देश
थार रेगिस्तान में सप्त शक्ति कमान का युद्धाभ्यास , सेंटिनल स्ट्राइक में हुई आक्रमकता और स्वदेशी तकनीक की परख
31 Oct, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जयपुर/बीकानेर : राजस्थान के थार रेगिस्तान में सेना का तीन दिवसीय इंटीग्रेटेड फायरिंग एक्सरसाइज “सेंटिनल स्ट्राइक” का सफल आयोजन किया गया. महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में सप्त शक्ति कमान की ओर से 28 से 30 अक्टूबर 2025 तक इस अभ्यास को किया गया. इसका मकसद आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप के मुताबिक सेना की सामरिक क्षमता और आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत बनाना था.
रक्षा प्रवक्ता ले कर्नल निखिल धवन ने बताया कि इस अभ्यास में एकीकृत तरीके से विविध फायरिंग प्लेटफार्मों का उपयोग किया गया, जिसमें मैकेनाइज्ड फोर्सेस तथा जमीनी हथियार प्रणाली और हवाई फायरिंग शामिल थी. इस सैन्य अभ्यास में, लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, आर्मी कमांडर सप्त शक्ति कमान तथा अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद रहे.
काउंटर ड्रोन और सी-यूएएस ऑपरेशन : इस बड़े पैमाने पर किए गए युद्धाभ्यास में मैकेनाइज्ड फोर्सेस, जमीनी हथियार प्रणालियां और हवाई प्लेटफार्मों का संयुक्त उपयोग किया गया. अभ्यास के दौरान सैनिकों ने जमीनी और हवाई फायरिंग के साथ-साथ ड्रोन थ्रेट से निपटने के लिए काउंटर ड्रोन और सी-यूएएस (Counter-Unmanned Aerial System) ऑपरेशन भी किए.
बेहतर तालमेल आया नजर : रक्षा प्रवक्ता ले कर्नल निखिल धवन ने बताया कि इस युद्ध अभ्यास के दौरान आधुनिक तोपखाने के हथियारों, अजेय (टी-72 टैंक), बीएमपी वाहनों और अटैक हेलीकॉप्टर ने मिलकर जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया. स्वदेशी रूप से निर्मित लंबी दूरी की हवाई और जमीनी प्रणालियों ने इस अभ्यास में अहम भूमिका निभाई. इस दौरान विभिन्न शाखाओं के बीच बेहतरीन तालमेल देखा गया, जिसने यह साबित किया कि भारतीय सेना आधुनिक तकनीक को किस तरह सफलतापूर्वक अपने अभियानों में शामिल कर रही है.
फायर पॉवर के प्रदर्शन के दौरान लक्ष्य पर जबरदस्त सटीकता दिखाई दी. निगरानी और इंटेलिजेंस सिस्टम के जरिए युद्ध क्षेत्र की स्थितियों पर रीयल-टाइम जानकारी साझा की गई, जिससे संयुक्त अभियान की प्रभावशीलता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला.
आत्मनिर्भर भारत पर जोर : लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सेना की सफलता उसकी निरंतर तैयारी और तकनीकी अनुकूलन पर निर्भर करती है. उन्होंने कहा कि 'आत्मनिर्भर भारत’ के तहत तैयार किए जा रहे स्वदेशी सैन्य प्लेटफॉर्मों का प्रभावी उपयोग सेना की ताकत में बड़ा योगदान देगा. अंत में, आर्मी कमांडर ने सभी अधिकारियों और जवानों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उन्हें निरंतर नई रणनीतियों एवं तकनीकों के साथ अपनी क्षमताओं को और निखारने के लिए प्रेरित किया.
देशभर के इन 76 रेलवे स्टेशनों पर बनेगा यात्री होल्डिंग एरिया, 2026 के त्योहारों से पहले पूरा होगा जाएगा काम
31 Oct, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए अब एक और बड़ा कदम उठाने जा रहा है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तर्ज पर देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 'यात्री होल्डिंग एरिया' विकसित करने की योजना को मंजूरी दे दी है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पिछले वर्ष दीपावली व छठ पर्व के दौरान प्रयोग के तौर पर बनाया गया होल्डिंग एरिया यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ है. यात्रियों को स्टेशन परिसर में व्यवस्थित रूप से ठहरने व भीड़ प्रबंधन में इससे काफी सुविधा मिली.
इसी की सफलता को ध्यान में रखते हुए अब रेलवे ने देशभर के 76 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ऐसे ही आधुनिक होल्डिंग एरिया विकसित करने की घोषणा की गई है. यह सभी परियोजनाएं त्योहारी सीजन 2026 से पहले पूरी कर ली जाएंगी, जिससे अगले वर्ष दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्वों पर यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
उत्तर रेलवे के 12 स्टेशन शामिल: उत्तर रेलवे के तहत 12 प्रमुख स्टेशनों को इस योजना में शामिल किया गया है. इनमें आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली जंक्शन, गाजियाबाद, जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, लुधियाना, लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या धाम और हरिद्वार शामिल हैं. उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि नई दिल्ली स्टेशन पर पिछले वर्ष यात्रियों के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया में बैठने, पेयजल, मोबाइल चार्जिंग, वॉशरूम आदि सुविधाएं थीं. इन सुविधाओं को देखते हुए अब अन्य स्टेशनों पर भी इसी मॉडल को अपनाया जाएगा.
देशभर के 76 स्टेशन, जहां बनेंगे होल्डिंग एरिया-
1. सेंट्रल रेलवे (6 स्टेशन)
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), लोकमान्य तिलक टर्मिनस, नागपुर, नासिक रोड, पुणे और दादर.
2. ईस्टर्न रेलवे (5 स्टेशन)
हावड़ा, सियालदह, आसनसोल, भागलपुर और जसीदीह.
3. ईस्ट सेंट्रल रेलवे (6 स्टेशन)
पटना, दानापुर, मुजफ्फरपुर, गया, दरभंगा और पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन.
4. ईस्ट कोस्ट रेलवे (3 स्टेशन)
भुवनेश्वर, विशाखापत्तनम और पुरी स्टेशन.
5. नॉर्दर्न रेलवे (12 स्टेशन)
आनंद विहार टर्मिनल, हज़रत निज़ामुद्दीन, दिल्ली जं., गाजियाबाद, जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, लुधियाना, लखनऊ (एनआर), वाराणसी, अयोध्या धाम और हरिद्वार स्टेशन.
]6. नॉर्थ सेंट्रल रेलवे (4 स्टेशन)
कानपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी), मथुरा और आगरा कैंट स्टेशन.
7. नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे (4 स्टेशन)
गोरखपुर, बनारस, छपरा और लखनऊ जंक्शन.
8. नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे (2 स्टेशन)
गुवाहाटी और कटिहार स्टेशन.
9. नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे (5 स्टेशन)
जयपुर, गांधी नगर जयपुर, अजमेर, जोधपुर और रींगस स्टेशन.
10. साउदर्न रेलवे (4 स्टेशन)
एम.जी.आर. चेन्नई सेंट्रल, चेन्नई एगमोर, कोयंबटूर और एर्नाकुलम स्टेशन.
11. साउथ सेंट्रल रेलवे (6 स्टेशन)
सिकंदराबाद, विजयवाड़ा, तिरुपति, गुंटूर, काचीगुड़ा और राजमुंदरी.
12. साउथ ईस्टर्न रेलवे (3 स्टेशन)
रांची, टाटानगर और शालीमार.
13. साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (1 स्टेशन)
रायपुर
14. साउथ वेस्टर्न रेलवे (4 स्टेशन)
एस.एम.वी.टी. बेंगलुरु, यशवंतपुर, मैसूर और कृष्णराजपुरम.
15. वेस्टर्न रेलवे (8 स्टेशन)
मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस, उधना, सूरत, अहमदाबाद, उज्जैन, वडोदरा और सीहोर स्टेशन.
16. वेस्ट सेंट्रल रेलवे (3 स्टेशन)
भोपाल, जबलपुर व कोटा स्टेशन.
एकता दिवस 2025: सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
31 Oct, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गांधीनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के एकतानगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके साथ ही, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में 1 से 15 नवंबर तक भारत पर्व 2025 का आयोजन भी किया जाएगा. भारत पर्व के दौरान, भारत की समृद्ध विरासत और विविधता में एकता की भावना को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. बता दें, ऐसा पहली बार हो रहा है कि भारत पर्व दिल्ली से बाहर गुजरात के एकता नगर में आयोजित किया जा रहा है. भारत पर्व एक वार्षिक आयोजन है जो भारत की सांस्कृतिक समृद्धि, पारंपरिक व्यंजनों और कलात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित करता है, साथ ही राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को बढ़ावा देता है. इस वर्ष, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर, यह आयोजन स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में आयोजित किया जाएगा, जो भारत की एकता, विविधता और शक्ति के एक भव्य उत्सव के रूप में कार्य करेगा. विभिन्न राज्य और केंद्र सरकारों के जनप्रतिनिधि, प्रख्यात कलाकार, कारीगर और विशिष्ट अतिथि, इस 15 दिवसीय उत्सव में शामिल होंगे. फूलों की घाटी के डैम व्यू पॉइंट 1 पर हर शाम दो राज्यों (जोड़ियों में) द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें उनकी अनूठी परंपराओं और कलाओं का प्रदर्शन होगा. 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में एक विशेष प्रस्तुति होगी. स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के जंगल सफारी के पास विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के व्यंजन परोसने वाले 45 फूड स्टॉल और एक लाइव स्टूडियो किचन है. स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के जंगल सफारी के पास भारत भर के पारंपरिक और समकालीन शिल्पों को प्रदर्शित करने वाले 55 हस्तशिल्प स्टॉल हैं. स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के जंगल सफारी के पास प्रमुख पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विशेषताओं को दर्शाने वाले राज्य मंडप भी हैं.
पीएम मोदी ने शेयर किया पोस्ट
राष्ट्रीय एकता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भारत सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता है. वे भारत के एकीकरण के पीछे प्रेरक शक्ति थे, इस प्रकार उन्होंने अपने प्रारंभिक वर्षों में हमारे राष्ट्र के भाग्य को आकार दिया. राष्ट्रीय अखंडता, सुशासन और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी. हम एकजुट, मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के उनके दृष्टिकोण को बनाए रखने के अपने सामूहिक संकल्प की भी पुष्टि करते हैं.
मुंबई में बंधक बनाए गए बच्चों का रेस्क्यू, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी ढेर
31 Oct, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के पवई इलाके में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजकर 30 मिनट पर एक व्यक्ति ने 16 स्कूली बच्चों और एक महिला को बंधक बना लिया. पीड़ित पवई स्थित महावीर क्लासिक बिल्डिंग में एक वेब सीरीज के ऑडिशन के बहाने इकट्ठा हुए थे. पवई पुलिस ने तुरंत स्पेशल यूनिट, क्विक एक्शन फोर्स और NSG कमांडो को बुलाया और बाथरूम में घुसकर सभी को सुरक्षित बचा लिया और आरोपी को मार गिराया है.
जानकारी के मुताबिक पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी रोहित आर्या को गोली लगी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था. उसके पास से एक एयर गन और केमिकल बरामद किए गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार पवई पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाली महावीर क्लासिक सोसाइटी के हॉल में पिछले पांच दिनों से एक वेब सीरीज की शूटिंग का ऑडिशन चल रहा था. सुबह-सुबह विभिन्न जिलों से 25-30 बच्चे ऑडिशन के लिए वहां पहुंचे थे.
बताया जा रहा है कि रोहित आर्या ने कथित तौर पर एयर गन से 17 लोगों को धमकाया और बंधक बना लिया. इनमें 16 बच्चे शामिल थे. इस बीच आरोपी रोहित आर्या ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें कथित तौर पर कहा गया है कि वह कुछ लोगों से बात करना चाहता है. शख्स ने धमकी देते हुए कहा, "अगर उसे ऐसा करने नहीं दिया गया, तो वह आग लगा देगा. साथ ही खुद को और बच्चों को नुकसान पहुंचाएगा."
एयर गन और केमिकल जब्त
पुलिस उपायुक्त दत्तात्रेय नलावड़े ने बताया कि पुलिस को दोपहर करीब 1 बजकर 45 मिनट पर एक कॉल आई जिसमें बताया गया कि महावीर क्लासिक नामक एक इमारत में एक व्यक्ति ने छोटे बच्चों को बंधक बना रखा है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और बच्चों को बंधक बनाने वाले व्यक्ति से बातचीत की. इसके बाद, पुलिस अधिकारी बाथरूम से अंदर घुसे और अंदर मौजूद एक व्यक्ति की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बचा लिया.
इससे पहले प्राथमिक जांच में उसके पास से एक एयर गन और केमिकल मिले थे. इस संबंध में डीसीपी दत्तात्रेय नलावडे ने बताया कि बच्चों को एक वेब सीरीज के ऑडिशन के लिए बुलाया गया था, जिसके लिए सोसाइटी हॉल बुक किया गया था. इस दौरान आरोपी ने ऑडिशन देने आए बच्चों को ही बंधक बना लिया.
रोहित आर्य का बयान
रोहित आर्य ने वीडियो जारी कर कहा, "मैं आतंकवादी नहीं हूं.मेरी कुछ साधारण मांगें हैं. मैं कुछ लोगों से बात करना चाहता हूं और सवाल पूछना चाहता हूं. मैं पैसे की मांग नहीं कर रहा हूं. मैं पहली मई से अनशन कर रहा हूं, लेकिन इसे हमेशा 'आज-कल' पर टाल दिया जाता है. अब मैंने कड़ा अनशन शुरू कर दिया है और मैं पानी भी ग्रहण नहीं कर रहा. गंभीरता समझी जाए तो अच्छा होगा, वरना, जय श्री राम! मैं अकेला नहीं हूं. कई लोगों को यह समस्या है. समाधान के लिए मुझे बातचीत की जरूरत है."
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रोहित दावा है कि उन्होंने शिक्षा विभाग के लिए एक स्वच्छता निगरानी परियोजना के लिए कर्ज लिया था, लेकिन उनका पैसा सरकार के पास अटका हुआ है, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है. कथित तौर पर उसने अपने मुद्दे पर ध्यान आकर्षित करने के लिए यह कृत्य किया है.
मुंबई के स्टूडियो में बच्चों को कैसे बनाया गया बंधक, कौन था आरोपी रोहित आर्या?
बच्चों को बंधक बनाने के आरोपी की पहचान 50 वर्षीय रोहित आर्य के रूप में हुई. पुलिस के मुताबिक, असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर अमोल वाघमारे ने उस समय आरोपी पर गोली चलाई जब वह लड़के पर हमला करने की तैयारी कर रहा था.
पवई पुलिस ने तुरंत स्पेशल यूनिट, क्विक एक्शन फोर्स और एनएसजी कमांडो की मदद से बाथरूम में घुसकर बंधकों को सुरक्षित बचा लिया.मुंबई नगर निगम के अग्निशमन विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह घटना साकी विहार रोड स्थित महावीर क्लासिक बिल्डिंग की पहली मंजिल पर स्थित बटरफ्लाई नर्सरी स्कूल में हुई.
आरोपी ने 16 बच्चों और एक महिला को बंधक बना लिया था. एहतियात के तौर पर, अग्निशमन विभाग ने पीआरटी किट और वेबर बचाव उपकरण तैयार रखे थे. एक छोटी नली भरी गई थी. अग्निशमन विभाग ने पुलिस को पहली मंजिल की खिड़की तक पहुंचने के लिए सीढ़ी लगाई. पुलिस ने बाथरूम में घुसकर सभी को सुरक्षित बचा लिया.
वेब सीरीज में काम मिलेगा...कहा था रोहित आर्या ने
आरोपी रोहित आर्य को तुरंत जोगेश्वरी के ट्रॉमा केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया. शाम 5.15 बजे डॉ. बांगर ने आरोपी रोहित आर्य को मृत घोषित कर दिया. खबर के मुताबिक, बच्चों को स्टूडियो में यह कहकर बुलाया गया था कि वे एक वेब सीरीज के लिए ऑडिशन दे रहे हैं और अगर वे चुने गए तो उन्हें वेब सीरीज में काम मिल जाएगा. यह ऑडिशन पिछले छह दिनों से चल रहा था.
ऑडिशन सुबह 10 बजे शुरू हुआ और बच्चों को रात 8 बजे छुट्टी दे दी गई. हमेशा की तरह, बच्चे आज सुबह 10 बजे ऑडिशन के लिए गए. उन्हें दोपहर 1 से 2 बजे के बीच दोपहर के भोजन के लिए छुट्टी दी गई. हालांकि, आज बच्चे बिल्कुल भी बाहर नहीं आए. उसके बाद पुलिस ने पहले रोहित आर्य से संपर्क करने की कोशिश की.
आरोपी रोहित को सीने में गोली मारी
लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला, तो पुलिस ने स्टूडियो के बाथरूम का शीशा तोड़ दिया और अंदर प्रवेश किया. पुलिस के अनुसार, जब रोहित बच्चों पर हमला करने की तैयारी करता हुआ दिखाई दिया, तो पुलिस ने उस पर गोली चला दी. आरोपी रोहित को सीने में गोली लगी.
कोई रास्ता नहीं बचा था...वाघमारे ने कहा
खबर के मुताबिक, पीएसआई अमोल वाघमारे ने रोहित आर्य का सामना किया. एपीआई वाघमारे ने कहा कि उन्हें गोली चलानी पड़ी क्योंकि कोई और रास्ता नहीं बचा था. पुलिस उपायुक्त दत्तात्रेय नलावड़े द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पुलिस को दोपहर लगभग 1:45 बजे एक कॉल आया.
कॉल करने वाले ने कहा कि एक शख्स ने महावीर क्लासिक बिल्डिंग में छोटे बच्चों को बंधक बना रखा है. पुलिस को यह सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करनी पड़ी. विशेष इकाइयों और त्वरित कार्रवाई बल को घटनास्थल पर बुलाया गया. पुलिस ने आरोपी रोहित आर्या से बातचीत करके उसे समझाने की कोशिश की.
इसके बाद, पवई पुलिस स्टेशन के अधिकारी बहादुरी से बाथरूम में घुसे और अंदर मौजूद एक शख्स की मदद से सभी बंधकों को मुक्त कराया. प्रारंभिक जांच में, आरोपी के पास एक एयर गन और एक रसायन मिला है. यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि यह रसायन वास्तव में किस लिए था. आरोपी रोहित आर्या की पृष्ठभूमि क्या है. उसकी मांगें क्या थीं.. इस घटना का सही कारण क्या है. इसको लेकर गहन जांच की जा रही है.
आरोपी ने बच्चों को एक वेब सीरीज के ऑडिशन के बहाने बुलाया था. इसके लिए उसने सोसाइटी में एक हॉल किराए पर लिया था. उसके बाद उसने ऑडिशन देने आए बच्चों को बंधक बना लिया. रोहित आर्य पवई इलाके में एक्टिंग क्लास और ऑडिशन से जुड़ा काम करता था.
सोशल मीडिया पर वह खुद को फिल्म निर्माता और मोटिवेशनल स्पीकर बताता था. खबर के मुताबिक, उसका 'अप्सरा' नाम से एक यूट्यूब चैनल भी है. बताया जा रहा है कि, वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था. स्थानीय निवासी महेश चौघुले ने बताया कि उसने बताया था कि रोहित आर्य पुणे का रहने वाला है. आरोपी रोहित आर्य ने स्कूल शिक्षा विभाग पर 2 करोड़ रुपये का बकाया होने का आरोप लगाया था. इस संबंध में तत्कालीन शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर ने रोहित आर्य के आरोपों का खंडन किया है. उसने तत्कालीन शिक्षा मंत्री केसरकर के बंगले के सामने और आजाद मैदान में विरोध प्रदर्शन किया था. उन्होंने मुंबई मराठी पत्रकार संघ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी। पूर्व शिक्षा मंत्री केसरकर ने मीडिया से बातचीत में उसके सभी दावों का खंडन किया है.
CBSE Board Exam 2026: 10वीं और 12वीं की परीक्षाएँ 17 फरवरी से, देखें पूरी डेटशीट
30 Oct, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल (CBSE) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए फाइनल डेटशीट जारी कर दी है। एग्जाम 17 फरवरी से शुरू होंगे, स्टूडेंट्स CBSE की ऑफिशियल वेबसाइट www.cbse.gov.in पर विजिट करके डेटशीट देख सकते हैं और डाउनलोड कर सकते हैं।
110 दिन पहले जारी हुई नोटशीट
CBSE ने 110 दिनों पहले डेटशीट जारी की है, इससे छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल गया है। इस डेटशीट के अनुसार 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी और 10 मार्च 2026 तक चलेंगी। वहीं, 12वीं बोर्ड की परीक्षा 17 फरवरी से 9 अप्रैल 2026 तक चलेगी, अलग-अलग विषयों के अनुसार परीक्षाएं सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे और 1.30 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
45 लाख छात्र देंगे परीक्षाएं
CBSE के मुताबिक 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को मिलाया जाए तो कुल 204 विषयों में एग्जाम आयोजित किए जाएंगे। भारत और 26 अन्य देशों के करीब 45 लाख छात्र इन एग्जाम में शामिल होंगे। लिखित परीक्षा के साथ-साथ समय पर प्रैक्टिकल, मूल्यांकन और रिजल्ट का काम किया जाएगा। जो छात्र CBSE बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले हैं, वे बिना किसी लॉगिन क्रेडेंशियल के एग्जाम डेट की PDF देख और डाउनलोड कर सकते हैं। नेशनल एजुकेशन पॉलिसी (NEP 2020) की सिफारिशों के सीबीएसई ने घोषणा की है कि 2026 से क्लास 10वीं के स्टूडेंट्स के लिए एक एकेडमिक ईयर में दो बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। CBSE ने बताया कि क्लास 9वीं और 11वीं के छात्रों के रजिस्ट्रेशन आंकड़ों के आधार पर परीक्षाओं से 146 दिन पहले 24 सितंबर 2025 को संभावित डेटशीट जारी की गई थी।
बॉर्डर पर भारत का ‘ऑपरेशन त्रिशूल’, पाकिस्तान की सेना में मचेगा हड़कंप
30 Oct, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। पश्चिमी राजस्थान (Rajasthan) में मरुस्थल से लेकर गुजरात (Gujrat) के सर क्रीक तक भारत-पाकिस्तान बॉर्डर (India-Pakistan Border) पर एक बार फिर से रण होगा, और इस रण का नाम ऑपरेशन त्रिशूल (Operation Trishul) रखा गया है। ‘ऑपरेशन त्रिशूल’ भारत के तीनों सेनाओं (Three Armies) का संयुक्त युद्धाभ्यास (Joint Maneuvers) है, जिसे देखकर पाकिस्तान की सेना में हड़कंप मच जाएगी और चीन की सेना की भी नींद उड़ जाएगी। इस युद्धाभ्यास की शुरुआत आज यानी 30 अक्टूबर से होगी, जो 13 दिन तक यानी आगामी 10 नवंबर तक चलेगा। इसके लिए नोटम जारी किया गया है।
ऑपरेशन त्रिशूल को देखकर दुश्मन के छक्के छूट जाएंगे। भारत-पाक बॉर्डर पर 13 दिन तक चलने वाला यह युद्धाभ्यास अब तक का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास होगा और इसमें तीनों सेनाओं के 30 हजार जवान संयुक्त रूप से शामिल होंगे। इसमें भारत की तीनों सैन्य शक्तियां एक साथ अपना पराक्रम दिखाएंगी। ऑपरेशन त्रिशूल में देश की तीनों सेनाएं यूनिफाइड ऑपरेशन, डीप स्ट्राइक और मल्टी-डोमेन वॉरफेयर का अभ्यास करेंगी।
अभ्यास का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की रेकी और सर्विलांस के जरिए दुश्मन की हर गतिविधि की पहचान करना है। इसके लिए उन्नत तकनीक, ISR क्षमताएं, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर उपकरण और साइबर प्लेटफ़ॉर्म का समन्वित उपयोग किया जाएगा। इसी तरह से ऑपरेशन रूम में इंडोर और आउटडोर अभ्यास कराकर, वास्तविक समय की स्थितियों में निर्णय-प्रक्रिया और नियंत्रण के तरीके को परखा जा रहा है। इसमें भारतीय सेना वायुसेना और नौसेना की ये हथियार भी हिस्सा लेंगे।
भारत-अमेरिका डील के बेहद करीब, ट्रंप ने पीएम मोदी को लेकर कही ये बात!
30 Oct, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली. भारत (India) और अमेरिका (US) के बीच ट्रेड डील (Trade Deal) बहुत जल्द होने वाली है. रिपोर्ट्स की मानें तो दोनों देशों के बीच लगातार बातचीत चल रही है, और अधिकतर मुद्दों पर सहमति बन चुकी है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि दोनों देश डील के बहुत नजदीक पहुंच चुके हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने हाल ही में कहा कि वे जल्द ही भारत के साथ ट्रेड डील करेंगे, जबकि भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने संकेत दिया है कि अगला महीना समझौते के नजरिये से बेहद अहम रहने वाला है.
इस डील की खास बातें…
इस डील के तहत अमेरिका, भारत से आने वाले कुछ प्रमुख उत्पादों पर आयात शुल्क (टैरिफ) में बड़ी कटौती करने जा रहा है. खबरों के मुताबिक भारतीय निर्यात पर लगने वाला शुल्क लगभग 50% से घटाकर 15-16% किया जा सकता है. जिससे भारतीय एक्सपोर्ट बढ़ने की उम्मीद है.
हालांकि, कुछ संवेदनशील मुद्दे अब भी चर्चा में हैं. अमेरिका चाहता है कि भारत रूस से कच्चा तेल खरीदने में कटौती करे. खबर ये है कि भारत ने भरोसा दिया है कि धीरे-धीरे रूस तेल आयात को कम किया जाएगा. वहीं भारत अपने किसानों, छोटे उद्योगों (MSME) और घरेलू उत्पादकों के हितों की सुरक्षा पर अड़ा हुआ है. भारत खासकर कृषि और डेयरी उद्योगों में अमेरिकी कंपनियों की एंट्री नहीं चाहता है. भारत यह सुनिश्चित करना चाहता है कि इस समझौते से उसके स्थानीय उद्योगों को नुकसान न पहुंचे.
अमेरिका-भारत डील के फायदे
अगर यह समझौता होता है तो भारत-अमेरिका के आर्थिक रिश्तों में बड़ा बदलाव आ सकता है. भारत को अमेरिकी बाजार में ज्यादा पहुंच मिलेगी, खासकर फार्मा, टेक्सटाइल और आईटी सेक्टर को बड़ा फायदा होगा. वहीं, अमेरिका को भारत के विशाल उपभोक्ता बाजार में कृषि, ऊर्जा और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे.
जानकारों की मानें तो अमेरिका-भारत के बीच ट्रेड डील (Trade Deal) शेयर बाजार के लिए भी एक बूस्टर डोज का काम करेगा. अगर टैरिफ का दायर 15-16 फीसदी तक सीमित रहता है तो फिर भारतीय बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिल सकती है. हालांकि समझौते के रास्ते में अभी भी बहुत रोडे हैं. साथ ही अमेरिका की टैरिफ नीति में अचानक बदलाव और भू-राजनीतिक मुद्दे (जैसे रूस से तेल आयात) इस डील को प्रभावित कर सकते हैं.
ट्रंप ने फिर की पीएम मोदी की तारीफ
अगर सब कुछ योजना के अनुसार चलता है, तो यह समझौता साल के अंत तक साइन हो सकता है. दोनों देशों का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में आपसी व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाया जाए, यह डील उस दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकती है.
ट्रंप की मानें तो भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘बिजनेस मेज़ पर बहुत मजबूत’ हैं. हालांकि दोनों देशों के बीच व्यापार डील काफी हद तक तय हो चुकी है. ट्रंप का यह बयान इस बात के संकेत हैं कि भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड समझौते में पीएम मोदी की अहम भूमिका है. दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को अंतिम रूप देने की ओर बढ़ रहे हैं. जिसमें कई महीनों से टैरिफ, निर्यात-आयात और बाजार पहुंच जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं.
शुभम गोस्वामी को बनाया ‘अमन खान’, घर वापसी की बात पर मिली धमकी
30 Oct, 2025 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) में धर्म परिवर्तन (Religious Conversion) का एक मामला सामने आया है. भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में रहने वाले शुभम गोस्वामी (Shubham Goswami) ने आरोप लगाया है कि एक मुस्लिम युवती (Muslim Girl) और उसके परिवार ने उस पर इस्लाम कबूल (Acceptance of Islam) कर निकाह (Nikah) करने का दबाव बनाया. युवक का आरोप है कि लगातार मानसिक दबाव डालकर उसे धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया.
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह मामला पूरी तरह नया नहीं है. जांच के दौरान पुलिस को इस प्रकरण से जुड़ा एक पुराना केस मिला, जो वर्ष 2022 का है. अधिकारियों के अनुसार, इसी मुस्लिम युवती ने उस समय शुभम पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था. युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और शुभम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. लगभग चार महीने बाद शुभम को जमानत मिली थी. फिलहाल यह केस अदालत में विचाराधीन है.
शुभम का आरोप है कि जेल से रिहा होने के बाद भी उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया. उसने बताया कि युवती और उसके परिवार ने धमकियां दीं और कहा कि अगर उसने इस्लाम कबूल नहीं किया, तो उसके खिलाफ और केस दर्ज कराए जाएंगे. शुभम के मुताबिक, इसी दबाव में उसका नाम बदलकर अमन खान रख दिया गया और उसे मजबूरन अपनी पहचान छिपाने के लिए कहा गया. अब वह घर वापसी (हिंदू धर्म अपनाना) करना चाहता है, लेकिन धमकियां मिल रही हैं.
इस मामले में जहांगीराबाद थाना प्रभारी चतुर्भुज राठौर ने बताया कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच पहले भी विवाद रहा है. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश और व्यक्तिगत टकराव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. राठौर के अनुसार, फरियादी शुभम को बयान के लिए थाने बुलाया गया था, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिलने के कारण पूछताछ फिलहाल रुकी हुई है. पुलिस अब दोनों पक्षों से विस्तृत जानकारी जुटा रही है.
वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद कुछ हिंदू संगठनों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने शुभम के समर्थन में नारेबाजी की और आरोपी युवती व उसके परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. संगठनों ने दावा किया कि यह मामला लव जिहाद से जुड़ा हो सकता है और इसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है. जांच में यह देखा जा रहा है कि धर्म परिवर्तन को लेकर वाकई दबाव डाला गया था या नहीं, या यह मामला पुरानी रंजिश का परिणाम है. पुलिस का कहना है कि संबंधित सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
भारतीय नौसेना में जल्द शामिल होगा स्वदेशी सर्वे पोत इक्षक, समुद्री ताकत में होगा इजाफा
30 Oct, 2025 10:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारतीय नौसेना (Indian Navy) को जल्द ही नई ताकत मिलने वाली है। स्वदेश निर्मित सर्वे पोत इक्षक (Survey vessel ikshak) को कोच्चि नौसेना अड्डे (Kochi Naval Base) पर 6 नवंबर को सैन्य बेड़े में शामिल किया जाएगा। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने यह जानकारी दी। नेवी चीफ एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां सर्वेक्षण पोतों के इस तीसरे पोत इक्षक को नौसेना में शामिल किया जाएगा। आधिकारिक बयान के अनुसार, यह प्रोजेक्ट भारत की जल सर्वे उत्कृष्टता और स्वदेशीकरण की दिशा में मील का पत्थर है।
बयान में कहा गया, ‘अपनी कैटेगरी के तीसरे पोत के रूप में इक्षक का शामिल होना खास है। यह इस बात को दर्शाता है कि नौसेना आधुनिक और उन्नत संसाधन तैयार करने के अपने संकल्प पर दृढ़ प्रतिबद्ध है। इससे क्षमता वृद्धि और आत्मनिर्भरता के प्रयासों को और अधिक गति मिलेगी।’ प्रवक्ता ने बताया कि गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड की ओर से पोत उत्पादन निदेशालय और युद्धपोत निरीक्षण दल की देखरेख में इसे तैयार किया गया है। इक्षक में 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल हुआ है।
जानें इक्षक की खासियत
प्रवक्ता ने बताया कि इक्षक ऐसा पहला एसवीएल पोत है, जिसमें महिलाओं के लिए विशेष सुविधा है। बयान में कहा गया कि इक्षक का अर्थ मार्गदर्शक है जो इस पोत की भूमिका का सही प्रतीक है। यह पोत अपने नाम की तरह ही अज्ञात समुद्री क्षेत्रों का नक्शा बनाकर मार्गदर्शक बनेगा, नौकाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेगा और भारत की समुद्री क्षमताओं को मजबूत करेगा। इससे देश की नौसेना की ताकत में बड़ा इजाफा होगा।
पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेता पर हमला, सिर में मारी गोली, हालत गंभीर
30 Oct, 2025 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) नेता नितन नंदा पर हमला हुआ है. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इलाज के लिए उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई (Chandigarh PGI) रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आप नेता पहुंचे थे, जहां उन पर हमला किया गया है.
जानकारी के अनुसार, श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के नेता नितन नंदा पर एक समारोह के दौरान गोली चलाई गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना उस समय हुई, जब नितन नंदा एक समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे. इसी दौरान उन्हें गोली मारी गई. गोलीबारी की आवाज सुनते ही मौके पर हड़कंप मच गया और मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.
घायल नितन नंदा को तुरंत सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब ले जाया गया. जहां प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि गोली उनके शरीर के अंदर लगी है और यह गोली उनके सिर के पिछले हिस्से में लगी है. घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर साहिब पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हमलावरों की पहचान की जा रही है.
दाऊद का गुर्गा दानिश चिकना गिरफ्तार, मुंबई में चलाता था ड्रग फैक्ट्री
30 Oct, 2025 08:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोवा: दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) के गुर्गे और डोंगरी में उसकी ड्रग्स (Drugs) की फैक्ट्री संभालने वाले ड्रग तस्कर दानिश चिकना (Danish Chikna) को गोवा (Goa) से गिरफ्तार (Arrested) किया गया है. दानिश चिकना दाऊद इब्राहिम का करीबी है, जो भारत में ड्रग्स सिंडिकेट का हिस्सा है. इससे पहले भी NCB ने उसे गिरफ्तार किया था. उसपर आरोप था कि डोंगरी इलाके में ड्रग्स सिंडिकेट चला रहा है. उसका असली नाम दानिश मर्चेंट है. गोवा में होने वाली यह गिरफ्तारी NCB मुंबई के जरिए हुई है. इस गिरफ्तारी से दाऊद के ड्रग्स कारोबार को बड़ा झटका लगा है. पुलिस मामले में आगे की जांच में दानिश चिकना से पूछताछ करने में जुटी हुई है.
भारत बिना नए कोयला संयंत्र के 2032 तक बिजली की मांग पूरी कर सकता है, रिपोर्ट में दावा
29 Oct, 2025 06:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारत (India) आने वाले सात वर्षों में अपनी बढ़ती बिजली (Electricity) की मांग को पूरा करने के लिए किसी नए कोयला संयंत्र (Coal Plants) की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक नई वैश्विक रिपोर्ट (Global Report) में कहा गया है कि देश 2032 तक की बिजली जरूरतों को पहले से तय सौर, पवन और ऊर्जा भंडारण लक्ष्यों के जरिए पूरा कर सकता है। यह निष्कर्ष भारत की ऊर्जा नीति में बड़े बदलाव का संकेत देता है।
ऊर्जा थिंक टैंक एंबर की मंगलवार को जारी रिपोर्ट ‘कोल डिमिनिशिंग रोल इन इंडिया इलेक्ट्रीसिटी ट्राजिशन’ के मुताबिक, नए कोयला संयंत्रों में निवेश न सिर्फ अनावश्यक बल्कि आर्थिक रूप से नुकसानदेह साबित होगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि मौजूदा निर्माणाधीन कोयला संयंत्रों के अलावा और संयंत्र बनाए गए तो यह बिजली वितरण कंपनियों और उपभोक्ताओं पर महंगा बोझ डाल सकता है, क्योंकि अक्षय ऊर्जा और बैटरी स्टोरेज तकनीक अब पहले से कहीं सस्ती और भरोसेमंद हो गई है।
एंबर के मॉडलिंग डेटा के अनुसार, यदि भारत नेशनल इलेक्ट्रिसिटी प्लान 2032 के तहत तय सौर, पवन और स्टोरेज लक्ष्यों को पूरा कर लेता है, तो 2031-32 तक लगभग 10 फीसदी अतिरिक्त कोयला संयंत्र पूरी तरह बेकार पड़े रहेंगे, जबकि 25 फीसदी से अधिक संयंत्र बहुत कम क्षमता पर चलेंगे। रिपोर्ट बताती है कि भारत के कोयला संयंत्रों की औसत प्लांट लोड फैक्टर 2024-25 में 69 प्रतिशत से घटकर 2031-32 तक सिर्फ 55 प्रतिशत रह जाएगी। इसका मतलब यह होगा कि कई संयंत्र लंबे समय तक बंद रहेंगे या बेहद कम क्षमता पर चलेंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि जैसे-जैसे सौर और पवन ऊर्जा का उत्पादन बढ़ेगा, कोयला बिजली का मुख्य स्रोत न रहकर सिर्फ बैकअप विकल्प बन जाएगा। इससे कोयला बिजली की लागत और बढ़ जाएगी। एम्बर का अनुमान है कि वर्तमान में कोयला बिजली की दर लगभग ₹छह प्रति यूनिट है, जो 2031-32 तक बढ़कर ₹7.25 प्रति यूनिट तक पहुंच सकती है।
बिहार और मध्य प्रदेश जैसे कोयला उत्पादक राज्यों में भी नए कोयला संयंत्रों की बिजली दरें ₹5.85 से ₹छह प्रति यूनिट तक पहुंच गई हैं। इसकी तुलना में सौर और पवन आधारित फर्म डिस्पैचेबल रिन्यूएबल एनर्जी की दरें ₹4.3 से ₹5.8 प्रति यूनिट तक हैं, जबकि सोलर-प्लस-स्टोरेज प्रोजेक्ट ₹2.9 से ₹3.6 प्रति यूनिट तक में बिजली उपलब्ध करा रहे हैं।
एंबर के मुख्य विश्लेषक डेव जोन्स ने कहा कि भारत सौर निर्माण की तरह ही बैटरी उत्पादन में भी आत्मनिर्भर बन सकता है और 24 घंटे, 365 दिन बिजली उपलब्ध कराने वाला देश बन सकता है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अब बैटरी तकनीक तेजी से विकसित हो रही है, जिसकी आयु दशकों तक बढ़ गई है, और नई सोडियम-आयन तकनीक के कारण अब दुर्लभ खनिजों की जरूरत भी कम हो गई है।
रिपोर्ट के सह-लेखक दत्तात्रेय दास ने कहा कि भारत को पिछली गलतियों से सबक लेते हुए अनावश्यक कोयला संयंत्रों के निर्माण से बचना चाहिए। रिपोर्ट में सिफारिश की गई है कि देश को अब ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने, पुराने तापीय संयंत्रों को लचीला बनाने और बिजली वितरण प्रणाली को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। यह बदलाव न केवल पर्यावरण के लिए बेहतर है बल्कि आर्थिक रूप से भी लाभकारी साबित होगा।
SIR के बाद 12 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में बढ़ेंगे मतदान केंद्र, छोटी होंगी वोटिंग की कतारें
29 Oct, 2025 05:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। देशभर में मतदान केंद्रों (Polling Stations) पर लंबी कतारों को कम करने के लिए चुनाव आयोग (Election Commission) ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने कहा है कि 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष सघन पुनरीक्षण (Special Intensive Review) अभियान के बाद मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इस व्यवस्था के बाद मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतारों में कम समय बिताना पड़ेगा।
बिहार इस अभियान को पूरा करने वाला पहला राज्य बन गया है, जहां अब हर पोलिंग स्टेशन पर अधिकतम 1,200 मतदाता होंगे। पहले यह संख्या 1,500 थी। इस बदलाव से राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या 77,895 से बढ़कर 90,712 हो गई है। 4 नवंबर से शुरू होने वाले एसआईआर अभियान के तहत जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह प्रक्रिया चलेगी, वे हैं अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल।
जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 4 नवंबर से एसआईआर प्रक्रिया शुरू होगी, उनके मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के अनुसार नए मतदान केंद्र ऊंची इमारतों, रिहायशी कॉलोनियों और झुग्गी बस्तियों में स्थापित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी नए मतदान केंद्र स्थापित करने के संबंध में राजनीतिक दलों से परामर्श करेंगे।
चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि एक ही मतदान केंद्र पर एक ही परिवार के सभी सदस्यों को रखने का विशेष ध्यान रखा जाए। चुनाव आयोग यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है कि जहां तक संभव हो, मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए 2 किमी से अधिक की यात्रा न करनी पड़े। हाल के चुनावों में मतदाताओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ऊंची इमारतों और सोसाइटियों में मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भरी राफेल में उड़ान, यही जेट ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में बना था पाकिस्तान का काल
29 Oct, 2025 02:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंबाला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को अंबाला वायुसेना स्टेशन से राफेल विमान में उड़ान भरी. अंबाला एयरबेस, जहां से “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान राफेल समेत कई फाइटर जेट्स ने उड़ान भरकर पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को नष्ट किया था. जब राष्ट्रपति ने उड़ान भरी, उस दौरान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. भारत का राष्ट्रपति तीनों सेनाओं का कमांडर भी होता है. राफेल में सवारी करने से पहले राष्ट्रपति ने ‘जी-सूट’ पहना था. हाथ में हेलमेट, धूप का चश्मा लगाकर विमान के पायलटों के साथ फोटो खिंचवाई. जब अंबाला एयरपोर्ट से उड़ान भरीं तो हाथ हिलाकर अभिवादन किया. राफेल की सवारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कर चुके हैं.
2020 में वायुसेना में शामिल हुआ राफेल
राफेल लड़ाकू विमान भारतीय वायुसेना में सितंबर 2020 में शामिल हुआ. यह फ्रांसीसी कंपनी दसॉ एविएशन द्वारा बनाया गया है. दरअसल, अंबाला एयरबेस राफेल स्क्वाड्रन ‘गोल्डन एरोज’ का मुख्य केंद्र है. इसलिए ऐसे स्टेशनों को प्राथमिकता दी जाती है. इन विमानों ने हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमले कर अपनी ताकत का प्रमाण दिया था. उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि राष्ट्रपति दिल्ली बुधवार सुबह हवाई मार्ग के माध्यम से अंबाला एयरफोर्स स्टेशन छावनी पहुंचीं. उनकी सुरक्षा के लिहाज से एयरफोर्स स्टेशन के आसपास के इलाके में ड्रोन को उड़ाने पर पाबंदी लगाई गई है. इसके अलावा एयरफोर्स स्टेशन के अंदर किसी को भी मोबाइल ले जाने की परमिशन नहीं दी गई है. स्टेशन के अंदर प्रवेश भी केवल उन्हीं को मिलेगा, जो अधिकृत व्यक्ति होंगे.
26 नए राफेल मरीन जेट को मंजूरी
राष्ट्रपति ने उड़ान उस ऐसे समय में भरीं, जब भारत और फ्रांस के बीच नौसेना के लिए 26 राफेल मरीन जेट्स की डील को मंजूरी मिल चुकी है. फाइटर जेट का यह सौदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की मंजूरी मिलने के बाद हुआ. 26 फाइटर में 22 सिंगल-सीटर और 4 ट्विन-सीटर ट्रेनर जेट शामिल होंगे.
दर्जी समय पर ब्लाउज नहीं दे सका, अदालत ने 7,000 रुपये का जुर्माना लगाया
29 Oct, 2025 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद। एक दर्जी (Tailor) का टूटा हुआ वादा उसे 7,000 रुपये का घाटा करा गया, क्योंकि वह शादी (Marriage) के लिए ब्लाउज (Blouse) समय पर नहीं दे सका। इस घटना ने एक खुशहाल पारिवारिक समारोह (Family Function) को उपभोक्ता अदालत (Consumer Court) के मामले में बदल दिया। उपभोक्ता अदालत ने टेलर पर सात हजार रुपये जुर्माना लगाया है।
अहमदाबाद की एक महिला ग्राहक ने अपने रिश्तेदार की शादी के लिए 24 दिसंबर 2024 को पहनने हेतु एक पारंपरिक ब्लाउज सिलवाने का ऑर्डर दिया था। उसने पिछले महीने ही दर्जी को ₹4,395 अग्रिम में दे दिए थे। लेकिन जब वह 14 दिसंबर को ऑर्डर लेने गई, तो पाया कि ब्लाउज उसकी बताई गई डिज़ाइन के अनुसार नहीं सिला गया था। दर्जी ने उसे भरोसा दिलाया कि वह गलती सुधार देगा, लेकिन 24 दिसंबर बीत गया और ब्लाउज कभी नहीं मिला।
इसके बाद महिला ने दर्जी को कानूनी नोटिस भेजा, उपभोक्ता शिकायत दर्ज की लेकिन दर्जी उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग, अहमदाबाद (अतिरिक्त) में पेश नहीं हुआ। आयोग ने दर्जी की ओर से ब्लाउज न देने को “सेवा में स्पष्ट कमी” माना, जिससे शिकायतकर्ता को “मानसिक उत्पीड़न” झेलना पड़ा। अदालत ने आदेश दिया कि दर्जी 4,395 रुपये राशि 7% वार्षिक ब्याज सहित लौटाए, साथ ही मानसिक कष्ट और वाद व्यय के लिए अतिरिक्त मुआवजा भी अदा करे।
कोहली ने शेयर किया स्कूल का अनुभव, बच्चों से की खुलकर बात
अकादमी उद्घाटन में कोहली की मौजूदगी, युवा खिलाड़ियों को मिला मोटिवेशन
मनुहार न आई काम: पत्नी के सामने पति ने उठाया आत्मघाती कदम
Imran Khan की चौथी आंखों की सर्जरी, रोशनी को लेकर बढ़ी चिंता
उज्जैन यूनिवर्सिटी में सनसनी: धमकी भरा मैसेज और संदिग्ध सामान मिलने से हड़कंप
कोहली के लिए दीवानगी, न मिलने पर बच्चे ने खोया आपा
AAP में एक जैसा रुख: केजरीवाल के बाद सिसोदिया ने भी अदालत में पेश होने से मना किया
पश्चिम बंगाल में चुनावी छापे: 510 करोड़ की नकदी और सामान पकड़ा
