मनोरंजन (ऑर्काइव)
लोगों में दिखा 'बार्बी' का क्रेज....
24 Jul, 2023 12:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हॉलीवुड फिल्म 'बार्बी' का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। इंडिया में बड़े-बड़े स्टार्स बार्बी के रंग में रंगे हुए नजर आ रहे हैं। 21 जुलाई को बॉक्स ऑफिस पर क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'ओपेनहाइमर' से टक्कर लेने वाली ग्रेटा गेर्विग की फिल्म इंडिया में भर में तो ठीक-ठाक कमाई कर रही है, लेकिन दुनियाभर में फिल्म की कमाई होश उड़ाने वाली है।
इंडिया में फिल्म ने कमाए इतने करोड़
इंडिया में हॉलीवुड फिल्म 'बार्बी' को सिर्फ इंग्लिश भाषा में रिलीज किया गया है। जबकि, ओपेनहाइमर को इंग्लिश के अलावा हिंदी भाषा में भी रिलीज किया गया। इस फिल्म के जरिये बार्बी और केन दुनियाभर को अपनी कलरफुल दुनिया में लेकर जाने में सफल रहे हैं। पहले दिन इंग्लिश भाषा में 5 करोड़ का बिजनेस करने वाली ग्रेटा गर्विग के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने शनिवार को 6.5 करोड़ और रविवार को 7.13 करोड़ का बिजनेस किया है। इंडिया में बार्बी ने अब तक 18.63 करोड़ का वीकेंड पर बिजनेस किया है। इंडिया में जिस तरह से 'बार्बी' को लेकर लोगों में क्रेज बढ़ रहा है, उसे देखते हुए ये कहना गलत नहीं होगा कि करण जौहर की 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' आने से पहले ये फिल्म अच्छा बिजनेस कर सकती है।
वर्ल्डवाइड 'बार्बी' गाड़ रही है सफलता के झंडे
मार्गोट रॉबी और रयान गोस्लिंग स्टारर इस फिल्म की रफ्तार इंडिया में भले ही धीमी हो, लेकिन दुनियाभर में फिल्म ने 'ओपेनहाइमर' को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है। महज तीन दिनों में इस फिल्म ने दुनियाभर में अपनी कमाई से हर किसी को हैरान कर दिया। फिल्म ने वीकेंड तक वर्ल्डवाइड 2050 करोड़ की टोटल कमाई यानी कि 300 मिलियन डॉलर के आसपास कमाई कर ली है, जबकि ओपेनहाइमर महज 165 मिलियन ही वर्ल्डवाइड कमाई कर पाई। आपको बता दें कि ग्रेटा गर्विग के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मार्गोट रॉबी और रयान गोस्लिंग के अलावा सिमू लियू, केट मैकिनॉन, इस्सा राय, रिया पर्लमैन, और विल फेरेल अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं।
Kartik Aaryan को ऑस्ट्रेलिया में विक्टोरिया गवर्नर से मिलेगा सम्मान
24 Jul, 2023 09:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एक्टर कार्तिक आर्यन ने एक आउटसाइडर होने के बावजूद फिल्म इंडस्ट्री में अपनी धाक जमाई है। आज उनके मिलियन फैंस हैं। कार्तिक का स्टारडम भले ही शाह रुख खान या सलमान खान जैसा न हो, लेकिन उनकी पॉपुलैरिटी किसी से कम भी नहीं है। चाहे 'भूलभुलैया 2' हो या 'प्यार का पंचनामा', कार्तिक ने अपनी परफॉर्मेंस से हमेशा लोगों का एंटरटेनमेंट किया है। यह इसी का नतीजा है कि उन्हें इंडियन फिल्म फेस्टिवल मेलबर्न (आईएफएफएम) में सम्मानित किया जाएगा।
कार्तिक आर्यन बॉलीवुड इंडस्ट्री के ए लिस्ट एक्टर माने जाते हैं। उनकी फिल्मों को देशभर में काफी पसंद किया जाता है। फिल्म फ्रैटर्निटी में भी उनकी काफी तारीफें हुई हैं। एक्टर को 'राइजिंग ग्लोबल सुपरस्टार ऑफ इंडियन सिनेमा' के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें विक्टोरिया की गवर्नर द्वारा फिल्म इंडस्ट्री में उनके महत्वपूर्ण योगदान और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए 11 अगस्त को आयोजित समारोह में दिया जाएगा।
इस पुरस्कार के लिए कार्तिक आर्यन ने खुशी जताई है। एक बयान में उन्होंने कहा, ''मैं इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए विक्टोरियाई सरकार के प्रति बहुत आभारी हूं और मेलबर्न के 14वें भारतीय फिल्म महोत्सव में शामिल होने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। भारतीय सिनेमा में अपने काम के लिए यह सम्मान पाना एक बहुत बड़ा सौभाग्य है। मैंने हमेशा कहानी कहने की शक्ति और फिल्मों की दिलों को छूने और दिमाग को प्रेरित करने की क्षमता में विश्वास किया है। मैं सिनेमा के जादू का जश्न मनाने के लिए उत्सुक हूं।
रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंची 'रामायण' की सीता...
23 Jul, 2023 04:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रामानंद सागर की 'रामायण' में माता सीता का किरदार निभाकर लोगों का दिल जीत चुकीं दीपिका चिखलिया को लोग आज भी इसी रोल के लिए याद करते हैं। रामायण से लोगों की गहरी आस्था जुड़ी है। शो में काम कर चुके हर कलाकार को लोगों ने भगवान का दर्जा दिया। माता सीता बनकर अग्निपरीक्षा देने वालीं दीपिका चिखलिया को आज भी लोग इसी रूप में याद करते हैं।
अयोध्या पहुंचीं दीपिका चिखलिया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मां सीता का किरदार निभाने वालीं दीपिका चिखलिया को लेकर खबर है कि हाल ही में वह रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंची। इस दौरान उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर छाई हुई है। इन तस्वीरों में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर दीपिका काफी खुश नजर आ रही हैं।
पूरी आस्था के साथ की भगवान की पूजा अर्चना
दीपिका चिखलिया शनिवार को रामलला की जन्मभूमि अयोध्या पहुंचीं। दीपिका ने बताया कि पहली बार अयोध्या आकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने का मौका मिला है। यह दर्शन कर उनका जीवन धन्य हो गया है। उन्होंने पूरी आस्था के साथ भगवान की पूजा अर्चना की। उन्होंने हनुमानगढ़ी में भी दर्शन किए। दीपिका चिखलिया की अयोध्या दर्शन की फोटो सोशल मीडिया पर छायी हुई है।
'फिर आऊंगी अयोध्या'
दीपिका ने कहा, 'राम मंदिर का निर्माण पूरा होने और भक्तों के लिए मंदिर खोले जाने पर मैं फिर से अयोध्या आऊंगी।' जो तस्वीर सामने आई है, उसमें दीपिका मरून कलर की बनारसी साड़ी में नजर आईं। उनके माथे पर चंदन का टीका और गले में फूलों की माला है।
दीपिका चिखलिया वर्कफ्रंट
दीपिका चिखलिया ने 1983 में 'सुन मेरी लैला' से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। यह उनकी पहली फिल्म थी। इसके बाद दीपिका ने राजेश खन्ना के साथ तीन फिल्में- 'रुपये दस करोड़', 'खुदाई' और 'घर का चिराग' में काम किया। एक्ट्रेस को सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी माता सीता बनकर रामायण शो से ही मिली।
दीपिका इन दिनों कुछ मराठी फिल्में करती हैं। हाल ही में उन्होंने 'वीर मुरारबाजी' का पोस्टर शेयर किया था। यह फिल्म रणधुरंधर नरवीर मुरारबाजी देशपांडे पर आधारित है, जिन्हें स्वराज्य के इतिहास में पुरंदर के 'कालभैरव' के नाम से जाना जाता है।
फिल्म डायरेक्टर बी सुभाष की बेटी का हुआ निधन....
23 Jul, 2023 03:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बॉलीवुड के जाने-माने फिल्म डायरेक्टर, निर्माता और लेखक बी सुभाष की बेटी श्वेता बब्बर इस दुनिया को अलविदा कह गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्वेता का शनिवार यानी 22 जुलाई को निधन हो गया। बीते साल बी सुभाष की पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी और अब उनकी बेटी उन्हें अकेला छोड़ गई।
कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में ली अंतिम सांस
श्वेता बब्बर ने शनिवार की रात करीब एक बजे मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। कहा जा रहा है कि श्वेता 19 जुलाई को श्वेता अपने घर में गिर गई थीं। ऐसे में उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी रीढ़ की हड्डी में क्लॉटिंग हो गई है। डॉक्टर्स ने बताया कि श्वेता के क्लॉटिंग ऐसी जगह हुई है, जिससे शरीर के अन्य अंगों तक रक्त का प्रवाह रुक रहा है।
घर में गिर गई थीं श्वेता
अस्पताल में तीन दिन जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिर श्वेता ने इस दुनिया को अलविदा कह ही दिया। उनकी उम्र महज 48 वर्ष थी। पत्नी के बाद अब बेटी के निधन से बी सुभाष टूट गए हैं। पूरा परिवार शोक में डूबा है।
बीते साल पत्नी का हुआ था निधन
निर्माता की पत्नी तिलोत्तिम्मा (67) का बीते साल अगस्त में निधन हुआ था। वह कई सालों से गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं। बी सुभाष ने बताया था कि पत्नी की किडनी की बीमारी के बारे में पता चलते ही उन्होंने अपनी किडनी देने का फैसला किया था, लेकिन लेकिन डॉक्टरों ने कुछ टेस्ट किए और यह पता चला कि उनको फेफड़ों की समस्या भी है, इस वजह से किडनी ट्रांसप्लांट नहीं किया जा सकता, क्योंकि इससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता था।
सलमान खान ने की थी मदद
79 साल के बी सुभाष दो बेटियों और बेटों के पिता हैं। बॉलीवुड में उन्होंने करीब 18 से ज्यादा फिल्मों का निर्माण किया है। एक वक्त ऐसा भी आया था जब उन्होंने अपनी पत्नी के इलाज के लिए बॉलीवुड में मदद की गुहार लगाई थी। तब सलमान खान और मिथुन चक्रवर्ती ने उनकी मदद की थी।
सैफ अली खान के बेटे इब्राहम के साथ मूवी डेट पर निकलीं पलक तिवारी....
23 Jul, 2023 01:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फिल्म 'आदिपुरुष' के रावण, सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम के काफी समय से बॉलीवुड में डेब्यू करने की चर्चा है। वह पिछले काफी समय से इस वजह से चर्चा में बने हुए हैं। उन्होंने 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया है।
उधर, श्वेता तिवारी की बेटी पलक ने 'किसी का भाई किसी की जान' से बॉलीवुड इंडस्ट्री में कदम रख दिया है। इन दोनों स्टार किड्स के एक दूसरे को डेट करने की खबरें काफी समय से सामने आ रही हैं। हाल ही में मुंबई के जुहू पीवीआर के बाहर दोनों स्पॉट किए गए। इससे उनके रिलेशन की खबरों को और तूल मिल गई।
मूवी डेट पर निकले पलक-इब्राहिम
पलक और इब्राहिम काफी अच्छे दोस्त हैं। इनके रिलेशन को लेकर अक्सर कई खबरें सामने आ चुकी हैं। हालांकि, इन्होंने कभी इस अफवाह पर मुहर नहीं लगाई। हाल ही में दोनों को मूवी डेट के लिए सिनेमा हॉल में जाते देखा गया। मूवी नाइट के लिए पलक ने ब्लैक क्रॉप टॉप, जैकेट और मैचिंग जींस पहनी थी। जबकि, इब्राहिम ने सफेद टी शर्ट के साथ ब्लैक शर्ट और जींस पहनी थी। दोनों अलग-अलग अंदर गए।
फैंस ने बताया क्यूट जोड़ी
जैसे ही इन दोनों का वीडियो सामने आया, फैंस ने इस पर तुरंत रिएक्शन देना शुरू कर दिया। एक ने लिखा, 'मॉडल जोड़ी! वे बहुत खूबसूरत हैं।' एक ने कमेंट किया, 'वे एक साथ बहुत अच्छे लग रहे हैं।' एक तीसरे इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा, 'वे एक साथ बहुत प्यारे लग रहे हैं।' एक यूजर ने कमेंट किया, 'इंडस्ट्री के नए कपल।'
गोवा में सारा-इब्राहिम के साथ किया था वेकेशन
इससे पहले इब्राहिम अली खान और सारा अली खान गोवा गए थे वेकेशन के लिए। इस जोड़ी के साथ पलक तिवारी भी देखी गई थीं। हालांकि, एयरपोर्ट की तस्वीरों से लगा कि पलक, इब्राहिम और सारा के साथ उनकी गोवा छुट्टियों पर गई थीं, लेकिन पलक इन दोनों के बाहर आने के कुछ समय बाद एयरपोर्ट से बाहर निकलीं।
जल्द मां बनने वाली हैं स्वरा भास्कर.....
23 Jul, 2023 01:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
स्वरा भास्कर ने इसी साल मार्च में समाजवादी पार्टी के नेता फहाद अहमद संग दिल्ली में परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में शादी की थी। शादी के 3 महीने बाद ही एक्ट्रेस ने फैंस संग गुड न्यूज शेयर की। इसी बीच अब एक्ट्रेस ने अपना एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं।
स्वरा ने शेयर किया बेबी बंप वीडियो
इस वीडियो में एक्ट्रेस के चेहरे पर प्रेग्नेंसी का ग्लो साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो में देख सकते हैं एक्ट्रेस ब्लैक और ब्लू कलर के काफ्तान पहने नजर आ रही है। इस दौरान एक्ट्रेस बार-बार अपने बेबी बंप को निहार नहीं है और गोल गोल घूम रही हैं। कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा, maternity wear की इन दिनों बारिश हो रही हैं। नई और बेहद आरामदायक अलमारी के लिए @the_mom_store को धन्यवाद।
फरवरी में की थी कोर्ट मैरिज
बता दें, मार्च से पहले स्वरा भास्कर और फहाद अहमद ने फरवरी में कोर्ट मैरिज की थी, जिसके बाद मार्च में शादी की। दिल्ली में शादी के बाद इस कपल का बरेली में भी ग्रैंड रिसेप्शन हुआ था, जिसमे कई नेता शामिल हुए थे। बता दें, फहाद एक स्टूडेंट लीडर और कार्यकर्ता हैं, जो समाजवादी पार्टी के सदस्य हैं। वो इस समय महाराष्ट्र और मुंबई की समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष हैं।
स्वरा की आने वाली फिल्म
वर्कफ्रंट की बात करें तो स्वरा आखिरी बार साल 2020 में 'जहां चार यार' फिल्म में देखा गया था। वो अगली फिल्म 'मिसेज फलानी' की रिलीज का इंतजार कर रही हैं। इसके अलावा उन्होंने 'निल बटे सन्नाटा', 'तनु वेड्स मनु' और 'रांझणा' जैसी फिल्मों में काम किया है।
एल्विश और फलक में हुई तू-तू, मैं-मैं....
23 Jul, 2023 01:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शनिवार यानी 22 जुलाई को बिग बॉस में वीकेंड के वार में सलमान खान ने एक-एक कर सबकी क्लास लगाई। इस हफ्ते सलमान खान अपने साथ घरवालों की वेदर रिपोर्ट लेकर आए थे। इसी बीच अब शो का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमे एक बार फिर एल्विश और फलक नाज आप में भिड़ते नजर आ रहे हैं।
आपस में भिड़े फलक और एल्विश
ये कहना गलत नहीं है कि जब से एल्विश यादव की घर एंट्री हुई है। वह तब से तीन घरवालों को अपने निशाने पर लेकर आए हैं, जिसमें सबसे पहले अविनाश सचदेव है दूसरे पर जिया शंकर और तीसरे पर फलक नाज है। शो में आते ही एल्विश इन तीनों से पंगे लेते नजर आए थे। हालांकि बीच-बीच में एल्विश की जिया और फलक से अच्छी बात बीच भी देखने को मिली, लेकिन अब एक बार भी लड़ाई को माहौल बन गया है।
फलक ने नहीं बनाए एल्विश के पराठे
शो के मेकर्स ने देर रात आज आने वाले एपिसोड में का एक प्रोमो शेयर किया, जिसमें एल्विश और फलक के बीच तू-तू, मैं-मैं होती नजर आ रहे हैं। प्रोमो में जिया शंकर किचन में पराठे बनाती नजर आ रही है। वहां, बैठी फलक नाज कहती हैं कि सबके लिए 2-2 ही पराठे बन रहे हैं। अब इससे ज्यादा किसी को खाना है या फिर भूख लग रही है तो वो अपना बनाकर खा लें। अब यही बात एल्विश को पसंद नहीं आई। उन्होंने कहा, 'जो कोई हमारे यहां पर खाना लेने आता है ना, उससे पूछते नहीं कि वो कितनी बार लेगा या कितनी बार नहीं।'
इसके आगे फलक चिल्लाते हुए कहती हैं, 'जब हम बना-बनाकर खिलाते हैं, तब कोई नहीं देखता है यहां पर।' तो एल्विश कहते हैं कि इन चीजों में गिनती न किया करें। बहुत छोटा साउंड करता है। फलक कहती हैं, 'सबको पता है कि कौन कैसे छोटा साउंड करता है।' एल्विश बोलते हैं कि कैसा दिन देखा मैंने आज। फिर फलक अविनाश से कहती हैं कि दो पराठों के लिए क्या बोल दिया आज, मौत पड़ गई। डेढ़ श्याणे।
'कंगुवा' में सुपरस्टार सूर्या का भयानक लुक देख खड़े हुए रोंगटे....
23 Jul, 2023 01:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीउथ जोन के सुपरस्टार सूर्या शिवकुमार का आज 48वां जन्मदिन है। उनके बर्थ डे के मौके पर मेकर्स ने अपकमिंग फिल्म 'कंगुवा' की पहली झलक शेयर की है, जिसमें उनका भयानक और रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। इस फिल्म में सूर्या शक्तिशाली आदिवासी नेता 'कंगुवा' के किरदार में हैं, जो शासन करता है और दुश्मनों के खिलाफ युद्ध छेड़ता है। 'कंगुवा' का नया टीजर काफी धमाकेदार है।
दिखी 'कंगुवा' की पहली झलक
कंगुवा का प्रोमो जंगल में एक युद्ध के मैदान से शुरू होता है, जहां प्रतिद्वंदी जनजाति का एक व्यक्ति दर्जनभर लोगों को मारता है। उसका मकसद शासन पर कब्जा करना होता है। दूर एक नकाब से चेहरा ढका आदमी खड़ा होता है, जिसपर आग से जला हुआ भाला फेंककर हमला किया जाता है। इसके बाद ये शख्स भागता है और बेनकाब हो जाता है। वह खुद को कंगुवा बताता है।
डबल रोल में होंगे सूर्या शिवकुमार
'कंगुवा' में सूर्या दो अलग-अलग कैरेक्टर्स प्ले करते नजर आएंगे। फिल्म का म्यूजिक सीन के अनुसार लाउड है। वीएफएक्स पर भी खूब काम किया गया है। यह दो चीजें लोगों में फिल्म को देखने की एक्साइटमेंट पैदा कर रही हैं। प्रोडक्शन टीम साल के अंत तक पहले फिल्म की शूटिंग पूरी कर लेगी। फिल्म को 2024 में टूडी और थ्रीडी में रिलीज किया जाएगा।
शताब्दी दर शताब्दी की कहानी दिखाएगी 'कंगुवा'
सिरुथाई शिवा के डायरेक्शन में बनी 'कंगुवा' फिल्म एंटरटेनमेंट से भरपूर फिल्म बताई गई है। इसकी कहानी 9वीं शताब्दी से लेकर 21 शताब्दी तक के लंबे समय में फैली हुई है।
'कंगुवा' स्टार कास्ट
सुपरस्टार सूर्या शिवकुमार की फिल्म में दिशा पाटनी, योगी बाबू, किंग्सले, कोवई सरला, आनंद राज जैसे सितारे होंगे। फिल्म पैन इंडिया लेवल पर रिलीज होगी। फिल्म तामिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी सहित 10 भाषाओं में 3डी में रिलीज होगी।
हिमेश रेशमिया ने सलमान खान की फिल्म से शुरू हुआ अपना करियर....
22 Jul, 2023 03:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आज हिमेश रेशमिया एक जाना-माना नाम है। हिमेश इंडस्ट्री के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने गायकी से लेकर अभिनय तक में अपना हुनर दिखाया है। उनके नाम कई हिट गाने हैं। खासकर, पार्टी सॉन्ग्स में हिमेश का जवाब नहीं। अपने खास तरह के संगीत और निजी जिंदगी को लेकर वो खबरों में रहे हैं। कामयाबी हासिल करना उनके लिए आसान भी नहीं रहा।
कम उम्र में खो दिया था कोई बहुत करीबी
हिमेश रेशमिया का जन्म 23 जुलाई 1973 को एक गुजराती परिवार में हुआ था। उनके पिता विपिन रेशमिया मशहूर संगीत निर्देशक थे। हिमेश 11 साल के थे, जब उन्होंने अपने भाई को खो दिया था।
नहीं बनना चाहते थे सिंगर
‘आशिक बनाया आपने’, ‘आपका सुरूर’, ‘झलक दिखला जा’, जैसे हिट गाने देने वाले हिमेश सिंगर नहीं बनना चाहते थे। हालांकि, पिता की ख्वाहिश पूरी करने के लिए उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री ज्वाइन की।
बॉलीवुड करियर की शुरुआत
हिमेश रेशमिया की बॉलीवुड में करियर की शुरुआत सलमान खान की फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ से हुई थी। इसके बाद ‘हेलो ब्रदर’, ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’, ‘बंधन’ और सबसे ज्यादा हिट एल्बम ‘तेरे नाम’ के साथ कई फिल्मों में कामयाबी के साथ संगीत दिया।
इमरान हाशमी के साथ बनी हिट जोड़ी
जहां सलमान खान की फिल्म में म्यूजिक देने के लिए हिमेश रेशमिया मशहूर हुए, वहीं इमरान हाशमी के साथ उनका जोड़ी बेहद कामयाब रही। ‘झलक दिखला जा’, ‘आशिक बनाया आपने’, ‘आप की कशिश’, कई ऐसे हिट थे, जिनमें हिमेश रेशमिया ने इमरान हाशमी को अपनी आवाज दी थी।
जब हिमेश रेशमिया बन गए सेंसेशन
12 गानों वाला एल्बम 'आप का सुरूर', एक साल तक हर म्यूजिक चार्ट में टॉप पर रहा, यह इंडिया में सबसे ज्यादा बिकने वाले म्यूजिक एल्बमों में से एक है। इसने रेशमिया को रातोंरात स्टार बना दिया।
खबरों में रही निजी जिंदगी
अपनी पहली पत्नी कोमल के साथ उन्होंने 22 साल के रिश्ते के बाद अलग होने का फैसला किया तो इसको लेकर खूब सुर्खियां बनीं। फिर साल 2018 में उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड सोनिया कपूर के साथ शादी रचाई। उनका यह फैसला कई लोगों के लिए चौंकाने वाला था। हिमेश रेशमिया और उनकी पहली पत्नी कोमल का एक बेटा है, जिसका नाम ‘स्वयं’ है।
लीजेंड्री सिंगर आशा भोंसले हिमेश को मारना चाहती थीं थप्पड़
हिमेश के गानों में नेसल टोन के लिए उनकी खूब आलोचना होती थी। एक कॉन्सर्ट के दौरान जब उनके नाक से गाने की बात पर टिप्पणी की गई तो हिमेश ने कई बड़े कलाकार का नाम लेते हुए कहा कि इंडस्ट्री के महान कलाकार भी तो नाक से गाते हैं, उनके बारे में कभी कोई क्यों नहीं बात करता।
इसमें जब लीजेंड्री मयूजिक डायरेक्टर आरडी बर्मन का भी नाम आया तो आशा भोंसले ने कहा कि अगर कोई कहता है, बर्मन साहब नाक से गाते थे तो उसे एक जोरदार थप्पड़ मारना चाहिए। इसके बाद हिमेश ने आशा जी से अपनी गलती के लिए माफी भी मांगी।
हिमेश के गाने में दीपिका पादुकोण
हिमेश की सिंगिंग एल्बम्स काफी लोकप्रिय रही थीं। उनके गानों में कई चर्चित हस्तियां नजर आती थीं। दीपिका पादुकोण फिल्मों से पहले हिमेश के गाने ‘नाम है तेरा-तेरा’ में नजर आ चुकी थीं। इस गाने के बाद उन्होंने फराह खान और शाह रुख खान की फिल्म ‘ओम शांति ओम’ से डेब्यू किया था।
'बवाल' के लिए वरुण धवन की हो रही तारीफ....
22 Jul, 2023 03:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
'दंगल' और 'छिछोरे' जैसी फिल्में देने वाले निर्देशक नितेश तिवारी की नई फिल्म 'बवाल' का ट्रेलर जब से सामने आया, तब से फैंस में वरुण धवन और जाह्नवी कपूर की जोड़ी से सजी इस मूवी को देखने का क्रेज बढ़ गया।
ट्रेलर देखने के बाद मन में यही सवाल उठा कि वरुण और जाह्नवी की प्रेम कहानी को सेकंड वर्ल्ड वॉर से कैसे जोड़ा गया होगा। मगर फिल्म रिलीज होने के बाद दोनों की परफॉर्मेंस को जबरदस्त तारीफ मिली है। साथ ही कहानी को भी सराहा गया है।
वरुण ने किया फैंस का शुक्रिया अदा
'बवाल' थिएटर्स में रिलीज ने होकर सीधे डिजिटल पर रिलीज हुई है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह मूवी यूनिक स्टार कास्ट और कहानी को लेकर सबकी नजरों में बनी हुई है। कुछ दिनों पहले सेलेब्स ने वरुण और जाह्नवी की तारीफ की थी। अब रिलीज के बाद लोगों को भी वरुण-जाह्नवी की एक्टिंग पसंद आई है। अपने बिजी शेड्यूल से समय निकालकर वरुण धवन ने फैंस को बेशुमार प्यार के लिए शुक्रिया अदा किया है।
वरुण ने लिखा इमोशनल पोस्ट
वरुण धवन ने इंस्टाग्राम पर 'बवाल' को पसंद करने वाले सभी लोगों के लिए थैंक्यू मेसेज लिखा। उन्होंने लिखा, ''अज्जू भैया ने माहौल बना दिया। बवाल को अपने दिल में जगह देने के लिए शुक्रिया। मुझे कभी भी मेरी किसी फिल्म के लिए इतने कॉल्स नहीं आए। इस फिल्म का लोगों पर जो प्रभाव पड़ा है, वह काबिलेतारीफ है। यह फेक इमेज को बदलने के लिए कॉन्वर्जेशन स्टाटर वाली बात है। अज्जू और उसकी फैमिली को देखने और एंजॉय करने के लिए शुक्रिया। आप लोग हो #bawaal''
क्या है 'बवाल' की कहानी
यह कहानी है लखनऊ के हाईस्कूल में इतिहास के अध्यापक अज्जू भैया उर्फ अजय दीक्षित (वरुण धवन) और उनकी निशा दीक्षित (जाह्नवी कपूर) की। अज्जू दिखावत की जिंदगी पर भरोसा करते हैं। अपनी छवि को चमकाने के लिए आसपास के लोगों से झूठ ही झूठ बोलते हैं। यही निशा के साथ उनके बीच तकरार की वजह बनती है। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती।
जब अज्जू को नौकरी से निकाल दिया जाता है, तब खुद को बचाने के लिए और परिजनों को खुश करने के लिए अज्जू यूरोप भ्रमण की योजना बनाता है। वह निशा के साथ द्वितीय विश्वयुद्ध के घटनास्थल पेरिस, नारमैंडी, एम्सटर्डम, बर्लिन, पर जाता है। इन घटनास्थलों पर जाकर वह बच्चों को उसके बारे में बताता है।
बॉलीवुड की शानदार वॉर फिल्में, बॉर्डर से लेकर उरी तक....
22 Jul, 2023 12:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
युद्ध पर आधारित फिल्मों में एक्शन, रोमांच के साथ देशप्रेम का जज्बा इन कहानियों को देखने लायक बनाता है। ये फिल्में दर्शकों को खूब पसंद आती हैं। हिंदी सिनेमा में वॉर फिल्में बनाने का रिवाज काफी पुराना है। सिनेमा में तकनीक के विकास के साथ वॉर फिल्मों के निर्माण में भी तेजी आयी और कई युद्धों को पर्दे पर उतारा गया।
1. बॉर्डर (1997)
भारतीय सिनेमा में युद्ध आधारित मूवीज के लिए 'बॉर्डर' एक कल्ट फिल्म है। इस फिल्म में भारत और पाकिस्तान के बीच हुई 1971 की लड़ाई दिखाई गई थी। यह एक मल्टीस्टारर फिल्म थी, जिसमें असल सैनिकों पर बेस्ड किरदार थे। यह फिल्म अब भी टीवी पर खूब देखी जाती है।
एक्टर्स: सन्नी देओल, जैकी श्रॉफ, अक्षय खन्ना और सुनील शेट्टी
डायरेक्टर: जेपी दत्ता
2. एलओसी कारगिल (2003)
1999 के कारगिल युद्ध पर आधारित इस फिल्म में कई दिग्गज कलाकार थे। इसमें बताया गया है कि कारगिल युद्ध के दौरान भारत ने पाक पर कैसे विजयी पाई। यह फिल्म लड़ाई लड़ने वाले सैनिकों की निजी जिंदगी के कुछ पहलुओं को छूती हुई एक खूबसूरत फिल्म है।
एक्टर्स: सजंय दत्त, अभिषेक बच्चन, मनोज बाजपेयी, सुनील शेट्टी, अजय देवगन और सैफ अली खान
डायरेक्टर: जेपी दत्ता
3. भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया (2021)
IAF यह फिल्म स्क्वॉड्रन लीडर विजय कार्णिक पर आधारित है। कार्णिक ने साल 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान 300 महिलाओं की मदद से अपने मिशन को पूरा किया था। इस फिल्म को खूब तारीफें भी मिली थीं।
एक्टर्स: अजय देवगन, संजय दत्त और शरद केलकर
डायरेक्टर: अभिषेक दुधैया
4. द गाजी अटैक (2017)
यह फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान पीएनएस गाजी (पनडुब्बी) के रहस्यमयी ढंग से डूबने की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म में एक पनडुब्बी 18 दिन तक पानी के भीतर रहती है। इस दौरान उसके अंदर रह रहे सोल्जर्स को काफी संघर्ष करना पड़ता है।
एक्टर्स: राणा दुग्गबति, केके मेनन, ओम पुरी और अतुल कुलकर्णी
डायरेक्टर: संकल्प रेड्डी
5. शेरशाह (2021)
यह फिल्म कारगिल युद्ध के दौरान शहीद हुए कैप्टन विक्रम बत्रा पर बेस्ड है। इसमें कैप्टन बत्रा की सैन्य बहादुरी के अलावा परिवार और प्रेम की कहानी भी बताई गई है। यह अमेजन प्राइम पर रिलीज हुई थी।
एक्टर्स: सिद्धार्थ मल्होत्रा, कियारा आडवाणी और शिव पंडित
डायरेक्टर: विष्णुवर्धन
6. केसरी (2019)
यह फिल्म ब्रिटिश भारतीय सेना में हवलदार ईशर सिंह की कहानी है। ईशर सिंह ने महज 21 सिख सैनिकों के साथ 10,000 पश्तून आक्रमणकारियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। वह अंतिम सांस तक लड़ता रहा था।
एक्टर्स: अक्षय कुमार, परिणीति चोपड़ा और विक्रम कोचर
डायरेक्टर: अनुराग सिंह
7. उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक (2019)
साल 2016 में कश्मीर के उरी में आर्मी बेस कैंप पर हुए आतंकवादी हमला होता है। इसके बाद भारत पाक से इसका बदला लेता है। भारत के जांबाज सैनिक पाक में घुसकर एक सीक्रेट ऑपरेशन करते हैं, जो पूरी तरह सफल रहता है।
एक्टर्स: विक्की कौशल, यामी गौतम, मोहित रैना और परेश रावल
डायरेक्टर: आदित्य धर
8. हकीकत (1964)
इस फिल्म की कहानी 1962 के भारत-चीन युद्ध पर आधारित है। यह एक ऐसी पलटन की कहानी है, जिसको लद्दाख के पहाड़ी इलाकों में मृत मान लिया गया है, लेकिन आदिवासियों ने उन्हें बचा लिया है।
एक्टर्स: धर्मेंद्र, प्रिया राजवंश और विजय आनंद
डायरेक्टर: चेतन आनंद
9. मेजर (2022)
यह फिल्म मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की कहानी है। मेजर संदीप 2008 के मुंबई हमलों के दौरान शहीद हुए थे। फिल्म में उनके साहस और देशभक्ति के अलावा परिवार की कहानी भी दिखाई गई है।
एक्टर्स: अदिवि शेष, सई मांजरेकर और प्रकाश राज
डायरेक्टर: शशि किरण टिक्का
10. पलटन (2018):
यह फिल्म सिक्किम सीमा पर 1967 के नाथू ला और चो ला संघर्ष पर आधारित है। इसमें भारतीय सैनिक चीनी सैनिकों को धूल चटा देते हैं। यह संघर्ष 1962 के चीन-भारत युद्ध के बाद कि कुछ घटनाओं पर आधारित है।
एक्टर्स: अर्जुन रामपाल, सोनू सूद, हर्षवर्धन राणे और जैकी श्रॉफ
डायरेक्टर: जेपी दत्ता
बॉलीवुड की इन अभिनेत्रियों ने करियर की शुरुआत में ही शादी कर ली थी....
22 Jul, 2023 12:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अक्सर बॉलीवुड स्टार्स को शादी के सवाल पर ‘नो कमेंट्स’ कहकर मीडिया को टालते देखा गया है। खासकर, बॉलीवुड अभिनेत्रियों को, क्योंकि कई बार शादी को बॉलीवुड एक्ट्रेसेज के लिए करियर का अंत माना जाता है। लेकिन कुछ अभिनेत्रियों ने इस धारणा को गलत साबित किया। दरअसल, कई ऐसी प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्रियां हैं, जो बॉलीवुड में कदम रखते ही और यहां तक कि बॉलीवुड में आने से पहले ही शादीशुदा थीं।
डिम्पल कपाडिया
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम आता है मशहूर एक्ट्रेस डिंपल कपाडिया का। दिग्गज एक्टर राजेश खन्ना की पत्नी बनीं डिंपल कपाडिया ने ‘बॉबी’ की रिलीज के पहले ही संग सात फेरे ले लिये थे। शादी के वक्त डिंपल सिर्फ लगभग 16 साल की थीं और राजेश खन्ना 30 साल के।
27 मार्च, 1973 को ‘बॉबी’ की रिलीज के ठीक 6 महीने डिम्पल और राजेश खन्ना ने शादी कर ली थी। फिर साल 1974 में पहली बेटी ट्विंकल और साल 1977 में अपनी दूसरी बेटी रिंकी को जन्म दिया। हालांकि, साल 1982 में राजेश खन्ना और डिम्पल अलग भी हो गए और उन्होंने फिर अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत भी की।
दिव्या भारती
आज भी दिव्या भारती का नाम बॉलीवुड के खूबसूरत और टैलेंटेड अभिनेत्रियों में शामिल है। उनकी अचानक मौत ने हर किसी को हिलाकर रख दिया था। 18 साल की कम उम्र में दिव्या का करियर पीक पर था, जब उन्होंने फिल्ममेकर साजिद नाडियाडवाला से शादी की, लेकिन एक साल बाद ही 19 साल की कम उम्र में दिव्या ने सभी को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।
नीतू कपूर
चुलबुली नीतू कपूर का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। नीतू कपूर सिर्फ 22 साल की थीं, जब उन्होंने कपूर खानदान के चिराग ऋषि कपूर से शादी की। नीतू का करियर भी उस वक्त काफी परवान चढ़ रहा था, लेकिन उन्होंने प्यार और परिवार को चुना। ऋषि और नीतू की जोड़ी ने जितना कमाल फिल्मों में किया था, उतना ही करीब वे रियल लाइफफ में भी थे।
मौसमी चटर्जी
मशहूर अभिनेत्री मौसमी चटर्जी अपनी बेहतरीन फिल्मों के लिए आज भी जानी जाती हैं। उनकी जोड़ी विनोद मेहरा, संजीव कुमार, राजेश खन्ना, जीतेन्द्र, शशि कपूर जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ खूब हिट रही, लेकिन आपको बता दें कि मौसमी चटर्जी ने बॉलीवुड में कदम रखने से पहले ही जयंत मुखर्जी के साथ शादी रचा ली थी। वो अपनी पहली फिल्म ‘अनुराग’ से पहले ही शादी के बंधन में बंध चुकी थीं।
अदिति राव हैदरी
अपने क्यूट लुक और बेहतरीन अभिनय से सबका दिल जीतने वाली अदिति राव हैदरी ने बॉलीवुड में कदम रखने से पहले ही सत्यदीप मिश्रा से शादी कर ली थी। साल 2006 में दोनों की शादी हुई, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका और शादी के एक साल में ही दोनों का तलाक भी हो गया। फिर साल 2008 में अदिति राव हैदरी ने दिल्ली 6 से बॉलीवुड में एंट्री की। अदिति ने फिर कभी दोबारा पीछे मुड़कर कभी नहीं देखा और भूमि, बॉस, रॉक्स्टार, पद्मावत जैसी बड़ी फिल्में की।
कॉम्प्टीशन के बाद भी धाक जमाए हुई है मिशन इम्पॉसिबल 7....
22 Jul, 2023 12:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हॉलीवुड एक्शन स्पाई फ्रेंचाइजी फिल्म 'मिशन इंपॉसिबल: डेड रेकनिंग पार्ट वन' 80 करोड़ का आंकड़ा घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पार कर चुकी है। यह तब है जब कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की 'सत्यप्रेम की कथा' पहले से ही सिनेमाघरों में दर्शकों पर अपना जादू चला चुकी है। टॉम क्रूज की 'मिशन इंपॉसिबल 7' इंडिया में 12 जुलाई को रिलीज हुई थी। फिल्म ने 10 दिनों के भीतर 80 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
100 करोड़ के करीब पहुंची 'मिशन इंपॉसिबल 7'
जिस स्पीड से 'मिशन इंपॉसिबल 7' आगे बढ़ रही है, उस लिहाज से यह अंदाजा लगाना बिल्कुल मुश्किल नहीं है कि बहुत जल्द 100 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर जाएगी। हालांकि, अब मैदान में टक्कर देने के लिए और भी फिल्में आ गई हैं। क्रिस्टोफर नोलन की 'ओपनहाइमर' हाल ही में रिलीज हुई है, जिसका काफी टाइम से बज बना हुआ है।
शुरुआती अनुमान के मुताबिक, टॉम क्रूज की 'मिशन इंपॉसिबल 7' ने दसवें दिन 2.40 करोड़ तक की कमाई की है। फिल्म की टोटल कमाई 82.80 करोड़ हो गई है।
क्या है 'मिशन इम्पॉसिबल- डेड रिकॉनिंग पार्ट वन वन' की कहानी
आईएमएफ एजेंट ईथन हंट की भूमिका में टॉम क्रूज क्रिस्टोफर मैकक्वेरी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में टॉम क्रूज आईएमएफ एजेंट एथन हंट के किरदार में हैं। फिल्म की स्टार कास्ट में हेले एटवेल, रेबेका फर्गुसन, पॉम क्लेमेंटिफ, वैनेसा किर्बी, साइमन पेग, विंग रैम्स आदि शामिल हैं। टॉम का किरदार इसमें खतरनाक हथियारों को आर्टिफिशियल एजेंट से बचाना है, जिसका मकसद है दुनिया की तबाही।
'मिशन इम्पॉसिबल 7' का अब तक का कलेक्शन
पहला दिन- 12.25 करोड़
दूसरा दिन- 8.75 करोड़
तीसरा दिन- 9.25 करोड़
चौथा दिन- 16.25 करोड़
पांचवां दिन- 17.50 करोड़
छठा दिन- 4.75 करोड़
सातवां दिन- 4.25 करोड़
आठवां दिन- 3.90 करोड़
नौवां दिन- 3.25 करोड़
दसवां दिन- 2.40 करोड़
पसंद की जा रही 'ओपेनहाइमर', मगर इस सीन पर हो रहा विवाद....
22 Jul, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जे.रॉबर्ट ओपेनहाइमर की जिंदगी पर बनी फिल्म 'ओपेनहाइमर' सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। यह मूवी इंडिया में अच्छे आंकड़ों के साथ शुरुआत की है। हर तरफ फिल्म की कहानी की चर्चा है। यहां तक कि बॉलीवुड वालों ने भी मूवी बनाने के तरीके की निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की तारीफ की है। मगर इतनी तारीफों के बावजूद फिल्म की एक सीन को लेकर आलोचना हो रही है।
ओपोनहाइमर को लेकर राम गोपाल वर्मा ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ''अभी #Oppenheimer देखकर आया...मास्टरपीस फिल्म के लिए छोटा सा शब्द है...हमें 100 साल भी लग जाएंगे नोलन के किरदार को समझने के लिए...यह सिर्फ बॉम नहीं, बल्कि भावनाओं का विस्फोट है।''
लोगों ने किया ट्रोल
'ओपेनहाइमर' फिल्म पसंद की जा रही है, लेकिन एक सीन को लेकर विवाद हो रहा है। यह वह सीन है, जहां ओपेनहाइर का किरदार निभा रहे सिलियन मर्फी इंटीमेट होने के दौरान भगवद गीता पढ़ते हैं। इस सीन को लेकर विवाद उठा है। लोगों ने मेकर्स की ट्रोलिंग शुरू कर दी है।
एक यूजर ने लिखा, 'फिल्म ओपेनहाइमर को बॉयकॉट करने का अनुरोध करता हूं। मुझे पता चला है कि इसमें भगवद गीता से जुड़ा आपत्तिजनक सीन है।'
एक अन्य यूजर ने लिखा, 'इसे दिखाने के लिए परमिशन देने के लिए भारत के सेंसर बोर्ड को शर्म आनी चाहिए। क्रिस्टोफर नोलन टिपिकल हॉलीवुड रेसिस्ट है।'
सीन को किया गया है ब्लर
ऐसा दावा किया गया है कि फिल्म में इस तरह के सीन को ब्लर कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स ने ऐसे सीन पर ब्लर पैचेस अप्लाई किए हैं। वह जानते थे कि सीबीएफसी ऐसे सीन के लिए इजाजत नहीं देगा, इसलिए उन्होंने खुद ही सीन को इस तरह ब्लर कर दिया। नतीजनत फिजिकल इंटीमेसी के सीन हैं, लेकिन वैसे नहीं कि ऑब्जेक्शन खड़ा हो।
बायोग्राफी फिल्म है 'ओपेनहाइमर'
'ओपेनहाइमर' जे. रॉबर्ट ओपेनहाइमर की जिंदगी पर बनी बायोपिक फिल्म है। उन्हें 'परमाणु बम के जनक' के नाम से जाना जाता था। यह फिल्म ओपेनहाइमर के नेतृत्व में 'ट्रिनिटी' कोड नाम से दुनिया के पहले परमाणु परीक्षण की कहानी है, जिसमें परीक्षण से पहले और उसके बाद की घटनाओं का दिलचस्प वर्णन है।
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापान के शहर नागासाकी पर अमेरिका ने छह और नौ अगस्त, 1945 को परमाणु से हमला किया था। इस हमले में कई लोगों को जान गंवानी पड़ गई थी। 'ओपेनहाइमर' फिल्म में इसका हिस्सा लेते हुए दिखाया गया है कि फासीवाद से लड़ने और लोगों की जान बचाने की एक इंसान की इच्छा, कैसे मानव जीवन के विनाश का सबसे बड़ा कारण बनी। फिल्म में ओपेनहाइमर के रोल में किलियन मर्फी हैं।
फिल्म 'आदिपुरुष' के बैन पर आया सुप्रीम कोर्ट का फैसला
21 Jul, 2023 05:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रभास की फिल्म आदिपुरुष रिलीज होने से पहले से ही सुर्खियों में बनी हुई थी। फिल्म रिलीज होने के बाद इस पर विवाद बढ़ गया है। इसको लेकर मामला कोर्ट में भी जा चुका है। अब सुप्रीम कोर्ट ने आदिपुरुष के निर्माताओं को बड़ा राहत दी है। शुक्रवार को हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने आदिपुरुष का सीबीएफसी सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है।
कोर्ट का कहना है कि सीबीएफसी अपना काम करता है और उसकी ओर से जारी सर्टिफिकेट को चुनौती पर सीधे सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकती।दरअसल आदिपुरुष अपने डायलॉग्स को लेकर ट्रोलिंग का शिकार हो रही है। अब इस मामले में न्यायमूर्ति एस के कौल और न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया की पीठ ने पक्षकारों को नोटिस जारी किया।
बता दें कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 30 जून को फिल्म निर्माताओं को 27 जुलाई को उनके समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था और केंद्र सरकार से फिल्म पर अपने विचार देने के लिए एक समिति बनाने को कहा था।फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग करने वाली याचिकाओं पर कुलदीप तिवारी और नवीन धवन सुनवाई कर रहे थे। इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल इन याचिकाओं में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए फिल्म को बैन करने की मांग की गई थी। वहीं, सुप्रीम कोर्ट में इसका सीबीएफसी सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग की याचिका लगाई गई थी।