देश
हरियाणा कैडर के सीनियर IPS अधिकारी ने चंडीगढ़ में सुसाइड किया, खुद को गोली मारी
8 Oct, 2025 09:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा (Haryana) के सीनियर IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार (Y. Puran Kumar) ने चंडीगढ़ (Chandigarh) स्थित अपने निजी आवास पर खुद को गोली मारकर (Shooting Himself) आत्महत्या कर ली है। उन्होंने ये कदम क्यों उठाया, इस बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। मौके पर चंडीगढ़ पुलिस और हरियाणा पुलिस के तमाम अधिकारी पहुंचे हैं।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने अधिकारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच टीम आस-पास के सीसीटीवी फुटेज तलाश रही है और आत्महत्या की वजह ढूंढने की कोशिश कर रही है। सभी पहलुओं को साथ में लेकर जांच की जा रही है। चूंकि ये मामला हाई प्रोफाइल है, इसलिए इस मामले को बेहद अलर्टनेस के साथ देखा जा रहा है।
सवाल ये भी है कि आखिर पुलिस विभाग के इतने बड़े अधिकारी ने सुसाइड क्यों की होगी? इसके पीछे निजी वजह है या फिर कोई अन्य वजह, जिसने अधिकारी को सुसाइड करने के लिए मजबूर कर दिया। तमाम तरह के सवाल हवाओं में घूम रहे हैं, जिनका उत्तर जांच के बाद ही मिल सकेगा।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर दो दिवसीय भारत यात्रा पर मुंबई पहुंचे
8 Oct, 2025 08:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर का दो दिवसीय भारत दौरा आज से शुरू हो रहा है. पीएम मोदी के निमंत्रण पर उनकी यह पहली आधिकारिक यात्रा है. दो दिवसीय अपनी यात्रा के दौरान वह व्यापार, निवेश, तकनीकी समेत विभिन्न अहम मुद्दों पर पीएम मोदी के साथ बातचीत करेंगे. वह कल मुंबई के राजभवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और कल ही जियो वर्ल्ड सेंटर में सीईओ फोरम और ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 कार्यक्रमों में शामिल होंगे. कीर स्टारमर लंदन हीथ्रो हवाई अड्डे से रवाना होने से पहले अपने व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ खड़े दिखे. इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 और 9 अक्टूबर को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करने और मुंबई में विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण करने के लिए महाराष्ट्र का दौरा करेंगे.
पीएम मोदी आज नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 और 9 अक्टूबर को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करने और मुंबई में विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ और राष्ट्र को समर्पित करने के लिए महाराष्ट्र का दौरा करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय की एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार पीएम मोदी नवी मुंबई पहुंचेंगे और लगभग 3 बजे नवनिर्मित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद करीब 3.30 बजे, वह नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा मुंबई में विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ और राष्ट्र को समर्पित करेंगे. वह इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे. 9 अक्टूबर को लगभग 10 बजे प्रधानमंत्री मुंबई में ब्रिटेन पीएम कीर स्टारमर की मेजबानी करेंगे. दोपहर लगभग 1.40 बजे, दोनों देशों के प्रधानमंत्री मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में सीईओ फोरम में भाग लेंगे.
ब्रिटेन के पीएम स्टारमर मुंबई के छत्रपति अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुए
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर आज सुबह भारत पहुँचने के बाद मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुए. वह कल मुंबई के राजभवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और कल ही जियो वर्ल्ड सेंटर में सीईओ फोरम और ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 कार्यक्रमों में भाग लेंगे.
ब्रिटेन के पीएम स्टारमर आज सुबह मुंबई हवाई अड्डे पर पहुँचे
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर आज सुबह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुँचे. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार तथा महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उनका स्वागत किया.
हिमाचल प्रदेश में बस पर भूस्खलन की मार, राष्ट्रपति और PM ने जताया शोक
8 Oct, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में आज एक दर्दनाक हादसा पेश आया है. मंगलवार देर शाम बरठीं क्षेत्र के पास भल्लू पुल के पास एक निजी बस लैंडस्लाइड की चपेट में आ गई. जिससे 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. हादसा उस समय पेश आया जब एक निजी बस जैसे ही भल्लू पुल के पास पहुंची, तभी अचानक पहाड़ी के ऊपर से भारी मलबा गिर गया. जिससे बस पूरी तरह से मलबे की चपेट में आ गई.
"बिलासपुर के भल्लू में हुए बस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि 3 लोग घायल हुए हैं. जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है." - मुकेश अग्निहोत्री, डिप्टी सीएम, हिमाचल प्रदेश
15 लोगों की मौत
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में कुल 30 से 35 लोग सवार थे. स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन की मदद से तुंरत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है. हालांकि इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है. जबकि बाकी सभी यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है. कुछ यात्री इस दुर्घटना में घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
राष्ट्रपति ने जताया दुख
वहीं, बस हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुख व्यक्त किया है. इसके अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी हादसे पर दुख जाहिर किया है.
मृतकों की सूची
नक्ष (उम्र 7 साल), गांव फगोग
बक्शी राम (उम्र 42 साल), गांव बलहु
नरेंद्र कुमार (उम्र 52 साल), गांव छत
कृष्ण लाल (उम्र 30 साल), गांव थापना
राजेंदर (उम्र 36 साल), गांव बर्ड
चुनी लाल (उम्र 52 साल), गांव बर्ड
राजीव (उम्र 40 साल), गांव कचयूट
शरीफ़ खान (उम्र 25 साल), गांव मलांगणा
संजीव कुमार (उम्र 15 साल), गांव कुंदर
आरव (उम्र 4 साल), गांव फगोग
अंजना कुमारी (उम्र 29 साल), गांव फगोग
प्रवीण कुमार (उम्र 40 साल), गांव धोहग
कांता देवी (उम्र 51 साल), गांव सियोंथा
कमलेश (उम्र 36 साल), गांव फगोग
अमर सिंह (उम्र 36 साल), गांव बरड़
छतरपुर हादसा: ओवरलोड ट्रक की वजह से पुल ध्वस्त, बड़ा नुकसान टला
7 Oct, 2025 07:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर : मध्य प्रदेश और यूपी की सीमा पर बना केन नदी का पुल डंपर निकलने से टूट गया. ये हादसा उस वक्त हुआ जब रेत भरा ओवरलोड डंपर पुल से गुजरा. इसी दौरान ब्रिज का हिस्सा धंसकर टूट गया और डंपर हवा में लटक गया. मौका देख ड्राइवर अपनी जान बचाकर ट्रक से कूद गया. जानकारी लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद ट्रक को निकालने का कार्य शुरू हो सका.
एमपी-यूपी के 15 गांवों का संपर्क टूटा
एमपी यूपी बॉर्डर से लगे गौरिहार, बारीगढ़ रास्ते पर यह घटना मंगलवार सुबह की है. जब ओवरलोड रेत से भरे डंपर ट्रक निकलने के दौरान पुल धंसने लगा और टूट गया. हादसे में पुल दो टुकड़ों में बट गया, जिससे इस मार्ग पर पूरी तरह से यातायात रूक गया. इससे यूपी एमपी के 15 गांव का सीधा सम्पर्क टूट गया.
क्रेन की मदद से निकाला गया ट्रक
हादसे के तुरंत बाद डंपर के ड्राइवर और क्लीनर ने मौका देखकर कूदकर अपनी जान बचाई और मौके से भाग निकले. डंपर को निकालने के लिए दो क्रेन मशीन बुलाई गई और भारी मशक्कत के बाद ट्रक को बाहर निकाला गया. स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र प्रजापति ने बताया, '' पुल टूटने से गौरिहार और बारीगढ़ के बीच सीधा संपर्क टूट गया है, अब लोगों को गौरिहार से बांदा जाने के लिए 15 किलोमीटर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, इस रास्ते से जुड़ी करीब 15 से 20 ग्राम पंचायतों के लोग आने जाने में परेशानी उठा रहे हैं.''
कई दिनों से गुजर रहे थे रेत के डंपर
स्थानीय लोगों ने बताया कि अब पलटा खड्डी या लवकुशनगर होते हुए बसंतपुर-तिगेला होकर गौरिहार पहुंच सकेंगे जो काफी दूर पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रूट से ओवरलोडेड रेत के डंपर कई दिनों से यूपी की ओर जा रहे थे और पुराना पुल ये लोड सहन नहीं कर पाया जिस वजह से हादसा हुआ है.
इस घटना को लेकर लवकुश नगर SDOP नवीन दुबे ने कहा, '' जानकारी आई है और घटना स्थल पर पुलिस टीम को भेजा गया मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. वही जुझारनगर थाना प्रभारी राजेंद्र जाटव ने बताया, '' डंपर किसी गजेंद्र साहू का बताया गया है, जो रेत लेकर जा रहा था. हादसे में पुराना पुल टूट गया है. डंपर निकालने के लिए दो क्रेन मशीन लगाई गई हैं. जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी.''
बर्फ की चादर में लिपटा उत्तर भारत: हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी, रेड अलर्ट से बढ़ी ठंड
7 Oct, 2025 06:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
डेस्क: उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों (Hill States) में सर्दियों की दस्तक अब साफ महसूस होने लगी है. सोमवार को उत्तराखंड (Uttarakhand) से लेकर हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर तक सीजन की पहली बर्फबारी (Snowfall) हुई, जिससे पूरा पर्वतीय क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर में लिपट गया. बर्फबारी के बाद मौसम में अचानक बदलाव आया और तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई.
उत्तराखंड में बर्फबारी की शुरुआत केदारनाथ धाम से हुई, जहां सोमवार दोपहर से बर्फ गिरनी शुरू हुई और देर शाम तक जारी रही. लगातार गिरती बर्फ के चलते तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जिससे अक्टूबर में ही दिसंबर जैसी ठंड महसूस होने लगी. केदारनाथ के अलावा बद्रीनाथ, औली, हर्षिल, गंगोत्री और मुनस्यारी जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है. चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जो ठंड और बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं.
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, केलांग और गोंधला इलाकों में भी बर्फबारी लगातार जारी है. वहीं, शिमला, मनाली और कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है. राज्य के कई हिस्सों में पारा सामान्य से नीचे चला गया है. जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग और माउंट अफरवात की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फ गिरी है. इसके अलावा सोनमर्ग और जोजिला दर्रे में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है. पर्यटकों ने इस बर्फबारी का भरपूर लुत्फ उठाया.
मौसम विभाग ने तीनों राज्यों के लिए अब दो दिन तेज बारिश और बर्फबारी को येलो जारी किया है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के एक्टिव होने की वजह से यह बदलाव देखने को मिल रहा है. इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में उत्तर भारत के ज्यादातार हिस्सों में ठंड और बढ़ेगी.पहाड़ों पर शुरू हुई बर्फबारी को सर्दियों की शुरुआत मानी जा रही है.
देश हुआ रक्षा क्षेत्र में मजबूत, सरकार ने खरीदे 1.20 लाख करोड़ के ‘मेक इन इंडिया’ हथियार
7 Oct, 2025 05:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath SIngh) ने मंगलवार को कहा कि भारत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1.20 लाख करोड़ रुपये मूल्य के घरेलू सैन्य उपकरण (Domestic Military Equipment) और हथियार (Weapons) खरीद रहा है। उन्होंने कहा कि देश सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए तेजी से आत्मनिर्भरता की तरफ ध्यान लगा रहा है। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार, युद्ध क्षेत्र के बदलते स्वरूप, खासकर ड्रोन आदि के इस्तेमाल की अहमियत से पूरी तरह वाकिफ है और उसके अनुसार ही अपनी सैन्य तैयारी कर रही है।
राजनाथ सिंह ने बताया कि ‘2021-22 में, घरेलू स्रोतों से हमने करीब 74 हजार करोड़ रुपये के घरेलू सैन्य उपकरण खरीदे, लेकिन 2024-25 के अंत तक, घरेलू स्रोतों से सैन्य खरीद बढ़कर करीब 1.20 लाख करोड़ रुपये हो गई है। यह बदलाव केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि मानसिकता का भी है।’ रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में देश में रक्षा उपकरणों के स्वदेशी डिजाइन, विकास और निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए कई नीतिगत पहल की हैं और इन पहलों के तहत, अब सैन्य उपकरणों की खरीद में घरेलू स्रोतों को प्राथमिकता दी जा रही है।’
AI से बने वीडियो पर बवाल: असम BJP को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, सांप्रदायिक भड़काने के आरोप
7 Oct, 2025 02:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: AI तकनीक (Technology) ने रोजमर्रा के कामों को आसान बनाया है और इसके इस्तेमाल का दायरा बढ़ता ही जा रहा है. वहीं इसके गलत (Wrong) इस्तेमाल से आए दिन वारदात भी हो रही हैं, कहीं किसी की प्राइवेसी (Privacy) का हनन हो रहा है, तो कहीं AI अफवाह फैलाने में इस्तेमाल किया जा रहा है. ऐसे ही एक AI वीडियो का इस्तेमाल असम (Assam) की बीजेपी सरकार (BJP Goverment) द्वारा किया गया था.
असम बीजेपी में ने एक AI वीडियो पोस्ट कर मुसलमानों की छवि बिगाड़ने की कोशिश की थी. अब सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले पर असम सरकार, बीजेपी की असम इकाई और एक्स को नोटिस भेजा. इस वीडियो को हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका डाली गई थी, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने मंगलवार को नोटिस जारी किया है.
असम बीजेपी की ओर से शेयर की गई वीडियो में पार्टी के चुनाव हारने पर कथित तौर मुस्लिम वर्चस्व दिखाने की कोशिश की गई थी. साथ ही लोगों को डराने का प्रयास करते हुए मुस्लिम समुदाय को गलत तरीके से पेश किया गया था. वीडियो में यह आशंका जताई गई थी कि अगर पार्टी चुनाव हार जाती है तो राज्य पर मुसलमानों का कब्जा हो जाएगा. जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने वकील निजाम पाशा की दलीलें सुनने के बाद नोटिस जारी किया.
PM मोदी का CJI गवई को फोन, बोले– आपके खिलाफ हमले से हर भारतीय आहत
7 Oct, 2025 12:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) बीआर गवई से बात की. इस दौरान पीएम ने उन पर एक वकील द्वारा उन पर जूता फेंकने के प्रयास की निंदा की और कहा कि इस हमले से हर भारतीय नाराज है.
पीएम मोदी ने कहा, “हमारे समाज में इस तरह के निंदनीय कृत्यों के लिए कोई स्थान नहीं है.” उन्होंने घटना के बाद शांति बनाए रखने के लिए सीजेआई गवई की प्रशंसा की.
इसको लेकर पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भारत के प्रधान न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई जी से बात की. आज सुबह सुप्रीम कोर्ट परिसर में उन पर हुए हमले से हर भारतीय नाराज है. हमारे समाज में ऐसे भर्त्सनायोग्य कृत्यों के लिए कोई जगह नहीं है. यह पूरी तरह से निंदनीय है.”
उन्होंने कहा, “मैं ऐसी स्थिति में जस्टिस गवई द्वारा प्रदर्शित धैर्य की सराहना करता हूं. यह हमारे संविधान की भावना को मजबूत करने तथा न्याय के मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है.”
एक चौंकाने वाली सुरक्षा चूक में कोर्ट में सोमवार को कार्यवाही के दौरान एक वकील ने सीजेआई गवई की ओर जूता फेंकने की कोशिश की. भारतीय विधिज्ञ परिषद (BCI) ने आरोपी वकील का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया.
वहीं पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से एक नोट मिला जिस पर नारा लिखा था, “सनातन धर्म का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान.”
कोर्ट कार्यवाही के दौरान और उसके बाद हुई इस घटना से अविचलित रहे सीजेआई ने कोर्ट के अधिकारियों और अदालत कक्ष में मौजूद सुरक्षाकर्मियों से कहा कि वे इसे नजरअंदाज करें और राकेश किशोर नामक दोषी वकील को चेतावनी देकर छोड़ दें.
वकील के खिलाफ होगी कार्रवाई
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने बताया कि इस मामले में संबंधित वकील के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. इसके तहत उन्हें 15 दिन के भीतर यह बताने का नोटिस (शो कॉज़ नोटिस) जारी किया जाएगा कि. नोटिस के जवाब और मामले की जांच के आधार पर काउंसिल उचित और जरूरी आदेश पारित करेगी.
दवा कंपनी का सच तलाशने तमिलनाडु जाएगा विशेष जांच दल, लगातार बढ़ रहा मौत का आंकड़ा
7 Oct, 2025 11:32 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में कफ सिरप ‘कोल्ड्रिफ़’ (Cough syrup ‘Coldrif’) पीने से 16 बच्चों की मौत के मामले की जांच अब एसआईटी करेगी। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए 12 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। मामले में डॉ. प्रवीन सोनी को गिरफ्तार कर निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि प्रवीण ने ही ज्यादातर बच्चों को ये कफ सिरप लिखा था। साथ ही कफ सिरप बनाने वाली कंपनी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एसडीओपी जितेंद्र सिंह जाट के नेतृत्व में बनी SIT तमिलनाडु जाएगी और दवा कंपनी के कामकाज की जांच करेगी।
मामले की सच्चाई तक जाने के लिए शव पोस्टमार्टम भी किया जाएगा। इसके लिए इस अंतिम पीड़िता दो वर्षीय योगिता ठाकरे के शव को कब्र से बाहर निकाला गया है। अब हुई 16 मौतों में ये पहला पोस्टमार्टम होने जा रहा है। छिंदवाड़ा कलेक्टर ने बताया कि 8 बच्चे अभी नागपुर में इलाजरत हैं, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, बैतूल जिले में भी 2 बच्चों की मौत कोल्ड्रिफ सिरप से होने का संदेह जताया गया है।
‘घोड़े को इसलिए मार डाला, ताकि बेचा जा सके मांस’, फेसबुक की फेक पोस्ट पर पुलिस का एक्शन
7 Oct, 2025 10:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बडगाम। जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले (Budgam District) में पुलिस ने एक घोड़े को मार डालने के बारे में झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में एक फेसबुक पेज के एडमिन के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, फेसबुक पेज ‘कश्मीर स्पीक्स’ ने एक मृत घोड़े का वीडियो साझा किया था, जिसमें दावा किया गया था कि इसे इसलिए मार डाला गया ताकि इसका मांस बाजार में बेचा जा सके।
पुलिस ने कहा, ‘बडगाम पुलिस ने ‘कश्मीर स्पीक्स’ नामक फेसबुक पेज के एडमिन के खिलाफ सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।’ पुलिस ने 26 अगस्त को खानसाहिब तहसील के रखाई गांव में एक घोड़े को मार डालने के संबंध में एक मामला दर्ज किया था। मृत घोड़े का एक वीडियो सोशल मीडिया पर इस दावे के साथ व्यापक रूप से प्रसारित किया गया था कि जानवर को इसलिए मार डाला गया ताकि उसका मांस बाजार में बेचा जा सके।
पुलिस (Police) ने कहा कि यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया जब घाटी में कश्मीर के अधिकतर रेस्त्रां में सड़ा हुआ मांस बेचे जाने के सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि घोड़े (Horse) की मौत (Death) की पुलिस जांच में पता चला है कि यह घटना दो पक्षों के बीच विवाद के कारण हुई थी।
पुलिस ने कहा, ‘हालांकि, पांच अक्टूबर को यह पता चला कि फेसबुक पेज पर झूठी सूचना प्रकाशित की गई थी कि अरिजल के बाजार में मांस बेचने के लिए घोड़े को मार डाला गया, जिससे स्थानीय लोगों में अनावश्यक भय और दहशत उत्पन्न हुई।’ पुलिस ने खानसाहिब पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353-2 (झूठे बयान प्रसारित करना) के तहत एक मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी गई है।
ओडिशा: कटक में झड़प के बाद 8 गिरफ्तार, कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
7 Oct, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कटक: ओडिशा के कटक में देवी दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच झड़प हुई थी. इसके बाद इलाके में हालात तनावपूर्ण हो गया. हालांकि पुलिस प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रण में लिया. कटक के राजस्व संभागीय आयुक्त (आरडीसी) गुहा पूनम तपस कुमार ने सोमवार रात शहर में तनाव के बाद कटक में स्थिति की समीक्षा की. उनके साथ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नरसिंह भोला और कटक जिला मजिस्ट्रेट दत्तात्रेय भाऊसाहेब शिंदे भी थे.
गुहा पूनम तपस कुमार ने हालात पर कहा, 'हम सभी इस मामले के शीघ्र शांतिपूर्ण समाधान की आशा कर रहे हैं. जिन लोगों ने भी कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश की है, उन पर मुकदमा चलाया जाएगा. समाज आमतौर पर शांतिपूर्ण रहना चाहता है, हर कोई त्योहार या कोई भी कार्यक्रम एक साथ मनाना चाहता है. मुझे यकीन है कि यह संदेश बहुत स्पष्ट है और जिसने भी सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुँचाने की कोशिश की है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.'
कटक में हुई हिंसा पर भुवनेश्वर-कटक के पुलिस आयुक्त एस. देव दत्ता सिंह ने कहा, 'कल रात पुलिस पर पथराव के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े. उसके बाद कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. कानून तोड़ने की कोई कोशिश नहीं की गई. आज हर जगह पुलिस गश्त की जा रही है.
संवेदनशील जगहों पर स्थाई तैनाती की गई है. अब स्थिति शांतिपूर्ण है. हमें जानकारी मिली है कि लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सामान्य स्थिति बहाल हो गई है. आठ लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य लोगों की पहचान की जा रही है.' अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नरसिंह भोला ने घोषणा की कि कटक में इंटरनेट प्रतिबंध अगले 24 घंटों के लिए बढ़ा दिया गया है तथा कल सुबह 10 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा. स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है, तथा कर्फ्यू और इंटरनेट निलंबन को बढ़ाने या उसमें ढील देने का निर्णय जनता की प्रतिक्रिया और सहयोग पर निर्भर करेगा.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नरसिंह भोला ने कहा, 'फिलहाल, इंटरनेट प्रतिबंध को अगले 24 घंटों के लिए बढ़ा दिया गया है. कर्फ्यू कल सुबह 10 बजे तक लागू रहेगा. हम स्थिति का मूल्यांकन कर रहे हैं. हम इस बात पर कड़ी नजर रख रहे हैं कि लोग कैसी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और प्रशासन के साथ कैसा सहयोग कर रहे हैं.'
आज रात और कल सुबह की स्थिति कैसी रहती है, इसके आधार पर हम कर्फ्यू बढ़ाने या उसमें ढील देने और इंटरनेट बंद करने के बारे में फैसला करेंगे. आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. कुछ और लोगों को हिरासत में लिया गया है. हम सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन फुटेज और कैमरा फुटेज का विश्लेषण करके उनकी संलिप्तता की जाँच कर रहे हैं.
उचित जाँच के बाद अगर उनके खिलाफ सबूत मिलते हैं तो लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है. यह प्रक्रिया जारी रहेगी और हम इसमें शामिल सभी लोगों को जरूर गिरफ्तार करेंगे. आपातकालीन सेवाएँ हमेशा खुली रहेंगी.' कटक में दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान पथराव और झड़प की घटनाओं के बाद दो पक्षों के बीच झड़पों की खबरें आने के बाद यह कदम उठाया गया. इस घटना में आठ पुलिसकर्मियों समेत कुल 25 लोग घायल हुए हैं. इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई.
उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड होगा खत्म, अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक को राज्यपाल की मंजूरी, ऐसा करने वाला बना पहला राज्य
7 Oct, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देहरादून: उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड खत्म होने जा रहा है. इस विधेयक के लागू होने के बाद अब मदरसा संचालकों को उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त करनी होगी और उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (उत्तराखंड बोर्ड) से संबद्धता लेनी होगी. दरअसल, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक, 2025 को मंजूरी दे दी है. ऐसे में अब मदरसा बोर्ड उत्तराखंड में इतिहास बनने जा रहा है.
उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड होगा समाप्त: गैरसैंण में आयोजित विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक- 2025 को पारित किया गया था और उसके बाद इसे राज्यपाल की मंजूरी के लिए राजभवन भेजा गया था. ऐसे में अब इस विधेयक को राजभवन से मंजूरी मिलने के बाद इस विधेयक के कानून बनने का रास्ता साफ हो गया है.
राज्यपाल ने अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक को दी मंजूरी: इस विधेयक पर राजभवन से मंजूरी मिलने से पहले राज्यपाल ने राज्य के अल्पसंख्यक प्रतिनिधि मंडलों के साथ व्यापक चर्चा की थी. इनमें सिख, मुस्लिम, जैन, ईसाई, बौद्ध आदि धर्मों के लोग शामिल थे.
अल्पसंख्यक शिक्षा संस्थानों को मुख्यधारा की शिक्षा प्रणाली से जोड़ा जाएगा: इस विधेयक के तहत उत्तराखंड में अल्पसंख्यक समुदायों की शिक्षा के लिए एक प्राधिकरण का गठन किया जाएगा, जो अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों को मान्यता देने का कार्य करेगा. राजभवन से मंजूरी मिलने के बाद अब इसके कानूनी रूप लेते ही, उत्तराखंड देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा, जहां मदरसा बोर्ड को समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा संस्थानों को मुख्यधारा की शिक्षा प्रणाली से जोड़ा जाएगा.
सीएम धामी ने कहा- समान शिक्षा, समान अवसर वाला फैसला: वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि-
यह निर्णय राज्य में शिक्षा व्यवस्था को समान और आधुनिक बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है. जुलाई 2026 सत्र से सभी अल्पसंख्यक विद्यालयों में राष्ट्रीय पाठ्यक्रम (NCF) और नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत शिक्षा दी जाएगी. सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का हर बच्चा, चाहे वह किसी भी वर्ग या समुदाय का हो, समान शिक्षा और समान अवसरों के साथ आगे बढ़े.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड-
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में सभी अल्पसंख्यक बच्चे एक समान शिक्षा 2026 के जुलाई सत्र से पढ़ेंगे. मदरसा बोर्ड खत्म हो जाएगा और उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अंब्रेला के नीचे मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध और जैन शिक्षण संस्थाएं आएंगी.
सोनम वांगचुक की हिरासत को चुनौती पर सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, 14 अक्टूबर को सुनवाई
6 Oct, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
डेस्क: लद्दाख (Ladakh) के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) की हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने नोटिस जारी किया है. वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो की याचिका में NSA के तहत उनकी हिरासत को अवैध बताया गया है. जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एन वी अंजारिया की बेंच ने याचिका पर केंद्र सरकार, लद्दाख प्रशासन और जोधपुर जेल अधीक्षक से जवाब दाखिल करने को कहा है.
गीतांजलि आंग्मो की तरफ से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि उन्हें डिटेंशन ऑर्डर की कॉपी नहीं दी गई. इसका जवाब देते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि वांगचुक को सारी जानकारी दी गई है. जोधपुर जेल में उनके भाई से उनकी मुलाकात भी करवाई गई है. इस पर सिब्बल ने कहा कि वांगचुक की अपने भाई और वकील से बात सिर्फ इंटरकॉम पर करवाई गई.
सिब्बल ने कहा कि कानून के अनुसार हिरासत में लिए गए व्यक्ति के परिवार को हिरासत के आधार लिखित रूप में बताए जाने चाहिए. तभी वह उसे कानूनी चुनौती दे सकते हैं. इस मामले में ऐसा नहीं हुआ. सिब्बल ने आग्रह किया कि हिरासत से जुड़े दस्तावेज वांगचुक की पत्नी को भी दिए जाएं.
कोर्ट ने कहा कि सरकार याचिकाकर्ता को हिरासत आदेश की कॉपी उपलब्ध करवाने पर विचार करे. इस पर मेहता ने कहा, ‘कानून के तहत इसे बंदी को दिया जा चुका है. हम पत्नी को भी इसकी कॉपी देने पर विचार करेंगे. हमें कोई विशेष आपत्ति नहीं है, लेकिन हम नहीं चाहते कि बाद में इसे नया आधार बना कर हिरासत को चुनौती दी जाए.’
सॉलिसिटर जनरल ने कोर्ट को यह भी बताया कि याचिकाकर्ता (वांगचुक की पत्नी) ने जेल में उनसे मुलाकात का आवेदन दिया है. उनके अनुरोध पर विचार किया जा रहा है. इस पर जस्टिस कुमार ने कहा कि जोधपुर जेल प्रशासन जेल नियमों के अनुसार इस पर फैसला ले.
मेहता ने याचिका में लिखी इस बात पर सवाल उठाया कि सोनम वांगचुक को आवश्यक दवाइयों से वंचित रखा गया है. मेहता ने कहा, ‘उन्होंने खुद मेडिकल ऑफिसर के सामने कहा है कि वह किसी दवा पर नहीं हैं. यह सब सिर्फ मीडिया में भावनात्मक माहौल बनाने के लिए किया जा रहा है.’ इस पर कोर्ट ने निर्देश दिया कि कैदी को जेल नियमों के अनुसार जरूरी मेडिकल सुविधा दी जाए.
बिना फास्टैग वाले वाहनों को बड़ी राहत, अब UPI से कम देना होगा टोल टैक्स; जानें नया नियम
6 Oct, 2025 12:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। नकद लेनदेन (cash transactions) को कम करने के उद्देश्य से सरकार ने शनिवार को कहा कि 15 नवंबर से राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा (Toll Plaza) में बिना वैध एवं कार्यात्मक फास्टैग (Fastag) के प्रवेश करने वाले वाहनों से यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) के माध्यम से भुगतान करने पर सामान्य टोल राशि का 1.25 गुना शुल्क लिया जाएगा।
यूपीआइ के माध्यम से भुगतान करने पर 125 रुपये होगा
वर्तमान में बिना वैध फास्टैग वाले वाहनों को नकद में दोगुना टोल शुल्क देना पड़ता है। उदाहरण के लिए, यदि किसी वाहन को 100 रुपये का उपयोगकर्ता शुल्क (यूजर फीस) देना है तो नकद में भुगतान करने पर शुल्क 200 रुपये और यूपीआइ के माध्यम से भुगतान करने पर 125 रुपये होगा।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने और गैर-फास्टैग यूजर्स के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर यूजर टोल प्लाजा पर नकद लेनदेन को समाप्त करने के एक महत्वपूर्ण कदम में सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दरों और संग्रह का निर्धारण) नियम, 2008 में संशोधन किया है।
वाहनों से लागू यूजर फीस का दोगुना शुल्क लिया जाएगा
नए नियम के तहत, वैध एवं कार्यात्मक फास्टैग के बिना टोल प्लाजा में प्रवेश करने वाले वाहनों से लागू यूजर फीस का दोगुना शुल्क लिया जाएगा, यदि शुल्क का भुगतान नकद में किया जाता है।
ऐसे यूजर जो यूपीआइ के माध्यम से शुल्क का भुगतान करना चुनते हैं, उनसे उस श्रेणी के वाहन के लिए लागू उपयोगकर्ता शुल्क का केवल 1.25 गुना शुल्क लिया जाएगा।
टोल संचालन में पारदर्शिता बढ़ाएंगे
बयान में कहा गया है कि यह अधिसूचना 15 नवंबर, 2025 से प्रभावी होगी। राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दरों का निर्धारण एवं संग्रहण) नियम, 2008 में नवीनतम संशोधन कुशल टोल संग्रहण हेतु प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने और टोल प्लाजा पर भीड़भाड़ कम करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
संशोधित नियम डिजिटल भुगतान को अपनाने को प्रोत्साहित करेंगे, टोल संचालन में पारदर्शिता बढ़ाएंगे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर समग्र उपयोगकर्ता अनुभव में सुधार लाएंगे।
मौसम बिगड़ने से वैष्णो देवी यात्रा तीन दिन रहेगी बंद, श्रद्धालुओं को लौटाया गया
6 Oct, 2025 11:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कटरा । श्राइन बोर्ड (Shrine Board) ने कहा कि खराब मौसम के कारण (Due to Bad Weather) वैष्णो देवी यात्रा 5 से 7 अक्टूबर तक बंद रहेगी (Vaishno Devi Yatra will remain Closed from October 5 to 7) । जम्मू-कश्मीर में मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में 7 अक्टूबर तक मौसम खराब रहेगा। 5 अक्टूबर रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और रात तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। आंधी-तूफान भी आ सकता है। पहाड़ी इलाकों में हवाएं चलने और बारिश के कारण मौसम ठंडा रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में नमी बढ़ने से गर्मी का एहसास होगा।
26 अगस्त, 2025 को वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुवारी के पास भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ था। इस हादसे में 34 लोगों की मौत हुई और 20 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके चलते यात्रा करीब 22 दिन बंद रही। 17 सितंबर को यात्रा फिर से शुरू की गई थी। अब मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए फिर से यात्रा को अस्थायी रूप से बंद किया गया है।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में स्थित मचैल माता मंदिर की यात्रा भी 3 दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। समुद्र तल से करीब 3,000 मीटर ऊँचाई पर स्थित यह मंदिर पड्डर घाटी में है। किश्तवाड़ से गुलाबगढ़ तक लगभग 50 किमी और फिर 15 किमी की ट्रैकिंग करके मचैल पहुंचा जा सकता है। यह कदम पिछले 14 अगस्त की आपदा के बाद उठाया गया है, जब चिसोटी गांव में बादल फटने से भारी पानी और मलबा आया था। उस हादसे में 65 लोगों की मौत हुई और 100 से अधिक घायल हुए। 32 लोग अभी भी लापता हैं।
श्राइन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्राथमिकता है। मौसम विभाग के अलर्ट मिलने के तुरंत बाद यात्रा स्थगित कर दी गई। बोर्ड ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर जाने से पहले मौसम अपडेट चेक करें और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।
ईंट निर्माण कार्य से आत्मनिर्भर बन रही हैं समूह की महिलाएं
महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार
प्रदेश में जंगली भैंसा प्रजाति का पुनर्स्थापन एक ऐतिहासिक अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सही दवा-शुद्ध आहार' अभियान में जगदलपुर के चाट-गुपचुप सेंटरों और कॉस्मेटिक्स दुकानों का हुआ निरीक्षण
वन मंत्री केदार कश्यप ने भरा ऑनलाइन स्व-गणना पत्रक, नागरिकों से सहभागिता की अपील
एमपी टूरिज्म को मिला “लीडिंग टूरिज्म डेस्टीनेशन” का प्रतिष्ठित सम्मान
मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दे रहा है नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सुकमा में तेंदूपत्ता संग्रहण तेज़ी से जारी, 35 हजार से अधिक बोरे का हुआ संग्रहण
राजस्व कार्यों में ढिलाई पर सख्त:लंबित प्रकरणों के निपटारे और राजस्व वसूली में तेजी लाने मंत्री ने दिए निर्देश
अनुशंसाओं को संवेदनशीलता के साथ करें लागू : राज्यपाल पटेल
