मनोरंजन (ऑर्काइव)
'ठाकुर सज्जन सिंह' बनकर अनुपम ने छोटे पर्दे पर मचाया तहलका....
8 Aug, 2023 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
टीवी सीरियल 'प्रतिज्ञा' में ठाकुर सज्जन सिंह का किरदार निभाकर वह घर-घर में पॉप्युलर अनुपम श्याम को भला कौन नहीं जानता। उन्होंने बड़े पर्दे से लेकर छोटे पर्दे तक अपने दमदार अभिनय से एक अलग छाप छोड़ी। अनुपम श्याम फिल्म और टेलीविजन के जाने माने अभिनेता थे। उन्हें ज्यादातर विलेन के किरदार में ही देखा गया। उन्हें एक दमदार विलेन के रूप में जाना जाता था। आज ही के दिन उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा था। भले ही अनुपम श्याम आज हमारे बीच नहीं है लेकिन अपनी अदाकारी से वह हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। आज उनकी डेथ एनिवर्सरी पर बात करेंगे उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातों की। तो चलिए शुरू करते हैं...
अनुपम श्याम का जन्म 20 सितंबर 1957 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हुआ था। 8 अगस्त 2021 को 63 की उम्र में लंबी बीमारी के बाद मुंबई में उनका निधन हो गया था। वे किडनी से संबंधित बीमारियों से ग्रसित थे। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। इस दौरान अनुपम श्याम को आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने मदद के लिए सोशल मीडिया पर भी अपील की थी। जिसके बाद सोनू सूद, मनोज वाजपेयी, योगी आदित्यनाथ, राजा भैया जैसी कई मशहूर हस्तियों ने मदद का हाथ बढ़ाया था। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की तरफ से उन्हें इलाज के लिए 20 लाख रुपये मिले थे।
अनुपम श्याम फिल्म इंडस्ट्री के ऐसे अभिनेता थे जिन्होंने अपनी मेहनत के दम पर एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने कई फिल्मों में काम किया लेकिन पहचान उन्हें टेलीविजन से ही मिली। अनुपम श्याम ने अपनी स्कूली शिक्षा प्रतापगढ़ से ही प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अवध विश्वविद्यालय से कॉलेज की पढ़ाई की और लखनऊ के भारतेन्दु नाट्य अकादमी से थियेटर की पढ़ाई की। इतना ही नहीं इसके बाद वो दिल्ली के श्रीराम सेन्टर रंगमंडल में काम करने लगे। और देखते ही देखते अदाकारी का सपना लिए मुंबई चले गए।
अनुपम श्याम का फिल्मी सफर अंतर्राष्ट्रीय फिल्म से शुरू हुआ था। उन्होंने सबसे पहले 'लिटिल बुद्धा' नाम की फिल्म में काम किया था। इसके बाद उन्होंने शेखर कपूर की फिल्म 'बैंडिट क्वीन' साइन की। इसके बाद उनका फिल्मी सफर निकल पड़ा। हालांकि, फिल्मों से उन्हें खासी पहचान नहीं मिल सकी। अनुपम के लुक्स और उनकी आंखों की वजह से उन्हें गुंडे और बदमाशों का ही किरदार मिला करता था। उन्होंने कई फिल्मों में छोटे- बड़े किरदार निभाए।
अनुपम श्याम को पहचान मिली साल 2009 में आए धारावाहिक 'मन की आवाज प्रतिज्ञा' से। इस धारावाहिक में उनके किरदार का नाम ठाकुर सज्जन सिंह था। ये किरदार इतना फेमस हुआ कि अनुपम श्याम का दूसरा नाम ही ठाकुर सज्जन सिंह पड़ गया। हालांकि इस धारावाहिक में भी उन्होंने निगेटिव किरदार ही निभाया था। लेकिन उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर बने इस धारावाहिक में उनका यूपी के दबंग परिवार के सबसे दबंग व्यक्ति का किरदार उनके ऊपर खूब फबा और इस किरदार ने ही उन्हें एक नई पहचान दिलाई।
इसके बाद अनुपम श्याम और भी कई धारावाहिकों में नजर आए। लेकिन किसी से भी प्रतिज्ञा जैसी पहचान नहीं मिल पाई। अनुपम श्याम की कुछ प्रमुख फिल्में और धारावाहिकों की बात करें तो उन्होंने 'बैंडिट क्वीन', 'स्लमडॉग मिलेनियर', 'द वॉरियर', 'थ्रेड', 'शक्ति', 'हल्ला बोल', 'रक्तचरित्र 'जय गंगा' जैसी फिल्मों में काम किया। इसके अलावा वे 'मन की आवाज प्रतिज्ञा', 'कृष्णा चली लंदन' और 'डोली अरमानों की' जैसे टीवी शोज में भी नजर आये।
करण जौहर के फिल्म की वर्ल्ड वाइड कमाई 200 करोड़ पार....
8 Aug, 2023 12:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' इन दिनों लगातार सुर्खियां बटोर रही है। पिछले महीने की 28 तारीख को रिलीज हुई इस फिल्म को लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म ने रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के किरदार को काफी पसंद किया जा रहा है। अब हाल ही में, फिल्म निर्माता करण जौहर ने फिल्म की सफलता पर एक भावुक नोट लिखकर दर्शकों का धन्यवाद किया है।
‘रॉकी और रानी की प्रेमकहानी’ की रिलीज के बाद से ही दर्शकों के बीच काफी चर्चा में रही है। फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ की कमाई कर ली है। इस खास अवसर पर फिल्म निर्माता करण जौहर ने अपनी टीम के प्रत्येक सदस्य, लेखकों से लेकर तकनीशियनों और मार्केटिंग टीम तक को धन्यवाद कहा है और उनके लिए एक प्यारा सा नोट भी लिखा है।
‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के साथ करण जौहर ने सात साल के बाद निर्देशक की कुर्सी पर वापसी की है। उन्होंने आखिरी बार रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा और ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ ‘ऐ दिल है मुश्किल’ का निर्देशन किया था। फिल्म को लेकर सभी के मन में एक आशंका थी कि यह बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करेगी, लेकिन फैंस ने अपने प्यार से इसे हिट बना दिया है।
करण ने हाल ही में, इंस्टाग्राम पर फिल्म से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, ‘इस फिल्म की रिलीज से पहले मुझे लगा कि किसी भी समय मुझे आईवी ड्रिप की जरूरत पड़ेगी और मैं गिरने के करीब था!! मैंने खुद से जो सवाल पूछा कि जो मैं महसूस कर रहा हूं क्या वह सात साल के लंबे अंतराल की वजह से है या यह मेरे तीन साल की चिंता है। वजह जो भी थी, लेकिन 28 जुलाई को जब फिल्म रिलीज हुई तो मेरे मन में खुशी के अलावा और कुछ भी नहीं था और इसके लिए मैं अपनी टीम को धन्यवाद कहना चाहूंगा।’
रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के लिए करण ने लिखा, ‘रॉकी और रानी के लिए मेरे पास एक अलग प्रेम पत्र है, जो मैं आपको लिखना चाहता हूं। मैं कहना चाहता हूं कि आप इस प्रेम कहानी का सबसे अनिवार्य हिस्सा हैं। आप दोनों ने न केवल फिल्म बनाई बल्कि आपने मुझे जो प्यार दिया उससे मुझे बहुत पॉजिटिव एनर्जी भी मिली। मैं आप दोनों से बेहद प्यार करता हूं और आशा करता हूं कि मुझे जल्द ही आपके साथ फिर से काम करने का मौका मिलेगा।'
ऋतिक रोशन के दोस्त 'जादू' का 'दयाबेन' से है खास नाता....
8 Aug, 2023 11:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ऋतिक रोशन की फिल्म कोई मिल गया सालों बाद एक बार फिर चर्चा में बनी हुआ है। फिल्म 8 अगस्त को रिलीज के 20 साल पूरे करने जा रही है। इस फिल्म में सबसे दिलचस्प और अहम किरदार था एलियन जादू का, जिसके आने से ऋतिक रोशन के किरदार यानी रोहन मेहरा की जिंदगी बदल जाती है।
साल 2003 में आई इस फिल्म ने बच्चों को एक अलग ही दुनिया की सैर कराई। फिल्म को बड़ों से भी खूब प्यार मिला। फिल्म में एलियन के कॉन्सेप्ट को खूब पसंद किया गया, लेकिन क्या आप जानते हैं कि फिल्म की जान जादू का किरदार किस एक्टर ने निभाया था ?
टीवी इंडस्ट्री के पॉपुलर एक्टर इंद्रवदन पुरोहित ने कोई मिल गया में जादू का किरदार निभाया था। इस फिल्म में उनकी कास्टिंग भी एक खास वजह से की गई थी। दरअसल, इंद्रवदन पुरोहित की लंबाई महज 3 फुट थी और इस वजह से ही उन्हें फिल्म में जादू के रोल के लिए फाइनल कर लिया गया।
विदेश से आई थीं कॉस्ट्यूम इंद्रवदन पुरोहित एक खास कॉस्ट्यूम में नजर आए थे। जिसे फिल्म के मेकर्स ने ऑस्ट्रेलिया में बनवाया था और इसे बनने में लगभग एक साल का वक्त लगा था। इसमें कई स्पेशल फीचर्स थे। जैसे कॉस्ट्यूम में लगी आंखे इंसान और जानवरों से प्रभावित होकर बनाई गई थी। वहीं, कीमत की बात करें तो मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार, इस कॉस्ट्यूम की कीमत लगभग एक करोड़ थी।
इंद्रवदन पुरोहित को जादू का किरदार निभाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। इस कॉस्ट्यूम में फिट होने के लिए पहले तो उन्हें अपना वजन कम करना। फिर भी मुश्किल कम नहीं हुई। भारी होने की वजह से इंद्रवदन पुरोहित को कॉस्ट्यूम के अंदर सांस लेने में दिक्कत होती थी।
कई टीवी सीरियल्स में किया काम
इंद्रवदन पुरोहित के टीवी के बेहद पॉपुलर एक्टर रहे हैं। उन्होंने बालवीर में डूबा डूबा और तारक मेहता का उल्टा चश्मा में दयाबेन के दूर के रिश्तेदार का रोल प्ले किया था। एक्टर ने अपनी जिंदगी के साल एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को दिए। 28 सितंबर 2014 को उनका निधन हो गया।
जेलर देखने के लिए फैंस को मिली छुट्टी,रिलीज के दिन अवकाश की घोषणा....
7 Aug, 2023 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
साउथ सिनेमा के 'थलाइवा' यानी रजनीकांत इंडस्ट्री में छह दशक से ज्यादा समय से एक्टिव हैं। रजनीकांत ने करियर में इतनी हिट फिल्में दीं कि वह स्टार से सुपरस्टार और सुपरस्टार से थलाइवा बन गए। दूसरी ओर मोहनलाल भी एक दिग्गज कलाकार और मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार हैं। अब हाल ही में, खबर आ रही है कि अधिकारी प्रबंधन ने रजनीकांत की फिल्म की रिलीज के कारण 10 अगस्त को छुट्टी की घोषणा की है।
रजनीकांत स्टारर ' जेलर ' 10 अगस्त को सिनेमाघरों में भव्य रिलीज के लिए तैयार है। रजनीकांत लगभग 2 वर्षों के बाद बड़े पर्दे पर वापस आ गए हैं। प्रशंसक सुपरस्टार अभिनेता के नए अवतार को देखने के लिए उत्साहित हैं। अब एक बार फिर रजनीकांत के फैंस ने साबित कर दिया है कि अभी भी अभिनेता के राज्य में उनकी फैन फॉलोइंग कितनी तगड़ी है। हाल ही में, बंगलुरु ने ‘जेलर’ की रिलीज के लिए सभी शाखाओं में अपने कर्मचारियों के लिए छुट्टी की घोषणा कर दी है। कार्यालय प्रबंधन ने चोरी के खिलाफ खड़े होने के लिए अपने कर्मचारियों को मुफ्त टिकट भी उपलब्ध कराए हैं। राज्य के और कई कार्यालय भी रजनीकांत की फिल्म रिलीज के लिए छुट्टी की घोषणा करके 'जेलर' की भव्य रिलीज में शामिल हो गए हैं।
फिल्म के 'ट्रेलर' में रजनीकांत मुथुवेल पांडियन की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं, जो एक साधारण पारिवारिक व्यक्ति है, और जब मुसीबत उसके दरवाजे पर दस्तक देती है तो वह कहर बरपाना शुरू कर देता है। ट्रेलर को काफी पसंद किया गया, और इसने इस फिल्म के लिए उत्साह बढ़ा दिया है। आपको बता दें कि 'जेलर' एक तमिल एक्शन कॉमेडी फिल्म है, जो नेल्सन द्वारा लिखित और निर्देशित है। यह सन पिक्चर्स बैनर के तहत कलानिधि मारन द्वारा समर्थित है। फिल्म में जैकी श्रॉफ, सुनील, राम्या कृष्णन, विनायकन, मिरना मेनन और तमन्ना भाटिया भी हैं। 'जेलर' 10 ्अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
'मुकेश अंबानी भी स्ट्रगल कर रहे हैं',अन्नू कपूर ने कही ये बात....
7 Aug, 2023 12:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अन्नू कपूर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता हैं। उन्होंने एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया है और अपने अभिनय के दम पर दर्शकों के दिलों पर राज करते हैं। अन्नू कपूर बिना किसी झिझक के अपने बयानों के लिए जाने जाते हैं। वह अपने अनफिल्टर्ड विचारों के लिए भी मशहूर हैं। बीते दिनों अन्नू कपूर ने नितेश तिवारी की रामायण की जमकर आलोचना की थी। इसके बाद उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी खुलकर बात की। अब हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अभिनेता ने मुकेश अंबानी पर बात करते हुए उनको स्ट्रगलर बताया है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अन्नू कपूर ने 'संघर्षशील अभिनेता' की बात पर अपने विचार रखे और अपनी बहन की संघर्ष की परिभाषा को साझा किया। उन्होंने कहा, 'मुझे इस पृथ्वी पर एक ऐसा इंसान बता दो जो संघर्ष नहीं कर रहा है। आपको संघर्ष लगता है कि सिर्फ धन का है, या फिर यश का है तो ऐसा नहीं है। आप अगर मुकेश अंबानी से भी पूछेंगे तो उनका भी संघर्ष है, वो भी स्ट्रगलर रहे हैं।' उन्होंने अपनी बात को समझाते हुए कहा कि भले ही मुकेश अंबानी के पास इस वक्त जरूरत की सारी चीजें मौजूद हैं, लेकिन वह इस बात को जानते हैं कि यह संपत्ति लंबे समय तक नहीं रहेगी।
पिछले महीने प्रभास की आदिपुरुष के असफल होने के बाद अन्नू कपूर ने भारतीय महाकाव्य रामायण पर फिल्म की योजना बनाने के लिए नितेश तिवारी पर अपने विचार रखे थे और अपना आपा खो दिया था। एक इंटरव्यू के दौरान अन्नू कपूर ने नितेश तिवारी के खिलाफ कुछ कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया और कहा, 'कौन हैं नितेश तिवारी? क्या है उनकी औकात? हिंदू धर्म का अपमान करना चाह रहे हैं? जूते पड़ेंगे उसको।' अन्नू कपूर ने आगे कहा, किसी भी धर्म का अपमान करना सही नहीं है। यह वो समय नहीं है कि आप इसकी समीक्षा करें। आपका समाज अभी उस स्तर पर नहीं पहुंच रहा है। तर्कसंगत परिप्रेक्ष्य आपके अंदर नहीं आया है कि आप धर्म की समीक्षा करें। पहले धर्म को समझो तो सही, फिर समीक्षा करना। बता दें कि इस साल की शुरुआत में अन्नू कपूर को सीने में तकलीफ की शिकायत के बाद दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। वहीं वर्कफ्रंट की बात करें तो अन्नू कपूर अगली बार इरशाद खान की 'नॉन-स्टॉप धमाल' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में अन्नू के अलावा राजपाल यादव, मनोज जोशी और श्रेयस तलपड़े लीड रोल में हैं। यह 18 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उनके पास 'ड्रीम गर्ल 2' भी है।
शादी के लिए सबसे शानदार है दीपिका पादुकोण का ये फंडा....
7 Aug, 2023 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह बॉलीवुड इंडस्ट्री के पॉपुलर कपल्स में से एक हैं। दोनों अक्सर फैंस को कपल गोल्स देते दिखाई देते हैं। रणवीर और दीपिका एक-दूसरे के लिए सोशल मीडिया पर प्यार भरे पोस्ट भी साझा करते हैं। एक बार फिर दीपिका पादुकोण कुछ ऐसा ही करती हुईं नजर आई। दरअसल, दीपिका पादुकोण ने हाल ही में फ्रेंडशिप डे के मौके पर सोशल मीडिया पर पति रणवीर सिंह के लिए एक खास नोट शेयर किया है।
6 अगस्त को देशभर में फ्रेंडशिप डे सेलिब्रेट किया गया। आम जन से लेकर फिल्मी सितारें सोशल मीडिया पर अपने दोस्तों के साथ फोटोज और स्पेशल नोट लिख रहे हैं। रात होते-होते अब एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर दोस्ती को लेकर एक खास नोट लिखा। इसी के साथ उन्होंने पति रणवीर सिंह को टैग किया। इस नोट में दीपिका ने लिखा, 'अपने सबसे अच्छे दोस्त से शादी करो'। मैं यह बात हल्के में नहीं कह रही हूं। वास्तव में, आप जिस व्यक्ति से प्यार करते हैं उसमें सबसे मजबूत, सबसे खुशहाल दोस्ती पाते हैं। कोई ऐसा व्यक्ति जो आपके बारे में बहुत अधिक बोलता हो। कोई ऐसा व्यक्ति जिसके साथ आप हंस सकते हैं। उस तरह की हंसी जिससे आपके पेट में दर्द होने लगता है।
आगे दीपिका ने लिखा,- किसी ऐसे व्यक्ति से प्यार न करने के लिए जीवन बहुत छोटा है जो आपको उनके साथ मूर्ख बनने देता है। सुनिश्चित करें कि वे ऐसे व्यक्ति हैं जो आपको भी रोने देते हैं। किसी ऐसे व्यक्ति को ढूंढें जिसे आप उस समय अपने साथ रखना चाहते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उस व्यक्ति से शादी करें जो जुनून, प्यार और पागलपन को एक साथ लाकर आपके अंदर प्रवाहित करे। एक ऐसा प्यार जो कभी कम नहीं होगा - भले ही पानी गहरा और अंधेरा हो।'' इस पोस्ट के आखिर में उन्होंने रणवीर को भी टैग किया। इस नोट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने लेकर सेलेब्स तक जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, रणवीर ने इस पोस्ट पर दिल वाले इमोजी लिखकर अपना प्यार दिखाया। जाहिर है कि दीपिका और रणवीर फैंस के पसंदीदा कपल में से एक से हैं। दीपिका और रणवीर सिंह की लव स्टोरी बॉलीवुड गलियारों में फेमस है। उन्होंने छह साल तक डेटिंग के बाद नवंबर 2018 में इटली में शादी रचाई थी। इस कपल की लव स्टोरी राम-लीला से शुरू हुई थी। कहा जाता है कि इस फिल्म के गाने अंग लगा दे रे.. की शूटिंग के दौरान दोनों बहक गए थे। इस गाने में किसिंग सीन बहुत पैशनेट तरह से किया गया था। रामलीला के बाद दीपिका और रणवीर ने फाइनडिंग फैनी, बाजीराव-मस्तानी, पद्मावत और '83' में भी साथ काम किया।
सूटकेस में आराम करती दिखीं प्रियंका की बेटी मालती.....
7 Aug, 2023 11:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड से भले ही दूर हों, लेकिन अपने चाहने वालों से सोशल मीडिया के जरिये वह जुड़ी रहती हैं। वह आए दिन अपने परिवार संग खूबसूरत फोटोज शेयर करती रहती हैं, खासकर अपनी बेटी मालती मैरी जोनस चोपड़ा की। फैंस भी देसी गर्ल के साथ-साथ उनकी बेटी पर भी अपना प्यार लुटाने से बिल्कुल भी पीछे नहीं रहते हैं। हाल ही में उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर अपनी लाडली बेटी मालती की इतनी प्यारी तस्वीर शेयर की, जिसे देखकर फैंस का दिल भी पिघल गया।
सूटकेस में आराम फरमाती दिखीं प्रियंका की लाडली
प्रियंका चोपड़ा भले ही हॉलीवुड में एक के बाद एक बड़े प्रोजेक्ट्स कर रही हों, लेकिन वह अपने परिवार के साथ समय बिताने का मौका नहीं छोड़ती हैं। सिंगर निक जोनस जल्द ही दुनियाभर में अपना कॉन्सर्ट करने वाले हैं और उन्हें चीयर करने के लिए उनके इस आगामी टूर में प्रियंका चोपड़ा और उनकी लाडली बेटी भी साथ रहेंगे। प्रियंका चोपड़ा ने कुछ घंटों पहले मालती की इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की, जिसमें देसी गर्ल अपकमिंग ट्रिप की तैयारी कर रही हैं और मालती सूटकेस में बैठी हुई हैं। इस दौरान मालती मैरी जोनस चोपड़ा ने एथनिक वीयर पहना हुआ है। इस फोटो को शेयर करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने कैप्शन में लिखा, "हम टूर के लिए तैयार हैं निक जोनस"।
कुर्ते-पजामे में दिखीं प्रियंका की बेटी मालती
प्रियंका चोपड़ा ने मालती की एक और फोटो अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर की, जिसमें सफेद डॉट रंग के कुर्ते-पायजामे में मालती बेहद ही प्यारी लग रही हैं। ग्लोबल आइकॉन प्रियंका चोपड़ा की लास्ट अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई सीरीज 'सिटाडेल' को लोगों का बहुत प्यार मिला था। अब आने वाले समय में देसी गर्ल कई बड़े हॉलीवुड प्रोजेक्ट में नजर आने वाली हैं। वह जॉन सीना के साथ 'हेड्स ऑफ स्टेट' फिल्म में नजर आएंगी। आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिकन सीरीज 'क्वांटिको' से हॉलीवुड में कदम रखा था।
पहले से ही शादीशुदा हैं इलियाना डिक्रूज?अभिनेत्री ने रचाई शादी.....
6 Aug, 2023 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बॉलीवुड एक्ट्रेस इलियाना डिक्रूज ने हाल ही में बेटे को जन्म दिया है। अभिनेत्री अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर काफी चर्चा में रही थीं। सोशल मीडिया पर फैंस के साथ इलियाना ने अपने बेटे की फोटो शेयर करते हुए यह खुशखबरी साझा की है। साथ ही एक्ट्रेस ने बच्चे की डेट ऑफ बर्थ भी बताई है। इलियाना ने बताया कि उन्होंने 1 अगस्त, 2023 को बेटे को जन्म दिया था। वहीं, अब एक मीडिया संस्थान ने इलियाना के मिस्ट्री मैन की पहचान का खुलासा किया है। इसके साथ ही रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि दोनों पहले से ही शादीशूदा हैं। जी हां, मीडिया संस्थान को मिली विवाह रजिस्ट्री विवरण के अनुसार, इलियाना ने इस साल 13 मई को माइकल डोलन के साथ शादी रचाई थी। साथ ही यह भी खुलासा किया कि भले ही शादी की जगह और अन्य चीजों की कोई जानकारी नही हैं। गौरतलब है कि इलियाना ने कुछ समय पहले दुल्हन के आउटफिट में अपनी एक तस्वीर साझा की थी। हालांकि, फोटोशूट के पीछे की सच्चाई का अभी तक पता नहीं चल पाया है। माइकल के बारे में बात करते हुए यह दावा किया कि अभिनेत्री अपने बॉयफ्रेंड के साथ पिछले एक साल से रह रही हैं।
इलियाना ने अपने पहले बच्चे का नाम कोआ फीनिक्स डोलन रखा। बता दें कि कोआ नाम का अर्थ योद्धा या बहादुर, बहादुर साहसी और निडर होता है। कोआ की पहली तस्वीर साझा करते हुए, अभिनेत्री ने इसे कैप्शन दिया, "कोई भी शब्द यह नहीं बता सकता कि हम अपने प्यारे लड़के का दुनिया में स्वागत करते हुए कितने खुश हैं... दिल बहुत भरा हुआ है...।" वहीं, जून में इलियाना ने एक पोस्ट साझा किया था और माइकल के साथ एक धुंधली तस्वीर शेयर की थी। उन्होंने लिखा, “गर्भवती होना एक बहुत ही सुंदर और खूबसूरत आशीर्वाद है...मैंने नहीं सोचा था कि मैं कभी भी इसका अनुभव करने के लिए इतनी भाग्यशाली रहूंगी, इसलिए मैं इस यात्रा पर आने के लिए खुद को अविश्वसनीय रूप से भाग्यशाली मानती हूं। मैं यह वर्णन करना भी शुरू नहीं कर सकता कि आपके अंदर विकसित हो रहे जीवन को महसूस करना कितना प्यारा है।'' गौरतलब है कि इलियाना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर अपने बॉयफ्रेंड के साथ तस्वीरें भी शेयर की थीं। तस्वीरों को साझा करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा "डेट नाइट" और इसके साथ ही उन्होंने एक दिल वाला इमोजी भी बनाया था।
अपने ही दोस्त पर दिल हार बैठे बॉलीवुड सितारे, रचाई शादी.....
6 Aug, 2023 11:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कहते हैं कि हर प्यार की शुरुआत दोस्ती से होती है। इस संदर्भ ने बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान का एक डायलॉग भी काफी फेमस है कि ‘अगर वह मेरी अच्छी दोस्त नहीं बन सकती है तो मैं उससे प्यार नहीं कर सकता हूं’। बॉलीवुड सेलेब्स अपनी फिल्मों के अलावा अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब चर्चा में रहते हैं। इंडस्ट्री में कई सेलेब्स हैं, जिन्होंने अपने दोस्त से प्यार किया और उसी से शादी भी रचाई है। धोखे और फरेब से भरी इस दुनिया में इन सेलेब्स ने दोस्ती के साथ अपना प्यार मुकम्मल कर के आज के लोगों के लिए मिसाल पेश की है। तो चलिए जानते हैं।
शाहरुख खान और गौरी
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम बॉलीवुड के किंग खान और उनकी पत्नी का आता है। यूं तो कहा जाता है कि शाहरुख पहली नजर में ही गौरी को देखकर उन्हें अपना दिल दे बैठे थे, लेकिन दोनों के प्यार की शुरुआत दोस्ती से ही हुई थी। जब शाहरुख खान गौरी के प्यार में पड़े थे तो उनकी उम्र 18 साल थी और गौरी की उम्र 14 साल थी। प्यार की ताकत आपके साथ है तो जमाने की परवाह फिर किसे होती है। दोनों की दोस्ती कब प्यार में बदल गई यह उन्हें खुद भी नहीं पता चला। हालांकि, आज दोनों एक खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
रितेश देशमुख और जेनेलिया
रितेश देशमुख और जेनेलिया की प्रेम कहानी इस बात का सबूत है कि प्रेम कहानी केवल फिल्मों और किताबों में ही नहीं होती, अगर ठीक से निभाया जाए तो असल जीवन में भी यह संभव है। आपको बता दें कि इनकी लव स्टोरी की शुरुआत भी दोस्ती से ही हुई थी। एक समय में दोनों एक दूसरे के बहुत अच्छे दोस्त हुआ करते थे, लेकिन बाद में धीरे-धीरे नजदीकियां बढीं और दोनों की दोस्ती ने प्यार का रूप ले लिया था।
अरिजीत और कोयल
अरिजीत सिंह ने दो शादियां की हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सिंगर की पहली शादी एक साल भी नहीं टिकी थी। पहली पत्नी रूपरेखा से तलाक के बाद अरिजीत सिंह ने फिर से जिंदगी की शुरुआत करने का फैसला किया और अपने बचपन की दोस्त कोयल रॉय को अपना हमसफर बना लिया। दोनों की बचपन की दोस्ती प्यार के परवान पर कब चढ़ गई यह उन दोनों को ही नहीं पता लग पाया।
आयुष्मान खुराना और ताहिरा कश्यप
आयुष्मान खुराना और ताहिरा कश्यप की लव स्टोरी स्कूल के दिनों में ही शुरू हो गई थी। जब आयुष्मान की ताहिरा से पहली मुलाकात हुई थी तब वह 12वीं क्लास में थे और वह फिजिक्स की कोचिंग लेने जाते थे। उसी दौरान उन्होंने ताहिरा को पहली बार देखा था और उन पर अपना दिल हार बैठे थे। हालांकि, दोनों के प्यार की शुरुआत दोस्ती से ही हुई थी।
इमरान खान और अवंतिका
आज भले ही इमरान खान और अवंतिका एक दूसरे से अलग हो गए हैं, लेकिन एक जमाने में यह उनकी गिनती बी-टाउन के पॉपुलर कपल्स में होती थी। इमरान खान की अवंतिका से पहली मुलाकात तब हुई थी, जब वह महज 19 साल के थे। दोनों को ही 'पप्पी' से प्यार था और उनका यही नेचर दोनों को करीब ले आया। इमरान ने पहले अवंतिका से दोस्ती की थी। बाद में इनका प्यार परवान चढ़ा था।
पंकज और मृदुला
पंकज और मृदुला की प्रेम कहानी आपको 90 के दशक की किसी फिल्मी कहानी जैसी लगेगी। एक इंटरव्यू में पंकज त्रिपाठी ने बताया था कि जब वह 10वीं क्लास में थे तब उन्होंने पहली बार मृदुला को देखा था। वह छज्जे पर खड़ी थीं और पंकज उन्हें नीचे से देख रहे थे जब अचानक दोनों की नजरें टकरा गई। पंकज पहले मृदुला के बहुत अच्छे दोस्त बने और बाद में दोनों को एक-दूसरे से प्यार हुआ था।
'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' ने मचाया गदर.....
6 Aug, 2023 11:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
साल 2023 में कई फिल्में रिलीज हुईं। बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट बॉलीवुड फिल्मों की लंबे समय से दरकार थी। हालांकि, 2022 में 'भूलभुलैया 2' और 'दृश्यम 2' ने हिट के इस सूखे में पानी जरूर डाला था, लेकिन बॉलीवुड ने लंबे समय से वह समय नहीं देखा था, जब हर महीने रिलीज होने वाली कोई फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही हो। मगर इस साल 'पठान', 'तू झूठी मैं मक्कार', 'पोन्नियिन सेल्वन 2' के बाद 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' ने इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई है।
'रॉकी और रानी...' को बीते 9 दिन
करण जौहर के निर्देशन में बन कर तैयार हुई इस फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की रॉकिंग केमेस्ट्री के अलावा धर्मेंद्र और शबाना आजमी का भी रोमांस भी है। इसके अलावा जया बच्चन का कड़क अंदाज भी लोगों को पसंद आ सकता है। इन सभी एलिमेंट के कॉम्बिनेशन से बनी 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' को रिलीज हुए 9 दिन बीत चुके हैं। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 100 करोड़ के आंकड़े के करीब पहुंच गई है।
शुरुआती अनुमान के मुताबिक, फिल्म ने 9वें दिन 11.50 करोड़ की कमाई की है। मूवी के अब तक के कलेक्शन के अनुसार, 'रॉकी और रानी...' ने इतना कमाया।
पहला दिन- 11.1 करोड़
दूसरा दिन- 16.05 करोड़
तीसरा दिन- 18.75 करोड़
चौथा दिन- 7.02 करोड़
पांचवां दिन- 7.03 करोड़
छठा दिन- 6.09 करोड़
सातवें दिन- 6.21 करोड़
आठवां दिन- 6.75 करोड़
वहीं, वर्ल्डवाइड कमाई की बात करें, तो फिल्म ने 146.5 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। जबकि, फिल्म का बजट 160 करोड़ रुपये है। बता दें कि ओवरसीज में यह फिल्म 'पठान' के बाद दूसरे नंबर पर है। फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने बताया कि पहले हफ्ते में फिल्म में 59.95 करोड़ कमाए। यह पहले हफ्ते की कमाई है, जिसमें 'रॉकी और रानी...' फिल्म पठान के बाद दूसरे नंबर पर है।
बिपाशा बासु की बेटी देवी के दिल में थे 2 छेद, ओपन हार्ट सर्जरी के लिए राजी नहीं.....
6 Aug, 2023 10:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पिछले साल बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर शादी के 6 साल बाद माता-पिता बने थे। बेटी के जन्म के बाद उनके लिए खुशी के साथ-साथ एक बुरी खबर ने भी दस्तक दी, जिसका दर्द कपल ने महीनों तक दुनिया से छुपाकर रखा था। अब 8 महीने बाद बिपाशा ने खुलासा किया है कि उनकी बेटी के दिल में छेद था। 12 नवंबर 2022 को मां बनीं बिपाशा बसु और करण ने अपनी बेटी का नाम देवी रखा है। हाल ही में, नेहा धूपिया के साथ लाइव चैट के दौरान बिपाशा ने एक ऐसा खुलासा किया, जिसे जानकर हर कोई हैरान रह गया। बिपाशा ने जाहिर किया कि उनकी बेटी देवी के दिल में दो छेद थे। वह जन्म से ही वेंट्रिकुलर सेप्टल डिफेक्ट (वीएसडी) से पीड़ित थीं। तीन महीने बाद देवी की सर्जरी हुई थी।
बिपाशा बसु की बेटी के दिल में है दो छेद
बिपाशा बसु ने रोते हुए नेहा धूपिया से कहा कि उनके चेहरे की मुस्कान के पीछे एक दर्द छुपा था, जिसे वह दुनिया के साथ शेयर नहीं करना चाहती थीं। बिपाशा ने लाइव सेशन में कहा- "हमारी जर्नी नॉर्मल पैरेंट्स से बिल्कुल अलग रही। यह उस मुस्कान से कहीं अधिक कठिन है, जो अभी मेरे चेहरे पर है। मैं नहीं चाहूंगी कि किसी मां के साथ ऐसा हो। मुझे बेटी के जन्म के तीसरे दिन पता चला था कि उसके दिल में दो छेद हैं। मैंने सोचा था कि मैं इसे शेयर नहीं करूंगी, लेकिन मैं इसे बता रही हूं, क्योंकि मुझे लगता है कि बहुत सारी मांएं हैं, जिन्होंने इस यात्रा में मेरी मदद की।"
बेटी की हालत जानकर सुन्न हो गए थे करण-बिपाशा
बिपाशा बसु ने आगे बताया कि जैसे ही उन्हें और करण को इस बारे में पता चला, दोनों शॉक हो गए थे। उन्होंने इस बारे में अपनी फैमिली को भी नहीं बताया था। एक्ट्रेस ने कहा- "हमें समझ नहीं आ रहा था कि वीएसडी क्या है। यह वेंट्रिकुलर सेप्टल दोष है। हम एक बहुत बुरे फेज से गुजरे। हमने इस बारे में अपनी फैमिली से डिस्कस नहीं किया। हम दोनों ही बिल्कुल ब्लैंक हो गए थे। हम सेलिब्रेट करना चाहते थे, लेकिन हम सुन्न थे। शुरुआती पांच महीने हमारे लिए बहुत कठिन रहे, लेकिन देवी पहले दिन से शानदार रही।"
3 महीने की बेटी की सर्जरी से परेशान थीं एक्ट्रेस
बिपाशा ने खुलासा किया कि छेद बड़ा होने की वजह से देवी की तीन महीने में सर्जरी करनी पड़ी। भारी मन से बिपाशा ने कहा- "हमें बताया गया कि हर महीने हमें यह जानने के लिए स्कैन कराना होगा कि यह अपने आप ठीक हो रहा है या नहीं, लेकिन छेद बड़ा होने की वजह से हमें बताया गया कि सर्जरी करानी जरूरी है और सर्जरी तब करना सबसे अच्छा होता है, जब बच्चा तीन महीने का हो जाए। आप एक बच्ची का ओपन हार्ट सर्जरी कैसे कर सकते हैं? ये सोचकर आप बहुत दुखी और बोझिल महसूस करते हैं।"
6 घंटे चली थी बिपाशा की बेटी की सर्जरी
बिपाशा बसु ने आगे बताया कि वह और करण ने बच्ची के नेचुरल ठीक होने का इंतजार किया। पहले और दूसरे महीने में रिजल्ट फेल हो गया और फिर बिपाशा ने मन बना लिया कि वह अपनी बेटी को ठीक करने के लिए सर्जरी करवाएंगी, लेकिन करण इसके लिए तैयार नहीं थे। आखिरकार करण माने और बेटी की सर्जरी हुई। 6 घंटे चली सर्जरी के दौरान बिपाशा बेचैन हो गई थीं। खैर, अब उनकी नन्ही सी जान एकदम ठीक है। सर्जरी कामयाब साबित हुई।
इन फिल्मों में भी दिखी भारत-पाक लव स्टोरी,पार की मुल्क की सीमा....
5 Aug, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बॉलीवुड फिल्में अपने कंटेंट को लेकर हमेशा दर्शकों के बीच छाई रहती हैं। आज के दौर में अगर कोई फिल्म चलती है तो अपने कंटेंट की वजह से और फ्लॉप होती है तो भी अपने कंटेंट की वजह से ही। ऐसे में मेकर्स अक्सर उन कहानियों का चुनाव करते हैं, जिससे दर्शक सीधे तौर पर जुड़ सकें। यानी की पटकथा लेखक अक्सर वही कहानियों का निर्माण करते हैं, जो ज्वलंत और ऑडियंस के दिलों में रच-बस जाएं। आज के इस लेख में हम आपको उन फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो सरहद पार के इश्क का कहानी को दिखाती है।
गदर: एक प्रेम कहानी
सनी देओल और अमीषा पटेल की फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कहानी’ दो मुल्क में बसे एक प्रेमी जोड़े के प्यार कहानी को दिखाती है। फिल्म में सनी ने भारत के तारा सिंह का किरदार अदा किया है। वहीं, दूसरी ओर अमीषा पटेल ने पाकिस्तान की सकीना की भूमिका अदा की है। यह फिल्म भारत और पाकिस्तान के बंटवारे का भी जीवंत चित्रण करती है। अब 22 साल बाद इसका सीक्वल भी जल्द ही रिलीज होने के लिए तैयार है।
हिना
इस लिस्ट में दूसरा नाम ऋषि कपूर की फिल्म 'हिना' का है। यह फिल्म साल 1991 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में ऋषि कपूर के अपोजिट पाकिस्तानी एक्ट्रेस जेबा बख्तियार नजर आई थीं। बता दें कि इसमें ऋषि का किरदार जानबूझकर पाकिस्तान नहीं जाता। एक्सीडेंट के बाद वह झेलम नदी में बहते हुए पड़ोसी मुल्क पहुंच जाता है, जहां वह जेबा से मिलता है और दोनों में प्यार हो जाता है।
रिफ्यूजी
फिल्म ‘रिफ्यूजी’ क्रॉस बॉर्डर लव स्टोरी दिखाती फिल्म है। इस फिल्म से अभिषेक बच्चन और करीना कपूर ने अपने करियर का डेब्यू किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी साबित हुई थी। रिफ्यूजी (अभिषेक) मंजूर के परिवार को पाकिस्तान जाने में मदद करता है और उसकी बेटी (करीना) को दिल दे बैठता है।
वीर-जारा
बॉलीवुड की पॉपुलर फिल्म ‘वीर-जारा’ शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक रही है। इस फिल्म के गाने आज भी दर्शकों द्वारा सुने जाते हैं। फिल्म में दो अलग मुल्क के प्रेमी की कहानी है, जो एक-दूसरे से प्यार तो करते हैं, लेकिन कभी मिल नहीं पाते हैं। फिल्म शाहरुख के अलावा प्रीति जिंटा मुख्य भूमिका में थी।
हेमा मालिनी ने फिल्मों में वापसी के लिए रखी यह शर्त....
5 Aug, 2023 11:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिंदी सिनेमा की 'ड्रीम गर्ल' यानी हेमा मालिनी बीते तीन वर्ष से फिल्मों से दूर हैं। एक्ट्रेस को आखिरी बार वर्ष 2020 की फिल्म 'शिमला मिर्ची' में देखा गया था। हेमा, राजनीति के क्षेत्र में भी अपना दमखम दिखा चुकी हैं। हालांकि, अब एक्ट्रेस को वापस से मूवी में आने की इच्छा है। इस बात का खुलासा खुद ड्रीम गर्ल ने किया है, लेकिन फिल्मों में वापसी के लिए एक शर्त भी रख दिया है।
हेमा मालिनी से एक हालिया इंटरव्यू में सवाल किया गया कि क्या वह बड़े पर्दे पर वापसी करना चाहेंगी। इस पर डीवा ने जवाब दिया, 'किसी को आना चाहिए और मुझे एक अच्छी भूमिका के लिए साइन करना चाहिए। यह मेरी उम्र के लिए उपयुक्त होना चाहिए। ग्लैमरस लेकिन मेरे अनुरूप।'
इंटरव्यू में हेमा से यह भी सवाल पूछा गया कि क्या वह नेगेटिव भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। इस पर उन्होंने कहा, 'मैं बिल्कुल भी नकारात्मक व्यक्ति नहीं हूं। मैं अपने बारे में ऐसा नहीं सोच सकती। मैं किसी के लिए बुरा नहीं सोचती तो निगेटिव रोल कैसे कर सकती हूं? मेरा मतलब है, रोल तो कर सकते हैं कुछ भी, लेकिन वैसा रोल नहीं करना। भूमिका सकारात्मक होनी चाहिए और सकारात्मक संदेश होना चाहिए।' हेमा मालिनी से पति धर्मेंद्र संग स्क्रीन साझा करने को लेकर भी सवाल पूछा गया, जिस पर उन्होंने जवाब दिया, 'मुझे नहीं पता कि आप मुझे और धरम जी को एक साथ किसी फिल्म में देखेंगे या नहीं, लेकिन हो सकता है, कौन जानता है।' ड्रीम गर्ल ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1963 की तमिल फिल्म 'इधु साथियम' से की थी।
हेमा मालिनी ने वर्ष 1968 की फिल्म 'सपनों का सौदागर' से बॉलीवुड डेब्यू किया और फिर कई हिंदी फिल्मों में बेहतरीन एक्टिंग से लोगों का दिल जीतती नजर आईं। एक्ट्रेस ने 1970 में पहली बार धर्मेंद्र के साथ 'तुम हसीं मैं जवां' में अभिनय किया और बाद में दोनों ने 1980 में शादी कर ली। इस जोड़े की शादी से दो बेटियां हैं, ईशा देओल और अहाना देओल। 2004 में बीजेपी में शामिल होने के बाद हेमा राजनेता भी बन गईं। एक्ट्रेस को 2010 में बीजेपी का महासचिव बनाया गया, और 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने मथुरा निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की।
तकरार से शुरू हुई थी काजोल-अजय देवगन की लव स्टोरी....
5 Aug, 2023 11:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
काजोल और अजय देवगन ग्लैमर वर्ल्ड के फेवरेट कपल्स में से एक हैं। कहा जाता है कि अपोजिट बिहेवियर के लोगों का एक साथ रहना मुश्किल होता है, लेकिन अपोजिट नेचर के होने के बावजूद अजय और काजोल के बीच की केमिस्ट्री किसी इंस्पीरेशन से कम नहीं है। उनकी लव स्टोरी भी काफी दिलचस्प है। आइए, आपको उनकी प्यारी लव स्टोरी के बारे में बताते हैं।
दिव्या भारती की वजह से मिले काजोल-अजय देवगन!
काजोल और अजय देवगन की पहली मुलाकात साल 1995 में फिल्म 'हलचल' के सेट पर हुई थी। ये काजोल और अजय की पहली फिल्म थी। हालांकि, काजोल इसके लिए पहली पसंद नहीं थीं। जी हां, अपने जमाने की मशहूर अदाकारा दिव्या भारती को इस फिल्म के लिए चुना गया था, लेकिन उनके निधन के बाद ये मूवी ऐन मौके पर काजोल की झोली में जा गिरी और इस तरह अजय देवगन के साथ पहली बार उनकी ऑन-स्क्रीन जोड़ी देखने को मिली।
काजोल से चिढ़ते थे अजय देवगन!
अजय देवगन शांत स्वभाव के हैं, जबकि काजोल मुंहफट और जॉली नेचर की हैं। ऐसे में जब 'हलचल' के सेट पर काजोल और अजय देवगन एक-दूसरे से पहली बार मिले तो एक्टर को वह बिल्कुल भी पसंद नहीं आई थीं। एक इंटरव्यू में अजय देवगन ने कहा था कि काजोल सेट पर बहुत लाउड बात किया करती थीं। वह हर वक्त चिल्ला-चिल्लाकर बात करती थीं, जो उनको बिल्कुल भी नहीं भाता था। अजय ने तो काजोल से दोबारा न मिलने का भी मन बना लिया था।
कैसे हुआ था काजोल और अजय देवगन को प्यार?
जब काजोल और अजय देवगन फिल्म 'हलचल' की शूटिंग कर रहे थे, उस वक्त दोनों किसी और को डेट कर रहे थे। फिर अचानक उनका ब्रेकअप हो गया और वे एक-दूसरे को डेट करने लगे। ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे के साथ बातचीत में काजोल ने कहा था- "जब मैं अजय से मिली, उस वक्त मैं किसी और को डेट कर रही थी और वह भी किसी और को डेट कर रहे थे। हमने साथ में एक फिल्म की। हमने सेट पर बहुत समय बिताया। हमने बातें करनी शुरू कर दी और फिर हम दोस्त बन गए थे। इसके बाद अचानक मेरा ब्रेकअप हो गया और उस वक्त उनका भी ब्रेकअप हो गया था और फिर हमारा रिश्ता दोस्ती से ज्यादा हो गया।"
शादी के लिए काजोल को बेलने पड़े थे खूब पापड़
काजोल और अजय देवगन ने एक-दूसरे को करीब 4 साल तक डेट किया था और दिलचस्प बात ये थी कि इन चार सालों में कपल ने अपनी डेटिंग लाइफ की भनक किसी को भी नहीं पड़ने दी थी। जब काजोल और अजय देवगन ने एक-दूसरे के साथ शादी करने का फैसला किया तो कई लोगों ने इसका विरोध भी किया। कुछ लोगों का मानना था कि काजोल और अजय अलग नेचर के हैं, इसलिए उनकी शादी नहीं चलेगी। नेहा धूपिया के शो में काजोल ने बताया था कि कई लोग उनकी शादी के खिलाफ थे ही, उनकी फैमिली को भी काजोल के फैसले पर शक था। यहां तक कि उनके पति शोमू मुखर्जी ने तो काजोल के फैसले को जानकर इतना आगबबूला हो गए थे कि उन्होंने अपनी बेटी से एक हफ्ते तक बात नहीं की थी। काजोल ने बताया था कि उनके पिता उनकी शादी के क्यों खिलाफ थे। बकौल काजोल, "उन्होंने मुझसे कहा, 'आप शादी क्यों करना चाहती हैं, आप बहुत छोटी हैं और आपका करियर बहुत अच्छा चल रहा है।' फिर मैंने कहा, 'लेकिन मैं शादी करना चाहती हूं।' अजय और मैं बहुत अलग थे। इसलिए बहुत से लोगों को आपत्ति थी कि हम कपल के रूप में कैसे आगे बढ़ेंगे। हम दोनों उस वक्त ज्यादा सोशल नहीं थे। बहुत से लोग हमें करीब से नहीं जानते थे।" फिलहाल, आज काजोल और अजय देवगन हैप्पी मैरिड कपल गोल्स देते हैं। उनके दो बच्चे हैं। बेटी का नाम नीसा और बेटे का नाम युग है।
काजोल और अजय देवगन की साथ में फिल्में
काजोल और अजय देवगन की ऑफ-स्क्रीन के साथ-साथ ऑन-स्क्रीन जोड़ी भी हिट रही। 'हलचल' के अलावा काजोल और अजय ने साथ में कई फिल्मों में काम किया, जिनमें 'गुंडाराज' (1995), 'इश्क' (1997), 'प्यार तो होना ही था' (1998), 'दिल क्या करे' (1999), 'राजू चाचा' (2000) और 'तानाजी' (2020) शामिल हैं। 'गुंडाराज' और 'राजू चाचा' को छोड़ सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थीं।
अपनी बेटियों के ब्वायफ्रेंड के लिए चंकी पांडे ने रखी यह शर्त....
5 Aug, 2023 11:04 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हर पिता चाहता है कि उसकी संतान के साथ-साथ उसकी बहू या दामाद भी उससे बेहतर हो। बेटी और दामाद के मामले में अभिनेता चंकी पांडे की सोच भी कुछ ऐसी ही है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान चंकी से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी अपनी बेटी और अभिनेत्री अनन्या पांडे से यह जानने की कोशिश की है कि उनकी छोटी बेटी रायसा ने किसी ब्यायफ्रेंड को रिजेक्ट किया है या नहीं? इसके जवाब में चंकी ने अपने बेटी के ब्वायफ्रेंड को लेकर अपनी शर्तें बता दी। उन्होंने कहा कि मुझे इसकी जरूरत नहीं पड़ती है। वह खुद ही रिजेक्ट कर देती है। मैंने उनको बोला है कि जो भी (ब्वायफ्रेंड) होगा, वह मुझसे बेहतर होना चाहिए। वहीं चंकी ने पहली बार अपनी बेटी अनन्या और अभिनेता आदित्य राय कपूर की डेटिंग की खबरों पर भी बात की।
दरअसल, फिल्मकार करण जौहर की जन्मदिन पार्टी से लेकर पुर्तगाल में छुट्टियां मनाने तक अनन्या और आदित्य कई बार एक साथ देखे गए। ऐसे में दोनों के बीच डेटिंग की खबरों ने भी खूब सुर्खियां बटोरी। हालांकि, अनन्या या आदित्य में से किसी ने भी इन खबरों पर हां या ना की कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी है। इस बीच चंकी ने सीधे इसका जवाब न देते हुए अफवाहों को कलाकार की जिंदगी का अहम हिस्सा बताया और कहा कि नहीं नहीं वो (अफवाहें) तो होने वाला है। कहते हैं न कि आप आत्मा से जीते हैं और आत्मा से ही मरते हैं। हम ग्लैमर के पेशे में हैं। यह सब (खबरें) तो आएंगी ही। आप इसे चाहकर भी नहीं रोक सकते हैं। इस पेशे में यह आम बात है।’