छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
स्थानीय मुद्दों पर आम आदमी पार्टी 'आप' की घेराबंदी....
30 Jul, 2023 04:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में बीती रात भारी बारिश हुई। लगातार तेज बारिश की वजह से निचले इलाकों और सड़कों में जलभराव की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिसको लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय ने आज रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। आप ने कहा कि वह स्थानीय मुद्दों को लेकर 90 विधायकों के आवास का घेराव करेगी। मंगलवार को रायपुर पश्चिम के विधायक विकास उपाध्यय के आवास का घेराव करेगी।
आप ने भूपेश सरकार से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की मांग की है। साथ ही लोगों को कोई समस्या न हो, इसके लिए जनप्रतिनिधियों को ग्राउंड पर जनता के बीच जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेजबहार में एनडीआरएफ की टीम ने वाटर बोट से रेस्क्यू कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। सूरज उपाध्याय ने कहा कि शहर की समस्याओं को लेकर न ही कांग्रेस और न बीजेपी का कोई प्रतिनिधि और अफसरों ने भी इस मसले पर ध्यान नहीं दिया। जबकि आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के सभी जिलों में ज्ञापन देकर जलभराव की समस्या से अवगत कराया था, लेकिन किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। जिसका खामियाजा आज जनता भुगत रही है।
उन्होंने कहा कि राजधानी के सेजबहार गांव में 300 घर अचानक आई बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। लगभग आधा गांव खाली हो चुका है। ऐसे भाठागांव और काठाडीह में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। राजधानी रायपुर में लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। आप नेता उत्तम जायसवाल ने कहा कि अब आम आदमी पार्टी मंगलवार से जनता की समस्याओं को लेकर सभी जिलों में विधायकों के आवास का घेराव करेगी। नालों की सफाई के सरकारी दावे खोखले साबित हुए। उन्होंने कहा कि इस बाढ़ के चलते लोगों को कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में सरकार प्रभावित क्षेत्रों में उचित व्यवस्थाएं करनी चाहिए। जिससे जनता को किसी प्रकार की समस्या न होने पाएं।
CM भूपेश बघेल ने कहा- ये इधर बयान देते हैं....
30 Jul, 2023 04:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। पुलिस हेलीपैड में विपक्षी सांसदों के मणिपुर जाने पर सीएम ने कहा कि मणिपुर में स्थिति भयावह है। वो वापस आयेंगे तो संसद में भी बात होगी। यदि वहां जाना दिखावा है तो कमेटी क्यों बनवाना चाहते हैं। वहां की स्थिति पहले ठीक कर लें। 90 दिन से मणिपुर जल रहा है पर केंद्र सरकार बहाने ढूंढ रही है। भारत सरकार की ये नाकामी है। बीजेपी के 1300 करोड़ के गोबर घोटाले पर कहा कि ढाई सौ करोड़ का गोबर खरीदे हैं, तो घोटाला कहा से हुआ। ये बयान देते हैं और जांच होती है। हमारी सरकार बनी है तब से छापा पड़ रहा है। ये उधर बयान देते हैं, इधर छापा पड़ता है। बीजेपी के ईडी और आईटी दो मजबूत साथी हैं। बीजेपी वाले गौठान घूम लें उसमें क्या रखा है।
बाघों के घटने के मामले में सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि हम लगातार बाघों की संख्या बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। बाघों का मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र आना जाना चलता रहता है। हमने दूसरे राज्यों से भी बाघ देने की मांग की है। बीजेपी के मुफ्त गारंटी को लेकर दिए जा रहे विज्ञापन पर सीएम ने कहा यूपीए सरकार के समय यह गारंटी दी गई थी। वर्ष 1985 में इंदिरा आवास की शुरुआत हुई थी। इन्होंने इंदिरा आवास का नाम बदल दिया पर कार्यक्रम वही है।
'2011 के बाद जनगणना नहीं हुई'
सीएम ने कहा कि साल 2011 के बाद जनगणना नहीं हुई है। ये लोग गरीबी को आवास का लाभ देना नहीं चाहते। एक अप्रैल से हमने आर्थिक सर्वेक्षण कराया अभी स्टडी चल रही है। हमारी सरकार नये हितग्राहियों को आवास देगी। देश आजाज हुआ तब से मुफ्तक में वैक्सीन मिल रहा है। बीजेपी लगातार झूठ परोसने काम कर रही है। ये बताए विदेश से कालाधन कितना आया। महंगाई कम करके की बात कही थी कितना कम हुआ। 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी। ये लोग पूर्ववर्ती सरकार की संचालित योजना को अपना बता रहे हैं।
दस दिनों में पिंक आई के 20 हजार से अधिक मरीज....
30 Jul, 2023 12:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिंक आई के मामले लगातार बढ़ने की वजह से इसके वायरस के बदलाव की आशंका जताई जा रही थी। वायरस की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कुछ सैंपलों का कल्चर एंड सेंसिटिविटी की जांच कराई गई है। वायरस में किसी भी तरह का बदलाव नहीं हुआ है।
संचालक महामारी नियंत्रक डाक्टर सुभाष मिश्रा ने बताया कि सैंपल की कल्चर जांच मेडिकल कालेज रायपुर में कराया गया था। इसकी रिपोर्ट सामान्य आई है। वायरस में किसी भी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में जो-जो दवाएं सामान्य तौर पर कंजक्टिवाइटिस के लिए उपयोग की जा रही हैं, वही दवाएं उपयोग होंगी। बता दें प्रदेश में पिछले 10 दिनों में 20 हजार से पिंक आई के मरीज मिल चुके हैं। अस्पतालों में नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में हर दिन 30 से 40 प्रतिशत तक पिंक आई के केस आ रहे हैं। खतरा इसलिए है कि यह कोरोना की तरह तेजी से फैलता है। कारण यही है कि एक मरीज को होने के बाद दूसरे व तीसरे को होने में समय नहीं लगता है। पिंक आई के अधिकांश केस पीड़ित के संपर्क में आने की वजह से हो रहे हैं।
लक्षण नजर आए तो लें चिकित्सकीय सलाह
स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि कंजक्टिवाइटिस आंख की आम बीमारी है, जिसे हम आंख आना भी कहते हैं। इस बीमारी में रोगी की आंख लाल हो जाती है, कीचड़ आता है, आंसू आते हैं, चुभन होती है तथा कभी-कभी सूजन भी आ जाती है। कंजक्टिवाइटिस होने पर एंटीबायोटिक ड्राप जैसे जेंटामिसिन, सिप्रोफ्लाक्सिन, माक्सीफ्लाक्सिन, आई ड्राप आंखों में छह बार एक-एक बूंद तीन दिनों के लिए मरीज को देना चाहिए। तीन दिनों में आराम न आने पर किसी अन्य बीमारी की संभावना हो सकती है। ऐसे में नेत्र विशेषज्ञ के पास दिखाना उचित होता है।
इस तरह बरतें सावधानी
चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि कंजक्टिवाइटिस संक्रामक बीमारी है जो संपर्क से फैलती है। अतः मरीज को अपनी आंखों को हाथ न लगाने की सलाह देनी चाहिए। रोगी से हाथ मिलाने से बचकर एवं उसकी उपयोग की चीजें अलग कर इस बीमारी के फैलाव को रोका जा सकता है। संक्रमित आंखों को देखने से इस बीमारी के फैलने की धारणा केवल भ्रम है। यह बीमारी केवल संपर्क से ही फैलती है।
महामारी नियंत्रक संचालक डाक्टर सुभाष मिश्रा ने बताया कि कंजक्टिवाइटिस के तेजी से फैलाव को देखते हुए इसके सैंपल कल्चर एंड सेंसिटिविटी जांच के लिए भेजे गए थे। वायरस सामान्य है। इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं है। आंखों की यह बीमारी तेजी से फैलती है। इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
अगले पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार...
30 Jul, 2023 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। अगले पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा होगी। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मानसूनी तंत्र अब और मजबूत हो गया है और अच्छी बारिश के आसार है। एक जून से लेकर 29 जुलाई तक प्रदेश में 487 मिमी वर्षा हुई है,जो सामान्य से 11 फीसद कम है। रायपुर जिले में 634.7 मिमी वर्षा हुई है,जो सामान्य से 29 फीसद ज्यादा है। प्रदेश में अब वर्षा की स्थिति सुधरेगी।
शनिवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। शुक्रवार आधी रात को हुई झमाझम बारिश के चलते रायपुर के कई क्षेत्र जलमग्न हो गए। प्रोफेसर कालोनी, भाटागांव, काठाडीह, सेजबहार सहित कई क्षेत्रों में पानी भर गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी आने वाले चार से पांच दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा के साथ ही बिजली भी गिर सकती है।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर ओडिसा और उससे लगे तटीय पश्चिम बंगाल के उपर स्थित है। इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से रविवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी।
दुर्ग- भिलाई सहित जिले के कई क्षेत्रों में हुई वर्षा, गर्मी व उमस से मिली राहत
शनिवार को दुर्ग-भिलाई सहित जिले के कई क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हुई है। गरज-चमक के बीच करीब घंटेभर हुई वर्षा के बाद लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। बादल व बारिश के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आंशिक रूप से गिरावट भी आई है। वहीं मौसम विभाग ने रविवार को भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को जिले मे कुल 18 मिमी औसत वर्षा हुई है। जिले में अब तक कुल 405.5 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। शुक्रवार व शनिवार को हुई वर्षा के बाद शिवनाथ नदी में पानी की आवक फिर बढ़ गई है। भू अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को जिले के धमधा तहसील में सर्वाधिक 35.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं भिलाई 3 तहसील में 29 मिमी, अहिवारा में 27.9 मिमी, दुर्ग में छह मिमी, बोरी में 5.5 एवं पाटन में 5 मिमी वर्षा हुई।
अधिकारी की पत्नी ने मोवा ब्रिज से ट्रेन के सामने लगाई छलांग....
30 Jul, 2023 11:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से रविवार सुबह एक महिला में ट्रेन के आगे छलांग लगा कर आत्महत्या कर ली है। मिली जानकारी के मुताबिक महालेखाकार कार्यालय में एक अधिकारी की पत्नी ने मोवा ब्रिज से ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विधानसभा के महालेखाकार कार्यालय में अधिकारी दीपक मीणा की पत्नी शारदा मीणा ने आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि महिला का पति किसी काम से मुंबई गया था। वहां से लौटते ही वो कार लेकर सीधे घूमने चला गया और रात को 1 बजे वापस लौटा। इससे उसकी पत्नी गुस्से में थी। देर रात पति के वापस आने पर गुस्से के कारण पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला। वहीं तकरीबन 3 बजे रात को पत्नी ने दरवाजा खोला और सुबह 5 बजे करीब रेल पटरी के नीचे आकर जान दे दी। इतना ही नहीं बताया जा रहा है कि बीते दिन शनिवार को दोनों पति-पत्नी के किसी बात को लेकर बहुत विवाद भी हुआ था।
चीफ़ जस्टिस रमेश सिन्हा ने किया केन्द्रीय जेल का निरीक्षण
29 Jul, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय रमेश सिन्हा ने आज बिलासपुर स्थित केन्द्रीय जेल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान जेल स्थित पुरूष बंदीगृह तथा महिला बंदीगृह दोनों का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने बंदियों से बातचीत करते हुए मूलभूत सुविधाओं व व्यवस्था जैसे कि स्वास्थ्य, इलाज, दवाईयाँ आदि की जानकारी ली। बंदियों से उनको दिये जाने वाले भोजन तथा साफ-सफाई का जानकारी भी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने विचाराधीन बंदियों से जानकारी ली कि वह किन-किन अपराधों में बंद है। महिला बंदीगृह का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने वहां की साफ-सफाई की प्रशंसा की। बच्चों के साथ जेल में रहने वाली महिला बंदियों की एक सूची बनाने के निर्देश दिये। सीआरपीसी की धारा-432 के संबंध में कार्यवाही हेतु बंदियों की जानकारी भी ली गई। बच्चों के साथ जेल में रहने वाली महिला बंदियों से उनके बच्चों हेतु शिक्षा, खेलकूद व स्वास्थ्य संबंधी उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और उनमें आवश्यक सुधार करने हेतु निर्देशित किया।
मुख्य न्यायाधिपति महोदय ने जेल अधीक्षक से जेल की क्षमता तथा बंदियों की संख्या की जानकारी ली. उन्होनें बताया कि केन्द्रीय जेल बिलासपुर की क्षमता 2290 बदियों की है। वर्तमान में जेल में बंदियों की कुल संख्या 3153 है जिसमें से पुरुष बंदियों की संख्या 2946 तथा महिला बंदियों की संख्या 207 है। इस पर माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय द्वारा छोटे अपराधों में बंद विचाराधीन बंदियों की एक सूची त्वरित बनाये जाने हेतु जेल अधीक्षक, केन्द्रीय जेल, बिलासपुर को निर्देशित किया गया। मुख्य न्यायाधिपति सिन्हा द्वारा केन्द्रीय जेल, बिलासपुर में कैदियों को मिलने वाली विधिक सेवा की जानकारी ली तथा उन्होंने निर्देशित किया कि बंदियों को विधि का वास्तविक ज्ञान सरल भाषा में दिया जाये ताकि भविष्य में उनके जीवन में सुधार आये तथा वे अपराध की ओर अग्रसर नहीं हों।
गौरतलब है कि माननीय मुख्य न्यायाधिपति द्वारा यह औचक निरीक्षण का लगातार तीसरा दिन था औचक निरीक्षण में उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल अरविन्द कुमार वर्मा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर अशोक कुमार साहू, डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह एवं न्यायाधिपति महोदय के एडिशनल रजिस्ट्रार कम प्रिंसिपल प्राईवेट सेकेटरी एन. सुब्रहमन्यम भी शामिल थे। ज्ञात हो कि माननीय मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में आये हुए मात्र 03 माह ही व्यतीत हुए हैं, उक्त 03 माह के कार्यकाल में ही जिला न्यायालय रायपुर बिलासपुर, कॉकेर, जगदलपुर दंतेवाड़ा, कोरबा, कटघोरा, मुंगेली व जांजगीर-चांपा का निरीक्षण कर मुलभूत सभी कार्य को शीघ्रातिशीघ्र दुरूस्त करने का निर्देश दे चुके हैं ।
कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों में हो रहा मतदाता शपथ
29 Jul, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सारंगढ़ बिलाईगढ़ : कलेक्टर डॉ फरिहा आलम सिद्दीकी के निर्देशन में जिले में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ फरिहा आलम सिद्दीकी ने सारबिला अकादमी बरमकेला में और अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने भटगांव के सारबिला अकादमी में प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ मतदाता शपथ ली। इसी कड़ी में एसडीएम मोनिका वर्मा ने सारंगढ़ और बरमकेला विकासखंड के सभी तहसीलदारों के साथ शपथ ली। रीपा केंद्र में कार्य कर रहे स्व सहायता समूह की महिलाओं ने कार्य स्थल में शपथ ली। सभी ने शपथ लिया कि "हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चिरायु योजना : अलीना की थकान भरी जिंदगी बनी खुशहाल
29 Jul, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : पिछले साल की बात है, अलीना नाम की एक छोटी बच्ची अपने जीवन में कई समस्याओं का सामना कर रही थी। महासमुंद के ग्राम तेन्दुवाही के आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों में वह सबसे कमजोर थी और किसी भी काम या खेल में जल्द थक जाती थी। थकान ने उसे स्वाभाविक जीवन से दूर कर दिया था। उसकी सेहत भी धीरे-धीरे खराब हो रही थी, जिससे परिवार में भी तनाव बढ़ रहा था। अभिभावकों ने अलीना का कई जगह इलाज कराया, लेकिन उसके स्वास्थ्य में सुधार नहीं आया। एक दिन चिरायु टीम ग्राम तेन्दुवाही के आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करने पहुंची, इससे नन्हीं अलीना का जीवन ही बदल गया। आज वह स्वस्थ है और थकान भरे जीवन से मुक्ति पा चुकी है।
परीक्षण के बाद टीम ने संभावना व्यक्त किया कि बालिका अलीना पटेल हृदय रोग से पीड़ित हो सकती है। बालिका अलीना के माता-पिता से चर्चा में उन्हें पता चला कि, बच्ची जन्म से ही अत्यंत दुर्बल है। वह खेलने, चलने में थोड़े समय पर ही थक जाती है। खान-पान में भी अरूचि दिखाती है। अलीना का शारीरिक विकास भी अन्य बच्चों की तुलना में बहुत कम पाया गया।
चिरायु टीम द्वारा अलीना को जिला अस्पताल महासमुन्द लाकर नये सिरे से स्वास्थ्य की गहन जांच की गई। जांच में पाया गया कि वह हृदय रोग से पीड़ित है और उसकी तुरंत सर्जरी किया जाना जरूरी है, इससे बच्ची के माता-पिता घबरा गए। चिरायु टीम ने बच्ची अलीना के माता-पिता को चिरायु योजना एवं निःशुल्क सर्जरी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्ची को ऑपरेशन हेतु रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा अलीना की सफल सर्जरी की गई। उसकी सेहत बहुत सुधर गई और अब वह बच्चों के साथ खेल भी सकती है। उसके परिवार में खुशियां वापस आ गई और उसके चेहरे पर मुस्कान फिर से लौट आई।
चिरायु योजना ने अलीना को नया जीवन दिया। अलीना के माता पिता ने सहयोग और बेहतर इलाज के लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद देते हुए कहा कि चिरायु योजना से मेरी बेटी को नई जिंदगी मिली है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया कोरबा मेडिकल कॉलेज के नए भवन का भूमिपूजन
29 Jul, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कोरबा जिले को एक बड़ी सौगात देते हुए स्व. बिसाहूदास महंत स्मृति मेडिकल कॉलेज कोरबा के नए भवन की नींव रखी। मेडिकल कॉलेज के नए भवन निर्माण हेतु कोरबा जिले के ग्राम भुलसीडीह, तहसील-भैंसमा में 124.24 एकड़ भूमि का आवंटन किया गया है। इसके निर्माण के लिए 325 करोड का बजट स्वीकृत किया गया है। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कोरबा का उद्घाटन दिनांक 02 मार्च 2021 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किया गया था । स्थानीय लोगों की मांग अनुसार कोरबा मेडिकल कॉलेज का नामकरण स्व. बिसाहू दास महंत के नाम पर रखा गया है।
इस महाविद्यालय को सत्र 2022-23 के लिए एम.बी.बी.एस. की 100 सीट की प्रथम मान्यता दिनांक 09 सितंबर 2022 को प्राप्त हुई। वर्तमान में इस महाविद्यालय में 121 छात्र-छात्राएं मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। चिकित्सा महाविद्यालय में 23 विभागों में लगभग 130 चिकित्सक कार्यरत है।
स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध इंदिरा गांधी चिकित्सालय कोरबा में 357 बिस्तर का चिकित्सालय संचालित है, जिसमें विभिन्न प्रकार के जटिल रोगों का ईलाज हो रहा है। पूर्व में बेहतर ईलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब जटिल से जटिल बीमारियों का उपचार मेडिकल कॉलेज कोरबा में हो रहा है।
चुनाव में जीत के लिए बीजेपी का सालिड प्लान....
29 Jul, 2023 05:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा ने अब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आखिरी यात्रा निकालने की रणनीति बना ली है। शाह के मार्गदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने अगले दो महीने की चुनावी रणनीति तय की है। अगस्त में जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत केंद्रीय नेताओं की सभी संभाग में सभा होगी।
वहींं सितंबर के पहले सप्ताह से छत्तीसगढ़ के दक्षिण क्षेत्र बस्तर और उत्तर सरगुजा से एक साथ यात्रा निकलेगी। इस यात्रा का समापन रायपुर में होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सभी वर्गों के हित में काम करना चाहती है। अपने विकास के एजेंडे को लेकर हम आगामी चुनाणी रणनीति के तहत लोगों के बीच में जाएंगे। यह यात्रा और सभा के स्वरूप में होगा।
चुनावी वर्ष में भाजपा की यह पहली यात्रा नहीं है। इसके पहले जून में भी छत्तीसगढ़ भाजपा ने आदिवासी पुरखौती सम्मान यात्रा निकाली थी। इस यात्रा के जरिए आदिवासी मतदाताओं का ध्यान आकृष्ट कराने को शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गुंडाधूर, शहीद गैंद्र सिंह, माता राजमोहनी देवी, संत गाहिरागुरु की जन्म स्थली से जिला मुख्यालयों तक आदिवासी पुरखौती सम्मान यात्रा निकाली गई थी। पार्टी सूत्रों की मानें तो छत्तीसगढ़ भाजपा की इस यात्रा में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चेहरा और उनके कामों का लेखा-जोखा होगा।
कांग्रेस ने निकाली थी संकल्प यात्रा
वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने परिवर्तन यात्रा निकाली थी। इसी यात्रा के दौरान नक्सली हमले में कांग्रेस के प्रथम पंक्ति के कई नेता बलिदान हुए थे। बाद में 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने संकल्प यात्रा निकाली थी। वहीं भाजपा ने विकास यात्रा निकाली थी।
अन्य राज्यों में भी निकल चुकी है यात्रा
इसके पहले गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने गुजरात गौरव यात्रा, त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में जन विश्वास रथ यात्रा निकाली थी। अभी मध्य प्रदेश में विकास यात्रा, राजस्थान में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आक्रोश यात्रा निकाल चुके हैं।
महिला की संदिग्ध हालत में मिली लाश...
29 Jul, 2023 05:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। राजधानी रायपुर के नवा रायपुर के निमोरा के पास अज्ञात महिला की संदिग्ध हालत में लाश मिली है। खबरों के अनुसार मृतक महिला के शरीर पर चोट के निशान है। पुलिस ने प्राथमिक जांच में अज्ञात वाहन के टक्कर महिला की मौत की आशंका जताई है। हालांकि मृतक महिला की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। अज्ञात महिला की उम्र 35 से 40 साल के बीच बताई जा रही है। यह मामला राखी थाना इलाके का है। बतादें कि 24 घंटे में राजधानी में दो अलग-अलग जगहों से संदिग्ध लाश मिलने से सनसनी फैल गई है।
जली कार में मिली युवक की लाश
वहीं रायपुर के माना थाना अंतर्गत धनेली के पास संदिग्ध हालत में एक जली हुई कार मिली है। कार में एक युवक की जली हुई लाश मिली है। मृतक की पहचान चंद्रशेखर सिंह के रूप में पहचान हुई है, जो शद्दानी दरबार इलाके का बताया जा रहा है। मृतक पुलिस विभाग से रिटायर्ड हवलदार का बेटा बताया जा रहा है। आग लगने का कारण अज्ञात है। फिलहाल यह हादसा है या हत्या इसका पता नहीं चल सका है। मौके पर पहुंची माना थाना की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
25 गांवों का पुनर्स्थापन कर बढ़ाएंगे बाघों का कुनबा....
29 Jul, 2023 05:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बाघों का कुनबा बढ़ाने के लिए वन विभाग ने ग्लोबल टाइगर फोरम संस्थान से अनुबंध किया है। इनकी सलाह से बाघों के अनुकूल रहवास की पहचान की जा रही है। अचानकमार टाइगर रिजर्व में कोर इलाके के करीब 78.78 वर्ग किलोमीटर में 25 गांवों को पुनर्स्थापन (शिफ्टिंग) करने की योजना है। इनमें छह गांव काे हटाकर दूसरे जगह बसाया जा चुका है। तीन का अंतिम चरण में है। अभी 16 गांव बाकी हैं। इसके बाद रिजर्व में दो मादा बाघ और एक नर बाघ छोड़ा जाएगा।
रि-इंट्रोडक्शन फार्मूला से बढ़ा रहे संख्या, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से आएंगे बाघ
इसके लिए केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने अनुमति दे दी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से दो मादा बाघ और एक नर बाघ छत्तीसगढ़ को देने का अनुरोध किया है। जिन राज्यों में बाघों की संख्या ज्यादा है वहां से बाघ लाने से प्रदेश में बाघों का कुनबा बढ़ाने को राज्य सरकार ने यह नीति बनाई है। इसे रि-इंट्रोडक्शन फार्मूला कहा जाता है।
रेडियो कालर लगाकर अनुकूल रहवास की तलाश
फिलहाल अचानकमार टाइगर रिजर्व में एक मादा बाघ को छोड़ा गया है। वन्यप्राणी चिकित्सकों की टीम ने मादा बाघ को रेडियो कालर लगाया है ताकि अचानकमार के अनुकूल रहवास को समझा जा सके। इसके लिए वन विभाग ने निगरानी टीम को पन्ना टाइगर रिजर्व में विशेष रूप से प्रशिक्षित कराया है। इस टीम में भारतीय वन्यजीव संस्थान के दो रिसर्च स्कालर और वन्यप्राणी चिकित्सकों की टीम भी विशेष रूप से तैनात हैं।
इस वर्ष बाघों की संख्या बढ़ने की उम्मीद
वर्तमान में अचानकमार रिजर्व में आठ बाघ हैं। गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान में दो और इंद्रावती टाइगर रिजर्व में छह बाघ हैं। मई में मैत्री बाग भिलाई में सफेद बाघ के तीन शावकों की तस्वीर सामने आई थी। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार बाघों की संख्या बढ़ेगी।
ज्ञात हो कि वर्ष 2014 में प्रदेश में 46 बाघ हुआ करते थे, मगर 2018 की गणना में बाघों की संख्या घटकर सिर्फ 19 रह गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले अप्रैल में कर्नाटक के मैसूर में टाइगर प्रोजेक्ट के 50 वर्ष पूरे होने पर अनुमानित बाघों की संख्या की रिपोर्ट जारी की थी। इसके अनुसार भारत में बाघों की संख्या बढ़कर तीन हजार 167 हो गई है।
प्रदेश के टाइगर रिजर्व की ये है स्थिति
छत्तीसगढ़ में तीन टाइगर रिजर्व हैं-अचानकमार, उदंती-सीतानदी और इंद्रावती हैं। राष्ट्रीय रैंकिंग के अनुसार अचानकमार टाइगर रिजर्व 39वें स्थान पर है। जबकि उदंती सीतानदी 48वें और इंद्रावती 50वें नंबर पर है। तीन श्रेणियों में किए गए आकलन में एक्सीलेंट, वेरी गुड, गुड और फेयर श्रेणी में बांटा गया है। इसमें अचानकमार टाइगर रिजर्व तीसरी श्रेणी गुड में है। बाकी दोनों फेयर यानी अंतिम श्रेणी में हैं।
छत्तीसगढ़ वाइल्ड लाइफ पीसीसीएफ सुधीर कुमार अग्रवाल ने कहा, बाघों के संरक्षण के लिए ग्रासलैंड, जलस्त्रोत और सुरक्षा के लिए सतत रूप से काम किया जा रहा है। अंतरराज्यीय कारिडोर से भी बाघ के आने पर उसे अनुकूल रहवास देने की कोशिश है।
चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल....
29 Jul, 2023 04:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भूपेश बघेल सरकार ने बड़े पैमाने पर आइएएस अफसरों के तबादले कर दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर जारी आदेश के अनुसार 14 आइएएस अफसरों का प्रभार बदल दिया गया है।
छत्तीसगढ़ के इन आइएएस अफसरों का हुआ तबादला
अलरमेलमंगई को श्रम विभाग के सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। यशवंत कुमार को मंडी बोर्ड का प्रबंध संचालक बनाया गया है। जेपी पाठक का तबादला नगर ग्राम निवेश के आयुक्त पद पर किया गया है। भीम सिंह को श्रम आयुक्त बनाए गए हैं। केडी कुंजाम बिलासपुर संभाग के आयुक्त होंगे। जितेंद्र कुमार शुक्ला को खाद्य विभाग के संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। अभिषेक कुमार अंबिकापुर नगर निगम के आयुक्त होंगे।
प्रतिष्ठा ममगाई का तबादला कोरबा कर दिया गया है, वहां वे नगर निगम के आयुक्त का पद संभालेंगी। चंदन संजय त्रिपाठी कृषि एवं प्रभारी अधिकारी संचालक के साथ युवा मितान क्लब का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा रमेश शर्मा मुद्रण लेखन सामग्री के संचालक होंगे। वहीं सौरभ कुमार कोरबा कलेक्टर, संजीव कुमार झा बिलासपुर कलेक्टर बने। बतादें कि दो दिन पहले राज्य सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के अफसरों का तबादला किया था।
भाजपा ने अनिवार्यता समाप्त करने की मांग करी है....
29 Jul, 2023 12:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शशिकांत द्विवेदी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि सहकारी समितियों में मनमानी कर कांग्रेस सरकार खेती किसानी की रीढ़ कहे जाने वाले सहकारिता आंदोलन को नष्ट करने का षड्यंत्र कर रही है।
उन्होंने कहा कि अमानक वर्मी कंपोस्ट की अनिवार्यता को प्रदेश में समाप्त करना चाहिए। द्विवेदी भाजपा के कार्यालय एकात्म परिसर में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उनके साथ पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल भी मौजूद रहे। द्विवेदी ने कहा कि सहकारी बैंकों और सेवा सहकारी समितियों में व्याप्त भ्रष्टाचार व सहकारी संस्थाओं में जानबूझकर चुनाव नहीं कराकर अवैधानिक रूप से राजनीतिक व्यक्तियों को प्राधिकृत अधिकारी बनाकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
उन्होंने इसकी सघन जांच कर उनके द्वारा लिए जा रहे अनाप-शनाप निर्णय को शून्य घोषित कर पंजीयक से कार्रवाई मांग की है। द्विवेदी ने यह भी मांग की है कि सोसायटियों से किसानों द्वारा रासायनिक उर्वरक लेने पर गुणवत्ताविहीन अमानक वर्मी कंपोस्ट की अनिवार्यता समाप्त की जाए, क्योंकि वह वर्मी कंपोस्ट है ही नहीं, बल्कि धूल माटी मिलाकर के बोरियों में भरा जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के इन जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट....
29 Jul, 2023 12:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक जून से लेकर 28 जुलाई तक 461.1 मिमी वर्षा हुई है। बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1000.5 मिमी और सरगुजा में सबसे कम 154.2 मिमी औसत वर्षा हुई है। वहीं रायपुर जिले में अब तक 535.7 मिमी वर्षा हुई है।
इन जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को प्रदेश के आधा दर्जन से अधिक जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, सारंगढ़ और महासमुंद, जांजगीर-चांपा जिले के अलग-अलग स्थानों में गरज के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है।
कुछ दिनों तक छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा
गुरुवार रात को हुई बारिश के चलते शुक्रवार को उमस में भी बढ़ोतरी रही और रायपुर का अधिकतम व न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहा। अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में अब अच्छी बारिश के आसार बने हुए है। आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। प्रदेश में अभी भी औसत वर्षा सामान्य से कम हुई है।
इन क्षेत्रों में हुई बारिश
नारायणपुर 9 सेमी, रायपुर-राजिम 7 सेमी, अभनपुर-माना 6 सेमी, फरसगांव 5 सेमी, लाभांडी-अंतागड़-छूरा-लोरमी 4 सेमी वर्षा हुई। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा हुई।
अगले सप्ताह से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले सप्ताह से प्रदेश में बारिश की गतिविधि में और बढ़ोतरी होगी। प्रदेश भर में लगातार वर्षा के आसार है। दक्षिण व मध्य छत्तीसगढ़ के साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ में भी बारिश होगी।