देश
IIT ग्रेजुएट युवती ने गंगा में लगाई छलांग, IAS की कर रही थी तैयारी
4 Nov, 2025 10:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: बिजनौर (Bijnor) में आईआईटी कानपुर (IIT Kanpur) की स्नातक और यूपीएससी (Graduation and UPSC) की तैयारी कर रही एक युवती ने गंगा बैराज से कूद गई. युवती का नाम ललिता रानी है. वह चांदपुर के गांव खानपुर माजरा की रहने वाली थी और बिजनौर के चक्कर रोड स्थित रेलवे फाटक के पास परिवार के साथ रहती थी.
सोमवार सुबह वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थी. उसके साथ पड़ोस की 12 साल की एक बच्ची भी थी. लेकिन स्टेशन जाने की बजाय ललिता बस में बैठकर गंगा बैराज पहुंच गई. वहां बैराज के गेट नंबर 24 के पास उसने रेलिंग पर चढ़कर गंगा में छलांग लगा दी. बच्ची के शोर मचाने पर रास्ते से गुजर रहे लोग पहुंचे, लेकिन तब तक ललिता पानी में जा चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और गोताखोर मौके पर पहुंच गए. गंगा में पानी की गहराई करीब 20 फीट होने के कारण तलाश अभियान जारी है. सिंचाई विभाग ने गेट नंबर 24 बंद कर दिया ताकि पानी का बहाव तेज न रहे और तलाश में मदद मिल सके. परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए हैं. भाई रोहित ने बताया कि ललिता यूपीएससी की तैयारी कर रही थी और हाल ही में आए रिजल्ट में उसका चयन नहीं हुआ था. इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया होगा. फिलहाल SDRF और पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है.
गुजरात में 200 करोड़ की ठगी, गैंग के 6 लोग गिरफ्तार
4 Nov, 2025 09:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: हर दिन किसी न किसी के साथ साइबर फ्रॉड (Cyber Fraud) की खबरें सामने आती रहती हैं. जिसमें लोगों के साथ लाखों रुपये की ठगी हो जाती है और ऐसे मामले लगातार बढ़ रहे हैं. ठगी का एक और ताजा मामला गुजरात से सामने आया है. मिली जानकारी के अनुसार, गुजरात स्टेट साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर फ्रॉड के जरिए पैसे ऐंठने वाली गैंग के 6 लोगों को गिरफ्तार कर कुल ₹200 करोड़ के घोटाले का भंडाफोड़ किया है.
स्टेट साइबर क्राइम के SP संजय केशवाला ने बताया कि स्टेट साइबर क्राइम ने ऐसे गैंग को गिरफ्तार किया है जो अलग अलग बैंकों में खाते खोलकर उनमें साइबर धोखाधड़ी की रकम जमा करना, उसे नकद या क्रिप्टो करेंसी में बदलना और उस रकम को दुबई स्थित साइबर अपराध गिरोह के आरोपियों को अंगाडिया क्रिप्टो लेनदेन के माध्यम से भेजना, देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 200 करोड़ रुपये के अंतरराज्यीय और अंतर्राष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी के आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
अंतर्राष्ट्रीय और अंतरराज्यीय गिरोहों द्वारा कुल 386 अपराध किए गए है जिनमें डिजिटल गिरफ्तारी, वित्तीय धोखाधड़ी, अंशकालिक नौकरी आदि जैसे अपराध किए गए. फर्जी बैंक खातों के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी के पैसे को नकद में बदला गया और उस पैसे को दुबई स्थित साइबर अपराध गिरोहों द्वारा अंगाडिया क्रिप्टो लेनदेन के माध्यम से स्थानांतरित किया गया.
साइबर अपराध से बचने के लिए क्या करें?
साइबर क्राइम शाखा ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी संभावित नुकसान से बचने के लिए इन सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन करें-
किसी भी ई-निमंत्रण या गिफ्ट लिंक पर क्लिक करने से पहले भेजने वाले की पहचान सुनिश्चित करें.
मोबाइल सेटिंग्स में Install from unknown sources विकल्प को तुरंत Disabled करें.
हमेशा केवल गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर जैसे अधिकृत ऐप स्टोर से ही एप्लिशन डाउनलोड करें.
अपने मोबाइल में एक विश्वसनीय एंटीवायरस या मोबाइल सिक्योरिटी एप्लिकेशन का उपयोग करें.
धोखाधड़ी होने पर शिकायत दर्ज करने के लिए करे संपर्क.
यदि आप इस प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें. सहायता के लिए साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या https://cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं. किसी भी प्रकार की सहायता के लिए पुलिस मुख्यालय के हेल्प डेस्क नंबर 9256001930 या 9257510100 पर भी संपर्क किया जा सकता है.
तेलंगाना में तेज रफ्तार ट्रक ने बस में मारी टक्कर, 20 लोगों की मौत
4 Nov, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
डेस्क: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले (Rangareddy District) में सोमवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे (Road Accidents) में 20 लोगों की मौत हो गई. वहीं, कई लोगों के घायल (Injured) होने की खबर है. हादसा रंगारेड्डी जिले के चेवेल्ला मंडल के मिर्जागुड़ा के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर तेज रफ्तार में जा रहा टिपर ट्रक एक यात्री बस से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टिपर उलटकर बस के ऊपर गिर गया. इससे कई यात्री ट्रक में भरी गिट्टी के नीचे दब गए. मृतकों में 18 यात्री, दो बस और ट्रक चालक शामिल हैं. इस हादसे में एक साल के बच्चे सहित 11 महिलाएं और 9 पुरुषों की मौत हुई है. वहीं, 24 लोग घायल हैं. इनमें से पांच की हालत गंभीर है.
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और फंसे हुए यात्रियों को निकालने में मदद की. पुलिस भी तुरंत पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी. अचानक मोड़ पर ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया. हादसे में शामिल बस तंडूर डिपो की थी और उसमें 40 से ज्यादा यात्री सवार थे. इस दुर्घटना के कारण चेवेल्ला से विकाराबाद के बीच यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. इस हादसे में घायल हुए कई लोगों की हालत गंभीर है . अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
कुलगाम में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, सुरक्षा बलों ने आतंकियों के दो ठिकानों को किया ध्वस्त
3 Nov, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कुलगाम। सुरक्षा बलों (Security Forces) ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले (Kulgam District) में एक बड़ी आतंकी साजिश (Terrorist Plot) को नाकाम किया है। सुरक्षा बलों ने दमहाल हंजीपोरा के वन क्षेत्र में एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो पुराने आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया। यह अभियान विशेष खुफिया जानकारी के बाद 9 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से शुरू किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने वन क्षेत्रों के बीच दो पुराने ठिकानों का पता लगाया गया और बाद में उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक वन क्षेत्रों की घेराबंदी कर दी गई है, तथा आगे भी तलाशी अभियान जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अतिरिक्त छिपा हुआ भंडार या आतंकवादी गतिविधियां तो नहीं हैं।
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा सोशल मीडिया का मामला, CJI गवई ने दिलाई Gen-Z प्रदर्शन की याद
3 Nov, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने 14 से 18 वर्ष के बच्चों (Children) के सोशल मीडिया (Social Media) उपयोग पर प्रतिबंध (Ban) लगाने की मांग वाली जनहित याचिका (Public Interest Litigation) को खारिज कर दिया. अदालत ने सोमवार को इस याचिका पर सुनवाई करते हुए साफ कहा कि इस तरह के फैसले नीतिगत मसले हैं, जिन पर निर्णय लेना सरकार का अधिकार क्षेत्र है, न्यायपालिका का नहीं.
सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस (CJI) बीआर गवई (BR Gawai) ने सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता से कहा, ‘आप जानते हैं, नेपाल में जब इस तरह का प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई थी, तब क्या हुआ था?’ इसके साथ ही कोर्ट ने कहा, ‘धन्यवाद, हम इस याचिका पर सुनवाई नहीं कर रहे हैं.’
याचिकाकर्ता ने दलील दी कि कोविड-19 महामारी के बाद बच्चे मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के आदी हो गए हैं, जिससे उनकी मानसिक स्थिति और पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है. उन्होंने यह भी तर्क दिया कि यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, चीन और अरब देशों में नाबालिगों के सोशल मीडिया उपयोग पर पहले से ही प्रतिबंध है, लेकिन भारत में ऐसा कोई नियम नहीं बनाया गया है.
याचिका में यह भी कहा गया था कि सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म बच्चों की एकाग्रता, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक व्यवहार पर नकारात्मक असर डाल रहे हैं, और माता-पिता के कंट्रोल से भी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित नहीं रह पा रहे हैं.
हालांकि, अदालत ने यह स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर नाबालिगों के उपयोग पर रोक लगाना एक नीतिगत निर्णय है, जो केंद्र सरकार और संबंधित संस्थाओं को लेना चाहिए, न कि अदालत को. सीजेआई गवई की ‘नेपाल’ वाली टिप्पणी ने यह संकेत दिया कि इस तरह के प्रतिबंधों के व्यवहारिक और सामाजिक परिणामों पर विचार जरूरी है.
रंगारेड्डी जिले में दर्दनाक हादसा, ट्रक और बस की भिड़ंत में 20 की जान गई
3 Nov, 2025 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रंगारेड्डी। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार (3 नवंबर) को भीषण हादसा हो गया. हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर गिट्टी से लदा ट्रक यात्री बस पर गिर गया। इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई वहीं, 20 लोग घायल हो गए हैं. इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
गलत दिशा से आ रहा था ट्रक
बस तंदूर से हैदराबाद का जा रही थी पुलिस ने बताया कि गिट्टी से भरा ट्रक रॉन्ग साइड से आ रहा था। टक्कर मारने के बाद ट्रक बस पर ही पलट गया दैये हादसा चेवेल्ला थाना क्षेत्र के खानपुर क्षेत्र में हुआ। बस में 70 यात्री सवार थे बस स्टाफ ने करीब 15 लोगों की जान बचाई, हादसे में फंसे लोगों को निकाला जा रहा है।
तेलंगाना सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
हादसे के बाद तेलंगाना सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है सरकार ने हादसे से जु़ड़ी किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9912919545 और 9440854433 जारी किए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय ने अधिकारियों को घटनास्थल पर जाकर जायजा लेने के लिए कहा है गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद रेफर किया जाएगा। इस हादसे के बाद हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर लंबा जाम लग गया. चेवेल्ला-विकाराबाद रूट पर वाहनों रूट को बदला गया।
सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया दुख
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने हादसे पर दुख जताया है सोशल मीडिय साइट एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि रंगारेड्डी जिले के चेवेल्ला मंडल में हुए भयानक सड़क हादसे से गहरा सदमा लगा है। हादसे की तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं उन्होंने आगे लिखा कि मैं मरने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। सरकार उनके परिवारों को हर संभव मदद देगी और उनके साथ खड़ी रहेगी हम घायलों को बेहतर मेडिकल सहायता देने के लिए युद्ध स्तर पर कदम उठा रहे हैं। मैंने इस मामले पर राज्य के मुख्य सचिव और राज्य के DGP से बात की है. मैंने निर्देश दिया है कि बेहतर इलाज के लिए घायलों को हैदराबाद शिफ्ट किया जाए।
सबरीमला मामला : सोने की चोरी के आरोप में तीसरी गिरफ्तारी, पूर्व अधिकारी सुधीश कुमार भी अरेस्ट
3 Nov, 2025 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । सबरीमला मंदिर (Sabarimala Temple) से कथित तौर पर सोना (Gold) गायब होने की जांच कर रहे विशेष जांच दल (SIT) ने पूर्व कार्यकारी अधिकारी सुधीश कुमार (Sudhish Kumar) को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि कुमार 2019 में सबरीमला मंदिर के कार्यकारी अधिकारी थे। उन्हें तिरुवनंतपुरम स्थित अपराध शाखा कार्यालय में पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
कुमार पर मंदिर के आधिकारिक दस्तावेजों में द्वारपालक (संरक्षक देवता) की मूर्तियों पर सोने की परत चढ़ने की बात छिपाने और उन्हें तांबे की चादरों के रूप में दर्ज करने का आरोप है। सूत्रों ने बताया कि कुमार 1990 के दशक से सबरीमाला से जुड़े थे और उन्हें पता था कि 1998 से 1999 के दौरान द्वारपालक की मूर्तियों सहित गर्भगृह पर सोने की परत चढ़ाई गई थी।
एक अधिकारी ने बताया कि जब 2019 में द्वारपालक की प्लेट सोने की परत चढ़ाने के लिए मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी को सौंपी गईं तो कुमार ने कथित तौर पर उन्हें तांबे की प्लेट के रूप में दर्ज किया जिससे आरोपी बाद में मौजूदा सोने की परत को हटा सका। कुमार इस मामले में गिरफ्तार किए गए तीसरे व्यक्ति हैं। उनसे पहले पोट्टी और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी बी. मुरारी बाबू को गिरफ्तार किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि कुमार को बाद में न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा। इस बीच, एसआईटी ने पोट्टी के करीबी सहयोगी वासुदेवन से भी पूछताछ की। जांच अधिकारियों ने बताया कि वासुदेवन ने द्वारपालक की मूर्तियों के अलावा स्वर्ण की परत चढ़े आसन को अपने पास रखा था, जिसे बाद में पिछले महीने तिरुवनंतपुरम में पोट्टी के एक रिश्तेदार के घर से जब्त किया गया था। एसआईटी द्वारपालक की उन मूर्तियों और श्रीकोविल (गर्भगृह) की चौखटों से सोने की चोरी से संबंधित दो मामलों की जांच कर रही है, जिन्हें 2019 में इलेक्ट्रोप्लेटिंग के लिए पोट्टी को सौंपा गया था।
शादी से इनकार किया तो सनकी आशिक ने लड़की के पिता को मारी गोली
3 Nov, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के थाना बादलपुर में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड (Property dealer murder case) का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, तीन कारतूस, दो मोबाइल फोन बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक गोस्वामी निवासी महामेधा वाली गली सूरजपुर के रूप में हुई है. आरोपी मूलरूप से गांव रोहटा मीरपुर मेरठ का निवासी है.
पूरी घटना का खुलासा करते हुए डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन ने बताया कि 31 अक्टूबर को डायल-112 नंबर पर सूचना मिली कि एक अज्ञात व्यक्ति सड़क किनारे लहूलुहान अवस्था में पड़ा है. पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था. मृतक की पहचान महीपाल सिंह गांव बंबावड़ दादरी के रूप में हुई थी. वादी की तहरीर पर बादलपुर कोतवाल में मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया था.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देशन पर छह टीमों का गठन किया गया था. टीमों ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से महज दो दिनों में आरोपी को धर दबोचा. रविवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर धूम बाईपास अंडरपास के पास से आरोपी दीपक गोस्वामी को गिरफ्तार किया है.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. दीपक गोस्वामी बी-फार्मा थर्ड ईयर का छात्र है. वर्ष-2022 से ग्रीड फार्मा कंपनी गामा-1 एवं कदंबा मार्केट में बतौर एमआर (मार्केट रिप्रजेंटेटिव) कार्य करता है. जिससे वह प्रतिमाह 20-30 हजार रुपये प्रतिमाह कमाता है. आरोपी की मुलाकात महीपाल की बेटी से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों में बातचीत बढ़ी और दीपक उससे शादी करने की इच्छा जताने लगा. लेकिन महीपाल व उनकी बेटी ने शादी से इंकार कर दिया.
कुछ माह पहले महीपाल ने अपनी बेटी की शादी कहीं और तय कर दी थी. मृतक की 10 दिसंबर को दो बेटियां की शादी तय है. इनमें छोटी बेटी से आरोपी एक तरफा प्रेम करता था. पुत्री की शादी तय करने की जानकारी मिलने पर दीपक बुरी तरह भड़क गया था. उसने महीपाल को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी. जिसकी जानकारी महीपाल ने अपने परिवार को दी थी, लेकिन लोकलाज के चलते उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की.
दीपक ने करीब डेढ़ महीने तक दवाइयों की मार्केटिंग के बहाने तिलपता, खेरपुरा, वेदपुरा, बंबावड़, सादुल्लापुर और दादरी के इलाके में लगातार आना-जाना किया. इस दौरान उसने महीपाल की दिनचर्या, मिलने-जुलने वालों और आने-जाने के रास्तों की बारीकी से रेकी की. वह अक्सर एक दुकान पर सिगरेट पीने के बहाने कई घंटे बैठा रहता और लड़की पर नजर रखता था. घटना वाले दिन दीपक को महीपाल अकेले सुनसान जगह पर दिखे तो उसने मौका देखकर पिस्टल से गोली मार दी.
हत्या के बाद मृतक का मोबाइल फोन मौके से उठा ले गया. जिससे पहचान में देर हो और पुलिस गुमराह हो जाए. आरोपी से बरामद हथियार की जांच फोरेंसिक टीम द्वारा की जा रही है. आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी पिस्टल कहां से लाया था.
अस्पताल में ऑक्सीजन पाइप लाइन फटने से धमाका, वार्ड में धुंआ फैलने से मची अफरा तफरी
3 Nov, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नोएडा: नोएडा (Noida) के अस्पताल में ऑक्सीजन पाइप (oxygen pipe) फटने से हड़कंप मच गया है. घटना सेक्टर 66 के निजी अस्पताल की है. ऑक्सीजन लाइन फटने से अचानक ऑक्सीजन सप्लाई रुकने से ICU में भर्ती 8 मरीजों की हालत बिगड़ गई है. हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है. पाइप लाइन ठीक करने का काम तेजी से किया जा रहा है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद फेस 3 थाने की पुलिस पहुंची. मरीजों को दूसरे अपस्ताल में शिफ्ट किया गया. बताया जा रहा है कि पांच मरीजों की हालत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया. कई अन्य मरीजों को भी दूसरी जगह शिफ्ट किए जाने की खबर है. कुल 8 मरीजों को अस्पताल से शिफ्ट किया गया है.
वहीं पुलिस की तरफ आए बयान में कहा गया है कि फायर स्टेशन फेस-3 पर ममूरा स्थित निजी अस्पताल में ब्लास्ट होने की सूचना मिली. इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंची तो पता चला कि ऑक्सीजन लाइन में लीकेज होने के कारण माइनर ब्लास्ट हुआ था. मरीजों को तत्काल एक वार्ड से दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया था. इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और न ही आगजनी हुई है.
इतने लोग एक साथ आ जाएंगे तो मैं क्या करूं? वेंकटेश्वर मंदिर में मची भगदड़ पर संस्थापक का बयान
3 Nov, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के श्रीकाकुलम जिले (Srikakulam district) में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर (Sri Venkateshwara Swamy Temple) में भगदड़ में नौ श्रद्धालुओं की मौत के बाद मंदिर के संस्थापक मुकुंद पांडा ने कहा कि इस हादसे के लिए वह जिम्मेदार नहीं हैं। उनका कहना है कि श्रद्धालु अपने आप ही एक साथ आगे बढ़ गए, जिससे यह घटना हुई।
मंदिर के संस्थापक ने बताया कि उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी थी, क्योंकि उन्हें लगा कि सब कुछ सामान्य रहेगा और किसी भी दूसरे दिन की तरह ही पूजा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इतनी बड़ी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। शनिवार को श्रीकाकुलम जिले के इस मंदिर में भगदड़ की घटना हुई, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई। जिनमें आठ महिलाएं और एक बच्चा शामिल है, जबकि कई अन्य घायल हुए। यह मंदिर पुजारी मुकुंद पांडा ने अपनी जमीन पर स्वयं बनाया था।
यह हादसा उस दिन हुआ, जब एकादशी और कार्तिक महीने का त्योहार एक साथ पड़ा, इसलिए बहुत सारे लोग दर्शन करने मंदिर आ गए थे। मंदिर के पुजारी मुकुंद पांडा ने कहा, इतने लोग एक साथ आ जाएं तो मैं क्या करूं? मैं आमतौर पर सभी को लाइन में भेजता हूं, लेकिन कल बहुत भीड़ थी। मुझे नहीं पता क्या हुआ, मैंने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी।
उन्होंने आगे कहा, मैंने पुलिस को नहीं बताया। मुझे हिम्मत थी, मैंने सभी से कहा कि वे कतार में जाएं। लोग दर्शन के लिए आए थे। अगर वे अचानक दौड़ पड़े और स्थिति ऐसी बन गई, तो मैं क्या कर सकता हूं? पांडा ने बताया कि वह दोपहर तीन बजे तक वहीं मौजूद थे और बिना खाना खाए भीड़ को संभालने की कोशिश कर रहे थे, बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर एक निजी संस्था है और बिना आवश्यक मंजूरियों के संचालित हो रहा था। आयोजक सुरक्षा नियमों का पालन करने में विफल रहे। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
सुप्रीम कोर्ट चीफ जस्टिस गवई का संदेश, कहा- संविधान में बसती है लोकतंत्र की आत्मा, मिट्टी से बनाए रखें जुड़ाव
3 Nov, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई (Chief Justice B.R. Gavai) ने शनिवार को भारत के संविधान और लोकतंत्र (Constitution and democracy) को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतंत्र की आत्मा संविधान में निहित है। इसी वजह से ही हमारे लोकतंत्र की नींव भी मजबूत है। इससे पहले एक कॉलेज के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इंसान चाहे कितनी भी बुलंदी पर पहुंच जाए मगर उसे अपनी मिट्टी से नाता नहीं तोड़ना चाहिये।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए जस्टिस गवई ने कहा कि कई देशों में केंद्र और राज्यों में अलग-अलग संविधान कार्य करते हैं, लेकिन भारत में एक की संविधान राज्यों और केंद्र के लिए कार्य करता है। उन्होंने नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसे देशों में हालिया समय में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कॉलेजियम सिस्टम को सही ठहराया। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि इस व्यवस्था में नियुक्तियों में राज्य सरकार और केंद्र सरकार और विभिन्न एजेंसियों के ‘इनपुट’ शामिल होते हैं और इसके आधार पर ही न्यायाधीशों की नियुक्ति होती है।
प्रधान न्यायाधीश ने भारत में न्याय की अवधारणा को समझाते हुए कहा कि हमारे यहां न्यायिक व्यवस्था जिला स्तर से शुरू होकर, हाई कोर्ट होते हुए सुप्रीम कोर्ट में पहुंचती है। इसकी वजह से ही हमारे यहां न्याय की अवधारणा संभव हो पाई है।
बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का जिक्र करते हुए चीफ जस्टिस ने कहा कि उन्हीं के प्रयासों की वजह से देश की शक्ति किसी एक केंद्र में न होकर तीन केंद्रों यानि विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका में समांतर रूप से बंटी हुई है। इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील न्यायाधीश विक्रमनाथ ने कहा कि आंबेडकर ने उदारवाद और सामाजिक न्याय के विचार को जन्म दिया और उनका मानना था कि कोई भी व्यक्ति भारतीय संविधान से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि आंबेडकर समाज में व्याप्त जाति, लैंगिक और समाज आधारित भेदभाव को समाप्त करने के पक्षधर थे। उन्होंने ही सभी के लिए सुलभ न्याय की अवधारणा को संविधान के जरिए रखा।
इससे पहले एक एक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए चीफ जस्टिस ने मिट्टी से जुड़ाव बनाए रखने की नसीहत दी। उन्होने कहा, “आप चाहे जितने बड़े बन जाएं लेकिन अपनी मिट्टी से नाता नहीं तोड़ना चाहिये। अपनी संस्कृति को नहीं भूलना चाहिये। आप लोग देश का भविष्य हैं। कल का भारत कैसा होगा यह आप पर निर्भर है। आप लोगों का सौभाग्य है कि आपने बुद्ध की धरती कौशांबी में जन्म लिया है।”
अंतरिक्ष में भारतीय सेना की नई ताकत, ISRO ने बाहुबली रॉकेट से लॉन्च किया नौसेना का सैटेलाइट
2 Nov, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने भारतीय नौसेना के लिए CMS-03 (GSAT-7R) कम्युनिकेशन सैटेलाइट सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया है. ये सैटेलाइट नौसेना का अब तक का सबसे एडवांस्ड (उन्नत) सैटेलाइट है. इससे नौसेना की स्पेस-बेस्ड कम्युनिकेशन (अंतरिक्ष से संचार) और समुद्री इलाके की निगरानी (मैरिटाइम डोमेन अवेयरनेस) की क्षमता मजबूत हो जाएगी. GSAT-7R एक कम्युनिकेशन सैटेलाइट है, यानी ये संचार का माध्यम बनेगा.
ये पूरी तरह से भारत में ही डिजाइन और बनाया गया है. ये सैटेलाइट नौसेना के जहाजों, हवाई जहाजों, पनडुब्बियों और समुद्री ऑपरेशंस सेंटर्स के बीच तेज और सुरक्षित संचार करेगा. सबसे खास बात ये है कि ये भारत का अब तक का सबसे भारी कम्युनिकेशन सैटेलाइट है. इसका वजन लगभग 4400 किलोग्राम है. इसमें कई देसी तकनीक वाले पार्ट्स लगे हैं, जो खास तौर पर नौसेना की जरूरतों के लिए बनाए गए हैं. ये आत्मनिर्भर भारत का एक बड़ा उदाहरण है, जहां हम अपनी ही तकनीक से मजबूत हो रहे हैं.
ये सैटेलाइट 2 नवंबर 2025 को सतीश धवन स्पेस सेंटर (SDSC- SHAR) श्रीहरिकोटा (आंध्र प्रदेश) के दूसरे लॉन्च पैड से शाम 5:26 मिनट पर लॉन्च होगा. ISRO का ये सेंटर रॉकेट लॉन्च करने के लिए मशहूर है. ISRO के वैज्ञानिकों ने इसे महीनों की मेहनत से तैयार किया है. GSAT-7R को बनाने में भारतीय इंजीनियरों ने कमाल किया है. आइए, इसके मुख्य फीचर्स को समझें…
वजन और साइज: 4400 किलोग्राम वजन वाला ये सैटेलाइट भारत का सबसे भारी कम्युनिकेशन सैटेलाइट है. इससे पहले के सैटेलाइट इससे हल्के थे.
ट्रांसपोंडर्स: इस सैटेलाइट के अंदर के संचार उपकरण हैं. ये आवाज (वॉइस), डेटा और वीडियो लिंक को कई तरह के बैंड्स (फ्रीक्वेंसी रेंज) पर सपोर्ट करेंगे. मतलब, नौसेना के लोग जहाज पर हो या हवा में, आसानी से बातचीत कर सकेंगे.
कवरेज एरिया: ये भारतीय महासागर क्षेत्र (Indian Ocean Region) में मजबूत टेलीकम्युनिकेशन कवरेज देगा. यानी, हिंद महासागर के बड़े हिस्से में सिग्नल मजबूत रहेगा.
हाई-कैपेसिटी बैंडविड्थ: ये सैटेलाइट ज्यादा डेटा ट्रांसफर करेगा. इससे जहाजों, विमानों, पनडुब्बियों और कंट्रोल सेंटर्स के बीच सुरक्षित और बिना रुकावट वाला कनेक्शन बनेगा. इन सबके कारण नौसेना को समुद्र में अपनी मौजूदगी और मजबूत होगी. अगर कोई खतरा आए, तो तुरंत जानकारी मिल जाएगी.
आज के समय में समुद्री सुरक्षा की चुनौतियां बहुत बढ़ गई हैं. चीन और पाकिस्तान जैसे पड़ोसी देशों की वजह से हिंद महासागर में तनाव रहता है. GSAT-7R नौसेना को अंतरिक्ष से नजर रखने और तुरंत कार्रवाई करने की ताकत देगा. नौसेना के चीफ ने कहा है कि ये सैटेलाइट राष्ट्र की समुद्री हितों की रक्षा के लिए एक बड़ा कदम है.
संचार मजबूत: पहले सैटेलाइट्स से कम्युनिकेशन सीमित था. अब ये ज्यादा तेज और सुरक्षित होगा.
निगरानी बढ़ेगी: समुद्री इलाके में दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखना आसान हो जाएगा.
आत्मनिर्भरता: ये सैटेलाइट 100% भारतीय तकनीक से बना है. इससे हम विदेशी सैटेलाइट्स पर निर्भर नहीं रहेंगे.
अमेरिका जाने के खतरनाक ‘डंकी रूट’ पर हरियाणा के 18 वर्षीय युवराज की मौत
2 Nov, 2025 11:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । हरियाणा के कैथल जिले के मोहना गांव के 18 वर्षीय युवराज की मौत अमेरिका जाने के खतरनाक ‘डंकी रूट’ पर हो गई। परिजनों ने शनिवार को बताया कि युवराज पिछले साल अक्टूबर में नौकरी की तलाश में निकला था, लेकिन ग्वाटेमाला में मानव तस्करों ने उसे बंधक बना लिया और कथित रूप से मार डाला। युवराज के पिता किसान हैं, और वह परिवार की आर्थिक मदद के लिए विदेश जाना चाहता था।
परिवार को युवराज की मौत की जानकारी कुछ दिन पहले मिली, जब एक मानव तस्कर ने उसकी मौत का सर्टिफिकेट और तस्वीरें भेजीं। तस्वीरों में युवराज और पंजाब के एक अन्य युवक को मृत दिखाया गया था। युवराज के मामा गुरपेज सिंह ने बताया कि हरियाणा के तीन ट्रैवल एजेंटों ने परिवार से सुरक्षित यात्रा का झांसा देकर भारी रकम ली थी। एजेंट अपने नेटवर्क के ज़रिए युवराज को विदेश भेजने की कोशिश कर रहे थे। पहली किस्त देने के बाद युवराज से परिवार का संपर्क टूट गया। कुछ महीनों बाद परिवार को वीडियो मिले, जिनमें युवराज और पंजाब का एक अन्य युवक ग्वाटेमाला में बंधक बनाए गए दिख रहे थे। इसके बाद मानव तस्करों ने फिरौती की मांग की।
इंडिगो की फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
2 Nov, 2025 10:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: हैदराबाद (Hyderabad) के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (Rajiv Gandhi International Airport) के अधिकारियों के मुताबिक,शनिवार सुबह उन्हें एक बम की धमकी वाला ईमेल मिला. इस ईमेल में किसी “लिट्टे-आईएसआईएस के सदस्य” द्वारा इंडिगो के विमान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इसके बाद इंडिगो के विमान को डायवर्ट कर दिया गया.
बताय गया कि ईमेल में 1984 में चेन्नई हवाई अड्डे पर हुए बम विस्फोट जैसे हमले की चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद हवाई अड्डे के अधिकारियों ने अलर्ट जारी कर दिया. RGI हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार 1 नवंबर, 2025 को सुबह लगभग 5:25 बजे हवाई अड्डा परिचालन नियंत्रण केंद्र को धमकी भरे मेल की जानकारी मिली.
इंडिगो के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि हैदराबाद जाने वाली उड़ान संख्या 6ई 68 को 1 नवंबर को सुरक्षा संबंधी धमकी मिली थी, जिसके कारण विमान को डायवर्ट कर दिया गया. प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “1 नवंबर को जेद्दा से हैदराबाद जा रही इंडिगो की उड़ान 6E 68 के लिए सुरक्षा संबंधी खतरा पाया गया और विमान को मुंबई की ओर मोड़ दिया गया. प्रोटोकॉल का पालन करते हुए हमने संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया और विमान को आगे के संचालन के लिए मंजूरी देने से पहले आवश्यक सुरक्षा जांच में उनका पूरा सहयोग किया.”
बिहार के दुलारचंद हत्याकांड में EC की बड़ी कार्रवाई, SP समेत 4 अफसरों का तबादला, 1 सस्पेंड
2 Nov, 2025 09:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) से पहले मोकामा में जन सुराज पार्टी समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या (Murder of Dular Chand Yadav) के मामले में भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने सख्त कार्रवाई की है. आयोग ने बाढ़ और मोकामा के तीन अधिकारियों का तत्काल तबादला कर दिया, जबकि एक अधिकारी को निलंबित करने का आदेश जारी किया है. इसके साथ ही स्थानीय एसपी का भी तबादला कर दिया गया है.
ईसीआई ने बिहार के डीजीपी विनय कुमार से कल दोपहर 12:00 बजे तक एक्शन टेकेन रिपोर्ट (कार्रवाई की रिपोर्ट) मांगी है. ईसीआई के शनिवार को जारी आदेश के अनुसार, बाढ़ के सब-डिविजनल ऑफिसर (SDO) सह 178-मोकामा विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर चंदन कुमार को हटा दिया गया है. उनकी जगह आईएएस आशीष कुमार को लाया गया है, जो वर्तमान में पटना नगर निगम के अतिरिक्त नगर आयुक्त हैं.
इसी तरह, राकेश कुमार, एसडीपीओ बाढ़-1, और अभिषेक सिंह, एसडीपीओ बाढ़-2 का तबादला कर दिया गया है और उनकी जगह 2022 आरआर बैच के आनंद कुमार सिंह और आयुष श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया है. चुनाव आयोग ने हटाए गए तीन अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही का भी निर्देश दिया है. पटना ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (SP) ने बताया कि यह कार्रवाई दो स्टेशन हाउस अधिकारियों (SHO) – घोसवारी एसएचओ मधुसूदन कुमार और भदौर एसएचओ रवि रंजन को इसी मामले के सिलसिले में दिन में निलंबित किए जाने के बाद की गई है.
बता दें कि 30 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच हुई गोलीबारी में दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी. पुलिस ने इस हत्याकांड में तीन एफआईआर दर्ज की हैं और दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुलारचंद की मौत कार्डियोरेस्पिरेटरी फेलियर से बताई गई है. जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने इसे ‘जंगल राज’ की वापसी बताते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी हिंसा की निंदा की और ईसीआई से त्वरित कार्रवाई की मांग की.
मोकामा लंबे समय से बिहार की राजनीति में बाहुबलियों का गढ़ रहा है, जिनमें अनंत कुमार सिंह, उनके भाई दिलीप सिंह और सूरजभान सिंह शामिल हैं. इस सीट पर 6 नवंबर को पहले चरण में मतदान होना है. जेडीयू के अनंत सिंह और राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार वीणा देवी के बीच कड़ा मुकाबला है. वीणा देवी पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की पत्नी हैं. अनंत सिंह और सूरजभान दोनों भूमिहार समुदाय से आते हैं, जिससे राजनीतिक विरासत का सीधा टकराव पैदा हो गया है. 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होगा. नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे.
पश्चिम बंगाल में चुनावी छापे: 510 करोड़ की नकदी और सामान पकड़ा
आग का खौफनाक मंजर: बेंगलुरु में PG से कूदकर बचाईं 50 लड़कियों ने जान
सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए पाकिस्तानी बल्लेबाज, यूजर्स ने दी नसीहत
कटहल: पोषक तत्वों से भरपूर एक बहुमुखी फल
दिल्ली में हुई घटना को लेकर सरकार पर निशाना
आयुर्वेदिक तरीके से सिरदर्द का समाधान, आज ही शुरू करें
युवक की मौत पर फूटा गुस्सा, परिजनों ने हाईवे पर किया प्रदर्शन
