छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
बंधक मकान को बेचने का झांसा देकर व्यवसायी से की धोखाधड़ी
26 Aug, 2023 11:22 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सदर बाजार में रहने वाले ज्वेलरी व्यवसायी को बैंक में बंधक मकान को बेचने का झांसा देकर 39 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। व्यवसायी ने इसकी शिकायत सकरी थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। सदर बाजार में रहने वाले विकास कुमार सराफ ज्वेलरी व्यवसायी हैं। वे मकान बनाने के लिए जमीन की तलाश कर रहे थे।
इसी दौरान सकरी के रामा लाइफ सिटी में रहने मनोज श्रीवास्तव और उसकी पत्नी दर्शना श्रीवास्तव ने अपने निर्माणाधीन मकान को बेचने की बात कही। जमीन पसंद आने पर व्यवसायी ने 43 लाख रुपये में खरीदने का सौदा कर लिया। उन्होंने मनोज और उसकी पत्नी को चेक, आरटीजीएस और किश्तों में 39 लाख रुपये दे दिए। इसी बीच मनोज और उसकी पत्नी ने शहर छोड़ दिया।
उन्होंने व्यवसायी को बताया कि वे मुंबई में रह रहे हैं। साथ ही जमीन की रजिस्ट्री कराने टालमटोल करते रहे। बाद में व्यवसायी को पता चला कि उनके द्वारा खरीदी जमीन बैंक में बंधक है। इसे बैंक ने निलाम कर दिया है। धोखाधड़ी की जानकारी होने पर व्यवसायी ने सकरी थाने में इसकी शिकायत की।
इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। दो करोड़ की ठगी के मामले में जेल में हैं आरोपित पति-पत्नी व्यसायी विकास सराफ ने बताया कि आरोपित मनोज और उसकी पत्नी दर्शना श्रीवास्तव के खिलाफ मुंगेली जिले के लोरमी थाने में भी मामला दर्ज है। कुछ दिन पहले ही आरोपित पति-पत्नी को लोरमी पुलिस की टीम महाराष्ट्र के पूणे से गिरफ्तार कर लाई है। पति-पत्नी ने कई लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब दो करोड़ की धोखाधड़ी की है।
नशे में धुत्त में युवक की गाली-गलौज, महिलाओं ने की पिटाई
26 Aug, 2023 11:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे में धुत्त एक युवक की महिलाओं द्वारा पिटाई करने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक रायपुर रेलवे स्टेशन के सामने A-1 रेस्टोरेंट की खाना बनाने वाली महिलाओं के साथ अज्ञात युवक ने नशे की हालत में गाली गलौज की। जिसके बाद रेस्टोरेंट के आक्रोशित संचालकों ने पहले युवक की पिटाई की, उसके बाद महिलाओं ने भी युवक को मारा। घटना शुक्रवार रात लगभग 10 बजे की है। इसके बाद सूचना पर 112 की पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और 112 पुलिस पेट्रोलिंग द्वारा समझाइश देकर युवक को छोड़ दिया गया। ये पूरा मामला गंज थाना क्षेत्र का है।
छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों में तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ेगा तापमान
26 Aug, 2023 11:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है और आज शनिवार को अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। उसके बाद अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। विभाग का कहना है हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार है। लगभग सप्ताहभर से मानसून पर ब्रेक लगा हुआ है। पांच दिन बाद सावन का दूसरा महीना भी समाप्त हो जाएगा। इस बीच अंतिम दो दिनों में मानसून की सक्रियता के संकेत जरूर मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 28 अगस्त से मानसूनी बारिश हो सकती है।
बारिश न होने से अब अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है और उमस में भी थोड़ी बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस प्रकार अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों में ही एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज अभी ऐसा ही रहेगा। रक्षाबंधन तक मौसम के मिजाज में विशेष बदलाव नहीं होगा। एक जून से लेकर अब तक की स्थिति में प्रदेश में 17 फीसद कम बारिश हुई है। बीजापुर में सर्वाधिक और सरगुजा में सबसे कम बारिश हुई है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व उत्तर प्रदेश के आसपास 3.1 किमी से 5.8 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिर सकती है।
उधर बारिश थमी होने से मौसम में गर्माहट बनी हुई है। शुक्रवार को दिन का तापमान वैसे तो सामान्य से चार अधिक के साथ 32 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। लेकिन पूरे दिन उमस वाली गर्मी ने परेशान भी किया। बिलासपुर के बाद नांदगांव छत्तीसगढ़ का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा।
हाई स्कूलों में लगातार स्वीप कार्यक्रम का किया जा रहा आयोजन
25 Aug, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सूरजपुर : कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं जिला निर्वाचन के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत लीना कोसम के मार्गदर्शन में स्वीप कार्यक्रम के तहत अधिक से अधिक लोगो को मताधिकार का उपयोग करने के उद्देश्य से 24 अगस्त 2023 को जिले के 9 शालाओं क्रमशः कन्या स्कूल बिश्रामपुर, जयनगर, रामनगर, ओड़गी, लांजित, धरसेड़ी, करवां, लटोरी एवं मंजिरा में बालिकाओं, बच्चों को चुनाव में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने एवं चुनाव में बढ़ चड़कर हिस्सा लेने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही सभी मतदाताओं को देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुणय रखते हुए, निर्भिक होकर धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा एवं अन्य किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया। मतदाता जागरूकता अभियान स्वीप कार्यक्रम के तहत शपथ भी लिया गया।
कार्यक्रम में शाला के अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में बच्चे शामिल रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन किए जाने में संरक्षण अधिकारी नवा बिहान, संरक्षण अधिकारी संस्थागत देख रेख, संरक्षण अधिकारी गैर संस्थागत देखरेख, सखी वन स्टॉप सेंटर से केस वर्कर, चाइल्ड लाइन की टीम, बाल संरक्षण की टीम एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों की भागीदारी रही।
50 लीटर अवैध महुआ शराब एवं 210 किलोग्राम महुआ लाहन किया जब्त
25 Aug, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बलरामपुर : कलेक्टर रिमिजियुस एक्का के निर्देश पर शराब की अवैध बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के लिए जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा जिले में लगातार छापेमारी की कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में सहायक जिला आबकारी अधिकारी एस.के. सूर्यवंशी की टीम ने कार्यवाही करते हुए थाना रामानुजगंज के ग्राम धनगांव निवासी भोला नगेशिया आत्मज दशरथ के घर से 30 लीटर अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब एवं 120 किलोग्राम महुआ लाहन तथा जीतन राम आत्मज टहलू राम के घर से 20 लीटर अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब एवं 90 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद करते हुए आरोपी के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1-क) 34 (2) एवं 59 (क) के तहत् प्रकरण दर्ज कर न्यायालय पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। साथी आबकारी अधिकारी ने बताया है कि अवैध मदिरा के संबंध में आबकारी नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 07831-299241 पर शिकायत किया जा सकता है।
अंत्यावसायी विभाग से मिली ऋण, वाहन खरीदने का सपना हुआ पूरा
25 Aug, 2023 10:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सुकमा : छिंदगढ़ के ग्राम कांजीपानी निवासी रमेश मांझी, धोबनपाल निवासी चेरो दुवारी ने अंत्यावसायी विभाग की योजना का लाभ लेकर वाहन खरीदने का सपना पूरा किया है। घरेलू कार्य के साथ ही व्यावसायिक क्षेत्र में उपयोग में लाकर आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। जिससे परिवार में खुशहाली भी आने लगी है। हितग्राहियों को 09 जून 2023 को कैबिनेट मंत्री श्री कवासी लखमा ने वाहन की चाबी सौंपी थी। वाहन खरीदने का सपना पूरा होने पर उन्होंने शासन प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
ग्राम कांजीपानी के निवासी रमेश मांझी ने बताया कि वे ग्राम में किराना दुकान का संचालन करते हैं। दुकान के सामनों को लाने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। किराना सामानों को लाने ले जाने के लिए पीकअप वाहन खरीदने का सपना अंत्यावसायी विभाग की योजना से अब पूरा हो चुका है। पिकअप वाहन के मिलने से व्यवसाय के क्षेत्र में वृद्धि होने लगी है। जिससे आसपास के ग्रामों में भी किराना सामानों को पहुंचाने में सहूलियत हो रही है। साथ ही वाहन को मालवाहक वाहन के तौर पर उपयोग में लाने से अतिरिक्त आमदनी भी अर्जित हो रही है।
वहीं धोबनपाल निवासी चेरो दुवारी ने बताया कि किराये का आटो चलाकर परिवार का जिम्मेदारी उठाया करते थे। परिचित व्यक्ति के सलाह पर उन्होंने जिला अंत्यावसायी विभाग में ऋण योजना का लाभ लेने आवेदन किया। जिससे कई वर्षों से अधूरी सवारी गाड़ी खरीदने का सपना अब पूरा हुआ हैं। साथ ही अब यात्रियों को बिना किसी इंतजार के ही उनके गंतव्य तक पहुंचाई जा रही है। वहीं वाहन बुकिंग के लिए भी ग्रामवासी सम्पर्क कर रहे हैं। जिससे आर्थिक सुदृढ़ीकरण को गति मिल रही है और स्वयं का सवारी वाहन होने से परिवार में भी खुशहाली आने लगी है।
जिला अंत्यावसायी कार्यपालन अधिकारी श्री कुलेश्वर सेवता ने बताया कि कांजीपानी निवासी रमेश मांझी को आदिवासी अनुसूचित जनजाति के तहत 7 लाख 30 हजार रुपये से पीकअप वाहन और धोबनपाल निवासी चेरो को पेशेनज़र व्हीकल के तहत 7 लाख 19 हजार की राशि से सवारी वाहन प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि जिले के अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक वर्गों के आर्थिक विकास की व्यक्तिमूलक योजनाओं का संचालन कर स्वरोजगार के लिए वित्तीय ऋण प्रदान की जाती है।
कलाई पर सजेगी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित राखियां,सी-मार्ट सहित जनपद कार्यालयों पर उपलब्ध है राखियां
25 Aug, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बलौदाबाजार : राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहा है। इसी के तहत समूह की महिलाओं ने इस बार महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्री पार्क हरिनभट्ठा में राखियां बनाने का कार्य की जा रही है। उक्त हाथ से तैयार की गई राखियों की बिक्री शुरू हो गई है। राखियां बिक्री हेतु जिला मुख्यालय स्थित सी-मार्ट सहित सभी जनपद कार्यालयों में उपलब्ध है। ग्राम हरिनभट्ठा में राखियां बनाने का कार्य जय अम्बे महिला स्व-सहायता समूह के द्वारा की जा रही है। महिला समूह की अध्यक्ष पार्वती साहू ने बताया कि अभी तक 20 हजार रूपये की अधिक की बिक्री की जा चुकी है। हमारे समूह में कुल 11 महिलाएं कार्यरत है। उन्होनें बताया कि लोगों को ये राखियां खूब पसंद आ रही हैं। समूह की महिला रीना ने बताया कि उनकी बनाई गई राखियों की कीमत पांच से लेकर 20 रुपये तक है। इन राखियों को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। जिला पंचायत सीईओ नम्रता जैन ने अपील करते हुए कहा है गौठानों में बने राखियां की अधिक से अधिक लाभ उठाएं, जिससे स्व सहायता समूह की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उनकी आय में वृद्धि हो सके।
नरवा विकास : वन क्षेत्रों में 30-40 मॉडल के लगभग 2 लाख संरचनाओं का हो रहा निर्माण
25 Aug, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ में कैम्पा की वार्षिक कार्ययोजना के अंतर्गत विगत 4 वर्षों के दौरान वनांचल में स्वीकृत 30-40 मॉडल के 1 लाख 80 हजार संरचनाओं का निर्माण प्रगति पर है। इनमें से अब तक पूर्ण हुए लगभग 1 लाख 54 हजार संरचनाओं से वनांचल के 1959 हेक्टेयर से अधिक भूमि का उपचार हो चुका है। इसके तहत 30-40 मॉडल के समस्त 1 लाख 80 हजार संरचनाओं के निर्माण से वनांचल के लगभग 2395 हेक्टेयर अनउपजाऊ तथा बंजर भूमि को उपचार का लाभ मिलेगा।
नरवा विकास कार्यक्रम में कैम्पा की वार्षिक कार्ययोजना 2019-20 के अंतर्गत 30-40 मॉडल में कुल स्वीकृत 56 हजार 126 संरचनाओं में से अब तक समस्त 56 हजार 126 संरचनाओं का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इसी तरह वार्षिक कार्ययोजना 2020-21 के अंतर्गत 30-40 मॉडल में कुल स्वीकृत 57 हजार 341 संरचनाओं में से अब तक 49 हजार 891 संरचनाओं का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। इसके अलावा कैम्पा की वार्षिक कार्ययोजना 2021-22 के अंतर्गत 30-40 मॉडल में कुल स्वीकृत 53 हजार 463 संरचनाओं में से अब तक 38 हजार 562 संरचनाओं का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इसी तरह कैम्पा की वार्षिक कार्ययोजना 2022-23 के अंतर्गत 30-40 मॉडल में कुल स्वीकृत 12 हजार 698 संरचनाओं में से अब तक 9 हजार 906 संरचनाओं का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है।
नरवा विकास योजना में इसकी उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि यह संरचना वनांचल के लिए काफी उपयोगी है। इसके मद्देनजर उन्होंने राज्य के वनांचल स्थित उछले भागों अथवा ढलान क्षेत्रों में 30-40 मॉडल के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से शामिल करने के निर्देश दिए है।
गौरतलब है कि नरवा विकास योजना के तहत बनाए जा रहे 30-40 मॉडल के बारे में प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री व्ही. श्रीनिवास राव ने बताया कि वनांचल के जिन क्षेत्रों में मिट्टी की गहराई बहुत ही कम होती है तथा मुरमी मिट्टी, हल्की पथरीली भूमि, अनउपजाऊ भूमि, छोटे झाड़ों के वन और बंजर भूमि में यह मॉडल बहुत उपयुक्त है।
इसके निर्माण से कुछ दिनों के पश्चात् उक्त क्षेत्रों की भूमि उपजाऊ होने लगती है। 30-40 मॉडल में वर्षा जल को छोटे-छोटे चोकाकर मेड़ों के माध्यम से एक 7 X 7 X 3 फीट के गड्डे में भरते हैं और इसे श्रृंखला में बनाने से उक्त स्थल में नमी अतिरिक्त समय तक बनी रहती है। इस पद्धति में कार्य करने से वर्षा के जल को काफी देर तक रोका जा सकता है।
ट्रक की चपेट में आने से हुई दो युवकों की मौत....
25 Aug, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांकेर जिले के दुर्गुकोंदल थाना क्षेत्र के तहत ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। ट्रक को रिवर्स करने के दौरान बाइक में बैठे दो युवक ट्रक की चपेट में आ गए। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक दुर्गुकोंदल क्षेत्र के रहने वाले है। एक पारकदास मानिकपुरी 26 वर्ष ग्राम मदले निवासी है, जो टेन्ट व्यवसाय दुर्गूकोंदल क्षेत्र में करता था, दूसरा युवक मनोज टेकाम पिता कचरूराम 20 वर्ष ग्राम गुमड़ीडीह निवासी है, जो साप्ताहिक बाजार दुर्गूकोंदल में मजदूरी करने आया था। दो लोगों की मौत से नाराज लोगों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया है। दुर्गूकोंदल भानुप्रतापपुर मार्ग जाम हो गया है गाड़ियों का आवागमन बंद हो गया है, आवागमन बहाल करने के लिए लोगों से अपील की लेकिन प्रदर्शनकारी मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
कार में आग लगने से मचा हड़कंप....
25 Aug, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भानुप्रतापपुर से कांकेर आ रही एक कार में देवरी के पास सुबह करीब छह अचानक आग लग गई। आग लगता देख चालक तुरंत कार को सड़क किनारे रोककर बाहर निकला और आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग की लपटे बढ़ती चली गई। जिसे देख आसपास के लोगों घटना स्थल पर जमा हो गए। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने से कार पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। कोतवाली थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि उन्हें जैसे ही घटना की जानकारी मिली तो तुरंत घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की टीम को भेजा गया।
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में हुई हल्की मध्यम बारिश....
25 Aug, 2023 11:31 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीते दिनों प्रदेश के कई इलाकों में हल्की मध्यम बारिश हुई है। मानसून पर लगा ब्रेक हट गया है। आज भी प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। इसके साथ ही हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि बारिश की गतिविधि में उतार-चढ़ाव है। फिलहाल, कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते दिनों गुरुवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में उमस और गर्मी से लोग परेशान थे। इसके बाद कई इलाकों में हल्की मध्यम बारिश हुई। इससे लोगों की गर्मी से राहत मिली। आज रायपुर में बादल छाए हुए हैं। वहीं आज शाम को राजधानी में गरज चमक के साथ छीटें पड़ने की संभावना है। यहां की अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यहां बन रहा मानसून का सिस्टम
मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर फिरोजपुर, करनाल, मेरठ, आजमगढ़, पटना, देवघर, डायमंड, हार्बर इसके साथ ही दक्षिण-पूर्व से होते हुए पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी से होकर गुजर रही है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम उत्तर प्रदेश पर मध्य समुद्र तल से 3.5 से 7.6 किलोमीटर तक फैला हुआ है, जो की ऊंचाई के साथ दक्षिण के ओर झुका हुआ है। एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी असम तक बना हुआ है, जो कि बिहार उपहिमालयी पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। वहीं मध्य समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर बनी हुई है।
बारिश के आंकड़े सेंमी
प्रदेश में कुछ जगहों में हल्की मध्यम बारिश और कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है, जैसे कि कुसमी में 7 सेमी, जशपुर नगर में 6, राजपुर, बिल्हा, शंकरगढ़, पौदी उपरोरा में 5, खैरागढ़, अंबिकापुर, बरमकेला, कोरबा, बगीचा, पुसौर, वाड्राफनगर, मुंगेली, सारंगढ़, भैरमगढ़, धरमजयगढ़, प्रतापपुर, भोपालपटनम में 3, बिलाईगढ, रायगढ़, खरसिया, बैकुंठपुर, शक्ति, लोरमी, पत्थलगांव, पथरिया, करतला, लुंड्रा, धमधा, खुईखदान में 2, कुनकुरी, मकड़ी, मानपुर, लैलूंगा, पामगढ़ शिवरीनारायण, दुर्ग, बटोली, खड़गवा, दुलदुला, थानखमरिया, तखतपुर, रामानुजगंज, घरघोड़ा, रामानुजनगर, छुरा और सीतापुर में 1 सेंटीमीटर इसके अलावा कुछ इलाकों में इससे कम बारिश दर्ज की गई है।
ग्रामीण महिलाएं तैयार कर रहीं आकर्षक राखियां....
25 Aug, 2023 11:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में महिला समूह द्वारा रंग बिरंगी राखियां बनाई जा रही हैं। जो लोगों के बीच में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मौली धागा, मोती जैसी कई देशी वस्तुओं को मिलाकर आकर्षक राखियां समूह की महिलाएं तैयार कर रही हैं। इस वर्ष भी भाइयों की कलाई पर यह देशी राखियां सजेंगी। रीपा केंद्रों की स्थापना स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों को आजीविका के नए साधनों से जोड़ने के लिए की गई है। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री से बाजार की मांग आधारित उत्पादन तैयार कर व्यवसाय करना है। यही कारण है कि विकासखंड पंडरिया के ग्राम मैनपुरा की महालक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह ग्राम पंचायत मजगांव की कुसुम महिला ग्राम संगठन एवं अन्य समहू द्वारा राखियों का निर्माण किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत महिलाओं को समूह से जोड़ा गया है। कलेक्टर जनमेजय महोबे ने बताया कि जिले के सभी आठ रीपा केंद्रों में समूह को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिससे वह उद्यमी के रूप में आगे बढ़ सके। यही कारण है कि रीपा केंद्र में स्थापित व्यवसाय के साथ सीजनल व्यवसाय भी किया जाता है। समूह द्वारा राखी का निर्माण स्वयं करते हुए इसकी पैकेजिंग मार्केटिंग एवं विक्रय का कार्य स्वयं किया जा रहा है। समूह द्वारा प्रत्येक वर्ष राखी त्यौहार के अवसर पर मनमोहक राखियां तैयार की जाती हैं। जिसकी बाजार में बहुत मांग रहती है क्योंकि लोग इसे बहुत पसंद करते हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि समूह द्वारा तैयार राखियां कलेक्टर कार्यालय परिसर, जनपद पंचायत कवर्धा परिसर, रीपा केंद्र एवं बाजार में समूह के दुकानों पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी। अभी तक महिला समूह द्वारा लगभग 15 से 20 हजार रुपए की राखियां बेची जा चुकी हैं। महिलाओं द्वारा तैयार राखियां क्षेत्र के लोगों को बहुत पसंद आ रही हैं क्योंकि यह आकर्षक एवं मनमोहक होने के साथ-साथ कम दरों पर मिल रही हैं।
वर्ष 2022-23 के अंतर्गत 300 करोड़ रूपए से 29 लाख से अधिक संरचनाओं का निर्माण जारी
24 Aug, 2023 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य प्रतिकरात्मक वनरोपण, निधि प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण (कैम्पा) मद की वार्षिक कार्ययोजना 2022-23 के अंतर्गत ‘नरवा विकास’ कार्यक्रम में राज्य के वनांचल स्थित 01 हजार 503 छोटे-बड़े नालों में 29 लाख से अधिक भू-जल संवर्धन संबंधी संरचनाओं का निर्माण जारी है। इसके निर्माण के लिए 300 करोड़ 52 लाख रूपए की राशि स्वीकृत है। इससे 6.26 लाख हेक्टेयर भूमि के उपचार का लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में राज्य के वन क्षेत्रों में भू-जल संरक्षण तथा संवर्धन के लिए बड़े तादाद में जल स्रोतों, नदी-नालों और तालाबों को पुनर्जीवित करने का कार्य लिया गया है। वन मंत्री अकबर ने बताया कि इसके तहत प्रदेश के अंतर्गत 02 राष्ट्रीय उद्यान, 03 टाईगर रिजर्व तथा 01 एलीफेंट रिजर्व सहित 24 जिलों के 32 वन मंडलों के नालों में भू-जल संवर्धन संबंधी संरचनाओं का निर्माण होगा। छत्तीसगढ़ राज्य प्रतिकरात्मक वनरोपण, निधि प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण (कैम्पा) मद से बनने वाली इन जल संग्रहण संरचनाओं से वनांचल में रहने वाले लोगों और वन्य प्राणियों के लिए पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। साथ ही नाले में पानी का भराव रहने से आस-पास की भूमि में नमी बनी रहेगी। इससे खेती-किसानी में सुविधा के साथ-साथ आय के स्रोत और हरियाली में भी वृद्धि होगी।
इस संबंध में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. निवास राव ने बताया कि नरवा विकास कार्यक्रम के तहत कैम्पा की वार्षिक कार्ययोजना 2022-23 के अंतर्गत गुरू घासीदास राष्ट्रीय उद्यान के 50 नालों में 10 करोड़ की राशि से 97 हजार 333, इन्द्रावती टायगर रिजर्व के अंतर्गत 64 नालों में 13 करोड़ की राशि से 01 लाख 24 हजार तथा कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के 6 नालों में 1.20 करोड़ की राशि से 11 हजार 621 संरचानाओं का निर्माण प्रगति पर है। इसी तरह एलिफेंट रिजर्व तोमर पिंगला के 57 नालों में 11.49 करोड़ की राशि से 01 लाख 11 हजार, अचानकमार टायगर रिजर्व के 46 नालों में 9.03 करोड़ की राशि से 90 हजार 166तथा गोमर्डा अभ्यारण्य के 23 नालों में 4.57 करोड़ रूपए की राशि से 46 हजार संरचानाओं का निर्माण किया जा रहा है। उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व के 8 नालों में 1.70 करोड़ रूपए से 16 हजार 464, बारनावापारा अभ्यारण्य के 15 नालों में 03 करोड़ रूपए से 29 हजार और कवर्धा-भोरमदेव अभ्यारण के 12 नालों में 2.50 करोड़ रूपए की राशि से 24 हजार 212 भू-जल संबंधी संरचानाओं का निर्माण प्रगति पर है।
इसी तरह वन मंडलवार खैरागढ़ के 34, बालोद के 07 राजनांदगांव के 24, कवर्धा के 48 तथा बिलासपुर के 40 नालों में सरंचानाओं का निर्माण होगा। इसके अलावा वनमंडलवार मरवाही के 86 नालों, कोरबा के 27 नालों, कटघोरा के 30 नालों, रायगढ़ के 18 नालों, धरमजयगढ़ के 22 नालों, जांजगीर-चांपा के 14 और मुंगेली के 22 नालों में संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। गरियाबंद के 67 नालों, बलौदाबाजार के 06 नालों, धमतरी के 44 नालों, महासमुंद के 40 नालों में संरचानाओं का निर्माण जारी है। इसके अलावा कांकेर के 49 नालों, पूर्व भानुप्रतापपुर के 29 नालों, पश्चिम भानुप्रतापपुर के 37 नालों, केशकाल के 35 नालों, दक्षिण कोण्डागांव के 59 नालों, नारायणपुर के 43 नालों, सुकमा के 32 नालों बस्तर के 56 नालों, बीजापुर के 37 नालों, दंतेवाड़ा के 25 नालों में संरचनाओं का निर्माण होगा। इसी तरह जशपुर के 23 नालों, सरगुजा के 32 नालों, सूरजपुर के 33, बलरामपुर के 51 नालों, कोरिया के 87 नालों तथा मनेन्द्रगढ़ के 48 नालों में संरचानाओं का निर्माण किया जा रहा है।
छात्र-छात्राओं ने लिया मतदाता जागरूकता का शपथ
24 Aug, 2023 06:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मनेंद्रगढ़ : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर नरेंद्र दुग्गा के मार्गदर्शन एवं रिटर्निंग ऑफिसर भरतपुर मूलचंद चोपड़ा के नेतृत्व में विकासखंड भरतपुर के स्वीप टीम की महिला एवं पुरुष सदस्यों ने मतदान केंद्र क्रमांक 292 से 304 तक के मतदाताओं विशेष रूप से वृद्धजनों, दिव्यांग एवं नव वधुओं के लिए स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से मांगलिक भवन खोंगापानी में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के पश्चात चला संगी वोट देहे जाबो स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोंगापानी में मतदान के संबंध में छात्र छात्राओं को विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें ईवीएम मशीन के माध्यम से मत रिकॉर्ड करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ भी दिलाई गई।
लोक सेवा गारंटी के तहत पौने पांच साल में 08 लाख 22 हजार से ज्यादा प्रकरण हुए निराकृत
24 Aug, 2023 06:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महासमुंद : लोक सेवा गारंटी अधिनियम का लाभ अब जनसामान्य को शासन-प्रशासन की संवेदनशीलता के कारण सहजता से मिलने लगा है। सरकार की मंशा के अनुरूप सभी शासकीय कार्यालयों में लोकसेवा गारंटी के तहत् अधिसूचित सेवाएं समय-सीमा में उपलब्ध होने से शासन-प्रशासन के प्रति जन विश्वास भी बढ़ा है।
विगत (1 जनवरी 2019 से 24 अगस्त 2023) तक 8,22,962 प्रकरण निराकृत हुआ। जिले में लोक सेवा गारंटी अधिनियम लागू होने के बाद जिले में अब तक विभिन्न विभागों से लगभग 75 विषयों से संबंधित शुरुआत से अब तक कुल 9,48,548 आवेदन मिले थे। जिसमें से 8,22,962 आवेदन समय सीमा में निराकृत किए गए। इसमें से कुछ वापस और कुछ दस्तावेजों की कमी के कारण निरस्त हुए।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम वर्ष 2011 से छत्तीसगढ़ राज्य में लागू किया गया है। प्रत्येक व्यक्ति को इस अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर यथा अधिसूचित नियत समय के भीतर छत्तीसगढ़ राज्य में लोक सेवा प्राप्त करने का अधिकार दिया गया है।
जानकारी अनुसार मुख्य तौर पर अब तक सबसे ज्यादा आय प्रमाण पत्र के 3,69,009, मूल निवास प्रमाण पत्र के 1,52,773 आवेदन, अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र के 73575 आवेदन निराकृत किए गए। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र के 53523 इसी प्रकार भुइयां से नकल (भूमि दस्तावेज आदि) हेतु 30,671 एवं जन्म पंजीकरण एवं प्रमाण पत्र के 13,630, इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन के 6890 प्रकरण निराकृत किए गए। आवेदन कर्ताओं को आवेदन की पावती भी दी जा रही है। वही प्राप्त आवेदनों की पंजी संधारित की जा रही। कार्यालयों में रोजगार गारंटी अधिनियम की जानकारी भी बोर्ड पर प्रदर्शित की जा रही है।
मालूम हो कि शासन द्वारा सुशासन की धारणा को ध्यान में रख कर नागरिकों को सेवाएं प्रदान करने के लिए विभिन्न विभागों ई-डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट की परिकल्पना कर राज्य में लागू किया है। यह जिला प्रशासन की आंतरिक प्रक्रियाओं के स्वचालन के रूप में की गई है। यह परियोजना जिले के लिए सबसे महत्वपूर्ण है क्योंकि यह जिला प्रशासन के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक वर्कफ्लो प्रणाली बनाने में मदद करेगी और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), लोक सेवा केंद्र, ऑनलाइन और इंटरनेट के माध्यम से कुशल व्यक्तिगत विभाग सेवाएं प्रदान करने में मदद करेगी। ई-डिस्ट्रिक्ट परियोजना को राज्य में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत कार्यान्वित किया जा रहा है।
बता दें कि लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से प्रदान की जाने वाली सेवाओं का लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा एवं शुल्क संबंधित दस्तावेजों के आधार पर निर्धारित है। जाति प्रमाण-पत्र हेतु समय सीमा 30 दिन एवं शुल्क तीस रूपये, निवास एवं आय प्रमाण हेतु समय सीमा 30 दिन एवं शुल्क तीस रूपये, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र हेतु समय सीमा सात दिन एवं शुल्क 30 रूपये, मीसल हेतु समय सीमा सात दिन शुल्क दस रूपये निर्धारित है। लोक सेवा केंद्रों में खसरा, नक्शा, बी-वन जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज आवेदन देने के साथ ही प्रदान किया जाता है। इसके लिए स्कैनिंग, कंप्रेसिंग एवं प्रति पृष्ठ पांच रूपये की दर से प्रिंटिंग शुल्क लिया जाता है।