छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
16 जिलों में अब तक हुई सामान्य बारिश, कई इलाकों में फिर अलर्ट हुआ जारी
22 Sep, 2023 12:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अगस्त का महीना सूखा रहने के बाद सितंबर के 21 दिनों में हुई बारिश ने छत्तीसगढ़ में वर्षा की कमी पूरी कर दी है। एक जून से लेकर 21 सितंबर तक प्रदेश में 977 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 11 फीसद कम है। बीते 21 दिनों में ही यानि एक सितंबर से लेकर 21 सितंबर तक प्रदेश में 241 मिमी बारिश हुई है।
प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा और वज्रपात होने की संभावना है, जबकि अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या छींटे पड़ने के आसार हैं। प्रदेश में दो दिनों के बाद वर्षा की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी क्रमिक बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग का कहना है कि अभी आने वाले कुछ दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। सितंबर में हुई बारिश के चलते ही किसानों के चेहरे खिलने लगे है, साथ ही जलाशयों का जलस्तर भी बढ़ा है। प्रदेश में अब 16 जिलों में सामान्य वर्षा, तीन जिलों में ज्यादा वर्षा और आठ जिलों में कम वर्षा हुई है। प्रदेश में ज्यादा बारिश वाले तीन जिलों में रायपुर, बीजापुर और मुंगेली जिला है।
मौसम विभाग का भी कहना है कि अब प्रदेश में पर्याप्त बारिश हो चुकी है,विशेषकर सितंबर माह की बारिश ने तो बारिश की कमी पूरी कर दी है। हालांकि अभी भी सरगुजा क्षेत्र में बारिश कम हुई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार से मौसम का मिजाज बदलेगा। प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होने के साथ ही तापमान में मामूली बढ़ोतरी शुरू होगी।
एक जून से लेकर 21 सितंबर तक रायपुर जिले में 1237.1 मिमी बारिश हो चुकी है,जबकि सामान्य रूप से इतने दिनों में यहां 1005.3 मिमी बारिश होनी थी। इस प्रकार रायपुर जिले में हुई बारिश सामान्य से 23 फीसद ज्यादा है। पिछले वर्ष की तुलना में भी रायपुर जिले में काफी ज्यादा बारिश हुई है।
एक जून से लेकर 21 सितंबर तक बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1624.1 मिमी बारिश हुई है,जो सामान्य से 27 फीसद ज्यादा है। इसके साथ ही सरगुजा जिले में सबसे कम बारिश 488.1 मिमी बारिश हुई है,जो सामान्य से 59 फीसद कम है।
बारिश के चलते इन दिनों रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के साथ ही गली-मुहल्लों में जलभराव हो गया है। विशेषकर कमल विहार क्षेत्र, पचपड़ी नाका, प्रोफेसर कालोनी, पुरानी बस्ती क्षेत्र सहित कई इलाकों में पानी भरा हुआ है। कुछ क्षेत्रों में तो सड़कों में बड़े बड़े गढ्डे होने के कारण उनमें पानी भरा हुआ है।
एक-एक कर चार हाथियों ने किया सड़क पार
22 Sep, 2023 11:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धान की फसल तैयार होने के साथ ही जंगली हाथियों का दल आबादी क्षेत्रों के निकट पहुंच रहा है। धान की बालियों के सेवन के लिए हाथी शाम ढलने के पहले ही जंगलों से निकलने लगे है। प्रतापपुर क्षेत्र में विचरण कर रहे चार हाथी गुरुवार की शाम को अंबिकापुर-कल्याणपुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर आ गए।
अचानक जंगली हाथियों के सड़क के किनारे आ जाने से आवागमन रोकना पड़ा। कुछ देर तक सड़क के आसपास विचरण करने के बाद जंगली हाथी एक-एक कर सड़क पार कर दूसरी ओर चले गए। प्रतापपुर के गणेशपुर के पास मुख्य मार्ग को पार करते जंगली हाथियों की वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रही है।स्कूल की छुट्टी के बाद घर वापस लौट रहे शिक्षकों ने यह वीडियो बनाया है।
शुरू में दो जंगली हाथी बड़े आराम से सड़क पार करते नजर आ रहे है। शेष दो जंगली हाथी तेजी से दौड़ लगाते हुए सड़क के दूसरी ओर चले गए। इन दिनों हाथियों का यह दल प्रतापपुर क्षेत्र में ही विचरण कर रहा है। सरगुजांचल में जंगली हाथियों के व्यवहार को लेकर किए गए अध्ययन से पता चला है कि जिस प्रकार इंसानों को स्वादिष्ट भोजन पसंद आता है ठीक उसी प्रकार का स्वभाव जंगली हाथियों का होता है।
खासकर धान और गन्ना की फ़सल हाथियों को ज्यादा पसंद आती है। जंगली हाथियों को धान की कोमल बालियां बेहद पसंद है। इसी कारण हाथी शाम ढलने के पहले ही जंगल से निकलकर आसपास के धान के खेतों में पहुंच रहे है। सुगन्धित धान के खेतों को हाथी ज्यादा पसंद करते है। सारी रात धान की फसल को खाने और चलने से फसलों को नुकसान भी हो रहा है।
हालांकि पिछले वर्षों की तुलना में इस सीजन में आबादी क्षेत्र में विचरण करने वाले जंगली हाथियों की संख्या कम है। ज्यादातर हाथी तमोर पिंगला अभयारण्य क्षेत्र में घूम रहे है। अभयारण्य क्षेत्र में जंगली हाथियों के लिए चारा-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई हैं। यहां बांस के जंगल विकसित किए गए हैं। जो हाथियों का पसंदीदा आहार होने के साथ उनके रुकने का भी स्थान होता है।
मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने किया रक्तदान
22 Sep, 2023 11:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में गणेश चतुर्थी के मौके पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन में छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया, साथ ही करीब 50 छात्रों ने रक्तदान किया।
बताया जा रहा है कि मेकाज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं के द्वारा गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। इसी के साथ रक्तदान शिविर लगाया गया। इन छात्र छात्राओं का कहना था कि मेकाज में रोजाना बस्तर जिले से ग्रामीण अपना उपचार करने के लिए आते रहते हैं। जिनमें से कई ग्रामीणों को रक्त की जरूरत होती है। ऐसे में छात्र-छात्राओं के द्वारा किया गया रक्तदान आदिवासी क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के काम आएगा।
पटवारियों का आंदोलन 25वें दिन भी जारी
22 Sep, 2023 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पे ग्रेड सहित अन्य मांगों को लेकर पटवारी की हड़ताल व धरना 25वें दिन भी जारी रहा। जबकि क्रमिक भूख हड़ताल धरने को तीन दिन गुजर गए। आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रभारी अश्वेंद्र सिंह छाबड़ा एवं पार्टी अल्पसंख्यक विंग जिलाध्यक्ष एवं अंजुमन सारंगपुर सदर एमए अलीम बाबा कुरैशी एवं पार्टी संगठन ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर पटवारियों की मांगो का समर्थन किया।
धरना को संबोधित करते आप लोस प्रभारी श्रीछाबड़ा ने कहा कि सरकार ने हठधर्मिता अपनाकर पटवारियों को मांगों को लेकर संघर्ष करने के लिए मजबूर किया है। सरकार का यह रवैया सही नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार पटवारी की जायज मांगों को पूरा न करके उनके साथ तो अन्याय कर ही रही है। आम जनता को हो रही परेशानियों के लिए भी सरकार जिम्मेवार है।
सरकार बिना किसी देरी के पटवारी की पे-ग्रेड आदि मांगों को पूरा करें। अल्पसंख्यक विंग जिलाध्यक्ष श्रीकुरैशी ने अपने संदेश में एसोसिएशन की मांगों का समर्थन किया है। इस मौके पर पटवारी संघ के कोषाध्यक्ष गगन मोर्य ने बताया कि अपनी मांगो को लेकर म प्र पटवारी संघ द्वारा पूरे प्रदेश मे 28 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। अपनी मांगो को लेकर पटवारी संघ का आंदोलन दिनो दिन तेज होता जा रहा है बीते तीन दिनों से क्रमिक भूख हड़ताल कर रहे हैं लेकिन फिर भी सरकार को हमारी कोई चिंता नहीं है। लेकिन हम अपनी मांगो को लेकर धरना स्थल पर डटे हुए हैं और आगे भी डटे रहेंगे।
गुरुवार को पटवारी संघ के तहसील अध्यक्ष मनीष सक्सेना, केएल फूलेरिया, सचिव आत्माराम वर्मा, प्रांतीय प्रतिनिधि शहजाद खान, आशीष पाण्डेय, हेमराज सिंह राजपूत, गणेश प्रसाद अग्रवाल, भारतसिंह भिलाला, अंकित चौहान, गगन मोर्य क्रमिक भूख हड़ताल पर रहे। काम काज हुए पुरी तरह से ठप्प, फसलों का कौन करेंगा सर्वे पटवारियों की हड़ताल से जहां तहसील के राजस्व कार्य पूर्णतया ठप है।
वही किसानों को भी उनके काम के लिए बैरंग वापस जाना पड रहा है। प्रदेश स्तर पर पटवारी लामबंद इसलिए हुए कि पिछले 6 हडतालें शासन द्वारा दिए आश्वासन के बाद समाप्त कर दि गयी। परन्तु इस बार पटवारी मानने वाले नही है। पटवारियों का कहना है कि जब हमे पहले आश्वासन दिया तो उन आश्वासनो पर अमल क्यो नही किया जा रहा है।
पटवारियों का कहना है कि हमे हड़ताल के लिए माननीय मुख्यमंत्री महोदय ने बाध्य किया है। हमारी मांगे जब तक पूर्ण नही होती हड़ताल ओर उग्र होगी। पहले खेतों में खड़ी फसल खराब हुई और सर्वे नहीं हुआ और अब खेतो में कटी फसल जो पानी से खराब हुई है उनका भी सर्वे नहीं हो पा रहा है।
आज भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
21 Sep, 2023 12:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है और मानसून सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से सरगुजा संभाग और उससे लगे जिले रहेंगे। इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट आएगी।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिन अभी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय पश्चिम बंगाल ओडिशा तट पर है। इसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा के साथ ही बिजली भी गिरेगी।
दिनभर रही उमस से देर शाम बारिश ने दिलाई राहत
बीते कुछ दिनों से बारिश न होने के कारण उमस बढ़ने लगी थी और इसके प्रभाव से बुधवार को दिनभर उमस रही। देर शाम रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला और गरज चमक के साथ तेज बारिश हुई। देर रात तक रुक रुक कर बारिश होती रही। इस बारिश ने उमस से राहत दिलाई। रायपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान भी 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।
शहर के मुख्य मार्ग के साथ गली मुहल्लों में जलभराव
शाम की तेज बारिश के चलते शहर के विभिन्न क्षेत्र जैसे जयस्तंभ चौक, टैगोर नगर, पचपड़ी नाका क्षेत्र, पुरानी बस्ती, प्रोफेसर कालोनी, कमल विहार क्षेत्र सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी कुछ दिनों तक रायपुर सहित कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।
लाखो की लॉटरी के चक्कर में किसान ने गंवाए 18 लाख रुपये
21 Sep, 2023 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। दामापुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत 25 लाख रुपए की लाटरी के चक्कर में किसान से 18 लाख रुपए की ठगी हुई है। यह किसान बीते नौ महीने से लॉटरी के रुपए लेने के लालच में 40 किस्तों में रुपए भेजता रहा। जब राशि नहीं मिली तो पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी अनुसार, दामापुर चौकी क्षेत्र के तुलसीखैरा गांव का किसान शत्रुहन कुमार के मोबाइल पर 25 लाख रुपए की लॉटरी निकलने का मैसेज आया था। इनाम के रुपए की लालच में जब उसने मैसेज का रिप्लाई किया, तो उसे किसी अनजान नंबर से कॉल आने लगी। जिसके बाद उसे 25 लाख की लॉटरी का झांसा दिया गया। फिर लॉटरी के 25 लाख रुपए देने के एवज में प्रोसेसिंग फीस की मांग की गई। लालच में पड़कर पीड़ित किसान ने पैसे ट्रांसफर करता रहा।
इस तरह पिछले नौ महीने तक किसान 40 किस्तों में पैसा भेजता रहा। उसने जमीन बेचकर मिले 18 लाख रुपए जालसाजों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। लेकिन लॉटरी के 25 लाख रुपए नहीं मिले। दामापुर चौकी में इसी महीने सितंबर में एफआईआर दर्ज की गई है। पंडरिया एसडीओपी पंकज पटेल ने बताया कि जिन खातों में रुपए ट्रांसफर किए गए, उनकी जांच की जा रही हैं। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील किया है कि इस तरह के लॉटरी के चक्कर में न पड़े। ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमे लोगों के साथ ठगी हुई है।
युवक ने फांसी का फंदा लगाकर की आत्महत्या
21 Sep, 2023 11:54 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा की मानिकपुर चौकी के अंतर्गत रापाखर्रा बस्ती में 22 वर्षीय छोटू उरांव नामक युवक ने खुदकुशी कर ली। घर के आंगन में उसका शव फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुचीं और शव को फांसी के फंदे से नीचे उतार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया।
मृतक के भाई सुरेंद्र ने बताया कि सात भाइयों में मृतक सबसे छोटा था। पिछले दो साल से सभी भाइयों का बंटवारा होने के बाद एक ही आंगन में अलग अलग घर बनाकर सभी अपने परिवार के साथ रहते हैं। मृतक की शादी नहीं हुई थी, वह मजदूरी कर करता था। बुधवार कि रात सब खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह जब गुरुवार को उसके पिता शौच के उठे तो घर के आंगन में फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा और परिवार के अन्य सदस्यों को उठा कर जानकारी दी। परिजनों की माने तो मृतक छोटू 2 दिन से शराब का सेवन कर रहा था। उसने कब कैसे और क्यों खुदकुशी की ये उनके भी समझ से परे है।
मानिकपुर चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों का बयान दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा।
5.5 करोड़ की बैंक डकैती के पांच आरोपित हुए गिरफ्तार
21 Sep, 2023 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंबिकापुर छत्तीसगढ़ में रायगढ़ के ढिमरापुर स्थित एक्सिस बैंक में मंगलवार सुबह गहने व नकदी मिलाकर 5.62 करोड़ रुपये की हुई डकैती मामले में शामिल पांच आरोपितों निशांत कुमार उर्फ पंकज कुमार महतो, राकेश गुप्ता, अमरजीत कुमार दास, उपेंद्र सिंह और राहुल दास को बलरामपुर पुलिस ने झारखंड सीमा पर रामानुजगंज बेरियर के पास गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूरी रकम और गहने बरामद कर लिए हैं।
सभी आरोपित बिहार और झारखंड के निवासी हैं। उनसे तीन पिस्टल और चार कट्टा बरामद किए गए हैं। इस वारदात में शामिल पांच डकैत नीलेश रविदास, सुनील पासवान, अमित रविदास, पवन कुमार और विष्णु पासवान फरार हैं, जिनके बारे में पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि मंगलवार सुबह करीब पौने नौ बजे बैंक में घुसे बदमाशों ने पहले मैनेजर सहित उस समय बैंक में उपस्थित अन्य कर्मियों को चाकू के बल पर धमकाकर एक कमरे में बंद कर दिया था।
इसके बाद मैनेजर से चेस्टरूम (वह कक्ष जहां बैंक अपनी धनराशि को रखता है) की चाबी मांगी। मना करने पर मैनेजर की जांघ पर चाकू से वार कर दिया। लगभग 10 मिनट में रकम लेकर आरोपित मोटरसाइकिल से भाग निकले थे। बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक डा. लाल उमेंद सिंह ने पांच डकैतों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि वारदात के बाद सभी सारंगढ़ भाग गए थे। वहां से ओडिशा के रास्ते भागने की आशंका पर पुलिस की टीमें रवाना की गई। आरोपितों से चार करोड़ 18 लाख 46,435 रुपये नकद व 78 पैकेट में 2900 सौ ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
रायपुर पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा, भिलाई में महिला समृद्धि सम्मेलन में होंगी शामिल
21 Sep, 2023 11:21 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिलाई । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार सुबह रायपुर पहुंचींं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। प्रियंका गांधी आज भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन में शामिल होंगी। भिलाई के सेक्टर-06 स्थित जयंती स्टेडियम में दोपहर एक बजे महिला समृद्धि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। प्रियंका गांधी का पहली बार भिलाई आगमन हो रहा है। सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल महिलाओं को सौगात देंगे। इस अवसर पर 1010 महिला समूहों को महिला कोष की ऋण योजना से और 285 महिलाओं को सक्षम योजना से 12 करोड़ 01 लाख रुपये का ऋण आरटीजीएस के माध्यम से सीधे खाते में भेजा जाएगा।
महिला समृद्धि सम्मेलन में 309 करोड़ रुपये की सौगात
भिलाई के जयंती स्टेडियम में गुरुवार को आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिले को 309 करोड़ 65 लाख 86 हजार रुपये के 186 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इन विकास कार्यों में भूमिपूजन और लोकार्पण भी शामिल हैं। इस सम्मेलन में कांग्रेस के दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। बुधवार को आयोजन स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप देने जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी दिनभर डटे रहे। कांग्रेस नेताओं ने भी आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सम्मेलन के लिए आयोजन स्थल पर 50-50 मीटर के पांच बड़े डोम शेड बनाए हैं। जिसकी चौड़ाई 50 मीटर व लंबाई 35 मीटर है। कुल 250 मीटर चौड़ा और 175 मीटर लंबा शेड बना है। इसमें एक मुख्य मंच है। जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के अन्य दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। सभा स्थल में प्रवेश के लिए 16 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। मुख्य प्रवेश द्वार बैडमिंटन कोर्ट जहां से वीआइपी प्रवेश करेंगे। सभा स्थल पर 22 एलइडी स्क्रीन लगाया गया है। साथ ही डोम शेड के बाहर विभिन्न स्टाल बनाए गए है। जिसमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, की झलक दिखाई जाएगी। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने महिला समृद्धि सम्मेलन में भीड़ जुटाने के लिए प्रशासन पर निजी स्कूल संचालकों पर जबरदस्ती दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल संचालकों को स्कूल में परीक्षा निरस्त कर स्कूल बसों को देने कहा जा रहा है।
महिला समूहों को लाने सौंपी गई जिम्मेदारी
कार्यक्रम का नाम महिला समृद्धि सम्मेलन रखा गया है। लिहाजा प्रदेश भर से महिला समूहों को लाने की जिम्मेदारी सभी निकायों को सौंपी गई है। निकायों द्वारा महिलाओं को लाने की व्यापक तैयारी की जा रही है। वाहन आदि की व्यवस्था की जा रही है।
पार्किंग स्थल तय
ट्रेफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि अलग -अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था तय कर दिया गया है। कवर्धा, नांदगांव, दुर्ग से आने वाले वाहनों के लिए सेक्टर-10 स्कूल, सेक्टर-7 स्कूल में पार्किंग व्यवस्था की गई है। रायपुर से आने वाले वाहनों के लिए डीपीएस चौक रिसाली के पास पार्किंग व्यवस्था की गई है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी तैनात रहेंगे जवान
बड़े नेताओं के आगमन को देखते हुए सभा स्थल पर बुधवार से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी मंगाया गया है। गुरुवार को सुबह प्रदेश भर से आई महिला पुलिस बल मौके पर तैनात कर दी जाएंगी। एएसपी सिटी संजय ध्रुव ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभा स्थल के अलावा शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर भी बल लगाया गया है।
मुख्यमंत्री ‘मिरर नॉउ समिट-छत्तीसगढ़ पाथ टू प्रोग्रेस‘ में हुए शामिल
20 Sep, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर, मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज राजधानी रायपुर स्थित निजी होटल में टाईम्स गु्रप द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘‘मिरर नॉउ समिट-छत्तीसगढ़ पाथ टू प्रोग्रेस‘‘ में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और सकारात्मक परिणामों पर अपनी बातें रखी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे भौगोलिक रूप से छोटे राज्यों में भी बेहतर काम हो रहे है और यहां लोग खुशहाल है। उन्होंने कहा कि देश की आधी से अधिक आबादी किसान है और छतीसगढ़ में तो 75 फीसदी से अधिक लोग खेती-किसानी से जुड़े है। हमने किसानी को फायदे का व्यवसाय बनाया और उन्हें उपज का सही दाम देने का काम किया है। हमारी प्राथमिकता न केवल कृषि केंद्रित रही बल्कि इसके समानांतर हमने वनांचल में रहने वाले लोगों के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी काम किया है।
श्री बघेल ने गोधन न्याय योजना से किसानो व पशुपालकों के जीवन में आए बदलावों पर अपनी बात रखते हुए कहा कि हमने इसे लागू करने से पहले शासन स्तर पर लंबा अध्ययन किया और उसके बाद ही लोगों को इससे जोड़ा गया। अब तक 265 करोड़ रुपये की गोबर की खरीदी और लगभग 300 करोड़ रूपये की वर्मीकम्पोस्ट तैयार हो चुका है। साथ ही 10 हजार 200 गौठानों में से 6500 गौठान स्वावलंबी हो चुके है। उन्होंने कहा कि गौठान में आजीविका के लिए बहुत सारी एलाइड गतिविधियां संचालित हो रही है और 13 हजार से अधिक स्व-सहायता समूहों की 2 लाख से अधिक महिलाओं को रोजगार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों का दायरा घटा है और इन इलाकों में हमने विकासात्मक कार्यों को बढ़ावा दिया। अब वनांचलों में 67 प्रकार के वनोपज की खरीदी कर रहे है। वन उत्पादोें के वैल्यू एडिशन से मुनाफे में बढ़ोत्तरी हुई है। मुझे खुशी है कि देश का सबसे बड़ा मिलेट प्लांट छत्तीसगढ़ में स्थापित किया गया है। और समर्थन मूल्य में इसकी भी खरीदी की जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ कमलप्रीत सिंह, मिरर नाउ के मैनेजिंग एडिटर श्री निकुंज गर्ग उपस्थित थे।
महादेव सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर की शादी का वीडियो हो रहा वायरल, 200 करोड़ खर्च होने का दावा
20 Sep, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिलाई । आनलाइन सट्टा एप महादेव बुक के संचालक सौरभ चंद्राकर की शादी का एक कथित वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। जिसमें कई फिल्मी सितारों सहित बड़ी हस्तियां नजर आ रही हैं। दावा किया जा रहा है कि शादी दुबई में हुई थी और उसमें 200 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। ईडी की कार्रवाई के बाद अब ये वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। जिसे लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। बता दें कि आनलाइन सट्टा एप महादेव बुक से जुड़े लोगों पर अब ईडी ने नकेल कसी है। ईडी की कार्रवाई में कई बड़े लोगों के नाम सामने आए थे। कार्रवाई के दौरान तो ये अफवाह भी उड़ी थी कि महादेव बुक के संचालक सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को श्रीलंका से एनआइए ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन बाद में ये सिर्फ एक अफवाह ही साबित हुई। अब एक वीडियो प्रसारित हो रहा है। जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि वो वीडियो सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर की शादी का है। सौरभ चंद्राकर की शादी फरवरी माह में हुई थी। जिसमें भिलाई दुर्ग के साथ ही छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों और देश के अलग अलग हिस्सों से कई लोग शामिल होने के लिए गए थे। शादी के सात महीने बाद ये वीडियो प्रसारित हुआ है। जिसे लेकर ये दावा किया जा रहा है कि इस शादी में 200 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। इस वीडियो को लेकर ये भी कहा जा रहा है कि शादी में दिख रहे कुछ लोग भिलाई, दुर्ग और रायपुर के रहने वाले हैं।
शादी में 17 फिल्मी कलाकारों ने दी थी प्रस्तुति
शादी के वीडियो में जो नजर आ रहा है और दावा किया जा रहा है, उसके अनुसार शादी में भारतीय सिनेमा जगत की 17 हस्तियों ने शिरकत की थी। इनमें आतिफ असलम, राहत फतेह अली खान, अली असगर, विशाल ददलानी, टाइगर श्रौफ, नेहा कक्कड़, एल्ली एवरम, भारती सिंह, सन्नी लियोनी, भाग्यश्री, पुलकित सम्राट, कीर्ति खरबंदा, नुसरत भरूचा, कृष्णा अभिषेक और सुखदेव सिंह जैसे कलाकारों का नाम सामने आ रहा है। वीडियो में बहुत ही बड़े स्तर का सजावट नजर आ रहा है। इसमें कई लोग पूल में मस्ती करते नजर आ रहे हैं। हल्दी से लेकर मेहंदी और शादी की रस्म होती दिख रही है।
सड़क हादसा : बाइक को टक्कर मारने के बाद दो भाग में बंट गया आटो
20 Sep, 2023 12:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सिरगिट्टी क्षेत्र में स्वास्तिक पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार आटो के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक में सवार दो नाबालिग समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिरगिट्टी के डिपरापारा में रहने वाले सोनू मरकाम(18) मंगलवार की शाम अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए जा रहे थे।
उनके साथ मोहल्ले के ही धनसिंह मंडावी (17) और ओमप्रकाश मरावी (11) थे। बाइक सवार युवक और नाबालिग पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान टायर लेकर आ रहे मालवाहक आटो के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। तेज रफ्तार आटो की टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इससे बाइक सवार सड़क पर गिर गए। आमने-सामने हुई टक्कर के बाद आटो दो हिस्सों में बंट गई।
आटो की ट्राली अलग हो गई। वहीं, ड्राइवर केबिन के साथ दूर चला गया। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना सिरगिट्टी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में गंभीर चोट आने के कारण ओमप्रकाश और धनसिंह को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। सोनू को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
फिर लौटा मानसून, गरज-चमक के साथ अनेक स्थानों पर बारिश के आसार
20 Sep, 2023 12:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में कुछ दिनों के ब्रेक के बाद अब वापस से मानसून की गतिविधियां बढ़ने वाली है। बुधवार से अगले तीन दिनों तक वर्षा की गतिविधियों में उत्तर छत्तीसगढ़ में वृद्धि होने के आसार है। इसके अलावा प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के साथ ही छींटे पड़ने की संभावना है।
वहीं, अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही राजधानी में मौमस मेघमय रहने के साथ ही संध्या या रात्रि तक शहर के कुछ भाग में वर्षा होने के आसार हैं। साथ ही अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया जा रहा है।
वहीं, मंगलवार को उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश देखने को मिली। सर्वाधिक 9 सेमी की वर्षा पेंड्रा में देखने को मिली। हालांकि मध्य सहित दक्षिणी छत्तीसगढ़ का इलाका सूखा रहा। राजधानी में दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। इसी बीच प्रदेश में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तिल्दा में, जबकि न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस नारायणपुर में दर्ज किया गया।
इन क्षेत्राें में हुई वर्षा
उत्तरी छत्तीसगढ़ में मंगलवार से ही मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। इस हिसाब से पेंड्रा में सर्वाधिक नौ सेमी, कुसमी में आठ सेमी, पेंड्रा रोड में सात सेमी, चांपा, पंडरिया, रामानुजगंज, बैकुंठपुर में तीन सेमी, डभरा, भैयाथान, सरायपाली, जैजैपुर, शिवरीनरायण, बरमकेला, बगीचा, सारंगढ़, धरमजयगढ़ में दो सेमी, कोरबा, प्रेमनगर, सक्ती, जांजगीर, खरसिया, केशकाल सहित अन्य क्षेत्रों एक और इसके अलावा कुछ क्षेत्राें में एक सेमी से भी कम वर्षा दर्ज की गई।
इस तरह का बन रहा सिस्टम
उत्तर-पश्चिम और उससे लगे मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण स्थित है। एक निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम बंगाल-ओडिशा के तट में बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में 7.6 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है और दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। जिसके अगले दो दिनों में ओडिशा और झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना है। वहीं, मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, सीधी, रांची तथा निम्न दाब का क्षेत्र और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है।
जूते-चप्पल की दुकान में आधी रात लगी भीषण आग
20 Sep, 2023 12:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी रायपुर के श्रीनगर इलाके में स्थित जूते चप्पल की दुकान में आग लग गई। खबरों के अनुसार दुकान में आग सुबह करीब 4 बजे लगी। दुकान में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि दुकान में लगी आग में लाखों का माल जलकर ख़ाक हो गया। यह गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का मामला है।
नहाड़ी के जंगलों में मुठभेड़, दो बड़े नक्सलियों के मारे जाने की खबर
20 Sep, 2023 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा में नहाड़ी के जंगलों से बड़ी खबर आ रही है। जिले के नक्सल प्रभवित नहाड़ी, छोटे हिड़मा के जंगलों में डीआरजी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में दो बड़े नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। हालांकि पुलिस के अधिकारी अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रहें हैं।
खबरों के अनुसार मुठभेड़ में बड़े कैडर के नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। जिले का नहाड़ी क्षेत्र बेहद नक्सल प्रभवित क्षेत्र है। इससे सटा छोटे हिड़मा नक्सलियों का वर्षों से सुरक्षित ठिकाना भी बना हुआ है। उसी क्षेत्र में डीआरजी जवानों ने आपरेशन चलाया, जहां जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगने की बात सामने आ रही है।
मंगलवार रात को डीआरजी के जवान आपरेशन के लिए निकले थे, जिसके बाद बुधवार सुबह जवानों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा से करीब 70 किलोमीटर दूर जंगलों में हुई है। मुठभेड़ डीआरजी के जवान अभी भी मौके पर ही डटे हुए हैं। जवानों के वापस आने के बाद घटना की पूरी जानकारी सामने आएगी।
एडीशनल एसपी आर के बर्मन ने कहा, दंतेवाड़ा में नहाड़ी के जंगलों में मुठभेड़ हुई है। अभी जवानों की वापसी नहीं हुई है। इस मुठभेड़ में कितने नक्सली मारे गए हैं, जवानों के वापसी के बाद ही इसके बारे में पता चल पाएगा।