देश
दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो गर्भवती बहू को मार डाला, खेत में किया अंतिम संस्कार; 6 लोगों पर केस दर्ज
6 Oct, 2025 10:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मैनपुरी जिले (Mainpuri District) के औंछा क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दहेज (Dowry) की मांग पूरी नहीं होने पर चार महीने की गर्भवती एक महिला (Pregnant Woman) की कथित तौर पर उसके पति और ससुराल वालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के इरादे से आरोपियों ने महिला के शव का अंतिम संस्कार भी अपने खेत में कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में 6 आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राहुल मिठास ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के रंगपुर गांव की रहने वाली रजनी कुमारी (21) की शादी इसी साल 21 अप्रैल को गोपालपुर गांव के रहने वाले सचिन से हुई थी। रजनी की मां सुनीता देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के समय दिए गए दहेज से रजनी का पति सचिन, उसका भाई प्रांशु और रिश्तेदार रामनाथ, दिव्या और टीना असंतुष्ट थे। ये सभी रजनी पर टेंट हाउस खोलने के लिए मायके से पांच लाख रुपये लाने का लगातार दबाव बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार, जब दहेज की यह मांग पूरी नहीं हुई, तो आरोपियों ने गत शुक्रवार को रजनी को कथित तौर पर प्रताड़ित किया और उस पर जानलेवा हमला किया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। एएसपी मिठास ने बताया कि इसके बाद सबूतों को मिटाने के लिए आरोपियों ने रजनी के शव को छिपाने की कोशिश की और उसका अंतिम संस्कार अपने खेत में कर दिया। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि मृत्यु के समय रजनी चार महीने की गर्भवती थी।
रजनी की मां सुनीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रजनी के पति सचिन समेत कुल छह आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि की है कि सभी आरोपी अभी फरार हैं, लेकिन पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
बॉम्बे हाई कोर्ट ने रिश्वत मामले में 2 जजों को किया बर्खास्त, पिता को जमानत देने बेटी से मांगे थे 5 लाख रुपये
6 Oct, 2025 09:04 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । बॉम्बे हाई कोर्ट (Bombay High Court) ने कदाचार के आरोप में निचली अदालत (lower court) के 2 जजों (judges) को बर्खास्त (dismissed) कर दिया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धनंजय निकम और दीवानी न्यायाधीश इरफान शेख को बर्खास्त करने का फैसला अनुशासन समिति की जांच के बाद लिया गया। निकम पर रिश्वतखोरी का आरोप है। एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामलों की सुनवाई करने वाले शेख पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और जांच के दौरान जब्त किए गए नशीले पदार्थों का दुरुपयोग करने का आरोप है। शेख के खिलाफ उच्च न्यायालय में दायर एक याचिका अब भी लंबित है।
उच्च न्यायालय ने दोनों को बर्खास्त करने का शुक्रवार को आदेश दिया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने धोखाधड़ी के मामले में जमानत देने के लिए 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में सातारा जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकम के खिलाफ मामला दर्ज किया था। निकम ने जनवरी में अग्रिम जमानत के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने दावा किया कि वह निर्दोष हैं और उन्हें मामले में फंसाया गया है। एचसी ने उन्हें अग्रिम जमानत देने से मार्च में इनकार कर दिया था।
सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा
एक महिला की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके अनुसार, सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में उसके पिता को न्यायिक हिरासत में रखा गया है। महिला ने बताया कि उसके पिता को जमानत देने से निचली अदालत के इनकार के बाद उसने सातारा सत्र न्यायालय में जमानत के लिए याचिका दायर की थी और निकम ने याचिका पर सुनवाई की थी।
5 लाख रुपये मांगने का आरोप
एसीबी ने आरोप लगाया कि निकम के कहने पर मुंबई निवासी किशोर संभाजी खरात और सातारा निवासी आनंद मोहन खरात ने जमानत मंजूर करने के लिए महिला से 5 लाख रुपये मांगे थे। जांच एजेंसी ने दावा किया कि 3 से 9 दिसंबर 2024 के बीच की गई उसकी जांच के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। एसीबी ने निकम, संभाजी खरात, मोहन खरात और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
SMS अस्पताल हादसा: आग लगने से मचा हड़कंप, परिजन बेड सहित मरीजों को निकालते दिखे
6 Oct, 2025 08:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जयपुर। राजस्थान (Rajasthan) की राजधानी जयपुर (Jaipur) में स्थित सवाई मान सिंह अस्पताल (Sawai Man Singh Hospital) के ट्रॉमा सेंटर (Trauma Center) में देर रात आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट (Short circuit) से आग लगने की बड़ी घटना सामने आई है। इस हादसे में 6 मरीजों की मौत हो गई है, जबकि कई गंभीर मरीजों को सुरक्षित निकाला गया। मौके पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ट्रॉमा सेंटर इंचार्ज डॉ. अनुराग धाकड़ ने जानकारी दी कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी प्रतीत होती है। आईसीयू में भर्ती ज्यादातर मरीज पहले से ही बहुत गंभीर स्थिति में थे और कई कोमा में थे। उनके सर्वाइवल रिफ्लेक्स कमजोर थे, इसलिए उन्हें तुरंत शिफ्ट करना मुश्किल रहा। आग से निकलने वाले टॉक्सिक गैसों के कारण मरीजों की हालत और बिगड़ गई। हमने उन्हें निचले फ्लोर के आईसीयू में शिफ्ट करने की कोशिश की, लेकिन छह मरीजों को बचाया नहीं जा सका।
मौके पर पहुंचे CM भजनलाल शर्मा
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खुद सवाई मान सिंह अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ राजस्थान सरकार के मंत्री जवाहर सिंह बेधम भी मौजूद थे। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री को सूचना मिली कि ICU में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। कुछ लोगों की मौत हुई है, जबकि 24 में से ज्यादातर मरीजों को बचा लिया गया है। सरकार घायलों के इलाज को प्राथमिकता दे रही है।
फिलहाल, अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं, जबकि पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है। इस घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और फायर सिस्टम की समीक्षा भी की जा रही है।
मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर इलाज जारी
जयपुर पुलिस आयुक्त बिजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा कि आग लगने के कारणों का खुलासा एफएसएल (FSL) टीम की जांच के बाद ही हो सकेगा। शुरुआती जांच में यह मामला शॉर्ट सर्किट का लग रहा है, लेकिन अंतिम रिपोर्ट जांच के बाद ही मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि बाकी मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर इलाज जारी है। मृतकों के शवों को मॉर्चरी में रखा गया है और सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
सड़कें-पुल तबाह, सिलीगुड़ी-मिरिक का संपर्क टूटा… बंगाल में बारिश-भूस्खलन से त्राहिमाम
5 Oct, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
डेस्क: पश्चिम बंगाल (West Bengal) में बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश (Heavy Rain) ने कहर बरपा दिया है. दार्जिलिंग (Darjeeling) में अचानक आए भूस्खलन ने नौ लोगों की जान ले ली. मिरिक और कुर्सेओंग को जोड़ने वाला ऐतिहासिक दुदिया आयरन ब्रिज भी ढह गया. सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग स्टेट हाईवे-12 पर वाहनों की आवाजाही फिलहाल पूरी तरह बंद हो गई है. वहीं, सुखिया में भी चार लोगों की मौत की खबर है. स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है. लेकिन लगातार बारिश और फिसलन भरी सड़कें राहत प्रयासों में बड़ी बाधा बन रही हैं.
दक्षिण बंगाल में दुर्गा पूजा से पहले ही भारी बारिश हुई. इस बार उत्तर बंगाल प्रकृति के प्रकोप से जूझ रहा है. कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. पहाड़ी जिलों में सबसे ज्यादा बारिश हो रही है. भारी बारिश के कारण पहाड़ी नदियां उफान पर हैं. तीस्ता, तोरसा, रैदक और जलढाका नदियों में पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है. सिलीगुड़ी-मिरिक का सीधा संपर्क टूट गया है.
राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन हुआ है. पुल ढह गए हैं. सड़कें तबाह हो गई हैं. मिरिक में एक के बाद एक मौत की खबरें सामने आ रही हैं. मिरिक में 9, सुखिया में 4 लोगों की मौत हो गई है. इस आपदा में कुल 13 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है. मिरिक से सात शव पहले ही बरामद किए जा चुके हैं. बनवासी, गोयरकाटा, नागराकाटा जैसे इलाकों में भूस्खलन हुआ है. इस कारण पहाड़ियों के पास के घरों और नदी के पास के घरों से लोगों को जल्द से जल्द निकालने की कोशिश की जा रही हैं.
आपदा के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 10 भी बंद है. दार्जिलिंग बिशप हाउस के पास भी भूस्खलन हुआ है. वहां पत्थर हटाने का काम चल रहा है. मिरिक में फंसे पर्यटकों को बचाने की कोशिश की जा रही है. सिलीगुड़ी और सिक्किम को जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग 717E पर भूस्खलन के कारण यातायात ठप हो गया है. भारी बारिश ने उत्तर बंगाल में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है.
बिहार SIR में कितने घुसपैठिये मिले, किन लोगों के नाम कटे? मुख्य चुनाव आयुक्त ने दिया जवाब
5 Oct, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (Chief Election Commissioner) ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) ने कहा कि बिहार (Bihar) में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (Special Intensive Revision) की प्रक्रिया पूरी करने वाले बीएलओ ने बहुत अच्छा काम किया है। चुनाव आयोग के सीनियर अधिकारी दो दिन के लिए बिहार पहुंचे थे। यहां चुनाव आयोग के अधिकरियों ने बिहार चुनाव 2025 की तैयारियों की समीक्षा की। पहले दिन चुनाव आयुक्तों ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बात की। वहीं, दूसरे दिन राज्य के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद चुनाव आयोग ने बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन से जुड़ी अहम जानकारियां दीं।
चुनाव आयुक्त ने बताया कि एसआईआर में दूसरे देश के नागरिकों के नाम भी काटे गए हैं। इसके अलावा उन लोगों के नाम भी काटे गए हैं, जो दूसरी जगहों पर जा चुके हैं और जिनके नाम एक से ज्यादा जगहों पर जुड़े हुए थे। चुनाव आयुक्त ने कहा कि कितने लोगों के नाम काटे गए हैं। इसकी जानकारी हर जिले के अधिकारी के पास होती है। वहां से यह जानकारी ली जा सकती है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि इस बार चुनाव आयोग ने मतदान की प्रक्रिया आसान करने के लिए क्या बदलाव किए हैं। चुनाव आयुक्त ने कहा कि बीएलओ ने बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने सभी बीएलओ की तारीफ की। उन्होंने बताया कि इस बार वोट डालने के लिए लाइन में खड़े लोग फोन चला सकेंगे। उन्हें वोट डालने से ठीक पहले अपना फोन जमा करना होगा और वोट डालने के तुरंत बाद वह फोन वापस ले सकेंगे।
बिहार चुनाव में क्या नया होगा?
किसी भी बूथ में 1200 से ज्यादा मतदाता नहीं होंगे।
ईवीएम के आखिरी दो राउंड की गणना से पहले बैलेट पेपर की गणना पूरी होगी।
हर पोलिंग स्टेशन से 100 फीसदी वेबकास्टिंग होगी।
ईवीएम में हर उम्मीदवार की रंगीन फोटो होगी। नाम बड़े अक्षर में होंगे।
अब से नए नतदाताओं को 15 दिन में वोटर कार्ड मिलेंगे।
मीटिंग की अहम बातें
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राजनीतिक दलों से मतदान और मतगणना एजेंटों की नियुक्ति करके चुनाव प्रक्रिया के हर चरण में पूर्ण भागीदारी करने की बात कही।
राजनीतिक दलों ने सुझाव दिया कि चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी अधिकतम करने के लिए मतदान छठ पर्व के तुरंत बाद निर्धारित किए जाएं और चुनाव यथासंभव कम चरणों में पूरे किए जाएं।
आयोग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और राज्य प्रशासन को पूरी निष्पक्षता से कार्य करने और राजनीतिक दलों की शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अब नई भूमिका में दिखेंगे शुभांशु शुक्ला, छात्रों को बनाएंगे विकसित भारत के निर्माता
5 Oct, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (International Space Station) तक पहुंचने वाले भारतीय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला (Group Captain Shubhanshu Shukla) को केंद्र सरकार (Central Government) के ‘विकसित भारत बिल्डाथॉन’ का ब्रांड एंबेसडर (Brand Ambassador) बनाया गया है। यह कार्यक्रम देशभर के स्कूलों में नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया है।
‘विकसित भारत बिल्डाथॉन’ शिक्षा मंत्रालय और अटल इनोवेशन मिशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा स्कूल हैकाथॉन है, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को जोड़ा जा रहा है। इस पहल के तहत 1.5 लाख स्कूलों के एक करोड़ से अधिक छात्र मिलकर नए विचारों, डिजाइन और प्रोटोटाइप तैयार करेंगे।
विद्यार्थियों को चार राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर प्रोजेक्ट बनाने होंगे। इसमें आत्मनिर्भर भारत- स्वावलंबी तकनीक और समाधान विकसित करना, स्वदेशी- देशी विचारों और नवाचारों को बढ़ावा देना। वोकल फॉर लोकल- स्थानीय उत्पादों, कला और संसाधनों को प्रोत्साहन देना। समृद्धि – सतत विकास और समृद्धि के मार्ग बनाना शामिल है।
यह बिल्डाथॉन 23 सितंबर को लॉन्च हुआ था। इसमें पंजीकरण की अंतिम तिथि- 6 अक्तूबर, वहीं इसका लाइव बिल्डाथॉन 13 अक्तूबर को होगा। वहीं विजेताओं की घोषणा दिसंबर महीने में की जाएगी इस दौरान छात्र टीमों में मिलकर अपने विचारों को मूर्त रूप देंगे और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करेंगे।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, 39 वर्षीय भारतीय वायुसेना अधिकारी और टेस्ट पायलट हैं। उन्होंने हाल ही में एक्सिओम-4 मिशन के तहत अपनी पहली अंतरिक्ष यात्रा पूरी की। यह मिशन इसरो, नासा और एक्सिओम स्पेस के सहयोग से संपन्न हुआ। इस यात्रा के साथ वे आईएसएस तक पहुंचने वाले पहले भारतीय और राकेश शर्मा (1984) के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बने।
रानी दुर्गावती की जयंती: शाह ने कहा-राष्ट्रहित के लिए प्रेरित करती है वीरांगना की जीवनगाथा
5 Oct, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। आज देश की वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती है। इस मौके पर पूरा देश उन्हे याद कर रहा है। उनकी वीरगाथा की चर्चा चौतरफा है। गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हे नमन करते हुए एक्स पर लिखा है कि देश के युवाओं को उनकी जीवन गाथा को पढ़ना चाहिए और राष्ट्रहित का संकल्प लेना चाहिए। न्यायप्रिय शासन, प्रजावत्सलता और मातृभूमि की रक्षा की प्रतीक रानी दुर्गावती जी ने गोंडवाना को नारी शक्ति, राष्ट्रभक्ति और सेवाभाव की प्रेरणा का केंद्र बनाया। रानी दुर्गावती को उनकी जयंती पर नमन करता हूं।
वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा कि अपनी वीरता, दृढ़ता व साहस से अमर शौर्य गाथा लिखने वाली, नारी शक्ति की अद्वितीय प्रतिमूर्ति, महान वीरांगना रानी दुर्गावती जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि व स्वाभिमान की रक्षा के लिए मुगलों के विरुद्ध उनका आर-पार का संघर्ष और बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि अदम्य साहस, पराक्रम और शक्तिशाली नेतृत्व से मुगल शासकों के दांत खट्टे करने वाली महान वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती पर शत्-शत् नमन। आपका शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में लिखा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाली महान वीरांगना, नारी शक्ति की अद्वितीय प्रतीक रानी दुर्गावती की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उनका अटूट साहस, त्याग और बलिदान हम सबको राष्ट्र सेवा और धर्म की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पोस्ट में लिखा कि बाज बहादुर की सेना को धूल चटाने और मुगलों की सेना को पीछे हटने पर मजबूर कर देने वाली अद्वितीय शौर्य, साहस और पराक्रम की पर्याय, महान वीरांगना रानी दुर्गावती जी की जयंती पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं। जनजातीय गौरव, वीरांगना रानी दुर्गावती ने मातृभूमि के स्वाभिमान एवं स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका व्यक्तित्व हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। आपकी असाधारण वीरता की गाथाएं अनंत काल तक हम सबको गौरवान्वित करती रहेंगी।
साइक्लोन ‘शक्ति’ तूफान को लेकर अलर्ट जारी, महाराष्ट्र में हो रही मूसलाधार बारिश
5 Oct, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। इस साल मानसून सीजन का पहला साइक्लोन अरब सागर में उठा है। मौसम विज्ञानियों ने साइक्लोन का नाम ‘शक्ति’ रखा है। शुक्रवार को डेवलप हुए इस तूफान का नाम श्रीलंका ने दिया है। इस तूफान की वजह से महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ वाले जिलों में मूसलाधार बारिश जारी है। साथ ही पूर्वी गुजरात मौसम विभाग का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि साइक्लोन शक्ति का असर पूर्वी तटीय राज्य ओडिशा पर होने की संभावना है। साथ ही इस तूफान को देखते हुए गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय इलाके वाले मछुआरों को समंदर में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
साइक्लोन शक्ति को लेकर मौसम विभाग का बड़ा अपडेट आया है। मौसम विभाग ने बताया कि गंभीर श्रेणी के इस तूफान का महाराष्ट्र के कोस्टल एरिया में कोई खतरा नहीं है। उत्तर-पश्चिम अरब सागर के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’ पिछले 10 घंटों से पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। चक्रवात शक्ति की वजह से महाराष्ट्र के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है। महाराष्ट्र के कई जिले हाई अलर्ट पर हैं।
गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लिया शक्ति, 110 किमी की रफ्तार से चल रही हैं हवाएं
उत्तर-पश्चिम अरब सागर के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’ पिछले 10 घंटों से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार तक गुजरात-महाराष्ट्र तट पर समुद्र की स्थिति खराब हो सकती है। तूफानी मौसम और 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 75 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार और सोमवार को 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 60-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पीएम मोदी के निमंत्रण पर दो दिनी यात्रा पर भारत आ रहे ब्रिटेन के पीएम
5 Oct, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर 8-9 अक्टूबर को भारत की अपनी पहली यात्रा पर आ रहे हैं। कीर को यह न्योता पीएम मोदी ने दिया है। इस दौरे में दोनों नेता भारत-ब्रिटेन के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर बात करेंगे। दोनों देशों ने ‘विजन 2035’ नाम से एक 10 साल का रोडमैप तैयार किया है। इसमें व्यापार, तकनीक, रक्षा, पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे कई मुद्दों पर काम किया जाएगा।
9 अक्टूबर को पीएम स्टार्मर और नरेंद्र मोदी मुंबई में होंगे। वहां वे बिजनेस और इंडस्ट्री के बड़े लोगों से मुलाकाता करेंगे। दोनों नेता भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते के मौकों पर चर्चा करेंगे। इस समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापार को और बढ़ाने की उम्मीद है। दोनों नेता 6वें ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में भी भाग लेंगे। वहां वे नए आइडियाज वाले लोगों, नीति निर्माताओं और विशेषज्ञों से बातचीत करेंगे। साथ ही दोनों वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार करेंगे।
बता दें इससे पहले जुलाई 2025 में पीएम मोदी ब्रिटेन की यात्रा पर गए थे। वहां उन्होंने पीएम स्टार्मर से उनके गांव वाले घर चेकर्स में मुलाकात की थी। उस दौरान दोनों देशों ने रक्षा क्षेत्र में सह-विकास और सह-उत्पादन के लिए एक रोडमैप पर हस्ताक्षर हुए थे। पीएम मोदी ने ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय से भी नॉरफॉल्क के सैंड्रिंघम एस्टेट में मुलाकात की थी। उन्होंने राजा को अपनी पर्यावरण पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत एक पौधा भेंट किया था।
24 जुलाई 2025 को भारत और ब्रिटेन ने सीईटीए पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते से भारत के 99 फीसदी निर्यात को ब्रिटेन में बिना टैक्स के जगह मिलेगी। ब्रिटेन के 90फीसदी सामान पर भी टैक्स हटेगा। इससे दोनों देशों का व्यापार, जो अभी 56 बिलियन डॉलर का है, 2030 तक दोगुना होने की उम्मीद है। टेक्सटाइल, मछली, चमड़ा, जूते, खेल का सामान, खिलौने, गहने, इंजीनियरिंग और ऑटो पार्ट्स जैसे क्षेत्रों को इससे फायदा होगा। साथ ही आईटी, वित्त, कानूनी और शिक्षा सेवाओं में भी मौके बढ़ेंगे। भारतीय शेफ, योग प्रशिक्षक, आर्किटेक्ट और संगीतकारों के लिए वीजा नियम आसान होंगे।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इसे दोनों देशों के लिए बड़ा कदम बताया है। सीईटीए से नौकरियां बढ़ेंगी और किसानों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्टार्टअप्स को फायदा मिलेगा। यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने का मौका है।
पहलगाम हमले में चीन ने की पाक की मदद, सैटेलाइट इमेज कराई उपलब्ध
5 Oct, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। क्या पहलगाम में हुए आतंकी हमले में भी आतंकियों की चीन ने मदद की थी। चीन मामलों के जानकार प्रोफेसर श्रीकांत कोंडापल्ली ने आरोप लगाया है कि पहलगाम आतंकी हमले में एक आतंकी के पास हुआवे का फोन था, जिसमें चीनी सैटेलाइट कनेक्शन मौजूद था। हमले के बाद उसी फोन से पाकिस्तान को संदेश भेजा गया था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रोफेसर कोंडापल्ली ने कहा कि पहलगाम में जब हमला हुआ, तब एक आतंकी के पास हुवावे का फोन मिला, जिसमें चीनी सैटेलाइट कनेक्शन था। उसने हमले के बाद पाकिस्तान को मैसेज भेजा था। यह साफ तौर पर चीन की भूमिका दिखाता है। हमले से पहले चीन ने पाकिस्तान को पहलगाम की 120-129 स्लाइड्स वाली सैटेलाइट इमेज भी उपलब्ध कराई थीं। आतंकवाद के खिलाफ भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ प्रतिबद्धता जताने के बावजूद चीन पाकिस्तान की मदद कर रहा था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की चर्चाओं से द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) का नाम हटवाने की कोशिश की, जिसने शुरू में हमले की जिम्मेदारी ली थी। कोंडापल्ली ने कहा कि चीनी राजदूत और पाकिस्तानी राजदूत ने यूएनएससी चर्चाओं में टीआरएफ का नाम हटवा दिया। पहले दो बार की जिम्मेदारी टीआरएफ के रोल को साबित करती है। तियानजिन एससीओ घोषणा पत्र में पहलगाम का जिक्र था, लेकिन इसे पाकिस्तानी दबाव में कमजोर कर दिया गया। इससे साफ होता है कि आतंकवाद के मुद्दे पर भारत अपने पड़ोसी देश चीन पर भरोसा नहीं कर सकता।
कोंडापल्ली ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी चीन पर पाकिस्तान का समर्थन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चीन ने ऑपरेशन सिंदूर के वक्त पाकिस्तान वायुसेना को सूचनाएं दीं। उन्हें जेएफ-17, जे-10 लड़ाकू विमान, एचक्यू-9 सरफेस-टू-एयर मिसाइल बैटरियां जैसे हथियार मुहैया कराए। यह बेहद आक्रामक रुख है। पहलगाम हमले के बाद चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने निष्पक्ष जांच की बात कही, जबकि चीन खुद कभी भी शिनजियांग के उइगर विद्रोह या कोविड-19 महामारी के समय डब्ल्यूएचओ टीम को जांच की अनुमति नहीं देता।
कोंडापल्ली ने कहा कि भारत को अब कार्रवाई करनी होगी, जांच नहीं, क्योंकि कई आतंकी घटनाओं का सुराग पाकिस्तान के क्रॉस-बॉर्डर आतंकवाद से जुड़ता रहा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान का साथ दिया। एक पाकिस्तानी ब्रिगेडियर ने चीन के वेस्टर्न थिएटर कमांड से रावलपिंडी के लिए समन्वय किया। इसलिए भारत को चीन पर भरोसा करने से पहले ठोस सबूतों की जरूरत है।
Google Chrome यूजर्स के लिए सरकार ने जारी किया बड़ा अलर्ट, तुरंत करें ये काम
5 Oct, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: भारत सरकार (Government of India) की एजेंसी CERT-In ने Google Chrome और Mozilla Firefox ब्राउजर यूजर्स के लिए हाई-सीवियरिटी सिक्योरिटी अलर्ट (High-severity security alert) जारी किया है. एजेंसी ने बताया कि इन ब्राउजर्स के पुराने वर्जन में कई खतरनाक कमजोरियां पाई गई हैं, जिनका फायदा उठाकर हैकर्स संवेदनशील डेटा चोरी कर सकते हैं या डिवाइस पर मालवेयर चला सकते हैं. सरकार ने यूजर्स को तुरंत अपने ब्राउजर अपडेट करने की सलाह दी है.
CERT-In ने चेतावनी दी है कि Chrome के उन वर्जन्स में खतरनाक बग मौजूद हैं जो Linux पर 141.0.7390.54 और Windows व macOS पर 141.0.7390.54/55 से पुराने हैं. इनमें WebGPU और Video में heap buffer overflow, Storage और Tab में डेटा लीक, Media व Drmbox में गलत इंप्लीमेंटेशन जैसी खामियां मिली हैं. इन कमजोरियों का फायदा उठाकर कोई भी रिमोट अटैकर यूजर को मालिशियस वेबसाइट पर भेजकर सिस्टम में कोड चला सकता है और प्राइवेट डेटा तक पहुंच सकता है.
Mozilla Firefox के वर्जन 143.0.3 से पुराने और iOS के लिए 143.1 से नीचे वाले वर्जन में भी गंभीर सुरक्षा खामियां मिली हैं. इसमें cookie storage का सही आइसोलेशन न होना, Graphics Canvas2D में integer overflow और JavaScript Engine में JIT miscompilation जैसी समस्याएं सामने आई हैं. अगर यूजर किसी मालिशियस वेब रिक्वेस्ट पर क्लिक कर देता है तो हैकर्स सिस्टम पर कंट्रोल पा सकते हैं और ब्राउजर में सेव संवेदनशील डेटा चुरा सकते हैं.
CERT-In ने दोनों अलर्ट को हाई-रिस्क कैटेगरी में रखा है और यूजर्स को तुरंत Chrome और Firefox के लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करने की सलाह दी है. Google और Mozilla दोनों ने ही इन खामियों को दूर करने के लिए सिक्योरिटी पैच जारी कर दिए हैं. यूजर्स CERT-In की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डिटेल्ड वल्नरेबिलिटी नोट्स और पैच लिंक भी देख सकते हैं.
कोचिंग सेंटर में भीषण ब्लास्ट, 2 छात्रों की मौत, 6 की हालत गंभीर
5 Oct, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के फर्रुखाबाद जिले (Farrukhabad district) में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ. शहर में स्थित एक कोचिंग सेंटर (coaching centre) में अज्ञात कारणों से भीषण विस्फोट हुआ, जिससे दो छात्रों की मौके पर मौत हो गई. वहीं पांच गंभीर रूप से घायल हैं. धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल गया. फिलहाल पुलिस धमाके की जांच-पड़ताल में जुटी है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही डीएम और एसपी मौके पर पहुंच गए और मौके पर मौजूद पुलिस टीम से घटना की जानकारी ली.
बता दें कि कादरीगेट थाना क्षेत्र में सातनपुर मंडी रोड पर एक कोचिंग सेंटर है. शनिवार को शाम के समय अचानक से कोचिंग सेंटर में तेज धमाका हुआ और धुआं भर गया. वहीं धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए. आनन-फानन में लोग कोचिंग सेंटर में पहुंचे. लोगों ने देखा तो कोचिंग सेंटर में आए कुछ छात्र घायल अवस्था में पड़े थे. लोगों ने घटना की सूचना कादरीगेट थाना पुलिस को दी.
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने सात घायल छात्रों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया. इनमें से दो छात्रों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं पांच की हालत गंभीर देख उनका इलाज शुरू किया. इनमें से कुछ छात्रों की हालत ज्यादा गंभीर देख सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. वहीं हादसे के बाद बिल्डिंग के हिस्से 20 मीटर दूर तक बिखर गए. करीब दो किलोमीटर तक धमाके की आवाज सुनाई दी.
वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में धमाके के पीछे का कारण सेफ्टिक टैंक में गैस बनना बताया जा रहा है. घटनास्थल पर मौजूद फॉरेंसिक टीम ने जांचकर बताया कि मीथेन गैस की वजह से विस्फोट हुआ है. पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. अंदर से सभी रिकॉर्ड पुलिस ने जब्त कर लिए हैं. मौके पर डीएम आशुतोष दुवेदी और एसपी आरती सिंह मौजूद हैं. अभी भी रेस्क्यू चलाया जा रहा है. देखा जा रहा है कि बिल्डिंग के मलबे में कोई अन्य छात्र तो नहीं फंसा है.
हादसे को लेकर SP आरती सिंह ने बताया, “करीब 3:19 बजे सूचना मिली थी. ये एक कोचिंग सेंटर है, जिसके बेसमेंट में एक सेप्टिक टैंक है. टैंक में कंसन्ट्रेटेड मीथेन अधिक होने के वजह से एक ब्लास्ट हुआ. वहां एक स्विच बोर्ड भी मिला. संभवतः उसकी वजह से ब्लास्ट हुआ होगा. घटना में सात लोग घायल हुए थे, जिसमें से दो की मौत हो गई. घटना की जांच की जा रही है. CCTV देखे जा रहे हैं.”
नेशनल हाईवे पर नहीं हो सकेगी राजनीतिक रैली और रोड शो, हाईकोर्ट ने दिया बड़ा आदेश
5 Oct, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। तमिलनाडु (Tamil Nadu) के करुर में गत 27 सितंबर को एक्टर विजय (Actor Vijay) की राजनीतिक रैली में भगदड़ में करीब 40 लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे देश को हिला दिया था। इस पर मद्रास हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है। कोर्ट ने साफ आदेश दिया है कि जब तक राज्य सरकार स्पष्ट स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) तैयार नहीं कर लेती तब तक राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर कोई भी राजनीतिक रैली, रोड शो या बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सकता।
यह आदेश हाईकोर्ट ने उन चार जनहित याचिकाओं यानी पीआईएल पर सुनवाई के दौरान दिया जिनमें मांग की गई थी कि करुर जैसी घटनाओं से बचने के लिए ठोस गाइडलाइंस हो। याचिकाकर्ताओं ने कहा था कि नेता विजय की रैली में भीड़ नियंत्रण की कमी और अव्यवस्था के कारण यह हादसा हुआ।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने तमिलनाडु के 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की
5 Oct, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेन्नई। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने तमिलनाडु के 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के ऊपर मौसम प्रणालियां लगातार सक्रिय हो रही हैं।
नए बुलेटिन के अनुसार, 2 अक्टूबर से बंगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में बना एक गहरा दबाव क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है और शाम तक दक्षिणी ओडिशा तट पर गोपालपुर के पास पहुंच गया है।
सौराष्ट्र तट और आसपास के इलाकों में बना एक और गहरा दबाव क्षेत्र 1 अक्टूबर को और मजबूत हुआ, 2 अक्टूबर तक उत्तर-पूर्वी अरब सागर में स्थानांतरित हो गया और अब यह गुजरात के द्वारका से लगभग 240 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।
यह दबाव क्षेत्र एक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और अगले 24 घंटों में धीरे-धीरे कमजोर होने से पहले पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। इन मौसम विक्षोभों के कारण, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई हिस्सों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।
तिरुवल्लूर, चेन्नई, चैंगलपट्टू, कांचीपुरम, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, अरियालुर, सलेम, नामक्कल, कल्लाकुरिची, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तिरुवरूर और तंजावुर जिलों के साथ-साथ पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
फॉर्च्यूनर सवार की दबंगई! सफाईकर्मी को थप्पड़ जड़ा, गालियां दीं और पिस्तौल दिखाकर धमकाया, देखिए वायरल वीडियो
4 Oct, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक वीडियो सामने आया है। इस वायरल वीडियो में एक युवक सफाईकर्मी से बदसलूकी करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक हाथ में पिस्तौल लिए सफाईकर्मी से बहस करता दिख रहा है और कुछ देर बाद उसे थप्पड़ मार देता है।
थाना सेक्टर-49 थाना प्रभारी के अनुसार यह घटना थाना क्षेत्र के होशियापुर गांव की है। जहाँ फॉर्च्यूनर कार और कूड़ा गाड़ी के टकराने के बाद कार सवार ने सफाईकर्मी से मारपीट की और पिस्टल दिखाकर धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आस-पास मौजूद लोगों ने जब युवक को रोकने की कोशिश की, तो वह अपनी कार में बैठकर वहां से चला गया। उसके हाथ में पिस्तौल भी दिखाई दी। इस घटना पर थाना सेक्टर-49 पुलिस ने बताया कि मामला जांच में है, एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे सफाईकर्मी रोज की तरह गलियों की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान एक तंग गली में सफाई करते समय एक सफाईकर्मी का कूड़ादान गलती से गली में खड़ी फॉर्च्यूनर कार से टकरा गया। इस मामूली बात पर कार में बैठे युवक ने गुस्से में बाहर आकर सफाईकर्मी को धमकाया, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उस पर हाथ उठाया। जाते समय युवक ने पिस्टल दिखाकर डराने की कोशिश की, जबकि आस-पास मौजूद लोग उसे शांत करने की कोशिश करते नजर आए।
आरोपी की पहचान योगेश यादव के रूप में हुई है। जब यह पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, तो सेक्टर 49 थाना पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज की और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी। सुबह से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दर्जन भर से ज्यादा यूजर्स ने यह वीडियो शेयर करते हुए सफाईकर्मी को न्याय दिलाने और आरोपी योगेश यादव की गिरफ्तारी की मांग की है। इस मामले पर डीसीपी नोएडा ने कार्रवाई करते हुए जांच के लिए एक विशेष टीम गठित करने की जानकारी दी है।
थाना सेक्टर-49 की पुलिस के मुताबिक, बहलोलपुर निवासी योगेश यादव शनिवार सुबह कार से होशियारपुर गांव गया था। वहां उसकी कार से कूड़ा गाड़ी टकरा गई, जिसके बाद उसने सफाईकर्मी संजीव कुमार कुमार से मारपीट की। पीड़ित संजीव की रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस टीम आरोपी युवक की तलाश में सक्रिय है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जिला प्रशासन की अनूठी पहल, नहरों के पानी से लबालब हुए 450 तालाब
ईंट निर्माण कार्य से आत्मनिर्भर बन रही हैं समूह की महिलाएं
महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार
प्रदेश में जंगली भैंसा प्रजाति का पुनर्स्थापन एक ऐतिहासिक अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सही दवा-शुद्ध आहार' अभियान में जगदलपुर के चाट-गुपचुप सेंटरों और कॉस्मेटिक्स दुकानों का हुआ निरीक्षण
वन मंत्री केदार कश्यप ने भरा ऑनलाइन स्व-गणना पत्रक, नागरिकों से सहभागिता की अपील
एमपी टूरिज्म को मिला “लीडिंग टूरिज्म डेस्टीनेशन” का प्रतिष्ठित सम्मान
मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दे रहा है नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सुकमा में तेंदूपत्ता संग्रहण तेज़ी से जारी, 35 हजार से अधिक बोरे का हुआ संग्रहण
