छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
छत्तीसगढ़ : संतराम नेताम होंगे छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए उपाध्यक्ष...
4 Jan, 2023 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में बस्तर के केशकाल से दूसरी बार के विधायक संतराम नेताम विधानसभा के नए उपाध्यक्ष होंगे। उन्होंने बुधवार सुबह अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री शिव डहरिया और संसदीय सचिव विकास उपाध्याय भी मौजूद थे। नेताम के नाम पर मंगलवार को ही कांग्रेस विधायक दल की हुई बैठक में मुहर लग गई थी।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री निवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी। इसमें प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी पहुंची। उनके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत भी पहली बार बैठक में शामिल हुए। बैठक में चर्चा के बाद विधायक संत कुमार नेताम के नाम पर मुहर लगी। हालांकि प्रदेश प्रभारी शैलजा तैयार नहीं थी। उनकी आपत्ति के बाद भी नेताम उम्मीदवार चुने गए।
संतराम नेताम ने साल 2013 में केशकाल विधानसभा से पहली बार चुनाव जीता था। इसके बाद 2018 में फिर जीत दर्ज की। इससे पहले वह बड़ेराजपुर जनपद पंचायत के सदस्य भी रह चुके थे। 2 मई 1972 को कोंडागांव में विश्रामपुर के पलना जन्में नेताम ने एमए एलएलबी करने के बाद पुलिस की नौकरी में कदम रखा। इसके बाद करीब 17 साल तक छत्तीसगढ़ पुलिस में अपनी सेवाएं दीं। फिर कांग्रेस की सदस्यता ले ली।
बीजापुर में पुलिस कैंप पर नक्सलियों का हमला, जवाबी कार्रवाई में भागे नक्सली...
4 Jan, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने मंगलवार को पुलिस कैंप पर हमला कर दिया। जवानों ने फायरिंग की तो नक्सली वहां से भाग निकले। वहीं कांकेर में नक्सलियों ने एक टेलीफोन टावर में आग लगा दी है। जानकारी के मुताबिक, जिले के पामेड़ क्षेत्र में चिंतावागु नदी किनारे पुलिस कैंप है। इसी कैंप को निशाना बनाते हुए नक्सलियों ने मंगलवार को हमला कर दिया। इस दौरान नक्सलियों ने बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) भी दागे। इस पर जवानों ने भी नक्सलियों को जवाब दिया। करीब 15 मिनट तक दोनों ओर से फायरिंग होती रही। इसके बाद नक्सली जान बचाकर वहां से भाग निकले। फिलहाल इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन जारी है।
बताया जा रहा है कि यह पुलिस कैंप नया ही तेलंगाना सीमा पर खोला गया है। यहां पर करीब एक साल से चिंतावागु नदी पर पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी नदी के किनारे कैंप है। बीजापुर एसपी आंजनेय वाष्णेय ने बताया कि हमले में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। नक्सलियों का हमला कैंप पर नहीं, बल्कि उससे कुछ दूरी पर हुआ था। फिलहाल जवान सुरक्षा में लगे हुए हैं। ज्यादा जानकारी का इंतजार है।
टेलीफोन टावर में लगाई आग, बांधा बैनर
दूसरी ओर कांकेर के पंखाजूर में नक्सलियों ने सोमवार देर रात टेलीफोन टावर में आग लगा दी। इसके कारण टावर में लगा पैनल बोर्ड जल गया है। घटना बडगांव थाना क्षेत्र के मेंढरा गांव में हुई है। वहीं थाना प्रभारी अमित पद्मशिली ने बताया कि बीती रात असामाजिक तत्व ने टेलीफोन टावर के पैनल बोर्ड में आग लगाई है। अभी तक आग लगाने वालों का पता नहीं चल सका है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि इसमें नक्सलियों का हाथ है या नहीं।
जांजगीर-चांपा में मछुआरों के जाल में फंसा 60 किलो का कछुआ...
4 Jan, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में मंगलवार को मछुआरों के जाल में 60 किलो वजनी और विशालकाय कछुआ फंस गया। जानकारी के मुताबिक, बिर्रा क्षेत्र के बसंतपुर गांव स्थित बैराज में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय मछुआरे अजय चौहान, धनीराम पटेल, सीताराम, लालू यादव और रोशन पटेल मछली पकड़ने गए थे। बैराज में डाले जाल में हलचल हुई तो मछुआरों ने जाल खींचना शुरू किया। जाल काफी भारी होने पर मछुआरों को बड़ी मछली फंसने का आभास हुआ, लेकिन जब जाल बाहर निकाला तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
मछुआरों के जाल में मछली तो फंसी नहीं, लेकिन 60 किलो वजनी विशालकाय कछुआ फंस गया। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को लगी तो वहां पर भीड़ एकत्र होने लगी। इस दौरान मछुआरे कछुए को ले जाने का प्रयास करने लगे। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। थौड़ी देर में ही पुलिस भी पहुंच गई। फिर वन विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क किया गया और कछुए को महानदी के बैराज में छोड़ दिया।
छत्तीसगढ़ में भी कड़ाके की ठंड, छाया घना कोहरा...
4 Jan, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट बदली है। सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। हल्की मध्यम बूंदाबांदी हो रही है। ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। इस वजह से पूरे प्रदेश में एक बार फिर से ठंडी बढ़ गई है। बात राजधानी रायपुर की करें, तो यहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर, आस-पास के इलाकों और अन्य पड़ोसी जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। रायपुर में पिछले दिनों की अपेक्षा ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक दो दिनों में प्रदेश के तापमान में और भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। रायपुर में और भी कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। पूरा शहर घने कोहरे से डूबा हुआ है।
मौसम विभाग की मानें, तो उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं से प्रदेश का तापमान गिरा हुआ है। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का असर सबसे ज्यादा प्रदेश के उत्तरी भाग में देखने को मिल रहा है। यहां जमकर ठंड पड़ रही है। रायपुर में चारों तरफ बादल छाया हुआ है। सुबह से ही धूप नहीं निकली है। ठंड की वजह से लोग घरों में दुबके हुए हैं। विगत दो दिनों से मौसम में काफी बदलाव देखा जा रहा है।
नारायणपुर में धर्मांतरण विवाद में भाजपा जिलाध्यक्ष सहित 7 गिरफ्तार..
4 Jan, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में धर्मांतरण को लेकर सोमवार को हुए बवाल मामले में पुलिस ने भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसाय सलाम सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। इन सभी पर चर्च में तोड़फोड़ और पुलिस पर हमला करने का आरोप है। वहीं भाजपाइयों की गिरफ्तारी के बाद पहुंचे भाजपा सांसद संतोष पांडेय, मोहन मंडावी और नेता केदार कश्यप व महेश गागड़ा को रास्ते में रोक लिया गया है। इसके बाद वे सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं।
जिले के बखरूपारा में तनावपूर्ण शांति छाई हुई है। उपद्रव स्थल से लेकर गांवों में करीब पांच हजार जवान तैनात हैं। वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ शुरू हो गई है। देर रात 35 से 40 लोगों को भी घर से उठाया गया है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच नारायणपुर पहुंचे भाजपा नेताओं को रोकने पर वे बेनूर गांव में सड़क पर ही बैठ गए। अफसरों के समझाने पर वे उठने को राजी हुए। इसके बाद से ही सीएसपी कार्यालय के बंद कमरे में बैठक जारी है।
दूसरी ओर भाजपा ने विधानसभा के सामने महात्मा गांधी की मूर्ति के पास प्रदर्शन किया। हाथों में पोस्टर लिए पूर्व सीएम रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित अन्य विधायक प्रदर्शन में शामिल रहे। पूर्व सीएम ने कहा कि, छत्तीसगढ़ की धरती पर प्रकृति के संरक्षक आदिवासी समुदाय पर ईसाई मिशनरी हमला कर रहे हैं और कांग्रेसी सरकार उन्हें बढ़ावा दे रही है। आदिवासियों की आवाज अब दबाई नहीं जा सकती, जब दाऊ आदिवासियों को न सुरक्षा और न ही आरक्षण दे पा रहे हैं तो इस्तीफा दे दें।
दरअसल, धर्मांतरण के विरोध में सोमवार को आदिवासी समुदाय के लोग प्रदर्शन के लिए बखरूपारा में एकत्र हुए थे। इस दौरान भीड़ ने चर्च पर हमला कर दिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। यहां तक कि चर्च के पीछे स्थित स्कूल को भी नहीं छोड़ा। जिस समय स्कूल की छुट्टी होने वाली थी, तभी भीड़ ने हमला किया। स्कूल में भी तोड़फोड़ की गई। टीचरों ने बच्चों को बचाने के लिए अंदर बंद कर दिया। एसपी समझाने के लिए पहुंचे तो उपद्रवियों ने जवानों पर हमला कर उनका ही सिर फोड़ दिया था।
पिंगला अभ्यारण के सबसे बुजुर्ग हाथी 'सिविल बहादुर' ने दुनिया को कहा अलविदा...
4 Jan, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर स्थित तैमोर पिंगला रेस्क्यू सेंटर में मंगलवार सुबह हाथी 'सिविल बहादुर' की मौत हो गई। इस हाथी की उम्र 75 साल से अधिक बताई गई है। पिछले कुछ समय से यह उम्रदराज हाथी बीमार भी था। वनविभाग के कर्मचारियों के लिए सिविल बहादुर एक साथी की तरह बन गया था। विभाग की ओर से उसका ससम्मान अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सिविल बहादुर हाथी को 1990 के दशक में झारखंड से सरगुजा सीमा में प्रवेश करने पर पकड़ा गया था। कुसमी क्षेत्र के सिविल दाग में पकड़े जाने के कारण उसका नामकरण सिविल बहादुर किया गया था। दंतैल हाथी सिविल बहादुर को वनविभाग ने प्रशिक्षित कर लिया था। करीब पांच साल पहले उसे तैमार पिंगला रेस्क्यू सेंटर में लाया गया था। इसके बाद से वह रेस्क्यू सेंटर में सबका चहेता बन गया था।
रेस्क्यू सेंटर के चिकित्सक डॉ. अजीत पांडेय ने बताया कि सिविल बहादुर की उम्र हाथियों की औसत उम्र से ज्यादा थी। हाथी की उम्र करीब 50 से 70 साल मानी जाती है। बढ़ती उम्र के साथ उसकी दिक्कतें बढ़ गई थीं। हाथी के शव का पोस्टमार्टम भी किया जाएगा। सिविल बहादुर की मौत से हाथी रेस्क्यू सेंटर में सन्नाटा पसरा हुआ है। उसकी मौत से हर कोई दुखी है।
मनेंद्रगढ़ में आदमखोर तेंदुए ने मचाया आतंक, महिला को उतारा मौत के घाट ...
3 Jan, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के जिला कोरिया के मनेंद्रगढ़ वन मंडल में तेंदुआ का आतंक लगातार बढ़ रहा है। इससे ग्रामीणों मे दहशत है। आदमखोर हो चुके तेंदुए ने एक महिला को अपना शिकार बनाया है। जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है।
मनेंद्रगढ़ वन मंडल इलाके के जनकपुर परिक्षेत्र-2 के कुंवारी बीट के सिंगरौली गांव के पुरनिहापारा में मंगलवार की सुबह बड़ी घटना हुई। गांव में रहने वाली उमाबाई पत्नी नान बैगा करीब 7: 30 बजे अपने घर के पास थी। इसी दौरान तेंदुआ वहां पहुंचा।
वह महिला को उठाकर ले गया। तेंदुए ने महिला के गले पर वार किया। जिससे महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल रेंजर चंद्रमणि तिवारी पीड़ित परिवार की मदद में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में तेंदुआ ने तीसरी बार हमला किया है। तेंदुआ अब तक दो महिला की जान ले चुका है।
शॉर्ट सर्किट से अगरबत्ती फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का समान जलकर खाक....
3 Jan, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : दुर्ग जिले के पुलगांव थाना अंतर्गत धनोरा गांव स्थित एक अगरबत्ती की फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते वह पूरी फैक्ट्री में फैल गई दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक उन्हें सोमवार सुबह 10 बजे के करीब आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र कुमार सिंह ने अग्निशमन कर्मी घनश्याम यादव, नगर सैनिक जवान धनऊ ठाकुर, संतोष, जीतेन्द्र, फ़ायर ऑपरेटर दुर्गा मार्कण्डेय की टीम गठित कर दमकल वाहन को मौके पर भेजा। टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने देखा कि आग पूरी फैक्ट्री में फैल चुकी है। दमकल कर्मियों ने वहां काम कर रहे कर्मचारियों को फैक्ट्री से दूर किया। इसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया। आग लगने से अगरबत्ती में लगने वाला बुरादा जलकर राख हो गया।
तीन लाख से अधिक का हुआ नुकसान
अग्नि शमन विभाग के मुताबिक फैक्ट्री के अंदर काफी मात्रा में अगरबत्ती की स्टिक में लगाने वाला बुरादा रखा हुआ था। इसके साथ ही तैयार अगरबत्ती भी वहां रखी हुई थी। आग लगने से पूरा का पूरा माल जल गया। इससे फैक्ट्री मालिक को तीन लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। वहां बिजली का तार कटा था। उसमें स्पार्किंग होने से आग अगरबत्ती के बुरादे में लग गई। जब आग लगी तो वहां कुछ कर्मचारी काम पर पहुंचे थे। उन्होंने बुरादे के ढेर से धुंआ निकलता हुआ देखा। तब तक आग काफी फैल गई थी। पूरे बुरादे में आग फैल जाने से कर्मचारी बाहर भागे और फैक्ट्री मालिक को फोन किया। इसके बाद पुलगांव पुलिस को सूचना दी गई और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बने दादा, घर में आया नन्हा मेहमान, , खुद ट्वीट कर दी खुशखबरी...
3 Jan, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अब दादा बन गए हैं। उनकी बहू ख्याति ने मंगलवार सुबह 10 बजे भिलाई के निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बहू ख्याति को भिलाई के एक निजी अस्पताल बीएम शाह में सोमवार को भर्ती कराया गया था।
सभी टेस्ट और जांच नॉर्मल आने के बाद मंगलवार सुबह 10 बजे उन्होंने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। मां-बेटे को डॉ. नम्रता की निगरानी में रखा गया है। भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की शादी बीते 6 फरवरी 2022 को ख्याति वर्मा से हुई थी।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट पर दी खुशखबरी की जानकारी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दादा बन गए हैं। यह खुशखबरी खुद सीएम बघेल ने ट्वीट करके दी है। सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर करने के बाद मुख्यमंत्री को बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया है।
अंबिकापुर में प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद में पिता ने की बेटे की हत्या, आरोपी पिता गिरफ्तार...
3 Jan, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक पिता ने अपने बेटे की टांगी से वारकर हत्या कर दी। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सुवारपारा निवासी शिव कुमार पैकरा (22) का ग्राम पोकसरी निवासी एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध था। महिला का एक बच्चा भी है। नए साल के पहले दिन रविवार को शिवकुमार अपनी प्रेमिका के साथ पिकनिक मनाने गया था। इसके बाद शाम करीब 7.30 बजे उसे और बच्चे को लेकर अपने घर पहुंच गया। यह देखकर परिजन भड़क गए और उनके बीच विवाद शुरू हो गया।
शिवकुमार अपनी प्रेमिका और बच्चे को घर में रखने व शादी करने की जिद पर अड़ा था। वहीं माता-पिता उसे प्रेमिका को बाहर कर देने या उसके साथ चले जाने को कह रहे थे। परिजन उसके प्रेम संबंध को लेकर पहले से नाराज थे। विवाद बढ़ा तो शिवकुमार लकड़ी लेकर अपनी मां वैजंती को मारने के लिए दौड़ा। इससे डरकर वैजंती घर से बाहर भाग गई। फिर शिव कुमार ने अपने पिता रामजीत पर डंडे से हमला कर दिया।
इससे रामजीत भी आक्रोशित हो गया। वह घर से टांगी निकाल लाया और शिवकुमार पर हमला कर दिया। टांगी के एक के बाद एक कई वार से शिवकुमार गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद रामजीत पैकरा ने सरपंच को बताया कि उसने बेटे शिवकुमार को डंडे से मारा है, वह आंगन में गिरा है। सरपंच की सूचना पर बतौली थाना पुलिस बल मौके पर पहुंच गई।
रामजीत पैकरा ने पुलिस को यह बता गुमराह करने की कोशिश की कि उसने डंडे से शिवकुमार पैकरा को मारा है। मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम ने बताया कि धारदार हथियार से हत्या की गई हैं। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो रामजीत पैकरा ने टांगी से हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी रामजीत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सोमवार शाम कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे उसे जेल भेज दिया गया है।
नशे में धुत युवती ने मेडिकल कॉलेज में मचाया हंगामा, डॉक्टर से की बदतमीजी....
3 Jan, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित मेडिकल कॉलेज में रविवार देर रात नशे में धुत युवती ने जमकर हंगामा किया। जानकारी के मुताबिक, रविवार रात एक युवती कुछ लड़कों के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची। बताया जा रहा है कि उसे गैस की समस्या थी। पेट दर्द के चलते डॉक्टरों ने उसे वार्ड में भर्ती किया और ड्रिप चढ़ाने लगे। आरोप है कि ड्रिप लगाते ही लड़की भड़क गई। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि लड़की पहले बेड पर बैठी रहती है। फिर डॉक्टर के चैंबर में पहुंचती है और वहां चिल्लाते हुए शोर-शराबा करने लगती है।
यह सब होते देख अस्पताल में तैनात एक सुरक्षा कर्मचारी मोबाइल से वीडियो बनाने लगता है। यह देखकर युवती और आक्रोशित हो जाती है और कर्मचारी से उसका मोबाइल छीनकर जमीन में पटककर तोड़ देती है। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विजय मेश्राम ने बताया कि रात ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स और डॉक्टर ने घटनाक्रम की जानकारी दी है। नाइट शिफ्ट में डॉक्टर बी के झलरिया तैनात थे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो उनसे भी विवाद करने लगी। फिलहाल हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नारायणपुर में धर्मांतरण पर बवाल, चर्च में तोड़फोड़, पथराव में थानेदार सहित कई पुलिसकर्मी घायल...
2 Jan, 2023 04:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में धर्मांतरण को लेकर सोमवार को दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत एडका के आश्रित गांव गोर्रा में रविवार को इसाई मिशनरी के लोग बैठक कर रहे थे। इस दौरान आदिवासियों से धर्मांतरण को लेकर उनका विवाद हो गया। इस दौरान जमकर मारपीट हुई। पुलिसकर्मी पहुंचे तो उनपर भी हमला किया गया। इसे लेकर सोमवार को आदिवासी समुदाय ने बंद बुलाया था। सुरक्षा-व्यवस्था में सुबह से ही इलाके में पुलिस फोर्स तैनात थी। एसपी-कलेक्टर भी मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि अचानक से प्रदर्शन कर रही भीड़ उग्र हो गई और उसने चर्च पर हमला कर दिया। वहां जमकर तोड़फोड़ करने लगे। यह देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें समझाने के लिए पहुंचे। तभी भीड़ ने उन पर भी हमला कर दिया। पथराव किया गया और लाठी-डंडे चलने लगे। इसमें एसपी सदानंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर पर टांके लगाए गए हैं।
वहीं कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्हें भी अस्पताल भेजा गया है। सभी की स्थिति फिलहाल ठीक बताई जा रही है। घटना के बाद फोर्स मौके पर है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी भी नारायणपुर के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल इलाके में हालात सामान्य है। पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा ही है। वहीं आदिवासियों ने धर्मांतरण का आरोप लगाया है।
10 साल से बंद फ्लाई ऐश ब्रिक्स सेंटर में मिला नरकंकाल, जांच में जुटी पुलिस...
2 Jan, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा स्थित एक 10 साल से बंद फ्लाई ऐश ब्रिक्स सेंटर में नरकंकाल मिला है। शनिवार को चौकीदार ने गेट का ताला टूटा देखा ओर अंदर गया तो इसका पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि आखिरी बार सेंटर का गेट करीब तीन माह पहले खोला गया था। फिलहाल पुलिस ने नरकंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
शिवरीनारायण क्षेत्र में मनोज सोनी का फ्लाई ऐश ब्रिक्स सेंटर है। सेंटर के चौकीदार ने 31 दिसंबर को गेट का ताला खुला देखा। इस पर वह अंदर देखने के लिए पहुंच गया। वहां एक शव पड़ा हुआ था, जो कि पूरी तरह डिकंपोज हो चुका था। पुलिस ने नरकंकाल को अपने कब्जे में ले लिया था। स्थिति देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह किसी बुजुर्ग का हो सकता है। उसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
फ्लाई ऐश ब्रिक्स सेंटर के मालिक मनोज सोनी ने बताया की सेंटर करीब10 साल से बंद है। इसकी देखरेख के लिए बीच-बीच में खोलते हैं। मशीनो को देखने के लिए इसे करीब तीन माह पहले ही खोला गया था। इसके बाद फिर से गेट का ताला बंद कर दिया गया। जब 31 दिसंबर को गेट का ताला खुला हुआ देखा तो चौकीदार अंदर गया। इसके बाद शव का पता चला।
कोरबा में पहाड़ी कोरवा जनजाति की 12 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस...
2 Jan, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पहाड़ों और जंगल के बीच सदियों से बसने वाले पहाड़ी कोरवा जनजाति की एक 12 वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बाइक से बालिका को अस्पताल लाया गया, इलाज शुरू होता इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
कोरबा जिले के नकिया पंचायत के पेंड्राडीह निवासी मानसिंह के परिवार में तीन बेटी व एक बेटा है। 12 वर्षीय बीफेया पांचवीं की छात्रा थी। मृतका के पिता मान सिंह ने बताया कि वह अपने बेटी दमा के घर छठी कार्यक्रम में शामिल होने पेंड्राडीह से श्यांग थाना क्षेत्र अंतर्गत धवराबारी में परिवार सहित गए हुए थे, इस दौरान छठी कार्यक्रम चल रहा था। अचानक उसकी बेटी की खेलते-खेलते तबीयत बिगड़ी। उसे बाइक से लेकर पास स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां मौजूद स्टाफ नर्स ने एक सिरप देकर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
आरक्षण विधेयक पर अब पोस्टर पॉलिटिक्स,BJP कार्यालय को बताया राजभवन संचालन केंद्रर...
2 Jan, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में आरक्षण संशोधित विधेयक का मामला गरमाता जा रहा है। अब रायपुर की सड़कों पर बोर्ड और होर्डिंग लगाकर नया पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। इस पोस्टर में किसी पार्टी का नाम नहीं है, लेकिन यह दर्शाया गया है कि राज भवन का संचालन अस्थाई रूप से भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में स्थानांतरण कर दिया गया है।
ऐसा ही एक पोस्टर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय एकात्म परिसर के पास लगाया गया है। इस पर लिखा है राजभवन संचालन केंद्र इधर है। बकायदा तीर का निशान बनाकर उसे दर्शाया गया है। तेलीबांधा चौराहे पर भी एक ऐसा ही बड़ा पोस्टर लगाया गया है । जिसमें एकात्म परिसर को राजभवन संचालन केंद्र बताया गया है। इसके अलावा प्रमुख सड़कों पर खंभों पर छोटे-छोटे पोस्टर लगाए गए हैं।
दरअसल, कांग्रेस तीन जनवरी यानी मंगलवार को राजभवन में करीब एक माह से अटके हुए आरक्षण विधेयक को लेकर प्रदर्शन करने जा रही है। यह प्रदर्शन रायपुर में होने वाला है। सभी समाज प्रमुखों से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने राजीव भवन शंकर नगर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में चर्चा कर आरक्षण बिल को राजभवन में रुकने का कारण बताते हुए भाजपा को दोषी करार दिया है।
सीएम ने कहा था- राजभवन का विधिक सलाहकार एकात्म परिसर में बैठता है
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि राज्यपाल भाजपा नेताओं के दबाव में हैं। राजभवन का विधिक सलाहकार एकात्म परिसर में बैठता है। उन्होंने पूर्व सीएम रमन सिंह के दिए बयान का जिक्र किया कि 'मुख्यमंत्री की इच्छा से तैयार किए गए बिल पर राज्यपाल हस्ताक्षर नहीं कर सकती'। इसे लेकर सीएम बघेल ने कहा था कि बिल विभाग तैयार करता है। कैबिनेट में प्रस्तुत होता है। फिर एडवाइजरी कमेटी के सामने जाता है।