पोते राहुल मिश्र ने मुखाग्नि दी.
गुरुवार सुबह 4:15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. 89 वर्ष की अवस्था में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. उनका शव बनारस स्थित पैतृक आवास लाया गया है. वहीं, उनके निधन पर पीएम मोदी और सीएम योगी समेत कई हस्तियों ने ट्वीट कर शोक जताया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी.
शास्त्री गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र के बेटे रामकुमार मिश्र वाराणसी पहुंच चुके हैं. अब से कुछ देर बाद ही शवयात्रा निकाली जाएगी. इसके बाद मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा
अजय राय ने कहा कि पंडित जी काशी की शान थे. उनका जाना हम सबके लिए दुखद है. काशी की आवाज अब बंद हो गई. शास्त्रीय संगीत में उन्होंने देश में नाम कमाया. उनका नाम हमेशा-हमेशा के लिए अमर हो गया है. हम लोगों के बीच से एक मूर्धन्य शास्त्रीय गायक चला गया. हम लोग दुखी हैं.
7 माह से बीमार थे: जानकारी के मुताबिक पंडित छन्नूलाल मिश्रा 7 महीने से ज्यादा बीमार चल रहे थे और हाल ही में 17 दिनों के लिए वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय के साथ सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती किए गए थे. वहां उन्हें 13 सितंबर को एडमिट कराया गया था. इसके बाद 27 सितंबर को उन्हें यहां से डिस्चार्ज कर दिया गया था और वह मिर्जापुर में अपनी बेटी नम्रता मिश्रा के आवास पर चले गए थे जहां पर उन्होंने अंतिम सांस ली है. उन्हें सीने में दर्द की शिकायत और अन्य कई बीमारियों के कारण एडमिट किया गया था.
पूरे देश में बिहार मॉडल अपनाएगा चुनाव आयोग, सभी राज्यों में सूची से हटेंगे मृत मतदाताओं के नाम
3 Oct, 2025 08:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। देश में जल्द ही सभी राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) का अभ्यास शुरू होगा, जिसमें बिहार जैसी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। बिहार में इस अभ्यास के दौरान लाखों मृतक और अवैध नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे। चुनाव आयोग का मानना है कि जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रार के डेटा को मतदान प्रणाली से जोड़ने से यह समस्या स्थायी रूप से हल हो जाएगी।
बिहार में एसआईआर शुरू होने से पहले राज्य में 7.89 करोड़ मतदाता थे। इस अभ्यास के दौरान एक अगस्त को प्रकाशित प्रारूपित मतदाता सूची में 7.24 करोड़ मतदाता रहे। लगभग 65 लाख नाम हटाए गए, जिनमें 22 लाख मृतक व्यक्ति शामिल थे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि मृतकों में से अधिकांश हाल ही में नहीं मरे थे, बल्कि पहले रिकॉर्ड नहीं किए गए थे।
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पहले सामान्य पुनरीक्षण में सभी घरों तक गणना फॉर्म नहीं पहुंचे थे। लोगों द्वारा परिवार में हुई मौत की सूचना न देने पर बूथ लेवल अधिकारी को इसकी जानकारी नहीं मिल पाती थी। एसआईआर के दौरान प्रक्रिया सख्त होने से मतदान प्रणाली मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं को हटाने में अधिक सतर्क रहेगी। मतदाता सूची को त्रुटि मुक्त और तेज अपडेट करने के लिए अब चुनाव आयोग मृत्यु पंजीकरण डेटा को इलेक्ट्रॉनिक रूप में रजिस्टार जनरल ऑफ इंडिया से प्राप्त करेगा। इससे मतदान पंजीकरण अधिकारी को समय पर सूचना मिलेगी और बीएलओ वास्तविक जांच करके जानकारी की पुष्टि कर सकेंगे।
अधिकारी ने बताया कि लोगों को अपने परिवार में हुई मौत की जानकारी देने का कोई प्रोत्साहन नहीं होता। लेकिन डेटा लिंकिंग मजबूत होने के बाद मृतक मतदाताओं की उपस्थिति सूची से समाप्त हो जाएगी। आरजीआई और नगरपालिका तथा ग्रामीण निकायों से डेटा लिंकिंग स्थापित होने के बाद मतदाता सूची अधिक त्रुटि-मुक्त बनेगी।
पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए चुनाव आयोग ने नई नियुक्तियां की हैं। आयोग ने अरुण प्रसाद को राज्य का नया अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी और हरीशंकर पाणिकर को संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। ये निर्णय गुरुवार को आधिकारिक तौर पर लिया गया। ये नियुक्तियां उस समय की गई हैं जब आयोग अक्तूबर में पश्चिम बंगाल में अपने विशेष सघन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लागू करने की तैयारी कर रहा है। चुनाव आयोग ने राज्य सरकार से इन दोनों पदों के लिए नामों की सूची मांगी थी। अरुण प्रसाद और हरीशंकर पाणिकर को राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत सूची में से चयनित किया गया।
अरुण प्रसाद 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और पश्चिम बंगाल कैडर से संबंधित हैं। वहीं, हरीशंकर पाणिकर 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। चुनाव आयोग ने खाली डिप्टी मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद के लिए भी तीन नए उम्मीदवारों की सूची मांगी है, जिसमें अनुभव को विशेष महत्व दिया गया है। राज्य सरकार आयोग की दिशा-निर्देशों के अनुसार नई सूची तैयार कर भेज रही है। एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा कि ये नियुक्तियां अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को सुचारू और प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए जरूरी थीं।
जिला प्रशासन की अनूठी पहल, नहरों के पानी से लबालब हुए 450 तालाब
ईंट निर्माण कार्य से आत्मनिर्भर बन रही हैं समूह की महिलाएं
महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार
प्रदेश में जंगली भैंसा प्रजाति का पुनर्स्थापन एक ऐतिहासिक अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सही दवा-शुद्ध आहार' अभियान में जगदलपुर के चाट-गुपचुप सेंटरों और कॉस्मेटिक्स दुकानों का हुआ निरीक्षण
वन मंत्री केदार कश्यप ने भरा ऑनलाइन स्व-गणना पत्रक, नागरिकों से सहभागिता की अपील
एमपी टूरिज्म को मिला “लीडिंग टूरिज्म डेस्टीनेशन” का प्रतिष्ठित सम्मान
मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दे रहा है नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सुकमा में तेंदूपत्ता संग्रहण तेज़ी से जारी, 35 हजार से अधिक बोरे का हुआ संग्रहण
