छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
झरना और तलाब में मस्ती करना पड़ा भारी....
28 Jul, 2023 04:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बालोद जिले के पर्यटन स्थलों में मस्ती करना पर्यटकों को भारी पड़ सकता है। जलप्रपात में जान जोखिम में लेकर मस्ती करने के वीडियो वायरल होने के बाद यहां पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। खासकर सियादेवी जलप्रापत से छलांग लगाते दिखाई दिए तो सीधे पुलिस कार्रवाई करेगी। बीते दिनों सियादेवी जलप्रपात से पर्यटकों का छलांग लगाते वीडियो सामने आया था। इसके बाद यहां पुलिस सुरक्षा लगा दी गई है। वहीं, झरना के अंदर जाने वाला मार्ग भी पुलिस ने बंद कर दिया है। साथ ही पर्यटकों को भी चेतावनी दी जा रही है।
एसपी ने मामला लिया संज्ञान
लगातार जान जोखिम में लेकर रील्स बनाने और जान जोखिम में लेकर जलप्रपात में नहाने के वीडियो लगातार वायरल हो रहे थे। जिसके बाद से एसपी जितेंद्र यादव ने मामले को संज्ञान में लिया और पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है और यदि जल प्रपात के आसपास कोई जान जोखिम में डालकर वीडियो बनाते या फिर नहाते दिखा तो पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी डॉक्टर जितेंद्र यादव ने बताया कि जिले में जितने भी पिकनिक स्पॉट हैं सभी जगहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
हो चुकी हैं कई घटनाएं
बालोद जिले के सियादेवी जलप्रपात में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं लेकिन सोशल मीडिया के जमाने में व्यूज और लाइक्स पाने की चाहत में लोग जलाशय और जलप्रपात में स्टंट बाजी करते नजर आते हैं। वर्तमान में जिले के तीन प्रमुख जलाशय ओवरफ्लो हो चुके हैं और एक सबसे महत्वपूर्ण जीवनदायिनी तांदुला जलाशय अब छलकने ही वाला है।
चार पहिया तो दूर अपने पैसे से पेट्रोल डलवा बाइक से गश्त कर रही पुलिस....
28 Jul, 2023 04:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांकेर जिले के दुधावा चौकी अंतर्गत 26 गांव में अपराध रोकने के लिए पुलिस बाइक के भरोसो चल रही है। चौकी में चारपहिया पेट्रोलिंग वाहन नहीं होने के कारण पुलिस जवान अपनी बाइक से और अपने पैसे ले पेट्रोल डलवा 26 गांव की निगरानी कर रहे हैं।
दुधावा चौकी अंतर्गत 26 गांव आते हैं जिसमें अंतिम गांव की दूरी लगभग 15 से 18 किमी की दूरी में स्थित है। ऐसे में आपराधिक घटना और चोरी की वारदात होने से पुलिस जवानों को चारपहिया वाहन के अभाव में घटना स्थल में पहुंचने में ही समय लग जा रहा है। जवानों को इमरजेंसी में किराए का वाहन लेकर कई बार घटना स्थल में जाना पड़ता है। बारिश के दिनों और रात में जवानो को पेट्रोलिंग में काफी दिक्कतों का समाना करना पड़ रहा है।
दुधवा-सरोना चौकी अंतर्गत के व्यापारी नीलेश गोलछा ने बताया कि पहले पेट्रोलिंग गाड़ी थी, लेकिन महीने भर से चारपहिया वाहन नहीं है। पेट्रोलिंग गाड़ी थी तो लगातार गस्त होती थी, जिससे यहां पर एक अच्छा माहौल बन चुका था। लेकिन अभी गाड़ी नहीं होने से हमारे पुलिस जवानों को गस्त पेट्रोलिंग करने में समस्या होती है। पेट्रोलिंग नहीं होगी तो क्षेत्र में अपराध के मामले भी आएंगे। अभी पुलिस वाले बाइक से गस्त करते हैं बारिश के दिनों में समस्या होती है। जिससे गस्त नहीं हो पाता जिससे चोरों के मन में उनका भय खत्म होता जा रहा है।
स्थानीय निवासी दीनदयाल साहू ने कहा कि पेट्रोलिंग वाहन नहीं होने से पुलिस के स्टाफ भी किसी घटना घटने पर समय पर नही पहुंच पाते हैं। स्थानीय राजेंद्र दुबे ने कहा कि कई जगह चोरी की घटनाएं हो चुकी है इलाका भी संवेदनशील है। उस हिसाब से यहां पेट्रोलिंग गाड़ी होना अतिआवश्यक है। पानी-बरसात का दिन है कुछ घटना हो गई तो गाड़ी के अभाव में समय पर पुलिस पहुंच ही नहीं पाएगी।
पूरे मामले को लेकर एडिशनल एसपी अविनाश ठाकुर ने बताया कि चौकी को पेट्रोलिंग के लिए चारपहिया वाहन मिला था। लेकिन गाड़ी में खराबी की वजह से गाड़ी ठीक होने गई है। गाड़ी ठीक होते ही पुलिसकर्मियों को दोबारा से उपलब्ध करा दी जाएगी।
पकड़ा गया मोहनीश कोर्ट से जेल आते समय हुआ फरार....
28 Jul, 2023 04:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोर्ट से जेल दाखिल करते समय पुलिस वालो को चकमा देकर भागा कैदी 31 घंटे बाद कांकेर के गढ़िया पहाड़ से रात एक बजे पुलिस की गिरफ्त में आ ही गया। कोर्ट से जेल दाखिल करते समय कैदी भाग कर गढ़िया पहाड़ में छुप कर बैठा हुआ था।
कांकेर टीआई शरद दुबे ने बताया कि मोहल्लेवासियों की सूचना पर स्थानीय और पुलिस की मदद से जेल दाखिल करते समय फरार हुए विचारधीन कैदी पहाड़ में छुप कर बैठा था। जिसे पकड़ लिया गया है। फरार बंदी के खिलाफ कांकेर थाना में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। उसके निवास व अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस टीम पहाड़ पर उसकी तलाश जारी रखी।
गौरतलब हो कि गुरुवार को विचारधीन कैदी को जिला कोर्ट में पेश किया गया था। जहां कोर्ट से वापसी के दौरान शाम को जेल के समाने से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर कैदी भाग गया। शाम को तेज बारिश हो रही थी उसी का फायदा उठा कर जेल के समाने से कैदी भागा था। कैदी का नाम मोहनीश कोडोपी बताया जा रहा है, जो दुष्कर्म के मामले में विचारधीन कैदी है।
एसपी ने किया निलंबित
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने दुष्कर्म मामले के आरोपी विचाराधीन बंदी के फरार हो जाने पर उनके सुरक्षा में लगे प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक हिरऊराम मरकाम, प्रधान आरक्षक सुदर्शन मरई, प्रधान आरक्षक रामखिलावन मंडावी, आरक्षक भरत साहू, ओमप्रकाश को निलंबित किया है।
रेललाइन मेंटनेंस के चलते ये आठ ट्रेनें आज रहेंगी प्रभावित....
28 Jul, 2023 12:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। ट्रेन से सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेल यात्रियों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ने वाली है। दरअसल, रेललाइन मेंटनेंस कार्य के चलते शुक्रवार को आठ ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। रेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलवे लाइन पर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत बिलासपुर-नागपुर सेक्शन में तीसरी लाइन में इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग का काम किया जाना है। इसके चलते खासकर रायपुर से दुर्ग, डोंगरगढ़ और अंतागढ़ जाने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ेगा।
बिलासपुर-नागपुर सेक्शन में होगा मेंटनेंस कार्य
रेल अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार रेललाइन मेंटनेंस का कार्य 28 जुलाई से नौ बजे से शुरू होकर 29 जुलाई को तीन बजे तक अर्थात 18 घंटे तक किया जाएगा। इस दौरान शुक्रवार 28 जुलाई को पांच और शनिवार 29 जुलाई को दो कुल सात लोकल ट्रेनों का संचालन रद किया गया है। लोकल ट्रेनें रद होने से यात्रियों की परेशानी एक बार फिर से बढ़ेगी।
ये ट्रेने रहेंगी प्रभावित
रद ट्रेनों में 28 जुलाई को रायपुर से चलने वाली 08707 रायपुर-दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल, 28 जुलाई को दुर्ग से चलने वाली 08708 दुर्ग-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल और 28 जुलाई को रायपुर से चलने वाली 08709 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल, 28 जुलाई को रायपुर से चलने वाली 08729 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल और 28 जुलाई को अंतागढ़ से चलने वाली 08815/08816 अंतागढ़-रायपुर-अंतागढ़ डेमू स्पेशल रायपुर एवं दुर्ग के बीच रद रहेगी। जबकि 29 जुलाई को डोंगरगढ़ से चलने वाली 08710 डोंगरगढ़-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल और डोंगरगढ़ से चलने वाली 08730 डोंगरगढ़-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल रद रहेगी।
रायपुर में खुलेगा छत्तीसगढ़ का पहला रेंज साइबर सेल थाना....
28 Jul, 2023 12:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज परिसर में छत्तीसगढ़ का प्रदेश का पहला साइबर सेल का रेंज थाना खुलने जा रहा है। आनलाइन बढ़ते अपराध को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। पीएचक्यू से 80 लाख रुपये की स्वीकृति भी हो गई है। काम भी शुरू कर दिया गया है। अब आनलाइन फ्राड होते ही सीधे साइबर थाने में एफआइआर दर्ज होगी। यहीं से जांच भी होगी। इसके लिए अधिकारी नियुक्त होंगे।
मुख्यमंत्री एक सप्ताह में कर सकते हैं भूमि पूजन
एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने गंज परिसर जहां बिल्डिंग बननी है उसका निरीक्षण किया। वहीं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की बिल्डिंग (एसीसीयू) में भी बदलाव किया जाएगा। जानकारी के अनुसार सब कुछ ठीक रहा तो एक सप्ताह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भूमि पूजन कर सकते हैं। पुलिस हेड क्वार्टर हो प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है।
पांच जिले होंगे शामिल
रायपुर के अलावा रेंज के महासमुंद, गरियाबंद, बलौदाबाजार और धमतरी जिले के सभी थाना क्षेत्रों में होने वाले आनलाइन फ्राड और फाइनेंसियल फ्राड की जांच अब यहीं से होगी।
यह सब रहेगा
जिला और रेंज के लिए अलग-अलग टीआइ रहेंगे। साइबर फ्राड के लिए अलग टीम का करेगी। वहीं फाइनेंसियल फ्राड के लिए दूसरी टीम रहेगी। जिसके लिए अलग-अलग कक्ष बनाए जाएंगे। पूछताछ कक्ष, हेल्प डेस्क और लाकअप रूम होगा।
यह मिलेगा फायदा
बता दें कि इससे पहले आनलाइन फ्राड होने के बाद प्रार्थी को थाने के चक्कर लगाने होते थे। इसके बाद साइबर सेल मामला जाता था। अब सीधे साइबर के रेंज थाने में अपराध दर्ज कर विवेचना की जाएगी। इससे सही समय पर फ्राड के पैसे को होल्ड करवाना, आरोपित को पकड़ना बैंक से जानकारी जुटाना सहित अन्य काम होंगे।
पांच लाख से ऊपर के फ्राड केस की यहां होगी जांच
जानकारी के अनुसार योजना तैयार की जा रही है कि फ्राड की लिमिट भी तय की जाएगी। इसमें पांच लाख से ऊपर का फ्राड होने पर साइबर सेल थाने में जांच होगी। विवेचना से लेकर आरोपित की गिरफ्तारी अन्य काम यहीं से होंगे। पांच लाख से कम वाले मामलों में थाने में शिकायत दर्ज हो सकेगी।
रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने कहा, रेंज का साइबर थाना गंज परिसर में बनाया जा रहा है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। साइबर फ्राड तेजी से बढ़ रहा है थाना बनने से आरोपितों को पकड़ने में मदद मिलेगी। वहीं जांच, विवेचना भी यहीं होगी। पीएचक्यू को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है।
साइबर क्राइम बढ़ रहा
- राजधानी समेत राज्य में साइबर क्राइम की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले साल रायपुर में चार हजार से ज्यादा साइबर फ्राड हुए हैं। दो करोड़ से ज्यादा का फ्राड हुआ है।
क्या होगा साइबर थाने का कार्य
- रायपुर ही नहीं, दूसरे जिलों के भी साइबर अपराध से संबंधित सूचनाओं पर यह थाना अपने विंग से समाधान का प्रयास करेगा।
- सभी संवेदनशील जगहों मसलन बैंक, सुरक्षा एजेंसी, नेटवर्किंग साइट्स आदि की मानिटरिंग का जिम्मा भी इसी थाने के पास होगा।
- दूसरे थानों में भी साइबर क्राइम से संबंधित शिकायतें (आइटी एक्ट) आएंगी तो उसे साइबर थाने में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इससे सामान्य थानों में पड़ने वाले अतिरिक्त लोड घट जाएंगे।
अनियमित कर्मचारियों के नियमितिकरण पर मंत्री चौबे बोले....
28 Jul, 2023 12:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अनियमित कर्मचारियों के नियमितिकरण का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। राज्य सरकार के प्रवक्ता और मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि कर्मचारियों को नियमित करने के बारे में कैबिनेट की बैठक में चर्चा हुई है। विभागवार जानकारी मंगाई गई है। जल्द ही सरकार इस पर निर्णय लेने वाली है।
कांग्रेस ने अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने का किया था वादा
कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था। इसके पूरा नहीं होने पर प्रदेश के करीब 45 हजार कर्मचारी धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद सरकार ने अनियमित कर्मचारियों के वेतन में एकमुश्त 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। इसके बावजूद कर्मचारी धरने पर बैठे हुए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेशभर में कार्यरत अनियमित कर्मचारियों की भर्ती के बारे में विभागों से जानकारी मंगाई है। विभागों को एक सप्ताह में जानकारी भेजने का निर्देश दिया गया है। संविदा कर्मियों के साथ ही दैनिक वेतन भोगी, अनियमित दैनिक श्रमिकों की जानकारी मांगी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग जीएडी के अवर सचिव एसके सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2004 से 2018 और 2019 से 2023 तक सीधी भर्ती के पदों पर नियुक्ति और संविदा, अनियमित और दैनिक वेतन पर कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों की अलग-अलग जानकारी मांगी गई है।
जीएडी ने एक प्रोफार्मा भी भेजा है, जिसमें भर्ती के दौरान आरक्षण नियमों का पालन, रिक्त पदों की तुलना में भर्ती सहित अन्य विषयों की जानकारी मांगी गई है। उच्च प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो जिन अनियमित कर्मचारियों की भर्ती रोस्टर के आधार पर नियुक्ति हुई होगी, सरकार उनको नियमित कर सकती है।
छत्तीसगढ़ में आइ फ्लू का कहर....
28 Jul, 2023 12:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले एक सप्ताह में आंखों की बीमारी कंजक्टिवाइटिस (पिंक आई) के 20 हजार से अधिक मरीज मिल चुके हैं। तेजी से फैल वायरस का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रायपुर मेडिकल कालेज में सैंपल कल्चर एंड सेंसिविटी जांच के लिए भेजे गए हैं। इधर केंद्र सरकार ने बीमारी के संबंध में राज्य शासन से जानकारी मांगी है।
केंद्र सरकार ने राज्य से संक्रमण को लेकर मांगी है जानकारी
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कंजक्टिवाइटिस के सैंपल से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फैल रहा वायरस किस तरह का है। और इसमें किस दवा का उपयोग कारगर साबित होगा। सैंपल रिपोर्ट आज आने की उम्मीद है, जिसमें वायरस से जुड़े सारी रिपोर्ट होंगे।
बता दें कंजक्टिवाइटिस के इलाज के लिए सभी शासकीय अस्पतालों में निश्शुल्क जांच व इलाज की सुविधा है। स्वास्थ्य विभाग शिविरों के माध्यम से जांच, इलाज व जागरूता अभियान चला रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने कंजक्टिवाइटिस की रोकथाम के लिए स्कूल शिक्षा और आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के संचालक को परिपत्र जारी किया है।
स्वास्थ्य विभाग ने दोनों विभागों को स्कूलों, छात्रावासों, आवासीय विद्यालयों तथा आश्रम-छात्रावासों में कंजक्टिवाइटिस से बचाव के लिए आवश्यक निर्देश प्रसारित करने को कहा है। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों को इस संक्रमण के लक्षणों, उपचार और बचाव की जानकारी देने भी कहा है।
आई ड्राप छह बार, एक-एक बूंद, तीन दिनों तक
स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि कंजक्टिवाइटिस आंख की आम बीमारी है जिसे हम आंख आना भी कहते हैं। इस बीमारी में रोगी की अांख लाल हो जाती है, कीचड़ आता है, आंसू आते हैं, चुभन होती है तथा कभी-कभी सूजन भी आ जाती है। कंजक्टिवाइटिस होने पर एंटीबायोटिक ड्राप जैसे जेंटामिसिन, सिप्रोफ्लाक्सिन, माक्सीफ्लाक्सिन, आई ड्राप आंखों में छह बार एक-एक बूंद तीन दिनों के लिए मरीज को देना चाहिए। तीन दिनों में आराम न आने पर किसी अन्य बीमारी की संभावना हो सकती है। ऐसे में नेत्र विशेषज्ञ के पास दिखाना उचित होता है।
इस तरह बरतें सावधानी
चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि कंजक्टिवाइटिस संक्रामक बीमारी है जो संपर्क से फैलती है। अतः मरीज को अपनी आंखों को हाथ न लगाने की सलाह देनी चाहिए। रोगी से हाथ मिलाने से बचकर एवं उसकी उपयोग की चीजें अलग कर इस बीमारी के फैलाव को रोका जा सकता है। संक्रमित अांखों को देखने से इस बीमारी के फैलने की धारणा केवल भ्रम है। यह बीमारी केवल संपर्क से ही फैलती है।
महामारी नियंत्रक के संचालक डाक्टर सुभाष मिश्रा ने कहा, प्रदेश में पिछले एक सप्ताह में 20 हजार से अधिक कंजक्टिवाइटिस के केस आए हैं। वायरस की जांच के लिए सैंपल भेजे गए हैं, जिसकी रिपोर्ट आज आएगी। केंद्र सरकार ने राज्य की स्थिति को लेकर जानकारी मांगी थी, इसे हमें दे दी है।
तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर से टकराते हुए पलटा....
27 Jul, 2023 12:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर मेडिकल कॉलेज डिमरापाल से कुछ दूरी पर एक तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर से टकराते हुए पलट गया। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा के तौर पर ट्रक के आसपास बैरिकेड लगा दिए। मामले के बारे में आसपास के लोगों ने बताया कि बुधवार की रात करीब 8 बजे के लगभग दो ट्रक गीदम रोड से डिमरापाल की ओर आ रही थी। तभी अचानक डिमरापाल मेडिकल कॉलेज से कुछ दूर पहले अशोका लीलैंड के पास दोनों ट्रक एक साथ निकलने के चक्कर में एक ट्रक डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क पर पलट गया। घटना के तत्काल बाद परपा पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले तो मार्ग को अवरूद्ध होने से पहले ही स्टाफ की तैनाती करते हुए मार्ग को जाम होने से बचा लिया। साथ ही दूसरे वाहन फंस न जाए, इसलिए सुरक्षा के तौर पर बैरिकेड लगा दिए गए।
36 घंटे से हो रही भारी बारिश ने मचा दी तबाही....
27 Jul, 2023 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपालपटनम ब्लॉक में पिछले 36 घंटे से हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। पेगड़ापल्ली बालक आवासीय विद्यालय में पानी भर जाने से पोटाकेबिन जलमग्न हो गया है। यहां के बच्चो को सेन्ड्रापल्ली के पोटाकेबिन में शिफ्ट कराया जा रहा है। वहीं, मद्देड व पेगड़ापल्ली के बीच पड़ने वाले नाला के उफान पर आ जाने से भोपालपटनम से जिला मुख्यालय बीजापुर का सड़क संपर्क टूट गया है। ब्लॉक में 36 घंटो से हो रही लगातार बारिश ने कई इलाकों को जलमग्न कर दिया है। ब्लॉक मुख्यालय से भी कई अंदुरुनी गांवों का संपर्क टूट चुका है। बाढ़ जैसे हालात लगातार बने हुए हैं। भोपालपटनम ब्लॉक में बुधवार शाम से बिजली नहीं आ रही है। बारिश को देखते हुए रेस्क्यू टीम को तैनात किया गया है। बुधवार को भोपालपटनम नगर के ब्लॉक पारा, तालाब पारा, शिक्षक आवास, रालापल्ली सहित नगर के कई हिस्सो में पानी भर गया था। रालापल्ली सड्रापारा में बाढ़ जैसे हालात बने हुए थे। नगरपालिका व बाढ़ राहत दल की टीम ने रेस्क्यू कर रालापल्ली नाला में जेसीबी लगाकर पुल में फसे कचरे को निकलवाया। इसके बाद कुछ हद तक राहत मिली। बाढ़ की चपेट में 29 मकान आ गए थे।
बारिश का रिकॉर्ड
बीजापुर तहसील में 205, गंगालूर तहसील में 200, भैरमगढ़ तहसील में 130, कुटरू तहसील में 156, भोपालपटनम तहसील में 98 व उसूर तहसील में 147 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
पत्नी की हत्या कर थाने पहुंचा पति....
27 Jul, 2023 12:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जामुल थाना क्षेत्र में पति ने विवाद के बाद लोटे से सिर पर वार करके पत्नी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। हत्या के बाद पति ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर किया है। वहीं, पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। जामुल थाना क्षेत्र के लेबर कैंप भागवत नगर निवासी देव साहू की शादी चमेली साहू के साथ हुई थी। देव साहू अपनी पत्नी पर शक करते थे, उन्हें लगता था कि उनकी पत्नी किसी दूसरे व्यक्ति के संपर्क में है। दोनों को बीच इसी बात को लेकर आए दिन विवाद होता था। बुधवार रात में दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद गुस्से में आए देव साहू ने लोटे से अपनी पत्नी के सिर पर कई बार वार कर दिया, जिससे पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद थाना पहुंचकर अपने आप को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने पुलिस बताया कि वह उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जामुल थाना प्रभारी याकूब मेमन ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हुए वाद विवाद के बाद पति ने पत्नी के सिर पर लोटे से वार कर हत्या की है। पुलिस आरोपी पति देव साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अज्ञात वाहन ने चार मवेशियों को कुचला....
27 Jul, 2023 12:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बालोद जिले के एनएच 930 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मवेशियों को कुचल दिया। जिसके बाद गौ सेवकों ने चक्काजाम कर दिया। बीती रात गौ सेवकों को मवेशियों के कुचले जाने की सूचना मिली। जिसके बाद वे लोग वहां पहुंच गए। बीती रात दरम्यानी गौ सेवकों ने चक्काजाम कर दिया। अज्ञात वाहन से 4 मवेशियों को कुचलने के बाद चक्काजाम किया गया। सैंकड़ों की संख्या में गौ सेवक मौजूद रहे। लगभग दो घंटे तक एनएच 930 जाम रहा। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद जाम खत्म हुआ। वहीं आरोपी वाहन चालक के ऊपर कड़ी कार्रवाई की मांग का है।
CM भूपेश के सामने घोषित कामों को पूरा करने की चुनौती....
27 Jul, 2023 11:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इसी साल नवंबर में विधानसभा का चुनाव होना है। उसके पहले घोषित व स्वीकृत कामों को पूरा करने के साथ ही नए कामों की स्वीकृति व चुनाव के पहले उसकी पूर्णता भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रही है। विशेषकर मुख्यमंत्री के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान की गई कई घोषणाएं आठ माह बाद भी अधूरी ही है। प्रशासन के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा भेंट-मुलाकात के दौरान की गई घोषणाओं पर अमल की है। सभी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय शुरू कराया जा चुका है। भवन निर्माण के लिए विभिन्न समाजों को राशि जारी की जा चुकी है। लाल बहादुर नगर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा जरूर अधूरी है, लेकिन वहां तहसील कार्यालय खुल चुका है। डोंगरगांव क्षेत्र के ग्राम आलीवारा में किसान सुविधा केंद्र नहीं खुला है। इसी तरह ग्राम अर्जुनी में महाविद्यालय खोलने की घोषणा अधूरी है। डोंगरगांव में माटीकला, शिल्पकला के लिए ग्लेजिंग यूनिट की स्थापना को लेकर कोई काम नहीं हो सका है। मचानपार व बुद्धुभदरा में हाईस्कूल भवन निर्माण शुरू नहीं हो सका है।
नहीं बन सकी नगर पंचायत
भेंट मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने घुमका को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की थी। इस पर अब तक कागजी प्रक्रिया ही पूरी नहीं हो सकी है। रुसे बांध से नहर लाइनिंग की घोषणा अधूरी ही है। तेंदुनाला जलाशय व जेवर कट्टा में नहर लाइनिंग और उसके विस्तार का काम शुरू नहीं हो सका है।
ये घोषणाएं भी अधूरी
मुख्यमंत्री ने कुकरापाट जलाशय निर्माण कराए जाने की घोषणा की थी। इस पर कोई काम नहीं हो सका है। मुढ़ीपार में पुलिस चौकी की स्थापना की जानी है पर प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। छुरिया क्षेत्र के उमरवाही और गेंदाटोला में सेक्टर स्तरीय महिला प्रशिक्षण भवन बनाया जाना है। इसी तरह उमरदा को तहसील का दर्जा देने की घोषणा भी अधूरी ही है। आमाटोला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम रेंगाकठेरा और छछानपहरी में उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना अधर में है।
नाबालिग को शादी का झांसा देकर करता रहा दुष्कर्म....
27 Jul, 2023 11:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शादी का झांसा देकर नाबालिग से लगातार दुष्कर्म करने के आरोपित को कोर्ट ने अलग-अलग धाराओं में 20 वर्ष की कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले के आरंग इलाके के निवासी आरोपित भोजलाल मारकंडे (24) ने 26 दिसंबर 2020 को पूर्व परिचित एक नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती की और स्वजनों को घटना जानकारी देने पर बर्बाद करने की धमकी दी थी। धमकी से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस थाने में रिपोर्ट लिखाई थी। पुलिस ने मामले में 376,506 का अपराध कायम कर आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद 12 फरवरी 2021 को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय पाक्सो लवकेश प्रताप सिंह बघेल की कोर्ट में आरोप पत्र पेश किया। न्यायाधीश लवकेश प्रताप सिंह बघेल ने प्रकरण की सुनवाई करते हुए आरोपित भोजलाल मारकंडे के खिलाफ पेश किए गए ठोस सुबूत और गवाहों के बयान के आधार पर दोष सिद्व करार देते हुए धारा 4 (2) लैगिंग अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम में 20 वर्ष का सश्रम कारावास के साथ दो हजार रुपये अर्थदंड और धारा 5 लैगिंग अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम में 20 वर्ष सश्रम कारावास, दो हजार रूपये अर्थदंड की सजा से दंडित किया। अर्थदंड की राशि का भुगतान नहीं करने पर आरोपित को छह-छह माह अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।
ब्वॉयफ्रेंड ने दिया धोखा तो गर्लफ्रेंड ने उठाया ये खौफनाक कदम....
26 Jul, 2023 04:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां अपने लिव इन पार्टनर में रह रहे ब्वॉयफ्रेंड के धोखा देने के बाद गर्लफ्रेंड ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। जिसके बाद चिंताजनक हालत में अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल गर्लफ्रेंड की खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस ने ब्वॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, ये मामला तेलीबांधा थाना इलाके का है। जानकारी के अनुसार तेलीबांधा थाना में रहने वाली युवती की शिकायत पर अब पुलिस ने लड़की को खुदकुशी के लिए उकसाने वाले ब्वॉयफ्रेंड के खिलाफ कार्रवाई की है। देवेश उर्फ राहुल विश्वा नाम के युवक को इस मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
वाट्सएप ग्रुप में शादी के लिए डाला बायोडाटा....
26 Jul, 2023 04:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। सामाजिक वैवाहिक वाट्सएप ग्रुप में युवती ने शादी के लिए बायोडाटा डालने के बाद ठगी का मामला सामने आया है। आरोपित ने पहले शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया, इसके बाद अलग-अलग किश्त में रकम ऐठ लिया। आरोपित ने खुद को मेकाहारा में संविदा कर्मी होना बताकर एक लाख 56 हजार रुपये ठग लिए। मनीष पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
ठग ने खुद को बताया अस्पताल में लैब टेक्नीशियन
राजेंद्र नगर थाने में पुलिस कालोनी अमलीडीह रायपुर निवासी युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। उसने बताया कि 16 नवंबर 2022 को शादी के लिए बायोडाटा सामाजिक ग्रुप में डाला गया था। उसी दिन शाम को 6.30 बजे मनीष पटेल का वाट्सअप में मैसेज आया, जिसमें उसने बताया कि मेकाहारा में लैब टेक्नीशियन पद पर जाब करता है। रायगढ का निवासी है। हाल पता शंकर नगर रायपुर में बताया।
उसके बाद उसने कहा कि बायोडाटा देखकर पसंद किया हूं। बोला कि अपनी मां को भी बता दिया हूं। सब पसंद किए हैं। इसके बाद कहा कि कुछ दिन बात करके एक-दूसरे को जान-पहचान लेते हैं, फिर शादी के लिए मैं आपके घर अपने परिवार के साथ आपके घर आऊंगा। फरवरी में परिवार के साथ आने की बात कही। इसी बीच युवती के लिए और भी भी रिश्ते आ रहे थे।
विश्वास जीतने मंत्रियों के साथ की फोटो युवती के पास भेजा
युवती ने मनीष को बताया तो उसने बोला मना कर दो मैं आपसे शादी करूंगा। मेरे तरफ से रिश्ता पक्का है। फिर कुछ दिनों तक बाते करने के बाद मनीष ने बोला कि उसकी पहुंच ऊपर तक है और मंत्रियों के साथ फोटो युवती के पास भेजा।
इसके बाद एक दिन मनीष पटेल ने युवती से बोला कि अभी संविदा में है। रेग्युलर करवाना चाहता है। जिसके लिए मुझे कुछ पैसों की जरूरत है। रेग्युलर करवाने के लिए टोटल पांच लाख लगेगा बताया था। एक दिन उसने युवती से पैसा मांगा और जाब रेग्युलर हो जाएगी फिर जल्दी शादी करेंगे बोला।
ठग ने बहाना बनाकर युवती से ऐंठ लिए रुपए
युवकी ने मना किया तो उसने नया बहाना किया और दोस्त की मां की तबीयत खराब होने की बात कहकर 30 हजार ले लिए। इसके बाद 20 हजार, 30 हजार, पांच हजार रुपये, 40 हजार रुपये और 44 हजार के अलावा अलग-अलग किश्त में एक लाख 56 हजार रुपये ले लिए। पैसे मिलने के बाद युवक ने फोन बंद कर दिया।
फोन चालू होते ही युवती ने पैसे की मांग की। वह उसे टालमटोल करने लगा। इसके बाद चार दिन पहले मनीष पटेल अपनी मंगेतर के मोबाइल नंबर से फोन किया। युवक ने उस नंबर को बहन का नंबर होना बताया। लेकिन मंगेतर ने बताया कि वह उसका नंबर है। दोनों की शादी की बात चल रही है। इसके बाद पीडि़त युवती ने मनीष पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत अपराध दर्ज किया है।